छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

भूपेश बघेल के चारों सलाहकारों का इस्तीफा

 रायपुर: पूर्व सीएम भूपेश बघेल के सभी चारों सलाहकारों के इस्तीफे के बाद राज्य शासन ने एक दिसंबर से उनकी सेवाएं समाप्त करते हुए उनकी सभी सरकारी सुविधाएं वापस ले ली है। इनमें राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा, पंचायत ग्रामीण विकास सलाहकार प्रदीप शर्मा, संसदीय सलाहकार राजेश तिवारी और मीडिया सलाहकार रूचिर गर्ग शामिल हैं।

इन सभी ने तीन दिन पहले ही इस्तीफा भेज दिया था। मुख्य सचिव ने आज मंजूर कर आगे की कार्रवाई के लिए जीएडी को भेज दिया है। जीएडी ने संपदा संचालक से आफिसर्स कालोनी में निवास रत सलाहकारों से आवास खाली कराने कहा है। इन सभी को नवंबर के वेतन भत्ते दिए गए हैं। दूसरी ओर ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने भी अपना इस्तीफा विभागीय सचिव को दे दिया है।

 

 

और भी

छात्रा पर जानलेवा हमला, जुर्म दर्ज

बिलासपुर: जिले में कॉलेज छात्रा पर सरेराह जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। सहेली के साथ कॉलेज से पैदल घर लौट रही छात्रा पर एक युवक धारदार हथियार चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे छात्रा के गले में गंभीर चोट आई है। घायल छात्रा को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है. मामला कोटा थाना क्षेत्र का है। पुलिस हमलावर युवक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।

कोटा क्षेत्र की निवासी युवती कोटा स्थित निरंजन केशरवानी शासकीय कालेज में एमए प्रथम वर्ष की छात्रा है। उसी कालेज में खैरझींटी साजापाली निवासी योगेश साहू पढ़ाई कर रहा था. फाइनल ईयर में फेल होने के बाद उसने प्राइवेट परीक्षा दी थी। उस दौरान उसकी युवती से दोस्ती हो गई थी, लेकिन बाद में छात्र ने आरोपी युवक से बातचीत बंद कर दी थी।

रोज की तरह युवती पढ़ाई के लिए निरंजन केशरवानी कॉलेज कोटा गई हुई थी, जब वह कॉलेज से घर वापस जा रही थी। इसी दौरान अचानक योगेश साहू ने छात्रा पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में छात्रा के गले और सिर पर चोट आई है। युवक घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया है। घायल छात्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी हुई है।

 

 

और भी

छत्तीसगढ़ : नतीजों ने चौंकाया... कोई 67 हजार वोटों से जीता...तो कोई सिर्फ 16 वोटों से हारा...

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों के स्पष्ट रूझान तो रविवार दोपहर से दिखाई देने लगे थे और शाम तक सारी स्थितियां स्पष्ट हो चली थी। यानी तय हो गया कि अब 54 सीटों के साथ भाजपा सरकार बनाने वाली है। चुनाव परिणामों में कई नतीजे तो ऐसे रहे जो काफी चौंकाने वाले थे।

बात करें रायपुर दक्षिण की तो यहां सबसे ज्यादा वोटों से जीत हासिल कर भाजपा के बृजमोहन अग्रवाल रायपुर आठवीं बार विधायक बने है. उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार को सर्वाधिक 67,719 मतों से हराया है। बृजमोहन अग्रवाल ने  1,09,263 मत हासिल किए और कांग्रेस के महंत रामसुंदर दास को 67,919 मतों के अंतर से हराया। महंत को 41,544 मत मिले।

सबसे ज्यादा मतों से जीतने वाले दूसरे नंबर के विधायक रायगढ़ सीट से ओपी चौधरी है। उन्होंने 64,443 मतों से जीत हासिल की है। राज्य में इस चुनाव में अन्य उम्मीदवारों की तुलना में बीजेपी के विजय शर्मा को सबसे अधिक 1,44,257 वोट मिले हैं। विजय शर्मा ने कवर्धा सीट पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मंत्री मोहम्मद अकबर को 39,592 वोटों के अंतर से हराया है।

कांकेर सीट पर बीजेपी के आशाराम नेताम ने कांग्रेस उम्मीदवार शंकर ध्रुवा के खिलाफ सबसे कम 16 वोटों के अंतर से चुनाव जीता है। पहली बार विधायक चुने गए नेताम को कुल 67,980 वोट मिले जबकि ध्रुवा को 67,964 वोट मिले।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और उपमुख्यमंत्री सिंहदेव भी अंबिकापुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी के राजेश अग्रवाल से 94 वोटों के मामूली अंतर से हार गए

 

 

और भी

मरवाही में 23 साल बाद खिला कमल

पेंड्रा:  मरवाही विधानसभा क्षेत्र में 23 साल भाजपा भाजपा ने जीत दर्ज की है। लहर का असर या फिर भाजपा की उस सोची समझी रणनीति का असर जिसमें प्रथम चरण के उम्मीदवारों की घोषणा में मरवाही को भी शामिल किया था। इस जीत का असर ये की मरवाही में भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह रिचार्ज हो गए हैं।

मरवाही विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी प्रणव मरपच्ची 11102 मतों से जीत दर्ज कर 23 साल बाद भाजपा का कमल मरवाही में खिलाया है। प्रणव मरपच्ची मतगणना के पहले चक्र से 18 वे चक्र तक अपनी बढ़त बनाये रखी। राजनीतिक विश्लेषण को एवं पूर्वानुमान को पीछे छोड़ते हुए प्रदेश में जहां भाजपा ने जीत हासिल की है तो मरवाही में 23 साल बाद भाजपा ने सभी अनुमानों को पीछे छोड़ते हुए प्रणव मरपच्ची ने जीत दर्ज की है। प्रणव ने अपनी जीत का श्रेय मरवाही की जनता को दिया है। विधानसभा क्षेत्र की जनता को बधाई देते हुए कहा है कि वे एक फौजी हैं। फौजी के अनुशासन के अनुसार मरवाही में सुशासन का निर्माण होगा। यहां विकास की अनेक संभावनाएं हैं उन संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में काम किया जाएगा, भाजपा अपने मोटो पर काम कर रही थी, छत्तीसगढ़ बनाया है, हम ही सवारेंगे।

कुछ ऐसे बनाई बढ़त

मरवाही विधानसभा चुनाव में पहले चक्र से 15वें चक्र तक भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रणव कुमार मरपच्ची से कांग्रेस प्रत्याशी से बढ़त बनाये रखी। लेकिन 15 में राउंड के बाद गुलाब राज ने बढ़त बनाई। और वे दूसरे स्थान पर 37742 वोट पाकर रहे। कांग्रेस प्रत्याशी डा़ केके ध्रुव 36580 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे। त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा उम्मीदवार को राजनीतिक रूप से फायदा मिला।

 

 

और भी

टीएस बाबा ने हार के बाद किया ये ट्वीट

 रायपुर: टीएस सिंहदेव ने हार के बाद ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्विटर में लिखा, छत्तीसगढ़ और अंबिकापुर की जनता का जनादेश विनम्रता से स्वीकार करते हैं।

विचारधारा, परिवर्तन और प्रगति का यह संघर्ष निरंतर चलता रहेगा। अंबिकापुर वासियों के साथ रिश्ता अटूट है, आपके स्नेह के लिए सदैव धन्यवाद। आपके हक़ की आवाज़ उठाने के लिए हमेशा की तरह आगे भी समर्पित रहूंगा।

बता दें कि  टीएस सिंहदेव महज 94 मतों से चुनाव हार गए हैं। भाजपा के राजेश अग्रवाल ने सिंहदेव को महज 94 वोटों से मात दी है। बता दें कि सरगुजा संभाग में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। संभाग की 14 की 14 सीट कांग्रेस के हाथ से जा चुकी हैं।

 

और भी

1990 में पहली बार विधायक बने बृजमोहन 8वीं बार जीते...

रायपुर: छत्तीसगढ़ में भाजपा के रायपुर दक्षिण प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल ने इस चुनाव में जीत दर्ज कर लगातार 8वीं बार विधायक बनने का रिकॉर्ड बना लिया है। बृजमोहन अग्रवाल पहली बार अविभाजित मध्यप्रदेश के दौरान 1990 में विधायक बने थे। इसके बाद 1993 और 1998 में भी विधायक रहे। छत्तीसगढ़ राज्य का गठन होने के बाद से वह लगातार विधानसभा का चुनाव जीतते आ रहे हैं।

लगातार बड़ी लीड 

दक्षिण विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल ने 67,851 वोटों से जीत दर्ज की है। उन्हें राजधानी के 20 वार्डों में बढ़त मिली है। इसमें 8 भाजपा और 12 कांग्रेस के पार्षद हैं। जबकि इस वार्ड में महापौर एजाज ढेबर, नगर निगम सभापति प्रमोद दुबे का वार्ड भी आता है। ब्राम्हणपारा में कांग्रेस को मात्र 55 और भाजपा को 5000 वोट मिले।

गुरु का आशीर्वाद फला

नामांकन के दिन महंत राम सुन्दर दास से आशीर्वाद लेने वाले बृजमोहन अग्रवाल ने आखिरकार गुरु को हरा दिया। इसमें दोनों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई थी। 

मोदी की गारंटी-कार्यकर्ताओं की मेहनत से हुई वापसी

भाजपा के विजयी प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल का कहना है कि भाजपा की विकास कार्यों, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गांरटी और कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा की वापसी हुई है। अब जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए जितने भी विकास कार्य रूके हुए थे उन सभी को पूरा करेंगे।

 

 

और भी

प्रातः 8 बजे शुरू होगी मतगणना, सर्वप्रथम डाक मतपत्रों की होगी गणना : कलेक्टर

जांजगीर-चांपा: विधानसभा निर्वाचन 2023 के मतगणना तैयारियों के संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी तथा पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने मतगणना स्थल (शासकीय पॉलीटेक्निक कालेज जांजगीर) के मीडिया सेंटर में प्रेस ब्रीफिंग कर तैयारी संबंधी जानकारी दी।


कलेक्टर ने प्रेस प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए बताया कि मतगणना हॉल में प्रातः 8 बजे से मतगणना होगी। सर्वप्रथम प्रत्येक रिटर्रिंग अधिकारी द्वारा डाक मतपत्र की गणना प्रारंभ की जाएगी। डाक मतपत्रों की गणना के लिए वि स क्षे क्र 33 अकलतरा एवं 38 पामगढ़ में 2-2 एवं 34 जांजगीर-चांपा में 3 टेबल निर्धारित किये गये हैं। डाक मतपत्र की गिनती प्रारंभ होने 30 मिनट उपरांत ईव्हीएम में दर्ज मतों की गिनती प्रारंभ की जाएगी। विधानसभा क्षेत्रों में ईव्हीएम में डाले गये मतो की प्रत्येक चरण में 14 टेबलों पर गणना होगी। प्रत्येक विधानसभा के राउंड वार परिणाम की जानकारी प्रातः 8 बजे से https://rsults.eci.gov.in  एवं Voter Helpline App के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना केन्द्र पर मीडिया सेंटर स्थापित किया गया है, जहां मीडिया प्रतिनिधियों को एस्कॉर्ट करने के लिए सहायक संचालक जनसंपर्क की टीम तैनात रहेगी। समय-समय पर निर्धारित प्रवेश द्वारो से मतगणना हॉल का अवलोकन निश्चित सीमा तक छोटी - छोटी संख्या में मीडिया समूहों को ले जाएंगे। उन्होंने बताया कि मतगणना हॉल में किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, गुटखा, सिगरेट, पानी की बोतल, मोबाईल फोन, ब्लूटूथ, यूएसबी प्रतिबंधित रहेगी।

 

पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए मतगणना परिसर में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जहां प्रत्येक स्तर पर पहचान पत्र की जांच उपरांत ही प्रवेश दिया जाएगा। मतगणना केन्द्र के पहले व बाहरी स्तर पर जिला पुलिस बल की तैनाती होगी जहां से 100 मीटर का क्षेत्र पैदल यात्री क्षेत्र होगा। प्रवेश द्वार की बेरिकेडिंग की गयी है। यहां किसी भी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग  या जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी फोटो आईडी कार्ड धारक को ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी। दूसरे स्तर पर राज्य सशस्त्र बल की तैनाती होगी प्रवेश के पूर्व प्रत्येक व्यक्ति के पहचान पत्र के आधार पर जांच व तलाशी की जाएगी ताकि कोई भी मोबाईल व अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ प्रवेश न कर सके। तीसरे स्तर में मतगणना हॉल के दरवाजे में सीएपीएफ तैनात रहेगी। अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी व आवश्यक निर्देश दिये गये। इस दौरान अपर कलेक्टर एस पी वैद्य, अपर कलेक्टर श्रीमती लवीना पांडेय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती निशा नेताम मड़ावी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी सहित प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

 

 
और भी

सामान्य प्रेक्षक ने किया मतगणना स्थल का निरीक्षण

नारायणपुर: सामान्य प्रेक्षक निरंजन कुमार सुधांशु, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत तथा पुलिस अधीक्षक पुश्कर शर्मा ने शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायणपुर में निर्मित मतगणना स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का अवलोकन किया।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी केे दिशा-निर्देशन में नारायणपुर जिले में विधानसभा आम निर्वाचन के अंतर्गत 3 दिसम्बर को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से मतगणना संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतगणना स्थल में सुरक्षा की पूर्ण व्यवस्था के अलावा मतगणना कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को मतगणना तिथि 3 दिसम्बर को मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं मतगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वसंत ने अधिकारियों को मतगणना शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने हेतु सभी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतगणना प्रक्रिया 3 दिसम्बर को सुबह 08 बजे से प्रारंभ की जाएगी। मतगणना स्थल में प्रवेश हेतु सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतगणना स्थल में जगह-जगह पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। मतगणना कक्ष में मोबाइल फोन, घड़ी, पेन, लैपटॉप, आईपैड, हथियार, माचिस, ज्वलनशील पदार्थ सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं को ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।

 



इस दौरान प्रेक्षक सुधांशु ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से मतगणना स्थल में प्रवेश करने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं मतगणना अभिकर्ताओं सहित मतगणना स्थल में प्रवेश करने वाले सभी लोगों के समुचित जाँच आदि के प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। जिले के विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाए गए मतगणना कक्ष में पहुँचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने डाक मत पत्र के गणना के तैयारियों के संबंध में जानकारी ली तथा उसके लिए बनाए गए दस्तावेज़ों का भी अवलोकन किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत ने निर्देशित किया कि मतगणना तिथि 03 नवंबर को मतगणना कार्य में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारियांे को सुबह 06 बजे मतगणना कक्ष में पहुँचना अनिवार्य है। उन्होंने निर्धारित समय सुबह 07 बजे स्ट्रांग रूम के खुलने तथा 07.30 बजे मतगणना कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को ब्रीफिंग करने आदि प्रक्रियाओं के संबंध में जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि सुबह 08 बजे सर्वप्रथम डाक मत पत्रों की गणना की जाएगी एवं सुबह 08.30 बजे से कंट्रोल यूनिट से मतगणना कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही स्ट्रांग रूम से आने वाली ईव्हीएम मशीनों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी देवेश कुमार ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, रिटर्निंग ऑफिसर जितेंद्र कुमार कुर्रे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी डीडी मंडावी, एमसीसी के नोडल अधिकारी प्रदीप वैद्य, पोस्टल बैलेट के नोडल अधिकारी रामसिंह सोरी सहित मतगणना कार्य के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

और भी

तेंदुए ने बच्ची पर किया हमला...

गरियाबंद: जिले के छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम रक्सी के नवाडीह में तेंदुए के हमले से एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा है।

बताया जा रहा है कि खेत मे धान कटाई के काम चल रहा था इसी दरमियान तेंदुआ ने 3 साल की बच्ची अनिशा ध्रुव पिता झिरनराम ध्रुव पर हमला कर दिया। जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक इलाज के लिए छुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, जहां से उचित इलाज के लिए गरियाबंद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं वन विभाग ने इलाके में हाई अलर्ट जारी किया है।

और भी

भारत-आस्ट्रेलिया T20 मैच देखने जाएंगे CM बघेल, सिंहदेव, सहित कई सीनियर नेताओं को मिला न्‍योता

 रायपुर:  राजधानी में एक दिसंबर को होने जा रहे भारत-आस्ट्रेलिया के टी-20 मुकाबला को देखने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत उनके सभी कांग्रेस प्रत्याशी भी जा सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री समेत अन्य नेताओं के लिए टिकट लिए गए हैं। मैच देखने के लिए उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, मंत्री रविन्द्र चौबे, मोहम्मद अकबर समेत समेत अन्य नेता भी शामिल होंगे। मैच नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

अजेय बढ़त के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया

रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह स्टेडियम में भारत-आस्ट्रेलिया के बीच पांच टी-20 मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार को शाम सात बजे से होगा। टीम इंडिया इस सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है। चौथे मैच में भारतीय टीम अजेय बढ़त के इरादे से उतरेगी।

प्रैक्टिस के दौरान खिलाड़ियों ने जड़े लंबे-लंबे शाट्स

इसके पहले, गुरुवार को दोनों टीमों ने चार-चार घंटे अभ्यास किया। प्रैक्टिस के दौरान कप्तान सूर्य कुमार यादव पहले डिफेंस पर फोकस नजर आए इसके बाद जमकर छक्के चौके जड़े।

वहीं इस सीरीज में पहली बार शामिल हुए श्रेयस ने अभ्यास में लंबे-लंबे छक्के जड़े। इशान किशन नेट्स पर लंबे-लंबे शाट्स लगाते दिखे। वहीं आस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने अभ्यास के दौरान जमकर छक्के जड़े।

और भी

सभी मानकों का पालन करते हुए मतगणना करें : कलेक्टर

दंतेवाड़ा: कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत नंदनवार की उपस्थिति में बुधवार को जिला कार्यालय के मुख्य सभाकक्ष में मतगणना प्रक्रिया के संबंध में का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कलेक्टर ने कहा कि 3 दिसंबर को मतगणना मुख्यालय के आंवराभाटा स्थित डाइट परिसर मतगणना केंद्र में की जाएगी। मतगणना केन्द्र में मतगणना अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्धारित समय पर प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि मतगणना प्रक्रिया का कार्य सर्वाधिक महत्वपूर्ण चरण है और सावधानी एवं पारदर्शिता के सभी मानको के पालन के साथ ही मतगणना करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं मतगणना दल मतगणना संबंधी प्रत्येक प्रक्रिया की पूरी जानकारी लेने के साथ ही अपनी जिज्ञासाओं, शंकाओं का समाधान अवश्य कर लेवें ताकि मतगणना कार्य को नियमानुसार बेहतर ढंग से संपन्न कर सकें। कलेक्टर ने कहा कि सबसे पहले डाक मतपत्र एवं ईटीपीबीएस की गणना शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक राउंड के बाद परिणामों की घोषणा की जाएगी।

इसके साथ ही प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा ईटीपीबीएस, डाक मत पत्र, ईव्हीएम एवं वीवीपैट की मतगणना के सबंध में आवश्यक नियमों एवं निर्देशों के बारे में बारीकी से जानकारी देते हुए मतगणना की गोपनीयता को बनाए रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आवश्यक नियमों एवं निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा मास्टरट्रेनर्स ने निवार्चन संचालन के नियम व्ही व्ही पैट पर्चियों के अनिवार्य सत्यापन, मतगणना केन्द्रों की आधारभूत संरचना, सुरक्षा व्यवस्था, गणना स्थल में प्रवेश व्यवस्था, ईटीपीबीएस, डाक मत पत्रों एवं ईव्हीएम में दर्ज मतों की गणना, डाक मतपत्रों की गणना, ईव्हीएम में दर्ज मतों की गणना, मतगणना पूर्ण होने के पश्चात ईव्हीएम और निर्वाचन सामग्री को सील करना, परिणामों की घोषणा, मतगणना कार्य के साथ ही टेबुलेशन, ईव्हीएम एवं अन्य प्रपत्रों की सीलिंग के संबंध में विस्तारपूर्वक बताया। प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि डाकमत पत्रों के माध्यम से प्राप्त वोट की गणना पहले की जाएगी। और इसमें सिलिंग कार्य महत्वपूर्ण है तथा रिटर्निंग ऑफिसर इस पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करेंगे। इस दौरान सभी अधिकारियों ने मतगणना कार्य के लिए मॉक काउंटिंग करके भी देखा। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य प्रेक्षक अनुराग पटेल, अपर कलेक्टर संजय कन्नौजे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेन्द्र ठाकुर, रिटर्निंग ऑफिसर शिवनाथ बघेल एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर और निर्वाचन दायित्व से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद थे।

और भी

मुख्यमंत्री ने डॉ. दया वर्मा के निधन पर जताया शोक

रायपुर: मुख्यमंत्री बघेल ने पूर्व राज्यसभा सांसद व कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री श्रीमती छाया वर्मा के पतिदेव डॉ दया वर्मा के निधन पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व राज्यसभा सांसद, कांग्रेस नेत्री श्रीमती छाया वर्मा के पतिदेव डॉ दया वर्मा का दिल का दौरा पड़ने से निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिवारजनों को संबल प्रदान करे। इस दुःख की घड़ी में हम सब उनके साथ हैं।

 

 

और भी

प्रत्याशियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं को मतगणना की दी जानकारी

महासमुंद: विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत 3 दिसंबर को होने वाले मतगणना के संबंध में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अभ्यर्थियों-निर्वाचन अभिकर्ताओं को मतगणना प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने उन्हें शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतगणना के लिए अपनायी जाने वाली प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। अभ्यर्थियों-निर्वाचन अभिकर्ताओं को डाक मतपत्रों (ईटीपीबी हो या सामान्य) के गणना के बारे में भी विस्तार से बताया गया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी निर्भय साहू, रिटर्निंग ऑफिसर अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा, उमेश साहू, श्रीमती सृष्टि चंद्राकर एवं ओंकारेश्वर सिंह मौजूद थे।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना का कार्य प्रातः 8 बजे शुरू होगा, अभ्यर्थियों-निर्वाचन अभिकर्ताओं को मतगणना के 1 घंटे पहले अर्थात सुबह 7 बजे स्ट्रांग रूम में उपस्थित होना होगा। इसके लिए रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतगणना 14-14 टेबलों पर राउंड आधार पर होगा। आयोग के निर्देशानुसार पोस्टल बैलेट के लिए सरायपाली में 3, बसना में 4, खल्लारी में 2 एवं महासमुंद में 3 अतिरिक्त टेबल लागई जायेंगी। इसी तरह सरायपाली में 20, बसना में 21, खल्लारी में 20 एवं महासमुंद में 18 राउंड में मतगणना सम्पन्न होगी। प्रत्येक राउंड के बाद मतगणना की घोषणा की जाएगी और नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाएगा साथ ही अभ्यर्थियों को इसकी प्रति भी दी जाएगी।

 

राजनीतिक अभ्यर्थियों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में सुबह 6 बजे पोस्टल बैलेट के लिए जिला कार्यालय स्थित कोषालय में आमंत्रित किया गया है। तत्पश्चात उसे मतगणना कक्ष के लिए शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए सुबह 5 बजे उपस्थित होने कहा गया है। मतगणना कक्ष में मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन द्वारा गणना के लिए कैलकुलेटर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही अभ्यर्थियों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना का कार्य भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त मतगणना प्रेक्षक की उपस्थिति में होगा। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रत्याशी सहित इंडियन नेशनल कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी, बसपा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, निर्दलीय अभ्यर्थी उपस्थित थे।

 

 

 
और भी

चक्रवात के चलते बदला मौसम, राजधानी में पड़ रही फुहार....

रायपुर: राज्य में मंगलवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी में सुबह से बदली छाई रही और दोपहर बाद से हल्की फुहार जारी है। सर्दी के मौसम में बारिश ने कंपकंपा देने वाली ठंड का एहसास करा दिया है। सुबह के कोहरा और ठंड ने संकेत दिया कि आने वाले दिसंबर महीने में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।


बता दें कि रायपुर समेत कई जिलों में बादल छाए हुए है और कई जगहों पर हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश की यह संभावना बंगाल की खाड़ी और मध्य प्रदेश में बने चक्रवात के कारण है। हवा में नमी और हल्की बारिश के कारण यहां अचानक ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग की माने तो 29 नवंबर के बाद सरगुजा क्षेत्र में ठंड का बढ़ने लगेगा। आसमान में छाए बादलों के कारण तापमान में गिरावट आएगी। जिस कारण से आने वाले सप्ताह में इस इलाके में कड़ाके की ठंड के साथ-साथ ठिठुरन भी बढ़ेगी।

 

 

और भी

गुरुनानक देव जी की जयंती पर गुरुद्वारों में गूंजी गुरूवाणी

दुर्ग:  सिक्खों के प्रथम गुरु गुरुनानक देव जी की 554वीं जयंती सोमवार को शहर में सिक्ख समाज ने पूरे उत्साह के साथ मनाई। इस अवसर पर स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। जहां सुबह से ही गुरुग्रंथ साहेब के दर्शन के लिए सिक्ख समाज के अलावा अन्य समाज के लोगों की कतारें लगी रही। अखंड पाठ की समाप्ति उपरांत हुजूरी रागी जत्था द्वारा भजन-कीर्तन के माध्यम से गुरुनानक देव जी के मानवता के संदेशों को दोहराया गया। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, महापौर धीरज बाकलीवाल, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, पूर्व सभापति राजकुमार नारायणी, युवा कांग्रेस नेता संदीप वोरा, सुमीत वोरा के अलावा कांग्रेस,भाजपा व अन्य राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि दर्शन के लिए गुरुद्वारा पहुंचे। उन्होंने मत्था टेककर गुरूनानक देव जी से प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए कामना की और सिक्ख समाज के लोगों को गुरूनानक देव जी की जयंती की बधाई दी। दोपहर में गुरुद्वारा में गुरू के अटुट लंगर का आयोजन किया गया। जिसमें सिक्ख समाज के अलावा अन्य समाज के लोगों ने लंगर ग्रहण कर पुण्यलाभ प्राप्त किया। जयंती समारोह में गुरुद्वारा श्री गुरूसिंह सभा के प्रधान अरविंदर सिंह खुराना, महासचिव दलप्रीत सिंह भाटिया, जितेंदर सिंह,सुखदेव सिंह (राजू),प्रिंस कब्बरवाल, गुरविंदर सिंह, जितेन्द्र सिंह,अवतार सिंह रंधावा,हरविंदर सिंह, सुरेन्दर सिंह कब्बरवाल,गुरदीप सिंह (राजा),संदीप सिंह कोंडल, सतनाम कौर विरदी, मनिंदर सिंह, राजेन्दर पाल अरोरा,खालसा एजुकेशन सोसायटी के सचिव गुलबीर सिंह भाटिया,खालसा स्कूल मैनेजमेंट अध्यक्ष राजेन्द्र पाल सिंह भाटिया,सचिव हरमीत सिंह भाटिया,तरसेम सिंह ढिल्लन,कुलवंत सिंह भाटिया, भाजपा नेता सतविंदर सिंह,एमआईसी सदस्य मनदीप सिंह भाटिया,पूर्व पार्षद फत्तेसिंह भाटिया,गुरुदीप सिंह भाटिया, महेन्द्र सिंह खालसा,राजू भाटिया, वृंदावन रेस्टारेंट पुलगांव के संचालक बिट््टू अरोरा, इंदरजीत सिंह भाटिया, देवेन्दर सिंह भाटिया, भूपेन्दर सिंह, राजेन्दर सिंह, रिमपाल सिंह,जसपाल सिंह के अलावा बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

 


और भी

मतगणना में गड़बड़ी के लिए कर्मचारियों पर दवाब बना रही सरकार : बृजमोहन

रायपुर: भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों पर मतगणना में गड़बड़ी की आशंका जताई है। सोमवार को एक पत्रकार वार्ता के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार मतगणना में लगे कर्मचारियों और अधिकारियों पर मतगणना में कांग्रेस को फायदा पहुंचाने के लिए दवाब बना रही है।


उन्होंने संदेह जताया कि, मतगणना के दौरान धांधली कर निर्दलीय और अन्य प्रताशियों के मतों को कांग्रेस के प्रत्याशियों के खाते में जोड़ा जा सकता है।

 

हालांकि इस प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भाजपा अपने पोलिंग एजेंट्स को तैयार कर रही। उन्हे सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं साथ ही उनको विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

बृजमोहन ने यह भी कहा कि, छत्तीसगढ़ में चारो तरफ भाजपा के पक्ष में माहौल दिखाई दे रहा है यहां के युवाओं, महिलाओं और किसानों ने मोदी की गारंटी पर भरोसा जताया है। जिसके लिए बृजमोहन अग्रवाल ने जनता का आभार जताया है।

 

 

 
और भी

चीन में अज्ञात बीमारी से बच्चों में श्वसन रोग फैलने को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

रायपुर: मुख्यमंत्री बघेल ने अभी कुछ दिनों से चीन में अज्ञात बीमारी से बच्चों में श्वसन संबंधी रोग फैलने की रिपोर्टों के मद्देनजर राज्य के शासकीय स्वास्थ्य केंन्द्रों, जिला चिकित्सालयों, मेडिकल कालेजों एवं निजी चिकित्सालयों में उपचार की पुख्ता व्यवस्था रखने के निर्देश दिए है।


मुख्यमंत्री ने भारत सरकार द्वारा इस संबंध में जारी की गई एडवायजरी के अनुरूप जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा है। भारत सरकार की एडवायजरी के अनुसार उक्त श्वसन संबंधी रोग के भारत में फैलने के संभावना नहीं है, किंतु आपात स्थिति से निपटने के लिए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत मानव संसाधन, बेड, जाँच सुविधा एवं इन्फेक्शन कन्ट्रोल प्रेक्टिस इन हेल्थ फैसिलिटी का सुदृढीकरण किया जाना आवश्यक है।

 


मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों, जिला चिकित्सालय, चिकित्सा महाविद्यालय से संबंद्ध चिकित्सालय एवं निजी चिकित्सालयों से इन्फ्लूएन्जा [ILI-SARI] के प्रकरणों को रिपोर्टिग IHIP-IDSP पोर्टल में कराते हुए स्थिति की नियमित समीक्षा करने को कहा है।

 


 
गौरतलब है कि मौजूदा इन्फ्लूएंजा और सर्दी के मौसम चलते श्वसन संबंधी बीमारी में वृद्धि हुई है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव द्वारा राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों को लिखे पत्र में, जन स्वास्थ्य और अस्पताल की तैयारियों की तुरंत समीक्षा करने की सलाह दी गई है। मानव संसाधन, अस्पताल में फ्लू के लिए दवाएं और टीके, मेडिकल ऑक्सीजन, एंटीबायोटिक औषधियों, व्यक्तिगत सुरक्षा के उपकरणों, टेस्टिंग किट एवं रिएजेंट, ऑक्सीजन प्लांट और वेंटिलेटर की पर्याप्त उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं में संक्रमण की रोकथाम के पर्याप्त उपाय इनमें शामिल हैं।

 

 

 
और भी

धान उपार्जन केन्द्रों में कैप कवर, ड्रेनेज सहित सभी जरूरी व्यवस्था हो : भूपेश बघेल

रायपुर: मुख्यमंत्री बघेल ने राज्य में बारिश की संभावना को देखते हुए कलेक्टरों को खरीदी केंदों में धान का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में इस समय समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है, धान को बारिश से बचने के लिए उपार्जन केन्द्रों में कैप कवर, ड्रेनेज सहित सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं। धान खरीदी केंद्रों पर किसानों की सहूलियत का ध्यान रखा जाए। धान उपार्जन केन्द्रों का भ्रमण कर बारिश से धान को सुरक्षित रखने की सभी  व्यवस्था  सुनिश्चित कर लें।

मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों से कहा है कि मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में प्रदेश में बारिश होने की संभावना बताई जा रही है। प्रदेश के उपार्जन केन्द्रों में 9 लाख टन से अधिक धान वर्तमान में है। सभी जिले यह सुनिश्चित करें कि धान के सुरक्षित रख रखाव की व्यवस्था समितियों, उपार्जन केन्द्रो में की जाए।

 


धान उपार्जन केंद्र में धान केप कवर, तिरपाल से कवर करें, ड्रेनेज सही लगा हो, फड में पानी का जमाव न हो यह सुनिश्चित करें। धान उपार्जन केन्द्रों का भ्रमण कर बारिश से धान को सुरक्षित रखने की व्यवस्था कर लें।

और भी