छत्तीसगढ़

सफलता की कहानी : महिलाएं गौठान में आजीविका गतिविधियों से जुड़कर ग्रामीण उद्यमिता को दे रही नई पहचान

महिलाओं ने रोजगार से जोडऩे व स्वावलंबी बनाने हेतु प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन को दिया धन्यवाद

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश सरकार की महत्वाकां सुराजी गांव योजना के तहत गांव-गांव में निर्मित्त गौठान ग्रामीण औद्योगिक केन्द्र के रूप में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर महिलाओं को स्वावलंबी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है। जहां संचालित गतिविधियों से ग्रामीणों को उनके गांव में ही रोजगार मिल रहा है और उनसे उन्हें अच्छी आमदनी भी हो रही है। रोजगार मिलने से महिला समूह आर्थिक रूप से सशक्त होकर आगे बढ़ रही है। आज महिलाएं इन गौठानों के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही है।  

जशपुर विकासखंड के बालाछापर गौठान में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित कर गौठान में ग्रामीणों और स्वसहायता समूहों को ग्रामीण परिवेश के अनुकूल छोटे-छोटे व्यवसायों से जोड़ा गया है। जहां गोबर से जैविक खाद व सुपर कंपोस्ट बनाने के साथ ही विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिसके अंतर्गत सामुदायिक बाड़ी, मोटर ड्राइविंग यूनिट मुर्गी-बकरी पालन, तेल प्रसंस्करण यूनिट, आटा मिल, पॉपकोन मशीन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, मेडिकल वेस्ट डिस्पोज सहित अन्य गतिविधियां शामिल है। गौठान से जड़ी सभी समूह की महिलाओं द्वारा मल्टी एक्टिविटी के माध्यम से अब तक कुल 8 लाख 7 हजार 264 रुपए की आय अर्जित की गई है।

 
 
 

शासन की नवाचारी गोधन न्याय योजना के माध्यम से गौठान में पशुपालकों व किसानों से 2 रुपए प्रति किलो की दर से गोबर खरीदी किया जा रहा है। कोविड-19 के चुनौतीपूर्ण समय में गोबर बेचने से मिली राशि ने आमजनों को आर्थिक संबल प्रदान किया। जिससे उन्हें अपने घर-परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतें पूरी करने में मदद मिली। साथ ही रासायनिक उर्वरकों की कमी से निपटने में भी योजना से मदद मिली है व जैविक खेती को प्रोत्साहन भी मिला है। बालाछापर गौठान में गोधन न्याय योजना के तहत अब तक 811.35 क्विंटल गोबर की खरीदी की गई है। जैविक खाद निर्माण से जुड़ी कमल स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि अब तक उनके द्वारा 115.80 क्विंटल जैविक खाद का उत्पादन व 113.10 क्विंटल खाद का विक्रय किया गया है। जिससे उन्हें लगभग 43 हजार की आय हुई है।

 
 
 

इसी प्रकार गौठान में मेडिकल वेस्ट निपटान के लिए महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ ही इंसीनरेटर मशीन स्थापित किया गया है। इस कार्य से जुड़ी राधारानी समूह की महिलाओं द्वारा जिला चिकित्सालय से निकलने वाले बायो मेडिकल कचरे का निपटान व डिस्पोज कर 4 लाख 20 हजार व स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के कार्य से 55 हजार की आमदनी प्राप्त की है। साथ ही राधारानी समूह की महिलाओं को पशुपालन विभाग की ओर से मुर्गी पालन के लिए कड़कनाथ, देशी मुर्गी व बायलर मुर्गी के चूजें प्रदान भी किए गए है। साथ ही महिलाओं को मुर्गियों के उचित रखरखाव व बीमारियों से बचाव हेतु आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। महिला समूह द्वारा चूजों का नियमित देखभाल व समय से दाना-पानी खिलाने से चूजों का अच्छा विकास हुआ है। महिलाओं ने बताया कि उन्हें अब तक 450 नग मुर्गियों के विक्रय से 45 हजार की आय हुई है। साथ ही अभी उनके पास गौठान में कई नग चूजे, व कड़कनाथ, देशी सहित अन्य मुर्गी विक्रय के लिए उपलब्ध है। विकसित होने पर इनका स्थानीय बाजार में विक्रय किया जाएगा।

 
 
 

गौठान में मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण यूनिट का संचालन कर रही लक्ष्मी समूह को अब तक 1 लाख 41 हजार व पॉपकॉर्न उत्पादन से 8 हजार की आय हुई है। गोठान में तेल मिल का संचालन कर रही सखी स्व-सहायता समूह की महिलाओं की ओर से तेल पेराई, तेल व खरी के विक्रय कर 56 हजार 500 व आटा मिल से 12 हजार रुपए की आमदनी अर्जित कर चुकी है। सामुदायिक बाड़ी विकास का कार्य कर रही सहेली समूह को लगभग 47 हजार की आमदनी हुई है। उनके द्वारा गौठान में सामुदायिक बाड़ी विकसित कर लौकी, करेला भिंडी, बरबट्टी, टमाटर जैसी ताजी हरी सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है। गौठान में कार्यरत सभी समूह की महिलाओं का कहना है कि गौठान में संचालित आजीविका गतिविधियों के माध्यम से उन्हें रोजगार मिला है। जिससे वे अपने परिवार को आर्थिक मजबूती प्रदान करने में योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है। जिसका उन्हें सीधा लाभ मिल रहा है। महिलाओं ने कहा कि आज वे खुद आत्मनिर्भर बन रही है। परिवार के हर छोटे-बड़े के कार्य के लिए होने वाले खर्च में अपनी भी भागीदारी सुनिश्चित कर पा रही है। महिलाओं ने कहा कि गौठान को ग्रामीण औद्योगिक केन्द्र के रूप में विकसित कर उन्हें स्वावलंबी बनाया जा रहा है। यह अत्यंत सराहनीय कार्य है। सभी महिलाओं ने इस जनकल्याणकारी योजना संचालन के लिए छत्तीसगढ़ शासन व जिला प्रशासन को सहृदय धन्यवाद दिया।

 
और भी

सुलेसा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य शिविर में मरीजों का किया गया उपचार

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वाधान में विगत दिवस विकासखंड बगीचा के दूरस्थ वनांचल सुलेसा के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आमजनों को स्वास्थ्य उपचार प्रदान किया गया है। शिविर में मेडिकल स्पेशलिस्ट डॉ. सुरभी जैन सहित बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दी। 

शिविर में सर्दी, बुखार, पेट दर्द, बदन दर्द सहित सभी प्रकार के रोगों के मरीजों का नि:शुल्क जांच कर उन्हें दवाइयां प्रदान की गई। साथ ही उनमें साफ-सफाई व रोगों से बचाव हेतु आवश्यक परामर्श देते हुए स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए प्रेरित किय गया। गौरतलब है कि जिला प्रशासन निरंतर दुर्गम क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। सुलेसा ग्राम विकासखंड मुख्यालय से दूर व पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है। जहां अधिकतर विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवार निवास करते है। इस हेतु सुलेसा में शिविर का आयोजित कर लोगों को लाभांवित किया जा रहा है। शिविर में कुल 61 मरीजों का जांच कर उन्हें स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया गया।  

 
और भी

बाढ़, भूकंप सहित अन्य आपदाओं से बचाव के लिए किया गया मॉक एक्सरसाईज

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से आज शहर के देउलबंद तालाब में मॉक एक्सरसाइज किया गया। इस मॉक एक्सरसाईज में नगर सेना,अग्निशमन, बाढ़ बचाव दल, राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य आदि विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। इस मॉक एक्सरसाईज का उद्देश्य बाढ़ ग्रस्त गांव, मेले की भगदड़, भूकंप की सूचना इत्यादि मिलने पर उस स्थान पर फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य करना था। इस मॉक एक्सरसाइज को पांच चरणों में पुरा किया गया।


अभ्यास के दौरान सबसे पहले प्रोफाइलेक्टिक इवैक्युएशन का अभ्यास किया गया। जिसमें बाढ़ ग्रस्त गांव, मेले की भगदड़, भूकंप की सूचना जैसे ट्रिगर मिलने पर न्युनतम 100 लोगों को उस स्थान से दूर ले जाने का अभ्यास किया गया। इसी प्रकार दुसरा अभ्यास सर्च एंड रेस्क्यू का किया गया। जिसमें बाढ़ जैसे स्थिति में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभ्यास किया गया। तीसरे चरण में साइट स्टेजिंग एरिया बनाकर बाहर से मदद के लिए आये पार्टी के रूकने, उनके वाहनों की पार्किंग, लोगों की भीड़, सैनिटेशन, पेयजल, वे इन-वे आउट आदि की व्यवस्था बनाने अभ्यास किया गया। अभ्यास के चौंथे चरण में रिलीफ  कैंप बनाकर आपदा में फंसे लोगों को रिलीफ कैम्प में ठहराने व उनको भोजन, दवाई आदि मुहैया कराने की व्यवस्था से संबंधित अभ्यास किया गया।

अभ्यास के अंतिम चरण में नगर सेना के अग्निशमन दल की ओर से आपदा की कल्पना कर इसमें फंसे लोगों को निकालने का अभ्यास जशपुर के महाराजा चौंक में किया गया। पुरे अभ्यास के पर्यवेक्षण के लिए कलेक्टर रवि मित्तल की ओर से नोडल अधिकारीयों की नियुक्ति की गई थी, जिनका कार्य उस साईट पर होने वाली प्रक्रियाओं को कोआर्डिनेट करना तथा जिले के ईओसी केन्द्र में जानकारी भेजना था। उक्त अभ्यास में अपर कलेक्टर लवीना पांडेय, जिला सेनानी व जिला अग्निशमन अधिकारी योग्यता साहू, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारीगण नगर सेना के जवान तथा आम नागरिक उपस्थित थे।

 
और भी

छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक खेलों के जोन स्तरीय स्पर्धा का समापन

 जगदलपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के जोन स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत समापन शुक्रवार 4 नवंबर को किया गया। इस अवसर पर संसदीय सचिव व विधायक रेखचंद जैन, इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, महापौर सफीरा साहू, निगम अध्यक्ष कविता साहू व अतिथियों ने खेलों का आनंद लिया और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। राजीव गांधी युवा मितान क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय जोन स्तरीय छत्तीसगढ़ी ओलंपिक खेलों का समापन आज लाल बाग मैदान में किया गया।

राजीव युवा मितान क्लब की ओर से आयोजित जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिता में लगभग 300 खिलाडिय़ों ने अपने खेल का जौहर दिखाया, जिसमें छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के तहत गिल्ली डंडा, दौड़, कबड्डी, पिटुल, खो-खो, लंगडी दौड़, रस्साकशी, लंबी कूद जैसे खेल शामिल हैं। तीन दिवसीय जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिता में सभी छत्तीसगढिय़ा खेल प्रतियोगिता मे बच्चों से लेकर महिलाएं व पुरुषों ने बढ़-चढ़कर खेल में हिस्सा लेकर खेलों का आनंद उठाया। 

 

लाल बाग मैदान में जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर संसदीय सचिव व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजीव युवा मितान क्लब की ओर से छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक शुरू किया। इसके माध्यम से बच्चे महिलाएं व पुरूष सभी वर्ग के लोग इस खेल में शामिल हुए, मुख्यमंत्री खेल विकास में लगातार कार्य कर रहे हैं, जिससे तहत आज वार्ड स्तरीय खेल के पश्चात जोन स्तरीय खेल का आयोजन किया गया। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार दिया गया है। पराजित खिलाड़ी निराश ना हो मेहनत करें सफलता जरूर मिलेगी,  इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व राजीव शर्मा ने कहा कि सभी ने सभी उत्साह से इस छत्तीसगढ़ी ओलंपिक में भाग लिया। हारने वाले निराश ना हों और प्रयास करते रहें, सफलता जरूर मिलेगी। 

 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हमारे विलुप्त हुए पारंपरिक खेलों को जीवित करते हुए छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक खेल का आयोजन पूरे प्रदेश स्तर पर कराया है। जिसमें सभी वर्ग के लोग हमारे पारंपरिक खेलों का आनंद उठाया। मेरी ओर से सभी शुभकामनाएं व बधाई। पराजित खिलाड़ी निराश ना हो मेहनत करें सफलता जरूर मिलेगी। वहीं महापौर सफीरा साहू ने कहा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशा अनुरूप हमारे पारंपरिक खेल छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के माध्यम से सभी वर्ग के लोग वार्ड स्तर से लेकर जोन स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। आज इसी कड़ी में तीन दिवसीय जोन स्तर खेल का समापन हुआ। सभी विजयी  खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं व बधाई। विजय प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जगदलपुर शहर का प्रतिनिधित्व करेंगे। निगम अध्यक्ष कविता साहू ने कहा राजीव युवा मितान क्लब की ओर से छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक जिसमें पारंपरिक खेलों का सभी वर्ग के लोगों ने वार्ड स्तर से लेकर जोन स्तर तक पहुंचकर इस खेल प्रतियोगिता का आनंद उठाया।

और भी

गढत हे नवा छत्तीसगढ़ : प्रदेश की आंचलिक खबरें एक नजर में

 जगदलपुर : कमिश्नर धवड़े ने ओरछा विकासखंड मुख्यालय में किए जा रहे विकास कार्यों का किया निरीक्षण

बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले के अंदरूनी इलाका ओरछा में किए जा रहे विकास कार्यों का कमिश्नर श्याम धावड़े ने गुरुवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरे में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी मुख्यालय में रहकर अपने कर्तव्य का पालन करें। 

रायगढ़ : खरपतवार नाशी रसायन ग्लाइफोसेट के खुले विक्रय पर प्रतिबंध

भारत सरकार का राजपत्र के माध्यम से भारत सरकार, कृषि व किसान कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली की ओर से जारी अधिसूचना नई दिल्ली के माध्यम से ग्लाइफोसेट के उपयोग से मनुष्य व जानवरों के स्वास्थ्य के लिए खतरा एवं जोखिम को देखते हुए निर्बंधित कर दिया गया है।

जांजगीर-चांपा : धान खरीदी कार्य में किसी भी किसान को न हो परेशानी, इस बात का रखे विशेष ध्यान : कलेक्टर

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज कलेक्टोरेट परिसर के सभाकक्ष में समय-सीमा की सप्ताहिक बैठक लेते हुए सभी विभाग के कामकाज और शासकीय योजनाओं-कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने जिले में धान खरीदी कार्य सुव्यवस्थित ढंग से किए जाने तथा धान खरीदी कार्य में किसी भी किसान को परेशानी न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखे जाने के निर्देश दिए।

बालोद : शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में नवम्बर और दिसम्बर माह का राशन किया जाएगा नि:शुल्क वितरण

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में नवम्बर और दिसम्बर 2022 में राशन का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा।

कोरबा : टोकन तुम्हर हाथ मोबाइल एप से स्वयं टोकन प्राप्त करना सीख रहे जिले के किसान

धान बेचने के लिए घर बैठे टोकन प्राप्त करने के लिए विकसित किए गए टोकन तुंहर हाथ मोबाइल ऐप से जिले के किसान स्वयं टोकन प्राप्त करना सीख रहे है। कलेक्टर संजीव झा के निर्देशानुसार जिले के 55 धान खरीदी केंद्रों में 8 नवंबर तक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

दंतेवाड़ा : सफल रणनीति और रिवीजन से किसी भी परीक्षा में सफलता मिल सकती है : कलेक्टर

कलेक्टर विनीत नंदनवार की ओर से बारसूर स्थित संस्कृतिक भवन में मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर नंदनवार ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नवोदय विद्यालय के बच्चों का मार्गदर्शन किया, जिसमे लगभग 200 बच्चे शामिल हुए। 

कवर्धा : सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष समिति में सुचारू रूप से धान खरीदी कराएंगे और किसानों को पूरा सहयोग करेंगे : मंत्री अकबर

प्रदेश के वन, परिवहन, आवास, पर्यावरण, विधि विधायी तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर आज जिले में विभिन्न सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए। 

कवर्धा : मंत्री अकबर वरिष्ठजनों से भेंट-मुलाकात कर हाल-चाल जाना

प्रदेश के वन, परिवहन, आवास व पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर ने शुक्रवार को अपने कबीरधाम प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। मंत्री अकबर ने ग्राम लीलादादर में तुलसीराम, ग्राम छुही में रामकुमार श्रीवास और ग्राम गुडली में कृपाल धुर्वे के परिवार के सभी सदस्यों के साथ कुछ समय भी बिताएं। 

सुकमा : ग्रामीणों के लिए सड़के हैं महत्वपूर्ण, संधारण कार्य जल्द पूर्ण करें : कलेक्टर

सड़कें ना केवल बसाहटों को जोड़ती है, बल्कि वे क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करना भी सुनिश्चित करती हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार प्रदेश भर में सड़क व पुल-पुलिया निर्माण कार्य एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से किया जा रहा है। 

कवर्धा : कबीरधाम जिले में अब तक 427 किसानों ने बेचा 28.36 लाख रुपए का धान

धान कटाई की रफ्तार के साथ-साथ कबीरधाम जिले के शासकीय धान खरीदी केन्द्रो में लगातार धान का आवक बढऩे लगा है। धान खरीदी के पहले दिन एक नवम्बर को सिर्फ 19 समितियों में 45 किसानों ने धान बेचा था। वही सर्मथन मूल्य पर धान खरीदी प्रांरभ से अब तक जिले के 35 धान खरीदी केन्द्रो में 427 किसानों ने 28.36 लाख रूपए का धान बेच लिया है। 

राजनांदगांव : छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक में बुजुर्गों ने दिखाया दम-खम

शासन की पहल से छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक के माध्यम से जिले में पारंपरिक खेलों के आयोजन ने जनसामान्य में उत्साह का संचार किया है। शहर-शहर, गांव-गांव में बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं में छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक के लिए खुशी एवं उल्लास देखने को मिल रहा है। बुजुर्ग भी किसी से कम नहीं हैं।

नारायणपुर : बिंजली डेम में बाढ़ आपदा प्रबंधन का हुआ मॉक ड्रिल

राज्य शासन के निर्देशानुसार मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर स्थित बिंजली डेम (शांत सरोवर) में नगर सेना के जवानों की ओर से बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के समय लोगों के बचाव प्रबंधन का का मॉक ड्रिल का प्रदर्शन किया गया।

दंतेवाड़ा : ढोलकल पर्वत पर स्थापित गणेश प्रतिमा पर छेड़छाड़ की शिकायत पर कलेक्टर ने लिया संज्ञान

ढोलकल पर्वत पर स्थापित प्राचीन गणेश प्रतिमा पर असामाजिक तत्वों द्वारा नाम लिखने और अन्य प्रकार के छेड़छाड़ की शिकायत पर कलेक्टर विनीत नंदनवार ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने पुरातत्व विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रतिमा में आवश्यक सुधार करवाने के निर्देश दिए।

बालोद : कलेक्टर ने निर्माणाधीन फरसफोड़-भंडेरा-हथौद मार्ग की प्रगति का लिया जायजा

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कल डौण्डीलोहारा विकासखंड में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन फरसफोड़-भंडेरा-हथौद मार्ग का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सड़क निर्माण कार्य का जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। 

 

 

और भी

भाजपा सरकार आदिवासियों के आरक्षण की लड़ाई कोर्ट में तो लड़ नहीं पाई अब सड़क पर लड़ने की नौटंकी कर रही : कांग्रेस

 रमन सरकार ने कंवर कमेटी की आदिवासी आरक्षण सम्बंधित रिपोर्ट को न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किया तब क्यों मौन थे भाजपा से जुड़े आदिवासी नेता? आदिवासी आरक्षण के नाम से भाजपा के नेता घड़ियाली आंसू बहाना बंद करें

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आरक्षण को लेकर राजनीति कर रहे भाजपा नेताओं पर कड़ा प्रहार करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा जब सत्ता में थी तब आदिवासियों की आरक्षण की लड़ाई कोर्ट में तो लड़ नहीं पाई अब सत्ता जाने के बाद सड़क पर आदिवासियों की लड़ाई लड़ने की नौटंकी कर रही है। रमन भाजपा सरकार की बदनीयती के चलते ही न्यायालय में आदिवासियों की 32 प्रतिशत आरक्षण का पक्ष कमजोर हुआ था। आदिवासी नेता ननकीराम कंवर की अध्यक्षता में कमेटी गठन करने के बाद भी कमेटी की अनुशंसा को रमन सरकार ने न्यायालय के समक्ष नहीं रखा और आदिवासी समाज के साथ साथ न्यायालय को भी गुमराह करने किया गया। आरक्षण का मसला जब न्यायालय में पहुंचा अगर उसी दौरान रमन सरकार अपने न्यायालय में दिये एफिडेविट में ननकीराम कमेटी गठन करने का जिक्र कर देती और ननकीराम कंवर रिपॉर्ट को कोर्ट में प्रस्तुत कर देती तो आदिवासियों के 32 प्रतिशत आरक्षण खारिज नहीं होता।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने पूर्व मंत्री रामविचार नेताम, पूर्व मंत्री विक्रम उसेंडी, पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा, महेश गागड़ा, विकास मरकाम से पूछा जब 32 प्रतिशत आदिवासी आरक्षण के पक्ष में रमन सरकार ने ननकीराम कंवर कमेटी के सिफारिश को न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किया तब वो सब मौन क्यों थे? क्या ननकीराम कंवर रिपोर्ट को प्रस्तुत करने रमन सरकार पर दबाव बनाते तो क्या रामविचार नेताम, विक्रम उसेंडी, रामसेवक पैकरा और महेश गागड़ा, विक्रम मरकाम को अपने कुर्सी जाने का खतरा महसूस हो रहा था?

 

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि असल मायने में आरएसएस भाजपा के बड़े नेता कई बार सार्वजनिक मंचों से आरक्षण को खत्म करने की बात कह चुके हैं। ऐसे में एसटी और एससी वर्ग के बीच आरक्षण की लड़ाई करा कर आरक्षण से दोनों वर्गों को वंचित करने का षड्यंत्र रमन सरकार ने रचा था और आज वह साबित भी हो गया। भाजपा से जुड़े आदिवासी नेता आज अपने समाज को गुमराह कर रहे हैं असल मायने में 32 प्रतिशत आरक्षण कम होने के पीछे सिर्फ पूर्व भाजपा सरकार की नाकामी रही है आज रमन सरकार की गलतियों पर पर्दा करने भाजपा का अनुसूचित जाति जनजाति प्रकोष्ठ सड़कों पर लड़ाई लड़ने की बात कर रहे हैं और जब न्यायालय में लड़ाई लड़ने की बारी थी तब यही नेता खामोश और दुबके हुए बैठे थे।

और भी

गन्ना किसानों को 12 करोड़ की शेष प्रोत्साहन राशि के भुगतान का आदेश जारी

 कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गन्ना पेराई वर्ष 2020-21 में सहकारी शक्कर कारखानों को गन्ना बेचने वाले कृषकों को प्रति क्विंटल की मान से 84.25 रूपए प्रोत्साहन राशि दिए जाने के संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा संशोधित आदेश जारी किया गया है। यह संशोधित आदेश 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद् की बैठक में लिए गए निर्णय के परिपालन में जारी किया गया है। संशोधित आदेश के अनुसार गन्ना पेराई वर्ष 2020-21 की गन्ना प्रोत्साहन की शेष राशि 11 करोड़ 99 लाख रूपए का भुगतान भी किसानों को किया जाएगा।


इसी तरह गन्ना पेराई वर्ष 2021-22 में सहकारी शक्कर कारखानों में गन्ना बेचने वाले कृषकों को 79.50 रूपए प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, लेकिन जिन गन्ना कृषकों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत वर्ष 2021-22 में इनपुट सब्सिडी दी गई है, उन्हें गन्ना प्रोत्साहन देय राशि से समायोजन किया जाएगा।

 

 

और भी

आरबीआई गवर्नर दास ने खोली मोदी सरकार के गलत आर्थिक नीतियों की पोल

मोदी राज में महंगाई, बेरोजगारी असमानता चरम पर, अमीरों के कर्ज डाले जा रहे हैं बट्टे खाते में

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि गवर्नर शशिकांत दास कि महंगाई रोक पाने में नाकामी और लक्ष्य से चूकने की स्वीकारोक्ति मोदी सरकार के आर्थिक विफलता और वित्तीय कुप्रबंधन का प्रमाण है। मोदी सरकार गलत फैसलों का ही प्रमाण है कि विगत आठ वर्षों से अब तक अर्थव्यवस्था के लिए तय कोई भी लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सका है। इसी वित्तीय वर्ष में खुदरा महंगाई पर काबू पाने 4 बार रेपो दर में बढ़ोतरी की गई, विगत छः महीनों में कुल 1.9 प्रतिशत रेपो रेट बढ़ाया गया। खुदरा महंगाई दर का लक्ष्य रखा गया था 4 फ़ीसदी लेकिन अब भी आरबीआई के तय सीमा से अत्यधिक, छह फ़ीसदी से ऊपर है। रिजर्व बैंक का 1 लाख 76 हजार करोड़ का रिजर्व फंड भी जबरिया छीन कर फूंक डाले गए। देश पर कुल कर्ज का भार 3 गुना बढ़ गया। मोदी सरकार के चंद पूजीपति मित्रों के 11 लाख करोड़ से अधिक के लोन राइट ऑफ कर दिए गए। बड़े कारपोरेट घरानों को हर साल लगभग डेढ़ लाख करोड़ का टैक्स राहत दिया जा रहा है, लेकिन गरीब और आमजन के लिए कुछ भी नहीं। बेरोजगारी ऐतिहासिक रूप से शिखर पर है। अमीर और गरीब के बीच की खाई दिनों दिन चौड़ी हो रही है। मोदी राज में खाद्य पदार्थ और आम उपभोग की वस्तुओं पर जीएसटी का दायरा और जीएसटी की दर बढ़ाकर आम जनता से खींच कर चंद पूंजीपतियों को सिंचा जा रहा है। एक तरफ बुजुर्गों और महिलाओं के आय का प्रमुख साधन जमा पर ब्याज में कटौती की जा रही है, एफडीआर और बचत खाते में ब्याज दर आधा रह गया है, वहीं दूसरी ओर रेपो रेट बढ़ाकर लोन की ईएमआई और ब्याज महंगे किए जा रहे हैं। महंगाई चरम पर है, लेकिन मोदी सरकार की नीतियां चंद पूंजीपतियों के मुनाफे पर केंद्रित है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि हाल ही में बाजार नियामक सेबी संस्थानों से 67228 करोड़ रुपए बकाया नहीं वसूलने का निर्णय लिया है। मोदी राज में छोटे बकायादारों से होमलोन, वाहन ऋण और पर्सनल लोन पर सख्ती बरती जाती है। एक रुपए की भी राहत आम आदमी के लिए नहीं है, लेकिन बड़े बड़े कारपोरेट घरानों के हजारों करोड़ का लोन हर साल बट्टे खाते में डाले जा रहे हैं। मोदी राज में बैंक फ्रॉड के मामले चार गुना अधिक बढ़े हैं। आमजनता के खुन पशीने की गाढ़ी कमाई जो कर के रुप में चुकाती है उसे चंद अमीरों के बट्टे खाते में लगातार डाले जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में जब तक भाजपा की सरकार थी तब ये यहां भी चिटफंड कंपनियों का संरक्षण और संवर्धन किया करते थे। पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री रमन सिंह उनके परिजन और रमन सरकार के कई मंत्री आम जनता के पैसों को लूटने में चिटफंड कंपनियों के सहभागी बने। अब यही काम राष्ट्रीय स्तर पर मोदी राज में हो रहा है। देश की अर्थव्यवस्था घर पर जा रही है और मोदी सरकार के मित्र मालामाल हो रहे हैं।

और भी

नितिन नवीन के बयान का खंडन नहीं कर भाजपा ने माना कि वह छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान से सहमत : कांग्रेस

भाजपा अध्यक्ष साव की पत्रकार वार्ता का कांग्रेस ने दिया जवाब, छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण तत्कालीन दिग्विजय सरकार के विधानसभा प्रस्ताव से संभव हुआ

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पत्रकार वार्ता का जवाब देते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा प्रभारी नितिन नवीन के द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान संबंधी बयान के 24 घंटे बाद भी राज्य के भाजपा नेताओं द्वारा खेद प्रकट नहीं करना इस बात को स्पष्ट करता है कि भाजपा के छत्तीसगढ़ के नेता या तो नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान तथा छत्तीसगढ़ियावाद के विरोध के बयान से सहमत है या फिर डर के मारे उन सबकी बोलती बंद है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बयान दिया लेकिन नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान वाले बयान पर असहमति नहीं जताई यह भाजपा का छत्तीसगढ़ विरोधी रवैया है भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अपने प्रभारी के बयान का बचाव करते नजर आ रहे है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अपने प्रभारी के छत्तीसगढ़ अपमान का बचाव करने के लिये अर्ताकिक बातें कर रहे है। भाजपा छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण का झूठा श्रेय अपने नेताओं को देने की गलत बयानी पर विराम लगाये। छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण छत्तीसगढ़ महतारी के बेटों की मांग और संघर्ष से हुआ है। मध्यप्रदेश विधानसभा में जब कांग्रेस के मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और मंत्रिमंडल के सदस्य वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, रवीन्द्र चौबे, सत्यनारायण शर्मा, धनेन्द्र साहू, स्व. महेन्द्र कर्मा आदि ने सर्वसम्मति से राज्य निर्माण का प्रस्ताव पारित करवा कर केंद्र को भेजा तब छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ। भाजपा इसके लिये सिर्फ अपने नेताओं को झूठा श्रेय देना बंद करें। उस समय की केंद्र सरकार के सहयोग को नकारा नहीं जा सकता लेकिन राज्य निर्माण के लिये तत्कालीन मध्य प्रदेश की दिग्विजय सरकार की भूमिका थी।

 
 
 

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि नितिन नवीन छत्तीसगढ़ के लोगों को राष्ट्रवाद का पाठ मत पढ़ाये छत्तीसगढ़ सभी को अंगीकार करता है। नितिन नवीन को समझना चाहिये यह छत्तीसगढ़िया राष्ट्रवाद है जिसमें उनके प्रांत के छठ पर्व का भी सम्मान होता है। जो छत्तीसगढ़ से प्रेम करता है वही छत्तीसगढ़ी है। छत्तीसगढ़ के लोग भेदभाव नहीं करते लेकिन अपना अपमान भी बर्दाश्त नहीं कर सकते।

 
 
 

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने मांग किया कि बिना किसी लागलपेट के भाजपा अपने प्रभारी के छत्तीसगढ़िया विरोधी रवैये की निःशर्त माफी मांगे। नवीन के बयान से छत्तीसगढ़ की दो करोड़ जनता की भावनायें आहत हुई है। छत्तीसगढ़ के लोग सर्वधर्म समभाव और सभी के सम्मान का भाव रखते है यही छत्तीसगढ़ का राष्ट्रवाद है। छठ में छुट्टी और सीएम हाउस में हरेली यही छत्तीसगढ़िया राष्ट्रवाद है। दूसरों की भावना के सम्मान के साथ अपने स्वाभिमान का मान ही छत्तीसगढ़ की संस्कृति है। भाजपा के राष्ट्रवाद में नफरत और विद्वेष असहिष्णुता है। कांग्रेस के और छत्तीसगढ़ के राष्ट्रवाद में सामंजस्य भाईचारा सहिष्णुता है। इसका यह मतलब नहीं कि कोई भी व्यक्ति हमारी सभ्यता संस्कृति और भावनाओं का मजाक उड़ा जायेगा और हम बर्दाश्त करेंगे।

और भी

सफलता की कहानी : प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से नुकसान की हुई भरपाई

फसल बीमा से मिली राशि से बदली श्यामलाल की जिंदगी

 दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होने पर क्षतिपूर्ति की भरपाई करने तथा संकट की घड़ी में किसानों के लिए मददगार बनी है। किसानों के लिए जनहितैषी कई योजनाएं संचालित है ताकि किसानों की आमदनी को दुगना किया जा सके और उनका जीवन खुशहाल व समृद्ध हो सकें। प्राकृतिक आपदा में फसल नष्ट होने पर राहत राशि से किसानों की भरपाई नहीं हो पाती थी। ऐसे में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से खेती किसानी में जोखिम को कम करने के उद्देश्य की पूर्ति के लिए किसानों के लिए वरदान बन गई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से लाभान्वित दंतेवाड़ा विकासखंड के ग्राम भैरमबंद निवासी किसान श्यामलाल यादव आज बहुत खुश हैं। उनकी खुशी का कारण है प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मिली राशि।

श्यामलाल बताते हैं कि पिछले वर्ष उसकी 10 एकड़ क्षेत्र में लगी धान व अन्य फसल पूरी तरह से खराब हो गई थी। फसल खराब होने से उनकी लागत भी नही निकली। इसके चलते उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। श्यामलाल दिन-रात इस चिंता में था, कि कैसे वह अगली फसल की तैयारी करेगा, परिवार का पालन-पोषण कैसे करेगा और बच्चों को कैसे पढ़ा पाएगा। उन्हें अगर प्रधानमंत्री फसल बीमा का लाभ नहीं मिलता तो उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो जाती तथा उन्हें कर्ज से भी जूझना पड़ सकता था। श्यामलाल अगली फसल के लिए कर्ज लेने की सोच रहा था, तभी फसल बीमा के 85 हजार 267 रुपए उनके खाते में आ गए। अब श्यामलाल और उसके परिजन बहुत खुश हैं। फसल बीमा जो उनके लिए काफी मददगार साबित हुआ। इसी के चलते आज उनकी दिन-रात की कड़ी मेहनत और फसल नुकसान की भरपाई हो पाई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से लाभ मिलने से  श्यामलाल यादव की डूबती नैया तैरने लगी है। उन्होंने शासन-प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

और भी

रायगढ़ पुलिस ने किया लॉज, धर्मशाला और होटल का औचक निरीक्षण

 रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय महादेवा के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस टीमों को अपने-अपने थाना क्षेत्र स्थित लॉज, धर्मशाला और होटल को औचक निरीक्षण कर वहां ठहरने वाले लोगों के रूकने का आशय जांच कर उनके आईडी की प्रति संचालक लिये हैं या नहीं इसकी बारीकी से जांच किया गया और रजिस्टर चेक किया गया।

इस दौरान पुलिस ने कमरों को भी देखा। नियमों का अनदेखी करने वाले संचालकों को पुलिस टीमों ने फटकार भी लगाये। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर होटल, धर्मशाला, लॉज और रैन बसेरा पर पुलिस अभियान चलाकर चेकिंग किया गया। पुलिस ने होटल संचालकों को निर्देश दिए कि बिना आईडी कार्ड के किसी को कमरा नहीं दिया जाए।

 
 
 

ठहरने वाले हर मुसाफिर से पहचान पत्र की छायाप्रति लेने के साथ रिकॉर्ड रखा जाए। अगर किसी की गतिविधि संदिग्ध हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। ऐसा नहीं करने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संचालकों को उनके कर्मचारियों के भी वेरिफिकेशन कराने और सीसीटीवी कैमरों में बढोत्तरी कर बेहतर रख रखाव के लिए कहा गया।

 

 

और भी

किसानों की 40 साल पुरानी मांग हुई पूरी : सिंचाई के लिए 19.97 करोड़ स्वीकृत

 कृषक संगठनों ने मुख्यमंत्री व जल संसाधन मंत्री का जताया आभार

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल की विशेष पहल के चलते बलौदाबाजार जिले के खपराडीह अंचल के पांच गांवों के किसानों की सिंचाई बलौदाबाजार शाखा नहर से जलापूर्ति की 40 साल पुरानी मांग पूरी हो गई है। कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे के मार्गदर्शन में खपराडीह माईनर और सब-माईनर का निर्माण कराए जाने के लिए नये सिरे से सर्वेक्षण कराकर न सिर्फ प्रोजेक्ट तैयार किया गया, बल्कि छत्तीसगढ़ सरकार ने उक्त माईनर और सब माईनर के निर्माण के लिए 19 करोड़ 97 लाख 44 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति भी दे दी हैै। खपराडीह माईनर और सब माईनर के निर्माण की मंजूरी मिलने से अंचल के किसानों एवं किसान संगठनों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे का आभार जताया है।


कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने बताया कि खपराडीह माईनर और सब माईनर के निर्माण से इस इलाके के पांच गांवों खपराडीह, सरसेनी, रावन, रवेली और पड़कीडीह के किसानों को 2000 एकड़ में सिंचाई के लिए महानदी परियोजना की बलौदाबाजार शाखा नहर से जलापूर्ति हो सकेगी। गौरतलब है कि खपराडीह माईनर एवं सब माईनर के निर्माण का मामला 40 वर्षाें से लंबित था। किसान लगातार माईनर का निर्माण और सिंचाई के लिए जल उपलब्ध कराए जाने की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों की वर्षाें पुरानी मांग को देखते हुए जल संसाधन मंत्री चौबे को नये सिरे से सर्वे कराकर स्वीकृति देने के निर्देश दिए थे। मंत्री चौबे ने बताया कि लगभग 40 साल पहले उक्त माईनर के निर्माण का सर्वे कराया गया था, परंतु रावन में ग्रासिम सीमेंट प्लांट (वर्तमान में अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट) का निर्माण उसी हिस्से में हुआ, जहां से माईनर का निर्माण होना था, जिसके चलते यह मामला उलझ गया और किसानों की मांग पूरी नहीं हो सकी।
 
मंत्री चौबे ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जल संसाधन विभाग ने नये सिरे से सर्वेक्षण कर खपराडीह माईनर और सब माईनर के निर्माण विस्तृत प्रोजेक्ट तैयार किया। किसानों को 2000 एकड़ में सिंचाई के लिए जलापूर्ति की महत्ता को देखते हुए इसे मंजूरी दी गई है। खपराडीह माईनर और सब माईनर के निर्माण सहित पक्के संरचनाओं के निर्माण के लिए मुख्य अभियंता महानदी परियोजना रायपुर को 19 करोड़ 97 लाख 44 हजार रूपए की मंजूरी दी गई है, जिसके निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र की जाएगी।

 

 

और भी

मुख्यमंत्री ने दी देवउठनी एकादशी की शुभकामनाएं

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह की बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री बघेल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि देवउठनी एकादशी का दिन शुभ और मंगलकारी माना गया है। इसे छत्तीसगढ़ में बहुत उत्साह और उमंग से मनाया जाता है। हिन्दुओं में इसी दिन से सारे मांगलिक कार्यों की शुरूआत की जाती है। मुख्यमंत्री बघेल ने कामना की है कि एकादशी का त्यौहार सबके जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए और सभी के मंगल कार्य सफल हों।

 

 

और भी

धमतरी वासियों को नए साल में मिलेगी बायपास की सौगात

कलेक्टर पीएस एल्मा ने जून तक फोरलेन का काम पूरा करने के दिए निर्देश, राष्ट्रीय राजमार्ग की कुल 51 किलोमीटर में से 44 किलोमीटर की सड़क का काम पूरा

 धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। धमतरीवासियों को आने वाले नए साल में बायपास की सौगात मिलेगी। कलेक्टर पी.एस.एल्मा आज राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में फोरलेन और बायपास निर्माण की प्रगति का जायजा लेने एक बार फिर दोपहर साढ़े 12 बजे से सघन दौरे में निकले। सड़क निर्माण की श्याम तराई के बायपास से होते हुए संबलपुर और फिर 38 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण का ना केवल राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने साथ मुआयना किया बल्कि जरूरी निर्देश भी जगह जगह रुक कर देते रहे। इस दौरान उन्होंने बायपास निर्माण कार्य को दिसम्बर माह के अंत तक पूरा करने के निर्देश राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को  दिए। श्यामतराई स्थित बायपास के बाद 400 मीटर और सड़क निर्माण करना है। इसके लिए विद्युत पोल शिफ्टिंग और लगभग 53 पेड़ कटाई के लिए विद्युत और वनमंडलाधिकारी से समन्वय कर आगे के काम में प्रगति लाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बायपास में 15 में से 14 पुलिया, चारों छोटे पुल बन चुके। रोब वॉल 56 हजार 50 वर्ग मीटर में से 29 हजार 253 वर्ग मीटर का काम पूरा हो चुका है। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिसंबर माह के अंत तक बायपास बना लिया जाए।

इसके साथ ही कलेक्टर ने संबलपुर से कोड़ेबोड़ तक 38 किलोमीटर लंबी बनाई जा रही फोर लेन सड़क निर्माण कार्य का जायज़ा लिया। उन्होंने फोरलेन सड़क कार्य जून तक पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टने संबलपुर और चढ़मुड़िया के पास रेलवे ओवर ब्रिज के काम में फ्लाई ऐश की अनुपलब्धता की वजह से काम में हो रही देरी को दूर करने आवश्यक पहल करने के निर्देश राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया। वहीं चटौद के पास सर्विस रोड, राड ओवर ब्रिज, जंक्शन में जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया। इसमें धमतरी से गुजरने वाले 11.25 किलोमीटर लंबी बायपास निर्माण कार्य का मुआयना करते हुए इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सांधा चौक कुरूद में बनाए जाने वाले जंक्शन में यातायात को सुव्यवस्थित करने ट्रैफिक साइनेज, अन्य व्यवस्था जल्द से जल्द पूरा करने कहा। दौरे के अंतिम पड़ाव में कलेक्टर ने चटौद में बनाए जानेवाले सर्विस रोड के लिए आ रही बाधा को दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

ज्ञात हो कि जिले में कुल 50.709 किलोमीटर में सड़क बनाया जा रहा है, जिसमें 11.25 किलोमीटर धमतरी बायपास शामिल है। पैकेज-1 अंतर्गत धमतरी जिले में 11.9 किलोमीटर और पैकेज-2 में धमतरी जिले में सम्पूर्ण 38.809 किलोमीटर सड़क आता है। अब तक पैकेज-1 की सड़क 91.98 प्रतिशत और पैकेज-2 का 71.50 प्रतिशत सड़क बना ली गई है। फोरलेन सड़क निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अभिनव सिंह, मैनेजर वैभव गोयल, प्रोजेक्टर एक्सक्यूटिव अंकुश रेड्डी, प्रोजेक्ट मैनेजर सुमन कुमार और टीम लीड अरविंद झा  सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

 

और भी

राज्यपाल ने दी देवउठनी एकादशी की शुभकामनाएं

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने देवउठनी एकादशी (तुलसी पूजा) के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा है कि यह पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली लाए।

 

 

और भी

अपर कलेक्टर ने किया धान खरीदी केन्द्र, स्कूल व अस्पताल का निरीक्षण

गैरहाजिर शिक्षक का वेतन काटौती के निर्देश

 बेमेतरा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अपर कलेक्टर डॉ. अनिल कुमार बाजपेयी ने बेमेतरा अनुभाग के धान खरीदी केन्द्र भोईनाभाठा, कुसमी एवं बालसमुंद का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही प्राथमिक शाला कुसमी एवं आयुष्मान भारत हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया।


धान खरीदी केन्द्र भोईनाभाठा में निरीक्षण के समय तक 10 कृषको से 260 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी थी। खरीदे गये धान की कुछ बोरियों का पुनः तौल करने पर सही मात्रा में तौल करना पाया गया। धान की गुणवत्ता परीक्षण हेतु माश्चराईजर मशीन से जांच करने पर 15 प्रतिशत धान में नमी पाई गई। कांटा बाट का नाप तौल विभाग से सत्यापन किया जाना पाया गया। खरीदी केन्द्र में डनेज की व्यवस्था नियमानुसार किया जाना पाया गया तथा गडबडी रोकने हेतु खरीदी केन्द्र में शासकीय भूमि की सूची प्रदर्शित किया जाना पाया गया। खरीदी केन्द्र में किसानो की सुविधा के लिए निर्माणाधीन किसान कुटिर में पेंटिंग का कार्य चल रहा है, जिसे शीघ्र पूर्ण करने तथा समिति में साफ-सफाई रखे जाने हेतु निर्देश दिया गया।

धान खरीदी केन्द्र कुसमी में 06 किसानो से 228 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है, धान की कुछ बोरियो का तौल कराने पर 500 से 800 ग्रा. प्रति बोरी अधिक तौल किया जाना पाया गया जिस पर समिति प्रबंधक सत्यनायण साहू व मुकद्म को जम कर फटकार लगाई गई और भविष्य के लिए चेतावनी दी गई। धान खरीदी केन्द्र बालसमुंद में धान खरीदी प्रारंभ नहीं हुई है। 02 टोकन 04 नवम्बर 2022 के लिये जारी किया गया है। धान खरीदी की पूरी व्यवस्था हो गई है। निरीक्षण के दौरान समिति के सभी प्रबंधको को किसानो की धान खरीदी में सुविधाओ व खरीदी में कोई गडबड़ी नहीं किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।


ग्राम कुसमी में प्राथमिक शाला का निरीक्षण कर बच्चों से चर्चा की गई तथा उन्हे दिये जाने वाले मध्यान भोजन के संबंध में पूछताछ की गई। शाला में एक सहायक शिक्षक कुमार गौरव रात्रे जो कि दीपावली त्यौहार के बाद से बिना किसी अवकाश सूचना के शाला में अनुपस्थित पाया गया। जिसके कारण उन्हे कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं अनुपस्थित अवधि का वेतन आहरण नही करने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी, बेमेतरा को निर्देशित किया गया। ग्राम कुसमी में आयुष्मान भारत हेल्थ एण्ड वेलनेश केन्द्र का निरीक्षण किया गया। इस सेंटर में प्रतिदिन औसतन 40 ओ.पी.डी. तथा प्रति माह 30 डिलीवरी होने की जानकारी चिकित्सा अधिकारी ने दी। सेंटर की समुचित साफ सफाई रखने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के समय नायब तहसीलदार रोशन साहू व नीलम कुमार पिस्दा उपस्थित थे।

और भी

नवंबर में राजधानी समेत छत्तीसगढ़ में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, मौसम विभाग ने जारी किया ये पूर्वानुमान ...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नवंबर महीने की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठण्ड पड़नी शुरु हो गई है। वहीँ प्रदेश के सभी शहरों में मौसम अलग-अलग तरह का है। एक तरफ जहां ग्रामीण अंचलों में कड़ाके की ठण्ड पड़नी शुरु हो गई है वहीँ राजधानी में सुबह मौसम सुहाना होने के बाद दोपहर में तेज धूप होती है लेकिन देर रात आते आते कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 

मौसम विभाग के मुताबिक़ नवंबर से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से 2 नवंबर बुधवार तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। छत्तीसगढ़ मौसम विभाग की मानें तो आज मंगलवार को बस्तर संभाग के दक्षिणी छोर में एक दो स्थानों पर वर्षा होने की सम्भावना है । वही अन्य जिलों में मौसम शुष्क और आसमान साफ रहने के आसार है।

 
 
 
 
 
 

उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से नवंबर में ठंड बढ़ेगी। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से बुधवार से न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने वाली है। मंगलवार को अधिकतम तापमान स्थिर रहने व न्यूनतम तापमान एक-दो डिग्री बढ़ने के आसार है। नवबंर में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का अनुमान है।क्या कहता है मौसम विभागमाह अक्टूबर के प्रथम पखवाड़े के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के पीछे हटने पर दिन के तापमान में बढ़त और रात में शीतलता बढ़ने लगती है।  इस माह में औसत अधिकतम तापमान 30.2 डि.से. और औसत न्यूनतम तापमान 6.0 डि.से. रहेगा ।

 

और भी

बड़ी खबर : मनी लांड्रिंग केस में फंसे आईएएस समीर विश्नोई सस्पेंड

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किया है । बता दें कि IAS समीर विश्नोई मनी लांड्रिंग के केस में जेल में बंद है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आईएएस की सिविल लिस्ट में यह अपडेट किया गया है। इसके मुताबिक विश्नोई को 27 अक्टूबर को ही सस्पेंड कर दिया गया था। इस बीच सिविल लिस्ट को अपडेट नहीं किया गया था।

आपको बता दें कि विश्नोई के घर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने छापा मारा था, जिसमें 47 लाख नगद के साथ ज्वेलरी जब्त की गई थी। ईडी ने दो बार में 14 दिन की रिमांड लेकर पूछताछ की थी। इसके बाद 27 अक्टूबर को रिमांड अवधि खत्म होने पर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया था। इसी दिन सरकार ने विश्नोई को सस्पेंड कर दिया था।

 

 

और भी