छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

भाजपा कार्यकर्ताओं पर जिला बदर की कार्रवाई तानाशाही : बृजमोहन

 सदन में गरजे विधायक अग्रवाल

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को विधानसभा के शुन्यकाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर जिला बदर की कार्रवाई का मुद्दा उठाया। सदन में चेतावनी भरे लहजे में उन्होंने कहा कि जो लोग यह सोचते हैं कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज कर, उन पर जिला बदर की कार्रवाई कर उनकी आवाज दबा देंगे, उनके नेतृत्व में हो रहे जन आंदोलन को कुचल देंगे, वह अपनी गलतफहमी दूर कर ले।

ऐसी सोच रखने वालों की ही मानसिकता को हम कुचल कर रख देंगे। हमारा कार्यकर्ता कमजोर नहीं है। बृजमोहन ने सदन में सरकार से पूछा कि हमारे भाजपा के सौरभ सिंह, विजय शर्मा, कैलाश चंद्रवंशी पर कौन सा आपराधिक केस है?

 

उन्होंने पूछा कि क्या जनता के लिए आंदोलन करना उनकी आवाज उठाना अपराध है? राजनीति से जुड़े लोगों को जनता की समस्याओं को लेकर आवाज उठाने पर कलेक्टर द्वारा जिला बदर का नोटिस देना उचित है? बृजमोहन ने कहा इस देश में राजनीतिक दल को कुचलने की मंशा कभी सफल नहीं हुई है।
 

इस संबंध में सदन परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जो दल विपक्ष में बैठा रहता है वह सरकार की कमी कमजोरियों को लेकर आंदोलन धरना प्रदर्शन करता है। परंतु इन बातों को आधार बनाकर राजनीतिक दलों के नेताओं को जिला बदर की नोटिस देना तानाशाही पूर्ण कार्यवाही है। यह हमें इंदिरा जी की याद दिलाता है।
 

बृजमोहन ने कहा की कवर्धा के मंत्री विधायक कहते हैं हम उनको जेल में भेजेंगे। उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।

हम ने कहा कि ऐसी मानसिकता वाले लोगों की मानसिकता को कुचलने की ताकत हम रखते हैं। भारतीय जनता पार्टी डरने वाली नहीं है। घबराने वाली नहीं है। हम इसका माकूल जवाब देंगे। और किसी मंत्री के द्वारा खड़े होकर बीजेपी कार्यकर्ताओं को जेल में डालने की कार्रवाई को सही बताना, जिला बदर की कार्रवाई को सही बताना। यह दाल में कुछ काला होने स्पष्ट संकेत है। केवल राजनीतिक कारणों से बीजेपी की कार्यकर्ताओं के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की जा रही है इसका हम डटकर विरोध करेंगे।

 

 

 
और भी

शासकीय अस्पतालों में सुविधाओ का शीघ्र होगा विस्तार : कलेक्टर

गौठानो में नियमित गोबर खरीदी नहीं होने पर जताई नाराजगी

बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  कलेक्टर रजत बंसल ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभागार में समय सीमा के तहत विभागीय कार्याे की काम काज की समीक्षा की है। उन्होंने आयुष्मान एवं जीवन दीप समिति से मिले पैसों से मिले शासकीय अस्पतालों में सुविधाओ का विस्तार करनें के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए है। साथ ही नशा उन्मूलन एवं तंबाकू नियंत्रण पर जोर देते हुए निर्धारित कानूनों के तहत कार्रवाई करनें कहा है।


बैठक में गौधन न्याय योजना के तहत गौठानों में नियमित गोबर खरीदी नही होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी जनपद सीईओ को फटकार लगाई है। इसके साथ ही गांव- गांव में गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी और वर्मी कम्पोस्ट को बढ़ावा देने तथा गोबर खरीदी का भुगतान रुका हुआ है उसे जल्द से जल्द पूर्ण करनें,जिले के सभी जर्जर स्कूलों की मरम्मत करने के निर्देश दिए गए है। ताकि बच्चों को भवन के अभाव में असुविधा न हो, गौठनों में विद्युत कनेक्शन साथ ही तुरतुरिया में बिजली कनेक्शन के लिए बिजली विभाग को जल्द करने हेतु विद्युत विभाग को निर्देश दिए। रीपा के भौतिक प्रगति कार्यों की समीक्षा के साथ ही जिले में अमृत सरोवर की प्रगति का आंकलन किया। इसके लिए सभी एसडीएम एवं सीईओ को अपने-अपने स्तर में बैठक कर क्रियान्वयन के संबंध में योजना बनाने का निर्देश दिए है।

 


आईटीआई को स्थानीय रोजगार से जोड़ने की तैयारी, रोजगारन्मुखी पाठ्यक्रम पर जोर
 

बैठक में जिले के प्रत्येक विकासखण्ड मुख्यालय पर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में नये रोजगारन्मुखी  पाठ्यक्रम प्रारंभ करनें के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिये है साथ ही आईटीआई को स्थानीय रोजगार से जोड़ने की तैयारी के सम्बंध में 1हफ्ते में विस्तृत रिपोर्ट देकर तैयारी के निर्देश  एसडीएम को दिए है। इसके साथ ही आज मुख्यमंत्री जन चौपाल,कलेक्टर शिकायत शाखा,सीपी ग्राम्स,जन शिकायत पीजीएन, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर, मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, राजीव युवा मितान क्लब, सी-मार्ट एवं अन्य निर्माण कार्याे की जानकारी, गोधन न्याय योजना, गौ मूत्र,वर्मी कंपोस्ट उत्पादन एवं विक्रय, ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज की जाने वाली जानकारी सहित,वन अधिकार पत्रक,जल जीवन मिशन के रनिंग जल कनेक्शन स्थिति की समीक्षा की गई। तहसील स्तर पर विभिन्न विभागीय प्रकरणों का तहसीलदार और एसडीएम जल्द निपटान करे। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर राजेन्द्र गुप्ता, डीएफओ मयंक अग्रवाल, एसडीएम बलौदाबाजार रोमा श्रीवास्तव सहित सभी संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर समस्त विभागों के जिला प्रमुख,सभी सीएमओ एवं जनपद सीईओ उपस्थित रहें।

 

 

 
और भी

जन शिकायतों को गंभीरता से संज्ञान में लेकर उनका निराकरण करें : प्रियंका महोबिया


कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक

गौरेला पेंड्रा मरवाही (छत्तीसगढ़ दर्पण)।कलेक्टर श्रीमती प्रियंका ऋषि महोबिया ने मंगलवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में जन शिकायतों को गंभीरता से संज्ञान में लेकर जांच, कार्रवाई एवं निराकरण के निर्देश जिला अधिकारियों को दिए। उन्होंने कलेक्टर जनदर्शन, मुख्यमंत्री जन चौपाल, जन शिकायत एवं पीएमओ पोर्टल में प्राप्त शिकायतों, समस्याओं एवं मांगों आदि की विभागवार समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि जन शिकायतों का निराकरण अधिकतम 1 माह के भीतर हो जाना चाहिए। उन्होने प्रकरणों के निराकरण हो जाने पर तथा निराकरण नहीं होने की स्थिति में समुचित कारण सहित आवेदक को सूचना देने के साथ ही निराकृत प्रकरणों को विलोपित करने के भी निर्देश दिए।


समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत ऐसे हितग्राही जिन्हे पात्रता होने के बावजूद भी राशि नहीं मिल रही है, उनके अभिलेखों में त्रुटि सुधार कर लाभान्वित करने कहा। उन्होने शहरी क्षेत्र के गौठानों में गोबर खरीदी एवं खाद उठाव, मनरेगा के तहत तालाब गहरीकरण कार्य की मजदूरी भुगतान, स्व सहायता समूहों के लंबित भुगतान, गौठान समितियों को लाभांश राशि वितरण, शौचालय पूर्ण होने के बाद लंबित राशि का भुगतान, पूर्व आवास मित्रों की रुकी मानदेय राशि दिलाने, मुआवजा, नियमितीकरण, अनुकंपा नियुक्ति, अवैध कब्जा हटाने, नक्शा बटांकन, सीमांकन, वित्तीय अनियमितता आदि प्रकरणों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 


कलेक्टर ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुरूप विभिन्न सामाजिक भवनों के लिए जमीन एवं राशि स्वीकृत करने तथा समाज प्रमुखों को बुलाकर भूमि दिखाने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा भवनों-कार्यालयों के लिए चाही गई जमीन आवंटन के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर भूमि आबंटन की कार्रवाई में तेजी लाने, निर्माणाधीन पुल-पुलियों को शीघ्र पूर्ण करने, जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी एवं पाइप लाइन का कार्य गुणवत्ता पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में वनमण्डलाधिकारी सत्यदेव शर्मा, अपर कलेक्टर बीसी एक्का, परियोजना निदेशक आर के खूंटे, संयुक्त कलेक्टर द्वय वीरेंद्र सिंह एवं आनंद रूप तिवारी सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे।
 


गोधन न्याय योजना के तहत गौठानों की हो नियमित समीक्षा
कलेक्टर ने कहा कि गोधन न्याय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना है। इसके क्रियान्वयन में किसी भी तरह ही लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होने सभी जिला नोडल अधिकारियों को अपने प्रभार के गौठानों का नियमित रूप से समीक्षा कर सुचारू रूप से गौठानों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी गौठानों में बिजली-पानी की सुविधा, गोबर खरीदी, कम्पोस्ट निर्माण, खाद उठाव, भुगतान, आजीविका गतिविधियां आदि सुनिश्चित करने को कहा।
 


रीपा के तहत सभी कार्य 25 मार्च तक अनिवार्य रूप से हो पूर्ण
कलेक्टर ने जिले में 6 ग्राम पंचायतों में स्थापित हो रहे महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क (रीपा) के कार्य आगामी 25 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रीपा की प्रगति की समीक्षा के दौरान धनौली में कोदो प्रसंस्करण केंद्र एवं वनोपज संग्रहण के लिए 1 सप्ताह के भीतर शेड तैयार करने तथा मशीनें लगाने के निर्देश दिए। इसी तरह पतराकोनी में फ्लाईएश एवं मशाला उत्पादन इकाई, बारीउमराव में स्टेशनरी निर्माण एवं फ्लाईब्रिक्स, अड़भार में पूजा समाग्री एवं सुगंधित चावल, बंशीताल में आयल मिल और डोंगरिया में दाल मिल इकाइ के लिए अधोसंरचना सहित सभी आवश्यक कार्य 25 मार्च तक पूर्ण करने को कहा।
 


अभियान चलाकर लक्ष्य के अनुरूप बनाय आयुष्मान कार्ड : कलेक्टर
कलेक्टर श्रीमती प्रियंका ऋषि महोबिया ने जिले में शत प्रतिशत लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अभियान चलाकर और पंचायतों में शिविर लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाने कहा। इसके लिए सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, जनपद सीईओ को स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर कोटवारों से मुनादी कराने और रोजगार सहायक, मितानिन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की टीम बनाकर घर-घर सर्वे कराने और सभी छूटे हुए लोगों का कार्ड बनाने के निर्देश दिए।

 

 

और भी

सिकदार परिवार 13 दिनों बाद घर लौटे...

  कर्ज से परेशान परिवार ने रची थी मौत की झूठी कहानी

 कांकेर(छत्तीसगढ़ दर्पण)।छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामा के ग्राम चावड़ी में कार में लगी आग के बाद से रहस्‍यमय तरीके से लापता परिवार 13 दिनों बाद घर लौट आया है।पुलिस ने बताया कि लापता कारोबारी कर्ज से परेशान होने के बाद परिवार की मौत की झूठी कहानी रची थी। कारोबारी के ऊपर करीब 35 लाख रुपये का कर्ज था, इससे वो परेशान था इसलिए उसने पत्‍नी के साथ मिलकर यह पूरी साजिश रची। कांकेर पुलिस मंगलवार को इस पूरी घटना का राजफाश करेगी।जिले के चारामा के ग्राम चावड़ी में एक मार्च की रात को एक कार आग में जल गई थी। इसमें पोल्ट्री फार्म संचालक समीरन सिकदार की पत्नी जया और दो बच्चे सवार थे। समीरन सिकदार रायपुर से पखांजूर घर लौट रहा था। तभी ग्राम चावड़ी में जली हुई कार मिली। जिसमें समीरन सिकदार और उसका पूरा परिवार सवार था।अंदेशा जताया जा रहा था कि इस कार में समीरन और उसके पूरे परिवार की इस हादसे में मौत हो गई होगी। लेकिन कार में कोई भी मानव अवशेष नहीं मिलने और परिवार के लापता होने से यह पूरा मामला पेचीदा हो गया।पुलिस ने लापता परिवार की तलाश के लिए लगातार कांकेर, धमतरी से लेकर रायपुर तक लगातार छानबीन में जुटी रही। लेकिन पुलिस के हाथ कोई भी सुराग हाथ नहीं लगा। इस दौरान पुलिस को यह पता चला कि समीरन सिकदार रायपुर में देखा गया है। समीरन ने रायपुर के लोधी पारा स्थित एक फोटो स्‍टूडियो से करीब 90 फोटाे की प्रिंट निकलवाये थे। खबरों के अनुसार कारोबारी का एक 75 लाख की इंश्‍योरेंस पालिसी थी। कारोबारी ने इंश्‍योरेंस पालिसी के 75 लाख के लिए परिवार के मौत की यह झूठी कहानी रची थी।

 

 

 
 
 
 
और भी

सदन में गरमाया एक्सप्रेस-वे निर्माण गाइडलाइन के अनुरूप नहीं होने का मुद्दा

  रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राजधानी के तेलीबांधा एक्सप्रेस-वे का निर्माण गाइडलाइन के अनुरूप नहीं होने का मुद्दा विधानसभा में गरमाया। इस मामले में सत्तापक्ष के सदस्यों ने लोक निर्माण मंत्री पर सवाल दागे।

वहीं सर्विस रोड में बैरिकेडिंग कर आम लोगों के साथ निजी भूस्वामियों की एंट्री बंद करने पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाए कि इस मामले में अफसर गुमराह कर रहे हैं। इसकी विधानसभा की समिति से जांच कराई जाए।

 

लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने दुर्घटनाओं की आशंका का हवाला देकर जांच से इनकार किया। हालांकि सदन में रायपुर के विधायकों की चिंता को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मंत्री को निर्देश दिए कि वे सदस्यों के पास मौजूद तथ्यों की जांच करा लें। विधानसभा में ध्यानाकर्षण सूचना के जरिए कांग्रेस के सदस्य सत्यनारायण शर्मा एवं कुलदीप जुनेजा के अलावा शैलेष पांडे ने यह मामला उठाया।

 

सदस्यों ने कहा कि अमलीडीह समेत अन्य क्षेत्र में लोगों ने सर्विस रोड के लिए जमीन दान में दी है। इसके बावजूद विभाग एफएओआर देने में पक्षपात कर रहा है।

 

कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्य सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि इस मामले में अधिकारी गुमराह कर रहे हैं। हाईवे की गाइडलाइन पर एक्सप्रेस-वे का निर्माण नहीं किया जा सकता।

 

उन्होंने दावा किया कि उनके पास गूगल मैप समेत अन्य सभी प्रमाणित दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने आसंदी से इसे पटल पर रखने की अनुमति भी मांगी।

उन्होंने दावा किया कि विधानसभा की समिति से जांच कराई जाए तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। लोगों को रास्ता मिलना चाहिए। कनेक्टिंग रोड पर एंट्री बंद नहीं कर सकते। हालांकि इस मामले में लंबी बहस के बाद आसंदी ने सदस्य सत्यनारायण शर्मा से कहा कि वे सभी प्रमाण रख दें, मंत्री इसकी जांच करा लेंगे।

 

कांग्रेस सदस्य कुलदीप जुनेजा ने कहा कि उनके क्षेत्र में झुग्गी बस्तियों में रहने वालों को बाहर निकलने की जगह नहीं मिल रही है। उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने भी सदन की कमेटी से जांच की मांग उठाई। इस मामले में शैलेष पांडे और बृजमोहन अग्रवाल ने भी सवाल उठाए।

 

 

 
और भी

मुख्यमंत्री से पूज्य पंचायत व शदाणी सेवा मंडल संत के पदाधिकारियों ने की मुलाकात

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में पूज्य पंचायत व शदाणी सेवा मंडल संत शदाणी नगर रायपुर के पदाधिकारियों  ने सौजन्य मुलाकात की।

उन्होंने पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ में 63 वाँ वर्सी महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को शदाणी दरबार के वर्तमान पीठाधीश की ओर से आशीर्वाद स्वरूपा भेंट किया गया।
शदाणी दरबार के प्रवक्ता नन्दलाल साहितिया ने बताया की 14 मार्च से 17 मार्च तक चलने वाले इस आयोजन में पाकिस्तान के सिंध प्रांत के लगभग 300 तीर्थयात्रियों के शामिल होने की संभावना है।
इस अवसर पर दरबार के सचिव उदयलाल व विशिष्ट चावला मौजूद थे।

 

 

और भी

कुमारी शैलजा पहुंची रायपुर, केंद्र के खिलाफ धरने में होंगी शामिल

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  छत्तीसगढ़ कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा सोमवार सुबह नियमित विमान से रायपुर स्थित माना हवाई अड्डा पहुँच गयी।  वो केन्द्र सरकार की अडानी परस्ती वाली नीति के विरोध में कांग्रेस के धरने और राजभवन जाकर राज्यपाल को ज्ञापने वाले कार्यक्रम में में उपस्थित रहेंगी।

उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम में कांग्रेस के ब्लाक से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा सरकार की अडानी के पक्ष में कोनी कैपिटलिज्म नीति के कारण देश का नुकसान हो रहा है।

 
 

गहरे आर्थिक संकट के समय भाजपा की मोदी सरकार देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को अडानी समूह को बेच रही है और एसबीआई व एलआईसी जैसी सार्वजनिक संस्थाओं को अडानी समूह में निवेश करने को मजबूर कर रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के भारतीयों की करोड़ो की बचत जोखिम में है, जिसके खिलाफ देशभर में कांग्रेस पार्टी द्वारा चरणबध्द आंदोलन चलाया जा रहा है।

 

 
और भी

चीनी मांझा में फंसकर प्रवासी पक्षी घायल

 जशपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  बस स्टैंड में चीनी मांझा में फंसकर प्रवासी पक्षी ब्लैक हेडेड आइबिस बुरी तरह घायल हो गया। पर्यावरण के लिए काम काम करने वाले रामप्रकाश पांडेय की सूचना पर जशपुर डीएफओ ने रेस्क्यू टीम भेजकर पक्षी का उपचार कराया।

पिछले एक दशक से दक्षिण भारतीय और श्रीलंका में पाए जाने वाला यह पक्षी करीब एक हजार से अधिक संख्या में जिला मुख्यालय जशपुर, बगीचा, सन्ना, मनोरा में दिसंबर से मार्च के बीच आते हैं।

 

इस पक्षी की प्रजाति विलुप्त हाेने की कगार पर है। अवैध शिकार और कीटनाशकों से उन्हें बेहद नुकसान हो रहा है। कुछ इसी तरह पतंग के धागों और मांझे में फंसकर अपनी जान गवां रहे हैं।

ब्लैक हेडेड आइबिस पक्षी के साथ यूरोप और साइबेरिया के प्रवासी पक्षी पिछले कुछ साल से नीमगांव जलाशय में रह रहे हैं। बीते सालाें की तुलना में इस बार इनकी संख्या कम घटी है।

 

 

और भी

सीएम बघेल की घोषणा पर त्वरित अमल : नगरीय निकायों के लिए एक हजार करोड़ स्वीकृत

 नगर निगम रायपुर को 100 करोड़, भिलाई को 60 करोड़, बिलासपुर को 50 करोड़ की स्वीकृति

रायपुर(छत्तीसगढ़ दर्पण)।  (वीएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा पर त्वरित अमल करते हुए प्रदेश के सभी 170 नगरीय निकायों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए एक हजार करोड़ रुपए की स्वीकृति का आदेश नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी कर दिया गया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बघेल ने राजधानी रायपुर में 15 फरवरी को नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा आयोजित नगरीय गौरव समागम कार्यक्रम में सभी नगरीय निकायों को विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 1 हजार करोड़ रूपए की राशि देने की घोषणा की थी, जिसके तारतम्य में नगरीय प्रशासन विभाग ने स्वीकृति का आदेश जारी किया है।मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप प्रदेश की 14 नगर निगमों में से नगर निगम रायपुर को 100 करोड़ रूपए, भिलाई नगर निगम को 60 करोड़ रूपए, बिलासपुर नगर निगम को 50 करोड़ रूपए, दुर्ग नगर निगम को 25 करोड़ रूपए, भिलाई-चरौदा, अम्बिकापुर, जगदलपुर नगर निगमों को 20-20 करोड़ रूपए, रिसाली, राजनांदगांव, रायगढ़ एवं कोरबा को 15-15 करोड़ रूपए, बीरगांव, धमतरी एवं चिरमिरी नगर निगम को 10-10 करोड़ रूपए की राशि विभिन्न विकास कार्यों के लिए स्वीकृत की गई है।इसी प्रकार सभी 44 नगर पालिकाओं को विकास कार्यों के लिए 5-5 करोड़ रुपए और सभी 112 नगर पंचायतों को 3-3 करोड़ रूपए की स्वीकृति जारी की गई है।

नगर निगमों और नगर पालिकाओं में बनेंगे ’अर्बन कॉटेज एण्ड सर्विस इंडस्ट्रीज पार्क’

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की तर्ज पर सभी नगर निगमों और नगर पालिकाओं में ’अर्बन कॉटेज एण्ड सर्विस इंडस्ट्रीज पार्क’ विकसित करने के लिए 2-2 करोड़ रूपए की स्वीकृति जारी की गई है।

मार्केट एरिया में लगाए जाएंगे सीसीटीवी

स्वीकृत राशि से सभी नगर निगमों और नगर पालिकाओं में शहरों के मार्केट एरिया में सीसीटीवी लगाने, आधुनिक शौचालयों का निर्माण और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इसी तरह सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में कचरा एकत्रीकरण की व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आबादी के अनुपात में ई-रिक्शा/ई-कार्ट की व्यवस्था की जाएगी।

सभी नगर निगमों में 50-50 स्मार्ट हेल्थ कियोस्क

सभी नगर निगमों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 50-50 स्मार्ट हेल्थ कियोस्क बनाए जाएंगे, इसके लिए सभी नगर निगमों को 6 लाख रूपए प्रति स्मार्ट हेल्थ कियोस्क के मान से 3-3 करोड़ रूपए की राशि की स्वीकृति की गई है। स्मार्ट हेल्थ कियोस्क में नागरिकों को बीपी, शुगर, ब्लड टेस्ट की निःशुल्क सुविधा मिलेगी।

रायपुर शहर के जल भराव वाले क्षेत्रों में ड्रेनेज सिस्टम हेतु 18 करोड़ रूपए

नगर निगम रायपुर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 100 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। रायपुर में 1000 सीट शहरी महिला आजीविका केन्द्र प्रारंभ किया जाएगा, साथ ही युवाओं के रोजगार के लिए 10 करोड़ रुपए की लागत से नगर निगम रायपुर में अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर सुविधा सहित बीपीओ बनाया जाएगा, रायपुर शहर के जल भराव वाले क्षेत्रों में बाढ़ नियंत्रण हेतु ड्रेनेज सिस्टम के लिए 18 करोड़ रूपए तथा जी-20 समिट की तैयारियों के लिए 20 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। स्वीकृत राशि से रायपुर के  फूल चौक से आजाद चौक मार्ग के शेष भाग का चौड़ीकरण और यहां पर फ्लाईओवर का निर्माण भी किया जाएगा।

हॉस्पिटल सुपेला के आधुनिकीकरण हेतु 7 करोड़ रूपए

नगर निगम भिलाई के लिए 60 करोड़ रुपए की स्वीकृत दी गई है। इस राशि में से युवाओं के रोजगार हेतु नगर निगम भिलाई में अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर सुविधा सहित बीपीओ हेतु 10 करोड़ रुपए, भिलाई में विश्वस्तरीय सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन के लिए 20 करोड़ एवं हॉस्पिटल सुपेला के आधुनिकीकरण हेतु 7 करोड़ रूपये की स्वीकृति दी गई है। साथ ही भिलाई में 500 सीट की क्षमता वाला शहरी महिला आजीविका केन्द्र प्रारंभ किया जाएगा।

बिलासपुर नगर निगम के वार्डों में अधोसंरचना विकास हेतु 21 करोड़ रूपए

नगर निगम बिलासपुर को विभिन्न विकास कार्यों के लिए 50 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। नगर निगम बिलासपुर में सम्मिलित नवीन क्षेत्रों के अधोसंरचना विकास हेतु प्रति वार्ड डेढ़ लाख रूपए के मान से कुल 21 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। बिलासपुर में 750 सीट की क्षमता वाला शहरी महिला आजीविका केन्द्र प्रारंभ किया जाएगा।

दुर्ग में शिवनाथ रिवरफ्रंट हेतु 11 करोड़ रूपए
दुर्ग नगर निगम को विकास कार्यों के लिए 25 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें से दुर्ग शहर में शिवनाथ नदी रिवरफ्रंट डेवलपमेंट का कार्य के लिए 11 करोड़ रूपए की स्वीकृति दी गई है।   

भिलाई-चरौदा में ऑडिटोरियम निर्माण हेतु 9 करोड़ रूपए  

भिलाई-चरौदा, जगदलपुर और अंबिकापुर नगर निगमों को विकास कार्यों के लिए 20-20 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। नगर निगम भिलाई-चरौदा को स्वीकृत राशि में से 9 करोड़ रूपए की लागत से ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जाएगा। इसी तरह जगदलपुर नगर निगम में स्वीकृत राशि में से 10 करोड़ रूपए की राशि से राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 से करकापाल तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जाएगा। नगर निगम अंबिकापुर में स्वीकृत राशि में से सड़कों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 10 करोड़ रूपए, अंबिकापुर में महात्मा गांधी स्टेडियम के उन्नयन के लिए 3 करोड़ रूपए तथा अंबिकापुर पीजी कॉलेज ग्राउंड में जरूरी मूलभूत नागरिक सुविधाओं के विकास एवं उन्नयन के लिए एक करोड़ रूपए की स्वीकृति दी गई है।

रायगढ़ की सड़कों के लिए 7 करोड़ रूपए
रायगढ़, राजनांदगांव, रिसाली, कोरबा को विकास कार्यों के लिए 15-15 करोड़ रूपए की राशि की मंजूरी दी गई है। नगर निगम रायगढ़ शहर की सड़कों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 7 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं।

धमतरी, चिरमिरी और बीरगांव नगर निगमों को 10-10 करोड़ रूपए

 
 
 
 
 
 
 
 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

धमतरी, चिरमिरी और बीरगांव नगर निगमों को विभिन्न विकास कार्यों के लिए 10-10 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गई है।

 

 

 

 

और भी

छत्तीसगढ़ में रायगढ़ रहा सर्वाधिक गर्म : मौसम विभाग

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  प्रदेश में अब हवा की दिशा बदलने वाली है और गर्मी और बढ़ेगी। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का क्रम भी लगातार जारी रहेगा। शुक्रवार को प्रदेशभर में रायगढ़ सर्वाधिक गर्म रहा।

एडब्ल्यूएस रायगढ़ का अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में अब तपिश और बढ़ने वाली है। संभावना है कि इस वर्ष मार्च का महीना पिछले वर्ष की तुलना में ज्यादा तपिश वाला रहने वाला है। शुक्रवार सुबह से ही प्रदेश का मौसम शुष्क रहा और प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ। रायपुर का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों ही सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहे। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का क्रम जारी रहेगा।

ठंड के सीजन में इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में ठंड कमतर ही रही। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जनवरी और फरवरी माह में इस वर्ष एक भी दिन शीत दिवस नहीं पड़ा। हालांकि चार जनवरी को अधिकतम तापमान में काफी गिरावट आई थी और 18 वर्षों के पहले के स्तर पर रायपुर का अधिकतम तापमान आया था।

 

 
और भी

महिला सशक्तिकरण व प्रोत्साहन समारोह 12 को

 भिलाई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला सशक्तिकरण एवं प्रोत्साहन समारोह का आयोजन रविवार 12 मार्च को बैकुण्ठधाम मैदान केम्प 2 में किया गया है। इस कार्यक्रम की मुख्य  अतिथि महिला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष  नेटा डिसूजा होगी और अध्यक्षता महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष  फुलोदेवी नेताम करेंगी।

इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पुत्री स्मिता बघेल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। उक्त बातेें एक पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ महिला सशक्तिकरण अध्यक्ष एवं नगर पालिक निगम एम.आई.सी.मेंबर  रीता सिंह गेरा ने कही।

 

गेरा ने आगे कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सोच के अनुरूप महिलाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने एवं महिलाओं को जागृत करने के साथ ही महिला दिवस के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ की महिलाओं को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित करना इस समारोह का मुख्य उद्देश्य है। इस कार्यक्रम में 50 से अधिक अलग अलग विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया जायेगा।

 

 

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुखिया कका भूपेश बघेल ने अपने इस बजट में महिलाओं का मान और सम्मान बढाया है। आंगनबाड़ी में कार्य करने वालों का मानदेय बढाकर उनका मान बढाया है। मेरा उद्देश्य, महिला सशक्तिकरण व समाज के उत्थान के लिए महिलाओं में बैठे डर को भगाना है और उन्हें आगे बढाना है। जबसे मैं पार्षद चुनाव जीतकर आई हूं, तबसे लेकर आज तक बड़ी संख्या में मेरे द्वारा मजदूर कार्ड, राशनकार्ड मेरे द्वारा बनवाये गये है।

 

 

 

लगातार महिलाओं के हर सुख दुख में बड़ी बहन के रूप में शामिल होकर उनका साथ दे रही हूूं। जनप्रतिनिधि का काम होता है कि वह अपने क्षेत्र की जनता खासकर महिलाओं का हर संभव मदद करे। मेरे द्वारा एक मदद बंैक भी चलाया जा रहा है। जिसमें हम वार्ड के जरूरतमंद लोगों की मदद करते हैं जिमसें वार्ड के लोग ही 5-5 और10-10 रूपये जमाकर इस बैंक को आगे बढा रहे हैं। मदद बैंक में मैं अपनी सैलरी का 10 प्रतिशत हिस्सा व जरूरत से अधिक पैसा मैं भी इस मदद बैंक में देने का काम करते आ रही हूं।

 

 

 

मदद बैंक कोई संस्था नही है, हम इस बीच वार्ड के जरूरतमंद लोगों को राशि उपलब्ध कराते हैं। उनसे न हम ब्याज लेते हैं और न ही पैसा मांगते हैं। महिलाओं का उत्थान हो, यह मेरी सोच हैं, महिलाएं अपनी हर पीड़ा व दर्द मुझसे आकर शेयर कर रही हैं। हाल ही में मेरे वार्ड के एक व्यक्ति का औद्योगिक क्षेत्र के सिस्कॉल कंपनी में कार्य के दौरान पैर कट गया था, कंपनी उसे मात्र 30 हजार देकर मामले को रफा दफा करना चाहती थी, लेकिन परिजनों ने आप बीती आकर मुझे बताई तो मैं अपनी महिला और पुरूष समर्थकों के साथ उस कंपनी के अंदर जाकर धरना पर बैठ गई तो कंपनी के एचआर मिन्नते करते रहे, लेकिन मैने पीडि़त परिवार को 3 लाख का चेक और नौकरी दिलवाकर न्याय दिलवाई।

 

 

 

मेरा यह जो कार्यक्रम हो रहा है यह महिला दिवस पर हो रहा है, यह कोई चुनावी स्टंट नही है। जनता के लिए सड़क की लड़ाई लडने और धरना प्रदर्शन से कही पीछे नही हटूंगी चाहे थाना हो, निगम हो या औद्योगिक संस्थान हो। कांग्रेस पार्टी की सिपाही हूं, कांग्रेस के लिए काम करते रही हूं और करती रहूंगी।

 

 

इस पत्रकारवार्ता में अनिशा बघेल, पुष्पा सिंह, माधुरी सिंह, रीमा रंजीत, नीमा सिंह, शीला पाण्डेय सहित अन्य महिलायें उपस्थित थी।

 

 

और भी

प्रदेश के गरीबों, किसानों के साथ ही गांवों का भी किया जा रहा तेजी से विकास : डॉ चरणदास महंत

 जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत ने जिले के नगर पंचायत क्षेत्र सारागांव में विधिविधान से भूमिपूजन और लोकार्पण करते हुए विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी।

उन्होंने क्षेत्र में बेहतर विद्युत सेवा के लिए नवसृजित विद्युत उप संभाग कार्यालय सारागांव के लोकार्पण के साथ ही नगर पंचायत सारागांव क्षेत्र में एक करोड़ 62 लाख रूपये से अधिक राशि के 6 विकास कार्यों का लोकार्पण और 17 लाख रूपये से अधिक राशि के एक कार्य का शिलान्यास किया।

 

विधानसभा अध्यक्ष डॉ महंत ने इस तरह डॉ भीमराव अंबेडकर सर्वसमाज मांगलिक भवन सारागांव परिसर में नगर पंचायत क्षेत्र के कुल एक करोड़ 80 लाख रुपए के सात विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्युत उप संभाग कार्यालय सारागांव के लोकार्पण अवसर पर 511 लाख रूपये के लागत से बने विद्युत विस्तार कार्य और उपकेंद्र बाराद्वार का भी लोकार्पण किया। इस प्रकार विधानसभा अध्यक्ष ने आज कुल 6 सौ 91 लाख रूपये से अधिक विकास कार्याें का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत ने कहा कि प्रदेश के गरीबों, किसानों के साथ ही गांवों का भी तेजी से विकास किया जा रहा है। प्रदेश में सभी सुखी रहे और उनके बच्चों के पढ़ाई लिखाई सहित अन्य सुविधाओं के लिए भी लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के लोगो में योग्यता की कोई कमी नहीं है, जिले के नागरिक अमेरिका सहित अन्य देशों में रहकर बेहतर कार्य कर रहें है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगो को बजट में जिले के लिए किए गए मेडिकल कालेज की घोषणा सहित अन्य घोषणाओं की भी जानकारी दी। राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने कहा कि आमजन की आधारभूत सुविधाओं का ख्याल रखना आवश्यक है। किसी भी व्यक्ति की आधारभूत जरूरतों में बिजली, पानी, सड़क, चिकित्सा, शिक्षा आदि होती है।

 

 

जिसके लिए लगातार कार्य करते हुए गांवों का भी विकास तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में घोषित दो विद्युत उपसंभाग कार्यालयों में से एक कार्यालय सारागांव में स्थापित किया गया है जो क्षेत्र के लोगो के लिए बहुत ही हर्ष का विषय है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व मंत्री छत्तीसगढ़ शासन एवं जिले के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने की। इसके साथ ही कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत सारागांव के अध्यक्ष रामकिशन सूर्यवंशी, उपाध्यक्ष दिलेश्वर राठौर की उपस्थित में संपन्न हुआ।

 

 

मुख्य नगर पंचायत अधिकारी सारागांव से प्राप्त जानकारी अनुसार डॉ महंत ने आज 83 लाख रुपये की लागत से डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्वसमाज मांगलिक भवन सारागांव रोड, 26 लाख 35 हजार रुपए की लागत से पौनी पसारी व्यवसायिक परिसर, 30 लाख 6 हजार रुपए की लागत से स्वामी आत्मानंद बी.डी.एम. अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आहाता निर्माण कार्य, 8 लाख 30 हजार रुपये की लागत से स्वामी आत्मानंद बी.डी.एम. अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में किचन शेड निर्माण कार्य, 11 लाख रुपए की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में आहाता निर्माण एवं सीसी रोड निमार्ण कार्य, 3 लाख 50 हजार रुपये की लागत से वार्ड क्र. 05 मनका दाई मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का लोकार्पण और 17 लाख 79 हजार रुपये की लागत से गौठान शेड निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

 

 

सारागांव में नवसृजित विद्युत उप संभाग कार्यालय के लोकार्पण अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, इंटिग्रेटेड पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम एवं मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजनांतर्गत नगर पंचायत सारागांव में कुल 281.31 लाख रुपए के विद्युत विस्तार कार्य अंतर्गत 33 केवी के शिरोपरी लाइन 23 किलोमीटर, 11 केवी शिरोपरी लाईन 4 किलोमीटर, नवीन वितरण ट्रांसफार्मर 12 नग और नवीन निम्नदाब केबल लाईन 22 किलोमीटर के कार्य सहित 230 लाख रूपए लागत राशि के 33/11 केवी उप केन्द्र बाराद्वार का भी लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष भगवानदास गढ़ेवाल, विभिन्न जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, एल्डरमैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सत्यनारायण देवांगन, विद्युत विभाग के अधिकारी कर्मचारी सहित आमजन उपस्थित थे।

 

और भी

गौतम भादुड़ी बने हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस

 बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस की नियुक्ति कर दी गई है। जस्टिस गौतम भादुड़ी नए चीफ जस्टिस बनाए गए हैं। वे जस्टिस अरूप कुमार गोस्वामी के रिटायरमेंट के बाद यह पद संभालेंगे।


अधिसूचना में कहा गया - " भारत के संविधान के अनुच्छेद 223 द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति ने मुख्य न्यायाधीश के कार्यालय के कर्तव्यों का पालन करने के लिए, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के वरिष्ठतम न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस गौतम भादुड़ी को नियुक्त किया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अरूप कुमार गोस्वामी की सेवानिवृत्ति के परिणामस्वरूप 11.03.2023 से यह नियुक्ति प्रभावी होगी।"

बता दें कि केंद्र सरकार ने पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा को चीफ जस्टिस बनाने की अनुशंसा की थी। हालांकि ऐन मौके पर आदेश बदल गया। जस्टिस भादुड़ी छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस के बाद सबसे सीनियर हैं, इसलिए उन्हें ही चीफ जस्टिस बनाने का आदेश जारी किया गया है।

और भी

राज्यपाल से पुलिस महानिरीक्षक, केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स ने की भेंट

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से शुक्रवार को राजभवन में साकेत कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक (केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स) रायपुर ने भेंटकर उनका अभिवादन किया।

और भी

छत्तीसगढ़ में अब चढ़ेगा पारा, बढ़ेगी गर्मी : मौसम विभाग

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मार्च का महीना लगभग आधा गुजरने को है, होली भी बीत चुकी है। सामान्‍य तौर पर होली के बाद गर्मी की शुरुआत हो जाती है, लेकिन इस बार होली से पहले ही प्रदेश में गर्मी बढ़ने लगी है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में और बढ़ोतरी होगी, इससे उमस में भी बढ़ोतरी होगी। होली के बाद अधिकतम व न्यूनतम तापमान में और बढ़ोतरी के आसार बने हुए है।

 

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब आने वाले दिनों में मौसम के तेवर और तीखे होने वाले है। मौसम के तीखे तेवर को देखते हुए कहा जा सकता है कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में मार्च महीना ज्यादा तपा सकता है।

गर्मी बढ़ते ही अब शहर के विभिन्न स्थानों में गन्ना रस, जूस सेंटर आदि की दुकानें खुल गई है। इनमें उपभोक्ताओं की लगातार भीड़ भी बढ़ने लगी है। साथ ही आइसक्रीम, कुल्फी की बिक्री भी अब बढ़ते जा रही है।

और भी

मुख्यमंत्री ने चखा तेन्दू से बने आइसक्रीम का स्वाद

 

 दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। फाल्गुन मंडई कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने  जिला प्रशासन के नवाचार तेंदू फल के आइसक्रीम का स्वाद लिया। 

 

मुख्यमंत्री ने  तेन्दु फल से निर्मित आइसक्रीम की प्रशंसा करते हुए एक अच्छा पहल बताया। 

 

जिला प्रशासन, दन्तेवाड़ा के सहयोग से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के मार्गदर्शन में कृषि विज्ञान केन्द्र दन्तेवाड़ा द्वारा मौसमी तेंदू के फल से आइसक्रीम बनाने का पहल किया गया।

तेंदू का पेड़ लघु वनोपज के श्रेणी में आता है। इसके पत्तियों को बीडी बनाने के उपयोग में लाया जाता है। जो कि बस्तर में हरा सोना के नाम से प्रचलित है। 

 

यह भारत के पूर्वी हिस्सों एवं मध्य भारत में बहुतायत में पाया जाता है। अभी तक व्यावसायिक रूप से इसके पत्तियों का उपयोग किया जाता रहा है व फल का उपयोग ग्रामीण जन अपने खाने में तथा उसी मौसम में लोकल बाजारों में ही बेच कर आय प्राप्त करते है। 

 

ताजा पके फल को सुरक्षित रखने की अवधि बहुत कम होती है। अगर ताजे फल के गुदा को प्रसंस्कृत कर माईनस 20-40 डिग्री सेल्सियस तापमान पर रखते है तो पूरे वर्ष भर तेन्दू फल का स्वाद लिया जा सकता है। जिसके तारतम्य में कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा तेंदू फल का प्रसंस्करण कर आइसक्रीम व तेन्दू सेक बनाने का अन्वेषी कार्य प्रारंभ किया गया है।

तेन्दू फल में किये गये अनुसंधान के अनुसार तेन्दू फल एक प्रभावी एन्टीआक्सीडेंट, रेशे का अच्छा स्त्रोत, हृदय रोग के लिये लाभदायक तथा मधुमेह को नियंत्रित करने में सहायक है। साथ ही इस फल में खनिज तत्व अच्छा मात्रा में पोटेशियम, कैल्शियम, फास्फोरस एवं खनिज तत्व पाया जाता है।

 

 

और भी

केन्‍द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ऑटो उद्योग से अनुसंधान और विकास में और अधिक निवेश करने को कहा

नई दिल्ली (वीएनएस)। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ऑटो उद्योग को भारत के स्वदेशीकरण प्रयासों का समर्थन करने के लिए अनुसंधान और विकास में अधिक समय, प्रयास और धन निवेश करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि यह भारत को आने वाले समय के लिए अपने अनुसंधान एवं विकास पर निर्भर रहने के बजाय अन्य देशों को समाधान प्रदान करने में भी मदद करेगा।

श्री गोयल नई दिल्ली में एसीएमए के आत्मनिर्भर उत्कृष्टता पुरस्कार और प्रौद्योगिकी शिखर सम्मेलन 2023 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है और स्थिरता सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था और व्यवसायों का विकास प्रौद्योगिकी और अनुसंधान एवं विकास में निवेश के स्तर पर निर्भर करेगा। श्री गोयल ने कहा कि एक राष्ट्र के रूप में, यदि भारत उत्पादकता और गुणवत्ता की दोहरी चुनौतियों का समाधान करता है, तो यह अपने प्रौद्योगिकी स्तर, प्रबंधकीय क्षमताओं, कुशल कार्यबल और प्रतिबद्धता स्तरों के साथ उत्कृष्टता को प्राप्त कर सकता है।

श्री गोयल ने कहा कि इन दो पहलुओं पर ध्यान देने से भारत को मूल्य प्रतिस्पर्धा में भी उत्कृष्टता हासिल होगी, साथ ही अपनी और दुनिया दोनों की जरूरतों को पूरा करने में सफल हो सकेगा। उन्‍होनें ऑटो उद्योग से स्थानीय उत्‍पादों की खरीद करने का आह्वान किया और उनसे कहा कि वे संपूर्ण मूल्य श्रृंखला को स्वदेशी बनाने के लिए छोटे आपूर्तिकर्ताओं का समर्थन करे और सशक्‍त बनायें। उन्होंने ऑटो कंपोनेंट उद्योग से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि डुप्लीकेट कंपोनेंट्स की वजह से विश्व बाजार में भारत की विश्वसनीयता प्रभावित न हो।

 

 

और भी

मुख्यमंत्री 7 मार्च को राजधानी में होली मिलन समारोह में होंगे शामिल

 

 मुख्यमंत्री 7 मार्च को राजधानी में होली मिलन समारोह में होंगे शामिल

  रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार 7 मार्च को राजधानी रायपुर में 3.10 बजे रायपुर प्रेस क्लब तथा शाम 4.15 बजे सुभाष स्टेडियम में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री बघेल इसके पश्चात शाम 5.15 बजे मुख्यमंत्री निवास भिलाई-03 के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

और भी