छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

पुलिस प्रमोशन : 17 निरीक्षक बने डीएसपी, 8 कंपनी कमांडर बने सहायक सेनानी...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्य सरकार ने 25 पुलिस निरीक्षकों व कंपनी कमांडर का प्रमोशन किया है। 17 निरीक्षक जहां डीएसपी बनाये गये हैं, तो वहीं 8 कंपनी कमांडर को सहायक सेनानी के पद पर पदोन्नत किया गया है। राज्य सरकार ने निरीक्षक से डीएसपी के पद पर प्रमोशन के लिए 16 नवंबर को डीपीसी की थी। डीपीसी के बाद कुल 25 पुलिसकर्मियों को प्रमोशन दिया गया है। हालांकि प्रमोशन के बाद अभी तमाम पुलिस अधिकारी पूर्व की भांति अपने पदों पर बने रहेंगे, उनकी पोस्टिंग की लिस्ट जल्द ही जारी की जायेगी।

 

 
और भी

3 से 8 दिसंबर तक रद्द रहेगी बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पूर्व मध्य रेलवे सोनपुर मंडल के बरौनी स्टेशन में तीसरी लाइन कनेक्टिविटी के लिए नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। यह कार्य बरौनी रेलवे स्टेशन में 4 से 8 दिसम्बर तक किया जायेगा। इस कार्य के फलस्वरुप 3 से 8 दिसम्बर तक बरौनी से छूटने वाली 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस रद्द रहेगी। वहीं 4 से 9 दिसम्बर तक गोंदिया से छूटने वाली 15232 गोंदिया –बरौनी एक्सप्रेस रद्द रहेगी।

 

 

और भी

प्रदेश में मातृत्व मृत्यु दर में बड़ी गिरावट, 159 से घटकर 137 हुई...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ में मातृत्व मृत्यु दर (MMR) में बड़ी गिरावट आई है। राज्य शासन द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिए जाने के कारण वर्ष 2016 से 2018 के बीच 159 एमएमआर वाले छत्तीसगढ़ का एमएमआर अब घटकर 137 पर पहुंच गया है। प्रदेश में मातृत्व मृत्यु दर का अब तक का यह सबसे न्यूनतम आंकड़ा है।

भारत के महापंजीयक कार्यालय द्वारा 28 नवम्बर को वर्ष 2018 से 2020 के बीच देश में मातृत्व मृत्यु पर विशेष बुलेटिन (SRS - Sample Registration System) जारी किया गया है। इसके मुताबिक तीन वर्षों में प्रदेश के एमएमआर में 22 अंकों की कमी आई है। एसआरएस के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में प्रति एक लाख जीवित बच्चों के जन्म पर मातृ मृत्यु की दर 159 से घटकर अब 137 हो गई है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में गर्भवती और शिशुवती महिलाओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने सुपोषण अभियान संचालित किया जा रहा है। मातृत्व स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल और गर्भवती व शिशुवती महिलाओं को हर तरह का इलाज मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार सुदृढ़ीकरण किया गया है। ज्यादा जोखिम वाले गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच और निगरानी की जा रही है।

राज्य में संस्थागत प्रसवों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शासकीय अस्पतालों में सिजेरियन प्रसव की भी सुविधाएं बढ़ी हैं। समुदाय और मैदानी स्तर पर मितानिनें और एएनएम मातृ व शिशु स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रही हैं। राज्य शासन के इन सब कदमों की वजह से प्रदेश में मातृत्व मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है।

 

 

और भी

इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में हुई नए बाघ की पुष्टि

 जगदलपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हाल ही के दिनों में इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में एक नये बाघ देखने की पुष्टि की गई हैं। इन्द्रावती टाइगर रिजर्व के उप निदेशक  गणवीर धम्मशील ने बताया कि इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में नया  बाघ देखने को मिला है जिसकी पुष्टि डब्ल्यू आई आई टाइगर सेल देहरादून द्वारा की गई है।

इन्द्रावती टाइगर रिजर्व बाघों के रहवास के लिए उपयुक्त स्थल है, जहां बाघ के अलावा अन्य वन्यजीव भी  हैं। जिसमें मुख्य रूप से वन भैंसा जो छत्तीसगढ़ राज्य का राजकीय पशु यहां पाया जाता है, साथ ही गौर, तेन्दुआ, भालू, नीलगाय, हिरण, सांभर, जंगली सुअर इत्यादि वन्यप्राणियों का भी यह रहवास स्थल है। छत्तीसगढ़ के इन्द्रावती टाइगर रिजर्व 2799.086 वर्ग कि.मी. के भौगोलिक क्षेत्र में फैला हुआ है जो महाराष्ट्र एवं तेलंगाना के वनक्षेत्र से लगा हुआ है जो बाघों के विचरण के लिए उपयुक्त कॉरिडोर का काम करता है।

 

इन्द्रावती टाइगर रिजर्व प्रबंधन वन्यजीवों की मॉनिटरिंग एवं सुरक्षा का कार्य लगातार कर रहा है एवं मैदानी अमलों द्वारा फुट पेट्रोलिंग के माध्यम से लगातार वन्यजीवों की सुरक्षा एवं निगरानी की जा रही है। इन्द्रावती टाइगर रिजर्व के उप निदेशक ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने के लिए ग्रामीणों के साथ मिलकर वन्यजीव संरक्षण का कार्य लगातार किया जा रहा है। जिससे वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीण एवं युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।

और भी

अऩुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ की महाकफन अनोखी रैली 30 को

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायपुर के बूढ़ा तालाब स्थित धरना स्थल में 40 दिनों से धरने में बैठे अऩुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ क़ा  संज्ञान लेने सरकार या सरकार के प्रतिनिधि अभी तक धरने स्थल में नहीं पहुंचे हैं। अनुकंपा नियुक्ति के लिए आंदोलन में बैठे विधवाएं और परिजनों का 40 वें दिन और अनशन 36 वें दिन के साथ ही सोमवार को संघ के सभी लोग भूख हड़ताल पर हैं। 

संघ की प्रांताध्यक्ष  माधुरी मृगे ने विजन न्यूज़ सर्विस को बताया कि धरने में बैठे दिवंगत शिक्षाकर्मी की विधवा और परिजनों के दुःख  दर्द को सुनने  सरकार के प्रतिनिधि नहीं पहुंचे हैं। 

 

प्रदेश उपाध्यक्ष माधुरी चंद्रा ने बताया कि हम अपनी संघ को अकेला मानकर 3 दिसम्बर  को आत्मदाह की चेतावनी सरकार को दी थी लेकिन अब हमारा संघ अकेला नहीं  है। हमारे संघ के साथ प्रदेश शिक्षक, शिक्षक  संगठन, विपक्ष पार्टी, महिला मोचा संगठन और प्रदेश की जनता अब  हमारे संघ के साथ हैं। अऩुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ ने अपने संघ और समर्थन देने वाले सभी संगठन से चर्चा कर अपने विचार में पर्वितन कर 3 दिसम्बर को आत्मदाह के बदले अब  संघ 30 नवम्बर को महाकफन अनोखी रैली निकाल कर अपने और अपने परिवार के बच्चों की अरमानों की रैली निकालने की बात  विजन न्यूज़ सर्विस को बताई। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार अऩुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ की मांग पूरी नहीं करती  तब तक मांगों को लेकर हमारी संघ धरने में रहेगा । 

 

 

और भी

नशे की हालत में वाहन चलाते 200 से अधिक लोगों पर कार्रवाई

 कोरबा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नशे में वाहन चलाने वाले 200 लोगो के खिलाफ पुलिस ने    मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

इस कारवाई में शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए 114  वाहन को  जप्त भी किया गया है। पुलिस ने कहा कि लोग सड़क पर वाहन खड़ी कर यातायात बाधित करने और दुर्घटना कारित करने वाले गाड़ियों की वजह से परेशान हैं इसलिए ऐसे 15 वाहनों के विरुद्ध धारा 283 भादवि के अंतर्गत कार्रवाई की गई  है।

 

 

और भी

लर्निंग गैप और लर्निंग लॉस से बच्चे प्रभावित, कोण्डागांव जिले में 7200 छात्र चिन्हांकित

 कोण्डागांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला कलेक्टर कोण्डागांव दीपक सोनी के निर्देशन में चल रहे आकांक्षी जिला प्रोग्राम में नीति आयोग की सहयोगी संस्था पीरामल फाउंडेशन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विकासखंड कोण्डागांव के बीआरसी भवन में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कोरोना महामारी के दौरान लर्निंग गैप और लर्निंग लॉस से प्रभावित बच्चों में से अभी शुरुआत में कोण्डागांव जिले के 7200 बच्चों को चिन्हांकित किया गया है। इन बच्चों के लिए विद्यालय से घर जाने के बाद अतिरिक्त टूल के रूप में  माइंडस्पार्क ऐप का लाइसेंस वर्जन निःशुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है।

इस ऐप में शिक्षण सामग्री और प्रश्नों के स्तर को बच्चों के कक्षा स्तर के अनुरूप रखा गया है एवं बच्चों के लेवल चेक करते हुए उनके स्तर को सुधारकर ऊपर उठाने का प्रयास किया गया है। शिक्षा विभाग कोण्डागांव में इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, जिला मिशन समन्वयक महेंद्र पांडे मार्गदर्शन में सहायक कार्यक्रम समन्वयक रूपसिंह सलाम के नेतृत्व में पीरामल फाउंडेशन से एडीसी प्रदीप राव की सहायता से संचालित किया जा रहा है। एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला में विकासखंड स्रोत समन्वयक रामलाल नेताम, चयनित शालाओं के शिक्षक और संकुल समन्वयक उपस्थित थे।

और भी

विधानसभा उप निर्वाचन-2022 : मतदान दलों को दिया गया प्रशिक्षण

 कांकेर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-80 भानुप्रतापपुर (अजजा) उप निर्वाचन के लिए नियुक्त 256 मतदान दलों व 61 रिजर्व मतदान दलों में से 156 मतदान दलों को आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरहरदेव में प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें मतदान दिवस को मतदान शुरू होने के पहले मॉकपोल कराने तत्पश्चात सीआरसी कराने, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को सीलिंग करने, पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारियों का कर्तव्य, चैलेंज वोट, टेंडर वोट, परिणीयत व अपरिणीयत लिफाफा इत्यादि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा उससे संबंधित शंका, समस्या का समाधान भी किया गया। 

निर्वाचन प्रेक्षक (सामान्य) डॉ. एम.व्ही. वैंकटेश ने भी निर्वाचन प्रशिक्षण का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे मतदान दलों से प्रश्न भी पूछे। रिटर्निंग ऑफिसर सुमीत अग्रवाल ने भी मतदान दलों के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। प्रशिक्षण प्रभारी व जिला शिक्षा अधिकारी भुवन जैन की उपस्थिति में मास्टर ट्रेनर्स की ओर से मतदान दलों का प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स सुरेश चंद श्रीवास्तव, नवरत साव व गोविन्द सार्वा भी उपस्थित थे।

 
और भी

रोको अऊ टोको के स्वयंसेवक ने ग्रामीण स्तर पर कोविड टीकाकरण कराने किया जागरूक

 सूरजपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सूरजपुर जिले के अंतर्गत विकासखंड भैयाथान के ग्राम जूर एवम बन्जामे रोको अउ टोको के स्वयंसेवक ने प्रत्येक पारा मोहल्ला में पहुंचकर कोविड टीकाकरण के पहला, दूसरा व तीसरा, प्रिकाशन खुराक से छूटे हुए हितग्राहियों से संपर्क एवम संदेश के माध्यम टीकाकरण कराने के लिए जागरूक किया। साथ ही स्वयंसेवक ने ग्रामीणों से अपील किया कि अपने रिश्तेदार, संबंधी, पड़ोसी तथा स्वयं के घर के सदस्य जिन्होंने कोविड का टीका नहीं लगवाए है उन्हें जागरूक कर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित करें।

और भी

बलात्कारी ब्रम्हानंद को बचाने भाजपा नेताओं की बौखलाहट अनैतिक और असंवैधानिक : कांग्रेस

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि यह दुर्भाग्यजनक है कि देश में सरकार चलाने वाले दल के नेता कानून का मजाक उड़ाते हुये एक अपराधी के पक्ष में लामबंध होकर सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी के पक्ष में खड़े है। भाजपा का रवैया गैरकानूनी, अतिवादी और कानून और संविधान का माखौल उड़ाने वाला है। झारखंड पुलिस को अपराधी ब्रह्मानंद की गिरफ्तारी के लिये आने की खबरों पर भाजपा ने जो बौखलाहट दिखाई है वह अनैतिक और असंवैधानिक है। एक अपराधी को बचाने के लिये जिस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी लामबंद हुयी है, भारतीय जनता पार्टी के वास्तविक चरित्र को दिखाता है। ब्रह्मानंद नेताम के ऊपर में 15 साल की मासूम बच्ची के साथ दुराचार के आरोप है। एक मासूम बच्ची को जबरिया देह व्यापार में ढकलने के आरोप है। उनके ऊपर 376 के तमाम धाराओं के तहत इसके अलावा पॉक्सो एक्ट के तहत उनके ऊपर मुकदमा दर्ज हैं। ऐसे अपराधी को पुलिस के हवाले स्वयं करने के बजाय भारतीय जनता पार्टी के नेता उसको पुलिस से बचाने के लिये पुलिस को चुनौती दे रहे है। ऐसा दल जो देश की सरकार चला रही है एक ऐसा दल जो भारत की संघीय व्यवस्था को संभालने की जिसकी जवाबदारी है उस दल के नेता एक अपराधी के बचाव में देश के कानून का मखौल उड़ा रहे है। महिलाओं के इज्जत को तार-तार करने वाले और बच्चियों के इज्जत को तार-तार करने वाले बलात्कारी के पक्ष में भारतीय जनता पार्टी खड़ी है नारे बाजी कर रहे है ये तो बेशर्मी की पराकाष्ठा है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है अपराधी के बचाव में बयानबाजी, उसे छिपाने तथा अपराधी को संरक्षण देने के आरोप में रमन सिंह, बृजमोहन अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज होना चाहिये।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि ब्रह्मानंद के खिलाफ जब एफ.आई.आर. दर्ज किया गया था तब 15.5.2019 को झारखंड में भाजपा की सरकार थी और भाजपा के नेता रघुवर दास मुख्यमंत्री थे। आरोपी भाजपा का पूर्व विधायक है प्रभावशाली नेता है इसलिये भाजपा ने अपने नेता को बचाने के लिये उस समय गिरफ्तारी नहीं किया जबकि पीड़िता के बयान के आधार पर उसके खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज हुआ था। इस बात की भी जांच होनी चाहिये कि अपने पूर्व विधायक को बचाने के लिये किन भाजपा नेताओं ने तत्कालीन रघुवर दास की सरकार पर दबाव बनाया था? बलात्कार का आरोपी सामूहिक बलात्कार का आरोपी जिसके ऊपर में पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो वह बिना उच्च राजनैतिक संरक्षण के इतने दिन तक खुलेआम नहीं घूम सकता।

 
 
 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भानुप्रतापपुर के भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम के ऊपर जमशेदपुर के थाना टेल्को में प्राथमिकी बुक पन्ना क्रमांक 19138, प्राथमिकी क्रमांक 84/2019 धारा दिनांक 15.05.2019 धारा 366ए, 376, 376(3), 376 डी डी, 120 बी भादवि, 4,6 पॉक्सो एक्ट एवं 4,5,6,7,9 अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम दर्ज है। इस दुराचार में ब्रह्मानंद नेताम के साथ भाजपा नेता दीपांकर सिन्हा, नरेश सोनी भी था। ब्रम्हानंद नेताम सहित इन भाजपा नेताओं ने एक 15 साल की नाबालिग मासूम बच्ची के साथ गैंगरेप किया था। पीड़िता के द्वारा अदालत में धारा 164 के बयान में दिये बयान में ब्रम्हानंद नेताम का नाम लिया साथ ही मामला नाबालिग और पॉस्को एक्ट का था तो इसकी विवेचना नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंह भूमि, जमशेदपुर के द्वारा दी गयी पुलिस अधीक्षक की जांच में भी ब्रम्हानंद नेताम के ऊपर लगे आरोपों की पुष्टि हुई है। नगर पुलिस अधीक्षक के जांच प्रतिवेदन में 10वें क्रम ब्रम्हानंद नेताम थाना चारामा (छत्तीसगढ़) पूर्व विधायक भानुप्रतापपुर का नाम है। ऐसे अपराधी को भाजपा बचा रही है।

 

 

और भी

रमनराज के आरक्षण विरोधी षडयंत्रों में मूकदर्शक बने भाजपाई, चुनावी लाभ के लिए कर रहे अनर्गल बयानबाजी

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आरक्षण और पीएससी भर्ती प्रक्रिया पर भारतीय जनता पार्टी के बयान पर कड़ा प्रतिवाद करते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि रमन सरकार ने अनुसूचित जाति वर्ग के आरक्षण में 4 प्रतिशत की कटौती की। प्रभावित वर्ग से बिना चर्चा बिना सहमति के एससी वर्ग का आरक्षण 16 परसेंट से घटाकर 4 परसेंट किया गया। भाजपा के इस अधिनायकवादी रवैया से व्यथित होकर प्रभावित वर्ग के प्रतिनिधियों ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। रमन सरकार ने आरक्षित वर्ग के हितों के खिलाफ़ षडयंत्र पूर्वक न्यायालय में आंकड़े छुपाए। विगत दिनों पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठतम आदिवासी विधायक ननकीराम कंवर ने भी रमन सरकार के आरक्षण विरोधी कृत्य को उजागर किया था। 

 

बिलासपुर उच्च न्यायालय के फैसले में स्पष्ट रूप से वर्णित है कि सीएस और ननकीराम कमेटी के दस्तावेजों को न्यायालय में प्रस्तुत ही नहीं किया गया। कमेटी के महत्वपूर्ण दस्तावेजों का जिक्र ना शपथ पत्र में था और ना ही 2018 के पूर्व दाखिल मूल जवाब और संशोधित जवाब में। भूपेश बघेल सरकार आने के बाद जब न्यायालय में उक्त दस्तावेजों को प्रस्तुत करने की अनुमति मांगी गई तो न्यायालय ने इसी आधार पर खारिज कर दिया कि पूर्ववर्ती रमन सरकार को पर्याप्त समय दिया गया था और उक्त दस्तावेजों का जिक्र शपथ पत्र में भी नहीं है। अब छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता केवल चुनावी लाभ के लिए गलत बयानी कर भ्रम फैला रहे हैं।

 

 

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि रमन सरकार के दौरान 15 साल में केवल 9 बार ही पीएससी की भर्ती की गई, अर्थात 6 साल पीएससी की भर्ती ही नहीं हुई। वर्तमान भूपेश बघेल सरकार में पिछले 4 साल में चार बार नियमित भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के बाद अब पांचवी भर्ती प्रक्रिया शुरू किया गया है। आउटसोर्सिंग के माध्यम से स्थानीय युवाओं के सरकारी नौकरी के अधिकार को बेचने वाले भाजपाई नियमित और स्थाई भर्ती का विरोध कर अपने युवा विरोधी चरित्र को प्रदर्शित कर रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली विभाग, राजस्व, वन, पुलिस, सिंचाई विभाग सहित अनेकों विभागों में नियमित भर्ती हो रही है। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निजी संस्थानों में भी बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर मिले हैं। नौकरियों के साथ ही किसान, कृषि मजदूर, वनोपाज संग्राहकों को भी उनका अधिकार मिलने लगा है। छत्तीसगढ़ में आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक समृद्धि आई है। रमन राज के कुशासन, वादाखिलाफी, कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार की कालिख उजागर होने और भूपेश बघेल सरकार के जनहितेषी योजनाओं की लोकप्रियता से मुद्दाविहीन हो चुके भाजपाई अब अनर्गल बयानबाजी करने लगे हैं।

 

 

और भी

जिले में अब तक 11 हजार 909 क्विंटल हुई धान की खरीदी

 नारायणपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। खरीफ  विपणन वर्श 2022-23 के तहत राज्य शासन के निर्देशानुसार समर्थन मूल्य पर जिले के पंजीकृत किसानों से विभिन्न धान उपार्जन केन्द्रों के जरिये अनवरत रूप से धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी के मार्गदर्शन में इन केन्द्रों में किसानों के धान का उपार्जन किया जा रहा है। 

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के धान खरीदी केन्द्रों में अब तक 11 हजार 909 क्विंटल धान की खरीदी की गयी है, जिसमें धान खरीदी केन्द्र एड़का में 1144.40 क्विंटल, गढ़बेंगाल में 1239 क्विंटल, झारा में 1404.80 क्विंटल, नारायणपुर में 2324.80 क्विंटल, धौड़ाई में 20 क्विंटल, बेनूर में 1763.20 क्विंटल, कुकड़ाझोर में 1096.40 क्विंटल, बाकुलवाही में 863.20 क्विंटल, बिंजली में 1909.20 क्विंटल, छोटेडोंगर में 122 क्विंटल और कन्हारगांव में 22 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। इसके एवज में किसानों को 2 करोड़ 44 लाख 94 हजार 472 रूपये की राशि उनके खाते में अंतरित कर दी गयी है। इसके साथ ही इन धान खरीदी केन्द्रों में बारदानों की पर्याप्त मात्रा पहुंचा दी गयी हैं। 

 
और भी

मोहन मरकाम ने प्रेस वार्ता में पीड़िता का नाम उजागर नहीं किया, उनके खिलाफ भाजपा ने की झूठी शिकायत

 राष्ट्रीय बाल आयोग को पॉक्सो एक्ट के आरोपी ब्रह्मानंद नेताम पर भी संज्ञान लेना चाहिये

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के द्वारा तथाकथित रूप से ब्रम्हानंद नेताम मामले में पीड़िता का नाम उजागर करने में जांच के लिये राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग द्वारा कांकेर पुलिस अधीक्षक को भेजी गयी नोटिस बेहद ही दुर्भाग्यजनक है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय बाल आयोग को पॉक्सो एक्ट के आरोपी ब्रह्मानंद नेताम पर संज्ञान लेना चाहिए। जिसे भाजपा ने उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने प्रेस वार्ता में पीड़िता का नाम नहीं लिया है बल्कि प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने सभी पत्रकार साथियों से पीड़िता की पहचान छुपाने की गुजारिश भी की  हैं। भाजपा ने मोहन मरकाम के खिलाफ झूठी शिकायत कर रेप गैंगरेप पॉक्सो एक्ट और देह व्यापार में धकेलने के आरोपी ब्रह्मानंद नेताम के मामले में भानूप्रतापपुर की जनता का ध्यान भटकाने का षड्यंत्र किया है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने आरोपी ब्रह्मानंद नेताम के मामले को सार्वजनिक कर पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाये है। क्योंकि 2019 में जब भाजपा की सरकार थी रघुवर दास मुख्यमंत्री थे तो पीड़िता की आवाज को दबाया गया कुचला गया उसके साथ अन्याय किया गया और आरोपी को बचाया गया है।

 

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि एक भाजपा नेता पर 15 साल की मासूम के साथ सामूहिक अनाचार का आरोप है उसके ऊपर मासूम को जबरिया देह व्यापार में धकेलने का अपराध दर्ज है। पास्कों एक्ट में मुकदमा दर्ज है। वह खुलेआम घूम रहा है। भाजपा उसे अपना प्रत्याशी बनाई है उनके ऊपर बाल संरक्षण संरक्षण आयोग को नोटिस देना चाहिये। इस पर आयोग ने अभी तक कोई कार्यवाही नही किया।

 

 

और भी

ईंट भट्ठे में काम कर रही थी अस्पताल से लापता छात्राएं...

 नारायणपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले के ओरछा ब्लॉक में संचालित एकलव्य आवासीय विद्यालय एवं आदर्श कन्या शिक्षा परिसर की 4 छात्राएं अचानक 13 नवम्बर को लापता हो गई थी। इन छात्राओं के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने 2 दिन बाद ओरछा थाने में छात्राओं के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस छात्राओं की खोजबीन में जुट गई। हाल ही में इन छात्रों को तमिलनाडु से रेस्क्यू किया गया।

 

वही इस मामले के संज्ञान में आने के बाद नारायणपुर जिला प्रशासन और पुलिस प्राशासन के द्वारा 8 सदस्यीय दो टीम बनाई गई। जिसके बाद इस मामले की पतासाजी करते हुए टीम तमिलनाडु के नामक्कल डिस्ट्रिक पहुच गई। जहां पर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से ईट भट्टे में छापेमारी की गई। जहां पर छात्रावास से गायब हुई चारो छात्राएं ईंट भट्ठे पर मजदूरी का कार्य कर रही थी।

 

 इस छापेमारी के दौरान टीम ने नारायणपुर जिले के 6 बच्चो सहित , बास्तानार के 9 और कोंडागांव के 1 बच्चे को रेस्क्यू किया जिसके बाद तत्काल टीम द्वारा 16 बच्चो को वापस लाया गया है। जिसमे 12 लड़कियां और 4 लड़के शामिल हैं। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए नारायणपुर कलेक्टर ने छात्रावास में पदस्त दोनों महिला अधीक्षिका को निलम्बित कर दिया है। इसके साथ ही छात्रावास में हुए इस हादसे को देखते हुए कलेक्टर ने सख्त करवाई करने के आदेश दिए है।

 

 

और भी

सड़क दुर्घटना में आरक्षक दंपत्ति की मौत

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पिकप वाहन की ठोकर से हुए सड़क हादसे में पुलिस आरक्षक और उसकी पत्नी की मौत हो गयी है।  ये मामला अभनपुर थाना का है। 

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान आरक्षक की पहचान विजय राजपूत और उसकी पत्नी आरती राजपूत के रूप में हुई। मृत दंपति अपनी कार से पारिवारिक शादी से बिलासपुर से धमतरी वापस लौट रहे थे तब ये हादसा हुआ अभनपुर के पास हुआ।  बिलासपुर से लौटते वक़्त बिलासपुर-रायपुर रोड में अभनपुर-निमोरा के पास एक पिकप वाहन ने पीड़ित दमपत्ति की कार से जबरदस्त भिड़ंत हो गयी जिसमे आरक्षक की पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी वहीँ इलाज के दौरान आरक्षककी धमतरी के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया।  पुलिस ने मामला दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है। 

 
और भी

मोटरसाइकिल ट्रक से टकराई, एक की मौत

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश की राजधानी रायपुर में हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी और दूसरा घायल हो गया है। ये मामला पुरानीबस्ती थाना क्षेत्र के भांठागांव का है।  

पुलिस ने बताया कि ये घटना भाटागांव ओवरब्रिज के पास रविवार दोपहर को तब हुई ज़ब दो बाइक सवार पहले आपस में टकरा गए जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और एक बाइक ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।   वहीं दूसरा युवक घायल हो गया जिसे फ़ौरन अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं दूसरा बाइक सवार फरार हो गया। पुलिस ने कहा कि मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है और आगे की कार्रवाई जारी है। 

 

और भी

खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, 1 की मौत, 1 घायल

 महासमुंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पटेवा में हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और दूसरा घायल हो गया है। ये मामला खड़िया नवागांव (पटेवा) का है।  मिली जानकार के अऩुसार पटेवा एनएच-53 तोरला पड़वा राजधानी ढाबा के पास ट्रेलर खड़ा था। थी, इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक आकर ट्रेलर से टकराई।

खबरे और भी :- सड़क दुर्घटना में आरक्षक दंपत्ति की मौत

इस हादसे में बाइक चालक लखन खड़िया नवागांव (पटेवा) निवासी का मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक घायल हो गया जिसे फ़ौरन अस्पताल पहुंचाया गया। 

और भी

अमलेश्वर-निसदा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बने राज्य के पहले एनक्यूएएस सर्टिफाइड उप स्वास्थ्य केंद्र

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ उप स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर एनक्यूएएस (National Quality Assurance Standard) सर्टिफिकेशन हासिल करने वाला देश का चौथा राज्य बन गया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने दुर्ग जिले के अमलेश्वर और रायपुर जिले के निसदा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर उप स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण और मूल्याकंन के बाद एनक्यूएएस प्रमाण-पत्र जारी किया है। राज्य के 57 शासकीय अस्पतालों को अब तक राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण-पत्र से नवाजा जा चुका है।


केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा सेवाओं के मूल्यांकन में अमलेश्वर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर उप स्वास्थ्य केंद्र को 94 प्रतिशत और निसदा को 93 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। दोनों ही स्वास्थ्य केंद्रों का इस वर्ष जुलाई में केंद्रीय टीम द्वारा मूल्यांकन किया गया था। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर उप स्वास्थ्य केन्द्रों का राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक सर्टिफिकेशन 12 मानकों के आधार पर किया जाता है। इसके लिए संस्था द्वारा सेवा प्रदायगी, मरीज संतुष्टि, क्लिनिकल सर्विसेस, इनपुट, संक्रमण नियंत्रण, सपोर्ट सर्विसेस, गुणवत्तापूर्ण प्रबंध, आउटपुट जैसे मानकों की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया जाता है। मूल्यांकन में खरा उतरने वाले अस्पतालों को ही केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा गुणवत्ता प्रमाण पत्र जारी किया जाता है।

प्रदेश के कुल 57 अस्पतालों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण-पत्र श्री
प्रदेश के कुल 57 अस्पतालों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण-पत्र प्राप्त हो चुका है। इनमें  दस जिला अस्पताल, सात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 26 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,12 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और दो उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक सर्टिफिकेशन का उद्देश्य अस्पतालों की सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए आम जनता तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना है।

 

 

और भी