हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

हिंदी को राष्ट्र भाषा बनाने का कोई इरादा नहींःराहुल गांधी

 मांड्या (कर्नाटक) (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि अकेले हिंदी को राष्ट्र भाषा बनाने का कोई इरादा नहीं है व  कन्नड़ जैसी क्षेत्रीय भाषाओं की पहचान को कोई खतरा नहीं है।  कई शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों और शिक्षकों के साथ बातचीत में यह बात कही। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्रियांक खड़गे ने पत्रकारों को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की जानकारी देते हुए कहा, ‘‘राहुल गांधी के साथ कन्नड़ की पहचान को लेकर बातचीत की गयी।

फिर उन्होंने कहा कि प्रत्येक मातृभाषा अहम है। हम सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं। संविधान में सभी को अधिकार प्राप्त है। कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के मीडिया प्रकोष्ठ के प्रभारी खड़गे ने कहा, ‘‘अत: उन्होंने (राहुल गांधी) साफ तौर पर कहा कि अकेले हिंदी को राष्ट्र भाषा बनाने का कोई इरादा नहीं है और आपकी भाषा (कन्नड़) की पहचान को कोई खतरा नहीं है। बातचीत में भाग लेने वाले लोगों ने पुष्टि की कि वे कांग्रेस पार्टी से जुड़े नहीं हैं लेकिन संविधान को बचाने के लिए यात्रा में भाग ले रहे हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के रिसर्च विभाग के अध्यक्ष राजीव गौड़ा ने कहा कि बातचीत में शामिल हुए ज्यादातर लोगों ने भाजपा के सत्ता में आने व राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने के बाद से शिक्षा क्षेत्र में समस्याओं को उठाय़ा है।

और भी

मंच मेें नीरज चोपड़ा को किनारे किए जाने पर कांग्रेस नेता ने कसा तंज

 गुजरात (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री ने एक सभा के दौरान खेल से परिवारवाद को खत्म करने की बात कही। इस पर कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने जय शाह व अरुण धूमल का जिक्र कर भाजपा पर तंज कसा है। इतना ही नहीं, सुप्रिया श्रीनेत ने पीएम मोदी के कार्यक्रम के मंच से नीरज चोपड़ा को किनारे खड़े किए जाने पर भी प्रधानमंत्री पर हमला बोला है। सुप्रिया श्रीनेत ने कसा तंज पीएम मोदी ने कहा कि खेलकूद में बहुत परिवारवाद है उस उसका सफाया कर रहे हैं। यहां पर मैं दो तस्वीरें दिखाना चाहती हूं। एक हैं जय शाह, जिसके हाथ में BCCI का कंट्रोल है और दूसरे हैं अरुण धूमल ये भी BCCI में हैं, जो अब कह रहे हैं कि क्या उन्हें भी हटा दिया जाएगा। बता दें कि जय शाह, गृह मंत्री अमित शाह के बेटे हैं और अरुण धूमल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के भाई हैं।

नीरज चोपड़ा को पीएम मोदी के मंच से क्यों हटाया गया ? वहीं पीएम मोदी के मंच से नीरज चोपड़ा को किनारे किए जाने पर सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि पता है आपको कि नीरज चोपड़ा को मंच से क्यों हटाया गया है?  लोगों ने उनसे कहा कि तुमसे बड़ा फेंकने वाला आ गया है। तुम किनारे हो जाओ अब मोदी जी फेकेंगे। उनको लगा कि भाला फेकेंगे इसलिए हटा दिए गये। सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि फेंकने का नमूना मैं आपको दिखाना चाहती हूं कि मदुरै का एम्स 95 प्रतिशत बन चुका है। जेपी नड्डा ने दावा किया था लेकिन जब जाकर देखा तो बंजर और सपाट जमीन दिखाई दी और ये फेंकने की बात करते हैं!सुप्रिया श्रीनेत का जवाब देते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि BCCI हो या या क्रिकेट असोसिएशन हो, सरकार के तत्वाधान काम नहीं करती है। मुझे केवल ये याद है कि मेरा नाम वैभव गहलोत है, मैं कह रहा हूं कि आपके सत्ता से हटने के बाद कहीं मैं राजस्थान क्रिकेट असोसिएशन का अध्यक्ष पद से हट तो नहीं जाऊंगा। गौरव भाटिया ने आगे कहा कि बड़ी बात ये है कि कांग्रेस पार्टी ने फिर दिखा दिया कि नया अध्यक्ष आ रहा है, ये अपनी डीपी तो बिना आज्ञा के बदल नहीं सकते तो अध्यक्ष क्या बदलेंगे!

बता दें कि कांग्रेस पार्टी में नए अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। इस प्रक्रिया के वक्त राजस्थान कांग्रेस में काफी हलचल देखने को मिली थी, जिस पर भाजपा ने तंज कसते हुए कहा था कि राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा की जगह कांग्रेस जोड़ो यात्रा पर काम करना चाहिए। गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की रेस में मल्लिकार्जुन खडगे, शशि थरूर और केएन त्रिपाठी का नाम शामिल है।

और भी

गृहमंत्री शाह की मौजूदगी में नष्ट की गई 40 हजार किलो ड्रग्स

 गुवाहाटी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में पूर्वोत्तर राज्यों में एनसीबी द्वारा जब्त लगभग 40 हजार किलो मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।

केंद्र सरकार लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। देश में ड्रग्स तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के साथ शाह पूर्वोत्तर भारत में नशीली दवाओं के चलन के खात्मे के तरीकों पर चर्चा करने के लिए असम में 'नशीली दवाओं की तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा' पर एक क्षेत्रीय बैठक की अध्यक्षता की।

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री के साथ बैठक में असम में मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा शर्मा के साथ ही सभी पूर्वोत्तर राज्यों के पुलिस महानिदेशक भाग शामिल हुए। इससे पहले बताया गया था कि एनसीबी गुवाहाटी में लगभग 11,000 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट करेगी। इसके अलावा, लगभग 13,675 किलोग्राम जब्त नशीले पदार्थ (हेरोइन, गांजा, कोडीन कफ सिरप, नारकोटिक पिल्स) को नष्ट किया जाएगा।

बता दें कि असम, त्रिपुरा,अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मेघालय, नागालैंड में ड्रग्स को नष्ट किया गया है।

और भी

गन्ने के खेत में ढेर हुआ 9 लोगों का हत्यारा...

 बगहा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बिहार के पश्चिम चंपारण में आतंक का पर्याय बन चुके नरभक्षी बाघ को आखिरकार मार गिराया गया। मरने से पहले बाघ ने माँ-बेटे को अपना शिकार बनाया था। शनिवार को आठ शूटरों की टीम ने उसी गन्ने के खेत में जाल बिछाया जहां बाघ ने आखरी शिकार किया था, और वहीं उसे मौत की नींद सुला दिया।



वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) से निकला नरभक्षी बाघ नौ लोगाें को बना चुका था अपना श‍िकार। मरने से नौ घंटे पहले बाघ ने रघिया रेंज के बलुआ में मां-बेटे का शिकार किया था। करीब एक माह से वन विभाग की टीम उसे जिंदा पकड़ने के प्रयास में जुटी थी। दिन प्रतिदिन इंसानों के प्रति बढ़ती बाघ की आक्रामकता को देखते हुए मुख्य वन्य प्राणी प्रतिपालक (चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन) ने गुरुवार को उसे मारने का आदेश दिया था। बाघ की उम्र लगभग तीन साल व उसकी पहचान टी-105 के रूप में हुई। उसके शव को गोबर्द्धना रेंज कार्यालय लाया गया।

मां बेटे को मौत के घाट उतारा
शनिवार की सुबह करीब सात बजे रघिया रेंज के बलुवा में सब्जी के खेत में मौजूद स्थानीय निवासी 32 वर्षीय बबीता देवी व उनके सात वर्षीय बेटे शिवम को बाघ ने मौत के घाट उतार दिया और शव को घसीटते गन्ने के खेत की ओर लेकर गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस व वन कर्मियों की टीम को शव सौंपने से इन्कार कर दिया।



वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के रघिया रेंज में शनिवार की सुबह हुई घटना के बाद जहां एक ओर लोगों में आक्रोश था वहीं बाघ का दहशत भी, बाघ को मारे जाने की सूचना पर स्‍थानीय लोगों को राहत जरूर म‍िली है। उसके शव को स्‍थानीय लोगों को भी द‍िखाया गया। बताते चलें क‍ि लोग अपने बच्चों को बाहर नहीं भेज रहे थे। गांव के लोगों ने खेत जाना बंद कर रखा था। बड़े भी संभल कर घर से निकल रहे थे। इस नरभक्षी को मारने के लिए जिस सात सदस्यीय टीम का गठन किया गया है उसमें बगहा, बेतिया व मोतिहारी एसटीएफ तथा जिला पुलिस के तेज तर्रार जवानों को शामिल किया गया था। उन्हें अत्याधुनिक असलहे दिए गए थे। वीटीआर की गाड़ी के सवार होकर वे मौके पर पहुंचकर अपना काम कर रहे थे।

ग्रामीणों का कहना था कि जब तक बाघ मारा नहीं जाता हम शव नहीं ले जाने देंगे। करीब नौ बजे नरभक्षी बाघ को मारने के लिए आठ सदस्यीय शूटरों की टीम मौके पर पहुंची। जिसमें बगहा, बेतिया, मोतिहारी व नेपाल के तेज तर्रार जवान शामिल थे। बाघ उसी गन्ने के खेत में मौजूद था जहां मां-बेटे का शिकार किया था। टीम ने गन्ने के खेत को जाल लगाकर घेर दिया। गन्ने के भीतर रेस्क्यू वैन व हाथियों पर सवार शूटर दाखिल हो गए। करीब 3.30 बजे जवानों ने चार गोली चलाया। जिसमें दो गोली बाघ को लगी और वह मौके पर ढेर हो गया। वनकर्मी बाघ को जाल में लपेटकर ले जाने लगे,लेकिन ग्रामीण बाघ के शव को दिखाने की जिद करने लगे। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि बाघ मारा गया है। कुछ ग्रामीणों का आरोप था कि बाघ को सिर्फ बेहोश किया गया है। बाद में एसपी ने ग्रामीणों को बाघ का शव दिखाया।

इन नौ लोगों को बाघ ने बनाया था शिकार
14 मई : सेमरा थाना क्षेत्र के जिमरी नौतनवा निवासी 12 वर्षीय राजकुमार बैठा
20 मई : चिउटहां थाना क्षेेत्र के ढोलबजवा-लक्ष्मीपुर पंचायत के पुरानी कटहां निवासी 50 वर्षीया पार्वती
15 जुलाई : लौकरिया थाना क्षेत्र के बैरिया कला निवासी 65 वर्षीय धर्मराज काजी
12 सितंबर : लौकरिया थाना क्षेत्र के बैरिया कला निवासी 40 वर्षीया प्रेम कुमारी देवी
21 सितंबर : लौकरिया थाना क्षेत्र के बरवा कला निवासी 65 वर्षीय रामप्रसाद उरांव
5 अक्टूबर : गोबर्द्धना थाना क्षेत्र के सिंगाही गांव 12 वर्षीय बगड़ी कुमारी
7 अक्टूबर : गोबर्द्धना थाना क्षेत्र के डुमरी निवासी 35 वर्षीय संजय महतो
8 अक्टूबर : ब‍ब‍िता देवी व उनका सात वर्षीय बेटा श‍िवम कुमार


 

और भी

दिल्ली-एनसीआर और पंजाब में 36 जगहों पर ईडी ने मारी रेड...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।द‍िल्‍ली की नई आबकारी नीत‍ि में अन‍ियम‍ितताओं और घोटाले को लेकर प्रवर्तन न‍िदेशालय टीम शुक्रवार सुबह से छापेमारी कर रही है। ईडी की टीम दिल्ली और पंजाब और अन्य राज्यों में छापेमारी कर रही है। शराब घोटाला मामले में इन दोनों राज्यों में करीब 36 जगहों पर छापेमारी की जा रही है।


बता दें कि इस मामले में शराब कारोबारी समीर महेंद्रू और आम आदमी पार्टी के संचार प्रभारी विजय नायर को गिरफ्तार किया जा चुका है। शराब घोटाला केस में 17 अगस्त को एफआईआर दर्ज की गई थी। सीबीआई के मुताबिक, नायर ने नई आबकारी नीति बनाने और शराब की सप्लाई और बिक्री को चंद कंपनियों तक सीमित करने की धांधली में अहम भूमिका निभाई थी। इस सिलसिले मे दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के घर भी छापेमारी की जा चुकी है।

गौरतलब है कि दिल्ली की नई आबकारी नीति पर सवाल उठाए जा रहे थे। इसको देखते हुए उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। उनकी सिफारिश के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया था।

शराब घोटाला केस को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी में जुबानी जंग भी जारी है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि भाजपा पार्टी की लोकप्रियता से बौखला गई है, इसीलिए छापेमारी की जा रही है। वही, भाजपा नेताओं ने मनीष सिसोदिया को डिप्टी सीएम के पद से हटाने की मांग की है।

 

 

और भी

ट्रेन की चपेट में आए 4 मासूम, 3 की मौत...

 कोलकाता (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ट्रेन की चपेट में आने से ट्रैक पर खेल रहे 3 मासूमों की मौत हो गई। वहीं एक बच्चा घायल हुआ है। यह घटना पश्चिम बंगाल के उलबेरिया स्टेशन से कुछ ही दूरी पर डोम पाड़ा के नजदीक घटी।

दक्षिण पूर्व रेलवे के हावड़ा-खड़गपुर खंड में उलबेड़िया स्टेशन के पास गुरुवार देर शाम लोकल ट्रेन की चपेट में 4 बच्चे आ गए। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना रात करीब 8:45 बजे उलबेरिया स्टेशन से कुछ ही दूरी पर डोम पाड़ा के नजदीक घटी। इस ह्रदय विदारक हादसे की खबर से कोहराम मच गया। मरने वाले सभी बच्चों की उम्र 10 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही हैं। इनके नाम अमीनुर मोल्ला, जसिम मोल्ला और शेख नासिरुदीन बताया गया है।

सूत्रों के अनुसार स्टेशन से कुछ ही दूरी पर मिडिल लाइन पर कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक लोकल ट्रेन के अचानक आ जाने से इसकी चपेट में आकर तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक बच्चा दूर जा गिरा। उसे इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही उलबेरिया थाना पुलिस समेत आरपीएफ और जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना को लेकर इलाके में शोक की लहर है।

इस हादसे पर दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) आदित्य कुमार चौधरी ने बताया कि उलबेरिया स्टेशन के नजदीक एक घटना घटी है जो अत्यंत दुखदाई है। इस घटना की जांच की जाएगी।

 

 

और भी

17 अक्टूबर से नई दिल्ली में होगी अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन की पांचवीं बैठक

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन की पांचवीं बैठक 17 से 20 अक्तूबर तक नई दिल्ली में होगी। बिजली और नवीन तथा नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। श्री सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन की बैठक के बारे में कल जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन पृथ्वी के ऊर्जा परिवर्तन के लक्ष्य के लिए बहुत आवश्यक है। श्री सिंह ने कहा कि सौर ऊर्जा, ऊर्जा का सबसे सस्ता स्रोत है। उन्होंने कहा कि सोलर और मिनी ग्रिड विश्व में सबके लिए उपलब्ध हैं।

यह मंत्रिस्तरीय बैठक वर्ष में एक बार आयोजित की जाती है और इसमें सौर ऊर्जा स्थापित करने सहित अन्य गतिविधियों और कार्यक्रमों की समीक्षा की जाती है। भारत अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन का अध्यक्ष है। इस बैठक में 109 सदस्य देशों के मंत्री, मिशन और प्रतिनिधि भाग लेंगे।

और भी

नियम-आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था के लिए लोकसभा अध्यक्ष ने भारत के समर्थन को दोहराया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष से खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा का संकट और गहरा गया है। उन्‍होंने कहा कि भारत का यह दृढ़ विश्‍वास है कि विश्‍व के समग्र विकास के लिए ऐसे संघर्षों का समाधान आपसी बातचीत और राजनयिक प्रयासों के जरिये किया जाना चाहिए। 

ओम बिरला जकार्ता में जी-20 देशों की संसद के पीठासीन अधिकारियों के 8वें शिखर सम्मेलन-जी-20 को सम्‍बोधित कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कि कोविड महामारी के कारण पूरी दुनिया में खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा का संकट पैदा हुआ है। रूस और यूक्रेन के युद्ध से यह समस्‍या और विषम हो गई है। उन्‍होंने कहा कि भारत हमेशा से नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का समर्थक रहा है। भारत ने वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए बहुपक्षवाद का समर्थन करने का आह्वान किया है ताकि दुनिया आने वाली चुनौतियों का सामना करने और उनका समाधान खोजने के लिए एकजुट हो सके।

 

 

और भी

चार्टर्ड अकाउंटैंट्स दुनिया के सबसे महान व्यवसायों में से एक : पीयूष गोयल

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने भारत के चार्टर्ड अकाउंटैंट्स से भारतीय चार्टर्ड अकाउंटैंसी फर्मों को वैश्विक स्तर की कंपनियों के स्तर पर ले जाने की अपील की। वह नई दिल्ली में भारतीय चार्टर्ड अकाउंटैंट्स संस्थान (आईसीएआई) के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। श्री गोयल ने चार्टर्ड अकाउंटैंट्स को दुनिया के सबसे महान व्यवसायों में से एक करार दिया और कहा कि किसी दस्तावेज पर सीए का हस्ताक्षर दस्तावेज के कंटेंट और इसकी सत्यता, सत्यनिष्ठता तथा सच्चाई का एक बहुत शक्तिशाली सबूत होता है।

श्री गोयल ने दुनिया भर में 168 शाखाओं, विभिन्न शहरों में 77 केंद्रों के साथ 47 देशों में उपस्थिति के साथ आईसीएआई की वैश्विक फुटप्रिंट पर संतोष जताया। आईसीएआई को विश्व भर में 100 केंद्र स्थापित करने के लिए बधाई देते हुए, श्री गोयल ने संस्थान से दक्षिण अमेरिका महाद्वीप में भी अपनी उपस्थिति विस्तारित करने की अपील की।

श्री गोयल ने जोर देकर कहा कि सीए को हमेशा ही समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए जिससे कि हम एक विकसित देश बनने की ओर प्रगति कर सकें और यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी पीछे न छूट जाए। उन्होंने कहा कि हमें समाज के हर वर्ग को, व्यवस्था क्रम के सबसे निचले हिस्से के लोगों, समाज के सीमांत वर्गों के लोगों को साथ लेकर चलना चाहिए। श्री गोयल ने कहा कि देश में सबसे कम विशेषाधिकार प्राप्त लोगों को भी बेहतर और गुणवत्तापूर्ण जीवन जीने का अधिकार है और सीए को अनिवार्य रूप से समावेशी विकास को बढ़ावा देने के जरिये इन अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए काम करना चाहिए।

श्री गोयल ने टिप्पणी की कि भारत को अब विश्व के प्रतिभा कारखाने के रूप में देखा जाता है और कहा कि सीए राष्ट्र द्वारा निर्मित्त सबसे सक्षम प्रतिभाओं में से एक हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत के सीए न केवल अपने देशवासियों की बल्कि दुनिया की उम्मीदों पर भी खरे उतरेंगे।

श्री गोयल ने युवा सीए से लेखांकन, लेखा परीक्षा, प्रबंधन परामर्श के साथ-साथ उद्यमिता के रास्तों की खोज करने की भी अपील की। उन्होंने भारत के चार्टर्ड अकाउंटैंसी निकायों से ‘‘नारी शक्ति'' या महिला शक्ति के साथ अधिक से अधिक जुड़ने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि अधिक से अधिक महिलाएं सीए बन सकें और अधिक से अधिक महिलाएं आईसीएआई की परिषद में शामिल हों, जिससे इसे मजबूत और अधिक समावेशी बनाया जा सके।

और भी

गुणवत्ता आने वाले समय में ब्रांड इंडिया को परिभाषित करेगी: पीयूष गोयल

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग, उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण तथा कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्यूसीआई) से देश में सभी विभिन्न गुणवत्ता और मानक संगठनों को आपस में मिलाने का प्रयास करने को कहा जिससे वे भारत में एक विश्वस्तरीय गुणवत्ता प्रणाली के निर्माण की दिशा में मिलकर काम कर सकते हैं और गुणवत्ता को एक राष्ट्रीय मिशन बना सकते हैं। वह आज नई दिल्ली में क्यूसीआई के रजत जयंती समारोह में सभा को संबोधित कर रहे थे। ‘गुणवता से आत्मनिर्भरता’ के आदर्श वाक्य के साथ, इस कार्यक्रम ने क्यूसीआई द्वारा सेवाओं, उत्पादों और जीवन की गुणवत्ता प्रदान करने के प्रयासों की सराहना की।

श्री गोयल ने कहा, विभिन्न गुणवत्ता और मानक संगठनों को आपस में मिलाने से हमें गुणवत्ता मानकों के इस्तेमाल को बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। हमें देश के प्रत्येक नागरिक और प्रत्येक व्यवसाय के लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता मिशन को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे हम देश में कारोबारी माहौल, निवेश का माहौल बनाने में सक्षम होंगे और पूरी ताकत से 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनने में मदद मिलेगी। उन्होंने क्यूसीआई से भारत को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के साथ तालमेल कायम करने में मदद करने का भी आग्रह किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों में जी20 में भारत के शेरपा अमिताभ कांत, उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के सचिव  अनुराग जैन, डीपीआईआईटी के अपर सचिव  अनिल अग्रवाल, क्यूसीआई और क्षमता निर्माण आयोग के अध्यक्ष  आदिल जैनुलभाई और क्यूसीआई के महासचिव डॉ. रवि पी. सिंह शामिल थे।

श्री गोयल ने जोर देकर कहा कि गुणवत्ता आने वाले समय में ब्रांड इंडिया को परिभाषित करेगी। उन्होंने देखा कि गुणवत्ता पर कभी भी लागत पर नहीं आती है, बल्कि लागत बचाई जाती है और उत्पादकता में सुधार होता है। उन्होंने राष्ट्र के नागरिकों से आग्रह किया कि वे जो कुछ भी करते हैं उसे बेहतर, अधिक कुशल, अधिक किफायती, अधिक उपयोगी और अधिक मापन-योग्य तरीके से करने के लिए दृढ़ संकल्प को आत्मसात करें। श्री गोयल ने कहा, अगर 2047 तक विकसित देश बनना है तो गुणवत्ता की संस्कृति को राष्ट्र में शामिल करना होगा। गुणवत्ता का यह विचार वास्तव में इस देश को किसी भी चीज की तुलना में तेजी से बदल सकता है।

श्री पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भारत के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर व्यक्त किए गए पंच प्रण के बारे में बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी चाहते थे कि 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की योजना बनाने की हमारी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के क्रम में भारत अपनी मानसिकता को बदले, उपनिवेशवाद के ऐतिहासिक बोझ को दूर करे, अधिक आत्मविश्वासी, अधिक आत्मनिर्भर और साहसी बने।

श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि भारत को अपने इतिहास, संस्कृति, विरासत और परंपराओं पर गर्व हो, जिसने भारत को एक समाज के रूप में प्रगति में मदद करने के लिए बहुत कुछ सिखाया है। उन्होंने कहा कि हमें एकता के सूत्र पर बहुत गर्व होना चाहिए, जो हमें महान विविधता के बीच एक सूत्र में बांधता है। उन्होंने कहा कि हम कर्तव्य भावना के साथ देश के नागरिकों और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करें। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि गुणवत्ता को लेकर प्रतिबद्धता एक ऐसा गुण है, जो पंच प्रण में से हर एक को पार कर जाएगा, एक ऐसा गुण जो हमें सभी पांच प्रतिज्ञाओं को तेजी से और स्मार्ट तरीके से प्राप्त करने में मदद करेगा।

और भी

गैस सिलेंडर फटने से गिरा मकान, दो बच्चों समेत 3 की मौत...

 गाजियाबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी के बबलू गार्डन में गैस सिलेंडर फटने से मकान गिर गया। दो बच्चों समेत तीन की मौत हो गई है।

लोनी के बबलू गार्डन में मुनीर का दो मंजिला मकान है। मुनीर अपनी पत्नी, चार बेटों, दो बहू और बच्चों के साथ यहां रहते थे। वह लोनी में ही आटो मकैनिक और कढ़ाई का काम करते हैं। बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे खाना बनाया जा रहा था।



पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गैस रिसाव के कारण सिलेंडर में आग लग गई। इसके बाद तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया। इससे मकान गिर गया और इसमें कई लोग दब गए। पांच लोगों को मलबे से निकाल लिया गया है। बच्चों समेत तीन की मौत हो चुकी है।

हादसे मुनीर और उनका एक बेटा घर से बाहर थे। घर में महिलाएं और बच्चे थे। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम, पुलिस और नगर पालिका परिषद की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। मौके पर जेसीबी से मलबा हटाकर दबे लोगों को निकाले का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा है।

और भी

कर्णाटक के मांड्या जिले से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा, सोनिया गांधी भी हुईं शामिल...

 मैसूर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों 'भारत जोड़ो यात्रा' पर हैं। 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा केरल होते हुए अब कर्नाटक पहुंच गई है। कर्नाटक के मांड्या जिले में भारत जोड़ो यात्रा से गुरुवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी जुड़ीं हैं। इस दौरन उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा की।


यह यात्रा 21 दिनों तक कर्नाटक से होकर गुजरेगी। इस दौरान राज्य में 511 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। कर्नाटक में यह यात्रा चामराजनगर, मैसूर, मांड्या, तुमकुरु, चित्रदुर्ग, बेल्लारी और रायचूर जिलों से होते हुए भी निकलेगी।
सोनिया गांधी के साथ मल्लिकार्जुन खड़गे भी हुए शामिल

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भाजपा शासित राज्य के मांड्या जिले से पहली बार भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया। सोनिया गांधी के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, जो कांग्रेस प्रमुख पद के शीर्ष दावेदारों में से एक हैं। वह भी गुरुवार को इस पैदल मार्च में शामिल हुए।

बता दें कि सोनिया गांधी ने लंबे समय से पार्टी के किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया है। कन्याकुमारी से कश्मीर तक की पांच महीने चलने वाली भारत जोड़ो यात्रा के 26वें दिन वह इसमें शामिल हुईं हैं। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के 7 अक्टूबर को पैदल मार्च में शामिल होने की उम्मीद है।

कर्नाटक के गुंडलुपेट से शुरू हुई राज्य में यात्रा
पिछले महीने कन्याकुमारी से यात्रा की शुरुआत करने वाले राहुल गांधी पैदल मार्च में लगातार चल रहे हैं। केरल से होते हुए 30 सितंबर को कर्नाटक के गुंडलुपेट से राज्य में यात्रा की शुरुआत हुई है।

भाजपा शासित राज्य से गुजर रही यात्रा
कर्नाटक में प्रवेश करने के साथ यह यात्रा एक महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर गई है। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। यह पहली बार है जब यह भाजपा शासित राज्य से यह यात्रा गुजर रही है। इसके पहले तमिलनाडु और केरल से होकर यह यात्रा निकली थी, जहां भाजपा सरकार नहीं है।

गौरतलब है कि कांग्रेस की यह भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से श्रीनगर तक का 3,570 किलोमीटर लंबा मार्च पांच महीने की अवधि में 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करेगा।

 

 

और भी

दलदल में गिरी राज्य परिवहन की बस : 9 की मौत और 38 घायल

 पलक्कड़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केरल के पलक्कड़ जिले के वडक्कनचेरी इलाके में सड़क हादसा हो गया। केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस बस दुर्घटना में 9 की मौत हो गई। 38 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


बुधवार की रात यहां वडक्कनचेरी के पास मंगलम में स्कूली छात्रों को ले जा रही एक पर्यटक बस ने केएसआरटीसी की बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बस दलदल में गिर गई। इसमें नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। करीब 38 घायलों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

मरने वालों में स्कूल शिक्षक विष्णु वीके, छात्र अंजना अजित, इमैनुएल सीएस, दीया राजेश, क्रिस विंटरबॉर्न थॉमस, एल्ना जोस (छात्र), अनूप (22), रोहित राज (24) और दीपू हैं।

यह हादसा बुधवार रात करीब 11:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 544 (NH-544) पर हुआ। टूरिस्ट बस एर्नाकुलम के बेसिलियोस विद्यानिकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों को लेकर ऊटी की ओर जा रही थी। KSRTC की सुपरफास्ट बस कोट्टाराक्कारा से कोयंबटूर जा रही थी। दोनों के टक्कर के चलते यह हादसा हुआ।

देर रात स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य चलाया गया। इस दौरान तेज बारिश हो रही थी। घायलों को पलक्कड़ जिला अस्पताल, अलाथुर तालुक अस्पताल और त्रिशूर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

त्रिशूर के निजी अस्पताल में हरिकृष्णन (22), अमेया (17), अनन्या (17), श्रद्धा (15), अनीजा (15), अमृता (15), तनुश्री (15), हिन जोसेफ (15), जानेमा (15), अरुण कुमार (38) ), ब्लेसन (18), और एल्सा (18) का इलाज चल रहा है।

 

 

और भी

कर्नाटक में हिंदुस्तान की सबसे भ्रष्ट सरकार : राहुल गांधी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत जोड़ो यात्रा दे दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक के मांड्या में सभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में शायद हिंदुस्तान की सबसे भ्रष्ट सरकार है। यह हर चीज़ में 40 प्रतिशत कमीशन लेती है। कर्नाटक के ठेकेदारों ने प्रधानमंत्री को इसको लेकर चिट्ठी लिखी लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। इस यात्रा का लक्ष्य इन मुद्दों के लिए लड़ने का है।  

और भी

CM योगी ने तेंदुए के शावक को पिलाया दूध, नामकरण भी किया

 लखनऊ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर के शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान (गोरखपुर चिड़ियाघर) में तेंदुए के दो मादा शावकों को दूध पिलाकर उनका नामकरण (भवानी और चंडी) किया। सीएम योगी ने रामचरित मानस की पंक्तियों हित अनहित पसु पच्छिउ जाना, मानुष तनु गुन ग्यान निधाना का स्मरण करते हुए कहा कि कौन हितैषी है और कौन हानि पहुंचाने वाला पशुओं में इसका स्पंदन होता है।  

 

 

और भी

भारतीय कफ सिरप को लेकर WHO ने जारी की चेतावनी...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत के मेडेन फार्मास्यूटिकल्स द्वारा बनाए गए कफ सिरप को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी जारी की है। लेकिन अब तक विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस मामले का पूरा विवरण केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन से साझा नहीं किया है। डब्ल्यूएचओ ने बुधवार को चार भारतीय कफ सिरप के खिलाफ चेतावनी जारी की। डब्ल्यूएचओ ने इसे गाम्बिया में 66 बच्चों की मौत से जोड़ा है। ये कफ सिरप कथित तौर पर हरियाणा की मेडेन फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड द्वारा निर्मित हैं।

रिपोर्ट के अनुसार WHO ने अभी तक केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) के साथ लेबल और उत्पादों का विवरण साझा नहीं किया है, जिससे उत्पादों के निर्माण की पहचान और स्रोत की पुष्टि की जा सके।

उपलब्ध सूचना के आधार पर सीडीएससीओ ने हरियाणा में नियामक अधिकारियों के साथ मामले की तत्काल जांच शुरू कर दी है। एक आधिकारिक सूत्र ने कहा कि डब्ल्यूएचओ से अनुरोध किया गया है कि वह जल्द से जल्द सीडीएससीओ के साथ संबंधित चिकित्सा उत्पादों के साथ रिपोर्ट, लेबल, उत्पादों की तस्वीरें साझा करें।

डब्ल्यूएचओ संबंधित कंपनी और भारत में नियामक प्राधिकरणों के साथ आगे की जांच कर रहा है। दूषित उत्पादों का अब तक केवल गाम्बिया में पता चला है, हो सकता है कि उन्हें अन्य देशों में वितरित किया गया हो। डब्ल्यूएचओ सभी देशों में मरीजों को और नुकसान से रोकने के लिए इन उत्पादों का पता लगाने और हटाने की सलाह दिया है।

डायथिलीन ग्लाइकॉल और एथिलीन ग्लाइकॉल की मिलाई गई ज्यादा मात्रा

बता दें कि डब्ल्यूएचओ की ओर से दी गई रिपोर्ट में सामने आया कि मेडेन फार्मास्यूटिकल्स के कफ और कोल्ड सिरप में जरूरत से ज्यादा डायथिलीन ग्लाइकॉल और एथिलीन ग्लाइकॉल की मात्रा पाई गई। WHO ने कहा कि इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है। ये कफ सिरप गांबिया के बच्चों ने पी थी। इसके बाद इनके बीमार पड़ने और मौत की जानकारी सामने आई है।

और भी

शक्ति ही शांति का आधार है : मोहन भागवत

नागपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का आज स्थापना दिवस है। साल 1925 में दशहरा के दिन ही महाराष्ट्र के नागपुर में आरएसएस की स्थापना हुई थी। नागपुर के रेशम बाग में संघ का वार्षिक विजयादशमी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया।

शक्ति ही शांति का आधार
भागवत ने कहा कि शक्ति ही शांति का आधार है। उन्होंने कहा कि आज आत्मनिर्भर भारत की आहट हो रही है। विश्व में भारत की बात सुनी जा रही है। आत्मा से ही आत्मनिर्भरता आती है। विश्व में हमारी प्रतिष्ठा और साख बढ़ी है। जिस तरह से हमने श्रीलंका की मदद की। रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान हमारे रुख से पता चलता है कि हमें सुना जा रहा है।

मोहन भागवत ने कहा कि जनसंख्या को संसाधनों की आवश्यकता होती है। यदि यह बिना संसाधनों का निर्माण किए बढ़ता है, तो यह एक बोझ बन जाता है। एक और दृष्टिकोण है जिसमें जनसंख्या को एक संपत्ति माना जाता है। हमें दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सभी के लिए जनसंख्या नीति पर काम करने की जरूरत है।

अच्छे इंसान बनें जो देशभक्ति से हो प्रेरित
संघ प्रमुख ने कहा कि यह एक मिथक है कि करियर के लिए अंग्रेजी बहुत महत्वपूर्ण है। नई शिक्षा नीति से छात्र उच्च संस्कारी, अच्छे इंसान बनें जो देशभक्ति से भी प्रेरित हों। यही सबकी इच्छा है। समाज को इसका सक्रिय रूप से समर्थन करने की जरूरत है।



महिलाओं के बिना विकास नहीं हो सकता
भागवत ने आगे कहा कि महिलाओं के बिना विकास संभव नहीं है। जो काम मातृ शक्ति कर सकती है वह काम पुरुष भी नहीं कर सकते। इसलिए उनको इस प्रकार प्रबुद्ध, सशक्त बनाना, उनका सशक्तिकरण करना और उनको काम करने की स्वतंत्रता देना और कार्यों में बराबरी की सहभागिता देना जरूरी है।



चीफ गेस्ट के रूप में शामिल हुईं संतोष यादव
पर्वतारोही संतोष यादव कार्यक्रम में चीफ गेस्ट के रूप में शामिल हुईं। संतोष यादव माउंट एवरेस्ट पर दो बार चढ़ने वाली पहली महिला पर्वतारोही हैं। ये पहला मौका है जब संघ के कार्यक्रम में किसी पहली के बतौर चीफ गेस्ट आमंत्रित किया गया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित रहें।

पर्वतारोही संतोष यादव ने संघ कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि अक्सर मेरे व्यवहार और आचरण से लोग मुझसे पूछते थे कि 'क्या मैं संघी हूं?' तब मैं पूछती की वह क्या होता है? मैं उस वक्त संघ के बारे में नहीं जानती थी।

 

 

और भी

खाई में गिरी बारातियों से भरी बस, 25 की मौत, 21 घायल

 कोटद्वार (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले के बीरोंखाल इलाके में कोटद्वार-रिखणीखाल-बीरोंखाल मार्ग पर सिमड़ी के पास बरातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पूर्वी नयार नदी की घाटी में गिर गई। हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार बस में 45 से 50 लोग सवार थे। पुलिस और SDRF ने बचाव अभियान चलाकर 21 लोगों को बचाया है। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने इसकी पुष्टि की है।


जानकारी के अनुसार, कोटद्वार-रिखणीखाल-बीरोंखाल मार्ग पर सिमड़ी के पास बरातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पूर्वी नयार नदी की घाटी में जा गिरी। हादसा मंगलवार देर शाम सात बजे का है। बस में 45 से अधिक बराती सवार थे। रातभर पुलिस और SDRF ने बचाव अभियान चलाया।

सीएम धामी ने ट्वीट करते हुए बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें घटनास्थल पर रेस्क्यू में जुटी हैं। हम सभी सुविधाएं दुर्घटनास्थल तक पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। बचाव अभियान में स्थानीय ग्रामीण भी मदद कर रहे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड में बस के घाटी में गिरने पर कई लोगों के हताहत होने की दुर्घटना से दुखी हूं। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

सीएम ने आपदा परिचालन केंद्र में संभाला मोर्चा
बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रात में ही राज्य सचिवालय स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे। उन्होंने वहां तैनात अधिकारियों से दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। पौड़ी के जिलाधिकारी से फोन पर बात की और उन्हें पूरी सतर्कता के साथ राहत एवं बचा करने के निर्देश दिए। वहीं, सीएम धामी आज बीरोंखाल घटनास्थल पर जाएंगे।


पौड़ी जिले में बस दुर्घटना की सूचना मिली है। यह बहुत दुखद घटना है। लगभग 45 लोग बस में सवार थे। बस गहरी खाई में गिर गई है। वहां के अधिकारियों से मैंने बात की है। मैं खुद सभी से बात कर रहा हूं कि जल्द से जल्द बाचव कार्य  शुरू किया जाए। हमारा प्रयास है कि हर संभव मदद की जाए।
- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

और भी