छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

नर्सिंग कॉलेज की 39 छात्राएं हुई फूड प्वाइजनिंग का शिकार, एक छात्रा की मौत, कलेक्टर ने जारी किया नोटिस

 

दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दुर्ग जिले में स्थित रस्तोगी नर्सिंग कॉलेज के छात्र फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गए हैं। जिनमे से एक छात्रा की मौत भी हो गई है। बालोद निवासी छात्रा नर्सिंग कॉलेज में पढ़ती थी। सभी छात्रों को उल्टी दस्त की शिकायत होने के बाद भिलाई के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया इसकी सूचना जिला प्रशासन तक पहुंचने के बाद तुरंत कलेक्टर और एसपी स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ हॉस्पिटल पहुंचे जहां उन्होंने छात्रों का हालचाल जाना।

रस्तोगी नर्सिंग कॉलेज की घटना
भिलाई के रस्तोगी नर्सिंग कॉलेज में करीब 39 छात्राएं एक के बाद एक हाइटेक हॉस्पिटल में भर्ती होती जा रही थी जिनमें सभी को उल्टी दस्त की शिकायत सामने आई। जिसमें एक छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई. बताया जा रहा है कि इस मामले में चौकाने वाली बात यह कि छात्राएं 28 जुलाई से हॉस्पिटल पहुंच रही है पुलिस प्रशासन के मुताबिक फूड प्वाइजनिंग से ग्रसित 39 छात्राएं अस्पताल में तीन दिनों से भर्ती है। लेकिन रस्तोगी नर्सिंग कॉलेज ने इस बात को छिपाया।

कलेक्टर व एसपी पहुचे हॉस्टल
रस्तोगी कॉलेज में आवासीय छात्रावास में कुछ छात्राओं की उल्टी दस्त होने की शिकायत के बाद हाईटेक अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा एवं एसपी डॉ अभिषेक पल्लव हाइटेक हॉस्पिटल पहुंचे। इससे पूर्व अस्पताल प्रबंधन ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को इसकी जानकारी दी थी एवं उनकी टीम ने भी मौके पर पहुंच कर छात्राओं की तबीयत की स्थिति जानी थी।

कॉलेज प्रबंधन ने मौत की जिम्मेदारी लेने से किया इनकार
रस्तोगी नर्सिंग कॉलेज प्रबंधन ने छात्रा कामिनी की मौत की जिम्मेदारी लेने से इनकार किया है। कॉलेज के जीएम ने कहा कि कामिनी की तबीयत खराब हुई थी, लेकिन वह ठीक हो गई थी। इसके बाद उसके परिजन उसे बालोद घर लेकर चले गए थे। वहां उसकी मौत हुई है। इस मौत के लिए प्रबंधन जिम्मेदार नहीं है।

रस्तोगी कॉलेज को जारी हुआ नोटिस
कलेक्टर व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच में पाया कि हॉस्टल में लगे वाटर कूलर और आर ओ खराब स्थिति में है। जिसकी वजह से दूषित पानी आ रहा था। इस पानी की वजह से छात्राओं की तबीयत खराब हुई। जांच में पाया गया कि पानी खराब होने की वजह से छात्राओं की तबीयत खराब हुई। कलेक्टर ने बताया कि इस संबंध में हॉस्टल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है। एक छात्रा की मृत्यु भी हुई है। इस संबंध में कॉलेज प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है।

मेयर नीरज पाल भी पहुंचे,छात्राओं ने की शिकायत
फूड प्वाइजनिंग से बीमार होने वाले छात्रों का हाल जानने भिलाई नगर निगम के मेयर नीरज पाल ने हाईटेक अस्पताल पहुंचे जहाँ उन्होंने छात्राओं से मुलाकात की है। इस मुलाकात में छात्राओं ने आरोप लगाया कि उन्हें मेस में बासी खाना दिया जाता था। जिसकी वजह से वह बीमार हुई। इस मामले में मेयर नीरज पाल ने जांच के आदेश दिए हैं. लेकिन लगातार रस्तोगी नर्सिंग कॉलेज बासी खाना दिए जाने के आरोप से इंकार कर रहा है।
और भी

संविदा चिकित्सकों की आज हड़ताल, प्रभावित रहेगा ओपीडी...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नियमितीकरण की मांग को लेकर आंबेडकर अस्पताल, डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल समेत छह मेडिकल कालेजों के संविदा चिकित्सक एक अगस्त को हड़ताल पर रहेंगे। चिकित्सकों ने बताया कि संविदा चिकित्सकों द्वारा दी जा रही आपतकालीन सेवाओं को छोड़कर ओपीडी व अन्य सेवाएं बंद रहेंगी। इसके लिए सभी ने सामूहिक अवकाश ले लिया है। डाक्‍टरों ने मांंगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।

डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के संविदा चिकित्सक डा. मेघना मिश्रा, डा. शताब्दी राय, डा. उत्तम, डा. यूबी दयाल, डा. जीवनलाल आदि ने बताया कि डीकेएस अस्पताल प्रदेश का एकमात्र शासकीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है। यहां 95 प्रतिशत चिकित्सा शिक्षक संविदा पर कार्य कर रहे हैं। शासन स्तर पर संविदा चिकित्सकों को नियुक्त किया जाना है, लेकिन डीकेएस अस्पताल के संविदा चिकित्सकों को इससे वंचित किया गया है।

और भी

मतदाता पहचान पत्र को आधार से लिंक कराने के लिए अभियान आज से

 जांजगीर-चाम्पा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण का अभियान एक अगस्त से शुरू होने जा रहा है। इस अभियान में फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र को आधार से लिंक कराने के लिए स्वैच्छिक अभियान प्रारंभ होगा। यदि मतदाता के पास आधार नंबर नहीं है और वह अपना आधार नंबर प्रस्तुत करने में सक्षम नहीं है तो उसे फार्म-छह बी में उल्लिखित 11 प्रकार के दस्तावेजों में से किसी एक की प्रति को संलग्न करना होगा। मतदाताओं द्वारा आधार उपलब्ध कराना स्वैच्छिक है, आधार उपलब्ध न कराने के कारण किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची डेटाबेस से नहीं काटा जाएगा । एनवीएसपी पोर्टल, वोटर हेल्पलाइन पोर्टल पर स्वयं लिंक कर सकते हैं या अपने बूथ लेवल अधिकारी के गरूण एप के माध्यम से भी आधार लिंक करा सकते है एक अगस्त से जिला स्तर पर अभियान का शुरू होगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पुनरीक्षण में प्रयोग होने वाले फार्मों में संशोधन किया गया है, जो 01 अगस्त से प्रभावी होगा।

 

 

और भी

सड़क, नाली और मंच बनाने रिसाली महापौर ने किया 86 लाख का भूमिपूजन

 प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र साहू ने क्षेत्र का किया भ्रमण

 

भिलाई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नगर पालिक निगम रिसाली की महापौर शशि सिन्हा व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जितेन्द्र साहू ने रविवार को 85 लाख 63 हजार का भूमिपूजन किया। इस राशि से वार्ड क्रमांक 15, 16 व वार्ड क्रमांक 19 व 20 में गली सीमेंटीकरण, नाली और मंच निर्माण किया जाएगा। भूमिपूजन करने के बाद महापौर ने वार्ड भ्रमण की।

भूमिपूजन करने महापौर शशि सिन्हा व प्रदेश कांगे्रस कमेटी के महामंत्री जितेन्द्र साहू सुबह आठ बजे सबसे पहले मौहारी भाठा पहुंचे। इसके बाद बीआरपी कालोनी और स्टेशन मरोदा एवं शंकर पारा वार्ड 20 में भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि रिसाली निगम का यह वार्ड श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र है। यहां सबसे ज्यादा जरूरत सड़क और पानी निकासी के संसाधन की है। यही वजह है कि इन कार्यो को वे प्राथमिकता के आधार पर कर रही है। कार्यक्रम में महापौर परिषद के सद्स्य गोविन्द चतुर्वेदी, सनीर साहू, सोनिया देवांगन, ईश्वरी साहू, विलास राव बोरकर, परमेश्वर कुमार, पार्षद चन्द्रप्रकाश निगम, विनय नेताम, रेखा देवी, ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकुंद भाऊ, चन्द्रकांत कोरे व शत्रुहन धनकर आदि उपस्थित थे।

क्षेत्र का लिया जायजा
भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद महापौर शशि सिन्हा मरोदा और नेवई क्षेत्र का भ्रमण की। उन्होंने सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग प्रभारी गोविन्द चतुर्वेदी के साथ सार्वजनिक स्थानों व नालियों की सफाई बेहतर करने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग प्रभारी डोर टू डोर कचरा कलेक्शन नियमित हो रहा कि नहीं इस बात का सीधे नागरिकों से फीड बैक लेकर निगम के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इन कार्यो का हुआ भूमिपूजन
वार्ड 15-पात्रो किराना मौहारी भाठा में गली सीमेंटीकरण 8 लाख, प्रमोद होटल के पास गली सीमेंटीकरण 8 लाख, वार्ड 16 - बाीआरपी कालोनी स्टेशन मरोदा शिव मंदिर जीर्णोद्धार 5 लाख, दयानंद साहू के घर के सामने नाली निर्माण 5 लाख, डॉ. वर्मा के निवास के पास मंच निर्माण 3 लाख, आजाद स्कूल से बच्चामणी के घर तक नाली और चन्द्राकर किराना से संकल्प किराना तक नाली निर्माण कुल 11.88 लाख, राजू साहू से शुक्ला घर तक नाली निर्माण 3.16 लाख, उत्तम टेलर से आदिवासी कापरेटिव तक सीसी रोड 10.14 लाख, आजाद स्कूल से पीपल पेड़ तक सीसी रोड 5.07 लाख, वार्ड 19 - विजय चैक स्टेशन मरोदा में आरसीसी मंच 4 लाख, पुनित बंजारे घर के पीछे नाली निर्माण 4 लाख, वार्ड 20 - अंबिका टेलर्स के सामने से रामेश्वर शर्मा के घर तक नाली 5.77 लाख, रंजीत मेडिकल से दिलीप पोल्ट्री तक नाली 3 लाख, लक्ष्मी घर से बढ़ई के घर तक नाली 1.61 लाख, शंकर पारा के बसंत राणा घर से कापड़े के घर तक सीसी रोड 4.35 व जुनेश घर से बरगद पेड़ तक सीसी रोड 3.65 लाख से निर्माण होगा।

और भी

रेगड़गट्टा सहित आश्रित ग्राम के ग्रामीणों की हो रही नियमित जांच

 नदी नाले पार कर ग्रामीणों तक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित कर रही प्रशासन

सुकमा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले के कोण्टा क्षेत्र के नक्सल प्रभावित ग्राम रेगड़गट्टा के ग्रामीणों को उचित सवास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन सुकमा संकल्पित होकर कार्य कर रहा है। कलेक्टर हरिस. एस के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य अमला नदी नाले और दुर्गम रास्तों को पार करते हुए रेगड़गट्टा ग्रामवासियों तक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित कर रहे हैं। लगभग 850 लोगों की जनसंख्या वाले ग्राम रेगड़गट्टा के साथ ही आश्रित ग्राम मुसलमड़गु और एलारमड़गु मंे नियमित रुप से जांच शिविर लगाकर ग्रामीणों की रक्त जांच की जा रही है। 28 जुलाई को रेगड़गट्टा में रक्त जांच के सैंपल की रिपोर्ट आने पर विगत दिवस देर शाम 16 ग्रामीणों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में दाखिल किया गया है।

मंत्री लखमा ने दूरभाश से मरीजों का कुशलक्षेम जाना, बेहतर इलाज के दिए निर्देश
प्रदेश के उद्योग एवं आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने जिला चिकित्सालय में भर्ती रेगड़गट्टा के ग्रामीणों से दूरभाश से व्यक्तिगत रुप से उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ यशवंत ध्रुव से सभी मरीजों की वर्तमान परिस्थिति की जानकारी ली और बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष जगन्नाथ साहू ने ग्रामीणों से भेंट की और सभी मरीजों को बेहतर इलाज के लिए आश्वस्त किया।

स्वास्थ्य अमला अपने कर्तव्यों के प्रति है कटिबद्ध
ज्ञात हो कि रेगड़गट्टा के ग्रामीणों को लगातार शरीर में सूजन की षिकायत थी। बीते 3 वर्षों में सूजन की वजह से कई ग्रामीणों की मौत की जानकारी भी मिली। इसे देखते हुए कलेक्टर हरिस.एस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग को नियमित जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए। बीएमओ कोण्टा डॉ डीपेश चर्न्द्राकर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित रुप से रेगड़गट्टा सहित आश्रित गांव के लोगों का भी जांच किया जा रहा है। नदी नाले और दुर्गम रास्तों को पार जांच दल द्वारा मौके पर ग्रामीणों का रक्त सैंपल लिया गया और अन्य जांच भी की गई। इसके साथ ही स्वास्थ्य दल द्वारा ग्राम वासियों को मच्छरदानी भी वितरित की जा रही है। सीएमएचओ डॉ यशवंत ध्रुव ने बताया कि लगातार चार दिनों से स्वास्थ्य अमला नक्सल प्रभावित क्षेत्र रेगडगट्टा गांव पहुँच कर जांच कर रहा हैं। विगत दिवस 16 ग्रामीणों को उचित उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जिनका उपचार जारी है। सभी मरीजों के रक्त जांच में यूरिक एसिड की मात्रा सामनी से थोड़ी अधिक पाई गई है, मरीजों की स्थिति सामान्य है। सोमवार को जगदलपुर से विशेष मेडिकल टीम रेगड़गट्टा के ग्रामीणों का जांच करेगी।
 
और भी

कम बारिश के चलते मुख्यमंत्री ने दिए नजरी आंकलन के निर्देश

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल ने मुख्यमंत्री ने कम बारिश के चलते नजरी आंकलन के निर्देश दिए हैं। सरगुजा संभाग में अल्प वर्षा की स्थिति को देखते हुए यह निर्देश दिए।

ज्ञातव्य है कि कम बारिश के चलते बृहस्पत सिंह, चिंतामणि महाराज आदि विधायकों ने मुख्यमंत्री से सरगुज संभाग की कुछ तहसीलों को सूखा ग्रस्त घोषित करने मांग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री बघेल ने यह निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव संभाग के कलेक्टर्स से चर्चा करेंगे।

और भी

मुख्यमंत्री ने बालगंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर किया नमन

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर चिंतक एवं प्रमुख समाज सुधारक बालगंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बालगंगाधर तिलक ने सबसे पहले पूर्ण स्वराज की मांग उठाई। उन्होेंने ‘स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है‘ का प्रेरणादायक उद्घोष किया। इससे जन-जन में देश की स्वतंत्रता के प्रति जागरूकता का संचार हुआ। जनता को देश प्रेम एवं अन्याय के विरूद्ध संगठित करने के लिए उन्होंने सार्वजनिक गणेश उत्सव और शिवाजी उत्सव की शुरूआत की। देश के स्वतंत्रता आंदोलन में उनका यह योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

और भी

मत्स्य को कृषि का दर्जा के साथ मछुआरों की बेहतरी के लिए किए जा रहे कार्य : भूपेश बघेल

मुख्यमंत्री धीवर समाज के महासम्मेलन में हुए शामिल, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जब से हमारी सरकार बनी समाज के हर वर्ग के चाहे वह कृषक हो या मजदूर हो सभी वर्ग के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्य किए गए है। मछुआरा वर्ग की बेहतरी के लिए अनेक कार्य किए। मछली पालन नीति बनाई। हमने मछली पालन को कृषि का दर्जा दिया है, जिससे अब मछुआरों को शून्य प्रतिशत पर ऋण की सुविधा मिल रही है। मत्स्य पालकों को अब कृषकों जैसी तमाम सुविधाएं मिलने लगी है। इससे प्रदेश के मछली पालक मछुवारें तेजी से आगे बढ़ेंगे, जीवन स्तर में भी सुधार आएगा और मत्स्य पालन के क्षेत्र में पूरे देश में आगे बढ़ेंगे। यह बात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कृषि विश्वविद्यालय के सभागृह में आयोजित धीवर समाज के महासम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने धीवर समाज को जमीन आबंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात समाज के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन बनाने के लिए मदद देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने धीवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ भी दिलवाई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य की औसत मत्स्य उत्पादकता 4000 मेट्रिक टन प्रति हेक्टेयर हो चुकी है। प्रगतिशील मत्स्य कृषक उन्नत प्रजातियों का पालन करके प्रति   हेक्टेयर 8000 से 10,000 मेट्रिक टन तक उत्पादन करने लगे हैं। छत्तीसगढ़ की प्रकृति और यहां का वातावरण मछली पालन के लिए पूरी तरह अनुकूल है। उन्होंने कहा है कि हमारे राज्य की भौगोलिक स्थिति भी ऐसी है कि यहां मत्स्य पालन व्यवसाय के लिए बहुत संभावनाएं हैं। अब प्रदेश में मछली के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। शासन द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है मछली उत्पादन में वृद्धि हो। अब गांवों के साथ-साथ बड़े-बड़े बांधों को भी मछली पालन के लिए प्रयोग किया जाने लगा है। यहां तक की घर के आंगन में भी टैंक बनाकर मछली पालन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मछली पालकों को बायो फ्लॉक तकनीकी से मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए मत्स्य कृषकों को 7.50 लाख रुपए की इकाई पर 40 प्रतिशत की अनुदान सहायता दिए जाने का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धीवर समाज के लिए शासन ने जो योजनाएं बनाई है, उसका पॉम्पलेट बनाकर समाज के सदस्यों के घर-घर वितरित करें और सामाजिक बैठकों में इसकी जानकारी दें।  

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि राज्य में मछली पालन के लिए 30,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई बांधों एवं जलाशयों से नहर के माध्यम से जलापूर्ति आवश्यकता पड़ती थी, इसके लिए मछली पालक किसानों को 10 हज़ार घन फीट पानी के बदले 4 रुपए का शुल्क देना पड़ता था। लेकिन अब उन्हें एक भी पैसा देने की जरूरत नहीं रह गई है। कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि जब से हमारी सरकार बनी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा रही है कि गांवों के मछली पालन करने वाले तालाब स्त्रोतों पर परंपरागत धीवर समाज को प्राथमिकता हो। शासन द्वारा उनके हितों की रक्षा के लिए कार्य किया जा रहा है। कृषि मंत्री ने कहा कि मत्स्य पालकों के लिए मछली पालन नीति बनाई गई है। श्री चौबे ने कहा कि धीवर समाज द्वारा कुछ मुद्दे रखे गए हैं, उसके अनुरूप कार्य किए जाएंगे। यदि किसी गांवों में कोई तालाब निस्तारी के नाम से चिन्हित कर यदि किसी दूसरे वर्ग को आबंटित कर मत्स्य पालन के लिए दिया जाएगा, तो ऐसी स्थिति में संबंधित ग्राम पंचायत के पंच, संरपचों को चिन्हित कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने मत्स्य नीति में मछुआरों को परिभाषा के संबंध में भ्रम को सुधारने का भी आश्वासन दिया। इस अवसर पर मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एम.आर. निषाद ने भी सम्बोधन दिया। इस अवसर पर संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद, विकास उपाध्याय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा तथा अतिथिगण उपस्थित थे।

और भी

लोक अदालत के संबंध में बैठक हुई

 13 अगस्त को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा

खरसिया (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सिविल कोर्ट में शनिवार को लोक अदालत के संबंध में एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें प्रथम व्यवहार न्यायाधीश वर्ग 2 एवं न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी दीप्ति बरवा तथा व्यवहार न्यायाधीश एवं वर्ग 2 न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी मंजूषा टोप्पो की विशेष उपस्थिति रही।13 अगस्त को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें बिना किसी डर या दबाव के राजीनामा योग्य प्रकरणों का समाधान स्वेच्छा से तथा राजीनामा करके किया जा सकता है। बैठक में अधिवक्ता संघ के सदस्य भी उपस्थित रहे।

 
और भी

हड़ताली कर्मचारियों के वेतन कटौती का महासंघ ने किया विरोध

धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 25 जुलाई से हड़ताली कर्मचारियों के वेतन कटौती के जारी आदेश का छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रांतीय संयोजक अनिल शुक्ला ने पुरजोर विरोध करते हुए इसे छत्तीसगढ़ शासन का दमनात्मक कार्यवाही कहा है।

महासंघ के संयोजक अनिल शुक्ला, प्रांतीय महासचिव ओपी शर्मा, प्रांतीय कोषाध्यक्ष कमलेश सिंह राजपूत, प्रांतीय प्रवक्ता संजय तिवारी, महासंघ के घटक संगठन के प्रांताध्यक्ष शिवकुमार पांडेय, बुधौलिया, करण सिंह अटेरिया, मंत्रालय कर्मचारी के अध्यक्ष महेंद्र सिंह राजपूत,डॉ गोकुल सरकार,संजय दुबे,संचालनालय एवं कोषालयीन संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ठाकुर,पीआर साहू, विकास सिंह राजपूत, धमतरी जिला ,कर्मचारी अधिकारी महासंघ के  जिला संयोजक दीपक शर्मा,मीडिया प्रभारी एमएस भास्कर,सह संयोजक मनोज वाधवानी, वासुदेव भोई, प्रकाश पवार, हेमंत ठाकुर, प्रवीण साहू ,रोहित साहू एवम रायपुर के राजेश नायर, दीपक देवांगन, डॉ डी पी मनहर, आलोक मिश्रा, अश्वनी गुर्देकर, सुनील यादव, सतीश पसेरिया आदि कर्मचारी नेताओं ने कहा कि महंगाई भत्ता एवम गृह भाड़ा भत्ता जैसी जायज़ मांगो के की गई हड़ताल की शासन द्वारा की गई अनदेखी एवम हड़ताली कर्मचारियों पर वेतन कटौती तथा ब्रेक इन सर्विस की कार्यवाही करने का निर्देश सरकार की दमनकारी नीत है महासंघए छत्तीसगढ़ शासन से मांग करता है कि तत्काल लंबित 12 प्रतिशत महंगाई भत्ता और सातवें वेतनमान के आधार पर गृह भाड़ा भत्ता पुनरीक्षित करने की शीघ्र घोषणा करते हुए हड़ताल अवधि का अवकाश एस्वीकृत कर वेतन प्रदान करे ।

 

और भी

धीवर समाज महिला प्रकोष्ठ ने मनाया सावन महोत्सव

 धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। धीवर समाज महिला प्रकोष्ठ की ओर से सावन महोत्सव मनाया गया। ईष्टदेवी मां शीतला मंदिर परिसर में यह कार्यक्रम हुआ, जिसमें बच्चों से लेकर महिलाएं बड़ी संख्या में भाग लिया।

दानीटोला स्थित धीवर समाज भवन में महिला प्रकोष्ठ ने सावन महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। प्रारंभ में ईष्ट देवी मां शीतला की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण को झुला में बिठाकर सावन झुला झुलाया गया। महिलाओं और बच्चों के लिए विविध कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ। इसमें एक मिनट कार्यक्रम के तहत पर्ची निकाल कर प्रस्तुति दी गई। पर्ची में निकली संबंधित विषय पर महिलाओं ने उस विषय पर अपना परफार्मेस दिया। बच्चों और महिलाओं ने सावन झुला और गरबा डांस, भक्ति संगीत में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बालिका त्रिशा हिरवानी ने डांस की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस मौके समाज की महासंरक्षक संध्या हिरवानी, अध्यक्ष आशा धीवर ने कहा कि मां शीतला देवी की कृपा से धीवर समाज भवन का नवनिर्माण हो रहा हैं। इसमें समाज के प्रत्येक से धन सहयोग लेकर भवन और मंदिर परिसर को भव्य स्वरूप दिया जा रहा हैं, ताकि आने वाले समय में समाज की सारी गतिविधियां यहीं से संचालित हो। उन्होंने कहा कि सावन का महीना हरियाली और धर्म-आराधना का महीना है। कार्यक्रम को लेकर समाज की महिलाओं ने जो उत्साह दिखाकर भाग लिया, उससे निसंदेह आने वाले समय में प्रतिभागियों की संख्या और अधिक होती। कार्यक्रम में शीला धीवर, वेणुका हिरवानी, प्रभा फुटान, दिया हिरवानी, रेवती ओझा, मिलाती नाग, सावित्री सपहा, ललिता धरमगुड़ी, सुषमा नाग, दिनेश्वरी हिरवानी, शिव कुमारी नाग, भानु धीवर, जमुना फरिकार,दुकल हिरवानी, कंचन, पुन्नी बाई आदि मौजूद रहे।

और भी

जालमपुर वार्ड में घर ढहा, एक गंभीर

 धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले के जालमपुर वार्ड दीवान तालाब के पास शनिवार की रात फिरण बाई का घर ढह गया। घर ढह जाने से फिरण बाई  का पुत्र बुरी तरह से घायल हो गया,  फिरण बाई  के पुत्र हेम कुमार कोसरिया ने बताया कि वह शनिवार की रात खाना खाकर सोया था, वही अचानक घर ढह गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घर ढह जाने से वह पूरी तरफ से दब गया था। दब जाने से उन्होंने जोर से आवाज लगाई,तब घायल हेम कुमार कोसरिया के भाई दानी कोसरिया आया और उसे जैसे.तैसे बाहर निकाला, बाहर निकालने के बाद देखा कि वह पूरी तरह से जख्मी हो चुका था बड़े भाई के आ जाने से वह बाल बाल बच गया, घायल हेम कुमार कोसरिया के भाई दानी कोसरिया ने बताया कि रात शनिवार की रात्रि करीब 2 बजे बचाओ बचाओ  आवाज आने लगी तो वह तत्काल निकल कर देखा तो उनका भाई हेम कुमार कोसरिया घर ढह जाने से दब गया था, जिसे उन्होंने बाहर निकाला और तत्काल प्राथमिक उपचार भी किया और सुबह अस्पताल भी लेकर गया। दानी कोसरिया ने यह भी बताया कि अगर वह नहीं पहुंचते तो उनका भाई हेम कुमार कोसरिया को खो बैठते,साथ ही दानी कोसरिया अपने जर्जर घर को बनाने के लिए आवास योजना के तहत घर बनाना चाहते थे, लेकिन बार.बार आवास योजना के लिए फॉर्म भर के थक चुके हैं फिर भी उनका आवास योजना पर नाम नहीं आ रहा है, उनका कहना है कि वार्ड के पार्षद आवास के लिए किसी भी प्रकार की मदद नही कर रहे है।

और भी

आईपीएस मीणा को मिला रायपुर आईजी का अस्थाई प्रभार

 4 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ गृह विभाग ने आईजी-डीआईजी का तबादला किया है। विभाग ने 4 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। इसमें तीन महीने में ही आईजी ओपी पाल हटाए गए हैं। दुर्ग के साथ अब रायपुर रेंज भी बद्री मीणा संभालेंगे। बद्री नारायण मीणा, (भापुसे-2004) पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज, दुर्ग के साथ-साथ अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज, रायपुर, छ0ग0 का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वहीं ओपी पॉल को अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक पुलिस महानिरीक्षक, नक्सल ऑपरेशन/एस0आई0बी0, पुलिस मुख्यालय, रायपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।

इसके साथ ही राम गोपाल गर्ग, (भापुसे-2007) उप पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, रायपुर को तत्काल प्रभाव से अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक उप पुलिस महानिरीक्षक, रेंज राजनांदगांव, छ0ग0 के पद पर पदस्थ किया गया है।

 

और भी

सीएम बघेल ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र, एसईसीएल से हर माह 1.50 करोड़ टन कोयला प्रदान करने किया अनुरोध

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल ने 30 जुलाई को केन्द्रीय कोयला एवं खनन मंत्री प्रल्हाद जोशी को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के स्टील उत्पादकों को अनवरत रूप से एसईसीएल द्वारा कोयला आपूर्ति करने के लिए एसईसीएल अधिकारियों को निर्देश देने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य के स्टील निर्माताओं को वर्तमान में 60 लाख टन कोयला प्रतिमाह एसईसीएल द्वारा दिया जा रहा है, जबकि उनकी मासिक आवश्यकता लगभग 1.50 करोड़ टन है। एसईसीएल द्वारा छत्तीसगढ़ के स्टील उत्पादक उद्योगों को अगस्त माह से कोयले की आपूर्ति को रोकने के निर्णय राज्य की अर्थव्यवस्था पर गंभीर संकट उत्पन्न हो जाएगा।

पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा है कि ‘‘छत्तीसगढ़ राज्य मे प्रतिवर्ष 15 करोड़ टन से अधिक कोयले का उत्पादन होता है। कोयला उत्पादन में छत्तीसगढ़ का देश में दूसरा स्थान है। राज्य में उत्पादित कोयले का अधिकांश भाग अन्य राज्यों को भेजा जाता है। छत्तीसगढ़ स्टील उत्पादन के क्षेत्र में भी देश के अग्रणी राज्यों में से है। राज्य में अनेक बड़ी स्टील उत्पादक इकाईयों के अलावा सैकड़ों छोटी इकाईयां भी हैं, जो लाखों लोगों की जीविका का आधार है। विगत लगभग 6 महीनों में देश में कोयले का संकट उत्पन्न होने के कारण देश के अन्य भागों में छत्तीसगढ़ राज्य में उत्पादित कोयले को प्राथमिकता के आधार पर रेल मार्ग से भेजने के कारण अनेक महीनों से राज्य की यात्री ट्रेनों का परिचालन बन्द है, जिससे लाखों लोगों को असंख्य कठिनाइयों का सामना करना पड़ रह है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा है ‘‘कोयले के संकट के कारण ही राज्य के स्टील उत्पादकों एवं अन्य इकाईयों (पावर प्लान्ट्स को छोड़कर) को एसईसीएल द्वारा अगस्त माह से कोयले की आपूर्ति रोकने का निर्णय लिया गया है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था पर गंभीर संकट उत्पन्न हो जाएगा। पावर प्लांट को छोड़कर अन्य सभी इकाईयों में तालेबंदी की स्थिति बन जाएगी। मुख्यमंत्री ने आगे पत्र में लिखा है कि ‘‘राज्य के स्टील निर्माताओं को वर्तमान में 60 लाख टन कोयला प्रतिमाह एसईसीएल द्वारा दिया जा रहा है, जबकि उनकी मासिक आवश्यकता लगभग 1.50 करोड़ टन है। आप सहमत होंगे कि देश के अग्रणी कोयला उत्पादक राज्य को उसके लघु उद्योगों को कोयले की आपूर्ति न किया जाना अत्यन्त दुर्भाग्यजनक निर्णय होगा।

मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय कोयला एवं खनन मंत्री से राज्य के स्टील उत्पादकों की आवश्यकता अनुसार कोयले की आपूर्ति निर्बाध जारी रखने के संबंध में एसईसीएल के अधिकारियों को निर्देश देने का अनुरोध किया है ताकि राज्य में गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न होने से रोका जा सके।

 

और भी

संयुक्त जांच दल ने किया 3 क्विंटल प्लास्टिक कैरी बैग जब्त, 17 हजार से अधिक वसूला जुर्माना

 अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल व नगर निगम के संयुक्त जांच द्वारा शनिवार को विभिन्न दुकानों से 3 क्विंटल अमानक प्लास्टिक कैरी बैग व सिंगल यूज कैरी बैग जब्त करने के साथ ही 17 हजार 200 रुपए जुर्माना भी वसूला गया। 

जांच दल की ओर से बताया गया कि नगर निगम अम्बिकापुर क्षेत्र में शनिवार को अमानक प्लास्टिक कैरी बैग व सिंगल यूज प्लास्टिक विक्रेता दुकानों की जांच की गई। जांच के दौरान संयुक्त दल की ओर से अमानक प्लास्टिक कैरी बैग व सिंगल यूज प्लास्टिक विक्रेता दुकानदारों को पर्यावरण संरक्षण नियम व शासन की ओर से इसके उपयोग पर लगाये प्रतिबंध की जानकारी दी गई। शहर में अमानक प्लास्टिक के कैरी बैग व सिंगल यूज कैरी बैग पर प्रतिबंध के लिए लगातार दुकानों व सब्जी विक्रेताओं को समझाइश दी जा रही है। अब जांच दल गठित कर प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

 
और भी

अपर कलेक्टर टीकाकरण केन्द्र, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय व गौठान का किया निरीक्षण

 राजनांदगांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर के मार्गदर्शन में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिले में शनिवार और रविवार को टीकाकरण महाअभियान का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर सिंह के निर्देश पर शनिवार को सभी विकासखंडों में टीकाकरण के लिए शिविर का आयोजन किया गया। 

कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने डोंगरगांव विकासखंड के टीकाकरण केन्द्र अमलीडीह, रूदगांव, रातापायली, मोहड़ व डोंगरगांव का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणजन कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण की तीसरी डोज लगाने के लिए उत्साहित दिखे। ग्रामीणजन टीकाकरण केन्द्रों में लाईन लगाकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। विकासखंड डोंगरगांव में 67 हजार नागरिकों को टीकाकरण का पहला एवं दूसरा डोज लगाया जा चुका है। प्रीकासन डोज के लिए 38 टीम भेजे गये है। बीपीएम राकेश कुर्रे व बीईजेओ केपी साहू ने बताया कि शत-प्रतिशत टीकाकरण व प्रीकासन डोज के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानीन, पटवारी, कोटवार, सचिव टीकाकरण महाअभियान में सहयोग कर रहे है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को वैक्सीनेशन के लिए नहीं आने वाले नागरिकों को घर-घर जाकर समझाईश देकर वैक्सीन लगाने के लिए प्रेरित करने कहा गया है।

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय डोंगरगांव का निरीक्षण : 

अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने विकासखंड डोंगरगांव भ्रमण के दौरान स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय डोंगरगांव का निरीक्षण किया। उन्होंने बायोलॉजी, रसायन और भौतिक लैब तथा   पुस्तकालय, स्पोर्ट्स रूम सहित अन्य कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर स्कूल में पढ़ाई की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने प्राचार्य को विद्यालय में पौधरोपण कराने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गौठान का निरीक्षण :

अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने अमलीडीह गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने गौठान में चल रहे डेयरी फर्मिंग, मुर्गीपालन, बकरी पालन, सब्जी उत्पादन, मशरूम उत्पादन, चरागाह विकास के अंतर्गत नेपियर घास उत्पादन तथा हाथकरघा प्रशिक्षण का जायजा लिया। मारकण्डेय ने स्वसहायता समूह की महिलाओं को आजीविका गतिविधि के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही प्रत्येक गौठान में कम से कम तीन गतिविधि संचालित करने निर्देशित किया। गौठान में 5 महिला स्वसहायता समूह संलग्न है। गौठान में आजीविका गतिविधि से महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं।

ग्राम करियाटोला के कृष्णकुंज का लिया जायजा :

अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने विकासखंड डोंगरगांव के ग्राम करियाटोला में तैयार किए जा रहे कृष्णकुंज का जायजा लिया। यहां वन विभाग की ओर से फेंसिंग तथा वृक्षारोपण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने मुख्य नगर पंचायत अधिकारी भूपेश सिंह को कृष्ण कुंज में झूला, बैठक सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। इस दौरान तहसीलदार कोमल धु्रव, सीईओ लेखराम चंद्रवंशी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी होरी लाल साहू, वन विभाग से मुकेश दुबे सहित अन्य अधिकारी-कमर्चारी उपस्थित थे।

 
और भी

जिले में 1 अगस्त से शुरू होगा वजन त्यौहार, नौनिहालों के पोषण स्तर का होगा मापन

 कोरिया (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर शर्मा की अध्यक्षता तथा जिला पंचायत सीईओ कुणाल दुदावत की उपस्थिति में आज जिला पंचायत के मंथन सभाकक्ष में जिले में आगामी 1 अगस्त से 13 अगस्त 2022 तक आयोजित किए जाने वाले वजन त्यौहार की पूर्व तैयारियों के सम्बंध में बैठक आयोजित किया गया। कुपोषण के प्रति समुदाय को जागरूक करने के लिए प्रत्येक परिवार को उनके बच्चों की सही पोषण की स्थिति को अवगत कराने व कुपोषण की सही स्थिति आनलाईन साफ्टवेयर में प्रविष्टि कर ग्राम पंचायत तथा विकासखंडवार कुपोषण की आंकलन करने की उद्देश्य से जिले में वजन त्यौहार का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत 06 वर्ष से कम आयु के बच्चों का वजन कर पोषण स्तर ज्ञात किया जाएगा। बैठक में वजन त्यौहार के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी, सीडीपीओ, सेक्टर सुपरवाइजर मौजूद रहे।

वजन त्यौहार की पूर्व तैयारियों के संबंध में दिए गए दिशा-निर्देश :

कलेक्टर शर्मा ने सर्व सम्बंधितों को वजन त्यौहार के सम्बंध में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि सही तरीके से सभी बच्चों का डाटाबेस तैयार हो। चार्ट में वजन, ऊंचाई, उम्र तथा अन्य आवश्यक जानकारी उल्लेखित की जाएं, नोडल अधिकारी इस पर विशेष ध्यान दें। वजन त्यौहार के लिए वजन मशीन की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें, सभी केन्द्रों में अच्छी व्यवस्था हो।

सुपोषण अभियान के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : कलेक्टर

बैठक में कलेक्टर शर्मा ने जिले में सुपोषण अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि सुपोषण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं कि जाएगी। उन्होंने सभी सेक्टर सुपरवाइजर तथा सीडीपीओ को आंगनबाड़ी केन्द्रों में कुपोषित बच्चों को अंडा तथा एनीमिक गर्भवती महिलाओं को सुपोषण थाली दिए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी कारणवश केंद्र तक पहुंच पाने में असमर्थ माताओं को टिफिन के जरिए सुपोषण थाली उपलब्ध करायी जा सकती है। गर्भवती तथा शिशुवती माताओं को दिए जा रहे टेक होम राशन का रजिस्टर रखें। बच्चों को आवश्यकतानुसार समय-समय पर नियमित रूप से एल्बेंडाजोल टेबलेट तथा आयरन सिरप दें, ताकि बच्चा बेहतर स्थिती में हो। उन्होंने सभी सीडीपीओ को निर्देश देते हुए कहा कि कुपोषित बच्चों को पोषण की स्थिती में लाने के लिए पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भेजें, इसके लिए रोस्टर तैयार करें।

कुपोषित बच्चों के घर गृहभेंट कर परिवारजनों को कुपोषण मुक्ति के लिए करें प्रेरित :

कलेक्टर शर्मा ने बैठक में गंभीर कुपोषित बच्चों के घर गृहभेंट द्वारा बच्चों की दिनचर्या पर ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माह में एक दिवस बच्चों के घर कुछ समय व्यतीत करें तथा परिवारजनों से बात कर दैनिक गतिविधियों के सम्बंध में चर्चा करें   तथा स्वच्छता, देख-रेख, भोजन के संबंध में जानकारी दें। कुपोषण मुक्ति के विषय में विशेषकर माताओं को जागरूक करें।

और भी

उज्जवल भारत, उज्जवल भविष्य ऊर्जा 2047 के तहत द्वितीय दिवस का बिजली महोत्सव भैरमगढ़ में

 बीजापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में केन्द्रीय विद्युत मंत्रालय व छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से विद्युत क्षेत्र के प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाया जा रहा है। इसके अर्न्तगत देश में चल रही विद्युत विभाग के विभिन्न योजनाओं को लाभार्थी तक पहुंचाने जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है।

शासन के निर्देशानुसार जिले में दो दिवसीय बिजली महोत्सव कार्यक्रम आयोजित की जा रही है। प्रथम दिवस 29 जुलाई को बीजापुर स्थित आॅडिटोरियम के कार्यक्रम आयोजित हुई व द्वितीय तथा अंतिम दिवस का कार्यक्रम भैरमगढ़ ब्लाक के एकलव्य आवासीय विद्यालय आडिटोरियम में हुई। उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत व छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण बोर्ड के सदस्य बसंत राव ताटी व विशिष्ट अतिथि के रूप में सोमारू राम कश्यप मंचासीन थे। कलेक्टर बसंत राव ताटी ने अपने संबोधन में विद्युत की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा जिस तरह जीवन के लिए जल, हवा, भोजन आवश्यक है। उसी तरह आज विद्युत की आवश्यकता है। मानव जाति के विकास में विद्युत व बिजली का महत्वपूर्ण योगदान है, जिले में विकास की गति तेज हुई है। वहीं विद्युत विस्तार भी तीव्रगति से हो रही है। किसान भाई-बहनों, छात्र-छात्राओं, गृहणी सहित मानव जीवन को हर पल विद्युत की आवश्यकता होती है। 

बीजापुर जैसे दुर्गम क्षेत्रों में विद्युत सुविधाओं का विस्तार अपने आप में बड़ी चुनौती है। जिसे विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की ओर से बखूबी निभाया जा रहा है। विद्युत सुविधाओं के विस्तार में सोलर ऊर्जा का भी महत्वपूर्ण योगदान है, जहां विद्युत लाईन की पहुंच नहीं हो पा रही है। वहां सौर ऊर्जा उसे पूरी कर रहा है। सोलर पंप, सोलर लाईट, हाईमास्ट, स्ट्रीटलाईट सहित विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सौर ऊर्जा से संचालित हो रहे हैं। उक्त कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी एनटीपीसी नीरज सोनी ने बताया कि विद्युत उपभोक्ताओं को विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करने व विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के लिए यह महोत्सव आयोजित की जा रही है। बिजली महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक, नुक्कड़ की ओर से ऊर्जा विभाग की ओर से संचालित सौभाग्य योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, वन नेशन वन ग्रिड, उपभोक्ता अधिकार, सोलर रूफटाफ सहित विभिन्न योजनाओं का प्रदर्शन प्रोजेक्टर के माध्यम से किया गया। 

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता पीआर साहू ने जिले में विद्युत विस्तार, विद्युत सेवाएं उपभोक्ताओं को मिलने वाली रियायत संबंधी जानकारी विस्तारपूर्वक दी। वहीं विद्युत सेवाओं का आगामी दिनों और भी अधिक विस्तार करने की बात कहीं। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष दशरथ कुंजाम, उपाध्यक्ष सादेर नेगी, नगर पंचायत अध्यक्ष सुकमती मांझी व जनप्रतिनिधि, क्रेडा विभाग के प्रभारी अधिकारी मनीष नेताम, सीईओ जनपद पंचायत भैरमगढ़ जे आर अरकरा सहित विभागीय अमला व उपभोक्तागण मौजूद थे।

 
और भी