हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

तीन दिन की भारत यात्रा पर आ रहे हैं संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरस

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरस 18 अक्टूबर 2022  को  तीन दिन की भारत यात्रा पर आ रहे हैं। इस वर्ष जनवरी में दूसरी बार कार्यभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। श्री गुतेरस सबसे पहले मुम्बई में ताजमहल पैलेस होटल में मुम्बई आतंकी हमले में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वे आईआईटी मुम्बई में संयुक्त राष्ट्र- भारत साझेदारी विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करेंगे।

20 अक्तूबर को श्री गुतेरस गुजरात के केवड़िया में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली से संबंधित पुस्तिका मिशन लाइफ, इसके लोगो और टैगलाइन के शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे। वे एकता प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित और गुजरात  मोढेरा में सौरग्राम और सूर्यमंदिर भी देखने जाएंगे।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर जी-20 की भारत की अध्यक्षता और बहुपक्षवाद सहित विभिन्न विषयों पर श्री गुतेरस के साथ विचार-विमर्श करेंगे।

और भी

बीसीसीआई के नए अध्यक्ष नियुक्त किये गए पूर्व क्रिकेटर रोजर बिन्नी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की सालाना बैठक में इस बात पर आधिकारिक रूप से मुहर लग गई कि रोजर बिन्नी बीसीसीआइ के नए अध्यक्ष बन गए हैं। वह बीसीसीआइ के 36वें अध्यक्ष हैं। वह भारत के पूर्व कप्तान और प्रिंस ऑफ कोलकाता सौरव गांगुली की जगह लेंगे। इससे पहले हुए नॉमिनेशन में ही इस बात पर फैसला हो गया था क्योंकि किसी भी पद के लिए कोई विरोध में नहीं था। इस पर बस मुहर लगनी बाकी थी। मुंबई के ताज होटल में हुए इस बैठक में बीसीसीआइ के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली, सचिव जय शाह, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, कोषाध्यक्ष अरुण कुमार धूमल और रोजर बिन्नी मौजूद थे।

इस बैठक में कई अन्य मुद्दों पर भी बात हुई। इन मुद्दों में आइसीसी के चेयरमैन को लेकर उम्मीदवार को लेकर भी बात हुई। इसके अलावा इसमें आईपीएल नीलामी की तिथि पहले महिला आइपीएल को लेकर भी चर्चा की गई। आइसीसी के लिए नॉमिनेशन की आखिरी तारीख 20 अक्टूबर है।

बीसीसीआइ के अध्यक्ष के रूप में वर्ल्ड कप 1983 विनिंग टीम के सदस्य रोजर बिन्नी को चुना गया। इनके अलावा सचिव के तौर पर जय शाह ने दोबारा जिम्मेदारी संभाली। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला बीसीसीआइ के उपाध्यक्ष बने। इसके अलावा आशीष शेलार (कोषाध्यक्ष), देवजीत सैकिया (संयुक्त सचिव) बने। निवर्तमान कोषाध्यक्ष अरुण धूमल आइपीएल के नए अध्यक्ष बने।

और भी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23 अक्टूबर को अयोध्या में मनाएंगे दीपोत्सव

 लखनऊ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगवानी के लिए रामनगरी अयोध्या तैयार हो रही है। भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के लिए पांच अगस्त 2021 को भूमि पूजन के बाद अब एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अयोध्या आगमन होगा। प्रधानमंत्री मोदी का अयोध्या में करीब तीन घंटे का प्रवास रहेगा, इस दौरान कई कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही वह रामनगरी से प्रदेश को बड़ा संदेश भी देंगे।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23 अक्टूबर को अयोध्या आएंगे। उनके आगमन का कार्यक्रम तय हो गया है।

पीएम मोदी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद राम जी की पैड़ी पर दीपोत्सव मनाएंगे।पीएम मोदी वहां पर सरयू नदी की आरती करने के साथ ही राजा राम के राज्याभिषेक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। अयोध्या जिला प्रशासन ने के दीपोत्सव को भव्यतम बनाने की तैयारी की है।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अयोध्या आगमन के कार्यक्रम को देखते हुए वहां की तैयारी परखने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 अक्टूबर यानी बुधवार को अयोध्या जाएगा। सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या में हनुमान गढ़ी तथा श्रीराम राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारी को अंतिम रूप भी देंगे।

वाराणसी से लगातार दूसरी बार लोकसभा के सदस्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र में देव दीपावली में तो शामिल हो चुके हैं। रामनगरी अयोध्या में यह पहला अवसर होगा,जब पीएम मोदी दीपोत्सव में शामिल होंगे। इस बार यहां पर गाय के गोबर से बने 25 हजार दीपक प्रज्जिवलित किए जाएंगे। इसमें 1100 गोदीप श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के गर्भगृह में जलाए जाएंगे। यह भी गाय के दूध से बने घी से जलाए जाएंगे।

और भी

गेहूं में 110 रुपये, जौ में 100 और चना में 105 रुपये की वृद्धि

रबी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मिली मंजूरी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को विपणन सीजन 2023-24 के लिए सभी रबी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य को मंजूरी दे दी है।मसूर के एमएसपी में अधिकतम 500 रुपये प्रति क्विंटल की मंजूरी मिली है।केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को बताया कि मंत्रिमंडल बैठक में 2022-23 के रबी के 6 फसल के MSP निर्धारित किए हैं। गेहूं में 110 रुपये, जौ में 100, चना में 105 रुपये, मसूर में 500, सरसों में 400 और कुसुम में 209 रुपये की वृद्धि की गई है। 

 


और भी

मजदूरों का हत्यारा हुआ ढेर...

 जम्मू (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जम्मू-कश्मीर के शोपियां में लश्कर-ए-तैयबा का हाइब्रिड आतंकी मुठभेड़ में मारा गया है। हाइब्रिड आतंकी को शोपियां में एक ग्रेनेड विस्फोट में दो मजदूरों की मौत के बाद गिरफ्तार किया गया था। आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान यह आतंकी मारा गया है।

दरअसल, गिरफ्तार हाइब्रिड आतंकवादी के खुलासे के आधार पर पुलिस और सुरक्षाबल लगातार छापेमारी कर रहे थे। शोपियां के नौगाम में अन्य आतंकी और सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में हाइब्रिड आतंकवादी इमरान बशीर गनी गोलीबारी में मारा गया। घटनास्थल से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। तलाशी अभी जारी है।

और भी

भरभरा कर गिरा दो मंजिला मकान : महिला की मौत, 8 घायल...

 फिरोजाबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। यूपी के फिरोजाबाद जिले के जसराना के गांव नगला नथुआ में तड़के उस समय चीख-पुकार और भगदड़ मच गई, जब अचानक एक दो मंजिला पक्का मकान भरभरा कर गिर गया। एकत्रित हुए लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए भेजा। जहां एक महिला की मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई।

थाना जसराना के गांव नगला नथुआ में शीशराम पुत्र बचन लाल का परिवार रोजाना की तरह अपने मकान में सो रहा था। बुधवार की सुबह 4 बजे तेज आवाज के साथ अचानक मकान गिर गया। मकान गिरने से मकान के अंदर सो रहे परिजन मलबे में दब गए। तेज आवाज के साथ मकान गिरने से लोगों की भीड़ लग गई।

आनन-फानन लोगों ने मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला। घायलों को बाहर निकालकर उन्हें इलाज के लिए भेजा। जहां संगीता पत्नी अजय कुमार और रुबी पत्नी ऋषि कुमार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां रूबी की उपचार के दौरान मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं जानकारी मिलने पर एसडीएम विवेक राजपूत, सीओ देवेंद्र सिंह, कोतवाल आजाद पाल सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली। एसडीएम विवेक राजपूत ने कहा कि दो मंजिला मकान गिरने से नौ लोग घायल हुए हैं। वहीं ग्रामीणों ने मकान गिरने की वजह बरसात के चलते आसपास भरे हुए पानी को बताया।

 

 

 

 

हादसे में शीशराम पुत्र बच्चन लाल (65), श्यामवीर पुत्र बच्चन लाल (60), केशवती पुत्री शीशराम (18), संगीता पत्नी अजय कुमार (28), प्रतीक पुत्र अजय कुमार (3), रितिक पुत्र अजयपाल (2), प्रिया पुत्री रिषी कुमार (6 माह) घायल हुए हैं।

और भी

पैथोलॉजी लैब में लगी आग, कोई हताहत नहीं

 नोएडा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नोएडा में एक पैथोलॉजी लैब में मंगलवार देर रात को आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बुधवार को बताया कि आग को बुझा लिया गया है व  घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया, घटना सेक्टर 63 थाना क्षेत्र के एच- ब्लॉक में स्थित एक पैथोलॉजी लैब में देर रात 11 बजे हुई। दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मुख्य दमकल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर 63 थाना क्षेत्र के एच-ब्लॉक में एक पैथोलॉजी लैब में मंगलवार देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल की आधा दर्जन गाड़ियों को भेजा गया और दो घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और इसके चलते हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। 2 घंटे  बाद आग को बुझा दिया गया।

 

 

और भी

तीन दिन की भारत यात्रा पर मुम्‍बई पहुंचे संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव एंतोनियो गुतेरस

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव एंतोनियो गुतेरस मंगलवार की रात तीन दिन की भारत यात्रा पर मुम्‍बई पहुंचे। श्री गुतेरस, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव अपनी यात्रा के शुरू में आज मुम्‍बई के होटल ताज पैलेस में 26/11 के आतंकी हमले के मृतकों को श्रद्धाजंलि अर्पित करेंगे। वे बाद में आई.आई.टी. बोम्‍बे के विद्यार्थियों के साथ वार्तालाप भी करेंगे।

श्री गुतेरस गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ मिशन लाइफ पुस्तिका, लोगो और टैगलाइन का शुभारम्‍भ करेंगे। विदेश मंत्री डॉक्‍टर एस. जयशंकर, संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव गुतेरस के साथ द्विपक्षीय चर्चा में वैश्विक मुद्दों, जी-20 देशों के सम्‍मेलन में भारत की अध्‍यक्षता सहित संयुक्‍त राष्‍ट्र के साथ भारत के सहयोग और संशोधित बहु-पक्षवाद पर विचार करेंगे। संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव भारत के पहले सौर ऊर्जा गांव मोढेरा का दौरा भी करेंगे और इस क्षेत्र में अन्‍य विकास परियोजनाओं को भी देखेंगे। वे मोढेरा के सूर्य मंदिर भी जाएंगे।

संयुक्‍त राष्‍ट्र महा‍सचिव श्री गुतेरस की इस वर्ष जनवरी में दूसरी बार अपना पदभार सम्‍भालने के बाद यह पहली भारत यात्रा है। इससे पहले वे अक्‍तूबर 2018 में भारत की यात्रा पर आए थे।

और भी

भारत और फ्रांस को फिर आई.एस.ए. का अध्‍यक्ष और सह-अध्‍यक्ष चुना गया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत और फ्रांस को फिर से अंतरराष्‍ट्रीय सौर गठबंधन-आई.एस.ए. का अध्‍यक्ष और सह-अध्‍यक्ष चुना गया है। नई दिल्‍ली में पत्रकारों से बातचीत में आई.एस.ए. के निदेशक जनरल अजय माथुर ने बताया कि केन्‍द्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह फिर से अंतरराष्‍ट्रीय सौर गठबंधन के अध्‍यक्ष चुने गए हैं।

उन्‍होंने बताया कि फ्रांस की विकास मंत्री सुश्री क्रिसौला जाचारोपालू को सह-अध्‍यक्ष चुना गया है। अंतरराष्‍ट्रीय सौर गठबंधन की चार दिन की बैठक सोमवार को भारत की अध्‍यक्षता में शुरू हुई। इसमें एक सौ दस देशों के प्रतिभागी कार्बन रहित अर्थव्‍यवस्‍था की दिशा में अपने अनुभव साझा करेंगे।  

और भी

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे ने :शशि थरूर को 6825 वोट से हराया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस पार्टी को 24 साल बाद पहला गैर-गांधी अध्यक्ष मिल गया है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने शशि थरूर को 6825 वोटों से हरा दिया। खड़गे को 7897 वोट मिले, वहीं थरूर को 1072 वोट ही मिल सके। 416 वोट रिजेक्ट कर दिए गए। नतीजों के तुरंत बाद थरूर ने खड़गे को बधाई दी और अपना साथ देने वालों को धन्यवाद दिया। इसके बाद ही वे खड़गे से मिलने उनके दिल्ली स्थित आवास पहुंचे। हालांकि, उनके चीफ इलेक्शन एजेंट सलमान सोज ने वोटिंग में धांधली का आरोप लगाया था।

चुनाव में अनियमितताओं पर राहुल गांधी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बयान दिया था। बोले- मसले कांग्रेस इलेक्शन कमेटी में मधुसूदन मिस्त्री के सामने रख दिए गए हैं और वो फैसला लेंगे। राहुल ने वोटों की गिनती के बीच ही खड़गे की जीत की बात कह दी थी। जब उनसे पार्टी में रोल के बारे में सवाल किया गया तो कहा- खड़गेजी से पूछिए। अब वही तय करेंगे। इधर, जीत के बाद खड़गे ने बताया कि वे शाम 4 से साढ़े 4 बजे के बीच मीडिया से बात करेंगे।

 
 
 
 
 
 
 
 
 

इस चुनाव में जीत के साथ ही खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाला 65वें नेता बन गए हैं। वे कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले दूसरे दलित नेता हैं। बाबू जगजीवनराम कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले पहले दलित नेता थे। आजादी के बाद 75 साल में से 42 साल तक पार्टी की कमान गांधी परिवार के पास रही। वहीं, 33 साल पार्टी अध्यक्ष की बागडोर गांधी परिवार से अलग नेताओं के पास रही।

 

और भी

अबकी बार पटाखा जलाया तो खैर नहीं .... जानी पड़ेगी जेल या फिर देना पड़ेगा जुर्माना, निगरानी कर रही टीम

 नईदिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दिवाली आने के कुछ दिनों पहले से ही लोग पटाखे जलाने शुरू कर देते हैं। दिवाली के दिन तो पटाखों की गूंज रात में चहुँ ओर सुनाई देती हैं। पर दिल्ली में इस साल एक बार फिर दिवाली पर पटाखा जलाने की इजाजत नहीं है।  बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए बीते दो साल की तरह इस बार भी यह पाबंदी जारी रहेगी।  हालांकि अगर आपने दिवाली पर पटाखों का इस्तेमाल किया तो यह दंडनीय अपराध होगा।  इसके लिए आपको छह महीने तक की जेल और 200 रुपये जुर्माना हो सकता है।  दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने बताया कि राजधानी में पटाखों के उत्पादन, भंडारण और बिक्री पर विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी के तहत 5,000 रुपये तक का जुर्माना और तीन साल की जेल होगी। 

दिल्ली सरकार ने सितंबर में एक आदेश जारी करके अगले साल एक जनवरी तक सभी प्रकार के पटाखों के उत्पादन, बिक्री और इस्तेमाल पर फिर से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था।  पिछले दो साल से इस तरह का प्रतिबंध जारी है. गोपाल राय ने कहा कि 21 अक्टूबर को एक जन-जागरूकता अभियान ‘दीये जलाओ पटाखे नहीं’ शुरू किया जाएगा।  दिल्ली सरकार शुक्रवार को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 51,000 दीये जलाएगी। 

 
 
 

मंत्री ने कहा, ‘दिल्ली में पटाखों की खरीद और इसे फोड़ने पर भारतीय दंड संहिता के तहत 200 रुपये का जुर्माना और छह महीने की जेल होगी.’ उन्होंने कहा कि प्रतिबंध लागू करने के लिए 408 टीमों का गठन किया गया है।  दिल्ली पुलिस ने सहायक पुलिस आयुक्त के तहत 210 टीमों का गठन किया है, जबकि राजस्व विभाग ने 165 और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति ने 33 टीमें गठित की हैं।  मंत्री ने कहा कि उल्लंघन के 188 मामलों का पता चला है और 16 अक्टूबर तक 2,917 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए हैं। 

और भी

PM किसान योजना की 12वीं किस्त जारी, भारत ब्रांड यूरिया भी लॉन्च

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को PM किसान सम्मान निधि योजना की 12वीं किस्त जारी की। 8 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में 16,000 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। इस योजना के तहत किसानों के खाते में एक साल में 2-2 हजार रुपए की तीन किश्त जारी की जाती हैं।

पीएम मोदी ने नई दिल्ली के भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में PM किसान सम्मान सम्मेलन 2022 का उद्घाटन भी किया। इसमें एग्रीकल्चर स्टार्टअप कॉन्क्लेव और प्रदर्शनी लगाई गई है। लगभग 300 स्टार्टअप्स ने प्रेसिजन फार्मिंग से संबंधित अपने इनोवेशन का प्रदर्शन किया है। पीएम मोदी ने रसायन और उर्वरक मंत्रालय के तहत 600 प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों  का शुभारंभ भी किया। इसके तहत, किसानों की जरूरतों को पूरा करने के लिए देश में 3.3 लाख से ज्यादा रिटेल फर्टिलाइजर दुकानों को PMKSK में बदला जाएगा।

 
 
 

पीएम किसान सम्मान सम्मेलन में प्रधानमंत्री भारतीय जन उर्वरक परियोजना - एक राष्ट्र एक उर्वरक का शुभारंभ भी किया। इस योजना के तहत, प्रधानमंत्री ने भारत यूरिया बैग लॉन्च किया, जो कंपनियों को सिंगल ब्रांड नाम भारत के तहत फर्टिलाइजर की मार्केटिंग में मदद करेगा।

और भी

अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए राहुल गांधी ने कर्नाटक में डाला वोट

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव जारी है। देशभर में 9 हजार से ज्यादा कांग्रेस के प्रतिनिधि अपने-अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। वोटिंग शाम चार बजे तक जारी रहेगी। गौरतलब है कि करीब 22 साल बाद कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है। गांधी परिवार के करीबी मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बीच मुकाबला है। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने वोट डाल दिया है। वहीं, राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेल्लारी में वोट डाला।

बता दें कि मतों की गिनती बुधवार को होगी। मतों की गिनती के बाद लगभग 24 साल बाद कांग्रेस का अध्यक्ष गैर गांधी परिवार से होगा। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने दिल्ली में एआईसीसी कार्यालय में कहा कि पार्टी के नए अध्यक्ष तय करेंगे कि नेतृत्व के दृष्टिकोण को कैसे आगे बढ़ाया जाए और कैसे लागू किया जाए। चुनाव के नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

और भी

नम आंखों से पिता की अस्थियां लेकर हरिद्वार रवाना हुए अखिलेश यादव

 लखनऊ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार सुबह नम आंखों से पिता मुलायम सिंह यादव की अस्थियां लेकर परिजनों संग सैफई से हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। सैफई हवाई पट्टी से निजी विमान से वह देहरादून के जौली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हरिद्वार के गंगा घाट जाएंगे। जहां विधि-विधान से पूजन के बाद नेताजी मुलायम सिंह की अस्थियों को गंगा में विसर्जित करेंगे।

अखिलेश यादव के साथ पत्नी डिंपल, चाचा शिवपाल सिंह यादव, आदित्य यादव, धर्मेंद्र यादव, अनुराग यादव, तेज प्रताप यादव भी हरिद्वार के लिए रवाना हुए। इन सबके देर शाम सैफई लौटने की संभावना है।

नेताजी मुलायम सिंह यादव का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में 10 अगस्त सोमवार सुबह 8:16 बजे निधन हो गया था। मंगलवार दोपहर 3:00 बजे महोत्सव ग्राउंड में बने समाधि स्थल पर मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार किया गया था। मुलायम सिंह यादव 82 साल के थे। मेदांता अस्पताल में वह वेंटिलेटर पर थे। पिछले रविवार से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में बेटे अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी थी।

 

 

और भी

सीबीआई मनीष सिसोदिया से कर रही है पूछताछ, घर पर लगी कड़ी सुरक्षा

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  केजरीवाल सरकार ने पिछले साल नवंबर में शराब नीति को लागू किया था. इस पर काफी विवाद हुआ।  इसके बाद उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली की शराब नीति में अनियमितताओं की CBI जांच की सिफारिश की थी। इस मामले में सीबीआई ने पिछले दिनों सिसोदियो के आवास पर छापेमारी भी की थी.दिल्ली में केजरीवाल सरकार की शराब नीति को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है।

दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया सोमवार को पूछताछ के लिए सीबीआई दफ्तर में पेश हुए। मनीष सिसोदिया सीबीआई दफ्तर से पहले आम आदमी पार्टी के दफ्तर गए. यहां से वे पार्टी नेताओं के साथ महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने राजघाट पहुंचे। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में आप समर्थक मौजूद रहे।

 
 
 

शक्ति प्रदर्शन के बाद वे पूछताछ के लिए जांच एजेंसी के सामने पेश हुए। आप नेताओं का दावा है कि सिसोदिया को गिरफ्तार करने के लिए बुलाया गया है।

और भी

मतदान के बाद सोनिया बोलीं- लंबे समय से इस चुनाव का था इंतजार

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए मतदान जारी हैं। वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे और शशि थरूर इस चुनावी मुकाबले में आमने-सामने हैं। 22 साल बाद हो रहे चुनाव के नतीजे 19 अक्तूबर को आएंगे। 9,000 से अधिक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के प्रतिनिधि गुप्त मतदान में पार्टी प्रमुख को चुनने के लिए मतदान करेंगे।

पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार चुनावी मुकाबले में एआईसीसी मुख्यालय और देश भर के 68 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान करने के बाद सोनिया गांधी ने पत्रकारों से कहा, मुझे इस दिन का लंबे समय से इंतजार था। कांग्रेस के नए अध्यक्ष के चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी मतदान किया।अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी व प्रियंका गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय पर अपना वोट डाला। 

 

 

और भी

सिसोदिया से पूछताछ के बीच AAP का CBI दफ्तर के बाहर प्रदर्शन, हिरासत में संजय सिंह

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राजधानी दिल्ली में आबकारी नीति बनाने और उसे लागू करने के कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पेशी के लिए सीबीआई के दफ्तर पहुंच गए हैं। मां का आशीर्वाद लेकर और पत्नी से तिलक लगवाकर मनीष सिसोदिया घर से निकले थे। वहीं, भाजपा ने सिसोदिया और केजरीवाल पर हमला बोला है। 

दिल्ली आबकारी नीति मामले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से सीबीआई पूछताछ को लेकर प्रदर्शन कर रहे कई आप नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिसमें आप सांसद संजय सिंह समेत अन्य कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के पास आप कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ रही है। पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए बैरीकेडिंग की है। साथ ही सीबीआई दफ्तर तक जाने की मनाही है।

फिलहाल सड़क पर आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से सीबीआई पूछताछ को लेकर आम आदमी पार्टी के सांसदों व विधायकों ने सीबीआई दफ्तर के पास विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इस दौरान सांसद संजय सिंह समेत अन्य आप नेता मौजूद रहे। उन्होंने मोदी-शाह होश में आओ गद्दी अपनी छोड़ के जाओ के नारे लगाकर विरोध प्रकट किया। 

और भी

नए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को मंदिर के बाहर से ही दर्शन कर लौटेना पड़ा

 जोशीमठ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नए शंकराचार्य को लेकर विवाद गरमाता जा रहा है। सोमवार को यहां माता अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद स्वामी को बाहर ही से दर्शन कर लौटना पड़ा। ज्योर्तिमठ के शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती महाराज के मठ की सुरक्षा बढ़ाई गई है। जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए गेट भी बंद कर दिए गए हैं।

जोशीमठ में सोमवार को शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज का नागरिक अभिनंदन होना है। उससे पहले पौराणिक मठ की सुरक्षा बढ़ाई गई है। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद स्वामी सुबह जैसे ही पुराने मठ में स्थित अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शनों को गए तो यहां मंदिर के मंडप में ताला लगा हुआ था, जबकि मंदिर अंदर से खुला था। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वर नंद मंदिर के बाहर से ही माता के दर्शन कर लौट आए. 

 
 
 
 
 

बता दें, कि सुप्रीम कोर्ट ने पट्टाभिषेक पर रोक लगाई है, लेकिन शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का कहना है कि उनका पट्टाभिषेक हो चुका है। इसलिए अब वह नए शंकराचार्य हैं, लेकिन नए शंकराचार्य को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। ज्योतिर्मठ में आज सोमवार को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य बनने पर महासम्मेलन का आयोजन होना है। महासम्मेलन को लेकर जोशीमठ नगर से लेकर ज्योतिर्मठ को भव्य रूप से सजाया गया है।

और भी