छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

मानसून सत्र का तीसरा दिन 20 को, विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में होगी चर्चा

 रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन गुरुवार आज विपक्ष के अविश्‍वास प्रस्‍ताव पर चर्चा होगी। विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत ने विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 20 जुलाई को शासकीय कार्य खत्म होने के बाद शाम 5:30 बजे तक और 21 जुलाई को शासकीय कार्य खत्म होने के बाद शाम 5:30 बजे तक समय निर्धारित की है।

उन्होंने बताया कि सदन को मंत्रिमंडल के प्रति दो अविश्वास प्रस्ताव की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें पहली सूचना नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल व अन्य सदस्यों की है। दूसरी सूचना सदस्य धर्मजीत सिंह व प्रमोद कुमार शर्मा से प्राप्त हुई है। पहली सूचना में दशांश सदस्य खड़े होने की स्थित में दूसरी सूचना नहीं ली जाएगी।

अनुदान मांग पर चर्चा के दौरान तीखी नोकझोंक
दूसरे दिन बुधवार को सदन में छह हजार 31 करोड़ पचहत्तर लाख दो हजार नौ सौ सत्तहत्तर रुपये का अनुपूरक बजट पास हुआ। इसके पहले अनुदान मांग की चर्चा को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। अनुमान अनुदान की मांगों पर चर्चा शुरू होने के पहले विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने प्रश्न उठाया कि जिस दिन विनियोग विधेयक प्रस्तुत होता है उस दिन उस चर्चा नहीं होती है।


अजय चंद्राकर ने कहा कि यह एक मात्र विधेयक है जिससे सरकार गिर सकती है। विपक्ष ने मांग की इस पर चर्चा के लिए पर्याप्त समय होना चाहिए इसलिए इसमें आज की बजाय कल चर्चा करवा लें। यहां पर चर्चा के लिए तीन घंटे ही दिया गया है। इस पर आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि अध्यक्ष महोदय ये लोग विधानसभा की व्यवस्था को नहीं मानते हैं। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि हमें अभी तक अनुपूरक की कापी वितरित नहीं हुई है। बाद में आसंदी ने कहा कि पहले भी एक ही दिन चर्चा होने के उदाहरण है।

ईडी पर चंद्राकर और लखमा ने एक-दूसरे को घेरा
विधायक अजय चंद्राकर ने अनुदान मांगों पर चर्चा करते हुए यह कहकर सरकार को घेरा कि दो हजार करोड़ की गड़बड़ी को मैनेज कर रहे हैं। हिम्मत है तो ईडी का क्या फैसला है कापी लेकर भेजो। आपको स्टे मिल गया तो आपने डिस्टलर को नोटिस दी है। 30 अधिकारियों की नोटिस दी उसे वापस लो। चंद्राकर ने गोबर, गोठान, छत्तीसगढ़ी ओलंपिक, नशाबंदी, बेरोजगारी भत्ता आदि को लेकर सरकार को घेरा।

हर विभाग में भ्रष्टाचार: प्रमोद शर्मा
बलौदाबाजार के छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के विधायक प्रमोद कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के हर विभाग में भ्रष्टाचार है। उन्होंने बिजली विभाग में पांच हजार करोड़ के मीटर लगाने के नाम पर निविदा में गड़बड़ी और कमीशनखोरी का आरोप लगाया। इस पर ऊर्जा मंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया कि जिस निविदा की बात कर रहे हैं उसे निरस्त किया जा चुका है। अनुदान मांग की चर्चा में अन्य सदस्यों में विधायक बृहस्पति सिंह, सौरभ सिंह, राजमन वेंजाम, डा. कृष्णमूर्ति बांधी, अरुण बोरा और संगीता सिन्हा ने भाग लिया।

प्रमुख योजनाओं के लिए इतना मिला बजट
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना 218 करोड़
मुख्यमंत्री सुगम सड़क योजना 100 करोड़
मुख्यमंत्री आवास योजना(ग्रामीण) 100 करोड़
राजीव युवा मितान क्लब 20 करोड़
रूरल इंड्रस्ट्रियल पार्क 156 करोड़ 40 लाख
रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड 130 करोड़
शिक्षित बेरोजगारों को भत्ता 50 करोड़
आंगनबाड़ियों का सुधार 71 करोड़ 23 लाख
आश्रम और शालाएं 12 करोड़
एकीकृत बाल विकास योजना 60 लाख
अधिनस्थ तथा विशेषज्ञ कर्मचारी वृंद 08 करोड़

और भी

निर्धारित समय में राशनकार्ड बनने पर ओमप्रकाश ने जतायी खुशी

धमतरी: प्रदेशवासियों को घर बैठे निर्धारित समय सीमा में सरकारी सुविधाएं वो भी पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे इस उद्देश्य से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में मुख्यमंत्री मितान योजना की शुरूआत की। इस योजना की खासीयत यह है कि इसकी समय सीमा निर्धारित है। राज्य में प्रत्येक शासकीय कार्य सुनियोजित तरीके हों और  नागरिकों को बिना किसी परेशानी के सभी शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके, इसी उद्देश की पूर्ति हेतु शासकीय सेवाओं को मितान के माध्यम से प्रदेशवासियों के घर तक पहुंचाया जा रहा है, जिसका लाभ प्रदेश के महिला, युवा व बुजुर्ग वर्ग को मिल रहा है।

किसी सामान्य व्यक्ति को अगर कहा जाये कि सरकारी दफ्तरों से कोई दस्तावेज निकालवाओं या कोई दस्तावेज तैयार कराओं तो उसे पहले ही चक्कर आने लग जायेगा। क्योंकि सरकारी दफ्तर बेवजह ही बदनाम है कि काम नहीं होता है। अगर सही दस्तावेजों के साथ प्रक्रिया पूरी करते हुए कार्य कराया जाये तो, कोई भी काम समय पर पूरा हो सकता है। जैसा कि धमतरी जिले के ओमप्रकाश निषाद ने किया। ओमप्रकाश अपने माता-पिता के साथ संयुक्त रूप से परिवार में रहता था, लेकिन शादी के बाद जब परिवार बढ़ने और सरकारी काम के लिए दस्तावेज की आवश्यकता महसूस होने लगी। तब उसने अपना अलग राशन कार्ड बनाने की सोची। ओमप्रकाश को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गयी मुख्यमंत्री मितान योजना की जानकारी मिली। उसने इस योजना का लाभ लेने के लिए टोल फ्री नंबर 14545 पर कॉल किया, जिसके बाद शासन द्वारा नियुक्त मितान ने मोबाईल पर बात कर घर आने की तिथि एवं समय के बारे में अवगत कराया। निर्धारित तिथि को समय पर पहुंचकर मितान ने आवश्यक दस्तावेज मांगे और लेकर चला गया। ओम प्रकाश ने बताया कि कुछ ही दिनों में उसका नया राशन कार्ड लेकर मितान उसके घर आ गया। ओम प्रकाश ने कहा कि बिना मेहनत करें मेरा राशनकार्ड बन गया विश्वास नही ंहो रहा है। ऐसी जनआकांक्षानुरूप योजना संचालित करने के लिए ओमप्रकाश मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार प्रकट कर रहे है।।

 सरकारी विभाग के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं

इस सेवा से लोगों को श्रम, समय और धन की बचत हो रही है. साथ ही प्रमाण पत्रों को प्राप्त करने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से भी निजात मिल रही है. वास्तव में छत्तीसगढ़ में मितान योजना से नागरिक सुविधाओं का विस्तार हुआ है और मितान की सेवाओं से नागरिकों को घर बैठे ही शासकीय सेवायें की सुविधा मिल रही है।

आवेदन कैसे करें-

मुख्यमंत्री मितान योजना के माध्यम से नागरिकों के घर पर दस्तावेज/प्रमाण पत्र /लाइसेंस बनवाने संबंधी सभी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह योजना प्रदेश के सभी नगर निगमों एवं नगर पालिकाओं में संचालित है। मितान एजेंट द्वारा नागरिको के निवास स्थान में पहुंच कर सेवा का ऑनलाइन पंजीयन एवं दस्तावेज संकलन का कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री मितान योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आपको सबसे पहले 14545 पर कॉल करने की आवश्यकता होगी। उसके बाद आपको जिस भी सरकारी सेवा की जरूरत है उसके बारे में उस फोन कॉल पर बताना होगा। और फिर उसके बाद वह आपसे आपकी एड्रेस और नाम नंबर इत्यादि मांगेंगे उसको दे देना है और उसके बाद जैसे ही आप अपने बारे में सभी निजी जानकारी बता देंगे तो आपके घर पर उस सरकारी सेवा से जुड़े आदमी आएगा, और आपको उस सरकारी सेवा का सेवा प्रदान करेगा।

और भी

स्कूल बस ने स्कूटी सवार महिला-पुरुष को मारी ठोकर, घसीटा

बस चालक गिरफ्तार

रायपुर: छ्त्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार एक स्कूल बस ने स्कूटी सवार महिला-पुरुष को अपने चपेट में लिया। ये पूरा मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है।

इस हादसे में महिला-पुरुष को गंभीर चोट आई है। जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायल महिला दुर्पत धुर्व और विपुल केशरवानी को उपचार के लिए पुलिस एम्स ले गई है।

वहीं हादसे में स्कूटी वाहन बस के पहिए के नीचे आ गई और 20-25 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। तात्या पारा चौक से आजाद चौक थाने तक बस चालक स्कूटी वाहन को घसीटते हुए ले गया। ये स्कूल बस रेयान इंटरनेशनल स्कूल की बस है।

बताया जा रहा कि इस हादसे के समय स्कूल बस में कोई भी बच्चा नहीं था। स्कूल बस खाली थी। और बस को रॉन्ग साइड में थाने के सामने खड़ी कर रखी थी। आरोपित बस चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

 

 

और भी

कोण्डागांव सड़क दुर्घटना में तीन की मौत, सीएम बघेल ने की सहायता राशि की घोषणा

 रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोण्डागांव के ग्राम सोड़मा, तहसील माकड़ी में हुए सड़क दुर्घटना में 3 लोगों की मृत्यु पर गहरा दुःख प्रकट किया है।


मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। इस दुर्घटना में अनिता नाग, रामेश्वर नाग और सोनमती नाग की मृत्यु हो गई है।

 

 

और भी

छत्तीसगढ़ को मिला भूमि सम्मान

रायपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों मंगलवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को भूमि सम्मान से नवाजा गया।

उसके साथ ही प्रदेश के दो जिलों सरगुजा और बेमेतरा को भी भूमि प्रबंधन और प्रशासन के लिए भूमि सम्मान प्लेटिनम सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश को भूमि प्रबंधन के लिए सम्मान मिलना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने प्रदेश के राजस्व विभाग और सरगुजा तथा बेमेतरा जिला प्रशासन को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया लैण्ड रिकार्ड मॉडर्नाईजेशन प्रोग्राम (डीआईएलआरएमपी) अंतर्गत प्रदेश में बेहतर काम हुए है, जिससे आम लोगों को भूमि संबंधी जानकारियां मिलना आसान हुआ है।

गौरतलब है कि डिजिटल इंडिया लैण्ड रिकार्ड मॉर्डनाईजेशन प्रोग्राम (डीआईएलआरएमपी) अंतर्गत प्रदेश में भूमि प्रबंधन से जुड़े 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं।

इसी तरह भूमि प्रबंधन से जुड़े चार घटकों, लैण्ड रिकार्ड का डिजिटाइजेशन, पंजीयन कार्यालय से समन्वय, मॉडल रिकार्ड रूम की स्थापना में प्रदेश के सरगुजा और बेमेतरा जिले में शतप्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं। ये जिले भूमि प्रबंधन में देश के शीर्ष जिलों में शामिल हैं।

नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राज्य स्तर में नीलम नामदेव एक्का सचिव राजस्व विभाग, किरण कौशल महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक, रमेश शर्मा संचालक भू-अभिलेख ने राष्ट्रपति मुर्मू के हाथों लैंड गवर्नेंस और प्रशासन में छत्तीसगढ़ को मिला भूमि सम्मान ग्रहण किया।

इसी प्रकार बेमेतरा कलेक्टर पीएस एल्मा और सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार ने राष्ट्रपति के हाथों भूमि सम्मान ग्रहण किया।

और भी

छत्तीसगढ़ में आईटी की रेड, सत्या पॉवर के ठिकानों पर दी दबिश

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयकर विभाग ने इस्पात कारोबारी के ठिकानों पर दबिश दी है।बताया जा रहा है कि मंगलवार की तड़के 20 से अधिक गाड़ियों में सवार होकर पहुंची टीम फैक्ट्री, ऑफिस सहित अन्य जगहों पर जांच कर रही है। उनके खिलाफ इनकम टैक्स चोरी करने के आरोप पर कार्रवाई चल रही है।

सत्या पावर के डॉयरेक्टर रामअवतार और पवन अग्रवाल हैं, जो श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित हंसा विहार कॉलोनी में रहते हैं। सत्या पॉवर कम्पनी के साथ ही सड़क निर्माण कोल बेनिफिकेशन और स्टील कारोबारी अग्रवाल के घर और उनके रतनपुर स्थित फैक्ट्री में भी दस्तावेजों की जांच जारी है।

अग्रवाल के घर दो साल पहले भी आयकर विभाग की टीम ने उनके यहां छापेमारी की थी। बिलासपुर के ही जगमल चौक निवासी सुशील झांझरिया के यहां भी इनकम टैक्स की टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है। सुशील रेलवे के कांट्रैक्टर बताए जा रहे हैं।

20 से अधिक गाड़ियों में पहुंचे अफसर
आयकर विभाग की टीम में 15 से 20 सदस्य शामिल हैं, जो 20 से अधिक गाड़ियों में पहुंचे हैं। कारोबारी के बंगले के सामने सेंट्रल रिजर्व फोर्स के जवान तैनात है, जो किसी को भी घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। टीम के सदस्य एक साथ घर, कार्यालय और फैक्ट्री में पहुंचे हैं और दस्तावेज खंगाल रहे हैं।

और भी

सीएम बघेल ने किया छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का शुभारंभ

रायपुर: मुख्यमंत्री बघेल ने सोमवार को रायपुर के ग्राम पंचायत नवागांव में हरेली पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने गेड़ी दौड़ को हरी झंडी दिखाकर छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की शुरूआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को खेल सामग्री का भी वितरण किया।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के आयोजन का ये दूसरा वर्ष है और इसकी लोकप्रियता को देखते हुए पहली बार रस्सी कूद और कुश्ती जैसे खेल भी शामिल किए गए हैं। इस बार छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में 16 पारंपरिक मुकाबलों के साथ 6 चरणों में संपन्न होगी।

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में तीन अलग-अलग आयु वर्ग में 30 लाख से ज्यादा महिला एवं पुरूष प्रतिभागी हिस्सा लेंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

और भी

गेड़ी पर चढ़कर सरपट चले सीएम बघेल

 रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हरेली तिहार पर अत्याधुनिक तकनीक से मुख्यमंत्री निवास में जन्मी बछिया और साहीवाल प्रजाति की। बघेल ने गौमाता की पूजा-अर्चना की और उन्हें घास खिलाया। बछिया का जन्म विगत 7 जून को हुआ है।

इस बीच, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गेड़ी पर चढ़कर सरपट चले। अपने हाथों में रखकर मुख्यमंत्री ने चलाया भौंरा। छत्तीसगढ़ी संस्कृति में रचे बसे उनके बचपन की झलक आज इस कुशलता में दिख रही है। हरेली तिहार के मौके पर परंपरागत खेलों का भी सुंदर आयोजन होता आया है।

और भी

हरेली के रंग में सराबोर हुआ सीएम आवास

 रायपुर: हरेली के रंग में सोमवार को मुख्यमंत्री निवास सराबोर हो गया है। छत्तीसगढ़िया संस्कृति की अनूठी झलक दिख रही है। लोग पारंपरिक वेशभूषा में उत्साह के साथ गेड़ी चढ़ रहे है।


थोड़ी देर में मुख्यमंत्री बघेल हरेली तिहार पर तुलसी पूजा कृषि यंत्रों की पूजा में शामिल होने के बाद भंवरा, बांटी, गिल्ली डंडा, मटकी फोड़ और गेड़ी नृत्य जैसे आयोजन में शामिल होंगे। वे इस मौके पर गौ पूजन कर हरेली के अवसर पर तैयार किए गए लोंदी खिलाएंगे।

मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोक कलाकारों द्वारा राउत नाचा, गेड़ी नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी तथा हरेली गीत भी गाए जाएंगे।

इस मौके पर पशुधन विकास और पारंपरिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री निवास पर ग्रामीण परिवेश के अनुरूप सजाया जा रहा है। यहां रहचुली भी लगाई जा रही है।

और भी

हरेली तिहार है हरियाली का और हरियाली ही तो श्रृंगार है हमारी छत्तीसगढ़ महतारी का

 हरेली के मौके पर हर घर कम से कम एक पौधा लगाने मुख्यमंत्री की अपील, प्रदेश के हर गांव में पौधरोपण के इच्छुक लोगों को वन विभाग से दिये जाएंगे पौधे


प्रदेश को हरा-भरा बनाने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने ग्रामीणों को पौधे उपलब्ध कराने दिये निर्देश

इच्छुक लोगों को निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे पौधे

पौधरोपण करें और हैशटैग # हरियर _हरेली के साथ करें सोशल मीडिया में अपलोड
 
 
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने हरेली तिहार के मौके पर प्रदेशवासियों से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की है। साथ ही पौधरोपण को लेकर जागरूकता बढ़ाने प्रदेश के नागरिकों से पौधरोपण करते हुए अपनी फोटो सोशल मीडिया में अपलोड करने का आग्रह भी किया है। मुख्यमंत्री ने अपने अपील में कहा है कि न केवल लोग हरीतिमा बढ़ाने अपने घरों में पौधे लगाएं अपितु लोगों को भी इसके लिए चैलेंज दें और उन्हें भी कहें कि पौधरोपण करते हुए अपनी फोटो सोशल मीडिया में अपलोड करें। इसके लिए प्रदेश में हरीतिमा का दायरा बढ़ाने प्रदेश के सभी गांवों में वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को अपने घरों में रोपने पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने दिये हैं। 
 
पीसीसीएफ श्री व्ही. श्रीनिवास राव ने बताया कि मुख्यमंत्री महोदय की मंशा है कि प्रदेश में हरीतिमा का दायरा बढ़े। पर्यावरण को सहेजने के लिए ग्रामीणों की सहभागिता भी लें। जो लोग पर्यावरण को सहेजने अपने घर में पौधा लगाना चाहते हैं। उन्हें वन विभाग की ओर से पौधा उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये हैं इसके अनुरूप ग्रामीण क्षेत्र में सभी इच्छुक ग्रामीणों को पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हरेली प्रदेश का प्रमुख त्योहार है। सभी लोग इसे उत्साह से मनाएंगे और पौधरोपण भी करेंगे। ऐसे में यदि पौधारोपण करने वाले लोग पौधा लगाते हुए अपनी फोटो भी सोशल मीडिया पर अपलोड करेंगे तो पौधरोपण के लिए सुंदर माहौल छत्तीसगढ़ में तैयार होगा। 
 
उल्लेखनीय है कि हरेली का मौका छत्तीसगढ़ में खास उत्सव का मौका होता है जब बारिश की वजह से चारों ओर हरीतिमा नजर आती है। इस मौके पर पौधरोपण किये जाने से इसके पनपने की संभावना भी अधिक होती है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वन विभाग द्वारा कार्रवाई तेजी से की जा रही है। सभी वनमंडलों में बीटगार्ड्स को पौधे उपलब्ध कराए गये हैं ताकि इन्हें गांव-गांव में पौधरोपण के इच्छुक ग्रामीणों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जा सके।
 
हैशटैग # हरियर _हरेली के साथ करें साझा -
 
 मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सभी प्रदेशवासियों से हरेली त्योहार पर पौधा लगाने की अपील की है। उन्होंने पौधे के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया के माध्यम से हैशटैग # हरियर _हरेली के साथ लिखकर साझा करने की अपील की है। सोशल मीडिया में पौधरोपण करने वाली तस्वीर के साथ यह संदेश भी जरूर लिखें। ‘‘हरेली तिहार है हरियाली का और हरियाली ही तो श्रृंगार है हमारी छत्तीसगढ़ महतारी का।’’ हरे भरे पेड़ सिर्फ आँखों को सुखद लगने वाली हरियाली भर नहीं है वे धरती के जेवर हैं। धरती को सजाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। आभूषणों से सजी धरती मां से मिला आशीष हम सबके जीवन को समृद्ध करेगा।
और भी

हरेली के अवसर पर होगी ’छत्तीसगढ़िया ओलंपिक’ की शुरूआत

धमतरी: छत्तीसगढ़ी संस्कृति एवं लोक खेलों का ग्रामीण क्षेत्रों में एक विशिष्ट स्थान है।

लोक संस्कृति की इन्हीं विधाओं में से पारंपरिक खेलों का आनंद हरेली त्यौहार से प्रारंभ होकर तीज त्यौहारों एवं अन्य पर्वों में देखने को मिलता है। पारंपरिक खेल लोक रंजन के मुख्य साधन है।

लोक रंजन की परिकल्पनाओं को साकार करने और पुरानी खेल परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल का आयोजन किया जा रहा है।
       
कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी के निर्देश पर जिले में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की शुरुआत  ग्राम भोयना से किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के नोडल अधिकारी और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोक्तिमा यादव ने बताया कि 17 जुलाई 2023 को हरेली त्यौहार के अवसर पर जिले के ग्राम पंचायत भोयना स्थित शासकीय हाईस्कूल परिसर में ’’छत्तीसगढ़िया ओलंपिक’’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक धारसीवा अनिता शर्मा विधायक धरसींवा होंगी। शासन के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़िया ओलंपिक कार्यक्रम में पिट्ठुल, कबड्डी, रस्सा कस्सी, बांटी, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भौंरा एवं रस्सी कूद ग्रामीणों का मुख्य आकर्षण रहेगा।

यह कार्यक्रम मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल गतिविधियों को ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने, प्रतिभागियों को मंच प्रदान करने, उनमें खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और खेल भावना का विकास करने हेतु किया जा रहा है।

यह आयोजन 17 जुलाई से 22 जुलाई 2023 तक राजीव युवा मितान क्लब स्तर, 26 जुलाई से 31 जुलाई 2023 तक जोन स्तर (08 क्लब को मिलाकर एक जोन होगा), 07 अगस्त से 21 अगस्त 2023 तक विकासखंड, नगरीय क्लस्टर स्तर, 25 अगस्त से 04 सितम्बर 2023 तक जिला स्तर पर होगा। इसमें महिला एवं पुरूष वर्ग के 18 वर्ष से 40 वर्ष आयु के प्रतिभागी शामिल होंगे।

यादव ने यह भी बताया कि लोकरंजन की परिकल्पनाओं को साकार करने और पुरानी खेल परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है।

और भी

छत्तीसगढ़ में बदलने वाला है मौसम, लगातार बारिश के आसार

 रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसूनी तंत्र पूरी तरह से सक्रिय हो गया है और इसके प्रभाव से मौसम का मिजाज बदलने वाला है।


मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से हल्की बारिश के साथ ही अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। वहीं रविवार से अगले तीन दिनों तक प्रदेश भर में अच्छी बारिश के आसार है। विभाग का कहना है कि प्रदेश में अब मानसूनी तंत्र मजबूत हो गया है। मानसूनी तंत्र पिछले दिनों थोड़ा कमजोर हो गया था, इसके चलते बारिश पर थोड़ा ब्रेक लग गया था, लेकिन अब अच्छी बारिश के आसार है।

आज भी बादल छाने व हल्की वर्षा के आसार
शुक्रवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। बीजापुर-भैरमगड़ में 4 सेमी, सुकमा-कटेकल्याण-कोटा में 2 सेमी वर्षा हुई। इसके साथ ही कुछ अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हुई।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब प्रदेश में अच्छी बारिश के आसार बने हुए है। रायपुर का अधिकतम व न्यूनतम तापमान दोनों ही सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। रायपुर का अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस वर्ष मानसून के विलंब के चलते एक जून से लेकर अब तक सामान्य से काफी कम वर्षा हुई है। कम वर्षा ने किसानों की चिंताएं भी बढ़ा दी है।

यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसूनी तंत्र के साथ ही एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश और उसके आसपास 5.8 किमी से 7.6 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से शनिवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। कुछ क्षेत्रों में बिजली भी गिर सकती है।

 

 

और भी

अभी सचेत नहीं हुए तो भावी पीढ़ी के लिए नहीं रहेगा स्वच्छ पेयजल

 वर्षा जल संचयन एवं बचत हेतु उचित जल प्रबंधन विषय पर कार्यशाला

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के गुढ़ियारी स्थित केंद्र प्रशिक्षण संस्थान में वर्षा जल संचयन एवं बचत हेतु उचित जल प्रबंधन विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जल के महत्व को बताते हुए इसके सदुपयोग और संरक्षण के बारे में विस्तार से बताया गया। समापन समारोह भिलाई स्टील प्लांट के पूर्व डीजीएम (नगर सेवाएं) डॉ. राजेन्द्र प्रसाद देवांगन एवं प्रभारी मुख्य  अभियंता (प्रशिक्षण अनुसंधान एवं विकास) एसआर साहू ने कहा कि जल संरक्षण आज की आवश्यकता है। यदि अभी से सचेत नहीं हुए तो भावी पीढ़ी को स्वच्छ पेयजल नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि पानी का संचयन विश्व की महत्वपूर्ण मुद्दा है एवं अगला विश्व यु्द्ध पानी के लिये होगा।

  इस कार्यशाला में पॉवर कंपनी के नव पदस्थ कनिष्ठ अभियंताओं को भविष्य में जल के कमी के कारणों एवं आवश्यक उपाय के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान करते हुये बताया कि यदि उचित उपाय नहीं किये गये तो ग्लोबल वार्मिग एवं प्रदूषण के कारण गंभीर जल संकट उत्पन्न हो सकता है। व्यक्ति से व्यक्ति, शहर से शहर, राज्य से राज्य एवं देश से देश के बीच विवाद एवं हिंसा उत्पन्न हो सकती है, जल संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य एवं दायित्व है। वर्षा जल संचयन के उपाय जैसे सतह पर टैंक निर्माण, भूमिगत टैंक निर्माण, रेन वाटर हारवेस्टिंग के लाभ एवं निर्माण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि हमारे देश में प्राचीनकाल से ये दोहा प्रचलित है, रहिमन पानी राखिये, बिना पानी सब सून, पानी गये न उबरे, मोती मानस चून। उन्होंने कहा कि जल प्रबंधन वह व्यवस्था है जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को सही समय सही मात्रा एवं सही गुणवत्ता का जल उपलब्ध हो सके। प्रत्येक व्यक्ति को जल बचत एवं वर्षा जल संचयन में अपना महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए। समापन समारोह का संचालन एवं आभार प्रदर्शन कार्यपालन अभियंता श्री पीबी बंजारे ने किया।
और भी

पद्म विभूषण तीजन बाई बीमार, सीएम बघेल ने लिया संज्ञान, पहुंची डॉक्टरों की टीम

रायपुर: सोशल मीडिया पर मशहूर पंडवानी कलाकार पद्मविभूषण श्रीमती तीजन बाई जी की तबियत खराब होने की खबर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तत्काल संज्ञान लिया।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर दुर्ग जिला प्रशासन द्वारा तत्काल डाक्टरों की टीम तीजन बाई  के ग्राम गनियारी स्थित निवास पर पहुंची और उनकी जांच की।

मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी जिला दुर्ग डॉ. जे पी मेश्राम ने बताया कि बीएमओ पाटन डॉ. आशीष शर्मा ने त्वरित कार्यवाही करते हुए चिकित्सा अधिकारी दल को निर्देशित किया।

इसके बाद डॉक्टर भुवनेश्वर कठोतिया एवं नर्सिंग स्टाफ गुलशन खलखो ने अतिशीघ्र उनके निवास गनियारी में पहुंचकर उनकी जांच की। डॉ कठोतिया ने स्वास्थ्य जांच करने के बाद एवं उनके सेक्टर 9 हॉस्पिटल से  पूर्व से चल रहे ईलाज,दवाओं आदि की जानकारी ली एवं उचित परामर्श दिया।

उनके परिवार जन द्वारा उन्हें वर्तमान में घर में ही स्वास्थ्य लाभ लेने निवेदन किया।

जानकारी के मुताबिक तीजन बाई जी का पूर्व से कोरोनरी आर्टरी डिसीज, हाइपरटेंशन,डायबिटीज ,स्ट्रोक विथ रेसीड्यूल परेसिस आदि का ईलाज चल रहा है। उनके सलाहकार चिकित्सक द्वारा सुझाई गई दवाईयां उनके द्वारा ली जा रही हैं।

और भी

भूपेश केबिनेट के कुछ मंत्रियों के विभाग में होगा फेरबदल...

 रायपुर: भूपेश केबिनेट में मरकाम के शामिल होने के बाद फेरबदल जारी है। बताया जा रहा है कि 3 मंत्रियों के विभागों में फेरबदल होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार बदलाव की सूची राजभवन पहुँच गई है। राज्यपाल की अनुमति मिलने के बाद विभागों के बँटवारे का ऐलान कर दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री निवास में कृषि मंत्री रवींद्र चौबे, मंत्री मो. अकबर, मंत्री ताम्रध्वज साहू, मंत्री कवासी लखमा मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया मौजूद हैं।

जानकारी के अनुसार डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम के पास जो विभाग थे, वे सभी मरकाम को नहीं मिलेंगे। अलबत्ता कुछ विभाग दूसरे मंत्रियों को सौंपकर उनके कुछ विभागों का बँटवारा किया जायेगा। प्रस्तावित फेरबदल से तीन मंत्री प्रभावित हो रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक कुछ मंत्रियों को नए विभागों का दायित्व सौंपा जा सकता है। जानकारी के मुताबिक इसमें उप-मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को स्वास्थ्य के साथ ऊर्जा का जिम्मा दिया जा सकता है। ताम्रध्वज साहू को कृषि विभाग मिल सकता है। वहीं मोहन मरकाम को आदिम जाति कल्याण विभाग मिलने की संभावना है। रविंद्र चौबे से कृषि विभाग लेकर शिक्षा विभाग की जवाबदारी दी जा सकती है। शाम तक नोटिफिकेशन जारी हो सकता है।

और भी

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : साढ़े चार साल में 25 हजार से अधिक बेटियों का विवाह

 गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह से माता-पिता के सपने हुए पूरे

रायपुर: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से कई गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह से उनके माता-पिता के सपने साकार होने लगे हैं। पिछले साढ़े चार साल में 25 हजार 302 बेटियों का विवाह राज्य सरकार के सहयोग से संपन्न हुआ है। योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 में 6 हजार 800 जोड़ों का विवाह महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कराया गया है।  

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रति जोड़ा सहायता राशि 25 हजार रूपए से बढ़ाकर 50 हजार रूपए कर दी गई है। योजना के तहत 21 हजार रूपये तक की आर्थिक सहायता सामग्री के रूप में, 21 हजार रूपये का बैंक ड्राफ्ट तथा सामूहिक विवाह आयोजन व्यवस्था पर अधिकतम 8 हजार रूपये तक व्यय का प्रावधान भी किया गया है। इसके लिए बजट में 38 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। इस वर्ष 01 अप्रैल से बढ़ी हुई राशि से विवाह संपन्न कराए जा रहे हैं। योजना के तहत बढ़ाई गई राशि से अब तक 555 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया है। इससे कई परिवारों का बेटियों का विवाह का सपना पूरा हो रहा है।

मुख्यमंत्री बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने योजना के तहत राशि में दो बार वृद्धि की है। बघेल ने मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद प्रस्तुत पहले बजट में ही बेटियों के विवाह को प्राथमिकता देते हुए वर्ष 2019 में विवाह अंतर्गत दी जाने वाली अनुदान राशि को 15 हजार रूपए से बढ़ाकर 25 हजार रूपए कर दिया था। अब यह राशि बढ़ाकर 50 हजार रूपए कर दी गई है। वर्ष 2019 की तुलना में निर्धारित बजट राशि भी 19 करोड़ रूपए से दोगुना बढ़ाकर 38 करोड़ रूपए कर दी गई है। इससे कई परिवारों में बेटियों के विवाह को लेकर चिंता दूर हुई है।

और भी

सीएम बघेल ने प्रदेश के पहले स्वामी आत्मानंद कॉलेज का लोकार्पण किया

बस्तर में सभी तरफ फैले शिक्षा का उजियारा : भूपेश बघेल

रायपुर: मुख्यमंत्री बघेल ने गुरुवार को कांकेर में प्रदेश के प्रथम स्वामी आत्मानंद अंगेज़ी माध्यम आदर्श महाविद्यालय का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अंग्रेजी माध्यम से जो बच्चे हायर सेकेण्डरी स्कूलों से पढ़कर निकलेंगे, वे स्वामी आत्मानंद अंगेज़ी माध्यम आदर्श महाविद्यालयों में आगे भी इसी माध्यम से पढ़ाई जारी रख सकेंगे। प्रदेश में अंग्रेजी माध्यम के 10 स्वामी आत्मानंद आदर्श महाविद्यालय खोले जा रहे हैं। इन्हीं में से पहले स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय का लोकार्पण आज कांकेर में हुआ।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि मुझे खुशी है कि आज प्रदेश के प्रथम स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय का शुभारंभ कांकेर में हो रहा है। हमारा प्रयास है कि बस्तर में शिक्षा का उजियारा सभी तरफ फैले। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर एनआईटी और सेंट्रल यूनिवर्सिटी बिलासपुर में चयनित कांकेर की छात्राएं गरीब परिवारों की हैं। बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें अवसर प्रदान करने की है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये कांकेर जिले में आयोजित इस कार्यक्रम में कांकेर जिले में स्कूली बच्चों के लिए संचालित ‘हमर लक्ष्य‘ कार्यक्रम अंतर्गत एनआईटी रायपुर में चयनित तीन छात्राओं तथा सेंट्रल यूनिवर्सिटी बिलासपुर में चयनित एक छात्रा से बातचीत की और उन्हें सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। गरीब परिवारों की इन छात्राओं को राज्य शासन द्वारा आगे की पढ़ाई के लिए सहायता राशि प्रदान की जा रही है। ‘हमर लक्ष्य‘ कार्यक्रम के तहत कांकेर जिले के 75 बच्चों ने जेईई में क्वालीफाई किया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांकेर जिले में बेरोजगारी भत्ता प्राप्त करने वाले हितग्राहियों जिन्हें नौकरी मिली है, उनके साथ तथा कांकेर के अंग्रेजी माध्यम महाविद्यालय के छात्रों से संवाद किया।

वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान कांकेर में संसदीय सचिव एवं विधायक कांकेर शिशुपाल सोरी, विधायक अंतागढ़ अनूप नाग, विधायक भानुप्रतापपुर श्रीमती सावित्री मंडावी, अध्यक्ष नगर पालिका श्रीमती सरोज ठाकुर, कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवार के विद्यार्थी को भी अंग्रेजी माध्यम में उत्कृष्ट शिक्षा दिलाने के लिए वर्ष 2020 में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय की शुरुआत की गई। यह योजना प्रदेश में काफी लोकप्रिय हुई। भेंट मुलाकात के दौरान प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्वामी आत्मानंद विद्यालयों की मांग की जाती थी, जिसके आधार पर अनेक स्कूलों की शुरूआत हुई। प्रदेश में आज स्वामी आत्मानन्द योजना के अंतर्गत अंग्रेजी माध्यम के 377 और हिंदी माध्यम के 350 स्कूल संचालित हो रहे हैं। बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत अब तक तीन किश्तों में 01 लाख 17 हजार हितग्राहियों को 80 करोड़ रूपए की राशि दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कू में पिछले साढ़े चार सालों में 26 हजार 989 शिक्षकों की भर्तियां निकाली गई हैं। पहले 14 हजार 500 शिक्षकों की भर्तियां निकाली गई थी, इनमें से 10 हजार 834 शिक्षकों को स्कूलों में नियुक्तियां दी जा चुकी है। हाल ही में 12 हजार 489 शिक्षकों की और भर्तियां निकाली है, जोकि प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग के सभी जिलों में शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में प्राथमिकता के साथ काम किया गया है। बस्तर संभाग के 314 बंद स्कूलों को पुनः खोला गया। बेरोजगार युवाओं को नियमित रूप से बेरोजगारी भत्ता दिया जा रहा है। राज्य सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों से बस्तर में विश्वास, विकास और सुरक्षा का वातावरण बना है। संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल योजना से बच्चे उत्साहित हैं। बस्तर अंचल के बच्चे भी स्मार्ट हों और उन्हें बड़े पदों पर सेवा का अवसर मिले। कलेक्टर कांकेर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने बताया कि बेरोजगारी भत्ता योजना के जिन हितग्राहियों को हैदराबाद में प्लेसमेंट मिला है, उन्हें 13 से 15 हजार रूपए प्रतिमाह आय होगी। इस योजना के जिले के 112 हितग्राहियों को अब तक नौकरी मिल चुकी है।

 

 

और भी

हरेली त्यौहार में सी-मार्ट से गेड़ी क्रय करें, वन विभाग ने की अपील

महासमुंद: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजकर रखने हेतु तमाम तरह की योजनाएँ व कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ का पारंपरिक त्यौहार हरेली को ध्यान में रखते हुए त्यौहार के पूर्व गेड़ी की व्यवस्था कर किफायती दर में आम लोगों तक पहुँचाने की योजना है। 

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप हरेली त्यौहार 2023 के लिये अलग-अलग साइज के गेड़ी विक्रय हेतु वन विभाग के माध्यम से महासमुंद शहर में स्थापित सी-मार्ट बरोण्डा चौक में किफ़ायती दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत ने बताया कि गेड़ी निर्माण का कार्य बंसोड़ों के द्वारा शासन से सस्ती दर पर बांस प्राप्त कर बनाये गये हैं। सामान्य जोड़ी गेड़ी की क़ीमत सिर्फ़ 60 रुपये है। अन्य आकर्षक गेड़ी की दर अलग-अलग है। 

वनमंडलाधिकारी ने आमजन और गेड़ी खेल प्रेमियों से अपील की है कि छत्तीसगढ़ राज्य के इस पारम्परिक त्यौहार को उत्साहपूर्वक मनाने एवं सस्ती दर पर सी-मार्ट के माध्यम से अधिक से अधिक गेड़ी ख़रीद कर बंसोड़ों व श्रमिकों के आर्थिक उन्नयन में सहयोग कर एक अच्छे नागरिक होने के साथ-साथ छत्तीसगढ़िया होने का परिचय दें।

और भी