दुनिया-जगत - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

दुनिया-जगत

पीएम मोदी को ट्रंप का खास तोहफा

 अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 13 फरवरी को वाशिंगटन डीसी स्थित व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान उन्हें ‘अवर जर्नी टुगेदर’ पुस्तक भेंट की। किताब में पीएम मोदी और ट्रंप की दोस्ती की पुरानी यादें संकलित हैं। इसमें ट्रंप के भारत दौरे की अहम यादें भी शामिल हैं। किताब में अमेरिकी राष्ट्रपति के भारत दौरे पर आयोजित किए गए 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम की शानदार तस्वीरें संजोई गईं हैं। किताब में ट्रंप और मेलानिया की भी तस्वीरें हैं, जब दोनों ने आगरा का दौरा किया था और ताज का दीदार किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वाशिंगटन डीसी में सकारात्मक चर्चा की। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में भारत-अमेरिका साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मुझे खुशी है कि यहां प्रवेश करते ही मेरे मित्र ने मुझे पुरानी अहमदाबाद के क्रिकेट स्टेडियम की याद दिलाई, जहां हमने एक बड़ी रैली की थी और अहमदाबाद में नमस्ते ट्रंप और ह्यूस्टन में हाउडी मोदी ये दो बहुत बड़े ऐसे कार्यक्रम रहे जिसकी गूंज आज भी भारत के हर कोने में सुनाई देती है।

भारत-अमेरिका के संबंधों को एक नई ऊंचाई देने में राष्ट्रपति ट्रंप की बहुत बड़ी भूमिका रही है। मुझे विश्वास है कि आपके दूसरे कार्यकाल में हम और भी अधिक गति से काम करेंगे। जैसा कि मैंने भारत के लोगों से वादा किया है कि मेरे तीसरे कार्यकाल में हम तीन गुना गति से काम करेंगे, मेरा पूरा विश्वास है कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अगले चार वर्षों के दौरान हम भारत-अमेरिका के संबंधों की गति में दोगुनी गति  काम करेंगे।

 

 

और भी

भारत का राष्ट्रगान गाने के लिए उत्साहित गायिका मिलबेन

  अफ्रीकी-अमेरिकी गायिका और अभिनेत्री मैरी मिलबेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूएस यात्रा पर उत्साह जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और यूएस राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बेहद खास रिश्ता है। उन्होंने कहा कि वे दोनों राजनेताओं की मुलाकात और भारत का राष्ट्रगान गाने के लिए बेहद उत्साहित हैं।

पीएम मोदी को सुनने के लिए उत्साहित

एएनआई से बातचीत में मिलबेन ने कहा कि गुरुवार को ट्रंप और पीएम मोदी की बातों को सुनने के लिए वे उत्साहित हैं। उन्होंने भारत को अमेरिका के लिए एक जरूरी पार्टनर बताया। ट्रंप के पिछले कार्यकाल के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और यूएस के बीच बहुत ही अच्छे रिश्ते रहे हैं। उन्होंने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी को अपने कार्यकाल के शुरुआती दिनों में यहां आमंत्रित किया, यह भारत और अमेरिका के खास रिश्ते की ओर इशारा करता है।

 

भारत का राष्ट्रगान गाएंगी मिलबेन

अफ्रीकी-अमेरिकी सिंगर ने कहा कि भारत हमारा सबसे खास लोकतांत्रिक साथी देश है। हम देखने के लिए उत्साहित हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी साथ मिलकर क्या खास करने वाले हैं। पीएम मोदी और ट्रंप की साल 2023 की मुलाकात को फिर से याद करने का ये वाकई एक खास मौका है। मैं भारत का राष्ट्रगान गाने के लिए उत्साहित हैं। इस मौके पर कई सारे भारतीय साथी भी आने वाले हैं।

इस जगह रुके हैं प्रधानमंत्री मोदी

मिलबेन ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी को ब्लेयर हाउस में ठहराया गया है। ये स्थान अमेरिकी राष्ट्रपति के मेहमानों की मेजबानी का सबसे सुंदर स्थान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी फिर से आए हैं, ऐसे में साल 2023 में जो राष्ट्रगान गाया था, ये यादें फिर से ताजा होने वाली हैं। डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के लिए पदभार संभालने के बाद यह पीएम मोदी की पहली अमेरिका यात्रा है। बता दें प्रधानमंत्री मोदी दो दिन की यूएस यात्रा पर आए हैं।

 

 

और भी

भारी लैंडस्लाइड्स से थर्राया दक्षिण-पश्चिमी चीन, 30 लोग लापता

 चीन भारी लैंड्स्लाइड से थर्रा उठा है। बताया जा रहा है कि दक्षिण-पश्चिमी चीन के सिचुआन प्रांत में शनिवार को दिल दहला देने वाला भूस्खलन हुआ है। जिसके कारण करीब 10 घर इसकी चपेट में आ गए हैं। इस घटना में 30 लोग लापता हो गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। देश के सरकारी प्रसारक ‘सीसीटीवी’ द्वारा जारी खबर में बताया गया कि आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने जुनलियान काउंटी में भूस्खलन के बाद अग्निशमनकर्मियों सहित सैकड़ों बचावकर्मियों को तैनात किया है जिसके बाद मलबे में दबे दो लोगों को जीवित बाहर निकाला गया। अन्य लोगों की तलाश में टीमें जुटी हुई हैं। लोगों को जल्द से जल्द रेस्क्यू करने का प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रपति ने दिया मदद का भरोसा

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ द्वारा जारी खबर में बताया गया कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अधिकारियों से लापता लोगों की तलाश करने तथा लोगों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया है। इसके अनुसार, चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग ने आस-पास के क्षेत्रों में संभावित भूवैज्ञानिक खतरों की जांच और निरीक्षण करने के लिए कहा है।

और भी

हादसे का हुआ शिकार हुआ लापता अमेरिकी विमान, 10 की मौत

   पश्चिमी अलास्का में नोम शहर जाते समय लापता हुए विमान का मलबा मिल गया है। विमान समुद्री बर्फ पर हादसे का शिकार हुआ था। इस हादसे में विमान में सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई है। यूएस कोस्ट गार्ड के प्रवक्ता माइक सालेर्नो ने जानकारी देते हुए बताया कि बचाव दल ने मलबा खोज लिया है। हेलीकॉप्टर से विमान का मलबा दिखने के बाद बचाव दल को मौके पर भेजा गया। बचाव दल ने पाया कि विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई है।

अलास्का के डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी के अनुसार, बेरिंग एयर का सिंगल-इंजन टर्बोप्रॉप विमान 9 यात्रियों और एक पायलट के साथ उनालक्लीट से रवाना हुआ था। अलास्का के सबसे पश्चिमी प्रमुख शहर नोम के पास विमान का संपर्क टूट गया था। कोस्ट गार्ड ने कहा कि यह नोम से 30 मील (48 किलोमीटर) दक्षिण-पूर्व में लापता हुआ था। इसके बाद बचाव का काम शुरू किया गया और कुछ घंटों बाद उन्हें विमान का मलबा मिल गया। 

खराब मौसम में विमान ने भरी थी उड़ान

हादसे के बाद अब इस तरह की जानकारी भी सामने आ रही है कि जब विमान ने उड़ान भरी तो हल्की बर्फबारी और कोहरा था। उड़ान के बाद अधिकारियों का विमान से संपर्क टूट गया था। व्हाइट माउंटेन के अग्निशमन प्रमुख जैक एडम्स ने कहा कि विमान नोम के तट से लेकर टॉपकोक के बीच कहीं रडार से गायब हुआ था।

विमान से नहीं मिले संकेत

कोस्ट गार्ड लेफ्टिनेंट कमांडर बेंजामिन मैकइंटायर-कोबल ने कहा कि उन्हें विमान से किसी भी संकट के संकेत की जानकारी नहीं मिली थी। विमानों में एक आपातकालीन लोकेटिंग ट्रांसमीटर होता है। समुद्री जल के संपर्क में आने पर एक मैसेज कोस्ट गार्ड को मिलता है ताकि यह संकेत मिल सके कि विमान संकट में है। उन्होंने कहा कि कोस्ट गार्ड को ऐसे कोई संदेश नहीं मिले थे।

और भी

नाइजीरिया में घात लगाकर किए गए हमले में 10 सैनिकों की मौत

 पड़ोसी मुल्क बुर्किना फासो, माली एक दशक से अधिक समय से जिहादी समूहों के विद्रोह से जूझ रहे हैं। कुछ समूह आतंकवादी संगठन अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट से जुड़े हैं। पश्चिमी नाइजीरिया में बुर्किना फासो से लगती सीमा पर मवेशी तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भेजी गई सैन्य टुकड़ी पर हथियारबंद हमलावरों ने घात लगाकर हमला कर दिया जिसमें कम से कम 10 जवान मारे गए। नाइजीरिया की सैन्य सरकार ने यह जानकारी दी।

सेना ने बुधवार रात एक बयान जारी कर कहा कि तकजात गांव में मवेशी तस्करों को पकड़ने के लिए सैन्य टुकड़ी को सोमवार को तैनात किया गया था। ‘‘अभियान के दौरान अपराधियों के एक समूह ने सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला कर दिया जिसमें हमारे 10 सैनिक मारे गए।’’ बयान में कहा गया कि हमलावर फरार हो गए लेकिन सेना ने मंगलवार को 15 ‘‘आतंकवादियों’’ को पकड़ लिया और उन्हें मार गिराया। नाइजीरिया और पड़ोसी मुल्क बुर्किना फासो, माली एक दशक से अधिक समय से जिहादी समूहों के विद्रोह से जूझ रहे हैं।

कुछ समूह आतंकवादी संगठन अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट से जुड़े हैं। तीनों ही देशों में सैन्य सरकार हैं और उन्होंने सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे फ्रांस के सैनिकों को वापस भेज दिया है। तीनों देशों ने एक नया सुरक्षा गठबंधन स्थापित करके आपसी सहयोग को मजबूत करने का प्रण लिया है।

और भी

छत्तीसगढ़ के फिल्म अभिनेता और भाजपा नेता राजेश अवस्थी का निधन

 छत्तीसगढ़ के फिल्म अभिनेता और भाजपा नेता राजेश अवस्थी का हार्ट अटैक से निधन हो गया। उन्होंने देर रात अस्पताल में अंतिम सांस ली।

स्व. राजेश अवस्थी छत्तीसगढ़ी फिल्म के प्रमुख अभिनेता थे। फिल्म अभिनेता प्रकाश अवस्थी के छोटे भाई हैं। वे भारतीय जनता पार्टी के साहित्यिक ,संस्कृत मोर्चा के संयोजक रह चुके हैं। साथ ही वे विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं, राजेश अवस्थी अमलीपदर गरियाबंद के रहने वाले थे।

सीएम साय ने जताया दुःख


राजेश अवस्थी के निधन पर सीएम विष्णुदेव साय ने दुःख व्यक्त किया है उन्होंने लिखा कि, छत्तीसगढ़ी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता एवं निर्माता, भारतीय जनता पार्टी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री राजेश अवस्थी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।

पूर्व में वह छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष भी रहे और यहां की लोक कला, संस्कृति एवं परंपरा के संवर्धन में उनका अनुकरणीय योगदान रहा।

उनका निधन छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों, उनके शुभचिंतकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

हमने समर्पित कार्यकर्ता खो दिया - किरण देव

प्रदेश अध्यक्ष भाजपा किरण सिंहदेव दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि, आज हम सब बहुत दुखी हैं शोक में है  हमारी पार्टी के सिपाही, भारतीय जनता पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक, छत्तीसगढ़ के गौरव भाई राजेश अवस्थी का निधन समाचार मिलने से मन बहुत आहत है।

हमने एक बेहद समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी। मैं भगवान से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। परिवार जनों को इस भारी दुख को सहने की शक्ति मिले ऐसी भगवान के चरणों में प्रार्थना है।

और भी

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने दी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण की मंजूरी

 मुंबई 26/11 हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को भारत लाने का रास्ता साफ हो गया है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राणा के प्रत्यर्पण की मंजूरी दे दी है। कोर्ट ने उसकी दोषसिद्धि के खिलाफ समीक्षा याचिका को खारिज कर दिया है। भारत, पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा था। राणा 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के मामले में वांछित है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह तहव्वुर राणा के लिए भारत को प्रत्यर्पित न किए जाने का आखिरी कानूनी मौका था। इससे पहले, राणा सैन फ्रांसिस्को में उत्तरी सर्किट के लिए अमेरिकी अपील कोर्ट समेत कई संघीय अदालतों में कानूनी लड़ाई हार चुका है।

 

राणा ने पिछले साल 13 नवंबर को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में 'प्रमाणपत्र' के लिए याचिका दाखिल की थी। डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के एक दिन बाद 21 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने राणा की याचिका को अस्वीकार कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने कहा, याचिका स्वीकार नहीं की जाती।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तहव्वुर राणा फिलहाल लॉस एंजिल्स के मेट्रोपोलिटन डिटेंशन सेंटर में हिरासत में है। बता दें कि अमेरिकी कोर्ट ने अगस्त 2024 में फैसला सुनाते हुए भारत-अमेरिका प्रत्यर्पण संधि के तहत राणा को भारत भेजने की मंजूरी दी थी, लेकिन मामला कागजी कार्रवाई में ही अटका रहा। भारतीय एजेंसियों ने कोर्ट में सभी सबूत पेश किए थे, जिसके बाद कोर्ट ने मंजूरी दी थी।

 

अमेरिका के एफबीआई ने राणा को साल 2009 में शिकागो से गिरफ्तार किया था। वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के ऑपरेटिव के तौर पर भारत में काम कर रहा था। हमले के मुख्य मास्टरमाइंड डेविड कोलमैन हेडली को राणा ने ही हमले की साजिश रचने, रेकी करने में मदद की थी। जिसके सबूत भारत ने अमेरिका की कोर्ट में पेश किए थे, जिनमें राणा की संलिप्तता साफ दिखाई दी थी।

 

गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई आतंकवादियों की गोलियों की तड़तड़ाहट से कांप उठी थी। आतंकी हमलों में छह अमेरिकी नागरिकों समेत 166 लोग मारे गए थे, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे।

 

 

और भी

लॉस एंजिल्स में इस जगह लगी आग, तत्काल लोगों को मिले घर खाली करने के आदेश

 एंजिल्स के जंगल फिर से आग में धधकने लगे है। लॉस एंजिल्स के उत्तर में कास्टिक झील है, जिसके पास में जंगल है। इस जंगल में फिर से आग लग गई है। इस आग के कारण स्थानीय 31 हजार लोगों को अपना घर खाली करना पड़ा है।

ये आग काफी बड़ी है और तेजी से फैल रही है। कुछ ही घंटों में ये आग 8000 एकड़ के इलाके में फैल चुकी है। ये सारा इलाका जल चुका है। ये आग सुखी हुई झाड़ियों और तेज हवा के कारण तेजी से फैलती जा रही है, जिसपर काबू पाना मुश्किल होता जा रहा है।

 
और भी

श्रीलंका ने 41 भारतीय मछुआरों को किया रिहा, स्वदेश लौटे

  श्रीलंका ने 41 भारतीय मछुआरे को किया रिहा कर दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि तमिलनाडु के 41 मछुआरे चेन्नई हवाई अड्डे पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका की नौसेना ने इन मछुआरों को 8 सितंबर, 2024 को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पार करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

श्रीलंकाई अधिकारियों द्वारा रिहा किए जाने के बाद मछुआरे मंगलवार देर रात चेन्नई हवाई अड्डे पर पहुंचे। तमिलनाडु तटीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 41 मछुआरों में से 35 रामनाथपुरम के निवासी हैं, जबकि अन्य नागपट्टिनम और पुदुकोट्टई जिलों के रहने वाले हैं। स्वदेश लौटने पर मछुआरों को नागरिकता सत्यापन, सीमा शुल्क जांच और अन्य औपचारिकताओं से गुजरना पड़ा।

 

तमिलनाडु मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने मछुआरों का स्वागत किया और अलग-अलग वाहनों में उनके गृहनगरों तक परिवहन की व्यवस्था की। इससे पहले श्रीलंका ने तमिलनाडु के 15 मछुआरों के एक समूह को रिहा किया था, जो 16 जनवरी को चेन्नई पहुंचे थे।

भारतीय मछुआरों की बार-बार गिरफ्तारी एक बड़ा मुद्दा बन गया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हाल ही में भारत यात्रा पर आए श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा दिसानायके के साथ चर्चा के दौरान इस मुद्दे को उठाया था।

 

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी केंद्र सरकार से लगातार गिरफ्तारियों पर रोक लगाने और राज्य के मछुआरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

तमिलनाडु के मछुआरा संघों ने तटीय जिलों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किए और निर्णायक कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखकर उनसे बीच समुद्र में होने वाली गिरफ्तारियों और मछली पकड़ने वाली मशीनीकृत नावों की जब्ती पर रोक लगाने का आग्रह किया था, जो उनकी आजीविका के लिए महत्वपूर्ण हैं।

 

पट्टाली मक्कल कच्ची (पीएमके) के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबुमणि रामदास ने भी आगे की हिरासतों को रोकने के लिए भारत सरकार से कड़े हस्तक्षेप की मांग की थी। वर्तमान में, तमिलनाडु के 504 भारतीय मछुआरे कथित तौर पर 48 मशीनीकृत मछली पकड़ने वाली नौकाओं के साथ श्रीलंका की हिरासत में हैं।

 

 

और भी

निकोलस मादुरो ने ली वेनेजुएला के राष्ट्रपति पद की शपथ

निकोलस मादुरो ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। उन्होंने अपने तीसरे कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति पद की शपथ ली। उनके शपथ ग्रहण समारोह में क्यूबा, निकारागुआ के राष्ट्रपति शामिल हुए। मादुरो 2013 से राष्ट्रपति हैं।

मादुरो ने शुक्रवार वेनेजुएला की राष्ट्रीय असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रॉड्रिग्ज के सामने शपथ ली। इस दौरान उन्होंने वेनेजुएला में शांति, समृद्धि, समानता और नए लोकतंत्र सुनिश्चित करने का संकल्प लिया

वेनेजुएला के राष्ट्रपति के रूप में तीसरी बार शपथ लेने के बाद मादुरो ने कहा, मैं इतिहास और अपने जीवन की कसम खाता हूं कि मैं अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूंगा। इसके बाद उन्हें राष्ट्रपति की पट्टी और ऑर्डर ऑफ द लिबरेटर्स मिला, जो वेनेजुएला में राष्ट्रपति के अधिकार का प्रतीक है।

मादुरो ने शपथ के बाद अपने भाषण में एक प्रमुख संवैधानिक सुधार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए व्यापक वार्ता प्रक्रिया का आह्वान किया। उनके मुताबिक ये वेनेजुएला को और लोकतांत्रिक बनाएगा।

 
 

उन्होंने कहा, इस सुधार का उद्देश्य नई अर्थव्यवस्था और समाज के आधार पर संविधान के सिद्धांतों को अप-टू-डेट करना और देश को नए तकनीकी खतरों से बचाना है।

मादुरो ने कहा, आज मैं संवैधानिक सुधार परियोजना का मसौदा तैयार करने के लिए एक व्यापक राष्ट्रीय आयोग बनाने के हुक्मनामे पर हस्ताक्षर करूंगा, जिसका उद्देश्य लोकतंत्रीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना और वेनेजुएला के नए समाज और अर्थव्यवस्था को परिभाषित करना है।

 
 

राष्ट्रीय चुनाव परिषद के आंकड़ों के अनुसार, मादुरो ने 51.95 प्रतिशत वोट के साथ 28 जुलाई 2024 को राष्ट्रपति चुनाव जीता था।

हालांकि, उनकी जीत को लेकर सवाल भी खड़े हुए थे, लेकिन वेनेजुएला के चुनाव प्राधिकरण और शीर्ष अदालत ने मादुरो को चुनाव में विजेता घोषित किया था।

23 नवंबर 1962 को जन्मे निकोलास मादुरो साल 2013 से वेनेजुएला के राष्ट्रपति हैं। बीते कुछ समय में मादुरो की सरकार के कारण वेनेज़ुएला को भारी आर्थिक संकट का सामना भी करना पड़ रहा है।

 

 

और भी

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर का निधन

 पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर का रविवार को 100 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह अब तक के सबसे अधिक उम्र तक जीवित रहने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति थे। वह भारत आने वाले तीसरे अमेरिकी राष्ट्रपति भी थे। कार्टर का निधन उनके घर जॉर्जिया में हुआ। वह त्वचा के कैंसर (मेलानोमा) से पीड़ित थे, जो उनके लीवर और दिमाग तक फैल गया था। उन्होंने इलाज बंद कर दिया था और घर पर ही देखभाल में थे।

उनकी मृत्यु की जानकारी अटलांटा स्थित कार्टर सेंटर ने दी। उनके बेटे चिप कार्टर ने कहा, "मेरे पिता मेरे लिए और उन सभी के लिए नायक थे, जो शांति, मानवाधिकार और निस्वार्थ प्रेम में विश्वास रखते हैं। उन्होंने लोगों को एक साथ जोड़कर पूरी दुनिया को हमारा परिवार बना दिया। उनकी स्मृति का सम्मान करने के लिए इन मूल्यों को अपनाते रहें।"

 

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कार्टर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "यह एक दुखद दिन है, लेकिन इसके साथ ही उनके साथ जुड़ी हुई ढेर सारी अविश्वसनीय यादें भी हैं। मेरे विचार से आज अमेरिका और विश्व ने एक उल्लेखनीय लीडर खो दिया। वह एक राजनेता और मानवतावादी थे और मैंने एक प्रिय मित्र को भी खो दिया। मैं 50 वर्षों से अधिक समय से जिमी कार्टर को जानता हूं।

 

उन वर्षों में मेरी उनके साथ अनगिनत बातचीत हुई... हालांकि मुझे जिमी कार्टर के बारे में जो बात असाधारण लगती है, वह यह है कि दुनिया भर में लाखों लोग महसूस करते हैं कि उन्होंने एक दोस्त भी खो दिया है, भले ही वे उनसे कभी नहीं मिले हों। ऐसा इसलिए है क्योंकि जिमी कार्टर ने कथनी में नहीं बल्कि करनी में यकीन रखा। उन्होंने न केवल घर में, बल्कि दुनिया भर में बीमारी को खत्म करने के लिए काम किया। उन्होंने शांति कायम की, नागरिक अधिकारों, मानवाधिकारों को आगे बढ़ाया और दुनिया भर में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों को बढ़ावा दिया।

 

वहीं अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जिम्मी के राष्ट्रपति बनने के समय हमारा देश नाजुक दौर से गुजर रहा था और उन्होंने अमेरिकी लोगों के जीवन में सुधार के लिए अपनी ओर से हर संभव प्रयास किए। इसके लिए, हम सब उनके आभारी हैं। इस मुश्किल समय में मैं और मेरी पत्नी कार्टर के परिवार और उनके प्रियजनों के बारे में सोच रहे हैं। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि उनको अपने दुआओं में रखें।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति कार्टर ने डेमोक्रेट पार्टी की ओर से 1977 से 1981 तक एक कार्यकाल पूरा किया। उनके समय में इजरायल और मिस्र के बीच कैंप डेविड समझौते जैसी उपलब्धियां थीं। कार्टर ने राष्ट्रपति पद के बाद भी असाधारण काम किए और 2002 में शांति के लिए नोबेल पुरस्कार जीता। उन्हें यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय विवादों का शांतिपूर्ण हल खोजने, लोकतंत्र और मानवाधिकार बढ़ाने, तथा आर्थिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए दिया गया।

कार्टर 1978 में भारत यात्रा के दौरान अपनी पत्नी के साथ आए थे। उन्होंने राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी और प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई से मुलाकात की थी और संसद को संबोधित किया था। गुरुग्राम के एक गांव का नाम, जहां वे गए थे, उनके सम्मान में "कार्टरपुरी" रखा गया, जो आज भी है।

और भी

पाकिस्तान में सुरक्षा चौकी पर हमला, 16 सैनिकों की मौत

 खैबर पख्तूनख्वा (केपी) प्रांत में शनिवार तड़के सुरक्षा चौकी पर हमला हुआ, जिसमें 16 सैनिकों की मौत हो गई और आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ऊपरी दक्षिण वजीरिस्तान जिले के लिटा सर इलाके में यह हमला हुआ।

सुरक्षा बलों पर हमले ऐसे समय में हुए हैं जब पाकिस्तान की सर्वोच्च समिति ने केपी के कुर्रम जिले को हथियार रहित करने का एक बड़ा फैसला लिया है, जहां घातक सांप्रदायिक झड़पों में 150 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। जिले में 70 दिनों से ज्यादा समय से भोजन, पानी, ईंधन और दवाइयों सहित बुनियादी ज़रूरतों की कमी है, जिसके कारण कम से कम 29 बच्चों की मौत हो गई है।

 

केपी के कोहाट शहर में एक जिरगा (नेताओं की एक पारंपरिक परिषद) कई हफ्तों से सभी पक्षों को आपसी सहमति से शांति समझौते के लिए तैयार करने की कोशिश कर रहा है।

पाकिस्तान की सर्वोच्च समिति, जो देश में निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था है, ने 1 फरवरी, 2025 तक कुर्रम जिले के सभी हथियार और गोला-बारूद जब्त करने का फ़ैसला किया है।

 

दोनों पक्षों को 15 दिनों के भीतर स्वेच्छा से अपने हथियार और गोला-बारूद जमा करने होंगे और एक समझौते पर हस्ताक्षर करने होंगे, जिसके लिए सरकार गारंटर होगी। यह फैसला लिया गया है कि 1 फरवरी तक सभी बंकरों को ध्वस्त कर दिया जाएगा, जबकि फ्रंटियर कोर और पुलिस संयुक्त रूप से सैन्य काफिलों को सुरक्षा प्रदान करेंगे।

विशेषज्ञों का मानना ​​है कि शीर्ष समिति के निर्णय पर स्थानीय जनजातियों के लिए सहमत होना आसान प्रस्ताव नहीं हो सकता है क्योंकि कुर्रम जिले में हथियारों की भारी भरकम मात्रा है। जनजातीय समूहों का कहना है हथियारों का इस्तेमाल वह अपनी रक्षा के लिए करते हैं।

और भी

इजरायल ने की एक और बड़ी एयरस्ट्राइक, हिजबुल्लाह के 440 लड़ाके ढेर

  इजरायली सेना ने लेबनान के दक्षिणी बेरूत पर एक और भीषण हवाई हमला किया है। हमले की तस्वीरें और वीडियो देखकर आपकी आत्मा भी कांप उठेगी।

रॉयटर्स के प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में शनिवार देर रात से रविवार तक बड़े पैमाने पर लगातार हमले हुए। इससे शहर भर में धमाके सुनाई देते रहे और कई किलोमीटर दूर से लगभग 30 मिनट तक आसमान में लाल और सफेद रंग की चमक दिखाई दी। आसमान में आग की लपटें और काला धुआं भी देखा गया। इजरायली सेना ने अपने अभियान के दौरान अब तक 440 हिजबुल्लाह लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया है। 

 

हमला इतना अधिक घातक था कि पूरा बेरूत दहल गया। इस हमले में सैकड़ों इमारतें ताश के पत्तों की तरह एक साथ बिखर गईं। हालांकि हमले के दौरान होने वाली मौतों के बारे में अभी कोई सूचना सामने नहीं आ सकी है। मगर ईरान समर्थित सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह के गढ़ माने जाने वाले बेरुत उपनगरों पर इज़रायल की इस बमबारी से भारी नुकसान की आशंका जाहिर की गई है। अभी कुछ दिन पहले ही इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह के नेता सैय्यद हसन नसरल्लाह को मार डाला था। इसके बाद हाशिफ सफीद्दीन नया हिजबुल्लाह चीफ बना था। संभवतः नसरल्लाह के इस उत्तराधिकारी की मौत हो गई है। क्योंकि कई दिनों पहले आईडीएफ ने सफीद्दीन के मारे जाने की आशंका जाहिर की थी, तब से वह किसी के संपर्क में नहीं है। 

 

1 हफ्ते से संपर्क में नहीं है सफीद्दीन

लेबनान के एक सुरक्षा सूत्र ने शनिवार को कहा कि शहर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक इजरायली हवाई हमले के बाद हाशिम सफीदीन संपर्क से बाहर हो गए थे। इजरायल ने यह हमला बीते शुक्रवार को किया था, जिसमें कथित तौर पर उसे निशाना बनाया गया था। इज़रायली सेना ने 27 सितंबर को बेरूत में समूह के केंद्रीय कमान मुख्यालय पर हमले में नसरल्लाह को मार गिराया था। इसके बाद हिजबुल्लाह ने पुष्टि कर दी थी कि वह मारा गया है। मगर सफीद्दीन को लेकर अभी तक हिजबुल्लाह की ओर से कोई घोषणा नहीं की गई है। लेबनानी सुरक्षा सूत्रों ने कहा कि मध्य बेरूत के दक्षिण में एक आवासीय क्षेत्र और हिजबुल्लाह के गढ़ दहियाह पर शुक्रवार से इजरायली हमलों ने बचावकर्मियों को गुरुवार रात के हमले की जगह का पता लगाने से रोक दिया है।

 

हिजबुल्लाह के 2000 ठिकाने तबाह

इजरायली सेना के प्रवक्ता रियर एडमिरल डेनियल हगारी ने शनिवार को कहा कि इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में अपने जमीनी अभियान में 440 हिजबुल्लाह लड़ाकों को मार गिराया है और 2,000 हिजबुल्लाह ठिकानों को नष्ट कर दिया है। हिजबुल्लाह ने मरने वालों की संख्या जारी नहीं की है। इज़रायल का कहना है कि उसने उत्तरी इज़राइल में अपने घरों में हजारों नागरिकों की सुरक्षित वापसी को सक्षम करने के लिए हिजबुल्लाह पर अपना हमला तेज कर दिया है। इज़रायली अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि दक्षिणी लेबनान में अब तक नौ इज़रायली सैनिक भी मारे गए हैं।

और भी

जापान के नए प्रधानमंत्री होंगे शिगेरू इशिबा

जापान के पूर्व रक्षा मंत्री शिगेरू इशिबा देश के अगले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। उनकी आधिकारिक संसदीय नियुक्ति मंगलवार को होनी है। उन्होंने शुक्रवार को सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के अध्यक्ष पद के चुनाव में जीत हासिल की।

 

67 वर्षीय इशिबा ने अध्यक्ष पद चुनाव में 215 वोटों के साथ आर्थिक सुरक्षा मंत्री साने ताकाइची को हराया, जिन्हें 194 वोट मिले। वे प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा की जगह लेंगे। किशिदा ने सत्तारूढ़ पार्टी को हिला देने वाले 'स्लश फंड' घोटाले के बाद पद छोड़ने का फैसला किया था।

एलडीपी नेतृत्व के लिए इशिबा की यह पांचवीं दावेदारी थी। पिछले कुछ वर्षों उनकी छिव रक्षा, कृषि की गहरी जानकारी रखने वाले अनुभवी नीति विशेषज्ञ के रूप में बनी है।

इशिबा ने एलडीपी मुख्यालय में समर्थकों को संबोधित करते हुए पार्टी के भीतर एकता का आह्वान किया। उन्होंने घोषणा की, मैं जापान को एक सुरक्षित देश बनाने के लिए खुद को समर्पित करूंगा।

अब सबका ध्यान प्रतिनिधि सभा को भंग करने और आम चुनाव की तारीखों की घोषणा पर टिका है। इशिबा के सामने तत्काल कुछ बड़ी चुनौतियां हैं। इनमें एलडीपी में जनता का भरोसा बहाल करना शामिल है, जिसकी छवि को 'स्लश फंड' घोटाले की वजह से गहरा धक्का पहुंचा है। चीन, उत्तर कोरिया और रूस से बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उनके नेतृत्व का परीक्षण होगा।

कुछ दिन पहले ही मुख्य विपक्षी दल कांस्टीट्यूशनल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ जापान (सीडीपीजे) के अध्यक्ष पद का भी चुनाव हुआ। विपक्षी पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री योशीहिको नोडा को अपना नया नेता चुना है।

सीडीपीजे संभावित आम चुनाव में अधिक सीटें हासिल करने की कोशिशों को तेज कर रही है। यह लंबे समय से प्रभावी एलडीपी को गंभीर चुनौती देना चाहती है।

और भी

बच गई ट्रूडो सरकार, गिरा अविश्वास प्रस्ताव लेकिन संकट बरकरार

  कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को अपनी अल्पसंख्यक लिबरल सरकार के पहले बड़े परीक्षण में सफलता मिल गई। अविश्वास प्रस्ताव से बाल-बाल बच गए, ट्रूडो की लोकप्रियता नौ साल के कार्यकाल में काफी घट गई है। एक गरमागरम बहस के बाद लिबरल को हटाने और अचानक चुनाव कराने के कंजर्वेटिव प्रस्ताव के खिलाफ 211 के मुकाबले 120 वोट पड़े।

हालांकि, सत्ता पर ट्रूडो की कमजोर पकड़ को आने वाले दिनों और हफ्तों में और अधिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि मुख्य विपक्षी कंजर्वेटिव ने मंगलवार को सरकार को गिराने की फिर से कोशिश करने की कसम खाई है।

जनमत सर्वेक्षणों में बहुत आगे, टोरी नेता पियरे पोयलिवर अचानक चुनाव के लिए उत्सुक हैं, क्योंकि वामपंथी न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी (एनडीपी) ने इस महीने की शुरुआत में लिबरल के साथ गठबंधन समझौते को तोड़ दिया था, जिससे ट्रूडो सरकार के गिरने का खतरा बना हुआ है।

आक्रामक पोयलिवर ने ट्रूडो की तीखी आलोचना की है। उन्हें हर मोर्चे पर विफल करार दिया है। उनके मुताबिक वर्तमान कनाडियाई पीएम बढ़ती महंगाई, आवासीय संकट और अपराध से निपटने में विफल रहे हैं, जबकि राष्ट्रीय ऋण दोगुना हो गया है।

कॉमन्स डिबेट के दौरान उन्होंने कहा, नौ साल की लिबरल सरकार के बाद, कनाडा का वादा टूट गया है। लेकिन अन्य विपक्षी दलों, जिनके समर्थन की लिबरल को गिराने के लिए आवश्यकता है, ने उनके दक्षिणपंथी एजेंडे का विरोध किया। लिबरल हाउस की नेता करीना गोल्ड ने टोरीज़ पर "खेल खेलने" का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि यह बहुत ही अटपटा है कि वे कल एक और अविश्वास प्रस्ताव पेश करने जा रहे हैं।

अविश्वास प्रस्ताव के तुरंत बाद, एनडीपी ने पूंजीगत लाभ करों पर कानून पारित करने के लिए फिर से लिबरल का साथ दिया, जिससे एक और राजनीतिक संकट टल गया।

पोयलिवर ने कोशिश जारी रखने की कसम खाई है, सरकार को गिराने का अगला अवसर अगले सप्ताह पेश किया जाएगा। यदि वह विफल हो जाता है, तो वर्ष के अंत से पहले उनके पास कुछ और मौके होंगे।

अलगाववादी ब्लॉक क्यूबेकॉइस ने भी अक्टूबर के अंत से संसद में अपने निरंतर समर्थन के लिए सत्तारूढ़ लिबरल्स से रियायतों की मांग की है। ट्रूडो 2015 में सत्ता में आए, और 2019 और 2021 के मतपत्रों में पोयलिवर के दो पूर्ववर्तियों को हराकर सत्ता में बने रहने में सफल रहे। लिबरल्स को सहारा देने के लिए न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ किए गए समझौते से उनकी सरकार 2025 के अंत तक सत्ता में बनी रहती।

लेकिन एनडीपी ने लिबरल्स के साथ अपने गठबंधन को सही नहीं माना। उसके मुताबिक इस अलायंस से उसकी लोकप्रियता को नुकसान पहुंच रहा है इसलिए उसने साथ छोड़ना बेहतर समझा। हाल ही में एंगस रीड पोल के अनुसार, कंजर्वेटिव लिबरल्स से काफी आगे हैं। एनडीपी नेता जगमीत सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी वोट करने का फैसला करने से पहले संसद में प्रत्येक बिल का मूल्यांकन करेगी।

 

 

और भी

हरिनी अमरसूर्या ने श्रीलंका के नए प्रधानमंत्री के रूप में ली शपथ

 नेशनल पीपुल्स पावर (एनपीपी) सांसद हरिनी अमरसूर्या ने मंगलवार को श्रीलंका के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। पीएम के तौर पर उनकी नियुक्ति श्रीलंका की राजनीति में एक महत्वपूर्ण क्षण है। वह चंद्रिका भंडारनायके कुमारतुंगा और सिरीमावो भंडारनायके के बाद प्रधानमंत्री का पद संभालने वाली तीसरी महिला बन गई हैं।

अमरसूर्या एक प्रसिद्ध शिक्षाविद, राइट्स एक्टिविस्ट और यूनिवर्सिटी लेक्चरर हैं। उन्होंने शिक्षा और सामाजिक न्याय के लिए विशेष रूप से काम किया है। इंडियन हाई कमिश्नर ने नए राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ बैठक के बाद, सोमवार को कोलंबो में अमरसूर्या से भी मुलाकात की।

इंडियन हाई कमिशन ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, एचसी संतोष झा ने एनपीपी सांसद हरिनी अमरसूर्या से मुलाकात की और राष्ट्रपति चुनाव में अनुरा कुमारा दिसानायके की जीत पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने अमरसूर्या को भारत-श्रीलंका द्विपक्षीय पहलों के बारे में भी जानकारी दी।

इससे पहले सोमवार को दिनेश गुणवर्धने ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके को लिखे पत्र में गुणवर्धने ने कहा कि वह नए राष्ट्रपति के चुनाव के बाद नए मंत्रिमंडल की नियुक्ति के लिए इस्तीफा दे रहे हैं।

अनुरा दिसानायके ने सोमवार को श्रीलंका के नौवें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। यह पहली बार है जब एक वामपंथी नेता ने राष्ट्राध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। दिसानायके , मार्क्सवादी विचारधारा वाली जनता विमुक्ति पेरामुना (जेवीपी) से आते हैं।

चुनाव में पहली बार राष्ट्रपति पद के लिए दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती की गई। यह तब हुआ जब दिसानायके और समागी जन संधानया के उम्मीदवार सजित प्रेमदासा, जरुरी वोट प्रतिशत हासिल करने में नाकाम रहे। इसके बाद दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती करने की जरुरत पड़ी।

रविवार शाम 7 बजे चुनाव आयोग द्वारा अंतिम परिणाम घोषित किए गए। आयोग के अनुसार, दिसानायके ने 42.31 प्रतिशत वोटों के साथ राष्ट्रपति पद जीता, जबकि प्रेमदासा दूसरे स्थान पर रहे और मौजूदा राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, जो पहले दौर के बाद बाहर हो गए थे, तीसरे स्थान पर रहे।

और भी

इस्राइली के हमलों में करीब 500 लोग मरे

 इस्राइली सेना द्वारा लेबनान में किए गए हवाई हमलों में मरने वालों का आंकड़ा 500 के करीब पहुंच गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस्राइली हवाई हमलों में 492 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 35 बच्चे और 58 महिलाएं शामिल हैं। जबकि, 1645 लोग घायल हुए हैं। 

 

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस्राइली हवाई हमले बिंट जेबिल, एतारौन, मजदल सेलेम, हुला, टूरा, क़लैलेह, हारिस, नबी चित, तरैया, श्मेस्टार, हरबता, लिबबाया और सोहमोर सहित दर्जनों शहरों पर हुए। लेबनान में संयुक्त राष्ट्र समन्वयक ने कहा कि राजनयिक प्रयासों को सफल होने की गुंजाइश दी जानी चाहिए, क्योंकि दोनों पक्षों के नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र की स्थिरता खतरे में है।

 

रविवार को हिजबुल्ला ने उत्तरी इस्राइल में 100 से अधिक रॉकेट दागे थे। रॉकेट इस्राइल के हाइफा शहर के पास गिरे थे। इस हमले में चार लोग घायल हो गए। वहीं रॉकेट हमले के बाद हिजबुल्ला के उपनेता नईम कासिम ने खुली लड़ाई का एलान किया था। जवाबी कार्रवाई में, इस्राइल ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के ठिकानों पर हमला किया, जिसमें एक एयरबेस और सैन्य उत्पादन सुविधाएं शामिल थीं।  

 

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि दक्षिणी क्षेत्रों में इस्राइली हमलों में तीन लोग मारे गए, जबकि हिजबुल्ला ने पुष्टि की कि उसके दो लड़ाके मारे गए। इस्राइली सेना ने कहा कि हिजबुल्ला ने 20 सितंबर को उत्तरी इस्राइल पर एक बड़ा हमला किया। लेबनान से रात भर में 150 से अधिक रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन दागे गए। इसके बाद भड़की इस्राइली सेना ने पलटवार में हिजबुल्ला के टॉप कमांडर इब्राहिम अकील को ढेर कर दिया। इब्राहिम अकील हिजबुल्ला में दूसरे नंबर पर है, जो सीधे चीफ हसन नसरल्लाह को रिपोर्ट करता है।

 

 

और भी

डोनाल्ड ट्रंप अगले हफ्ते पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात

 अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने एक कैंपेन कार्यक्रम में कहा है कि वह अगले सप्ताह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मिशिगन में एक कैंपेन कार्यक्रम में भारत के साथ अमेरिकी व्यापार पर बोलने के दौरान पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से मुलाकात करने की घोषणा की। हालांकि, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी कि वे पीएम मोदी से कहां मिलेंगे।

डोनाल्ड ट्रंप के 21 से 23 सितंबर तक अमेरिका दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने की संभावना है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को मोदी की अमेरिका यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम साझा किया है।

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने कार्यकाल (2017-2021) के दौरान पीएम मोदी के साथ एक मजबूत संबंध साझा किया था। यह ह्यूस्टन में 'हाउडी मोदी' और भारत में 'नमस्ते ट्रंप' जैसे कार्यक्रमों से स्पष्ट होता है। दोनों देशों ने रक्षा और रणनीतिक सहयोग में इजाफा किया था। कई व्यापारिक विवादों के बावजूद उनकी साझेदारी मजबूत होती रही।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन 21 सितंबर को डेलावेयर में ऑस्ट्रेलिया, भारत और जापान के नेताओं के साथ एक क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे। जानकारी के मुताबिक, इस सम्मेलन में पीएम मोदी भी हिस्सा लेंगे। विश्लेषकों का कहना है कि वाशिंगटन ने नई दिल्ली को एशिया में चीन के बढ़ते प्रभाव के मुकाबले के रूप में देखा है।

हाल के महीनों में जो बाइडेन और अन्य शिखर सम्मेलनों के लिए अमेरिका का दौरा करने वाले कुछ अन्य विश्व नेताओं ने ट्रंप से भी मुलाकात की है। 5 नवंबर को होने वाले चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार का मुकाबला डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस से होगा।

सर्वे के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस के बीच कड़ी टक्कर है। व्यापार के मुद्दे पर भारत की आलोचना करने के बावजूद ट्रंप ने पीएम मोदी को 'शानदार' कहकर उनकी तारीफ की।

जब पीएम मोदी 2019 में अमेरिका के दौरे पर गए थे, तब उन्होंने और ट्रंप ने टेक्सास में आयोजित 'हाउडी मोदी' रैली में एक-दूसरे की प्रशंसा की थी। इस रैली में 50 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। बता दें कि पीएम मोदी के बराक ओबामा और जो बाइडेन जैसे डेमोक्रेटिक राष्ट्रपतियों के साथ भी अच्छे संबंध रहे हैं।

और भी