छत्तीसगढ़
जंगली मशरूम (फुटू), घर पर ही जड़ी-बूटी से उपचार और प्रसव पश्चात लापरवाही के कारण हुई मौत
मुख्यमंत्री ने फूड प्रोसेसिंग, स्टील के क्षेत्र में डाउनस्ट्रीम इंडस्ट्री, लघु वनोपज में वैल्यू एडिशन और आईटी सेक्टर पर दिया जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश में उद्योगों की स्थापना के लिए हर संभव सहयोग करेगी। नए उद्योगों की स्थापना हो, छत्तीसगढ़ में वैल्यू एडिशन का काम हो और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले, ऐसी सरकार की मंशा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उक्त बातें आज यहां अपने निवास कार्यालय में भारतीय उद्योग परिसंघ द्वारा नई औद्योगिक नीति 2024-29 के लिए दिए गए सुझावों पर चर्चा के दौरान कही। इस दौरान मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, सीआईआई के छत्तीसगढ़ स्टेट काउंसिल के चेयरमैन आशीष सराफ, वाइस चेयरमैन संजय जैन, सर्व नरेंद्र गोयल, आनंद सिंघानिया, रमेश अग्रवाल, पंकज सारडा सहित सीआईआई छत्तीसगढ़ स्टेट काउंसिल के सदस्य मौजूद रहे। इस मौके पर भारतीय उद्योग परिसंघ के सदस्यों ने सिंगल विंडो सिस्टम और मुख्यमंत्री द्वारा रोजगार सृजन के लिए उद्योगों को बढ़ावा दिए जाने के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री की घोषणा पर 24 घंटे के अंदर मिली जशपुर अंचल को एंबुलेंस और शव वाहन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के घोषणा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में जशपुर जिले को दो बड़ी सुविधा मिली है। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने आज सीएम कैंप बगिया में दो एंबुलेंस और एक शव वाहन को हरी झंडी दिखा कर जरूरतमंद मरीजों की सेवा के लिए रवाना किया। एंबुलेंस दुलदुला ब्लॉक के करडेगा और फरसाबहार ब्लाक के कोल्हेनझरिया में सेवा देगी। वहीं मुक्तांजली वाहन दुलदुला में सेवा प्रदान करने के लिए तैनात रहेगी।
22 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
राजनांदगांव जिले में मध्यप्रदेश से बस्तर ले जाई रही 22 पेटी अंग्रेजी शराब कोतवाली पुलिस ने जब्त की है। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने एक लाख 26 हजार रुपए की शराब पकड़ी है। मौके से आरोपी के पास एक कार और दो नग मोबाइल भी बरामद किया गया है। टीआई एमन साहू ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान मुखबीर से सूचना मिली थी कि नागपुर की ओर एक सफेद रंग की स्कोडा कार में भारी मात्रा में अवैध रूप से शराब रखकर रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है।
चालक से नाम पता पूछने पर अपना नाम और पता शेख आमिर (28) निवासी अटल आवास पेण्ड्री थाना लालबाग बताया। वाहन को चेक करने पर अंदर अवैध रूप से मध्यप्रदेश राज्य निर्मित 22 पेटी अंग्रेजी गोवा शराब मिलने पर जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने उक्त शराब को बैतूल मध्यप्रदेश से जगदलपुर बस्तर ले जाना बताया गया है। आरोपी का कृत्य आबकारी अधिनियम के तहत पाए जाने से आबकारी एक्ट कायम कर गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
मशरूम की खेती से एसएचजी दीदी को मिली जीवन नई उड़ान
जिले के छोटे से गाँव मतवारी में रहने वाली जागृति साहू की कहानी प्रेरणा से भरी हुई है। पढ़ी-लिखी जागृति ने दो विषयों में पोस्टग्रेजुएट और बी.एड. की डिग्री प्राप्त की है। बचपन से ही जागृति का सपना था कि वह एक शिक्षक बने, लेकिन किस्मत ने कुछ और ही लिखा था। किसी कारणवश वह अपने इस सपने को पूरा नहीं कर पाई, जिससे वह निराश हो गईं।
जागृति के पति चंदन साहू बताते है कि शिक्षक न बन पाने से जागृति के व्यवहार में बहुत परिवर्तन आया। निराशा की वजह से वे ज्यादा बात भी नहीं करती थी। वे कहते हैं ’’मैंने उस वक्त सोचा कि किसी काम में व्यस्त होने से शायद इनका मन लगे। चुंकी मेरी बेटी और मुझे मशरूम बहुत पसंद था तो मैंने उन्हें मशरूम की खेती करने का सुझाव दिया। बेटी की पसंद की वजह से जागृति ने यह कार्य प्रारंभ किया। देखते ही देखते बेटी की छोटी सी पसंद के लिए शुरू किया गया कार्य जागृति को उंचाईयों तक ले गया। धीरे-धीरे, उन्होंने अपनी रुचि को बढ़ाते हुए हर्बल गुलाल और घरेलू वस्तुएं बनानी शुरू कीं। साल 2019 में, जागृति ने 33 लाख रुपये का मशरूम बेचा, जो उनके मेहनत और समर्पण का परिणाम था। जागृति ने अपने साथ और महिलाओं को भी मुनाफ़ा दिलाया। वे अपने आस पास के गाँव की दीदियों को भी प्रशिक्षण देकर स्वावलंबन की राह दिखाई।’’
जागृति के कार्यों में व्यवसाय के साथ समाज के प्रति उत्तरदायित्व भी दिखता है। वे बताती हैं की जब उन्हें कैमिकल वाले गुलाल से होने वाले नुक़सान के बारे में पता चला तब उन्होंने उसके विकल्प के बारे में सोचना शुरू किया। थोड़े अध्ययन के बाद उन्होंने पाया की घर पर उगने वाली साग-भाजी और फूलों से ही हर्बल गुलाल बनाया जा सकता है। उन्होंने अपने समूह की दीदियों के साथ मिलकर हर्बल गुलाल का उत्पादन प्रारंभ किया। पहले वर्ष समूह की दीदियों ने केवल 35 हज़ार रुपये का गुलाल विक्रय किया। पिछले वर्ष उनके समूह को हर्बल गुलाल के लिए बहुत सारे ऑर्डर्स आए, उन्होंने लगभग 8 लाख 25 हज़ार रुपये की बिक्री की।
जागृति का सफर यहीं नहीं रुका। जागृति ने शासन की योजनाओं का लाभ लिया और एक सामान्य महिला से अपनी अलग पहचान बनाई। मशरूम की खेती से नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने पर उन्हें “मशरूम लेडी ऑफ़ दुर्ग” कहा जाने लगा। जागृति का सफ़र एक सामान्य महिला से लेकर लखपति दीदी बनने और आज ड्रोन दीदी के रूम में कृषि को उन्नति की ओर ले जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल नमो ड्रोन दीदी में चयनित होकर उन्होंने ड्रोन चलाने का प्रशिक्षण लिया। आज वह एक प्रमाणित ड्रोन पायलट हैं और ‘ड्रोन दीदी’ के नाम से जानी जाती हैं। ड्रोन के माध्यम से वह खेतों में दवाइयों का छिड़काव करती हैं और इस नई तकनीक का लाभ किसानों तक पहुंचाती हैं। इससे किसानों का समय तो बचता है साथ ही श्रम और खर्च भी कम होता है।
जागृति साहू की कहानी हमें सिखाती है कि किस तरह संघर्ष और मेहनत से किसी भी चुनौती का सामना किया जा सकता है और सफलता प्राप्त की जा सकती है। वे बताती हैं की शुरू में लोग उनपर हंसा करते थे और आज उनकी मेहनत और राज्य सरकार तथा केंद्र सरकार की लाभकारी योजनाओं की बदौलत लोग उनका उदाहरण देने लगे हैं।
जागृति शिक्षक तो नही बन पाईं परंतु आज वे कई महिलाओं के लिए व्यवहारिक एवं व्यवसायिक शिक्षक की मिशाल हैं। जागृति कई महिलाओं को ड्रोन, मशरूम उत्पादन एवं घरेलू वस्तुओं के उत्पादन संबंधित तकनीकी एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण दे रही हैं। जिससे उनके साथ-साथ अन्य महिलाएं भी स्वावलंबन की ओर अग्रसर हो रही हैं। अपने कौशल व सरकार की योजना के माध्यम से ड्रोन दीदी जागृति ने स्वयं के साथ साथ अन्य महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया है।
देवेन्द्र यादव ने एमएमएस कांड मामले में चार घंटा दिया थाना में बयान
भिलाई विधानसभा क्षेत्र के युवा विधायक देवेन्द्र यादव आज सेक्टर 6 कोतवाली थाना पहुंचकर एमएमएस कांड मामले में चार घंटा अपना बयान दर्ज कराया। इस दौरान उनके साथ उनके पार्षद साथी व उनके समर्थक भी उपस्थित थे। विधायक देवेन्द्र यादव ने इस दौरान एक पन्ना का बयान कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार लहरे को दिया। गत 13 जुलाई को विधायक देवेन्द्र यादव के आवेदन पर एफआईआर दर्ज के पश्चात नोटिस जारी कर उनको बयान के लिए बुलवाया गया था।
देवेन्द्र ने बताया कि सर्वप्रथम पुलिस को 2 अगस्त 2023 को मेरे साथी देवेश पाणिग्रही ने आवेदन देकर वायरल हो रहे आपत्तिजनक विडियो की जानकारी दी थी और एफआईआर दर्ज करने व उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। ज्ञातव्य हो कि ये सारा मामला गत नवंबर 2023 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान एक एमएमएस मार्फ विडियो वायरल हुआ था जिसमें एक युवक व एक लडकी के साथ नाजायज संबंध बना रहा है। भाजपा के कुछ लोगों द्वारा यह बताने का प्रयास किया गया था कि वह युवक भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव है।
उस दौरान भिलाई विधायक देवेन्द्र ने प्रेस कांफ्रेंस लेकर रोते हुए कहा था कि यह फर्जी एमएमएस मुझे बदनाम करने, मेरे चरित्रहनन करने और इसके माध्यम से मुझे चुनाव में पराजय करने के लिए यह सब किया जा रहा है। कोतवाली थाना में एमएमएस मामले में बयान देने के बाद हमारे संवाददाता से चर्चा करते हुए कहा कि विधानसभा सत्र प्रारंभ होने के पूर्व पुलिस व प्रशासन जागी है और उनका बयान लिये। श्री यादव ने आगे कहा कि प्रदेश के गृहमंत्री व डिप्टी सीएम तथा प्रदेश के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा में हुए साधराम यादव की हुई हत्या जिसमें मैेनें वहां पहुंचकर मृतक परिवार का समर्थन किया था और उनकेा ढांढस बंधाया था।
इसके अलावा बलौदा बाजार में हुए कांड में भी मैं वहां गया था व सतनाम समाज को अपना समर्थन दिया था। सरकार निर्दोशों पर कार्यवाही न करें। वास्तविक लोगों को पकडे। उन्होंने अपने एमएमएस मामले में मैं सीबीआई जांच की मांग कर रहा हूं। मेरे द्वारा लगातार देवेश पाणिग्रही के माध्यम से कोतवाली पुलिस को अलग-अलग तिथि 2 अगस्त 2023, 15 नवंबर 2023, 29 जनवरी 2024 व 23 फरवरी को व चलते विधानसभा में भी मैं मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री को अपने लेटरहेड में एमएमएस कांड में जांच की मांग मैंने सरकार से की थी लेकिन 7 माह 20 दिन बाद इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई। उसके बाद आज मेरा बयान लिया गया। मैं सीएम और एचएम से आग्रह किया था कि तत्कालीन विधायक व मंत्री रहे राजेश मूणत की भी सीडी कांड में सीबीआई जांच कराई गई थी। मैं भी दो बार का विधायक हूं। मेरे मामले में भी मूणत की तरह सीबीआई जांच होनी चाहिए।
मेरी वाईस रिकार्डिंग, विडियोंग्राफी, फोटोग्राफी या जो भी सेंपल है में देने को तैयार हूं। मेरे मामले में भी जनता को ये पूरा माजरा साफ और स्पष्ट दिखना चाहिए। मैं ना डरूंगा ना झूकूंगा। जब प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा दुर्ग आते हैं तो सतनामी समाज के युवाओं को डराते हैं कि हमें मालूम है कि बलौदा बाजार में किन किन लोगों का हाथ हैं। सतनामी समाज का युवा और मैं डरने वाले नही है। एचएम, उनकी पुलिस व भाजपा का आईटी सेल क्या कर रहा है ये जनता सब देख रही है? मेरे इस मामले में यदि मुझे न्याय नही मिलेगा तो मैं अपने इस मुद्देको विधानसभा में विशेषाधिकार के तहत उठाउंगा और जरूरत पडी तो मैं हाईकोर्ट व सुप्र्रीम कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाने से पीछे नही हटूंगा। मुख्यमंत्री से मेरी मांग है कि इस एमएमएस विडियों को किसने वायरल किया था और किसने इस विडियों को बनाया था। पुलिस जल्द उन आरोपियों को पकडे। एफआईआर होने के बाद पुलिस ने बताया कि ये विडियो रिसाली के एक युवक ने वायरल किया था और जिस मोबाईल नंबर से ये विडियो वायरल हुआ था वह हैदराबाद का नंबर है और आज पुलिस इस नंबर को विदेश के किसी व्यक्ति का नंबर होना बता रही है।
देवेन्द्र ने कहा कि फर्जी एमएमएस के माध्यम से मेरे चरित्र पर वार है। मुझे लोकतंत्र और संविधान पर पूरा भरोसा है। मैं इस मामले में प्राथी हूं न कि आरोपी। इसफर्जी एमएमएस कांड के सच्चाई को राज्य सरकार जनता के सामने लाये। उन्होंने आगे कहा कि पिछले सात माह से भाजपा सरकार बनने के बाद लूट मार मची हुई है। प्रदेश के लोगों से गुण्डा टेक्स वसूली जा रही है। आखिर ये सब क्या हो रहा है? इस दौरान विधायक देवेन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में कुर्सी, पावर व पॉवर दिखाने का कार्य चल रहा है।
आज अधिकारी व कर्मचारी भी भारी परेशान है क्योंकि किसी मामले में सीएम का फोन आता है उसके बाद एचएम का व इसके बाद नगरीय निकाय मंत्री का तो आखिर अधिकारी किसकी बात माने। उन्होंने प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा को आडे हाथों लेते हुए कहा कि जबसे विजय शर्मा प्रदेश के गृहमंत्री बने है तबसे यहां और अधिक अपराधिक घटनाएं बढी है। अपराधियों में पुलिस से डर नाम की कोई चीज नही रही है। फोरेंसिक लैब में हो जांच हर सैंपल देने तैयार विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि कोई भी टोग्राफी,वीडियोग्राफी वाइस सैंपलिंग के लिए वह तैयार है वीडियो की उच्च स्तरीय जांच देश के प्रतिष्ठित फॉरेंसिक लैब चंडीगढ़ और गांधीनगर में होनी चाहिए और अगर सैंपल देने के लिए उन्हें जाना पड़े तो उक्त स्थल पर भी वो जाएंगे। मॉर्फ वीडियो बनाने और प्रसारित करने वाले पर हो कार्यवाही पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच होनी चाहिए और इस मामले में संलिप्त दोषियों के ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए और जल्द से जल्द इन सब की गिरफ्तारी होनी चाहिए और मुझे न्याय मिलनी चाहिए सरकार अपना रही दोहरा रवैया विधायक देवेंद्र यादव ने बताया कि एक और एक मामले में सरकार के तत्कालीन मंत्री के ऊपर आपत्तिजनक वीडियो के मामले में सीबीआई की जांच की जाती है और दूसरी तरफ विपक्ष के विधायक के सात महीने आवेदन देने पर भी सिर्फ एफआईआर होती है और कोई जांच नहीं की जाती ।
दुर्ग जिले में अब तक 160.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
जिले में 01 जून से 15 जुलाई तक 160.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। कार्यालय कलेक्टर भू अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून से अब तक सर्वाधिक वर्षा 286.2 मिमी पाटन तहसील में तथा न्यूनतम 93.4 मिमी बोरी तहसील में दर्ज की गई है। इसके अलावा तहसील दुर्ग में 110.0 मिमी, तहसील धमधा में 126.3 मिमी, तहसील भिलाई 3 में 150.8 मिमी और तहसील अहिवारा में 197.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। 15 जुलाई को तहसील दुर्ग में 1.0 मिमी, तहसील धमधा में 2.6 मिमी, तहसील पाटन में 3.2 मिमी, तहसील बोरी में 13.0 मिमी, तहसील भिलाई 3 में 9.2 मिमी एवं तहसील अहिवारा में 6.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
बस्तर संभाग को मलेरिया मुक्त करने हरसंभव प्रयास किया जाएगा : जायसवाल
छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बीजापुर जिले के अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान बीजापुर जिला सहित बस्तर संभाग के स्वास्थ्य विभाग के कार्यो की विस्तृत समीक्षा की इस दौरान पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मनोज पिंगुआ, स्वास्थ्य संचालक ऋतुराज रघुवंशी, मिशन संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन जगदीश सोनकर, कलेक्टर अनुराग पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत हेमंत रमेश नंदनवार एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत सभी आवासीय स्कूल, पोटाकेबिन, छात्रावास, आश्रम, एकलव्य विद्यालय सहित नवोदय एवं समस्त आवासीय संस्थाओं में शीघ्रतापूर्ण शतप्रतिशत मलेरिया जांच के निर्देश दिए। पाजिटिव्ह प्रकरणों में विद्यार्थियों का अस्पताल में बेहतर ईलाज कराने के निर्देश दिए एवं उनके पालकों को समझाइस देकर मलेरिया के सभी डोज को पूरा करने के लिए जागरूकता लाने को कहा। बरसात के मौसम में मलेरिया, डायरिया और जल जनित बीमारियों के व्यापक रूप से संक्रमण को रोकना अनिवार्य है। जिसके लिए व्यापक स्तर पर कार्य करने, आवासीय स्कूलों में पानी का जमाव न हो, मच्छरदानी का नियमित और अनिवार्य उपयोग सहित दवाईयों का छिड़काव करने के निर्देश दिए। मलेरिया, डायरिया एवं मौसमी बीमारियों के रोकथाम हेतु सभी आवश्यक उपाय अमल में लाने के निर्देश संभाग के सभी सीएमएचओ, सिविल सर्जन एवं डीपीएम को दिए।
बस्तर संभाग के सभी ब्लॉकों में माइकोस्कोप की होगी व्यवस्था- मलेरिया जांच एवं रिपोर्ट में तत्परता लाने के लिए बस्तर संभाग के सभी ब्लॉक मुख्यालयों में माइक्रोस्कोप की व्यवस्था की जाएगी जिसमें मलेरिया की स्लाईड की जांच की जा सके। इस व्यवस्था से मलेरिया का रिपोर्ट त्वरित मिलने से मरीज को बेहतर उपचार समय पर उपलब्ध होगा। जिससे किसी भी प्रकार की अनहोनी को टाला जा सकेगा।
पोर्टल के माध्यम से मलेरिया परीक्षण की गतिविधियों का राज्य स्तर पर होगा मॉनिटरिंग- स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने बस्तर संभाग के सभी जिलों द्वारा मलेरिया की जांच एवं उपचार संबंधित पोर्टल बनाने के निर्देश दिए ताकि राज्य स्तर पर मॉनिटरिंग हो सके।
फसल बीमा 31 जुलाई तक
राज्य शासन कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा उद्यानिकी फसलों में मौसम आधारित खरीफ मौसम में फसल बीमा कराने हेतु 31 जुलाई 2024 तक समय सीमा तय किया गया है। उद्यानिकी फसलों की खेती कर रहे किसानों को विपरीत मौसम जैसे कम तापमान, अधिक तापमान, बीमारी अनुकूल मौसम कीट व्याधियों का प्रकोप लगातार अवर्षा की स्थिति निर्मित होना, ओला वृष्टि आदि होने वाले नुकसान से बचाने पुर्नगठित मौसम आधारित फसल बीमा लागू की गई है। खरीफ वर्ष 2024 में दुर्ग जिले अन्तर्गत बीमा कराने वाले कृषकों को निम्नांकित अधिसूचित फसल के अनुसार निर्धारित कुल बीमित राशि का अधिकतम 5 प्रतिशत अथवा वास्तविक प्रीमियम जो भी कम हो राशि कृषक अंश के रूप में ऋणि एवं अऋणि दोनों प्रकार के कृषकों को जमा करने होंगे। अऋणि कृषक फसल लगाने का स्वघोषित प्रमाण पत्र, नक्शा खसरा, आधार कार्ड, अपने बैंक पासबुक की छाया प्रति जिसमें आईएफसी कोड इत्यादि का उल्लेख हो, जमा कर बीमा करा सकते है।
योजना के अंतर्गत ऋणी कृषकों के लिये विकल्प चयन के आधार पर क्रियान्वित होगी। ऋणी कृषक जो योजना में शामिल नहीं होना चाहते, उन्हें भारत सरकार द्वारा जारी चयन प्रपत्र अनुसार हस्ताक्षरित घोषणा पत्र बीमा आवेदन की अंतिम तिथि के 07 दिवस पूर्व तक सबंधित वित्तीय संस्थान में अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। निर्धारित समय-सीमा में हस्ताक्षरित घोषणा पत्र जमा नहीं करने पर संबंधित बैंक द्वारा संबंधित मौसम के लिये स्वीकृत/नवीनीकृत की गई अल्पकालीन कृषि ऋण को अनिवार्य रूप से बीमाकृत किया जाएगा। इस मामले में बैंक द्वारा किसी भी प्रकार की चूक/त्रुटि होने पर सबंधित बैंक किसानों के स्वीकार्य दावों के भुगतान करने के लिये उत्तरदायी होगा।
बीजापुर जिला अस्पताल को नए भवन और नए सेटअप की सौगात बहुत जल्द : स्वास्थ्य मंत्री
एक दिवसीय प्रवास पर बीजापुर पहंुचे छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बीजापुर जिला अस्पताल का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों एवं उनके परिजनों से मिलकर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
ज्ञात हो कि कन्या आवासीय स्कूल तारलागुड़ा एवं संगमपल्ली में दो छात्राओं का मलेरिया से मृत्यु होने की खबर पर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं वस्तुस्थिति का जायजा लेने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश में एक दिवसीय प्रवास पर बीजापुर पहुंचकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मलेरिया से छात्राओं के मृत्यु की जांच करने एवं भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृति न हो इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मलेरिया से पीड़ित छात्र-छात्राओं को देखने जिला अस्पताल पहंुचे, डॉक्टरों को बेहतर ईलाज के निर्देश देते हुए जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों का मलेरिया जांच अनिवार्य रूप से करने और मलेरिया पॉजिटिव्ह बच्चों के माता-पिता का भी मलेरिया जांच करने के निर्देश दिए।
इस दौरान सभी मरीजों से बारी-बारी मिलकर उनके ईलाज संबंधी जानकारी ली और बेहतर से बेहतर ईलाज करने के निर्देश दिए।
आईसीयू में बेड की कमी को देखते हुए तत्काल 10 बेड सहित दो डायलिसिस मशीनों की स्वीकृति दी एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जिला अस्पताल के लिए सर्वसुविधायुक्त नया भवन, नए सेटअप के लिए जल्द ही स्वीकृत करने की बात कही।
इस दौरान पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मनोज पिंगुआ, स्वास्थ्य संचालक ऋतुराज रघुवंशी, मिशन संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन जगदीश सोनकर, कलेक्टर अनुराग पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत हेमंत रमेश नंदनवार एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री ने किया कलेक्टोरेट परिसर में पौध रोपण
उप मुख्यमंत्री एंव जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने आज बालोद जिले के प्रवास के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में नीम के पौधे का रोपण किया। इस अवसर पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल, पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यापालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नोजे, अपर कलेक्टर चन्द्रकान्त कौशिक, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि पवन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एंव अधिकारी कर्मचारिगण उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री ने पाटेश्वर धाम में श्रीराम जानकीदास जी महाराज की समाधि स्थल में पहुँचकर उन्हें दी श्रद्धांजलि
उपमुख्यमंत्री एंव जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने बालोद जिले के प्रवास के दौरान डौंडीलोहारा विकासखण्ड के जामड़ीपाट स्थित पाटेश्वर धाम में सद्गुरु स्व. श्री राम जानकीदास जी महाराज के समाधि स्थल में पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने सद्गुरु स्व. श्री राम जानकीदास जी के शिष्य एवं पाटेश्वर धाम के संचालक संत श्री बालकदास के कक्ष में पहुँचकर उनसे मुलाकात की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने श्री बालकदास के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इसके पश्चात गृहमंत्री श्री शर्मा, संत श्री बालकदास एवं अन्य अतिथियों ने पाटेश्वर धाम के ऊपर मन्दिर से पैदल चलकर मन्दिर परिसर के निचले हिस्से में स्थित शिव मन्दिर में पहुँचकर भगवान शंकर की पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात् गृह मंत्री श्री शर्मा, संत श्री बालकदास एवं अतिथियों ने ग्राम बड़े जूँगेरा में पहुँचकर ग्रामीणों के साथ बैठक की। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए गृह मंत्री श्री शर्मा ने ग्राम पंचायत के सरपंच एंव ग्रामीणों के सभी मांगो को पूरा करने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री से हाई स्कूल भवन, सामुदायिक भवन, पचरी निर्माण करने आदि की मांग की। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सहयोग एवं आशीर्वाद से विष्णुदेव साय के रूप में आदिवासी नेता को राज्य की मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह आज देश के राष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च पद पर आदिवासी महिला श्रीमती द्रौपदी मुर्मू विराजमान है। इसके अलावा उड़ीसा राज्य के मुख्यमंत्री भी एक आदिवासी को बनाया गया है। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले केन्द्र सरकार एवं विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाले छत्तीसगढ़ सरकार आदिवासी समाज सहित सभी वर्गों के सार्वंगीण विकास के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने पाटेश्वर धाम के निर्माण के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता एवं मानव कल्याण के लिए पाटेश्वर धाम की स्थापना की गई है। समारोह को संबोधित करते हुए संत श्री बालक दास ने पाटेश्वर धाम के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने आम जनता को इस पूनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवलाल ठाकुर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि पवन साहू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा सहित कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल, पुलिस अधिक्षक एसआर भगत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, एडीशनल एसपी अशोक जोशी एवं सरपंच नीलिमा टेकाम के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ में मलेरिया के टूटे डंक, बस्तर में अब आधे ही रह गये मामले
घने जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों वाले बस्तर संभाग में मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम हमेशा से एक कड़ी चुनौती रही है, लेकिन इसके बावजूद हालात तेजी से बदले भी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बारिश के मौसम को देखते हुए राज्य के स्वास्थ्य विभाग को मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए सक्रिय कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों से बस्तर सहित पूरे राज्य में मलेरिया के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। इस बारिश के दौरान मलेरिया उन्मूलन की दिशा में प्रयासों को तेज करने के मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल बीजापुर जिले के दौरे पर हैं।
जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आवेदकों की मांग व समस्याएं
कलेक्ट्रेट में आयोजित जन चौपाल में सोमवार को कलेक्टर प्रभात मलिक ने जिले के आमजनों की मांगों एवं समस्याओं को गम्भीरतापूर्वक सुनकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही एवं शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। जन चौपाल में आज ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के 34 आवेदकों ने अपनी मांग एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर रवि साहू, डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याएं बारी-बारी सुनी और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदकों की समस्याओं का निराकरण करने कहा।
आज जन चौपाल में प्रधानमंत्री आवास की मांग को लेकर ग्राम जामजुड़ा के धनमेत साहू एवं पुराना रावण भाठा महासमुंद की श्रीमती देववती देवांगन ने कलेक्टर के हाथों आवेदन सौंपा। इसी प्रकार वृद्धापेंशन का लाभ दिलवाने हेतु ग्राम कन्हारपुरी की श्रीमती राधा बाई यादव, नयापारा महासमुंद के पूरन बघेल एवं ग्राभ जेराभरन के अरखित साहू ने अपने आवेदन सौंपे। इसके अलावा ग्राम बिहाझर के कोमल साहू ने पी.एम. मुद्रा लोन स्वीकृत कराने आवेदन दिया। साथ ही जाति प्रमाण पत्र, अवैध कब्जा हटाने, स्वस्थ भारत मिशन के तहत शौचालय राशि दिलाने आवेदकों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर किसानों को सुगमता से मिल रहा है खाद-बीज
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेश के किसानों को उनकी मांग के अनुरूप सुगमता के साथ प्रमाणित खाद-बीज का वितरण किया जा रहा है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा इन पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। प्रदेश के किसानों को अब तक 8.61 लाख मीट्रिक टन खाद जो लक्ष्य का 63 प्रतिशत वितरित हो चुका है। इसी प्रकार किसानों को 7.85 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण किया जा चुका है, जो लक्ष्य का 80 प्रतिशत है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में मानसून की बौछारों के साथ शुरू हुए खेती-किसानी में बोनी का रकबा भी निरंतर बढ़ते जा रहा है। राज्य में अब तक 23.02 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों की बोनी हो चुकी है। राज्य सरकार द्वारा इस खरीफ सीजन में 48.63 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों की बोनी का लक्ष्य रखा गया है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 08 जुलाई 2024 की स्थिति में प्रदेश में अब तक 200.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1236 मिमी है।
अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष खरीफ 2024 के लिए प्रदेश में 9.78 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 9.04 लाख क्विटल बीज का भंडारण कर अब तक 7.85 लाख क्विंटल बीज का वितरण किसानों को किया जा चुका है, जो लक्ष्य का 80 प्रतिशत है।
इसी प्रकार प्रदेश में इस खरीफ सीजन में 13.68 लाख मेट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उक्त लक्ष्य के विरूद्ध 12.80 लाख मेट्रिक टन उर्वरकों का सहकारी एवं निजी क्षेत्रों में भंडारण किया गया है। उक्त भंडारण के विरूद्ध 8.61 लाख मेट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किसानों को किया जा चुका है, जो लक्ष्य का 63 प्रतिशत है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय ने कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेश के किसानों को सुगमता से उनकी मांग के अनुरूप खाद-बीज सुगमता से उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। खाद-बीज वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही सोसायटियों में पर्याप्त खाद-बीज का भण्डारण कर सतत निगरानी करने को कहा है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना: किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से फसल नुकसान से मिलेगी राहत
प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले फसल नुकसान से किसानों को राहत दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संचालित की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृषि विभाग के मैदानी अमले के अधिकारियों को इस बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए सभी किसानों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए हैं, जिससे कि प्राकृतिक आपदाओं से फसल प्रभावित होने पर उन्हें क्षतिपूर्ति मिल सकें।
छत्तीसगढ़ सरकार की कृषि विभाग द्वारा खरीफ वर्ष 2024 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा के लिए जारी अधिसूचना के अनुसार योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को पंजीयन कराना जरूरी है। इसके लिए अंतिम तिथि 31 जुलाई 2024 निर्धारित की गई है। किसान मुख्य फसल धान सिंचित, असिंचित तथा अन्य फसल मक्का, उड़द, कुटकी इत्यादि फसलों का बीमा करा सकते हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रतिकूल मौसम, सूखा, बाढ़, जलप्लावन, ओलावृष्टि आदि प्राकृतिक आपदाओं से किसानों को होने वाली नुकसान से राहत दिलाई जाती है। योजना में ऋणी और अऋणी किसान जो भू-धारक व बटाईदार हो, शामिल हो सकते हैं। ऐसे किसान जो अधिसूचित ग्राम में अधिसूचित फसल के लिए बीमा कराना चाहते हैं वे नियत तिथि के पूर्व अपना फसल बीमा करा सकते हैं। इसके लिए किसान अपना आधार कार्ड, ऋण पुस्तिका, बी-1 पॉचशाला खसरा, बैंक पासबुक की छायाप्रति एवं बोनी प्रमाण पत्र के साथ पंजीयन कराना होगा। किसान बैंक अथवा चॉईस सेंटरों के माध्यम से अपनी फसलों का बीमा करा सकते हैं।
शासन द्वारा जारी अधिसूचना अनुसार बेमेतरा, बस्तर, कोरिया बीजापुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, सक्ती और कंाकेर जिला के लिए बजाज जनरल इंश्योरेंस कम्पनी लिमिटेड, राजनांदगांव, धमतरी, कोरबा, जशपुर, नारायणुर, खैरागढ-छुईखदान-गंडई, महासमुन्द, रायगढ़, सूरजपुर और कोण्डागांव जिला के लिए एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कम्पनी ऑफ इंडिया लिमिटेड तथा दुर्ग, बिलासपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सुकमा, मुंगेली, सरगुजा, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, रायपुर, दंतेवाड़ा, बलरामपुर एवं गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिला के लिए एचडीएफसी जनरल इंश्योरेंस कम्पनी लिमिटेड को बीमा हेतु अधिकृत किया गया है। किसानों से अपील की गई है कि वे अधिसूचित खरीफ फसलों का बीमा कराकर अधिक से अधिक योजना का लाभ लें। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए किसान क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा नजदीकी बैंक शाखा से सम्पर्क किया जा सकता है।
मोहर्रम के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित
राजनांदगांव कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी संजय अग्रवाल ने 17 जुलाई 2024 को मोहर्रम के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित किया है। कलेक्टर ने जिले के सभी देशी मदिरा एवं विदेशी मदिरा की फुटकर दुकानों तथा रेस्टोरेंट बार, होटल, बार, क्लब, मद्य भण्डारण-भाण्डागार को सम्पूर्ण दिवस बंद रखने के आदेश दिए हैं।

