छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

अघोषित बिजली कटौती समेत कई मुद्दों को लेकर आमरण अनशन पर बैठेगी विधायक चातुरी नंद

 सरायपाली नगर में निर्माणाधीन गौरव पथ निर्माण में की जा रही। गुणवत्ताहीन कार्य, अधूरे निर्माण से हो रही राहगीरों और नगरवासियों को हो रही दिक्कतों, क्षेत्र में हो रही अघोषित बिजली कटौती समेत कई मांगों को लेकर क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद 28 जून को एक दिवसीय आमरण अनशन पर बैठेगी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए विधायक चातुरी नंद ने बताया कि निर्माणाधीन गौरव पथ में ठेकेदार द्वारा नगर पालिका के अधिकारियों के मिलीभगत से भारी अनियमितता बरती जा रही है, नाली नहीं ढकने से राहगीर और नगरवासी आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रही है।
 इतना ही नहीं इस्टीमेट को धता बताते हुए डिवाइडर की ऊंचाई कम कर दी गई है। नगर के व्यापारी और आम जन की समस्याओं से सीएमओ, इंजीनियर और ठेकेदार को कोई फिक्र नहीं है।

मैंने इसकी शिकायत कलेक्टर, नगरीय निकाय विभाग के सचिव विभागीय मंत्री समेत मुख्यमंत्री से भी की पंरतु आज तक कोई जांच नहीं की गई मजबूरन मुझे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की राह पर चलते हुए आमरण अनशन पर बैठना पड़ रहा है।

उन्होंने आगे कहा राज्य में जब से भाजपा की सरकार आई है तब से क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। सरायपाली अंचल के कई गांवों में हफ्ते भर से अधिक समय से बिजली बंद है परंतु बिजली विभाग के अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोए हुए है। समस्या का निराकरण करना तो दूर अधिकारी आम जन का फोन उठाना भी जरूरी नहीं समझते। गांव तो गांव नगर में भी प्रतिदिन बिजली कटौती की जा रही है।

विधायक नंद ने कहा कि इसी तरह पूर्व में हमारी कांग्रेस सरकार ने क्षेत्र की पेयजल संकट को दूर करने अमृत जल जीवन मिशन के तहत 126 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है परंतु शासन प्रशासन की उदासीनता के चलते अब तक काम शुरू नहीं हो सका है जिससे इसका लाभ क्षेत्र की जनता को नहीं मिल पा रहा और सरायपाली नगर समेत पूरे अंचल में पेयजल संकट से आम जनता त्राहि माम होती रही लेकिन अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे।

विधायक चातुरी नंद ने कहा कि अधिकारियों को बार बार लिखित और मौखिक रूप से बोलने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने से मैं अनशन करने पर मजबूर हूं। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर मैं सड़क से लेकर सदन तक की लड़ाई लड़ते रहूंगी।

उन्होंने आम जनता और क्षेत्र के सामाजिक, व्यापारिक और अन्य संगठनों से भी जनहित के इस मुद्दे पर समर्थन देने की अपील की है।
 बता दें कि विधायक चातुरी नंद जनहित के मुद्दों और आमजन की समस्याओं को लेकर विधानसभा में भी मुखर होकर आवाज उठाती है। विधायक बनने के बाद उनका यह पहला आमरण अनशन है जिसका आम जन भी समर्थन कर रहे है।

और भी

रामलला के दर्शन करने 850 तीर्थयात्री दुर्ग से अयोध्या धाम के लिए रवाना

  अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर के निर्माण के पश्चात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भांचा राम के दर्शन के लिए अयोध्या धाम ले जाने रामलला दर्शन योजना की शुरूआत की। बुधवार को इस योजना के अंतर्गत दुर्ग संभाग और बस्तर संभाग के 850 यात्री दुर्ग स्टेशन से रवाना हुए। छत्तीसगढ़ के भांचा राम जय सियाराम जय सियाराम की सुमधुर ध्वनि से पूरा दुर्ग स्टेशन गुंजायमान हो गया।


तीर्थयात्रियों ने रामलला दर्शन योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन की बहुत अच्छी योजना है। हम सब इस दिव्य क्षण की बरसों से प्रतीक्षा कर रहे थे। आज यह इंतजार पूरा हुआ। ननिहाल वासियों को अपने भांजे के दर्शन का अवसर सुलभ हुआ है। हम रामलला से छत्तीसगढ़ की सुख समृद्धि की कामना करेंगे। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व रायपुर एवं बिलासपुर संभाग के यात्री भी अयोध्याधााम के दर्शन कर चुके है। लोकसभा चुनाव में लगी आचार संहिता के उपरांत आज तीर्थयात्रा का पुनः शुभारंभ हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अयोध्याधाम जा रहे तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दी है।

आज दुर्ग रेल्वे स्टेशन के प्लेटफार्म नं. 1 से इस स्पेशल ट्रेन को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री द्वय अरूण साव एवं विजय शर्मा, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और विधायक सर्व डोमनलाल कोरसेवाड़ा, ललित चंद्राकर, गजेन्द्र यादव व रिकेश सेन ने हरी झण्डी दिखाकर गंतव्य के लिए रवाना किया। तीर्थयात्रा में शामिल श्रद्धालुजन काफी उत्साहित थे। प्लेटफार्म नं. 1 पर राम-लक्ष्मण एवं हनुमान जी की झांकी और पंथी नृतक दलों की करतल ध्वनि के साथ छत्तीसगढ़ के भांचा राम, जय सियाराम-जय सियाराम की ध्वनि गुंजायमान हो रही थी।


 
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल है। आप सभी रामलला के दर्शन हेतु अयोध्या धाम जा रहे हैं। सभी श्रद्धालुगण छत्तीसगढ़ के विकास के लिए भगवान श्रीराम से आशीर्वाद लेकर आएंगे। उन्होेंने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक और गारंटी को छत्तीसगढ़ की साय सरकार सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के ध्येय वाक्य के साथ पूरा करने जा रही है। उपमुख्यमंत्री तथा दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या धाम में रामलला का मंदिर बना है। केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छा शक्ति से यह कार्य हुआ है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के प्रति वनवासियों में अगाध श्रद्धा भाव है।



इससे पूर्व अतिथियों ने तीर्थयात्रियों से मुलाकात कर उनके कुशल क्षेम पूछा तथा ट्रेन को हरी झण्डी दिखाई। पहली बार अयोध्या धाम की यात्रा कर रहे बालोद जिले के 77 वर्षीय जय श्रीवास्तव एवं 70 वर्षीय श्रीमती जामुल बाई ने मुख्यमंत्री साय के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि हमारी आस अयोध्या धाम देखने में लगी थी। मुख्यमंत्री साय ने यह अच्छी योजना लाकर हमारी सपने को साकार कर दिया। राजनांदगांव जिले के 55 वर्षीय दौलत साहू ने बताया कि स्पेशल ट्रेन में यात्रा करने का आनंद और भी अनूठा है क्योंकि सारे यात्री भगवान राम के असीम भक्त हैं और पूरी ट्रेन उत्साह में है। कवर्धा से श्रीमती सकुन बाई ने बताया कि मुख्यमंत्री साय के प्रति बहुत आभार व्यक्त करती हूं। भगवान राम का दर्शन बहुत सौभाग्य की बात है।

इस अवसर पर दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी आर.जी. गर्ग, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, एसपी जितेन्द्र शुक्ला एवं अन्य अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और नगरवासी मौजूद थे।

 

 

और भी

ग्राम पंचायत सचिव की पत्नी बेदमति को एक माह के भीतर मिली अनुकंपा नियुक्ति

  गरियाबंद जिले के ग्राम पंचायत सचिव धानेन्द्र प्रताप ध्रुव के आकस्मिक निधन के फलस्वरूप उनकी पत्नी को एक माह के भीतर ही त्वरित कार्यवाही करते हुए ग्राम पंचायत सचिव के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किया गया। दिवंगत धानेन्द्र प्रताप ध्रुव, जनपद पंचायत गरियाबंद अंतर्गत ग्राम पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे, जिनका 03 जून 2024 को आकस्मिक निधन होने के कारण उनके परिवार के आश्रित सदस्यों से अनुकंपा नियुक्ति हेतु आवेदन दिया गया था। 19 जून 2024 को उनकी पत्नी बेदमति ध्रुव द्वारा कार्यालय जनपद पंचायत गरियाबंद में आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसे जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती पदमिनी हरदेल द्वारा अनुकंपा नियुक्ति की कार्यवाही के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रीता यादव के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जिला पंचायत सीईओ रीता यादव द्वारा प्राप्त आवेदन में त्वरित कार्यवाही करते हुए 01 माह के भीतर ही आवेदन के परीक्षण उपरांत 26 जून 2024 को दिवंगत सचिव की धर्मपत्नी बेदमति ध्रुव को ग्राम पंचायत सचिव के पद पर अनुकंपा नियुक्ति के लिए आदेश जारी कर जनपद पंचायत गरियाबंद अंतर्गत ग्राम पंचायत मालगांव (प्रशासनिक) में पदस्थ किया गया है। श्रीमती बेदमति ध्रुव ने एक माह के भीतर अनुकंपा नियुक्ति के आदेश मिलने पर जिला पंचायत का आभार व्यक्त किया है।

 

 

और भी

कलेक्टर ने शिक्षक परिवार को सौंपी 15 लाख रूपये की अनुग्रह राशि

  विधानसभा निर्वाचन-2023 के दौरान विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-44-कसडोल के अंतर्गत मतदान दल क्रमंाक 252, मतदान केन्द्र क्रमांक 298, सुन्दरी में निर्वाचन कर्तव्य के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला रामभाठा पुटपुरा में पदस्थ पद्मभूषण पैकरा शिक्षक ई(एल.बी) मतदान अधिकारी-02 का मृत्यु हों गई थी। मृतक की धर्मपत्नी अम्बेश्वरी पैकरा को 15 लाख रूपये की अनुग्रह सहायता राशि कलेक्टर दीपक सोनी ने सौंपी है। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी आर आर दुबे सहित परिवार के अन्य सदस्य गण उपस्थित रहे।

 

 

और भी

रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ एएसआई और उसका साथी

  एसीबी ने रामानुजनगर थाने में पदस्थ एएसआई माधव सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। दो पक्षों में जमीन विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। जिसके बाद एएसआई ने एक पक्ष के खिलाफ धारा बढ़ाने को लेकर 30 हजार रुपए की मांग की थी।लेकिन बाद में यह सौदा 10 हजार रुपये में तय हुआ था।


मिली जानकारी के अनुसार, रामानुजनगर थाने के अंतर्गत ग्राम सुरता में जमीन विवाद को लेकर ग्रामीणों के बीच कुछ दिनों पहले विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि, जनपद सदस्य शिवमंगल सिंह के भाई पर ग्रामीणों ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसे घायल कर दिया था। जिसके बाद यह मामला थाने पहुंचा और उनकी शिकायत पर पुलिस ने सामान्य मारपीट और गाली-गलौज की धाराएं लगाई थी। इस मामले को लेकर जनपद सदस्य शिवमंगल सिंह ने थाने पहुंचे।

धारा जोड़ने के लिए मांगी रिश्वत
थाने में पदस्थ एएसआई माधव सिंह ने मामले में धारा 307 जोड़ने के लिए 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। पैसे को लेकर शिवमंगल सिंह ने एसीबी से शिकायत कर दी। जिसके बाद एसीबी की टीम ने फोन पर बात कर रिश्वत मांगने की पुष्टि कराई थी। जिस पर एएसआई पैसे लेकर धारा बढ़ाने के लिए तैयार हो गए। शिकायत मिलने पर अंबिकापुर से एसीबी डीएसपी प्रमोद कुमार खेस की टीम बुधवार दोपहर रामानुजनगर पहुंची।

एसीबी ने शिवमंगल सिंह को केमिकल लगे 10 हजार रुपए लेकर थाने भेजा गया। एएसआई माधव सिंह ने सहयोगी मोहमुद्दीन के हाथों रिश्वत की रकम 10 हजार रुपए ले लिया। जैसे ही उसने एएसआई को रिश्वत के पैसे दिए, वैसे ही एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथों धर दबोचा। इस मामले में एसीबी ने एएसआई माधव सिंह और सहयोगी मोहमुद्दीन को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 12 के तहत केस दर्ज किया गया है। अब दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

 

 

और भी

लोकतंत्र और भारतीय संविधान पर विश्वास नहीं रखती कांग्रेस : बृजमोहन

 कांग्रेस पार्टी, लोकतंत्र और भारतीय संविधान पर विश्वास नहीं रखती है इसका सबसे बड़ा उदाहरण है 1975 का आपातकाल,  जब 25 जून की सुबह तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए देश में इमरजेंसी की घोषणा की थी। यह कहना है रायपुर से भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल का।

बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के सांसदों के साथ संसद परिसर में  विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस व राहुल गांधी से इंदिरा गांधी के कृत्यों पर माफी मांगने की मांग की। सांसद अग्रवाल ने कहा कि 1975 में इंदिरा गांधी ने पूरे देश को जेल बना दिया था। संविधान और लोकतंत्र की हत्या कर दी थी। विपक्ष के नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। हजारों परिवारों को बेघर कर दिया गया। इतना ही नहीं बड़ी संख्या में लोगों की मौत भी हो गई थी।

उन्होंने कहा कि, आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर आज लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला विशेष निंदा प्रस्ताव लाए और पीड़ितों के सम्मान में सदन में 2 मिनट का मौन रखा। जिसका कांग्रेस विरोध कर रही है।  इसका मतलब साफ है कि कांग्रेस इमरजेंसी का समर्थन करती है। कांग्रेस बात तो संविधान की रक्षा की करती है। लेकिन संविधान की हत्या करने वालों के साथ है। जिसके विरोध में भाजपा प्रदर्शन कर रही है।

बता दें कि 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में इमरजेंसी लगा दी थी इस दौरान भारत के नागरिकों के अधिकारों को नष्ट कर दिया गया था। नागरिकों से उनकी आजादी छीन ली गई थी। यह वह दौर था जब विपक्ष के नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया था। पूरे देश को जेल बना दिया गया था।

और भी

लंबे समय से नदारद शिक्षकों पर गिरी गाज, डीईओ ने 5 को किया बर्खास्त...

 स्कूलों में लंबे समय से अनुपस्थित 5 शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं जिला शिक्षा कार्यालय से इतर नियोक्ता वाले 11 शिक्षकों के विरूद्ध सेवा समाप्ति की अनुशंसा की गई है। नौ शिक्षकों के विरूद्ध विभागीय जांच भी की जायेगी। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने बर्खास्तगी के आदेश जारी किए है। वहीं अन्य नियोक्ता वाले शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए अनुशंसा की गई है। गौरतलब है कि राज्य शासन ने अपने कर्तव्य से अनुपस्थित सरकारी कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए है। आदेश पर अमल करते हुए अकेले शिक्षा विभाग में लंबे समय से अनुपस्थित 25 शिक्षक और कर्मचारियों की पहचान की गई। और तत्परतापूर्वक उनके विरूद्ध कार्रवाई की गई।


जिला शिक्षा अधिकारी टीआर साहू ने बताया कि तीन वर्ष से ज्यादा समय से अनुपस्थित रहने वालों की सेवा समाप्ति एवं तीन साल से कम अवधि वालों के विरूद्ध विभागीय जांच की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि  डीईओ कार्यालय द्वारा बर्खास्त किए गए शिक्षकों एवं कर्मचारियों में श्रीमती मनोरमा तिवारी प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला रिसदा, श्रीमती किरण यादव, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला सफेद खदान, बसंत कुमार लकड़ा, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला ओखर एवं मेघा यादव, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला परसापानी एवं स्टेनली मार्क एक्का भृत्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला तिफरा शामिल है।    

उन्होंने बताया कि डीईओ कार्यालय के अलावा अन्य नियोक्ता वाले 11 शिक्षकों की सेवा समाप्ति की अनुशंसा की गई है। इनमें जिनकी कार्रवाई डीपीआई स्तर से कार्रवाई होनी है, उनमें श्रीमती अल्का महतो, व्याख्याता शासकीय हाई स्कूल फरहदा एवं हरीराम पटेल, व्याख्याता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला भटचौरा शामिल हैं। संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को भेजे गये नामों में श्रीमती रेणुका राय, शिक्षक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मटियारी एवं दिव्यनारायण रात्रे शिक्षक एलबी शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला जुनवानी शामिल हैं। इसी प्रकार जिला पंचायत एवं जनपद पंचायतों को भेजे गये नामों में श्रीमती शारदा सिंह, व्याख्याता, शासकीय हाई स्कूल मोढ़े, बत्तीलाल मीना, शिक्षक पंचायत, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बिल्लीबंद, श्रीमती नलिनी अग्रवाल, शिक्षक पंचायत, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दर्रीघाट, अंकिता सिंह, सहायक शिक्षक पंचायत, शासकीय प्राथमिक शाला सेंदरी, श्रीमती रितु लोधी, सहायक शिक्षक पंचायत, शासकीय प्राथमिक शाला फोकटपारा बिल्हा, कृष्ण शरण तिवारी, सहायक शिक्षक पंचायत, शासकीय प्राथमिक शाला गोदईया, श्रीमती प्रेमलता पाण्डेय, सहायक शिक्षक पंचायत, शासकीय प्राथमिक शाला सोनसाय नवागांव कोटा एवं राकेश पाण्डेय, सहायक शिक्षक पंचायत, शासकीय प्राथमिक शाला मनवा शामिल है।  

जिन नौ शिक्षकों के विरूद्ध विभागीय जांच की गई है, उनमें डीईओ कार्यालय से संबद्ध यशवंत कुमार साहू सहायक शिक्षक एलबी प्राथमिक स्कूल डण्डासागर कोटा, मदनलाल श्यामले सहायक शिक्षक एलबी प्राथमिक शाला कुआंजति, शशिकांत यादव भृत्य माध्यमिक शाला सीस विकासखण्ड कोटा, राकेश मिश्रा सहायक शिक्षक एलबी प्राथमिक शाला बेलसरा एवं अमन गिरी भृत्य पूर्व माध्यमिक शाला लावर शामिल हैं। इसी प्रकार विभागीय जांच के लिए जिनकी अनुशंसा की गई है उनके डीपीआई नियोक्ता से जुड़े शिव कुमार व्याख्याता एलबी हाई स्कूल बछालीखुर्द कोटा, संयुक्त संचालक नियोक्ता से संबद्ध श्याम सुंदर तिवारी शिक्षक एलबी पूर्व माध्यमिक शाला सीपत, मस्तुरी, श्रीमती केकती कौशिक शिक्षक एलबी पूर्व माध्यमिक शाला महमंद तथा जनपद बिल्हा की स्थापना के अंतर्गत अंकिता सिंह सहायक शिक्षक पंचायत प्राथमिक शाला सेंदरी शामिल है।

 

 

और भी

कलेक्टर से अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी भूमिक्षा एवं अनिशा ने की सौंजन्य भेंट

 राजनांदगांव कलेक्टर संजय अग्रवाल से आज कलेक्टर कक्ष में 4 नेशंस हॉकी ट्रर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी भूमिक्षा साहू एवं अनिशा साहू ने सौजन्य भेंट की। कलेक्टर अग्रवाल ने भूमिक्षा और अनिशा को हॉकी स्टिक और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। उन्होंने भूमिक्षा एवं अनिशा को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकानाएं दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कलेक्टर ने कहा कि आगे भी इसी तरह उपलब्धियां हासिल करें और सफलता के नये आयाम स्थापित करें।

उन्होंने कहा कि निश्चित ही इस उपलब्धि से आपने राजनांदगांव जिले के साथ देश और प्रदेश का नाम रौशन किया है। इसके साथ ही शासन-प्रशासन और हॉकी संघ का नाम गौरवान्वित किया। उन्होंने आने वाले अन्य हॉकी खिलाडिय़ों को भी प्रेरित और प्रोत्साहित करने कहा। गौरतलब है कि भूमिक्षा और अनिशा 4 नेशंस हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। 4 नेशंस हॉकी टूर्नामेंट जर्मनी और नीदरलैण्ड में आयोजित किया गया। भूमिक्षा ने जर्मनी और अनिशा ने नीदरलैण्ड में 4 नेशंस हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। भूमिक्षा और अनिशा बसंतपुर राजनांदगांव की निवासी है।

ये दोनों खिलाड़ी डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र स्कूल मैदान में हॉकी खेलना शुरू किया था। इनके कोच अनुराज श्रीवास्तव थे। भूमिक्षा मध्यप्रदेश हॉकी अकाडमी ग्वालियर से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। भूमिक्षा का नेशनल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकार्ड है, इसके लिए उन्हें जूनियर नेशनल हॉकी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल मिला चुका है। अनिशा छत्तीसगढ़ हॉकी टीम से खेलते हुए इंडिया टीम में चयनित हुई थी। यह मिड फील्ड में खेलती हैं। अभी इंडिया कैम्प बेंगलुरू में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। दोनों खिलाडिय़ों का लक्ष्य ओलम्पिक - 2028 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का है। इस अवसर पर अध्यक्ष छत्तीसगढ़ हॉकी संघ फिरोज अंसारी, रणवीजय सिंह, हॉकी कोच अनुराज श्रीवास्तव उपस्थित थे।

 
और भी

जल जीवन मिशन के कार्यों को मिशन मोड पर पूर्ण करें : अरुण साव

 उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने रायगढ़ प्रवास के दौरान लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उपमुख्यमंत्री साव ने रायगढ़ कलेक्टोरेट में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि सभी अधिकारी उन्हें दी गई जिम्मेदारियों का स्वयं मूल्यांकन करते हुए कार्यों को बेहतर ढंग से पूरा करें। पीडब्ल्यूडी, पीएचई और नगरीय निकायों में किए जा रहे सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष रूप से ख्याल रखें। उन्होंने कहा कि काम समय पर पूरे होते हैं तो इससे न केवल लोगों की विश्वसनीयता बढ़ती है, बल्कि विभाग की छवि भी मजबूत होती है।


उप मुख्यमंत्री साव ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान जिले में चल रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यों का सही समय में गुणवत्ता के साथ पूरा होना जरूरी है। काम में देरी से काम की लागत बढ़ती है और गुणवत्ता भी प्रभावित होती है। लोगों को सुविधाएं मिलने में भी विलंब होता है। इसलिए आवश्यक है कि काम समय से पूरे किए जाएं। गुणवत्ता नियंत्रण के लिए अधिकारी लगातार फील्ड पर निरीक्षण करें। कहीं समस्या आने पर उच्च अधिकारियों से सहयोग लें।

साव ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि यह केंद्र व राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है। योजना के तहत प्रत्येक घर तक शुद्ध पानी की पर्याप्त आपूर्ति होनी है। यह प्रोजेक्ट न हो करके एक मिशन है, जो एक निश्चित समय-सीमा में पूरा किया जाना है। इसलिए जल जीवन मिशन के सभी कार्य मिशन मोड पर होना चाहिए। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सभी एसडीओ और उप अभियंताओं को लक्ष्य तय कर हैंडओवर सर्टिफिकेशन के लिए कार्य करने को कहा। उप मुख्यमंत्री साव ने जल जीवन मिशन का कार्य पूर्ण करने अन्य विभागों से प्रतिनियुक्ति पर इंजीनियर्स की जल्द ही पदस्थापना करने की बात कही। उन्होंने कहा कि हम लोग विभाग में मानव संसाधन बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसके लिए शासन द्वारा सब इंजीनियर्स की भर्ती के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
 
उप मुख्यमंत्री साव ने समीक्षा बैठक में रायगढ़ नगर निगम और जिले के अन्य नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को बिजली, पानी, सफाई, सड़क आदि के कार्यों को शासन के निर्देशानुसार तय कार्ययोजना के अनुसार करने को कहा। उन्होंने नगरीय निकायों में आगामी पांच साल को ध्यान में रखते हुए प्रोजेक्ट बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम और स्थानीय निकाय के अधिकारी एक शहर के लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ उस शहर के सभी लोगों तक पहुंचे, यह लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को परम्परागत तरीके से कार्य को करने की आदत को बदलते हुए तकनीकी दृष्टिकोण से कार्यों को करने और अपना बेस्ट परफार्मेंस देने के निर्देश दिए। रायगढ़ के कलेक्टर कार्तिकेय गोयल, जिला पंचायत के सीईओ जितेन्द्र यादव, नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त संचालक राकेश जायसवाल, पीएचई के बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता संजय सिंह, कार्यपालन अभियंता परीक्षित चौधरी तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता अमित कश्यप सहित जिले के सभी नगरीय निकायों के सीएमओ और अभियंता समीक्षा बैठक में मौजूद थे।
 

 

और भी

कैबिनेट मंत्री वर्मा ने मीसाबंदियों को सम्मानित किया

 सिंधी पंचायत भवन तिल्दा में भारतीय जनता पार्टी के तत्वाधान में 25 जून को लोकतंत्र का काला दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने आपातकाल के दौरान बंदी बनाये गए राष्ट्रभक्त मीसा बंदी मालूराम शर्मा और शत्रुघ्न वर्मा को सम्मानित किया।इस अवसर पर धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए देश के राष्ट्रभक्तो ने अपनी भूमिका निभाई।

मंत्री वर्मा ने कहा कि पूर्व सरकार ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के रक्षको को दी जाने वाली सम्मान राशि को बंद कर उनके साथ अन्याय किया था। प्रदेश की विष्णुदेव सरकार ने मीसाबंदियों को पुनः अनुग्रह राशि  देने का निर्णय लेकर देश के लोकतंत्र की बहाली के लिए उनके त्याग और समर्पण का सम्मान किया है। तिल्दा नेवरा के के मीसाबंदी श्री मालूराम शर्मा और शत्रुघ्न वर्मा ने आपातकाल।के समय उनके साथ किये गए अत्याचारों के बारे में बताया। हम सभी को मीसाबंदियों का शुक्रगुजार होना चाहिए जिन्होंने हँसते-हँसते तत्कालीन सरकार के अत्याचारों को सहन करते हुए राजनीतिक लोकतंत्र की बहाली मे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

और भी

नियद नेल्लानार योजना की राज्य स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्

 मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने कहा है कि नियद नेल्लानार योजना में शामिल बस्तर संभाग के कांकेर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बीजापुर और सुकमा जिले के गांवों में लोगों को उनकी आवश्यकतानुसार सभी बुनियादी सुविधाएं एवं कल्याणकारी योजनाओं का फायदा मिले। मुख्य सचिव जैन मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में नियद नेल्लानार योजना की राज्य स्तरीय समिति की बैठक में अधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। योजना क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, शिक्षा, खाद्यान्न, पोषण आहार, खेल सुविधा, पेयजल सहित वहां के किसानों को किसान सम्मान निधि और खाद-बीज समय पर मिले यह सुनिश्चित करने कहा गया है। मुख्य सचिव ने इन गांवों में शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं के तहत दी जाने वाली सेवा और सुविधा सुचारू रूप से मिलती रहे यह सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बस्तर संभाग के कमिश्नर, आईजी और कलेक्टर्स शामिल हुए।


मुख्य सचिव ने पांचों जिलों के कलेक्टरों से नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जिलावार विस्तार से समीक्षा की। अपर मुख्य सचिव वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग श्रीमती ऋचा शर्मा और प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग श्रीमती निहारिका बारिक सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी शामिल हुए। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को नियद नेल्लानार योजना में शामिल गांवों में स्वास्थ्य कैम्प आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य केन्द्र खोले जाए जिससे लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके। मुख्य सचिव ने योजना क्षेत्र के सभी गांवों के लोगों को राशनकार्ड उपलब्ध कराने एवं प्रत्येक राशनकार्ड धारक को निशुल्क खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि उज्जवला योजना के सभी हितग्राहियों गैस कनेक्शन उपलब्ध कराएं जाए। इसी प्रकार से सभी ग्रामों में विद्युतीकरण हो, वहां के गांव, स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, पंचायतों और स्वास्थ्य केन्द्रों में अनिवार्य रूप से बिजली की सुविधा हो यह सुनिश्चित की जाए। क्षेत्र के लोगों द्वारा संग्रहित वनोपजों को शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर क्रय किया जाए। इसी तरह से वनाधिकार पट्टा के हितग्राहियों को सभी जरूरी सुविधा उपलब्ध करायी जाए। योजना क्षेत्र के युवाओं को खेल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए खेल मैदानों का निर्माण और खेल सामग्री भी उपलब्ध करायी जाए। ग्रामीण युवाओं को सभी जरूरी टेªडों में कौशल विकास के अंतर्गत वहां के विभिन्न विकासखण्डों में मौजूद आईटीआई में प्रशिक्षण दिया जाए। क्षेत्र में स्वीकृत सभी शाला भवनों का निर्माण हो इसकी लगातार मॉनिटरिंग हो और यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां के गांवों के बच्चें शिक्षा से वंचित नहीं हो।

इसी तरह से योजना क्षेत्र के गांवों प्रधानमंत्री सड़क योजना से बारहमासी सड़कों का निर्माण किया जाए। इसी तरह से लोगों को सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत पेंशन, दिव्यांगों को सहायक यंत्र प्रदान किए जाए। योजना के अंतर्गत सभी गांवों में आंगनबाड़ी संचालित हो। मुख्य सचिव ने नियद नेल्लानार योजना हेतु निर्मित बस्तर डेसबोर्ड के आंकड़ों की निरंतर समीक्षा करने के लिए सभी विभागों द्वारा नोडल अधिकारी नामांकित करने के निर्देश दिए है। नोडल अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग की योजना की प्रगति की निगरानी डेसबोर्ड के माध्यम से प्रतिदिन करने के भी निर्देश दिए है।


 
और भी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात

 विष्णुदेव साय ने आज प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी से संसद भवन में मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने  नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री को अमृतकाल : छत्तीसगढ़ विजन @2047  ‘विजन डॉक्यूमेंट’ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसका निर्माण राज्य नीति आयोग द्वारा किया जा रहा है जिसे एक नवंबर को राज्य की जनता को समर्पित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने विगत छह माह में माओवादी विरोधी अभियानों में की गयी कार्रवाई की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी। उन्होंने बताया कि माओवादी समस्या के समूल उन्मूलन हेतु ज्वाइंट एक्शन प्लान तैयार कर कार्रवाई की जा रही है। 

नियद नेल्लानार योजना (आपका अच्छा गाँव) के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत नक्सलियों के आधार को कमजोर करने व शासन-प्रशासन व ग्रामीणों के बीच परस्पर विश्वास बहाली का कार्य किया जा रहा है।
इस योजना के तहत वर्तमान में 23 कैंप खोले गए हैं, जिनमें 90 ग्राम शामिल हैं तथा भविष्य में 29 कैंपों को प्रारंभ करने की योजना है।

 साय ने मोदी की गारंटी पूरी करने की दिशा में उठाए गए कदम की जानकारी देते हुए बताया कि नवीन सरकार के गठन के बाद मंत्रिपरिषद की पहली बैठक में ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 18 लाख 12 हजार 743 परिवारों को आवास देने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में 1 लाख 6 हजार 777 आवास निर्माणाधीन है, जिनकी स्वीकृति पूर्व में ही की जा चुकी है। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि धान उत्पादन प्रोत्साहन योजना अंतर्गत किसानों को वर्ष 2014-15 एवं वर्ष 2015-16 के लिए 3 हजार 667 करोड़ की राशि दी गयी है। 
वहीं, कृषक उन्नति योजना के तहत वर्ष 2023 के लिए कुल 24 लाख 73 हजार किसानों को 13 हजार 287 करोड़ की राशि का भुगतान किया गया है। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन तथा सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए महतारी वंदन योजना शुरू की गयी है। इस योजना के तहत अब तक लगभग 70 लाख महिलाओं को चार माह की वित्तीय सहायता 2618 करोड़ रुपए की राशि दी जा चुकी है। 

प्रधानमंत्री को श्रीरामलला दर्शन योजना के बारे में बताते हुये  साय ने कहा कि इसके लिए आईआरसीटीसी के साथ एमओयू किया गया है। इस योजना के तहत हर साल 20 हजार यात्रियों को यात्रा कराने का लक्ष्य है।

 

और भी

छत्तीसगढ़ में मिला देश का पहला लिथियम भंडार, नीलामी सफल

  देश और दुनिया में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, और इन वाहनों की बैटरी का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा लिथियम है। अब तक बैटरी बनाने के लिए लिथियम विदेश से आयात किया जाता था, जिससे इसकी कीमत अधिक होती थी। लेकिन अब छत्तीसगढ़ में मिले लिथियम भंडार की बदौलत देश में ही लिथियम बैटरी बनाई जा सकेगी। यह देश का पहला लिथियम भंडार है, जिसकी नीलामी हो चुकी है।


अब तक भारत में केवल छत्तीसगढ़ और जम्मू-कश्मीर में लिथियम भंडार मिले हैं। छत्तीसगढ़ के कटघोरा में स्थित पहले लिथियम खदान की नीलामी की जानकारी सोमवार को केंद्र सरकार ने सार्वजनिक की। केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी तथा कोयला और खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने नई दिल्ली में स्कोप कन्वेंशन सेंटर, सीजीओ कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक कार्यक्रम में महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों की नीलामी के चौथे दौर की शुरुआत करते हुए यह घोषणा की।

माइकी साउथ माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड ने देश के पहले लिथियम ब्लॉक का टेंडर हासिल किया है। छत्तीसगढ़ में कटघोरा लिथियम और दुर्लभ खनिज (आरईई) ब्लॉक कंपनी को 76.05 प्रतिशत के नीलामी प्रीमियम पर दिया गया।

250 हेक्टेयर में फैला है लिथियम ब्लॉक
छत्तीसगढ़ के कटघोरा में लिथियम मिलने की पुष्टि जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (जीएसआई) ने की है। कटघोरा से लगे ग्राम घुचापुर के पास जमीन के नीचे मिला यह लिथियम खदान 250 हेक्टेयर में फैला है। जीएसआई के प्रारंभिक सर्वे में कटघोरा क्षेत्र में लगभग 250 हेक्टेयर क्षेत्र में 10-2000 पीपीएम लिथियम कंटेन्ट पाया गया है। इस ब्लॉक में रेयर अर्थ एलीमेंट (आरईई) की भी मौजूदगी पाई गई है।

लिथियम का उपयोग
लिथियम, दुर्लभ धातु या रेयर अर्थ एलिमेंट में शामिल है, जिसका घनत्व कम होता है। रासायनिक दृष्टि से यह महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसे छार धातु ग्रुप का माना जाता है। लिथियम का मुख्य रूप से बैटरी बनाने में उपयोग होता है। इससे कई प्रकार की रिचार्ज होने वाली बैटरियां भी बनाई जाती हैं, जिनका उपयोग वाहनों, मोबाइल फोन और लैपटॉप आदि में होता है।

यह विकास न केवल लिथियम बैटरी की कीमतों को कम करेगा, बल्कि भारत के इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र को भी बढ़ावा देगा, जो कि सतत और हरित ऊर्जा समाधानों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

 

और भी

जनजातीय गौरव के प्रतीक रानी दुर्गावती से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाएं: रामविचार नेताम

  कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि वीरांगना महारानी दुर्गावती का देश प्रेम और समाज के प्रति समर्पण हमें प्रेरणा से भर देता है। हमें जनजातीय गौरव के प्रतीक वीरांगना रानी दुर्गावती से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाने में सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि वीरांगना दुर्गावती ने तब के समय जब यहां मुगलों का हुकुमत चलता था। तब के समय में अपने साहस, संघर्ष, धैर्य और वीरता से मुगलों को  अपना लोहा मनवा दिया था।


मंत्री नेताम ने कहा कि समाज को विखंडित करने वाले लोगों से बचते हुए मैं और मेरा समाज की भावना से ऊपर आना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुगल सुल्तान के समय में भी रानी दुर्गावती का व्यापक साम्राज्य था। इस साम्राज्य में अनेक जाति, समुदाय और धर्म के लोग निवासरत थे। रानी दुर्गावती ने राजधर्म निभाते हुए अपनी साहस और वीरता के साथ सभी लोगों का सुरक्षा और सेवा की है। हमें उनके मार्ग में चलकर समरसता के साथ समाज को आगे बढ़ाना चाहिए। मंत्री नेताम मंगलवार को आज राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री नेताम ने कहा कि राजनीतिक और आर्थिक रूप से हम कितना भी संपन्न हो जाए। लेकिन हमें अपने समाज को नहीं छोड़ना चाहिए। हम उस समाज के  ऋणी है जिसने हमें जन्म दिया। हमें जीवन का कुछ हिस्सा समाज सेवा में व्यतीत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपने संस्कृति, अपने देश-धर्म को बचाने के लिए काम करना चाहिए।  समाज में गलत व्याख्या करके लड़ाने वालों से बचना चाहिए। वीरांगना रानी दुर्गावती जिन विषम परिस्थितियों में रहकर समाज और देश के लिए अनुकरणीय कार्य किए, उससे हमें प्ररेणा लेनी चाहिए।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने वीरांगना महारानी दुर्गावती के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार जनजातीय गौरव की भावना को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। छत्तीसगढ़ में जनजाति समाज के विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री बना कर समाज का गौरव बढ़ाया है। देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जनजातीय समाज से हैं। उनका इस सर्वाेच्च पद में आसीन होना जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय है।

मंत्री कश्यप कहा कि ऐसी बलिदानी महारानी जिन्होंने हमारे पुरखों और समाज को नई दिशा देने का काम किया है, आगे बढ़ाने काम किया है, उन्हें मैं नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि समाज को पूजा-पद्धति, संस्कृति, परंपरा के नाम पर दिगभ्रमित करने वाले लोगों से बचना चाहिए। हमें महारानी दुर्गावती से प्रेरणा लेकर देश की एकता और अखंडता के लिए आगे आना चाहिए। नई पीढ़ियों को भी बताना चाहिए कि ऐसे साहसिक बलिदानी रानी से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करना चाहिए।

कार्यक्रम को पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने संबोधित किया। इस मौके पर समाज के उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया। कार्यक्रम जनजातीय गौरव समाज के तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस मौके पर जनजातीय गौरव समाज के अध्यक्ष एम.डी. ठाकुर, पूर्व विधायक वीरेन्द्र राय, समाज सेवी विकास मरकाम, पद्मश्री अजय मंडावी, फूलसिंह नेताम, श्रीमती सत्यभामा नाग, रामलखन पैकरा सहित बड़ी संख्या में जनजाति समाज के लोग उपस्थित थे।

 

 

और भी

अवैध रेत उत्खनन रोकने रेत घाट मार्ग कटाव का कार्यवाही

   कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने निर्देश पर तहसील आरंग, कुरूद रेत घाट एवं उपतहसील समोदा (आरंग) अंतर्गत ग्राम मुहमेला स्थित घाट में अवैध उत्खनन रोकने हेतु राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त कार्यवाही में मार्ग कटाव का कार्यवाही किया गया।

 

 

और भी

भाजपा 25 को मनाएगी प्रत्येक जिलों में 'आपातकाल का काला दिवस'

 'आपातकाल का काला दिवस' आयोजन समिति के प्रांत संयोजक सच्चिदानंद उपासने ने बताया है कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रदेश भाजपा सभी जिलों केंद्रों में 25 जून को आपातकाल का काला दिवस का आयोजन करेगी। कांग्रेस की सत्ता की लालसा के चलते तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा जिस प्रकार न्यायालय आदेश के बाद भी प्रधानमंत्री की कुर्सी न छोड़ देश को 1975 से 1977 तक 21 माह की अवधि में आपातकाल लगा संविधान की हत्या कर विपक्ष एवं मीडिया को कुचलकर लोकतंत्र समाप्त कर तानाशाही राजतंत्र का काम किया। उस काले अध्याय को देश की जनता को स्मरण कराने भाजपा प्रतिवर्ष यह काला दिवस मनाती है। 


संयोजक श्री उपासने ने बताया कि इस वर्ष भी 25 जून को जिलास्तरीय कार्यक्रमों में विषय प्रतिपादन हेतु राजधानी रायपुर में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं प्रमुख प्रवक्ता लोकतंत्र सेनानी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने होंगे। इसी प्रकार बस्तर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, रायगढ़ में उप मुख्यमंत्रीअरुण साव,  बिलासपुर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, रायपुर ग्रामीण में मंत्री टंक राम वर्मा, बालोद में मंत्री केदार कश्यप, कोंडागांव में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेण्डी, बलौदाबाजार में विधायक मोतीलाल साहू, गरियाबंद में चंद्रशेखर साहू, महासमुंद में लक्ष्मी वर्मा, जशपुर में मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, धमतरी में प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा, भिलाई में राम प्रताप सिंह, दुर्ग में विधायक पुरंदर मिश्रा, बेमेतरा में राजीव अग्रवाल, राजनांदगांव में प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा, मोहला मानपुर में श्री चंद्र सुंदरानी, खैरागढ़ में महामंत्री भारत लाल वर्मा, कवर्धा में डॉ. जे.पी. शर्मा, कांकेर में निरंजन सिन्हा, नारायणपुर में भरत मटियारा, दंतेवाड़ा में गौतम गोलछा, सुकमा में डॉ. सुभाऊ कश्यप, बीजापुर में महेश गगडा, गौरेला पेंड्रा मरवाही में हितानंद अग्रवाल, मुंगेली में भूपेंद्र सवन्नी, सक्ती में रजनीश सिंह, जांजगीर चांपा में धरमलाल कौशिक, कोरबा में लखन लाल साहू, सारंगढ़ में अशोक बजाज, सरगुजा में रामसेवक पैकरा, सूरजपुर में अनुराग सिंह देव, बलरामपुर में राजा पांडे, महेंद्रगढ़ में मेजर अनिल सिंह, कोरिया में श्रीमती चंपा देवी पावले, मुख्य वक्ता होंगे। श्री उपासने ने बताया कि सभी वक्तागण जिला केंद्रों पर मीडिया से भी चर्चा कर आपातकाल की जादतियों को बताएंगे।
और भी

रेस्टोरेशन का कार्य पूर्ण, पुराने स्वरूप में लौटा संयुक्त जिला कार्यालय

विगत दिनों बलौदाबाजार में हुई घटना से संयुक्त जिला कार्यालय को काफी क्षति पहुंची थी। इस क्षति को पूर्ण करते हुए आज रेस्टोरेशन कार्य आज पूर्ण हो गया है। संयुक्त जिला कार्यालय का भवन अब अपने पुराने स्वरूप में लौट आया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने व्यापक रणनीति बनाकर इस कार्य को अंजाम दिया है। जिसके तहत लोक निर्माण विभाग ने 24 घंटे कार्य कर इसे पूरा किया है। इसके साथ ही परिसर की सफाई सहित क्षति ग्रस्त जिला पंचायत कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में भी शत प्रतिशत रेस्टोरेशन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। रेस्टोरेशन के कार्य पूर्ण होने से कार्यालय में अलग सी चमक दिखाई दे रही है। रेस्टोरेशन कार्य के तहत निर्माण कार्य, पैराफिट, जली हुई एपीसी बोर्ड को हटाना, नया रेलिंग लगाना, पुट्टी के संग रंग रोगन, सीसीटीवी, ब्रांडबैंड, कांच बदलना, एसी, पंखे लगाना, लाइटिंग, जैसे अन्य महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने की सौजन्य मुलाकात

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज यहां उनके निवास कार्यालय में केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय राज्यमंत्री श्री साहू का अपने निवास में आत्मीय स्वागत किया और उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दी।

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय राज्यमंत्री श्री साहू के साथ छत्तीसगढ़ में आवास और शहरी विकास की योजनाओं को गति देने से संबंधित विषय पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा सहित केंद्रीय राज्यमंत्री श्री साहू के साथ आए बिलासपुर, लोरमी, तखतपुर, मुंगेली क्षेत्र के नागरिक उपस्थित थे ।

और भी