छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री का बस्तर दौरा 25 से, गणतंत्र दिवस समारोह में होंगे शामिल

जगदलपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 और 26 जनवरी को अपने दो दिवसीय बस्तर प्रवास पर रहेंगे। जगदलपुर में गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए बस्तर पहुंच रहे मुख्यमंत्री साय अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान 25 जनवरी को बाबू सेमरा में एमआरएफ सेंटर का उद्घाटन कार्यक्रम के साथ अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार जगदलपुर के धरमपुरा में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा ज्ञानगुड़ी केंद्र का लोकार्पण भी करेंगे।


मुख्यमंत्री 26 जनवरी को लालबाग में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर ध्वजारोहण करेंगे तथा सिरहासार चैक स्थित शहीद स्मारक में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

 

 

और भी

श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा अवसर पर मंदिरों में दिनभर चलता रहा भजन

दुर्ग: अयोध्या में आयोजित श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा रमोत्सव के अवसर पर कसारीडीह स्थित राम जानकी मंदिर प्रांगण में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से अयोध्या में आयोजित श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा रामोत्सव का सीधा प्रसारण किया गया तथा दीप प्रज्जवलन किया गया।

श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरे देश एवं प्रदेश की भांति सम्पूर्ण दुर्ग जिला रामभक्तिमय होकर भगवान श्रीराम की भक्ति से सराबोर है। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने राम जानकी मंदिर पहंुचकर पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा कि पूरा शहर श्रीराम की भक्ति में सराबोर है। मंदिर, चौक चौराहों तथा गलियों को तोरण, ध्वज व केसरिया झंडा से सजाया गया है। बच्चे, युवा, वृद्ध हर वर्ग के लोगों में श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उत्साह और उमंग है। मंदिर में सुबह से भक्ति गीत भजन गाये जा रहे हैं। इस अविस्मर्णीय क्षण को कभी नही मिटाया जा सकता है और न ही दिलों से खत्म किया जा सकता है। यह पूरे भारत के लिए सौभाग्य का क्षण है। राम के प्रति श्रद्धा रखने वाले लोग कोई भी जाति, धर्म, सम्प्रदाय के हो अपने दिलों व आत्मा में भगवान राम को रग रग में बसाए हुए हैं।

ऐसा भव्यतम अवसर 500 सालों के बाद हम सब के लिए आया है। इसके लिए 500 सालों से भगवान राम के मंदिर का निर्माण करने के लिए संघर्ष किया गया। जब मुगलों का राज था न जाने कितने हिन्दू मंदिरों को तहस नहस कर दिया, न जाने कितने श्रद्धा के अस्तित्व को मिटाने का प्रयास किया गया। छत्तीसगढ़ की भावना अयोध्या से जुड़ी हुई है, क्योकि भगवान राम हमारे भांजे हैं। हमारा छत्तीसगढ़ उनका ननिहाल है। इस बार भी अयोध्या में भोग प्रसाद बटेगा भगवान को भोग लगाई जाएगी, उसमें छत्तीसगढ़ का चावल गया हुआ है उनकी मां के घर का चावल गया हुआ है। ये भाव से भगवान राम को स्थापित करने के लिए उन सभी को मै नमन करता हूूॅ सब को इस शुभ अवसर की बहुत बहुत बधाई देता हूॅ।

हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्पों का प्रतिफल है। भारत के लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने संकल्प लिया था कि राम मंदिर बनके रहेगा और बनाके रहेंगे। सारे चुनौतियों को स्वीकार करते हुए आज अयोध्या में राम मंदिर बन गया। आज प्राण प्रतिष्ठा के लिए पूरा देश उत्साह से भरा हुआ है। आज जिले मंे भी बड़ा हर्ष का माहौल है। हर जगह राम-राम, कण- कण में राम की जयकारे गुंज रही है। श्री राम लंका से अयोध्या आए तो जो मनोरम दृश्य था, वही आज पूरे भारत में दीपावली जैसा माहौल है।

इसी प्रकार विकासखण्ड धमधा के ग्राम बरहापुर, दुर्ग के ग्राम नगपुरा एवं पाटन विकासखण्ड के ग्राम लोहरसी के मंदिरों में भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर, महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अश्वनी देवांगन, नगर निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर, संयुक्त कलेक्टर गोकुल रावटे, मुकेश रावटे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण उपस्थित थे।  

और भी

दंतेवाड़ा में दिखा बस्तर बंद का असर

दंतेवाड़ा: बीजापुर के ग्राम मुवेंडी की 6 माह की मासूम की गोली लगने से मौत और हसदेव के जंगल की कटाई के विरोध में सर्व आदिवासी समाज ने बस्तर बंद का ऐलान किया है। बंद को सफल बनने आदिवासी समाज ने व्यपारियों से सहयोग मांगा है। दंतेवाड़ा में इसका खासा असर दिख रहा है। शहर के व्यापारिक प्रतिष्ठानें सुबह से ही बंद है। वहीं हर मंगलवार को क्षेत्र में लगने वाला साप्ताहिक बाजार भी बंद के चलते नहीं लगा। हालांकि आवागमन पर बंद का असर नहीं दिखा। वहीं स्कूल-कालेज समेत जरूरी सेवाएं चालू है।

 

बता दें कि एक जनवरी को बीजापुर के ग्राम मुवेंडी की छह माह की मासूम की गोली लगने से मौत हो गई थी। वहीं हसदेव में भी वनों की कटाई हो रही है। सर्व आदिवासी समाज ने बंद का ऐलान करते हुए हत्या की न्यायिक जांच की मांग और हसदेव में पेड़ों कटाई पर रोक के साथ खदान निरस्त करने की मांग की है‌।

और भी

रामभक्ति से भावविभोर हुए मुख्यमंत्री साय

शिवरीनारायण में आयोजित रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा रामोत्सव में हुए शामिल

रायपुर: माता शबरी की भूमि शिवरीनारायण में श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा रामोत्सव आयोजित है। रामलला प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिवरीनारायण स्थित भगवान नर नारायण मंदिर में किया दर्शन। मुख्यमंत्री ने भगवान नर नारायण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस मौके पर छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर, गौसेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास, सांसद गुहाराम अजगले, जनप्रतिनिधि गुलाब सिंह चंदेल, कलेक्टर आकाश छिकारा, एसपी विजय अग्रवाल उपस्थित रहे।

इस अवसर पर शिवरीनारायण मंदिर में आकर्षक साज-सज्जा की गई है। मंदिर को फूल मालाओं, रंग बिरंगी लाइट्स से सजाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस दौरान मठ मंदिर भी पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने गौ माता को चारा खिलाया और उनका आशीर्वाद लिया। राम नाम की धुन से गुंजित है पूरा स्थल, रामायण मंडलिया कर रही हैं मानस भजन कीर्तन।

माता शबरी धैर्य और भक्ति का प्रतीक हैं। उनके इस पवित्र शिवरीनारायण धाम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज अयोध्या धाम में होने वाले रामलला प्राणप्रतिष्ठा कार्यक्रम के अवसर पर पहुँचे हैं।

जिस तरह माता शबरी बरसों तक तपस्या कर श्रीराम का रास्ता निहारती रहीं। उसी तरह श्रीराम के ननिहाल के लोग छत्तीसगढ़ के निवासी भी श्रीराम का रास्ता बरसों से ताक रहे हैं। श्रीराम की प्राणप्रतिष्ठा होने के बाद अब प्रदेश के करोड़ों लोगों को गहरे आनंद का अनुभव होगा।

माता शबरी प्रतीक हैं छत्तीसगढ़ के लोगों के अपने भांजे श्रीराम के प्रति गहरे स्नेह की। अपनी भक्ति में उन्होंने जूठे बेर श्रीराम को खिलाए। आज सभी छत्तीसगढ़ के वासी राम भक्ति का स्वाद चख रहे हैं और इस शुभ अवसर पर बहुत पुलकित हैं।

अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के गौरवशाली क्षण में राममय है माता शबरी की भूमि शिवरीनारायण। त्रेता युग में इसी भूमि में श्रीराम को जूठे बेर माता शबरी ने खिलाये थे। आज शिवरीनारायण की धरती वैसी ही पुलकित है। आज श्रीराम पुनः अयोध्या धाम में पधारे हैं। आज इस शुभ क्षण को देखने शिवरीनारायण के हजारों लोगों की उपस्थिति दूर तक दिख रही है।

शुभ शंखनाद और राम रतन धन पायो के स्वर लहरियों के साथ राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के विलक्षण पल के साक्षी बन रहे हजारों लोग। जय जय राम का हो रहा लगातार हो रहा उद्घोष, पायो जी मैंने राम रतन धन पायो की इस धुन में छत्तीसगढ़ का तंबूरा भी शामिल है। भगवान श्रीराम के दर्शन मात्र से सभी लोग धन्य हो गये हैं। भगवान श्रीराम के इस अद्भुत रूप को देखकर सभी मुग्ध हैं। खुशी का पारावार नहीं है। आज भारत के लोगों के लिए छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए ऐतिहासिक दिन है। शिवरीनारायण के इस पवित्र धाम से यह सुंदर दृश्य निहारना लोगों को चमत्कृत कर रहा है। इस विलक्षण क्षण में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रामभक्ति से भावविभोर हुए।

 

 

और भी

मुख्यमंत्री ने भगवान नर नारायण मंदिर में किए दर्शन

 रायपुर: रामलला प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिवरीनारायण स्थित भगवान नर नारायण मंदिर में किया दर्शन।  मुख्यमंत्री ने भगवान नर नारायण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की।


इस मौके पर छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर, गौसेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास, सांसद गुहाराम अजगले, जनप्रतिनिधि गुलाब सिंह चंदेल, कलेक्टर आकाश छिकारा, एसपी विजय अग्रवाल उपस्थित रहे।

श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर शिवरीनारायण मंदिर में आकर्षक साज-सज्जा की गई है। मंदिर को फूल मालाओं, रंग बिरंगी लाइट्स से सजाया गया है।

 

 

और भी

कौशल्या धाम चंदखुरी में 22 जनवरी को होगा भव्य रामोत्सव का आयोजन

 

अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के लोक कलाकार देंगे भक्तिमय प्रस्तुति 

 
अयोध्या में श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर चंदखुरी स्थित कौशल्या धाम में 22 जनवरी की संध्या को रामोत्सव का भव्य आयोजन होगा। संस्कृति और पर्यटन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य और सांसद श्री सुनील सोनी के अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के लोक कलाकार मानस गायन और भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। 
 
छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे भव्य रामोत्सव का आयोजन माता कौशल्या धाम परिसर में शाम 5ः30 बजे से प्रारंभ होगा। इस मौके पर विशेष डाक टिकिट विमोचन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोक कलाकार श्री राकेश तिवारी एवं साथी द्वारा राम वन गमन नृत्य नाटिका की प्रस्तुति कार्यक्रम में देंगे। इसके अलावा श्रीमती गोपा सान्याल एवं साथी द्वारा राम भजन, श्रीमती अल्का चंद्राकर एवं साथी द्वारा भजन, जसगीत एवं लोकगीत के साथ ही अनेक मानस मंडली द्वारा मानस गायन प्रस्तुत किए जाएंगे।
और भी

रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव : महासमुंद के हनुमान मंदिर में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम

महासमुंद: अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा रामोत्सव का आयोजन 22 जनवरी को होगा। इस अवसर पर राज्य शासन के मंशा अनुरूप जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर प्रभात मलिक ने कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। 22 जनवरी को जिला स्तरीय कार्यक्रम  महासमुंद के हनुमान मंदिर (जनपद कार्यालय के सामने) में आयोजन किया जाएगा।


इस हेतु जिला पंचायत सीईओ एस आलोक को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी बनाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर मंच व पंडाल निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा, साउण्ड सिस्टम, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, सजावट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
            
कलेक्टर प्रभात मलिक ने कहा है कि 22 जनवरी को उपरोक्त आयोजन में जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय संस्थानों, धार्मिक ट्रस्टों, मंदिर समितियों के साथ समन्वय करके उनके सहयोग के साथ कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों को इस आयोजन में भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उक्त दिवस में भवनों में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक विकासखण्ड स्तर से कम से कम ऐसे एक प्रतिष्ठित मंदिर में दीप प्रज्जवलन, दीपदान एवं लाईटिंग व्यवस्था किया जाए। उक्त मंदिर प्रांगण में प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर क्षेत्र के मानस मंडलियों के मानस गायन का आयोजन उक्त दिवस में आयोजित किया जाए।

कलेक्टर ने लिया आयोजन स्थल का जायजा
कलेक्टर प्रभात मलिक ने आज  सबेरे 11:00 बजे राम लाल प्राण प्रतिष्ठा समारोह के आयोजन के लिए हनुमान मंदिर स्थल पर पहुंचकर अधिकारियों के साथ जायजा लिया। उन्होंने आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंदिरों में आकर्षक लाइटिंग और  साफ सफाई
मंदिरों में मकर संक्रांति के दिन से ही साफ सफाई की जा रही है। तथा आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई। गांव-गांव में प्रभात फेरी, राम रामधुनी, संकीर्तन के माध्यम से प्राण प्रतिष्ठा स्वागत की तैयारी की जा रही है। इस दौरान शोभा यात्रा भी निकाली जा रही है। इसके आलावा अयोध्या धाम से लाए गए अक्षत का घर घर वितरण कर 22 जनवरी के लिए आमंत्रण दिया जा रहा है।

 

 

और भी

भगवान राम के शुभागमन की प्रतीक्षा में राममय हुआ राजनांदगांव जिला

अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव के लिए जनसामान्य में अभूतपूर्व उल्लास

राजनांदगांव: भगवान श्रीराम के शुभागमन की प्रतीक्षा में राममय हुआ राजनांदगांव जिला। 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव के लिए जनसामान्य में अभूतपूर्व उल्लास एवं आनंद है। श्रीराम की कथा न केवल भारत बल्कि वियतनाम, इंडोनेशिया देश-विदेश तक फैली हुई है। युग-युगांतर तक भारतीय संस्कृति में राम कथाएं पुष्पित पल्लवित होती आयी हैं। सहज, सरल एवं जीवंत जनमानस में रचे-बसे श्रीराम के जीवन की कथा में संयोग एवं वियोग की कथाएं हैं। पिता के वचन एवं माता की आज्ञा शिरोधार्य कर वन-वन भटकने वाले प्रभु श्रीराम के आयोध्या लौटने पर जो हर्षोल्लास था, वैसे ही खुशी जिलेवासियों में दिखाई दे रही है। आस्था और भक्ति के भाव देख बरबस ही देश के प्रख्यात कवि पंडित रविद्रनाथ टैगोर की कालजयी कृति गीतांजलि की यह पंक्तियां याद आती है-
प्रभु तेरी प्रतीक्षा में जागते आंखे थक गई
तुझसे भेंट नहीं हुई, तब भी मैं तेरी राह देख रहा हूं
यह राह देखना भी मुझे प्रिय लगता है।

 


देश भर में प्रभु रामलला प्राण-प्रतिष्ठा के लिए ऐतिहासिक उत्साह है, ऐसे संयोग विरले ही होते हैं। शबरी के मीठे बेर खाने वाले श्रीराम, माता अहिल्या को पत्थर होने के श्राप से मुक्त करने वाले श्रीराम और उनकी गाथाएं अक्षुण्य है। विषम परिस्थितियों को स्वीकार करना और उनसे राह बनाना प्रेरक एवं मार्गदर्शक है और राम-भरत मिलाप, जटायु पर कृपा, रामसेतु निर्माण, जैसे अनगिनत प्रसंग है, जो पथ प्रदर्शक हैं।  राम-रावण युद्ध के परिपे्रक्ष्य में सुप्रसिद्ध कवि सूर्यकांत त्रिपाठी निराला कालजयी की कृति राम की शक्ति पूजा के स्वर गूंज उठते हैं-
 

रवि हुआ अस्त, ज्योति के पत्र पर लिखा अमर
रह गया राम-रावण का अपराजेय समर
आज का तीक्ष्ण शर-विधृत-क्षिप्रकर, वेगप्रखर
शतशेलसम्वरणशील, नील नभगज्र्जित स्वर
प्रभु श्रीराम के शौर्य, शक्ति एवं साहस की ऐसी बानगी दूसरी नहीं है।
 


राजनांदगांव शहर में चारों ओर उत्साह और खुशहाली है। ऐसा लग रहा है, जैसे हमारा शहर अयोध्या हो गया है। कहीं दिया खरीदते लोग, तो कहीं प्रभात फेरी, कहीं मंदिर एवं देवालयों में घंटियों एवं प्रार्थना की मंगल ध्वनि सुनाई दे रही है। नन्हे बच्चे प्रभु श्रीराम, माता सीता एवं हनुमान की वेशभूषा एवं परिधान में नजर आ रहे हंै। बच्चों के साथ बड़े-बुजुर्ग सभी इस उत्सव में शामिल हो रहे हैं।

 



राकेश ठाकुर ने बताया कि जिले में दिग्विजय स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। संस्कारधानीवासी विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एक साथ जुड़कर आयोजन कर रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। प्रभु श्रीराम हमारे अराध्य हैं। उन्होंने वनवासी, पिछड़े वर्ग सभी वर्ग को साथ लेकर चलने कि जो प्रेरणा दी है, आज के समय में इसकी नितांत आवश्यकता है। प्रभु श्रीराम के आगमन पर दिग्विजय स्टेडियम में 5 लाख से अधिक दीये प्रज्जवलित किए जा रहे हैं। संस्कारधानी में रामोत्सव को दीपोत्सव की तरह मनाया जाएगा। आम जनता की सहभागिता इसमें स्वमेव जुड़ते जा रही है। दीप प्रज्जवलन के माध्यम से प्रभु श्रीराम का सजीव चित्रण किया जाएगा एवं ओम की आकृति बनाई जाएगी। कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक शामिल हो रहे हैं। दीपोत्सव के दौरान भव्य आतिशबाजी की जाएगी, जो आकर्षण का केन्द्र रहेगा। अनिल तिवारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन ने रामलला दर्शन योजना अंतर्गत विशेषकर आर्थिक दृष्टिकोण से जरूरतमंद लोगों को ध्यान में रखकर यह योजना प्रारंभ की है, जो बहुत अच्छी योजना है। 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को इसमें प्राथमिकता दी जाएगी और शासन द्वारा हितग्राहियों के आने-जाने का खर्च वहन किया जाएगा। उन्होंने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रभाकर महोबिया ने कहा कि इस अयोजन में देश के साधु, संत, महात्मा से लेकर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित आम जनता शामिल हो रही है। मुख्यमंत्री द्वारा अयोध्या में रामलला मंदिर जाने के लिए नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। देश की संस्कृति को जाग्रत करने के लिए जो कार्य किया जा रहा है, इसकी उन्होंने प्रशंसा की। जलाराम मंदिर के पंडित मनोज शांतिलाल शुक्ला ने बताया कि यहां प्रतिदिन प्रभात फेरी निकाल रहे हैं। शाम को भजन-कीर्तन किया जा रहा है। महिला मण्डली द्वारा प्रभु श्रीराम को हल्दी लगाने का कार्यक्रम रखा गया है। माता सीता के नाम से मेहंदी उत्सव का आयोजन भी किया जा रहा है। 22 जनवरी को भगवान श्रीराम का भव्य श्रृंगार किया जाएगा तथा उन्हें 56 भोग लगाकर अभिषेक किया जाएगा। महाआरती के साथ महाप्रसादी का आयोजन किया गया है। शाम को दीपोत्सव एवं आतिशबाजी होगी तथा संगीत भी होगा। जैनम बैद ने घर-घर जाकर आमजनों को दीपोत्सव त्यौहार मनाने की अपील की। उन्होंने आशा नगर क्षेत्र में दिया, बाती, तेल एवं मिठाई वितरित किया। श्याम निषाद ने बताया कि जयश्रीराम मंदिर में पोताई कर रहे हैं और यहां साफ-सफाई की जा रही है। जय जायसवाल अगरबत्ती का उपहार दे रहे हैं।

धरमराज यादव ने कहा कि मोदी जी की गारंटी अंतर्गत अयोध्या धाम जाने एवं प्रभु रामलला दर्शन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की यह योजना बहुत अच्छी है। जिसमें प्रथम चरण में 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के श्रद्धालुओं को अयोध्या जाने का अवसर मिलेगा। छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है, इसलिए छत्तीसगढ़वासी भगवान श्रीराम के प्रति विशेष स्नेह एवं लगाव रखते हैं। श्रीमती दीपा गुरू ने कहा कि महिला मण्डली सुबह प्रभात फेरी निकाल रहे हंै। दीपावली की तरह चौक पूरना, रंगोली बनाना, दिया जलाना तथा प्रसाद बनाना है। श्रीमती अनुसुईया वर्मा ने कहा कि कहा कि हम सब घर-घर जाकर भगवान श्रीराम का गुणणान कर रहे हैं।

 

 

और भी

बृजमोहन ने किया ओम बिरला का स्वागत

रायपुर: नवनिर्वाचित विधायकों के प्रबोधन कार्यक्रम के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने स्वागत किया। इस खास मौके पर ओम बिरला ने विधानसभा परिसर में  पौधारोपण भी किया।


इस अवसर पर विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरण दास महंत, उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित मंत्री व विधायक उपस्थित थे।

 

 

और भी

आदर्श विधानसभा की परिपाटी विकसित करने के लिए करें कड़ी मेहनत : ओम बिरला

 विधानसभा में विधायकों के दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम के शुभारंभ में लोकसभा अध्यक्ष ने दी सीख

रायपुर: जो विधायक विधानसभा में जितना ज्यादा बैठता है। वो विधानसभा में अपने विचार उतने ही बेहतर तरीके से रख पाता है और इस तरह से अपने क्षेत्र का बेहतर प्रतिनिधित्व कर पाता है। यह बात छत्तीसगढ़ विधानसभा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विधायकों के दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम में कही। बिरला ने इस मौके पर कहा कि सदन संविधान का मंदिर है अतएव सदन के भीतर गरिमापूर्ण आचरण बहुत जरूरी है। विधानसभा के नियमों और संसदीय परंपराओं की जितनी गहराई से जानकारी होगी, अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने में आपको उतना ही लाभ होगा। केवल अपने क्षेत्र की समस्याएं न रखें अपितु राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय परिदृश्य को देखते हुए पूरे प्रदेश से जुड़े मुद्दे विधानसभा में रखें।

ओम बिरला ने कहा कि पूर्व में विधानसभा में हुई कार्यवाही का अध्ययन भी विधायकों के लिए काफी उपयोगी होता है। दस्तावेजों का डिजिटलीकरण बहुत उपयोगी है। पुरानी बहसों को सुनने से मुद्दों की समझ गहरी होती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ छोटा राज्य है लेकिन अपने नवाचारों से और नई परंपराओं से यह प्रदेश देश भर में आदर्श राज्य के रूप में स्थापित हो सकता है। विधानसभा के सदस्य के रूप में इसमें आप सभी की अहम भूमिका हो सकती है। छत्तीसगढ़ की प्रशंसा करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गहरी विविधता है। यह छोटा राज्य जरूर है लेकिन अपने लोकाचारों के मामले में, संस्कृति के मामले में बेहद समृद्ध है। इस राज्य के आगे बढ़ने की बहुत सी संभावनाएं हैं। आप सभी दूसरे राज्यों के नवाचारों का भी अध्ययन करते रहें। उनके विधायकों से बात करें, जो अच्छी पद्धति हैं उसे अपने यहां लागू करने का प्रयास भी करते रहें।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी अपना उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि ओम बिड़ला के मार्गदर्शन में तथा प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर हम उत्तरप्रदेश को पेपरलेस विधानसभा  बनाने का लक्ष्य प्राप्त कर पाए हैं। प्रबोधन और सीखने के लिए सारी उम्र कम है। हमेशा सीखते रहिये।

लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह ने भी उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि प्रबोधन कार्यक्रम से विधानसभा के सदस्यों को विधानसभा की प्रक्रिया समझने में काफी मदद मिलेगी। यहां दृष्टांतों की भी जानकारी दी जाएगी ताकि वे अपने कार्यकाल में इनके माध्यम से प्रभावी कार्य कर सकें। सिंह ने लोकसभा में किये गये नवाचारों की जानकारी दी और कहा कि इस तरह की परिपाटियों को विधानसभा में भी अपनाना चाहिए।

स्वास्थ्य बेहतर नहीं होने की वजह से विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह की अनुपस्थिति में संसदीय कार्य मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने उनका संदेश विधायकों को बताया। उन्होंने कहा कि इस बात की गहरी खुशी है कि आज प्रबोधन कार्यक्रम के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपनी उपस्थिति दी है। प्रबोधन के माध्यम से विधायकों को अगले पांच सालों में विधानसभा में कुशलता से कार्य करने में मदद मिलेगी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान श्रीराम के ननिहाल में आये सभी अतिथियों का मैं अभिनंदन करता हूँ। यह दो दिवसीय कार्यक्रम विधायकों के लिए काफी उपयोगी होगा। नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत ने कहा कि प्रबोधन कार्यक्रम के माध्यम से विधायकों को काफी कुछ सीखने मिलता है। प्रबोधन के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आये हैं। हम उनका अभिनंदन करते हैं। कार्यक्रम के शुरूआत में विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा ने विस्तार से प्रबोधन कार्यक्रम की जानकारी दी।

 

 

और भी

भू - माफियाओ के द्वारा किसानो की जमीन बेचने का मामला सामने आया है

नकली दस्तावेज तैयार कर भू - माफियाओ के द्वारा किसानो की जमीन बेचने का मामला सामने आया है । 

तिल्दा नेवरा निवासी केशव शरण वैष्णव, पिता मनहरण दास वैष्णव ने बताया कि उनके पिता की जमीन को 30000 वर्गफीट क्रय कर, छल कपट से नकली दस्तावेज तैयार कर 42000  वर्गफीट विक्रय कर दिया गया, जो की अपराध की श्रेणी में आता है। जिसकी शिकायत छ.ग. राजस्व विभाग के समक्ष राजकुमार भीखवानी व अन्य के विरुद्ध नकली दस्तावेज तैयार कर पिता के जमीन को विक्रय करने के संबंध   में शिकायत प्रस्तुत किया था। महोदय (न्यायालय अपर कलेक्टर ) के द्वारा प्रकरण क्रमांक 202209113000045 के द्वारा अपराध पंजीबद्ध करने का आदेश स्थिर रखा गया था  एवं दिनांक  01.06.2023 को लोक अभियोजक द्वारा मार्ग दर्शन पत्र प्राप्ति में आरोपी के विरुद्ध भा.द.वि. धारा 420, 467, 468, 471 व 120-बी के तहत अपराध पंजीबद्ध करने मार्गदर्शित किया तथा पुनः माह दिसंबर 2023 को भी इसी धारा के अंतर्गत रखा गया परंतु आज दिनांक तक न ही अपराध पंजीबद्ध हुआ और ना ही अनुविभागीय कार्यालय में प्रकरण से संबंधित अभिमत के सभी दस्तावेज संलग्न है। अर्थात प्रकरण के दस्तावेज गायब है। 

उन्होंने पत्रकार बंधुओ से निवेदन किया है, कि इस प्रकार की भू - माफिया जो कई वर्षो से अवैध प्लाटिंग कर शासन के साथ छल कर रहे है और किसानो की जमीन हड़प रहे है उनके विरुद्ध शासन को अवगत कराने की प्रार्थना की है। 

और भी

उप मुख्यमंत्री साव ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

सबरिया लोगों ने गोंड जनजाति के रूप में मांगी मान्यता

बिलासपुर: उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने शुक्रवार को जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। बिलासपुर में नेहरू चौक स्थित निवास में उनसे मिलने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जनदर्शन में अलग-अलग समस्याओं को लेकर लगभग 200 आवेदन उप मुख्यमंत्री को दिये गए।

उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने जनदर्शन के जरिए आम जनों की समस्याओं से रूबरू हुए। उनके निवास स्थल पर आयोजित जनदर्शन में बड़ी संख्या में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जांजगीर जिले के बुढ़ादेव आदिवासी समाज सेवा समिति रूप में संगठित सबरिया जाति के लोगों ने गोंड जाति की मान्यता दिलाने संबंधी आवेदन उप मुख्यमंत्री को दिया है। उन्होंने कहा कि सब्बल लेकर मेहनत मजदूरी करने के कारण बोल-चाल की भाषा में हमें सबरिया कहा जाने लगा। शिक्षा के अभाव में राजस्व अभिलेख में भी सबरिया का प्रयोग हो गया है जिसके कारण हमें गोंड जाति नही माना जा रहा है और हमे शासन द्वारा प्रदान किये जा रहे आरक्षण का लाभ नही मिल पा रहा है। जबकि हम अत्यंत पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजेार है। गोंड जाति में सम्मिलित किये जाने की मांग समिति के सदस्यों द्वारा की गई है। उप मुख्यमंत्री ने उनकी मांगो पर विचार करने का आश्वासन दिया।

अंतरराष्ट्रीय कत्थक नृत्यांगना श्रीमती वासंती वैष्णव भी जनदर्शन में कलाकारों के लिए बिलासपुर में रियायती दर पर सभागार उपलब्ध कराने की मांग लेकर उप मुख्यमंत्री के समक्ष पहुंची। जिससे विभिन्न विधाओं के कलाकारों को मंच मिल सके। विकासखण्ड मस्तूरी के किसानों ने ग्राम पंचायत पचपेड़ी में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की शाखा खोलने के लिए ज्ञापन सौंपा। मुंगेली जिले के सुरीघाट निवासी सत्यप्रकाश गेंदले ने अनुकंपा नियुक्ति में देरी होने की शिकायत उपमुख्यमंत्री अरूण साव से करते हुए बताया कि पिता की मृत्यु के बाद डेढ वर्ष का समय बीतने के बाद भी अनुकंपा नियुक्ति नही दी गई है जबकि वे शिक्षित और पात्र है। अनुकंपा नियुक्ति दिलाने की मांग आवेदक द्वारा की गई है। उप मुख्यमंत्री ने प्राप्त आवेदनों पर विचार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।    

जनदर्शन में विभिन्न क्षेत्रों से उप मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट करने व विभिन्न कार्यक्रमों में आमंत्रण के लिए भी जिले के स्थानीय व अन्य जिलों के लोग पहुंचे। बिलासपुर के सीएमडी कॉलेज मैदान में होने वाले छत्तीसगढ़ी व्यंजन मेला का आमंत्रण अखंड ब्राम्हण सेवा समिति द्वारा दिया गया। मुंगेली जिले से गायत्री परिवार द्वारा 108 कुण्डीय राष्ट्र जागरण अभियान महायज्ञ व बलौदाबाजार जिले में कर्मा जयंती समारोह का आमंत्रण उप मुख्यमंत्री साव को दिया गया। साव ने आमंत्रण के लिए धन्यवाद व कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दी।

और भी

जय श्री राम के उद्घोष के साथ सीएम साय ने राम रथ को दिखाई झंडी

 मुख्यमंत्री ने रथ के जरिये अयोध्या भेजा मनोकामना संदेश

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राज्य अतिथि गृह पहुना से राम रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री साय एवं उप मुख्यमंत्री शर्मा ने चिट्ठी में मनोकामना के रूप में ’जय श्री राम’ लिखकर रथ के जरिये अयोध्या श्री राम लला के पास भेजा और प्रदेशवासियों के खुशहाल एवं सुखमय जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री के साथ रायपुर कान्वेंट स्कूल की छात्राओं ने भी अपने संदेश ड्राप बॉक्स में डाले। कार्यक्रम स्थल में छत्तीसगढ़ी फिल्मों के डायरेक्टर मनोज राजपूत, डॉ. ओम माखीजा और प्रेम देवांगन भी उपस्थित थे।



गौरतलब है कि 94.3 माय एफ एम रेडियो चौनल के द्वारा ’एक चिट्ठी सियाराम के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत राम रथ राज्य भर में भ्रमण कर प्रदेशवासियों से उनकी मनोकामना हेतु लिखित संदेश चिट्ठी के रूप में एकत्रित करेगा। राम रथ प्रदेश भर से एकत्रित संदेश मनोकामना पूर्ति के लिए भगवान श्री राम के पास अयोध्या पहुँचेगा और श्रद्धालुओं के लिए आशीर्वाद के रूप में अयोध्या से मिट्टी और प्रसाद लेकर वापस लौटेगा।

और भी

एस.डी.एम. ने किसानो की जगह दलालों को दिया मुआवजा

रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद भ्रष्टाचार एवं संगठित भ्रष्ट अधिकारी, लोक सेवक ने धन कमाने का पद को जरिया बना लिया। इसी क्रम में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पूर्व सरपंच लालाराम वर्मा जो ग्राम-मंदसौर, चम्पेश्वर महादेव मंदिर के पदाधिकारी है राज्य आंदोलनकारी है।  उनकी  उगेतरा अभनपुर जिला-रायपुर में मठ द्वारा जिलाधीश रायपुर सहित समस्त पदाधिकारियों के अनुमति, सहमति से लगभग 40 वर्ष से 85 एकड़ भूमि विधिवत राशि लेकर दी गई है। जब भारत माला का निर्माण प्रारम्भ हुआ और जिन गांवो से भारत माला रोड़ निकलना उसका मुवावजा किसानो मिलने की जानकारी के पूर्व ही जमीं दलाल, अधिकारी फर्जीवाड़ा करने वाले संगठित रूप से एक होकर किसानो के हक़ पर डकैती डाला।  इसी क्रम में लालाराम वर्मा के उगेतरा की भूमि का  मुआवावजा विजय जैन, रिंकू खनूजा महासमुंद, उमा तिवारी रायपुर जैसे लोगो को करोड़ो रुपया भुगतान जिलाधीश रायपुर और एस.डी.एम. अभनपुर ने करा दिया। ज्ञात रहे लालाराम वर्मा द्वारा न्यायालय एवं एस.डी.एम. अभनपुर में विधिवत आपत्ति दर्ज की गई थी। और भुगतान न्यायालय की प्रक्रिया के चलते रोका गया परन्तु पूर्व जिलाधीश अनिल टुटेजा के सांठगांठ से भारत माला रोड भूमि अधिग्रहण में भ्रष्टाचार तो किया साथ ही भूपेश बघेल की सरकार में अनिल टुटेजा ने अरबो रुपये की जमीन घोटाला ढेबर बन्धु, होरा बन्धु , सेमरॉक होटल के संचालक अनवर ढेबर एवं पुलिस प्रसाशन के अधिकारीयो के सांठगांठ से किया है। लालाराम वर्मा आरंग थाना, नवापारा राजिम में जांच कर रहे पुलिस को मदद कर रहे है, पुलिस अधिक्षक रायपुर सूचना के अधिकार में अभी तक जानकारी लंबित रखें हैं। लगातार संवैधानिक रास्ते से लालाराम वर्मा लड़ रहे हैं और असंवैधानिक लोग पैसा पाकर मौज कर रहे है।  ऐसी स्थिति में लालाराम वर्मा ने किसान मोर्चा से सड़क एवं न्यायालयीन लड़ाई में मदद मांगी हैं।  छ.ग।  संयुक्त किसान मोर्चा केंद्रीय कार्यालय छत्तीसगढ़ी भवन ने लालाराम वर्मा किसान के साथ हुए फर्जीवाड़ा जिलाधीश रायपुर, एसडीएम अभनपुर, उमा तिवारी को अपराधी बनाकर शासन का करोड़ो रुपया फर्जीवाड़ा पर जेल भेजने की मांग के साथ  माननीय उच्च न्यायालय जाने का फैसला लिया है। 

और भी

जिलाध्यक्ष और विधायक ने कार्यकर्ताओं को किया रिचार्ज

 रायपुर: भारतीय जनता पार्टी रायपुर जिलाध्यक्ष जयंती भाई पटेल की अध्यक्षता में एकात्म परिसर में रायपुर उत्तर विधानसभा के प्रमुख कार्यकर्ताओ की आवश्यक बैठक  संपन्न हुई। बैठक में संयोजक नलनीश ठोकने ने आगामी कार्यक्रमों का विषय को रखा, जिसके बाद जिलाध्यक्ष जयंती भाई पटेल एवं रायपुर नगर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने बैठक को संबोधित किया।

रायपुर भाजपा जिलाध्यक्ष पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 14 से 22 जनवरी तक सभी मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलाए जाने की अपील की है, जिसे निरंतर बनाए रखना है। वहीं उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से सभी कार्यकर्ताओं को पूरी लगन से जुट जाना है। जिस तरह से विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम कर प्रदेश में सरकार स्थापित करने में अग्रणी भूमिका का निर्वहन किया है, ठीक उसी तरह लोकसभा चुनाव में बेहतर परिणाम के लिए आज से ही पूरी ताकत झोंकनी है।

वहीं विधायक पुरंदर मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव की रणभेरी बजने में अब ज्यादा समय शेष नहीं रह गया है। विधानसभा चुनाव 2023 में भारतीय जनता पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया, नतीजतन छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार दोबारा स्थापित हो गई है। विधायक मिश्रा ने कहा कि विधानसभा के बाद अब लोकसभा की सभी 11 सीटों को जीतकर लाना हमारी जिम्मेदारी है।

इस मौके पर विधायक मिश्रा ने संबोधित करते हुए कहा कि 22 जनवरी देश के लिए ऐतिहासिक दिन बनने जा रहा है, जिसकी खुशी पूरे देश में नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने किए वादे को पूरा किया है, अब देश में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ मोदी सरकार को सत्तासीन करने की जिम्मेदारी का निर्वहन हम सभी को मिलकर पूरा करना है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 22 जनवरी से पहले राजधानी के प्रत्येक घर में धर्म ध्वज लहराए और रायपुर पूरी तरह राममय नजर आए, इस संकल्प को भी पूरा करना है।

बुधवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें रायपुर जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल, प्रदेश मंत्री किशोर महानंद, वरिष्ठ भाजपा नेता लोकेश कावड़िया, पूर्व आरडीए अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता, पूर्व सभापति प्रफुल्ल विश्वकर्मा मंचासीन रहे। वहीं रायपुर उत्तर विधानसभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इन सभी विषयों पर जिलाध्यक्ष जयंती भाई पटेल और विधायक मिश्रा के संबोधन के पश्चात मौजूद कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ अपना समर्थन व्यक्त किया। बैठक पश्चात आभार प्रदर्शन भाजपा जिला उपाध्यक्ष अकबर अली ने किया।

और भी

सांसद मंडावी ने राम चरित मानस की 51 हजार प्रतियां बांटकर बनाया रिकॉर्ड

सीएम साय ने मोहन मंडावी को कहा रामायणी सांसद, किया सम्मानित

रायपुर: अयोध्या धाम में श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी है यहां भगवान के ननिहाल छत्तीसगढ़ में भी इसके लिए उत्सव सा माहौल है। बुधवार को बालोद जिले के गुंडरदेही में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री तथा विधानसभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर श्रद्धालुओं को रामचरितमानस का वितरण भी किया। आज यहां तुलसी मानस प्रतिष्ठान द्वारा 3000 मानस ग्रंथों का वितरण किया। इसके पूर्व 48 हजार ग्रंथों का वितरण हो चुका है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कांकेर सांसद मोहन मंडावी ने इस संबंध में निश्चय किया था कि 51 हजार मानस प्रति बांटकर लोगों के समक्ष श्रीराम का आदर्श अधिकाधिक संख्या में प्रसारित करेंगे। आज गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड्स की टीम ने वितरण के पश्चात इसे गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज किया। गुंडरदेही में रामचरितमानस को पूरी प्रतिष्ठा के साथ लाल कपड़े में बांधकर श्रद्धालुओं को सौंपा गया। श्रद्धालुओं ने इसे सिर माथे लिया। लगभग 3000 लोगों ने मानस को सिर माथे रखकर श्रीराम के जयजयकार के नारे लगाये और पूरा माहौल राममय हो गया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रीराम की जयकार के साथ अपने संबोधन की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि मैं कांकेर सांसद मोहन मंडावी को रामायणी सांसद कहूँगा। उन्हें हीरो कहूँगा, उन्होंने मानस वितरण को लेकर बहुत अच्छा काम किया है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार बालोद आया, आपकी आत्मीयता के लिए आपका स्वागत करता हूँ। आज यहां 173 करोड़ रुपए से अधिक राशि का लोकार्पण भूमिपूजन किया। मंडावी 2002 से मानस वितरण का कार्य कर रहे हैं। आज उन्होंने 3000 प्रतियां वितरित कर 51 हजार मानस वितरित करने का का पूरा कर लिया है। इससे पहले वे 48 हजार मानस वितरित कर चुके हैं। इसे गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडावी ने अपना ही नहीं, छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उन्होंने 51 हजार परिवारों में मानस पहुंचाने का काम किया है। साथ ही हर घर तुलसी चौरा हो, इसके लिए भी उन्होंने लोगों को प्रोत्साहित किया है। यह बहुत अच्छा काम है। राम चरित मानस के वितरण से बेहतर समाज के निर्माण की दिशा तय होती है। इस महती कार्य के लिए मंडावी को बधाई देता हूँ। यह कार्य ऐसे शुभ समय में हो रहा है जब 22 तारीख को अयोध्या धाम में श्रीराम की प्राणप्रतिष्ठा होने वाली है। चारों ओर उत्सव का माहौल है। मकर संक्रांति से 22 जनवरी तक मंदिरों में साफसफाई का काम हम लोग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि छत्तीसगढ़ श्रीराम का ननिहाल है। हमने अयोध्या सुगंधित चावल भेजा है। हमारे डाक्टर भी अयोध्या गये हैं ताकि श्रद्धालुओं की सेवा कर सके। छत्तीसगढ़ में बहुत गहरी खुशी इस अवसर को लेकर है। हमारी सरकार मोदी की गारंटी को पूरा करने कृतसंकल्पित है। मुझे यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि हमने सरकार बनते ही अठारह लाख से अधिक आवास स्वीकृत किये। सरकार बनने के अगले दिन ही हमने यह कार्य कर दिया। दो साल का बोनस भी हमने किसानों को दिया है। पीएससी 2021 में आई शिकायतों की जांच भी सीबीआई करेगी। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान हम खरीद रहे हैं। 3100 रुपए प्रति क्विंटल हम धान खरीद रहे हैं। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत महिलाओं की खाते में शीघ्र ही राशि अंतरित की जाएगी। हम सभी मानस मंडलियों को सम्मानित करने का काम भी कर रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने कार्यक्रम में कहा कि अयोध्या धाम में भव्य श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा है। यह हम सबके लिए गौरव का दिन है। तुलसी मानस प्रतिष्ठान सांसद मोहन मंडावी ने मानस वितरण का जो कार्य किया है। वो बहुत प्रशंसनीय है। मानस मंडलियों द्वारा श्रीराम के आदर्शों का जिस तरह प्रचार किया जा रहा है। वह प्रशंसनीय है। कांकेर सांसद मोहन मंडावी ने इस अवसर पर कहा कि हमने 2002 से मानस वितरण आरंभ किया। मैं शिक्षक था और यह कार्य करता था। बाद में भी पद से इस्तीफा देने के बाद काम जारी रखा। मानस के श्लोकों के साथ उन्होंने श्रीराम के आदर्शों को जनता के समक्ष रखा।

उल्लेखनीय है कि सांसद मंडावी ने यह निश्चय किया था कि राम चरित मानस का अधिकतम प्रसार करेंगे ताकि श्रीराम के आदर्शों से लोग अधिकतम संख्या में प्रभावित हो सके। इसके बाद उन्होंने लगातार मानस का वितरण आरंभ किया। गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड के अधिकारियों ने कहा कि मानस के माध्यम से लोगों की जिंदगी बदलने का बड़ा काम मंडावी द्वारा किया गया है जिसका हमने परीक्षण किया है और इसे दर्ज किया है।

और भी

मुख्यमंत्री ने चंडी मंदिर व राम-जानकी मंदिर में की पूजा अर्चना

 रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को बालोद जिले के गुण्डरदेही के वार्ड नंबर 5 में स्थित चंडी मंदिर तथा राम जानकी मंदिर पहुंचकर माता चंडी, प्रभु श्रीराम एवं माता सीता की पूजा अर्चना की।


मुख्यमंत्री साय के मंदिर परिसर पहुंचने पर उनका पारंपरिक रूप से गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने परिसर में स्थापित गुण्डरदेही के पूर्व जमीदार स्वर्गीय ठाकुर निहाल सिंह के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद मोहन मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

 

और भी

नई सरकार का बजट होगा छत्तीसगढ़ के भविष्य का रोड मैप : ओपी चौधरी

रायपुर: राज्य की विष्णुदेव साय सरकार अपना पहला बजट प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है। इस बजट को लेकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि इस बार के बजट में छत्तीसगढ़ के भविष्य का रोड मैप होगा।

ओपी चौधरी ने कहा कि भारत 2047 में विकसित भारत बनने जा रहा है, उसे विकसित छत्तीसगढ़ में कैसे परिवर्तित करें, उसकी तैयारी करेंगे। देश के 5 ट्रिलियन और 10 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी में छत्तीसगढ़ की योगदान तय करेंगे। पूरी प्रक्रिया में मोदी की गारंटी के तहत सीएम के नेतृत्व में पूरा करेंगे।

बता दें कि छत्तीसगढ़ की षष्ठम् विधान सभा का द्वितीय सत्र 5 फरवरी से शुरू होगा। 1 मार्च तक चलने वाले सत्र में कुल 20 बैठकें होंगी। सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण के अलावा वित्तीय कार्य के साथ अन्य शासकीय कार्य सम्पादित किए जाएंगे।

और भी