छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

त्यौहारों के दौरान इन ट्रेनों में मिलेगी अतिरिक्त कोच की सुविधा

 बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कोरोना संक्रमण के दौरान देशव्यापी लॉक डाउन की स्थिति में यात्री गाड़ियों का परिचालन पूरी तरह से बंद किया गया था । उस समय देश के अलग-अलग स्थानों पर फंसे प्रवासियों के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया तथा श्रमिकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया । जैसे-जैसे संक्रमण कम होता गया, यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेने चलाई गई । कोविड के प्रभाव में कमी आने के बाद ट्रेनों का संचालन पूर्ववत किया जा रहा है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा त्यौहारों के समय में यात्रियों को अधिक से अधिक आरक्षित सीट/बर्थ उपलब्ध कराने हेतु वर्तमान में 42 ट्रेनों में अतिरिक्त शयनयान एवं वातानुकूलित कोचों का प्रावधान किया गया है । इसके साथ ही दुर्ग-निज़ामुद्दीन-दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस में दो एसी थ्री एवं दुर्ग-अजमेर-दुर्ग एक्सप्रेस में एक एसी थ्री अतिरिक्त कोच की स्थायी सुविधा उपलब्ध कराई गई है । यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने वाली गाड़ी संख्या 05755/05756  चिरिमिरी-अनूपपुर-चिरिमिरी पैसेजर स्पेशल के सभी 05 स्लीपर कोचों को सामान्य कोच घोषित करते हुये यात्रियों को अनारक्षित टिकट के साथ यात्रा करने की सुविधा प्रदान की जा रही है ।

 

और भी

चिटफंड कंपनी से निवेशकों को उनकी राशि वापस दिलाने के कार्य में तेजी लाएं : कलेक्टर

 राजनांदगांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कलेक्टर्स कांफ्रेस में दिए गए निर्देशों के परिपालन के लिए कलेक्टर डोमन सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व व जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। 

कलेक्टर सिंह ने कहा कि अतिवृष्टि, अल्पवृष्टि, प्राकृतिक आपदा में मकान क्षति, कोविड-19 में मृत व्यक्तियों के परिजनों के लिए राशि की मांग की जानी है। इसके लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिटफंड कंपनी के निवेशकों को राशि वापस करने के लिए जिले में अच्छा कार्य किया जा रहा है। इसकी राज्य स्तर पर प्रशंसा की गई है। याल्स्को, अनमोल इंडिया, सहारा इंडिया जैसी चिटफंड कंपनी से निवेशकों की राशि वापस दिलाने के लिए उनकी संपत्ति को कुर्क करना है। इसके लिए सभी निवेशकों से जानकारी लेकर आवेदन का सत्यापन कराएं। अन्य राज्यों के निवेशकों की राशि वापसी के लिए भी संपत्ति की कुर्की की जानी है। उन्होंने कहा कि चिटफंड कंपनी से निवेशकों को उनकी राशि वापस दिलाने के कार्य में तेजी लाएं और एडीएम तथा सभी एसडीएम लगातार मॉनिटरिंग करते रहें। कलेक्टर ने कहा कि 3 वर्ष से एक ही स्थान पर जमे पटवारियों का तत्काल स्थानांतरण करें। राजस्व अधिकारी, जनपद सीईओ व विद्युत विभाग के अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम व एसडीओपी दौरा कर लगातार मॉनिटरिंग करते रहें। उन्होंने कहा कि जनचौपाल के माध्यम से स्थानीय स्तर पर नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए तथा विकासखंड स्तर पर बैठक के माध्यम से कार्यों की समीक्षा की सराहना की गई है। वहीं सी-मार्ट में जिले का प्रदर्शन अच्छा रहा है। मुख्यमंत्री ने सी-मार्ट की गुणवत्ता बढ़ावा देने के लिए कहा। धन्वंतरी जेनरिक मेडिकल स्टोर्स में दवाईयों की बिक्री में जिले की अच्छी स्थिति रही है। उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना शासन की प्राथमिकता है। सभी स्कूलों में गोबर से बने पेन्ट का उपयोग करते हुए युद्ध स्तर पर कार्य करें। जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए कलस्टर में कार्य करना है। रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की तैयारी रखें और एप्रोच रोड बनवाएं। स्वसहायता समूह का चिन्हांकन करें तथा पानी, फेंसिंग, बिजली एवं अन्य सुविधाओं की तैयारी रखें। गौठान में रख-रखाव अच्छा रखें। किसानों को पैरादान के लिए प्रोत्साहित करें। वहीं पैरादान करने वाले किसानों को सम्मानित भी करें। किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत मिल रही राशि की जानकारी भी उन तक पहुंचनी चाहिए। 

कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी अधिकारी वं कर्मचारी कार्यालय में समय पर उपस्थित रहेंगे, अन्यथा कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि नवम्बर माह से रामायण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जो पंचायत, विकासखंड, जिला व राज्य स्तर पर आयोजित होगा। मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना के अंतर्गत अच्छा कार्य किया जा रहा है। डेंगू, मलेरिया के लिए अलर्ट रहें। उन्होंने मुख्यमंत्री सुपोषण योजना, जल संरक्षण, जल शक्ति केन्द्र, अमृत सरोवर, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, अवैध नियमितीकरण, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देवहारी, संयुक्त कलेक्टर खेमलाल वर्मा, एसडीएम अरूण वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

अब दुर्ग में भी होगा निःशुल्क नियमित योगाभ्यास केंद्र का संचालन

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ योग आयोग द्वारा नागरिकों को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रखने तथा उनके दिनचर्या में योग को शामिल करने के उद्देश्य से लगातार निःशुल्क योगाभ्यास केन्द्र प्रारंभ किये जा रहे हैं। योग आयोग की छत्तीसगढ़ के हर जिले में योगाभ्यास केन्द्र शुरू करने की योजना है। इसी क्रम में सोमवार को छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा के मुख्य आतिथ्य में दुर्ग जिले के वार्ड क्र. 20, कुशाभाऊ ठाकरे भवन आदित्य नगर, दुर्ग में जिले के दूसरे निःशुल्क नियमित योगाभ्यास केंद्र का शुभारंभ किया गया। आयोग द्वारा भिलाई में योगाभ्यास केन्द्र का संचालन किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि रायपुर में योग आयोग द्वारा नगर निगम के सहयोग से 21 निःशुल्क योगाभ्यास केन्द्र शुरू किए जा चुके हैं। योगाभ्यास केन्द्र के शुभारंभ अवसर पर ज्ञानेश शर्मा ने योग के प्रति जागरूकता लाने और लोगों से दिनचर्या में योग को शामिल करने का निवेदन किया। इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ योग आयोग के सचिव एम. एल. पाण्डेय, श्रीमती नीलू सिंह अध्यक्ष केंद्रीय जेल संदर्शक, योग साधकगण सहित वार्ड के नागरिक उपस्थित रहे।

निःशुल्क नियमित योगाभ्यास का संचालन योग प्रशिक्षक श्रीमती दिलीमा मजून्दर द्वारा प्रतिदिन सुबह 5.30 से 7 बजे तक कुशाभाऊ ठाकरे भवन आदित्य नगर दुर्ग में किया जाएगा।

 

 

और भी

मुख्यमंत्री बघेल ने किया नव निर्मित कांग्रेस भवन का उद्घाटन

 कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल ने सोमवार को कवर्धा में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नव निर्मित कांग्रेस भवन का उद्घाटन किया। वीर स्तंभ चौक में भव्य कांग्रेस भवन के नए भवन का निर्माण पार्टी की गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। कांग्रेस भवन के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता प्रदेश के वन, परिवहन, आवस एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर ने की। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री व कबीरधाम जिले के प्रभारी मंत्री टी.एस. सिंह उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। आमंत्रित अतिथियों ने भव्य कांग्रेस भवन के निर्माण के लिए जिले के समस्त कांग्रेसजनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।



कांग्रेस भवन के उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पंडरिया की विधायक ममता चंद्राकर, कबीरधाम जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी थानेश्वर पाटिला, छत्तीसगढ़ राज्य उर्जा विकास अभिकरण (क्रेड़ा) के सदस्य कन्हैया अग्रवाल, कबीरधाम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नीलकंठ चंद्रवंशी, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहित महेश्वरी, कवर्धा नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष जीमल खान, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष नीलकंठ साहू, शहर महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रानू दुबे, आदि शामिल हुए। इन सभी का कांग्रेसजनों ने जोरदार स्वागत किया।



दशकों पुराने कांग्रेस भवनों के जीर्णोद्धार की जिम्मेदारी प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व कवर्धा के विधायक मोहम्मद अकबर ने छत्तीसगढ़ राज्य उर्जा विकास अभिकरण (क्रेड़ा) के सदस्य कन्हैया अग्रवाल को दी थी। उन्होंने पूरी जिम्मेदारी निभाते हुए कांग्रेस भवन का निर्माण आधुनिक सुविधाओं के साथ किया है। कांग्रेस भवन में विशाल बैठक हॉल के साथ ही कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के लिए अलग-अलग कार्यालय की व्यवस्था की गई है। कांग्रेस भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, स्व. इंदिरा गांधी, स्व. राजीव गांधी सहित कांग्रेस के महान नेताओं की बड़ी साईज की तस्वीर लगाई गई है। इसे देखकर कांग्रेसजन में कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास से अभिभूत होंगे।  

कांग्रेस भवन के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस भवन के निर्माण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रमों के लिए कांग्रेस भवन बहुत उपयोगी साबित होगा तथा कांग्रेसजनों को असुविधा नहीं होगी।

उद्घाटन कार्यक्रम में मनरेगा के सदस्य कलीम खान, जिला पंचायत सदस्य तुकाराम चंद्रवंशी, कवर्धा न.पा. के पार्षद अशोक सिंह, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष गंगोत्री योगी, तारिनी ठाकुर, शेख अनवरी, बोड़ला नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री साहू, एल्डरमेन दलजीत पाहुजा, जाकिर चौहान, रामफल कौशिक, आकाश केशरवानी, अजहर खान, सुधीर केशरवानी, गोपाल चंद्रवंशी, विजय पाण्डेय, मनीष शर्मा, बिलाल खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

और भी

भोरमदेव में बैगा आदिवासी समाज के संग्रहालय का होगा निर्माण : भूपेश बघेल

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल ने सोमवार को कवर्धा विधानसभा के भ्रमण के दौरान कवर्धा नगर के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित आदिवासी समाज के सम्मेलन में विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समाज की संस्कृति को सहेजने और संरक्षण के लिए भोरमदेव में बैगा आदिवासी समाज के संग्रहालय निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में पोस्ट मेट्रिक छात्रावास को 50 से 100 सीटर करने, कवर्धा स्थित आदिवासी मंगल भवन में अतिरिक्त कमरा निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री बघेल ने विकासखण्ड बोडला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला रेंगाखार जंगल की छात्रा कुमारी राधना मेरावी के आईटीआई खड़गपुर में चयन होने पर उसे उच्च शिक्षा के लिए 3 लाख रूपए प्रदान करने भी घोषणा की।

और भी

आदिवासियों के हित संरक्षण और उनके उत्थान के लिए हो रहे निरंतर कार्य : भूपेश बघेल

 कवर्धा में आयोजित आदिवासी समाज सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री

कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल अपने प्रदेश व्यापी भेंट मुलाकात अभियान अंतर्गत कवर्धा प्रवास के दौरान सोमवार शाम शासकीय स्नोतकोत्तर महाविद्यालय के आडिटोरियम में आयोजित आदिवासी समाज सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने इस मौके पर आदिवासी समाज को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में हमारी सरकार के बनते ही आदिवासियों के हित संरक्षण और उनके उत्थान के लिए लगातार कार्य हो रहे है। उन्होंने स्पष्ट रूप से अवगत कराया कि राज्य में आरक्षण के लाभ से आदिवासी वंचित नहीं होंगे। इसके लिए आदिवासी समाज को किसी भी तरह से चिंतित होने की जरूरत नहीं है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री टी.एस.सिंहदेव, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर, पंडरिया विधायक श्रीमती ममता चंद्राकर सहित आदिवासी समाज के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।



मुख्यमंत्री बघेल ने इस दौरान आदिवासी समाज की मांग पर विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समाज की संस्कृति के प्रचार-प्रसार तथा उसके संरक्षण और संवर्धन के लिए भोरमदेव में बैगा आदिवासी समाज के संग्रहालय निर्माण की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कवर्धा स्थित पोस्ट मैट्रिक छात्रावास को 50 सीटर से बढ़ाकर 100 सीटर में उन्नयन करने और आदिवासी मंगल भवन कवर्धा में अतिरिक्त कमरा के निर्माण की भी घोषणा की। इसके अलावा मुख्यमंत्री बघेल ने विकासखंड बोड़ला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला रेंगाखार जंगल की छात्रा कु. राधना मेरावी के आईआईटी खडगपुर में चयन होने पर उन्हें उच्च शिक्षा के लिए तीन लाख रूपये प्रदान करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री बघेल ने संबोधित करते हुए आगे कहा कि राज्य में आदिवासियों की भलाई के लिए आदिवासी समाज की जरूरतों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर अनेक योजनाएं बनाई गई है और इनका पूरी संवेदनशीलता के साथ क्रियान्वयन कर उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत राज्य में आदिवासी संस्कृति को नई पहचान और बढ़ावा देने के लिए देवगुड़ी तथा घोटूल का विकास प्राथमिकता से किए जा रहे है। इस तरह देवगुडियों और घोटूलों के संरक्षण और संवर्धन से राज्य में आदिम जीवन मूल्यों को पुर्नजीवित कर सहेजा एवं संवरा जा रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति को देश-दुनिया से परिचित कराने के लिए राष्ट्रीय जनजातीय नृत्य जैसे गौरवशाली महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इसमें गत वर्ष देश भर से विभिन्न राज्यों के अलावा अन्य 6 देशों के आदिवासी नर्तक समूहों ने भाग लिया था, इससे छत्तीसगढ़ की आदिम संस्कृति ख्याति अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच चुकी है।



मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हमने राज्य में वन अधिकार कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए जल-जंगल-जमीन पर आदिवासी समाज के अधिकारों को पुष्ट किया है। हमने राज्य में व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र, सामुदायिक वन अधिकार पत्र और सामुदायिक वन संसाधन के अधिकार के साथ-साथ रिजर्व क्षेत्र में भी वन अधिकार प्रदान करना शुरू कर दिये है। जल-जंगल-जमीन पर अधिकार सुनिश्चित होने से सरकार पर आदिवासियों का विश्वास और मजबूत हुआ है। हम उन्हें यह विश्वास दिलाने में कामयाब हुए कि अब छत्तीसगढ़ में उनकी अपनी सरकार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि राज्य में आदिवासियों के उत्थान के लिए तेंदूपत्ता संग्रहण दर को 2500 रूपये प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 4 हजार रूपये प्रति मानक बोरा किया गया है। इसी तरह 65 तरह के लघुवनोपजों को समर्थन मूल्य पर संग्रहण तथा उनके विक्रय की व्यवस्था करके स्थानीय स्तर पर इनका प्रसंस्करण और वेल्यू एडीशन करके हमारी सरकार ने न सिर्फ आदिवासियों की आय में बढ़ोतरी की है, बल्कि रोजगारों के अवसरों का भी निर्माण किया है। इसके अलावा प्रदेश में अब लघु वनोपजों की तरह लघु धान्य फसलों कोदो-कुटकी तथा रागी का भी समर्थन मूल्य तय करते हुए उनके संग्रहण तथा खरीदी की अच्छी व्यवस्था कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पोषण से भरपूर लघु धान्य फसलों के प्रोसेसिंग से वर्तमान में हमारे महिला समूहों द्वारा 22 प्रकार के उत्पाद तैयार किये जा रहे है। इसमें स्वसहायता समूहों के माध्यम से सैकड़ों लोगों को रोजगार मिल रहा है और उन्हें आय का नया जरिया भी मिला है।

इस अवसर पर गोड़ तथा बैगा समाज के पदाधिकारी तथा वरिष्ठजन राजा योगेश्वर राज, सी.आर. राज, मुखी राम मरकाम, ईतवारी राम मछिया, गजराज सिंह टेकाम, प्रभाती मरकाम, डॉ. संतोष धुर्वे, श्रीमती मीनाक्षी धुर्वे, पुसुराम बैगा, तुलसी राम सुरखिया, सेमलाल पड़िया, श्रीमती दसभी पड़िया, संबल सिंह बैगा आदि उपस्थित थे।

और भी

मुलायम सिंह के साथ 3 बार सांसद रहे डॉ. महंत ने जताया शोक

 कोरबा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। स्पीकर डॉ. महंत एवं कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि मुलायम सिंह यादव के निधन से समाजवाद के एक प्रमुख स्तंभ का अंत हुआ है। वे काफी संघर्षशील राजनेता थे। डॉ. महंत ने कहा है कि मुलायम सिंह यादव के साथ वर्ष 1998-99 एवं वर्ष 2009 में सांसद के तौर पर साथ-साथ काम करने का अवसर प्राप्त हुआ। वे काफी सुलझे हुए और अनुभवी राजनेता थे। उनके निधन से देश की राजनीति को क्षति हुई है उसे पूरा नहीं किया जा सकता।

 

 

और भी

गढत हे नवा छत्तीसगढ़ : प्रदेश की आंचलिक खबरें एक नजर में

कांकेर : ई-जनचौपाल में 22 आवेदकों ने बताई कलेक्टर को अपनी समस्या

सोमवार को आयोजित ई-जनचौपाल में 22 लोगों  ने कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला को अपनी समस्या बताई, जिनके निराकरण के लिए उनके द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। ई-जनचौपाल में आज अंतागढ़ विकासखंड से 3, चारामा व भानुप्रतापपुर विकासखंड के 01-01 और नरहरपुर विकासखंड से 2 व्यक्तियों ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिये कलेक्टर को अपनी समस्या बताई।

कोण्डागांव : विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर कलेक्ट्रेट में हुआ नुक्कड़-नाटक

सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ताओं की ओर से 10 अक्टूबर विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़-नाटक का आयोजन किया गया। जिले में कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में संवेदना कार्यक्रम के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के लिए कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं।

बलौदाबाजार : 15 दिनों के भीतर मिलेगी शहर को दो बड़ी सौगातें, गढ़कलेवा व आडोटोरियम की होगी जल्द ही शुरुआत

कलेक्टर बंसल के निर्देश पर जिला मुख्यालय को 15 दिनों के भीतर दो बड़ी सौगाते मिलनें वाली है। पहली ग्रामीण यंत्रिकी सेवा विभाग की ओर से बनाएं जा रहें 9 लाख 20 हजार रुपए के गढ़कलेवा व दूसरी लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाएं जा रहें लगभग 5 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक आडोटोरियम। दोनों के प्रारंभ होने से जिला मुख्यालय के सुन्दरता बढऩे के साथ ही सुविधाओं में विस्तार व नगर को एक नयी पहचान मिलेंगी।

कोरिया : आयुष्मान भारत जागरूकता ऑनलाईन प्रश्नोत्तरी में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी ले सकेंगे हिस्सा

मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में आयुष्मान भारत जागरूकता ऑनलाईन प्रश्नोत्तरी का आयोजन राज्य नोडल एजेंसी, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, डॉ. खूबचन्द बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना रायपुर द्वारा कक्षा 9वीं से 12वीं  तक के छात्र-छात्राओं के लिए किया जा रहा है, वेबपोर्टल के माध्यम से छात्रों को वैकल्पिक प्रश्नों के उत्तर देने होंगे और सही जवाब देने वालों को ऑनलाईन सहभागिता प्रमाण पत्र उनके व्हाट्सएप नंबर पर उपलब्ध करा दिया जाएगा।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : ग्रामीण क्षेत्रों में छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक की धूम

छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के तहत राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर विगत 6 अक्टूबर से प्रदेश की 14 पारंपरिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। ओलंपिक के पांचवेे दिन आज जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में 18 वर्ष तक के तथा 18 से 40 वर्ष आयुवर्ग के प्रतिभगियों ने कबड्डी, खो-खो, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद, रस्साकसी, गिल्लीडंडा, बिल्लस, लंगड़ी दौड़ आदि खेलों में उत्साह से भाग लिया। 

बालोद : मंत्री ताम्रध्वज साहू ग्राम सिवनी में शहीद नारद निषाद की प्रतिमा का किया अनावरण

प्रदेश के लोक निर्माण, गृह, जेल, धार्मिक न्यास व धर्मस्व, पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आज जिले के ग्राम सिवनी में शहीद नारद निषाद की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। इस अवसर पर प्रदेश की महिला व बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया, संसदीय सचिव व गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद और संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने भी शहीद की प्रतिमा को नमन किया। 

बेमेतरा : गौ-मूत्र से निर्मित उत्पाद से कृषकों एवं स्वसहायता समूहों की आय में हो रही वृद्धि

छ.ग. शासन की फ्लैगशिप योजना नरवा, गरुवा, घुरुवा, बाड़ी योजनांतर्गत गौ-मूत्र क्रय व इससे निर्मित उत्पाद से कृषकों एवं स्वसहायता समूहों की आय में वृद्धि हो रही है। विदित हो कि जिला बेमेतरा के गौठान मौहाभाठा व गौठान ओडिया विकासखंड साजा में 20 जुलाई 2022 को गौ-मूत्र क्रय प्रारंभ किया गया है। इस योजना में स्व-सहायता समूह की महिलाओं की ओर से गांव के कृषकों से गौ-मूत्र क्रय किया जा रहा है। 

बीजापुर : पारंपरिक खेलों के आयोजन से भावी पीढ़ी को पारंपरिक खेलों को मिल रही जानकारी : बेनहूर रावतिया

नगरपालिका बीजापुर क्षेत्र में छत्तीसगढिया ओलंपिक में खिलाडिय़ों को उत्साहवर्धन करते हुए नगरपालिका के अध्यक्ष बेनहूर रावतिया ने छत्तीसगढिया ओलंपिक के आयोजन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि अपनी परंपरा व संस्कृति को जीवंत बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से अभिनव पहल की जा रही है।

दुर्ग : केंद्रीय कार्यशाला दुर्ग का होगा रिवाइवल, पहले की तरह अपनी पूरी कैपेसिटी में काम करेगी यूनिट, इसके लिए बनेगी कार्ययोजना

भिलाई स्थित केंद्रीय कर्मशाला के रिवाइवल के लिए प्रोजेक्ट बनाने के निर्देश कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने दिए। कलेक्टर मीणा आज वर्कशॉप के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। उनके साथ मुख्यमंत्री के ओएसडी मनीष बंछोर भी मौजूद रहे।

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक: क्या बच्चा, क्या बुजुर्ग, युवा, महिला और पुरुष सहित सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी उत्साहपूर्वक ले रहे भाग

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुसार कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक और स्थानीय खेलों को बढ़ावा देने जिले में छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। 6 अक्टूबर से शुरू हुए छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक में बच्चे, बुजुर्ग, युवा, महिला, पुरुष सहित सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी स्वस्फुर्त बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

जगदलपुर : धान की फसल में पेनिकल माइट के आक्रमण से बचाव के लिए कृषि विभाग ने दी सलाह

राज्य के कुछ जिलों में धान की खेतों में एक अदृश्य मकड़ी ने हमला बोल दिया है, जिसका वैज्ञानिक नाम स्टेनोटासनेमस स्पिंकी है यह एक ऐसा माईट ध् मकड़ी है जो पोषक तत्वों को चूस कर धान में बालियां बनने नहीं देता है यह शुष्क भूमि में तेजी से फैलता है। 

जशपुरनगर : कलेक्टर ने पहुंच विहीन क्षेत्रों तक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने दूरस्थ और पहुंच विहीन क्षेत्रों तक लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं में किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी इसका विशेष ध्यान रखें।

कोरबा : नगरीय निकाय एवं निवेश क्षेत्र में अवैध भवनों का होगा नियमितीकरण

नगरीय निकाय व नगर तथा ग्राम निवेश क्षेत्र अंतर्गत 14 जुलाई 2022 से पूर्व निर्मित अवैध भवनों का नियमितिकरण होगा। इस संबंध में छत्तीसगढ़ अनाधिकृत विकास का नियमितिकरण अधिनियम 2002 संशोधित अधिनियम, 2022 14 जुलाई 2022 को अधिसूचना घोषित किया जा चुका है।

कोरबा : जिला प्रशासन के सहयोग से किसानों की मेहनत ला रही रंग

कलेक्टर संजीव झा के मार्गदर्शन में विभागीय सहयोग से जिले के किसानों की मेहनत रंग ला रही है। प्रशासन की ओर से किसानों को उन्नत खेती करने और अधिक आर्थिक लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से उचित सहयोग प्रदान किया जा रहा है। किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन के साथ खाद, बीज और खेती किसानी के उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कोरबा : प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना अंतर्गत दिसंबर 2022 तक चावल का आबंटन जारी

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत माह अक्टूबर से दिसम्बर 2022 तक योजना का विस्तार करते हुए चावल का आबंटन जारी किया गया है। राज्य की उचित मूल्य दुकानों में माह अक्टूबर 2022 के खाद्यान्न का भंडारण किया जा चुका है। राज्य शासन की ओर से निर्धारित उपभोक्ता दर पर खाद्यान्न का वितरण हितग्राहियों को करने के निर्देश जारी किए गए है।

मुंगेली : जिला चिकित्सालय मुंगेली में एक मरीज के हाथ का हुआ सफल ऑपरेशन

जिला चिकित्सालय में विगत दिनों नवागढ़ के एक मरीज के हाथ का सफल ऑपरेशन किया गया। इससे मरीज को नया जीवन प्राप्त हुआ। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक आनंद मांझी ने बताया कि दो माह पूर्व एक झोला छाप डॉक्टर के द्वारा बेमेतरा जिले के नवागढ़ की रोशनी सोनकर को गलत तरीके से इंजेक्शन लगाए जाने के कारण उनके बाएं हाथ की भुजा में मवाद भर गया था। 

रायगढ़ : लक्ष्य प्राप्ति के लिए दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच है जरुरी : राज्यपाल उइके

राज्यपाल अनुसुईया उइके अपने एक दिवसीय रायगढ़ प्रवास के दौरान आज ओपी जिंदल विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में शामिल हुई। यहां उन्होंने उपाधि प्राप्त छात्रों को बधाई  देते हुए कहा की दीक्षांत समारोह आपके जीवन के एक महत्वपूर्ण चरण के पूरा होने का प्रतीक है।

गरियाबंद : मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना से लोगों को मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लोगों के प्रति संवेदनशील सोच से आज प्रदेश के हर वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही है। प्रदेश में लोगों को घर के नजदीक ही नि:शुल्क और उत्तम स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए छत्तीसगढ़ शासन लगातार प्रयासरत है।

और भी

योजनाओं को प्राथमिकता से लागू करें : भूपेश बघेल

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल की अध्यक्षता में रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में दो दिवसीय कलेक्टर्स कांफ्रेंस की शुरूआत हुई। कांफ्रेंस के पहले दिन मुख्यमंत्री के निर्देशन में सभी कलेक्टरों से  विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

 क्वान्टीफिएबल डॉटा आयोग द्वारा प्रदेश भर में किए जा रहे अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों के सर्वेक्षण, स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र जारी करने, मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना, वनांचलों में आश्रम-छात्रावासों की स्थिति, राजीव युवा मितान क्लब, छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के आयोजन तथा राज्य में बैंकिंग सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर्स को  आवश्यक निर्देश दिए गए।

कॉन्फ्रेंस में क्वान्टीफिएबल डॉटा आयोग द्वारा किए जा रहे अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों के सर्वेक्षण के लिए इस वर्ग के ज्यादा से ज्यादा लोगों के पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए, जिससे प्रदेश में उनकी सही संख्या का आंकलन किया जा सके।

 इसके साथ ही कलेक्टर्स को स्कूलों में बच्चों को जारी किए जाने वाले जाति प्रमाण पत्र वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना के अंतर्गत संचालित सभी हाट-बाजार क्लिनिकों में 60 तरह की दवाईयां और दस तरह की जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराने के कार्य को प्राथमिकता के साथ कराने की बात कही गई.  इस योजना के अंतर्गत अब तक वनांचलों और दूरस्थ क्षेत्रों के कुल 55 लाख 85 हजार लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जा चुकी हैं।

कांफ्रेंस में एनीमिया के मामलों में कमी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग को समन्वित कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में रिक्त शिक्षकों के पदों पर भर्ती की कार्यवाही भी शीघ्र सुनिश्चित करने को कलेक्टर्स से कहा गया है।

 राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों को समुचित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं ताकि क्लब के माध्यम से खेलकूद, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन के साथ ही शासकीय योजनाओं से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ा जा सके.

और भी

राम वन गमन पर्यटन परिपथ में आवासीय व्यवस्था भी जोड़ें : भूपेश बघेल

कलेक्टर कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार सुबह कलेक्टर कांफ्रेंस लेने रायपुर के न्यू सर्किट हाउस पहुंचे। बैठक में मुख्यमंत्री  बघेल ने कहा कि राम वन गमन पर्यटन परिपथ में आवासीय व्यवस्था भी जोड़ें। आवासीय व्यवस्था होने से ही पर्यटन बढ़ेगा। पर्यटन स्थलों में पर्यटकों को रात रुकने की व्यवस्था करें। पर्यटन केंद्रों में अच्छे होटल होना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने गंगरेल डेम में आइलैंड को विकसित करने के निर्देश दिए।

 

 

और भी

फूलों की खेती से महक रही महिलाओं की जिंदगी

 जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  गेंदा फूल की महक से गोठान के साथ समूह की महिलाओं की जिंदगी भी महकने लगी है। जिससे उनका परिवार भी इस खुशबू से सराबोर हो रहा है। एक परिवार के लिए नहीं बल्कि समूह में काम कर रही हर महिला की जिंदगी को सुगन्धित कर रही है।  अकलतरा विकासखण्ड की ग्राम पंचायत तिलई की  जय अन्नधारी महिला स्व सहायता समूह गेंदा फूल की खेती कर रहा है तो वहीं नवागढ़ विकासखण्ड के ग्राम पंचायत पचेड़ा में खुशी महिला स्व सहायता समूह गेंदा फूल की खेती से उनके चेहरे की खुशी दिन दूनी रात चौगनी बढ़ रही है। मेहनत रंग लाती है और यह करके दिखाया है तिलई एवं पचेड़ा समूह की महिलाओं ने। उनकी एक दिन की मेहनत नहीं बल्कि इसके पीछे कई दिनों की मेहनत है, जिसका अच्छा परिणाम उन्हें देखने मिल रहा है।

महिला स्व सहायता समूह के द्वारा आजीविका गतिविधि से जुड़ी यह कहानी ऐसे ही नहीं बनी बल्कि उसके पीछे उनकी कड़ी मेहनत है, जिसका अच्छा परिणाम उन्हें आज मिल रहा है। जिला कलेक्टर  तारन प्रकाश सिन्हा एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ फरिहा आलम सिद्दीकी भी लगातार गोठानों में पहुंचकर महिलाओं के द्वारा किये जा रहे आजीविका मूलक कार्यों का सराहना करते हुए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

बाजार में बढ़ी गेंदा फूल की मांग

जिला मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित तिलई गौठान एवं जिले से 10 किलोमीटर दूर स्थित पचेड़ा में गेंदे की फूलों की खेती स्व सहायता समूहों के द्वारा की जा रही है। इन समूहों के द्वारा जुलाई में पौधरोपण किया गया था, जिसके बाद से फूल की खेती होना शुरू होने लगी। महिला समूहों के द्वारा गेंदे के फूल को गौठान से तोड़कर बाजार में बेचने के लिए पहुंचाया जा रहा है। जय अन्नधारी महिला समूह की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता यादव, सचिव श्रीमती सुकुमारी यादव बताती हैं कि तिलई गौठान में सब्जी-बाड़ी के साथ ही गेंदा फूल की खेती कर रही हैं।

वर्तमान में जिस तरह से गेंदे की पैदावार हो रही है उससे नवरात्रि में बेहतर रोजगार मिला और दीपावली में अच्छी आमदनी की उम्मीद है। तो वहीं खुशी समूह की अध्यक्ष श्रीमती निर्मला, श्रीमती गोमती, श्रीमती बुधवारा, श्रीमती चित्रवती, श्रीमती उर्मिला का कहना है कि शासन की योजना का फायदा समूह को मिल रहा है। गौठान में पर्याप्त जगह मिलने और महात्मा गांधी नरेगा के अलावा उद्यान विभाग से तकनीकी मार्गदर्शन से ही आज बेहतर गेंदा फूल की खेती कर पा रही हैं। उनका कहना है महिलाओं को गोठान ने स्वरोजगार की ओर बढ़ाया है, जिससे गांव में रहते हुए ही बेहतर आजीविका मिल रही है।

महिलाओं की मेहनत को बढ़ा रहे आगे

जिला कलेक्टर  तारन प्रकाश सिन्हा ने बताया कि सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट एनजीजीबी के तहत बनाए गए गोठानों के माध्यम से स्व सहायता समूहों की महिलाओं के लिए आजीविका गतिविधि केन्द्र के रूप में विकसित की जा रही हैं। इससे महिलाएं स्वरोजगार की ओर बढ़कर आर्थिक रूप से मजबूत बन रही हैं। जिपं सीईओ डॉ फरिहा आलम ने बताया कि समूहों की महिलाएं अलग-अलग नवाचार कर अपने आपको आत्मनिर्भर बना रही है। तिलई एवं पचेड़ा की महिलाओं द्वारा गेंदा फूल की खेती की जा रही है। गेंदा फूल की मांग हर समय रहती है, दीपावली पर यह फूल बहुत महंगा बिकता है, इससे समूह को अधिक आमदनी होगी।

और भी

राज्यपाल ने दी ईद-मिलादुन्नबी की मुबारकबाद

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने ईद-मिलादुन्नबी के अवसर पर प्रदेशवासियों को मुबारकबाद दी है। अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा है कि पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन ईद-ए-मिलाद (ईद-मिलादुन्नबी) लोगों को प्रेम, समानता और सौहार्द्र का संदेश देता है। यह अवसर गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करने तथा समाज में व्याप्त विषमताओं को दूर कर एकरूपता स्थापित करने पर जोर देता है।

और भी

ग्रीन कॉरिडोर ने बचाई मरीज की जान...

 दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दुर्ग ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता के चलते दिल के मरीज को समय रहते इलाज मिलने से उसे जीवन दान मिला। ग्रीन कॉरिडोर के मदद से मरीज को महज आधे घंटे के अंदर दुर्ग से रायपुर पहुंचाया गया, जहां उचित इलाज मिलने से उसकी जान बची। ट्रैफिक पुलिस की सहायता से एम्बुलेंस ने लगभग 40 किलोमीटर का सफर 35 मिनट में पूरा किया।



दरअसल, भिलाई के शांति नगर के रहने वाली सरला अग्रवाल को दिल में परेशानी होने के कारण स्पर्श अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार रात अचानक उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इसके चलते डॉक्टर ने उन्हें रेफर करने की सलाह दी। परिजन भी इसके लिए तैयार हो गए, लेकिन उनकी हालत को देखते हुए समय रहते रायपुर के अस्पताल में पहुंचाना मुश्किल लग रहा था। क्योंकि सामान्य स्थिति में ट्रैफिक ज्यादा होने की वजह से भिलाई के सुपेला स्थित स्पर्श अस्पताल से रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल की दूरी तय करने में सवा से डेढ़ घंटे तक का समय लग जाता है। ऐसे में उनकी जान को खतरा हो सकता था।

सेक्टर-1 के पार्षद वशिष्ठ नारायण मिश्रा को जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल दुर्ग ट्रैफिक एएसपी विश्वास चंद्राकर से फोन पर चर्चा की। पार्षद ने स्थिति की जानकारी देते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर मरीज को पहुंचाने की बात कही। ट्रैफिक डीएसपी ने भी तत्काल एक्शन लेते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाया और मरीज को रायपुर के अस्पताल में पहुंचाने की कवायद की गई। समय रहते मरीज को अस्पताल को पहुंचा दिया गया, जिससे उनका उपचार शुरू हो सका। मरीज के बेटे ने पार्षद वशिष्ठ नारायण मिश्रा और दुर्ग ट्रैफिक विभाग को धन्यवाद देते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।

और भी

3 साल से एक स्थान पर जमे पटवारियों का होगा तबादला : भूपेश बघेल

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग की कार्यशैली पर नाराज़गी जताई। उन्होंने कह कि 3 साल से एक स्थान पर जमे पटवारियों का तबादला किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से राजस्व अमले में स्थान परिवर्तन होगा।


अतिवृष्टि और अल्पवृष्टि से फसल क्षति की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता के साथ प्रभावित किसानों को समय सीमा में आरबीसी 6(4) अंतर्गत राहत राशि दिलाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के हितग्राहियों को राशि दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बैगा, गुनिया, पुजारियों को भी योजना में जोड़ा गया है, उन्हें योजना से अवगत कराकर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।



समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने नामांतरण के लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताई और लंबित प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को राजस्व प्रकरणों में देरी से परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी कलेक्टर नियमित रूप से तहसीलों का निरीक्षण करें और राजस्व प्रकरणों को समय सीमा में निपटाएं। ग्रामीणों की सहूलियत के लिए सप्ताह में एक दिन निर्धारित करें। संभाग कमिश्नर तहसीलों का नियमित निरीक्षण करें।

मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग की कार्यशैली पर भी नाराज़गी जताई और नागरिकों के कार्य को समय सीमा में न करने पर अधिकारियों को चेताया। भ्रष्टाचार की शिकायत पाए जाने पर सख़्त कार्यवाही के दिए निर्देश।

और भी

17 अक्टूबर को राज्य कर्मचारियों को मिल सकती है बड़ी खुशखबरी

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भूपेश सरकार 17 अक्टूबर को सरकारी कर्मचारियोें को दिवाली की सौगात दे सकती है। सूत्रों के मुताबिक सरकार 17 अक्टूबर को DA बढ़ाने को लेकर बड़ा फैसला  ले सकती है। बता दें पिछले महीने राज्य कर्मचारियों ने DA बढ़ाने को लेकर बड़ा आंदोलन किया था।

 

 

और भी

राजस्व अधिकारी अपनी कार्यशैली में लाएं बदलाव : मुख्यमंत्री

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कलेक्टर कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन राजस्व विभाग के काम-काज की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राजस्व विभाग के ढीले-ढाले काम-काज पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और कलेक्टरों से कहा कि राजस्व का काम-काज चुस्त-दुरूस्त होना चाहिए। राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी अपनी कार्यशैली में बदलाव लाएं। लोगों के काम समय-सीमा के भीतर होना चाहिए। कलेक्टर व  कमिश्नर नियमित रूप से तहसील कार्यों के निरीक्षण करें। अतिवृष्टि एवं अल्पवृष्टि से फसल क्षति की समीक्षा करते हुए सभी कलेक्टरों को संवेदनशीलता के साथ प्रभावित किसानों को समय सीमा में आरबीसी 6(4) अंतर्गत राहत राशि दिलाने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने कहा कि नामांतरण के लंबित प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण होना चाहिए।

सभी राजस्व प्रकरणों को समय सीमा में निपटाएं। नागरिकों को राजस्व प्रकरणों में देरी से परेशानी नहीं होनी चाहिए। नागरिकों के कार्य को समय सीमा में न करने पर अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार की शिकायत पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व आय की प्राप्तियों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव  सुब्रत साहू, श्रीमती रेणु जी. पिल्ले, पीसीसीएफ संजय शुक्ला सहित सभी संभागों के राजस्व कमिश्नर, जिलों के कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैगा, गुनिया, पुजारियों को मिले न्याय योजना लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व विभाग द्वारा संचालित किए जा रहे राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना में बैगा, गुनिया, पुजारियों को भी योजना में जोड़ा गया है। इस योजना के हितग्राहियों को योजना की जानकारी के साथ-साथ उन्हें योजना का लाभ दिलाएं।

पर्यटन की दृष्टि से विकसित होगा गंगरेल डेम का आइलैंड 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों को रात रुकने के लिए अच्छे होटल होना जरूरी है। उन्होंने गंगरेल डेम में आइलैंड को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने भी कहा। उन्होंने कहा कि बेहतर आवासीय सुविधा देने राज्य और देश के विभिन्न स्थानों से आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढोत्तरी होगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। 

कोण्डागांव में होगा बंदोबस्त सर्वे 

मुख्यमंत्री ने राजस्व सचिव और कलेक्टर कोंडागाँव को कोंडागाँव ज़िले में बंदोबस्त सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए कलेक्टर को कार्ययोजना बनाकर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने बंदोबस्त सर्वे के लिए कमिश्नर और पुराने एसएलआर का भी सहयोग लेने के निर्देश दिए।  इसी प्रकार बंदाबस्त कार्य में रिटायर राजस्व अधिकारियों का सहयोग लेने को भी कहा।

और भी

सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत

 महासमुंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बाइक से मामा के घर जा रहे  दो सगे भाइयों की एनएच-53 में सड़क हादसे में मौत हो गई । पुलिस ने हादसे की सूचना पर शवों को पीएम के लिए भेज दिया है। टेवा निवासी रुपेन्द्र तिवारी के पुत्र मुकेश त्रिपाठी (25) व  गिरिजाशंकर त्रिपाठी (21)  सुबह करीब 8 बजे बाइक से पटेवा से अपने मामा घर ग्राम पचरी जाने के लिए निकले थे. ग्राम छिंदौली के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए।

मुकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।  वहीं गिरिजाशंकर की उपचार के लिए पिथौरा लेकर जाते समय रास्ते में मौत हो गई  थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच के लिए पटेवा पुलिस को भेजा जाएगा।

और भी

भ्रष्टाचार की हद पार, रावण ने कर दिया जलने से इंकार : रंजना साहू

 धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व विधायक रंजना साहू ने धमतरी में रावण निर्माण में लापरवाही के आरोप में नगर निगम के बाबू को सस्पेंड किये जाने के मामले में प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की  सरकार में भ्रष्टाचार की सारी हदें पार हो चुकी हैं और इस भ्रष्टाचार से अब दशहरे में जलने वाला रावण भी नहीं बच पाया। ठीक से रावण न बनवाने के कारण रावण ने भी जलने से इंकार कर दिया और शायद रावण की भी यही आपत्ति थी कि मुझे जलाते वक्त तो कम से कम भ्रष्टाचार न किया जाए। इसमें अधिकारी को निलंबित करने की बजाय कांग्रेस सरकार को अपने संरक्षण में पनप रहे भ्रष्टाचार को खत्म करने की दिशा में काम करना चाहिए ताकि उनकी देश.विदेश में जग हंसाई ना हो और रावण ठीक तरीके से जल सके और बुराई का खात्मा हो सके।

भाजपा प्रवक्ता रंजना साहू ने कहा कि जिस सरकार में बुराई के प्रतीक रावण का विनाश करने की इच्छाशक्ति न होए उस सरकार के राज में रावणत्व का प्रसार कौन रोक सकता है। समाज में विचरण कर रहे रावण हर रोज हरण कर रहे हैं। कांग्रेस राज में रावण की नीतियों का विस्तार हो रहा है। मुख्यमंत्री के पूज्य बापूजी ने किताब लिखी थी रावण को मत मारोए लगता है कि कांग्रेस की  सरकार अब बापूजी की भावना का सम्मान कर रही है इसलिए रावण नहीं मारा जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रावण निर्माण में भ्रष्टाचार के मामले में कर्मचारी को दंड देने की बजाय कांग्रेस को उसका अभिनंदन करना चाहिए कि उसने भ्रष्टाचारी सरकार को एक नया हुनर सिखा दिया है कि कहां कहां भ्रष्टाचार की गुंजाइश निकाली जा सकती है।

और भी