हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

देश के करोड़ों श्रोता ही 'मन की बात' कार्यक्रम के असली सूत्रधार : मोदी

 रविवार को 'मन की बात' कार्यक्रम की 114वीं कड़ी के प्रसारण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के करोड़ों श्रोता ही इस कार्यक्रम के असली सूत्रधार हैं। लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद श्री मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ का यह चौथा प्रसारण था। अपने संबोधन में श्री मोदी ने कहा कि आज का एपिसोड भावुक करने वाला है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम को 10 साल पूरे हो रहे हैं। 2014 में 3 अक्टूबर को मन की बात कार्यक्रम की शुरूआत हुई थी। उस दिन विजयादशमी का दिन था। यह बेहद सुखद संयोग है कि इस बार 3 अक्टूबर को नवरात्रि का पहला दिन है। श्री मोदी ने कहा कि जब तक चटपटी और नकारात्मक बात न हो तब तक तवज्जो नहीं मिलती है। मगर ‘मन की बात’ कार्यक्रम ने साबित किया है कि देश के लोगों में सकारात्मक जानकारी की कितनी भूख है। ‘मन की बात’ के 10 साल की यात्रा ने ऐसी माला तैयार की है, जिसमें हर एपिसोड के साथ नई गाथाएं और नए कीर्तिमान और नए व्यक्तित्व जुड़ जाते हैं। सामूहिकता के साथ होने वाले हर कार्यक्रम को मन की बात में सम्मान मिलता है। पीएम मोदी ने टीवी चैनलों और प्रिंट मीडिया को धन्यवाद किया और कहा कि इन संस्थानों ने कार्यक्रम को घर-घर पहुँचा दिया है।


झांसी की महिलाओं का पीएम ने किया जिक्र

जल संरक्षण के मुद्दे पर श्री मोदी ने कहा कि बारिश के पानी का अभी संरक्षण जल संकट के वक्त काम आएगा। कई लोग इस दिशा में बहुत बेहतरीन काम कर रहे हैं। ऐसा ही एक प्रयास उत्तरप्रदेश के झांसी में देखने को मिला है। झांसी में कुछ महिलाओं ने घुरारी नदी को नया जीवन दिया है। महिलाएं स्व-सहायता समूह से जुड़ी हैं। इन महिलाओं ने जल सहेली बनकर इस अभियान का नेतृत्व किया है। महिलाओं ने मृतप्राय नदी को जिस तरह से बचाया है, उसकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी। इन महिलाओं ने बोरियों में बालू भरकर चेक डैम बनाया और नदी को पानी से लबालब भर दिया।

डिंडोरी व छतरपुर की महिलाओं की भी सराहना

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मध्यप्रदेश के दो प्रयासों का भी जिक्र किया। डिंडोरी के रयपुरा गांव में एक बड़े तालाब के निर्माण से भू-जल स्तर काफी बढ़ गया है। इसका फायदा गांव की महिलाओं को मिला। शारदा अजीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने मछली पालन शुरू किया। इससे उनकी आय भी बढ़ी। इसी प्रकार छतरपुर में भी महिलाओं ने खौंप गांव में बड़ा तालाब जब सूखने लगा तो इसे जीवित करने का प्रयास शुरू किया। हरी बागिया स्व-सहायता समूह की इन महिलाओं ने बड़ी मात्रा में गाद निकाली। इस गाद का इस्तेमाल महिलाओं ने बंजर जमीन पर किया और बाग तैयार किया।

उत्तराखंड के झाला गांव का भी किया उल्लेख

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने उत्तराखंड के गांव झाला का भी जिक्र किया। इस गांव के युवा रोजाना गांव में दो घंटे सफाई करते हैं। इससे गांव स्वच्छ हो रहा है और लोग जागरूक भी हो रहे हैं। श्री मोदी ने पुडुचेरी की रम्या की भी तारीफ की। वे युवाओं की मदद से समुद्र तट पर सफाई अभियान चला रही हैं। दो अक्टूबर को स्वच्छता अभियान के 10 साल पूरे होंगे।

अमेरिका ने लौटाई 300 कलाकृतियां

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि अमेरिकी यात्रा के दौरान वहां की सरकार ने करीब 300 प्राचीन कलाकृतियों को वापस लौटाया है। बाइडन ने अपने आवास पर कुछ कलाकृतियों को दिखाया भी। इनमें से कई कलाकृतियां चार हजार साल पुरानी हैं। इनमें भगवान श्री कृष्ण और भगवान बुद्ध की प्रतिमा भी शामिल हैं। कांसे से बनी भगवान गणेश और भगवान विष्णु की प्रतिमाएं भी हैं। इन्हें तस्करी करके विदेश ले जाया गया था।

संथाली भाषा को संरक्षित करने का प्रयास

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि संथाल जनजाति की संथाली भाषा को डिजिटल इनोवेशन के माध्यम से संरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। भारत के अलावा बांग्लादेश, नेपाल और भूटान में यह भाषा बोली जाती है। ओडिशा के मयूरभंज में रहने वाले राम जी टूडू एक अभियान चला रहे हैं। उनके प्लेटफॉर्म पर संथाली भाषा से जुड़ा साहित्य पढ़ा और लिखा जा सकता है।

शुभाश्री ने लगाया जड़ी-बूटियों का बगीचा

एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम का भी प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जिक्र किया। अपने संबोधन में शुभाश्री का उल्लेख कर कहा कि उन्होंने दुर्लभ और बहुत उपयोगी जड़ी-बूटियों का एक बगीचा तैयार किया है। शुभाश्री तमिलनाडु के मदुरै की रहने वाली हैं। पेशे से शुभाश्री शिक्षिका हैं। 80 के दशक में साँप ने उनके पिता को काट लिया था। तब जड़ी-बूटियों ने उनकी सेहत सुधारने में काफी मदद की थी। इस घटना के बाद उन्होंने जड़ी-बूटियों की खोज की और अपने गांव में बाग तैयार किया।

मेक इन इंडिया से हर वर्ग को मिला फायदा

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि मेक इन इंडिया कार्यक्रम के भी 10 साल पूरे हुए हैं। इस अभियान की सफलता में बड़े उद्योगों से लेकर छोटे दुकानदार तक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान से गरीब, मध्यम वर्ग और एमएसएमई को बहुत फायदा मिल रहा है। आज भारत मैन्युफैक्चरिंग का पावर हाउस बना है। हर क्षेत्र में देश का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। क्वालिटी और वोकल फॉर लोकल पर अब अधिक फोकस करने की जरूरत है। त्योहार पर हर चीज मेड इन इंडिया ही खरीदने की अपील भी श्री मोदी ने की।
 
और भी

सामरिक संबंधों को बढ़ावा देने केन्या जाएंगे रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने

  भारत और दक्षिण अफ्रीकी देश केन्या के बीच सामरिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने केन्या की दो दिवसीय यात्रा करेंगे। उनकी यह आधिकारिक यात्रा 26 से 27 सितंबर तक रहेगी। इस दौरान रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने केन्या के प्रधान रक्षा सचिव के साथ चर्चा करेंगे।

गौरतलब है कि केन्या के साथ हाल ही में रक्षा सहयोग को लेकर भी एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक हुई थी। इस बैठक में दोनों देशों ने सैन्य सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत की। भारत और केन्या के बीच यह 'संयुक्त रक्षा सहयोग समिति' (जेडीसीसी) की तीसरी बैठक थी। इसी महीने हुई यह बैठक नई दिल्ली में आयोजित की गई थी।

अब केन्या में होने वाली इस मुलाकात और यात्रा को लेकर रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इस यात्रा का मुख्य आकर्षण केन्या में सैन्य कर्मियों के स्वास्थ्य सेवा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूती देना है।

रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने की मौजूदगी में केन्या में एक नए सीटी स्कैन कॉम्प्लेक्स का आधारशिला समारोह होगा। यह पहल केन्या की रक्षा तैयारियों और चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने में भारत की सहायता की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

भारत लगातार रक्षा सहयोग वार्ताओं के जरिए भी मित्र राष्ट्रों के साथ रक्षा संबंधों को नई मजबूती देने का लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में पिछले दिनों भारत व दक्षिण अफ्रीका की नौसेनाओं के बीच महत्वपूर्ण वार्ता हुई थी। भारत-दक्षिण अफ्रीका की 12वीं नौसेना स्टाफ वार्ता भी नई दिल्ली में आयोजित की गई।

इस वार्ता से दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच सहयोग और मजबूत हुआ है। बीते दिनों भारत-फिलीपींस संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (जेडीसीसी) की भी बैठक हुई थी। यह महत्वपूर्ण बैठक मनीला में आयोजित की गई। बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और उनके समकक्ष फिलीपींस के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अवर सचिव इरिनियो क्रूज़ एस्पिनो ने की थी।

और भी

सीएम का आदेश, थाने में यौन उत्पीड़न केस की होगी न्यायिक जांच

भुवनेश्वर में एक पुलिस थाने में सैन्य अधिकारी को कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने और उसकी मंगेतर के यौन उत्पीड़न के मामले में हंगामा मचा हुआ है। अब राज्य के सीएम मोहन चरण माझी ने इस पूरी घटना को लेकर न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। सीएम माझी ने कहा है कि राज्य सरकार इस घटना में दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों या अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।

60 दिन में आएगी रिपोर्ट

ओडिशा के मुख्यमंत्री के कार्यालय की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक, इस पूरी घटना की न्यायिक जांच की अध्यक्षता न्यायमूर्ति चितरंजन दास करेंगे और 60 दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपी जाएगी। इसके साथ ही सरकार ने ओडिशा हाई कोर्ट से भी ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा द्वारा की जा रही जांच की निगरानी करने का अनुरोध किया है। 

 

24 सितंबर को भुवनेश्वर बंद का आह्वान

ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने राज्य में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर जोर दिया है और कहा है कि उनकी सरकार भारतीय सेना का सम्मान करती है। सरकार महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर चिंतित है। बता दें कि इस मामले में पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने मामले की अदालत की निगरानी में विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराने और न्यायिक जांच कराने की मांग की थी। वहीं, दूसरी ओर विपक्षी दल ने 24 सितंबर को भुवनेश्वर बंद का आह्वान किया है।

 

 

क्या है पूरी घटना?

आपको बता दें कि ये घटना 15 सितंबर की है। पश्चिम बंगाल में तैनात सैन्य अधिकारी और उनकी मंगेतर रोड रेज की शिकायत दर्ज कराने भुवनेश्वर के भरतपुर पुलिस थाने पहुंचे थे। हालांकि, पुलिस थाने में दोनों का पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया। बाद में सैन्य अधिकारी और उनकी मंगेतर की ओर से उनसे थाने में दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया था।

 

 

और भी

राहुल गांधी आज जम्मू-कश्मीर में दो चुनावी रैलियों को करेंगे संबोधित

 कांग्रेस सांसद राहुल गांधी जम्मू-कश्मीर में दो चुनावी रैलियां करेंगे। यह दोनों रैलियां 25 सितंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले सोमवार को आयोजित की जाएंगी।


 राहुल गांधी की पहली रैली पुंछ के सुरनकोट में होगी। यहां वह स्थानीय लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे श्रीनगर के शालतेंग में एक और रैली को संबोधित करेंगे।

सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी सोमवार सुबह एक विशेष चार्टर्ड विमान से श्रीनगर पहुंचेगे और फिर श्रीनगर से सुरनकोट के लिए हेलीकॉप्टर से जाएंगे। राहुल गांधी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सुरनकोट में चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद वह हेलीकॉप्टर से श्रीनगर लौटेंगे।

कांग्रेस सूत्रों ने आईएएनएस को बताया, "वह दोपहर में श्रीनगर जिले के मध्य शाल्टेंग निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करेंगे। जेकेपीसीसी प्रमुख तारिक हामिद कर्रा इस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।

 इसके बाद वह शाम को विशेष चार्टर्ड विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।" नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और कांग्रेस ने प्री पोल अलायंस कर रखा है। एनसी 52 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि कांग्रेस 31 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

इन दोनों पार्टियों ने राज्य की दो सीटों पर कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। गठबंधन ने एक सीट घाटी में माकपा के लिए और दूसरी सीट जम्मू संभाग में पैंथर्स पार्टी के लिए छोड़ी है। एनसी-कांग्रेस की आपस में जम्मू की पांच सीटों बनिहाल, नगरोटा, किश्तवाड़ और डोडा तथा घाटी की सोपोर सीटों पर आम सहमति नहीं बन सकी है।

दोनों पार्टियों ने इन निर्वाचन क्षेत्रों में अपने- अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। बता दें कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान 25 सितंबर को होगा, जबकि तीसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान 1 अक्टूबर को होगा। इन चुनावों की मतगणना 8 अक्टूबर को की जाएगी।

और भी

रेलवे कर्मचारियों के लिए सातवें वेतन आयोग के आधार पर बोनस गणना की मांग

 रेलवे कर्मचारियों के एक ग्रुप ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) की कैलकुलेशन छठे वेतन आयोग की बजाय सातवें वेतन आयोग के आधार पर करने की गुजारिश की है। भारतीय रेलवे कर्मचारी महासंघ (IREF) ने मौजूदा बोनस को कर्मचारियों के साथ अन्याय बताया है और इसे बढ़ाने की मांग की है, ताकि वे बढ़ती महंगाई के बीच राहत पा सकें।

मौजूदा बोनस से नाखुश कर्मचारी
IREF के राष्ट्रीय महासचिव सर्वजीत सिंह ने कहा कि, वर्तमान में रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन की बेसिक सैलरी के बराबर बोनस मिलना चाहिए, लेकिन यह 7,000 रुपये की न्यूनतम सैलरी के आधार पर 17,951 रुपये ही बनता है। जबकि सातवें वेतन आयोग के तहत रेलवे कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये होनी चाहिए, जिससे 78 दिन का बोनस 46,159 रुपये बनता है। इससे प्रत्येक कर्मचारी को 28,208 रुपये का अतिरिक्त फायदा हो सकता है।

28 हजार रुपये तक का हो सकता है फायदा
यदि सरकार सातवें वेतन आयोग के मुताबिक बोनस की कैलकुलेशन करने का फैसला करती है, तो प्रत्येक रेलवे कर्मचारी को लगभग 28,208 रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। इस मुद्दे पर IREF ने अपने पत्र में सरकार से अपील की है कि बोनस की गणना नई सैलरी के आधार पर की जाए, ताकि कर्मचारी आगामी त्योहारों को खुशी से मना सकें और रेलवे के संचालन और मेंटेनेंस में अपना महत्वपूर्ण योगदान जारी रख सकें।

PLB की मौजूदा कैलकुलेशन को बताया अन्यायपूर्ण
सर्वजीत सिंह ने यह भी कहा कि, वर्तमान में PLB की गणना 7,000 रुपये की न्यूनतम सैलरी पर की जा रही है, जो छठे वेतन आयोग के हिसाब से है। जबकि सातवें वेतन आयोग के तहत यह न्यूनतम वेतन 18,000 रुपये है, जिसे 1 जनवरी 2016 से लागू किया गया है। ऐसे में, कर्मचारियों को 7,000 रुपये की सैलरी पर बोनस देना उनके साथ अन्याय है।

रेलवे की आय में इजाफा
IREF के सदस्यों ने यह भी बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान जब देशव्यापी लॉकडाउन था और लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे थे, तब भी रेलवे कर्मचारियों ने ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया। रेलवे की तिमाही रिपोर्ट से यह स्पष्ट होता है कि इस अवधि के बाद रेलवे की आय में भारी वृद्धि हुई है। वहीं, सीनियर सिटीजन को दी जाने वाली छूट को बंद करने से भी रेलवे के मुनाफे पर असर पड़ा है।

और भी

पीएम ने नागरिकों से रुचिकर लगने वाले प्राप्त स्मृति चिन्हों के लिए बोली लगाने के लिए कहा

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान प्राप्त स्मृति चिन्हों की नीलामी शुरू होने की घोषणा करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है। नीलामी से प्राप्त होने वाली आय नमामि गंगे पहल को दी जाती है। श्री मोदी ने नागरिकों से pmmementos.gov.in पर स्मृति चिन्हों के लिए बोली लगाकर नीलामी में भाग लेने का आग्रह किया।

 

प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा;

 

“हर वर्ष, मैं सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान प्राप्त विभिन्न स्मृति चिन्हों की नीलामी करता हूं। नीलामी से प्राप्त होने वाली आय नमामि गंगे पहल को दी जाती है। मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि इस वर्ष की नीलामी शुरू हो गई है। जो स्मृति चिन्ह आपको रुचिकर लगें, उनके लिए बोली अवश्य लगाएं!

और भी

ऑस्ट्रेलिया, इजरायल और भारत मिलकर तैयार करेंगे आम की उपज

 केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (संबद्ध भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान) रहमानखेड़ा में 21 सितंबर को आम पर होने वाली संगोष्ठी (नेशनल डायलॉग ऑन मैंगो इंप्रूवमेंट एंड स्ट्रैटेजिस) में भारत, ऑस्ट्रेलिया और इजरायल के प्रसिद्ध वैज्ञानिक, प्रजनक और जैव प्रौद्योगिकी के एक्सपर्ट्स आम की उत्पादकता और गुवत्ता बनाए रखने के लिए भविष्य का रोडमैप तैयार करेंगे।

यह गोष्ठी पूरे देश में खासकर उत्तर भारत के आम के बागवानों के लिए उपयोगी होगी, उस पर आम का सर्वाधिक उत्पादन करने की वजह से उत्तर प्रदेश के लिए सबसे उपयोगी होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस पर फोकस भी है। यहां मलिहाबाद (लखनऊ) के दशहरी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के आसपास के जिलों में होने वाले चौसा (देर में पकने वाली प्रजाति) की खासी मांग है। गुणवत्ता में सुधार के बाद इनके निर्यात की भी खासी संभावना है।

योगी सरकार जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक्सपोर्ट हब भी बना रही है। फलों और सब्जियों की खेती करने वाले किसानों के उत्पाद की सुरक्षा के लिए मंडियों में कोल्ड स्टोरेज, रायपेनिंग चैंबर का भी निर्माण करवा रही है। केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान के निदेशक टी. दामोदरन ने बताया कि संस्थान इस दिशा में क्लस्टर अप्रोच से काम भी कर रहा है।

इस क्रम में उक्त दोनों प्रजातियों के कुछ क्लस्टर बनाकर इनसे करीब 4000 बागवानों को जोड़ा गया है। इनको बताया जा रहा है किस तरह ये अपने 15 साल से पुराने बागों का कैनोपी मैनेजमेंट के जरिए कायाकल्प कर सकते। इससे कालांतर में इनकी उपज भी बढ़ेगी और फलों की गुणवत्ता भी सुधरेगी।

संगोष्ठी के आयोजक सचिव आशीष यादव ने बताया कि संस्थान ने फ्रूट प्रोटेक्शन और वाटर रेजिस्टेंस टेक्निक का भी बागवानों को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। इसमें फलों को कागज के बैग से ढक दिया जाता है। इससे इनमें रोगों और कीड़ों का संक्रमण नहीं होता। दाग धब्बे नहीं आते। साथ ही परिपक्व फलों का रंग भी निखर आता है। प्रति बैग मात्र दो रुपए की लागत से ये फल बाजार में दोगुने दाम पर बिक जाते हैं।

उन्होंने बताया कि आम यूं भी यूपी के लाखों लोगों के रोजगार का जरिया है। फ्रूट प्रोटेक्शन और वाटर रेजिस्टेंस टेक्निक के चलन में आने पर स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावना और बढ़ेगी। शुरू में ऐसे बैग चीन से आते थे।

अब भी अधिकांश बैग कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से आते है। यूपी में मेरठ और कुछ अन्य शहरों से भी आपूर्ति शुरू हुई है। मांग बढ़ने पर ये स्थानीय स्तर पर भी तैयार किए जाने लगेंगे। इससे रोजगार भी मिलेगा। आशीष यादव के अनुसार, गोष्ठी में ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड और इजरायल के आम वैज्ञानिक भी आ रहे हैं। यह गोष्ठी वैज्ञानिकों और बागवानों के लिए मार्गदर्शन साबित होगी।

और भी

हरियाणा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र

 कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय में हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की गारंटी का एलान किया। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, और हरियाणा कांग्रेस प्रमुख उदय भान भी मौजूद थे। सात वादे, पक्के इरादे के तहत कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में सात बड़ी गारंटी


कांग्रेस ने इस गारंटी के तहत राज्य के विकास और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण वादे किए हैं। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर हरियाणा के नागरिकों को बेहतर प्रशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त शासन सुनिश्चित करेगी और किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के हित में महत्वपूर्ण कदम उठाएगी।

कांग्रेस के वादे
    सभी महिलाओं (18-60 आयु) को 2000 रुपये प्रति माह
    500 रुपये में गैस सिलेंडर
    बुजुर्गों, दिव्यांगों व विधवाओं को 6000 पेंशन
    कर्मचारियों को ओपीएस
    सरकारी विभागों में 2 लाख पक्की भर्तियां
    हरियाणा को नशा मुक्त बनाएगी
    तस्करों पर लगेगी नकेल
    25 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज (चिरंजीवी योजना)
    300 यूनिट मुफ्त बिजली
    100-100 गज के मुफ्त प्लॉट व पक्का मकान देने की योजना
    किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी
    किसानों को तुरंत मुआवजे का प्रावधान
    ओबीसी की क्रीमी लेयर सीमा बढ़ाकर 10 लाख
    जातिगत सर्वे करवाया जाएगा।

 

 

और भी

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से रायपुर (दुर्ग) - विशाखपट्टणम वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रायपुर रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया

विशाखपट्टणम वंदे भारत स्पेशल एक्सप्रेस के शुभारंभ के अवसर पर रायपुर रेलवे स्टेशन में छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल श्री रमेन डेका जी, माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री ,आवास एवं शहरी श्री तोखन साहू जी , माननीय सांसद दुर्ग श्री विजय बघेल जी, माननीय सांसद रायपुर श्री बृजमोहन अग्रवाल जी , माननीय विधायक रायपुर (पश्चिम) श्री राजेश मूणत  जी,  माननीय विधायक रायपुर (उत्तर) श्री पुरन्दर मिश्रा  जी , माननीय विधायक रायपुर (ग्रामीण) श्री मोतीलाल साहू जी , माननीय विधायक दुर्ग (शहर) श्री गजेन्द्र यादव  जी , माननीय विधायक अहिरवारा श्री डोमनलाल कोर्सेवाडा जी , माननीय विधायक आरंग श्री खुशवंत साहेब जी ,महापौर रायपुर श्री एजाज ढेबर जी ,माननीय पूर्व सांसद श्री सुनील कुमार सोनी जी एवं कलेक्टर रायपुर श्री डॉ गौरव कुमार सिंह  सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे ।


दिनांक 20 सितम्बर 2024 से गाड़ी संख्या 20829/20830 दुर्ग-विशाखपट्टणम-दुर्ग वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा सप्ताह में छह दिन (गुरुवार को छोड़कर) दोनों छोर से संचालित की जाएगी । यह ट्रेन दुर्ग और विशाखपट्टणम जैसे दो प्रमुख शहरों को जोड़ती है, जो पर्यटन और व्यापार के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हैं। इससे इन क्षेत्रों में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही साथ चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी यह ट्रेन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी ।

      रायपुर (दुर्ग) - विशाखपट्टणम वंदे भारत स्पेशल एक्सप्रेस के शुभारंभ रायपुर स्टेशन पर उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया । इस दौरान स्कूली बच्चों में जबरदस्त उत्साह नजर आया , शिक्षकों एवं अन्य यात्रियों द्वारा इस गाड़ी के यात्रा अनुभव को साझा किया गया । यात्रियों ने बताया कि यात्रा के दौरान उन्हे बहुत ही सुरक्षित, आरामदायक एवं विमान जैसा यात्रा का अनुभव हुआ । आज शुभारंभ  के दौरान इस ट्रेन में रायपुर से लगभग 500 स्कूली बच्चे, रायपुर रेल मंडल के स्काउट गाइड के बच्चे, आंध्रा एसोसिएशन , मंडल रेल उपयोगकर्ता समिति के सदस्य, रेलवे यूनियन, बैंक ,गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ,सीमेंट प्लांट, डाक विभाग एवं दूरसंचार के अधिकारी, सहायक (रेलवे कुली), टूरिज्म विभाग, एनटीपीसी, भिलाई स्टील प्लांट, शासकीय, जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि, मीडिया के सदस्यों , वृद्ध आश्रम के बुजुर्ग, किन्नर ने यात्रा की । 

        वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में कई विशेष विशेषताएं हैं, जिनमें शामिल हैं: - रफ़्तार: वंदे भारत एक्सप्रेस अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटे (99 मील प्रति घंटे) तक की गति प्राप्त कर सकती है,  दुर्ग –  विशाखापट्टनम वंदे भारत एक्सप्रेस वर्तमान में 130 किलोमीटर प्रति घंटे  की गति से चलती है, जिससे प्रमुख शहरों के बीच यात्रा का समय कम करने में मदद मिलती है । आराम: वंदे भारत एक्सप्रेस में पर्याप्त पैर रखने की जगह के साथ रिक्लाइनिंग सीटें हैं । सुरक्षा: वंदे भारत एक्सप्रेस में कई सुरक्षा विशेषताएं हैं, जिनमें स्वचालित दरवाजे, स्मोक अलार्म, सीसीटीवी कैमरे, बायो-वैक्यूम शौचालय और कवच सिग्नलिंग तकनीक शामिल हैं । कनेक्टिविटी: वंदे भारत एक्सप्रेस में स्वचालित प्लग दरवाजे और ऑनबोर्ड वाई-फाई की सुविधा है ।सुविधाएं: वंदे भारत एक्सप्रेस में आपदा रोशनी, अग्नि बचाव केबल और वेंटिलेशन सहित उन्नत सुविधाएं दी गई हैं । एयर कंडीशनिंग: वंदे भारत एक्सप्रेस में बैक्टीरिया मुक्त एयर कंडीशनिंग प्रणाली है । बाढ़ सुरक्षा: वंदे भारत एक्सप्रेस में विद्युत उपकरणों के लिए बाढ़ से अधिक सुरक्षा की व्यवस्था है । केंद्रीकृत कोच-निगरानी प्रणाली: वंदे भारत एक्सप्रेस में सभी प्रकार की बिजली और जलवायु नियंत्रण के लिए एक केंद्रीकृत कोच-निगरानी प्रणाली है ।

• कवच से सुसज्जित ।
• 160 किमी प्रति घंटे तक तेज़ त्वरण और अर्ध उच्च गति संचालन ।
• यात्री आवाजाही के लिए पूरी तरह से सीलबंद गैंगवे एवम् स्वचालित प्लग दरवाजे ।
• एग्जीक्यूटिव क्लास में घूमने वाली सीटों के साथ रिक्लाइनिंग एर्गोनोमिक सीटें और आरामदायक सीटें ।
• हर सीट के लिए मोबाइल चार्जिंग सॉकेट ।
• हॉट केस, बोतल कूलर, डीप फ्रीजर और हॉट वॉटर बॉयलर के प्रावधान के साथ मिनी पैंट्री ।
• दिव्यांग यात्रियों के लिए डीटीसी में विशेष शौचालय ।


• प्रत्येक कोच में आपातकालीन खुलने योग्य खिड़कियाँ और अग्निशामक यंत्र ।
• सभी कोचों में सीसीटीवी ।
• सभी कोचों पर आपातकालीन अलार्म पुश बटन और टॉक बैक इकाइयाँ ।
• बेहतर अग्नि सुरक्षा - विद्युत अलमारियाँ और शौचालयों में एयरोसोल आधारित आग का पता लगाने और दमन प्रणाली ।
• वॉयस रिकॉर्डिंग सुविधा और क्रैश हार्डेंड मेमोरी के साथ ड्राइवर-गार्ड संचार ।
• आपदा लाइटें - आपातकाल के मामले में प्रत्येक कोच में 4 संख्या ।
• प्रत्यक्ष और विसरित प्रकाश ।
• कोच के बाहर रियर व्यू कैमरे सहित 4 प्लेटफार्म साइड कैमरे ।
• वंदे भारत ट्रेनों के निर्माण के लिए उपयोग की गई कुल धनराशि 1400 करोड़ रुपये है ।
           यह ट्रेन पूरी तरह से भारत में निर्मित है, जिससे यह "मेक इन इंडिया" एवं आत्मनिर्भर भारत पहल का हिस्सा बनती है। यह भारत की बढ़ती तकनीकी और औद्योगिक क्षमता को दर्शाती है ।

         इस शुभारंभ के अवसर पर अपर – महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे श्री विजय कुमार साहू जी , मंडल रेल प्रबंधक रायपुर श्री संजीव कुमार, विभिन्न विभागों के प्रधान विभागाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे । समस्त कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रायपुर श्री अवधेश कुमार त्रिवेदी जी के मार्गदर्शन में किया गया ।
और भी

प्रधानमंत्री आवास में आया नया मेहमान, पीएम मोदी ने शेयर किया वीडियो...

 प्रधानमंत्री आवास परिवार में एक नए सदस्य का आगमन हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी जानकारी दी है।

दरअसल पीएम मोदी ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह गाय के बछड़े के साथ दिखाई दे रहे हैं। अपने पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि 'हमारे शास्त्रों में कहा गया है- गावः सर्वसुख प्रदाः। लोक कल्याण मार्ग पर प्रधानमंत्री आवास परिवार में एक नए सदस्य का शुभ आगमन हुआ है। प्रधानमंत्री आवास में प्रिय गौ माता ने एक नव वत्सा को जन्म दिया है, जिसके मस्तक पर ज्योति का चिह्न है। इसलिए, मैंने इसका नाम 'दीपज्योति' रखा है।'

वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी गाय के बछड़े को दुलारते और उसे गोद में लेकर पीएम आवास में टहलते नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने भगवान के मंदिर के सामने बछड़े का अभिषेक भी किया। बछड़ा भी आराम से प्रधानमंत्री के साथ सोफे पर प्यार से बैठे नजर आ रहा है।

और भी

जम्मू-कश्मीर के डोडा में कहा ये चुनाव तीन खानदान और नौजवानों के बीच- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के डोडा में एक बड़ी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, मैं आपके इस प्यार और आशीर्वाद का बदला आपके और देश के लिए दोगुनी-तिगुनी मेहनत करके चुकाऊंगा। हम सब मिलकर एक सुरक्षित और समृद्ध जम्मू-कश्मीर का निर्माण करेंगे और यह मोदी की गारंटी है।

PM मोदी ने कहा ये तीन खानदान...एक खानदान कांग्रेस का है, एक खानदान नेशनल कॉन्फ्रेंस का है और एक खानदान PDP का है। इन तीन खानदानों ने मिलकर आपके साथ जो किया है वो किसी पाप से कम नहीं है। ये तीनों खानदान जम्मू-कश्मीर को सालों तक बर्बाद करने के लिए ज़िम्मेदार हैं।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, इस बार जम्मू-कश्मीर के चुनाव J&K के भाग्य का फैसला करने वाले हैं। आजादी के बाद से ही हमारे प्यारे J&K को विदेशी ताकतों ने निशाना बनाया। इसके बाद 'परिवारवाद' ने इस खूबसूरत राज्य को खोखला करना शुरू कर दिया। आप जिन राजनीतिक दलों पर भरोसा करते थे, उन्होंने आपके बच्चों की परवाह नहीं की।

उन राजनीतिक दलों ने केवल अपने बच्चों को आगे बढ़ाया। जम्मू-कश्मीर के युवा आतंकवाद से पीड़ित रहे हैं और 'परिवारवाद' को बढ़ावा देने वाली पार्टियां आपको गुमराह करके मौज-मस्ती कर रही थीं। इन लोगों ने कभी भी J&K में कहीं भी नए नेताओं को उभरने नहीं दिया। आप यह भी जानते हैं कि 2000 के बाद यहां पंचायत चुनाव नहीं हुए।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा ...अब तक 'परिवारवाद' ने युवाओं को आगे नहीं आने दिया और इसीलिए 2014 में सत्ता में आने के बाद मैंने जम्मू-कश्मीर में युवाओं के नए नेतृत्व को आगे लाने का प्रयास किया है। फिर 2018 में यहां पंचायत चुनाव हुए। 2019 में बीडीसी चुनाव हुए और 2020 में पहली बार डीडीसी चुनाव हुए। ये चुनाव क्यों हुए? ताकि जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र जमीनी स्तर तक पहुंचे।

और भी

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी दिनांक 16 सितंबर’ 2024 को रायपुर (दुर्ग)-विशाखपट्टणम वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी दिनांक 16 सितंबर, 2024 को रायपुर (दुर्ग)-विशाखपट्टणम वंदे भारत उदघाटन स्पेशल एक्सप्रेस को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे । गाड़ी संख्या 20829/20830 दुर्ग-विशाखपट्टणम-दुर्ग वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा सप्ताह में छह दिन (गुरुवार को छोड़कर) दोनों छोर से संचालित की जाएगी। दिनांक 16 सितंबर, 2024 को यह ट्रेन उदद्घाटन स्पेशल के रूप में स्पेशल समय-सारणी के अनुसार चलाई जाएगी । दिनांक 20 सितंबर, 2024 से ट्रेन नं. 20829/20830 दुर्ग-विशाखपट्टणम-दुर्ग वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अपने नियमित समय-सारणी के अनुसार चलेगी ।

 
संरचना :- इस ट्रेन में 16 कोच शामिल हैं ।

 

और भी

परमानेंट होंगे 15 हजार सफाई कर्मचारी, राज्य सरकार ने जारी किया आदेश...

  प्रदेश के विनियमित सफाई कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है। राज्य सरकार ने सभी सफाई कर्मचारियों को स्थायी करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस फैसले के तहत, विनियमित सफाई कामगारों को सफाई कामगार के रिक्त पदों पर वरीयता के आधार पर स्थायी किया जाएगा।


मध्यप्रदेश सरकार के आदेश के अनुसार, 2007 से 2016 तक कार्यरत सभी दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के आधार पर विनियमित किया जाएगा। इससे 15,000 से अधिक सफाई कर्मचारियों को स्थायी नौकरी का लाभ मिलेगा।

इस अहम फैसले की घोषणा 7 अगस्त को मंत्रालय में आयोजित एक बैठक के दौरान की गई, जिसकी अध्यक्षता राज्य सफाई कामगार आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया ने की। बैठक में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।



बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मृतक या स्वास्थ्य कारणों से सेवानिवृत्त सफाई कर्मचारियों के परिवार के एक सदस्य को अनुकम्पा नियुक्ति दी जाएगी। इस संशोधन का लाभ विनियमित कर्मचारियों के परिजनों को भी मिलेगा। साथ ही, नगरीय निकायों में सफाई से संबंधित उपकरण और वाहन सफाई कामगारों के समूहों को दिए जाएंगे, ताकि उनके काम में सुविधा हो सके।

 



राज्य सफाई कामगार आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया ने कहा कि इन निर्णयों से सफाई कर्मचारियों के परिवारों को बड़ा लाभ मिलेगा और उनका समग्र विकास सुनिश्चित होगा। साथ ही, सफाई कामगारों के पदों में वृद्धि करने के लिए एक प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसे मंत्रिपरिषद की बैठक में रखा जाएगा।

 



सरकार के इस फैसले से प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की स्थिरता और सामाजिक सुरक्षा में बड़ा सुधार होगा।

 

 

 
और भी

पवन कल्याण ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए सौंपा 1 करोड़ रुपये का चेक

 आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने बुधवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा।

फिल्म अभिनेता और राजनेता पवन कल्याण ने 4 सितंबर को बाढ़ प्रभावित तेलुगु राज्यों के लिए 6 करोड़ रुपये का बड़ा दान देने की घोषणा की थी। उन्होंने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) में एक-एक करोड़ रुपये दान करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने आंध्र प्रदेश के 400 गांवों में राहत कार्यों के लिए अतिरिक्त 4 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की।

जानकारी के मुताबिक, बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने अंतरराज्यीय संबंधों और अन्य मुद्दों पर चर्चा की। आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनावों में टीडीपी-जन सेना-भाजपा गठबंधन की बड़ी जीत के बाद जून में पवन कल्याण ने उपमुख्यमंत्री का पदभार संभाला था। इसके बाद दोनों के बीच यह पहली बैठक थी।

पिछले साल दिसंबर में रेवंत रेड्डी के मुख्यमंत्री बनने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली बैठक थी। इससे पहले दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी थी। रेवंत रेड्डी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पवन कल्याण ने कहा कि रेवंत रेड्डी के साथ उनकी व्यक्तिगत मित्रता है।

वहीं, पवन कल्याण ने आशा व्यक्त की कि रेवंत रेड्डी तेलंगाना के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करके तेलंगाना राज्य को विकास पथ पर आगे ले जाएंगे। रेवंत रेड्डी ने भी 12 जून को पवन कल्याण के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उन्हें भी शुभकामनाएं दी थी।

उल्लेखनीय है कि पवन कल्याण जुलाई में हैदराबाद में दोनों राज्य सरकारों के बीच हुई वार्ता में शामिल नहीं हुए थे। वहीं, रेवंत रेड्डी और एन. चंद्रबाबू नायडू ने विभाजन के बाद के मुद्दों को सुलझाने के लिए वार्ता में अपने-अपने राज्यों का नेतृत्व किया था। तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और आंध्र प्रदेश के कुछ मंत्री भी 6 जुलाई की बैठक में शामिल हुए थे।

और भी

रील बनाते समय ट्रेन की चपेट में आए तीन लोगों की मौत

 उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की लहरपुर कोतवाली इलाके में बुधवार को एक ही परिवार के चार लोग हरगांव रेल खण्ड पर रील बनाते समय ट्रेन की जद में आ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक जख्मी हो गया है। सिर्फ रील बनाने वाला व्यक्ति जिंदा बचा है।

लहरपुर मोहल्ला शेख टोला निवासी रहमान अंसारी के पुत्र मोहम्मद अहमद (26), मोहम्मद अहमद की पत्नी आयशा (24)  और बेटा अब्दुल्ला(2) की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति जख्मी हो गया।

 

और भी

सरकार ने पटाखों के निर्माण व ऑनलाइन बिक्री पर लगाया बैन

 दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण से निपटने के लिए एक जनवरी तक पटाखों के उत्पादन, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने इसके निर्देश दिए हैं। सरकार ने पिछले साल की तरह इस बार भी दिल्ली में पटाखों के उत्पादन, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। एक जनवरी 2025 तक पटाखों की ऑनलाइन बिक्री और डिलीवरी पर भी प्रतिबंध रहेगा।  पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि प्रतिबंध को कड़ाई से लागू करने को लेकर दिल्ली पुलिस, डीपीसीसी और राजस्व विभाग के साथ मिलकर कार्य योजना बनाई जाएगी। सरकार प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 21 फोकस बिंदुओं पर आधारित विंटर एक्शन प्लान बना रही है।

और भी

आरपीएफ महानिदेशक मनोज यादव ने हॉट स्प्रिंग्स, मेमोरियल लद्दाख में पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि दी

रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक श्री मनोज यादव के नेतृत्व में विभिन्न राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) का प्रतिनिधित्व करने वाले पुलिस अधिकारियों का 28 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल लद्दाख में हॉट स्प्रिंग्स मेमोरियल में एकत्र हुआ। एन. प्रकाश रेड्डी, डीआइजी, तेलंगाना पुलिस समूह के उपनेता थे। श्री दीपक कुमार शर्मा, RI ने पुलिस प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रतिनिधित्व किया, जिन्होंने स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। एकजुटता दिखाने के लिए आईटीबीपी, आईटीबीएफ और भारतीय सेना के वीर अधिकारी और जवान जो अत्यधिक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच LAC पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं, वे भी शहीदों को सलामी देने के लिए पुलिस दल में शामिल हुए।

पुलिस प्रतिनिधिमंडल को 86 वर्षीय वयोवृद्ध और जीवित किंवदंती और गश्ती दल के सदस्य श्री सोनम दोरजे से मिलने का सम्मान मिला, जो 21 अक्टूबर 1959 के दौरान चीनी सैनिकों के खिलाफ बहादुरी से खड़े थे जहां उन्हें पकड़ लिया गया था। उनका लचीलापन और साहस इतिहास का एक प्रेरक अध्याय बना हुआ है।


समुद्र तल से 15,400 फीट की ऊंचाई पर वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास ऊबड़-खाबड़ और दुर्गम इलाके में स्थित, यह स्थल उन दस सीआरपीएफ जवानों के ऐतिहासिक और वीरतापूर्ण बलिदान का प्रमाण है, जिन्होंने रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। 21 अक्टूबर, 1959 को राष्ट्र पूर्वी लद्दाख के बीहड़ और उजाड़ इलाके में स्थित यह स्मारक भारतीय पुलिस बलों के लिए एक पवित्र स्थल रहा है, जहाँ इन बहादुर अधिकारियों की याद में हर साल श्रद्धांजलि दी जाती है। यह समारोह, जो 1960 में स्मरण के संकेत के रूप में शुरू हुआ था  देश भर में सेवारत और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों के लिए एक अत्यधिक सम्मानित परंपरा बनी हुई है। इस वर्ष की तीर्थयात्रा एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुई है, क्योंकि श्री मनोज यादव प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले रेलवे सुरक्षा बल के पहले महानिदेशक बने। विभिन्न बलों के पुलिस अधिकारियों की एक टीम के साथ उनकी भागीदारी, भारत में विभिन्न पुलिस बलों के बीच साझा की गई एकता, ताकत और सौहार्द को मजबूत करती है। 1958 में बल की स्थापना के बाद से ड्यूटी के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले रेलवे सुरक्षा बल के 1011 बहादुर कर्मियों को यह तीर्थयात्रा समर्पित करते हुए, आरपीएफ महानिदेशक ने बहादुरों द्वारा अनुकरणीय कर्तव्य, वीरता और बलिदान की भावना के प्रति आरपीएफ की प्रतिबद्धता दोहराई। 1959 के दिल, जिनकी यादें पुलिस इतिहास के इतिहास में हमेशा के लिए अंकित रहेंगी।

श्री मनोज यादव की यात्रा और इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उनकी भागीदारी कानून प्रवर्तन समुदाय के सभी सदस्यों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह राष्ट्र की सेवा में पुलिस अधिकारियों द्वारा किए गए बलिदानों की एक मार्मिक याद दिलाता है और कर्तव्य, वीरता और प्रतिबद्धता की स्थायी भावना को मजबूत करता है जो भारतीय पुलिस बिरादरी को परिभाषित करता है।
और भी

छत्तीसगढ़ उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी को उत्कृष्ट प्रदर्शनी के लिए मिला प्रथम पुरस्कार

देश की राजधानी नई दिल्ली के भारत मण्डपम में आयोजित राष्ट्र स्टार की प्रदर्शनी एग्रीटेक इनोवेट इंडिया में छत्तीसगढ़ उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी को उत्कृष्ट प्रदर्शनी के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री राम विचार नेताम ने स्टॉल प्रदर्शनी में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी है। उद्यानिकी विभाग के संचालक श्री जगदीशन एस. के मार्गदर्शन में उद्यानिकी एवं वानिकी कृषकों की सफलता की कहानी पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई है। 


गौरतलब है कि नई दिल्ली में 29 से 31 अगस्त तक आयोजित एग्रीटेक इनोवेट इंडिया प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ शासन के उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, विभाग द्वारा भी स्टॉल लगाई गई है। इस स्टॉल में उद्यानिकी उत्पाद पुष्प, फल, सब्जी एवं प्रसंस्कृत उत्पादों से सुसज्जित कर प्रगतिशील कृषकों की सफलता की कहानी प्रदर्शित की गई। स्टॉल में सक्ती जिले की मल्लिका किस्म की आम एवं जेरेनियम का बना हुआ रूम फ्रेशनर आदि प्रसंस्कृत उत्पाद प्रदर्शित किया गया, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 

प्रदर्शनी के दूसरे दिन आज छत्तीसगढ़ उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी के स्टॉल को आगंतुकों एवं जनप्रतिनिधियों सहित प्रबुद्धजनों द्वारा काफी सराहना मिल रही है। स्टॉल में दिल्ली सहित अन्य राज्यों के किसान उत्साह के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन कर रहे हैं।
और भी