हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

ऑपरेशन दोस्त समाप्त : तुर्कीये से लौटी भारतीय सेना की मेडिकल टीम

  नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। तुर्किये में भारतीय सेना के ऑपरेशन दोस्त के तहत भूकंप पीड़ितों के लिए राहत-बचाव अभियान में जुटी राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की आखिरी टीम वापस भारत आ गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, '99 सदस्यीय स्व-निहित टीम ने इस्केंडरन, हेते में पूरी तरह से सुसज्जित 30-बेड वाले फील्ड अस्पताल को सफलतापूर्वक स्थापित किया और चलाया।'

ज्ञातव्य है कि 6 फरवरी को तुर्की और सीरिया में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के कारण 45,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई और दस लाख से ज्यादा लोग बेघर हुए। इस संकट के समय तुर्किए और सीरिया में सबसे पहले मदद पहुंचाने वालों में भारत शामिल था।

भारत ने दोनों देशों में पीड़ितों की मदद के लिए ऑपरेशन दोस्त चलाया। भारत ने तुर्किए और सीरिया में भारी मात्रा में राहत-सामग्री भेजी और मोबाइल अस्पताल चलाया। तुर्किए और सीरिया के सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में भारतीय सेना के ढाई सौ जवानों को तैनात किया गया।

और भी

चिन्ह के बाद अब भवन पर रार : नारेबाजी के बीच उद्धव पहुंचे शिवसेना भवन

शिंदे गुट ने कहा- यह हमारे लिए एक मंदिर है

मुंबई  (छत्तीसगढ़ दर्पण)। शिवसेना का नाम और चिह्न मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट को देने के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति एक बार गरमा गई है। अब शिवसेना भवन को लेकर शिंदे और उद्धव ठाकरे गुट में तकरार शुरू हो गई है। दोनों गुट शिवसेना भवन पर अपना दावा कर रहे हैं।पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अपने समर्थकों द्वारा नारेबाजी और जयकारों के बीच मुंबई में शिवसेना भवन पहुंचे। यहां उन्होंने अपने गुट के विधायकों और नेताओं के साथ बैठक की। उद्धव ठाकरे ने कहा, 'मेरा सब कुछ लुट गया है। हमारी पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न चोरी हो गया है, लेकिन ठाकरे नाम चोरी नहीं हो सकता। चुनाव आयोग के फैसले के खिलाफ हमने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। कल से सुनवाई शुरू होगी।'

शिवसेना भवन हमारे लिए मंदिर

इसी बीच, एकनाथ शिंदे गुट के नेता सदा सर्वंकर ने कहा है कि हम किसी संपत्ति पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। शिवसेना भवन हमारे लिए एक मंदिर है। हमारे लिए (पार्टी की) हर शाखा एक मंदिर है।

ठाकरे गुट को दोहरा झटका

बता दें, ठाकरे गुट को आज दोहरा झटका मिला। एक तरफ जहां सुप्रीम कोर्ट ने शिवसेना का नाम और उसका चुनाव चिह्न धनुष बाण शिंदे गुट को दिए जाने के फैसले के खिलाफ दायर याचिका पर तत्काल सुनवाई से इंकार कर दिया , वहीं विधानसभा में स्थिति शिवसेना के दफ्तर को भी शिंदे गुट के हवाले कर दिया गया। शिंदे गुट के समर्थक विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मिलकर इसकी मांग की थी।चुनाव आयोग के फैसले से भड़का ठाकरे गुट

चुनाव आयोग ने 17 फरवरी को शिंदे गुट को शिवसेना का नाम और उसका चुनाव चिह्न धनुष-बाण देने का फैसला किया था। इस फैसले के बाद से ही ठाकरे गुट के नेता भड़के हुए हैं वे शिंदे गुट पर जमकर निशाना साध रहे हैं। ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग ने 2000 करोड़ में शिंदे गुट को शिवसेना का नाम और चुनाव चिह्न देने का सौदा किया है।

'शिकायतों से संजय राउत नहीं डरेंगे

संजय राउत ने कहा, ''हमने चुनाव आयोग के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मैं अपने बयान पर कायम हूं कि 2000 करोड़ रुपये का सौदा हुआ था, जिससे शिंदे गुट को पार्टी का नाम और सिंबल मिला था। उचित समय पर हम इस संबंध में सबूत लेकर आएंगे।'' उन्होंने कहा, ''मैंने सुना है कि इस बयान पर शिकायत दर्ज की गई है। ऐसी एक लाख शिकायतें भी दर्ज हों तो भी संजय राउत नहीं डरेंगे।''

 

 

 

और भी

ट्रक-फारच्यूनर की आमने-सामने भिड़ंत : 2 की मौत, 2 गंभीर... जा रहे थे बागेश्वर धाम...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह सड़क हादसा हो गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह आगरा की ओर से फार्च्यूनर कार बागेश्वर धाम पर गरीब कन्याओं की शादियां कराने के लिए जा रहे थे। कार ने आगरा-लखनऊ टोलप्लाजा को पार किया तो गलत साइड में आ गई और लखनऊ की तरफ से आ रहे ट्रक से आमने सामने की भिड़ंत हो गई। जिससे कार मे बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर फतेहाबाद त्रिलोकी सिंह, उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह, चौकी इंचार्ज लुहारी गौरव बालियान पुलिस बल के साथ साथ यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी मय टीम ने मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल भेजा गया।

हादसे में अनिल गोयल उम्र पुत्र रामानंद गोयल निवासी, 328ए पटेल नगर पिलखुआ रोड हापुड़ की रास्ते मे मौत हो गई। नवीन सिंघल पुत्र शांति प्रसाद निवासी 14/101 राजनगर गाजियाबाद को पुष्पांजलि हास्पिटल मे भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। कार चालक श्रीनिवास के अंदरूनी चोट जबकि अनिल गोयल के दामाद अंशुल मित्तल पुत्र महेन्द्र मित्तल निवासी पिलखुआ हापुड़ घायल हो गए। जिनका अस्पताल मे इलाज चल रहा है। कार का एयर बैग खुलने के कारण आगे चालक श्रीनिवास और अंशुल मित्तल को कम चोटें आई है।

और भी

जीएसटी काउंसिल की बैठक 18 फरवरी को

  नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जीएसटी काउंसिल की 49वीं बैठक शनिवार को आयोजित होने जा रही है. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में  बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस बारे में  जीएसटी कॉउन्सिल ऑफ इंडिया ने ट्वीटर के जरिये जानकारी दी। 

बता दें कि देश में आम बजट के पेश होने के बाद यह जीएसटी काउंसिल  की पहली बैठक होगी. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज नई दिल्ली में GST परिषद की 49वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगी. इस बैठक में वह आज कई अहम फैसले ले सकती हैं. जिनमें पान मसाला और गुटखा बिजनेस पर टैक्स चोरी को रोकने के लिए अपीलेट ट्रिब्यूनल की स्थापना करने पर चर्चा होने की संभावना है. इसका मकसद टैक्स चोरी पर रोक लगाना है। 

और भी

कांग्रेस साथ लड़े तो बीजेपी 100 सीटों से आ जाएगी नीचे : नीतीश कुमार

   नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  बिहार में पटना के कृष्ण मेमोरियल हॉल में सीपीआइ एमएल का महाधिवेशन हो रहा है। महाधिवेशन में शनिवार को मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने कांग्रेस से बड़ी अपील की है। नीतीश कुमार ने कहा कि अगर हमलोग साथ मिलकर लड़ते हैं तो भाजपा को 100 सीटों पर समेट देंगे।


सीएम नीतीश ने कहा कि मैं चाहता हूं कि आप लोग (कांग्रेस) जल्द फैसला लें। यदि मेरा सुझाव लेते हैं और एक साथ लड़ते हैं, तो बीजेपी 100 सीटों से नीचे चले जाएंगी, लेकिन अगर मेरा सुझाव नहीं लेते हैं, तो आप जानते हैं कि क्या होगा।

इस दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई को भुलाने और नया इतिहास रचने की कोशिश हो रही है। आजादी की लड़ाई में सबका योगदान है।

क्षेत्रीय दल को ड्राइविंग सीट पर बिठाए कांग्रेस : तेजस्वी यादव
वहीं, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी लगे हाथ कांग्रेस को सलाह दे डाली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चाहिए कि क्षेत्रीय दल को ड्राइविंग सीट पर बिठाए। जहां सीधी टक्कर है, वहां कांग्रेस खुद लड़े। हमलोग साथ होंगे।

इसके साथ ही तेजस्वी ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि आज देश का माहौल और हालात ऐसे हैं कि बीजेपी के खिलाफ बोलोगे तो छापा पड़ेंगे, चरित्रहनन होगा या जेल भेज दिया जाएगा। इसके उलटा बीजेपी के साथ रहे तो हरिश्चंद्र कहलाएंगे।

तेजस्वी ने आगे कहा कि आप पर कितना भी दाग ​​हो, अगर आप बीजेपी के साथ हैं, तो वह वाशिंग मशीन के अंदर साफ हो जाएगा। आप सभी देश के संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं, इसलिए हम आप सभी का धन्यवाद करते हैं।

महाधिवेशन में मौजूद सलमान खुर्शीद ने नीतीश सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अब गुजरात मॉडल की बात नहीं होती है। अब नीतीश मॉडल की बात होती है, यानी बिहार की बात होती है।

 

 

और भी

रमेश बैस में मराठी में ली शपथ, संभाला महाराष्ट्र के नए राज्यपाल का पद...

  नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  रमेश बैस ने महाराष्ट्र के 22वें राज्यपाल के रूप में शपथ ले ली। शपथ समारोह में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिन्दे भी मौजूद थे। राजभवन में बंबई उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एस वी गंगापुरवाला ने पैड और गोपनीयता की शपथ दिलाई। रमेश बैस ने यहां मराठी में शपथ ली। इसके बाद उन्होंने अपना पदभार संभाल लिया।

बता दें, 12 फरवरी को भगत सिंह कोश्यारी ने महाराष्ट्र के राज्यपाल के पद से इस्तीफा दिया था। कोश्यारी, जिन्होंने सितंबर 2019 से महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में कार्य किया, ने विवादास्पद कार्यकाल के बाद पिछले सप्ताह इस्तीफा दे दिया।

शुक्रवार को पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को मुंबई राजभवन से विदाई दी गई। इस मौके पर राजभवन के स्टाफ और उनके परिजनों की पलकें भीगी हुई थीं। राजभवन के स्टाफ की ओर से गुरुवार को उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शुक्रवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राजभवन जाकर उनसे मुलाकात की थी।

छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी रमेश बैस को 2019 में त्रिपुरा का राज्यपाल बनाया गया। जहां वे दो साल तक रहे। जुलाई 2021 में बैस को झारखंड का राज्यपाल बनाया गया। इसके बाद अब महाराष्ट्र का राज्य पाल नियुक्त किया गया है।

इससे पहले भारत की सोलहवीं लोकसभा में छत्तीसगढ़ की रायपुर लोकसभा सीट से सांसद थे। 2014 के चुनावों में इन्होंने छत्तीसगढ की रायपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी की ओर से भाग लिया छत्तीसगढ़ राज्य से लगातार 7 बार जीत दर्ज करके सांसद तक पहुचने वाले लोकप्रिय नेता है।

और भी

सीएम शिवराज ने कूनो में छोड़े 12 चीते

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कूनो (वीएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 12 चीतों को कूनो नेशनल पार्क के क्वारंटीन बाड़ों में छोड़ दिया है। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और मध्यप्रदेश के वन मंत्री विजय शाह भी मौजूद थे। इन चीतों को क्वारंटीन बाड़ों में एक महीना रखा जाएगा। इस दौरान इन्हें भैंसों का मांस खिलाया जाएगा। नामीबिया से आए चीतों को भी डेढ़-दो महीने क्वारंटीन बाड़ों में रखा गया था। दक्षिण अफ्रीका से आए चीतों को रिलीज करने के बाद अब कूनो नेशनल पार्क में चीतों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। इससे पहले नामीबिया से आठ चीतों को लाया गया था।

कूनो में मीडिया को एंट्री नहीं
कूनो नेशनल पार्क में दक्षिण अफ्रीका से आए चीतों को रिलीज करते समय मीडिया को एंट्री नहीं दी गई है। इस वजह से लाइव फुटेज भी उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। 17 सितंबर को नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को पार्क में छोड़ा गया था। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद कूनो नेशनल पार्क आए थे। उस समय सरकार ने लाइव फुटेज उपलब्ध कराए थे। साथ ही मीडिया को भी आमंत्रित किया गया था। इस बार यह सब बिना मीडिया की मौजूदगी के हो रहा है। 

और भी

अब जनता तय करेगी शिवसेना किसकी : उद्धव

 कहा- हमारा चुनाव चिन्ह चोरी हुआ

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण) चुनाव आयोग के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले धड़े को असली शिवसेना मानने के एक दिन बाद उद्धव ठाकरे ने अपने धड़े के नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में तय किया गया है कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे और लोगों को यह बताएंगे कि उनका चुनाव चिन्ह चोरी हुआ है। उद्धव ठाकरे ने पार्टी समर्थकों को लोगों के बीच जाने की अपील की और कहा कि जनता तय करेगी कि शिवसेना किसकी है। प्रधानमंत्री को लगता है कि शिवसेना को खत्म कर देंगे लेकिन शिवसेना कभी खत्म नहीं होगी। बता दें पार्टी के भविष्य के कदम पर भी इस बैठक में चर्चा हुई। इस बैठक में पार्टी नेता और प्रवक्ताओं समेत शिवसेना उद्धव बालासाहेब गुट के सभी बड़े नेता शामिल हुए। यह बैठक ठाकरे के निवास मातोश्री में हुई। चुनाव आयोग के फैसले को शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

बता दें कि शुक्रवार को चुनाव आयोग ने 'शिवसेना' नाम और इसका चुनाव चिन्ह 'धनुष और तीर' एकनाथ शिंदे गुट को देने का फैसला किया है। साल 1966 में बाल ठाकरे द्वारा बनाई गई शिवसेना पर अब ठाकरे परिवार का नियंत्रण खत्म माना जा रहा है। छह महीने पहले एकनाथ शिंदे ने चुनाव आयोग में याचिका दाखिल की थी। जिस पर अब तीन सदस्यों वाले आयोग ने एकनाथ शिंद के पक्ष में फैसला सुनाया है।

शिंदे गुट के पास बहुमत

एकनाथ शिंदे के पास पार्टी के 55 विधायकों में से 40 विधायकों का और 18 लोकसभा सांसदों में से 13 का समर्थन है। संख्या बल के आधार पर ही चुनाव आयोग ने शिंदे गुट को असली शिवसेना माना है। आयोग ने अपने फैसले में कहा कि 40 विधायक शिंदे गुट का समर्थन कर रहे हैं, जिसके चलते पार्टी को मिले कुल 47,82,440 वोटों में से 36,57,327 वोटों, जो कि कुल वोटों का 76 फीसदी हैं, इनका समर्थन शिंदे गुट के पास है। वहीं उद्धव ठाकरे गुट के पास सिर्फ 11,25,113 वोट पाने वाले 15 विधायकों का ही समर्थन है।

 

 

और भी

एयरो इंडिया 2023 : रक्षा क्षेत्र में प्रमुख खिलाड़ी बनने का भारत कोई मौका नहीं छोड़ेगाः मोदी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में एयरो इंडिया शो में 'इंडिया पवेलियन' का उद्घाटन किया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बेंगलुरू में येलहंका के वायु सेना स्टेशन में पांच दिवसीय एयरो इंडिया 2023 के 14वें संस्करण का उद्घाटन किया।कर्नाटक 14वीं बार शो की मेजबानी कर रहा है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा देश रक्षा क्षेत्र का प्रमुख खिलाड़ी बनने का कोई मौका नहीं छोड़ेगा और न ही कोई कसर छोड़ेगा। रक्षा मंत्रियों, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और विभिन्न देशों के गणमान्य व्यक्तियों की सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 21 वीं सदी का भारत रक्षा क्षेत्र का अग्रणी खिलाड़ी बनने का कोई अवसर नहीं जाने देगा। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि 2024-25 तक, भारतीय रक्षा निर्यात पांच बिलियन डॉलर होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारत रक्षा उत्पादों के आयात से छह गुना अधिक निर्यात कर रहा है। 2021-22 में निर्यात 1.5 अरब डॉलर को पार कर गया है।

उन्होंने कहा, यह इस धारणा के बावजूद किया जा रहा है कि रक्षा बाजार और व्यवसाय जटिल हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी दावा किया कि भारत एक बाजार होने के नाते अब विभिन्न देशों के लिए एक रक्षा भागीदार की भूमिका निभाने के लिए तैयार है। वैश्विक रक्षा निर्माण उद्योग के लिए भारत केवल एक बाजार नहीं है, यह एक संभावित रक्षा भागीदार है। पीएम मोदी ने कहा, देश प्रभावी लागत, विश्वसनीय, सर्वोत्तम नवाचारों की पेशकश कर सकता है। नीतियां असाधारण हैं। निर्णायक सरकार जमीनी स्थिति के बारे में अच्छी तरह से जानती है।

उन्होंने कहा, प्रणाली सहायक है और निवेशक लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने वर्णन किया कि बेंगलुरु का आसमान एक भरोसेमंद भारत का उदाहरण दे रहा है, वे उन नई ऊंचाइयों के गवाह हैं, जिन्हें भारत ने बढ़ाया है। एयरो इंडिया 2023 देश की बढ़ती क्षमता को दर्शाता है।

और भी

जी-20 की मीटिंग के पहले दिन डेलिगेट्स ने इंदौर में किया हेरिटेज वॉक

  नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। इंदौर में आयोजित हो रही जी-20 की प्रथम कृषि प्रतिनिधि बैठक के पहले दिन विदेशों से आए प्रतिनिधियों ने हेरिटेज वाक किया।

 इस अवसर पर उन्होंने इंदौर की ऐतिहासिक होलकर स्टेट की छत्रियों के साथ ही राजवाड़ा पैलेस का अवलोकन किया। स्थानीय व्यंजन के साथ ही सांस्कृतिक झलकियों का भी आनंद लिया। 

हेरिटेज वॉक की शुरुआत बोलिया सरकार स्मारक छत्री से शुरू होकर कृष्णपुरा छत्री से गुजरते हुए राजवाड़ा पहुंचा। इस अवसर पर डेलिगेट्स ने मीडिया से भी बात की। हेरिटेज वॉक के दौरान जिला प्रशासन तथा कृषि मंत्रालय के अधिकारी साथ रहे।

और भी

जब बिना टिकट यात्रा कर रहे धीरेन्द्र शास्त्री ने टीटी से ही ले लिए 1100 रुपए...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बागेश्वर धाम वाले पंडित धीरेंद्र शास्त्री अपने चमतकारों के चलते सुर्ख़ियों में हैं। इस दौरान उन्होंने खुद को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। अब अगर आप ये सोच रहे होंगे कि उन्होंने चमत्कार के बारे में खुलासा किया है तो आप गलत सोच रहे हैं। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने हाल ही अपनी गलती पकड़े जाने को लेकर खुलासा किया है। हैरानी की बात तो ये है कि जिस शख्स ने धीरेंद्र शास्त्री को गलती करते पकड़ा उन्होंने उसी से ही 1100 रुपए ले लिए थे।


दरअसल पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने हाल ही में देश की एक नामी मीडिया संस्थान को इंटरव्यू दिया था। इस दौरान उन्होंने खुलासा करते हुए बताया कि वो एक बार बार ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े गए थे। लेकिन इस दौरान उन्होंने टीटी से ही 1100 रुपए ले लिया था। उन्होंने बताया कि हमने टीटी को उनके पिता का नाम बता दिया था, जिससे खुश होकर हमें 1100 रुपए दक्षिणा दिया था।

उन्होंने आगे कहा कि वो कोई भगवान नहीं हैं बल्कि एक आम इंसान हैं। बस उनके ऊपर बरजंग बली की कृपा है। पैसे और दान लेने के बात पर उन्होंने कहा कि दक्षिणा लेने की परंपरा तो महाभारत काल से चली आ रही है। वो उस परंपरा से आते हैं जिसमें अंगूठा तक दान में दिया गया था, उन्होंने कहा कि उनके दरबार में आने वाले भक्त प्रेम से जो कुछ देते हैं उसे वो प्रेम स्वरूप स्वीकार करते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि उन पैसों से लोगों की भालाई का काम किया जाता है।

उन्होंने बताया कि ‘दरबार तीन पीढ़ियों से लगा रहे हैं। दादा गुरुजी के समय से इसकी शुरुआत हुई थी। हम भी 11 साल से लगा रहे हैं। उन्होंने अपने स्कूल का रोचक किस्सा सुनाते हुए कहा कि स्कूल के बच्चे उनसे आकर पूछते थे कि उनके परीक्षा में कितने नंबर आएंगे। मैं उसे कह देता था कि इस बार 55 आए हैं, अगली बार मेहनत करो 60 परसेंट आएंगे।

 

 

और भी

13 राज्यों के राज्यपाल बदले, राष्ट्रपति ने जारी किया आदेश...

  नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को बड़ा उलटफेर करते हुए 13 राज्यों के राज्यपाल व एलजी में फेरबदल किया है। उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा मंजूर करते हुए रमेश बैस को नया राज्यपाल नियुक्त किया है। इसके अलावा लद्दाख के एलजी राधा कृष्णन माथुर का इस्तीफा भी मंजूर कर लिया गया है। उनकी जगह अरुणाचल के ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा को लद्दाख का एलजी बनाया गया है।

वहीं, राष्ट्रपति ने लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक को अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया है। लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सिक्किम, सीपी राधाकृष्णन को झारखंड, गुलाब चंद कटारिया को असम, शिव प्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) एस अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया। वहीं, राष्ट्रपति ने आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया।

इसके अलावा मणिपुर के राज्यपाल ला गणेशन को नगालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

और भी

पीएम मोदी ने दो वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

मुंबई से सोलापुर और शिर्डी के बीच चलेगी ट्रेनें

(छत्तीसगढ़ दर्पण) मुंबई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को मुंबई में दो वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर देश को समर्पित किया। पीएम मोदी ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से दो वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। बता दें कि पहला वंदे भारत ट्रेन मुंबई और सोलापुर के बीच चलेगी और दूसरा मुंबई से साईनगर शिर्डी के बीच चलेगी।


इस दौरान, रेल मंत्री अश्विणी वैष्णव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मौजूद रहे। पीएम मोदी ने कहा, 'आज पहली बार एक साथ 2 वंदे भारत ट्रेन की शुरूआत हुई है। यह राज्य में पर्यटन और तीर्थ यात्रा को बढ़ावा देगी।'

महाराष्ट्र में कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन भारतीय रेल और विशेष रूप से मुंबई और महाराष्ट्र की कनेक्टिविटी के लिए बहुत बड़ा है। आज एक साथ 2 वंदे भारत ट्रेनें शुरू हुई हैं। इससे सभी को सुविधा मिलेगी और यह महाराष्ट्र में पर्यटन और तीर्थ यात्रा को बहुत अधिक बढ़ावा देने वाली है।

पीएम मोदी ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन आज के आधुनिक होते हुए भारत की शानदार तस्वीर है। यह भारत की स्पीड और स्केल का प्रतिबिंब है। आप देख रहे हैं कि देश में कितनी तेज़ी से वंदे भारत लॉन्च हो रही हैं। अब तक 10 ऐसी ट्रेनें लॉन्च हो चुकी हैं। आज देश के 17 राज्यों के 108 ज़िले वंदे भारत से जुड़ चुके हैं।

पीएम मोदी ने कहा, 'भारत के इतिहास में पहली बार 10 लाख करोड़ रुपए सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास से लिए रखे हैं। यह 9 साल की तुलना में 5 गुना अधिक है जिसमें रेलवे का हिस्सा 2.5 लाख करोड़ है। मुझे विश्वास है कि डबल इंजन की सरकार के डबल प्रयासों से महाराष्ट्र में कनेक्टिविटी और तेज़ी से आधुनिक बनेगी।'

और भी

अडानी मामले में जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी की जांच कराए मोदी सरकार : बीवी श्रीनिवास

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जेपीसी जांच की मांग को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस ने दिल्ली मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने नेतृत्व में नोटों से भरे बक्से ले कर अनोखें ढंग से विरोध प्रदर्शन किया। आम जानता को यह बताने का प्रयास किया गया की कैसे अडानी द्वारा एलआईसी और अन्य सरकारी संस्थानों में आम जानता द्वारा निवेश किये गये पैसों की लूट मचाई जा रही हैं। यह घोटाला आज़ाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला  साबित हुआ हैं, जो की केंद्र सरकार के संरक्षण में किया गया हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने कहा की संसद का काम नियम क़ानून गठन करने का हैं। पीएम मोदी घंटों संसद में सत्संग एवं भाषण देते हैं। लेकिन सदन के निर्वाचित सांसदों के सवालो के प्रति कोई जवाब नही देते। अपने पूँजीपति मित्रों को लाभ पहुँचाने के लिए सभी नियम क़ानूनो को दरकिनार कर अनुचित ढंग से सरकार द्वारा उनको लाभ पहुँचाने का काम किया जा रहा हैं। नरेंद्र मोदी को साफ़ तौर में संसद में जवाब दे कर यह स्पष्ट करना चाहिए की वे अडानी घोटाले मामले में जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी गठन कर उसकी जांच कमेटी के माध्यम से करायेगे की नहीं।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव पूर्णचंद पाढ़ी, छत्तीसगढ़ प्रदेश सचिव आशीष द्विवेदी सहित सैकड़ो की तादाद में युवा कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

और भी

पीएम मोदी ने इज़रायल के प्रधानमंत्री के साथ भारत-इज़राइल संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की और भारत-इजरायल की बहुआयामी मैत्री को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। एक ट्वीट में, श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने दोनों देशों के बीच नवाचार साझेदारी और रक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में जारी सहयोग पर और ध्यान देने के तरीकों पर भी चर्चा की। 

और भी

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जोली का स्वागत किया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जोली भारत की दो दिवसीय यात्रा पर सोमवार को नई दिल्ली पहुंचीं। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने अपने भारतीय समकक्ष डॉ. एस जयशंकर से मुलाकात की। देर शाम दोनों विदेश मंत्रियों ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की।

इस दौरान दोनों पक्षों ने व्यापार और निवेश सहित द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के लिए व्यापक चर्चा की। वार्ता से पहले जयशंकर ने ट्वीट किया कि कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जोली का आज हैदराबाद हाउस में स्वागत हुआ। वह सार्थक चर्चा के लिए तत्पर हैं।

वहीं, दिल्ली में एक थिंक टैंक को संबोधित करते हुए जोली ने कहा कि भारत का बढ़ता रणनीतिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय महत्व इसे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में कनाडा के लिए महत्वपूर्ण भागीदार बनाता है। इसके बदले में, कनाडा महत्वपूर्ण खनिजों का विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता, ग्रीन ट्रांजीशन में मजबूत भागीदार और प्रमुख निवेशक हो सकता है।

जोली ने भारत में काम कर रही कई कनाडाई कंपनियों के अधिकारियों से भी मुलाकात की। उन्होंने ट्वीट किया कि दिल्ली में कनाडा की कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की। भारत की आर्थिक और जनसंख्या वृद्धि से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन, महत्वपूर्ण खनिजों और हरित बुनियादी ढांचे की मांग बढ़ रही है। ये सभी कनाडा की पहुंच वाले क्षेत्र हैं और हमें इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। 

नवंबर में, कनाडा इंडो-पैसिफिक के लिए एक व्यापक रणनीति पेश की थी, जिसका उद्देश्य शांति, लचीलापन और सुरक्षा को बढ़ावा देना था। कनाडा की इंडो-पैसिफिक रणनीति ने भारत को इस क्षेत्र में एक प्रमुख भागीदार के रूप में दर्शाया है। साथ ही कहा गया है कि ओटावा नई दिल्ली के साथ आर्थिक जुड़ाव बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करेगा, जिसमें बड़े पैमाने पर व्यापार और निवेश के साथ-साथ लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण पर सहयोग शामिल है।

कनाडा की नीति में उल्लेख किया गया है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत का इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में और विश्व स्तर पर रणनीतिक महत्व और नेतृत्व बढ़ा है। साथ ही भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से वृद्धि कर रही है।

और भी

भारतीय सेना ने भूकंप प्रभावित तुर्की में 89 सदस्यीय चिकित्सा दल भेजा

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारतीय सेना ने भूकंप प्रभावित तुर्की में 89 सदस्यीय चिकित्सा दल को भेजा है। टीम में चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल हैं और 30 बिस्तरों वाली चिकित्सा सुविधा स्थापित करने के लिए एक्स-रे मशीन, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट, कार्डियक मॉनिटर और संबंधित उपकरणों से लैस है।

और भी

सुप्रीम कोर्ट 4 फरवरी, 2023 को पहली बार मनाएगा अपना स्थापना दिवस

  नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत की न्यायपालिका के इतिहास में एक और नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट 4 फरवरी 2023 को अपना स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। 73वें स्थापना दिवस से नई परंपरा की शुरुआत हो रही है। सिंगापुर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सुंदरेश मेनन इस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। सुप्रीम कोर्ट के स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में बदलती दुनिया में न्यायपालिका की भूमिका विषय पर एक लेक्चर होगा।

26 जनवरी 1950 को भारत के एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बनने के दो दिन बाद यानी 28 जनवरी 1950 को सुप्रीम कोर्ट अस्तित्व में आया था। सर्वोच्च न्यायालय को संविधान के भाग 5 अध्याय 4 के अंतर्गत स्थापित किया गया है। संविधान के अनुसार सर्वोच्च न्यायालय संघीय न्यायालय और भारतीय संविधान का संरक्षक है। सुप्रीम कोर्ट के सूत्रों के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने  स्थापना दिवस की परंपरा की शुरुआत की है। अभी तक सुप्रीम कोर्ट का अपना कोई इस तरह का दिवस नहीं होता।

वहीं, सुप्रीम कोर्ट 26 नवंबर को संविधान दिवस का आयोजन करता है। ऐसे में सीजेआई ने ये विचार किया कि नए दौर में देश के हर नागरिक को ये जानने का हक है कि बदलते समय में न्यायपालिका कैसे काम कर रही है? साथ ही दुनियाभर में न्यायपालिका कैसे काम करती हैं? नागरिक खासकर युवा वर्ग इससे जुड़े और जागरूक हों। दुनियाभर की कानून जगत की हस्तियां इस मौके पर अपने विचार रखें और कानून के छात्रों को भी इसका लाभ मिले। इसी उद्देश्य से 4 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट स्थापना दिवस समारोह आयोजित कर रहा है।

 

 

और भी