छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

 सिविल लाइन क्षेत्र के पारिजात एक्सटेंशन में रहने वाले अमितेश मिश्रा (22) रुपये निकालने के लिए सत्यम चौक स्थित एटीएम बूथ गए थे। इसी दौरान वहां पर एक युवक आया। उसने अपने एटीएम का लिमिट खत्म होने की बात कहते हुए 15 सौ रुपये मांगे। साथ ही रुपये तत्काल ही नलाइन ट्रांसफर कर देने की बात कही। पहले तो अमितेश ने रुपये देने मना कर दिया।

बात नहीं बनने पर युवक ने पांच सौ रुपये अधिक ट्रांसफर करने की बात कही। पांच सौ रुपये ज्यादा मिलने के लालच में अमितेश ने एटीएम से रुपये निकालकर दे दिए। इधर अमितेश के खाते में रुपये नहीं आए थे। युवक ने सर्वर के कारण रुपये नहीं आने की बात कही।

साथ ही कुछ देर में रुपये खाते में आने का आश्वासन देकर चला गया। दो दिन बीतने के बाद भी खाते में रुपये नहीं आने पर उसने पूरे मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में की। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक युवक को हिरासत में ले लिया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है जालसाज ने इसी तरह से कई लोगों से धोखाधड़ी की है।

और भी

भिलाई इस्पात संयंत्र के दो सौ से अधिक अधिकारी और कर्मचारी हुए रिटायर

 भिलाई इस्पात संयंत्र की सेवा से जून माह 2024 में सेवानिवृत्त हो रहे कार्यपालकों एवं गैर-कार्यपालकों को 29 जून को भावभीनी विदाई दी गई। भिलाई इस्पात संयंत्र के कुल 213 कर्मचारी, जिनमें 18 कार्यपालक एवं खदान सहित विभिन्न विभागों में कार्यरत रहे 195 गैर- कार्यपालकों शामिल हैं, जो 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। अधिकारियों के लिए विदाई समारोह इस्पात भवन के निदेशक प्रभारी सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता के साथ कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन पवन कुमार द्वारा सेवानिवृत्त अधिकारियों को सेवानिवृत्ति आदेश और प्रमाण पत्र सौंपे गये।

इस अवसर पर निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने संयंत्र बिरादरी के सदस्यों को विदाई दी और उनके स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना की। श्री दासगुप्ता ने अपने-अपने क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए सेवानिवृत्त अधिकारियों की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान दी। सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों ने सेल में अपने सेवा अनुभव और सेवानिवृत्ति के बाद भविष्य की योजनाओं को भी साझा किया। सयंत्र के गैर-कार्यपालक कार्मिकों के लिए विदाई समारोह का आयोजन महात्मा गांधी कला मंदिर में किया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक मानव संसाधन संदीप माथुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. विनीता द्विवेदी और महाप्रबंधक मानव संसाधन-गैर संकार्य एवं खदान सूरज

कुमार सोनी द्वारा यूनियन प्रतिनिधियों के साथ सेवानिवृत्त कर्मियों कोसेवानिवृत्ति आदेश और सेवा प्रमाण पत्र प्रदान किये गये।

इस अवसर पर उपस्थित मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संदीप माथुर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संयंत्र बिरादरी के सदस्यों के योगदान को रेखांकित किया और सेवानिवृत्ति के बाद उनके स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना की। 

 

 

और भी

दो ट्रेलर और ट्रक में टक्कर, एक की मौत

 छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में राजपुर के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार में दो ट्रकों के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक के क्लीनर की मौत हो गई। वहीं, ट्रक के बेकाबू होने के बाद ड्राइवर कूद गया था। घटना के बाद कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे पर जाम भी लग गया। मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है। दरअसल, ट्रक क्रमांक सीजी 08 एजे 5481 का ड्राइवर उमेंद कुमार धृतलहरे बलौदाबाज़ार से ट्रक में क्लिंकर लोड कर औरंगाबाद जा रहा था। पिछली सीट पर क्लीनर मेघराम केंवट (38) निवासी कसडोल सो रहा था।

सुबह 7.45 बजे राजपुर पहुंचने से पहले गेऊर नदी मोड़ पर अंबिकापुर की ओर जा रही ट्रेलर क्रमांक बीआर 01 जीएन 6098 से भिड़ंत हो गई।  इस दौरान सामने से आ रही बेकाबू ट्रेलर को देखकर ट्रक का चालक कूद गया। इससे चालक की जान बच गई। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी तेज थी कि, ट्रक का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। केबिन में क्लीनर दब गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।

घटना की सूचना पर राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद ट्रक के केबिन में फंसे क्लीनर के शव को बाहर निकाला जा सका। हादसे के कारण नेशनल हाइवे पर जाम लग गया और दोनों ओर वाहनें खड़ी हो गई। पुलिस ने हादसे के शिकार वाहनों को किनारे कर मार्ग पर आवागमन दुरुस्त कराया। तेज रफ्तार ट्रेलर गलत दिशा में आ गई, जिसके कारण हादसा हुआ। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ धारा 304 ए का अपराध दर्ज किया है।

 

 

और भी

दिल्ली के बाद अब राजकोट एयरपोर्ट टर्मिनल के बाहर की छत ढही

  गुजरात के राजकोट एयरपोर्ट पर शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां भारी बारिश के चलते राजकोट एयरपोर्ट की छत का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट टर्मिनल के बाहर पैसेंजर पिकअप और ड्रॉप एरिया में कैनोपी (छतरी) गिर गई। जुलाई 2023 में इसका लोकार्पण हुआ था। गनीमत रही की हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था। वरना दिल्ली जैसा हादसा हो सकता था।


नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, छत पर भरे पानी को बाहर निकालने के लिए रखरखाव कार्य के दौरान यह ढह गई। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर कल हुआ था हादसा
गौरतलब है, एक दिन पहले ही दिल्ली में भी ऐसा ही हादसा हुआ था। टर्मिनल-1 की छत गिरने से एक कैब ड्राइवर की जान चली गई थी। हादसे में छह लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एयरपोर्ट की छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया था, जिसकी चपेट में आकर कई कारें दब गईं। हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय जब कारों पर लोहे के बीम गिरे तो अफरातफरी मच गई और लोग मदद के लिए चिल्लाते हुए नजर आए।

वहीं, गुरुवार को जबलपुर एयरपोर्ट का भी शेड गिर गया था। इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि जबलपुर में 450 करोड़ से नवनिर्मित डुमना एयरपोर्ट का शेड पहली ही बारिश में कार के ऊपर गिर गया, जिससे कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। तीन महीने पहले ही टर्मिनल का मोदी जी ने लोकार्पण किया था। उन्होंने लिखा था कि मोदी जी की गारंटी बस तीन महीने ही टिक पाई।

 

 

और भी

जिले में 2 दिनों में 42 मोतियाबिंद के मरीजों का हुआ सफल ऑपरेशन

  जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला जशपुर के निर्देशानुसार जिला चिकित्सालय जशपुर एवं सिविल अस्पताल पत्थलगांव मे मोतियाबिंद से पीड़ित व्यक्तियों का इलाज किया जा रहा है। 

मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन सुविधा का लाभ मिल रहा है। वही विकासखंड मनोरा,लोदाम, कुनकुरी, दुलदुला तथा सन्ना के मरीजों को जिला चिकित्सालय एवं विकासखंड कांसाबेल, फरसाबहार,बगीचा एवं पत्थलगांव के मरीजों को सिविल अस्पताल में दूरी एवं सुविधानुसार के अनुसार मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए भेजा जा रहा है। इसी तारतम में जिला चिकित्सालय जशपुर में दिनांक 28 एवं 29 जून को विकासखंड जशपुर/लोदाम - 14, दुलदुला - 12, कुनकुरी - 08, कांसाबेल - 03, बगीचा - 03 तथा मनोरा एवं फरसाबहार से 1 - 1  मोतियाबिंद मरीज का ऑपरेशन किया गया।  

मोतियाबिंद का ऑपरेशन स्वास्थ्य संस्थाओं मे निःशुल्क किया जाता है :

अंधत्व निवारण कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ.आर एस पैंकरा ने बताया की अंधत्व निवारण व दृष्टि अल्पता कार्यक्रम पूरे देश की तरह राज्य एवं जिले मे संचालित है जिसके तहत पूरे विश्व का 21ः दृष्टि दोष में  भारत की भागीदारी है जिसमे 63ः लोग मोतियाबिंद तथा बाकी अन्य नेत्र रोग के कारणों से पीड़ित है, उन्होंने बताया की जिले में मोतियाबिंद का ऑपरेशन स्वास्थ्य संस्थाओं मे निः शुल्क किया जाता और जिसमे परिवहन तथा खान - पान संबंधित व्यय का वहन निः शुल्क किया जाता है।

पीड़ित मरीजों को ऑपरेशन के लिए प्रेरित करें : 

जिला कलेक्टर ने जिले वासियों से अपील की  है कि जिले को अंधत्व मुक्त करने हेतु लोग स्वयं प्रेरित होकर आगे आएं एवं दूसरे पीड़ित मरीजों को भी ऑपरेशन के लिए प्रेरित करें। मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर व्ही.के. इंदवार ने बताया की मोतियाबिंद ऑपरेशन की प्रक्रिया निरंतर एवं निः शुल्क चलती रहेगी जिसमे पीड़ित व्यक्ति समय रहते अपना इलाज करा सकते हैं।उन्होंने बताया की यह ऑपरेशन की प्रक्रिया सिविल अस्पताल पत्थलगांव मे हफ्ते में 2 दिन तथा जिला चिकित्सालय जशपुर में हफ्ते में एक दिन हो रहा है एवं अब तक इस सत्र मे 420 मरीजों का सफल ऑपरेशन किया जा चुका है।

जिले में यह टीम दे रही अपनी सेवाएं इस शिविर में डॉक्टर बलवंत तथा डॉक्टर मधुरीमा जिला कोरिया से जिला चिकित्सालय जशपुर में तथा डॉक्टर संतोष एक्का तथा डॉक्टर रजत टोप्पो अपनी सेवाएं दे रहे है। उन्होंने मोतियाबिंद से पीड़ित व्यक्तियों को शिविर का लाभ लेने हेतु अपील की है। उक्त शिविर के सफल संचालन के लिए जिले से जिला नोडल अधिकारी डॉक्टर आर.एस. पैंकरा, जिला सलाहकार सत्येंद्र यादव, सचिवीय सहायक खुले प्रसाद यादव, समस्त नेत्र सहायक अधिकारी तथा विकासखंड स्तर से खंड चिकित्सा अधिकारी, विकास खंड नोडल अधिकारी तथा अन्य अधिकारी कर्मचारियों एवं मितानिनों का योगदान सराहनीय है।

 
और भी

एडीजी अरुणदेव गौतम और हिमांशु गुप्ता के प्रमोशन का रास्ता साफ...

  मंत्रालय में हुई डीपीसी (डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी) ने एडीजी अरुणदेव गौतम और हिमांशु गुप्ता के डीजी (डायरेक्टर जनरल) बनने का रास्ता साफ कर दिया है। डीपीसी ने इन दोनों आईपीएस अधिकारियों के प्रमोशन को मंजूरी दे दी है। अब फाइल गृह मंत्री के पास से होते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास पहुंच गई है। संकेत मिल रहे हैं कि मुख्यमंत्री का अनुमोदन होते ही अगले कुछ दिनों में इन दोनों अफसरों के प्रमोशन का आदेश जारी हो जाएगा। वहीं, पवनदेव का प्रमोशन फिलहाल रोक दिया गया है।


डीजी के चार पद
छत्तीसगढ़ में डीजी के कुल चार पद हैं, जिनमें से दो कैडर पद हैं और राज्य सरकार दो एक्स कैडर पोस्ट क्रिएट कर सकती है। वर्तमान में चार में से सिर्फ एक पद भरा हुआ है, जिस पर अशोक जुनेजा डीजी पुलिस हैं। बाकी तीन पद खाली हैं। राजेश मिश्रा के रिटायरमेंट के बाद से दो पद खाली हो गए थे। डीपीसी के बाद, तीन पदों के लिए मंत्रालय में प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू हुई।

सीनियरिटी और डीपीसी की प्रक्रिया
राजेश मिश्रा के रिटायरमेंट के बाद, 92 बैच के दो आईपीएस अधिकारी, पवनदेव और अरूणदेव गौतम, सीनियरिटी में सबसे आगे हैं। इनके बाद 94 बैच में हिमांशु गुप्ता सबसे ऊपर हैं। इसलिए, इन तीनों के लिए डीपीसी हुई। हालांकि, पवनदेव के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है, इसलिए डीपीसी में उनके नाम पर चर्चा हुई लेकिन प्रमोशन नहीं हो पाया। डीपीसी ने उनके नाम का लिफाफा बंद कर दिया, जिसका अर्थ है कि यदि उनके खिलाफ जांच समाप्त हो जाती है, तो उन्हें बिना डीपीसी के प्रमोशन मिल सकता है।

डीजीपी अशोक जुनेजा का रिटायरमेंट
डीजीपी अशोक जुनेजा अगस्त के पहले हफ्ते में रिटायर हो जाएंगे। उन्हें पूर्णकालिक डीजीपी बनाने का आदेश 5 अगस्त 2022 को निकला था, जिसका दो साल का कार्यकाल 4 अगस्त को पूरा हो जाएगा। उस समय दो डीजी होंगे - अरुण देव गौतम और हिमांशु गुप्ता। राज्य सरकार यदि सीनियरिटी के हिसाब से डीजीपी बनाती है तो अरुण गौतम का नाम फायनल हो सकता है। लेकिन यदि हिमांशु गुप्ता को डीजीपी बनाना तय होता है, तो उनके नाम का आदेश निकल जाएगा।

इस प्रमोशन प्रक्रिया के बाद, छत्तीसगढ़ पुलिस में शीर्ष पदों पर महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। सरकार की निर्णय प्रक्रिया और वरिष्ठता के आधार पर नए डीजीपी की नियुक्ति तय होगी, जिससे पुलिस प्रशासन की दिशा और कार्यप्रणाली में बदलाव आने की संभावना है।

 

 

और भी

करंट लगने से 3 मवेशियों की मौत

  जिले के नवागढ़ में करंट की चपेट में आने से 3 मवेशियों की मौत 3 हो गई। तेज हवाओं के कारण बिजली का तार गिर गया था। मवेशी तार की चपेट में आ गए। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने बिजली विभाग  पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बता दें कि मौसम विभाग ने रायपुर समेत 4 संभागों के लिए मध्यम से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, सरगुजा संभाग में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। रायपुर में सुबह से बादल छाए हुए हैं।

गुरुवार को जगदलपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा में झमाझम बारिश हुई है। दंतेवाड़ा में आकाशीय बिजली गिरने से 7 मवेशियों की मौत हो गई। वहीं, रायगढ़ में गुरुवार शाम को अचानक मौसम ने करवट ली और 4 दिन बाद फिर तेज बारिश हुई। इसके चलते गर्मी से राहत मिली है। रायपुर समेत कई जिलों में कल बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन मौसम शुष्क ही रहा।

और भी

भैरमगढ़ के भैरमबाबा मंदिर परिसर में हुआ वृक्षारोपण

  नगर पंचायत भैरमगढ़ के वार्ड क्रमांक 12 स्थित भैरमबाबा मंदिर परिसर में वृहद रूप वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें आंवला, नीबू, मुनगा, आम, काजू, कटहल आदि देशी पौधों का वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान सभी ने पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए यह शपथ ली गई कि हम सभी लोग एक-एक पौधा अपने घर और आस-पास के क्षेत्र में लगाएंगे और उस पौधे का नियमित देखभाल करेंगे। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी भैरमगढ़ श्री विकास सर्वे, सीएमओ, तहसीलदार, सीईओ, बीईओ सहित अन्य अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 

 

और भी

जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में करें पूर्ण : कलेक्टर

  कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में कार्यरत ठेकेदारों द्वारा कार्य समय पर पूर्ण नहीं करने पर अर्थदंड अधिरोपित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य केन्द्रों, पंचायत भवन, शासकीय स्कूलों सहित अन्य शासकीय भवनों में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें और इसके लिए स्थायी जल स्रोत बनाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन अंतर्गत घर तक नल के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति अनवरत होती रहे, इसके लिए प्रत्येक गांव से एक महिला एवं एक पुरूष को कौशल विकास उन्नयन के अंतर्गत इलेक्ट्रिशयन, प्लंबर एवं पंप आपरेटरों का प्रशिक्षण देने कहा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संरक्षण एवं भू-जल स्तर को बढ़ाने के लिए अधोसंरचना का निर्माण करें, ताकि पेयजल की समस्या नहीं हो। उन्होंने यह भी कहा कि जल संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश प्रत्येक ग्रामीण तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि इस दिशा में बेहतर कार्य हो सकें। कलेक्टर ने अधिकारियों को जल जीवन मिशन के कार्यों को गंभीरता से पूर्ण करने एवं गुणवत्ता पर विशेष रूप से ध्यान के निर्देश दिए।  इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी  समीर शर्मा, जिला जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास गुरूप्रीत कौर, उप संचालक कृषि नागेश्वर लाल पाण्डेय, जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

और भी

सामान्य सभा और सामान्य प्रशासन स्थाई समिती की बैठक संपन्न

 जिला पंचायत अध्यक्ष कांति सोनवानी की अध्यक्षता, उपाध्यक्ष नीशू चन्द्राकार  एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव की उपस्थिति में सामान्य प्रशासन स्थायी समिति एवं सामान्य सभा बैठक सम्पन्न हुआ। सामान्य प्रशासन स्थायी समिति की बैठक में एजेंडा अनुसार खनिज विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग के कार्यों की तथा सामान्य सभा की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, वन विभाग, शिक्षा विभाग, खनिज विभाग, स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा माननीय सदस्यों द्वारा की गई।

बैठक में उपाध्यक्ष नीशू चन्द्राकार ने जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत क्लस्टर खरेंगा एवं दोनर के ग्राम पंचायत में हितग्राहियों को सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत पात्र अपात्र की श्रेणी में  निराकरण करने कहा। शाला उत्सव कार्यक्रम में जन प्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं किये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की महती योजनांतर्गत कार्यक्रमों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को प्राथमिकता के साथ आमंत्रित करने कहा। शासकीय स्कूलों में आहता निर्माण होना निहायत जरूरी है, जिससे पढ़ने वाले बच्चे सुरक्षा महसूस करें।

वन सभापति कविता बाबर ने डाही एवं कसावाही स्कूल में शौचालय नहीं होने का ध्यान आकर्षित कराते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को कहा कि जिन स्कूलों में बालक बालिका शौचालय नहीं हैं स्वच्छता एवं सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल बनायी जावें। दिव्यांगों को लाभान्वित करने के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा अनुशंसा पत्र प्रेषित की जाती है ऐसे हितग्राहियों का परीक्षण उपरांत आवश्यक उपकरण तत्काल सुविधा मुहैया कराई जावें। इसी तरह ग्राम डांगीमाचा, खिड़कीटोला में आंतरिक विद्युतीकरण के तहत ग्रामीणों द्वारा विद्युत कार्य के लिए निरंतर मांग की जा रही है, संबंधित विभाग समस्या का समाधान करें।

कांति कंवर, सुमन साहू, कुसुमलता साहू, मीना बंजारे, कविता बाबर एवं अन्य सदस्यों ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत दी जाने वाली खाद्यान्न सामग्री का रख रखाव सही ढंग से करने तथा हितग्राहियों को साफ सुथरा खाद्य सामग्री दी  नवीन राशन कार्ड बनाने ग्राम पंचायत के माध्यम से जन समुदायों के लिए व्यापक प्रचार प्रचार करने कहा। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार विद्युत आपूर्ति बाधित होने से कठिनाइयों के दौर से गुजरना पड़ रहा है। नियमित रूप से विद्युत पूर्ति किये जाने जिला पंचायत अध्यक्ष कांति सोनवानी ने कहा। जिला पंचायत के सभी सदस्यों ने अवैध रूप से संचालित रेत खदानों को पूर्णतः बंद करने निर्देशित किया गया।

सदस्य खूबलाल ध्रुव ने खनिज विभाग के अधिकारी को कहा कि संबंधित रेत सप्लायरों से ली जाने वाली शुल्क में एकरूपता होनी चाहिए। उन्होंने ग्राम कोटाभर्री में सोलर स्ट्रक्चर को प्राथमिकता से बनाये जाने कहा गया। जिले के 370 ग्राम पंचायतों में 10 हजार 119 हेण्डपंप स्थापित है भूजल स्तर गिरने के कारण 534 हेण्डपंप बंद है के संबंध में जिला पंचायत अध्यक्ष कांति सोनवानी, उपाध्यक्ष नीशु चन्द्राकर, कविता बाबर, सुमन साहू, कुसुमलता साहू, कांति कंवर, गोविंदराम साहू, ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी को कहा  कि जल संकट की समस्या को देखते हुए पेय जल की उपलब्धता कराये जावें। पंचायतों में जल जीवन मिशन मद के अंतर्गत नल जल कनेक्शन हेतु गुणवत्तापूर्ण पाईप लाइन का विस्तार किये जावें। जिन पंचायतों में ए.डी.बी. के कारण पाईप लाइन विस्तार क्षति हुई है का तत्काल संबंधित विभाग द्वारा मरम्मत कराये जाने कहा। विभागीय अधिकारी को यह भी जानकारी दिया गया कि सभी ग्राम पंचायतों का भ्रमण करें एवं ग्रामीणों की पेयजल से संबंधित समस्या का त्वरित समाधान करें।

सदस्य मनोज साक्षी ने दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी से जूझ रहे स्कूलों में तत्काल शिक्षा व्यवस्था करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिये। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बोराई में कार्यालयीन स्टाफ की समुचित व्यवस्था करें। कांति कंवर ने सिंगपुर स्वास्थ्य केन्द्र में आहता निर्माण कराये जाने कहा। विधायक ओंकार साहू ने जल जगार मिशन के तहत सोक्ता गढ्ढा, वाटर हार्वेस्टिंग जैसे कार्य कराये जा रहे हैं को गुणवत्तापूर्ण कराये जाने निर्देशित किया गया। जिन पंचायतों में 10 साल से अधिक कार्य कर चुके पंचायत सचिवों को अन्यत्र स्थानांतरण किये जाने कहा गया।

सामान्य प्रशासन स्थायी समिति एवं सामान्य सभा की बैठक में विधायक ओंकार साहू, मनोज साक्षी, खूबलाल ध्रुव, गोविंद राम साहू, कविता बाबर, सुमन साहू, कांति कंवर, कुसुमलता साहू, दमयंतीन साहू, अनिता ध्रुव, मनीषा साहू अध्यक्ष जनपद पंचायत धमतरी, शारदा साहू अध्यक्ष जनपद पंचायत कुरूद,ज्योति ठाकुर, अध्यक्ष जनपद पंचायत मगरलोड, दिनेश्वरी नेताम अध्यक्ष जनपद पंचायत नगरी, विधायक प्रतिनिधि कुरूद एवं नगरी सहित विभागीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

 

 

और भी

जनसमस्या निवारण शिविर 12 जुलाई से

  आमजनों की मांग, समस्या और शिकायतों के निराकरण के लिए आगामी 12 जुलाई से जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर नम्रता गांधी ने संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया कि वे जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के 15 दिन पहले विकासखण्ड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन उसी स्थान पर करें, जहां जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित होना है तथा उक्त शिविर में प्राप्त आवेदनों का निराकरण करते हुए इसकी जानकारी जिला स्तरीय शिविर में दी जाए। कलेक्टर सुश्री गांधी ने यह भी निर्देशित किया है कि सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में उपस्थित रहेंगे, ताकि आमजनों की समस्या, शिकायत अथवा मांग का निराकरण तुरंत किया जा सके।

जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर 12 जुलाई को नगरी के लिखमा, 30 जुलाई को मगरलोड के करेली बड़ी, 8 अगस्त को धमतरी के रांवा(तरसींवा) और 28 अगस्त को कुरूद के नारी में आयोजित किया जाएगा। इसी तरह 12 सितम्बर को धमतरी के मोंगरागहन, 26 सितम्बर को नगरी के तुमड़ीबहार, 16 अक्टूबर को कुरूद के सिर्री, 30 अक्टूबर को मगरलोड के मेघा, 13 नवम्बर को नगरी के बेलरगांव, 30 नवम्बर को कुरूद के रामपुर, 12 दिसम्बर को धमतरी के कण्डेल और 28 दिसम्बर को मगरलोड के बोरसी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा।

 

 

और भी

जल जीवन मिशन से ग्राम भोथीपारकला के ग्रामीणों की पेयजल की समस्या हुई दूर

  राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत महाराजपुर के आश्रित ग्राम भोथीपारकला में हर घर में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो जाने से ग्रामीण खुश है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जनकल्याणकारी योजना जल जीवन मिशन अंतर्गत हर घर नल कनेक्शन से हैंडपंप के सामने लाईन नहीं लगाने से सबसे ज्यादा गांव की महिलाएं प्रसन्न है। 

कलेक्टर व अध्यक्ष जिला जल व स्वच्छता मिशन संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में ग्राम भोथीपारकला में जल जीवन मिशन के तहत 400 मीटर डिस्ट्रिक्यूशन पाइप लाईन बिछाकर गांव के लगभग 135 परिवारों को नल से पेयजल की सुविधा मिल रही है। सरपंच दुलारी बाई ठाकुर ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना से गांव के प्रत्येक घर में पानी मिल रहा है, जिससे पूरे गांव में उत्साह का महौल है। वार्ड क्रमांक 11 निवासी विदेशीराम यादव ने शासन के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए बताया कि पहले पानी के लिए दूर तक जाना पड़ता था। पानी के लिए लम्बी लाईन लगानी पड़ती थी। ग्रामीण पानी के लिए बोरिंग व कुआ पर निर्भर थे। लेकिन जल जीवन मिशन से उन्हें घर पर ही नल के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पानी मिल रहा है, जिससे उनके समय की बचत भी हो रही है। वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 निवासी धनाराम साहू एवं जामुन बाई ने कहा कि पानी की व्यवस्था में ग्रामीण महिलाओं को बहुत समय देना पड़ता था। इससे उनके साथ -साथ उनके पूरे परिवार वालों का भी बहुत समय का बर्बाद होता था, किन्तु जल जीवन मिशन से घर पर नल के माध्यम से पानी मिल रहा है। इससे ग्रामीण महिलाओं एवं उनके परिवार वालों के काम समय पर पूरे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन से पेयजल की समस्या हल होने पर केन्द्र सरकार एवं राज्य शासन को धन्यवाद ज्ञापित किया है।

 
और भी

सड़क हादसे में जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक की मौत

 सोमनी इलाके में टोल प्लाजा के पास सड़क हादसे में मोहारा के जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक की मौत हो गई।  सोमनी पुलिस ने बताया कि भिलाई निवासी कुलेश्वर सिंह (39 वर्ष) मोहारा के सहकारी बैंक  में शाखा प्रबंधक थे।

वह ड्यूटी के बाद वापस भिलाई लौट रहे थे। तभी टोल प्लाजा के पास उनके गंभीर रुप से घायल होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनकी इलाज के पहले ही मौत हो गई।

 

 

और भी

कलेक्टर ने ग्राम कलडबरी व मुड़पार का किया आकस्मिक निरीक्षण

 कलेक्टर संजय अग्रवाल ने घुमका तहसील अंतर्गत ग्राम कलडबरी व मुड़पार का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान पटवारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कलडबरी के पटवारी द्वारा अभिलेख उद्यतन नहीं रखने, नक्शा बटांकन नहीं किए जाने तथा मृत व्यक्त्यिों के नाम खाता में पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त की तथा पटवारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। 

कलेक्टर ने मुड़पार के पटवारी द्वारा नक्शा बटांकन नहीं किए जाने पर अभिलेख शुद्धिकरण तत्काल पूर्ण करने निर्देशि दिए। उन्होंने तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार घुमका को पटवारियों के कार्यों का नियमित निरीक्षण करने कहा तथा 15 दिवस में कार्य में प्रगति नहीं होने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अतुल विश्वकर्मा उपस्थित थे।

और भी

हेलमेट के उपयोग को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में दें बढ़ावा : कलेक्टर

 यातायात जागरूकता को लेकर गरियाबंद जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज जिला मुख्यालय गरियाबंद के रावनभाठा में हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

और भी

कलेक्टर ने संतोषी को राशन कार्ड, आधार कार्ड, युडीआईडी, बस-पास और व्हीलचेयर किया प्रदाय

गरियाबंद जिले के नगर पंचायत कोपरा निवासी कुमारी संतोषी साहू जो कि जन्म से ही अस्थि बाधित (बौनापन) 100 प्रतिशत दिव्यांग है। संतोषी साहू अपना आधार कार्ड बनाने के लिए आधार सेंटर जाती तो उनका शरीर एवं हाथ बौनापन से छोटे-छोटे होने के कारण उनका आधार कार्ड बनाने के लिए किये गये रजिस्ट्रेशन बार-बार रिजेक्ट हो जाता था। जिस कारण संतोषी का आधार कार्ड नहीं बन पा रहा था, जिसके कारण उन्हें पात्रता होने के उपरांत भी शासन के अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। 

इस पर उनके पालकों ने जिला कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर दीपक अग्रवाल को अपनी समस्या रखी, जिस पर कलेक्टर अग्रवाल ने संतोषी साहू की समस्या को तत्काल संज्ञान मे लेकर संबंधित विभाग के शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिये थे। जिस पर अधिकारियों ने उनकी समस्या को देखते हुए संतोषी के लिए आधार कार्ड के साथ-साथ मेडिकल प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, राशन कार्ड, निःशुल्क बस यात्रा पास तथा आने-जाने के लिए व्हीलचेयर प्रदाय किया गया। संतोषी अब शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा पायेगी, राशन दुकान से अब उन्हें राशन सामग्री मिलेगा, आने जाने के लिए व्हीलचेयर मिलने से उन्हें सुविधा होगीा तथा बस पर निःशुल्क यात्रा कर पायेगी। इस पर संतोषी साहू तथा उनके पालकों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के उप संचालक डी.पी. ठाकुर भी मौजूद थे।

 
और भी

क्यूआर कोड स्कैन कर अमृतकाल छत्तीसगढ़ विजन डाक्यूमेंट पर जनता दें सकती हैं अपनी सुझाव

 केंद्र सरकार द्वारा 15 अगस्त 2021 को किये गये आह्वान पर वर्ष 2047 में भारत की आजादी के 100 साल (अमृतकाल) पूर्ण होने तक विकसित राष्ट्र बनाना हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान को मूर्तरूप देने राज्य के वित्त व योजना मंत्री ओ. पी. चौधरी द्वारा 9 फरवरी 2024 को विधानसभा में 2024-25 के बजट सत्र के दौरान छत्तीसगढ़ को भी 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लिए रूपरेखा एक विजन डॉक्यूमेंट के रूप में तैयार कर, 1 नवम्बर राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर ‘‘अमृतकाल रू छत्तीसगढ़ विजन / 2047‘‘ विजन डाक्यूमेंट जनता को समर्पित किया जाएगा।

‘‘अमृतकाल रू छत्तीसगढ़ विजन /2047‘‘ डाक्यूमेंट को सर्वसमावेशी बनाये जाने के उद्देश्य से सर्व जनसामन्य से सूझाव आमंत्रित करने के लिए नीति आयोग द्वारा नागरिक पोर्टल  ‘‘मोर सपना मोर विकसीत छत्तीसगढ‘‘ प्रारूप तैयार किया गया है। लिंक पर जा कर या क्यूआर कोड स्कैन कर ‘‘अमृतकाल रू छत्तीसगढ़ विजन / 2047‘‘ पर 30 जुलाई 2024 तक जनसामान्य द्वारा अपने सुझाव प्रेषित किये जा सकते है।

 
और भी

मार्केटिंग में दोगुना मुनाफे का लालच देकर महिलाओं से 33 लाख की धोखाधड़ी

  पचपेड़ी में रहने वाली पीड़ित महिलाएं आरोपित के खिलाफ जुर्म दर्ज करने की मांग कर रही हैं। पचपेड़ी में रहने वाली निर्मला रात्रे और धुर्वाकारी में रहने वाली रमिता भारद्वाज ने अपने आवेदन में बताया कि धुर्वाकारी में रहने वाली राधिका भारद्वाज, नागेंद्र भारद्वाज और देंवेंद्र भारद्वाज ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने मार्केटिंग में पैसा लगाने से दोगुना मुनाफा की बात कही।

एक ही गांव के होने के कारण महिलाओं ने उनकी बातों पर भरोसा कर लिया। रमिता ने आरोपित को नकद और आनलाइन माध्यम से तीन लाख रुपये दिए, साथ ही निर्मला ने उन्हें 30 लाख रुपये दे दिए।

रुपये मिलने के कुछ दिन बाद राधिका और उनके साथियों ने निर्मला को पांच लाख 14 हजार रुपये मुनाफा होने की बात कहते हुए आनलाइन वापस कर दिए।

कुछ दिन बाद उन्हें मुनाफे की रकम मिलना बंद हो गई। पूछताछ करने पर राधिका और उसके साथी गोलमोल जवाब देने लगे। तब निर्मला ने गांव के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी।

तब पता चला कि राधिका और उसके साथियों ने गांव की सुनीता भारद्वाज, सुलोचनी महिलांगे, उर्मिला भारद्वाज, दीपादेवी भारद्वाज, राजेश कुमार, लक्ष्मीन बाई समेत अन्य लोगों से भी रुपये लिए हैं।
महिलाओं ने बताया कि आरोपित अब उन्हें धमकियां दे रहे हैं। आरोपित रुपये वापस करने से इन्कार कर रहे हैं। महिलाओं ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर आरोपित के खिलाफ जुर्म दर्ज कर रुपये वापस कराने की मांग की है। पीड़ितों ने बताया कि आरोपित अब लोगों को गुमराह करते हुए रुपये ब्याज पर लेने की बात कह रहे हैं, साथ ही अधिकारियों से संबंध होने की बात कहकर पीड़ितों को धमका रहे हैं।

और भी