छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

सीएम पद के लिए स्वास्थ्य मंत्री बाबा ने ईशारों में किया ईशारा

 भिलाई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश के स्वास्थ एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भारत जोड़ो यात्रा के छत्तीसगढ प्रभारी टी एस सिंह देव रविवार को भारत जोड़ों यात्रा के संबंध में भिलाई प्रवास पर आये। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि जिस घोषणा पत्र के आधार पर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी उसमें अधिकांशतर घोषणाएं किसानों की ऋण माफी, धान का समर्थन मूल्य, बिजली बिल हाफ सहित कई घोषणाएं पूरी की है और नशबंदी सहित कुछ घोषणाएं पूरी होने में बची है और उसको भी पूरा करने सतत प्रयास किया जा रहा है।

इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के प्रश्र का उत्तर देते हुए कहा कि आगामी चुनाव में भी कांगेंस पूर्ण बहुमत से सरकार बनायेगी और आगामी चुनाव में सीएम का चेहरा कौन होगा का उत्तर देते हुए कहा कि जब पार्टी में सत्ता में होती है तो जो सीएम होता है वही अगला सीएम का भी फेस होता है। वर्तमान में भूपेश बघेल मुख्यमंत्री हैं तो वे ही सीएम का चेहरा भी होंगे। इस दौरान हमारे संवाददाता द्वारा जब पूछा गया कि आपकी इच्छा  (सीएम बनने की) कब पूरी होगी तो इशारों इशारों में उन्होंने यह ईशारा करते हुए कहा कि मुझे न्याय की उम्मीद है, जब मेरे साथ जब न्याय होगा तब मेरी इच्छा भी पूरी हो जायेगी।

इस दौरान उन्होंने भारत जोड़ों यात्रा पर अपनी बात रखते हुए कहा कि देश के लोगों से सीधे मिलने के लिए राहुल गांधी ने यह यात्रा शुरू की है। लाखों लोग उनसे जुड़ते जा रहे है। हालांकि पार्टी ने इस यात्रा को व्यवस्था के तहत गाईड लाईन बनाई है कि इससे अव्यवस्था न हो इसलिए तीन लोगों को इस यात्रा में मुख्य रूप से शामिल किया गया है। जिसमें पहले वे सौ लोग जिनको पूरे देश से चुना गया है। और 100 लोग उनको शामिल किया गया है जिस राज्य में भारत जोड़ो यात्रा हो रही है। 

इसके अलावा बाकी सौ उन लोगों को शामिल किया गया है जिन राज्यों से यह यात्रा नही जा पा रही है। इसके अलावा अन्य 1 लाख लोग इन सबके पीछे जो चाहे यात्रा में शामिल हो सकता है। इसमें सुबह कुछ घंटे और रात्रि को कुछ घंटे यात्रा को विराम दिया जा रहा हैकि जो लोग बाहर से आये है, उनसे और जहां यात्रा निकल रही है वहां के लोगों से मिल सके और उनकी समस्याओं को सुन सके। उन्होंने आगे कहा कि आज ऐसा लगता है कि कांग्रेस कई राज्यों में किसी कारणवस नागरिकों  से दूर हो गई है, उनसे नजदीकी होना और कांग्रेस की वर्तमान नीतियों को उनको समझाना आवश्यक है।

भारत जोड़ो यात्रा के छत्तीसगढ प्रभारी ने कहा कि अब तक इस यात्रा से लाखों लोग जुड़ चुके हैं। देश में आज महंगाई चरम पर है पेट्रोल सौ के पार है, सिलेंडर के दाम साढे 11 सौ रुपए हो गए। इसके बाद भी लोगों को कोई समस्या नहीं है तो यह कहना गलत है। भाजपा इस प्रकार का भ्रम फैला रही है। राहुल गांधी के भारत जोड़ों यात्रा के दौरान जो कांरवा बन रहा है वह इसका प्रमाण है कि देश की जनता महंगाई से त्रस्त है। आज सत्तासीन पार्टी के कारण एकता और अखंडता खतरे में पड़ गई है। उसे बचाना और आपस में प्रेमभाईचारा बनना आवश्यक है।

राहुल गांधी ही हमारा चेहरा

राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष के चुनाव को लेकर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि भले ही राहुल गांधी राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नहीं लड़ रहे हैं लेकिन हमारा चेहरा राहुल गांधी होंगे। हालांकि राहुल गांधी ने चुनाव लडऩे मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश में आज सबसे ज्यादा राहुल गांधी को टारगेट किया जा रहा है लेकिन उन्होंने कभी इसका विरोध नहीं किया। राहुल गांधी लगातार इसी प्रयास में हैं कि पार्टी एकजुट रहे। इस दौरान उन्होंने पार्टी छोडऩे वालों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से साथ रहने वाले एक बार में पार्टी छोड़ दें बुरा लगता है।

बीएसपी प्रबंधन से करेंगे चर्चा

भिलाई प्रवास पर आये टी एस बाबा को कुछ लोगों ने बताया कि कोयले की कमी के कारण पिछले तीन दिनों से कायले की कमी के कारण भिलाई इस्पात संयंत्र के कई विभागों में उत्पादन बंद है पर कहा कि मैं इसे संज्ञान में लेता हूं और बीएसपी प्रबंधन से चर्चा करूंगा।

शास्त्री हॉस्पिटल से ब्लड के लिए मरीज को दुर्ग रेफर करना गलत

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री से कांग्रेसी नेता स्माईल खान ने उनका ध्यानाकर्षण कराते हुए जब कहा कि आपने सुपेला शास्त्री हॉस्पिटल में ब्लड बैंक खोलने के लिए कहा था उस पर अमल नही हो रहा है, यहां ब्लड की कमी के कारण मरीजों की स्थिति बिगड रही है और उनको दुर्ग जिला अस्पताल रेफर करना पड़ रहा है तो इसपर मंत्री बाबा ने कहा कि यदि केवल ब्लड के लिए रेफर किया जा रहा है तो ये गलत है, कहा गया है कि यहां ब्लड के लिए फ्रीजर की व्यवस्था हो और उसमें कुछ ब्लड को स्टोर रखा जायेे।  

पत्रकारवार्ता में पूर्व राज्यमंत्री बी डी कुरैशी, कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती तुलसी साहू, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अरूण सिंह सिसोदिया, फारूक खान, सादिक रजा, श्रीमती नीलू  ठाकुर, सुमित शर्मा, प्रवक्ता जावेद खान सहित अन्य बडी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।

और भी

शांति व्यवस्था प्राथमिकता, सबका सहयोग आवश्यकःएसपी

 सूरजपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले में सुरक्षातंत्र को मजबूत करने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर  इफ्फत आरा की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक  रामकृष्ण साहू की उपस्थिति में प्रशासन और पुलिस की महत्वपूर्ण बैठक संम्पन्न हुई। इस बैठक में सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, एसईसीएल महाप्रबंधक, एसडीओपी, तहसीलदार एवं समस्त थाना प्रभारी एवं सड़क सुरक्षा प्रभारी उपस्थित थे। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने जिले में सुरक्षातंत्र को मजबूत कर शांति व्यवस्था दुरुस्त करने हेतु विभिन्न निर्देश दिए। जिसमे कलेक्टर  ने सुश्री इफ्फत आरा कहा कि राज्य शासन की मंशानुसार जिले में शांति व्यवस्था एवं सद्भावना बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस को प्रभावी समन्वय बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है, जिससे जिले में कोई भी घटना घटित होती है उसकी सूचना जल्द प्राप्त हो, जिसके लिए सभी अमलो को सजग रहकर कार्य करना है। घटना पर संवेदनशीलता से कार्य करना है। प्रशासन एवं पुलिस को प्रत्येक गतिविधि की जानकारी होनी चाहिये जिसके लिए सूचना तंत्र मजबूत करने एवं आमजनों से परस्पर जुड़े रहने के निर्देश दिए हैं जिससे उनका सहयोग प्रशासन व पुलिस को प्राप्त हो। उन्होंने राजस्व और पुलिस के अमलो को अपने दैनिक कार्यों के साथ ही शांति व्यवस्था के लिए अतिरिक्त कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया एवं निरंतर मॉनिटरिंग करने के लिए कहा है। उन्होंने समस्याओं के निराकरण के लिए जनसुनवाई करें वास्तविक घटनाओं से अवगत होकर छोटे स्तर पर निराकरण करें एसडीएम, एसडीओपी तहसीलदार छोटे स्तर तक अर्थात ग्रामीण जन तक पहुंच बेहतर बनाएं जिससे सूचना समय पर उपलब्ध हो सके।

  पुलिस अधीक्षक  रामकृष्ण साहू ने आपसी समन्वय पर जोर देते हुए कहा है कि विपरीत परिस्थितियां निर्मित होती हैं। सूरजपुर खनिज कोयला रेत वाला क्षेत्र है संवेदनशील मामलों में हमेशा सजग रहें समन्वय कर समाधान के बेहतर रास्ता निकालें जिससे किसी को परेशानी ना हो समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर निराकरण करना सुनिश्चित करें खनिज कोयला रेत सहित अन्य चीजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाना आवश्यक है। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश देते हुए कहा कि जिले में कही भी दुर्घटना होती है वहा पुलिस तत्काल पहुंचे एवं आवश्यक कार्यवाही के साथ ही आमजन का सहयोग करें। उन्होंने उन्होंने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था पहली प्राथमिकता है सभी संगठनों से बेहतर समन्वय बनाकर रखें। उन्होंने कहा कि आपका सूचना, आपका सहयोग आवश्यक है जिससे जिले में शांति व्यवस्था बेहतर की जा सके इसमें समाज के हर वर्ग को आगे आने की आवश्यकता है। जिला अच्छी स्थिति में है आपके सहयोग से चोर पकड़े जा रहे हैं जो कि आपके सूचना तंत्र का ही प्रमाण है।

      एसईसीएल महाप्रबंधक अमित सक्सेना ने कहा कि जिला कोयला बहुल क्षेत्र है। जिला प्रशासन एवं पुलिस अमला निरंतर कोयला अवैध परिवहन को रोकने में सहयोग कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोयला चोरी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग के साथ सामंजस्य स्थापित कर कोयला अवैध परिवहन पर नियंत्रण किया जा रहा है। बेहतर नियंत्रण के लिए सभी का सहयोग एवं सूचना तंत्र मजबूत होना आवश्यक है।

 

 

और भी

जिले को एनीमिया मुक्त बनाने अधिकारियों को किया गया निर्देशित

जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर  रितेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में आज एनआईसी कक्ष में एनीमिया मुक्त जशपुर के तहत जिले में चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु यूनिसेफ की टीम के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित हुई। बैठक में एनीमिया मुक्त जशपुर हेतु की जा रही गतिविधियों की प्रगति, आगे की कार्य योजना सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर यूनिसेफ के राज्य स्तरीय कम्युनिकेशन फॉर डेवल्पमेन्ट के प्रमुख  अभिषेक सिंह, सीईओ जिला पंचायत  जितेंद्र यादव, यूनिसेफ के जिला सलाहकार किशोर किशोरियों, युवतियों, गर्भवती महिलाओं एवं शिशुवती माताओं का स्वास्थ्य जांच किया गया है एवं सभी स्कूल, आंगनबाड़ी, आश्रम-छात्रावास में बच्चों को आयरन की गोलियां का वितरण कर नियमित रूप से सेवन किया जा रहा है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि एनिमिया मुक्त जशपुर, एनिमिया मुक्त छत्तीसगढ़ के लिए एक प्रेरणास्त्रोत की तरह कार्य करेगा। इस हेतु सभी विभागों को व्यवस्थित कार्ययोजना के साथ गंभीरता से कार्य करना होगा। निचले स्तर से एनिमिक युवतियों, महिलाओं की पहचान कर उनका हीमोग्लोबिन जांच एवं उपचार प्राथमिकता से करना होगा। साथ ही नियमित रूप से निगरानी रखने की आवश्यकता है। उन्होंने आंगनबाड़ियों में पोषण आहार, गर्म भोजन एवं आयरन टेबलेट का सेवन कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, फल एवं स्थानीय भाजियों का सेवन कराने के लिए कहा। उन्होंने मुनगा सब्जी व भाजी को आहार में मुख्य रूप से शामिल करने की बात कही।

कलेक्टर ने जिले को एनीमिया मुक्त बनाने हेतु मिशन मोड में कार्य करने हेतु सभी अधिकारियों को निर्देशित किया। इस हेतु आम जनों में जागरूकता लाने एवं उनका व्यवहार परिवर्तन हेतु विशेष प्रयास करने की आवश्यकता है। जिसमें रात्रि चौपाल एवं अन्य गतिविधियां शामिल है। इस कार्य मे जय हो वॉलिंटियर्स, राजीव युवा मितान क्लब के सदस्य सहित अन्य सभी की सहभागिता लेने की बात कही।

कलेक्टर श्री अग्रवाल ने एनिमिया से मुक्ति हेतु शैक्षणिक संस्थाओं, आश्रम छात्रावासों पर विशेष ध्यान देते हुए संस्थानों में अध्यनरत बच्चों का नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने एवं उन्हें आयरन की टेबलेट का सेवन कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि आयरन टेबलेट को दवा के रूप में नही पूरक आहार के रूप में लेना चाहिए। इस दौरान यूनिसेफ के श्री अभिषेक ने भी एनीमिया मुक्त जशपुर के लिए यूनिसेफ की टीम द्वारा की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही आगे की कार्ययोजना पर कलेक्टर सहित सभी जिला अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा की एनीमिया मुक्त जशपुर के प्रथम चरण में एनिमिको की पहचान करने एवं उनका प्राथमिकता से उपचार करने के लिए कहा साथ ही लोगों के व्यवहार परिवर्तन हेतु उनमें जागरूकता लाने की बात कही। 

 

 

और भी

आंगनबाड़ियों में बच्चों को आयरन टेबलेट का कराया जा रहा सेवन

 जशपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर  रितेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले के सभी शैक्षणिक संस्थाओ स्कूल, आश्रम छात्रावास, आंगनबाड़ियों में एनिमिया मुक्ति के लिए विशेष प्रयास  किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत सभी संस्थानों में बच्चों का हीमोग्लोबिन जांच एवं आयरन टेबलेट का सेवन सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी  जे.के.प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास  अरुण पांडे, राजीव गांधी शिक्षा मिशन के जिला मिशन समन्वयक  नरेन्द्र सिन्हा द्वारा स्कूल एवं आंगनबाड़ियों का निरीक्षण कर बच्चों को टेबलेट सेवन की जानकारी ली। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से टेबलेट का सेवन करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

डीईओ  प्रसाद ने महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों का निरीक्षण कर शाला में बच्चों को एनीमिया व कुपोषण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उनकी उपस्थिति में बच्चों द्वारा एनीमिया मुक्ति हेतु आयरन टेबलेट के सेवन किया गया। राजीव गांधी शिक्षा मिशन के श्री सिन्हा द्वारा भी स्कूलों का निरीक्षण कर वहाँ विद्यार्थियों को कुपोषण स्तर में कमी लाने हेतु आयरन टेबलेट सेवन हेतु प्रेरित किया गया।

इसी प्रकार डीपीओ श्री पांडे द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में किशोरी बालिकाओं को आयरन टेबलेट के सेवन से होने वाले लाभ के बारे में बताया गया। उन्होंने सभी को कुपोषण स्तर में कमी लाने हेतु भोजन में स्थानीय भाजी, मुनगा, एवं  हरी सब्जियों का सेवन करने की समझाईश दी साथ ही पोषण आहार के तहत मिलने वाले रेडी टू इट एवं गर्म भोजन का भी नियमित रूप से सेवन करने के लिए कहा। इस दौरान केंद्र में उपस्थित किशोरी युवतियों को आयरन टेबलेट का सेवन कराया गया।

 

 

और भी

कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी नागरिकों की समस्याएं

विभिन्न विकासखंड से आए लोगों ने कलेक्टर को दिए आवेदन

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने आज यहां अपने चेंबर में जनदर्शन में  आम नागरिकों की समस्याएं सुनी। कलेक्टर ने  जनदर्शन के माध्यम से जिले के विभिन्न विकासखंडो के  दूर-दराज से आए नागरिकों, ग्रामीणजनों, महिलाओं की समस्याओं और शिकायतों को सुना और   उन आवेदनों पर नियमानुसार  त्वरित निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि  सभी शासकीय योजनाओं का उचित क्रियान्वयन कर योजनाओं का लाभ आम लोगों को समय पर दिलाना सुनिश्चित करे।

आज जनदर्शन में रामसागर पारा की मीना साहू ने अवैध कब्जा हटवाने , अमलीडीह रायपुर की अमरीका सागर ने अवैध प्लाटिंग पर कार्यवाही करने, पंडरभट्ठा के गिरवर लाल दुबे ने गौठान पर बेजा कब्जा हटवाने, जय सतनाम व्यायामशाला समिति गुढ़ियारी के पदाधिकारियों ने पट्टा आवंटित कराने, तहसील आरंग ग्राम डिधारी के संजय कोसले ने अपनी पत्नी का इलाज कराने आर्थिक सहायता के लिए, लखौली के महेत्तर सतनामी ने ऋण पुस्तिका उपलब्ध कराने,

अभनपुर विकासखंड के ग्राम आमनेर की श्रीमती तीरथ बाई  ने खाता विभाजन कराने इसी तरह अन्यों ने भी अपनी शिकायत एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन  कलेक्टर को दिए।

और भी

जनचौपाल में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं, मिले 70 आवेदन

 गरियाबंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला कार्यालय गरियाबंद में प्रत्येक सप्ताह सोमवार को आयोजित जनचौपाल में कलेक्टर की मौजूदगी में आवेदनों के त्वरित निराकरण का अच्छा प्रतिसाद मिलने लगा है। लोग अपनी समस्याओं से विनम्रतापूर्वक कलेक्टर को अवगत करा रहे है। जिले के संवेदनशील कलेक्टर  प्रभात मलिक भी लोगों की समस्याएं को गंभीरता से सुन रहे है। आज के जन चौपाल में ग्रामीण व शहरी क्षेत्र से आये 70 लोगों ने अपनी समस्या संबंधी आवेदन प्रस्तुत किये। 

कलेक्टर प्रभात मलिक ने लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने मौके पर ही आवेदकों की समस्या संबंधी आवेदन को संबंधित विभाग के अधिकारियों के माध्यम से निराकृत किया। साथ ही अन्य आवेदकों को उनकी समस्या का शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया। जनचौपाल में ग्राम जामगांव के ओमप्रकाश साहू ने बंदोबस्त के पूर्व नक्शा के आधार पर त्रुटि सुधार करने, ग्राम चैतरा के तुलसी राम ने 35 वर्ष से काबिज बड़े झाड़ की जंगल भूमि की पट्टा प्रदान करने, ग्राम घुटकुनवापारा के थनेश्वर सिंह गंगबीर सहायक शिक्षक स्थानांतरण संशोधन, ग्राम मड़ेली के ग्रामवासी ने सुगम सड़क स्वीकृति कराने, ग्राम नांगझर के रामचरण साहू ने पशुशेड निर्माण, ग्राम पंचायत मुड़ागांव के सरपंच व पंचगण ने पंचायत सचिव बसंत सिन्हा के निष्कासित करके अन्य सचिव को पदस्थ कराने, ग्राम अमलोर के जोहन ने नाम व खसरा सुधार दर्ज कराने, ग्राम रानीपरतेवा के रेखराज साहू ने शिक्षण शुल्क सहायता प्रदान करने, ग्राम गुण्डरदेही के सरपंच ने उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन जीर्णोधार कार्य की स्वीकृति, ग्राम कुम्ही की मालती बंजारे ने मजदूरी पंजीयन कार्ड का नवीनीकरण करने सहित अन्य आवेदकों ने भी अपनी समस्या संबंधी आवेदन प्रस्तुत किये। 

इस अवसर पर जिला पंचायत की सीईओ रोक्तिमा यादव व डिप्टी कलेक्टर चांदनी कंवर सहित जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

आपदा प्रबंधन ट्रेनिंग : 100 आपदा मित्रों ने सिखे बाढ़, भूकंप, सहित अन्य आपदाओं में आम जन को सुरक्षित करने के गुर

 सुकमा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले में आपदा मित्रों के प्रशिक्षण 24 सितम्बर को हुई। 12 सितम्बर से शुरू हुई इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के तीनों विकासखंड से चयनित 100 युवाओं जिसमें पुरुष और महिलाएं दोनों सम्मिलित थे, बाढ़, भूकंप, अग्नि दुर्घटना, बिजली गाज, सड़क दुर्घटना, औद्योगिक दुर्घटना आदि के दौरान आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। जिला मुख्यालय स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में इन युवाओं को संभाग मुख्यालय सहित रायपुर की एसडीआरएफ टीम के ट्रेनर्स व एनडीआरएफ  के सुरक्षा जवानों की ओर से आपदा के समय पर लोगो को सुरक्षित स्थान पर ले जाने, बचाव कार्य में विविध प्रकार के उपकरण व यंत्र का उपयोग करने के साथ ही घायल या पीडि़त व्यक्ति को प्राथमिक उपचार, सीपीआर देना आदि विधाओं के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।

आपदा प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रभारी जिला सेनानी सुकमा, एन.एस नेताम, संभागीय सेनानी, बस्तर संभाग जगदलपुर एस.पी गौतम का विशेष सहयोग रहा। जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण से ये युवा भविष्य में जिले में किसी भी प्रकार के आपदा के समय उससे निपटने के लिए तैयार रहेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर संभागीय सेनानी, नगर सेना बस्तर संभाग जगदलपुर  एस.पी. गौतम व एन एस नेताम प्रभारी जिला सेनानी सुकमा की ओर से प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र परिचय पत्र, आपदा मित्र पुस्तक का वितरण कर सफलतापूर्वक प्रशिक्षण का समापन किया गया।

और भी

जल जीवन मिशन की धीमी गति पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी

 बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की है। हर घर नल के निर्धारित लक्ष्य 1 लाख 4 हजार 335 के विरूद्ध अब तक 14 हजार 77 घरों में ही नल सुविधा मुहैया कराई गई हैै। कलेक्टर ने काम की इस सुस्ती के लिए जवाबदेह ठेकेदारों को ब्लेक लिस्टेड कर सख्त कार्रवाई करने को कहा है। कलेक्टर आज जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।

जिला कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर की ओर से जिले के 668 ग्राम के लिए कुल स्वीकृत 909 योजना के निविदा प्रक्रिया माह के अंत तक पूर्ण करने के निर्देश दिये गये है। जिले के कुल 2 लाख 4 हजार 687 परिवारों में अभी तक मात्र 1 लाख 7 हजार 787 परिवारों में कार्य करने का आदेश जारी किया गया है, जिस पर कलेक्टर ने गंभीर नाराजगी व्यक्त किया। इसी तरह जिले में कुल अनुबंधित कार्यों में जिन एजेंसी की ओर से कार्य नहीं किया जा रहा है अथवा कार्यादेश जारी करने के उपरांत समयानुपातिक प्रगति नहीं होने पर उन्हें तत्काल सूचित कर नियमानुसार कठोर से कठोर कार्यवाही की जाएगी। जिले में अभी भी कई ठेकेदारों ने विगत 3-4 माह पूर्व अनुबंध हस्ताक्षर कर कार्यादेश प्राप्त कर कार्य प्रारंभ नहीं किया है। उन्हें नियमानुसार ठेकेदारों की काली सूची में डालने की कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये है। 

समीक्षा बैठक के दौरान यह भी संज्ञान में आया है कि प्रति दिवस हर घर नल कनेक्शन के आई.एम.आई.एस. की एन्ट्री अत्यंत ही कम है। इसी तरह सहायक अभियंता व उपअभियंताओं को भी ठेकेदार के देयकों का त्वरित निराकरण कर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये है। विभागीय अधिकारी व कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिये गये है कि शासन के इस महत्वपूर्ण योजना में किसी भी प्रकार के लापरवाही कार्यों में उदासीनता का स्पष्ट प्रमाण है व इसके लिए कठोर से कठोर कार्यवाही की जाएगी। बैठक में ई.ई. पीएचई एस.के.चन्द्रा सहित विभागीय सहायक अभियंता व उप अभियंता उपस्थित थे।

और भी

सफलता की कहानी : जनमन पाकर खिले कलेक्टोरेट आने वाले आगंतुकों के चेहरे

 धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। शासन के निर्देशानुसार सप्ताह का पहला दिन सोमवार आमजनता के लिए समर्पित होता है। फरियादी अपनी समस्याएं लेकर यहां पहुंचते हैं और कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत करते हैं। जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रत्येक सोमवार को मासिक पत्रिका जनमन का वितरण आगंतुकों व आवेदकों को किया जाता है। इसी क्रम में आज आए जिला कार्यालय में पहुंचे आवेदकों को जनमन पत्रिका के साथ-साथ न्याय का छत्तीसगढ़ मॉडल नामक जिला विकास पुस्तिका का वितरण कलेक्टर पी.एस. एल्मा के मार्गदर्शन में किया गया।

धमतरी विकासखंड के ग्राम बागोडार से पहुंचे आवेदक विजय नेताम, दिनेश नेताम, निहालीराम ध्रुव और परदेशी यादव को यह पत्रिका नि:शुल्क भेंट की गई। जब उन्हें बताया गया कि यह बिलकुल नि:शुल्क है, तो उन लोगों ने एक-एक अतिरिक्त प्रति मांगी, ताकि पड़ोसियों और बच्चों को भी इसे सुलभ कराई जा सके। जनमन पत्रिका को उलट-पलटकर अवलोकन करते हुए नेताम ने कहा कि यह पत्रिका शासन का आइना है और इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की महत्वाकां योजनाओं की झलक है। उन्होंने पत्रिका को काफी उपयोगी बताते हुए आभार जताया। इसी प्रकार इसी ग्राम के निवासी निहालीराम ने कहा कि मुख्यमंत्री के भेंट मुलाकात कार्यक्रम की जानकारी इससे मिली। उन्होंने इस कार्यक्रम को नवाचार बताते हुए जनता से प्रत्यक्ष संवाद का बेहतर माध्यम बताया। 

स्थानीय जालमपुर वार्ड और महिमासागर वार्ड से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवेदन देने आईं महिलाएं जो जैविक खाद तैयार करती हैं, जनमन पत्रिका पाकर उनके चेहर खिल उठे। उन्होंने एक पंथ और दो काज की संज्ञा देते हुए कहा कि यहां वे आवेदन देने आई थीं, लेकिन यह पत्रिका मिल गई। रामेश्वरी व शकुंतला देवी, गणेशिया बाई और झामिन बाई ने सरसरी तौर पर पढ़ते हुए कहा कि पत्रिका से उन्हें प्रदेश सरकार की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी मिली। उनके साथ आई महिमासागर वार्ड की मती गिरिजा साहू, लीला निषाद, रीना देवांगन, रूखमणि पटेल, दिव्या पटेल, मालती नायक, कौशल्या नायक, ललिता बाई ने कहा कि पत्रिका को घर जाकर परिवार के अन्य सदस्यों को भी देंगी, जिससे प्रदेश सरकार की योजनाओं और कामों की जानकारी मिल सके। इसके अलावा आज आने वाले आवेदकों को यह पत्रिका नि:शुल्क वितरित की गई, जिसे पाकर उनके चेहरे खिल उठे।

 
और भी

गौ-रक्षा की जाप जपने वाले बताएं बेजुबानों की मौत का जिम्मेदार कौन : धरमलाल

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पूर्व अध्य़़क्ष/पूर्व नेताप्रतिपक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा, विधायक-बिल्हा धरमलाल कौशिक ने विकासखण्ड पथरियां जिला मुंगेली में हुए 17 से अधिक मवेशियों की मौतों पर दोषियों पर कठोर कार्यवाही की मांग की।

धरमलाल कौशिक ने कहा कि जिला मुगेंली में हुए 17 से अधिक गायों की मौत की घटना अत्यंत दुःखद है। यह केवल अकेली घटना नहीं है। गौ रक्षा की जाप जापने वाली कांग्रेस सरकार के शासन काल में लगातार कई मवेशियों की मौत हो रही हैं, तो कहीं गौ तस्करों व माफियों का अत्याचार का मामला सामने आ रहा है। मवेशी तस्करों का अत्याचार इस कदर बढ़ चुका हैं, कि बेजुबानों को भूखे-प्यासें, कीचड़ो में रखकर उन्हे तड़पाकर उन पर अत्याचार किया जा रहा हैं, जिससे उनकी मौत हो जा रही है।

उन्होनें कहा कि इस हैवनियत की हदें पार करने वाले दोषियों पर क्रुर पशु अधिनियम के तहत सक्त से सक्तो कार्यवाही भूपेश बघेल सरकार को करनी चाहिए। उन्होनें कहा की गौ-रक्षा के नाम पर प्रदेश की जनता से झूठ कहने एवं छलने वाली कांग्रेस सरकार हजारों गौ-हत्या की जिम्मेदार हैं। प्रदेश की कांग्रेस सरकार गौ-माता के नाम पर तुच्छ राजनीतीक का खेल कर रही है, जिसे प्रदेश की जनता कभी मांफ नहीं करेगी। प्रदेश की कांग्रेस सरकार केवल गौठन के गुणगान और गौ-रक्षा की हवा-हवाई बातें करती है, जबकि आलम यह है कि प्रदेश में लगातार पशु तस्क-र एवं पशु माफिया पैर पसार रहे है।

 

 

और भी

कांग्रेस संचार विभाग का दावा, गंगाजल का नाम लेकर भ्रम फैला रही है भाजपा

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस संचार विभाग ने प्रदेश भाजपा पर भ्रम फैलाने का दावा किया है। कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला का कहना है कि भाजपा के नेता प्रदेशभर घूम-घूम कर गंगाजल के नाम पर झूठ फैलाने का काम कर रहे है। गंगाजल सम्मान यात्रा निकालकर भाजपा द्वारा कांग्रेस के हर वायदे के लिये यह दुष्प्रचार किया जा रहा कि कांग्रेस ने गंगाजल लेकर वायदा किया था भाजपा के नेता बेशर्मी पूर्वक गंगाजल का नाम लेकर झूठ बोल रहे है।

इसी राजीव भवन के इसी पत्रकारवार्ता कक्ष में 2018 के विधानसभा चुनाव के पहले एक पत्रकारवार्ता में ”गंगाजल को साक्षी मानकर कांग्रेस के नेताओं ने संकल्प लिया था कि हमारी सरकार बनने पर किसानों का कर्जा माफ करेंगे“। यह संकल्प सिर्फ किसानों के कर्जामाफी का था।

इस पत्रकारवार्ता में उस समय के कांग्रेस के नेता आर.पी.एन सिंह तत्कालीन राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल, राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेरा, तत्कालीन कांग्रेस के मीडिया चेयरमेन शैलेष नितिन त्रिवेदी वर्तमान चेयरमेन सुशील आनंद शुक्ला, प्रवक्ता आर.पी. सिंह सहित कांग्रेस के प्रवक्तागण उपस्थित थे। इनमें से आर.पी.एन सिंह अब भाजपा में और जयवीर शेरगिल भी कांग्रेस में नहीं है।

गंगाजल लेकर कसम खाने या संकल्प लेने की नौबत क्यों आई? यह नौबत भी भाजपा के द्वारा फैलाये गये झूठ वायदे के कारण आई थी। भाजपा के आईटी सेल ने सोशल मीडिया में एक फर्जी पत्र वायरल किया था। जिसमें उस समय के प्रभारी महामंत्री गिरीश देवांगन का फर्जी लेटर पैड था और तत्कालीन मीडिया विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी के हस्ताक्षर से बनाया गया था। इस फर्जी पत्र में कहा गया था कि किसानों की कर्जामाफी की बात घोषणा पत्र में जो है वह गलत है इस पर ज्यादा जोर नहीं देना है। भाजपा के इस फर्जी वादे को बेनकाब करने के लिये उक्त पत्रकारवार्ता लेना पड़ा था जिसमें सिर्फ कर्जामाफी की बाते हुई थी।

हमारा घोषणा पत्र कांग्रेस के लिये पवित्र दस्तावेज के समान है। हम अपने घोषणा पत्र के सभी 36 वायदो को पूरा करने प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार ने अपने घोषणा पत्र के 90 प्रतिशत वायदों को पूरा कर दिया है। इससे तिलमिला कर भाजपा गंगाजल का नाम लेकर झूठ बोल रही है। विशेषतौर पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष, भाजपा अध्यक्ष अरूण साव, नेता प्रतिपक्ष इस झूठ को फैला रहे।

प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल ने कहा कि भाजपा झूठ बोल रही है कि कांग्रेस ने सभी वायदो के लिये गंगाजल की कसम खाया था। भारतीय जनता पार्टी में साहस है उनमें गंगाजल के प्रति सम्मान है तो भाजपा के नेता हाथ में गंगाजल लेकर कसम खाये कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र के सभी वायदो के लिये गंगाजल लेकर कसम खाया था। इनमें साहस नहीं है ऐसा करने का क्योंकि ये लोग गंगाजल के नाम पर झूठ बोल रहे है। हम भाजपा नेताओं को गंगाजल उपलब्ध करवा देंगे।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आर.पी.सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी झूठ बोलकर राजनीति करना चाहती है। लगातार भ्रम फैलाना भाजपा की फितरत बन गयी। इनके राष्ट्रीय नेता झूठ बोलते है स्मृति इरानी सरेआम झूठ बोला कि भारत जोड़ो यात्रा के पहले राजीव गांधी स्वामी विवेकानंद के स्मारक पर नहीं गये जबकि हकीकत यह थी कि राहुल गांधी अपने पिता के सामाधि पर जाने के पहले स्वामी जी को शीश नवाने गये थे। राहुल गांधी के साथ चलने वाली लड़की के बारे में गलत एवं भ्रामक दावे किये गये। राजनैतिक की पराकाष्ठा तो तब हो गयी जब सगी भांजी के बारे में भाजपा के एक प्रदेश तमिलनाडु के आईटी सेल के अध्यक्ष ने गलत कोट किया था। इसके पहले ट्वीट पर संबित पात्रा ने गलत सामाग्री पोस्ट किया था। जिसको पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने उस फर्जी दस्तावेज को शेयर किया था। जिसे ट्वीट ने मेन्यूप्लेट मीडिया घोषित किया था। भारतीय जनता पार्टी अपने जन्म से झूठ और फरेब की राजनीति करती है। इनका सूत्र वाक्य है कि एक झूठ को बार-बार बोलो तो लोग भ्रम में पड़कर सच मानने लगेंगे। गंगाजल की कसम में भी यही हो रहा है।

पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि लेटर पैड किसी और का हस्ताक्षर किसी और का कर्जमाफी के लिये भाजपा का झूठ का सहारा ले रही है। झूठ बोलने के लिये गंगाजल जबकि गंगाजल को पवित्र माना जाता है। यह राजनीति में स्वीकार्य नहीं है। यह छत्तीसगढ़ को स्वीकार्य नहीं है। रमन सिंह जी को पता है। ठीक से पता है क्यों गंगाजल की शपथ ली गयी। सिर्फ राजनैतिक फायदे के लिये दुष्प्रचार करना असत्य कथन करना स्वीकार्य और भ्रम फैलाने के लिये झूठ का सहारा लेना गलत है। जो नहीं हुआ है उसे बार-बार बोलकर असत्य कथन करना बदनीयति से अशांति फैलाने के लिये झूठ का सहारा लेना गलत बयानी के लिये गलत है। इस लिये रमन सिंह को कानूनी नोटिस दिया जायेगा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों का कर्जा माफ कर गंगाजल का सम्मान किया पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कर रहे हैं अपमान भाजपा के नेता गंगाजल का सम्मान करते हैं तो हाथ में गंगाजल लेकर आरोप लगाये कि कांग्रेस ने शराबबंदी के लिए गंगाजल उठाई थी? भाजपा गंगाजल सम्मान कार्यक्रम की आड़ में अपने झूठ और प्रपंच की राजनीति कर पवित्र गंगाजल का अपमान कर रहे है। भाजपा के नेता वास्तविक में गंगाजल का सम्मान करते हैं वो हाथ में गंगाजल उठाकर कांग्रेस पर आरोप लगाए कि कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में उठाकर शराबबंदी का वादा किया था और सबूत प्रस्तुत करें। गंगाजल सम्मान कार्यक्रम में जिस प्रकार से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस पर गंगाजल पकड़ कर शराबबंदी करने और बेरोजगारी भत्ता देने का आरोप लगाया है वह पूरी तरीके से झूठ और भाजपा का प्रपंच है।

कांग्रेस नेताओं ने हाथ में गंगाजल उठाकर सरकार बनने पर 10 दिन के भीतर किसानों का कर्जा माफ करने का वादा किया था जिसे मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद भूपेश बघेल ने 2 घंटा के भीतर पूरा किया और प्रदेश के 20 लाख किसानों का कर्जा माफ हुआ है। कांग्रेस के 36 बिंदुओं के घोषणा पत्र में  कहीं भी बेरोजगारी भत्ता जैसे शब्दों का उल्लेख ही नहीं है बल्कि 2003 में भाजपा ने सरकार बनने पर 12वीं पास युवाओं को 500 रु महीना बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था और 15 साल नहीं दिया था।

कांग्रेस रोजगार देने पर विश्वास करती है और कांग्रेस के घोषणा पत्र के बिंदु क्रमांक 14 में घर-घर रोजगार, हर घर रोजगार योजना बनाकर राजीव गांधी मितान क्लब के माध्यम से युवाओं को सामाजिक कार्यों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जोड़कर 2500 रु कमाने का अवसर देने का वादा किया जिसे प्रदेश में 13269 क्लब के माध्यम से युवाओं को जोड़कर पूरा किया गया है। भाजपा जो छत्तीसगढ़ में मुद्दाविहीन हो चुकी है, जनसमर्थन खो चुकी है जिनका 15 साल का कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार एवं किसानों की आत्महत्या की घटनाओं एवं शराब का सरकारीकरण करने गांव-गांव शराब दुकान खोलने से भरा काला इतिहास है। वह अब गंगाजल सम्मान की आड़ लेकर गंगाजल का ही अपमान कर रही हैं। भाजपा नेताओं को गंगाजल की आड़ लेकर अपने झूठ की राजनीति करने के लिए मां गंगा एवं प्रदेश की 3 करोड़ जनता से माफी मांगना चाहिए।

कांग्रेस पार्टी उनके इस झूठ के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करेगी। नोटिस दिया जायेग, माफी मांगने की मांग करेंगे, फिर भी नहीं माने तो रिपोर्ट दर्ज कराया जायेगा।

पत्रकारवार्ता में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री प्रशासन रवि घोष, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग के अध्यक्ष देवा देवांगन, नितिन भंसाली, प्रकाश मणी वैष्णव उपस्थित थे।

 

 

और भी

धुर नक्सली क्षेत्र में पहुंचे विधायक कलेक्टर एवं एसपी

 सरपंच एवं ग्रामीणों ने अज्ञात बीमारी से मौत की खबर को नकारा

बीजापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भैरमगढ़ ब्लाक के सुदूर एवं धुर नक्सली क्षेत्र के नाम से विख्यात नदी उसपार के गांवों में अज्ञात बीमारी से 39 लोगों की मौत की खबर मीडिया में लगातार प्रसारित होने पर 23 सितम्बर को 20 स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं चिकित्सक टीम 14 किलोमीटर पैदल चलकर सुदूर क्षेत्रों में पहुंची जहां ऐसी किसी भी बीमारी से मौत की पुष्टि नही हुई है। अभी भी कुछ रिपोर्ट आना बाकी है। स्वास्थ्य अमला अभी भी गांव में हैं, विधायक  विक्रम शाह मंडावी, कलेक्टर  राजेन्द्र कुमार कटारा एवं एसपी  आंजनेय वार्ष्णेय ने वास्तविक स्थिति को जानने सुदूर नक्सली क्षेत्रों में मोटर साईकिल के  से इन्द्रावती नदी किनारे गांव उसपरी पहूंचे जो ग्राम पंचायत ईतामपारा का एक गांव है। नदी उस पार की जानकारी देते हुऐ सरपंच, उपसरपंच एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने बताया कि किसी भी प्रकार की अज्ञात बीमारी से लोगों की मृत्यु नहीं हुई एक व्यक्ति की मृत्यु 5 अगस्त को सांप काटने से हुई, 19 जून को एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर अपनी जान दी। वहीं एक 70 वर्षीय वृद्ध 16 सितम्बर को बेडपल्ली दो प्राकृतिक मृत्यु हुई, 40 वर्षीय एक व्यक्ति को अन्य बीमारी के कारण मृत्यु हुई जो 22 सितम्बर को हुई। वहीं लंबी बीमारी एवं पेट दर्द के कारण दो लोगों की मृत्यु 16 एवं 17 सितम्बर को हुई है। 16 सितम्बर को ही एक वृद्ध की प्राकृतिक मृत्यु हुई। इसी तरह ग्राम बैल में टीबी एवं आत्महत्या से विगत दो माह में तीन मौत हुई है। मर्रामेटा में कुल दो मौत हुई जिसमें केवल एक व्यक्ति के शरीर में सूजन देखा गया है। इसी तरह बीमारी, आत्महत्या एवं प्राकृतिक मौते हुई किन्तु अज्ञात बीमारी से 39 लोगों की मौत की तथ्यात्मक पुष्टि नहीं हुई अभी कुछ और रिपोर्ट आना शेष है। जिससे स्थिति पूर्ण रूप से स्पष्ट हो पाएगी।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य अमला द्वारा लगातार अंदरूनी क्षेत्रों में अस्थायी कैम्प लगाकर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही है। किसी भी प्रकार के संक्रामक एवं मौसमी बीमारी को मद्देनजर रखते हुए तत्परता से सुदूर एवं दूरस्थ अंचलो में मीलो दूर पैदल चलकर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जाती है।

कुछ दिनों पहले इसी तरह मीडिया के खबर प्रकाशित होने पर कलेक्टर द्वारा 12 एवं 13 अगस्त  को ग्राम ताकीलोड़ में कैम्प लगाकर आस-पास के लगभग 165 लोगों का स्वास्थ्य जांच एवं उपचार त्वरित किया गया था। जिसमें मलेरिया के 9 मरीज, 6 एनीमिया, 7 गर्भवती माताओं का परीक्षण एवं बच्चों का वैक्सीनेशन किया गया था। भारी बारिश के वजह से पूरे स्वास्थ्य अमला इन गांवों में 7 दिनों तक स्वास्थ्य सुविधाएं ग्रामीणों को उपलब्ध करायी फिर नगरसेना की टीम द्वारा स्वास्थ्य अमला की रेस्क्यू कर वापस लाया गया। इस घटना के संदर्भ में 11 अगस्त को मीडीया के समाचार प्रकाशित हुई थी कि 3 लोगों का अज्ञात बीमारी से मौत वास्तविक स्थिति मौके पर पता चला कि दो लोग उम्र दराज होने से प्राकृतिक मौत हुई वहीं एक बच्चे की मौत अन्य बीमारी से होने की जानकारी मिली है।

a

 

और भी

नन्हें सितारों, म्यूजिकल हाउजी व डांस बेटल के शानदार प्रदर्शन से आमने आई अग्र प्रतिभाये

 जुट मिल जोन ने की महाराजा अग्रसेन की ऐतिहासिक गंगा आरती

रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। शुक्रवार को आडिटोरियम में देर रात अग्र समाज के बच्चों के लिए रंगारंग कार्यक्रम नन्हें सितारे म्यूजिकल हाऊजी डांस बैटल का आयोजन किया गया द्य देर रात तक चले इस आयोजन को लेकर अग्र समाज से जुड़े बंधुओ में जबरदस्त उत्साह रहा। पिछले कई दिनों से चल रही तैयारिया आज मंच पर सार्थक नजर आई। आज के आयोजनों में अग्र समाज से जुड़े लोगो के शानदार अभिनय क्षमता ने मौजूद लोगो को आश्चर्यचकित कर दिया। आयोजनों के जज भी ऐसे प्रदर्शन को देख दांत तले उंगली दबाए बिना नहीं रह सके।

आडिटोरियम में शाम चार बजे अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन प्रभारी ऐश अग्रवाल, तरुण अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, शाश्वत मित्तल, शुभम अग्रवाल, जयेश छपारिया, प्रणव अग्रवाल, राहुल गर्ग के मार्गदर्शन में नन्हें सितारे का रंगारंग आयोजन हुआ। वहीं शाश्वत मित्तल ने बताया कि इस कार्यक्रम में कुल 28 बच्चों ने भाग लिया  टेलेंट, वॉक, क्विज और प्रस्तुति के चार चरणों में प्रतियोगिता हुई। जिसमें बच्चों ने अपनी कमाल की प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। म्यूजिकल हाउजी कार्यक्रम में मधुर बॉलीवुड गीतों के साथ प्रदर्शन को भी जमकर सराहा गया। म्यूजिकल हाउजी जूटमिल जोन प्रभारी अभिषेक अग्रवाल इंजीनियर, आनंद मोदी, दीपक अग्रवाल जामगांव, विशाल सिंघानिया, अतिश डालमिया, मनीष अग्रवाल गोलू, नवीन अग्रवाल व प्रकाश निगानिया के मार्गदर्शन में भव्य म्यूजिकल हाउजी का रंगारंग कार्यक्रम किया गया। जिसमें अग्र समाज के सभी वर्ग के लोग बॉलीवुड के सुपर हिट मधुर गीतों के साथ निहाल होकर झूमे। वहीं इस कार्यक्रम से आयोजन में चार चांद लग गया।

इसी तरह खास कार्यक्रम डांस बैटल ने भी गजब का समा बांधा। वहीं तीनों रंगारंग प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए द्य महाराजा अग्रसेन फाउंडेशन की पहल से जोन प्रभारी राखी नहाडिया, लता अग्रवाल डोरा, शालू गोयल, अशिता अग्रवाल, कशिश अग्रवाल, राशि अग्रवाल, चाहत अग्रवाल, प्रिया जिंदल के मार्गदर्शन में डांस बैटल का कार्यक्रम रात आठ बजे आडिटोरियम में किया गया। जो बेहद खास रहा प्रतिभागियों की कलात्मक प्रतिभा से उपस्थित सभी लोग मुग्ध हो गए। वहीं इस कार्यक्रम की सभी लोगों ने बेहद सराहना की।

महाराजा अग्रसेन की जीवनी पाठ्य क्रम मे शामिल करने की आवश्यकता : सुनील लेंध्रा

महाराजा अग्रसेन जयंती प्रभारी सुनील लेंध्रा ने कहा कि महाराज अग्रसेन समतावाद तथा समावेशी विकास के अग्रदूत रहे। गरीब हितैषी तथा प्रजा पालक शासक रहे। उन्होंने अपने राज्य में हर वर्ग तथा हर समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद की। उन्होंने एक ईंट तथा एक रुपया देने की अवधारणा का अपने राज्य में गणेश किया। ऐसे महान पराक्रमी तथा प्रजा पालक शासक की जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने से आने वाली पीढिय़ां इनके बताए मार्ग का अनुसरण करेगी द्य पाठ्य क्रम में उनकी जीवनी शामिल किए जाने से बच्चों में अपने पूर्वजों के प्रति आदर भावना पैदा होगा।

जूट मिल जोन की गंगा आरती बनी यादगार :


अग्रसेन जयंती आयोजन समिति के तहत पूजा के विशेष आयोजनों में शनिवार की शाम जूटमिल जोन के दो सौ सदस्यों ने विशेष रूप से गंगा आरती की। जूटमिल जोन से जुड़े राजा जैन अरुण गोयल सुशील बंसल ने बताया कि जुट मिल जोन से चार सौ सदस्य पारंपरिक वेश भूषा में भारतीय सभ्यता संस्कृति अनुरुप पीले व सफेद परिधान के साथ पगड़ी पहन भव्य बाजे-गाजे व मधुर भजनों के साथ अग्रोहा भवन में महाराजा अग्रसेन की गंगा आरती के लिए पहुंचे। प्रमुख जन निशान थामे हुए थे। 18 अग्र पुत्र व अग्र वधु की जोड़ी गाजे बाजे बच्चों के स्वनिर्मित ढोल के साथ झांकी गौरीशंकर मंदिर से शाम छह बजे अग्रोहा भवन पहुंची। जहां सभी सदस्यों ने गंगा आरती की तर्ज पर सम्मिलित रूप से महाआरती की। पूजा के लिए अग्रोहा भवन पहुंचने पर फूलो व इत्र की वर्षा की गई।

महाराजा अग्रसेन के साथ उनके पिता वल्लभ की खूबसूरत झांकी ने भी सभी के हृदय को प्रसन्नचित किया। वहीं जूट मिल जोन के सदस्यों ने स्व हस्त निर्मित 56 भोग महाराजा अग्रसेन के चरणों में अर्पित करतें हुए प्रसाद के लिए भोग लगाया। गंगा आरती व पूजा-अर्चना के बाद समाज के बच्चों ने नृत्य नाटिका की मनभावन प्रस्तुति दी। जिसे देखकर सभी लोग हर्षित हुए। महाआरती कार्यक्रम के अन्तर्गत रविवार की सुबह अग्र जोन मध्य के सदस्यों ने पूजा अर्चना व महाआरती की इस दौरान जय अग्रसेन जय अग्रोहा के नारे गूंजते रहे। वहीं इस अवसर मधुर भजन के साथ अग्र समाज के सभी सदस्यगण मधुर भजन गीतों के साथ भाव विभोर होकर झूमे। पूजा-अर्चना के इस कार्यक्रम में आयोजन प्रभारी सुनील लेंध्रा, सीमा लेंध्रा, अग्रसेन सेवा संघ के कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग लेंध्रा, जयंती आयोजन समिति के उप प्रभारी मुकेश गोयल, समन्वयक निर्मल अग्रवाल, आनंद बेरीवाल बजरंग मित्तल, बजरंग महमिया, प्रमोद चरक, अनिल चीकू, बैजनाथ गोयल, रामअवतार केडिया, सरस गोयल, रेणु गोयल, अनिल गर्ग, मंजू गर्ग, दीपक डोरा, लता डोरा, अजय बेरीवाल, कविता बेरीवाल, कैलाश गर्ग, रेखा महमिया, किरण अग्रवाल, रानू मित्तल, प्रचार प्रसार प्रमुख अधीश रतेरिया कमलेश रतेरिया, दीपक जामगांव सहित अग्र जनों की विशेष उपस्थिति रही।

इंस्टाग्राम ऑनलाइन गेम्स में शिवांगी पालीवाल ने बाजी मारी :

इस प्रतियोगिता में चारों राउंड की मास्टर कैटिगिरी में शिवांगी पालीवाल ने बाजी मारी फस्र्ट

राउंड विनर राशि अग्रवाल को घोषित किया गया सेकंड

राउंड विनर शब्या अग्रवाल को घोषित किया गया थर्ड

राउंड विनर- सुप्रिया अग्रवाल को घोषित किया गया फोर्थ

राउंड विनर शिवम् अग्रवाल को घोषित किया गया:

डांस बैटल में आदया हर्षिता व शनाया ने दिल जीता

डांस बैटल सोलो कैटेगिरी में प्रथम स्थान आदया अग्रवाल, द्वितीय स्थान कुणाल मोदी, तृतीय स्थान विवान बंसल वहीं ड्यूट केटेगरी में प्रथम स्थान हर्षिता व शनाया, द्वितीय स्थान अर्थ व समर्थ तृतीय स्थान पार्क एवेन्यू ब्लास्टर सांत्वना पुरुस्कार फ्ऱीक डांस ग्रुप को दिया गया।

चल रही प्रतियोगिताएं :


रंगारंग कार्यक्रम के अन्तर्गत आज अग्रोहा भवन में जोन प्रभारी मारवाड़ी युवा मंच रायगढ़ ग्रेटर की पहल से सुबह दस बजे बालक व बालिका वर्ग में रंग भरो प्रतियोगिता जोन मित्र कला महिला समिति के मार्गदर्शन में सुबह 11 बजे सामान्य वर्ग की ब्लाइंड मेकअप प्रतियोगिता अग्रसेन सेवा संघ की पहल से अग्रोहा भवन में विज्ञान प्रदर्शनी मॉडल प्रतियोगिता 11 बजे, जलेबी दौड़ बालक बालिका के मध्य दोपहर 12. 30 बजे अग्रोहा भवन में प्रतियोगिता चल रही है। इसी तरह अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की पहल से शाम चार बजे आडिटोरियम में मिस व मिसेज अग्रवाल की शानदार प्रतियोगिता व रात सात बजे आडिटोरियम में मारवाड़ी युवा मंच रायगढ़ शाखा की पहल से मिस्टर अग्रवाल की यादगार प्रतियोगिता चल रही है।

26 को होगी प्रतियोगिताएं : 

कार्यक्रम की अगली श्रृंखला में 26 सितम्बर को जोन प्रभारी मित्र कला मंदिर गांधी गंज के अन्नू डालमिया, मनोज बोंदिया, आतिश डालमिया, संजय बोंदिया मानस अग्रवाल, अरुण डामार्गदर्शन में सामान्य वर्ग से दोपहर तीन बजे गांधी गंज में हिट द ग्लास की प्रतियोगिता व अग्रोहा धाम ट्रस्ट जोन प्रभारी प्रेमचंद अग्रवाल, परमानन्द गुप्ता, आनंद बेरीवाल, संतोष अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल चिराग, अरुण मोदी की पहल से सामान्य वर्ग में बैनर स्लोगन समाज में वृद्धजनों का स्थान प्रतियोगिता आयोजित होगी आयोजन को अंतिम रूप देने सभी सदस्य जी जान से जुटे हैं।

 

 

और भी

राहुल ने भाजपाईयों की नींद कर दी हराम : रिजवी

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष तथा वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पदयात्री राहुल गांधी की कन्याकुमारी से काश्मीर तक होने वाली पदयात्रा को देश की जनता का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। इस यात्रा की सफलता ने भाजपाइयों की नींद उड़ा दी है। नींद की गोली खाकर भी जागते रहते हैं तथा उनकी आंखों के सामने राहुल गांधी की पदयात्रा ही नजर आ रही है क्योंकि यात्रा के प्रथम दिवस से ही देशवासियों में उत्साह देखते ही बनता है। यात्रा के दौरान भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता जहां-जहां से यात्रा गुजर रही है उसे छुप-छुप कर देख रहे हैं। भाजपा के शब्दकोष में पदयात्रा शब्द का अभाव है। भाजपा तो केवल रथयात्रा में ही विश्वास रखती है। उन्हें पैदल चलने की कठिनाइयों का तजुर्बा ही नहीं है। भाजपाई आराम पसंद लोग हैं और उन्हें पैदल चलने की आदत ही नहीं है, वरन् भाजपा बता दे कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन में या उसके बाद स्वतंत्र भारत में कोई भी पदयात्रा क्यों नहीं निकाली?

रिजवी ने आगे यह भी कहा कि राहुल गांधी की इस भारत जोड़ो पदयात्रा ने महात्मा गांधी की दाण्डी यात्रा की याद ताजा कर दी है, जिसने अंग्रेजी हुकूमत को भारत छोड़ने मजबूर कर दिया था। कांग्रेस की पदयात्रा को देशवासियों का ऐतबार, रूझान एवं सहयोग स्पष्ट दिखलाई देता है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने उन्हें इतिहास पुरूष बना दिया है। इस यात्रा के शंखनाद से ही भाजपाईयों को भावी पराजय का पूर्वाभास हो गया है।

और भी

पोस्टर से गायब मरकाम अपनी सीट बचाने पदयात्रा के लिए मजबूर- केदा

 राहुल यात्रा की तर्ज पर गरीबों से कितना फंड बटोरेंगे कांग्रेसी

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महामंत्री तथा पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक मोहन मरकाम की प्रस्तावित पदयात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि कांग्रेस के कार्यक्रम में  पोस्टर तक से गायब कांग्रेस अध्यक्ष  राहुल गांधी की पदयात्रा की तर्ज पर अपने विधानसभा क्षेत्र से पद यात्रा निकाल रहे हैं तो वह यह भी बता दें कि जिस तरह केरल में राहुल गांधी की यात्रा के लिए गरीब सब्जी वालों तक से जबरिया फंड वसूला गया, क्या उसी तर्ज पर इस पद यात्रा के लिए फंड बटोरने के लिए कोई लक्ष्य निर्धारित किया गया है?

प्रदेश भाजपा महामंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार और कांग्रेस का संगठन अंतिम सांसें गिन रहा है। जिस तरह देश में कांग्रेस की हालत खराब है, जर्जर है, उसी तरह छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस के गुब्बारे की हवा निकल चुकी है।सत्ता के साधनों का दुरुपयोग करते हुए कांग्रेस पूरे राज्य में अपने संगठन का कितना भी प्रचार प्रसार कर ले, लेकिन इससे कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है। 4 साल में कांग्रेस की सरकार ने छत्तीसगढ़ को जिस तरह से लूटा है, छत्तीसगढ़ की जनता के साथ जिस तरह धोखाधड़ी की है, उसका फल तो कांग्रेस को भुगतना ही होगा।

प्रदेश भाजपा महामंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को अब यह भरोसा नहीं है कि वह अपनी कोंडागांव सीट भी बचा पाएंगे। बस्तर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव और नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने जो धूम मचा दी है, उससे कांग्रेस के हाथ-पैर फूल गए हैं। धड़कनें ऊपर नीचे हो गई हैं। इसलिए घबरा कर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम को कोंडागांव से दंतेवाड़ा तक पैदल घूमना पड़ रहा है।

 

 

और भी

गोंड़ समाज का प्रदेश स्तरीय युवक युवती परिचय सम्मेलन, 100 से अधिक ने दिया अपना परिचय

 धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गोंड़ समाज युवा प्रभाग व्दारा गंगरेल स्थित मां अंगारमोती परिसर में प्रदेश स्तरीय युवक युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में जिले के अलावा कोण्डागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद सहित अन्य जिलो से तकरीबन 100 से अधिक युवक युवतियां शामिल हुई। इन युवक युवतियों ने सामूहिक रूप से अपना परिचय दिया। इसके अलावा इन युवक युवतियों का काउसिंलिंग भी कराया गया। जिसमें इनके परिजन भी शामिल हुए। 

परिचय सम्मेलन में बतौर अतिथि महिला प्रभाग के प्रदेशाध्यक्ष लोकेश्वरी नेताम ने कहा कि समाज की ओर से इस तरह के योग्य युवक युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किए जा रहे है, जिसके कारण समय तो बचता ही है और साथ ही सभी युवक युवतियों को जानने और पहचानने का मौका मिलता है। इस तरह के आयोजन से समाज में एक नई विचार धारा का प्रवाह होगा। जिला पंचायत सदस्य मनोज साक्षी ने कहा कि एक अच्छा रिश्ता खोजने में ही बहुत समय लग जाता है ऐसे समय में इस तरह आयोजन समाज व परिजनों के लिए काफी मददगार साबित होता है। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को शिक्षा के अलावा सामाजिक रीति नीति की जानकारी होना चाहिए ताकि समाज की मुख्यधारा से जुड़ सके। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य खूबलाल ध्रुव ने कहा कि समाज ऐसी व्यवस्था है जो हर व्यक्ति को आगे बढ़ाता है परिचय सम्मेलन विवाह संबधी होने वाले खर्चो को रोकने का एक अच्छा विकल्प है। 

युवा प्रभाग के प्रदेश पदाधिकारी निखिल नेताम ने कहा कि आधुनिक जीवन शैली और समय के अभाव के चलते हमारे युवक युवतियां की ओर उनका परिवार ध्यान नही दे पाते। इसलिए हमें अच्छे रिश्तों के लिए भटकना पड़ता है। युवा प्रभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष वेदप्रकाश धु्रव ने बताया कि विगत वर्षो से इस आयोजन के माध्यम से सैकड़ों रिश्ते जुड़े है और हमारा यह प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्यक्रम में प्रमुख रामप्रसाद मरकाम, चन्द्रकला नेताम, डॉ हेमवती ठाकुर, निखिल नेतामएलाल सिंह चन्द्रवंशी, मनराखन ठाकुर, गोवर्धन मंडावी, राजेन्द्र मंडावी, एचआर ध्रुव, भुपेन्द्र नागरची, एचएल नेताम, वेदप्रकाश ध्रुव,तिजेन्द्र कुंजाम, संतोष कुंजाम, उदय नेताम, गेवा राम नेताम, खिलावन नेताम, अर्जुन मंडावी, गौतम पोटाई, दिनेश नेताम, दानेश कुंजाम, हेमंत ध्रुव, खिलेश ध्रुव, हर्ष मरकाम आदि उपस्थित थे।

 
और भी

गिरदावरी कार्य में लापरवाही बरतने पर होगी कड़ी कार्यवाही : संभायुक्त कावरे

 बेमेतरा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। संभागयुक्त कावरे ने कल संभाग के समस्त राजस्व अमलो को गिरदावरी के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतते हुए पूरी गंभीरता से करने के निर्देश दिए, वहीं दूसरी ओर वे स्वयं गांव की गलियों और खेतों के मेढ़ पर चलते हुए किसानों के खेतों तक पहुंचकर स्वयं गिरदावरी के कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। जिसके तहत उन्होंने आज संभाग के तीन जिले दुर्ग, बेमेतरा व खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के ग्रामों में गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया। 

संभायुक्त कावरे की ओर से दुर्ग जिले के धमधा तहसील अन्तर्गत धमधा में पटवारी हल्का नंबर 9 में खसरा नं 1120 में पाया की कृषक के खेत में निर्मित मकान व सड़क का रकबा, फसल के रकबे में कम नहीं किया गया है। जिस पर कावरे ने संबंधित पटवारी हेमंत महंत को कारण बताओं नोटिस जारी किया, इसी प्रकार तहसील धमधा के ही ग्राम राजपुर में खसरा नं 139 के प्रतिवेदन में धान, तुवर, सोयाबीन व टमाटर की फसल दर्शाई गई है, कावरे की ओर से निरीक्षण के दौरान संबंधित खसरे में सोयाबीन की फसल नहीं पाई गई, जिस पर कावरे ने पटवारी ओंकार देशमुख को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया गया व तहसीलदार देशलहरा को फटकार लगाते हुए गिरदावरी सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए।

बेमेतरा जिले के साजा अनुविभाग के गातापार ग्राम में निरीक्षण के दौरान कावरे ने किसानों के साथ उनके खेत पहुंचकर गिरदावरी कार्य का अवलोकन किया और पटवारी विष्णु वर्मा की ओर से तैयार किए गए प्रतिवेदन का अवलोकन किया। इसी प्रकार खैरागढ- छुईखदान- गंडई जिला अंतर्गत गंडई अनुविभाग के उदान ग्राम में खसरा नं 200/1 के निरीक्षण के दौरान कृषक गौतम के खेत में लगे टमाटर के फसल का निरीक्षण किया व गिरदावरी कार्य का अवलोकन किया, साथ ही उपस्थित किसानों को धान के बदले अन्य फसल के संबंध में भी सुझाव दिए। जिस दौरान तहसीलदार गंडई टी के वर्मा भी उपस्थित थे।

गिरदावरी सर्वेक्षण की ऑनलाइन एंट्री भी हो शत-प्रतिशत : 

संभागायुक्त कावरे ने किसानों के रकबे का खसरा और नक्शा का मिलान करते हुए पूरी पारदर्शिता और त्रुटिरहित करने के निर्देश तहसीलदार, पटवारी, आरआई सहित समस्त राजस्व अमले को गिरदावरी के कार्यों को गंभीरता से करते हुए गिरदावरी रिपोर्ट में खेत के मेढ़ में वृक्ष, धान के अलावा लगाए गए अन्य फसल का स्पष्ट उल्लेख करते हुए खसरा क्रमांक और वास्तविक रकबे में लगाए गए फसल का सही जानकारी दर्ज पर ऑनलाइन प्रविष्टि को भी प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए हैं।

 
और भी

'तुंहर सरकार तुंहर द्वार' : घर बैठे ही मिले 13 लाख पंजीयन प्रमाण-पत्र, ड्राइविंग लायसेंस

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में प्रदेश में परिवहन विभाग द्वारा नई सुविधा ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार’ का कुशलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। इसके तहत जून 2021 से अब तक 12 लाख 94 हजार 774 स्मार्ट कार्ड आधारित पंजीयन प्रमाण-पत्र और ड्राइविंग लायसेंस आवेदकों के घर भेजे जा चुके हैं। इनमें 08 लाख 68 हजार 527 स्मार्ट कार्ड आधारित पंजीयन प्रमाण-पत्र तथा 04 लाख 26 हजार 247 ड्राइविंग लायसेंस शामिल हैं। 

परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर द्वारा ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार‘ के सुव्यवस्थित संचालन के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। परिवहन विभाग द्वारा संचालित ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार‘ योजना लोगों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। इसमें लोगों को परिवहन संबंधी 22 सेवाएं उनके घर के द्वार पर पहुंचाकर दी जा रही है। जन केन्द्रित इस सुविधा के अंतर्गत लोगों को अब बार-बार परिवहन विभाग का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। इससे आवेदकों के धन तथा समय दोनों की ही बचत हो रही है।

परिवहन विभाग द्वारा बताया गया है कि ‘तुंहर सरकार, तुंहर द्वार’ सेवा को और अधिक सुलभ बनाने के लिए विभाग द्वारा एक हेल्पलाईन नम्बर 75808-08030 जारी किया गया है, जो सभी कार्य दिवसों में प्रातः 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक कार्य करते हुए जानकारी प्रदान करता है। आवेदक चाही गई जानकारी ई-मेल आईडी cgparivahandispatch@gmail.com पर भी अपनी मेल भेजकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उक्त हेल्पलाइन नम्बर पर फोन करके आवेदक अपने ड्रायविंग लाइसेंस एवं पंजीयन प्रमाण पत्र के प्रेषण संबंधी समस्त जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अभी औसतन प्रतिदिन 100 कॉल आ रहे हैं। जिसमें मुख्य रूप से ड्रायविंग लाइसेंस एवं पंजीयन प्रक्रिया, टैक्स एवं फीस संबंधी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

 

 

और भी