हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

मुकुल रोहतगी ने अटार्नी जनरल बनने से किया इनकार, केंद्र सरकार का प्रस्ताव ठुकराया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने केंद्र का प्रस्ताव ठुकराते हुए भारत का अगला अटार्नी जनरल (एजी) बनने से इन्कार कर दिया। रोहतगी ने बताया कि ये सच है कि वे एजी नहीं बनने जा रहे हैं। वर्तमान अटार्नी जनरल केके वेणुगोपाल का कार्यकाल 30 सितंबर को पूरा होने जा रहा है। हालांकि, केंद्र सरकार ने वेणुगोपाल के सामने कार्यकाल बढ़ाने की पेशकश की थी लेकिन स्वास्थ्य कारणों की वजह से 91 वर्षीय वेणुगोपाल ने आगे पद संभालने में असमर्थता जताई थी। चर्चा थी कि उनके बाद रोहतगी दूसरी बार एजी का पद संभालेंगे।

रोहतगी भारत के सर्वोच्च न्यायालय में एक वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और इससे पहले भारत के अतिरिक्त सालिसिटर जनरल के रूप में कार्य कर चुके हैं। रोहतगी 2014 से 2017 के दौरान भारत के अटार्नी जनरल रह चुके हैं। जून 2017 में उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से पद से इस्तीफा दे दिया था। केंद्र के प्रस्ताव को ठुकराने की मुकुल रोहतगी ने कोई भी खास वजह नहीं बताई है।

संवैधानिक कानून विशेषज्ञ के रूप में व्यापक रूप से सम्मानित वेणुगोपाल ने 1 जुलाई 2017 को तीन साल के कार्यकाल के लिए अटार्नी जनरल के रूप में पद संभाला था। 91 वर्षीय वेणुगोपाल को केंद्र सरकार ने दो बार एक साल का सेवा विस्तार भी दिया था। हालांकि, उन्होंने बार-बार पद पर बने रहने की अनिच्छा व्यक्त की थी।

बता दें कि इस साल जून में केंद्र ने वेणुगोपाल का कार्यकाल तीन महीने और बढ़ा दिया था। सरकार ने उनसे तीन महीने और काम करने का आग्रह किया। लेकिन, आखिरकार उन्होंने सरकार को एक नए चेहरे की तलाश करने की अनुमति देते हुए 30 सितंबर तक तीन महीने के विस्तार के लिए सहमति व्यक्त की थी। 

और भी

राहुल गांधी ने शोरनूर से शुरू की 19 वें दिन की भारत जोड़ो यात्रा

 पलक्कड़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के 19 वें दिन सोमवार को इस जिले के शोरनूर में सैकड़ों लोगों की भागीदारी के साथ फिर से शुरू हुयी। भारत जोड़ो यात्रा के इस केरल चरण का सुबह साढ़े दस बजे पट्टांबी में ठहराव होगा। इसके बाद यह यात्रा शाम पांच बजे फिर से शुरू होकर शाम सात बजे पलक्कड़ के कोप्पम पहुंचेगी।

राज्य की 19 दिनों की यह यात्रा एक अक्टूबर को कर्नाटक में शुरू होने से पहले सात जिलो से होकर गुजरेगी और 450 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र को कवर करेगी। पांच महीने तक चलने वाली भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से श्रीनगर तक साढ़े तीन हजार किलोमीटर से अधिक लंबी पैदल यात्रा है। यह सामाजिक ध्रुवीकरण, आर्थिक असमानताओं और राजनीतिक केंद्रीकरण को उजागर करने के उद्देश्य से पार्टी के राष्ट्रीय जन संपर्क कार्यक्रम का हिस्सा है।

 
और भी

55 सिख अफगानिस्तान से दिल्ली लाए गए, बोले- काबुल में हालात ठीक नहीं

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पिछले साल अफगानिस्तान में तालिबान के फिर सत्तारूढ़ होने के बाद बचे भारतवंशियों को भी स्वदेश लाने का काम जारी है। रविवार को 55 अफगानी सिखों को विशेष विमान से भारत लाया गया। उन्होंने बताया कि वहां हालात ठीक नहीं हैं। अल्पसंख्यकों को बंदी बनाए जाने और जेल में उनके बाल काटने की भी शिकायत की। 

एक अफगान सिख-बलजीत ने कहा कि अफगानिस्तान में स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। मुझे चार महीने कैद रखा गया। तालिबान ने हमें धोखा दिया है, उन्होंने हमारे बालों को जेल में काट दिया है। मैं भारत और हमारे धर्म में लौटने के लिए आभारी और खुश हूं।

एक अफगान सिख सुखबीर सिंह खालसा ने दिल्ली पहुंचने पर मीडिया से चर्चा में कहा कि हम भारत सरकार को धन्यवाद देना चाहते हैं कि उसने हमें तत्काल वीजा दिया और हमें भारत पहुंचने में मदद की। हम में से कई के परिवार अभी भी वहीं छूट गए हैं। अफगानिस्तान में अब भी 30-35 लोग फंसे हुए हैं।

और भी

90 साल के हुए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी बधाई

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को उनके 90वें जन्मदिन पर बधाई भेजी है और  उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की बधाई। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी डॉक्टर मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई दी।

उन्होंने लिखा कि भारत के बेहतरीन राजनेताओं में से एक, डॉ मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। भारत के विकास में उनकी विनम्रता, समर्पण और योगदान में कुछ समानताएं हैं। वह मेरे लिए और करोड़ों अन्य भारतीयों के लिए एक प्रेरणा हैं। मैं उनके अच्छे के लिए प्रार्थना करता हूं। 

सिंह का जन्म विभाजन से पहले 26 सितंबर, 1932 को पंजाब के गाह गांव में हुआ था। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय, कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड में अध्ययन किया। लगातार दो बार (2004-2014 तक) प्रधानमंत्री रहे डॉ सिंह आज 90 साल के हो गए हैं। वह एक प्रसिद्ध अर्थशास्त्री हैं, जिन्हें 1990 के दशक में व्यापक सुधारों को शुरू करने का श्रेय दिया जाता है। 

 

 

और भी

भारत जोड़ो यात्रा को बदनाम करने पर होगी कार्रवाई : कांग्रेस

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस ने कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा को बदनाम करने और इसके खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और पार्टी इन लोगों को सबक सिखा कर ही रहेगी।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने ट्वीट कर यह जानकारी देते हुए बताया, हमने भारत जोडो यात्रा को नुकसान पहुंचाने के लिए भाजपा नेता और उनके अंधभक्त ऑनलाइन नफरत फैलाने वाली फ़ैक्ट्री बनकर काम कर रहे हैं। हमने इस तरह की फ़र्ज़ी और विभाजनकारी ख़बरों के पांच मामलों में कानूनी कार्रवाई शुरू की है। ध्यान रहे! हम इस झूठ पर नरम रुख नहीं लेंगे।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक नवीनतम मामला सामने आया है जिसमें लोकसभा में पार्टी के सांसद हिबी ईडेन ने एक भक्त के उस ट्वीट के खिलाफ शिकायत पुलिस में दर्ज की है जिसमें उसने कथित रूप से भारत जोडो यात्रा को भारत तोड़ो यात्रा कहा है। गौरतलब है कि इस तरह की एक शिकायत कांग्रेस सांसद हिबी इडेन ने केरल के पल्लरिवेटम पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है।

 
और भी

बड़ी खबर : राजस्थान में परिवर्तन, बागडोर पायलेट को या कोई और फैसला विधायक दल में...

 जयपुर/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस बैठक में अशोक गहलोत की विरासत किसे सौंपी जाए, इस पर चर्चा होने के आसार हैं और संभवत: विधायक दल अपने नए नेता का चुनाव करे। यह बैठक ऐसे समय बुलाई गई है जब ऐसी चर्चा है कि गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष बन जाने की स्थिति में राज्य में नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है। 

मामले से जुड़ी अहम जानकारियां :
कांग्रेस विधायक दल की बैठक रविवार शाम 7 बजे बुलाई गई है। पार्टी महासचिव और राजस्थान के प्रभारी अजय माकन तथा वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे इस बैठक में बतौर पर्यवेक्षक मौजूद रहेंगे। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट किया, ‘‘राजस्थान में 25 सितंबर को कांग्रेस विधायक दल की बैठक के लिए प्रभारी महासचिव अजय माकन के साथ मल्लिकार्जुन खड़गे पर्यवेक्षक होंगे।''

कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाए जाने से पहले गहलोत ने गत शुक्रवार को स्पष्ट रूप से कहा था कि वह पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में उम्मीदवार होंगे और मुख्यमंत्री पद से उनके हटने की स्थिति में पार्टी नेतृत्व यह फैसला करेगा कि इस जिम्मेदारी को कौन संभालेगा। 

कांग्रेस के नेतृत्व के संदर्भ में राहुल गांधी के ‘एक व्यक्ति, एक पद' वाले बयान और चुनाव जीतने की सूरत में राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में उनके संभावित उत्तराधिकारी के बारे में पूछे जाने पर गहलोत ने कहा था कि मौजूदा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राजस्थान में पार्टी मामलों के प्रभारी अजय माकन इस संबंध में निर्णय लेंगे। 

दरअसल, राहुल गांधी ने पिछले दिनों केरल में संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह उम्मीद जताई थी कि ‘उदयपुर चिंतन शिविर' में तय हुई ‘एक व्यक्ति, एक पद' की व्यवस्था पर पूरी तरह अमल किया जाएगा। 

इससे पहले ही, कांग्रेस अध्यक्ष पद के एक संभावित उम्मीदवार के रूप में देखे जा रहे अशोक गहलोत ने यह संकेत दिया था कि वह अध्यक्ष पद और राजस्थान के मुख्यमंत्री का पद दोनों संभाल सकते हैं। बाद में गहलोत ने कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत ढंग से प्रस्तुत किया गया। 

माना जा रहा है कि कांग्रेस का अध्यक्ष चुने जाने पर गहलोत को मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ सकता है, हालांकि इसको लेकर अभी अनिश्चितता बनी हुई कि उनके हटने पर सचिन पायलट मुख्यमंत्री होंगे या फिर गहलोत की पसंद का ही कोई नेता इस जिम्मेदारी को संभालेगा।

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में इस विषय पर कुछ न कुछ फैसला हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि शनिवार को अजय माकन ने सोनिया गांधी से मुलाकात की और राजस्थान से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की थी। 

उधर, मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद लगाए हुए कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने शुक्रवार को जयपुर में राजस्थान विधानसभा अध्‍यक्ष सीपी जोशी और कई विधायकों से मुलाकात की थी। पार्टी के सूत्रों के अनुसार, पायलट मुख्यमंत्री पद के लिए मुख्य दावेदार हैं, लेकिन जोशी के नाम पर भी चर्चा चल रही है। 

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे। 

इस बीच, मुख्यमंत्री गहलोत रविवार को जैसलमेर के तनोट मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। वह सुबह साढ़े 11 बजे जयपुर से रवाना होंगे और शाम साढ़े चार बजे जयपुर लौटेंगे।

 

 

और भी

विपक्षी एकजुटता की ओर नीतीश, लालू के साथ दिल्ली में सोनिया से करेंगे मुलाकात...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। लालू प्रसाद यादव दिल्ली पहुंच गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को पटना से रवाना होंगे। विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने के क्रम में दोनों की सोनिया से मुलाकात हो रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर विपक्षी दलों को एकजुट करने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के साथ रविवार शाम को वे दिल्ली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। इन नेताओं के बीच बीजेपी विरोधी गठबंधन को लेकर बातचीत होगी। नीतीश कुमार रविवार को हरियाणा के फतेहाबाद में दिवंगत चौधरी देवीलाल की जयंती पर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की रैली में भी शामिल होंगे।

जानकारी के मुताबिक लालू प्रसाद यादव शनिवार की शाम को ही दिल्ली पहुंच गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को पटना से रवाना होंगे। देशभर के विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने की चल रही कोशिश के क्रम में दोनों नेताओं की सोनिया गांधी से मुलाकात हो रही है। इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव हरियाणा के फतेहाबाद में इंडियन नेशनल लोकदल द्वारा आयोजित रैली में भाग लेंगे। 

इसको लेकर मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री भी पटना से रविवार को विमान से रवाना होंगे। इस रैली में विभिन्न राज्यों के दलों के आला नेता भाग लेंगे। इस रैली के बहाने भी विपक्षी दल अपनी एकता का प्रदर्शन करेंगे। मालूम हो कि नीतीश कुमार विपक्ष को एक मंच पर लाने की कवायद को लेकर ही दिल्ली में पांच से सात सितंबर तक थे। इस बीच वे राहुल गांधी समेत विभिन्न दलों के नेताओं से मिले थे।

और भी

PM मोदी का बड़ा ऐलान : अब भगत सिंह के नाम पर होगा चंडीगढ़ एयरपोर्ट

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को चंडीगढ़ हवाईअड्डे का नाम स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह के नाम पर करने की घोषणा की। आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात की 93वीं कड़ी में अपने विचार साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि एक कार्यबल मध्य प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में लाए गए अफ्रीकी चीतों की निगरानी कर रहा है और उसकी रिपोर्ट के आधार पर तय होगा कि आम जन इन चीतों का दीदार कब से कर पाएंगे। मोदी ने कहा, भगत सिंह की जयंती के ठीक पहले उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप एक महत्वपूर्ण निर्णय किया है। यह तय किया है कि चंडीगढ़ हवाईअड्डे का नाम अब शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा। 

चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के लोगों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसकी लंबे समय से प्रतीक्षा की जा रही थी.सरदार भगत सिंह की जयंती 28 सितंबर को मनाई जाती है। कुनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़े गए अफ्रीकी चीतों का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि देश के कोने-कोने से लोगों ने भारत में चीतों के लौटने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह भारत का प्रकृति प्रेम ही है कि 130 करोड़ भारतवासी खुश हैं और गर्व महसूस कर रहे हैं। मोदी ने बताया, एक कार्यबल बनाया गया है। यह कार्यबल चीतों की निगरानी करेगा। यह देखा जाएगा कि यहां के माहौल में ये चीते कितने घुल-मिल पाए हैं। इसी के आधार पर कुछ महीने बाद कोई निर्णय लिया जाएगा और तब आप चीतों को देख पाएंगे। 

देशवासियों से मांगे सुझाव

प्रधानमंत्री ने चीतों के लेकर सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान और चीतों के नाम को लेकर भी देशवासियों से सुझाव मांगे। मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विचारक और जनसंघ के सस्थापक सदस्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा, हम उन्हें जितना जानेंगे, उनसे जितना सीखेंगे, हम सबको देश को उतना ही आगे लेकर जाने की प्रेरणा मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय का एकात्म मानवदर्शन और अंत्योदय का एक विचार पूरी तरह से भारतीय था। 

पीएम मोदी ने कहा किदीनदयाल उपाध्याय कहते थे कि देश की प्रगति का पैमाना, अंतिम पायदान पर मौजूद व्यक्ति होता है। आज़ादी के अमृतकाल में हम दीनदयाल जी को जितना जानेंगे, उनसे जितना सीखेंगे, देश को उतना ही आगे लेकर जाने की हम सबको प्रेरणा मिलेगी। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे शास्त्रों में कहा गया है, आत्मवत् सर्वभूतेषु, अर्थात्ह म जीव मात्र को अपने समान मानें, अपने जैसा व्यवहार करें। आधुनिक, सामाजिक और राजनैतिक परिप्रेक्ष्य में भी भारतीय दर्शन कैसे दुनिया का मार्गदर्शन कर सकता है, ये, दीनदयाल जी ने हमें सिखाया। 

बलूनी ने कहा कि वह केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत करेंगे और श्री नारायण गुरु तीर्थ केंद्र भी जाएंगे। नड्डा रविवार को नागमपदम में कोट्टायम भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। वह सोमवार को थायकॉड में एक और जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इस समय केरल से होकर गुजर रही है। नड्डा शुक्रवार से तमिलनाडु के दो-दिवसीय दौरे पर हैं।

 

 

और भी

दो वर्ष के अंदर पूरे देश में 5 जी नेटवर्क सेवाएं उपलब्‍ध करा दी जाएंगी : अश्विनी वैष्‍णव

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा है कि सरकार की मंशा दो वर्ष के भीतर पूरे देश में 5जी सेवा उपलब्‍ध कराने की है। उन्‍होंने बताया कि बहुत जल्‍द देश में 5जी सेवा शुरू की जाएंगी और इसके लिए तीन लाख करोड़ रूपये का निवेश किया जाएगा। आयुष्‍मान भारत - प्रधानमंत्री जन आरोग्‍य योजना के चार वर्ष और आयुष्‍मान भारत डिजिटल मिशन के एक वर्ष के कार्यान्‍वयन के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय आयोग्‍य मंथन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने यह बात कही।

श्री वैष्‍णव ने कहा कि एक मजबूत डेटा संरक्षण ढांचा तैयार करने के लिए सरकार ने हाल ही में, भारतीय दूरसंचार विधेयक, 2022 पर हितधारकों की राय मांगी है और सरकार डिजिटल व्‍यक्तिगत डेटा संरक्षण विधेयक तथा डिजिटल इंडिया विधेयक पर भी काम कर रही है।

संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए स्‍वास्‍थ्‍य और डिजिटल संपर्क को साथ-साथ लेकर चलना होगा। उन्‍होंने कहा कि पिछले 8 वर्ष में संपर्क में उल्‍लेखनीय प्रगति हुई है।

और भी

दिल्ली जलबोर्ड में 20 करोड़ रुपए के पानी बिल घोटाले के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दिल्‍ली के उपराज्‍यपाल विनय कुमार सक्‍सेना ने दिल्‍ली जल बोर्ड, एक बैंक और निजी कंपनी के खिलाफ पानी बिल में 20 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के लिए प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। उपराज्‍यपाल ने दिल्‍ली के मुख्‍य सचिव नरेश कुमार को जल बोर्ड, निजी कंपनी और बैंक अधिकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और  जल्‍द से जल्‍द पैसों की वापसी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

यह मामला 2019 में इस आरोप के बाद सामने आया था कि उपभोक्‍ताओं से लिये गये पानी बिल के पैसे जल बोर्ड के बैंक खातों में जमा नहीं कराये गये।

और भी

भारतीय ओलम्पिक संघ के संविधान संशोधन के लिए पूर्व न्‍यायाधीश न्‍यायमूर्ति एल नागेश्‍वर राव नियुक्‍त

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उच्‍चतम न्‍यायालय ने भारतीय ओलम्पिक संघ के संविधान में संशोधन और निर्वाचक मंडल तैयार करने के लिए शीर्ष अदालत के पूर्व न्‍यायाधीश न्‍यायमूर्ति एल नागेश्‍वर राव को नियुक्‍त किया है।

न्‍यायमूर्ति डी वाई चंन्‍द्रचूड की अध्‍यक्षता वाली खंडपीठ ने कहा कि पूर्व न्‍यायाधीश देश में ओलम्पिक के भविष्‍य के लिए निष्‍पक्ष और विकासोन्‍मुखी दृष्टिकोण सुनिश्चित करेंगे। शीर्ष अदालत ने न्‍यायमूर्ति राव से कहा है कि वे ओलम्पिक संघ के संविधान में संशोधन और इस वर्ष 15 दिसम्‍बर तक संगठन के चुनाव कराने की रूपरेखा तैयार करें।

 

 

और भी

सबका साथ, सबका विकास' का दर्शन गांधीवादी विचारधारा से प्रेरित : उपराष्ट्रपति

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उपराष्ट्रपति  जगदीप धनखड़ ने कहा कि सरकार का “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” का विजन गांधीवादी विचारधारा से प्रेरित है। इस बात पर जोर देते हुए कि गांधीवादी आदर्श संविधान के मौलिक अधिकारों और निर्देशक सिद्धांतों में व्याप्त हैं, उन्होंने कहा कि बापू की शिक्षाएं मानवता के लिए हमेशा ही प्रासंगिक रहेंगी।

श्री जगदीप धनखड़ आज नई दिल्ली में हरिजन सेवक संघ के 90वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सद्भावना सम्मेलन में उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस कार्यक्रम से पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और आचार्य विनोबा भावे को पुष्पांजलि अर्पित की। गांधीजी के हरिजन सेवक संघ के गठन के पीछे की प्रेरणा का स्मरण करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि हमारा स्वतंत्रता संग्राम न केवल एक राजनीतिक आंदोलन था बल्कि एक सामाजिक-सांस्कृतिक पुनरुत्थान भी था।

उन्होंने कहा यह सामाजिक एकता और राजनीतिक स्वतंत्रता का आह्वान था। गांधीजी के योगदान का उल्लेख करते हुए, उपराष्ट्रपति ने कहा कि महात्मा गांधी ने भारतीय संस्कृति के सर्वोत्तम तत्वों - सत्य और अहिंसा - को धरातल पर लागू करने का प्रयास किया।

उपराष्ट्रपति ने कहा, महात्मा गांधी द्वारा प्रतिपादित सिद्धांतों से मानवता को अधिक लाभ होगा। आज दुनिया के सामने - गरीबी से लेकर जलवायु परिवर्तन और युद्ध तक कई खतरे हैं - गांधी जी के विचार इन सभी का समाधान प्रदान करते हैं।

यह देखते हुए कि गांधीजी के स्वराज के विचार का अर्थ कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति का उत्थान है, उपराष्ट्रपति ने कहा कि सरकार की खाद्य सुरक्षा, टीकाकरण, सार्वभौमिक बैंकिंग की सभी योजनाएं गांधीवादी भावना में हैं।

श्री धनखड़ ने कहा, यह जानकर प्रसन्नता हो रही है कि हाल के वर्षों में एक ऐसे इकोसिस्टम का उदय हुआ है जो गांधीवादी दर्शन के साथ आम सहमति से सभी की क्षमता और प्रतिभा का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित कर रहा है।

 

 

और भी

ग्वाटेमाला में व्यापार प्रदर्शनी में भारतीय हस्तशिल्प ने अपनी चमक बिखेरी

 ग्वाटेमाला (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) ग्वाटेमाला (लातीनी अमेरिका) स्थित भारतीय राजनयिक मिशन के संग मेड इन इंडिया – व्यापार प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है। यह प्रदर्शनी ग्वाटेमाला सिटी में 22 सितंबर से 24 सितंबर, 2022 तक आयोजित की गई है, और इसमें भारतीय हस्तशिल्प निर्माताओं तथा निर्यातकों ने भारतीय कलाकृतियां व हस्तशिल्प के साथ अन्य उत्पादों को प्रदर्शित किया है। भारत भर के दस राष्ट्रीय दिग्गज शिल्पकार और निर्यातक हस्तशिल्प उत्पादों की विशाल श्रृंखला पेश कर रहे हैं, जिसमें घर के सजावटी सामान, फर्निशिंग, दरी-कालीन, फर्नीचर, लैम्प, फैशन आभूषण व सम्बंधित सामग्रियां, धूप-अगरबत्ती, खुशबूदार तथा आरोग्य उत्पाद शामिल हैं।

ईपीसीएच के कार्यकारी निदेशक  राकेश कुमार ने बताया कि ग्वाटेमाला के उपराष्ट्रपति व कार्यकारी राष्ट्रपति महामहिम गुईलेरमो कास्टिलो तथा ग्वाटेमाला में भारत के राजदूत महामहिम डॉ. मनोज कुमार महापात्रा ने ग्वाटेमाला में मेड इन इंडिया व्यापार प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने इस क्षेत्र में मेड इन इंडिया व्यापार प्रदर्शनी के आयोजन के लिये ईपीसीएच को भरपूर सहयोग और समर्थन दिया। इसके जरिये हस्तशिल्प सेक्टर को मजबूती देने के प्रयासों को आगे बढ़ाने में हस्तशिल्प निर्यातक समुदाय का भरपूर उत्साह परिलक्षित होता है।

ईपीसीएच के अध्यक्ष राज कुमार मलहोत्रा ने बताया कि भारतीय कला और शिल्प सम्बंधी मेड इन इंडिया – व्यापार प्रदर्शनी में प्रदर्शनकर्ताओं तथा क्रेताओं को सहायक व्यापार विकल्प उपलब्ध होंगे। आशा की जाती है कि भारतीय राजनयिक मिशन के सहयोग से भारतीय कला और शिल्प सम्बंधी मेड इन इंडिया – व्यापार प्रदर्शनी के जरिये लातीनी अमेरिकी क्षेत्र में व्यापार तथा लोगों के बीच मेल-मिलाप बढ़ेगा।

ग्वाटेमाला में भारत के राजदूत महामहिम डॉ. मनोज कुमार महापात्रा ने कहा कि मेड इन इंडिया – व्यापार प्रदर्शनी भारत की विविधता को प्रस्तुत करने का ऐसा अवसर है, जिसकी दुनिया भर में प्रशंसा होती है। उन्होंने कहा कि इस तरह दुनिया के सामने भारत के अपार कौशल व उसकी प्रतिस्पर्धात्मक धार को प्रदर्शित करने और विश्व मानकों के अनुरूप गुणवत्ता का पालन करने का अवसर मिलता है।

उल्लेखनीय है कि ईपीसीएच एक नोडल एजेंसी है, जो दुनिया के विभिन्न स्थानों में भारत के हस्तशिल्प के निर्यात को प्रोत्साहन देती है तथा यह उच्च गुणवत्ता वाले हस्तशिल्पों व सेवाओं की विश्वसनीय आपूर्तिकरता है और दुनिया में भारत की छवि को प्रस्तुत करती है। वर्ष 2021-22 के दौरान हस्तशिल्प का निर्यात 33253.00 करोड़ रुपये (4459.76 मिलियन यूएसडी) था। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में रुपये के आधार पर 29.49 प्रतिशत और यूएस डॉलर के आधार पर 28.90 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, लातीनी अमेरिका को हस्तशिल्प का निर्यात वर्ष 2021-22 में 682 करोड़ रुपये (92 मिलियन यूएसडी) रहा।

और भी

भाजपा ने मनाई पं. दीनदयाल की जयंती, सुनी मोदी के मन की बात

 खरसिया (छत्तीसगढ़ दर्पण)। एकात्म मानववाद के प्रणेता, भारतीय जनता पार्टी के अग्रदूत श्रधेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती खरसिया में धूमधाम से आयोजित हुई। खरसिया विधानसभा के नगर मंडल व महका मंडल के कार्यकर्ताओं ने पुरानी हटरी एव नया बस स्टैंड स्थित पंडित की आदमकद प्रतिमा पर माल्यर्पण कर पुण्य स्मरण किया गया। तत्पश्चात भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरधर गुप्ता ने पंडित की जीवनी व उनके सिद्धान्तों से सभी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया। ततपश्चात सभी कार्यकर्ताओं ने देश के यशश्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात का श्रवण किया।

आज के कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरधर गुप्ता, महका मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र राठौर पालू, पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष राजेश घंशु, मंडल उपाध्यक्ष बंटी सोनी, महामंत्री विजय शर्मा, पार्षद दीनदयाल अग्रवाल, जिला कार्यसमिति सदस्य मनोज राठौर, प्रदेश युवा मोर्चा कार्यसमिति सदस्य नवल किशोर कनेर, महका मंडल महामंत्री शशिकांत राठौर, जिलामंत्री उमाशंकर शर्मा, जिला कार्यसमिति जयप्रकाश डनसेना, साहिल शर्मा चीनू, डॉ. हितेश गबेल, उमाशंकर पटेल, रविंद्र गबेल, सुमीत रावलानी, हनुमान अग्रवाल, रमेश राठौर, राजेन्द्र चौहान, लकेश राठौर, राहुल अग्रवाल, अभिषेक मित्तल, तेलीकोट सरपंच उमाशंकर सिदार, ओमप्रकाश राठौर, संतोष सिदार, गजानंद राठौर विरेन्द्र गबेल, अमीत अग्रवाल, राधे राठौर इत्यादि अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

और भी

प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि : वेंकैया नायडु

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडु ने केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और केन्‍द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ प्रधानमंत्री के चुनिंदा भाषणों के संग्रह 'सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास' पुस्तक का विमोचन किया। प्रकाशन विभाग निदेशालय ने इस समारोह का आयोजन किया।

पुस्तक विभिन्न विषयों पर मई 2019 से मई 2020 तक प्रधानमंत्री के 86 भाषणों का संकलन है। इस अवसर पर पूर्व उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह पुस्तक राष्ट्र के समक्ष मौजूद चुनौतियों को समझने और उनसे निपटने के लिए किए जा रहे ठोस प्रयासों की समझ को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार पूर्णत: तत्‍व ज्ञान के तहत काम कर रही है 'सर्वे जन सुखिनो भवन्तु'। उन्होंने कहा कि अच्‍छी योजनाएं पहले भी शुरू की गई हैं, लेकिन केवल वर्तमान प्रधानमंत्री, नेतृत्व करते हुए यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी कार्यक्रम निर्धारित समय सीमा और लक्ष्यों का पालन करें।

वे स्‍वयं कमान संभालते हैं और निरंतर निगरानी एवं संभावित वितरण सुनिश्चित करते हैं, श्री नायडु ने कहा कि अपने असाधारण संवाद कौशल के कारण प्रधानमंत्री मोदी देश के सभी लोगों से समान रूप से जुड़ सकते हैं ।श्री नायडु ने उस समय को याद किया जब करोड़ों बैंक खाते खोलने के सपने का पूरा होना कठिन लगता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में इस लक्ष्य को बहुत जल्द ही प्राप्त कर लिया गया। उन्होंने प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) को सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।

श्री नायडु ने कहा कि इसने लोगों को बिचौलियों की बेड़ियों से मुक्त कराया और कल्याणकारी उपायों की अंतिम छोर तक पहुंच सुनिश्चित की। उन्होंने आगे कहा कि जब पहले की योजनाओं को या तो सरकार या राजनीतिक के रूप में पहचाना जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इस बात को समझ गए थे कि एक लक्ष्य की प्राप्ति लोगों की भागीदारी पर निर्भर करती है। इसी तरह प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत अभियान की परिकल्पना एक जन आंदोलन के रूप में की थी।

श्री नायडु ने अपने भाषण के अंत में कहा, लोग लंबे समय से यह कहते रहे हैं कि भारत शक्ति और कद के हिसाब से नहीं बोलता है। प्रधानमंत्री मोदी के आने के साथ भारत अब एक ताकत बन गया है और भारत की आवाज सभी सुनते हैं।

केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि यह पूरी पुस्तक एक साझे धागे से संचालित है और वह है- हाशिए के वर्ग और महिला सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री की चिंता। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि शौचालयों की उपलब्धता और जल की कनेक्टिविटी के दोहरे मुद्दों के लिए बहुत लंबे समय से तत्काल सरकारी प्रयासों की आवश्यकता थी, लेकिन कई सरकारें आने और उनके जाने के बावजूद यह पीछे छूटा हुआ ही था। यह केवल मौजूदा सरकार है, जिसने शुरू से ही इस मिशन को युद्ध स्तर पर शुरू किया।

और भी

स्कूलों में केमिस्ट्री को समर्थन देने के लिए एक साथ काम करेंगी आरएससी तथा सीएसआईआर

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री और उद्योग तथा वैज्ञानिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) स्कूलों तथा विश्वविद्यालयों में केमिकल साइंस को बढ़ावा देने के लिए  आउटरीच कार्यक्रम में एक-दूसरे का सहयोग करेंगी। सीएसआईआर की 30 से अधिक प्रयोगशालाओं में आयोजित आरएससी के ग्लोबल क्वाइन एक्सपेरिमेंट में पूरे देश के लगभग 2000 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

दोनों संगठनों ने समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौता ज्ञापन में दोनों संगठनों ने स्कूली बच्चों और शोधकर्ताओं के बीच पहुंचने के कार्यक्रम-जिज्ञासा कार्यक्रम- में एक दूसरे को सहयोग देने की वचनबद्धता व्यक्त की है। यह समझौता ज्ञापन गैर-वित्तीय होगा और नवीनीकरण के विकल्प के साथ तीन वर्ष की अवधि का होगा।

सीएसआईआर विज्ञान और टेक्नोलॉजी के विभिन्न क्षेत्रों- ओसनेग्राफी तथा माइनिंग से लेकर केमिकल्स और नैनो टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अनुसंधान और विकास के प्रति समर्पित है। संगठन के पास प्रयोगशालाओं का नेटवर्क तथा आउटरीच केंद्र हैं। जिज्ञासा कार्यक्रम वर्तमान शैक्षिक कार्यक्रमों का पूरक होगा। उदाहरण के लिए आरएससी-जिज्ञासा साझेदारी आरएससी के वर्तमान शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा केमेस्ट्री  कैम्पों को बढ़ाने में सहायता देगी।

जिज्ञासा कार्यक्रम के लिए लॉन्च कार्यक्रम के हिस्से के रूप में दोनों संगठन सीएसआईआर की सभी प्रयोगशालाओं सहित ग्लोबल एक्सपेरिमेंट आयोजित कर रहे हैं। कम से कम 2000 स्कूली बच्चों, 150 शिक्षकों और 350 स्वयंसेवकों ने सीएसआईआर की 30 से अधिक प्रोगशालाओं में आयोजित आरएससी ग्लोबल क्वाइन एक्सपेरिमेंट में भाग लिया। इसमें प्रतिभागियों से विभिन्न प्रकार के क्वाइन से बनी बैटरियों की तुलना करने के लिए कहा जाता है। प्रतिभागी तभी अपने डेटा की तुलना विश्व के प्रतिभागियों से करने में सक्षम होंगे।

22 सितंबर को आयोजित एक समारोह में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। समझौता ज्ञापन पर सीएसआईआर की ओर से डॉ. गीता वाणी रायासम तथा आरएससी की ओर से चीफ ऑपरेटिंग ऑपरेटर पॉल लुईस ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सीएसआईआर की महानिदेशक डॉ. एन. कलाईसेल्वी तथा नेशनल फिजिकल लेबोरेटरी (सीएसआईआर-एनपीएल) के निदेशक डॉ. वेणुगोपाल अचंता उपस्थित थे।

और भी

डाॅ एम श्रीनिवास बने दिल्ली एम्स के निदेशक

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हैदराबाद में कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल और कालेज के डीन डाॅ एम श्रीनिवास को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का नया निदेशक बनाया गया है। वह डाॅ रणदीप गुलेरिया का स्थान लेंगे।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की शुक्रवार को यहां जारी एक आदेश पत्र के अनुसार केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने डाॅ श्रीनिवास का नाम दिल्ली एम्स के निदेशक के लिए मंजूर किया है। डाॅ श्रीनिवास की नियुक्ति पदभार ग्रहण करने से पांच वर्ष या 65 वर्ष की आयु पूरी होने या अगले आदेश तक प्रभावी होगी।

 

 

और भी

डॉ राजीव बहल को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के महानिदेशक बने

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। डॉ राजीव बहल को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद का नया महानिदेशक और स्वास्थ्य अनुसंधान का सचिव नियुक्त किया गया है, जो डॉ बलराम भार्गव की जगह लेंगे।

 
और भी