हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

उद्धव गुट की पार्टी को मिला नया नाम, 'मशाल' होगा नया चुनाव चिन्ह; चुनाव आयोग ने क्यों खारिज किया शिंदे गुट का त्रिशूल?

 नईदिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। चुनाव आयोग ने उद्धव गुट को अंधेरी पूर्व सीट पर विधानसभा उपचुनाव के लिए मशाल का निशान दिया है। आयोग ने कहा कि कोई भी धार्मिक निशान चुनाव के लिए नहीं दिया जा सकता है। बता दें कि उद्धव गुट ने मशाल, त्रिशूल और उगता हुआ सूरज का विकल्प चुनाव आयोग के सामने रखा था। वहीं शिंदे गुट ने गदा, उगता हुआ सूरज और त्रिशूल का विकल्प दिया था जिन्हें खारिज कर दिया गया है।

 

उद्धव गुट को चुनाव आयोग ने पार्टी का नाम 'शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे)' दिया है। वहीं ईसी ने शिंदे गुट  के निशान के तीन विकल्पों को खारिज कर दिया है। हालांकि उपचुनाव के लिए शिंदे गुट की पार्टी का नाम 'बालासाहेबांची शिवसेना' होगा। चुनाव आयोग ने कहा है कि पार्टी के नाम को लेकर शिंदे गुट का जो पहली प्राथमिकता थी वही विरोधी गुट ने भी पहली प्राथमिकता में रखी थी। ऐसे में दोनों ही गुटों को वह नाम नहीं दिया जा रहा है। 

 

बता दें कि 3 नवंबर को होने वाला उपचुनाव शिंदे और ठाकरे गुट के लिए लिटमस टेस्ट साबित होने वाला है। यह सीट शिवसेना विधायक रिमेश लातके के निधन के बात खाली हुई थी। शिवसेना ने उनकी पत्नी रितुजा को यहां से टिकट दिया है। वहीं शिंदे गुट और भाजपा मुरजी पटेल को उतारने की योजना बना रहे हैं जो कि 2019 में चुनाव हार गए थे। शिंदे गुट और उद्धव गुट में पार्टी के निशान और नाम को लेकर कानूनी लड़ाई के बीच चुनाव आयोग ने पार्टी का नाम और निशान दोनों ही फ्रीज कर दिया था।

 

 

और भी

जुलुस पर टूटा बिजली का कहर, 5 की मौत, 4 झुलसे...

 बहराइच (छत्तीसगढ़ दर्पण)। यूपी के थाना कोतवाली नानपारा के अंतर्गत बारावफात के जलूस में भगड़वा मासूपुर गांव में बिजली की एचटी लाइन की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई है। वहीं, चार लोग झुलस गए  हैं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा लाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, घटना को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है।

पुलिस की माने तो यह घटना रविवार सुबह चार बजे की है। बताया जा रहा है सुबह के समय जब बारावफात का जुलूस आ रहा था, उसी समय जुलूस में शामिल ठेले पर लगी लोहे का रॉड 11,000 की बिजली लाइन से टच हो गया। इसको लेकर चल रहे लोग की चपेट में आ गए। जिसमें से मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई। जबकि एक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। झुलसे लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा लाया गया है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। डीएम डॉ. दिनेश चंद्र और एसपी केशव चौधरी ने भी पीड़ितों का हाल जाना है। घायलों में मुराद, तबरेज, चांदबाबु और आफताब शामिल हैं।

और भी

कांग्रेस विधायक पर हुआ हमला, भड़के समर्थकों ने जमकर की तोड़फोड़

 नवसारी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गुजरात के नवसारी जिले के खेरगाम कस्बे में कांग्रेस विधायक पर हुए हमले के बाद भड़के समर्थकों ने वहां जमकर उत्पात मचाया और तोड़फोड़ की।



विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस भी भाजपा को टक्कर देने के लिए जमकर चुनाव प्रचार कर रही है लेकिन इसी के साथ ही उनके नेताओं पर हमले भी बढ़ते जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को नवसारी जिले के खेरगाम कस्बे में कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से कांग्रेस विधायक अनंत पटेल पर हमला किया गया। इस हमले में उनकी आंख पर गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही उनकी गाड़ी पर भी पथराव किया गया। कांग्रेस विधायक और आदिवासी नेता अनंत पटेल के समर्थन में शनिवार रात तक प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रदर्शनकारियों ने एक दुकान में आग लगा दी और मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी में तोड़फोड़ की।



अनंत पटेल ने कहा कि "जब मैं एक सभा के लिए नवसारी के खेरगाम पहुंच रहा था तो जिला पंचायत के मुखिया और उसके गुंडों ने मेरी कार में तोड़फोड़ की और मुझे पीटा। वे कह रहे थे कि आप आदिवासी होने के नाते नेता बन रहे हैं, हम आपको नहीं बख्शेंगे; एक आदिवासी को यहां नहीं चलने देंगे।" अपने ऊपर हुए हमले के विरोध में विधायक अनंत पटेल ने धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, "हम धरने पर बैठे हैं, जब तक जिला पंचायत प्रमुख और उसके गुंडे पकड़े नहीं जाते, हम यहां विरोध-प्रदर्शन करेंगे, 14 जिलों के राजमार्ग तब तक आदिवासियों द्वारा अवरुद्ध किए जाएंगे। भाजपा सरकार के शासन में जो भी आवाज उठाता है उसे पीटा जाता है और जेल भेजा जाता है।"

यह भाजपा सरकार की बौखलाहट है : राहुल गांधी
वहीं, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने विधायक पर हमला किया है। अनंत पटेल दक्षिण गुजरात में वांसदा से कांग्रेस के विधायक हैं। अनंद पटेल पार–नर्मदा ताप्ती रिवर लिंक प्रोजेक्ट के विरोध के बाद चर्चा में आए थे। इस हमले के बाद राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- 'गुजरात में ‘पार-तापी रिवर लिंक प्रोजेक्ट’ के खिलाफ आदिवासी समाज की लड़ाई लड़ने वाले हमारे विधायक अनंत पटेल जी पर भाजपा द्वारा कायराना हमला निंदनीय है। यह भाजपा सरकार की बौखलाहट है। कांग्रेस पार्टी का हर एक कार्यकर्ता आदिवासियों के हक की लड़ाई के लिए आखिरी सांस तक लड़ेगा।'

सितंबर में जिग्नेश मेवाणी पर हुआ था हमला
गुजरात के दलित नेता और वडगाम सीट से विधायक जिग्नेश मेवाणी पर 13 सितंबर को अहमदाबाद में जनसभा के दौरान हमला हुआ था। उस वक्त मेवाणी की ओर से दावा किया गया था कि प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा के करीबी द्वारा हमला किया गया। इस जनसभा में कांग्रेस की अनुसूचित जाति विभाग के गुजरात चेयरमैन हितेंद्र पिथाड़िया भी मौजूद थे।

और भी

चीते की तरह तेजी से दौड़ेगा भारत

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत को अगले 25 साल में समृद्ध और विकसित देश बनाने के सपने को साकार करने के लिए मोदी सरकार ऐतिहासिक कदम उठा रही है। तीव्र, समान विकास के साथ देश में आमूलचूल बदलाव लाने का लक्ष्य है और इसे हासिल किया जाएगा।

वास्तव में, यह परिवर्तन आठ साल पहले शासन में मूलभूत बदलावों के साथ ही शुरू हो गया था, जिसने आम आदमी को सशक्त और विशेष होने का अहसास कराया है। इसके साथ ही भारत दुनिया में एक भरोसेमंद भागीदार के रूप में उभरा, जिसके साथ हर देश बड़ी उत्सुकता से जुड़ना चाहता है।
नई लॉजिस्टिक्स नीति भारत के गौरव को बढ़ाने की दिशा में नवीनतम पहल है। लॉजिस्टिक्स में 5 'आर' महत्वपूर्ण होते हैं। राइट यानी सही उत्पाद पाना, सही स्थिति में, सही जगह, सही समय पर और सही ग्राहक को मिलना।

नई नीति में यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है कि सभी ‘आर’ सही हों। यह छोटे किसान, एमएसएमई, बड़ी फैक्ट्रियों और आम आदमी के हित में होगा। यह अर्थव्यवस्था के इंजन को कुछ इस तरह से गति देगा कि करोड़ों नौकरियां पैदा होंगी, समृद्ध महानगरीय क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों के बीच असमानताओं को खत्म करने में मदद मिलेगी, माल और लोगों की आवाजाही में तेजी आएगी और दक्षता बढ़ने से भारी बचत होगी।

यह नीति लॉजिस्टिक्स खर्च को अनुमानित रूप से जीडीपी के 13-14 प्रतिशत से घटाकर इकाई  अंक के स्तर पर ले आएगी। यह बचत बहुत बड़ी है। 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था में पांच प्रतिशत-प्वाइंट की बचत 150 अरब डॉलर के लाभ के बराबर है, जो भारत के संपूर्ण आउटसोर्सिंग उद्योग के अनुमानित मूल्य के बराबर है।

इस उपहार से सबसे बड़ा लाभ छोटे किसानों और बड़ी संख्या में एमएसएमई को होगा क्योंकि कम मूल्य के सामानों का परिवहन खर्च अपेक्षाकृत बहुत अधिक होता है जबकि रत्नों और गहनों जैसे कीमती सामानों की खेप तो हवाई मार्ग से ले जाने पर भी लाभदायक हो सकती है।

परंपरागत रूप से, छोटे किसान अक्सर फलों और सब्जियों को औने-पौने भाव पर बेच देते हैं क्योंकि खराब होने वाली वस्तुओं में सड़न शुरू होने से पहले इसे खरीदार तक पहुंचना जरूरी होता है। बेहतर लॉजिस्टिक्स के साथ, ऐसी चीजों को शीघ्र ही लंबी दूरी तक भेजा जा सकता है जिससे इसे नए बाजार मिलेंगे।
बेहतर लॉजिस्टिक्स से आपूर्ति में काफी सुधार होगा और लागत में कमी आएगी। इसका मतलब यह हुआ कि कृषि उपज के खेत से थाली तक के सफर में, पूरा अर्थशास्त्र सुखद रूप से बदल सकता है। इससे किसानों को ज्यादा पैसा मिलेगा और खरीदार को सस्ता खाना मिल सकेगा।

प्रत्येक उपभोक्ता की संपूर्ण खरीदारी के संबंध में अलग-अलग स्तर पर भी ऐसा ही होगा क्योंकि जिस चीज का भी उत्पादन होता है, विनिर्माण या निर्माण होता है उसके मूल्य के कम या ज्यादा होने में लॉजिस्टिक्स खर्च एक महत्वपूर्ण घटक होता है।

नई लॉजिस्टिक्स नीति मोदी सरकार की दूसरी प्रमुख पहलों, विशेष रूप से पीएम गतिशक्ति के साथ सामंजस्य स्थापित करती है, यह परिवर्तनकारी पहल डिजिटल रूप से सक्षम प्रणालियों के साथ बुनियादी ढांचा निर्माण की योजना से लेकर कार्यान्वयन को बढ़ावा देती है। डिजिटल सिस्टम से साइलो खत्म होते हैं और डेटा का खजाना एवं कई परतों में जानकारी उपलब्ध हो पाती है। इससे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की योजना बनाने वालों और कार्यान्वयन के लिए जिम्मेदार लोगों को वन भूमि, रक्षा भूमि, बिजली लाइनों के साथ ही कई अन्य मसलों के बारे में पहले से ही डेटा उपलब्ध हो जाता है जिससे अचानक कुछ ऐसा सामने न आए कि परियोजनाओं में देरी हो।

पीएम गतिशक्ति और नई लॉजिस्टिक्स नीति भी प्रधानमंत्री मोदी के संपूर्ण सरकार के दृष्टिकोण का उदाहरण है, जो शासन में साइलो (विभागों के बीच समन्वय का अभाव) से छुटकारा दिलाता है।

उच्च गुणवत्ता वाली ग्रामीण सड़कों और एक्सप्रेसवे के निर्माण, कंटेनर के वापस आने के समय में सुधार, तेज एवं सुरक्षित रेलवे और समर्पित माल ढुलाई गलियारे जैसी पहलों के साथ ये नीतियां विश्वस्तरीय डिजिटल तकनीक के साथ विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करेंगी, जिससे विकसित देशों की तरह उत्पादकों, वितरकों और खुदरा ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाली सेवा मिले।

ये नीतियां उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों के उत्पादन, निर्यात में वृद्धि, दुनिया के साथ व्यापारिक जुड़ाव बढ़ाने, वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनने और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में एक बड़ी भूमिका निभाने के लिए प्रमुख पहलों में योगदान करती हैं। इन सभी पहलों के लिए बेहतर लॉजिस्टिक्स की जरूरत होती है।

यह ध्यान में रखना महत्वपूर्ण है कि जो भी देश समृद्ध हुए हैं वहां तेज आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के लिए वैश्विक व्यापार और निर्यात प्रमुख साधन रहे हैं। भारत ने रत्न और आभूषण, चमड़ा और हस्तशिल्प जैसे श्रम प्रधान क्षेत्रों के लिए विकसित बाजारों के दरवाजे खोलने के लिए व्यापार समझौतों का उपयोग करने की रणनीति अपनाई है।

बेहतर लॉजिस्टिक्स से निर्यातकों को बहुत अधिक लाभ होता है क्योंकि उनका सामान ज्यादा प्रतिस्पर्धी हो जाएगा और खरीदारों को तेजी से एवं निश्चित समय में पहुंचाया जा सकता है।

जैसा, प्रधानमंत्री मोदी ने समीक्षा में पाया कि निर्यातकों को माल ट्रैक और ट्रेस करने के लिए शिपिंग बिल नंबर, रेलवे कंसाइनमेंट नंबर, ई-वे बिल नंबर आदि रखने होते हैं। उन्हें कई अधिकारियों के पास भी जाना पड़ता है। उनकी मदद के लिए एकीकृत लॉजिस्टिक्स इंटरफेस प्लेटफॉर्म शुरू किया गया है। इसके अलावा, लॉजिस्टिक्स नीति के तहत ईज ऑफ लॉजिस्टिक्स सर्विसेज या ईलॉग्स नाम से एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी सामने आने वाली किसी भी समस्या को हल करने में मदद करेगा।

मोदी सरकार के आठ शानदार वर्षों में भारत में लॉजिस्टिक्स में पहले से काफी सुधार हुआ है। कोविड महामारी के चरम पर होने के दौरान देश ने दवाएं, ऑक्सीजन और खाद्यान्न पहुंचाया। डिजिटल इंडिया जैसी दूरदर्शी पहलों ने भारत को महामारी के चरम पर होने के दौरान घर से काम करने की आवश्यकता के अनुकूल बनाने में मदद की।

बुनियादी ढांचे और लॉजिस्टिक्स अब भारत को एक विकसित देश बनाने के लिए जरूरी लंबी छलांग लगाने के लिए तैयार हैं। निश्चित ही, नीति बनाने मात्र से यह काम नहीं हो सकता है लेकिन जैसा प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि 'नीति+प्रदर्शन = प्रगति' हासिल होगी।

नई नीति की घोषणा उस दिन की गई जिस दिन चीते भारत की धरती पर लौट आए। पृथ्वी पर सबसे तेज चलने वाले जानवर के आगमन ने परिवहन के लिए एक बड़ा संदेश दिया। लॉजिस्टिक्स के लिए अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा, 'मुझे उम्मीद है कि आप चीते की रफ्तार से माल पहुंचाएंगे।' शानदार ट्रैक रिकॉर्ड और प्रदर्शन के आधार पर भारत निश्चित रूप से एक विकसित देश बनने के लिए चीते की तरह आगे बढ़ेगा।

और भी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही बकरे की शिव भक्ति...

 कानपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सोशल मीडिया पर यूं तो कई अजीबो-गरीब चीजें वायरल होते रहते हैं, लेकिन कई बार ऐसे वीडियो भी मिल जाते हैं, जिन्हे देख अचरज होता है। ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमे एक बकरे की शिव भक्ति देखते ही बन रही है। हम बात कर रहे हैं यूपी के कानपुर की, जहां बाबा आनंदेश्वर मंदिर (परमट) में संध्या आरती के दौरान भक्ति का अनोखा रूप देखने को मिला। मंदिर के मुख्य द्वार पर बकरा मत्था टेककर प्रणाम की मुद्रा में खड़ा दिखा रहा है। भक्तों के जयकारे के बीच प्रणाम मुद्रा में खड़े बकरे का वीडियो इंटरनेट पर खूब प्रचलित हो रहा है।



बाबा आनंदेश्वर की आरती में एक बकरा घुटनों के बल झुककर भगवान को प्रणाम करता दिखाई दिया। गर्भ गृह के बाहर भक्तों के साथ शिवलिंग के सामने नतमस्तक बकरा मंदिर में भक्तों के बीच भी चर्चा का विषय बना रहा। इस दौरान भक्तों ने बकरे का वीडियो भी बना लिया।

भक्त लक्ष्मी ने बताया कि बकरा मंदिर परिसर में सुबह से ही दिख रहा था। गंगा का किनारा होने के चलते गौ और बकरा अक्सर मंदिर परिसर में देखने को मिल जाते हैं। परंतु संध्या आरती के समय भक्ति में लीन बकरा कौहतुल का विषय बना रहा। किसी भक्त ने आरती के दौरान नतमस्तक बकरे का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर डाल दिया है। जिसे खूब खोजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि भक्त की तरह बकरा घुटनो पर झुककर भगवान भोलेनाथ को प्रणाम कर रहा है।

और भी

भारत जोड़ो यात्रा के 30वें दिन राहुल ने तिप्तूर से शुरू की पदयात्रा

 तिप्तूर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक पहुंची हैं। रविवार सुबह उन्होंने तिप्तूर से पदयात्रा की शुरुआत की। राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने सावरकर को भी निशाने पर लिया व अंग्रेजों की मदद करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि संघ व सावरकर अंग्रेजों की मदद कर रहे थे। उन्होंने सावरकर पर अंग्रेजों से पैसा लेने का आरोप लगाया।  देश की आजादी के लिए कांग्रेस ने लड़ाई लड़ी।

पीएफआई के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि नफरत फैलाने वाला व्यक्ति कौन है। वे किसी भी समुदाय से आते हैं, नफरत व हिंसा फैलाना एक राष्ट्र विरोधी काम है व  हम ऐसे लोगों के खिलाफ लड़ेंगे। इस दौरान राहुल गांधी से जब  पूछा गया  कि वो नई शिक्षा नीति का विरोध क्यों कर रहे हैं तो उन्होंने कहा, हम नई शिक्षा नीति का विरोध कर रहे हैं क्योंकि यह हमारे देश के लोकाचार पर हमला है, यह हमारे इतिहास को विकृत करती है। यह कुछ लोगों के हाथ में शक्ति केंद्रित करता है। हम एक विकेंद्रीकृत शिक्षा प्रणाली चाहते हैं जो हमारी संस्कृति को दर्शाती है।

 

 

और भी

प्रधानमंत्री ने 90 वर्षीया उमा सचदेव से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  90 वर्षीया श्रीमती उमा सचदेव से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रीमती उमा सचदेव के पति सेवानिवृत्त स्वर्गीय कर्नल एच के सचदेव सम्मानित सैनिक रहे  हैं।

श्रीमती सचदेव सेवानिवृत्‍त सेना प्रमुख जनरल वेद प्रकाश मलिक की रिश्‍तेदार भी हैं। श्री मोदी ने कहा है कि मुलाकात के दौरान उमा सचदेवा ने उनके दिवंगत पति द्वारा लिखी गई तीन पुस्तकों की प्रतियां भी उन्‍हें भेंट की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन पुस्‍तकों में से दो गीता से संबंधित हैं और तीसरी पुस्‍तक विभाजन की दर्दनाक अवधि के दौरान कर्नल सचदेव के अनुभवों और उनके जीवन पर इसके प्रभाव का प्रेरक विवरण देती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्रीमती सचदेव से चर्चा के दौरान 14 अगस्त के दिन को उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि के तौर पर विभाजन स्मरण दिवस के रूप में मनाने के निर्णय पर भी विचार किया गया कि जिन लोगों ने विभाजन के दर्द को झेला है।

 

 

और भी

रोजगार तलाशने नहीं रोजगार देने वाले बनिए : राष्‍ट्रपति

 चंडीगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पंजाब इंजीनिरिंग कालेज के दीक्षा समारोह में शामिल हुईं। राष्‍ट्रपति ने विद्यार्थियों से कहा कि आप रोजगार तलाशने वाले नहीं बल्कि रोजगार बांटने वाले बनिये। समारोह में राष्‍ट्रपति ने विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं। समारोह में राष्‍ट्रपति को स्‍मृति चिह्न देकर सम्‍मानित किया गया। कार्यक्रम में पंजाब के राज्‍यपाल बनवारी लाल पुरोहित और हरियाणा के राज्‍यपाल बंगारु दत्‍तात्रेय भी हैं।

राष्‍ट्रपति समाराेह में विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं । उन्‍हाेंने समारोह को संबोधित किया और विद्यार्थियों को सफलता के लिए टिप्‍स दिए। उन्‍होंने पेक के योगदान की सराहना की और विद्यार्थियों का राष्‍ट्र निर्माण में योगदान देने आह्वान किया। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज के भवन में दीक्षा समारोह में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने कहा कि आज के युवाओं को रोजगार तलाशने वालों की जगह रोजगार देने वाला बनना होगा। युवाओं के लिए अवसर और संभावनाओं की ओर बढ़ना होगा। युवाओं को अपनी मातृभूमि को कभी नहीं भूलना चाहिए।

उन्‍होंंने कहा कि युवाओं में देश के प्रति गौरव और निष्ठा का भाव होना भी जरूरी है। पेक के भावी इंजीनियर को उन्होंने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने की बात भी कही। उन्होंने युवाओं से कहा कि उन्हें महात्मा गांधी के संदेश को निजी जीवन में भी स्थान देना चाहिए। देश के छोटे से छोटे व्यक्ति को भी विकास का लाभ मिले तभी शिक्षा का असल मकसद पूरा होगा। 

 

 

और भी

संवेदना गायब होने पर पशुओं की तरह हो जाता है समाज : मोहन भागवत

 कानपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सर संघचालक मोहन भागवत ने रविवार को नानाराव पार्क में वाल्मीकि समाज के लोगों को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने पूर्व स्वयंसेवकों के पथ संचलन भी किया । नानाराव पार्क में संबोधन के दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि आपके सबके सामने आकर धन्य हुआ हूं। वक्ता कह रहे थे मैं मिठाई हूं,लेकिन में मिठाई नहीं बताशा बने रहना ही ठीक समझता हूं। मैं वाल्मीकि समाज के कार्यक्रमो में जाता रहा हूं, लेकिन जयंती समारोह में पहली बार आया हूं।

रामायण व वाल्मीकि हिन्दू समाज के प्रणेता थे। वह अगर रामायण नहीं लिखते तो हमें कुछ पता ही नहीं होता। समाज के सामने ऐसा चरित्र लाना चाहता हूं, जिसे समाज आदर्श माने। वाल्मीकि रामायण की रचना हुई। उत्तर दक्षिण पूर्व पश्चिम में श्रीराम सबके आदर्श बने। उनके नाम का जप किया जाता है हर घर प्रतिष्ठित होते हैं, जो वाल्मीकि जी की राम के साथ हनुमान व वाल्मीकि का भी स्मरण किया है।

राष्ट्र के हर किसी के लिए। भगवती सीता का पुत्री समान प्रतिपाल। एक बहेलिए ने कौंच पक्षी को मार दिया, इससे वाल्मीकि जी को क्षोभ हुआ। ऐसा क्यों हुआ, क्योंकि बहेलिए तो उन्हें मारते ही थे। इससे वाल्मीकि के मन मे करुणा का भाव आ गया। करुणा चार भाव में से एक है। ऊंचा भया तो क्या भया जैसे पेड़ खजूर,फल लागे अति दूर, इसलिए करुणा जरूर होनी चाहिए।

वृक्ष सद्पुरुष जैसे होते हैं, जो अपना सबकुछ बांट देते हैं। मनुष्य के मन मे आकांक्षा होती है, वह आगे बढ़ना चाहता है। यह मनुष्य का काम है कि वह अच्छा बने। तन मन से पवित्रता ही नहीं सत्य भी जरूरी। करुणा बिना धर्म पूरा नहीं होता है।

पहले गुस्सा हुए फिर उन्हें लगा कि गुस्सा क्यों किया, क्या मेरा तप कम हो गया। ऐसा चरित्र लिखना है, जो मनुष्यो के लिए आदर्श हो। सतयुग में सब अच्छे ही थे। धर्म का पालन करते। मनुष्य का स्तर त्रेता युग मे थोड़ा गिरा था, उसे नियंत्रित करने को राजा चाहिए था, राजा थे राम। यह बताने वाला कोई नहीं था कि हमें क्या करना है, तब रामायण की रचना उन्होंने की थी।

रामायण में कभी राम सीता बिछड़े नहीं, रावण ले गया और एक रहे। बस सीता के त्यागने में बिछड़े है। सीता त्याग होने के पश्चात राम के जीवन मे रस नहीं रहा। रस भगवान का स्वरूप। सिर्फ कर्तव्य से ही सब कुछ नहीं। फाइव स्टार होटल में कितना भी ठंडा हो लेकिन घर के जल की बराबरी नहीं, क्योंकि इसमें रस है।

और भी

आयोग ने शिवसेना के धनुष-तीर चुनाव चिह्न के इस्तेमाल पर लगायी रोक

 नई  दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  शिवसेना के धनुष-तीर चुनाव चिह्न को लेकर पार्टी के दोनों धड़ों के बीच चल रही खींचतान के बीच इस पर चुनाव आयोग का अहम फ़ैसला आया है। इस  मामले में अपने अंतरिम फ़ैसले में अंधेरी में होने वाले उपचुनावों में दोनों धड़ों को इस चुनाव चिन्ह के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है.अब चुनाव आयोग ने अंतरिम आदेश पारित करते हुए कहा है कि फिलहाल दोनों में से कोई भी धड़ा इस चिह्न का उपयोग नहीं कर सकेगा 

चुनाव आयोग ने अपने आदेश में लिखा है कि शिव सेना के दोनों धड़ों के प्रमुख उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे इस चुनाव चिह्न (तीर और धनुष) का इस्तेमाल नहीं करेंगे. साथ ही चुनाव आयोग ने अपने आदेश में दोनों गुटों से कहा है कि वो 10 अक्टूबर तक अपनी पार्टी के चिह्न के तौर पर विकल्प पेश करें. दोनों अपने लिए नए नामों का चुनाव कर सकते हैं और ये नाम शिव सेना से मिलता जुलता हो सकता है. उपचुनावों में दोनों गुट अपने लिए चुनाव आयोग की दी गई लिस्ट में से कोई चिह्न चुन सकते हैं

 

 

और भी

चुनाव जीतने पर उदयपुर घोषणापत्र के प्रस्ताव को करेंगे लागू : मल्लिकार्जुन खड़गे

 नई  दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर वह चुनाव जीतते हैं तो वह पार्टी के 50 प्रतिशत पदों की पेशकश 50 साल से कम उम्र के लोगों को करने के उदयपुर घोषणापत्र के प्रस्ताव को लागू करेंगे। खड़गे का यह बयान इन सुझावों के बीच आया है कि कांग्रेस का नेतृत्व एक युवा नेता द्वारा किया जाना चाहिए। खड़गे ने संवाददाताओं से कहा, यह कांग्रेस में पद को लेकर नहीं है।

कई लोग जो छोड़कर चले गए, वे ईडी (प्रवर्तन निदेशालय), सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) और आयकर विभाग के भय से गए। युवाओं के लिए, जैसा कि मैंने कहा है, उदयपुर घोषणापत्र में, हमने 50 प्रतिशत सीटें 50 साल से कम आयु के लोगों को देने का वादा किया था और मैं वह करूंगा। जब हर कोई मुझे इस पद पर देखना चाहता है, मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं।

खड़गे इस चर्चा को लेकर पूछे गए एक सवाल उत्तर दे रहे थे कि 80 वर्षीय खड़गे, 75 वर्ष की सोनिया गांधी की जगह ले रहे हैं और कांग्रेस का नेतृत्व एक युवा नेता को करना चाहिए। खड़गे कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए अपने प्रचार अभियान के तहत हैदराबाद में थे। तेलंगाना में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) द्वारा अपना नाम बदलकर भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) करने और राष्ट्रीय स्तर पर उतरने का निर्णय करने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रीय दलों ने स्वयं को 'अखिल भारतीय' नाम दिया है। उन्होंने कहा कि वह उदयपुर घोषणापत्र को लागू करने के लिए प्रयास करेंगे। खड़गे ने अपने दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों को संबोधित किया।

इस बीच खड़गे ने अमरावती में इसको लेकर खेद व्यक्त किया कि गांधी परिवार से कोई भी पार्टी अध्यक्ष पद के लिए नहीं चुनाव नहीं लड़ रहा है और कहा कि वह पार्टी में सभी की सलाह पर यह चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए अपने प्रचार अभियान के तहत, खड़गे ने विजयवाड़ा में आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय का दौरा किया। खड़गे ने कहा कि वह कर्नाटक की राजनीति में लंबे समय तक रहे हैं और मौजूदा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की सलाह पर 2009 में लोकसभा चुनाव लड़ा था।

खड़गे ने आंध्र प्रदेश के कांग्रेस नेताओं को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से कहा, कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव अपरिहार्य हो गया क्योंकि सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका ने इस पद को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसलिए मैं पार्टी में सभी की सलाह पर अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरा हूं।’’

उन्होंने कहा, मैंने केंद्रीय श्रम एवं सामाजिक न्याय मंत्री के रूप में कार्य किया। उन्होंने लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के नेता के रूप में अपने कार्यकाल का भी उल्लेख किया। उन्होंने पार्टी नेता राहुल गांधी के चल रहे पैदल मार्च को ‘भारत तोड़ो यात्रा’ बताने पर आपत्ति जताई। खड़गे ने कहा, ‘‘यह वास्तव में भारत जोड़ो यात्रा है। यह भाजपा है जो जाति और धर्म के नाम पर देश को बांट रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेताओं ने देश के लिए कुछ भी बलिदान किया है।

और भी

देसी बुलेट ट्रेन : भैंसों के बाद गाय टकराई, 2 दिन में दूसरी बार हादसा

 अहमदाबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत की अपनी देसी बुलेट ट्रेन वंदे भारत के साथ लगातार दूसरे दिन हादसा हुआ है। गुजरात में शुक्रवार को लगातार दूसरी बार ट्रेन से मवेशी टकरा गए। ट्रेन के अगले हिस्से में फिर मामूली क्षति पहुंची है। गांधीनगर से मुंबई जाते समय कंजारी और आणंद स्टेशनों के बीच यह हादसा हुआ। एक दिन पहले ही ट्रेन मणिनगर स्टेशन के पास भैसों के झुंड से टकरा गई थी। ट्रेन को मरम्मत के बाद दोबारा आज पटरी पर उतारा गया।

जानकारी के मुताबिक़ गुजरात के आणंद स्टेशन के पास एक गाय से टकरा गई, जिससे ट्रेन का अगला हिस्सा मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। शुक्रवार की घटना दोपहर तीन बजकर 48 मिनट पर मुंबई से 432 किलोमीटर दूर आणंद में हुई। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, ''ट्रेन के अगले हिस्से को मामूली नुकसान पहुंचा है।'' उन्होंने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।

वंदे-भारत एक्सप्रेस ट्रेन के गुरुवार सुबह गुजरात में भैंसों के एक झुंड से टकराने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने इन मवेशियों के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पश्चिम रेलवे की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि भैंसों के झुंड से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हुए हिस्से की मुंबई में मरम्मत कर दी गई है। हादसे में चार भैंसों की मौत हो गई। पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ प्रवक्ता (अहमदाबाद मंडल) ने कहा, ''आरपीएफ ने अहमदाबाद में वटवा और मणिनगर रेलवे स्टेशनों के बीच वंदे भारत ट्रेन के रास्ते में आने वाली भैंसों के अज्ञात मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।''

और भी

टैंकर से टकराने के बाद आग का गोला बनी बस, 11 की मौत, कई घायल...

 नासिक (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महाराष्ट्र के नासिक में शनिवार तड़के बस-टैंकर की भिड़ंत के बाद बस में लगी आग लगने के कारण 11 लोगों की जलकर मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। दरअसल एक प्राइवेट बस और एक ट्रक में जबरदस्‍त टक्‍कर हुई, जिसके बाद बस में आग लग गई। मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

बताया जा रहा है कि बस ने ट्रक का टक्‍कर मारी। हादसे के एक प्रत्‍यक्षदर्शी ने बताया, 'ये हादसा मेरे घर के सामने हुआ। ट्रक यहां खड़ा हुआ था, टक्‍कर लगने के बाद बस में जबरदस्‍त आग लग गई। बस पूरा आग का गोला बन गई। ऐसे में कई लोगों को बस से बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। आग इतनी भीषण थी कि हम सामने खड़े थे, लेकिन कुछ नहीं कर पाए। कुछ देर बार पुलिस और दमकल कर्मी आए और उन्‍होंने स्थिति पर नियंत्रण पाया। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।'

सड़क हादसे को लेकर नासिक पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना औरंगाबाद रोड पर शनिवार सुबह करीब 5 बजे हुई है। एक प्राइवेट बस ने कंटेनर को टक्कर मार दी, जिसके तुरंत बाद बस में आग लग गई। हादसे में घायल हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। साथ ही उन्‍होंने बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्‍योंकि कई लोग गंभीर रूप से भी घायल हुए हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि नासिक में हुई सड़क दुर्घटना में मारे गए और घायल हुए लोग बस सवार थे या कंटेनर में बैठे लोग।

और भी

वायुसेना दिवास : प्रचंड दिखाएगा अपना शौर्य, एयर मार्शल करेंगे नई यूनिफार्म लॉन्च

 चंडीगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारतीय वायुसेना को आज 90 साल पूरे हो चुके हैं। वायुसेना दिवस पर चंडीगढ़ के साथ आज पूरी दुनिया भारतीय वायुसेना के शौर्य को देखेगी। पहली बार एयरफोर्स डे की परेड का आयोजन गाजियाबाद के हिंडन एयर फोर्स स्टेशन के बाहर चंडीगढ़ में हो रहा है। वायुसेना की तरफ से सुखना लेक पर सबसे बड़ा एयर शो किया जाएगा।


हमें गौरवशाली विरासत मिली : एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी ने कहा कि हमें अपने पूर्ववर्तियों की कड़ी मेहनत, लगन और दूरदृष्टि से गौरवशाली विरासत मिली है। इस कोर्स को चार्टर्ड करने वाले हमारे दिग्गजों के योगदान को स्वीकार करने का अधिकार। अब भारतीय वायुसेना को शताब्दी दशक में लाने की जिम्मेदारी हम पर है।

वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल चौधरी ने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर यह घोषणा करते हुए मुझे खुशी हो रही है कि सरकार ने भारतीय वायु सेना में अधिकारियों के लिए एक हथियार प्रणाली शाखा के निर्माण को मंजूरी दे दी है।  

वायुसेना प्रमुख ने कहा कि हम अगले साल से महिला अग्निशामकों को शामिल करने की भी योजना बना रहे हैं। बुनियादी ढांचे का निर्माण प्रगति पर है।



फ्लाई पास्ट में  हिस्सा ले रहे 83 एयरक्राफ्ट
एयरशो में एएन -32,एमआइ -17,मिग -29, प्रचंड, मिग -35, आईएल -76, सुखोई-30,एडब्ल्यू एनसी, मिग -29, जुगआर, राफेल, चिनूक, तेजस, अपाचे और हार्वर्ड अपने करतब दिखाएंगे। देश में ही निर्मित लाइट काम्बैट हैलीकाप्टर प्रचंड भी इस शो में हिस्सा ले रहा है। एयर शो में तीन प्रचंड हैलीकाप्टर भी लोगों को हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे।



सुखना लेक पर आयोजित होने वाले एयर शो में राष्ट्रपति व तीनों सेनाओं की कमांडर इन चीफ द्रौपदी मुर्मु, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एयर मार्शल वीआर चौधरी, पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित व मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर मौजूद रहेंगी।

यह रहेगा एयरफोर्स डे का शेड्यूल
एयरफोर्स डे का कार्यक्रम दो हिस्सों में मनाया जा रहा है। फर्स्ट पार्ट में थ्रीबीआरडी एयरफोर्स स्टेशन में सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम शुरू हो गया है। वायु सेना के जवान एयर फोर्स स्टेशन पर परेड कर रहे हैं। थ्री बीआरडी में परेड में 157 एयरमैन, 38 आफिसर हिस्सा लें रहे हैं। इसके बाद तीन एमआई 17वीं 5 और 3 एजेडएफ एमके -4 हैलीकाप्टर ध्वज लहराते हुए जाएंगे। इस कार्यक्रम में एयर मार्शल वीआर चौधरी कार्यक्रम में मुख्यातिथि शामिल हुए हैं।

एयरफोर्स को मिलेगी नई काम्बैट यूनिफार्म
थ्री बीआरडी में आयोजित होने वाली परेड के बाद एयर मार्शल वीआर चौधरी वायु सेना की नई काम्बैट यूनिफार्म का लांच करेंगे। एयर फोर्स की मौजूदा काम्बैट ड्रेस के पैटर्न (डिजिटल कैमोक्रेट) में बदलाव किया गया है। यह काम्बैट यूनिफार्म भारतीय सेना जैसा ही होगा, लेकिन वायुसेना की काम्बैट यूनिफार्म के रंगों में बदलाव होगा, जिससे वायुसेना और सेना की काम्बैट यूनिफार्म में फर्क रहेगा।

एयर शो बारिश का खतरा
वायु सेना दिवस से एक दिन पहले यानी शुक्रवार को शहर में मौसम ने करवट बदली थी। शहर में बादल छा गए थे। मौसम विभाग ने दो दिन मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। आज भी सुबह से ही मौसम खराब बना हुआ है। हालांकि शहर में बारिश नहीं हुई है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 8 अक्टूबर को उत्तर भारत में बारिश की संभावना बन रही है। इससे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ समेत हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।

और भी

पाकिस्तानी नौका से करोड़ों की हेरोइन बरामद...

 अहमदाबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। तटरक्षक बल और गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने राज्य के अपतटीय क्षेत्र में एक पाकिस्तानी नौका से 360 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि तटरक्षक बल और एटीएस ने अरब सागर में अल सकार नाम की नौका को अपने कब्जे में ले लिया तथा इससे 50 किलोग्राम हेराइन बरामद की। उन्होंने बताया कि नौका में चालक दल के छह सदस्य सवार थे और इसे आगे की जांच के लिए राज्य के जखाऊ बंदरगाह लाया जा रहा है।

और भी

चंद्रयान-2 ने दुनिया को चौंकाया, चांद की सतह पर ढूंढा सोडियम का भण्डार...

 श्रीहरिकोट (छत्तीसगढ़ दर्पण)। इसरो के चंद्रयान-2 ने दुनिया को चौंका दिया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चंद्रयान-2 ने चांद की सतह पर पहली बार बड़ी मात्रा में सोडियम का पता लगाया है। इस सफलता से चांद पर सोडियम की मात्रा का पता लगाने की उम्मीदें भी जग गई हैं।

इसरो ने अपने बयान में कहा है कि चंद्रयान -2 ऑर्बिटर पर एक्स-रे स्पेक्ट्रोमीटर 'क्लास' ने पहली बार चंद्रमा पर प्रचुर मात्रा में सोडियम की मैपिंग की है। नए निष्कर्ष चंद्रमा पर सतह-एक्सोस्फीयर इंटरैक्शन का अध्ययन करने का एक अवसर प्रदान करते हैं जो हमारे सौर मंडल के बारे में अन्य जानकारियां उपलब्ध कराएगा।

चंद्र कणों से जुड़े होते हैं सोडियम परमाणु

अंतरिक्ष एजेंसी ने अपने बयान में कहा कि चंद्रयान-2 का लार्ज एरिया सॉफ्ट एक्स-रे स्पेक्ट्रोमीटर या क्लास को यूआर राव सैटेलाइट सेंटर में बनाया गया है, जिसने चांद की सतह पर सोडियम के स्पष्ट संकेत दिए हैं। एक अध्ययन के मुताबिक, चांद पर सोडियम होने के संकेत संभवतः सोडियम परमाणुओं की पतली परत से उत्पन्न हो सकता है, जो कमजोर रूप से चंद्र कणों से जुड़े होते हैं।

सौर मंडल के अध्ययन का खुला रास्ता
वैज्ञानिकों का कहना है कि इन सोडियम परमाणुओं को सौर हवा या फिर पराबैंगनी विकिरण के माध्यम से चांद की सतह से आसानी से बाहर निकाला जा सकता है। इसरो ने कहा है कि हालिया निष्कर्ष ने हमारी उम्मीदें बढ़ा दी हैं। दरअसल, जिस सतह पर सोडियम मिला है, उसे एक्सोस्फीयर कहा जाता है। यह क्षेत्र चांद की सतह से शुरू होकर हजारों किलोमीटर तक फैला है। ऐसे में नए निष्कर्षों के आधार पर इसका अध्ययन किया जा सकता है, जिससे यह पता चलने में मदद मिलेगी कि चांद की सतह व हमारे सौर मंडल पर और क्या-क्या मौजूद है।

 

 

और भी

मंत्री की शपथ को लेकर मचा बवाल, भाजपा ने की बर्खास्त करने की मांग...

सीएम केजरीवाल ने मांगी सफाई

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने एक बार फिर अपनी किरकिरी करवा ली है। आम आदमी पार्टी के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम की शपथ को लेकर बवाल मच गया है। एक और जहां मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने मंत्री गौतम से सफाई मांगी है, वहीं दूसरी ओर भाजपा ने आप को घेरते हुए मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है।

दरअसल दिल्ली सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम की मौजूदगी में हजारों लोगों को दिलाई गई कि 'राम और कृष्ण भगवान नहीं और कभी इनकी पूजा नहीं करेंगे।' इस शपथ पर विवाद गहराता जा रहा है। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी अपने मंत्री के इस कृत्य से काफी नाराज हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने इस प्रकरण में उनसे जवाब तलब किया है। इस बारे में मुख्यमंत्री ने पार्टी नेताओं से भी चर्चा की है।  

बताया जा रहा है कि दिल्ली सरकार में पिछले 7 साल से मंत्री राजेंद्र पाल गौतम का यह मामला गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में भी पार्टी के लिए समस्या का सबब बन सकता है। ऐसे में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस प्रकरण में कोई कड़ा फैसला भी ले सकते हैं।

भगवान का अपमान निंदनीय : आदेश गुप्ता
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने हिंदू देवी- देवताओं का अपमान किया है। यह निंदनीय है और इसके लिए उन्हें सजा मिलनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी का इतिहास हमेशा से ही नफरत फैलाना और हिंदू धर्म का अपमान करने का रहा है। वहीं, सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी इतनी हिंदू विरोधी क्यों है? आप के मंत्री हिंदू धर्म के खिलाफ शपथ ले रहे है और उनके साथ लोग भी शपथ ले रहे है। उन्होंने कहा कि यह हिंदू और बौद्ध धर्म का अपमान है। आप के मंत्री दंगा भड़काने की कोशिश कर रहे है, उन्हें तुरंत मंत्री पद व आप से हटाया जाना चाहिए।

केजरीवाल की शह पर मंत्री देते हैं हिंदू विरोधी बयान : बिधूड़ी
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से राजेंद्र पाल गौतम को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की शह पर उनके मंत्री हिंदू विरोधी बयान देते हैं।

उन्होंने कहा कि आप नेता अपनी सुविधा के लिए हिंदू भावनाओं का लाभ उठाते है और जरूरत पड़ने पर देवी-देवताओं के अपमान से भी बाज नहीं आते। रामवीर सिंह बिधूड़ी ने क हा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अवसरवादी है और हिंदू धर्म के विरोध का कोई मौका हाथ से नहीं जाने देते। वह अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के भी कट्टर विरोधी रहे है। उनका यह दोहरा चरित्र रहा है कि वह अयोध्या में श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण का विरोध भी करते है, लेकिन विधानसभा चुनावों से ठीक पहले पूरी केबिनेट के साथ भगवान श्रीराम के सामने दंडवत भी हो जाते है।

भाजपा के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि आम आदमी पार्टी का असली हिंदू विरोधी चेहरा। यह संयोग या हिंदुओं को गाली देने या दंगा भड़काने की एकमात्र घटना नहीं है। हमने देखा है कि कैसे केजरीवाल ने राम मंदिर का विरोध किया और दिल्ली दंगों के मास्टमाइंड ताहिर हुसैन का समर्थन किया। क्या वह राजेंद्र पाल गौतम को बर्खास्त करेंगे।

पहले भी करवा चुके हैं किरकिरी...
मालूम हो कि राजेंद्र पाल गौतम इससे पहले भी केजरीवाल सरकार की किरकिरी करा चुके हैं। नवंबर 2019 में उन्होंने भागवान राम और कृष्ण के वजूद पर सवाल उठाया था। राजेंद्र पाल गौतम के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया - अगर यह बात प्रमाणित है कि राम और कृष्ण तुम्हारे पूर्वज हैं तो इतिहास में इनको पढ़ाया क्यों नहीं जाता। पूर्वजों का कोई इतिहास होता है, जबकि इनका कोई प्रमाणिक इतिहास नहीं है। यह पौराणिक कथाएं हैं, ऐतिहासिक नहीं जबकि पेरियार का दृष्टिकोण प्रामाणिकता और तार्किकता के आधार पर था।' यह बात अलग है कि जब इस पर विवाद बढ़ा तो गौतम ने दावा कि किसी ने उनका अकाउंट हैक करके यह ट्वीट किया था।

और भी

राजधानी में ईडी का छापा व्यापारी के घर से मिले करोड़ रुपये

 नई दिल्ली, (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दिल्ली आबकारी नीति घोटाले के सिलसिले में राष्ट्रीय राजधानी में एक व्यापारी के घर से एक करोड़ रुपये जब्त किए हैं। नकदी की जब्ती के बाद, ईडी अब उन्हें जांच में शामिल होने के लिए बुलाएगा। हालांकि, अभी उन्होंने कोई और विवरण देने से मना कर दिया है। व्यापारी के घर की तलाशी ली गई क्योंकि जांच एजेंसी ने शुक्रवार को पंजाब, दिल्ली और आंध्र प्रदेश में 35 से अधिक स्थानों पर दिन भर छापेमारी की। केंद्रीय एजेंसी की हिरासत में एक आरोपी समीर महेंद्रू से पूछताछ के बाद छापे मारे गए, जिसके दौरान ईडी को पता चला कि इस मामले में पंजाब और आंध्र प्रदेश के संबंध थे। महेंद्रू को पहले ईडी ने गिरफ्तार किया था। 

आबकारी नीति घोटाले में दूसरी गिरफ्तारी और ईडी द्वारा पहली गिरफ्तारी थी।आरोप हैं कि हैदराबाद के कोकापेट निवासी अरुण रामचंद्र पिल्लई महेंद्रू से अनुचित आर्थिक लाभ के लिए आरोपी लोक सेवक विजय नायर को आगे भेजने के लिए इस्तेमाल करते थे। अब, जांच एजेंसी मनी लॉन्ड्रिंग में मनी ट्रेल को खत्म करने के लिए दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्य एकत्र कर रही है। आबकारी नीति घोटाले के सिलसिले में शुक्रवार की छापेमारी तीसरी थी। ईडी अब तक करीब 100 ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है।

 

 

और भी