छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

श्री तोखन साहू ने भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री नितिन नबीन जी से मुलाकात की

 मंत्री पद की शपथ लेने के बाद श्री तोखन साहू ने भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री नितिन नबीन जी से मुलाकात की इस अवसर पर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सांसद गण व विधायक गण माजूद रहे।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ निवास का लिया जायजा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में बने छत्तीसगढ़ के नए अतिथि गृह छत्तीसगढ़ निवास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम एवं लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज भी साथ रहे।
 
देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका में छत्तीसगढ़ के अतिथियों के ठहरने के लिए 60 करोड़ 42 लाख की लागत से छत्तीसगढ़ निवास का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री आज अतिथि गृह पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुविधाओं का गहन निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छत्तीसगढ़ निवास में ठहरने वाले अतिथियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी जरूरतों का ध्यान रखा जाए।
 
बता दें द्वारका के सेक्टर 13 में छत्तीसगढ़ के अतिथियों के लिए नए अतिथि गृह छत्तीसगढ़ निवास का निर्माण किया गया है। छत्तीसगढ़ निवास में 10 स्यूट रूम, 67 कमरे, डाइनिंग हॉल एंड वेटिंग सहित मीटिंग हॉल और कर्मचारियों के लिए टावर का निर्माण किया गया है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के साथ मीडिया सलाहकार श्री पंकज झा, प्रेस अधिकारी श्री आलोक सिंह, जनसंपर्क आयुक्त श्री मयंक श्रीवास्तव, आवासीय आयुक्त श्रुति सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
और भी

बेमेतरा बारूद फैक्ट्री ब्लास्ट तथा ग्राम बाहपानी सड़क दुर्घटना में 28 मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रूपए मंजूर की गई राशि

राज्य के संवेदनशील मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कबीरधाम जिले के विकासखंड पंडरिया के ग्राम बाहपानी में 20 मई को हुई दुःखद सड़क दुर्घटना एवं बेमेतरा जिले की भिंभौरी तहसील के ग्राम पिरदा में 25 मई को स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड बारूद फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में मृतकों के परिजनों तथा घायलों सहित 51 अनुदानग्रहिताओं को अपने स्वेच्छानुदान मद से कुल 01 करोड़ 51 लाख 50 हजार रूपए की राशि स्वीकृत की है। मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रूपए तथा घायलों को 50-50 हजार रूपए के मान से सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

कबीरधाम जिले के ग्राम बाहपानी की सड़क दुर्घटना में 19 मृतकों के परिजनों को 5 लाख रूपए के मान से 95 लाख रूपए तथा इस घटना में 16 घायलों को 50-50 हजार रूपए के मान से कुल 8 लाख रूपए की राशि मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा स्वेच्छानुदान मद से मंजूर की गई है। 
 
इसी प्रकार बेमेतरा जिले के ग्राम पिरदा की स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड बारूद फैक्ट्री में 25 मई को हुए ब्लास्ट में एक मृतक एवं 8 लापता व्यक्तियों के परिजनों को 5 लाख रूपए के मान से कुल 45 लाख रूपए की आर्थिक सहायता तथा इसी घटना में 7 घायलों को 50 हजार रूपए के मान से कुल 3 लाख 50 हजार रूपए की सहायता राशि की मंजूरी मुख्यमंत्री ने दी है। 
 
मुख्यमंत्री ने कबीरधाम जिले के ग्राम बाहपानी की सड़क दुर्घटना में मृतक श्रीमती प्यारी बाई, कुमारी सोनम बाई धुर्वे, श्रीमती धनैया बाई धुर्वे, श्री सिरदारी राम धुर्वे, कुमारी किरण, श्रीमती शांति बाई, श्रीमती तिको बाई, श्रीमती मीला बाई, श्रीमती जनिया बाई, श्रीमती मुंगिया बाई, श्रीमती झंगलो बाई धुर्वे, श्रीमती सियाबाई, श्रीमती पैंटोरिन बाई मेरावी, श्रीमती बिस्मत बाई मेरवी, श्रीमती लीला बाई, श्रीमती परसदिया देवी, श्रीमती भारती बाई, श्रीमती कुनती बाई, श्रीमती धानबाई धुर्वे के परिजन को 5-5 लाख रूपए की राशि तथा 16 घायलों श्रीमती ममता, श्रीमती मुन्नी बाई, श्री गुलाब सिंह, श्री दयाराम, श्री शिवनाथ, श्री महावीर, श्री कार्तिक, श्रीमती धन्नू, श्रीमती इन्द्राणी, श्री जोधीराम, श्री अनिल, श्री फूलचंद, श्री मानसिंह, श्रीराम, श्री रम्हउ, श्री बजरू को 50-50 हजार रूपए की सहायता राशि मंजूर की है।
 
इसी तरह ग्राम पिरदा की स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड बारूद फैक्ट्री में ब्लास्ट में मृतक श्री सेवक राम और 8 लापता व्यक्तियों श्री पुष्पराज देवदास, श्री विजय देवदास, श्री राजू धु्रव, श्री नीरज धु्रव, श्री लोकनाथ यादव, श्री शंकर यादव, श्री नरहर यादव, श्री भीष्म साहू के परिजन को 5-5 लाख रूपए की राशि तथा 7 घायलों श्री इन्द्रकुमार रघुवंशी, श्री दिलीप ध्रुव, श्री नीरज यादव, श्री चंदन कुमार, श्री मनोहर यादव, श्री रवि कुर्रे, श्री शेषनाथ निषाद को 50-50 हजार रूपए की सहायता राशि मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा मंजूर की गई है।
और भी

माब लीचिंग से दो लोगों की मौत राज्य के माथे पर कलंक का टीका

राजधानी से लगे आरंग में माब लीचिंग की घटना में दो लोगों की मौत पर कांग्रेस ने आक्रोश व्यक्त करते हुये दुर्भाग्यजनक बताया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह राज्य की लचर कानून व्यवस्था का परिणाम है। सत्तारूढ़ दल के लोगों के संरक्षण में अराजक तत्व बेलगाम हो गये है। अपराधियों के हौसले बढ़ गये है। माब लीचिंग से दो लोगों की मौत राज्य के माथे पर कलंक का टीका है। इस प्रकार का गिरोह बनाकर कानून को हाथ में लेने का दुस्साहस ऐसे लोगों के पास कहां से आया? सरकार को इसका जवाब देना चाहिये। इस घटना से जुड़े लोग किस संगठन से जुड़े है? सरकार इसका खुलासा करे तथा इस प्रकार का गिरोह बाजी पर अंकुश लगाये।

 
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गलत काम कर रहा है तो उसके लिए बाबा साहब का बनाया गया संविधान है। उसके खिलाफ कानूनी कड़ी कार्यवाही होनी चाहिये, लेकिन गिरोह बाजी करके आतातायी संगठन बनाकर लोगों को रोकना, भयादोहन करना तथा भीड़ बुलाकर हिंसा फैलाना, किसी की हत्या करना सभ्य समाज में अस्वीकार्य है।
 
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि माब लीचिंग की इस घटना ने छत्तीसगढ़ के सर को शर्म से झुका दिया है। भाजपा सरकार से प्रदेश की कानून व्यवस्था संभल नहीं रही है। सत्ता रूढ़ दल के लोग सत्ता के दंभ में अपराधियों को संरक्षण दे रहे है। जिसका दुष्परिणाम है कि राज्य में 5 महीने में ही अपराध का गढ़ बन गया है। चोरी, डकैती, हत्या, लूट, बलात्कार, माफियाराज, तस्करी, जुआ-सट्टा, नशाखोरी के अवैध कारोबार के बाद अब माब लीचिंग भी शुरू हो गयी है।
 
और भी

भाजपा ने लोकसभा चुनाव 441 सीटों में लड़े और 240 सीटों में जीत हासिल किया -शिवरतन शर्मा

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आज क्लस्टर प्रभारी, लोकसभा प्रभारी, लोकसभा संयोजक, सह संयोजक एवं जिला अध्यक्षों की आवश्यक बैठक आहूत की गई। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक शिवरतन शर्मा ने चुनाव प्रबंधन समिति के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को लोकसभा चुनाव में शानदार सफलता के लिए बधाई दी। भाजपा ने संपन्न हुए लोकसभा चुनाव 441 सीटों में चुनाव लड़े और 240 सीटों में जीत हासिल किया अर्थात भाजपा का जीत का प्रतिशत 50% रहा। श्री शर्मा ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा दिया गया लक्ष्य लोकसभा चुनाव में भाजपा ने प्राप्त किया है। हमें 51 प्रतिशत वोट पाने का लक्ष्य दिया गया था और आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से हमने छत्तीसगढ़ में 52.5 प्रतिशत वोट प्राप्त किया यानी कि विधानसभा चुनाव से 6 प्रतिशत ज्यादा वोट भाजपा को प्राप्त हुआ।  श्री शर्मा ने  कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए को 293 सीटें प्राप्त हुई हैं और अब 10 निर्दलीय सांसदों ने भी अपना समर्थन देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को मजबूत करने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी आज 99 सीटों में ही सिमटकर रह गई है। भाजपा का जीत का प्रतिशत कांग्रेस पार्टी से 11% से ज्यादा रहा।

 
चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक श्री शर्मा ने कहा कि इस चुनाव में जातिवाद कहीं भी नहीं दिखा। यह चुनाव जातिवाद के बजाय राष्ट्रवाद प्रमुख विषय रहा। भाजपा से कोई समाज दूर नहीं रहा। सभी समाज के लोगों ने हमें भरपूर समर्थन दिया है। हमने 2023 के विधानसभा चुनाव में 54 सीटों पर जीत हासिल की और संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में हमें 68 विधानसभा क्षेत्र में बढ़त मिली है। कांग्रेस केवल 22 विधानसभा सीटों में बढ़त बना पाई है। छत्तीसगढ़ में भाजपा चौथी बार 11 सीटों में हुए चुनाव में 10 सीटों में जीत हासिल की है। ठीक इसी तरह हमें निकाय चुनाव एवं पंचायत चुनाव में भी जीत हासिल करना है और सफलता को फिर से दोहराना है।
 
भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा को अर्जित सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा है कि आप सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने चुनाव में जो अनथक परिश्रम किया है, यह सब उसी का प्रतिफल है। आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से हम सब एक बार फिर देश में एनडीए की सरकार बनाने में सफल हुए हैं। श्री जम्वाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराने के लिए देश विरोधी ताकतों ने तो जी-तोड़ कोशिशें खूब की लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम के आगे वे ताकतें सफल नहीं हुईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर देश तेजी से विकास करेगा और एनडीए की मजबूत सरकार देश को विकसित बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी और हम अगले चुनाव में दो तिहाई बहुमत से जीतेंगे। श्री जम्वाल शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्षों, लोकसभा प्रभारियों, विधानसभा प्रभारियों और विस्तारकों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
 
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने बैठक को संबोधित करते हुए चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम के लिए सबको बधाई दी और चुनाव के दौरान किए गए कार्यों की जानकारी ली। साथ ही आगामी कार्य योजना के बारे में भी चर्चा की।
 
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश भाजपा महामंत्री भरत वर्मा एवं आभार प्रदर्शन प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सरला कोसरिया ने किया। इस दौरान बैठक में चुनाव प्रबंधन समिति के सह संयोजक भूपेंद्र सव्वनी, बस्तर क्लस्टर प्रभारी अजय चंद्राकर रायपुर क्लस्टर प्रभारी राजेश मूणत, बिलासपुर क्लस्टर प्रभारी अमर अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण चंदेल, प्रदेश सरकार की मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, गुरु खुशवंत साहेब, सभी लोकसभा के प्रभारी, संयोजक, सहसंयोजक एवं सभी जिलों की जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।
और भी

विद्युत कर्मियों को ‘सिक्स डायमेंशन टू सक्सेस एंड 8 एटीट्यूड ऑफ इलेक्टिव लिविंग’ के सिखाए गए गुर

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज के सेवाभवन में विद्युत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक शक्तियों के संतुलन से संपूर्ण स्वास्थ्य के विकास हेतु ‘सिक्स डायमेंशन टू सक्सेस एंड 8 एटीट्यूड ऑफ इलेक्टिव लिविंग’ पर प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी ईश्वरीय, हैदराबाद से आई मोटिवेशनल स्पीकर ब्रम्हाकुमारी राधिका दीदी द्वारा व्याख्यान दिया गया।

इस शिविर में मानव जीवन को सरल व चिंतामुक्त बनाने के 36 मानव मूल्यों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को विशेष परिस्थिति में इन 36 मूल्यों को अपनाने की सलाह दी गई, जिससे मनुष्य को बिना किसी तनाव के जीवनयापन करने में सहायता मिलेगी। उनके द्वारा उनके विभिन्न व्यक्तियों के जीवन संघर्ष की कहानियों का उदाहरण देते हुए बताया कि मानव जीवन जटिल है। जीवन को सरल बनाने, मन की सुख-शांति के लिए सत्संग, भजन व साधना अनिवार्य है। ध्यान योग से बढ़कर कोई योग नहीं है। साधना से ईश्वरीय प्रकाश को अपने मन के भीतर अपनाने से विभिन्न नकारात्मक भावनाओं को धीरे-धीरे दूर किया जा सकता है, जिससे कुछ समय बाद हम जीवन जीने की कला सीख जाते हैं।
 
इस कार्यक्रम को अतिरिक्त मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) श्री विनोद अग्रवाल के मार्गदर्शन में पूर्ण किया गया। कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) श्री उमेश कुमार मिश्र द्वारा किया गया।
और भी

महिलाओं के खाते में आ रही खुशियां, महतारी वंदन से महिला सशक्तिकरण की राह मजबूत

 प्रदेश में विष्णु देव साय सरकार 70 लाख महिलाओं के खाते में हर महीने एक हजार रुपए अंतरित कर रही है। इस योजना से न केवल महिलाओं को खर्च करने के लिए अपनी स्वयं की राशि मिली है अपितु परिवार भी आर्थिक दृष्टिकोण से मजबूत हुए हैं। पूरे प्रदेश में महतारी वंदन योजना आने के बाद महिलाओं द्वारा इस राशि के उपयोग पर नजर डालें तो पाएंगे कि महिलाएं हमेशा की तरह इसमें से कुछ हिस्सा भविष्य की जरूरतों के लिए सुरक्षित रख रही हैं।

    डाकघरों में महिलाओं ने बड़े पैमाने पर आरडी शुरू किये हैं और प्रदेश के हर डाकघर में महिलाओं की लंबी लाइनें नजर आती हैं। महिलाएं न केवल भविष्य की जरूरतों के अनुरूप इसे बचा रही हैं अपितु परोक्ष रूप से राष्ट्र के सकल घरेलू बचत में भी अपना योगदान दे रही हैं। सकल घरेलू बचत का प्रतिशत जितना मजबूत होगा, अर्थव्यवस्था के बेहतर प्रवाह के दृष्टिकोण से भी यह अच्छा होगा। रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर जैसे बड़े शहरों में म्यूच्युअल फंड के माध्यम से एसआईपी का ट्रेंड भी है। महिलाएं शेयर बाजार का लाभ उठाना चाहती हैं और इसके लिए म्यूच्युअल फंड के माध्यम से इसमें प्रवेश कर रही हैं। अभी तक का ट्रेंड रहा है कि दीर्घावधि के लिए एसआईपी रिटर्न के मामले में काफी उपयोगी रहा है।

    दूसरा ट्रेंड शिक्षा में निवेश को लेकर है, जिन महिलाओं के बच्चे प्री ग्रेज्युएट एवं ग्रेज्युएट स्तर पर दी जाने वाली परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं उनके लिए वे महतारी वंदन योजना के माध्यम से अर्जित की गई राशि का निवेश कर रही हैं। इसके माध्यम से वे कोचिंग आदि का मासिक खर्च उठा रही हैं और किताबों आदि की व्यवस्था अपने बच्चों के लिए कर रही हैं।

    महतारी वंदन योजना की राशि को खर्च करने का एक तीसरा तरीका भी महिलाओं ने निकाला है। वे उद्यमशीलता के रास्ते पर बढ़ी हैं। उद्यमशीलता के लिए जरूरी सिलाई मशीन जैसे उपकरण ईएमआई में खरीद रही हैं और हर महीने राशि का भुगतान महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि से कर रही हैं। महिलाएं बताती हैं कि बीते एक दशक में प्रधानमंत्री मोदी जी की कार्यशैली को देखा है। वे जो कहते हैं उसे पूरा करते हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ की महिलाओं से वायदा किया था कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत एक हजार रुपए की राशि हर महीने महिलाओं के खाते में अंतरित कराएंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार ने छत्तीसगढ़ की कमान सम्हालते ही बहुत जल्दी यह योजना लागू कर दी और महिलाओं ने कहा कि हमारे खाते में हर महीने यह राशि आ रही है।

    साय सरकार हर महीने प्रदेश की माताओं-बहनों के खाते में एक हजार रुपए के रूप में खुशियां भेज रही हैं और महिलाएं इनसे खुशियां खरीद रही हैं। छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति को मजबूत करने, उनके जीवन में उत्साह भरने में यह योजना बहुत अहम साबित हो रही है।

और भी

छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने कांग्रेस के बड़े-बड़े सूरमा को चूरमा बना दिया - मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के बड़े-बड़े सूरमा को हमारे प्रत्याशियों ने चूरमा बना दिया। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को पटखनी देकर और चार-चार पूर्व मंत्रियों को हराकर हमारे प्रत्याशी आए हैं। मैं सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ। चुनाव में जनता के आशीर्वाद से मिली ऐतिहासिक जीत के बाद जिम्मेदारी और बढ़ गई है। जिस पर हम सबको खरा उतरना है।

 
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उक्त बातें कही और छत्तीसगढ़ के सभी नवनिर्वाचित लोकसभा सदस्यों को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली और केंद्र में भी एनडीए गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर छत्तीसगढ़ की जनता की मुहर है। इस ऐतिहासिक परिणाम के लिए प्रदेश की जनता को धन्यवाद, बधाई एवं शुभकामनाएं।
 
श्री साय ने भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए कहा कि तपती गर्मी में पार्टी के कार्यकर्ता, संगठन के पदाधिकारी, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं सदस्यों के कठिन परिश्रम की बदौलत हमें ऐतिहासिक परिणाम प्राप्त हुए हैं। इसके लिए सभी को बहुत-बहुत बधाई एवं धन्यवाद देता हूँ। पड़ोसी राज्य झारखंड और ओडिशा की जीत का श्रेय राज्य के मंत्रियों, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को देते हुए उन्होंने कहा कि सबके अथक मेहनत से हमनें दोनों राज्यों में भाजपा का परचम लहराया है। 
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा ने 54 सीटों के साथ 46 प्रतिशत वोट प्राप्त किये थे और अब लोकसभा चुनाव में 6 प्रतिशत वोटों की वृद्धि हुई है, जिससे कि 68 विधानसभा सीटों में हमें जीत प्राप्त हुई है। इस पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार है और अब लोकसभा में जनता ने प्रचंड जीत दिलाकर बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। पड़ोसी राज्य ओडिशा और झारखंड में भाजपा की जीत पर उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों में आयोजित जनसभा के दौरान मुझे मंच में आधे से ज्यादा हमारे छत्तीसगढ़ के नेताओं की मौजूदगी नजर आती थी। सबके प्रयासों से दोनों राज्यों में भाजपा इस मुकाम पर पहुंची है।
 
विष्णु देव साय ने कहा कि ओडिशा के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत के साथ हमारी सरकार बन रही है। राज्य में लोकसभा और विधानसभा के ऐतिहासिक जनादेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर मुहर लगायी है। वहां 25 साल सत्ता में रहे मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को दोनों सीट में हराने में भारतीय जनता पार्टी कामयाब हुई है। जहाँ-जहाँ हमारे छत्तीसगढ़ के नेता, मंत्री, कार्यकर्ता प्रचार के लिए गए थे वहां-वहां भारतीय जनता पार्टी को अच्छी सफलता मिली है।
और भी

मोटिवेशनल स्पीकर ब्रह्माकुमारी राधिका दीदी का व्याख्यान आज पॉवर कंपनी में

 मोटिवेशनल स्पीकर ब्रह्माकुमारी राधिका दीदी का व्याख्यान छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज़ के मुख्यालय डंगनिया में कल 7 जून को शाम 4 से 5.30 बजे तक होगा। 

 
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, विश्व शान्ति भवन चौबे कॉलोनी के तत्वावधान में इसका आयोजन पॉवर कंपनी के सेवा भवन स्थित सभा कक्ष में किया गया है। इसमें शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक शक्तियों के संतुलन से संपूर्ण स्वास्थ्य का विकास के संबंध में " सिक्स डायमेंशन टू सक्सेस एंड 8 एटीट्यूट आफ इलेक्टिव लिविंग पर व्याख्यान होगा। 
 
 हैदराबाद की मोटिवेशन स्पीकर ब्रह्माकुमारी राधिका दीदी एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजयोग शिक्षिका हैं। इन्होने मनोविज्ञान विषय में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की हैं एवं पिछले 26 वर्षों से हैदराबाद बंजारा हिल्स सेवाकेन्द्र में अपनी सेवाये दे रही हैं। इन्होने कई प्रशिक्षण मॉड्यूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं, जिसमें संघर्ष समाधान, आध्यात्मिक बुद्धिमत्ता, जीवन शैली प्रबंधन आदि आदि शामिल हैं। इन्होने अब तक जी.न्यूज, अपोलो हॉस्पिटल, भारत पेट्रोलियम, एल. एण्ड टी, पारले प्रोडक्ट, रिलायंस इण्डस्ट्रीज, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, मिलिट्री हेडक्वॉर्टर ऑफ वॉर भारतीय नौसेना, हीरो मोटो कॉर्प, मारुति सुजुकी आदि-आदि अनेक प्रतिष्ठानों में व्याख्यान दिये हैं।
और भी

छत्तीसगढ़ सस्टनेबिलिटी एंड रिजनरेटिव डेव्हलपमेंट के मामले में बनेगा अग्रणी राज्य

सस्टनेबिलिटी एंड रिजनरेटिव डेव्हलपमेंट के मामले में छत्तीसगढ़ को अग्रणी राज्य बनाने आज राज्य नीति आयोग में गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक में छत्तीसगढ़ के विजन डॉक्यूमेंट 2047 तैयार करने के लिए वर्किंग ग्रुप के सदस्यों ने अपने विचार रखे। नया रायपुर स्थित राज्य नीति आयोग में हुई इस बैठक में सदस्यों ने इस विषय पर के लघु, मध्यम एवं दीर्घकालिक लक्ष्यों पर सुझाव दिए। 

 
गौरतलब है कि विजन डाक्यूमेंट तैयार करने का उत्तरदायित्व राज्य नीति आयोग को सौंपा गया है।  सितंबर 2024 तक विजन डॉक्यूमेंट का अंतिम रिपोर्ट तैयार करने की अपेक्षा की गई है इसके लिए अलग-अलग विषयों पर आठ वर्किंग ग्रुप बनाए गए हैं। बैठक में राज्य नीति आयोग के सदस्य सचिव श्री अनूप श्रीवास्तव एवं सदस्य श्री के. सुब्रमण्यम, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत और मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ धीरेंद्र तिवारी ने विभागों द्वारा बनाए गए लघु ,मध्यम एवं दीर्घकालिक विजन एवं रणनीतियों पर सुझाव दिए।
 
वर्किंग गु्रप के सदस्यों ने जलवायु परिवर्तन के प्रति लचीले टिकाऊ सोसाइटी, विभिन्न सूचकांकों, एसडीजी सूचकांक, ऊर्जा और जलवायु सूचकांक, कार्बन फुटप्रिंट, कृषि, वानिकी, राज्य में स्थापित उद्योगों, भूमि, वायु, जल, अपशिष्ट और ऊर्जा पर प्रभाव का आंकलन, प्रौद्योगिकी संचालित अनुसंधान एवं विकास, सरकारी वित्त पोषण और निजी पूंजी निवेश, जागरूकता और संवेदनशीलता, पारिस्थितिकी तंत्र को बहाल करना, सामाजिक समानता को बढ़ावा देना, लोक कल्याण में वृद्धि सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
 
  सदस्य सचिव श्री अनूप श्रीवास्तव और सदस्य श्री के. सुब्रमण्यम ने कहा कि हमेंअब सतत विकास के साथ साथ पुर्नयोजित विकास पर जोर देना होगा। उन्होंने कहा कि दिनों दिन वन कम होते जा रहे हैैं, जिसके कारण वनोपज का उत्पादन कम होते जा रहा है, जो चिंता का विषय है, वन महत्वपूर्ण क्षेत्र है जो विशेष ध्यान देने का विषय है। वनों के संरक्षण के लिए हमें स्पष्ट रोड मैप बनाने की जरूरत है। नदियों के आसपास लगातार माइनिंग हो रहा है जो चिंता का विषय है। हमें ग्रास लैंड को बचाना होगा इससे इकोसिस्टम बेहतर होगा और जैव विविधता संरक्षित होगी। हमें नवीकरण ऊर्जा पर ध्यान देना होगा। बैठक में वेस्ट मैनेजमेंट, लैंड फील साइट, रीसाइक्लिंग, सामाजिक भागीदारी, सिवरेज डिस्पोजमेंट विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
 
बैठक में सुशासन अभिसरण विभाग योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, खनिज संसाधन विभाग, ऊर्जा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आवास एवं पर्यावरण विभाग वन संरक्षक भू प्रबंधन, छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण, छत्तीसगढ़ नवीकरण ऊर्जा विकास एजेंसी, आयुक्त मनरेगा, संचालक पंचायत,  छत्तीसगढ़ लघु वनोपज सहकारी संघ, कृषि किसान कल्याण एवं जैविक प्रौद्योगिकी विभाग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी इनक्यूबेशन सेंटर इंदिरा गांधी  कृषि विश्वविद्यालय, सदस्य सचिव छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, संचालक नगर एवं ग्राम निवेश के अधिकारियों ने अपने विभाग के लक्ष्य, चुनौतियां एवं सामर्थ्य का प्रेजेंटेशन दिया। बैठक में कलेक्टर जिला कबीरधाम, कलेक्टर जिला सूरजपुर वर्चुअली शामिल हुए।
और भी

सुशासन के लिए होगा आईटी का इस्तेमाल

 छत्तीसगढ़ में विष्णु देव की सरकार सुशासन लाने के लिए आईटी का बड़े पैमाने में इस्तेमाल करेगी। जनकल्याणकारी योजनाओं से मॉनिटरिंग से लेकर वित्तीय प्रबंधन करों की वसूली, भूमि संबंधी रिकार्ड के पंजीयन, संधारण और संशोधन सहित सभी जरूरी क्षेत्रों में आईटी का इस्तेमाल होगा। सरकार द्वारा लोगों तक शासकीय योजनाओं की पहुंच का दायरा बढ़ाने के साथ ही प्रशासन को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए ठोस पहल करने जा रही है। सरकार के बजट में इन सभी विषयों को शामिल किया गया है। जनकल्याणकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए अटल डैशबोर्ड की शुरूआत की गई है। 

 
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री साय की पहल पर हाल में ही देश के जाने-माने विशेषज्ञों के साथ आईआईएम रायपुर में दो दिनों तक बौद्धिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में सुशासन तथा नागरिक अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए सभी उपायों का चर्चा की गई। वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में रायपुर-भिलाई सहित आसपास के क्षेत्रों के स्टेट कैपिटल के रूप में विकसित कर विश्व स्तरीय आईटी सेक्टर तैयार करने का लक्ष्य है। सभी विभागों में आई.टी. के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए 266 करोड़ का प्रावधान किया गया है। 
 
नवा रायपुर, अटल नगर में “लाईवलीहुड सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस” एवं दुर्ग जिले में “सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप” स्थापित करने का लक्ष्य है। स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने के लिए इन्यूबेशन सेंटर की स्थापना तथा बी.पी.ओ. एवं के.पी.ओ. को आकर्षित करने के लिए आई.टी. पार्क की स्थापना की भी योजना है। नवा रायपुर में आई.टी. आधारित रोजगार सृजन हेतु ‘प्लग एण्ड प्ले’ मॉडल का विकास किया जायेगा, इससे आर्थिक विकास एवं रोजगार सृजन के नये अवसर विकसित होंगे।
 
बजट में छत्तीसगढ़ सेंटर फॉर स्मार्ट गवर्नेन्स की स्थापना सहित प्रदेश के 168 नगरीय निकायों में ई.गवर्नेन्स के तहत बजट एण्ड अकाउंटिंग मॉड्यूल स्थापित करने के प्रावधान शामिल किए गए हैं। 47 नगरीय निकायों में प्रॉपर्टी सर्वे किये जाने हेतु GIS आधारित सॉफ्टवेयर तैयार किया जायेगा। शासकीय धन के आय.व्यय की दैनिक निगरानी के लिए एकीकृत वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली (IFMIS- 2.0) प्रारंभ की जायेगी। पीएम वाणी के अंतर्गत प्रथम चरण में एक हजार ग्राम पंचायतों में वाई.फाई के माध्यम से हॉट-स्पॉट इंटरनेट सुविधा दी जाएगी। वस्तु एवं सेवाकर के संकलन में सुधार एवं पारदर्शिता के लिए राज्य मुख्यालय में बिजनेस इंटेलिजेंस यूनिट की स्थापना की जायेगी। वस्तु एवं सेवा कर संबंधी अपीलीय मामलों के त्वरित निराकरण हेतु अधिकरण की स्थापना की जाएगी।  
 
भूमि एवं भवनों का हस्तांतरण तथा अन्य विविध पंजीकृत संव्यवहार हेतु राष्ट्रीय सामान्य दस्तावेज पंजीकरण प्रणाली (NGDRS) सॉफ्टवेयर का उपयोग सभी जिलों में लागू किया जायेगा। भू.नक्शों का जियो.रिफ्रेन्सिंग कराया जायेगा तथा प्रत्येक भू.खंड में यू.एल.पिन नंबर देते हुए भू.आधार कार्ड जारी किया जायेगा। भू.अभिलेखों को सिविल न्यायालयों से लिंक किया जायेगा। भूमि व्यपवर्तन की प्रक्रिया को ऑनलाईन एवं सरल किया जायेगा।
और भी

विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री ने सपरिवार अपने निवास परिसर में रोपा पौधा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय एवं परिवार जनों के साथ अपने निवास परिसर में चीकू, नीम और रुद्राक्ष का पौधा रोपा। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से अपने घरों में और आस-पास पौधा लगाने और पौधों को जीवित रखने की जिम्मेदारी लेने की अपील की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि  आने वाले मानसून में ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण करें और अपने घर, आसपास के परिवेश, गांव और शहरों और जंगलों को खूब हरा-भरा बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण के संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इस अवसर पर डीएफओ श्री लोकनाथ पटेल, एसडीओ श्री व्ही. एन. मुखर्जी एवं मुख्यमंत्री निवास के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे।

और भी

धमतरी के 10 तालाबों से निकला 35 ट्रेक्टर कचरा

 जिले में 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगरपालिक निगम धमतरी क्षेत्र के विभिन्न स्थलों, तालाबों सहित अन्य जल स्त्रोतों की साफ-सफाई की गई। इस साफ-सफाई अभियान में धमतरी शहर के विभिन्न सामाजिक कार्याकर्ता, स्वयं सेवी संगठनों के प्रतिनिधि, ग्रीन आर्मी के सदस्य, प्रेस प्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में शहरवासियों ने श्रमदान किया। इस दौरान धमतरी शहर के 10 तालाबों से लगभग 35 ट्रेक्टर से अधिक कचरा निकाला गया। इनमें नागसागर तालाब हटकेशर वार्ड, कांटा तालाब सुभाषनगर वार्ड, आमा तालाब अम्बेडकर वार्ड, बनिया तालाब महंत घासीदास वार्ड, महिमासागर तालाब, बठेना तालाब, कलार तालाब रामपुर वार्ड, मकई तालाब मकेश्वर वार्ड और कठौली तालाब कोष्टापारा वार्ड शामिल है। इस अवसर पर लोगों ने धमतरी शहर को हर हाल में स्वच्छ, सुन्दर बनाए रखने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया। 

 

 

और भी

विश्व पर्यावरण दिवस पर स्कूली बच्चों ने किया भ्रमण

विश्व पर्यावरण दिवस पर प्राथमिक स्कूल गंगरेल के बच्चों ने कलेक्टर नम्रता गांधी और सीईओ जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव और वनमण्डलाधिकारी कृष्णा जाधव के साथ गंगरेल स्थित मचान हट और नेचर ट्रेल का भ्रमण किया।

इस अवसर पर सीईओ जनपद पंचायत धमतरी दीपक ठाकुर सहित प्रशिक्षु आईएफएस, संयुक्त वनमंडलाधिकारी धमतरी, वाइल्डलाइफ वेलफेयर सोसायटी के गोपी साहू, अमन एवं वन प्रबंधन समिति मरादेव, गंगरेल के सदस्य उपस्थित रहे। इस मौके पर कलेक्टर ने बच्चों से रू-ब-रू चर्चा की और जंगल, जीव-जन्तु तथा पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए किए जाने वाले उपायों के बारे में पूछा तथा बच्चों की जिज्ञासाओं को शांत किया। इस अवसर पर बच्चों ने पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने, अधिक से अधिक पौधे लगाने, अपने आसपास सफाई बनाए रखने की बात कही।

और भी

लोकसभा चुनाव परिणाम पर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज की प्रतिक्रिया

 लोकसभा चुनाव के परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 400 पार का दंभ भरने वाली भाजपा और नरेंद्र मोदी अपने दम पर बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाये। 10 साल के तानाशाही और गैर प्रजातांत्रिक चरित्र वाली मोदी सरकार की विदाई देश की जनता ने सुनिश्चित कर दिया है।

पूरा भरोसा है प्रजातांत्रिक मूल्यों को समर्पित तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा को प्रतिबद्ध समान विचारधारा वाले गैर भाजपाई दलों के साथ देश में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। देश का जनादेश नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ आया है।    

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में चुनाव परिणाम हमारे अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं आये है। हमें बेहतर परिणाम की अपेक्षा थीं। राज्य में आये इस चुनाव परिणाम से निराश जरूर है, हताश नहीं। हमारे कार्यकर्ताओं, नेताओं ने बढ़िया लड़ाई लड़ी। आगे भी राज्य में मजबूत विपक्ष के रूप में हम जनसरोकारों के लिये संघर्ष जारी रखेंगे। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाने को प्रतिबद्ध है।

और भी

RPF रायपुर ने ऑपरेशन अमानत के तहत यात्री का LAPTOP लौटाया

एक यात्री का लैपटॉप बैग सहित स्टेशन पर छूट जानें की सूचना प्राप्त होने पर मंडल टास्क टीम के द्वारा सीसीटीवी चेक करने के दौरान बैग सीसीटीवी फुटेज में दिखा तब कार्यरत मंडल टास्क टीम रायपुर एवम आरपीएफ पोस्ट रायपुर के द्वारा प्लेट फार्म नं 05,06 पर पोल नं 12 के चबूतरा के पास जाकर देखा तो यात्रियों के बीच में एक काला ग्रे रंग का लैपटॉप बैग मिला जिसे आरपीएफ पोस्ट लाकर चेक करने पर एक एसर कंपनी का बैग जिसके अंदर एक Acer कंपनी का लैपटॉप , लैपटॉप चार्जर, आई कार्ड महिद्रा फाइनेंस कंपनी का , मोबाइल चार्जर, JBL कंपनी का स्पीकर, वन प्लस इयर बड्स, एचडीएफसी बैंक का चेक बुक, व एटीएम कार्ड, सनग्लास चश्मा, दो डायरी, व अन्य कागजात मिला जिसका अनुमानित कीमत लगभग 50,000 रुपया, जिसकी सूचना फोन के माध्यम सामान मालिक यात्री त्रिलोक सिंह काला को दिया गया जो गाड़ी संख्या 13287 साउथ बिहार एक्सप्रेस से जिसका पीएनआर नं 6736274235, कोच B/1 -03,24 पर रायपुर से रायगढ़ जाने के लिए रायपुर स्टेशन आया था , पोल नं 12 चबूतरा के पास बैठा हुआ था, गाड़ी का डिसप्ले होने के बाद अपने छोटी बेटी को गोद में लेकर हड़बड़ी में एसी कोच पीछे तरफ आने के कारण भूलवश अपना एक लैपटॉप बैग को  छोड़ कर गाड़ी में बैठ कर आगे निकल गया, और अपने ऑफिस स्टाफ मोहम्मद तबरेज पिता कलंदर शाह उम्र 35 साल निवासी मौदहापारा रायपुर मोबाइल नं 7000997504 , को आरपीएफ पोस्ट रायपुर आया और सामान व मालिक का तस्दीक करने के पश्चात सही सलामत सुपुर्द किया गया उक्त यात्री ने इस सराहनीय कार्य के लिए रेल सुरक्षा बल को सधन्यवाद ज्ञापित किया।

और भी

देश का पहला अनूठा आयोजन, साय सरकार की आईआईएम में सुशासन की पाठशाला

 शासन और प्रबंधन दो अलग-अलग शब्द हैं, दो अलग-अलग कार्य हैं, लेकिन एक-दूसरे से जुड़े हुए भी हैं। एक के हिस्से में नीति के निर्माण का दायित्व है, तो दूसरे के हिस्से में क्रियान्वयन की जिम्मेदारी। भारतीय लोकतांत्रिक ढांचे में नागरिकों की अपेक्षाओं को पूरा करने की जवाबदेही जहां शासन पर रही, वहीं प्रबंधन की बारीकियों से जनप्रतिनिधियों का आमतौर पर ज्यादा लेना-देना नहीं रहा। लेकिन हाल ही में छत्तीसगढ़ में कुछ ऐसा नया घटित हुआ कि अब इस विचित्र विडंबना का अंत होता दिख रहा है। 

 
छत्तीसगढ़ के मंत्रियों को प्रबंधन की बारिकियां समझाने, सहयोग, नवाचार और दूरदर्शिता को बढ़ावा देने, राज्य के समृद्ध और समावेशी भविष्य के लिए आवश्यक सुधारों के बारे में विचार-विमर्श करने तथा विकास को लेकर जनप्रतिनिधियों की अंतर्दृष्टि को परिष्कृत करने के लिए बीते दो दिनों तक, यानी 31 मई से लेकर 01 जून तक इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, रायपुर ने स्वयं के द्वारा डिजाइन किया गया एक अनूठा आयोजन किया। इस आयोजन को आईआईएम ने चिंतन-शिविर नाम देकर पारंपरिक आयोजनों का टच देते हुए एक बिलकुल नयी और ताजी परंपरा की शुरुआत कर दी। देश में संभवतः पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी चिंतन-शिविर में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने राजनीतिक रणनीति के बजाय दायित्वों के निर्वहन के लिए रणनीति पर गहन मंथन किया है। 
 
राज्य की विष्णु देव साय सरकार की पहल पर ही आईआईएम ने इस बौद्धिक अनुप्रयोग का आयोजन किया था। इसमें गुड गवर्नेंस से बेस्ट गवर्नेंस की ओर बढ़ने और सुशासन की संकल्पना को मूर्त रूप देते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सरकार के विजन को और तीक्ष्ण करने के संबंध में विषय-विशेषज्ञों से मंत्रियों ने विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और मंत्रिमंडल के उनके सहयोगियों ने सुशासन तथा बेस्ट प्रक्टिसेस के संबंध में विषय विशेषज्ञों के साथ अपने आइडियाज साझा किए। साथ ही अपनी जिज्ञासाएं भी रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री और उनके सहयोगी लगातार दो दिनों तक आईआईएम की कक्षा में न केवल उपस्थित रहे, बल्कि इस दौरान उन्होंने सम्पूर्ण छात्र जीवन को अपनाए भी रखा।
 
आईआईएम के इस आयोजन में राज्य सरकार ने देशभर के विषय विशेषज्ञों के साथ विकसित छत्तीसगढ़ की डिजाईन तथा क्रियान्वयन के रोड मैप पर बौद्धिक विमर्श किया। साथ ही इस संबंध में भी विमर्श हुआ कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के  बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए किस तरह विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित किए जा सकते हैं।  
 
 इस सार्थक संवाद की खूबी यह रही कि इसमें छत्तीसगढ़ की जरूरतों, प्राथमिकताओं, संभावनाओं पर चर्चा के साथ-साथ विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण सुझाव भी सरकार को प्राप्त हुए। नीति आयोग के सीईओ श्री बी.वी.आर. सुब्रमण्यम ने आगामी 10 वर्षाें में विकसित छत्तीसगढ़ निर्माण की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बीते 10 वर्षाें में देश की अर्थव्यवस्था को एक नई ऊंचाई दी है। सामाजिक-आर्थिक विकास को लेकर छत्तीसगढ़ में अपार संभावनाएं हैं। देश की अर्थव्यवस्था को बूस्ट करने में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकता है। नीति आयोग के पूर्व सीईओ और जी 20 के शेरपा श्री अमिताभ कांत ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक सुन्दरता भी है और प्रचुर खनिज संपदा भी। राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए खनिजों का विवेकपूर्ण दोहन जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण यहां पर पर्यटन की संभावनाओं का विकास और उसकी ब्रांडिंग भी है। 
 
आयोजन में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के साथ उपमुख्यमंत्री द्वय श्री अरूण साव एवं श्री विजय शर्मा, आदिम जाति विकास एवं कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, वन एवं जल संसाधन मंत्री श्री केदार कश्यप, वाणिज्य उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाडे, खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंक राम वर्मा उपस्थित थे।
और भी

नौतपा में रायपुर का अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री पहुंचा

रायपुर: छत्‍तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है और लोग गर्मी, उमस और गर्म हवाओं के थपेड़ों से बेहाल है। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ क्षेत्रों में लू चलने की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि लू से बचने के लिए लोगों को पर्याप्त उपाय कर ही घर से बाहर निकलना चाहिए। आने वाले दो दिनों में भी प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है। इन दिनों दिन की तपिश के साथ ही रात में भी गर्म हवाएं चलने लगी है।

प्रदेश भर में मुंगेली सर्वाधिक गर्म रहा। एडब्ल्यूएस मुंगेली का अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही रायपुर का अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा है। वहीं बिलासपुर का भी अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा रही।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में इन दिनों उत्तर पश्चिम से गर्म व शुष्क हवाओं के आने का क्रम अभी जारी है। लेकिन हवा कि गति थोड़ी कम होने के कारण अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। बुधवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रोंमें लू चलेगी।

 

 

और भी