छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

भिलाई - दुर्ग सहित इन 17 मार्गों पर दौड़ेंगी 100 ई - बसें

रायपुर:  राजधानी वासियों को जल्द ही 100 ई-बसों की सुविधा मिलने जा रही है। केंद्र से ई-बसों के लिए मिली अनुमति के बाद निगम ने संचालन के लिए रूट का चयन भी कर लिया है। जल्द ही नया रायपुर सहित भिलाई-दुर्ग तक नागरिकों को एसी वाली ई-बसों की सुविधा मिलने जा रही है। केंद्र सरकार ने बसों की खरीदी, संचालन आपरेटर व भुगतान से संबंधित टेंडर भी कर दिया गया। केंद्र से जैसे-जैसे निर्देश मिल रहे हैं उन पर तत्काल कार्य किया जा रहा है। इस दिशा में बसों को ठहराने के लिए डिपो का प्रस्ताव भी केंद्रीय दल के निरीक्षण के बाद तैयार कर केंद्र को भेज दिया गया है।

आमानाका और पंडरी में बनेगा बस डिपो

नगर निगम द्वारा आमानाका और पंडरी में बस डिपो बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। केंद्रीय दल के दौरे के बाद निगम अधिकारियों ने उनके पैरामीटर के अनुसार डिपो का प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा है, जिसमें पंडरी बस स्टैंड में 40 तो आमानाका बस डिपो में 60 बसों का डिपो बनाने की अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही बस डिपो बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। बता दें कि दोनों डिपो में बसों के ठहरने से लेकर चार्जिंग भी व्यवस्था भी की जाएगी। वहीं, बसों के रूटों पर भी कुछ चार्जिंग पाइंट लगाए जाएंगे। जहां आवश्यकता अनुसार बसों को चार्ज किया जा सके।

संचालन की जिम्मेदारी निगम पर

ई-बसों के संचालन और देखरेख का जिम्मा रायपुर नगर निगम के हिस्से में रहेगे। सभी ई-बसों के सफल संचालन के लिए निगम अधिकारी जिम्मेदारी उठाएंगे। बाकी केंद्र द्वारा बसों की खरीदी से लेकर अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही है। जानकारी के अनुसार बसों के मेंटेनेंस से संबंधित प्लान भी केंद्र सरकार द्वारा तैयार किया जा रहा है, जिसमें हर बस के आधार पर निगम के पास फंड रहेगा। बस में किसी भी प्रकार की खराबी होने पर फंड उपयोग कर ठीक कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार यह व्यवस्था आगामी पांच सालों तक के लिए रहेगी। वहीं, जिन रूटों में एक बार बस दौड़ेंगी। वह घाटा या फायदा 

इन मार्गों में दौड़ेंगी ई-बसें

1. रायपुर रेलवे स्टेशन से पंडरी बस स्टैंड, अवंती बाई चौक, मोवा जीरो पाइंट विधानसभा, डोंडे, खरोरा 2. रायपुर रेलवे स्टेशन से फाफाडीह से सिलयारी स्टेशन 3. रायपुर रेलवे स्टेशन से बूढ़ातालाब, भाठागांव, कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय, दतरेंगा, तार्रीघाट 4. रायपुर रेलवे स्टेशन से फाफाडीह, भनपुरी, उरला 5. रायपुर एयरपोर्ट से तेलीबांधा चौक, भिलाई, दुर्ग रेलवे स्टेशन 6. रायपुर रेलवे स्टेशन से तेलघानी नाका, हीरापुर, नंदनवन 7. रायपुर रेलवे स्टेशन से घड़ी चौक, मैग्नेटो माल, एमएम फन सिटी, भनसोज 8. रायपुर एम्स से आमानाका, जयस्तंभ चौक, तेलीबांधा, सेरीखेड़ी, आरंग9. रायपुर रेलवे स्टेशन से शास्त्री चौक, आमापारा, कुम्हारी, अहिवारा10. रायपुर रेलवे स्टेशन से घड़ी चौक, माना बस्ती, तहुनाद, चम्पारण 11. रायपुर रेलवे स्टेशन से घड़ी चौक, पचपेड़ी नाका, अभनपुर 12. रायपुर रेलवे स्टेशन से तेलीबांधा, मंदिरहसौद, कुरूद, चंदखुरी 13. रेलवे स्टेशन से जेल रोड़, घड़ी चौक, गौरवपथ, जोरा होते हुए नया रायपुर मंत्रालय 14. मंत्रालय डीकेएस भवन गेट नंबर-4 से जेल रोड, घड़ी चौक, गौरवपथ, राष्ट्रीय राजमार्ग-6, जीरो इंटरचेंज, नया रायपुर मंत्रालय 15. कबीर नगर से हीरापुर चौक, पचपेड़ी नाका, डुमर तराई से नया रायपुर मंत्रालय16. तेलीबांधा चौक से डीडी नगर, संतोषी नगर, सेरीखेड़ी, जोरा नया रायपुर मंत्रालय 17. एनएच-43 से नया रायपुर रोड़ नंबर-2, क्रिकेट स्टेडियम नया रायपुर

और भी

महिला वेंडर के साथ मारपीट का आरोप

 रायगढ़: आरपीएफ पुलिस द्वारा रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा की जाती है लेकिन दूसरी ओर आरपीएफ का दूसरा चेहरा काफी डरावना है। आरपीएफ पुलिस द्वारा ट्रेन में फेरी करने वाले वेंडर के साथ अवैध उगाही और मारपीट जैसी घटना को अंजाम दिया जाता है। ऐसा ही एक मामला रायगढ़ के मौदहा पारा निवासी महिला के साथ घटित हुआ। जिसकी शिकायत रायगढ़ न्यायालय के बाद उच्च न्यायालय में की गई है। जानकारी देते हुए पीड़िता महिला उत्तरा बाई महिलाने ने बताया कि उसने अपना बचपन ट्रेन में भीख मांग कर गुजरा है। करीब 15 वर्ष पूर्व रेलवे के किसी अधिकारी ने उसे ट्रेन में मौसमी फल बिक्री कर जीवन यापन करने की सलाह दी थी। इसके बाद से उत्तरा बाई ने ट्रेन में फेरी करके अपना और अपने परिवार का गुजर बसर कर रही है लेकिन इन दिनों रेलवे पुलिस के कर्मचारियों की अवैध उगाही उसके लिए जी का जंजाल बन गई है।

उत्तरा बाई महिलाने ने बताया कि बीते 7 मई को जब वह मतदान करके ककड़ी बेचने के लिए स्टेशन पहुंची तब आरपीएफ पुलिस ने उसे पकड़ लिया और आरपीएफ थाना ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट करने का कारण पूछने पर उसने बताया कि बृजराज नगर, रायगढ़, चांपा और बिलासपुर में पदस्थ आरपीएफ अधिकारी कर्मचारी ट्रेन में समान बिक्री करने पर प्रतिदिन 1000 रुपए की मांग करते हैं। इसके अलावा मासिक पैसा अलग से मांगते हैं पैसा नहीं देने पर उनके द्वारा फेरी करने वालों का सामान छीनकर उनके साथ मारपीट की जाती है और उनके खिलाफ अपराध भी दर्ज कर दिया जाता है। जिस कारण गरीब वेंडर का परिवार चला पाना मुश्किल हो रहा है। उत्तरा बाई महिलाने ने बताया कि उसने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल पर बनाया लेकिन कुछ देर बाद ही उसका मोबाइल आरपीएफ पुलिस जवानों ने छीन लिया। फिलहाल आरोप को लेकर हड़कंप मच गया है। इसकी शिकायत रायगढ़ न्यायालय समेत उच्च न्यायालय बिलासपुर में की है।

 

 

और भी

CBSE 10-12वीं बोर्ड के नतीजे जारी, सीएम साय ने उत्तीर्ण छात्रों को दी बधाई

रायपुर: सीबीएसई के 10वीं और 12वीं परीक्षा के नतीजे जारी होने पर उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुभकामनाएं दी।

सीएम ने X पर लिखा: 'सीबीएसई के 10वीं और 12वीं परीक्षा के नतीजे घोषित हुए हैं। यह हर्ष का विषय है कि 12वीं में 87.98 प्रतिशत परीक्षाफल रहा। सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बहुत-बहुत बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं। जिन छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे वे निराश न हों। कोशिश करते रहें सफलता एक दिन जरूर कदम चूमेगी।

और भी

चर्चा का विषय बना नाग का जोड़ा, दर्शन करने उमड़ रही भीड़...

 युवक की मौत के बाद भी भयमुक्त होकर पास जा रहे ग्रामीण

 

कोरिया: जिले के ग्राम चारपारा में पिछले कुछ दिनों से एक अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। यहां एक तालाब में गांव के कुछ लोगों ने नाग के जोड़े को देखा। एक नाग पूरे तालाब में घूमता हुआ ग्रामीणों के पास आ गया। यह देख लोगों ने उसे दूध पिलाया। इसके बाद से तो नाग बड़े आराम से लोगों को देखते ही उनके करीब आ जाता है।

अब चारपारा गांव आसपास के इलाके में इस सांव की वजह से चर्चा में आ गया है। बड़ी संख्या में लोग अब उसकी पूजा करने लगे हैं। कोई दूध पिला रहा है तो कोई छूकर आशीर्वाद मांग रहा है। नाग भी लोगों के करीब आने से किसी तरह से कोई विपरीत प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है। बल्कि ऐसा लग रहा है कि वह लोगों के बीच ही रहना चाहता है।

खुद ही चलकर ग्रामीणों के पास आ रहा सांप
खास बात यह है कि, तालाब में घूम कर ग्रामीणों के पास नाग खुद आ जाते हैं। लेकिन वो हर किसी के हाथ से दूध नहीं पीते हैं। कुछ ग्रामीण नाग को छू लेते हैं तो वो उनको काटते तक नहीं हैं। ये सिलसिला लगभग 15 दिनों चल रहा है।

गले मे डाल कर घूमने की कोशिश की तो काटा लिया
बता दें, ग्राम चारपारा के रहने वाले के अमरसिंह ने नाग को गले मे उठाकर ले जाने की कोशिश की तो नाग ने उसे काट लिया, जिससे उसकी मौत हो गई है। यह घटना तीन दिन पहले हुई है।

दर्शन के लिए दूर-दूर से पहुंच रहे लोग
बैकुण्ठपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत चारपारा में स्थित तालाब में दूर-दूर से लोग नाग देवता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। नाग देवता को देखने के लिए काफी भीड़ लगी रहती है। वहीं नाग देवता भी तालाब के चारों ओर तैर कर घूमते हुए दिखाई देते हैं और लोग उन्हें दूध पिलाते हैं।

 

 

और भी

रायपुर-बस्तर संभाग के लिए अलर्ट, इन जिलों में बारिश के आसार...

रायपुर: छत्तीसगढ़ का मौसम लगातार करवट ले रहा है। दिन में धूप तो वहीं रात को अंधड़ और बारिश देखने को मिल रही है। बीते 4 या 5 दिनों से शाम के वक्त में मौसम में थोड़ी बहुत नमी आने लगती है। आने वाले एक हफ्ते में भी इसी तरह का मौसम दिखाई देने वाला है। इसलिए मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, और बस्तर संभाग में अलर्ट जारी किया है।

बता दें, मौसम में बदलाव आते ही रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग में 60 मिली मीटर तक बारिश हुई है। अगर लोरमी, सिमगा की बात की जाए तो यहां पर 20 मिली मीटर तक ही बारिश हुई है। सबसे ज्यादा तापमान डोंगरगढ़ का चल रहा है। यहां पर 42.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। सबसे कम तापमान अंबिकापुर में दर्ज किया गया है। यहां पर 21.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।

आने वाले वक्त में कहां-कहां होगी बारिश
रायपुर संभाग में बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद और धमतरी में बारिश की संभावना है। बिलासपुर संभाग में पेंड्ररोड, रायगढ़, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा में बारिश हो सकती है। वहीं दुर्ग संभाग में बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम और राजनांदगांव में बारिश के संभावना है। इसके अलावा बस्तर संभाग में दंतेवाड़ा, कोंडागांव, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर में तेज बारिश होगी।

और भी

डिप्टी रेंजर को ग्रामीणों ने जमकर पीटा, फिर पुलिस के हवाले किया, ये है मामला...

मुंगेली: जिले के लोरमी में ग्रामीणों ने डिप्टी रेंजर प्रबल दुबे की पिटाई कर दी। ग्रामीणों ने ऐसा पीटा कि, पिटाई के दौरान डिप्टी रेंजर के कपड़े फाड़ दिए। इतना ही नहीं ग्रामीण डिप्टी रेंजर को मारते हुए ग्रामीण थाने ले गए।

मिली जानकारी के अनुसार, खुड़िया वन परिक्षेत्र में तैनात डिप्टी रेंजर प्रबल दुबे 10 मई को वन विभाग के प्रदेश स्तरीय अधिकारियों के दौरा कार्यक्रम में ड्यूटी कर रहे थे। एडिशनल पीसीसीएफ संगीता गुप्ता विभागीय काम से क्षेत्र के दौरे पर थी। ऐसे में सीसीएफ बिलासपुर, डीएफओ मुंगेली समेत पूरा वन अमला अधिकारियों के दौरा कार्यक्रम में व्यस्त था। बताया जा रहा है कि अधिकारियों की वापसी के बाद जब पीछे बाइक से डिप्टी रेंजर प्रबल दुबे अपने एक साथी सहकर्मी नरेंद्र उपाध्याय के साथ लौट रहे थे। तभी सरगढ़ी के पास 30 से 35 ग्रामीणों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनकी जबरदस्त पिटाई कर दी।

दरसअल, 24 नवंबर वर्ष 2023 को सरगढ़ी के जंगल में एक हाथी की शिकारियों द्वारा बिछाए करंट तार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। जिस मामले में कुछ लोगों को बीते 5 मई को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। ये आरोपी दूसरे दिन 6 मई को जमानत पर छूट कर आए हैं। घायल डिप्टी रेंजर ने बताया कि सबसे पहले भादुराम कोलाम, उत्तम ध्रुव, अशोक मरावी और झिरिया निवासी सुभाष परस्ते ने हमला किया। उन्होंने मेरी वर्दी भी फाड़ दी है और मेरे पास रखे सरकारी दस्तवेजों को भी फाड़ दिया है।

सभी गरमी डिप्टी रेंजर को पीटते हुए खुड़िया पुलिस सहायता केंद्र तक लेकर आए और पुलिस को घायल हालत में सौंप कर वापिस लौट गए। पिटाई के बाद घायल डिप्टी रेंजर को पुलिस की टीम ने लोरमी के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो  डिप्टी रेंजर के साथ हुए हादसे के बाद एसडीओ और रेंजर भी थाने पहुंचे लेकिन उस समय भी ग्रामीण काफी आक्रोशित थे। उनका गुस्सा अधिकारियों पर उतर जाता। लेकिन थाने में मौजूद स्टाफ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मामला शांत कराया। इस मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।

और भी

महादेव एप : 20 से ज्यादा पैनल संचालित करता था बर्खास्त कांस्टेबल अर्जुन

पूछताछ में किया बड़ा खुलासा, वर्तमान में 4 पैनल श्रीलंका और 1 पैनल कोलकाता में ऑपरेट रहे हैं

रायपुर: महादेव सट्टा ऐप मामले में गिरफ्तार बर्खास्त पुलिस आरक्षक अर्जुन यादव को विशेष PMLA (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) कोर्ट ने शुक्रवार को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया था। जिसके बाद एक बड़ा अपडेट सामने आया है। अर्जुन यादव ने पूछताछ में अब तक 20 से अधिक महादेव ऐप के पैनल का संचालन करना स्वीकार किया है। इसमें से वर्तमान में 4 पैनल श्रीलंका और 1 पैनल कोलकाता में ऑपरेट होने की बात सामने आई है।

बर्खास्त पुलिस आरक्षक अर्जुन यादव से प्राप्त पैनलों के संबंध में जानकारी के आधार पर रायपुर पुलिस की टीम कोलकाता में कार्रवाई कर रही है। अर्जुन यादव के मोबाइल फोन में महादेव ऐप से जुडे हुए बहुत से व्हाट्सएप ग्रुप भी मिले हैं जिनमें से कुछ ग्रुप RTGS एकाउन्ट से और कुछ ग्रुप फेक एकाउन्ट से संबंधित हैं। ब्यूरो की टीम द्वारा ग्रुप्स से प्राप्त जानकारी के आधार पर 200 से अधिक ऐसे बैंक अकाउंट को चिन्हांकित करके लगभग 3 करोड़ रूपये की राशि इन बैंक खातों में फ्रीज़ करवाई गई है। आरोपी से महादेव ऐप के पैसे से खरीदी गई एक FOURTUNER गाड़ी भी जब्त की गई है।

बता दें कि महादेव सट्टा ऐप मामले में गिरफ्तार बर्खास्त पुलिस आरक्षक अर्जुन यादव कई दिनों से फरार चल रहा था। उसे ईओडब्ल्यू की टीम ने मध्य प्रदेश के पचमढ़ी से गिरफ्तार किया है। ईओडब्ल्यू की टीम ने पूछताछ के लिए कोर्ट में अर्जुन यादव को 5 दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लेने का आवेदन लगाया था जिसे स्वीकार करते हुए कोर्ट ने 14 मई तक के लिए उसे पुलिस रिमांड पर भेजा है। अर्जुन यादव महादेव केस में रायपुर जेल में बंद निलंबित आरक्षक भीम यादव का भाई है। महादेव सट्टा मामले में नाम आने के बाद दुर्ग पुलिस में आरक्षक के पद पर तैनाता अर्जुन को एसपी ने निलंबित कर दिया था।

 

 

और भी

23 किसानों के खातों से पार किए 1.84 करोड़, बैंक मैनेजर के खिलाफ FIR...

 कुरुद: धमतरी जिले के कुरूद में एचडीएफसी बैंक के 23 किसानों के अकाउंट से 1 करोड़ 84 लाख रुपये गबन करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने  बैंक मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच में जुट गई है।

उल्लेखनीय है कि, कुरूद के बाईपास रोड के पास स्थित एचडीएफसी बैंक संचालित है। जिसके मैनेजर श्रीकांत टेनेटि ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ मिलकर करीब 23 खाताधारक किसानों से उनके क्रेडिट कार्ड, ऋण पुस्तिका, समेत अन्य माध्यमों से विभिन्न तरह के लोन देने के नाम पर उनके खाते से पैसा निकाल लिए। जिसके बाद ऑनलाइन पैसे निकालने की शिकायत खाता धारकों ने बैंक से की थी। जिसके बाद 8 मई को बैंक प्रबंधन ने कुरुद थाना में आवेदन दिया।

पीड़ितों ने कलेक्टर एसपी से और लगाई थी गुहार
कुरूद के एचडीएफसी बैंक के खाता धारकों के खातों से फर्जी तरीके से पैसा निकाल लिया गया. जिसका किसी प्रकार से मोबाइल में मैसेज नहीं आया. जानकारी मिलने के बाद पीड़ित नंद कुमार साहू, बिहू लाल साहू रविंद्र कुमार साहू, भूपेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, महेश कुमार साहू, प्रेम सिंह साहू आदि ने शिकायत की। साथ ही दोषियों के  खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए खातेदारों को उनकी राशि वापस दिलाने की मांग जिले के कलेक्टर और एसपी से भी की है।

मोबाइल और चेक के द्वारा निकाल लेते थे पैसा
एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि, एचडीएफसी बैंक गबन मामले में पुलिस ने बैंक मैनेजर श्रीकांत टेनेटि और कर्मचारी तेजेन्द्र पिता कुंजबिहारी साहू ग्राम डाही के खिलाफ धारा 406, 409, 420, 267, 467, 468 और 120 बी भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।  बैंक मैनेजर ने किसानों को क्रेडिट कार्ड, ऋण पुस्तिका के लिए खाते से पैसे ट्रांसफर करते थे। मोबाइल और चेक के माध्यम से रुपये निकाल लेते थे।।अब तक 23 पीड़ितों का शिकायत मिला है और भी आवेदन मिल सकते हैं।

और भी

स्वामी आत्मानंद नवीन आदर्श उ मा विद्यालय जशपुर नगर ने रचा इतिहास

जशपुरनगर: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं व 12वीं के नतीजे में मेरिट लिस्ट  में स्थान प्राप्त कर स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट नवीन आदर्श उ मा विद्यालय जशपुर नगर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जशपुर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रौशन किया है कक्षा 10 वीं व 12वीं में विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। 

उल्लेखनीय है कि  कक्षा दसवीं में प्रवीण्य सूची पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सिमरन सब्बा, तृतीय स्थान पर रहे श्रेयांश कुमार यादव, चतुर्थ स्थान पर अर्पिता शैली कुजूर, छठे स्थान पर दीमित्रा सिंह, सप्तम स्थान पर उमा बरेठ और दसवें स्थान पर मोना यादव इस प्रकार कक्षा 10 वी में कुल 6 विद्यार्थियों ने प्रवीण्य सूची पर अपना दबदबा कायम रखा है।  

इसी प्रकार कक्षा 12वीं की प्रवीण्य सूची में तीसरे स्थान प्राप्त कर आयुषी गुप्ता ने विद्यालय सहित पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। बोर्ड परीक्षा परिणाम में अनवरत वृद्धि का मुख्य कारण यशस्वी जशपुर के कार्यक्रमों को अक्षरसह पालन किया जाना है। इन कार्यक्रमों के तहत विभिन्न प्रकार की शैक्षिक नवाचार जैसे शिक्षकों का प्रशिक्षण, साप्ताहिक मूल्यांकन, उपचारात्मक कक्षाएं, प्री बोर्ड 1 व 2 की परीक्षा तथा प्रतिदिन उपस्थिति का मॉनिटरिंग आदि है, विद्यालय में सर्व सुविधा युक्त लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास, उन्नत प्रयोगशाला आदि की उचित व्यवस्था है, जिसका लाभ विद्यार्थियों को मिलता है, पिछले वर्ष दसवीं बोर्ड की मेरिट लिस्ट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाला छात्र राहुल यादव संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर का रहा है। इस वर्ष अपने रिकार्ड को तोड़ते हुवे दसवीं की टॉपर  सिमरन सब्बा ने 99.50ः हासिल किया है, पिछले वर्ष संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर से 10 की मेरिट लिस्ट में 9 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त किया था।

संस्था के प्राचार्य विनोद कुमार गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई दी कहां  कि सत्र भर अध्यापन की विशेष रणनीति,  छात्रों की कड़ी मेहनत व पूरे लगन से शिक्षकों के द्वारा अपने कर्तव्यों के निर्वाहन करने का यह सुखद परिणाम है, इस अवसर पर  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोन पर विद्यार्थियों को बधाई  दी. पुलिस अधीक्षक शशि मोहन ने भी इस अवसर पर विद्यालय  आकर प्रवीण्य  सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का मुंह मीठा करते हुए पुष्प गुच्छ भेंट किया व उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी . विद्यार्थियों ने  मीडिया से बात करते हुए इस सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत, माता-पिता का आशीर्वाद व विद्यालय परिवार द्वारा किए गए शिक्षकों के कुशल अध्यापन मार्गदर्शन को दिया, इस अवसर पर विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल रहा शिक्षकों के द्वारा विद्यार्थियों  व उनके अभिभावकों का मुंह मीठा कराते हुवे पुष्प -बीच भेंट किया व उज्जवल भविष्य की कामनाएं की , इस अवसर पर शिक्षक. संजीव शर्मा, महेश गुप्ता, भैरव भौमिक, जयेश टोपनो, सूखेश्वर भगत, अंजू वंदना तिर्की, समीर टोप्पो, सुरेश तांडी, अंजली तिर्की, सावित्री भगत,पुष्पलता सिदार व समस्त शिक्षकों का बच्चों ने आभार व्यक्त करते हूआशीर्वाद लिया

और भी

बादल व बारिश ने दिलाई गर्मी से थोड़ी राहत, 7 डिग्री गिरे अधिकतम व न्यूनतम तापमान

रायपुर: दुर्ग के भी अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान डोंगरगढ़ का रहा, एआरजी डोंगरगड़ का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम का मिजाज बदलने से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में छाए बादल व हल्की वर्षा के साथ ठंडी हवाओं के चलते गर्मी से थोड़ी राहत मिली। इसके चलते ही बुधवार को रायपुर का अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम रहा। इसी प्रकार दुर्ग के भी अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान डोंगरगढ़ का रहा, एआरजी डोंगरगड़ का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि 10 मई के बाद फिर से मौसम का मिजाज बदलेगा और तापमान बढ़ने के साथ ही गर्मी भी बढ़ेगी। बुधवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे,साथ ही ठंडी हवाएं भी चली। दोपहर में तेज धूप के साथ ही ठंडी हवाओं का प्रभाव रहा। रायपुर का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम व न्यूनतम दोनों ही सामान्य से 5 डिग्री कम रहे। इसी प्रकार दुर्ग का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री रहा। दुर्ग का अधिकतम व न्यूनतम तापमान दोनों ही सामान्य से 7 डिग्री कम रहे। अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री और पेंड्रा का अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री दर्ज किया गया।

इन क्षेत्रों में हुई बारिश

दरभा-बस्तर में 5 सेमी, जगदलपुर 4 सेमी, कटेकल्याण - गीदम- पाटन - अंतागड़ 3 सेमी, दुर्ग - गुरुर - लोहांडीगुड़ा 2 सेमी वर्षा हुआ। इसके साथ ही अन्य बहुत से क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार द्रोणिका व चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के भी कुछ क्षेत्रों में गुरुवार को अंधड़ के साथ बारिश के आसार है। कुछ क्षेत्रों में बिजली भी गिर सकती है,साथ ही अगले 48 घंटों में दक्षिण छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। अन्य क्षेत्रों में विशेष बदलाव नहीं होगा।

 

 

और भी

आत्मानंद स्कूल का नाम बदलना छग की अस्मिता से खिलवाड़ : डॉ. महंत

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल व कॉलेज जहां पर हर वर्ग के छात्र-छात्राओं को उच्च स्तरीय नि:शुल्क शिक्षा का प्रावधान पूर्ववर्ती कांगे्रस की छत्तीसगढ़ सरकार ने किया है, उसका नाम बदलने की कवायद मौजूदा भाजपा की सरकार कर रही है। इस तरह के प्रयास को नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने अनुचित करार देते हुए कहा है कि स्कूल का नाम बदलना छत्तीसगढ़ की अस्मिता से खिलवाड़ होगा। स्वामी आत्मानंद, रामकृष्ण मिशन के एक संत, समाज सुधारक व शिक्षाविद् थे। वनवासियों के उत्थान के लिए उन्होंने नारायणपुर आश्रम में उच्च स्तरीय शिक्षा केन्द्र की स्थापना की तथा रामकृष्ण परमहंस के भावधारा को छत्तीसगढ़ की धरती पर साकार किया। उनके स्मृति में  स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल की शुरूआत राज्य की कांग्रेस सरकार ने की थी। डॉ. महंत ने कहा है कि नाम परिवर्तन के संबंध में सरकार जल्दबाजी में निर्णय लेने से पहले बार- बार विचार करें,डॉ महंत ने कहा कि छग की अस्मिता व छत्तीसगढ़ के विकास में योगदान देने वाले शिक्षा विदो का सम्मान बनाये रखना हर जन प्रतिनिधि का दायित्व भी है !

और भी

समय का सदुपयोग करने वाला ही सफलता प्राप्त करता है : ब्रह्माकुमारी सौम्या दीदी

विद्यार्थी जीवन हमारी जिन्दगी का सबसे सुनहरा समय...

रायपुर:  राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी सौम्या दीदी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन हमारी जिन्दगी का सबसे सुनहरा समय होता है। इसलिए एक-एक सेकण्ड का सदुपयोग अपने भविष्य को संवारने के लिए करना चाहिए। समय का सदुपयोग करने वाला व्यक्ति ही जीवन में सफल होता है।

ब्रह्माकुमारी सौम्या दीदी आज प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा चौबे कालोनी में आयोजित समर कैम्प में समय प्रबन्धन कला (टाईम मैनेजमेन्ट) विषय पर बच्चों को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने बच्चों को सुझाव देते हुए कहा कि अपने कार्यों को तीन भागों में बांट लेना चाहिए। अतिआवश्यक, आवश्यक और शेष बचे हुए कार्य। सबसे पहले अतिआवश्यक कार्य को पूरा करें। फिर आवश्यक और उसके बाद शेष रहे हुए कार्यों को निपटाना चाहिए।

उन्होंने आगे बतलाया कि समय के महत्व को समझने वाले व्यक्ति का जीवन मूल्यवान बन जाता है। समय को टेलीविजन देखने और मोबाईल में गेम खेलने में व्यतीत करना वास्तव में समय को बर्बाद करना है। जो महान लोग होते है वह अपने एक-एक मिनट का हिसाब रखते हैं। उसे सफल करने के लिए अपनी दिनचर्या बनाते हैं। इससे उनका जीवन सुव्यवस्थित हो जाता है।

ब्रह्माकुमारी सौम्या दीदी ने बच्चों को भी अपने समय का सही उपयोग करने के लिए प्रतिदिन की दिनचर्या बनाने का सुझाव दिया और कहा कि हमें हरेक कार्य का समय निश्चित कर लेना चाहिए। ताकि हमें पता रहे कि कब पढऩा है और कब खेलना तथा कितनी देर तक खेलना है। पढऩे के लिए सुबह का समय बहुत अच्छा होता है। क्योंकि उस समय हमारा दिमाग पूरी तरह से ताजगी से भरा (फ्रेश) होता है। इसलिए सुबह का पढ़ा हुआ विषय हमें अच्छी तरह से याद रहता है। इसके बाद सुबह के पढ़े हुए चेप्टर को सारे दिन में जब भी समय मिले दोहराने का अभ्यास करना चाहिए।

और भी

कलेक्टर और डीईओ ने परीक्षा परिणाम पर सभी बच्चों के प्रति स्नेह प्रकट किया

सारंगढ़ बिलाईगढ़: माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा दसवी और बारहवी बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषणा पर कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू और जिला शिक्षा अधिकारी एस एन भगत ने  सभी बच्चों पर समान रूप से अपना स्नेह प्रकट किया है । कलेक्टर साहू और डीईओ भगत ने अपने संदेश में कहा है कि जिले में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बहुत बहुत शुभकामनाएं एवम बधाई। ऐसे ही भविष्य में भी इस प्रकार से निरंतर आगे बढ़ते रहे। साथ ही वो सभी विद्यार्थी जो कम अंकों के साथ पास हुए या किसी कारण से अनुतीर्ण हो गए है, वो पुनः अच्छी तैयारी करे। कोई निराश न होवें। हमेशा ध्यान रखे कि कड़ी मेहनत से सफलता प्राप्त होती है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्य एवम शिक्षक को निर्देश दिया है कि वे अपने विद्यार्थी एवम उनके पालको से समन्वयक स्थापित कर बच्चों को मानसिक रूप से संबल प्रदान करें।

 
और भी

होनिशा ने कक्षा दसवीं की मेरिट सूची में हासिल किया दूसरा स्थान

कोपरा की होनिशा ने मेरिट सूची में जगह बनाकर जिले का नाम किया रौशन

गरियाबंद: दृढ़ निश्चय, आत्मविश्वास, मेहनत और लगन के साथ किए जाने वाले कार्यों में निश्चित ही सफलता मिलती है। इसका साक्षात उदाहरण आदिवासी और वनांचल बहुल गरियाबंद जिले की बेटी होनिशा साहू ने प्रस्तुत किया है। 

आज छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी कक्षा 10 वीं के परीक्षा परिणाम में कोपरा के सरस्वती शिशु मंदिर की छात्रा होनिशा ने मेरिट सूची में जगह बनाई है। उन्होंने 98.83 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में दूसरा स्थान हासिल किया है। डिप्टी कलेक्टर बनने के सपने संजोए होनिशा ने कड़ी मेहनत और लगन से पढ़ाई करते हुए यह सफलता हासिल की है। साथ ही मेरिट में जगह बनाकर जिले का भी नाम रौशन किया है। जिला पंचायत सीईओ रीता यादव ने होनिशा और उनके माता पिता को पुष्प गुच्छ भेंटकर इस सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत के अच्छे परिणाम आते है। दृढ़ निश्चय से किया गया काम निश्चित ही सफलता दिलाते है। इन्ही का परिणाम हम सबके सामने है। उन्होंने होनिशा को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

किसान परिवार की बेटी होनिशा के दृढ़ निश्चय और सफलता की ललक ने उन्हें प्रतिदिन 6-7 घंटा पढ़ाई करने को प्रेरित किया। जिसके फलस्वरूप मेरिट सूची में जगह बनाने का सपना पूरा हुआ। सिविल सर्विस परीक्षा पास कर डिप्टी कलेक्टर बनकर देश सेवा की चाह रखने वाली होनिशा ने बताया कि माता-पिता के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने हमेशा उन्हें बेहतर पढ़ाई कर उच्च स्थान हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और गुरुजनों को  दिया है। उन्होंने कहा कि इस सफलता से बहुत प्रसन्न हु। मेहनत करते रहने से निश्चित तौर पर मन मुताबिक लक्ष्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी कहा कि कड़ी मेहनत और लगन से हर कोई सफल हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता हासिल करने के लिए सोशल मीडिया का अधिक उपयोग नही करने की भी सलाह दी।

 
और भी

जिले की महक अग्रवाल ने कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया

 कक्षा 10 वीं के चार विद्यार्थियों ने टॉप टेन में जगह बनाई

 

महासमुंद: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की कक्षा 10वीं व 12वीं की मुख्य परीक्षा 2024 का परीक्षा परिणाम आज जारी हुआ। 12वीं बोर्ड की परीक्षा में महासमुंद जिले की छात्रा कु. महक अग्रवाल (वाणिज्य संकाय), ईवास वुडलैंड इंग्लिश स्कूल सरायपाली ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 


वहीं 10वीं बोर्ड की परीक्षा में जिले की चार विद्यार्थियों ने टॉप टेन में जगह बनाई। जिसमें छात्रा प्रेरणा साहू सेजेस इंग्लिश स्कूल नयापारा महासमुंद ने सातवां स्थान, रिया साहू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोरेसिंहा एवं डेनिशा प्रधान एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुण्डा सरायापाली ने 9वां स्थान तथा तेजस नायक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिबर्रा ने 10वां स्थान प्राप्त किया है। कलेक्टर प्रभात मलिक ने जिले के सभी उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने बच्चों से आगे भी ऐसे ही परीक्षा परिणाम लाने की उम्मीद जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

मालूम हो कि जिले में सत्र 2023-24 में कक्षा 10वीं के लिए 14127 विद्यार्थी पंजीकृत थे। जिनमें 13927 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जिले में 5041 छात्र और 6672 छात्राएं उत्तीर्ण हुई। इस तरह बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.83 प्रतिशत व बालिकाओं का 86.88 प्रतिशत रहा। कुल परीक्षा परिणाम 84.17 प्रतिशत रहा। इनमें 04 विद्यार्थियों ने टॉप 10 में जगह बनायी। इसी प्रकार जिले में कक्षा 12वीं में 10428 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें 10348 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जिसमें 3907 छात्र और 5569 छात्राएं उत्तीर्ण हुई। कक्षा 12वीं में बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.89 प्रतिशत एवं बालिकाओं का 93.62 प्रतिशत इस तरह जिले का 12वीं का कुल परीक्षा परिणाम 91.61 प्रतिशत रहा। जो राज्य के परीक्षा परिणाम से काफी बेहतर है। जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर बधाई दी है।  

ज्ञातव्य है कि पिछले सत्र में जिले का 12वीं का परीक्षा परिणाम 80.38 प्रतिशत व कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 74.97 प्रतिशत रहा था। इस तरह इस वर्ष कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम में 11.23 प्रतिशत एवं कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 9.2 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। 

 
और भी

छत्तीसगढ़ में 10वीं-12वीं बोर्ड के रिजल्ट जारी

रायपुर: छत्तीसगढ़ में कक्षा 10वीं और 12वीं के रिजल्ट जारी हो चुके हैं। CGBSC ने स्टूडेंट्स के परीक्षा परिणाम जारी कर दिये हैं। स्टूडेंट्स अपना रिजल्ट CGBSE की ऑफिशियल वेबसाइट cgbse.nic.in या results.cg.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। इस बार दोनों कक्षाओं के बोर्ड परीक्षा में 6 लाख 6 हजार 578 स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था। जिनमें 12वीं के 2.61 लाख और 10वीं के 3 लाख 45 हजार 543 स्टूडेंट्स परीक्षाओं में शामिल हुए थे। 

और भी

मौसम का यू टर्न, भोपाल-इंदौर सहित कई शहरों में पड़ीं बौछारें

भोपाल: अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से अरब सागर से हवाओं के साथ कुछ नमी आने लगी है। इसके चलते बुधवार को दोपहर के बाद मौसम ने यू टर्न ले लिया। आसमान में बादल छा गए और प्रदेश के अधिकतर शहरों में गरज-चमक होने के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी हुई। दिन का तापमान लुढ़कने से तपिश से कुछ राहत भी मिली।  मौसम का यू टर्न, भोपाल-इंदौर सहित कई शहरों में पड़ीं बौछारें, मप्र के 35 से जिलों में बारिश का अलर्टWeather of MP: मौसम का यू टर्न, भोपाल-इंदौर सहित कई शहरों में पड़ीं बौछारें, मप्र के 35 से जिलों में बारिश का अलर्ट मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। उधर गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक 43.7 डिग्री सेल्सियस तापमान गुना में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में उत्तरी हरियाणा पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात है। इस चक्रवात से लेकर एक द्रोणिका गुजरात होते हुए कर्नाटक तक बनी हुई है, जबकि इसी चक्रवात से लेकर दूसरी द्रोणिका उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड होते हुए असम तक बनी हुई है। उत्तर-पूर्वी अरब सागर पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में हवाओं का रुख दक्षिणी एवं दक्षिण-पश्चिमी बना हुआ है। हवाओं के साथ अरब सागर से कुछ नमी आने लगी है। इस वजह से पूरे प्रदेश में आंशिक बादल बने हुए हैं। इसके चलते पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान में कुछ कमी आने लगी है। साथ ही प्रदेश के अधिकतर शहरों में गरज-चमक के साथ वर्षा की स्थिति बन रही है। गुरुवार को भी प्रदेश के लगभग सभी संभागों के जिलों में रुक-रुककर वर्षा हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। उधर गुरुवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में सक्रिय होने की संभावना है। पिछले तीन दिनों से लगातार बढ़ रहे तापमान के बाद बुधवार की दोपहर से अचानक से मौसम बदल गया। बादलों ने डेरा डाल लिया और हवाएं चलने लगीं। शाम तक आंधी ने शहर को घेर लिया और उसमें कई स्थानों पर जहां पेड़ों की डाल टूटकर नीचे गिर गईं तो वहीं होर्डिंग्स, बैनर फट गए और टीन नीचे आ गए। आंधी से उठे धूल के गुबार के कारण लोगों को अपने वाहन रोकने पड़े और तूफान के शांत होने के बाद लोग वाहन आगे बढ़ा सके। तूफान के चलते शहर में कई क्षेत्रों में फाल्ट आने से बिजली की सप्लाई भी प्रभावित हुई। सुबह से ही तेज गर्मी रही और दोपहर तक घरों से निकलना कठिन हो गया था। दिन का पारा 41 डिग्री के आसपास पहुंच गया और दोपहर बाद से बदले मौसम के कारण तापमान में कमी आना शुरू हो गई। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। शहर के अलावा रीठी तहसील क्षेत्र में भी आधे घंटे तक हवाओं के साथ बारिश हुई। पीरबाबा के पास सड़क पर गिरा पेड़ आंधी व बारिश के बीच कई स्थानों पर पेड़ गिरने से परेशानी हुई।

और भी

स्ट्रांग रूम को किया गया सील

दुर्ग:  लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत लोकसभा क्षेत्र दुर्ग 07 में 7 मई 2024 को तीसरे चरण का मतदान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मतदान सफलता के पश्चात् ई.व्ही.एम. मशीन एवं व्ही.व्ही.-पैट को श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल विश्वविद्यालय जुनवानी भिलाई में बने स्ट्रांग रूम को सील कर दिया गया है। स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए है। साथ ही सीसी टीवी कैमरों के माध्यम से ईवीएम मशीनों पर निगरानी रखी जा रही है। केन्द्रीय सशस्त्र बल चौबीसो घंटे स्ट्रांग रूम की निगरानी करेंगे। मतगणना दिवस तक स्ट्रॉग रूम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्पेशल फोर्स की निगरानी में ही रखा जाएगा। सामान्य ऑब्जर्वर श्रीकेश लथकर (आईएएस) व एस.बी. शेट्टेनवर (आईएएस) व कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी व प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम को सील किया गया है। इस दौरान एडीएम अरविंद एक्का, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर बजरंग दुबे, अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, एसडीएम धमधा सोनल डेविड, एसडीएम दुर्ग मुकेश रावटे, संयुक्त कलेक्टर  हरवंश मिरी, डिप्टी कलेक्टर दीपक निकुंज, उत्तम ध्रुव, पंचभाई गुरूदत्त एवं अन्य अधिकारी अधिकारीगण मौजूद थे।

 

 

और भी