छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

अनियंत्रित होकर पलटा टेंपो, एक की मौत, 3 घायल

 लखनपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। लखनपुर थाना क्षेत्र के अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग स्थित ग्राम नवापारा मैं 8 नवंबर की रात लगभग 10  बजे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 3 लोग घायल हो गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार तपेश्वरी पति देवी प्रसाद गोंड ग्राम अभयपुर  प्रेमनगर निवासी ईलाज उपरांत अपने पति देवी प्रसाद को अंबिकापुर जिला चिकित्सालय से छुट्टी कराकर अपने गृह ग्राम जा थे। जैसे ही नवापारा पहुंचे सड़क ड्लान होने से  तेज रफ्तार टेंपो चालक विनोद राम पिता नाथूराम हरिजन उम्र लगभग 25 वर्ष जिला जसपुर निवासी ने  वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इलाज करा कर घर जा रहे देवी प्रसाद की सर में गंभीर चोट होने से मौके पर ही मौत हो गई। चालक सहित दो लोग घायल हो गए घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और डायल 112 वाहन एंबुलेंस 108 की मदद से घायलों को उपचार हेतु लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। घायल तपेश्वरी  टेंपो चालक विनोद राम साथी मनीष पिता स्व सुखदेव शंकरगढ़ निवासी का डा पीएस केरकेट्टा के द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। घायल महिला तपेश्वरी चालक विनोद राम को सर हाथों पैरों व चेहरे में चोट होने पर बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

लखनपुर पुलिस के द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। लखनपुर पुलिस के द्वारा रात में ही देवी प्रसाद के शव को कब्जे में लेकर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मर्चुरी में रखवाया  था। 9 नवंबर दिन बुधवार की सुबह लखनपुर पुलिस के द्वारा शव का पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द किया गया। पुलिस द्वारा मामले में की जांच की जा रही है।

 

 

और भी

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने नए मतदाता 8 दिसम्बर तक कर सकते हैं आवेदन

प्रदेश के 68 प्रतिशत मतदाताओं के नाम उनके आधार नम्बर से जोड़े जा चुके

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ में बुधवार से सभी मतदान केन्द्रों में एकीकृत मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही इसके विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का काम शुरू हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सभी जगह मतदाता सूची में नाम जोड़े जाने, विलोपित किए जाने या मतदाता सूची में दर्ज जानकारी संशोधित किए जाने के लिए 8 दिसम्बर 2022 तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इन 30 दिनों में प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण कर 5 जनवरी 2023 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने 8 दिसम्बर के बाद भी इसके सतत अद्यतनीकरण (अपडेशन) के दौरान साल भर आवेदन कर सकते हैं।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में संशोधन के लिए इस बार मात्र एक अहर्ता तिथि 1 जनवरी के स्थान पर चार अहर्ता तिथियों – 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर के लिए भी अग्रिम आवेदन लिए जाएंगे। अगले वर्ष (2023 में) इन चारों अहर्ता तिथियों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने 9 नवम्बर 2022 से 8 दिसम्बर 2022 तक अग्रिम आवेदन जमा कर सकते हैं। जैसे ही उनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण होगी, संबंधित तिमाही में उनका आवेदन प्रोसेस हो जाएगा और उनका नाम मतदाता सूची में जुड़ जाएगा। इस तरह अगले वर्ष के आम चुनाव में 1 अक्टूबर 2023 की तिथि में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी नागरिक मतदान करने के लिए पात्र होंगे।

आयोग ने नाम जोड़ने की प्रक्रिया को पेपरलेस करने पर जोर देते हुए वोटर हेल्पलाइन एप (voter helpline app) एवं एनवीएसपी पोर्टल (NVSP Portal)  के माध्यम से नागरिकों को आवेदन जमा करने का आग्रह किया है। वोटर हेल्पलाइन एप बहुत ही यूजर-फ्रेंडली है एवं एंड्रायड तथा आई.ओ.एस. दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। बूथ लेवल अधिकारियों के भी पेपरलेस वर्क के लिए आयोग द्वारा गरूड़ एप (GARUDA app)  विकसित किया गया है।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विगत 1 अगस्त 2022 से मतदाता सूची में पहले से पंजीकृत व्यक्तियों के आधार नम्बर कलेक्शन का काम फॉर्म-6बी में किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के लगभग 68 प्रतिशत मतदाताओं के नाम उनके आधार कार्ड से लिंक किए जा चुके हैं।

आज से शुरू हुए मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में छत्तीसगढ़ के 18-19 वर्ष के करीब साढ़े पांच लाख युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी महाविद्यालयों और हायर सेकण्डरी स्कूलों में विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वोटर आई.डी. कॉर्ड को नया और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है। वोटर आई.डी. कॉर्ड अब विभिन्न सिक्योरिटी फीचर्स जैसे क्यू.आर. कोड, गिलोचे पैटर्न, घोस्ट इमेज, माइक्रो टेक्स्ट एवं होलोग्राम के साथ प्रिंट किया जा रहा है। सभी नए मतदाताओं को स्पीड-पोस्ट के माध्यम से इसे उनके घर पर डिलीवर किया जा रहा है। प्रदेश में अब तक एक लाख से अधिक मतदाताओं को नया इपिक कार्ड (EPIC Card) वितरित किए जा चुके हैं।

 

 

और भी

आदिवासी समाज और जनता ने भाजपा के चक्का जाम की नौटंकी को नकार दिया : मरकाम

 कांग्रेस ने किया आदिवासी आरक्षण के लिये विधानसभा के विशेष सत्र का स्वागत

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आदिवासी समाज के आरक्षण के लिये विधानसभा का विशेष सत्र बुलाये जाने का कांग्रेस ने स्वागत किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस सरकार के इस कदम से साफ हो गया कि कांग्रेस आदिवासी समाज को उनका आरक्षण देने के लिये प्रतिबद्ध है और भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार की बदनीयती और लापरवाही के कारण हाईकोर्ट में आदिवासी समाज का आरक्षण कम हुआ है और आदिवासी समाज का 32 प्रतिशत आरक्षण बहाल करने कांग्रेस सरकार प्रयास कर रही है।  

मोहन मरकाम ने कहा कि आरक्षण की कटौती को लेकर भाजपा के द्वारा किये गये चक्का जाम की नौटंकी को जनता और आदिवासी समाज ने नकार दिया। प्रदेश में कही भी चक्का जाम सफल नहीं हुआ। लोग समझ चुके है कि रमन सरकार की लापरवाही ओर बदनीयती के कारण ही होईकोर्ट में आरक्षण कम हुआ है।

पीसीसी चीफ मरकाम ने कहा कि भाजपा की बदनीयती के कारण ही यह अप्रिय स्थिति निर्मित हुई है। आरक्षण को बढ़ाने का निर्णय हुआ उसी समय सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार राज्य सरकार को अदालत के सामने आरक्षण को 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ाने की विशेष परिस्थितियों और कारण को बताना था। तत्कालीन रमन सरकार अपने इस दायित्व का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर पायी। 2012 में बिलासपुर उच्च न्यायालय में 58 प्रतिशत आरक्षण के खिलाफ याचिका दायर हुई तब भी रमन सरकार ने सही ढंग से उन विशेष कारणों को प्रस्तुत नहीं किया जिसके कारण राज्य में आरक्षण को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत किया गया। आरक्षण को बढ़ाने के लिये तत्कालीन सरकार ने तत्कालीन गृहमंत्री ननकी राम कंवर की अध्यक्षता में मंत्री मंडलीय समिति का भी गठन किया था। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में भी कमेटी बनाई गयी थी। रमन सरकार ने उसकी अनुशंसा को भी अदालत के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया जिसका परिणाम है कि अदालत ने 58 प्रतिशत आरक्षण के फैसले को रद्द कर दिया। रमन सरकार की बदनीयती से यह स्थिति बनी है।

 

 

और भी

1 लाख 74 हजार से अधिक लोगों को मिला एमएमयू से नि:शुल्क ईलाज

 अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के माध्यम से जिले के शहरी क्षेत्रों में नि:शुल्क कैम्प लगाकर मोबाईल मेडिकल यूनिट के द्वारा स्वास्थ्य जांच किया जा रहा है। शहरी क्षेत्रों में 9 नवम्बर तक कुल 2405 कैम्प लगाकर 1 लाख 74 हजार लोगों का नि:शुल्क ईलाज किया गया है। इनमें से कुल 1 लाख 22 हजार लोगों को नि:शुल्क दवा का वितरण, 34 हजार 658 लोगों का नि:शुल्क लैब टेस्ट किया गया तथा 10 हजार 898 लोगों का श्रम कार्ड कैम्प के माध्यम से बनाया गया है।

बुधवार को राजमोहिनी देवी शासकीय कन्या महाविद्यालय अम्बिकापुर की छात्रा रीना लहरे ने कॉलेज कैम्पस में लगाए गए शिविर में स्वास्थ्य जांच के लिए एमएमयू पहुंची। उनका स्वास्थ्य जांच कर दवा दिया गया। रीना ने कहा कि मेरा तबियत ठीक नहीं था। कॉलेज कैम्पस में लगाए गए शिविर में एमएमयू में डॉक्टरों के द्वारा स्वास्थ्य जांच कर दवा दिया गया। कैम्पस में ही नि:शुल्क ईलाज मिलने से किसी अन्य क्लिनिक जाने की जरूरत नहीं पडी। इस तरह के नि:शुल्क कैम्प लगाने के लिए मैं सरकार को धन्यवाद देती हूं।

नगर निगम के आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत जिले में कुल 5 मोबाइल मेडिकल यूनिट के द्वारा प्रतिदिन नि:शुल्क स्वास्थ्य व चिकित्सा सेवा प्रदान की जा रही है। पांचों एमएमयू में प्रतिदिन औसतन 100 लोगों का स्वास्थ्य जांच सह उपचार किया जाता है। एमएमयू का संचालन चिन्हांकित स्लम एरिया में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाता है। इसमें कुल 41 प्रकार के स्वास्थ्य जांच के लिए लैब की सुविधा उपलब्ध है, जहां पर नि:शुल्क लैब टेस्ट कर तत्काल रिपोर्ट प्रदान किया जाता है।

 

 

और भी

जब कुछ किया नहीं तो रमन सिंह ईडी से जांच की मांग से डर क्यों रहे है? : सुशील

 रमन सिंह के पत्रकार वार्ता का कांग्रेस ने दिया जवाब

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के पत्रकार वार्ता का जवाब देते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा नान घोटाले और चिटफंड घोटाले की जांच के लिये ईडी को पत्र लिखने पर रमन सिंह इतने घबराये हुये क्यों हैं? रमन सिंह की तिलमिलाहट और बयानबाजी बता रही है कि रमन सिंह को नान घोटाले और चिटफंड घोटाले की ईडी से जांच की बात नागवार गुजर रही है। रमन सिंह को जांच की बात से किस बात का डर सता रहा है? नान गरीबों के राशन में 36,000 करोड़ का डाका डाला गया है, जब इतनी बड़ी रकम का लेनदेन हुआ है, नान डायरी में सीएम सर, सीएम मैडम, ऐश्वर्या रेसीडेंसी वाली मैडम जैसे दर्जनों नामों का उल्लेख है जिनका मोटी-मोटी रकम देने का भी उल्लेख है। ऐसे में इस अवैध लेनदेन की जांच यदि ईडी करती है तो इसमें रमन सिंह को क्या पीड़ा है?


सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि रमन सिंह बतायें कि उन्हें नान घोटाले और चिटफंड घोटाले की ईडी की जांच से आपत्ति क्यों है? ईडी पर तो रमन सिंह की भाजपा को अटूट भरोसा है फिर उससे जांच की मांग में उनको तकलीफ किस बात की हो रही है? राज्य सरकार एसआईटी बना कर जांच करवाती है तो उसमें भी रमन सिंह को आपत्ति होती है। उनके पूर्व नेता प्रतिपक्ष अदालत जाकर जांच रोकने के लिये पीआईएल लगाते है जब ईडी से जांच की बात होती है तो उनको तकलीफ हो रही है। जब कुछ किया नहीं तो डर क्यों रहे है?

कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष ने कहा कि रमन सिंह के शासनकाल के 15 साल में चिटफंड कंपनियों ने सरकार के संरक्षण में जनता को लूटने का बड़ा षड़यंत्र बनाया था। फर्जी चिटफंड कंपनियों के कार्यालयों का उद्घाटन स्वयं रमन सिंह, उनकी पत्नी और सांसद पुत्र ने किया था। रमन मंत्रिमंडल के आधा दर्जन से अधिक मंत्रियों ने चिटफंड कंपनियों के दफ्तरों का उद्घाटन किया था। सरकारी रोजगार मेले में चिटफंड कंपनियों के स्टॉल लगे थे जिनके माध्यम से एजेंटों की भर्तियां हुई थी। इन चिटफंड कंपनियों ने राज्य की जनता से 6,000 करोड़ से अधिक रू. की उगाही किया था। राज्य की पुलिस चिटफंड कंपनियों के विरूद्ध जांच कर रही कुछ कंपनियों की संपत्तियां कुर्क कर लोगों के पैसे भी वापस करवाया जा रहा। यदि 6,000 करोड़ रू. का अवैध लेनदेन हजारों लोगों के साथ हुआ है तो इस मामले की ईडी से जांच की मांग पर रमन सिंह क्यों घबरा रहे हैं?

उन्होंने कहा कि नान घोटाला और चिटफंड घोटाला रमन सिंह सरकार का वह घोटाला है जिसमें सीधे आम आदमी के साथ लूट की गयी है। इन दोनों ही घोटालों में तत्कालीन सरकार के प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता के प्रमाण भी सामने आये है और इसमें रुपयों का भी लेनदेन हुआ है। किसी भी प्रकार के नगदी अवैध लेनदेन की जांच प्रत्यावर्तन निदेशालय के द्वारा की जानी चाहिये। इन दोनों ही मामलों में पुलिस अपना काम कर रही है और आपराधिक मामलों की जांच भी हो रही। रमन सिंह तो स्वयं को ईडी का प्रवक्ता भी घोषित कर चुके है ऐसे में उन्हें स्वयं होकर ईडी से जांच की मांग का समर्थन करना चाहिये। रमन सिंह की घबराहट और बौखलाहट बताती है कि वे जांच की मांग से डर रहे है।

 

 

और भी

राज्य में रबी फसलों की बुआई शुरू, धान की बुआई का लक्ष्य शून्य

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कृषि विभाग द्वारा इस साल रबी सीजन के लिए निर्धारित फसल बुआई के कार्यक्रम में ग्रीष्मकालीन धान के रकबे का लक्ष्य शून्य कर दिया गया है। राज्य शासन द्वारा रबी में ग्रीष्मकालीन धान की बोनी को हतोत्साहित करने तथा अन्य फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसा किया गया है, ताकि धान की खेती के बजाय रबी सीजन में किसानों का रूझान गेहूं, चना, मटर सहित अन्य फसलों की ओर बढ़े। बीते रबी सीजन में राज्य में 2 लाख 22 हजार 170 हेक्टेेयर में किसानों ने ग्रीष्मकालीन धान की खेती की थी।


इस साल रबी सीजन में राज्य में 19 लाख 25 हजार हेक्टेयर में रबी फसलों की बुआई का लक्ष्य निर्धारित है। वर्तमान में रबी फसलों की बुआई शुरू हो चुकी है। अब तक 89 हजार 340 हेक्टेयर में जौ-ज्वार, गन्ना और दलहनी, तिलहनी फसलों सहित साग-सब्जी की बुआई की जा चुकी है, जो कि निर्धारित लक्ष्य का 5 प्रतिशत है।

गौरतलब है कि राज्य में इस साल अच्छी बारिश होने की वजह से खरीफ फसलों, विशेषकर धान के खेतों में नमी बनी हुई है। अभी धान की कटाई और मिजाई जारी है। इसके चलते रबी फसलों की बोनी भी प्रभावित हुई है। गत वर्ष अक्टूबर माह के अंत 1 लाख 36 हजार 440 हेक्टेयर में रबी फसलों की बुआई हो चुकी थी।

कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रबी वर्ष 2022-23 में गेहूं के रकबे में बीते वर्ष की तुलना में 70 हजार हेक्टेयर की बढ़ोत्तरी कर इसका रकबा इस साल 2 लाख 90 हजार हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। इसी तरह मक्का की खेती एक लाख 30 हजार हेक्टेयर, जौ-ज्वार एवं अन्य फसलों की खेती 16 हजार हेक्टेयर में लिये जाने का लक्ष्य है। इस साल रबी सीजन में दलहनी फसलों के रकबे 74 हजार 140 हेक्टेयर की वृद्धि प्रस्तावित कर इसका रकबा 8 लाख 65 हजार हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। बीते वर्ष रबी सीजन में 7 लाख 90 हजार 860 हेक्टेयर में दलहनी फसलें ली गई थी।

इसी तरह इस साल रबी सीजन में तिलहनी फसलों के रकबे में एक लाख 33 हजार हेक्टेयर की वृद्धि कर इसका रकबा 3 लाख 77 हजार हेक्टेयर कर दिया गया है। बीते वर्ष 2 लाख 44 हजार हेक्टेयर में तिलहनी फसलों की बोनी हुई थी। गन्ने के रकबे को बीते रबी सीजन की तुलना में 8 हजार 90 हेक्टेयर की वृद्धि कर 50 हजार हेक्टेयर तथा साग-सब्जी एवं अन्य फसलों के रकबे में लगभग 21 हजार हेक्टेयर की वृद्धि प्रस्तावित कर एक लाख 97 हजार हेक्टेयर किया गया है।

रबी सीजन 2022-23 में गेहूं, मक्का सहित अन्य अनाज फसलें अब तक 1480 हेक्टेयर में बोई जा चुकी है। दलहनी फसलों के अंतर्गत चना, मटर, मूंग, उड़द, कुल्थी आदि की 58 हजार 160 हेक्टेयर में बोआई हो चुकी है, जिसमें सर्वाधित 43 हजार 850 हेक्टेयर बुआई का रकबा तिवड़ा है। दलहनी फसलों के अंतर्गत अलसी, सरसो, तिल, कुसुम, मूंगफली आदि की बुआई 13 हजार 910 हेक्टेयर में हो चुकी है। किसान रबी सीजन में गन्ना की बुआई भी तेजी से कर रहे है, अब तक 4 हजार 170 हेक्टेयर में गन्ना लगाया जा चुका है, जबकि साग-सब्जी एवं अन्य रबी फसलों की बुआई 11 हजार 620 हेक्टेयर में हो चुकी है।

 

 

और भी

अनियंत्रित होकर पलटी बस, 2 की मौत, दर्जनो घायल

 रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले में  एक सवारी बस बेकाबू होकर पलट गई है, जिसमें 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक रायगढ़ के घरघोड़ा के पास समारूमा और अम्लीडीह के बीच वासुदेव बस अनियंत्रित होकर पलटी है. दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा हैकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। घरघोड़ा पुलिस मौके पर मौजूद है। सभी घायलों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। वहीं एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

 

और भी

बिहान ने लाया सीमा के जीवन में नया सबेरा, स्वरोजगार से मिली पहचान व आर्थिक मजबूती

 अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। 10वीं तक पढ़ी सीमा सिंह कोर्राम का जीवन चूल्हा-चौका और घरेलू काम तक सीमित होने के कारण घर की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में योगदान नहीं दे पा रही थी। घर की आर्थिक स्थिति को मजबूती देने के ठोस इरादे लिए सीमा ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की महिला स्व सहायता समूह से जुड़ी व समूह से 50 हजार रुपए ऋण लेकर मनिहारी व किराना व्यवसाय शुरू किया। इस व्यवसाय ने सीमा की जिंदगी में नया सबेरा लेकर आया। अब सीमा एक गृहणी के साथ व्यवसायी भी है और घर की आर्थिक स्थित भी बेहतर हो गई है।

लखनपुर विकासखंड के ग्राम गोरता निवासी सीमा सिंह कोर्राम बताती हैं, कि उनके पति रामकुमार अस्थाई ड्राइवर है, जिनकी कमाई से परिवार का जीवन यापन ठीक से नहीं चल पा रहा था। पढ़ी-लिखी होने के बावजूद घर की माली हालत सुधारने में सहयोग नही कर पा रही थी और दयनीय हालत में जीवन बिताने विवश थी। एक दिन गांव में सीआरपी दीदियों ने बिहान समूह से जुडऩे व बचत के फायदे बताए। उसी दिन से 10 गांव की महिलाओं ने समूह से जुडऩे तैयार हुए 20-20 रुपया जमा करना शुरू किया। समूह का नाम ओम महिला समूह रखा। उन्होंने बताया कि मनिहारी व किराना व्यवसाय से 10 से 15 हजार रुपये मासिक आमदनी प्राप्त हो रही है।

छत्तसीगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को एक स्व सहायता समूह के रूप में गठित कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ी जाने वाली महत्वाकां योजना है बिहान। बिहान की महिलाएं स्व सहायता समूह से जुड़कर सफलता के झंडे बुलंद कर रही हैं।

और भी

पूंजीपतियों के लिए वरदान व भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए अभिशाप सिद्ध हुई नोटबंदी

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि 8 नवंबर 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में नोट बंदी का ऐलान किया था। उस घटना को 6 वर्ष पूरे हो चुके हैं मगर आज भी भारतीय अर्थव्यवस्था पर उसका का दुष्प्रभाव बना हुआ है। रात 8 बजे अचानक से मोदी 500 और 1000 के नोट को चलन से बाहर करने का तानाशाही भरा ऐलान कर दिया था जिसके बाद देश के आमजनों में हड़कंप मच गया और आम लोग अपनी जमा पूंजी बचाने के लिए संघर्ष करने लगे। बैंकों और एटीएम के बाहर लंबी-लंबी लाइनें लग गयी और मोदी सरकार की क्रूर नीति ने 100 से अधिक निर्दोष लोगों की जान ले ली और कई लोगों ने आत्महत्या तक कर ली। जनता के गुस्से को कम करने और उनकी सहानुभूति पाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी बुजुर्ग माँ को भी बैंक की लाइन में खड़ा कर दिया। नोटबंदी के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से कहा था कि यदि मेरी कोई गलती निकल जाए तो देश की जनता जिस चौराहे पर जो सजा देना चाहे वह सजा भुगतने को तैयार हूं, मगर मोदी ने आज तक अपने क्रूरतम अपराध के लिए माफी तक नहीं मांगी।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि मोदी सरकार की नोटबंदी के कारण अर्थव्यवस्था का हाल आज भी बुरा बना हुआ है, बेरोजगारी अपने चरम पर है, महंगाई के कारण आम लोग दिन-ब-दिन अपनी मूलभूत आवश्यकताओं से दूर होते जा रहे हैं। महंगाई और बेरोजगारी की दोहरी मार के कारण गरीबी लगातार बढ़ती जा रही है। यूपीए सरकार के समय 2004 से 2014 के बीच 27 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए थे। मोदी सरकार ने 2021 तक 23 करोड़ लोगों को फिर से गरीबी के अंधेरे में धकेल दिया। आज देश में 5.6 करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीब की श्रेणी में आ चुके हैं।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि नोटबंदी से उपजने वाली त्रासदी को समझते हुए देश के कई अर्थशास्त्रीयों, आरबीआई के गवर्नर और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से स्पष्ट रूप से चेताया था की यह निर्णय अर्थव्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर देगा मगर अपने पूंजीपति मित्रों के काले धन को सफेद करने पर आमादा मोदी सरकार ने सारी बातों को अनसुना कर दिया। नोटबंदी का लाभ केवल कुछ उद्योगपतियों को मिला मगर इसका नुकसान पूरे देश को झेलना पड़ा। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनामी के आंकड़ों के अनुसार 2016-17 की अंतिम तिमाही में ही लगभग 15 लाख लोगों की नौकरियां चली गई, लाखों संस्थान बंद हो गए जो लोगों को रोजगार देते थे। नरेंद्र मोदी ने दावा किया था कि काला धन समाप्त हो जाएगा  मगर 15.44 लाख करोड़ में से 99.3 प्रतिशत नोट वापस आ गए। नरेंद्र मोदी ने दावा किया था कि आतंकवाद समाप्त हो जाएगा मगर देश में पुलवामा जैसा बड़ा आतंकवादी हमला हुआ। केंद्रीय गृह मंत्रालय की 2017 की रिपोर्ट के अनुसार 2016 में जम्मू कश्मीर में कुल 322 आतंकवादी हमले हुए, 2017 में 350 से ज्यादा आतंकी हमले हुए। कुल मिलाकर नोटबंदी देश का सबसे बड़ा घोटाला साबित हुआ जिसके द्वारा कुछ उद्योगपतियों के काले धन को सफेद किया गया। नोटबंदी के कारण कई बेटियों की शादी नहीं हो पाई, कई बीमारों और बुजुर्गों का इलाज नहीं हो पाया, कई लोगों ने आत्महत्या कर ली और अर्थव्यवस्था आज भी जर्जर बनी हुई है। इस अपराध के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।

और भी

छत्तीसगढ़ में साकार हो रही बापू के स्वावलंबी गांवों की परिकल्पना : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

गोधन न्याय योजना : मुख्यमंत्री ने जिले के गोबर विक्रेताओं के बैंक खातों में 28 लाख 84 हजार 903 का किया ऑनलाइन अंतरण

 कोरबा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को गोबर खरीदी की राशि, महिला स्वसहायता समूहों व गौठान समितियों को लाभांश राशि  का ऑनलाइन अंतरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कोरबा जिले के गोबर विक्रेताओं के बैंक खातों में 28 लाख 84 हजार 903 रुपए का अंतरण किया। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वावलंबी गांवों की परिकल्पना साकार हो रही है। गोधन न्याय योजना के तहत गांवों में बनाए गए गौठान अब स्वावलंबी हो गए हैं। 15 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2022 तक गौठानों में क्रय किए गए गोबर के एवज में भुगतान की गई राशि में से लगभग 50 प्रतिशत राशि का भुगतान स्वावलंबी गौठानों द्वारा किया गया है। यह एक बड़ा बदलाव है। गौठान खुद से स्वावलंबी बन गए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खरीफ  की तरह रबी सीजन में भी वर्मी कम्पोस्ट के उपयोग को बढ़ावा देने और गौठानों में गौ मूत्र की खरीदी को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आने वाले समय में सभी गौठान स्वावलंबी बने। वहां की गतिविधियों का संचालन गौठान समितियां अपने संसाधनों से कर सकें। कार्यक्रम में गोबर विक्रेता पशुपालक ग्रामीणों, गौठानों से जुड़ी महिला समूहों व गौठान समितियों को राशि को ऑनलाइन किया गया। जिसके तहत कोरबा जिले के गौठानों में 15 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक  गोबर खरीदी के एवज में 28 लाख 84 हजार 903 रुपए भुगतान के लिए जारी की गई है। 

इस अवसर पर आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम से जिला कलेक्टोरेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से कलेक्टर संजीव झा, जिला पंचायत सीईओ नूतन कंवर, उप संचालक कृषि अनिल शुक्ला व अन्य अधिकारी जुड़े। उप संचालक कृषि ने बताया की जिले में कोरबा विकासखंड के गौठानो के लिए 4 लाख 43 हजार 44 रुपए, करतला विकासखंड के गौठानों के लिए 3 लाख 21 हजार 17 रुपए, कटघोरा विकासखंड के लिए 2 लाख 89 हजार 136 रुपए, पाली विकासखंड के लिए 7 लाख 15 हजार 524 रुपए व पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के लिए 9 लाख 50 हजार 662 रुपए जारी किए गए हैं। 

इसी तरह शहरी क्षेत्र के गौठानों के लिए कटघोरा नगर अंतर्गत गौठानो के लिए 36 हजार 172 रुपए, छुरीकला नगर के लिए 13 हजार 280 रुपए, दीपका क्षेत्र के गौठानों के लिए  9 हजार 88 रुपए, पाली नगर के गौठानो के लिए 7 हजार 364 रुपए और कोरबा नगरीय क्षेत्र के गौठानो के लिए 99 हजार 116 रुपए जारी किए गए हैं। इस तरह ग्रामीण क्षेत्रों के गौठानो में 13596 क्विंटल से अधिक गोबर खरीदी पर 27 लाख 19 हजार 383 रुपए भुगतान किए गए हैं। वहीं शहरी क्षेत्र के गौठानो में 827.6 क्विंटल गोबर खरीदी के एवज में 1 लाख 65 हजार 520 रुपए का भुगतान किया जाएगा। इस तरह जिले के सभी गौठानो मे कुल 14424.52 क्विंटल गोबर खरीदी के एवज में कुल 28 लाख 84 हजार 903 रुपए का भुगतान किया जाएगा।

 
और भी

गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया

 रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सिखों के प्रथम गुरु नानक देव का 553वां प्रकाश पर्व देशभर में बड़े ही श्रद्धाभाव व हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रहा है।इस अवसर पर गुरुद्वारों में वृहद स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। नगरकीर्तन, गुरुबानी और गुरु का अटूट लंगर इस आयोजन के अहम हिस्से हैं।

वाहे गुरुजी दा खालसा वाहे गुरुजी दी फतेह.. सिखों के प्रथम आराध्य  गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व को रायगढ़ के सिख समाज द्वारा बढ़ चढ़ कर धूमधाम से मनाया जाता रहा है। जिसमें न केवल सिख समुदाय बल्कि हर वर्ग के लोग शामिल होते हैं। प्रकाश पर्व से सप्ताह पूर्व से ही नगर में प्रभात फेरी निकाली गई जिसके बाद रविवार को भव्य नगर कीर्तन का आयोजन कर शोभायात्रा निकली। शहर के  मंगलम मैरिज गार्डन से भव्य शोभा यात्रा प्रारंभ हुई और नगर भ्रमण करती हुई पुनः मैरिज गार्डन में पहुंची ।जहां जगह जगह इस शोभा यात्रा का स्वागत किया गया। इस शोभायात्रा में बच्चों से लेकर महिलाओं, बुजुर्गों में भी खासा उत्साह देखा गया। जगह जगह पंज प्यारेयों ने अनोखे करतब भी दिखाए। संस्कारधानी नगरी रायगढ़ की यह खासियतें ही रही हैं कि यहां किसी भी धर्म सम्प्रदाय से जुड़े तीज़ त्योहारों पर सर्व वर्ग भी बड़े ही श्रद्धाभाव से शामिल होता है। यहां भी रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक से लेकर सभी अन्य भी नानक जी के दरबार मे शामिल हुए और अरदास की। आज मंगलम में गुरुनानक जी का विशेष दिवान सजाया गया। जहां सबद कीर्तन के लिए खासतौर पर पटियाला से रागी जत्था मंगाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर दरबार में मत्था टेका और गुरु का अटूट लंगर भी छका।

 

 

और भी

मातृशक्ति ने जिस तरह रमन सरकार को उखाड़ फेंकी वैसे ही मोदी सरकार का भी हश्र करेगी

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि जिस प्रकार मातृशक्ति ने 15 साल के आतताई कमीशनखोर भ्रष्टचार, अत्याचार के लिए जिम्मेदार रमन भाजपा सरकार को उखाड़ कर फेंक दी ठीक उसी तरह ही केंद्र की मोदी भाजपा की सरकार को भी उखाड़ फेंकेगी। भाजपा का चरित्र ही वादाखिलाफी करना और महिला अत्याचार पर मौन रहना है 15 साल तक छत्तीसगढ़ में महिलाएं असुरक्षित रही है आज महिलाएं सुरक्षित हुई है महिलाओं के साथ हो रहे घरेलू हिंसा और अन्य अपराधिक घटनाओं में कमी आई है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार की मुनाफाखोरी और गलत नीतियों के चलते प्रदेश के साथ-साथ देश की भी महिलाएं हताश और परेशान है रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं दूध दही अनाज दाल चावल जूता चप्पल काफी पुस्तक पर जीएसटी लिया जा रहा है मोदी सरकार के गलत नीतियों के चलते 1करोड़50लाख महिलाओं के हाथ से काम छीना गया है। बलात्कारियों के पक्ष में भाजपा के नेता खड़े रहते है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक धरामलाल कौशिक को महिला अपराध के विषय पर बयान देने से पहले पूर्व रमन सरकार के दौरान घटित अपराधिक घटनाओं का आत्मलोकन करना चाहिए एवं भाजपा शासित राज्यों में जिस प्रकार से महिला और बेटियों के ऊपर अत्याचार बढ़े हैं पॉक्सो एक्ट की घटनाएं बढ़ी है उसका भी स्मरण करना चाहिए दुखद स्थिति तो गुजरात में है जहां गैंगरेप के मामले में सजा काट रहे 11 बलात्कारियों को भाजपा की सरकार ने जेल से रिहा किया और भाजपा के नेता उन बलात्कारियों की चरण वंदना कर रहे थे तिलक लगा रहे थे मिठाई खिला रहे थे फूलों की माला पहनाकर स्वागत कर रहे थे।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भादवि के अपराध में छत्तीसगढ़ देश राज्यों की रैकिंग में 17वें स्थान पर है। उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश गुजरात, कर्नाटक, हरियाणा, आदि राज्य भादवि की रैकिंग में छत्तीसगढ़ से उपर है। भादवि के अपराध का राष्ट्रीय औसत प्रति लाख आबादी पर 251.2 है, जबकि छत्तीसगढ़ राज्य में प्रति लाख आबादी पर यह अपराध 238.2 है, जो राष्ट्रीय औसत से कम है। हत्या के अपराध वर्ष 2021 में राज्य में कुल 1007 है। प्रति लाख आबादी पर हत्या के अपराध की दर 3.4 है, जबकि झारखंड में यह औसत 4.1, हरियाणा में 3.8, असम में 3.4 है। राज्य में हत्या के संगठित अपराध नहीं हुये है। अपितु अधिकांश अपराध आपसी एवं पारिवारिक विवाद, क्षणिक उत्तेजना से घटित हुये है। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2021 में 2681 अपहरण के अपराध घटित हुये है। राष्ट्रीय स्तर पर इस अपराध में छत्तीसगढ़ 13वें स्थान पर है। असम, उड़िसा, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, पश्चिम बंगाल, राजस्थान प्रति लाख आबादी में होने वाले अपहरण के अपराध छत्तीसगढ़ से अधिक है।

 

 

और भी

सरकारी विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महिला-बाल विकास विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। मामला टिकरापारा थाना का है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मोती नगर टिकरापारा निवासी प्रार्थिया श्रीमति कृष्णा साहू ने टिकरापारा थाना में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी शशिकांत साहू ने महिला-बाल विकास में नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख रूपए की धोखाधड़ी की है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी शशिकांत साहू महासमुंद कलेक्टोरेट में संविदा पर लिपिक का कार्य करता है। उसने बताया कि वह प्रार्थिया की नौकरी महिला बाल विकास विभाग में लगवा सकता है। इसके एवज में 15 लाख रुपए की मांग की गई। आरोपी की बातों में आकर प्रार्थिया ने किश्तों में आरोपी के बताए खातों में 22 जनवरी 2021 से 26 जुलाई 2021 तक कुल 15 लाख रुपये जमा कराए। महीनों बीत जाने के बाद भी आरोपी ने न तो नौकरी लगाई हुए न ही पैसे वापस किए। पैसे मांगने पर हर बार मुकर जाता था।

पीड़िता की शिकायत पर टिकरापारा थाना भादवि: 420 के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई पर जुट गई है।

 

 

और भी

स्वीप अभियान अंतर्गत साईकिल रैली का आयोजन 9 को

 दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले में स्वीप अभियान अंतर्गत साईकिल रैली का आयोजन बुधवार रविशंकर स्टेडियम में सुबह 8: 00 बजे से 09 नवंबर को किया जाएगा। इस रैली में जिले में 18 वर्ष पूर्ण कर चूके नवीन मतदाता तथा भावी मतदाताओं को शामिल किया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से अधिकाधिक लोगों को मतदान के संबंध में जागरूक करने, इस तरह के अभियान आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें बड़ी संख्या में लोगों से भाग लेने की अपील जिला प्रशासन ने की है।

 
और भी

मंत्री सिंहदेव की पहल पर 5 साल की संस्कारदीप का चेन्नई में हुआ ऑपरेशन

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की पहल पर हृदय की गंभीर बीमारी से पीड़ित बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के पसीद गांव की पांच साल की संस्कारदीप का चेन्नई के अपोलो अस्पताल में सफल ऑपरेशन हुआ है। विगत 5 नवम्बर को ऑपरेशन के बाद सीआईसीयू में तीन दिनों तक ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद डॉक्टरों ने मंगलवार को उसे जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने आज संस्कारदीप के पिता संस्कार दाऊ से फ़ोन पर बातकर उसके स्वास्थ्य में सुधार की जानकारी ली।


राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत चिरायु योजना के माध्यम से संस्कारदीप को इलाज के लिए चेन्नई भेजा गया है। वह हृदय से संबंधित ट्रिस्क्युपिड अट्रेसिया (triscupid atresia) नामक बीमारी से पीड़ित थी। ऑपरेशन के लिए उसे बीते 31 अक्टूबर को चेन्नई के अपोलो अस्पताल के पीडियाट्रिक कॉर्डिएक यूनिट में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने 5 नवम्बर को उसका ऑपरेशन किया। संस्कारदीप की हालत अभी स्टेबल है और तीन दिनों तक पोस्ट ऑपरेटिव सीआईसीयू (cardiac intensive care unit) में रखने के आज जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया है।

संस्कारदीप के ऑपरेशन के बाद उसके माता-पिता बेहद खुश हैं। उन्होंने अपनी बेटी के निःशुल्क इलाज की पूरी व्यवस्था के लिए छत्तीसगढ़ सरकार, स्वास्थ्य विभाग, स्टेट नोडल एजेंसी, बिलासपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा बिल्हा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिरायु टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है। बिल्हा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिरायु टीम ने संस्कारदीप की बीमारी की पड़ताल कर उसकी जांच और इलाज के लिए हायर रिफरल सेंटर भेजा था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उसकी गंभीर बीमारी को देखते हुए चिरायु योजना से चेन्नई में इलाज की व्यवस्था की गई है।

 

 

और भी

महापौर और निगम अधिकारियों की मिलीभगत से भ्रष्टाचार जारी : जयंती पटेल

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भाजपा रायपुर शहर जिला ने जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल के नेतृत्व में नगर निगम महापौर के भ्रष्टाचार को लेकर तेलीबांधा से लेकर वीआईपी चौक तक प्रदर्शन किया। महापौर एजाज ढेबर  व नगर निगम द्वारा मनमाने ढंग से किए जा रहे निर्माण की दीवार को भाजपा ने "वॉल ऑफ करप्शन" का नाम दिया।

रायपुर नगर निगम अंतर्गत तेलीबांधा क्षेत्र में नगर निगम द्वारा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट फंड के माध्यम से सड़क डिवाइडर में सौंदर्यीकरण का कार्य करवाया जा रहा है। जिसका आधे से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। परंतु इसमे स्पष्ठ भ्रष्टाचार तब उजागर हुआ जब कुछ दिन पूर्व निगम द्वारा इसका टेंडर जारी किया गया।  भारतीय जनता पार्टी के नेताओ ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह ना केवल स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के पैसों का दुरुपयोग है अपितु स्पष्ठ भ्रष्टाचार है।  ऐसा कैसे संभव है कि किसी कार्य का टैंडर जारी हुए बिना ही काम चालू हो गया और आधे से अधिक निर्मित भी हो गया । और इस पर निगम के जोन कंडीशनर गैर जिम्मेदाराना बयान जारी करते हैं कि नहीं मालूम कौन यह कार्य करवा रहा है रोकने पर भी नहीं मान रहा है।



भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में तेलीबांधा चौक पहुँचे जहाँ से माना विमानतल पहुँच मुख्य चौराहे तक पैदल मार्च करते हुए महापौर और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारे बाजी की । सभी ने हाथों में वॉल ऑफ करप्शन की तख्तियां ले रखी थी एवं महापौर एजाज ढेबर के खिलाफ, नारे लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ता तेलीबांधा चौक से VIP रोड चौक तक पैदल गए । जहाँ निगम द्वारा लगाए गए स्वागत संदेश बोर्ड और मुख्यमंत्री के चित्र के सामने भी जमकर नारेबाजी की।

भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रॉजेक्ट के माध्यम से किये जा रहे सौंदर्यीकरण में महापौर एजाज ढेबर मनमाने ढंग से द स्पष्ट भ्रष्टाचार किया जा रहा है । निगम अधिकारी और महापौर को स्मार्ट सिटी फंड की मलाई खाने की इतनी जल्दबाजी है कि काम का आबंटन पहले कर दिया जाता है और टैंडर बाद में जारी होता है यह पूरा खेल कमीशन का है कांग्रेस के कलेक्शन का है यह ऐसी गड़बड़ी है जिसमें सुधार या किसी बहाने की गुंजाइश भी नही।

प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि संभवतः इस तरह का प्रत्यक्ष भ्रष्टाचार पहली बार नही हुआ जब से एजाज ढेबर महापौर बने हैं उनका इस तरह के कृत्य से गहरा नाता रहा है प्रदेश और नगर निगम दोनों में भ्रष्टाचार का स्तर बेलगाम हो चुका है देवेंद्र नगर में भी पहले इस तरह का कार्य किया जा चुका है नगर निगम द्वारा 7 करोड़ का वॉटर फाउंटेन लगाया जाता है जो चंद दिनों में बंद हो जाता है और फिर पुनः चालू ही नही होता   चौक चौराहों पर चकाचौंध लाइट लगाना ही इनका स्मार्ट सिटी मानक है पर अब महापौर जो स्वयं जाँच के दायरे में हैं इस टैंडर को निरस्त करना ही होगा अन्यथा हम इस स्पष्ठ भ्रष्टाचार को लेकर सीधी लड़ाई लड़ने तैयार है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि इस सरकार और उनके उच्च अधिकारियों पर अब भरोसा नहीं रह गया है भाजपा इस मामले को लेकर कानून का दरवाजा खटखटाएगी।

आंदोलन में विशेष रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल ,प्रदेश प्रवक्ता संजय , श्रीवास्तव , राजीव अग्रवाल , अमित साहू , केदारनाथ गुप्ता , प्रफुल्ल विश्वकर्मा ,ललित जयसिंघ, महामंत्री ओंकार बैस ,अकबर अली ,हरीश सिंह , संजय तिवारी , सावित्री जगत, दिना डोंगरे, वंदना राठौड , आशु चंद्रवंशी , बजरंग खण्डेलवाल , सूर्यकांत राठौड , गोपी साहू , राजेश पांडेय , जितेंद्र गोलछा , गुंजन प्रजापति , गोविंदा गुप्ता , नवीन जैन , अमित मैसरी, ज्ञानचंद चौधरी, अनूप खेलकर , अर्चना शुक्ला , रविन्द्र ठाकुर, जितेंद्र धुरंधर , टी. टी. बहेरा, महेंद्र खोडियार, पार्षदगण मनोज वर्मा , दीपक जयसवाल , प्रमोद साहू , सुशीला धीवर , रोहित साहू , अमित मैशरी , प्रवीण साहू , अर्पित सूर्यवंशी , राहुल राव, सहित बड़ी संख्या में जिले एवं मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

 

और भी

गढत हे नवा छत्तीसगढ़ : प्रदेश की आंचलिक खबरें एक नजर में

 बालोद : मुख्यमंत्री ने किया गोधन न्याय योजना और गन्ना प्रोत्साहन योजना अंतर्गत जिले के किसानों के खातों में बोनस राशि का अंतरण

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से गोधन न्याय योजना और राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत गन्ना उत्पादक किसानों के खाते में बोनस राशि का अंतरण किया। इसके अंतर्गत उन्होंने बालोद जिले के 4 हजार 237 पशुपालकों के बैंक खातों में 20 लाख 34 हजार 692 रुपए का अंतरण किया गया।

बालोद : पसौद-सुरेगॉव-अर्जुन्दा मार्ग में पेच रिपेयर का कार्य प्रगति पर

जिले में लोक निर्माण विभाग की ओर से पसौद-सुरेगॉव-अर्जुन्दा मार्ग में क्षतिग्रस्त स्थानों पर पेच रिपेयर का कार्य किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि पसौद-सुरेगॉव-अर्जुन्दा मार्ग (लम्बाई 17.15 किलोमीटर) में भारी वाहनों के चलने से मार्ग के कुछ भाग में आंशिक क्षतिग्रस्त हुआ था। उन्होंने बताया कि उक्त भाग का पेच रिपेयर का कार्य प्रगति पर है।

बालोद : बालोदगहन में चिटफंड कंपनी सनसाईन लिमिटेड की अचल संपत्ति की हुई नीलामी

कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की ओर से निवेशकों द्वारा चिटफंड कम्पनियों में जमा की गई राशि को वापस दिलाने के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसके अंतर्गत आज अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गुरूर की ओर से वित्तीय कंपनी सनसाईन हाईटेक इन्फ्राकन लिमिटेड की रमेशचंद्र नायक और अन्य एक के पर गुरूर तहसील के ग्राम बालोदगहन में पटवारी हल्का नम्बर 29 में स्थित भूमि ख.नं. 391/1 रकवा 0.62 हेक्टेयर अचल सम्पत्ति को नीलामी की कार्रवाई की गई है।

रायगढ़ : उच्च शिक्षामंत्री पटेल ने शहीद स्व. नंदकुमार पटेल की जयंती पर उन्हें किया नमन

उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने अपने पिता व पूर्व गृहमंत्री शहीद स्व. नंदकुमार पटेल को उनकी जयंती के अवसर पर नंदेली स्थित शांति बगिया समाधि स्थल में नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों व स्थानीय निवासियों ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सुकमा : बच्चों के व्यक्तित्व विकास को मजबूत बनाता स्काउट गाइड, देश के विकास में निभा रहा अपना अद्वितीय भूमिका : मंत्री लखमा

छत्तीसगढ़ प्रदेश के अंतिम छोर में बसे सुकमा जिला इस वर्ष नेशनल ट्रायबल स्काउट-गाइड रोवर-रेंजर कार्निवाल की मेजबानी कर रहा है। प्रदेश के उद्योग व वाणिज्यिक कर (आबकारी) मंत्री कवासी लखमा ने आज इस कार्निवाल का शुभारंभ किया। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर 12 नवंबर तक चलने वाले इस 5 दिवसीय आयोजन का उद्घाटन किया।

सूरजपुर : गन्ना उत्पादक कृषकों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सौगात

आज कलेक्टोरेट सूरजपुर के सभाकक्ष में भी महामाया सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, अम्बिकापुर ग्राम करता के गन्ना उत्पादक कृषकों की उपस्थिति मंा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मुख्य आतिथ्य में गन्ना प्रोत्साहन वितरण संबंधी कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से हुआ।

जशपुरनगर : जिला पंचायत सीईओ ने जशपुर विकासखंड के बोकी गौठान का किया निरीक्षण

जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र यादव ने आज जशपुर विकासखंड के बोकी गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं से गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट खाद बनाने की प्रगति और आजीविका मूलक गतिविधियों की जानकारी ली। जिला पंचायत सीईओ ने गौठान में नियमित गोबर खरीदी करने के लिए कहा। 

दुर्ग : सेना के अधिकारियों ने लिया अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया की तैयारियों का जायजा

भारतीय थल सेना में अग्निवीर व नर्सिंग असिस्टेंट की भर्ती के लिए रैली का आयोजन 1 दिसम्बर 2022 से 13 दिसम्बर 2022 तक रविशंकर स्टेडियम दुर्ग में आयोजित किया जाना है। उक्त रैली के व्यवस्था की जानकारी लेने व रैली स्थल के निरीक्षण के लिए ब्रिगेडियर दीपेन्द्र मनराय, उप महानिदेशक भर्ती (मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़) जबलपुर, कर्नल एस. रमेश संचालक, सेना भर्ती छत्तीसगढ़,  आर.के. कुर्रे, उप संचालक रोजगार विभाग दुर्ग, मेजर सैनी उपस्थित रहे। 

राजनांदगांव : गिरदावरी पोर्टल में रकबे से संबंधित सुधार कार्य युद्ध स्तर पर करें : कलेक्टर

कलेक्टर डोमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आगामी भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के मद्देनजर अधिकारियों को मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए पूरी तैयारी रहे। उन्होंने ऑनलाईन नामांतरण के संबंध में कहा कि नामांतरण प्रक्रिया का सरलीकरण किया गया है।

कोरबा : कलेक्टर ने जिल्गा पहुंचकर कुदमुरा, चिर्रा सड़क में हो रहे मरम्मत कार्यों का किया औचक निरीक्षण

कलेक्टर संजीव झा ने आज अनुविभाग कोरबा के वनांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जिल्गा पहुंचकर कुदमुरा से चिर्रा तक निर्मित सड़क में हो रहे मरम्मत कार्यों का औचक निरीक्षण किया। कुदमुरा से चिर्रा तक 23 किलोमीटर लंबाई की बीटी सड़क में पैच रिपेयर का काम जारी है। इस सड़क में पांच किलोमीटर तक पैच रिपेयर का काम पूर्ण हो चुका है। 

कोरबा : मुख्यमंत्री बघेल ने जिले के गोबर विक्रेताओं के बैंक खातों में 28 लाख 84 हजार 903 का किया ऑनलाइन अंतरण

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को गोबर खरीदी की राशि, महिला स्वसहायता समूहों व गौठान समितियों को लाभांश राशि  का ऑनलाइन अंतरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कोरबा जिले के गोबर विक्रेताओं के बैंक खातों में 28 लाख 84 हजार 903 रुपए का अंतरण किया। 

रायगढ़ : जिले में अब तक 1288.80 क्विंटल धान की हुई खरीदी

खरीफ  विपणन वर्ष 2022-23 में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन सहकारी समितियों में किया जा रहा है। इस वर्ष राज्य शासन की ओर से किसानों को राहत देने के उद्देश्य से 01 नवंबर से ही धान खरीदी प्रारंभ कर दिया गया है। धान खरीदी के 7 वे दिन जिले में 1288.80 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है।

और भी

बिजली बिल हाफ योजना : छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार 44 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को यह सुविधा प्रदान कर रही

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि बिजली बिल हाफ योजना के अंतर्गत प्रति माह 400 यूनिट तक खपत करने वाले किसी भी उपभोक्ता का 10 हजार रु. बिल नही आया है। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल बिजली बिल के नाम से झूठे एवं मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं। पूर्व की रमन सरकार ने ही 2015-16 में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से प्रतिवर्ष सुरक्षा निधि जमा कराने का नियम बनाया था 2 माह के एवरेज बिल को आधार बनाकर सुरक्षा निधि तय की जाती है और साल में एक बार सुरक्षा निधि राशि जमा कराई जाती है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने नेता प्रतिपक्ष से पूछा जब रमन सरकार प्रदेश की गरीब जनता को महंगे दरों पर बिजली दे रही थी बिजली उपभोक्ताओं से सुरक्षा निधि वसूल रही थी उसके साथ अनेक प्रकार के चार्ज लिया जा रहा था तब भारतीय जनता पार्टी को गरीब जनता की फिक्र नहीं हुई। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल आज बिजली विभाग के द्वारा पूर्व नियम के तहत सुरक्षा निधि लिया जा रहा है उसका विरोध सिर्फ राजनीति करने कर रहे है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल मोदी सरकार के उस तुगलकी फरमान का विरोध करने की हिम्मत दिखाएं जिसमें विदेश के महंगे कोयले को बिजली उत्पादन कंपनियों में 15 से 30 परसेंट तक उपयोग करने का तुगलकी फरमान जारी किया गया है। जबकि प्रदेश के कोयले की कीमत 3000 रु. से 4000 रु. प्रति टन है और विदेश से आने वाले कोयले की कीमत 15 हजार से 20 हजार रु. टन है। जिसके चलते प्रदेश में बिजली दरों में आंशिक वृद्धि करनी पड़ी।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस की सरकार प्रदेश के 44 लाख से अधिक घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बिजली बिल हाफ योजना का लाभ दे रही है इसके योजना के माध्यम से प्रदेश के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं का 4 साल मे 3000 करोड़ रुपए से अधिक की बचत हुई है। इस योजना के माध्यम से प्रत्येक उपभोक्ताओं को 4 साल में लगभग प्रति उपभोक्ता 30 से 40 हजार रुपए की बचत हुई है। प्रदेश सरकार देश की इकलौती सरकार है जो प्रदेश की जनता को सबसे सस्ते दरों पर और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ की सुविधा प्रदान कर रही है।

 



 

 

 

और भी