छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

आरक्षण मामले में रमन सरकार ने जानबूझ कर लापरवाही बरती : मोहन मरकाम

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कोण्डागांव में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुये कहा कि पूर्ववर्ती रमन सरकार के लापरवाही के कारण हाईकोर्ट में आरक्षण रद्द हुआ। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्ग के 58 प्रतिशत आरक्षण को बिलासपुर उच्च न्यायालय द्वारा रद्द किये जाने का फैसला आया।

भाजपा की लापरवाही के कारण आरक्षण के खिलाफ फैसला आया। रमन सरकार ने अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन नहीं किया था। कांग्रेस सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर किया है। हम आदिवासी समाज की लड़ाई लड़ेंगे।

उनकी सरकार की लापरवाही, अकर्मण्यता और गैर जिम्मेदाराना रवैये का नतीजा यह फैसला है। रमन सरकार ने 2011 में आरक्षण को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने का निर्णय लिया था। 2012 में हाईकोर्ट में चुनौती दी गयी थी।

सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न निर्णयों जिसमें इंदिरा साहनी का फैसला प्रमुख के अनुसार कोई भी राज्य सरकार यदि 50 प्रतिशत से ज्यादा आरक्षण करती है तो अत्यंत विशेष परिस्थितियों,  विचार एवं तथ्यों के साथ कोर्ट के समक्ष अपना पक्ष प्रस्तुत करना होगा। इसका भी ख्याल नहीं किया गया।

छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को बढ़ाने के तमाम तर्कसंगत कारण और विशेष परिस्थितियां है लेकिन भारतीय जनता पार्टी और रमन सरकार की नीयत में खोट थी। उन्होंने अदालत में राज्य की 95 प्रतिशत आबादी के हक में तर्क नहीं दिया और जनता को उसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

जब आरक्षण को बढ़ाने का निर्णय हुआ उसी समय सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार राज्य सरकार को अदालत के सामने आरक्षण को 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ाने की विशेष परिस्थितियों और कारण को बताना था।
 
तत्कालीन रमन सरकार अपने इस दायित्व का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर पायी। 2012 में बिलासपुर उच्च न्यायालय में 58 प्रतिशत आरक्षण के खिलाफ याचिका दायर हुई तब भी रमन सरकार ने सही ढंग से उन विशेष कारणों को प्रस्तुत नहीं किया जिसके कारण राज्य में आरक्षण को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत किया गया।
 
रमन सरकार ने आरक्षण में संशोधन के पहले सुप्रीम कोर्ट के पूर्ववर्ती फैसले को ध्यान में नहीं रखा। बाद में दोबारा संशोधित जवाब पेश करते हुए कुछ डेटा प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया, लेकिन वो भी प्रर्याप्त नहीं थे।

आरक्षण को बढ़ाने के लिये तत्कालीन सरकार ने तत्कालीन गृहमंत्री ननकी राम कंवर की अध्यक्षता में 2010 में मंत्रिमंडलीय समिति का भी गठन किया था। रमन सरकार ने उसकी अनुशंसा को भी अदालत के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया जिसका परिणाम है कि अदालत ने 58 प्रतिशत आरक्षण के फैसले को रद्द कर दिया।

कांग्रेस की सरकार बनने के बाद अंतिम बहस में तर्क प्रस्तुत किया गया मंत्रिमंडलीय समिति के बारे में जानकारी दी गयी लेकिन पुराने हलफनामे उल्लेख नहीं होने के कारण अदालत ने स्वीकार नहीं किया।

इस प्रकरण में जब राज्य सरकार की अंतिम बहस हुई तो खुद महाधिवक्ता मौजूद रहे थे। उन्होंने मंत्रीमंडलीय समिति की हजारों पन्नों की रिपोर्ट को कोर्ट में प्रस्तुत किया था। लेकिन कोर्ट ने ये कहते हुए उसे खारिज कर दिया कि राज्य शासन ने कभी भी उक्त दस्तावेजों को शपथ पत्र का हिस्सा ही नहीं बनाया। लिहाजा, कोर्ट ने उसे सुनवाई के लिए स्वीकार नहीं किया।

यदि किसी वर्ग के आरक्षण में कटौती किये बिना ईमानदारी से दूसरे वर्ग के आरक्षण को बढ़ाया जाता तो यह स्थिति निर्मित नहीं होती, जब सभी वर्ग संतुष्ट होता तो कोई कोर्ट में चुनौती नहीं होती। यदि आरक्षण बढ़ाया था तो उसके विशेष कारणों को बताने की जवाबदेही भी सरकार को थी। रमन सरकार ने नहीं बताया।

आरक्षण रद्द किये जाने का विपरीत प्रभाव अब तक हुये एडमिशन में न पड़े और भर्तियां हुई है इस पर न पड़े। इसके लिये अदालत से विशेष निवेदन किया गया। अदालत ने इसको माना भी इस फैसले का अभी तक की भर्तियों पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

हमारा मानना है कि राज्य के सभी वंचित वर्ग को उनकी आबादी के अनुपात में आरक्षण दिया जाये, एससी के आरक्षण में कटौती न, एसटी को पूरा आरक्षण मिले, ओबीसी को पूरा मिले रमन सरकार ने यही सावधानी नहीं बरता था।
और भी

बीमार मामा को रिक्शा में अस्पताल ले जा रहा था मासूम भांजा, नजारा देख लोग हो गए भावुक...

 रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर से एक ऐसा नजारा सामने आया है कि उसे जिस किसी ने भी देखा वह भावुक हो गया। दरअसल शनिवार को एक किशोर अपने बीमार मामा को गंभीर हालत में माल ढोने वाले रिक्शा में लिटाकर अस्पताल ले जा रहा था। मामा का शरीर शॉल से ढका था और पैर रिक्शे से बाहर की ओर लटके हुए थे। यह नजारा वाकई में भावुक करने वाला था। पुलिस चौकी के सामने से गुजरते समय पुलिसकर्मियों की नजर पड़ी तो उन्होंने मासूम भांजे की मदद करते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया। यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने पीएम के बाद बताया कि शरीर में खून की कमी के अलावा अन्न का एक दाना भी पेट में नहीं था। बीमार मामा को रिक्शा में ढोने वाली इस घटना पर लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।

वाड्रफनगर के वार्ड क्रमांक 2 निवासी अशोक पासवान पिता दुखी पासवान 40 वर्ष की शादी नहीं हुई थी। वह मजदूरी कर जीवन-यापन कर रहा था। तीन-चार दिनों से उसकी तबीयत खराब थी, ऐसे में मां व बहन द्वारा उसका इलाज कराया जा रहा था। शनिवार की शाम उसका शरीर अचानक से ठंडा पडऩे लगा, यह देख घरवाले घबरा गए और उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। कोई साधन व वाहन नहीं मिलने पर उसका नाबालिग भांजा उसे माल ढोने वाले रिक्शे में लेकर उसे अस्पताल ले लिए निकल पड़ा। बीमार मामा को उसने रिक्शे पर लिटाकर ऊपर से शॉल से ढक दिया था।

रास्ते में आने-जाने वाले लोग यह देखते हुए निकलते गए लेकिन किसी ने मासूम की मदद नहीं की। यह नजारा लोगों को भावुक करने वाला था।

पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
जब मासूम अपने मामा को रिक्शे में ढोकर वाड्रफनगर चौकी के सामने पहुंचा तो चौकी प्रभारी ने उसे रोककर पूछताछ की। जब मासूम ने पूरी बात बताई तो पुलिस ने शरीर को छुकर देखा तो शरीर गर्म था।

फिर पुलिसकर्मियों ने उसकी मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच पश्चात उसे मृत घोषित कर दिया। शाम होने की वजह से उसका पीएम नहीं हो सका।

और भी

बिलासपुर को एक और नई विमान सेवा की मिली सौगात:मुख्यमंत्री

*बिलासपुर-इंदौर-बिलासपुर विमान सेवा का भूपेश बघेल, सिंधिया ने किया शुभारंभ*


 बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर आज मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एयर कनेक्टिविटी से जुड़ गई। न्यायधानी बिलासपुर को बिलासपुर-इंदौर-बिलासपुर नई विमान सेवा के रूप में एक बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बिलासपुर-इंदौर-बिलासपुर विमान सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से और केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया नई दिल्ली से हरी झण्डी दिखाकर फ्लाईट को बिलासा देवी केंवट हवाई अड्डा चकरभांटा बिलासपुर से इंदौर के लिए रवाना किया।

          मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने बिलासपुर-इंदौर विमान सेवा के शुभारंभ पर बिलासपुर और इंदौर नगरवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार विमान सेवाओं के विस्तार के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंनेे कहा कि बिलासपुर से अन्य बड़े शहरों जैसे मुम्बई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलोर के लिये भी विमान सेवा प्रारम्भ की जाये। उन्होंने स्वामी विवेकानन्द एयरपोर्ट रायपुर से अंतर्राष्ट्रीय विमान सेवा प्रारम्भ करने और यहां अंतर्राष्ट्रीय कार्गाे हब की स्थापना के लिये भी केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से आग्रह करते हुए कहा कि रायपुर एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय मानक अनुसार तैयार किया जा चुका है। रायपुर एयरपोर्ट अब अंतर्राष्ट्रीय फ्लाईट के संचालन के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन द्वारा रायपुर एयरपोर्ट हेतु भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को 461 एकड़ भूमि निशुल्क उपलब्ध कराई गई है। जिस पर रनवे विस्तार, नवीन टर्मिनल भवन निर्माण, एटीसी टॉवर निर्माण कर इसे अंतर्राष्ट्रीय मानक अनुसार तैयार किया जा चुका है। एयरपोर्ट विकास हेतु भूमि की लंबित मांग, एयरपोर्ट परिसर के सुरक्षा सबंधी समस्याओं का राज्य शासन द्वारा समाधान कर लिया गया है।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया से रिजनल कनेक्टिविटी योजनांतर्गत अंबिकापुर से बिलासपुर, रायपुर को जोड़ते हुए निकटवर्ती प्रमुख शहरों वाराणसी, रांची, पटना, भुवनेश्वर जैसे शहरों के लिये विमान सेवा प्रारम्भ करने का आग्रह भी किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए राज्य शासन द्वारा किए गए प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा बिलासपुर एयरपोर्ट का 3-C VFR श्रेणी में उन्नयन किया गया है। एलायंस एयर कम्पनी द्वारा बिलासपुर से दिल्ली-जबलपुर-बिलासपुर-प्रयागराज वायुमार्ग पर 1 मार्च 2021 को प्रथम नियमित घरेलू विमान सेवा प्रारम्भ की गयी तथा 5 जून  से बिलासपुर से भोपाल के लिये भी नियमित विमान सेवा शुरू की गई।  

श्री बघेल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास एवं इसे क्रियाशील बनाने हेतु अब तक 25 करोड़ 10 लाख रूपए व्यय किए गए हैं। एयरपोर्ट से बढ़ती हुई विमान सेवाओं व यात्रियों की संख्या को देखते हुए वर्तमान टर्मिनल भवन की क्षमता के विस्तार के लिए 1 करोड़ 90 लाख के कार्य की स्वीकृति दी जा रही है। बिलासपुर एयरपोर्ट को 3-CIFR मानक अनुसार तैयार करने एवं यहां नाईट लैण्डिंग की सुविधा के विकास के लिये 22 करोड़ रूपए की लागत के कार्यों की स्वीकृति जारी की जा रही है। एयरपोर्ट से विमानों के सुगम संचालन हेतु पीबीएन नेविगेशन प्रणाली की स्थापना के लिये भारतीय विमानपत्तन को राज्य शासन द्वारा राशि का भुगतान कर दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा अम्बिकापुर एयरपोर्ट को 3-C VFR अनुसार विकसित करने के लिये रनवे विकास व विस्तार, सिटी साईड के विकास कार्यों हेतु 48 करोड़ के कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गयी है। एयरपोर्ट विकास संबंधी कार्य तीव्र गति से जारी है, 31 दिसम्बर 2022 तक एयरपोर्ट को विकसित कर इसके लायसेंसिंग हेतु आवेदन करने का लक्ष्य है।      

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ में विमानन सेवाओं के विस्तार के लिए केंद्र की ओर से हर संभव मदद देने के लिए तत्पर है। उन्होंने इस नई विमान सेवा के प्रारंभ होने पर बिलासपुर और इंदौर नगर वासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट में नाइट लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उचित है। एयरपोर्ट के रनवे के विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता होगी। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस संबंध में कहा कि राज्य सरकार द्वारा चकरभाटा एयरपोर्ट से लगी हुई 1000 एकड़ भूमि सेना को दी गई थी, लेकिन इसका उपयोग नहीं किए जाने के कारण अब इस भूमि को वापस लेने का प्रयास राज्य सरकार कर रही है। भूमि वापस होने पर चकरभाटा एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि उपलब्ध करा दी जाएगी। श्री सिंधिया ने कहा कि बिलासपुर और इंदौर दोनों ही शहरों का आर्थिक और धार्मिक रूप से काफी महत्व है। इन दोनों शहरों के एयर कनेक्टिविटी से जुड़ने पर दोनों शहरों के लोगों को एक अच्छी सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित हर राज्य में एयर कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए केंद्र सरकार तत्पर है।

*बिलासपुर-इंदौर-बिलासपुर विमान सेवा सप्ताह में चार दिन -*

बिलासपुर-इंदौर-बिलासपुर विमान सेवा सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को पूर्वान्ह 11.35 बजे से बिलासपुर से रवाना होकर दोपहर 1.25 बजे इंदौर पहुंचेगी और इंदौर से दोपहर 1.55 बजे रवाना होकर अपरान्ह 3.45 बजे बिलासपुर वापस लौटेगी। आज बिलासपुर से इंदौर रवाना हुई। पहली फ्लाईट 50 यात्रियों को लेकर रवाना हुई। इस मार्ग पर एलायंस एयर द्वारा 72 सीटर विमान का संचालन किया जा रहा है।  

बिलासपुर एयरपोर्ट पर संसदीय सचिव डॉ. रश्मि सिंह, सांसद बिलासपुर  अरूण साव, विधायक  धरमलाल कौशिक,  शैलेष पाण्डेय, रजनीश सिंह, महापौर  रामशरण यादव, जिला पंचायत बिलासपुर के अध्यक्ष  अरूण सिंह चौहान, पर्यटन मंडल अध्यक्ष  अटल श्रीवास्तव, जिला सहकारी बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष  प्रमोद नायक, सचिव योग आयोग  रविन्द्र सिंह, कृषि उपज मंडी बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र शुक्ला, अध्यक्ष विजय केशरवानी और विजय पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

 

और भी

गृहमंत्री साहू की टिप्पणी से सरोज पांडेय नाराज, सोनिया गांधी को पत्र लिखकर की सख्त कार्रवाई की मांग...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भाजपा सांसद सरोज पांडेय ने छत्तीसगढ़ की जर्जर सड़कों के मुद्दे को उठाए जाने के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की गई निजी टिप्पणियों पर आपत्ति जताई है। खासकर के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू द्वारा की गई निजी टिप्पणियों पर सख्त आपत्ति जताते हुए उन्होंने एआईसीसी कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने मांग की है।


बता दें कि सांसद सरोज पांडेय ने बीते दिनों अकलतरा विधानसभा से कोरबा जाते समय सड़कों की हालत पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में पोस्ट किया था। इसमें सांसद सरोज पांडेय ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए एक न्यूज एंकर की तरह सड़क की हालत को बयां किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि सड़क में गड्ढे हैं, या गड्ढों में सड़क समझ में नहीं आ रहा है।

इस मुद्दे ने तेजी से राजनीतिक तूल पकड़ा लिया। सत्ता के ऊंचे गलियारे तक बात पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सड़कों की दशा के लिए पूर्ववर्ती भाजपा सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को जिम्मेदार ठहराया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरोज पांडेय सीधे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर हमला नहीं कर सकती हैं, इसलिए वे रोड के बहाने सरकार पर निशाना साध रही है।

 

 

और भी

कलेक्टर ने कुंदला, कोहकमेटा और सोनपुर स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

 नारायणपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर रघुवंशी ने आज धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र कुंदला, कोहकमेटा और सोनपुर के स्वास्थ्य केन्द्रों का सघन निरीक्षण किया और उन्होंने आम जनता को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत जानी। कलेक्टर रघुवंशी सर्वप्रथम कुंदला स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे, वहां उन्होंने आमजनों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने यहां गंभीर और आकस्मिक चिकित्सा के लिए दिये जा रहे उपचार सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य केन्द्र में ईलाज के लिए भर्ती मरीज से भी बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उन्हें दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने कोहकमेटा व सोनपुर के स्वास्थ्य केंद्रों का भी निरीक्षण किया।

 
और भी

9 किलोमीटर चलकर माता काली के दरबार परेवा-पहाड़ पहुँचा भक्तों का जत्था

 खरसिया (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नवरात्री की सप्तमी तिथि के पावन अवसर पर ग्राम बड़ेडूमरपाली के नवयुवक दुर्गा पूजा समिति के प्रयास से गांव के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पदयात्रा करते हुए माता काली के दरबार में माथा टेकने पहुंचे।

ग्राम बड़ेडूमरपाली के नवयुवक दुर्गा पूजा समिति के द्वारा गांव के भख्खेश्वरी माता (खोलगोसाईन) के दरबार से पैदल यात्रा कर परेवापहाड़ (मौहापाली) में स्थित माता काली के दरबार में पूजा अर्चना की। दुर्गा पूजा समिति के आह्वान पर गांव के सैकड़ों श्रद्धालु माता के दरबार तक पदयात्रा करने के लिए नंगे पैर निकल पड़े। भगवान भोलेनाथ, विष्णुजी, हनुमानजी की मनमोहक झांकी, डीजे साउंड पर माता रानी का मधुर गीत, हाथों में जयमातादी की ध्वजा, सर पर चुनरी व जयमातादी का पट्टा बांधकर और जयमातादी का जयकारा लगाते हुए बच्चे, जवान व बुजूर्ग महिला पुरूष पदयात्रा पर चल रहे थे। वहीं ग्राम बड़ेडूमरपाली के नवयुवक दुर्गा पूजा समिति की ओर से पदयात्रा के लिए प्रचार प्रसार किया गया था। ऐसे में पदयात्रा में भाग लेने के लिए कांग्रेस की महिला नेत्री नयना गबेल भी अपनी टीम के साथ ग्राम कुनकुनी में सम्मलित होकर काली माता मंदिर तक पदयात्रा के दौरान उपस्थित रही।

 

 

और भी

सफलता की कहानी : मक्के की खेती से आर्थिक रूप से सशक्त हुआ सालिक राम ध्रुव का परिवार

वन अधिकार पट्टे से मिले ढाई एकड़ जमीन में 18 क्विंटल से अधिक हुआ मक्के का उत्पादन

 गरियाबंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वकां योजनाएं किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। प्रदेश के छोटे किसान भी खेती-बाड़ी से बेहतर आय की प्राप्त कर रहे हैं। शासन की पहल और अपने मेहनत से किसान सफलता की नई-नई कहानी लिख रहे हैं। प्रदेश के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए शासन-प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किया जा रहा है। किसानों को नई फसल लेने के लिए कृषि विभाग की ओर से पहल कर उन्हें नगदी फसल और आधुनिक खेती से जोड़ा जा रहा है।

गरियाबंद विकासखंड अंतर्गत वनांचल में बसे ग्राम जैतपुरी के सालिक राम ध्रुव ने कृषि विभाग के प्रयास और परामर्श से शासन की ओर से मिले वन पट्टा का बेहतर उपयोग करते हुए उसमें मक्के की खेती कर रहे है। हालांकि इससे पूर्व वे धान बोते थे। इस बार उन्होंने ढ़ाई एकड़ के खेत में कृषि विभाग की ओर से मिले नि:शुल्क मक्के का बीज (केएमएच-3426) लगाया था। इस खेती से उसने लगभग 18 क्विंटल मक्के का उत्पादन हुआ है। जिसमें से उन्होंने 8 क्विंटल से ज्यादा खुले बाज़ार में बेचकर अच्छा मुनाफ़ा पाया है। सालिक राम बताते है कि मक्के की क्वालिटी को देखकर आसपास व दूसरे जिले के व्यवसायी भी आकर मक्का खरीदते थे। इससे उन्हें अच्छा मुनाफा हुआ।

धान के बदले इस नई खेती से मिले आमदनी से उनका परिवार आर्थिक रूप से सशक्त हो रहा है। सालिक राम बताते है, कि वे कृषि विभाग के सलाह से धान के बदले मक्के की खेती कर रहे है। इससे अच्छे आय की प्राप्ति हो हो रही है। कुल उत्पादन में से बचे लगभग 10 क्विंटल मक्के को अब वे राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत विक्रय करेंगे। इससे उन्हें इस योजना का लाभांश भी मिलेगा। सालिक राम इस कार्य में अपने बेटे आत्माराम को भी खेती किसानी के गुर सिखा रहे है। अब दोनों साथ मिलकर किसानी कर रहे है। उनके पुत्र आत्माराम ने बताया कि मक्के की उपज अच्छी आई है, जिससे वे अधिक प्रोत्साहित हुए है। आने वाले साल में और अधिक उत्साह व मेहनत से खेती करेंगे। आत्माराम ने कहा कि वे आसपास के किसानों को भी अन्य फसल लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। ताकि उन्हें भी आर्थिक रूप से आमदनी हो सके। सालिक राम ने मक्के की खेती के साथ ही मछली पालन और मशरूम उत्पादन भी कर रहें हैं। जिससे उनको अतिरिक्त आय की प्राप्ति हो रही है। सालिक राम और उसके बेटे आत्माराम ने मक्के की खेती से आर्थिक रूप से संबल बनाने के लिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन और कृषि विभाग को धन्यवाद ज्ञापित किया।

और भी

जिले की समूह की महिलाओं का नवाचार, बना रही आकर्षक और सुंदर आर्टिफिशियल ज्वेलरी

कोरबा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कोरबा जिले की महिलाएं आर्टिफिशियल ज्वेलरी निर्माण के लिए बड़े शहरों और वृहद उद्योगों पर निर्भरता की बात को गलत साबित कर रही है। जिले में बिहान की समूह की महिलाएं  नवाचार का बेहतरीन नमूना पेश करते हुए गांव में ही आर्टिफिशियल ज्वेलरी का निर्माण कर रही है। समूह की महिलाएं ज्वेलरी निर्माण से जुड़कर स्वरोजगार और स्वावलंबन की मिसाल पेश कर रही हैं। 

विकासखंड कोरबा के ग्राम रजगामार की 15 दीदियां आजीविका संवर्धन के लिए आर्टिफिशियल ज्वैलरी निर्माण में लगी हुई हैं। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत सीता महिला ग्राम संगठन कि महिलाएं चूड़ी, कंगन, झुमका आदि के सुंदर और आकर्षक नमूने बनाकर ना सिर्फ नवाचार कर रही हैं, बल्कि आर्थिक रूप से भी मजबूत होने का रास्ता अपना रही है। समूह की ओर से किए जा रहे आर्टिफिशियल ज्वेलरी निर्माण से समूह की महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है। साथ ही अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत साबित हो रहा है। नूतन कुमार कंवर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने बताया की समूह की महिलाएं बड़ी मेहनत और लगन से आर्टिफिशियल ज्वेलरी बनाने के काम में लगी हुई है। महिलाओं की ओर से बनाए गए ज्वेलरी बहुत ही सुंदर और आकर्षक है। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए स्वसहायता समूह की महिलाओं के आर्टीफिशियल ज्वेलरी को बाजार उपलब्ध कराने के लिए सीमार्ट में रखने के निर्देश एनआरएलएम को दिये है। इसके साथ ही आर्टीफिशियल ज्वेलरी के व्यवसाय विकास के लिए बैंक से सहयोग कराने के निर्देश दिये है। 

सीता महिला ग्राम पंचायत रजगामार की अध्यक्ष कविता वास व रजिया बेगम ने बताया कि उनके ग्राम संगठन की 15 महिलाएं आकर्षक रंग बिरंगी चूडियां, कंगन, माथाटीका, राधा सेेट जो कि (फोम व फ्लावर) से बनाया है, जो कि हल्दी कार्यक्रम में महिलाओं के द्वारा पहना जाता हैं। कान की बाली, झुमका, मोती वाले ब्रेसलेट, अंगूठी चोकरहार (मोतीहार) गले के पेडेंट मोतीवाला, मंगलसूत्र, करधन, बाजूबंध आदि ज्वेलरी उन्होने सामूहिक रूप से तैयार की हैं। यह ज्वेलरी उनके द्वारा मात्र 75 घंटे में तैयार की गई है, जिसकी बाजार मूल्य 20 हजार रूपये से ज्यादा मिलने की आशा है। ग्राम संगठन की महिलाओं ने अपने रोजाना के कार्यों से फुरसत होकर दोपहर में 2 बजे से 5 बजे तक सामुदायिक भवन में ज्वेलरी तैयार की हैं। महिलाओं की ओर से तैयार इस आर्टीफिसियल ज्वेलरी को फैंसी स्टोर रजगामार में बिक्री के लिए रखा गया हैं। उन्होने बताया कि में यह ज्वेलरी बाजार दर से सस्ते मूल्य पर आर्कषक रूप में उपलब्ध है।

उल्लेखनीय है की बिहान की दीदियों को आर्टिफिसियल ज्वेलरी बनाने का 13 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण आरसेटी कोरबा के द्वारा दिया गया है। इस संबंध में अरविंद विश्वास डारेक्टर आरसेटी कोरबा ने बताया कि भारत में 850 करोड़ रूपये का आर्टीफिशियल ज्वेलरी बाजार है। जिसमें से 150 करोड़ रुपए घरेलू उत्पाद का हैं। इस कार्य में घरेलू उत्पाद बढ़ाकर इसमें महिलाओं के लिए काफी संभावनाएं है। त्यौहारी सीजन को देखते हुए यह कार्य समूह की महिलाओं को आजीविका संवर्धन के लिए लाभकारी होगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान बैकिंग, मार्केट रिसर्च, कस्टमर बिहेवियर का प्रशिक्षण भी महिलाओं को उनके व्यवसाय विकास के लिए दिया गया है।

 
और भी

कुनकुरी-लवाकेरा व बंदरचुआ-दोकड़ा राजमार्ग में तेजी से हो रहा निर्माण कार्य

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर अग्रवाल के मार्गदर्शन में कुनकुरी-तपकरा लवाकेरा राजमार्ग व बंदरचुआ दोकड़ा फरसाबहार राजमार्ग में निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। कार्य में प्रगति लाने के लिए मार्ग में सामांतर कार्य प्रारम्भ किया गया है। साथ ही निर्माण कार्य मे लेबर व मशीनरी बढ़ाई गयी है। मार्ग में जीएसबी, डब्ल्यूएमएम सहित अन्य कार्य किए जा रहे है। जिसमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान भी रखा जा रहा है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की ओर से नियमित रूप से निर्माण कार्य का निरीक्षण कर निगरानी रखी जा रही है।

 
और भी

जशपुर नगर पालिका ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में प्राप्त किया राष्ट्रीय पुरस्कार

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में नगर पालिका जशपुर ने अपने अभूतपूर्व प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए इस वर्ष भी पूर्वी जोन के स्वच्छ सिटी में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किया है। जिसमें पूर्वी जोन के स्वच्छता रैकिंग में नगर पालिका को स्वच्छ सिटी में फस्र्ट रैंक हासिल किया है। साथ ही आयोजित स्वच्छता लीग प्रतियोगिता में नगर पालिका ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में केंद्रीय शहरी विकास व आवास मंत्रालय की ओर से विगत दिवस स्वच्छ आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण अवार्ड आयोजित हुआ। जिसके अंतर्गत स्वच्छता रैकिंग में जशपुर नगर पालिका को 25 से 50 हजार आबादी वाले पूर्वी जोन में साफ  शहर की श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में शहरी व आवास मंत्री कौशल किशोर की ओर से नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता व नगर पालिका अधिकारी ज्योत्स्ना टोप्पो को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

नगर पालिका उपाध्यक्ष गुप्ता व सीएमओ ने स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन करने पर शहर वासियों व नगर पालिका कर्मियों को बधाई दी। सीएमओ ने कहा कि नगर पालिका जशपुर ने स्वच्छता सर्वेक्षण में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किए है। साथ ही गार्बेज फ्री सिटी में नगर पालिका को थ्री स्टार रैंक प्राप्त हुआ है। नगर पालिका को यह उपलब्धि कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल कुशल नेतृत्व व अन्य उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन से प्राप्त हुआ है। साथ ही यह कार्य आम नागरिकों की सहभागिता से हो पाया है। सीएमओ ने कहा कि आमजन के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। इस उपलब्धि से हमें भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली है। इस अवसर पर नोडल अधिकारी वसुंधरा भगत, स्वच्छता दीदी राखी सिंह उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि विगत 4 वर्षों से स्वच्छता सर्वेक्षण में भी जशपुर नगर पालिका ने विविध श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त हुआ है। स्वच्छता के क्षेत्र में उपलब्धि पाने के लिए शहर के हर वार्ड में कचरा कलेक्शन, दो एसएलआरएम सेंटर, एक कम्पोस्ट सेंटर यूनिट संचालित है। उन्होंने नगर को हमेशा स्वच्छ व साफ सुथरा रखने के लिए आम नागरिकों से निरंतर योगदान देने का आग्रह किया है।

और भी

भाजपा ट्रेन में चर्चा कार्यक्रम के पहले ट्रेन बंद होने पर चर्चा कर ले-मोहन मरकाम

 मोदी के साथ चाय पर चर्चा के बाद जनता का खर्चा बढ़ गया

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भाजपा के 2024 लोकसभा चुनाव के लिए ट्रेन में चर्चा कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में अभी 18 महीना बाकी है। भाजपा नेताओं एवं सांसदो को ट्रेन में चर्चा के पहले ट्रेन बंद होने पर चर्चा करनी चाहिये। भाजपा ने 2014 में लोकसभा चुनाव में वोट पाने के लिए चाय पर चर्चा कार्यक्रम किया था और जनता को केंद्र में सरकार बनने पर अच्छे दिन आने का, 15-15 लाख रु. सभी के खाता में जमा होने का, युवाओं को दो करोड़ रोजगार प्रतिवर्ष देने का, 100 दिन में महंगाई कम करने का, किसानों की आमदनी दोगुनी करने, 35 रु. लीटर में पेट्रोल डीजल देने, रसोई गैस 410 रु. से कम कीमत पर उपलब्ध कराने और हमारे देश के एक सैनिक के सिर के बदले दुश्मन देश पाकिस्तान के सैनिकों के 10 सिर लाने का वचन दिया था। आज 8 साल हो गये चाय पर चर्चा में हुई चर्चा पर भाजपा सांसद और नेता चर्चा करने से भाग रहे है।

 प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि चाय पर चर्चा से मोदी सरकार बनने के बाद आम जनता की खर्चा में वृद्धि हो गया है आय में कमी हो गई है। बैंक में पैसा जमा करने और निकालने पर भी शुल्क देना पड़ रहा हैं दूध दाल आटा पर पांच पर्सेंट जीएसटी देना पड़ रहा है स्टेशनरी सामान कॉपी पुस्तक जूता चप्पल भी गब्बर सिंह टैक्स के दायरे में आ गए हैं देश का हर वर्ग मोदी सरकार के कुनीतियों, मुनाफाखोरी और वादाखिलाफी महंगाई की मार से पीड़ित और प्रताड़ित है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा को तो पहले जनता के साथ 2014 में चाय पर जो चर्चा हुई थी उसे अमलीजामा पहनाना चाहिए। ट्रेन में चर्चा से पहले भाजपा के सांसद ट्रेन बंद होने पर जनता को हो रही असुविधाओं पर चर्चा कर ले। 2024 में केंद्र से मोदी सरकार की रवानगी तय है जनता ने मन बना लिया है भाजपा कुछ भी प्रोपोगंडा कर ले सफल नहीं होगी। जनता मोदी सरकार के खिलाफ आक्रोशित है और मौन रहकर 2024 में मतदान की तारीख का इंतजार कर रही है और उसी दिन जनता का आक्रोश मोदी भाजपा सरकार के खिलाफ वोट में तब्दील होगा।

और भी

कुष्ठ से बचाव व रोकथाम के लिए उपस्थित सभी लोगों को दिलाया गया शपथ

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांधी जयंती के अवसर पर कलेक्टर अग्रवाल के निर्देशन में विगत दिवस जिला अस्पताल में कुष्ठ जागरूकता दिवस का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में कुष्ठ के प्रति जागरूकता लाने के लिए संदेश वाचन व कुष्ठ से बचाव व रोकथाम के लिए उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाया गया। इस आयोजन में मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को कुष्ठ रोग के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए कुष्ठ के प्रति बिना किसी भेदभाव के समाज में रोगियों से समान रूप से व्यवहार करने की अपील की गई।

 
और भी

आयुष्मान कार्ड बनवाने लोगों के प्रति जागरूकता लाने साइकिल रैली का आयोजन

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर अग्रवाल के निर्देशन में स्वास्थ विभाग की ओर से गांधी जयंती के अवसर पर विगत दिवस आम जनों में आयुष्मान कार्ड बनवाने के प्रति जागरूकता लाने के लिए साईकिल रैली का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में एसडीएम जशपुर, सीएमएचओ, जिला शिक्षा अधिकारी व अधिकारीगण सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। आयुष्मान भारत पखवाड़ा के तहत जागरूकता रैली कार्यक्रम नगरीय क्षेत्र स्थित रणजीता स्टेडियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम स्थल से सभी अधिकारियों की ओर से साइकिल रैली पूरे नगर में निकाली गई। इस दौरान रैली में बैनर, पोस्टर, लाउडस्पीकर के माध्यम से नगर में प्रचार प्रसार करते हुए लोगों को आयुष्मान कार्ड से स्वास्थ्य ईलाज में होने वाले फायदों की जानकारी दी गई। साथ ही सभी को आयुष्मान कार्ड बनवाकर योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 
और भी

भूपेंद्र गवेल बने युवा कांग्रेस जिला महासचिव

 खरसिया (छत्तीसगढ़ दर्पण)। युवा कांग्रेस जिला महासचिव ग्रामीण के पद पर मंत्री उमेश पटेल के खास सिपहसालार भूपेंद्र गवेल ने बाजी मारी है। ग्रामीण क्षेत्र में भूपेंद्र गवेल की पकड़ जोरदार है। ऐसे में इनके पदारुढ़ होने से कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक बढ़ेगा। वहीं संगठन के विस्तार को लेकर भी उम्मीद जताई जा रही है। नीरज पटेल, मनोज गवेल, नैना गवेल, राम शर्मा, गोपाल शर्मा, विकास गवेल, अजय पटेल, मेघसिंग गवेल, नेत्रनंद पटेल, अंकित अग्रवाल, रमाकांत डनसेना, गोलू सिदार, रवि गवेल आदि ने भूपेंद्र गवेल को बधाई दी हैं।

 

 

और भी

शाम होते ही दशहत के कारण खाली होने लगती है बस्ती...

उदयपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण) 11 हाथियों का दल विगत 20 सितंबर से वन परिक्षेत्र उदयपुर के विभिन्न गांव में उत्पात मचाए हुए हैं। शाम होते ही हाथियों की दशहत के कारण बस्तियां खाली होने लगती है। वन अमला द्वारा इसकी सतत निगरानी के बावजूद भी फसल एवं घरों की क्षति को नहीं रोका जा सका है। वन विभाग की सतर्कता की वजह से अभी तक जनहानि नहीं हुई है, यह भी एक बड़ी उपलब्धि है।


बीती रात ग्राम रामनगर बेवरापारा पंडो बस्ती मे हाथियों के दल ने जवाहिर पंडो , रंग लाल पंडो , अर्जुन पंडो के घर को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। घर मे रखे सामानों का भी काफी नुकसान हुआ है। घर मे इनके पास खाने के लिए एक मुट्ठी चावल तक नही बचा। हाथियों ने घर में रखे बर्तन , कपड़े, सामानों तथा मुर्गियों को भी रौद दिये है। इसे फोटो विडियो मे स्पष्ट देखा जा  सकता है। हाथियों ने मानकुंवर पंडो के बाड़ी व बाउंड्री को नुकसान पहुंचाया गया है । क्षेत्र  के दर्जनों किसानों  के फसल को नुकसान पहुंचा है।


हाथियों के आगमन की सूचना पर शनिवार रात में उक्त बस्ती के लोगो को आनन फानन मे दूसरे मोहल्ला मे शिफ्ट कराया गया था। इसी बीच जीतन पंडो परिवार सहित गहरे नींद मे सो रहे थे। काफी मशक्कत के बाद भी उक्त परिवार को घर से नही निकाल पाए। घर के चारो तरफ हाथियों का झुंड भ्रमण करते रहे खिड़की को भी सूंड से बंद कर दिये। इस परिवार का नसीब बहुत ही तगड़ा रहा की हाथियों ने इनके घर व परिवार को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया।  गांव वालों एवं वन विभाग की टीम यहाँ से जोकडबरा पारा की ओर निकल गया इस तरह पूरे रात भर फॉरेस्ट विभाग के कर्मचारी एवं ग्रामीण जन रात रतजगा करते रहे। मकान क्षति हुए परिवार के समस्या को  देखते हुए तत्कालीन ब्यवस्था में पंचायत द्वारा राशन  इत्यादि का सहयोग किया गया है।


ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से निवेदन किया है की इस विषय पर गहन चिंतन करते हुए  क्षेत्र के लोगो की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। क्षेत्र के सभी ग्रामीण जनों को सावधान, सुरक्षित और सतर्क  रहने ग्राम पंचायत रामनगर के सरपंच श्रीमती ललिता रोहित टेकाम ने अपील की है।
 

 

और भी

केंद्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में खरसिया पालिका ने पाया स्थान

 खरसिया (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नगर पालिका खरसिया द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में उम्दा कार्य किया जा रहा है, इस बात का प्रमाण है कि लगातार दूसरे वर्ष भी भारत सरकार के स्वच्छता सर्वेक्षण में पालिका ने स्थान प्राप्त किया है।

केंद्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर पालिका खरसिया को ईस्ट जोन में 12वां स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं ओडीएफ में 1 स्टार प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय होगा कि यह स्थान हासिल करने के पीछे पालिकाध्यक्ष राधा सुनील शर्मा तथा सीएमओ टॉमसन रात्रे की कड़ी मेहनत है। इनके द्वारा जब आधी दुनिया नींद में होती है, मतलब अलसुबह से ही वार्ड में भ्रमण कर स्वच्छता की निगरानी की जाती है। वहीं रवि शर्मा, हरिओम शर्मा तथा एल्डरमैन और पार्षदों द्वारा भी साफ-सफाई के प्रति विशेष ध्यान रखा जाता है। केंद्र द्वारा पुरस्कृत होने पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुनील शर्मा ने पूरी टीम के साथ नगरवासियों को बधाई दी है। वहीं अपील की है कि अपने घर का कचरा सफाई की गाड़ियों को देवें तथा अपने नगर को साफ-सुथरा रखें।

 

 

और भी

गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ने किया रीपा योजना का शुभारंभ

 बैकुन्ठपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल ने गांधी जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन की महत्वकांक्षी योजना महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री निवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों से जिला स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से स्वसहायता समूह की महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क-रीपा योजना के लोगो का भी विमोचन किया।



मुख्यमंत्री निवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित कार्यक्रम में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविंद्र चौबे, वनमंत्री मोहम्मद अकबर, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिल भेंड़िया, संसदीय सचिव चंद्रदेव प्रसाद राय ,राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष राम गोपाल अग्रवाल,मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा उपस्थित रहे।जिले में विकासखण्ड बैकुन्ठपुर के ग्राम पंचायत आनी गौठान में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में संसदीय सचिव श्रीमती अम्बिका सिंहदेव, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी त्रिलोक बंसल सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, स्वसहायता समूह की महिलाएं राजीव युवा मितान क्लब के सदस्य तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जिले में 5 गौठानों आनी, मझगंवा, घुघरा, सोनहत तथा चिरमी में विकसित किए जाने वाले महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क-“रीपा शुरू किए जा रहे हैं। जिनमें गोबर पेंट लेयर बर्ड फार्मिंग प्लास्टिक बोरी निर्माण कोसा रीलिंग आदि गतिविधियां शुरू की जा रही हैं।

विदित है कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के चयनित गौठानों को आजीविका के केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क बनाए जा रहे हैं। इन पार्कों को ग्रामीण उत्पादन एवं सेवा केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। चालू वित्तीय वर्ष के बजट में महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क के लिए 600 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। प्रथम चरण में 300 रूरल इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किए जा रहे हैं। गौठनों में वर्मीकम्पोस्ट, मुर्गी पालन, बकरी पालन, कृषि उत्पादों और वनोपजों के प्रसंस्करण के कार्य किया जा रहे हैं, इन गतिविधियों में बड़ी संख्या में स्वसहायता समूह की महिलाओं और युवाओं को रोजगार और आय के अवसर मिल रहे हैं।

जनपद पंचायत बैकुन्ठपुर के अध्यक्ष का नाम आमंत्रण नहीं होने से जताई नाराजगी
जनपद पंचायत बैकुन्ठपुर के अध्यक्ष सौभाग्यवती ने आयोजित कार्यक्रम के आमंत्रण कार्ड में नाम नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। जनपद अध्यक्ष कहीं की अधिकारीयों के द्वारा आये दिन हम जनप्रतिनिधियों को उपेक्षा का शिकार होना पड़ रहा है।

और भी

भंडारा, गरबा व जागरण में उमड़ रही भक्तों की भीड़...

 उदयपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। स्थानीय शिव मंदिर प्रांगण उदयपुर में नवरात्र का उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। पहले दिन से ही श्रद्धालुओं का तांता इस जगह पर लगा हुआ है भव्य पंडाल में विराजी मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा लोगों का मन मोह ले रही हैं।


समिति द्वारा सुबह शाम आरती के पश्चात प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी किया जा रहा है। प्रतिदिन महिलाओं एवं बच्चों के लिए गरबा का आयोजन भी मंदिर प्रांगण में किया गया है। विभिन्न प्रतियोगिताएं भी इस प्रांगण में आयोजित की जा रही हैं । ब्रह्म कुमारी द्वारा चैतन्य देवियों की झांकियां लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। महाकाल जागरण ग्रुप द्वारा जगराता का आयोजन शनिवार की रात को किया गया ।



भंडारा का आयोजन भी शिव मंदिर परिसर में लगातार किया जा रहा है इसी तारतम्य में शारदा महिला मंडल, केदारनाथ यात्रा ग्रुप, युवा मित्र मंडली, अग्रवाल सभा उदयपुर द्वारा भंडारा का आयोजन किया गया।

सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में दुर्गा पूजा समिति, युवा मित्र मंडली, व्यापारी संघ, अग्रवाल सभा एवं उदयपुर के स्थानीय युवकों की टोली सक्रिय भागीदारी  निभा रहे हैं।

और भी