छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने कांग्रेस के बड़े-बड़े सूरमा को चूरमा बना दिया - मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के बड़े-बड़े सूरमा को हमारे प्रत्याशियों ने चूरमा बना दिया। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को पटखनी देकर और चार-चार पूर्व मंत्रियों को हराकर हमारे प्रत्याशी आए हैं। मैं सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ। चुनाव में जनता के आशीर्वाद से मिली ऐतिहासिक जीत के बाद जिम्मेदारी और बढ़ गई है। जिस पर हम सबको खरा उतरना है।

 
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उक्त बातें कही और छत्तीसगढ़ के सभी नवनिर्वाचित लोकसभा सदस्यों को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली और केंद्र में भी एनडीए गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर छत्तीसगढ़ की जनता की मुहर है। इस ऐतिहासिक परिणाम के लिए प्रदेश की जनता को धन्यवाद, बधाई एवं शुभकामनाएं।
 
श्री साय ने भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए कहा कि तपती गर्मी में पार्टी के कार्यकर्ता, संगठन के पदाधिकारी, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं सदस्यों के कठिन परिश्रम की बदौलत हमें ऐतिहासिक परिणाम प्राप्त हुए हैं। इसके लिए सभी को बहुत-बहुत बधाई एवं धन्यवाद देता हूँ। पड़ोसी राज्य झारखंड और ओडिशा की जीत का श्रेय राज्य के मंत्रियों, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को देते हुए उन्होंने कहा कि सबके अथक मेहनत से हमनें दोनों राज्यों में भाजपा का परचम लहराया है। 
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा ने 54 सीटों के साथ 46 प्रतिशत वोट प्राप्त किये थे और अब लोकसभा चुनाव में 6 प्रतिशत वोटों की वृद्धि हुई है, जिससे कि 68 विधानसभा सीटों में हमें जीत प्राप्त हुई है। इस पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार है और अब लोकसभा में जनता ने प्रचंड जीत दिलाकर बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। पड़ोसी राज्य ओडिशा और झारखंड में भाजपा की जीत पर उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों में आयोजित जनसभा के दौरान मुझे मंच में आधे से ज्यादा हमारे छत्तीसगढ़ के नेताओं की मौजूदगी नजर आती थी। सबके प्रयासों से दोनों राज्यों में भाजपा इस मुकाम पर पहुंची है।
 
विष्णु देव साय ने कहा कि ओडिशा के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत के साथ हमारी सरकार बन रही है। राज्य में लोकसभा और विधानसभा के ऐतिहासिक जनादेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर मुहर लगायी है। वहां 25 साल सत्ता में रहे मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को दोनों सीट में हराने में भारतीय जनता पार्टी कामयाब हुई है। जहाँ-जहाँ हमारे छत्तीसगढ़ के नेता, मंत्री, कार्यकर्ता प्रचार के लिए गए थे वहां-वहां भारतीय जनता पार्टी को अच्छी सफलता मिली है।
और भी

मोटिवेशनल स्पीकर ब्रह्माकुमारी राधिका दीदी का व्याख्यान आज पॉवर कंपनी में

 मोटिवेशनल स्पीकर ब्रह्माकुमारी राधिका दीदी का व्याख्यान छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज़ के मुख्यालय डंगनिया में कल 7 जून को शाम 4 से 5.30 बजे तक होगा। 

 
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, विश्व शान्ति भवन चौबे कॉलोनी के तत्वावधान में इसका आयोजन पॉवर कंपनी के सेवा भवन स्थित सभा कक्ष में किया गया है। इसमें शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक शक्तियों के संतुलन से संपूर्ण स्वास्थ्य का विकास के संबंध में " सिक्स डायमेंशन टू सक्सेस एंड 8 एटीट्यूट आफ इलेक्टिव लिविंग पर व्याख्यान होगा। 
 
 हैदराबाद की मोटिवेशन स्पीकर ब्रह्माकुमारी राधिका दीदी एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजयोग शिक्षिका हैं। इन्होने मनोविज्ञान विषय में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की हैं एवं पिछले 26 वर्षों से हैदराबाद बंजारा हिल्स सेवाकेन्द्र में अपनी सेवाये दे रही हैं। इन्होने कई प्रशिक्षण मॉड्यूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं, जिसमें संघर्ष समाधान, आध्यात्मिक बुद्धिमत्ता, जीवन शैली प्रबंधन आदि आदि शामिल हैं। इन्होने अब तक जी.न्यूज, अपोलो हॉस्पिटल, भारत पेट्रोलियम, एल. एण्ड टी, पारले प्रोडक्ट, रिलायंस इण्डस्ट्रीज, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, मिलिट्री हेडक्वॉर्टर ऑफ वॉर भारतीय नौसेना, हीरो मोटो कॉर्प, मारुति सुजुकी आदि-आदि अनेक प्रतिष्ठानों में व्याख्यान दिये हैं।
और भी

छत्तीसगढ़ सस्टनेबिलिटी एंड रिजनरेटिव डेव्हलपमेंट के मामले में बनेगा अग्रणी राज्य

सस्टनेबिलिटी एंड रिजनरेटिव डेव्हलपमेंट के मामले में छत्तीसगढ़ को अग्रणी राज्य बनाने आज राज्य नीति आयोग में गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक में छत्तीसगढ़ के विजन डॉक्यूमेंट 2047 तैयार करने के लिए वर्किंग ग्रुप के सदस्यों ने अपने विचार रखे। नया रायपुर स्थित राज्य नीति आयोग में हुई इस बैठक में सदस्यों ने इस विषय पर के लघु, मध्यम एवं दीर्घकालिक लक्ष्यों पर सुझाव दिए। 

 
गौरतलब है कि विजन डाक्यूमेंट तैयार करने का उत्तरदायित्व राज्य नीति आयोग को सौंपा गया है।  सितंबर 2024 तक विजन डॉक्यूमेंट का अंतिम रिपोर्ट तैयार करने की अपेक्षा की गई है इसके लिए अलग-अलग विषयों पर आठ वर्किंग ग्रुप बनाए गए हैं। बैठक में राज्य नीति आयोग के सदस्य सचिव श्री अनूप श्रीवास्तव एवं सदस्य श्री के. सुब्रमण्यम, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत और मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ धीरेंद्र तिवारी ने विभागों द्वारा बनाए गए लघु ,मध्यम एवं दीर्घकालिक विजन एवं रणनीतियों पर सुझाव दिए।
 
वर्किंग गु्रप के सदस्यों ने जलवायु परिवर्तन के प्रति लचीले टिकाऊ सोसाइटी, विभिन्न सूचकांकों, एसडीजी सूचकांक, ऊर्जा और जलवायु सूचकांक, कार्बन फुटप्रिंट, कृषि, वानिकी, राज्य में स्थापित उद्योगों, भूमि, वायु, जल, अपशिष्ट और ऊर्जा पर प्रभाव का आंकलन, प्रौद्योगिकी संचालित अनुसंधान एवं विकास, सरकारी वित्त पोषण और निजी पूंजी निवेश, जागरूकता और संवेदनशीलता, पारिस्थितिकी तंत्र को बहाल करना, सामाजिक समानता को बढ़ावा देना, लोक कल्याण में वृद्धि सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
 
  सदस्य सचिव श्री अनूप श्रीवास्तव और सदस्य श्री के. सुब्रमण्यम ने कहा कि हमेंअब सतत विकास के साथ साथ पुर्नयोजित विकास पर जोर देना होगा। उन्होंने कहा कि दिनों दिन वन कम होते जा रहे हैैं, जिसके कारण वनोपज का उत्पादन कम होते जा रहा है, जो चिंता का विषय है, वन महत्वपूर्ण क्षेत्र है जो विशेष ध्यान देने का विषय है। वनों के संरक्षण के लिए हमें स्पष्ट रोड मैप बनाने की जरूरत है। नदियों के आसपास लगातार माइनिंग हो रहा है जो चिंता का विषय है। हमें ग्रास लैंड को बचाना होगा इससे इकोसिस्टम बेहतर होगा और जैव विविधता संरक्षित होगी। हमें नवीकरण ऊर्जा पर ध्यान देना होगा। बैठक में वेस्ट मैनेजमेंट, लैंड फील साइट, रीसाइक्लिंग, सामाजिक भागीदारी, सिवरेज डिस्पोजमेंट विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
 
बैठक में सुशासन अभिसरण विभाग योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, खनिज संसाधन विभाग, ऊर्जा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आवास एवं पर्यावरण विभाग वन संरक्षक भू प्रबंधन, छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण, छत्तीसगढ़ नवीकरण ऊर्जा विकास एजेंसी, आयुक्त मनरेगा, संचालक पंचायत,  छत्तीसगढ़ लघु वनोपज सहकारी संघ, कृषि किसान कल्याण एवं जैविक प्रौद्योगिकी विभाग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी इनक्यूबेशन सेंटर इंदिरा गांधी  कृषि विश्वविद्यालय, सदस्य सचिव छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, संचालक नगर एवं ग्राम निवेश के अधिकारियों ने अपने विभाग के लक्ष्य, चुनौतियां एवं सामर्थ्य का प्रेजेंटेशन दिया। बैठक में कलेक्टर जिला कबीरधाम, कलेक्टर जिला सूरजपुर वर्चुअली शामिल हुए।
और भी

सुशासन के लिए होगा आईटी का इस्तेमाल

 छत्तीसगढ़ में विष्णु देव की सरकार सुशासन लाने के लिए आईटी का बड़े पैमाने में इस्तेमाल करेगी। जनकल्याणकारी योजनाओं से मॉनिटरिंग से लेकर वित्तीय प्रबंधन करों की वसूली, भूमि संबंधी रिकार्ड के पंजीयन, संधारण और संशोधन सहित सभी जरूरी क्षेत्रों में आईटी का इस्तेमाल होगा। सरकार द्वारा लोगों तक शासकीय योजनाओं की पहुंच का दायरा बढ़ाने के साथ ही प्रशासन को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए ठोस पहल करने जा रही है। सरकार के बजट में इन सभी विषयों को शामिल किया गया है। जनकल्याणकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए अटल डैशबोर्ड की शुरूआत की गई है। 

 
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री साय की पहल पर हाल में ही देश के जाने-माने विशेषज्ञों के साथ आईआईएम रायपुर में दो दिनों तक बौद्धिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में सुशासन तथा नागरिक अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए सभी उपायों का चर्चा की गई। वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में रायपुर-भिलाई सहित आसपास के क्षेत्रों के स्टेट कैपिटल के रूप में विकसित कर विश्व स्तरीय आईटी सेक्टर तैयार करने का लक्ष्य है। सभी विभागों में आई.टी. के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए 266 करोड़ का प्रावधान किया गया है। 
 
नवा रायपुर, अटल नगर में “लाईवलीहुड सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस” एवं दुर्ग जिले में “सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप” स्थापित करने का लक्ष्य है। स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने के लिए इन्यूबेशन सेंटर की स्थापना तथा बी.पी.ओ. एवं के.पी.ओ. को आकर्षित करने के लिए आई.टी. पार्क की स्थापना की भी योजना है। नवा रायपुर में आई.टी. आधारित रोजगार सृजन हेतु ‘प्लग एण्ड प्ले’ मॉडल का विकास किया जायेगा, इससे आर्थिक विकास एवं रोजगार सृजन के नये अवसर विकसित होंगे।
 
बजट में छत्तीसगढ़ सेंटर फॉर स्मार्ट गवर्नेन्स की स्थापना सहित प्रदेश के 168 नगरीय निकायों में ई.गवर्नेन्स के तहत बजट एण्ड अकाउंटिंग मॉड्यूल स्थापित करने के प्रावधान शामिल किए गए हैं। 47 नगरीय निकायों में प्रॉपर्टी सर्वे किये जाने हेतु GIS आधारित सॉफ्टवेयर तैयार किया जायेगा। शासकीय धन के आय.व्यय की दैनिक निगरानी के लिए एकीकृत वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली (IFMIS- 2.0) प्रारंभ की जायेगी। पीएम वाणी के अंतर्गत प्रथम चरण में एक हजार ग्राम पंचायतों में वाई.फाई के माध्यम से हॉट-स्पॉट इंटरनेट सुविधा दी जाएगी। वस्तु एवं सेवाकर के संकलन में सुधार एवं पारदर्शिता के लिए राज्य मुख्यालय में बिजनेस इंटेलिजेंस यूनिट की स्थापना की जायेगी। वस्तु एवं सेवा कर संबंधी अपीलीय मामलों के त्वरित निराकरण हेतु अधिकरण की स्थापना की जाएगी।  
 
भूमि एवं भवनों का हस्तांतरण तथा अन्य विविध पंजीकृत संव्यवहार हेतु राष्ट्रीय सामान्य दस्तावेज पंजीकरण प्रणाली (NGDRS) सॉफ्टवेयर का उपयोग सभी जिलों में लागू किया जायेगा। भू.नक्शों का जियो.रिफ्रेन्सिंग कराया जायेगा तथा प्रत्येक भू.खंड में यू.एल.पिन नंबर देते हुए भू.आधार कार्ड जारी किया जायेगा। भू.अभिलेखों को सिविल न्यायालयों से लिंक किया जायेगा। भूमि व्यपवर्तन की प्रक्रिया को ऑनलाईन एवं सरल किया जायेगा।
और भी

विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री ने सपरिवार अपने निवास परिसर में रोपा पौधा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय एवं परिवार जनों के साथ अपने निवास परिसर में चीकू, नीम और रुद्राक्ष का पौधा रोपा। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से अपने घरों में और आस-पास पौधा लगाने और पौधों को जीवित रखने की जिम्मेदारी लेने की अपील की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि  आने वाले मानसून में ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण करें और अपने घर, आसपास के परिवेश, गांव और शहरों और जंगलों को खूब हरा-भरा बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण के संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इस अवसर पर डीएफओ श्री लोकनाथ पटेल, एसडीओ श्री व्ही. एन. मुखर्जी एवं मुख्यमंत्री निवास के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे।

और भी

धमतरी के 10 तालाबों से निकला 35 ट्रेक्टर कचरा

 जिले में 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगरपालिक निगम धमतरी क्षेत्र के विभिन्न स्थलों, तालाबों सहित अन्य जल स्त्रोतों की साफ-सफाई की गई। इस साफ-सफाई अभियान में धमतरी शहर के विभिन्न सामाजिक कार्याकर्ता, स्वयं सेवी संगठनों के प्रतिनिधि, ग्रीन आर्मी के सदस्य, प्रेस प्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में शहरवासियों ने श्रमदान किया। इस दौरान धमतरी शहर के 10 तालाबों से लगभग 35 ट्रेक्टर से अधिक कचरा निकाला गया। इनमें नागसागर तालाब हटकेशर वार्ड, कांटा तालाब सुभाषनगर वार्ड, आमा तालाब अम्बेडकर वार्ड, बनिया तालाब महंत घासीदास वार्ड, महिमासागर तालाब, बठेना तालाब, कलार तालाब रामपुर वार्ड, मकई तालाब मकेश्वर वार्ड और कठौली तालाब कोष्टापारा वार्ड शामिल है। इस अवसर पर लोगों ने धमतरी शहर को हर हाल में स्वच्छ, सुन्दर बनाए रखने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया। 

 

 

और भी

विश्व पर्यावरण दिवस पर स्कूली बच्चों ने किया भ्रमण

विश्व पर्यावरण दिवस पर प्राथमिक स्कूल गंगरेल के बच्चों ने कलेक्टर नम्रता गांधी और सीईओ जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव और वनमण्डलाधिकारी कृष्णा जाधव के साथ गंगरेल स्थित मचान हट और नेचर ट्रेल का भ्रमण किया।

इस अवसर पर सीईओ जनपद पंचायत धमतरी दीपक ठाकुर सहित प्रशिक्षु आईएफएस, संयुक्त वनमंडलाधिकारी धमतरी, वाइल्डलाइफ वेलफेयर सोसायटी के गोपी साहू, अमन एवं वन प्रबंधन समिति मरादेव, गंगरेल के सदस्य उपस्थित रहे। इस मौके पर कलेक्टर ने बच्चों से रू-ब-रू चर्चा की और जंगल, जीव-जन्तु तथा पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए किए जाने वाले उपायों के बारे में पूछा तथा बच्चों की जिज्ञासाओं को शांत किया। इस अवसर पर बच्चों ने पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने, अधिक से अधिक पौधे लगाने, अपने आसपास सफाई बनाए रखने की बात कही।

और भी

लोकसभा चुनाव परिणाम पर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज की प्रतिक्रिया

 लोकसभा चुनाव के परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 400 पार का दंभ भरने वाली भाजपा और नरेंद्र मोदी अपने दम पर बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाये। 10 साल के तानाशाही और गैर प्रजातांत्रिक चरित्र वाली मोदी सरकार की विदाई देश की जनता ने सुनिश्चित कर दिया है।

पूरा भरोसा है प्रजातांत्रिक मूल्यों को समर्पित तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा को प्रतिबद्ध समान विचारधारा वाले गैर भाजपाई दलों के साथ देश में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। देश का जनादेश नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ आया है।    

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में चुनाव परिणाम हमारे अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं आये है। हमें बेहतर परिणाम की अपेक्षा थीं। राज्य में आये इस चुनाव परिणाम से निराश जरूर है, हताश नहीं। हमारे कार्यकर्ताओं, नेताओं ने बढ़िया लड़ाई लड़ी। आगे भी राज्य में मजबूत विपक्ष के रूप में हम जनसरोकारों के लिये संघर्ष जारी रखेंगे। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाने को प्रतिबद्ध है।

और भी

RPF रायपुर ने ऑपरेशन अमानत के तहत यात्री का LAPTOP लौटाया

एक यात्री का लैपटॉप बैग सहित स्टेशन पर छूट जानें की सूचना प्राप्त होने पर मंडल टास्क टीम के द्वारा सीसीटीवी चेक करने के दौरान बैग सीसीटीवी फुटेज में दिखा तब कार्यरत मंडल टास्क टीम रायपुर एवम आरपीएफ पोस्ट रायपुर के द्वारा प्लेट फार्म नं 05,06 पर पोल नं 12 के चबूतरा के पास जाकर देखा तो यात्रियों के बीच में एक काला ग्रे रंग का लैपटॉप बैग मिला जिसे आरपीएफ पोस्ट लाकर चेक करने पर एक एसर कंपनी का बैग जिसके अंदर एक Acer कंपनी का लैपटॉप , लैपटॉप चार्जर, आई कार्ड महिद्रा फाइनेंस कंपनी का , मोबाइल चार्जर, JBL कंपनी का स्पीकर, वन प्लस इयर बड्स, एचडीएफसी बैंक का चेक बुक, व एटीएम कार्ड, सनग्लास चश्मा, दो डायरी, व अन्य कागजात मिला जिसका अनुमानित कीमत लगभग 50,000 रुपया, जिसकी सूचना फोन के माध्यम सामान मालिक यात्री त्रिलोक सिंह काला को दिया गया जो गाड़ी संख्या 13287 साउथ बिहार एक्सप्रेस से जिसका पीएनआर नं 6736274235, कोच B/1 -03,24 पर रायपुर से रायगढ़ जाने के लिए रायपुर स्टेशन आया था , पोल नं 12 चबूतरा के पास बैठा हुआ था, गाड़ी का डिसप्ले होने के बाद अपने छोटी बेटी को गोद में लेकर हड़बड़ी में एसी कोच पीछे तरफ आने के कारण भूलवश अपना एक लैपटॉप बैग को  छोड़ कर गाड़ी में बैठ कर आगे निकल गया, और अपने ऑफिस स्टाफ मोहम्मद तबरेज पिता कलंदर शाह उम्र 35 साल निवासी मौदहापारा रायपुर मोबाइल नं 7000997504 , को आरपीएफ पोस्ट रायपुर आया और सामान व मालिक का तस्दीक करने के पश्चात सही सलामत सुपुर्द किया गया उक्त यात्री ने इस सराहनीय कार्य के लिए रेल सुरक्षा बल को सधन्यवाद ज्ञापित किया।

और भी

देश का पहला अनूठा आयोजन, साय सरकार की आईआईएम में सुशासन की पाठशाला

 शासन और प्रबंधन दो अलग-अलग शब्द हैं, दो अलग-अलग कार्य हैं, लेकिन एक-दूसरे से जुड़े हुए भी हैं। एक के हिस्से में नीति के निर्माण का दायित्व है, तो दूसरे के हिस्से में क्रियान्वयन की जिम्मेदारी। भारतीय लोकतांत्रिक ढांचे में नागरिकों की अपेक्षाओं को पूरा करने की जवाबदेही जहां शासन पर रही, वहीं प्रबंधन की बारीकियों से जनप्रतिनिधियों का आमतौर पर ज्यादा लेना-देना नहीं रहा। लेकिन हाल ही में छत्तीसगढ़ में कुछ ऐसा नया घटित हुआ कि अब इस विचित्र विडंबना का अंत होता दिख रहा है। 

 
छत्तीसगढ़ के मंत्रियों को प्रबंधन की बारिकियां समझाने, सहयोग, नवाचार और दूरदर्शिता को बढ़ावा देने, राज्य के समृद्ध और समावेशी भविष्य के लिए आवश्यक सुधारों के बारे में विचार-विमर्श करने तथा विकास को लेकर जनप्रतिनिधियों की अंतर्दृष्टि को परिष्कृत करने के लिए बीते दो दिनों तक, यानी 31 मई से लेकर 01 जून तक इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, रायपुर ने स्वयं के द्वारा डिजाइन किया गया एक अनूठा आयोजन किया। इस आयोजन को आईआईएम ने चिंतन-शिविर नाम देकर पारंपरिक आयोजनों का टच देते हुए एक बिलकुल नयी और ताजी परंपरा की शुरुआत कर दी। देश में संभवतः पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी चिंतन-शिविर में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने राजनीतिक रणनीति के बजाय दायित्वों के निर्वहन के लिए रणनीति पर गहन मंथन किया है। 
 
राज्य की विष्णु देव साय सरकार की पहल पर ही आईआईएम ने इस बौद्धिक अनुप्रयोग का आयोजन किया था। इसमें गुड गवर्नेंस से बेस्ट गवर्नेंस की ओर बढ़ने और सुशासन की संकल्पना को मूर्त रूप देते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सरकार के विजन को और तीक्ष्ण करने के संबंध में विषय-विशेषज्ञों से मंत्रियों ने विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और मंत्रिमंडल के उनके सहयोगियों ने सुशासन तथा बेस्ट प्रक्टिसेस के संबंध में विषय विशेषज्ञों के साथ अपने आइडियाज साझा किए। साथ ही अपनी जिज्ञासाएं भी रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री और उनके सहयोगी लगातार दो दिनों तक आईआईएम की कक्षा में न केवल उपस्थित रहे, बल्कि इस दौरान उन्होंने सम्पूर्ण छात्र जीवन को अपनाए भी रखा।
 
आईआईएम के इस आयोजन में राज्य सरकार ने देशभर के विषय विशेषज्ञों के साथ विकसित छत्तीसगढ़ की डिजाईन तथा क्रियान्वयन के रोड मैप पर बौद्धिक विमर्श किया। साथ ही इस संबंध में भी विमर्श हुआ कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के  बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए किस तरह विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित किए जा सकते हैं।  
 
 इस सार्थक संवाद की खूबी यह रही कि इसमें छत्तीसगढ़ की जरूरतों, प्राथमिकताओं, संभावनाओं पर चर्चा के साथ-साथ विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण सुझाव भी सरकार को प्राप्त हुए। नीति आयोग के सीईओ श्री बी.वी.आर. सुब्रमण्यम ने आगामी 10 वर्षाें में विकसित छत्तीसगढ़ निर्माण की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बीते 10 वर्षाें में देश की अर्थव्यवस्था को एक नई ऊंचाई दी है। सामाजिक-आर्थिक विकास को लेकर छत्तीसगढ़ में अपार संभावनाएं हैं। देश की अर्थव्यवस्था को बूस्ट करने में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकता है। नीति आयोग के पूर्व सीईओ और जी 20 के शेरपा श्री अमिताभ कांत ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक सुन्दरता भी है और प्रचुर खनिज संपदा भी। राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए खनिजों का विवेकपूर्ण दोहन जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण यहां पर पर्यटन की संभावनाओं का विकास और उसकी ब्रांडिंग भी है। 
 
आयोजन में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के साथ उपमुख्यमंत्री द्वय श्री अरूण साव एवं श्री विजय शर्मा, आदिम जाति विकास एवं कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, वन एवं जल संसाधन मंत्री श्री केदार कश्यप, वाणिज्य उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाडे, खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंक राम वर्मा उपस्थित थे।
और भी

नौतपा में रायपुर का अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री पहुंचा

रायपुर: छत्‍तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है और लोग गर्मी, उमस और गर्म हवाओं के थपेड़ों से बेहाल है। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ क्षेत्रों में लू चलने की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि लू से बचने के लिए लोगों को पर्याप्त उपाय कर ही घर से बाहर निकलना चाहिए। आने वाले दो दिनों में भी प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है। इन दिनों दिन की तपिश के साथ ही रात में भी गर्म हवाएं चलने लगी है।

प्रदेश भर में मुंगेली सर्वाधिक गर्म रहा। एडब्ल्यूएस मुंगेली का अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही रायपुर का अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा है। वहीं बिलासपुर का भी अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा रही।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में इन दिनों उत्तर पश्चिम से गर्म व शुष्क हवाओं के आने का क्रम अभी जारी है। लेकिन हवा कि गति थोड़ी कम होने के कारण अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। बुधवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रोंमें लू चलेगी।

 

 

और भी

सत्ता के किस करीबी को बचाने में लगी है सरकार : भूपेश

रायपुर: बेमेतरा के बोरसी में बारूद फैक्ट्री में हुए धमाके तथा 8 मजदूरों की मौत के तीसरे दिन भी एफआईआर नहीं लिखे जाने को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला किया है। सोशल मीडिया हैंडल पर तथा मीडिया से बातचीत में भूपेश बघेल ने सवाल उठाया कि आखिर किसकी गारंटी और किसके सुशासन पर इस धमाके के गुनाहगारों को संरक्षण दिया जा रहा है। भूपेश ने यह भी पूछा कि सत्ता के किस करीबी को बचाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने इस पूरे मामले में सरकार के सामने 5 सवाल रखते हुए कहा है कि इनके जवाब तो देने ही होंगे। भूपेश का पहला सवाल यह है कि आखिर ब्लास्ट के 48 घंटे बीतने के बाद भी एफआईआर क्यों नहीं लिखी गई है। दूसरा- क्या प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंंधन से पूछा है कि घटना वाले दिन वहां कितने मजदूर काम पर गए थे। भूपेश ने तीसरा सवाल यह किया है कि लापता मजदूरों की सही संख्या कितनी है। क्योंकि प्रशासन 8 बता रहा है, लेकिन ग्रामीण इसे गलत बता रहे हैं। चौथा सवाल- फैक्ट्री में क्षमता से अधिक रखी हुई विस्फोटक सामग्री क्यों निकालनी जा रही है। जांच में बारूद की कितनी मात्रा दर्ज की जाएगी। भूपेश ने यह भी कहा कि मृतकों के परिजन को  जो मुआवजा देने की घोषणा की गई है, ग्रामीणों ने वह लेने से इंकार कर दिया है। ऐसे में क्या प्रशासन मुआवजा बढ़ाएगा।

और भी

जल संरक्षण के लिए सभी शासकीय भवनों में बनाएं रैन वॉटर हार्वेस्टिंग : कलेक्टर

शिक्षा के अधिकार के तहत मिले आवेदनों की रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करें

धमतरी: कलेक्टर नम्रता गांधी ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर अधिकारियों को जल संरक्षण के लिए शासकीय भवनों में रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे ग्राम पंचायत जहां रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, रूफटॉप स्ट्रक्चर और वेस्ट वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बन गए हैं, उन्हें जियो टैग किया जाये। साथ ही गांवों में जल संरक्षण संबंधी नारा, स्लोगन, जागरूकता रैली, दीवार लेखन करने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया जाये। उन्होंने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि जिले में भूजल स्तर तेजी से गिरता जा रहा है और पानी की दिक्कत भी हो रही है। इसके साथ ही रविशंकर सागर जलाशय गंगरेल बांध का भी जल स्तर गिरता जा रहा है। कलेक्टर ने सभी सीईओ, सीएमओ को आगामी विश्व पर्यावरण दिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर जागरूकता फैलाने कहा। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री रोमा श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर श्री जी.आर.मरकाम, संयुक्त कलेक्टर श्री रामकुमार कृपाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर ने खाद-बीज की उपलब्धता, भण्डारण और उठाव की जानकारी ली और इसमें किसी तरह की दिक्कत हो तो अवगत कराने कहा। कलेक्टर ने पौधरोपण के लिए अब तक जिन विभागों ने मांगपत्र प्रस्तुत नहीं किया, उन्हें तत्काल मांगपत्र प्रस्तुत करने कहा। साथ ही सहायक संचालक, उद्यान को निर्देशित किया कि वे वृक्षारोपण के लिए नर्सरी में पौधे तैयार करा लें तथा आयुष के पौधे भी तैयार कराएं। शिक्षा के अधिकार की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आरटीई के तहत मिले आवेदनों और इस पर की गई कार्यवाही की जानकारी ली। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि आरटीई के तहत किसी तरह की राशि की मांग नहीं की जाये, इसका अधिकारी ध्यान रखंे। कलेक्टर ने जिले के स्कूलों में संचालित समर कैम्प की जानकारी लेते हुए कमार बसाहटों का विशेष ध्यान रखने कहा। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र की स्थिति की जानकारी लेते हुए हर सप्ताह समय सीमा की बैठक में इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए।

समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को स्वास्थ्य केन्द्रों का नियमित निरीक्षण कर ओपीडी पर्ची, डॉक्टर द्वारा लिखी जा रही कंपनी की दवा, मरीजों को समय पर दवा मिल रही या नहीं इत्यादि का मुआयना करने के निर्देश दिए। साथ ही आभा एप की जानकारी लोगों को अधिक से अधिक पहुंचाने के निर्देश कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए। इसके लिए अस्पतालों में आभा एप संबंधी जानकारी को दर्शाते बोर्ड लगाने कहा। कलेक्टर ने बैठक में समय सीमा के प्रकरणों की समीक्षा की और इसे निराकरण करने के निर्देश दिए।

 

 

और भी

भारत निर्वाचन आयोग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के मध्यम से दी मतगणना संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश

मोहला: लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के अंतर्गत जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी में मतगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने एवं मतगणना कार्य की सम्पूर्ण तैयारियों के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली ने आज जिला कार्यालय के वीसी कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली।भारत निर्वाचन आयोग ने सभी अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया बिना कोई बाधा के सफलतापूर्वक  संपन्न करने के लिए बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं दिए। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के पश्चात मतों की गणना 4 जून 2024 को की जानी है। भारत निर्वाचन आयोग ने मतगणना की सम्पूर्ण तैयारियों की बारीक से बारीक बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा कर मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एस जयवर्धन, अपर कलेक्टर विजेंद्र सिंह पाटले, सहायक रिटर्निग ऑफिसर डॉ. हेमेंद्र भुआर्य, डिप्टी कलेक्टर अविनाश ठाकुर उपस्थित थे।

और भी

नक्सली मुठभेड़ पर राजनीति हुई तेज, पीसीसी चीफ ने गृहमंत्री को लिखा पत्र...

 रायपुर: राज्य में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ को लेकर राजनीति तेज हो गई है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने गृह मंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखा है। पत्र में दीपक बैज ने लिखा कि अपने पीडिया मुठभेड़ मामले में कांग्रेस की जांच दल द्वारा उठाये गये तथ्यों पर आपत्ति व्यक्त की थी। पीडिया मुठभेड़ हो या कांकेर के कोयलीबेड़ा मुठभेड़ की बात हो कांग्रेस पार्टी ने अपनी ओर से सवाल नहीं खड़ा किया, सवाल वहां के ग्रामीणों ने खड़ा किया है। कांग्रेस ने ग्रामीणों की मांग के बाद जाँच कमेटी बनाया और जाँच कमेटी में सभी आदिवासी नेता शामिल थे, जाँच कमेटी ने ग्रामीणों से बात करने के बाद जो तथ्य पाया वह दुखद है। ग्रामीण और साक्ष्य बता रहे कि मुठभेड़ में मारे गए कुछ लोग निर्दोष थे तो सरकार को इस मामले की जाँच कराने से क्या परहेज है? हाईकोर्ट के वर्तमान जज की देख-रेख में जाँच करा ली जाय ताकि स्थितियां साफ हो सके। कांकेर में हुई मुठभेड़ में मारे गए लोगो के भी नक्सली होने पर सवाल खड़ा हुआ था तब भी जाँच की मांग हुई थी, सरकार ने जाँच क्यों नहीं करवाया था ?


पीसीसी चीफ ने आगे लिखा : 'उप मुख्यमंत्री जी बस्तर में शांति के लिए जितने चिंतित आप है उतनी ही चिंतित कांग्रेस पार्टी भी है। कांग्रेस पार्टी बस्तर में शांति बहाली के सरकार के हर कदम के साथ खडी है लेकिन यह प्रयास बस्तर के मासूम आदिवासियों के जिंदगी के शर्त पर होंगे तो यह हमें मंजूर नहीं बस्तर में कांग्रेस की सरकार ने विश्वास, विकास, सुरक्षा के मूल मंत्र को लेकर शांति बहाली जो प्रयास शुरू किये थे जिसके फलस्वरूप बस्तर में शांति की स्थापना भी हुई, नक्सली गतिविधियां 80 प्रतिशत तक कम हुई। वर्तमान सरकार ने उस पर अविश्वास क्यों जताया? वर्तमान में सुरक्षा बलो को बड़ी सफलता मिल रही है तो उसका बड़ा कारण है पूर्ववर्ती सरकार ने दूरस्थ रिमोट क्षेत्रो जो कैम्प बनाये और इन कैम्पो के माध्यम से सुरक्षा बलो ने स्थानीय ग्रामीणों का भरोसा जीता है। कांग्रेस सरकार के पहले सुरक्षा बलो के कैम्पो में रसद सामग्री तक सरकार नहीं पहुंचा पाती थी। विश्वास, विकास, सुरक्षा का परिणाम था कि दूरस्थ क्षेत्रों में कैम्प के साथ अंदरूनी इलाकों में सड़क बनवाया गया, पुल-पुलिया बनाये गए, बंद पड़े 350 से अधिक स्कूलों को खोला गया, स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई गयी. मुख्यमंत्री हाट बजार क्लिनिक के माध्यम से लोगो का इलाज किया गया। जल, जंगल, जमीन पर आदिवासियों के अधिकारों को और मजबूत बनाने का प्रयास हुआ। वन अधिकार पट्टे सामुदायिक वन अधिकार पट्टे बांट कर उनमें एक नया भरोसा पैदा किया गया। 67 से अधिक वनोपजो की खरीदी कर आदिवासियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया गया। बस्तर का हर आदिवासी नक्सली नहीं है इस भावना के साथ कांग्रेस की सरकार ने काम किया था। सुरक्षा बलो और सरकार ने बस्तर के लोगो का भरोसा जीता जिसका परिणाम हुआ वहां नक्सली गतिविधियों में 80 प्रतिशत की कमी आई।'

 

 

और भी

तुलसी वर्षा और पूर्णाहुति के साथ श्रीमद्भागवत कथा का विश्राम

कवर्धा: गोसाई मंदिर ग्राम रामपुर ठाठापुर 13 मई से चल रही श्रीमद्भागवत कथा का 24 मई को विष्णु सहस्त्रनाम, गीता, तुलसी वर्षा, सहस्त्रधारा स्नान और पूर्णाहुति के साथ कथा का विश्राम हुआ। व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक नरसिंहदेव गोस्वामी महाराज सेवाधिकारी राधारमणलाल मंदिर वृंदावनधाम ने अपने श्रीमुख से सात दिनों तक भक्तजनों को श्रीकृष्ण कथा का रसपान कराया। नरसिंह देव महाराज की ओजपूर्ण कथाशैली तथा प्रभावशाली व्याख्यान ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजनकर्ता  सुदेश सिंह ठाकुर ने समस्त श्रोताओं तथा सहयोगी ग्रामवासियों का हृदय से धन्यवाद और आभार प्रकट किया।

और भी

पद्मश्री लौटाएंगे वैद्यराज हेमचंद मांझी, इलाज भी बंद करेंगे...

नक्सलियों की धमकी के बाद किया ऐलान

नारायणपुर: पद्मश्री हेमचंद मांझी ने पद्मश्री पुरस्कार लौटाने का ऐलान किया है। इसके अलावा उन्होंने उपचार भी बंद करने की भी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि, लगातार नक्सलियों से धमकी मिलने के बाद अब वह यह कदम उठा रहे हैं। नक्सलियों ने बीएसएनएल के टावर को आग के हवाले कर पोस्टर लगाया था। पोस्टर में पद्मश्री हेमचंद मांझी को जान से मारने की धमकी दी थी।

बता दें कि, रविवार देर रात छोटेडोंगर पुलिस थाने से 4 किमी दूर चमेली गांव और गौरदण्ड में दस्तक देकर दो बीएसएनएल टावर को आग के हवाले कर दिया हैं। वहीं नक्सलियों ने मौके पर कई बैनर पोस्टर भी लगाए। उनमें छोटेडोंगर के पद्मश्री वैधराज हेमचंद्र मांझी को आमदई खदान का दलाल बताते हुए देश से मार भगाने की धमकी दी है।

उल्लेखनीय है कि, नक्सलियों ने पद्मश्री हेमचंद्र मांझी के भतीजे कोमल मांझी की निर्मम हत्या कर दी है। वे आमदई माइंस में दलाली करने का आरोप लगाकर वैधराज हेमचंद्र मांझी को लगातार धमकी दे रहे हैं। इस वजह से ही पुलिस प्रशासन ने वैधराज को जिला मुख्यालय के सेफ हाऊस में सुरक्षा प्रदान कर रखा है।

आईटीबी लगातार कर रही सर्चिंग
नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि, जिला नारायणपुर थाना छोटेडोंगर के ग्राम गौरदण्ड और ग्राम चमेली में रविवार देर रात करीब 12 बजे नक्सलियों ने 2 निर्माणाधीन मोबाइल टावर को आग के हवाले कर दिया है। इस क्षेत्र में जिला पुलिस बल और आईटीबी लगातार सर्चिंग कर रही है। सुरक्षाबलों ने बताया कि, टावर जल्द ही शुरू होने वाला था लेकिन नक्सलियों ने इसे आग के हवाले कर दिया।

 

 

और भी

गोवंशों की सुरक्षा के लिए विष्णु सरकार बनाएगी अभ्यारण्य

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश

रायपुर: सड़क पर खुले में घूमने वाले गोवंशों की सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विष्णु सरकार गौवंश अभ्यारण्य योजना ले कर आ रही है। सीएम विष्णु देव साय ने अधिकारियों को इस संदर्भ में कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।

राज्य में पशुधन विकास विभाग, पंचायत, राजस्व और वन विभाग के समन्वय से गौवंश अभ्यारण्य संचालित करने की योजना है। इस योजना के क्रियान्वयन से सड़कों पर भूखे-प्यासे भटकने वाले गोवंशों को ना केवल नियमित आहार मिल सकेगा। साथ ही उनकी उचित देखभाल और चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध होगी। गौवंश अभ्यारण्य पशुधन के लिए उचित रहवासी वातावरण से परिपूर्ण होगा।

उल्लेखनीय है कि, सड़कों पर घूम रहे स्वामी विहीन पशुधन न केवल यातायात के लिए बाधा बन रहे हैं। आए दिन दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। भूख से बेहाल पशुधन द्वारा कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक खाने से उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। गौवंश अभ्यारण्य योजना इसे रोकने की दिशा में सकारात्मक कदम साबित होगी।

अधिकारियों को गोवंशों अभ्यारण्य की रूप रेखा बनाने के दिए निर्देश
इसको लेकर सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि, ठोस कार्ययोजना के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त, सेवा, सुरक्षा और संवर्धन का ध्येय वाक्य ले कर प्रदेश में स्वामी विहीन पशुधन के लिए गोवंशों अभ्यारण्य की रूप रेखा बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। प्रस्तावित योजना लागू होने पर ना केवल सड़कों पर भूखे-प्यासे भटकने वाले गोवंशों को नियमित आहार, देखभाल और चिकित्सकीय सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं पर भी लगाम लगेगी।

 

 

और भी