छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

देवउठनी आज रायपुर में सुबह से खूब बिक रहे गन्ने

रायपुर: छत्तीसगढ़ में कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी मतलब आज देवउठनी का पर्व मनाया जा रहा है। आज के दिन तुलसी माता का विवाह किया जाता है।

इसके लिए गन्ने से घरों में मंडप बनाया जाता है। राजधानी में इस बार गन्ना 60 रुपए से लेकर 120 रुपए जोड़ी तक मिल रहा है।

यह एकादशी तिथि भगवान विष्णु को समर्पित रहता है. पूरे विधि विधान से भगवान विष्णु की पूजा की जाती है. बताया जाता है कि एकादशी व्रत से विष्णु की विशेष कृपा और मृत्यु के बाद मोक्ष की प्राप्ति होती है. आज के दिन भगवान विष्णु चार महीने का शयन काल पूरा करने के बाद जागते हैं। 

 

और भी

महासमुंद के 26 हजार किसानों ने बेचा 11 लाख क्विंटल धान

महासमुंद: खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में जिले के धान खरीदी केन्द्रों पर शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य प्रगति पर है। जिले के 182 उपार्जन केंद्रों में धान उपार्जन हेतु जिले के एक लाख 58 हजार 739 किसान पंजीकृत है, जिनका पंजीकृत रकबा 02 लाख 28 हजार 614.5506 हेक्टेयर है।


तहसीलवार पंजीकृत कृषकों की संख्या कोमाखान में 18 हजार 255, पिथौरा में 32 हजार 863, बसना में 27 हजार 961, बागबाहरा में 15 हजार 666, महासमुंद में 36 हजार 901 एवं सरायपाली तहसील में 27 हजार 93 है। नोडल अधिकारी जी.एन. साहू ने बताया कि बुधवार तक जिले में 26 हजार 594 किसानों से 11 लाख 75 हजार 521 कि्ंवटल धान राशि 256 करोड़ 82 लाख का उपार्जन किया जा चुका है। किसानों द्वारा विक्रय की गई राशि उनके बचत खाते में 3 दिवस में भुगतान किया जा रहा है।

 

 

और भी

कोरिया में लगता है घुमक्कड़ों का जमावड़ा

कोरिया: कोरिया अपनी प्राकृतिक संसाधनों और सौंदर्य के लिए जाने जाते हैं। प्रकृति की गोद मे बसे और हरियाली की चादर से ढंके जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के बेहद नजदीक में एक ऐसा डैम है, जो प्रकृति प्रेमियों और घुमक्कड़ों की पहली पसंद है। खास तौर पर इस डैम पर सुबह सूरज उगते और शाम होते ही सूरज और सुंदर व आकर्षक नजर आता है। शाम होते ही घुमक्कड़ शांत और एकांत जगह की तलाश में निकल जाते है।

 प्रकृति प्रेमी जंगल और पहाड़ के नजारे देखकर बेहद रोमांचित होते हैं। अगर हम आपको कहें कि ऐसा नजारा आपके शहर और प्रदेश में है, तो आपको बेहद आश्चर्य होगा। लेकिन हां कोरिया जिले के बैकुंठपुर के बेहद नजदीक में एक ऐसा डैम है जो प्रकृति प्रेमियों और घुमक्कड़ों की पहली पसंद है।

 



इस खबर के बाद आपको शहर के नजदीक जंगल, पहाड़, नदी और तालाब तलाश की तलाश दूर हो जायेगी। यह स्थल आपको अलग तरह की अनुभूति प्रदान करेगा। यहां हर सुबह-शाम शहरवासी घूमने आते हैं, वहीं सुबह से शाम तक यह स्थल मन को सुकून देने का भी महत्वपूर्ण स्थान भी है!

 



बैकुंठपुर नगर पालिका व कोरिया पैलेस से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर झुमका डैम मशहूर है, जो दूर से पहाड़ देखते ही मन कह उठता है, थैक्स गॉड.! इसकी खूबसूरती इतनी है कि हर शाम सनसेट देखने शहरवासी यहां घूमने आते हैं।

 



अगर आप भी अपने परिवार, दोस्त या पार्टनर के साथ सुकून के पल बिताना चाहते हैं तो  झुमका डैम आपके लिए बेस्ट ऑप्शन होगा। वहीं कोरिया घूमने आए प्रकृति प्रेमियों के पास कम समय है तो वो लोग इस डैम को घूमकर प्रकृति के अनुपम धरोहर के साथ रोमांचित हो सकते है। हालांकि बरसात के मौसम में इसका नजारा और भी मनोरम हो जाता है। वैसे डैम के पानी का  सिंचाई कार्य के लिए भी उपयोग किया जाता है।

बोट की भी सुविधा है, जो बेहद रोमांचक होते हैं, बाहर से आने वाले पर्यटक इसका लुत्फ उठाए नहीं रहते। वैसे तो कोरिया हो या सरगुजा संभाग अपनी प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाने जाते हैं। यहाँ ऐसे अनेक पर्यटन स्थल है, जो मन को बरबस अपनी ओर खींच लेती है।

और भी

झारसुगुड़ा गोंदिया मेमू स्पेशल की समय-सारणी में परिवर्तन...

 रायपुर: रेलवे प्रशासन ने 1 दिसंबर से 08862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर स्पेशल की समय सारणी में अंशिक परिवर्तन किया है। जिसकी विस्तृत जानकारी इस प्रकार है...

और भी

इज़राइल युद्धविराम पर सहमत, हमास 50 बंधकों को करेगा रिहा

तेल अवीव: इजराइली कैबिनेट ने 7 अक्टूबर को युद्ध शुरू होने के बाद से गाजा में बंधक बनाए गए महिलाओं और बच्चों सहित 50 बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए चार दिवसीय युद्धविराम और हमास के साथ एक समझौते पर सहमति व्यक्त की है। हालांकि, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार देर रात कैबिनेट बैठक में कहा कि देश युद्ध नहीं रोकेगा।

एक बयान में, इजराइली प्रधान मंत्री कार्यालय ने कहा कि समझौते के तहत, प्रत्येक अतिरिक्त 10 बंधकों की रिहाई से लड़ाई में रुकावट एक दिन बढ़ जाएगी।बुधवार सुबह हमास ने कहा कि समझौते के तहत इजराइली जेलों में बंद 150 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया जाएगा।

बयान में कहा गया है कि कैदियों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। हमास के बयान में कहा गया है कि इस सौदे में गाजा के सभी हिस्सों में सहायता राहत, चिकित्सा आपूर्ति और ईंधन ले जाने वाले सैकड़ों ट्रकों का प्रवेश भी शामिल है। रिपोर्ट के अनुसार, बंधकों के पहले समूह की रिहाई जल्द ही होगी। कतर और अमेरिका युद्धविराम के लिए इजराइल और हमास दोनों के साथ सक्रिय मध्यस्थता वार्ता में शामिल रहे हैं।

संघर्ष विराम का विरोध करने वालों ने इज़राइली कैबिनेट को चेतावनी दी कि यह आंशिक बंधक समझौता कैद में रखे गए सभी लोगों को सुरक्षित करने की प्रक्रिया को पटरी से उतार देगा और यह गाजा में आतंकवादी समूह के खिलाफ सैन्य हमले को जटिल बना देगा।

हालांकि नेतन्याहू ने कहा, हम युद्ध में हैं और तब तक युद्ध में बने रहेंगे जब तक हमास को नष्ट करने और हमारे सभी बंदियों को रिहा करने सहित हमारे उद्देश्य पूरे नहीं हो जाते। इज़रायली अधिकारियों ने कहा है कि गाजा में कम से कम 236 बंधक हैं।

और भी

ओखा-शालीमार एक्सप्रेस में छापा, पेंट्रीकार में मिले चार गैस सिलेंडर जब्त, मैनेजर पर मामला दर्ज

रायपुर:  अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत ट्रेनों के पेंट्रीकार में जांच जारी है। मंगलवार को रेलवे वाणिज्य विभाग की टीम ने ओखा-शालीमार एक्सप्रेस में दबिश देकर पेंट्रीकार का जायजा लिया। इस दौरान चार गैस सिलिंडर व चार चूल्हा जब्त किए गए। इस मामले में पेंट्रीकार मैनेजर के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है।

ट्रेनों की पेंट्रीकार में खाना पकाना प्रतिबंधित है। इसलिए संचालक इसमें गैस सिलिंडर, चूल्हा य अन्य कोई ज्वलनशील वस्तु नहीं रख सकता। यह नियमों का उल्लंघन है। हालांकि प्रतिबंध के बाद भी आदेश का पालन नहीं हो रहा है और पेंट्रीकार में चोरी-छिपे गैस सिलिंडर का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह ट्रेनों में आग लगने की सबसे बड़ी वजह है। आग लगने की यह घटना मानव जीवन एवं रेल संपदा के लिए सबसे गंभीर क्षति में एक है।

बता दें कि यात्रियों को ट्रेनों में यात्रा के दौरान अग्नि सुरक्षा के महत्व से अवगत कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही लोगों से ज्वलनशील वस्तुएं लेकर सफर नहीं करने की अपील की जा रही है। इस अभियान के तहत वाणिज्य विभाग पेंट्रीकार की जांच कर रहा है। इसी के तहत वाणिज्य विभाग की टीम ने 22905 ओखा-शालीमार एक्सप्रेस में जांच की। पेंट्रीकार के पैनल के अंदर में चार सिलिंडर के अलावा चार गैस चूल्हे जब्त किए।

 

 

और भी

मतगणना के लिए मास्टर ट्रेनर्स ने दिया प्रशिक्षण

जगदलपुर: विधानसभा निर्वाचन-2023 के तहत 3 दिसंबर होने वाले मतगणना के लिए चार जिलों बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर का प्रशिक्षण जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में दिया गया। राज्य निर्वाचन कार्यालय से पहुंचे मास्टर ट्रेनर द्वारा मतगणना के पूर्व तैयारी, मानव संसाधन व आवश्यक संसाधन की व्यवस्था, डाक मतपत्र की गणना, ईव्हीएम से मतगणना की व्यवस्था, मतगणना साफ्टवेयर, इंडेक्स कार्ड भरने की व्यवस्था जैसे अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। मतगणना दिवस के लिए स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्ष में की जाने वाली नियमों का पालन की विस्तृत जानकारी दी गई। डाक मतपत्र की गणना, कंट्रोल यूनिट का गणना की संपूर्ण प्रक्रिया को समझाया गया।

इस प्रशिक्षण पर सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी हितेश बघेल प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर रूपेश वर्मा, रश्मि वर्मा, सुनील शर्मा सहित चारों जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारी,सभी रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारी, एनआईसी के सूचना अधिकारी और जिलों के प्रशिक्षक भी उपस्थित थे।

और भी

नक्सलियों ने दी युवक को मौत की सजा

कांकेर: नक्सलियों की कायराना करतूत सामने आई है। कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा क्षेत्र के ग्राम गोमे में नक्सलियों ने जन अदालत लगाकर ग्रामीण युवक को मौत की सजा देने की सूचना दी है। नक्सलियों ने घटनास्थल पर बैनर भी फेंका है।

जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने ग्राम गोमे में जनअदालत लगाकर हत्या करने की बात कही है. मृतक युवक का नाम अमर सिंह उइका बताया जा रहा है। नक्सलियों ने घटनास्थल पर बैनर भी फेंका है। युवक अमर सिंह पर डीआरजी के लिए मुखबिरी कर दो ग्रामीणों की हत्या करने का नक्सलियों ने आरोप लगाया है. इस घटना की जिम्मेदारी रावघाट एरिया कमेटी ने ली है। वहीं इस मामले में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने कहा है कि घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच की जा रही है।

और भी

एक्जिट पोल पर 30 नवम्बर तक प्रतिबंध

अम्बिकापुर: निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव अंतर्गत 7 से 30 नवम्बर तक किसी भी प्रकार के एग्जिट पोल का आयोजन करने तथा प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया द्वारा इसके परिणाम के प्रकाशन, प्रचार व किसी भी अन्य तरीके से उसके प्रचार-प्रसार पर प्रतिबंध लगाया है।


निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना प्रकाशित की है, जिसमें लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 126 क में निर्देश दिया है कि कोई भी व्यक्ति कोई निर्गम मत (एग्जिट पोल) सर्वेक्षण नहीं करेगा और राज्य के किसी मतदान क्षेत्रों में मतदान की समाप्ति के लिए नियत समय पर समाप्त होने वाले 48 घण्टों के दौरान किसी भी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में किसी भी ओपिनियन पोल व किसी अन्य मतदान सर्वेक्षण के परिणामों सहित किसी भी प्रकार के निर्वाचन संबंधी मामले के प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा।

 

उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के पत्र क्रमांक 491, 25 अक्टूबर 2013 में उल्लेख किया गया है कि निर्वाचन प्रचार से संबंधित विधिक उपबंध सोशल मीडिया पर उसी तरह लागू होते हैं जैसे वे किसी अन्य मीडिया का इस्तेमाल करके किए जाने वाले निर्वाचन प्रचार के किसी अन्य रूप पर लागू होते हैं। इसलिए सोशल मीडिया में भी एग्जिट पोल का आयोजन और परिणाम का प्रकाशन, प्रचार-प्रसार प्रतिबंधित है। अधिसूचना अनुसार इस धारा के उपबन्धों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पर दण्ड के रूप में दो वर्ष तक के कारावास या जुर्माने या दोनों का प्रावधान है।

 

 

 
और भी

छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार महिलाओं ने संभाली मतदान की जिम्मेदारी

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी के रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के सभी 201 मतदान केंद्रों में इस बार सिर्फ महिलाओं ने मतदान कराने की जिम्मेदारी संभाली। प्रदेश में पहली बार किसी विधानसभा क्षेत्र का जिम्मा पूरी तरह महिलाओं को मिला।

यहां पीठासीन से लेकर मतदान अधिकारी तक सभी महिलाएं ही थीं। 804 महिलाएं प्रत्यक्ष जबकि 200 महिलाएं विशेष परिस्थितियों के लिए तैनात थीं। पर्यवेक्षक भी महिला आइएएस विमला आर थीं। प्रदेश की मुख्य चुनाव अधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले भी महिला हैं।



कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने कहा, निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होते ही हमें यह विचार आया कि क्यों न जिले की एक विधानसभा में निर्वाचन का पूरा दायित्व महिलाओं को सौंपा जाए। सभी ने इसे सराहा। महिलाएं भी हमारे भरोसे पर खरी उतरीं।

रायपुर उत्‍तर विधानसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला
रायपुर की उत्‍तर विधानसभा सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। दरअसल, कांग्रेस ने संसदीय सचिव कुलदीप जुनेजा को चुनावी मैदान में उतारा है तो वहींं कांग्रेस के ही बागी अजीत कुकरेजा निर्दलीय चुनाव लड़ने से इस सीट पर मुकाबला रोचक हो गया है। वहीं भाजपा प्रत्‍याशी पुरंदर मिश्रा भी मजबूत चुनौती दे रहे हैं।

बतादें कि वर्ष 2008 के परिसीमन में बनी रायपुर उत्तर सीट के मतदाता हर चुनाव में अलग-अलग पार्टी के विधायक चुनते आ रहे हैं। इस सीट पर सिंधी समाज, उत्कल समाज, गुजराती समाज, सिख समाज, मुस्लिम और ब्राम्हण मतदाताओं की संख्या लगभग-लगभग बराबर है। यही कारण है कि यहां कांग्रेस और भाजपा की तरफ से समाज विशेष का उम्मीदवार मैदान में उतारा जाता है।



विधानसभा क्षेत्र के परिसीमन के बाद हुए पहले चुनाव में कांग्रेस के सिख समाज के नेता कुलदीप जुनेजा ने जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने पिछले तीनों चुनाव में जुनेजा को उम्मीदवार बनाया, जिसमें से वह दो बार जीते। जबकि भाजपा ने सिंधी समाज के नेता श्रीचंद सुंदरानी को मैदान में उतारा तो उन्होंने 2013 में जीत दर्ज की थी। वर्तमान विधायक कुलदीप जुनेजा की पार्टी सरकार में है, इसलिए जनता को उनसे ज्यादा उम्मीद भी है।

और भी

विधायक प्रतिनिधि कमल के साथ ओपी चौधरी की नोकझोंक

रायगढ़: मतदान के दौरान बीजेपी प्रत्याशी ओपी चौधरी पंचधार के बूथ पर जाकर मतदाताओं से वोट की अपील कर रहे थे। विधायक प्रतिनिधि कमल प्रधान तथा ग्रामीणों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई । जिसके बाद कमल प्रधान और ओपी चौधरी के मध्य तीखी बहस हुई। कमल प्रधान का कहना था कि कोई भी प्रत्याशी मतदाता को बूथ के अंदर वोट की अपील नहीं कर सकता।


ओपी चौधरी का कहना था कि वो केवल वोटरों से मिल रहे हैं जबकि ग्रामीणों का कहना था कि वो बूथ के अंदर वोट मांग रहे थे।बताया जा रहा है कि दोनों के बीच गाली गलौज भी हुआ।उसके बाद नगर पंचायत सरिया के अध्यक्ष और सुखदेव दीवान के साथ कमल प्रधान की बहस हुई।

 
ततपश्चात कांग्रेस नेता विधायक प्रकाश नायक के भाई कैलाश नायक और कई कांग्रेस कार्यकर्ता पोलिंग बूथ पर पहुंच गए जिसके बाद दोनो पक्षों द्धारा जोरदार बहस हुआ। जिसकी सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस बल पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया। वही इस दौरान कांग्रेस मुर्दाबाद के नारे भी ग्रामीणो ने लगाए।

 


शहर में सभी पोलिंग बूथ के बाहर मतदाताओं का नाम से लेकर अन्य सुविधाएं के लिए राजनीतिक दलों ने टेंट लगाकर मदद को बैठे थे। वही कई मतदान केंद्र में निर्दलीय उम्मीदवार को सहयोग करने के लिए एजेंट नही मिला। राजनीतिक दलों को बच्चों को मतदान केंद्र के बाहर सहायता केंद्र के टेंट पर बैठाना पड़ गया।

हॉट सीट रायगढ़ खरसिया में छिटपुट वाद विवाद
हॉट सीट रायगढ़ खरसिया विधानसभा में रायगढ़ के बाद सबसे अधिक विवाद होने की सूचना अलग अलग मतदान केंद्र से मिली है। बताया जा रहा है कि शहर सहित कुछ ग्रामीण अंचल में छिटपुट विवाद हुआ है। हालांकि यह आपस मे ही बाद में खींचतान समाप्त हो गया। वही दोनों मुख्य दल के प्रत्याशी दिन भर शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों में दौरा करते नजर आए। सरिया में रायगढ़ कांग्रेस उम्मीदवार के भाई एवं उनके प्रतिनिधि को घेर लिया गया था। जिसके चलते यहां का माहौल गरमा गया। पुलिस की मध्यस्थता से मामला शांत हुआ।

 

 

 
और भी

नक्‍सलियों ने की युवक की गोली मारकर हत्‍या

कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबरों के अनुसार नक्‍सलियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्‍या कर दी है। नक्‍सलियों को शक था कि युवक पुलिस का मुखबिर है। बताया जा रहा है कि नक्‍सलियों ने पहले युवक को अगवा कर लिया इसके बाद गोली मारकर उसकी हत्‍या कर दी। घटना कांकेर लहरी थाना क्षेत्र की है।


जानकारी के अनुसार कांकेर जिले के लहरी थाना क्षेत्र में नक्‍सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है युवक फुटबाल खेलने गया था। इसी दौरान नक्‍सलियों उसे अगवा कर‍ लिया। इसके बाद नक्‍सलियों ने उसकी हत्‍या कर दी।

मोबाइल टावर के जनरेटर में नक्सलियों ने की आगजनी

इधर, कांकेर के छोटेबेटिया थाना क्षेत्र के अचिनपुर गांव में बीती रात नक्सलियों ने मोबाइल टावर के जनरेटर में आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों एवं घटते जनाधार से बौखलाहट में आकर नक्सलियों द्वारा इस प्रकार घटना को अंजाम दिया गया है।

मामले में सज्ञान लेते हुए पुलिस द्वारा अग्रिम करवाई की जा रही है। वहीं पिछले कुछ दिनों से बस्तर में नक्सलियों द्वारा लगातार अपनी मौजूदगी का एहसास दिला रहे। पिछले दिनों बांदे क्षेत्र में चुनाव के दिन मुठभेड़ की घटना हुई थी। जिसमें एक ग्रामीण को गोली लगी जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। साथ चुनाव के एक दिन पहले भी योजनाबद्ध तरीके से सुरक्षा बल व मतदानकर्मियों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से बम विस्फोट किया था। इसमें एक जवान घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

साथ ही मोरखंडी गांव में मुखबिरी के शक में दो ग्रामीणों की हत्या कर शव को गांव से बाहर फेंक दिया था। इसके अलावा बांदे क्षेत्र में ही पांपलेट लगाकर क्षेत्र में दहशत फैलाने का असफल प्रयास किया। वहीं कांकेर जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर बार देवरी में बैनर पोस्टर नक्सलियों द्वारा पुन: भय फैलाने की कोशिश की गई। वहीं कई दिनों से कांकेर जिले में नक्सलियों का उत्पात का ग्राफ बढ़ते हुए दिखाई दिया।

और भी

मतदान दल को निशाना बनाकर नक्सलियों ने किया विस्फोट....

गरियाबंद: जिले में नक्‍सलियों ने मतदान दल को निशाना बनाने का प्रयास किया है। जानकारी के अनुसार नक्‍सलियों ने मतदान करा कर लौट रहे मतदान दल के रास्‍ते में विस्‍फोट कर दिया।


मतदान दल से कुछ दूरी पर हुए इस विस्‍फोट में कुछ मतदान कर्मियों को मामूली चोट अई है, लेकिन घटना के बाद सर्चिंग पर निकले आईटीबीपी के कुछ जवानों के घायल होने की सूचना आ रही है।

 

बताया जा रहा है कि घटना गरियाबंद के बड़े कोबरा के पास हुई है। घायल जवानों को लाने के लिए मैनपुर से एंबुलेंस रवाना कर दिया गया है। विस्‍तृत खबर की प्रतिक्षा की जा रही है।

 

 

 
और भी

विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान समाप्त

रायपुर: विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 70 सीटों के लिए मतदान समाप्त हो गया। सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे सम्पन्न हुआ। मतदान करने की समयवधि समाप्त हो गयी है लेकिन जो लोग मतदान केंद्र के भीतर हैं उन्हें मतदान करने की अनुमति दी जाएगी।


इसमें से केवल बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नौ मतदान केंद्रों कामरभौदी, आमामोरा, ओढ, बड़े गोबरा, गंवरगांव, गरीबा, नागेश, सहबीनकछार और कोदोमाली में सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हुआ जो दोपहर तीन बजे तक चला।

 


निर्वाचन आयोग ने 3 बजे तक के वोटिंग के आंकड़े जारी किया है. जिसमें पूरे 70 सीटों में 55.31 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिसमें से धमतरी जिले में सबसे अधिक मतदान हुआ है. वहीं गौरेला पेण्ड्रा मरवाही जिले में सबसे कम मतदान हुआ है।

 



राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण में मतदान वाले 70 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 958 उम्मीदवार मैदान में हैं. जिनमें 827 पुरूष, 130 महिला और एक तृतीय लिंग हैं।

 



विधानसभा आम निर्वाचन के लिए दूसरे चरण में भरतपुर-सोनहट, मनेन्द्रगढ़, बैकुंठपुर, प्रेमनगर, भटगांव, प्रतापपुर, रामानुजगंज, सामरी, लुण्ड्रा, अम्बिकापुर, सीतापुर, जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव, लैलूंगा, रायगढ़, सारंगढ़, खरसिया, धर्मजयगढ़, रामपुर, कोरबा, कटघोरा, पाली-तानाखार, मरवाही, कोटा, लोरमी, मुंगेली, तखतपुर, बिल्हा, बिलासपुर, बेलतरा, मस्तूरी, अकलतरा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, चंद्रपुर, जैजैपुर, पामगढ़, सराईपाली, बसना, खल्लारी, महासमुंद, बिलाईगढ़, कसडोल, बलौदाबाजार, भाटापारा, धरसींवा, रायपुर ग्रामीण, रायपुर नगर पश्चिम, रायपुर नगर उत्तर, रायपुर नगर दक्षिण, आरंग, अभनपुर, राजिम, बिन्द्रानवागढ़, सिहावा, कुरूद, धमतरी, संजारी-बालोद, डौंडीलोहारा, गुण्डरदेही, पाटन, दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, भिलाई नगर, वैशाली नगर, अहिवारा, साजा, बेमेतरा और नवागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग हुई।

 

 

 
और भी

कलेक्टर ने सपरिवार किया मतदान

धमतरी: शुक्रवार को निर्वाचन तिहार के दिन कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतुराज रघुवंशी ने सपरिवार  रुद्री मतदान केंद्र में पहुंच कर मतदान किया।

इस अवसर पर कलेक्टर ने लाइन में लगकर लोगों के साथ मतदान किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने मतदान के लिए साथ में लाइन में लगे मतदाताओं के साथ चर्चा करते हुए उनसे व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में जानकारी ली।



उन्होंने मतदान देने के बाद सेल्फी जोन में जा कर पत्नी के संग सेल्फी भी खिंचवाई।

कलेक्टर ने सेक्टर अधिकारी एवं बूथ लेवल अधिकारियों से संपर्क कर उनसे जानकारी ली और अच्छे कार्य के लिये उत्साहवर्धन भी किया एवं दिव्यांगों को सहायता प्रदान करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने मतदाताओं के लिए की गई सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

और भी

संगवारी केंद्र के लिए रवाना हुई महिला मतदान कर्मी

बिलासपुर: जिले में विधानसभा निर्वाचन के लिए 06 विधानसभाओं में 60 संगवारी मतदान केन्द्र बनाएं गए हैं। इन केन्द्रों में मतदान से लेकर सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी महिलाएं ही संभालेंगी। कोनी स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर से आज मतदान दलों को सामग्री वितरण कर मतदान केन्द्रों की ओर रवाना किया गया। संगवारी मतदान केन्द्र की जिम्मेदारी मिलने पर महिलाएं उत्साहित हैं। महिलाओं ने कहा कि मतदान कराने की इस महती जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे।

और भी

रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट में कड़ी टक्कर

रायपुर: शहर की चार में से एक दक्षिण विधानसभा सीट सबसे ज्यादा हाट सीट बन गई है। दोनों ही राजनीतिक दलों के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का विषय बन गई है। लोगों में गुरु और शिष्य के बीच की लड़ाई चर्चा का विषय बनी हुई है। भाजपा पर सीट बचाने तथा कांग्रेस पर दक्षिण के अभेद्य किले को जीतने की चुनौती है।


भाजपा से लगातार सात बार के विधायक बृजमोहन अग्रवाल चुनावी मैदान में हैं, वहीं कांग्रेस से महंत रामसुंदर दास हैं। दोनों ही प्रमुख पार्टियों के उच्च पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि मतदान के मार्जिन से कोई लेना देना नहीं है। किसी भी हालत में केवल जीत चाहिए। यहां के लोगों का कहना है कि 12 प्रत्याशियों के नाम वापसी के चलते चुनावी समीकरण काफी दिलचस्प हो गया है। इससे पहले के चुनावों में दक्षिण से सर्वाधिक प्रत्याशी मैदान में होते थे।

यह है दिलचस्प पहलू
मालूम हो कि वर्ष-2018 के चुनाव में प्रदेशभर में कांग्रेस की लहर थी, लेकिन उस समय भी दक्षिण से भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस बार महंत रामसुंदर दास कांग्रेस से चुनाव लड़ रहे हैं। महंत रामसुंदर दास दूधाधारी मठ के प्रमुख हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल मठ के अनुयायी हैं। बताया जाता है कि वे स्टूडेंट लाइफ से ही मठ के कार्यक्रम में जाते रहे हैं।

मतदाताओं की स्थिति
रायपुर दक्षिण में मतदाताओं की संख्या दो लाख 59 हजार 349 हैं। इसमें से करीब 28 हजार मुस्लिम और 27 हजार ब्राह्मण मतदाता हैं। बृजमोहन अग्रवाल दक्षिण से लगातार सात बार चुनाव जीतते आ रहे हैं। अविभाजित मध्य प्रदेश में भी वे विधायक थे। उन्हें भारी जनसमर्थन मिलता रहा है। वे जमीन से जुड़े नेता माने जाते हैं। वर्ष-1990 से लगातार विधायक बने हैं। यही उनकी लोकप्रियता का राज है। वहीं महंत रामसुंदर दास भी जांजगीर चांपा से दो बार के विधायक रह चुके हैं। उनका व्यक्तित्व आध्यात्मिक -धार्मिक है। वे जनमानस से गहराई से जुड़े हुए हैं।

कांग्रेस और भाजपा की ओर से एक-दूसरे पर बयानबाजी का दौर जारी है। पिछले दिनों तो एक प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के दौरान धक्कामुक्की की घटना हो गई थी।प्रत्याशी ने जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया था। इस पर दूसरी पार्टी ने इसे केवल एक चुनावी स्टंट कहा था।

 

 

और भी

बालोद की तीनों सीटों पर 17 नवंबर को होगा मतदान

मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुई पोलिंग पार्टी

बालोद: दूसरे चरण के लोकतंत्र के प्रहरी मतदान सामग्री लेकर अपने अपने मतदान केंद्रों की ओर रवाना होने लगे हैं।चुनाव में होने वाले मतदान को लेकर जिले में विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के लिए मतदान सामग्री वितरण का कार्य सुचारू रूप से जारी है। सामग्री वितरण स्थल लाइवलीहुड कालेज पाकुरभाट में गुरुवार की सुबह 6 बजे से ही मतदान दल के अधिकारी कर्मचारी मतदान सामग्री स्थल में पहुंचकर निर्धारित काउंटर से मतदान सामग्री प्राप्त किए।

 
इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुलदीप शर्मा ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान कर्मियों से बातचीत कर जानकारी भी ली। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक, अपर कलेक्टर शशांक पांडे एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सुबह 8 से 5 बजे तक ही मतदान
उल्लेखनीय है कि बालोद जिले में कुल 6 लाख 88 हजार 281 मतदाता है, जिनमें महिला मतदाताओं की संख्या 3 लाख 49 हजार 688 है तथा पुरूष मतदाताओं की संख्या 3 लाख 38 हजार 582 है। जिले के 50 प्रतिशत मतदान केंद्रों का वेबकास्टिंग किया जाएगा। इसके अलावा जिले के प्रत्येक विधानसभा के 10-10 सहित कुल 30 मतदान केंद्रों का प्रबंधन महिला मतदान कर्मियों के द्वारा किया जाएगा जिसे संगवारी मतदान केंद्र का नाम दिया गया है। इसी तरह जिले के प्रत्येक विधानसभा के 01-01 मतदान केंद्रों का प्रबंधन दिव्यांग मतदान कर्मियों तथा सबसे युवा मतदान कर्मियों के द्वारा किया जाएगा। जिले में मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।

84 मतगणना सहायक की लगाई गई ड्यूटी
उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक ने बताया कि जिल में कुल 814 मतदान केंद्र है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन कार्य हेतुु जिले में 12 जोनल अधिकारी, 73 सेक्टर अधिकारी, 73 सेक्टर पुलिस अधिकारी, 73 चिकित्सा अधिकारी, 42 मतगणना पर्यवेक्षक और 84 मतगणना सहायक की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि 814 मतदान केंद्रों के लिए 814 पीठासीन अधिकारी, 814 मतदान अधिकारी क्रमांक 01, 814 मतदान अधिकारी क्रमांक 02, 814 मतदान अधिकारी क्रमांक 03 एवं 1 हजार 700 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही रिजर्व मतदान दलो हेतु 82 पीठासीन अधिकारी, 82 मतदान अधिकारी क्रमांक 01, 82 मतदान अधिकारी क्रमांक 02, 82 मतदान अधिकारी क्रमांक 03 और 170 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

90 माईक्रो आब्जर्वर तथा 814 बीएलओ की लगाई गई ड्यूटी

इसी तरह निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु 164 वाहन प्रभारी/गाईड, 50 शासकीय वाहन चालक, 90 माईक्रो आब्जर्वर तथा 814 बीएलओ. की ड्यूटी लगाई गई है। चंद्रकांत कौशिक ने आगे बताया कि वीडियो निगरानी टीम में 09 सदस्य, वीडियो अवलोकन टीम में 09 सदस्य, व्यय लेखा टीम में 09 सदस्य, व्यय मॉनीटरिंग टीम में 03 सदस्य, कन्ट्रोल रूम में 09 सदस्य, कॉल सेन्टर में 01, मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनीटरिंग कमेटी में 10 सदस्य, उडनदस्ता में 90, सांख्यिकीय सर्वेलेंस टीम में 90, व्यय अनुवीक्षण सेल में 03 तथा 03 सहायक व्यय प्रेक्षक और 01 आयकर निरीक्षक की ड्यूटी लगाई गई है।

जिले में पर्याप्त बल उपलब्ध
एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि जिले के सभी 814 मतदान केंद्रों में सुरक्षा जवान तैनात रहेँगे। जिले में आईटीबीपी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीएफ के जवान आये हुए है। संवेदनशील क्षेत्र जैसे महामाया, डौंडी और गुरुर के कुछ क्षेत्र के मतदान केंद्रों में जवानों की तैनाती रहेगी। एसपी ने आगे बताया कि जिले में पर्याप्त बल उपलब्ध हैं।

164 बसों को किया गया रिजर्व
उप निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक ने बताया कि आज सुबह 6 बजे से स्ट्रांग रूम से मतदान दल को रवाना किया जा रहा है। मतदान दलों को केंद्रों तक भेजने के लिए कुल 164 बसों को रिजर्व किया गया है, प्रत्येक केंद्रों में 4 कर्मचारी यानि की 814 केंद्रों में 3 हजार 256 मतदान कर्मचारी मतदान सम्पन्न करवाएंगे। वही जिले के गुंडरदेही विधानसभा अंतर्गत खर्रा व चिचबोड़ एवं डौंडीलोहारा विधानसभा अंतर्गत डूमरपाल को क्रिटिकल मतदान केंद्र बनाया गया है। क्रिटिकल मतदान केंद्र मतलब की यहां बीते चुनाव में 75 प्रतिशत से अधिक प्रत्याशी को मत और केंद्र में कुल 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था। जिसके चलते इस केंद्र को क्रिटिकल मतदान केंद्र बनाया गया है।

संवेदनशील मतदान क्षेत्र

संजारी बालोद विधानसभा- मालगांव, मुल्ले, हर्राठेमा, गोड़पाल, हितेकसा, नारागांव, बड़भूम, पेटेचुवा

डौंडीलोहारा विधानसभा- आमाबाहरा, खलबत्तर, पीपरखार, कुमुड़कट्टा, झीक़ाटोला, कटरेल, बिटाल, धोबेदंड, कोड़ेकसा, ब्रम्हनी, घोटिया, मरकाटोला, आमाडुला, नलकसा, कोपेडेरा सहित अन्य।

 

 

और भी