छत्तीसगढ़
जिला पंचायत सीईओ ने किया ग्रामीण औद्यौगिक पार्क का निरीक्षण
बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर बंसल के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ गोपाल वर्मा ने आज ग्रामीण औद्योगिक पार्क (रिपा) के अंतर्गत चयनित गौठान केसली, रोहरा का औचक निरीक्षण कर स्वीकृत कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकरियों को दिए है। इसके साथ ही उन्होनें नवापारा स्कूल का भी निरीक्षण कर स्कूल में चल रहे अतिरिक्त कक्ष के निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए है। सीईओ ने इस दौरान बच्चों से मिलकर शिक्षा की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी हासिल की। साथ ही बच्चों को आगे बढऩे के लिए नीट, जेईई परीक्षा की जानकारी देते हुए शिक्षकों को अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने, प्रतियोगी परीक्षाएं के लिए विशेष तैयारी कराने का सुझाव दिया गया।
उक्त अवसर पर सरपंच सहित सीईओ जनपद पंचायत सिमगा अमित दुबे, पंचायत विभाग के अन्य कर्मचारी, सचिव व गांव के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इसके उन्होनें पलारी विकासखंड अंतर्गत 103 पंचायतों के सरपंच, सचिव व रोजगार सहायक की विशेष बैठक ली। जिसमें गोधन न्याय योजना, पैरा दान, मनरेगा स्वच्छ भारत मिशन के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने गांवों में पैरादान को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान, गौधन के तहत गोबर खरीदी, मनेरगा के तहत गांवों में रोजगार मूलक कार्य करने सभी सरपंचों को अपूर्ण निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही इस मौके पर सर्वाधिक पैरा दान करने वाले, सर्वाधिक गोबर खरीदी करने वाले तथा सर्वाधिक 100 दिवस रोजगार देंने वाले पंचायत को साल व फल से सम्मानित किया गया। उक्त मौके पर अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत हरिशंकर चौहान, एपीओ मनरेगा के.के साहू, एसबीएम जिला समन्वयक मुरली कांत यदु, सीईओ पलारी रोहित नायक सहित अन्य समस्त अधिकारी, कर्मचारी गण उपस्थित थे।
सोनाखान मैराथन में हुआ उत्साह के साथ, 300 से अधिक प्रतिभागियों ने लगाई कुपोषण के खिलाफ दौड़
सुपोषण का संदेश देने युवाओं से लेकर बच्चों व महिलाएं भी हुए सम्मलित
बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान का संदेश देने दु कदम सुपोषण के थीम पर जिला प्रशासन की ओर से आज शहीद वीर नारायण सिंह की जन्मभूमि सोनाखान में सोनाखान मैराथन 2022 का आयोजन किया गया। जिसमें 341प्रतिभागियों ने भाग लिया। युवाओं से लेकर बच्चे व महिलाओं ने बड़े उत्साह से इस मैराथन में शामिल हुए।
यह दौड़ शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक के मुख्य द्वार से सुबह 8 बजे से प्रारंभ होकर 10 किलोमीटर तक प्राकृतिक वातावरण में जंगल के रास्ते से होते हुए समाप्त हुआ। मैराथन में प्रथम-भोजराम साहू द्वितीय- सुनील साहू तृतीय- कुंज राम ध्रुव को प्राप्त हुआ। गौरतलब है की मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के तहत गर्भवती व शिशुवती माताओं को भी गरम भोजन से लाभान्वित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जिले में 12 हजार से अधिक एनिमिक महिलाओं को गरम भोजन दिया जा रहा है। इस प्रकार योजना से लाभान्वित होने वाली अन्य गर्भवती व शिशुवती माताओं के पोषण स्तर में नियमित सुधार हो रहा हैं।
दिशा दर्शन योजना के तहत महिला स्व. सहायता समूह के 150 सदस्यों को कराया एक्स्पोजर विजिट
कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महिला एवं बाल विकास विभाग कबीरधाम के द्वारा दिशा दर्शन योजना के तहत महिला स्व. सहायता समूह के 150 सदस्यों का एक्स्पोजर विजिट कराया गया। 29 नवंबर को सुबह 11 बजे पंडरिया विधायक ममता चंद्राकर के द्वारा हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा का शुभारंभ किया गया। इसके तहत 29 नवंबर को मध्य प्रदेश के मंडला जिले के बिछिया स्थित तेजस्विनी एकता महिला महासंघ के सदस्यों द्वारा कोदो कुटकी प्रसंस्करण इकाई, बेकरी इकाई, वस्त्र निर्माण इकाई के साथ ही कोदो कुटकी से बनने वाली कुकीज के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही निर्माण स्थल में बन रहे कुकीज का भी अवलोकन कराया गया।
इस समूह के क्रियाकलापों को देखकर महिला स्व. सहायता समूह की महिलाएं अपने क्षेत्र में भी ऐसा कार्य करने का संकल्प लिया। इसके दूसरे दिन सतना जिले के बेरमा स्थित स्व. सहायता समूह की महिलाओं द्वारा उत्पादित ताजी सब्जी एवं फल विक्रय केंद्र का एक्स्पोज़र विजिट कराया गया। इस फेडरेशन में अनेक स्व. सहायता समूह जुड़े हुए हैं।
समूह के सदस्यों द्वारा आजीविका जलपान गृह, फल विक्रय केंद्र, किराना स्टोर सहित व्यवसाय कर अपने जीविकोपार्जन का साधन बनाया हुआ है। इस फेडरेशन के सदस्यों द्वारा उनके द्वारा की गई खेती का भी अवलोकन कराया गया। 1 दिसंबर को सतना जिले के मैहर में स्थित मां शारदा देवी का दर्शन कराया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी आनंद तिवारी के द्वारा इस यात्रा के लिए परियोजना अधिकारी बृजेश सोनी, संदीप पटेल एवं नमन देशमुख को नोडल अधिकारी के रूप में नामांकित किया गया था।
हिमाचल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत मोदी सरकार के विदाई का संकेत : मोहन मरकाम
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भानुप्रतापपुर उपचुनाव एवं हिमाचल में मिली कांग्रेस को ऐतिहासिक जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि स्पष्ट है हिमाचल की जनता ने मोदी के नेतृत्व को अस्वीकार कर दिया है। हिमाचल में भाजपा की करारी हार 2024 में केंद्र से मोदी सरकार के विदाई के संकेत हैं। गुजरात में चुनाव में भाजपा गुजरात मॉडल की चर्चा नहीं की बल्कि हमेशा की तरह गुजरात की अस्मिता को आगे लाकर गुजरात के इज्जत की बात कह कर जनता से भावनात्मक रूप से वोट लेने में कामयाब रही है।
छत्तीसगढ़ के 15 आईएएस जाएंगे मसूरी, मिड करियर ट्रेनिंग की मिली मंजूरी
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्य सरकार ने 15 आईएएस अफसरों को मिड कॅरियर ट्रेनिंग के लिए मंजूरी दे दी है। इनमें छत्तीसगढ़ कैडर के 2008 से 2014 बैच के आईएएस शामिल हैं। बता दें कि राज्य सरकार ने धान खरीदी व अन्य जरूरी कार्यों के मद्देनजर चार कलेक्टरों को ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए मंजूरी नहीं दी थी।
गौरतलब है कि देशभर से करीब 162 आईएएस अफसरों को करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए चुना गया है। इनमें 2007 से लेकर 2014 बैच के आईएएस हैं। मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री प्रशासन अकादमी में 25 दिन की ट्रेनिंग होगी। यह ट्रेनिंग प्रोग्राम 19 दिसंबर से 13 जनवरी के बीच आयोजित है।
ये अफसर जाएंगे ट्रेनिंग करने
छत्तीसगढ़ से 2008 बैच के अफसर श्यामलाल धावड़े, राजेश सिंह राणा, जनक प्रसाद पाठक, महादेव कावरे, नीलकंठ टिकाम, 2009 बैच की किरण कौशल, अय्याज तंबोली, अवनीश कुमार शरण, 2010 बैच के डॉ. सारांश मित्तर, जयप्रकाश मौर्य, 2012 बैच के संजय अग्रवाल, रणबीर शर्मा, रितेश कुमार अग्रवाल, शिव अनंत तायल, 2013 बैच के गौरव कुमार सिंह, इंद्रजीत चंद्रवाल और 2014 बैच के ऋतुराज रघुवंशी का चयन किया गया है।
इन्हें नहीं मिली अनुमति
राज्य सरकार ने रायपुर कलेक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू, महासमुंद कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर और जांजगीर-चांपा कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा को ट्रेनिंग में जाने की मंजूरी नहीं दी है। राज्य में अधिकारियों की कमी को देखते हुए मंजूरी नहीं दी है।
बता दें कि मिड कॅरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम का मकसद अधिकारियों को अगले स्तर पर काम करने में सक्षम बनाना है। इसी ट्रेनिंग के आधार पर जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड, सुपर टाइम स्केल और इंक्रीमेंट तय होता है।
बिहान मेला जैसे प्रयास से समाज में आती है जागृति, खुलते हैं विकास के रास्ते : विधायक
- विधायक श्रीमती छन्नी साहू ने महिला समूह के उत्पादों को देखकर बढ़ाया हौसला - जनपद पंचायत छुरिया में लगा महिला समूह के लिए बिहान मेला - 30 महिला समूह ने स्टाल लगाकर की अपने उत्पादों की प्रदर्शनी सह बिक्री - समूह की महिलाओं ने लगभग 2 लाख 18 हजार रूपए के उत्पादों की बिक्री की - कलेक्टर ने स्टाल निरीक्षण कर महिला समूह के प्रयासों की प्रशंसा की
राजनांदगांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जनपद पंचायत छुरिया के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में आज राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना अंतर्गत महिला समूह के लिए बिहान मेला का आयोजन किया गया। बिहान मेला का आयोजन जिला प्रशासन एवं कलेक्टर डोमन सिंह के मार्गदर्शन व नेतृत्व में किया गया। बिहान मेला में आज देर तक रौनक रही और यहां लगभग 7 हजार से अधिक लोगों ने लुत्फ उठाया। बिहान मेले में 30 महिला समूह ने स्टाल के माध्यम से अपने यहां उत्पादित सामग्रियों की प्रदर्शनी व बिक्री की। बिहान मेला का आयोजन होने से 1730 महिला समूह को अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए एक बेहतरीन प्लेटफार्म मिला। मेले में समूह की महिलाओं के लगभग 2 लाख 18 हजार रूपए के उत्पादों की बिक्री हुई। यहां पहुंचे खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी साहू एवं कलेक्टर डोमन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार ने महिला समूह के स्टाल में पहुंचकर महिला समूह द्वारा उत्पादित सामग्री का अवलोकन किया। इस दौरान खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी साहू ने कहा कि समूह की महिलाओं के प्रयास से समाज में जागृति आती है। महिलाओं के अग्रणी भूमिका में आगे आने से विकास की राह खुलती है। उन्होंने महिला समूह को उनके इस प्रयास के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।
रोजगार दिवस का हुआ आयोजन
दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना में कार्यरत जिसमें अभी इस वित्तीय वर्ष आज सभी पंचायत ग्राम सभा के माध्यम से रोजगार दिवस आयोजित किया गया। मनरेगा में 13480 मजदूर कार्यरत है कुल निर्माण 661 कार्य में 266 ग्राम पंचायत में मनरेगा के कार्य चल किया जा रहा है। मनरेगा से रोजगार के अधिकार व शिकायत निवारण संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही वर्ष के दौरान निर्माण कार्याे की जानकारी दी गई। इस अवसर पर अधिक से अधिक श्रमिकों को मनरेगा अंतर्गत रोजगार प्राप्त करने पर भी जानकारी दी गई। ज्ञातव्य है, कि विकासखण्ड पंचायतों में श्रममूलक पर्याप्त कार्य स्वीकृत है, जिसके तहत मांग अनुसार निरंतर श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
मजदूरो का 15 दिवस बैक खाते के माध्यम से भुगतान की रोजगार दिवस में विस्तार से जानकारी दी गई। गौरतलब है कि योजना के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2022-23 पंजीकृत परिवार 1,19,198 कुल परिवार है। जिसमें से 1,79,780 परिवारों को रोजगार दिया जा चुका है। 20 लाख 55 हजार मानव दिवस सृजित किया गया है। वर्तमान में वृक्षरोपण कार्य, पशु शेड, नवीन पंचायत भवन, आंगनबाडी, उचित मूल्य की दुकान, गौठान में शेड नरवा कार्य, निर्माण इत्यादि कार्य निरंतर चल रहे ।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अश्विनी देवांगन ने बताया गया रोजगार दिवस के अवसर पर मनरेगा के माध्यम से अधिक संख्या में ग्रमीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराये जाने के उदेश्य से विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्य में इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2022-23 में जिला दुर्ग में जिला दुर्ग में 4910.17 लाख मजदूरी पर व्यय किया गया जो कि व्यय का 75.51 प्रतिशत प्राप्त किया गया है। 302 परिवार को 100 दिवस का रोजगार उपलब्ध किया गया है। प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन (छत्ड) 88.45 प्रतिशत एवं कृषि के विकास 80.57 प्रतिशत कार्य किया गया है।
गढत हे नवा छत्तीसगढ़ : प्रदेश की आंचलिक खबरें एक नजर में
गौरेला पेंड्रा मरवाही : समर्थन मूल्य पर अब तक जिले में 2 लाख 53 हजार क्विंटल से अधिक धान खरीदी
राज्यपाल जनभावनाओं के अनुरूप आरक्षण संशोधन विधेयक पर अविलंब हस्ताक्षर करें : कांग्रेस
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस ने राज्यपाल से आरक्षण संशोधन विधेयक पर अविलंब हस्ताक्षर का आग्रह किया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा आरक्षण संशोधन विधेयक पर अपना मत स्पष्ट करे, भाजपा के नेता विधेयक पर हस्ताक्षर नहीं होने पर जिस प्रकार बयान दे रहे उन बयानों के निहितार्थ छत्तीसगढ़ का हर नागरिक समझ रहा तथा भाजपा की बदनीयती भी सामने आ रही है। विधानसभा में भी भाजपा द्वारा विधेयक को प्रस्तुत करते समय अड़ंगा लगाने के लिये हो-हल्ला मचाया था। कांग्रेस सरकार ने आरक्षण के लिये विधेयक पास करवा कर अपनी नीयत और मंशा साफ कर दी है, अब विलंब होता है तो इसका जवाब भाजपा को देना होगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता राजभवन जाकर विधेयक पर शीघ्र हस्ताक्षर के लिये क्यों नहीं कहते?
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जिस विधेयक को लाने के लिये विशेष सत्र बुलाने की सहमति राज्यपाल की भी थी तथा उन्होंने उसी दिन हस्ताक्षर की बात कही थी फिर इसमें विलंब क्यों हो रहा है? राजभवन द्वारा आरक्षण संशोधन विधेयक पर हस्ताक्षर करने में विलंब करने में अनेक कुशंकाओं का जन्म हो रहा है। आरक्षण संशोधन विधेयक विधानसभा में पारित हो गया तो राजभवन को तत्काल हस्ताक्षर कर देना चाहिये। राजभवन में इसके पहले भी जब कृषि संशोधन विधेयक पारित हुआ था तब भी हस्ताक्षर करने में विलंब हुआ था। इस देरी से गलत संदेश जनता के बीच जा रहा जो राजभवन की गरिमा के विपरीत है। आरक्षण संशोधन विधेयक छत्तीसगढ़ के 32 फीसदी आबादी के हितों का सवाल हैं। छत्तीसगढ़ के ओबीसी वर्ग के हितों का सवाल है। छत्तीसगढ़ के अनुसूचित जाति वर्ग एवं अनारक्षित वर्ग के गरीबों के हितो का सवाल है। 76 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। इसमें राजभवन को तत्काल हस्ताक्षर करना चाहिये।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि विधानसभा ने पूर्ण बहुमत एवं ध्वनि मत से विधेयक को पारित किया है। आरक्षण संशोधन विधेयक सभी पहलुओं को देखने के बाद ही विधानसभा में लाया गया था तथा विधेयक लाने के तार्किक आधार को सरकार ने एकत्रित किया है। पिछड़ा वर्ग की आबादी के लिये क्वांटी फायबल डाटा आयोग गठित किया गया अनुसचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की आबादी के जनगणना के आंकड़ो के आधार पर तथा ईडब्लूएस आरक्षण लोकसभा में पारित कानून के आधार पर लाया गया है। यह विधेयक पूरी तरीके से कानून सम्मत एवं तर्क सम्मत विधेयक है। इसमें तत्काल हस्ताक्षर होना चाहिये।
मुख्यमंत्री बघेल ने दी भंवरपुर को कई सौगातें
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भेंट-मुलाकात में महासमुंद जिले की सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भंवरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भंवरपुर को दिल खोलकर सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के आग्रह पर ग्राम पंचायत भंवरपुर को नगर पंचायत बनाने, भंवरपुर को उप तहसील बनाने, भंवरपुर में किसी राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने की प्रक्रिया प्रारंभ करने, पुलिस चौकी भंवरपुर का थाने में उन्नयन, भंवरपुर में कॉलेज की स्थापना, भंवरपुर में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश माध्यम विद्यालय खोलने, भंवरपुर में ओपन जिम और भंवरपुर से सरायपाली तक सड़क निर्माण को तेज गति से पूरा कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं का उपस्थित समुदाय ने उत्साह के साथ स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री बघेल ने भेंट-मुलाकात में ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसानों और हितग्राहियों को योजना का लाभ मिला है या नहीं इसकी जानकारी लेने व शासन की योजनाओं का फीडबैक लेने के लिए भंवरपुर आएं हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में लागू की गई योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। मुख्यमंत्री ने इसके पहले छत्तीसगढ़ महतारी के छाया चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की शुरुआत की।
रघुनाथ का 3 लाख रूपए की ऋण हुआ माफ: खेती की आमदनी से खरीदी ट्रेक्टर
भेंट-मुलाकात के दौरान पोटापारा के किसान रघुनाथ ने मुख्यमंत्री को बताया 3 लाख का लोन माफ हुआ है। खेती से हुई आमदनी से खेत में पम्प लगाया और ट्रैक्टर खरीदा। ग्राम आरा-पथरा के उमंग साव ने पेट की बीमारी के इलाज के लिए मुख्यमंत्री से सहायता की मांग की, इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें दो लाख रुपए की सहायता राशि देने का आश्वासन दिया।
ग्राम सकरी के रोहित डडसेना ने बताया कि उन्होंने कुल 11 सौ 60 क्विंटल गोबर बेचकर 02 लाख 32 हजार रुपये की आमदनी की है। युवा मितान क्लब के सदस्य दयानिधि नायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि 42 सदस्य हैं, खेलकूद, साफ-सफाई और अनेक गतिविधियों का संचालन क्लब द्वारा किया जा रहा है। हाट बाजार क्लीनिक योजना की लाभान्वित हेम बाई पटेल ने बताया कि बाजार में नियमित गाड़ी आती है। मुझे बीपी की समस्या है, जांच कराई और दवाइयां ले रही हूं। सबकुछ निःशुल्क हुआ है।
गौठान में मशरूम उत्पादन और मुर्गी पालन के लिए बनेगा शेड
भेंट-मुलाकात में रेखा लहरे ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्मी कंपोस्ट से उनके समूह को एक लाख पांच हजार रुपए की आमदनी हुई है। रेखा ने मुख्यमंत्री के समक्ष मशरूम शेड एवं मुर्गी शेड और गौठान में तार घेरे का कार्य करवाने की मांग रखी, इस पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए।
बसना के स्वामी आत्मानंद स्कूल की छात्रा पूजा ने मुख्यमंत्री को बताया कि स्वामी आत्मानंद स्कूल में निःशुल्क उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल 400 और स्वामी आत्मानंद स्कूल खुलेंगे। कक्षा पहली के नन्हें छात्र लक्ष्य बंजारे ने मुख्यमंत्री को धारा प्रवाह प्रदेश के 33 जिलों के नाम बताए। नन्हें बालक लक्ष्य की प्रतिभा देखकर मुख्यमंत्री बघेल ने लक्ष्य को शाबासी दी।
स्वामी आत्मानंद स्कूल की छात्राओं को सायकल वितरण
मुख्यमंत्री ने भंवरपुर में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल बसना के छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरित की। कक्षा नौवीं की छात्रा तेजस्वनी साव, अंकिता प्रधान, शिवानी साहू, श्रद्धा प्रधान मंदाकिनी पांडे को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत निशुल्क साइकिल दी गई।
किसानों को मसूर बीज मिनी किट का वितरण
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत भंवरपुर के युधिष्ठिर पटेल, संतोष नायक, रतन सिदार,जगदीश पटेल तथा ग्राम पंचायत कूड़ेला के प्रीतम सिंग सिदार को मसूर बीज मिनी किट का वितरण किया गया। किसानों को दलहन तिलहन खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। और इसी क्रम में मसूर बीज मिनी किट का वितरण किया गया।
दिव्यांग हितग्राहियों को मिली मोटराइड ट्राई साइकिल
मुख्यमंत्री ने ग्राम पिपली पाली की प्रमिला भोई और ग्राम काशी पाली के अशोक को मुख्यमंत्री ने मोटराइज्ड ट्राई साइकिल का वितरण किया। प्रमिला भोई बी.एस. सी. सेकेंड ईयर की छात्रा है पहले उन्हें स्कूल और कॉलेज जाने में काफी परेशानी होती थी।
प्रमिला ने बताया कि मोटराइज्ड ट्राई साइकल मिलने मिलने से अब वह आसानी से कॉलेज जा सकती है और अपनी पढ़ाई अच्छे से पूरा कर सकती है। मोटराइज्ड ट्राई साइकिल पाकर प्रमिला ने खुशी जाहिर करते हुए शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए आभार प्रकट किया।a
रोजगार का सुनहरा अवसर, संभाग स्तरीय मेगा प्लेसमेंट कैंप 14 दिसंबर तक
सुकमा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छग राज्य कौशल विकास प्राधिकरण रायपुर के तत्वावधान में राज्य स्तरीय मेगा प्लेसमेंट कैंप का आयोजन संभाग स्तर पर 8 से 14 दिसंबर के मध्य संभावित है। उक्त मेगा प्लेसमेंट कैंप मे अपेरल, बैंकिंग एवं फायनेंसियल, आई टी, हेल्थकेयर, टुरिज्म एवं हॉस्पिटालिटी, लॉजिस्टिक, मेनुफेक्चरिंग, रिटेल एवं सिक्युरिटी सेक्टर अंतर्गत विभिन्न कंपनियों से प्राप्त 46,616 रिक्तियों के लिए किया जा रहा है। अतः अधिक से अधिक संख्या में इच्छुक आवेदक 10 दिसंबर तक https://cssda.cg.nic.in/
इच्छुक आवेदक अपना नाम, पिता का नाम, मोबाईल नंबर, शैक्षणिक योग्यता, आवेदित सेक्टर का नाम, आवेदित सेक्टर में प्रशिक्षित हां / नहीं इत्यादि की जानकारी कार्यालय जिला रोजगार कार्यालय/जिला कौशल विकास प्राधिकरण सुकमा में उपस्थित होकर जानकारी प्रेषित कर राज्य स्तरीय मेगा प्लेसमेंट कैंप में भाग लेने अपना पंजीयन करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 07864-284074, 9479287844, 7587259838, 07864-284018, पर संपर्क कर सकते हैं।
पीएम आवास योजना के तहत प्रथम, द्वितीय किस्त में 3302 हितग्राहियों को मिला लाभ, अधूरे आवास अब होंगे पूर्ण
सूरजपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना अन्तर्गत प्रथम किस्त वर्ष 2016-17 से 2019-20 तक के प्रथम किस्त, द्वितीय किस्त व तृतीय किस्त का अंतिम किस्त की राशि जारी की गई है। राज्य से नोडल खाते से हितग्राहियों के खातों में 905.63 लाख रुपए की राशि हस्तांतरित की गई है। राशि मिलने के बाद आवास बनाने का काम तेज गति से शुरू किया गया है। हितग्राही अपने आशियानो को पूर्ण होता देख रहे है। आवास के हितग्राहियों की राशि आवंटन की कार्यवाही निरंतर प्रगति पर है। जैसे जैसे हितग्राही अपने आवास का निर्माण चरणबद्ध तरीके से करते जाएंगे वैसे वैसे हितग्राहियों की राशि का भुगतान खातों में हस्तांतरित होता जायेगा। जिला पंचायत सीईओ लीना कोसम ने आवास निर्माण कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं।
प्रथम किस्त वर्ष 2016-20 तक 95 हितग्राहियों को, द्वितीय किस्त वर्ष 2018-19 तथा 2019-20 का 72 हितग्राहियों को तथा तृतीय किस्त वर्ष 2018-19-2019-20 का 962 तथा अंतिम किस्त 2016-20 तक का 1664 हितग्राहियों को जारी किया गया है। व महात्मा गांधी नरेगा से 90 दिवस रोजगार मुहैया कराया जाता है। वर्ष 2016-20 तक 27602 हितग्राहियों को आवास स्वीकृत किया गया है, जिसमें 24078 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
मनाया गया सशस्त्र सेना झण्डा दिवस, कलेक्टर को ध्वज प्रतीक लगाकर किया शुभारंभ
जगदलपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। शहीद सैनिकों के सम्मान में आज जिले में सशस्त्र सेना झण्डा दिवस मनाया गया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर जेपी पात्रो और भूतपूर्व सैनिकों ने आज कलेक्टर चंदन कुमार को ध्वज प्रतीक लगाकर सशस्त्र झण्डा दिवस का शुभारंभ किया। कलेक्टर ने आम नागरिकों और अधिकारी-कर्मचारी से सशस्त्र झण्डा पर सहयोग आर्थिक सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया। द्वितीय विश्व युद्ध के नॉन पेंशनर महेश्वरी वानखेडे व बानो बाई को दस-दस हजार रुपए की सहायता राशि भी कलेक्टर के हाथों प्रदान की गई। इस अवसर पर जिला कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारियों सहित अनेक गणमान्य नागरिकों को ध्वज प्रतीक लगाकर सशस्त्र सेना झण्डा दिवस मनाया गया।
उल्लेखनीय है इस दिवस का उद्देश्य जल, थल और नभ के पराक्रमी, वीर व शहीद सैनिकों का सम्मान, बुजुर्गों का आदर तथा देश के आम नागरिकों व सशस्त्र बलों के मध्य स्थापित पारंपारिक रिश्तों को और भी मजबूत बनाना है। इस साल दिसम्बर माह को गौरव माह के रूप में मनाया जाएगा। सन् 1949 से 07 दिसम्बर को सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के नाम से मनाया जा रहा है। अब यह दिन हमारे राष्ट्रीय जीवन की एक वार्षिक पहचान बन चुकी है। इस दिन थल, जल तथा वायु सेना के योद्धाओं की ओर से सैन्य सेवा में दिए गए योगदान का स्मरण किया जाता है। यह दिवस आम नागरिकों का सहयोग उपलब्ध करने हेतु मनाते है। इसका प्रमुख उद्देश्य युद्ध में सेवारत सैनिक, शहीद हुए सैनिक और भूतपूर्व सैनिक व उनके परिवारों का कल्याण और पुनर्वास है।
इस दिन सम्पूर्ण राष्ट्र के नागरिकों तथा संस्थाओं की ओर से कार ध्वज व टोकन ध्वज का विनिमय कर दान राशि एकत्रित किया जाता है। झंडे में दर्शाये गये लाल, नीला व हल्का नीला रंग सेना के तीनों अंगों का प्रतिनिधित्व करते है तथा इनका वितरण केन्द्रीय सैनिक बोर्ड की ओर से सम्पूर्ण राष्ट्र में राज्य, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर के माध्यम से किया जाता है। एकत्रित दान राशि को केन्द्रीय सैनिक बोर्ड को भेजा जाता है, जो कि अमलगमेटेड स्पेशल फण्ड में सम्मिलित की जाती है, और यह राशि गरीब व जरूरतमंद भूतपूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों के लिए कल्याणकारी योजनाओं में उपयोग किया जाता है।
कृषि वैज्ञानिकों ने कम कीट प्रकोप वाले फसल करने की दी सलाह
कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कृषि विज्ञान केन्द्र कवर्धा में विश्व मृदा दिवस सह कृषक संगोष्ठी का आयोजन 5 दिसंबर को किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं भगवान बलराम की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वल्लित कर किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केन्द्र डॉ. बी. पी. त्रिपाठी ने मृदा दिवस मनाने की उपयोगिता एवं महत्व के विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने कृषकों को मृदा स्वास्थ्य का फसल उत्पादन पर पड़ने वाले प्रभाव तथा बेतरतीब उर्वरक एवं कीटनाशक उपयोग का होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। रसायन रहित खेती से ही आने वाली पीढ़ी को उत्तम भोजन उपलब्ध हो पाएगा तथा जिन फसलों में उर्वरक आवश्यकता कम है तथा जिनमें कीट बीमारियों के प्रकोप कम हो उनकी खेती करने की सलाह दी।
विषय वस्तु विशेषज्ञ, उद्यानिकी राजेश्वरी साहू ने उपस्थित कृषकों को संबोधित करते हुए मृदा स्वास्थ्य सुधार के लिए गौ पालन को बढावा देने तथा जैविक खादों के उपयोग को बढ़ावा देने की जरुरत बताई। उन्होंने मछली पालन में मृदा स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। इंजी. टी.एस. सोनवानी ने बढ़ती जनसंख्या की वजह से मिट्टी के कटाव को कमरने की दिशा में काम करने, लोगो को उपजाऊ मिट्टी के बारे में जागरूक करने तथा संसाधन के रूप में मिट्टी के स्थायी प्रबंधन की व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध होने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कृषकों ने कृषि विज्ञान केन्द्र प्रक्षेत्र में क्राप कैफेटेरिया एवं समन्वित कृषि प्रणाली के अंतर्गत मछली सह बत्तख पालन, मुर्गी पालन, गौ पालन एवं मशरुम उत्पादन ईकाइयों का अवलोकन किया। इस अवसर पर कृषि विभाग अधिकारी-कर्मचारी एवं जिले के सैकड़ों कृषक उपस्थित थे।
शा. उचित मूल्य दुकान के लिए आवेदन 16 दिसंबर तक
सूरजपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अनुविभागीय अधिकारी रामानुजनगर के जानकारी अनुसार आमजनों, सहकारी समितियों, वृहदाकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समिति, लेम्पस, प्राथमिक कृषि साख समिति, वन सुरक्षा समिति, महिला स्वयं सहायता समूह, ग्राम पंचायत, अन्य उपभोक्ता सहकारी समिति तथा स्थानीय नगरीय निकाय को सूचित किया जाता है, कि शासकीय उचित मूल्य दुकान नावापाराकलॉॅ -02 जनपद पंचायत प्रेमनगर का नवीन आबंटन किया जाना है। अत: शा. उ. मूल्य दुकान संचालन करने के इच्छुक संस्था अपना आवेदन 16 दिसम्बर कार्यालयीन समय शाम 5.30 बजे तक इस कार्यालय में उपस्थित होकर निर्धारित प्रारूप में संस्था के प्रस्ताव सहित अन्य दस्तावेजों के साथ प्रस्तुत कर सकते है। नियत तिथि के पश्चात् प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
सूर्यकांत तिवारी समेत चारों आरोपियों की रिमांड 10 दिसंबर तक बढ़ी
निलंबित आईएएस अफसर समीर विश्नोई, कोयला कारोबारी सूर्यकांत तिवारी समेत लक्ष्मीकांत तिवारी और सुनील अग्रवाल को मंगलवार ईडी की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया जहां से विशेष पीएमएलए अजय सिंह राजपूत की अदालत ने चारो आरोपियों को 10 दिसंबर तक जेल भेज दिया। वहीँ उपसचिव सौम्या चौरसिया को भी इस मामले में कोर्ट लाया गया है जिसकी सुनवाई अभी जारी है।
भेंट मुलाकात : सीएम बघेल बसना-सरायपाली वासियों को देंगे विकास कार्याें की सौगात
महासमुंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की अगली कड़ी में 7 दिसम्बर को जिले के सरायपाली विधासनसभा क्षेत्र में भेंट मुलाकात के लिए पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरायपाली के ग्राम बलौदा एवं बसना के ग्राम भंवरपुर में आम जनता से भेंट मुलाकात करेंगे और राज्य शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की भी जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री सरायपली रेस्ट हाऊस में विश्राम करेंगे। दूसरे दिन 8 दिसम्बर को जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में 28 करोड़ 65 लाख 05 हजार रुपए के विकास कार्याें का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। जिसमें 23 करोड़ 62 लाख 94 हजार रुपए के 29 कार्याें का भूमिपूजन और 5 करोड़ दो लाख 11 हजार रुपए के 15 कार्याें का लोकार्पण करेंगे। भूमिपूजन में नवीन सड़क निर्माण, पुल-पुलिया, नया विश्राम गृह निर्माण और महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण आदि कार्य शामिल है।
लोकार्पण कार्याें में स्कूल में आहता निर्माण, रंगमंच निर्माण, सी.सी. रोड, सामुदायिक भवन, तालाब में पचरी निर्माण, सामुदायिक भवन निर्माण आदि शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री हितग्राहियों को सामग्रियों का भी वितरण करेंगे।

