हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

जब लोग समाज में विश्वास खो देते हैं तो मिशनरी फायदा उठाते हैं : भागवत

नई दिल्ली  (छत्तीसगढ़ दर्पण) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने धर्मांतरण का परोक्ष रूप से संदर्भ देते हुए कहा कि मिशनरी उन स्थितियों का फायदा उठाती है, जिनमें लोगों को लगता है कि समाज उनके साथ नहीं है।

भागवत यहां एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने गोविंदनाथ महाराज की समाधि समर्पित की। भागवत ने कहा कि हम अपनों को नहीं देखते। हम उनके पास जाकर उनसे बात नहीं करते। लेकिन हजारों मील दूर से आकर कुछ मिशनरी वहां आती है और वहां रहती है, उनके भोजन करती है, उनकी भाषा बोलती है और फिर उनका धर्मांतरण करती है।

उन्होंने कहा कि 100 साल के दौरान लोग सब कुछ बदलने के लिए भारत आए। भागवत ने कहा कि वे सदियों से यहां काम कर रहे हैं लेकिन कुछ हासिल नहीं कर पाए क्योंकि हमारे पूर्वजों के प्रयासों से हमारी जड़ें मजबूत बनी रहीं। उन्होंने कहा कि उन्हें उखाड़ने का प्रयास किया जाता है। इसलिए समाज को उस छल को समझना चाहिए। हमें विश्वास को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि धोखेबाज लोग विश्वास को डगमगाने के लिए धर्म के बारे में कुछ सवाल करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे समाज ने पहले कभी ऐसे लोगों का सामना नहीं किया, इसलिए लोगों को शंका होती है। हमें इस कमजोरी को दूर करना होगा।

 
और भी

शिक्षक घोटाला मामले में सीबीआई ने तृणमूल विधायक को किया गिरफ्तार

कोलकाता (छत्तीसगढ़ दर्पण) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 65 घंटे की मैराथन छापेमारी और तलाशी अभियान के बाद सोमवार को पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के शिक्षक भर्ती घोटाले के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के विधायक जीबन कृष्णा साहा को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई के अधिकारी बरवान विधायक को कोलकाता ला रहे हैं, जहां उन्हें मेडिकल परीक्षण के बाद दिन में बाद में एक विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

साहा तीसरे तृणमूल कांग्रेस विधायक हैं, जिन्हें भर्ती घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है, लेकिन सीबीआई द्वारा यह पहला मामला है। पिछले साल जुलाई में मामले की समानांतर जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा 2022 में, ईडी ने पश्चिम बंगाल बोर्ड ऑफ प्राइमरी एजुकेशन के पूर्व अध्यक्ष माणिक भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया, जो नदिया जिले के पलाशीपारा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के विधायक हैं।

सीबीआई सूत्रों ने कहा कि साहा के आवास पर छापे और तलाशी अभियान के माध्यम से, केंद्रीय जांच एजेंसी ने पश्चिम बंगाल में सरकारी स्कूलों में शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के रूप में 3,200 उम्मीदवारों की भर्ती के बारे में कागजी और डिजिटल दोनों तरह के दस्तावेज बरामद किए हैं।

जब छापेमारी चल रही थी, तब साहा ने अपने दो मोबाइल फोन भी अपने आवास के बगल के एक तालाब में फेंक दिए। हालांकि सीबीआई के अधिकारी एक फोन को ट्रैक करने में सक्षम थे, लेकिन दूसरा गायब है। अपनी जांच के दौरान और गिरफ्तार और निष्कासित युवा तृणमूल कांग्रेस के नेता कुंतल घोष से पूछताछ के दौरान, केंद्रीय एजेंसी के जासूस कौशिक घोष नामक एक स्थानीय एजेंट के संपर्क में आए।

सूत्रों ने कहा कि कौशिक घोष मुख्य रूप से मुर्शिदाबाद जिले में एक एजेंट के रूप में काम करते थे और उनका काम मुख्य रूप से सरकारी स्कूलों में नियुक्ति पाने के लिए मोटी रकम देने के इच्छुक उम्मीदवारों की व्यवस्था करना था। कौशिक घोष से सीबीआई को घोटाले में साहा की संलिप्तता के बारे में पता चला।

 

 

और भी

कर्नाटक में भाजपा को बड़ा झटका, पूर्व सीएम शेट्टार ने थामा कांग्रेस का दामन

बेंगलुरु (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कर्नाटक में विधान सभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भाजपा को एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। टिकट न मिलने से नाराज पार्टी के दिग्गज नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने सोमवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। शेट्टार ने नाराजगी जताते हुए रविवार को ही भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। सोमवार को कांग्रेस पार्टी के बेंगलुरु कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जगदीश शेट्टार ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया।

दरअसल, पार्टी द्वारा टिकट नहीं मिलने की आशंका को देखते हुए शेट्टार ने भाजपा के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी होने से पहले ही बगावत का झंडा बुलंद कर दिया था। उनके बागी तेवरों को देखते हुए पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 12 अप्रैल को उन्हें स्वयं दिल्ली बुलाकर समझाने का प्रयास किया था। लेकिन शेट्टार, पिछले 6 चुनाव जीतने का उदाहरण देते हुए इस बार भी चुनाव लड़ने पर अड़े रहे।

इसके बावजूद पार्टी शीर्ष स्तर पर उन्हें मनाने और समझाने का प्रयास करती रही। कर्नाटक के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के अलावा अन्य कई नेताओं ने उन्हें शनिवार देर रात तक मनाने का प्रयास किया, लेकिन चुनाव लड़ने पर अड़े राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने रविवार को पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी और सोमवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। 

 

 

और भी

दिल्ली में पारा 42 डिग्री के करीब पहुंचा, लू की आशंका

नई दिल्ली  (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दिल्ली में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को कुछ अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की आशंका है जताई है। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार का दिन इस मौसम में अब तक सबसे गर्म रहा। मौसम विज्ञान (आईएमडी) के अनुसार, अक्षरधाम के पास स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तापमान सबसे ज्यादा 41.9 डिग्री सेल्सियस था।

पीतमपुरा और फरीदाबाद में अधिकतम तापमान क्रमश: 41.4 डिग्री और 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने बताया कि शुक्रवार को नजफगढ़ और रिज में 40.8 डिग्री सेल्सियस और पूसा में तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड, आयानगर और पालम में क्रमश: 39.4, 39.1 और 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने शनिवार के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है।

सफदरजंग ऑब्जर्वेटरी में अगले तीन दिन तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। वहीं अन्य स्टेशनों पर यह 42-43 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, जनता को गर्म मौसम के दौरान सावधानी बरतने और शरीर में पानी बनाए रखने की सलाह दी जाती है।

 
और भी

कड़ी सुरक्षा के बीच माफिया अतीक के बेटे असद का हुआ अंतिम संस्कार

प्रयागराज (छत्तीसगढ़ दर्पण)। माफिया अतीक अहमद के बेटे असद का शव शनिवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया है। असद का शव प्रयागराज के कसारी और मसारी कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार किया गया। शव को दफनाने के दौरान असद के मां-बाप मौजूद नहीं हो पाए। इस दौरान डीएम संजय खत्री और पुलिस आयुक्त रमित शर्मा समेत बड़ी संख्या में अधिकारी कसारी-मसारी कब्रिस्तान में मौजूद रहे। बेटे अतीक के जनाजे में माफिया अतीक शामिल नहीं हो पाया। उसके परिवार से कोई भी सदस्य शामिल नहीं हुआ। असद के नाना, मौसा और बुआ समेत कई अन्य करीबी रिश्तेदार जनाजे में शामिल हुए। 

प्रयागराज के एसीपी आकाश कुल्हारी ने कहा कि असद के परिवार के 20-25 करीबी मौके पर मौजूद रहे। असद के नाना ने असद को दफनाने की प्रक्रिया को अंजाम दिया। असद और उसके सहयोगी गुलाम को 13 अप्रैल को यूपी एसटीएफ ने एक मुठभेड़ में मार गिराया था।

वहीं, मेहंदौरी स्थित कब्रिस्तान में शूटर गुलाम हसन को दफनाया गया। इस दौरान वहां सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। असद के साथ मारे गए शूटर गुलाम की जनाजे की नमाज बीच सड़क पर अदा की गई। इस दौरान वहां सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कई ने चेहरा भी ढक रखा था। इसके बाद गुलाम के शव को कब्रस्तिान में दफन किया गया। गुलाम के अंतिम संस्कार में उसके पिता ने हिस्सा लिया। उसकी पत्नी सना भी कब्रिस्तान में मौजूद रहीं, जबकि भाई राहिल हसन और अन्य परिजनों ने जनाजे में हिस्सा नहीं लिया।

गौरतलब हो कि बसपा के विधायक राजू पाल के हत्याकांड मामले के प्रमुख गवाह रहे उमेश पाल और उसके दो सुरक्षाकर्मियों की इसी साल 24 फरवरी को प्रयागराज में एक ताबड़तोड़ गोलियां चला कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में वांछित अभियुक्त असद अहमद और गुलाम गुरुवार को झांसी में विशेष कार्य बल के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए थे। यह घटना उस समय हुई थी, जब अतीक और उसके भाई अशरफ अहमद की प्रयागराज की एक अदालत में पेशी हो रही थी।

 
और भी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से टेलीफोन पर बात की

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के साथ टेलीफोन पर बात की। दोनों नेताओं ने भारत- ब्रिटेन रोडमैप 2030 के संदर्भ में कई द्विपक्षीय मुद्दों की प्रगति की समीक्षा की। उन्‍होंने दोनों देशों के बीच हाल में हुए उच्‍चस्‍तरीय विचार विमर्श और विशेष रूप से व्‍यापार तथा आर्थिक क्षेत्र में बढते सहयोग पर संतोष व्‍यक्‍त किया। दोनों नेताओं ने भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्‍त व्‍यापार समझौते को शीघ्र अंतिम रूप देने की आवश्‍यकता पर सहमति व्‍यक्‍त की।

प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिटेन में भारतीय उच्‍चायोग की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए ब्रिटेन सरकार से भारत विरोधी तत्‍वों के खिलाफ कडे कदम उठाने को कहा। प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा कि ब्रिटेन का मानना है कि भारतीय उच्‍चायोग पर हमला पूरी तरह अस्‍वीकार्य है। उन्‍होंने भारतीय उच्‍चायोग और उसके कर्मियों की सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

श्री मोदी ने ब्रिटेन में शरण लिये हुए आर्थिक अपराधियों का भी मुद्दा उठाया। उन्‍होंने इन भगौडे अपराधियों को भारत वापस भेजने में हुई प्रगति की जानकारी ली। उन्‍होंने प्रधानमंत्री सुनक को इस वर्ष सितम्‍बर में जी-20 शिखर बैठक के लिए आमंत्रित किया। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने भारत की जी-20 की अध्‍यक्षता के तहत हुई प्रगति की सराहना की और भारत की ओर से की गई पहलों को ब्रिटेन के पूरे समर्थन की बात दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने बैसाखी की अवसर पर श्री सुनक और ब्रिटेन में भारतीय समुदाय को शुभकामनाएं दीं।

 

 

और भी

कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व डिप्टी सीएम लक्ष्मण सावदी,12 अप्रेल को दिया था बीजेपी से इस्तीफा

बेंगलुरु  (छत्तीसगढ़ दर्पण)। चुनावी राज्य कर्नाटक में भाजपा को झटका देते हुए पार्टी एमएलसी और बेलगावी जिले के प्रभावशाली नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण संगप्पा सावदी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने दिया था।जिसके बाद पूर्व डिप्टी सीएम लक्ष्मण सावदी कांग्रेस में शामिल हो गए है।

भाजपा ने उन्हें अठानी निर्वाचन क्षेत्र से टिकट देने से इनकार कर दिया था । उनकी जगह 'ऑपरेशन लोटस' के जरिए पार्टी में आए महेश कुमातल्ली को टिकट दिया गया था। इससे पहले आपको बता दे सावदी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि अठानी निर्वाचन क्षेत्र के लोग उनके लिए आलाकमान हैं और उन्हें अपने मतदाताओं के सामने झुकना होगा। उन्होंने कहा, क्या मुझे टिकट के लिए भीख मांगनी पड़ेगी? मैं पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं और एमएलसी के पद से भी इस्तीफा दे रहा हूं।

कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी के साथ बैठक पर कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने कहा मेरी लक्ष्मण सावदी के साथ बहुत लंबी बैठक हुई। वह BJP से इस्तीफा देकर कांग्रेस पार्टी में आ रहे हैं। कोई शर्त नहीं है, वह बहुत वरिष्ठ नेता हैं, उन्हें लगता है कि उन्हें BJP में अपमानित किया गया है और ऐसे नेता को कांग्रेस पार्टी में लेना हमारा कर्तव्य है।

कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी के कांग्रेस में आने पर कांग्रेस नेता सिद्धारमैया बोले सावदी ने एक ही शर्त रखी है कि उनके साथ उचित व्यवहार हो। सावदी को अथानी का टिकट दिया जाएगा, वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे और मुझे उम्मीद है कि वह जीत कर आएंगे।

और भी

अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत, 25 घायल

सिरोही (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले के पालडी एम थाना क्षेत्र के अंदौर के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई. हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि 25 लोग घायल हो गए।

घायलों को सिरोही के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों को शिवगंज जिला अस्पताल में भी भर्ती करवाया गया है. मौके पर पहुंची ने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया।

पुलिस ने बताया कि जावाल की ओर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार श्रद्धालु गौतम ऋषि मेले में जा रहे थे। इस दौरान अंदौर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि हादसे में एक महिला के साथ ही दो बच्चों की मौके पर मौत हो गई। साथ ही इस हादसे में 25 लोग घायल हो गए हैं।

घटना के बाद सिरोही एसडीएम सहित पुलिस व प्रशासन के अधिकारी अस्पताल में घायलों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। घायलों में दो लोगों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है. फिलहाल घायलों का उपचार जारी है। जिला अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

ट्रैक्टर में सवार लोग जालोर जिले के सियाणा के बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना पर मुख्यमंत्री के सलाहकार और विधायक संयम लोढ़ा, जिला कलक्टर डॉ भंवरलाल जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और पीएमओ को उपचार को लेकर निर्देश दिए है।

 

 

और भी

खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह 14 को कर सकता है सरेंडर

दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को लेकर पंजाब में चर्चा है कि वह बैसाखी के मौके पर शुक्रवार को सरेंडर कर सकता है। वह किसी गुरुद्वारे में सरेंडर करेगा।

इस सूचना के बाद पंजाब पुलिस और अलर्ट हो गई है। चर्चा है कि वह राजस्थान के किसी गुरुद्वारे में सरेंडर कर सकता है।

आईजी बार्डर रेंज नरिदर भार्गव ने गुरदासपुर व बटाला में अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अमृतसर रेलवे स्टेशन पर अमृतपाल के पोस्टर लगा दिए गए हैं, जिसमें उसकी सूचना देने वाले को उचित इनाम देने की बात लिखी गई है।

ये पोस्टर काथू नंगल इलाके से अमृतसर के करीबी सहयोगी पापलप्रीत सिंह के पकड़े जाने के तीन दिन बाद सामने आए हैं।

इससे पहले सूचना थी कि अमृतपाल सिंह राजस्थान भाग सकता है। तब से पंजाब-राजस्थान सीमा पर आने-जाने वाले वाहनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

राजस्थान के संगरिया क्षेत्र से एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया गया है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

केंद्रीय जांच एजेंसियों के अनुसार, अमृतपाल राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में छिपा हो सकता है। राजस्थान के डीजीपी उमेश मिश्रा ने कहा कि इनपुट मिलने के बाद सीमावर्ती जिलों में उसकी तलाश की जा रही है।

सूचना के आधार पर श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में तलाशी अभियान चल रहा है। वरिष्ठ अधिकारी इसकी निगरानी कर रहे हैं। केंद्रीय एजेंसियां भी अमृतपाल के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

और भी

78 साल के हसनुराम 97 बार हार चुके चुनाव, फिर भी कायम है जज्बा

 निकाय चुनाव के लिए ख़रीदा नामांकन पत्र

 

आगरा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। खेरागढ़ ब्लॉक के गांव नगला दुल्हे खां निवासी हसनुराम अम्बेडकरी 1985 से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने विधानसभा, लोकसभा, एमएलसी से लेकर नगर पंचायत, पार्षद तक का चुनाव लड़ा। 97 बार चुनाव हार चुके हैं, लेकिन चुनाव लड़ने का जज्बा आज भी कायम है। उत्तरप्रदेश में निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। हसनुराम अम्बेडकरी धोतीकुर्ता पहन साइकिल से नामांकन खरीदने पहुंचे। खेरागढ़ तहसील पर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम अनिल कुमार सिंह से नामांकन पत्र खरीदा। हसनुराम ने खेरागढ़ तहसील पर नगर पंचायत खेरागड़ के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है।


अनोखा कीर्तमान बनाना चाहते हैं हसनुराम
सभी चुनाव हार कर चुनाव हार का अनोखा कीर्तिमान बनाने में जुटे हसनुराम अपने चुनाव प्रचार के लिए किसी साधन के मोहताज नहीं हैं। वह अपनी साइकिल से ही चुनाव प्रचार के लिए निकल जाते हैं। उन्होंने बताया आज तक चुनाव प्रचार में एक रुपया भी खर्च नहीं किया है।

हसनुराम ने बताया कि वे तहसील में अमीन थे। उनकी चुनाव लड़ने की इच्छा हुई तो उन्होंने एक पार्टी से टिकट मांगा। टिकट तो मिला नहीं, वहां उनका मजाक उड़ाया गया कि घर से भी कोई वोट नहीं देगा। इसके बाद वे 1985 से चुनाव तैयारियों में जुट गए और हर चुनाव को लड़ते आ रहे हैं। इतना ही नहीं  हसनुराम ने राष्ट्रपति पद के लिए भी नामांकन किया था, लेकिन पर्चा निरस्त हो गया था।

हसनुराम का गांव नगला दूल्हा खां में दो कमरों का मकान है, जहां वे अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। गांव में ही मेहनत मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं। उनके बेटे दूर शहर में मेहनत मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे हैं।

और भी

मनीलॉन्ड्रिंग मामले को सत्येंद्र जैन ने दूसरी अदालत में ट्रांसफर करने की मांग की

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन ने कथित भ्रष्टाचार और धनशोधन के मामले में सीबीआई और ईडी द्वारा उनके खिलाफ दर्ज किए गए दो मामलों को दूसरे न्यायाधीश को स्थानांतरित करने की मांग को लेकर दिल्ली की एक अदालत का दरवाजा खटखटाया है। जैन ने मंगलवार को दोनों मामलों की सुनवाई कर रहे विशेष न्यायाधीश विकास ढुल को बताया कि उन्होंने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के समक्ष मामलों के स्थानांतरण के लिए आवेदन दायर किया है। 

प्रधान जिला न्यायाधीश ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज किए गए भ्रष्टाचार के मामले में चार मई तक कार्यवाही पर रोक लगा दी थी। अब प्रधान न्यायाधीश उसी दिन जैन के आवेदन पर दलीलें सुनेंगे। जबकि वह 13 अप्रैल को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दर्ज धनशोधन मामले में इसी तरह की याचिका पर सुनवाई कर सकते हैं। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में सुनवाई से पहले सत्येंद्र जैन विशेष न्यायाधीश ढुल से 'उक्त स्थानांतरण आवेदनों पर निर्णय होने तक सुनवाई स्थगित करने का अनुरोध किया है। अदालत के सवाल पर ईडी के विशेष लोक अभियोजक ने धनशोधन मामले में आवेदन की अग्रिम प्रति प्राप्त होने की पुष्टि की है. इसके बाद अदालत ने कार्यवाही स्थगित कर दी। अरविंद केजरीवाल सरकार में मंत्री रहे आप नेता सत्येंद्र जैन ने अक्टूबर 2022 में सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की थी. छह माह पूर्व जैन ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर निचली अदालत के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसके तहत मनी लॉन्ड्रिंग का केस दूसरी अदालत में स्थानांतरित किया जा रहा था।सुप्रीम कोर्ट में उन्होंने याचिका इसलिए लगाई थी कि दिल्ली हाईकोर्ट ने निचली अदालत के खिलाफ दायर उनकी याचिका को खारिज कर दिया था।  उनकी याचिका पर 11 अक्टूबर 2022 को सुप्रीम कोर्ट ने ईडी से जवाब तलब किया था। यहां पर इस बात का जिक्र करना जरूरी है कि सत्येंद्र जैन मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की रडार पर हैं।  

 

 

और भी

बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में गलती से चली गोली से एक और जवान की मौत

बठिंडा (छत्तीसगढ़ दर्पण) पंजाब के बठिंडा सैन्य थाने में चार जवानों की मौत के कुछ घंटे बाद एक अन्य जवान की कथित तौर पर गोली लगने से मौत हो गई, जब उसका सर्विस हथियार दुर्घटनावश चल गया। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। छावनी के एक थाने में बुधवार को सेना के जवान लघु राज शंकर की आकस्मिक मौत की शिकायत मिली और पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात जवान की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। चार लोगों के मारे जाने के बाद, भारतीय सेना ने कहा कि एक खोज दल ने हत्या में शामिल मैगजीन के साथ इंसास राइफल बरामद की है। हालांकि, इसने कहा कि किसी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया है। बुधवार शाम को जारी बुलेटिन में कहा गया, सेना और पुलिस की संयुक्त टीम अब आगे की जानकारी हासिल करने के लिए हथियार का फोरेंसिक विश्लेषण करेगी।

पुलिस अधीक्षक (जांच) अजय गांधी ने कहा था कि सिविल ड्रेस में दो अज्ञात लोगों ने बुधवार तड़के बैरक में सो रहे सैन्यकर्मियों पर गोलियां चला दीं, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और मौके से एक इंसास राइफल के 19 खाली खोल बरामद किए गए।

 

 

और भी

कोरोना के डरावने आंकड़े, मिले 10,158 नए केस

दिल्ली  (छत्तीसगढ़ दर्पण)  देश में कोरोनो केस डराने लगे हैं। कोविड-19 मामलों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटों में कोरोना महामारी के 10,158 नए केस दर्ज हुए हैं। वहीं, एक्टिव मामलों की संख्या अब 44,998 हो गई है।

देश में कोविड-19 के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। करीब डेढ़ साल के बाद महामारी के नए मामलों का आंकड़ा 10 हजार से ज्यादा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में बीते 24 घंटों में 10,158 नए कोरोना मामले सामने आए हैं।

वहीं, बुधवार सुबह 24 घंटे में कोरोना के 7,830 नए केस सामने आए। 14 लोगों की मौत हुई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि देश में वायरस स्थानिक चरण की ओर बढ़ रहा है। इसलिए मामले 10-12 दिनों तक बढ़ सकते हैं। उसके बाद इसमें कमी आएगी।

इस बीच, लखनऊ में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क अनिवार्य कर दिया गया है।

सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने कहा कि कोविशील्ड का निर्माण फिर से शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, कंपनी के पास कोवोवैक्स वैक्सीन की 60 लाख बूस्टर डोज उपलब्ध है।

 

 

और भी

प्रधानमंत्री हुए रोजगार मेले में शामिल, हजारों युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र

 दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोजगार मेला का उद्घाटन किया। उन्होंने 71,000 कर्मियों को नई भर्तियों के नियुक्ति पत्र बांटे।

पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कर्मियों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि 70 हजार से ज्यादा युवाओं को भारत सरकार के विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी मिली है। आप सभी को बधाई। एनडीए और बीजेपी शासित राज्यों में सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया तेज गति से चल रही है। बुधवार को मध्यप्रदेश में 22 हजार से ज्यादा शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

पीएम ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेज रफ्तार से आगे बढ़ने की अर्थव्यवस्था है। आज का नया भारत जिस नीति और रणनीति पर चल रहा है। उसने देश में नई संभावनाओं और अवसरों के दरवाजे खोल दिए हैं।

उन्होंने कहा, युवाओं के सामने कई सेक्टर खुल गए हैं, जो 10 वर्ष पहले युवाओं के सामने उपलब्ध नहीं थे। स्टार्टअप हमारे सामने उदाहरण है। इसको लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान की सोच और अप्रोच स्वदेशी अपनाने और वोकल फॉर लोकल से ज्यादा है। यह सीमित दायरे वाला मामला नहीं है। उन्होंने कहा, 'आत्मनिर्भर भारत गांव से लेकर शहरों तक रोजगार के करोड़ों अवसर पैदा करने वाला अभियान है।'

पीएम मोदी ने कहा कि आज आधुनिक सैटेलाइट से लेकर सेमी हाई स्पीड ट्रेन तक भारत में ही निर्मित हो रहे हैं। भारत की टॉय इंडस्ट्री का उदहारण आपके सामने है। दशकों तक भारतीय बच्चे विदेशों खिलौने से ही खेलते थे। उनकी क्वालिटी न तो अच्छी थी और ना ही भारतीय बच्चों को ध्यान में रखकर बनाए जाते थे। उन्होंने आगे कहा, 'हमने आयात होने वाले खिलौने के लिए क्वालिटी पैरामीटर तय किए और स्वदेशी इंडस्ट्री को बढ़ावा दिया। 3-4 साल में ही टॉय इंडस्ट्री का कायाकल्प हो गया और रोजगार के नए अवसर तैयार हुए।'

 

 

और भी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रवाना की राजस्‍थान की पहली वंदे भारत एक्‍सप्रेस

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण) प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने वीडियो काफ्रेंस के माध्‍यम से राजस्‍थान की पहली वंदे भारत एक्‍सप्रेस रेलगाड़ी रवाना की। यह उद्घाटन यात्रा जयपुर से दिल्‍ली कैंट रेलवे स्‍टेशन तक थी। उद्धाटन के बाद श्री मोदी ने कहा कि इससे दिल्‍ली और जयपुर के बीच की यात्रा आसान होगी।

उन्‍होंने कहा कि उनकी सरकार रेल यात्रा को सुरक्षित बनाने के लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वंदे भारत एक्‍सप्रेस से राजस्‍थान पर्यटन उद्योग को महत्‍वपूर्ण लाभ होगा। रेलमंत्री अश्‍विनी वैष्‍णव और राजस्‍थान के राज्‍यपाल कलराज मिश्र भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

ट्रेन की नियमित सेवा अजमेर और दिल्‍ली कैंट के बीच कल से शुरू होगी। यह जयपुर, अलवर और गुरूग्राम में रूकेगी। नई वंदे भारत एक्‍सप्रेस अजमेर और दिल्‍ली कैंट की बीच की दूरी पांच घंटे 15 मिनट में तय करेगी, जबकि इसी मार्ग पर अबतक की सबसे तेज गति की शताब्‍दी एक्‍सप्रेस छह घंटे 15 मिनट का समय लेती है।

और भी

भारत की प्रगति और समृद्धि से युगांडा को भी लाभ होगा : जयशंकर

नई दिल्ली  (छत्तीसगढ़ दर्पण)। विदेश मंत्री डॉक्‍टर एस. जयशंकर ने युगांडा में भारतीय व्‍यापार समुदाय के साथ विचार-विमर्श किया। उन्‍होंने भारत और युगांडा के द्विपक्षीय संबंधों में योगदान के लिए व्‍यापारी समुदाय की सराहना की तथा दोनों देशों के विकास के लिए व्‍यापारिक संबंध और मजबूत करने के लिए प्रोत्‍साहित किया। उन्‍होंने कहा कि भारत की प्रगति और समृद्धि से युगांडा को लाभ होगा।

डॉ. जयशंकर इस महीने की दस से 15 तारीख तक युगांडा और मोजांबिक की यात्रा पर हैं। वे मोजांबिक के विदेश मंत्री के साथ संयुक्‍त आयोग की पांचवीं बैठक की सह अध्‍यक्षता करेंगे। मोजांबिक में वे भारतवंशियों से भी बातचीत करेंगे। 

 

 

 

और भी

भारत पारम्‍परिक हथियारों का अवैध हस्‍तांतरण रोकने के लिए प्रतिबद्ध : रूचिरा कम्‍बोज

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत पारंपरिक हथियारों का अवैध हस्‍तांतरण रोकने के लिए प्रतिबद्ध है और वैश्विक स्‍तर पर इनका प्रसार रोकने के उपाय लागू करने के लिए मजबूत कानूनी और नियामक प्रणाली स्‍थापित की गयी है। संयुक्‍त राष्‍ट्र में भारत की स्‍थाई प्रतिनिधि रूचिरा कंबोज ने सुरक्षा परिषद की खुली चर्चा में कहा कि सामूहिक विनाश के हथियार और प्रौद्योगिकी सहित हथियारों और विस्‍फोटकों का अवैध हस्‍तांतरण अंतरराष्‍ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं।

सुश्री कंबोज ने कहा कि सीमापार से ड्रोन के जरिये गैर कानूनी हथियार भेजा जाना भारत के लिए गंभीर चुनौती है। अंतरराष्‍ट्रीय समुदाय को इस तरह की गतिविधियों की कड़ी निंदा करनी चाहिए और दोषी देशों को जिम्‍मेदार ठहराना चाहिए। 

और भी

मिलिट्री स्टेशन पर हमला, चार की मौत

चंडीगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पंजाब के बठिंडा जिले में मिल्ट्री स्टेशन फायरिंग का मामला सामने आया है। सुबह करीब 4.35 बजे फायरिंग हुई है।

इस फायरिंग में 4 लोगों की मौत होने की सूचना आ रही है। क्विक रिएक्शन टीम मौके पर मौजूद है। पूरे इलाके को घेर लिया गया और सील कर दिया गया। सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।

बठिंडा मिलिट्री स्टेशन शहर से लगा है। ये पुराना और काफी बड़ा मिलिट्री स्टेशन है। पहले तो ये शहर से कुछ दूर था, लेकिन शहर में विस्तार के साथ अब मिलिट्री स्टेशन रिहायशी इलाके के नजदीक आ गया है।

किसी भी सामान्य वाहन से इस मिलिट्री स्टेशन के बाहर तक पहुंचा जा सकता है। इस स्टेशन के बाहर अमूमन जबरदस्त सुरक्षा इंतजाम रहते हैं।

जानकारी के मुताबिक ये घटना ऑफिसर्स मेस के अंदर हुई है। घटना के वक्त सुबह के 4.35 बज रहे थे।इसलिए अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये सैन्य अधिकारियों की आपस की घटना हो सकती है। इस वक्त फायरिंग रुक गई है। इससे पहले खबर आई थी कि फायरिंग जारी है।

और भी