हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

केजरीवाल का दावा- 'कल दिल्ली पुलिस मेरे बूढ़े और बीमार माता-पिता से पूछताछ करने आएगी'

नई दिल्ली: शराब नीति मामले में जमानत पर बाहर आए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस अब उनके माता-पिता से पूछताछ करेगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखते हुए उन्होंने दावा किया, 'कल दिल्ली पुलिस मेरे बूढ़े और बीमार माता-पिता से पूछताछ करने आएगी।' बताया जा रहा है कि स्वाति मालीवाल से कथित मारपीट के मामले में ये पूछताछ होनी है। कारण, जिस समय ये घटना घटी, पुलिस घर में मौजूद सभी लोगों के बयान दर्ज करना चाहती है।

 

 

और भी

अधिकाधिक यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने हेतु हावड़ा-पुणे-हावड़ा एवं हावड़ा-सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस में एक-एक अतिरिक्त एसी-3 कोच

अधिकाधिक यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने हेतु हावड़ा-पुणे-हावड़ा एवं हावड़ा-सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस में एक-एक अतिरिक्त एसी-3 कोच की सुविधा । 


रायपुर – 22 मई 2024 

        रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की बेहतर यात्रा सुविधा व अधिकाधिक यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने हेतु दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली गाड़ी संख्या 12262/12261 हावड़ा-सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस एवं 12222/12221 हावड़ा-पुणे-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस में एक-एक अतिरिक्त एसी-3 कोच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है | इस सुविधा की उपलब्धता से इस गाड़ी में यात्रा करने वाले अधिकाधिक यात्री लाभान्वित होंगे | 
 विवरण इस प्रकार है - 
⏩ यह सुविधा गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-सीएसएमटी में हावड़ा से दिनाँक 22 व 24 मई 2024 को एवं गाड़ी संख्या 12261 सीएसएमटी-हावड़ा में सीएसएमटी से दिनाँक 23 व 25 मई 2024 को उपलब्ध रहेगी | 
⏩ यह सुविधा गाड़ी संख्या 12222 हावड़ा-पुणे में हावड़ा से दिनाँक 23 व 25 मई 2024 को एवं गाड़ी संख्या 12221 पुणे-हावड़ा में पुणे से दिनाँक 25 व 27 मई 2024 को उपलब्ध रहेगी |
और भी

इंडिया गंठबंधन की सरकार बनने पर भाजपा के कई नेता और ईडी के अफसर जाएंगे जेल : आतिशी

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने कहा है कि 4 जून के बाद इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर इलेक्टोरल बाॅन्‍ड घोटाला मामले की की जांच होगी इसमें दोषी भारतीय जनता पार्टी के कई नेता और ईडी के अफसर जेल जाएंगे। आतिशी ने यह भी कहा, मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया। हम इस फैसले का सम्मान करते हैं। लेकिन हम सम्मानपूर्वक इससे असहमत हैं। हम लोग इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।

उन्‍होंने कहा कि यह तथाकथित शराब घोटाला एक राजनीतिक षड्यंत्र है, जिसे भारतीय जनता पार्टी ने रचा है। आतिशी ने कहा है कि जब भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में या पंजाब में आम आदमी पार्टी को हराने में सफल नहीं हुई तो यह षड्यंत्र रचा गया। उन्होंने कहा कि ईडी और सीबीआई के जरिए इस षड्यंत्र को रचा गया। बीते 2 सालों से इसकी जांच हो रही है। इसमें 500 से ज्यादा अधिकारी लगे हुए हैं। एक हजार से ज्यादा छापेमारी की गई है, लेकिन अभी तक एक पैसे की रिकवरी किसी के पास से नहीं हुई है।

आतिशी ने कहा कि इस मामले में गवाहों को मारपीट कर दबाव में लेकर आम आदमी पार्टी के खिलाफ बयान दिलवाए गए हैं। एक गवाह को तो इतने बुरी तरीके से पीटा गया कि उसकी कनपटी फट गई। इस केस में एक महत्वपूर्ण गवाह मंगुटा श्रीनिवास रेड्डी के बेटे को जेल में डाल दिया गया। उसने जब आम आदमी पार्टी के नेताओ के खिलाफ अपना बयान दे दिया, तब उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। इस केस के दूसरे गवाह शरद रेड्डी जो पांच बार अपना बयान देते हैं कि वह आम आदमी पार्टी के नेताओं को नहीं जानते, उनको पकड़कर जेल में डाल दिया जाता है और कई महीने बाद वह आम आदमी पार्टी के खिलाफ बयान दे देते हैं। इससे साफ हो जाता है कि यह मामला पूरी तरह से राजनीतिक षड्यंत्र है।

उन्‍होंने कहा कि पीएमएलए कोर्ट और ईडी का दुरुपयोग किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी को 4 जून तक जितना षड्यंत्र रचना है, वह रच ले, क्योंकि जनता ने अब मन बना लिया है और 4 जून के बाद देश के सबसे बड़े हजारों करोड़ के इलेक्ट्रोरल बॉन्‍ड घोटाले की जांच होगी, तब भाजपा के कई नेता, ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के अफसर भी जेल जाएंगे।

 

 

और भी

जवान ने तपती रेत पर सेंका पापड़, बीकानेर में 47 डिग्री पहुंचा पारा...

बीकानेर: देश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। कई जगहों पर तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच चुका है। आलम ये है कि गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल है। ऐसे में राजस्थान से एक ऐसी फोटो सामने आई है, जिसे देखकर आप चौंक जाएंगे।

बीकानेर में किस तरह की गर्मी पड़ रही है, इसका अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि बीएसएफ के जवानों ने रेत पर पापड़ सेंके हैं। फोटो में देखा जा सकता है कि हमारे जवान किस तरह विपरीत परिस्थितियों में हमारे देश की सीमाओं की सुरक्षा में लगे हैं। एक ओर लोग गर्मी से निजात पाने के लिए एसी और कूलर का सहारा ले रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर देश की सीमाओं में तैनात हमारे जवान इस आग उगलने वाली गर्मी में दिन-रात चौकस है, ताकि हम सुरक्षित रह सके।

वायरल फोटो बीकानेर के खाजूवाला से लगती पाक सीमा की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि राज्य का सबसे गर्म शहर बीकानेर है। भीषण गर्मी में भी देश की रक्षा के लिए जवान रेतीले रेगिस्तान में डटे हैं। इसी दौरान जवानों ने रेत पर पापड़ सेंके।

और भी

वाराणसी में 25 मई को कांग्रेस के लिए रोड शो करेंगी प्रियंका गांधी

वाराणसी: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 25 मई को वाराणसी में पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के समर्थन में एक रोड शो करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाई प्रोफाइल सीट वाराणसी से लगातार तीसरी बार सांसदी की दावेदारी कर रहे हैं। अजय राय ने बुधवार को कहा, हां, प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार करेंगी और 25 मई को वाराणसी में रोड शो करेंगी।

राय यहां पिछले कुछ दिनों से जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में हैं। अपने भाई राहुल तथा पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेताओं की तरह वह भी विभिन्न राज्यों में चुनाव प्रचार कर रही हैं। उन्होंने राय बरेली में भी पिछले दिनों प्रचार किया था जहां से राहुल गांधी उम्मीदवार हैं। अमेठी में उन्होंने के.एल. शर्मा के लिए प्रचार किया। वाराणसी में सातवें और अंतिम चरण में 1 जून को मतदान होना है।

 

और भी

मालवांचल यूनिवर्सिटी ने 'द वीक' व 'हंसा रिसर्च' के सर्वे-2024 में टॉप 20 में 14वां स्थान प्राप्त किया

इंदौर: मप्र के सबसे बड़े चिकित्सा शिक्षा समूह के मालवांचल यूनिवर्सिटी के इंडेक्स समूह संस्थान को महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। देश की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘द वीक’ और ‘हंसा रिसर्च’ के सर्वे 2024 में देशभर की रैंकिंग में मेडिकल यूनिवर्सिटी कैटेगरी में मालवांचल यूनिवर्सिटी इंडेक्स समूह संस्थान ने टॉप 20 में 14वां स्थान प्राप्त किया है। देश के 362 प्रतिष्ठित शासकीय और निजी शिक्षण संस्थानों को शामिल किया गया था। इस सर्वे में मप्र की एकमात्र मेडिकल यूनिवर्सिटी, मेडिकल एजुकेशन और रिसर्च में मालवांचल यूनिवर्सिटी ने 14वां स्थान हासिल किया है।

द वीक हंसा सर्वे देश के 17 शहरों में किया गया है, जिसमें दिल्ली, एनसीआर, चंडीगढ़, लखनऊ, जयपुर, इंदौर, हैदराबाद, बैंगलूरू, चेन्नई, कोच्चि, कोलकाता, पुणे, मुंबई और अन्य शहर शामिल हैं। सर्वे में मेडिकल यूनिवर्सिटी कैटेगरी में प्रथम स्थान दिल्ली एम्स ने हासिल किया। सर्वे में देशभर के कॉलेजों और यूनिवर्सिटियों को विभिन्न मापदंडों पर परखा गया है, जिनमें ओवरऑल इन्फ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं, यूनिवर्सिटी इन्वायरमेंट और रिसर्च और इनोवेशन को शामिल किया गया है।

इंडेक्स समूह के चेयरमैन सुरेशसिंह भदौरिया, वाइस चेयरमैन मयंकराजसिंह भदौरिया, मालवांचल यूनिवर्सिटी कुलपति डॉ. संजीव नारंग, और रजिस्ट्रार डॉ. लोकेश्वर सिंह जोधाणा ने शिक्षक, छात्र और टीम की सराहना की।

मालवांचल यूनिवर्सिटी कुलपति डॉ. संजीव नारंग ने बताया कि मालवांचल यूनिवर्सिटी के लिए यह गर्व की बात है कि संस्थान राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर कार्य कर रहा है और यहां उपलब्ध सेवाओं की उत्कृष्टता में लगातार वृद्धि हो रही है। हमने मेडिकल क्षेत्र की जरूरतों के हिसाब से सिलेबस को निरंतर अपडेट किया है। आज मालवांचल यूनिवर्सिटी के छात्र देश के एम्स से लेकर विभिन्न अस्पतालों में कार्य कर रहे हैं।

और भी

संबित पात्र के बयान के बाद विपक्ष हमलावर, भाजपा ने भी किया पलटवार...

पुरी: ओडिशा के पुरी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी व प्रवक्ता संबित पात्रा के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में बवाल मचा हुआ है। दरअसल संबित पात्रा ने 'भगवान जगन्नाथ को मोदी का भक्त' बता दिया है। हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने माफी मांग ली और कहा कि, मैं कहना चाहता था कि, पीएम मोदी भगवान जगन्नाथ के परम भक्त हैं।


उनके भाषण के कुछ देर बाद ओड़िशा के सीएम नवीन पटनायक ने बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ पूरे ओड़िशा की अस्मिता से जुड़े हैं, पूरी दुनिया में उनके भक्त हैं, ऐसे में संबित का बयान बेहद आपत्तिजनक है। इसके बाद बीजू जनता दल ने ओड़िशा में इस बयान को ऐसा मुद्दा बनाया कि कुछ घंटे के भीतर ही संबित ने अपने बयान से माफी मांग ली। यह भी कहा कि वे अपने बयान से बेहद दुखी हैं और मंगलवार से तीन दिन का प्रायश्चित व्रत करने जा रहे हैं। उन्होंने व्रत शुरू भी कर दिया है।

संबित पात्रा ने गलत नहीं कहा है : पुरंदर मिश्रा
संबित पात्रा के बयान पर छत्तीसगढ़ के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि, संबित पात्रा ने कुछ भी गलत नहीं कहा है। भक्त और भगवान के बीच अलौकिक संबध होता है। कभी भक्त भगवान का, कभी भगवान भक्तों का नाम लेते हैं। ओडिशा की संस्कृति में भगवान भक्तों से मिलने बाहर निकलते हैं। संबित पात्रा की जबान फिसली पर भावना गलत नहीं थी।

 

 

और भी

पीके का दावा : तीसरी बार भी देश में मोदी सरकार, बंगाल में होगा कमाल...

नई दिल्ली:  राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने लोकसभा चुनाव के परिणामों को लेकर बड़ा दावा किया हैं। उनके इस दावे जहां भाजपा को राहत पहुंचाने वाले हैं तो वही इंडिया ब्लॉक के लिया चिंता पैदा करने वाला भी। प्रशांत किशोर ने कहा कि पूर्व और दक्षिण में बीजेपी का वोट शेयर और सीटें दोनों ही बढ़ती दिख रही हैं। इन क्षेत्रों में सीटें बढ़ने के साथ ही बीजेपी का वोट शेयर भी बढ़ सकता है। दक्षिण-पूर्व में बीजेपी को 15-20 सीटों का फायदा हो सकता है। पश्चिम-उत्तर में भी बीजेपी को कोई खास नुकसान होता नहीं दिख रहा है।

बकौल प्रशांत किशोर देश की जनता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर किसी तरह का गुस्सा नहीं हैं। वे मानते हैं कि 2019 के मुकाबले बेहतर आंकड़ों के साथ भाजपा वापसी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ओडिशा, बंगाल जैसे पूर्वी राज्यों में बीजेपी की सीटें घटेंगी नहीं, बल्कि बढ़कर ही आने वाली है। उन्होंने दावा किया कि एक बार फिर बीजेपी की वापसी हो रही है। बीजेपी लोकसभा चुनाव में पहले से ज्यादा सीटे ला सकती है।

कौन हैं प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर देश के जानें-मानें चुनावी रणनीतिकार हैं। उन्होंने 2014 में भाजपा को जीत दिलाने और तब के गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुँचाने में अहम् भूमिका निभाई थी। मूलतः बिहार के रहने वाले प्रशांत किशोर ने भाजपा के अलावा कई अन्य पार्टियों के साथ मिलकर काम किया। इनमें ममता बनर्जी की टीएमसी और बिहार में जदयू प्रमुख हैं। प्रशांत किशोर के कौशल को देखते हुए सीएम नीतीश कुमार ने उन्हें कैबिनेट मंत्री तक का दर्जा दे दिया था। हालाँकि दोनों के बीच हुए अनबन के बाद प्रशांत किशोर नीतीश से अलग हो गए। फिलहाल प्रशांत किशोर बिहार के ग्रामीण इलाकों में लोगों के बीच जनसुराज अभियान के नाम से चुनावी जनजागरूकता का कार्यक्रम चलाते हैं। वे राजद और उनके नेता तेजस्वी के विरोधी भी मानें जाते हैं।

और भी

मनीष सिसोदिया को कोर्ट से झटका, न्यायिक हिरासत 31 मई तक बढ़ी

नई दिल्ली:  दिल्ली शराब घोटाले से जुड़ा मनी लांड्रिंग मामले में राउज ऐवन्यू कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 31 मई तक बढ़ाई। मनीष सिसोदिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जेल से कोर्ट में पेश हुए। 

 
और भी

दिल्ली में गरजे शिवराज, बताया 'आप' का मतलब, कहा- 'अहंकारी आदमी पार्टी'

नई दिल्ली:  मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को दिल्ली में आप-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला किया और इसे 'ठगबंधन' कहा. चौहान ने 'आप'  पर 'अहंकारी' होने का भी आरोप लगाया और इसे 'अहंकारी आदमी पार्टी' करार दिया। पूर्व सीएम ने बीजेपी उम्मीदवारों मनोज तिवारी, योगेन्द्र चंदोलिया और कमलजीत सहरावत के समर्थन में उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्रों में विभिन्न सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की।

पूर्वोत्तर दिल्ली के बुराड़ी में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जिस पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करके 'आप' अस्तित्व में आई, अब उसी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लिया। उन्होंने कांग्रेस पर राम मंदिर निर्माण से 'नाखुश' होने का आरोप लगाया और कहा कि उसने भगवान राम के प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने से इनकार कर दिया।

 

 

और भी

वाराणसी में आज नारी शक्ति संवाद करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

25 हज़ार महिलाएं होंगी शामिल

वाराणसी:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र काशी में महिला मतदाताओं से 21 मई को रूबरू होने वाले हैं। वाराणसी की महिला वोटरों के लिए नारी शक्ति संवाद में प्रधानमंत्री महिलाओं के लिए केंद्र की योजनाओं और महिला सशक्तिकरण मुद्दे पर उनको संबोधित करेंगे। 25 हज़ार महिलाएं इस कार्यक्रम में शामिल होंगी, जिसमें अलग-अलग वर्ग की महिलाएं होंगी।

काशी से तीसरी बार नामांकन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोबारा अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचने वाले हैं। पीएम 21 मई को नारी शक्ति संवाद को संबोधित करेंगे। वाराणसी के सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी भाजपा महिला मोर्चा ने संभाली है। अपनी तरह के अलग इस कार्यक्रम के ज़रिए शिव की काशी से नारी 'शक्ति' का संदेश पूरे भारत में जाएगा। इसमें सभी जिम्मेदारी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने निभाई है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25,000 से अधिक महिलाओं से संवाद करेंगे।

 

 

और भी

पीएम मोदी ने कवर्धा हादसे पर जताया दुःख

रायपुर/नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कवर्धा हादसे पर दुःख जताया है। उन्होंने X पर लिखा, छत्तीसगढ़ के कवर्धा में हुआ सड़क हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।


बता दें कि कवर्धा जिले में आज सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार पिकअप पलटने से 18 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 14 महिलाएं शामिल है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे को लेकर सीएम साय सहित प्रदेश के कई नेताओं ने दुख जताया है। तो वहीं केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर शोक व्यक्त किया।

 

 

और भी

एटीएस ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से 4 आईएसआईएस आतंकियों को पकड़ा

अहमदाबाद: गुजरात एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अहमदाबाद एयरपोर्ट से श्रीलंकाई मूल के चार ISIS आतंकियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आतंकी स्लीपर सेल हैं या नहीं इसकी जांच शुरू कर दी गई है। गुजरात एटीएस को केंद्रीय एजेंसी से इनपुट मिले थे। इसके बाद एटीएस द्वारा हवाई अड्डे पर गहन तलाशी ली गई और चार लोगों को पकड़ा गया जो मूल रूप से श्रीलंकाई नागरिक हैं।


जानकारी के अनुसार, गुजरात एटीएस को केंद्रीय एजेंसी से इनपुट मिले थे। इसके बाद, एटीएस द्वारा हवाई अड्डे पर गहन तलाशी ली गई और चार लोगों को पकड़ा गया, जो मूल रूप से श्रीलंकाई नागरिक हैं। यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि गिरफ्तार किए गए चारों लोगों का गुजरात या किसी अन्य राज्य में कोई कनेक्शन है या नहीं।

केंद्रीय एजेंसी पिछले कुछ समय से अहमदाबाद हवाई अड्डे पर सोने सहित अन्य वस्तुओं की तस्करी पर कड़ी नजर रख रही है। इस बीच एक केंद्रीय एजेंसी की ओर से गुजरात एटीएस के साथ कुछ इनपुट साझा किए गए। इसके बाद एटीएस टीम की ओर से एयरपोर्ट पर निगरानी बैठा दी गई। जिस दौरान एक संदिग्ध नजर आया और उससे गहनता से पूछताछ की गई तो चार लोगों के नाम सामने आए। गिरफ्तार किए गए चारों लोग आईएसआईएस से जुड़े हैं और लंबे समय से इस आतंकी संगठन में सक्रिय थे।

आईपीएल के दो मैच 21 और 22 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने हैं। आज अहमदाबाद एयरपोर्ट से चार आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। एयरपोर्ट फिलहाल हाई अलर्ट पर है।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले लोकसभा चुनाव 2024 की गुजरात सीटों के लिए मतदान से पहले 16 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मेल में मिली थी। उस वक्त पुलिस ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी और सघन चेकिंग की थी।

 

 

और भी

ईरान के राष्ट्रपति रईसी के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक

 नई दिल्ली: ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के निधन पर पीएम मोदी ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि डॉ. सैयद इब्राहिम रईसी के निधन से गहरा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि रईसी का भारत-ईरान के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में दिया गया योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार और ईरान के लोगों के लिए मेरी संवेदनाएं। इस दुख की घड़ी में भारत, ईरान के साथ खड़ा है।
 
इस घटना पर भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी एक्स पर पोस्ट किया। उन्होने कहा कि ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी और विदेश मंत्री एच. आमिर-अब्दोल्लाहियान की हेलीकॉप्टर क्रैश में निधन की खबर से चौंक गया हूं। मुझे उनके साथ अपनी कई मुलाकातें याद हैं, इनमें सबसे ताजा जनवरी 2024 की थी। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। हम इस त्रासदी के समय में ईरान के लोगों के साथ खड़े हैं।

और भी

सीएम राइज विनोबा स्कूल लाइट हाउस घोषित हुआ

 रतलाम:  रतलाम नगर के सीएम राइज विनोबा स्कूल को स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लाइट हाउस के रूप में चिन्हित करके अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बताया है। विगत दिवस भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में आयुक्त लोक शिक्षण सुश्री शिल्पा गुप्ता ने विद्यालय के उपप्राचार्य श्री गजेंद्र सिंह राठौर और प्रधान अध्यापिका सीमा चौहान को लाइट हाउस का स्मृति चिन्ह भेंट किया। म.प्र. के 274 सीएम राइज स्कूल्स में से कुछ पैरामीटर्स के आधार पर 68 विद्यालय लाइट हाउस के रूप में चयन किये गए है। विद्यालय की प्राचार्य संध्या वोरा के अनुसार लाइट हाउस विद्यालय के माध्यम से गुणवत्ता और निरंतरता की श्रेष्ठ शिक्षण परम्परा को अन्य विद्यालयों तक भी ले जाया जाएगा।

स्मरणीय है कि सीएम राइज विनोबा रतलाम का एकमात्र शासकीय विद्यालय है जहां अंग्रेजी और हिंदी दोनों माध्यमों में कक्षा 1 से 12 तक की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।विद्यालय के परीक्षा परिणाम, अन्य गतिविधियों में सफल भागीदारी सहित शिक्षकों के प्रोफेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम अनुकरणीय है।

 

 

और भी

हर घर जल योजना के तहत 129388 परिवारों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल

कलेक्टर ने बाणसागर समूह जल प्रदाय परियोजना का किया स्थल निरीक्षण

रीवा:  विन्ध्य की जीवनदायिनी बाणसागर बहुउद्देश्यीय परियोजना से अब सिंचाई की सुविधा के बाद घरों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। मध्यप्रदेश जल निगम द्वारा रीवा और मऊगंज जिले के 1613 ग्रामों के 129388 परिवारों को स्वच्छ पेयजल घर में पहुंचाने की योजना प्रगतिरत है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने गत दिवस झिन्ना गांव में बाणसागर समूह जल प्रदाय योजना के निर्माणाधीन इंटेकवेल तथा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन किया। कलेक्टर ने जल निगम के अधिकारियों को समय सीमा में परियोजना क्रियान्वयन के निर्देश दिए।              

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत झिन्ना के ग्राम डबरई में रीवा जिले के लिए जल प्रदाय हेतु बनाए जा रहे 198 एमएलडी के इंटेक वेल निर्माण का निरीक्षण किया। इसी क्रम में कलेक्टर ने झिन्ना में 156 एमएलडी जल शोधन संयंत्र के निर्माण का भी जायजा लिया। जल निगम द्वारा सेंधवा घाटी में 4650 किलोलीटर क्षमता का पीएमईआर का निर्माण किया जा रहा है। रीवा जिले के 679 तथा मऊगंज जिले के 934 ग्रामों को 26 जोन में विभक्त कर 315 उच्च स्तरीय टंकियों द्वारा 4067.03 किमी की वितरण नलिकाओं से 129388 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन दिए जाएंगे। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने जल निगम के अधिकारियों से परियोजना की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली तथा गुणवत्ता के साथ इस अति महत्वाकांक्षी जन हितैषी परियोजना को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जल निगम के जनरल मैनेजर चित्रांशु ने कलेक्टर को इंटेक वेल, टंकी निर्माण तथा वितरण नलिकाओं की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया। इस अवसर पर जल निगम के नीतेश सिंह सहित विभागीय अधिकारी तथा निर्माण से संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

और भी

मदरसे में फटा बम, मौलाना और छात्र घायल...

छपरा: बिहार में छपरा के गड़खा थाना क्षेत्र के मोतिराजपुर गांव स्थित एक मदरसा में अचानक ब्लास्ट हो गया। इसमें मदरसा के मौलाना और उनका छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके की गूंज आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया है। दोनों की मदरसा में ही रहते थे। इनकी पहचान मढ़ौरा थाना क्षेत्र के ओल्हनपुर गांव निवासी मौलाना इमामुद्दीन और 15 वर्षीय नूर आलम के रूप में हुई। नूर मुजफ्फरपुर जिले का निवासी है।


बम को गेंद समझकर हाथ में उठा लिया
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मदरसा में रह कर पढ़ाई कर रहे नूर आलम ने मदरसा के पीछे गेंद जैसे दिख रहे बम को हाथ में उठा लिया और अंदर आ गया। उसके बाद हाथ में बम देख मौलाना उसे अपने हाथ में लेकर फेंकना चाह रहे थे कि नीचे नूर आलम के पैर पर गिर पड़ा। इस घटना में नूर आलम के पैर एवं मौलाना के हाथ फट गया है। हालांकि कुछ लोग इस घटना को बम बांधे जाने की बात भी दबे जुबान बता रहे हैं।

मामले की जांच में जुट गई सारण पुलिस
बुधवार रात घटना के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय पुलिस इस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस बम ब्लास्ट की पुष्टि सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव मंगला के द्वारा की गई है। पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव मंगला ने बताया कि कि प्रथम दृष्टया बम ब्लास्ट पटाखा फैक्ट्री का प्रतीत हो रहा है। इसमें दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

 

और भी

कोई माई का लाल CAA खत्म नहीं कर सकता : मोदी

आजमगढ़:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया गठबंधन पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस दो दल हैं, लेकिन दुकान एक ही है। पीएम मोदी गुरुवार को आजमगढ़ स्थित लालगंज क्षेत्र के निजामाबाद में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन तुष्टिकरण के दलदल में पूरी तरह धंस चुकी है। समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेता राम मंदिर को लेकर आए दिन घटिया बातें कर रहे हैं। कांग्रेस के शहजादे ने तो राम मंदिर को गालियां देने का मिशन ही चला रखा है।

पीएम मोदी ने कहा कि सपा-कांग्रेस दल दो हैं, लेकिन दुकान एक ही है। यह झूठ का सामान बेचते हैं, यह तुष्टिकरण का, परिवारवाद का और भ्रष्टाचार का सामान बेचते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि 10 साल पहले का भारत पहचान और विश्वास के संकट से जूझ रहा था। हर व्यक्ति को सुरक्षा का खतरा महसूस हो रहा था। विकास कांग्रेस के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका था। देश दुनिया में कहीं भी कोई घटना हो तो आजमगढ़ का नाम उससे जुड़ता रहता था, लेकिन बीते 10 साल में आजमगढ़ का नाम दुनिया में आगे बढ़ा है। यहां आतंकवाद और नक्सलवाद पर 10 सालों में अंकुश लगा है।

उन्होंने कहा कि देश को सपा-कांग्रेस, इंडी गठबंधन वालों ने जात-पात की आग में धकेल दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि जो भी करना है कर लो। मैं भी मैदान में हूं, तुम भी हो। आप लोगों के सहयोग से देश विकास के मार्ग पर है। आपने सपा के गुंडाराज के पुराने दिन देखे हैं। बाजार शाम सात बजे बंद हो जाते थे। माताएं-बहनें बाहर नहीं निकल पाती थीं। लेकिन आज भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश इन सारे संकटों से बाहर है। मेरा स्वच्छता अभियान योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में बराबर चलाया है।

उन्होंने कहा कि पहले दंगे करने वाले आतंकियों का छोड़ा जाता था। 10 साल पहले एक सामान्य व्यक्ति की सुरक्षा भगवान भरोसे होती थी। देश में कहीं भी धमाके होते थे तो लोगों का ध्यान आजमगढ़ की ओर जाता था। तब सपा के शहजादे आतंक के समर्थन में आतंकियों का सम्मान करते थे, दंगे करने वाले आतंकियों को छोड़ा जाता था।

पीएम मोदी ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव अपने आपको यदुवंशी कहते हैं। अरे तुम कैसे यदुवंशी हो यार, जिसके साथ बैठते हो, उसने राम मंदिर को गालियां देने का मिशन चला रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर एक बार फिर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश में कोई माई का लाल सीएए नहीं खत्म कर सकता। देश का हर नागरिक जान गया है कि विपक्षी दलों ने हिंदू-मुसलमान कर अपना वोट बैंक तैयार किया है। मोदी ने इनका नकाब उतार दिया है।

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव का नाम लेते हुए पीएम मोदी ने उदाहरण भी दिया और कहा कि उनको देखिए, जो सिर्फ वोटों की राजनीति के लिए आपकी तरह काम नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले चुनाव आते थे तो हड़तालें होती थीं, आतंकी धमकी देते थे, लेकिन इस बार श्रीनगर में पिछले अनेक चुनावों के रिकॉर्ड टूट गए। देश की जनता जान गई है कि आप लोगों ने वोट बैंक की राजनीति करके, हिंदू-मुसलमान को लड़ाकर सेक्युलरिज्म का ऐसा चोला पहन लिया था कि सच्चाई बाहर नहीं आ रही थी, लेकिन मोदी ने आपकी सच्चाई उजागर कर दी है।

 
और भी