हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

जगदीप धनखड़ बृहस्‍पतिवार को देश के 14वें उपराष्‍ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एनडीए के प्रत्याशी जगदीप धनखड़ देश के 14वें उपराष्ट्रपति चुने गए हैं। श्री धनखड़ को 528 वोट मिले जबकि उनकी प्रतिद्वंदी विपक्षी उम्मीदवार मार्ग्रेट अल्वा ने 182 वोट प्राप्त किये। श्री धनखड़ ने कल हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में कुल पड़े वैध मतों में से 72 दशमलव आठ प्रतिशत वोटों के साथ शानदार जीत हासिल की।  उपराष्ट्रपति पद के लिए पिछले छह चुनावों में श्री धनखड़ का जीत का अंतर सबसे अधिक रहा।

श्री धनखड़ बृहस्पतिवार को पद की शपथ लेंगे। मौजूदा उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडु का कार्यकाल बुधवार को समाप्त होगा। श्री धनखड़ को राज्यसभा का पदेन सभापति नियुक्त किया जायेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा अनेक केन्द्रीय मंत्रियों और अन्य नेताओँ ने उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत पर श्री धनखड़ को बधाई दी है।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने कहा कि श्री धनखड़ के सार्वजनिक जीवन के लंबे और समृद्ध अनुभव का देश को लाभ मिलेगा। उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडु ने कहा कि देश को श्री जगदीप धनखड़ के लंबे अनुभव और कानूनी विशेषज्ञता का बहुत लाभ होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उपराष्ट्रपति चुनाव के तुरन्त बाद निर्वाचित उपराष्ट्रपति से दिल्ली में उनके निवास पर भेंट की और शुभकामनाएं दी।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह समूचे देश के लिए खुशी की बात है कि एक किसान का बेटा देश का उपराष्ट्रपति चुना गया है। उन्होंने श्री धनखड़ को समर्थन देने के लिए एन.डी.ए. के सहयोगी दलों और अन्य पार्टियों के सांसदों के प्रति आभार व्यक्त किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी श्री धनखड़ को बधाई दी और कहा कि उनके लंबे अनुभव और जनसाधारण से जुड़े मुद्दों की गहरी समझ से देश को लाभ होगा।

 

और भी

बड़ी खबर : शिमला में विधानसभा चुनाव की रणनीति पर सीएम बघेल ने की चर्चा...

 शिमला (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल आज दिल्ली प्रवास से सीधे हिमाचल प्रदेश के लिए हेलीकाप्टर से रवाना हुए। बता दें सीएम भूपेश बघेल को एआईसीसी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीनियर ऑब्ज़र्वर नियुक्त किया है।  बतौर सीनियर ऑब्ज़र्वर सीएम भूपेश बघेल ने शिमला में हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

 

 

और भी

बिहार में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत

 पटना (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  बिहार के सारण जिले में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई है। 30 अन्‍य लोग बीमारी हैं और 17 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। सारण के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान लोगों ने इसका सेवन किया था।

मकेर के थानाध्यक्ष और एक चौकीदार को ड्यूटी पर लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दो हजार लीटर से अधिक मात्रा में जहरीली शराब बरामद की गई है। जिला प्रशासन ने शराब माफियाओं को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया है। 

 

 

और भी

यूकेएसएसएससी के चेयरमैन राजू ने दिया इस्तीफा

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।   यूकेएसएसएससी के चेयरमैन व पूर्व आईएएस अधिकारी एस राजू ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया है। अभी यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले की एसटीएफ जांच कर रही है। इस मामले में अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

 


और भी

संसद सदस्यों को सत्र के दौरान आपराधिक मामलों में कोई विशेष छूट नहीं

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  राज्यसभा में कांग्रेस सदस्यों ने कहा कि विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किया गया है, क्योंकि उन्हें गुरुवार को सदन के कामकाज के दौरान पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय द्वारा बुलाया गया। इस पर जवाब देते हुए राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू ने स्पष्ट किया कि संसद सदस्यों को सत्र के दौरान आपराधिक मामलों में कोई विशेष छूट नहीं है। नायडू ने यह भी कहा कि सदस्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा जारी समन से बच नहीं सकते।

और भी

150 स्मारकों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएगा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में "हर घर तिरंगा" के देशभक्ति अभियान के तहत देश भर के 150 स्मारकों/स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएगा। ध्वजारोहण करने के साथ ही इन स्मारकों को तिरंगे के रंग में प्रकाशमान किया जाएगा।

इसके अलावा पूरे देश के 750 स्मारकों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं, 5 अगस्त से 15 अगस्त, 2022 तक सभी केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में नि:शुल्क प्रवेश की घोषणा की गई है। एएसआई के 37 सर्किल जनभागीदारी की भावना से स्थानीय लोगों के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जो आजादी का अमृत महोत्सव का मूर्त रूप होगा। इन आयोजनों में वृक्षारोपण अभियान, विद्यालय संवाद, व्याख्यान, चिकित्सा शिविर और बाल जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं।

और भी

मुख्यमंत्री बघेल ने की राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री से मुलाकात

 रायपुर/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल अभी दिल्ली प्रवास पर है। इस दौरान उन्होंने नव निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की।

ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री बघेल 4 दिवसीय दिल्ली पर हैं। मुख्यमंत्री बघेल शुक्रवार को दिल्ली दौरे के लिए रायपुर से रवाना हो गए थे। आज, शनिवार शाम 4.30 बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले अमृत महोत्सव की बैठक में शामिल होना है। मुख्यमंत्री बघेल नीति आयोग समिति की बैठक में भी आज ही शामिल होंगे। बैठक से पहले उन्होंने कांग्रेस के शिर्ष नेताओं से भी मुलाकात की है। सीएम दिल्ली में बैठक खत्म कर आज ही शिमला रवाना हो जाएंगे। गौरतलब है कि साल के अंत में हिमाचल प्रदेश में विधानसभा के चुनाव हैं जिसका उन्हें चुनाव पर्यवेक्षक बनाया गया है।

और भी

देश के नए उपराष्ट्रपति होंगे जगदीप धनखड़, मिले इतने वोट...

 नई दिल्‍ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ देश के नए उपराष्‍ट्रपति होंगे। जगदीप धनखड़ को कुल 725 मतों में से 528 मत मिले। उन्‍होंने 346 मतों से विपक्ष की उम्‍मीदवार मार्गरेट अल्‍वा को शिकस्‍त दी। लोकसभा महासचिव उत्पल के. सिंह ने चुनाव नतीजों की जानकारी देते हुए कहा कि मार्गरेट अल्वा को चुनाव में 182 वोट मिले। 15 मतों को अवैध करार दिया गया।

लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह ने बताया कि राज्यसभा के निर्वाचित और मनोनीत सदस्यों और लोकसभा के निर्वाचित सदस्यों वाले 780 मतदाताओं में से 725 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चुनाव में 92.94 फीसद मतदान दर्ज किया गया।

देश के उपराष्ट्रपति पद (Vice President Election 2022) के लिए शनिवार को मतदान संपन्‍न हो गया। प्रधानमंत्री मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न दलों के सांसदों ने मतदान किया। मतदान पूर्वाह्न 10 बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चला।  

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सबसे पहले वोट डालने वाले सांसदों में शामिल रहे जबकि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व्हीलचेयर पर संसद भवन पहुंचे और मतदान किया। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने दोपहर में मतदान किया। कोविड-19 से जूझ रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी पीपीई किट पहनकर संसद भवन पहुंचे और मतदान किया।

लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश समेत मुख्य विपक्षी दल के तमाम सांसदों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए ने पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ (71) को प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतारा था जबकि विपक्ष की ओर से मार्गरेट अल्वा (80) को संयुक्त उम्मीदवार घोषित किया गया था।

भाजपा के पास लोकसभा में पूर्ण बहुमत है और राज्यसभा में भी उसके 91 सदस्य हैं : इस वजह से पहले ही धनखड़ का पलड़ा भारी नजर आ रहा था। मौजूदा उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को खत्‍म हो रहा है। लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसद उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने के लिए पात्र होते हैं। इसमें मनोनीत सदस्य भी शामिल हैं। संसद के दोनों सदनों में कुल 788 सांसद मतदान के पात्र हैं। चूंकि राज्‍य सभा की आठ सीटें रिक्त हैं। इसके चलते इस चुनाव में 780 सांसद वोटिंग के पात्र थे।

और भी

भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने के लिए विश्वसनीय भूमि प्रबंधन अनिवार्यः रक्षामंत्री

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने केंद्र और राज्य सरकारों के विभागों का आह्वान किया कि वे भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने के लिए भूमि के विश्वसनीय प्रबंधन को सुनिश्चित करें। वे आज 4 अगस्त, 2022 को आयोजित एक वेबिनार के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। वेबिनार का आयोजन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर सेटेलाइट एंड अन्मेंड रीमोट व्हीकल इनिशिएटिव (सीओई-एसयूआरवीईआई) द्वारा विकसित जीओग्राफिक इफॉर्मेशन सिस्टम (जीआईएस) आधारित एप्लीकेशंस का केंद्र और राज्य सरकारों के सभी विभागों, नगर निकायों और विकास प्राधिकरणों तक प्रसार करने और इसके व्यापक इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया।

सीओई-एसयूआरवीईआई की स्थापना रक्षा मंत्रालय के रक्षा संपत्ति महानिदेशालय (डीजीडीई) द्वारा भूमि सर्वेक्षणों, आंकड़ों के विश्लेषण और भूमि प्रबंधन के काम में नई उभरती प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने के लिए की गई थी। पिछले कुछ महीनों में केंद्र ने भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र विशाखापट्टनम, भास्कराचार्य नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्पेस एप्लीकेशंस एंड जीयो इन्फॉरमेटिक्स गांधीनगर, नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर आईआईटी दिल्ली और अन्य केंद्र सरकार के संगठनों के साथ मिलकर बहुत से सॉफ्टवेयर्स का विकास किया है ताकि प्रभावी भूमि प्रबंधन किया जा सके।

रक्षामंत्री ने कहा, निजी क्षेत्र के साथ सहयोग कर सीओई-एसयूआरवीईआई तेजी से भूमि सर्वेक्षण, विश्लेषण एवं प्रबंधन संबंधी देश की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए एक वन स्टॉप सेंटर बनने की ओर अग्रसर है। सीओई-एसयूआरवीईआई द्वारा विकसित एप्लीकेशंस में भूमि उपयोग विश्लेषण, भूमि उपयोग सर्वेक्षण, थ्रीडी इमेजरी विश्लेषण और चेंज डिटेक्शन एप्लीकेशंस शामिल हैं।

और भी

उपराष्ट्रपति ने प्रशासन में स्थानीय भाषाओं के प्रयोग की आवश्यकता पर बल दिया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडु ने आज इस बात पर जोर दिया कि शासन का अंतिम उद्देश्य लोगों को सशक्त बनाना और न्यूनतम सरकार की ओर बढ़ना होना चाहिए, जो उनके अनुसार तभी होगा जब अंतिम लक्ष्‍य प्राप्‍त कर लिया गया हो और निचले पायदान पर खड़े लोग वहां पहुंच चुके हों। उन्होंने यह भी कहा कि सुशासन की सफलता मेहनतकश जनता को विकास की प्रक्रिया में शामिल करने और समान हितधारक बनाने में निहित है।

भारतीय लोक प्रशासन संस्थान द्वारा आज नई दिल्ली में आयोजित 48वें एडवांस्ड प्रोफेशनल प्रोग्राम इन पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि सुशासन की कुंजी समावेशिता, प्रौद्योगिकी का उपयोग और उच्च नैतिक मानकों को बनाए रखने में निहित है। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी पारदर्शिता को बढ़ावा देती है और इस तरह जवाबदेही तय होती है जो सुशासन की मूल विशेषता है, जबकि नैतिक मानक वैधता प्रदान करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये दोनों मिलकर परिवर्तनकारी सुधार लाने के लिए जमीन तैयार करने वाली एक नई राजनीतिक संस्कृति की शुरुआत करेंगे।

राम-राज्य की अवधारणा का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति श्री नायडु ने कहा कि भारतीय परंपरा में यह परिभाषित करने के लिए राम-राज्य एक रूपक है कि एक अच्छी तरह से शासित कल्याणकारी राज्य कैसा दिखना चाहिए। उन्होंने प्रशासकों को गरीबी, भेदभाव और असमानता से मुक्त समाज का निर्माण करने के लिए इन उदात्त आदर्शों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति के सचिव आई वी सुब्बाराव, आईआईपीए के महानिदेशक सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी, कार्यक्रम निदेशक (एपीपीपीए) डॉ. वी. एन. आलोक, रजिस्ट्रार अमिताभ रंजन, संकाय सदस्य, पाठ्यक्रम प्रतिभागी और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।

और भी

बाधाओं को पार कर- भारतीय नौसेना की सर्व-महिला एयरक्रू ने इतिहास रचा

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  नेवल एयर एन्क्लेव, पोरबंदर में स्थित भारतीय नौसेना के आईएनएएस 314 की पांच अधिकारियों ने 3 अगस्त, 2022 को डोर्नियर 228 विमान पर सवार होकर उत्तरी अरब सागर में पहला सर्व-महिला स्वतंत्र समुद्री टोही और निगरानी मिशन पूरा कर इतिहास रच दिया। विमान की कप्तानी मिशन कमांडर, लेफ्टिनेंट कमांडर आंचल शर्मा ने की। उनकी टीम में पायलट, लेफ्टिनेंट शिवांगी और लेफ्टिनेंट अपूर्वा गीते और सामरिक तथा सेंसर अधिकारी, लेफ्टिनेंट पूजा पांडा और एसएलटी पूजा शेखावत थीं। आईएनएएस 314 पोरबंदर, गुजरात में स्थित एक फ्रंटलाइन नेवल एयर स्क्वाड्रन है और यह अत्याधुनिक डोर्नियर 228 समुद्री टोही विमान संचालित करता है। स्क्वाड्रन की कमान एक योग्य नेविगेशन प्रशिक्षक कमांडर एस के गोयल संभाल रहे हैं।

इस ऐतिहासिक उड़ान से पहले महिला अधिकारियों को महीनों का जमीनी प्रशिक्षण और व्यापक मिशन ब्रीफिंग दी गई। सशस्त्र बलों में परिवर्तन लाने में भारतीय नौसेना सबसे आगे रही है। यह प्रभावी और अग्रणी महिला सशक्तिकरण पहल है, जिसके तहत महिला पायलटों को शामिल करना, हेलीकॉप्टर स्ट्रीम में महिला वायु संचालन अधिकारियों का चयन करना शामिल है और इसने 2018 में दुनिया भर में एक अखिल महिला नौकायन अभियान का संचालन किया।

हालांकि अपनी तरह का यह पहला सैन्य उड़ान मिशन अनूठा था और इससे विमानन क्षेत्र में महिला अधिकारियों को अधिक जिम्मेदारी और अधिक चुनौतीपूर्ण भूमिका दिए जाने का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है। यह शायद सशस्त्र बलों के लिए एक अनूठी उपलब्धि का प्रतीक है कि केवल महिला अधिकारियों के एक दल ने एक बहु-चालक समुद्री निगरानी विमान में एक स्वतंत्र परिचालन मिशन को अंजाम दिया।

इन अधिकारियों को सफलतापूर्वक यह मिशन पूरा करने और इसके परिणामस्वरूप भारत और दुनिया भर में लाखों महिलाओं को सभी बंधनों से मुक्त होकर अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देने के लिए बहुत-बहुत बधाई। यह वास्तव में एक ऐसा मिशन था, जिसने नारी शक्ति का प्रदर्शन किया।

 

और भी

चुनिंदा लोगों के हितों की रक्षा के लिए काम कर रही है सरकारः राहुल

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज लोगों के मुद्दे चाहे महंगाई, बेरोजगारी, समाज में हिंसा और कुछ भी हो उसे उठाने नहीं दिया जा रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि 4-5 लोगों के हितों की रक्षा के लिए सरकार एजेंडा चला रही है और उन्हीं के लिए काम कर रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हम लोकतंत्र की मौत देख रहे हैं। भारत ने लगभग एक सदी पहले से जो ईंट-पत्थर से बनाया है, वह आपकी आंखों के सामने नष्ट हो रहा है। जो कोई भी तानाशाही की शुरुआत के विचार के खिलाफ खड़ा होता है, उस पर शातिर हमला किया जाता है, जेल में डाला जाता है, गिरफ्तार किया जाता है और पीटा जाता है।

देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर आज कांग्रेस सड़कों पर है। कांग्रेस ने आज देशव्यापी प्रदर्शन बुलाया है। कांग्रेस कार्यकर्ता आज देश के कई हिस्सों में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन में कांग्रेस के तमाम सांसद भी हिस्सा लेंगे। कांग्रेस सांसद संसद भवन से विजय चौक तक मार्च निकालेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस पीएम आवास का घेराव भी करेगी।

कांग्रेस नेता अल्का लांबा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी राजभवन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरा देश महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहा है। कांग्रेस भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़कों पर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ईडी का गलत इस्तेमाल कर विपक्ष को दबाना चाहती है, लेकिन हम डरने वाले नहीं है।

 

और भी

महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करने काले कपड़ों में संसद पहुंचे कांग्रेसी सांसद

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है। इस बीच एआईसीसी मुख्यालय में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता जमा हो गए। राहुल गांधी ने प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार पर हमला बोला। वहीं राज्यसभा सांसद काला कुर्ता व पगड़ी पहनकर संसद पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ता राष्ट्रपति भवन व प्रधानमंत्री आवास तक प्रदर्शन करेंगे।


महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस सड़क पर प्रदर्शन कर रही है। वहीं संसद में विरोध जताने के लिए राहुल गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेता काले कपड़ों में संसद पहुंचे हैं। प्रियंका गांधी कांग्रेस मुख्यालय से बाहर निकल चुकी हैं। उनके साथ अन्य बड़े नेता भी हैं। प्रियंका गांधी ने कहा, मुद्रास्फीति सीमा से अधिक बढ़ गई है। इसके लिए सरकार को कुछ करना होगा। इसलिए हम लड़ रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी प्रदर्शन में शामिल हैं। वह भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं। कांग्रेस के कई सांसद राष्ट्रपति भवन की तरफ विरोध मार्च कर रहे हैं।

महंगाई सहित विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस समेत विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण शुक्रवार को लोकसभा की बैठक शुरू होने के करीब 25 मिनट बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा कि उनका यह व्यवहार उचित नहीं है।

 

 

और भी

कोरोना अपडेट : 24 घंटे में 20 हजार नए केस दर्ज

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना के मामलों में फिर बढोतरी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में कोरोना की स्थिति को लेकर अपडेट जारी किया है। मंत्रालय के मुताबिक, भारत में कोरोना वायरस के 19,893 नए मामले आए हैं।

बता दें देश में बीते तीन दिनों से कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। इससे पहले 2 अगस्त को 13,734 मामले सामने आए थे। इसके बाद 3 अगस्त को कुल 17,135 मामले दर्ज किए गए थे।

मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटे में संक्रमण से कुल 20,419 लोग रिकवर भी हुए हैं। देश में सक्रिय मामलों की संख्या अब 1 लाख 36 हजार 478 हो गई है। देश में कोरोना से अब तक 4 करोड़ 34 लाख 24 हजार 29 लोग ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा कुल 5 लाख 26 हजार 530 मरीजों की मौत हो चुकी है।

देश में अभी एक्टिव केस कुल मामलों का 0.31 फीसद है। रिकवरी रेट 98.50 फीसद है। वहीं, डेली पाजिटिविटी रेट 4.94 फीसद जबकि साप्ताहिक पाजिटिविटी दर 4.64 फीसद है।

कितना हुआ वैक्सीनेशन?
देश में तेजी से कोरोना टीकाकरण अभियान भी जारी है। हाल ही में भारत ने 200 करोड़ वैक्सीन लगाए जाने का कीर्तिमान बनाया था। फिलहाल भारत में कोरोना की 205 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन लगाई जा चुकी है। 102 करोड़ लोगों को पहली खुराक दी जा चुकी है। जबकि 93.39 करोड़ से ज्यादा दूसरी खुराक लगाई गई है। इसके अलावा साढ़े 9 करोड़ से ज्यादा लोगों को प्रीकाशन डोज भी दी जा चुकी है।

और भी

स्वतंत्रता दिवस से पहले आईबी ने दिल्ली पुलिस को किया अलर्ट, दी यह चेतावनी...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। इंटेलिजेंस ब्यूरो ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस से पहले लश्कर-ए-तैयबा (LeT), जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अन्य कट्टरपंथी समूहों द्वारा संभावित आतंकी हमले के लिए अलर्ट जारी किया है।


आइबी (IB) की 10 पन्नों की रिपोर्ट में कहा गया है कि लश्कर, जैश और अन्य कट्टरपंथी समूहों से खतरा है। रिपोर्ट में दिल्ली पुलिस को 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस से पहले लाल किले में सख्त प्रवेश नियम लागू करने का निर्देश दिया गया है। बता दें कि इस रिपोर्ट में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हमले और उदयपुर और अमरावती की घटनाओं का उल्लेख किया गया है।


आइबी ने दिल्ली पुलिस को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। दिल्ली पुलिस को 15 अगस्त को कार्यक्रम स्थल पर सख्त प्रवेश नियम लागू करने के लिए भी कहा गया है।


खुफिया एजेंसियों ने उदयपुर और अमरावती में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए पुलिस को उग्रवादी समूहों और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।


रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान आइएसआइ जैश और लश्कर के आतंकियों को लाजिस्टिक सपोर्ट देकर आतंकी हमलों को भड़का रहा है। जैश और लश्कर  को बड़े नेताओं और अहम जगहों को निशाना बनाने की हिदायत दी जा रही है। आइबी ने अपनी रिपोर्ट में दिल्ली पुलिस और अन्य राज्यों को स्वतंत्रता दिवस से पहले कट्टरपंथी समूहों पर नजर रखने का निर्देश दिया है। आईएसआई (ISI) द्वारा बनाए गए लश्कर-ए-खालसा में अफगान फाइटर को शामिल किया गया है। यह आतंकी संगठन जम्मू-कश्मीर में बड़े आतंकी हमले को अंजाम दे सकता है।


रिपोर्ट में कहा गया है कि आतंकवादी संगठन लश्कर और जेइएम हमले के लिए यूएवी (मानव रहित हवाई वाहन) और पैराग्लाइडर का इस्तेमाल कर सकते हैं, इसलिए बीएसएफ को अलर्ट रहने को कहा गया है।


आइबी की रिपोर्ट में दिल्ली के उन इलाकों पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं जहां रोहिंग्या, अफगानिस्तान राष्ट्रीय सूडान के लोग रह रहे हैं। इसके साथ ही आइबी ने पुलिस को टिफिन बम, चिपचिपे बम (sticky bomb) और वीवीआइइडी (VVIED) के खतरे से निपटने के लिए अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।

और भी

भारत के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे यूयू ललित

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमणा ने अगले मुख्य न्यायाधीश के लिए जस्टिस उदय उमेश ललित के नाम की सिफारिश की है। मुख्य न्यायाधीश रमणा ने सिफारिशी पत्र कानून और न्याय मंत्री को सौंप दिया है। अगर जस्टिस यूयू ललित के नाम की सिफारिश मान ली जाती है तो वे देश के 49वें मुख्य न्यायाधीश बन जाएंगे। बता दें कि जस्टिस एनवी रमना इस महीने ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीशों के क्रम में जस्टिस रमण के बाद जस्टिस ललित का ही नाम आता है। इसलिए उन्हें ही उत्तराधिकारी चुना गया है। जस्टिस ललित देश के 49 वें प्रधान न्यायाधीश होंगे। सीजेआई रमण इसी माह 26 तारीख को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। हालांकि, उनका कार्यकाल भी तीन माह का ही रहेगा। जस्टिस यूयू ललित नवंबर में रिटायर होने वाले हैं।

न्यायमूर्ति रमण ने 24 अप्रैल 2021 को देश के 48वें प्रधान न्यायाधीश के रूप में अपना पदभार संभाला था। उन्होंने अपने पूर्ववर्ती न्यायमूर्ति एस. ए. बोबड़े की जगह ली थी। सीजेआई 26 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।न्यायमूर्ति ललित के अगला सीजेआई नियुक्त होने पर उनका कार्यकाल तीन महीने से भी कम का होगा, क्योंकि वह इस साल आठ नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे।

और भी

हम नरेंद्र मोदी से नहीं डरते, कर लें जो करना है : राहुल गांधी

 
नेशनल हेराल्ड का दफ्तर सील होने के बाद हमलावर हुई कांग्रेस

 

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नेशनल हेराल्ड का दफ्तर सील होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा के जांच से भागने के आरोप पर राहुल गांधी ने कहा, "सुनिए बात, हम नरेंद्र मोदी से नहीं डरते। समझ गए बात। कर लें जो करना है। कुछ फर्क नहीं पड़ेगा। समझ गए बात कर लें जो करना है। जो हमारा काम है, देश की रक्षा करना, लोकतंत्र की रक्षा करना, देश का सौहार्द बनाए रखना। वो मेरा काम है और मैं वो करता रहूंगा। ये कुछ भी कर लें, कर लें कोई फर्क नहीं पड़ता है।"

दरअसल, ईडी ने बुधवार को दिल्ली में हेराल्ड हाउस की इमारत में यंग इंडियन के कार्यालय को सील कर दिया था। इसके पीछे वजह बताई गई थी कि तलाशी के दौरान कार्यालय में कोई भी उपलब्ध नहीं था, इसलिए वे तलाशी पूरी नहीं कर पाए। आदेश में कहा गया है कि एजेंसी से बिना पूर्व अनुमति के परिसर नहीं खोला जाएगा। इसके बाद से कांग्रेस इस कार्रवाई पर भड़की हुई है।

न रण होगा और न रन होगा
यंग इंडिया लिमिटेड के दफ्तर को सील किए जाने के बाद से कांग्रेस, भाजपा सरकार पर हमलावर है। ईडी की इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस की ओर से एक ट्वीट में कहा गया था कि याचना नहीं अब रण होगा। इस पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, कांग्रेस के नेता कह रहे हैं कि याचना नहीं रण होगा। पहले कहते थे कि सत्याग्रह होगा और अब रण की बात कर रहे हैं। आखिर ये लोग क्या चाहते हैं। पात्रा ने कहा कि भ्रष्टाचारियों से न रण होगा और न रन होगा। अंग्रेजी में रन का अर्थ भागना होता है और हम इस मसले पर कांग्रेस को भागने नहीं देंगे।

और भी

फिर टली शिवसेना पर अधिकार को लेकर सुनवाई

 
संविधान पीठ को भेजा जा सकता है मामला 

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महाराष्ट्र के साथ दिल्ली में सियासी उठापटक अभी भी जारी है। विधायकों की आयोग्यता व शिवसेना पर अधिकार को लेकर गुरुवार को भी सुप्रीम कोर्ट में कोई फैसला नहीं हो सका। अब इस मामले पर सोमवार को सुनवाई होगी। न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी और न्यायमूर्ति हिमा कोहली की पीठ ने कहा, हम संविधान पीठ में मसला भेजने पर विचार करेंगे। इस पर सोमवार तक निर्णय लिया जाएगा।


इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग पर भी शिवसेना को लेकर कोई भी फैसला लेने पर रोक लगा दी है। अदालत ने कहा है कि वह फिलहाल शिंदे गुट की ओर से दायर अर्जी पर कोई फैसला न ले।

बुधवार को हुई थी तीखी बहस
इससे पहले बुधवार को भी इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई थी। इस दौरान दोनों गुटों में तीखी बहस हुई थी। उद्धव कैंप के वकील कपिल सिब्बल ने दलील देते हुए कहा कि अगर दो  तिहाई विधायक अलग होना चाहते हैं तो उन्हें किसी से विलय करना होगा या नई पार्टी बनानी होगी। वह नहीं कह सकते कि वह मूल पार्टी हैं।

शिंदे गुट ने शिवसेना पर किया था दावा
दरअसल, सरकार बनाने के बाद एकनाथ शिंदे ने शिवसेना पर अपना दावा किया था। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि उनके गुट को असली शिवसेना के रूप में मान्यता दी जाए और पार्टी का चुनाव चिह्न तीर व धनुष आवंटित किया जाए। इसके खिलाफ उद्धव गुट ने सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की थी।

और भी