खेल - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

खेल

रोमांचक मुकाबले में बजरंग इलेवन राई ने दतिमा को हराया

 दतिमा मोड़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  विकासखण्ड के  ग्राम पंचायत दतिमा हाईस्कूल ग्राउंड में चल रहे 16वीं अंतिम लीग मैच डीपीएल रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता दतिमा में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। इस प्रतियोगिता में ग्रामीण स्तर के 32 टीमें भाग लिया है। अंतिम मैच बजरंग इलेवन राई बनाम ब्लास्टर इलेवन दतिमा के बीच मुकाबला खेला गया।

राई की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया और दतिमा की टीम को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दतिमा की टीम ने 8 ओवरों में 5 विकेट खोकर 107 रन बना सकी और 108 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बजरंग इलेवन राई ने आसानी से 7 ओवरों में 4 विकेट शेष रहते ही लक्ष्य का पीछा कर लिया और मैच को अपने नाम कर लिया। कॉमेंटेटर अबुल अंसारी ने बहुत ही बेहतर आवाज से लोगों तक पल-पल की खबर पहुंचाया। मैच काफी रोमांचक हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के द्वारा मैच के दौरान काफी उत्साह देखा गया।

 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बजरंग इलेवन राई की टीम द्वारा लगातार चौका-छक्का जड़ कर दर्शको में उत्साह भर दिया। ज्ञात हो कि ग्रामीण अंचल में राई की टीम काफी खतरनाक मानी जाती है और इस टीम का मैच काफी दूर-दराज के लोग देखने आते हैं। इस मैच के मैन ऑफ द मैच राई के खिलाड़ी पारस पैकरा रहे। राई टीम का कप्तानी अभय जायसवाल और दतिमा का फैजान अंसारी ने किया। इस मौके पर जहांगीर हसन, मोहिबुल हसन, जावेद हुसैन, कलीम अंसारी, सरफराज खान समेत काफी संख्या में दर्शक मौजूद थे।

और भी

BAN vs NED: वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की धमाकेदार जीत, नीदरलैंड्स को 9 रन से हराया

 

T20 World Cup 2022 (छत्तीसगढ़ दर्पण)। टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में सुपर 12 के अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश ने जीत हासिल की है। होबार्ट में सोमवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ बांग्लादेश ने 9 रन से जीत हासिल की। 145 रनों का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम 135 रनों पर ऑल आउट हो गई। बांग्लादेश की इस जीत में टीम के गेंदबाजों का अहम योगदान रहा। तस्कीन अहमद बांग्लादेश के लिए पहले ही ओवर में शुरुआती दो गेंदों पर दो विकेट झटक कर नीदरलैंड्स को बैकफुट पर धकेल दिया। तस्कीन अहमद ने चार ओवर में महज 25 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि नीदरलैंड्स के लिए कॉलिन एकरमैन ने सबसे अधिक 62 रन बनाने का काम किया।

नीदरलैंड्स की खराब शुरुआत
145 रनों का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने पहले ही ओवर में दो विकेट गंवा दिए। विक्रमजीत सिंह को तस्कीन अहमद न पहली ही गेंद पर बोल्ड कर दिया। इसके बाद अगली ही गेंद पर बास डी लीड भी नूरुल हसन को अपना कैच थमा बैठे। दोनों ही बल्लेबाज खाता खोलने में भी सफल नहीं रहे। मैक्स ओडॉड 8 रन बनाकर रन आउट हो गए।

कॉलिन एकरमैन ने जड़ा अर्धशतक
कॉलिन एकरमैन एक छोर से लगातार टीम के लिए रन बनाते रहे। इस दौरान उन्होंने टी-20 करियर का अपना अर्धशतक भी पूरा किया। कॉलिन एकरमैन को दूसरी छोर से किसी भी बल्लेबाज का साथ नहीं मिल पाया। टॉम कूपर बिना कोई रन बनाए हुए रन आउट हो गए। जबकि कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने 16 रनों की पारी खेली। टिम प्रिंगल सिर्फ एक रन और लोगान वैन बीक दो रन ही बना सके।

बांग्लादेश ने बनाए थे 144 रन
लगातार विकेट गिरने के कारण नीदरलैंड्स के लिए टारगेट चेज करना नामुमकिन सा हो गया और वह मैच गंवा बैठी। इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 144 रन बनाए। टीम के लिए सबसे अधिक 38 रन अफिफ हुसैन ने बनाने का काम किया। अफिफ हुसैन ने 27 गेंदों में दो चौके और दो छक्के की मदद से 38 रनों की पारी खेली।

दोनों टीमों में शामिल थे ये खिलाड़ी
बांग्लादेश: नजमुल हुसैन शांतो, सौम्या सरकार, लिटन दास, शाकिब अल हसन (कप्तान), अफिफ हुसैन, यासिर अली, नूरुल हसन, मोसादेक हुसैन, तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, हसन महमूद।

नीदरलैंड्स: मैक्स ओडॉड, विक्रमजीत सिंह, बास डी लीड, कॉलिन एकरमैन, टॉम कूपर, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), टिम प्रिंगल, लोगान वैन बीक, शारिज अहमद, फ्रेड क्लासेन, पॉल वैन मीकेरेन।
 
और भी

IND vs PAK: बाबर आजम ने हार के बाद ड्रेसिंग रूम में दी स्पीच, नवाज से कहा- तू मैच विनर है मेरा

 

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। T20 world cup 2022 के पहले ही मैच में भारत के हाथों मिली करारी हार के बाद से पाकिस्तान में खलबली मची हुई है। पाकिस्तान की टीम और पाकिस्तान की जनता इस हार को पचा नहीं पा रही है। भारत के हाथों 4 विकेट से हार का मुंह देखने के बाद पाकिस्तानी टीम के कप्तान बाबर आजम ने ड्रेसिंग रूम में एक स्पीच दी थी, जिसमें वो अपने खिलाड़ियों को मोटिवेट करने का काम कर रहे हैं। बाबर आजम का यह वीडियो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है। इस वीडियो में बाबर आजम मैच का आखिरी ओवर डालने वाले मोहम्मद नवाज का भी हौंसला बढ़ा रहे हैं।

नवाज तू मुझे आगे के मैच जिताएगा- बाबर आजम
बाबर आजम वीडियो में मोहम्मद नवाज से कह रहे हैं कि नवाज कोई मसला नहीं है, तू मैच विनर है मेरा और मुझे हमेशा तेरे पर भरोसा रहेगा चाहे जो मर्जी हो... सिर गिराना नहीं है तू मुझे मैच जीताएगा। बड़ा अच्छा प्रयास किया.. प्रेशर वाला ओवर था, मगर तू इतने पास लेकर गया मैच का वह शानदार था। आपको बता दें कि मैच का आखिरी ओवर मोहम्मद नवाज ने ही डाला था। आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रन चाहिए थे, जो नवाज के ओवर में बन गए। उन्होंने इस ओवर में एक नो बॉल और एक वाइड डाली थी। नो बॉल पर कोहली ने छक्का मारा था।

अभी टूर्नामेंट शुरू हुआ है- बाबर आजम
बाबर आजम ने अपनी स्पीच में अन्य खिलाड़ियों का भी हौंसला बढ़ाते हुए कहा कि हमें इस हार से निराश नहीं होना है, मैं ये कहूंगा कि हम किसी एक खिलाड़ी की वजह से नहीं हारे, हम सब हारे हैं। कोई किसी पर उंगली ना उठाएं कि उसने हराया है, उसने हराया है या मैंने हराया है...ये नहीं होना चाहिए..ये इस टीम में नहीं होगा...एक टीम के रूप में हम हारे हैं और एक टीम के रूप में ही हम जीतेंगे। बाबर ने कहा कि अभी टूर्नामेंट शुरू हुआ है, खत्म नहीं... हमें वापसी करनी है, अभी काफी मैच बाकि हैं।
और भी

CAB Elections: सौरव गांगुली ने नाम वापस लिया, भाई स्नेहाशीष होंगे नए अध्यक्ष

 

कोलकाता (छत्तीसगढ़ दर्पण)। CAB Elections: बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनके इस निर्णय के बाद उनके भाई स्नेहाशीष गांगुली के सीएबी के नए अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं सीएबी के उपाध्यक्ष के लिए इस बीच अमलेंदु विश्वास ने समेत अन्य पदों के लिए कैंडीडेट्स ने नामांकन दाखिल किए हैं।

बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव पद के लिए नरेश ओझा ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं देवव्रत दास ने संयुक्त सचिव के पद के लिए, प्रबीर चक्रवर्ती के साथ, जिन्होंने सीएबी में कोषाध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। वहीं इन कैंडीडेट्स के विपक्ष में कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया है।


बता दें कि इससे पहले सौरव गांगुली ने पहले कहा था, वह भविष्य में सीएबी अध्यक्ष के पद के लिए लड़ेंगे। लेकिन 2015 से 2019 तक बीसीसीआई के प्रमुख पद होने के कारण उन्होंने इस पद को छोड़ दिया था। सीएबी छोड़ने के बाद जगमोहन डालमिया के बेटे अविषेक ने सीएबी के अध्यक्ष के रूप में कार्य संभाला। लेकिन अब अविषेक डालमिया का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। उनकी जगह पर सौरव गांगुली के भाई स्नेहाशीष गांगुली अध्यक्ष बनने के लिए तैयार हैं। वहीं बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में सौरव गांगुली का कार्यकाल 18 अक्टूबर को समाप्त हो गया चुका है। पूर्व विश्व कप विजेता ऑलराउंडर रोजर बिन्नी को सर्वसम्मति से बोर्ड अध्यक्ष के रूप में चुना है।

बिन्नी के अध्यक्ष बनने के बाद टीम इंडिया ने दीपावली से ठीक एक दिन पहले पहले टी20 वर्ल्ड कप एक मैच में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी। पाकिस्तान को टीम इंडिया ने रविवार को 4 विकेट हराया है।
और भी

मेलबर्न में दीवाली से पहले जश्न, भारत ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हराया...

 मेलबर्न/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2022 का पहला मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। टीम इंडिया ने इस मैच में पाकिस्तान को 4 विकेट से हराकर पूरे देश को दिवाली का तोहफा दिया। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने इफ्तिखार अहम के अर्धशतक व शान मसूद के नाबाद अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 8 विकेट पर 159 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 160 रन का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में टीम इंडिया ने इस स्कोर को चेज करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 160 रन बनाकर मैच को 4 विकेट से जीत लिया। भारत की जीत के हीरो कोहली रहे जिन्होंने टीम के लिए नाबाद 82 रन की पारी खेली और उन्हें  प्लेयर आफ द मैच चुना गया।

भारत की पारी , विराट कोहली का अर्धशतक
भारतीय ओपनर बल्लेबाज केएल राहुल को पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह ने 4 रन के स्कोर पर बोल्ड आउट कर दिया। भारत का दूसरा विकेट कप्तान रोहित शर्मा के रूप में गिरा और उन्हें हैरिस राउफ ने 4 रन के स्कोर पर कैच आउट करवा दिया। हैरिस राउफ ने सूर्यकुमार यादव को 15 रन पर आउट कर दिया। अक्षर पटेल सिर्फ 2 रन बनाकर दूर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। विराट कोहली ने 43 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। हार्दिक पांड्या 40 रन बनाकर मो. नवाज की गेंद पर आउट हो गए। दिनेश कार्तिक एक रन बनाकर स्टंप आउट हो गए, लेकिन विराट कोहली 53 गेंदों पर 4 छक्के व 6 चौकों के साथ नाबाद 82 रन बनाए। इसके बाद आर अश्विन ने चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी।

पाकिस्तान की पारी, इफ्तिखार व शान मसूद के अर्धशतक
भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपने डेब्यू टी20 वर्ल्ड कप मैच की पहली ही गेंद पर बाबर आजम को डक पर आउट करके भारत को बड़ी सफलता दिला दी। अर्शदीप सिंह ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई और उन्होंने मो. रिजवान को 4 रन पर कैच आउट करवा दिया। रिजवान का कैच भुवनेश्वर कुमार ने पकड़ा। इफ्तिखार अहमद भारत के लिए खतरनाक साबित हो रहे थे और उन्होंने 34 गेंदों पर 4 छक्केव 2 चौकों की मदद से 51 रन बना लिए थे, लेकिन शमी ने उन्हें पगबाधा आउट करके उनकी पारी का अंत किया और भारत को राहत दिलाई।

हार्दिक पांड्या ने भारत को चौथी सफलता दिलाई और शाबाद खान को 5 रन के स्कोर पर सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट करवा दिया। हार्दिक पांड्या ने हैदर अली के रूप में अपना दूसरा विकेट लिया और उन्हें 2 रन पर सूर्यकुमार के हाथों कैच करवा दिया। हार्दिक ने मो. नवाज के रूप में इस मैच का तीसरा विकेट लिया और उन्हें 9 रन पर कैच आउट करवा दिया। अर्शदीप सिंह ने आसिफ अली को 2 रन पर कैच आउट करवा दिया। शाहीन अफरीदी को 16 रन पर भुली ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर दिया। शान मसूद ने 42 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 52 रन बनाए और नाबाद रहे। भारत की तरफ से पहली पारी में अर्शदीप सिंह व हार्दिक पांड्या ने 3-3 जबकि भुवी और शमी ने एक-एक विकेट लिए।  

मो. शमी व आर अश्विन टीम में, पंत हुए ड्राप
भारतीय प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाज मो. शमी को शामिल किया गया तो वहीं इस मैच में सीनियर स्पिनर आर अश्विन को भी अंतिम ग्यारह में जगह दी गई जो गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबपाजी भी कर लेते हैं। रिषभ पंत को इस मैच के लिए ड्राप किया गया तो वहीं चहल को भी टीम में जगह नहीं मिली। दिनेश कार्तिक को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया।

भारत की प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह।

पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन
बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), शान मसूद, हैदर अली, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, इफ्तिखार अहमद, आसिफ अली, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, नसीम शाह।

और भी

T20 World Cup 2022: लो स्कोरिंग मुकाबले में इंग्लैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से रौंदा, सैम करन ने लिए 5 विकेट

 

पर्थ(छत्तीसगढ़ दर्पण)। T20 World cup 2022 में सुपर 12 राउंड के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की पूरी टीम 19.4 ओवर में सिर्फ 112 रन पर सिमट गई। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने इस लक्ष्य को 18.1 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह मैच लो स्कोरिंग मैच रहा।

सैम करन की घातक गेंदबाजी
अफगानिस्तान की ओर से इब्राहिम जदरान ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए। इसके अलावा उस्मान गनी ने भी 30 रन की पारी खेली। अफगानिस्तान के 7 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए। इंग्लैंड की घातक गेंदबाजी के आगे अफगान के बल्लेबाजों ने पूरी तरह से सरेंडर सा कर दिया। इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हासिल किए। सैम करन ने 3.4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए।

इंग्लैंड भी बाद लड़खड़ाई थी

सैम करन के अलावा इंग्लैंड की ओर से मार्क वुड और बेन स्टोक्स को 2-2 विकेट मिले, जबकि एक विकेट क्रिस वोक्स के खाते में गया। अफगानिस्तान का स्कोर एक समय 5 विकेट पर 109 रन था। 3 रन बनाने में टीम के आखिरी 5 विकेट गिर गए। जवाब में इंग्लैंड ने 18.1 ओवर में पांच विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। लियाम लिविंगस्टन ने सबसे ज्यादा 21 बॉल में 29 रन बनाए। सैम करन प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

ग्रुप एक के इस मुकाबले के बाद इंग्लैंड अब अपने अगले मैच में आयरलैंड से भिड़ेगी, जबकि अफगानिस्तान का अगला मैच न्यूजीलैंड से होगा। यह दोनों मुकाबले 26 अक्टूबर को खेले जाएंगे।
और भी

भारत के लक्ष्य सेन डेनमार्क ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत के लक्ष्य सेन डेनमार्क ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रनकीरेड्डी की जोड़ी भी क्वार्टर फाइनल में पहुंची है। ओडेंस में लक्ष्य सेन ने एच.एस. प्रणय को 21-9, 21-18 से हराया। अब क्वार्टर फाइनल में लक्ष्य सेन का मुकाबला या तो जापान के कोदई नाराउका से या फिर चीन के लु ग्वांग जू से होगा।

किदांबी श्रीकांत को सिंगापुर के लो कियन यू से 21-13, 21-15 से हार का सामना करना पड़ा। पुरुष डबल्स में चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रनकीरेड्डी ने इंडोनेशिया के मोहम्मद फिकरी और बगास मौलाना को 21-14, 21-16 से हराया। अब इस जोड़ी का मुकाबला अंतिम आठ में मलेशिया के ऐरोन चिया और सोह वुल यिक से होगा।

 

 

और भी

निशानेबाजी में अनीश और सिमरनप्रीत कौर की मिश्रित जोड़ी ने जीता रजत पदक

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। निशानेबाजी में भारत के अनीश और सिमरनप्रीत कौर बराड की मिश्रित जोड़ी ने कल काहिरा में अंतरराष्‍ट्रीय निशानेबाजी खेल परिसंघ विश्‍व चैम्पियनशिप राइफल/पिस्‍टल में रजत पदक जीता।

25वीं रेपिड फायर पिस्‍टल मिश्रित टीम प्रतियोगिता के फाइनल में यह जोडी यूक्रेन की यूलिया कोरोस्टिलोवा और मैक्सिम होरोडिनेट्स से 14-16 से हार गई। प्रतियोगिता में अभी तक भारत ने दस स्‍वर्ण, छह रजत और दस कांस्‍य पदक सहित कुल 26 पदक जीते हैं।

और भी

खाद्य मंत्री ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत

 अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  खाद्य मंत्री  अमरजीत भगत ने गुरुवार को हाई स्कूल ग्रांउण्ड बंदना में आयोजित जोन स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलाम्पिक में खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। जोन स्तरीय प्रतिस्पर्धा में राजीव युवा मितान क्लब ग्राम पंचायत कोट, बन्दना, उड़मकेला व काराबेल की टीम शामिल हुई जिसमें कबड्डी, खो-खो, 100 मीटर लंबी दौड़ इत्यादि खेल में प्रतिभागियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गणेश प्रसाद सोनी, जनपद सदस्य रोहिदास पैकरा, पूर्व जनपद अध्यक्ष  कृष्ण मनोहर पैकरा जी  सबल दास सोनवानी, सरपंच कार्तिक राम, सरपंच  फिलोमिना मिंज, सरपंच फुलसीता मिंज, सरपंच  पवित्रा पैकरा, नोडल अधिकारी  अभिजीत बख्शी सहायक नोडल अधिकारी बनवारी राम भगत, स्कूल के समस्त शिक्षकगण राजीव युवा मितान क्लब के अध्यक्ष लक्की सोनी एवं बड़ी  संख्या में कर्मा नर्तक दल, छात्र-छात्राएं तथा ग्रामीण जन उपस्थित थे।

 

 

और भी

पारंपरिक खेलों में युवा से लेकर बुजुर्ग ले रहे उत्साह से हिस्सा

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों के प्रति लोगों की रूचि बढ़ाने के लिए राज्य सरकार गांव, नगर, कस्बों में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन कर रही है। इस खेल महाकुंभ को लेकर बच्चों से लेकर युवा, पुरुषों और महिलाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। हर वर्ग के लोग पारंपरिक खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार जिस तरह से छत्तीसगढ़ी परंपरा विरासत और संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को सहेजने में लगी है। उसी तरह से प्रदेश के पारंपरिक खेल कंचा, भंवरा, कबड्डी, खो-खो, लंगडी दौड़, 100 मीटर दौड़, कुर्सी दौड़, पिट्ठुल, गेड़ी दौड़, बिल्लस फुगड़ी, गिल्ली डंडा, लंबी कूद जैसे पारंपरिक खेलों को भी बचाए रखने के लिए प्रयासरत है।

 
 
 

इन खेलों के प्रति लोगों में रूचि बढ़ाने के लिए राज्य सरकार प्रदेश में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन कर रही है। इन पारंपरिक खेल प्रतिस्पर्धाओं में तो लोग हिस्सा ले ही रहे हैं, प्रतिभागियों का उत्साह और हौसला बढ़ाने के लिए खासी भीड़ भी जुट रही है। खेल मैदान में वृद्धजन नजर आ रहे है, जो बरसों से इन खेलों से दूरी बना रखे थे, लेकिन अब मैदान में उतरकर अपने पुराने दिनों की यादों को ताजा कर रहे हैं। यह आयोजन छह चरणों में होना है। अभी तक दो चरण में प्रतिस्पर्धाएं हो चुकी है। राज्य सरकार ने इस आयोजन के माध्यम से ऐसे लोगों को अपना खेल हुनर दिखाने का अवसर दिया है, जो खुद की खेल प्रतिभा से अंजान थे। 

आयोजन समितियों का किया गया है गठन :

राजीव युवा मितान क्लब एवं जोन स्तर पर खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन के लिए  प्रत्येक स्तर के लिए अलग-अलग विकासखंड नगरीय क्लस्टर स्तर पर आयोजन के लिए समिति का गठन किया गया है।

घरेलु महिलाएं भी ले रही हिस्सा

ग्रामीण क्षेत्र की ऐसी महिलाएं जो हमेशा घर के काम-काज में व्यस्त रहती हैं उन्हें भी छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के माध्यम से मैदान में उतरने का मौका मिला है। इस कारण महिलाएं उत्साहित हैं और एक दो नहीं, बल्कि कई खेल प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा ले रही हैं।

एकल और दलीय प्रतिस्पर्धा के लिए अलग-अलग पुरस्कार राशि निर्धारित

 
 
 

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक आयु वर्ग के एकल और दलीय प्रतिस्पर्धा के लिए अलग-अलग पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। दलीय खेल विधा में प्रथम पुरस्कार 10 हजार रूपए, द्वितीय पुरस्कार 7 हजार 500 रूपए, तृतीय पुरस्कार 05 हजार रूपए से पुरस्कृत किए जाएंगे। इसी तरह एकल विद्या में प्रथम पुरस्कार 01 हजार रुपए द्वितीय पुरस्कार 750 रुपए, तृतीय पुरस्कार 500 रूपए तय किए गए हैं।

और भी

भारत की रमिता जिंदल 10 मीटर एयर राइफल स्पर्द्धा में बनी विश्‍व चैंपियन

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मिस्र के काहिरा में अंतरराष्‍ट्रीय शूटिंग स्‍पोर्ट्स फेडरेशन विश्‍व चैंपियनशिप में भारत की रमिता जिंदल महिलाओं के जूनियर वर्ग के 10 मीटर एयर राइफल स्पर्द्धा में विश्‍व चैंपियन बन गई हैं। उन्‍होंने चीन की यिंग शेन को 16-12 से हराया।

रमिता और चीन की यिंग के बीच मुकाबला एक समय 12-12 अंकों की बराबरी पर था, लेकिन बाद में रमिता ने दो सटीक निशाने लगाकर शीर्ष स्‍थान हासिल कर लिया। तिलोत्‍मा सेन ने भारत के लिए दूसरा पदक जीता। वे रैंकिंग राउंड में तीसरे स्‍थान पर रहीं और उन्‍हें कांस्‍य पदक मिला।

और भी

विश्‍व निशानबाजी प्रतियोगिता में भारत के समीर ने जीता रजत पदक

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारतीय निशानेबाज़ समीर ने विश्व निशानेबाजी चैम्पियनशिप में पुरुषों की 25 मीटर जूनियर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता है। चीन के वांग शिवेन ने स्वर्ण पदक जीता। जबकि चीन के ही लियू यैनपैन को कांस्य पदक मिला। महिलाओं की एयर पिस्टल टीम स्पर्धा का फाइनल आज खेला जाएगा। ईशा सिंह, शिखा नरवाल और वर्षा सिंह की टीम भारतीय चुनौती पेश करेगी।

इससे पहले रविवार को पुरुषों की दस मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रुद्रांक्श बालासाहेब पाटिल, किरण अंकुश जाधव और अर्जुन बाबूता की टीम ने भारत के लिए प्रतियोगिता में पांचवां स्वर्ण पदक जीता। चैम्पियनशिप में, भारत ने अब तक पांच स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य पदक सहित चौदह पदक जीते हैं। भारत पदक तालिका में चीन के बाद दूसरे स्थान पर है।

और भी

मंत्री अकबर के प्रयासों से कवर्धा में खेल सुविधाओं का हो रहा विस्तार : नपा अध्यक्ष शर्मा

 कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कवर्धा के स्वामी करपात्री स्टेडियम में खेल ध्वज का ध्वजारोहण कर, छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति और राजकीय गीत अरपा पैरी के धार, महानदी हे अपार के साथ चार दिवसीय 22वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पंडरिया विधायक श्रीमती ममता चन्द्राकर ने इस प्रतियोगिता का विविधत शुभारंभ किया। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं बैच लगाकर स्वागत किया गया। 22 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के बच्चों द्वारा अति मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जिसमें सुआ, पंथी, पारंपरिक हरेली त्यौहार की झलकियां प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम शुभारंभ की घोषणा पंडरिया विधायक श्रीमती ममता चंद्राकर ने की। घोषणा के पश्चात आतिशबाजी चारों तरफ मैदान में किया गया। सभी प्रतियोगिताओं को खेल भावना के साथ खेल खेलने के लिए कुमारी मीरा साहू अंतर्राष्ट्रीय बाल बैडमिंटन खिलाड़ी द्वारा शपथ दिलाया गया। इस प्रतियोगिता में बाल बैडमिटन बालक बालिका 14, 19 वर्ष, व्हॉलीवाल बालक, बालिका 17-19 वर्ष, टेनिस क्रिकेट बालिका 19 वर्ष फिल्डआर्चरी बालक, बालिका 19 वर्ष और ड्रापरोबाल बालक, बालिका 17-19 वर्ष शामिल है। कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर के मुख्य आतिथ्य में इस राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन 21 अक्टूबर को किया जाएगा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पंडरिया विधायक श्रीमती ममता चन्द्रकार ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहा कि देश के अन्य राज्यों की तुलना में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में युवाओं को सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं में नेतृत्व क्षमता का भी विकास पर जोर दिया जा रहा है। उन्होने कहा कि स्वस्थ, सशक्त, ऊर्जावान और प्रतिभासंपन्न युवा ही हमारे राज्य के भविष्य हैं। युवाओं के वर्तमान और भविष्य का निर्माण करते हुए ही हम नवा-छत्तीसगढ़ के अपने सपने को साकार कर पाएंगे। उन्होने इस प्रतियोगिता में शामिल राज्य के पांच जोन बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा के सभी खिलाड़ियों के जीत के लिए अग्रिम बधाई दी। उन्होने कहा कि प्रत्येक टीम जीत के लिए मैदान में उतरती है लेकिन खेल में हार-जीत तय है। हमे जीत से आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, लेकिन हार से हमे आगे बढ़ने का रास्ता मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य के खिलाड़ी देश-दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रौशन करेंगे।

नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा इस आयोजन के लिए राज्य के खेल युवा कल्याण विभाग और जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि कबीरधाम की मेजबानी में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता खेल गतिविधियों के विकास के नए रास्ते बनेंगे। उन्होने कहा कि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर के प्रयासों से कवर्धा नगर पालिका अधोसरंचना‘-निर्माण कार्यों के साथ-साथ खेल गतिविधियों के विकास पर विशेष फोकस किया जा रहा है। उनके प्रयासों से आज कवर्धा के स्वामी करपात्री स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। मंत्री अकबर के प्रयासों स्टेडियम हाईमास्क लगाए गए है। आने वाले समय में और खेल गतिविधियों के विकास के लिए नई कार्य योजनाएं बनाई जाएगी, इससे प्रदेश में कवर्धा जिला का नाम रौशन होगा। उन्होने राज्य भर के आए सभी खिलाड़ियों को जीत के लिए बधाई दी। इस अवसर पर कलेक्टर जनमेजय महोबे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुशीला रामकुमार भट्ट और जनपद अध्यक्ष श्रीमती इंद्राणी दिनेश चंद्रवंशी ने भी संबोधित किया और सभी छात्र छात्राओं को आर्शीवचन एवं उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी। इस दौरान सदस्य शकम्भरी आयोग हरि पटेल, मंडी अध्यक्ष नीलकंठ साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष जमील खान, पार्षद प्रमोद लुनिया, मोहित महेश्वरी, जिला समन्वयक राजीव युवा मितान क्लब मनीष कुमार सहित कलेक्टर जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत सीईओ संदीप कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे जिला शिक्षा अधिकारी एमके गुप्ता, सहायक संचालक यू आर चंद्राकर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय जायसवाल सहित अन्य जिले के आए प्रतिभागी टीम के लीडर, जिले के व्यायाम शिक्षक उपस्थित थे।

22 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में 5 खेल क्षेत्रों के लगभग 890 खिलाड़ी और ऑफिसियल्स भाग लेंगे
जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्र गुप्ता ने स्वागत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि 22 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में 5 खेल क्षेत्रों के लगभग 890 खिलाड़ी और ऑफिसियल्स समिल्लित हो रहे है। 18 से 21 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बाल बैडमिटन बालक बालिका 14, 19 वर्ष, व्हॉलीवाल बालक, बालिका 17-19 वर्ष, टेनिस क्रिकेट बालिका 19 वर्ष फिल्डआर्चरी बालक, बालिका 19 वर्ष और ड्रापरोबाल बालक, बालिका 17-19 वर्ष शामिल है। 22 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले क्षेत्रों को पांच जोन में विभाजित किया गया है। जिसमें जोन बस्तर के जिला बस्तर दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, जोन बिलासपुर जोन के बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, कोरबा, सक्ति, रायगढ़, गौरेला पेंड्रा मरवाही है। वहीं जोन रायपुर के रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद है। जोन सरगुजा के सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर, कोरिया सूरजपुर और जोन दुर्ग के दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम है। कलेक्टर जनमेजय महोबे के मार्गदर्शन में विभिन्न खेल क्षेत्रों के लिए शासकीय एवं निजी विद्यालयों में आवास व्यवस्था, चिकित्सा और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है और उनके सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है।

और भी

विश्वविद्यालयीन खेल-कूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिता में छात्र छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

 बेमेतरा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अंतर-क्षेत्रीय (विश्वविद्यालय स्तरीय) खेल-कूद प्रतियोगिता, 2022 का आयोजन 2-4 अक्टूबर को कृषि महाविद्यालय, रायपुर के परिसर में आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में कुमारी देवी चौबे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, साजा के छात्र-छात्राओं ने पश्चिम क्षेत्र के प्रतिभागियों के रूप में सम्मिलित हुए थे। कुमारी देवी चौबे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, साजा की चतुर्थ वर्ष की छात्रा कुमारी मीरा ने 800 मीटर दौड़ व भाला फेक प्रतियोगिता में क्रमशः प्रथम व तृतीय स्थान प्राप्त किया। ज्ञात हो कि मीरा का चयन जोनल प्रतिस्पर्धा जो कि कृषि महाविद्यालय, कवर्धा में सम्पन्न हई थी, में प्रथम स्थान प्राप्त होने के कारण विश्वविद्यालय स्तर पर नामांकित की गई थी।

मीरा का चयन इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में भी प्रथम स्थान पर हुआ है। जो कि आगे अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में प्रतिभागी होंगी एवं इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को रिप्रेजेंट करेंगी। महाविद्यालय की चतुर्थ वर्ष की छात्रा कुमारी मीरा को इस उपलब्धि पर अधिष्ठाता, शैक्षणिक प्रभारी एवं सभी शिक्षकों ने प्रोत्साहन एवं बधाइयां दी।

खेलकूद प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ कृषि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने राजमोहनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, अंबिकापुर में विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालीन युवा महोत्सव ‘‘मड़ई-2022‘‘ में भाग लिया। इस कार्यक्रम में चतुर्थ वर्ष के छात्र कोविंद सिंह ठाकुर ने फाइन आर्ट प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान अर्जित कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया। विश्वविद्यालय स्तर पर छात्र के इस उपलब्धि पर अधिष्ठाता ने बधाइयां दी तथा महाविद्यालय के समस्त विद्यार्थियों को मीरा एवं कोविंद से प्रेरित होते हुए भविष्य में होने वाली अन्य खेल-कूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने की बात कही।

अधिष्ठाता ने इस बात पर जोर दिया कि शैक्षणिक कार्य के साथ-साथ खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों में भी छात्र-छात्राओं को रुचि लेना चाहिए ताकि उनका व्यक्क्तित्व का बौद्धिक विकास अच्छे से हो जिससे किसी भी स्तर पर अपने आप को एक सक्षम व्यक्तित्व की तरह प्रदर्शित कर सकें। यह भी ज्ञात हो कि कृषि महाविद्यालय साजा मात्र 3 वर्ष पहले ही शुरुआत हुई है। छात्रों की इस तरह की उपलब्धि आने वाले समय में अन्य छात्रों को प्रेरित करती है।

 

 

और भी

तीरंदाजी में बिलासपुर, सिलम्बम में रायपुर, मलखम्ब में बस्तर जोन ने किया गोल्ड पर कब्जा

 कोण्डागांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। 22वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के तृतीय दिवस में सभी जोन के खिलाडिय़ों की ओर से उम्दा प्रदर्शन किया गया। जिसमें सभी जोनों द्वारा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मैदान अपने नाम किया। इसमें तीरंदाजी इंडियन राउंड में बालिका अंडर-14 वर्ग में फलक यादव बस्तर प्रथम रहीं वहीं भूपेंद्री पोर्ते बिलासपुर को द्वितीय व बिलासपुर की भावना को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। 

बालक तीरंदाजी अंडर 14 वर्ग में बिलासपुर के विक्रम को प्रथम व युवराज को द्वितीय तथा रायपुर के संजय सोनवानी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं बालक तीरंदाजी अंडर-17 वर्ग में बिलासपुर के देवेंद्र को प्रथम, बिलासपुर के गितेश यादव को दूसरा व बस्तर के सुनील पोयाम को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। बालिका तीरंदाजी अंडर-17 वर्ग में रायपुर की माही को प्रथम, दुर्ग की के. शमा पिस्दा को दूसरा व बिलासपुर की तुलेश्वरी को तीसरे स्थान प्राप्त हुआ। बालक तीरंदाजी अंडर-19 वर्ग में बिलासपुर के अजय कुमार को प्रथम, बिलासपुर के ही कुबेर सिंह जगत का द्वितीय व बस्तर के सुंदर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं तीरंदाजी इंडियन अंडर-19 बालिका वर्ग में हर्षिता रायपुर को प्रथम, दिव्या रायपुर को द्वितीय, सोनिया बस्तर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

फुटबॉल प्रतियोगिताओं में तृतीय दिवस अंडर :

17 बालिका वर्ग में रायपुर व बिलासपुर के मध्य प्रथम मैच खेला गया, जिसमें रायपुर ने 12-0 से प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस मैच में रायपुर जोन की आस्था ने 05 गोल दाग कर सर्वश्रेष्ठ खेल का प्रदर्शन किया। दूसरे मैच  में बालक वर्ग दुर्ग व रायपुर के मध्य खेला गया। जिसमें रायपुर को 2-0 से विजय प्राप्त हुई। तीसरे मैच बालिका वर्ग में बस्तर व दुर्ग के मध्य खेला गया। जिसमें बस्तर ने 3-0 से बढ़त बनाकर विजय प्राप्त की। चौथें मैच में बालक वर्ग सरगुजा व बिलासपुर के मध्य मैच खेला गया। जिसमें सरगुजा ने 3-0 से जीत हासिल किया।

सिलम्बम प्रतियोगिताओं में अंडर 17 डबल स्टिक बालक वर्ग में रायपुर जोन ने प्रथम, सरगुजा जोंन ने द्वितीय व बस्तर जोन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में बिलासपुर जोन ने प्रथम, रायपुर जोन ने द्वितीय व बस्तर जोन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सिलंबम्ब सिंगल स्टिक बालक वर्ग में बिलासपुर जोन ने प्रथम, बस्तर जोन ने द्वितीय व दुर्ग जोन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सिंगल स्टिक बालिका वर्ग में बिलासपुर जोन ने प्रथम, रायपुर जोन ने द्वितीय, सरगुजा जोन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तलवारबाजी में रायपुर जोन ने प्रथम, बिलासपुर जोन ने द्वितीय, बस्तर जोन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग तलवारबाजी में रायपुर ने प्रथम, बिलासपुर ने द्वितीय, सरगुजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

स्पीयर स्टिक भाला में रायपुर ने प्रथम, बिलासपुर ने द्वितीय, सरगुजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में बिलासपुर ने प्रथम,रायपुर ने द्वितीय व बस्तर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्टिक फाईट बालक वर्ग में रायपुर ने प्रथम, बस्तर ने द्वितीय व दुर्ग ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में बस्तर ने प्रथम, सरगुजा ने द्वितीय, बिलासपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मलखम्ब प्रतियोगिता में पोल व रोप के दोनों वर्गों व सभी ग्रुपों में बस्तर जोन ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया।

 
और भी

छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के प्रति लोगों में दिखा उत्साह

 बेमेतरा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश के पारंपरिक खेल गतिविधियों को ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने प्रतिभागियों को मंच प्रदान करने, उनमें खेलों के प्रति जागरुकता बढ़ाने और खेल भावना विकसित करने राज्य शासन की ओर से छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। 

इसी क्रम में छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के दूसरे चरण में जोन स्तरीय प्रतियोगिता चारों अनुभाग बेमेतरा, बेरला साजा और नवागढ़ में चल रहा है, प्रतिभागी के साथ-साथ आमजन भी इसमें शामिल हो रहे हैं। बच्चे तो बच्चे जवान और बुढ़े भी खेल में बढ़चढ़ कर हिस्सेदारी कर रहे है और दिवाली से पहले विकास खण्ड स्तर के लिए अपनी जगह सुनिश्चित करने पूरी मेहनत और लगन से खेल में भाग ले रहे है। पारंपरिक खेलों का आनंद लेने आमजन भी अपने गावों की टीम का उत्साहवर्धन करने जोन स्तर पहुंच रहे हैं। छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के आनंद दिपावली के संग अपने दल के विजय होने पर फटाखे फोड़कर दिवाली सा माहौल बना रहें है।

खेल अधिकारी नागेश्वर तिवारी ने बताया कि क्षेत्र के जन प्रतिनिधि अपने अपने क्षेत्रों में अतिथ्य स्वीकार कर पारंपरिक खेलों जिसमें गिल्ली डंडा पि_ुल लंगड़ी दौड़, रस्सी-खींच, बांटी बिल्लस, फुगड़ी गेड़ी दौड़ भौरा आदि खेलों में प्रतिभागियों का उत्साह वर्धन कर रहे है। छत्तीसगढ़ शासन के योजनाओं को आमजन तक पहुचाने में राजीव युवा मितान क्लब महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है। खेल व युवा कल्याण विभाग से समन्वय कर पंचायत विभाग व नगरीय प्रशासन विभाग अपने अधिनस्थों के द्वारा प्रथम चरण पूर्णकर द्वितीय चरण का सफलता पूर्वक आयोजन किया जा रहा है। 15 से 20 अक्टूबर तक जोन स्तर के प्रतियोगिता के बाद दिवाली और फिर विकासखंड स्तर का आयोजन 27 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक किया जाएगा।

और भी

ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में से उत्साह से पारंपरिक खेलों का आयोजन

 दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल की ओर से छत्तीसगढ़ में पारंपरिक खेल गतिविधियों के संरक्षण के लिए राज्य में छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक खेल का आयोजन किया जा रहा है। जिसके माध्यम से जिले के ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में 14 प्रकार के पारंपरिक खेलों जैसे गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, बाटी व एकल खेल में गेड़ी दौड़, बिल्लस, फुगड़ी, भंवरा, 100 मी. दौड़, लम्बी कूद खेल का आयोजन किया जा रहा है। 

इस खेल में हर आयु वर्ग को अवसर देने के लिए तीन श्रेणियों में बांट दिया गया है। जिसमें प्रतिभागी वर्गानुसार खेल कला में प्रदर्शन कर रहे है। इन तीन श्रेणियों में महिला, पुरुष दोनों वर्गों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है। महिलाओं को भी इस खेल के माध्यम से आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक से प्रतिभागियों को एक मंच मिल रहा है। वहीं लोगों में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और खेल भावना का विकास होगा। जिले में वर्तमान में जोन स्तर का खेल 15 अक्टूबर से शुरू हुआ है जिसमें राजीव युवा मितान क्लब स्तर से विजेता खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। यह खेल 20 अक्टूबर तक चलेगा। जोन स्तर पर विजेता खिलाडिय़ों को 27 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक विकासखंड स्तर में खेलने का अवसर मिलेगा।

 
और भी

खरसिया के 10 खिलाड़ी खेलेंगे राज्य प्रतियोगिता में

 खरसिया (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सेंट जॉन इंग्लिश मीडियम स्कूल के खिलाड़ी 22वीं छत्तीसगढ़ राज्य शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग का प्रतिनिधीत्व करेंगे।

उल्लेखनीय होगा कि बॉल बैडमिन्टन का आयोजन  कबीरधामजिले में 18 से 21 अक्टूबर 2022 तक किया जा रहा है। जिसमें खरसिया के कोच चिंतामणि चक्रधारी एवं श्यामा पटेल तथा श्रीमति शैल गवेल के साथ छात्र-छात्राओं का दल बिलासपुर के लिये रवाना हुआ। जहां से दल प्रबंधक अमित तिवारी के साथ सभी खिलाड़ी कबीरधाम की लिये रवाना हुए। खिलाड़ियों में 14 वर्ष में अदिति गवेल, स्नेहा बंजारे, मयंक मिरी, सुधीर महंत, पीयूष बाघ एवं 19 वर्ष में प्रेरणा वर्मा, निकिता भारद्वाज, देवेश साहू, साहिल सिदार, लक्ष्य पाल हैं। ऐसे में विकासखंड क्रीड़ा प्रभारी रामगोपाल पटेल, प्राचार्य आरएन नागवंशी, प्राचार्य फादर सुरेश टोप्पो, मैनेजर फादर पिटर बेक, दिनेश कुमार, राजेश कुमार मिरी, शिवेंद्रसिंह गवेल आदि ने शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

और भी