छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

जिला मुख्यालय में चार दिवसीय जिला स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक व युवा उत्सव का आगाज

 सूरजपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर आरा के निर्देशन व जिला पंचायत सीईओ लीना कोसम के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन व खेल व युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वधान में जिला स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक व युवा महोत्सव का आगाज स्टेडियम ग्राउण्ड सूरजपुर में हुआ। इस अवसर पर उषा सिंह जिला पंचायत सदस्य, बिहारीलाल कुलदीप जिला पंचायत सदस्य, दुर्गा सारथी जिला पंचायत सदस्य, रामकृष्ण ओझा जिला उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी, जगलाल सिंह देहाती जनपद अध्यक्ष सूरजपुर, परमेश्वर यादव विधायक प्रतिनिधि, परमेश्वर राजवाड़े युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष प्रेमनगर, अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरूआत सभी अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी और स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित और माल्यार्पण कर किया।

कलेक्टर इफ्फत आरा ने सभी ब्लॉक से आए सभी खिलाडिय़ों को खेल भावना से खेलने शुभकामनाएं दी। उन्होंने विजय होने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर खेलने सभी खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित किया। खेल से शारीरिक व मानसिक मजबूती के साथ शारीरिक स्वास्थ्य का लाभ प्राप्त होता है। पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, जिला पंचायत सदस्य बिहारी लाल कुलदीप, उषा सिंह, जनपद अध्यक्ष जगलाल सिंह देहाती व रामकृष्ण ओझा जिला उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी सभी ने खिलाडिय़ों को अच्छे खेलने के लिए प्रोत्साहित किया व जिले व राज्य का नाम रोशन करने शुभकामनाएं दी। अतिथियों ने छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक आयोजित करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का धन्यवाद ज्ञापन किया है। क्योंकि मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में विलुप्त हो रहे पारंपारिक खेल को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभावान खिलाडिय़ों के लिए किया है।

 
 

प्रतियोगिता के पहले दिन छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बांटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ और लम्बी कूद के प्रतियोगिता आयोजित किये गए, जिसमें 0-18 वर्ष और 40 से ऊपर आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने सहभागिता निभाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस अवसर पर रामकृष्ण साहू पुलिस अधीक्षक, रवि सिंह एसडीएम सूरजपुर, डॉ. आकांक्षा त्रिपाठी सीईओ जनपद पंचायत सूरजपुर, विनोद कुमार राय जिला शिक्षा अधिकारी, शशिकांत सिंह जिला मिशन समन्वयक,श्रीमती आरती पाण्डेय खेल अधिकारी, शबाब हुसैन प्रभारी खेल अधिकारी, शरदेन्दु कुमार शुक्ल,सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी सभी विकासखंड के तहसीलदार व विकासखंड शिक्षा अधिकारी व सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

 
और भी

एनीमिया मुक्त बीजापुर अभियान 25 से 30 नवंबर तक

 बीजापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। एनीमिया मुक्त बीजापुर अभियान द्वितीय चरण का शुभारंभ विकासखंड बीजापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत धनोरा के प्राथमिक शाला धनोरा में सरपंच महोदय द्वारा किया गया। एनीमिया मुक्त बीजापुर (द्वितीय चरण) जिला प्रशासन कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग व शिक्षा विभाग के समन्वय से किया जा रहा है। यह अभियान 25 से 30 नवम्बर 2022 तक प्रत्येक पोटाकेबिन, आश्रम, स्कूल, छात्रावास, स्कूलों से अध्ययनरत 10 से 19 वर्ष के किशोरी बालिकाओं का रक्त जांच कर एनीमिया का ट्रीटमेंट किया जाएगा। 

इस अभियान में न्यूट्रीशियन इंटरनेशनल द्वारा तकनिकी सर्पोट दिया जा रहा है। शुभारंभ के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला बीजापुर की ओर से एनीमिया से बचने के उपाय संबंधित जानकारी बच्चों को दिया गया। इस अवसर में के उद्देश्य से बचों में जागरूकता के लिए निबंध प्रतियोगिता ड्रांईग प्रतियोगिता, डिबेट प्रतियोगिता का आयोजन कर पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में डॉ. सुनिल भारती मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी जिला बीजापुर, अखिलेंद्र त्रिवेदी राज्य कार्यक्रम अधिकारी न्यूट्रीशियन इंटरनेशनल तकनीकी, अजीत पटेल संभागीय समन्वयक, योगेश कुमार भगत विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक बीजापुर, खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी बीजापुर उपस्थित रहकर कार्यक्रम की संक्षिप्त जानकारी दिया गया।

और भी

सरकारी गाड़ियों में बांटी जा रही है शराब-साड़ियां, दम है तो निष्पक्ष चुनाव लड़ो : बृजमोहन

 कांकेर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भानुप्रतापपुर उपचुनाव में जैसे-जैसे दिन कम होते जा रहे है, वैसे-वैसे चुनावी पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ती जा रही है। भानुप्रतापपुर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा हाराडुला मंडल में कार्यकर्ता सम्मेलन एवं चारामा मंडल में एक बड़ी जनसभा का भी आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा, छत्तीसगढ़ के सभी दिग्गत नेता नजर आए। हाराडुला में वहाँ के प्रभारी नारायण चंदेल के साथ मंच पर पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, प्रेम प्रकाश पांडेय, नारायण चंदेल, संतोष पांडेय, एवं अन्य नेता मौजूद रहे। वहीं चारामा मंडल की जनसभा के दौरान प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम के साथ पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, बृजमोहन अग्रवाल, धरम लाल कौशिक, मोहन मंडावी, देवराज दुग्गा, रजनीश सिंह, रंजन साहू, शालिनी राजपूत, जामवंत महावीर सिंह राठौर, इंद्र चोपड़ा, सतीश गाटके एवं अन्य नेता उपस्थित रहे।


इस दौरान पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इस सरकार ने 10 लाख नौकरी देने का वादा किया था, पर आप में से किसी को मिली क्या..? किसानों का कर्जा माफ करने को कहा था, किसी का हुआ क्या..? इस सरकार ने कर्जा तो माफ नहीं किया उल्टा इस प्रदेश के हर व्यक्ति को लगभग 50 हजार रुपये के कर्ज में डाल दिया।

 
 
 



बृजमोहन अग्रवाल ने आगे कहा कि ये हमसे महंगाई की बात करते हैं, मोदी ने जब पेट्रोल-डीजल के दाम कम किये तब राज्य सरकार ने टैक्स क्यों नहीं कम किया। मोदी ने धान समर्थन मूल्य 500 रुपये बढ़ा दिए, इस सरकार ने 500 रुपये क्यों नही बढ़ाया..।

 



इस उपचुनाव के दौरान कोई भी कांग्रेस का नेता या कार्यकर्ता आपसे वोट मांगने आये तो उससे पूछिये की घोषणा पत्र के वादों में से आपकी सरकार ने कितने वादे पूरे किए, क्योंकि ये पूछना आपका हक़ है।

 



केंद्र की सरकार पर बस आरोप लगाने वाले ये लोग जान ले कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी लोगों को फ्री में गैस कनेक्शन दिया, इस कांग्रेस सरकार ने तो वादा किया था कि सरकार बनी तो 4 गैस सिलेंडर देगी पर दिया क्या ..? नहीं दिया। कालनेमी राक्षस की प्रवृत्ति वाले ये लोग, बोलते कुछ है और करते कुछ..। इनके कथनी और करनी में बहुत अंतर है।

 



उपचुनाव प्रभारी बृजमोहन अग्रवाल ने सत्ताधारी पार्टी और आरोप लगाते हुए कहा कि, मुझे पता चला है कि वन विभाग व स्वास्थ्य विभाग के गाड़ियों से शराब और साड़ियां बांटी जा रही है। मैं इस सरकार के कर्मचारियों को चेतावनी देता हूँ कि ये धंधा बंद करो, नहीं तो एक-एक लोगों को पकड़ के उन्हें सबक सिखाया जाएगा। साथ ही कांग्रेस पार्टी को चुनौती देता हूँ कि अगर दम है तो चुनाव के मैदान में अगके चुनाव लड़ो, निष्पक्ष चुनाव लड़ो। मैं भानुप्रतापपुर की जनता से भी यह अपील करता हूँ कि ये चुनाव निष्पक्ष होना चाहिए।

इस सरकार की भ्रष्ट नीतियों का पर्दाफ़ाश करना है। इसलिए हमें अपने सभी रिश्तेदारों-नातेदारों दोस्त, मित्र सबको समझाना है। इस झूठी, बेईमान सरकार को सबक सिखाना है, भाजपा को जिताना है।

 

 

 

और भी

ट्रेन में लगी आग... रेस्क्यू के लिए पहुंची रेल आपदा प्रबंधन और एनडीआरएफ की टीम...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायपुर रेल मंडल के मरोदा स्टेशन में रेल आपदा प्रबंधन और एनडीआरएफ की टीम ने अपने साहस का परिचय देते हुए जलते ट्रेन की बोगी से घायल यात्रियों को रेस्क्यू किया। डीआरएम, रेलवे के अन्य अधिकारियों सहित 300 से ज्यादा लोगों की भीड़ ने इस कार्य को देखा और उनकी सराहना की।



दरअसल रेलवे प्रशासन द्वारा अपने फ्रंट लाइन स्टाफ, रेल आपदा प्रबंधन टीम एवं स्थानीय नागरिकों को गाड़ियों में होने वाली संभावित दुर्घटनाओं से अवगत कराते हुए उस आपातकालीन स्थिति में किए जाने वाले बचाव कार्य से संबंधित तरीकों को अभ्यास के माध्यम से प्रदर्शित करते हुए प्रशिक्षण दिए जाने की नियमित परम्परा है। ताकि वे दुर्घटना के समय किए जाने वाले बचाव कार्य के तरीकों को अपनाकर कुशलता पूर्वक राहत कार्य कर सके । यद्यपि आपदा के समय फ्रंट लाइन स्टाफ, रेल आपदा प्रबंधन टीम (ART- Accident Relief Trains/ ARMV Accident Relief Medical Van) और स्थानीय नागरिक ही बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।  

 



इसी कड़ी में 25 नवम्बर को यह अभ्यास प्रदर्शन राष्ट्रीय आपदा मोचन बल NDRF की  बटालियन मुंडाली (कटक) उडीसा, रायपुर मंडल संरक्षा विभाग, रेल आपदा प्रबंधन टीम ( ART/ARMV) की आपदा राहत टीम तथा सिविल डिफेंस द्वारा संयुक्त रूप से मरौदा में किया गया। उक्त संयुक्त मॉक ड्रिल में एन.डी.आर.एफ., सिविल डिफेंस , स्काउट एवं गाइड से  ART/ARME टीम से एवं रेलवे मेडिकल टीम, वाणिज्य मेकेनिकल दूरसंचार इलेक्ट्रिकल एवं अन्य विभागों सहित लगभग 300 से ज्यादा लोग मौजूद  रहे। उक्त आयोजन में अग्निशामक वाहन, एंबुलेंस एवं लोकल पुलिस की उचित व्यवस्था थी ।

 


इस प्रदर्शन में सवारी गाड़ी के डिब्बे में आग लगने की स्थिति को दर्शाते हुए यह बताया गया कि इस दौरान कैसे पीड़ितों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए और उनकी सहायता की जाए। साथ ही आग को बुझाने के विभिन्न तरीकों को भी जीवंत रूप में दिखाया गया। इस अभ्यास प्रदर्शन के माध्यम से किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने हेतु राहत एवं बचाव कार्यों की गतिविधियों को भी दिखाया गया ।

इस अभ्यास के दौरान लगाए गए पूछताछ केन्द्र, सहायता केन्द्र व सभी राहत स्टालों एवं मौजूद साधन संसाधनों का अवलोकन मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने किया एवं विस्तृत जानकारी ली एवं वास्तविक आपदाओं से निपटने के लिये हमेशा तत्पर ।   

 



इस अवसर पर संजीव कुमार ने स्थानीय मीडिया के प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए मॉक ड्रिल के आयोजन की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए रेलवे द्वारा नागरिकों को आपदा के समय की जाने वाली बेहतर कार्यों की जानकारी दी गई । साथ ही अपील भी किया गया कि वे आपात स्थिति में लोगों की सहायता कर रेल प्रशासन को सहयोग प्रदान करने ।

इस अभ्यास प्रदर्शन में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ़्रा) आशीष मिश्रा,वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रायपुर डॉ. डी. एन. बिस्वाल, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी रायपुर जे के  पात्रा  एवं  सिविल डिफेन्स के सदस्य, एवं स्काउट गाइड, संरक्षा सलाहकार, सुपरवाइजर सहित बिलासपुर जोनल मुख्यालय और रायपुर मंडल के शाखा अधिकारी तथा अन्य  अथिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

और भी

कांग्रेस ने उड़ाई नियमों की धज्जियां, टेंडर में हुआ भ्रष्टाचार : मीनल चौबे

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायपुर नगर निगम में महापौर-अधिकारियों की मिली भगत से किए जा रहे भारी भ्रष्टाचार के मामले पर रायपुर नगर निगम से नेता प्रतिपक्ष श्रीमती मीनल चौबे ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ पार्षद सूर्यकांत राठौर, सहित पार्षद दल उपस्थित थे। मीनल चौबे ने कहा कि जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत तेलीबांधा थाना चौक से वीआईपी रोड टर्निंग तक डिवाइडर सौंदर्यीकरण की निविदा में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। नियमों की घज्जियां उड़ाई गई हैं।

निगम नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने कहा कि 26 अक्टूबर को जोन क्रमांक 10 से जनसंपर्क अधिकारी नगर पालिक निगम के नाम एक ज्ञापन जारी किया जाता है जिसके साथ निविदा आमंत्रण सूचना की प्रति संलग्न है। जिसकी एक प्रति महापौर को भी भेजी जाती है। संलग्न निविदा में स्पष्ट शब्दों में लिखा है कि उपरोक्त कार्यो में मैनुअल पद्धति से निवेदा आमंत्रित की जाती है। और लगभग दो करोड़ के कार्य को 12 भागों में ऐसा बांटा गया जिसमें ऑनलाइन टेंडर की गुंजाइश न रहे।

30 अक्टूबर को एक अखबार में इस निविदा आमंत्रण का प्रकाशन होता है उसके बाद फाइल मुख्यालय में तकनीकी स्वीकृति के पश्चात वित्तीय स्वीकृति के लिए जाती है। जिसमें अनटाइड फंड से महापौर और आयुक्त के दस्तखत से आगे की कार्यवाही के लिए फाइल भेजी जाती है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य शासन के स्पष्ट निर्देश है कि एक ही प्रकार के कार्य के लिए अलग-अलग टेंडर करना निषेध है। उसके बावजूद समान प्रवृत्ति के कार्य का 12 अलग-अलग टेंडर क्यों किया गया? महापौर और आयुक्त के हस्ताक्षर वाली वित्तीय स्वीकृति यह साबित करती है कि दोनों ने राज्य शासन के आदेश की अवहेलना की। और इसके पीछे मंशा यही थी कि उपरोक्त कार्य का टेंडर मैनुअल हो ऑनलाइन न हो।

दूसरी प्रमुख बात यह है कि नगरीय प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि प्रशासकीय अनुमोदन हेतु आवश्यक सर्वेक्षण, अनुसंधान, परीक्षण, अध्ययन,आदि पूर्ण रूप से संपन्न कर एवं आवश्यक डिजाइन, ड्राइंग,तैयार कर प्रतिवेदन होना चाहिए | जिस दिन समाचार पत्र में 30 अक्टूबर को निविदा आमंत्रण का प्रकाशन होता है उस दिन कार्य स्थल पर निर्माण कार्य आधा से ज्यादा हो चुका था। क्या अधिकारियों ने यही सर्वेक्षण किया। अधिकारियों की जानकारी में ठेकेदार वहां काम कर रहा था और ठेकेदार को वर्क आर्डर देने की पूरी तैयारी थी। जिसके इशारे पर इस प्रकार का कृत्य किया गया महापौर और आयुक्त अगर इसमें संलिप्त नहीं है तो ऐसे दोषी अधिकारियों पर क्या कार्यवाही करेंगे?



जिस स्थल पर उपर्युक्तकार्य होना था वहां NHAI कि संपत्ति है। बिना NHAI की सहमति पत्र के जोन से टेंडर निकालना असंवैधानिक है। बिना NHAIकी सहमति पत्र के आयुक्त और महापौर के वित्तीय स्वीकृति के  दस्तखत के उपरांत जोन से टेंडर प्रक्रिया करना असंवैधानिक है। आश्चर्य की बात है कि फाइल की नस्ती में जो कालम है भूमि स्वामित्व व हस्तांतरण उसमें रिमार्क लिखा जाता है की आवश्यकता नहीं है । इस प्रकार नियम कानून की धज्जियां उड़ाना कांग्रेस द्वारा ही संभव है पूरी तरह से महापौर इसमें शामिल है ।

निगम की उपरोक्त कार्य प्रणाली के संज्ञान में आने के बाद कहां जाता है कि उपरोक्त कार्य क्रेडाई के द्वारा करवाया जा रहा है। क्या क्रेडाई शहर में कहीं भी कभी भी अपने मन से काम कर देगी । जब क्रेडाई वहां काम कर रही है तो नगर निगम  अनटाइड फंड से लगभग दो करोड़ की स्वीकृत राशि का भुगतान किसको किया जाना था?



मीनल चौबे ने कहा कि शहर की जनता और चुने हुए प्रतिनिधि को इतना अज्ञानी और अनपढ़ समझने की भूल मत करिए। नगर निगम की कार्यप्रणाली ठीक नहीं है तो प्रशासनिक मुखिया होने के नाते आरोप निगम आयुक्त पर लगेंगे।

नगर निगम की गैर जिम्मेदाराना कार्यप्रणाली का दूसरा उदाहरण रावतपुरा फेस टू के नाली निर्माण का काम है। 17 मई को उपरोक्त स्थल पर नाली एवं रोड निर्माण का कार्य जो कि लगभग एक करोड़ का था उसे भी टुकड़ों टुकड़ों में तोड़ा गया और 5 अलग-अलग पार्ट में टेंडर निकाला गया और एक ही व्यक्ति को काम दिया गया। कायदे से उपरोक्त कार्य का भी सिंगल टेंडर हो सकता था पर ऑनलाइन से बचने के लिए कार्य को विभाजित किया गया।आश्चर्य की बात है कि इसी वार्ड के एक भाग में 14वे वित्त आयोग से गत वर्ष लगभग दो करोड़ का कार्य हुआ उसे भी 16 अलग-अलग भागों में बांटा गया और मैनुअल टेंडर किया गया।



नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने कहा कि हमारे पास उसके सारे दस्तावेज हैं और इन सारे दस्तावेज के साथ पार्षद दल संगठन के नेतृत्व में उपरोक्त कार्य शैली की शिकायत EOW को दर्ज करा रहे हैं। वार्ता में भाजपा रायपुर जिलाध्यक्ष जयंती पटेल, उप नेता प्रतिपक्ष मनोज वर्मा ,वरिष्ठ पार्षद मृत्युंजय दुबे प्रमोद साहू मौजूद रहे।

और भी

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम भारत जोड़ो यात्रा में 25 से 28 नवंबर तक होंगे शामिल

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम 25 नवंबर शुक्रवार को इंडिगो के नियमित विमान सेवा द्वारा शाम 6.55 बजे रायपुर से इंदौर के लिये रवाना होंगे। रात्रि 8.50 बजे इंदौर, मध्यप्रदेश पहुंचेंगे एवं महू के लिये रवाना होंगे। रात्रि 10 बजे महू पहुंचेंगे एवं 50/51, चिनार रेसीडेन्सी में रात्रि भोजन पश्चात ओंकारेश्वर के लिये रवाना होंगे। रात्रि 11.30 बजे ओंकारेश्वर पहुंचेंगे एवं ममलेश्वर मंदिर के पास होटल वंशीका में रात्रि विश्राम करेंगे।

 

26 नवंबर शनिवार को सुबह 4.30 बजे ओंकारेश्वर मंदिर दर्शन करेंगे। शाम 5.30 बजे ग्राम मोरटक्का से पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेंगे। शाम 6.30 बजे महू में बाबा साहब अम्बेडकर जी के मूर्ति पर मर्ल्यापण पश्चात आमसभा। रात्रि 8 बजे किशनगंज, महू पहुंचेंगे एवं 50/51, चिनार रेसीडेन्सी में रात्रि भोजन पश्चात रात्रि विश्राम करेंगे।

 

 

27 नवंबर रविवार को सुबह 5.30 बजे महू से पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेंगे। शाम 7 बजे इंदौर सिटी में यात्रा ब्रेक तदपश्चात एम्पायर मेट्रो सिटी, इंदौर में रात्रि भोजन पश्चात रात्रि विश्राम करेंगे।

 

28 नवंबर सोमवार को शाम 5.05 बजे बजे इंडिगो के नियमित विमान सेवा द्वारा इंदौर से रायपुर के लिये रवाना होंगे। शाम 6.10 बजे रायपुर पहुंचेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे।

और भी

मंत्रिमंडल द्वारा आरक्षण संशोधन विधेयक के मसौदे की मंजूरी का स्वागत : कांग्रेस

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्य मंत्रिमंडल द्वारा विभिन्न वर्गो के लिये आरक्षण के प्रावधानों के मसौदे की मंजूरी का कांग्रेस ने स्वागत किया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस जो कहती है वह करती है। कांग्रेस ने प्रदेश के सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में आरक्षण का वायदा किया था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उस वायदे को पूरा करते हुये आरक्षण संशोधन विधेयक की स्वीकृति मंत्रिमंडल से दिलवाकर बता दिया कांग्रेस जो कहती है वह करती है। अब विधानसभा के विशेष सत्र में आरक्षण के मसौदे पर विधायिका की भी मुहर लग जायेगी।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में आरक्षण के नाम पर भ्रम फैलाने वाले तथा राजनैतिक रोटी सेकने वाली भाजपा को अपने झूठ के लिये प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिये। भाजपा की रमन सरकार की लापरवाही और बदनीयती के कारण राज्य में आदिवासी समाज का आरक्षण कम हो गया था, कांग्रेस सरकार ने भाजपा की गलती को दुरुस्त कर आदिवासी समाज सहित सभी वर्गो के आरक्षण की बहाली का मार्ग प्रशस्त किया।

 
 
 

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा की पूर्ववर्ती रमन सरकार ने आरक्षण के लिये जो प्रावधान किया था उसमें सभी वर्गो के हितों का ध्यान नहीं रखा था। जिसके कारण परस्पर असंतोष की स्थिति पैदा हुई थी और आरक्षण के खिलाफ अदालत में मुकदमा लगा था। अदालत में भी रमन सरकार ने सही पैरवी नहीं किया था जिसके आरक्षण की सीमा में बढ़ोत्तरी के खिलाफ अदालत का फैसला आया था।

और भी

मासूम बच्ची के बलात्कारी ब्रम्हानंद का मैदान में डटे रहना भाजपा का घृणित चेहरा : कांग्रेस

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि 15 साल की मासूम बच्ची के साथ सामूहिक बलात्कार का आरोपी ब्रह्मानंद नेताम भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा का अभी तक प्रत्याशी बना हुआ है यह भाजपा का महिला विरोधी घृणित चेहरा है। खुद को पार्टी विद डिफरेंस का दावा करने वाली भाजपा का यही असली चेहरा है कि वह एक बलात्कारी को प्रत्याशी बनाकर उसके पक्ष में चुनाव अभियान चला रही है। भाजपा के बड़े-छोटे नेता बलात्कार के आरोपी ब्रम्हानंद नेताम के लिये वोट मांग रहे है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा जिस प्रकार बलात्कारी ब्रम्हानंद के पीछे खड़ी है उससे लग रहा 2023 में ब्रम्हानंद भाजपा का चेहरा होगा। उन्होंने भाजपा प्रभारी ओम माथुर पर तंज कसते हुये पूछा 2023 में ओम माथुर कितने आपराधियों को प्रत्याशी बनायेगी? क्या 2023 में भाजपा का चेहरा रेपिस्ट होगा, अपराधी होगा? भाजपा को पता था ब्रह्मानंद नेताम रेप, गैंगरेप, पॉस्को एक्ट का फरार आरोपी है? भाजपा ने जानबूझकर ओम माथुर, अजय जामवाल, अरुण साव, नारायण चंदेल, रमन सिंह की सहमति से रेपिस्ट को टिकट दिया है? भाजपा से नैतिकता की उम्मीद बेमानी है। भाजपा में जितना बड़ा अपराधी उतना बड़ा पद मिलता है।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि रमन सिंह और बृजमोहन घूम-घूमकर बलात्कारी के लिये वोट मांग रहे यह रमन सिंह और बृजमोहन का असली चरित्र है। भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम के ऊपर झारखंड के टेल्को थाना क्षेत्र में प्राथमि क्रमांक 84/2019 धारा दिनांक 15.05.2019 धारा 366ए, 376, 376(3), 376डीबी,120बी भादवि, 4,6, पॉक्सो एक्ट एवं 4,5,6,7,9 अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। बड़ी बात नहीं की बलात्कारी को झारखंड की पुलिस पकड़ कर ले जाये और भाजपाई फिर भी बेशर्मीपूर्वक उसका प्रचार करते नजर आयेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भानुप्रतापपुर की महिलायें और मतदाता बलात्कारी ब्रम्हानंद नेताम के उनके क्षेत्र का उम्मीदवार होने से खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं। लोगों को यह लग रहा कि भाजपा बलात्कारी को उम्मीदवार बनाकर तथा उसको चुनाव अभियान चलाकर क्षेत्र की जनता का अपमान कर रही है। लोग 5 तारीख को भाजपा के खिलाफ मतदान कर अपने आक्रोश की अभिव्यक्ति करेंगे।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस में यही बुनियादी फर्क है। कांग्रेस की प्रत्याशी शिक्षक है, बच्चों को लिखा-पढ़ाकर उनका भविष्य बनाने का काम करती थी, भाजपा का प्रत्याशी 15 साल की बच्ची के साथ बलात्कार कर उसको जबरिया देह व्यापार में धकेल कर उसके भविष्य और जीवन को बर्बाद कर दिया। भाजपाई शर्म और सामानिकता तथा संवेदनशीलता की सारी सीमाओं को लांघ कर बलात्कारी के जयकारा के नारे लगा रहे है।

 

 

और भी

स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम की लापरवाही के चलते भिलाई में फैला डायरिया : कौशिक

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि भिलाई में डायरिया का जानलेवा संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है और स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम इसके रोकथाम के लिए कोई उचित कदम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार को शाम तक करीब 13 मरीज मिलने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने कोई तत्परता नहीं दिखाई जिसकी लापरवाही की वजह से करीब 90 लोगों अस्पताल में भर्ती होने को मजबूर हो गए।

वही दो लोगों की मौत डायरिया के जानलेवा संक्रमण की वजह से हो गई है। उन्होंने कहा कि जबसे प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है तब से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लोगों की जान से लगातार प्रदेश सरकार द्वारा खिलवाड़ किया जा रहा है। भिलाई कैंप की घटना ने एक बार फिर प्रदेश सरकार की एवं स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही को उजागर किया है। भिलाई के महापौर ने भी हालात का जायजा लेने एवं इस पर गंभीरता दिखाने में कोई रुचि नहीं दिखाई जिसके कारण 2 लोगों की मौत हो गई।

 

 

और भी

आयुर्वेद कार्यालय में योग सहायक संविदा पद पर निकली भर्ती

 गरियाबंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कार्यालय जिला आयुर्वेद अधिकारी गरियाबंद अंतर्गत जिले में आयुष योगा वेलनेस सेंटर हेतु योग सहायक (संविदा) के 01 पद हेतु आवेदन आमंत्रित किया गया है।

उक्त पद हेतु छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासियों से आवेदन पत्र 13 दिसम्बर 2022 को सायं 5 बजे तक आमंत्रित किया गया है। इस संबंध में अधिक जानकारी हेतु जिले की वेबसाईट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डाट गरियाबंद डाट जीओवी डाट इन एवं कार्यालयीन सूचना पटल पर अवलोकन किया जा सकता है।

और भी

बाल विवाह जैसी गंभीर अभिशाप को दूर करने नागरिकों को करे जागरूक

 जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों से कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने अपील करते हुए कहा है कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए ग्रामीण / शहरी क्षेत्रों में हर संभव प्रयास करें। बालविवाह एक सामाजिक कुप्रथा है, जिसे कानूनी रूप से भी निषेध किया गया है।

ये कुप्रथा प्रायः रामनवमी अक्षय तृतीया जैसी तिथियों पर बड़ी संख्या में होती है जो प्रदेश व समाज को शर्मशार करती है। बाल विवाह कानूनन अपराध ही नही बल्कि सामाजिक अभिशाप भी है। बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणाम न केवल बच्चों को बल्कि पूरे परिवार व समाज को भुगतने पड़ते है। बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का निर्मम उल्लंघन है। बालविवाह से बच्चों के पूर्ण परिपक्व व्यक्ति के रूप में विकसित होने का अधिकार अच्छा स्वास्थ्य पोषण शिक्षा पाने और हिंसा व शोषण से बचाव के मूलभूत अधिकारों का हनन होता है। कम उम्र में विवाह से बालिका का शारीरिक विकास रूक जाता है।

 

गंभीर संक्रामक यौन बीमारियों के चपेट में आने का खतरा बढ़ जाता है और उनके स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता है। जल्दी विवाह अर्थात् जल्दी मां बनने के कारण कम उम्र की मां और उसके बच्चे दोनों की जान और सेहत खतरे में पड़ जाती है। कम उम्र की नवजात शिशुओं का वजन कम रह जाता हैं। साथ ही उनको कुपोषण व खून की कमी की आशंका ज्यादा रहती है। ऐसे प्रसव में शिशु मृत्यु दर, प्रसूता मृत्युदर ज्यादा पायी जाती है। बालविवाह की वजह से बहुत सारे बच्चें अनपढ़ और अकुशल रह जाते है। जिससे उनके सामने अच्छे रोजगार पाने व बड़े होने पर आत्मनिर्भर होने की ज्यादा संभावना नही बचती है। अतः यदि बालविवाह की सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल नजदीकी थाना / जिला प्रशासन / महिला एवं बाल विकास विभाग को इसकी सूचना देवें।

कानून का उल्लंघन करने वाले के विरूद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जावेगी। जिसके तहत् बालविवाह करने वाले पुरोहित अथवा बाल विवाह को जो बढ़ावा देता है, उसकी अनुमति देता है अथवा बालविवाह में सम्मिलित होता है, को 02 वर्ष तक का कठोर कारावास अथवा जुर्माना जो कि 01 लाख रूपये तक हो सकता है अथवा दोनों से दण्डित किया जा सकता है।

बालविवाह के संबंध में यह तथ्य भी ध्यान देने योग्य है कि बालविवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के अनुसार लड़की की शादी 18 वर्ष एवं लड़के की शादी 21 वर्ष से पहले नहीं होना चाहिए।

और भी

मंत्रीपरिषद की बैठक में लिए गए वनोपज आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने अहम निर्णय

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ में वनोपज आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अहम निर्णय लिया गया है। इसके तहत त्रिपक्षीय एमओयू के आधार पर स्थापित वनोपज आधारित उद्योगों द्वारा जो उत्पाद निर्माण किए जाएंगे और इन उत्पादों को छत्तीसगढ़ हर्बल ब्रांड अंतर्गत 40 प्रतिशत की छूट के साथ क्रय करते हुए संजीवनी एवं अन्य माध्यमों से विक्रय करने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले से छत्तीसगढ़ हर्बल्स के अंतर्गत उत्पादों की संख्या बढ़ेगी तथा उद्योगों को अपना हर्बल्स उत्पाद विक्रय करने में एक अतिरिक्त माध्यम मिलेगा, जिससे वनोपज आधारित उद्योगों की स्थापना को और प्रोत्साहन मिलेगा।


गौरतलब है कि वनोपज आधारित उद्योगों के साथ किए गए त्रिपक्षीय एम.ओ.यू के अंतर्गत लघु वनोपज संघ द्वारा कच्चे वनोपज निश्चित दर पर उपलब्धता के आधार पर प्रदान किया जायेगा तथा उद्योगों के द्वारा तैयार उत्पादों का विक्रय एवं विपणन में सहायता प्रदान की जायेगी। वर्तमान में कलेक्टर सेक्टर के स्व-सहायता समूहों के माध्यम से निर्मित उत्पादों को 35 प्रतिशत की छूट के साथ आवश्यकता के अनुसार क्रय कर संवितरक के माध्यम से विक्रय किया जा रहा है।

 
 
 

मंत्रीपरिषद की बैठक में एमओयू के तहत स्थापित उद्योगों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को छत्तीसगढ़ हर्बल्स के ब्रांडिंग एवं विपणन हेतु 5 प्रतिशत की राशि अतिरिक्त रखते हुए 40 प्रतिशत की छूट के साथ आवश्यकता एवं मांग के अनुसार कय करते हुए संवितरक के माध्यम से विक्रय किए जाने का निर्णय लिया गया। इससे छत्तीसगढ़ हर्बल्स के अंतर्गत उत्पादों की संख्या बढ़ेगी तथा उद्योगों को भी अपना हर्बल्स उत्पाद विक्रय करने में एक अतिरिक्त माध्यम मिलेगा, जिससे वनोपज आधारित उद्योगों की स्थापना को और प्रोत्साहन मिलेगा।

वर्तमान में त्रिपक्षीय एम.ओ.यू. अंतर्गत 02 उद्योगों द्वारा उत्पादन प्रारंभ किया गया है, अवनि आयुर्वेदा लिमिटेड, रायपुर द्वारा मिलेट आधारित उत्पादों का तथा कोसर एग्रो प्रायवेट लिमिटेड, पुणे द्वारा इमली से संबंधित उत्पादों का निर्माण प्रारंभ किया जा चुका है।

 

 

 
और भी

प्रदेश में सब्जी, फल-फूलों की खेती में भी शून्य प्रतिशत की दर से अल्पकालीन ऋण सुविधा

उद्यानिकी फसलों की खेती में शासन द्वारा दिया जा रहा है बढ़ावा

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ में उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को उद्यानिकी फसलों के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर तीन लाख रूपए तक का ऋण दिया जा रहा है। उद्यानिकी फसलों की उन्नत खेती के लिए तकनीकी मार्गदर्शन और उन्नत खेती के लिए सिंचाई सहित विभिन्न उपकरणों पर अनुदान भी दिया जा रहा है।


छत्तीसगढ़ में उद्यानिकी फसलों का रकबा 834.311 हेक्टेयर है और उत्पादन 11236.447 मीट्रिक टन है। शासन की योजनाओं के फलस्वरूप किसान उद्यानिकी फसलों की खेती की ओर प्रेरित हो रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि उद्यानिकी फसलों की खेती में परंपरागत् खेती की अपेक्षा तीन गुणा अधिक फायदा होता है।

 


छत्तीसगढ़ में मुख्यतः टमाटर, हरी मिर्च का उत्पादन बड़ी मात्रा में होता है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में कई प्रकार की भाजियां पालक, लालभाजी, चेंचभाजी, चौंलईभाजी, पटवाभाजी, मुनगाभाजी, कुसुमभाजी,  प्याजभाजी अन्य कई प्रकार की भाजियां पाई जाती है,जिसकी खपत मुख्यतः छत्तीसगढ़ में ही होती है। सब्जियों में भिंडी, परवल, फूलगोभी, पत्ता गोभी, भाटा, करेला, सेमी, कुंदरू, कटहल, मुनगा इत्यादि सब्जियां और फलों में अंगूर, केला, अनानास, पपीता, काजू, अमरूद का उत्पादन होता है साथ ही कई प्रकार के फूलों की खेतीे होती है।

राज्य शासन की योजनाएं
राज्य शासन द्वारा फल पौध रोपण के लिए, नदी कछार/तटों पर  लघु सब्जी उत्पादक समुदायों को प्रोत्साहन की योजना, बी.पी.एल एवं लघु/सीमांत कृषक बाड़ी में टपक सिंचाई योजना, कम्यूनिटी फेसिंग योजना, पोषण बाड़ी विकास योजना सहित अन्य योजना राज्य शासन द्वारा चलाई जा रही है।

कृषकों को दी जा रही है अनुदान सहायता
इसी तरह संरक्षित खेती के अंतर्गत ग्रीन हाउस स्ट्रक्चर, फैन एंड पैड सिस्टम के निर्माण पर प्रति हितग्राही अधिकत 4000 वर्ग मी. हेतु कुल लागत का 50 प्रतिशत अनुदान की सहायता दी जाती है। इसी तरह नैचुरल वेंटीलेटैड सिस्टम, टयूब्यूलर स्ट्रक्चर शेडनेट हाऊस, पाली हाऊस के निर्माण में प्रति हितग्राही अधिकतम 4000 वर्ग मी. तक सीमित कुल लागत का 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। विभाग में संचालित किसान कॉल सेन्टर 1800-180-1511 के द्वारा किसानों को सलाह भी दी जाती है।

 

 

 

और भी

नए वार्षिक कैलेंडर के आधार पर प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से चयन करें : कलेक्टर

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर मित्तल ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में नव संकल्प शिक्षण संस्थान के संचालक समिति की बैठक ली। उन्होंने प्रतिभागियों को नए वार्षिक कैलेंडर के आधार पर प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से चयन करने के निर्देश दिए है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेन्द्र यादव, जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, प्राचार्य डॉ. विजय रक्षित, प्रो अमरेंद्र, प्रो अनिल श्रीवास्तव सहित अकादमिक स्टाफ उपस्थित थे।

कलेक्टर मित्तल ने कहा कि संस्थान में वाक इन इंटरव्यू के माध्यम से योग्य शिक्षकों का चयन करते हुए स्मार्ट क्लास व आवासीय व्यवस्था चयनित प्रतिभागियों को उपलब्ध कराई जाएगी। संस्थान के बनाये गए प्रबंधन के अनुसार नियमित समय सारणी व अधिकतम सफलता प्राप्त करने के लिए प्रयास किये जाएंगे। अलग-अलग परीक्षाओं के लिए क्रैश कोर्स निर्धारित अवधि तक के लिए ही होगा। ताकि नये प्रतिभागियो को अधिक अवसर प्राप्त हो सकें। कलेक्टर की ओर से संचालन समिति को आवश्यक तैयारियों के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।

 

बैठक में प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी अब विशेष क्रैश कोर्स के माध्यम से कराए जाने का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत बैंकिंग, व्यापम, एस एस सी सेना जैसे पदों पर अधिक से अधिक जिले के योग्य प्रतिभागियों को मौका प्राप्त होगा।    

और भी

तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना के खदान से एनटीपीसी लारा तक पहली कोयला रेक को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गुरदीप सिंह अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एवं चंदन कुमार मण्डल, निदेशक (वाणिज्यिक) एनटीपीसी ने 21 नवंबर 2022 को छत्तीसगढ में स्थित तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना से लारा सुपर थर्मल पावर स्टेशन के लिए पहली कोयला रेक मेरी गो राउंड (एमजीआर) ट्रैक के माध्यम से कोयला ढुलाई के कार्य को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

इस शुभारंभ कार्यक्रम में पार्थ मजूमदार क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (कोयला खनन), अश्विनी कुमार त्रिपाठी क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक पश्चिमी क्षेत्र एवं प्रचालन सेवाएँ, सूर्यकांत राय व्यापार इकाई प्रमुख एनटीपीसी तलईपल्ली, दिवाकर कौशिक परियोजना प्रमुख एनटीपीसी लारा और नीरज जलोटा परियोजना प्रमुख (दुलंगा) और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।

 
 
 

यह 65 किलोमीटर लंबा एमजीआर एक इंजीनियरिंग चमत्कार है जो पहाड़ी इलाकों और वन क्षेत्रों में स्थित कई गांवों से होकर गुजरता है। एमजीआर के माध्यम से इस रेक के प्रेषण के साथ एनटीपीसी अपनी कैप्टिव खदानों से अपने बिजली स्टेशनों तक निर्बाध रूप से कोयला परिवहन को सुचारू और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने में सक्षम होगा। इस परियोजना से छत्तीसगढ़ राज्य एवं देश की विद्युत जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेषक एनटीपीसी ने एनटीपीसी और उसके सहयोगियों गांवों और प्रभावित ग्रामों जनप्रतिनिधियों] राज्य और जिला प्रशासन को बधाई दी।

अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एनटीपीसी ने टीम तलईपल्ली को वर्तमान वित्त वर्ष के लक्षित कोयला उत्पादन को सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया साथ ही साथ वरिष्ठ अधिकारियों ने साउथ पिट एक्सटेंशन और हाल ही में स्थापित वेस्ट पिट परिचालन की प्रगति की समीक्षा करने के लिए खदान का दौरा किया। वरिष्ठ अधिकारियों खनन एजेंसियों के साथ बातचीत की और चल रही गतिविधियों की प्रगति का जायजा लिया। पिट से निरंतर कोयला उत्पादन की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

 
 
 

व्यापार इकाई प्रमुख राय ने इस ऐतिहासिक क्षण पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए परियोजना के सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनकी कड़ी मेहनत एवं लगन से भविष्य में लारा परियोजना को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की अपील की।

सिंह ने युवा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बातचीत की उन्होंने कई विषयों जैसे तकनीकी पेशेवर, प्रशिक्षण, सुरक्षा, पर्यावरण और स्थिरता पर विचार-विमर्श किया। युवा प्रशिक्षुओं एवं अधिकारियों को चुनौतियों का सामना करने और कंपनी के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में पर्यावरण और सुरक्षा को प्राथमिकता के साथ काम करने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

 

और भी

विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने पीजी की ज्यादा सीटें स्वीकृत कराएं : टी.एस. सिंहदेव


चिकित्सा शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में मेडिकल कॉलेज की स्वशासी समिति की बैठक आयोजित

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री टी.एस. सिंहदेव की अध्यक्षता में गुरुवार को राजनांदगांव स्थित भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के स्वशासी समिति की साधारण सभा की बैठक हुई। उन्होंने रायपुर के सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन में आयोजित बैठक में प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने मेडिकल कॉलेज में पीजी की ज्यादा से ज्यादा सीटें स्वीकृत कराने कहा। उन्होंने स्वशासी समिति की बैठक हर तीन माह में आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वशासी समिति के सदस्य संसदीय सचिव इंद्रशाह मंडावी, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव प्रसन्ना आर., दुर्ग संभाग के आयुक्त महादेव कावरे, चिकित्सा शिक्षा विभाग के संचालक डॉ. विष्णु दत्त, राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. रेणुका गहिने और अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रदीप बेक भी शामिल हुए।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री सिंहदेव ने बैठक में मेडिकल कॉलेज को अध्ययन-अध्यापन और आधारभूत संरचना की मजबूती के लिए मिलने वाले बजट का पूरा उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए स्वशासी मद की राशि का भी अधिकतम इस्तेमाल करने कहा। उन्होंने मेडिकल कॉलेज को प्रस्तावित मदों में आबंटित राशि का पूर्णतः सदुपयोग करने कहा। स्वशासी समिति की बैठक में नेशनल मेडिकल कमीशन के मापदंडों के अनुरूप महाविद्यालय और छात्रावास परिसर में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी खरीदने व स्थापित करने की मंजूरी प्रदान की गई।

 

मंत्री सिंहदेव ने बैठक में महाविद्यालय की स्थापना के बाद से स्वशासी शाखा के अब तक के बुक-कीपिंग कार्य के लिए टेंडर जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में मेडिकल कॉलेज में संविदा में कार्यरत केजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर के वेतन में वृद्धि के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। समिति की पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के पालन प्रतिवेदन का भी अनुमोदन स्वशासी समिति की बैठक में किया गया।

और भी

अस्थि विसर्जन कर लौट रहा परिवार हुआ हादसे का शिकार, 6 मौत

 सुकमा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश में सड़क दुर्घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। नेशनल हाइवे 30 पर बोड्‌डुगुडेम के पास मंगलवार को दोपहर करीब साढ़े 3 बजे करीब हुए सड़क हादसे में मृत 8 लोग एक ही परिवार व रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही ये भी बताया जा रहा है कि बोलेरो से भद्राचलम में अस्थि विसर्जन कर परिवार के लोग लौट रहे थे।

विगत 14 नवंबर को धनोरा थाने में खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने वाले सहायक आरक्षक सजेंद्र ठाकुर का अंतिम संस्कार करने के बाद उनकी अस्थियों को विसर्जित करने के लिए परिवार के सदस्य भद्राचलम गए थे। भद्राचलम में अस्थियों का विसर्जन कर लौट रहे थे। बोड्‌डुगुडेम के पास ट्रक से उनकी भिड़ंत हो गई। ये भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग घायल हो गए।

 

खबरे और भी :-सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक , व्यक्ति की मौत

 

घायलों को इलाज के लिए भद्राचलम के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो और ने दम तोड़ दिया। फिलहाल 2 का इलाज अस्पताल में जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक कोंडागांव जिले के धनोरा थाने में पदस्थ सहायक आरक्षक सजेंद्र ठाकुर 35 साल बीते कुछ समय से पारिवारिक कारणों से मानसिक रूप से परेशान था। इसी परेशानी के चलते उसने विगत 14 नवंबर को अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी।
खबरे और भी :- राजधानी में तेज रफ़्तार वाहन चालक ने ली 65 वर्षीय बुजुर्ग़ की जान, पैदल जा रहे बुजुर्ग की मौत ...

 

 

उनकी अस्थियों को विसर्जित करने के लिए परिवार के सदस्य भद्राचलम गए थे। कोंटा से करीब 30 किमी की दूरी पर हुई भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के सामने के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। वहीं बोलेरो में पीछे बैठे लोग बाहर फिंका गए और 4 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सामने की सीट पर बैठे ड्राइवर व बुजुर्ग पूरी तरह से फंस गए थे और यहीं उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

 

खबरे और भी :-तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही बस पलटी, 18 घायल 3 गंभीर

 

बाद में किसी तरह स्थानीय पुलिस ने उनके शवों को बाहर निकाला। बाद में घायलों को इलाज के लिए भद्राचलम के अस्पताल में भर्ती करवाया। बोलेरो में परिवार के लोग भद्राचलम पहुंचे, जहां अस्थियों को विसर्जित किया। इसके बाद वे वापस आ रहे थे। भद्राचलम से लौटने के दौरान बोड्‌डूगुड़ेम के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक के साथ बोलेरो की भिड़ंत हो गई। ये भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई। मृत सदस्यों की पहचान अब तक नहीं की जा सकी है।

 

 

और भी

रद्द रहेगी महाराष्ट्र एक्सप्रेस, विदर्भ एक्सप्रेस... परिवर्तित मार्ग से चलेंगीं ये गाड़ियां...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मध्य रेलवे भुसावल रेल मंडल के जलगाँव-भुसावल खंड के जलगाँव स्टेशन में चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। यह कार्य जलगांव स्टेशन में 5 व 6 दिसम्बर को किया जायेगा । इस कार्य के फलस्वरुप दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से शुरू होने वाली कुछ गाड़ियों को रद्द एवं कुछ को परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी। इस दौरान...

विस्तृत जानकारी इस प्रकार है :-

रदद होने वाली गाड़ियां :
5 दिसम्बर को छत्रपती शाहू महाराज टर्मिनस कोल्हापूर से छूटने वाली 11039 छत्रपती शाहू महाराज टर्मिनस कोल्हापूर-गोंदिया महाराष्ट्र एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
5 दिसम्बर को गोंदिया से छूटने वाली 11040 गोंदिया-छत्रपती शाहू महाराज टर्मिनस कोल्हापूर महाराष्ट्र एक्सप्रेस रद्द  रहेगी।

 
 


4 दिसम्बर को मुंबई  से छूटने वाली 12105 मुंबई-गोंदिया विदर्भ एक्सप्रेस रद्द  रहेगी।

 


5 दिसम्बर को गोंदिया से छूटने वाली 12106 गोंदिया-मुंबई विदर्भ एक्सप्रेस रद्द  रहेगी।
                  
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली गाड़ियां :
5 दिसम्बर, 2022 को बिलासपुर से छूटने वाली गाड़ी संख्या 22940 बिलासपुर-हापा एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग व्हाया बड़नेरा-भुसावल-खंडवा जंक्शन-इटारसी जंक्शन-संत हिरदाराम नगर-रतलाम-छायापुरी  होकर चलेगी ।
4 दिसम्बर, 2022 को हावड़ा से छूटने वाली गाड़ी संख्या 12834 हावड़ा-अहमदाबाद  एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग व्हाया बड़नेरा-भुसावल-खंडवा जंक्शन-इटारसी जंक्शन-संत हिरदाराम नगर-रतलाम-छायापुरी  होकर चलेगी ।  

 


4 दिसम्बर, 2022 को पूरी से छूटने वाली गाड़ी संख्या 22827 पूरी-सूरत एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग व्हाया बड़नेरा-भुसावल-खंडवा जंक्शन-इटारसी जंक्शन-संत हिरदाराम नगर-रतलाम-वडोदरा जंक्शन होकर चलेगी ।
5 दिसम्बर, 2022 को पुरी से छूटने वाली गाड़ी संख्या 12994 पुरी-गाधीधाम एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग व्हाया बड़नेरा-भुसावल-खंडवा जंक्शन-इटारसी जंक्शन-संत हिरदाराम नगर-रतलाम-छायापुरी  होकर चलेगी ।

 


4 दिसम्बर, 2022 तक शालीमार से छूटने वाली गाड़ी संख्या 12950 शालीमार-पोरबंदर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग व्हाया बड़नेरा-भुसावल-खंडवा जंक्शन-इटारसी जंक्शन-संत हिरदाराम नगर-रतलाम-छायापुरी  होकर चलेगी ।

 

 

 

 

और भी