हिंदुस्तान

सामने आई रामलला की मनमोहक तस्वीर

अयोध्या: अयोध्या राममंदिर के गर्भगृह से रामलला की नई तस्वीर सामने आई है। इस तस्वीर में उनके पूरे स्वरूप को देखा जा सकता है। इस तस्‍वीर में रामलला की आंखों पर पट्टी बंधी हुई है जो 22 तारीख को खुलेगी। तस्वीर में रामलला माथे पर तिलक लगाए बेहद सौम्य मुद्रा में दिख रहे हैं। तस्वीर में उनके चेहरे पर भक्तों का मन मोह लेने वाली मुस्कान देखी जा सकती है। रामलला की यह मूर्ति कर्नाटक के प्रसिद्ध मूर्तिकार अरुण योगीराज की बनाई हुई है। इस मूर्ति में बाल सुलभ कोमलता झलक रही है। इसमें रामलला की भुजाएं घुटनों तक हैं।  रामलला की मूर्ति श्याम शिला से बनी है। इसकी आयु हजारों साल होती है, यह जलरोधी है। पैर की अंगुली से ललाट तक मूर्ति की ऊंचाई 51 इंच है। मूर्ति का वजन 150 से 200 किलो है, मूर्ति के ऊपर मुकुट व आभामंडल बना हुआ है। सामने आई तस्वीर में रामलला की आंखें बड़ी और ललाट भव्य है।


प्रतिमा के पार्श्व भाग में उकेरी गई है कुछ और प्रतिमाएं
रामलला की मूर्ति के पार्श्व भाग में शिला पर आकृतियां उकेरी गई हैं। महामंडलेश्वर संत श्री सतुआजी महाराज बताते हैं कि प्रतिमा के पार्श्व भाग को 'प्रभा' कहते हैं।सामने से मूर्ति को देखें तो बाईं तरफ ओम की आकृति उकेरी नजर आती है। वहीं, दाईं तरफ स्वास्तिक, शंख और चक्र बने नजर आते हैं। शिला का पार्श्व भाग दोनों तरफ से जहां से शुरू होता हैं, वहां कुछ और प्रतिमाएं उकेरी हुई दिखती हैं। माना जा रहा है कि शिला के पार्श्व भाग में नीचे की ओर एक तरफ हनुमान जी और दूसरी तरफ गरूड़ भगवान की प्रतिमा बनाई गई है।



इससे पहले रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान के चौथे दिन शुक्रवार को सुबह नौ बजे अरणी मंथन से अग्नि प्रकट की गई। अग्नि प्रकट के साथ चौथे दिन का अनुष्ठान शुरू हो गया है। शुक्रवार से यज्ञ मंडप में हवन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। वेद मित्रों से आहुतियां डाली जाएगी। इसके पहले गणपति आदि स्थापित देवताओं का पूजन किया गया। पूजन के क्रम में ही द्वारपालों द्वारा सभी शाखाओं का वेदपारायण, देवप्रबोधन, औषधाधिवास, केसराधिवास, घृताधिवास, कुण्डपूजन, पञ्चभूसंस्कार होगा।

दो और तस्वीरें भी जारी की गईं
इससे पहले रामलला के अचल विग्रह की दो तस्वीरें सामने आईं थीं। पहली तस्वीर में रामलला को ढक कर रखा गया था। इसकी तस्वीर कल ही सामने आई थी। आज शुक्रवार को रामलला का पूरा आवरण सामने आया है। इससे पहले गुरुवार को ढकी मूर्ति का ही पूजन किया गया था। रामलला के अचल विग्रह, गर्भगृह स्थल और यज्ञमंडप का पवित्र नदियों के जल से अभिषेक किया गया। पूजन के क्रम में ही राम मंदिर के गर्भगृह में रामलला का जलाधिवास व गंधाधिवास हुआ।

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा
रामलला के नवनिर्मित मंदिर में अचल विग्रह की स्थापना के साथ विराजमान रामलला को भी पूजित-प्रतिष्ठित किया जाएगा। राममंदिर के गर्भगृह में सोने के सिंहासन पर रामलला की इस 51 इंच की अचल मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जानी है। उनके सिंहासन के ठीक आगे विराजमान रामलला स्थापित होंगे। वे मंदिर में चल मूर्ति यानी उत्सव मूर्ति के रूप में पूजित होंगे।

वेदों का पारायण 21 को
मंडपपूजा के क्रम में मंदिर के तोरण, द्वार, ध्वज, आयुध, पताका, दिक्पाल, द्वारपाल की पूजा की गई। वहीं, पांच वैदिक आचार्यों ने अनुष्ठान की कड़ी में ही चारों वेदों का पारायण भी शुरू कर दिया है, जिनका पारायण 21 जनवरी को होगा।

और भी

गाथा श्रीराम मंदिर की : 500 वर्षों के इतिहास की संगीतमय प्रस्तुति

 राजधानी के पुलिस परेड ग्राउण्ड में 20 जनवरी को होगा आयोजन

रायपुर: अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के शुभ अवसर पर राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड में 20 जनवरी को शाम 6 बजे संगीतमय प्रस्तुति के माध्यम से ‘‘गाथा राम मंदिर की‘‘ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल शामिल होंगे। आडियो-वीडियो के माध्यम से दी जाने वाली इस प्रस्तुति में राम मंदिर के 500 वर्षाें के इतिहास से जुड़ी विभिन्न घटनाओं की कथात्मक प्रस्तुति दी जाएगी।  पूरे देश और दुनियाभर में प्रभु श्री राम के आने की प्रतीक्षा हो रही है। हर किसी को 22 जनवरी का बेसब्री से इंतजार है, जब अयोध्या में भगवान श्री राम 500 से अधिक वर्षों के बाद मंदिर में पुनः विराजमान होंगे। राम महोत्सव को लेकर देश भर में विभिन्न तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। श्री राम मंदिर की विडियो-आडियो प्रस्तुति में गाथा में श्रीराम जन्मभूमि को मुक्त कराने और अयोध्या में श्रीरामलला का भव्य मंदिर निर्माण तक की गाथा सुनाई जाएगी। यह प्रस्तुति एक लाइव म्यूजिकल बैंड के साथ होगी। श्रीराम जन्मभूमि की तपस्या एवं संघर्ष की सत्य गाथा के इस कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। श्रीराम मंदिर की महागाथा को सुर-संगीत में श्रद्धालु देख और सुन सकेंगे।संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि कार्यक्रम में राम जन्मभूमि के इतिहास से लेकर अयोध्या में बनाए जा रहे भव्य राम मंदिर तक की घटनाओं की संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने इस संबंध में आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है।

और भी

मणिपुर में पिता-पुत्र समेत 4 लोगों की हत्या, इंफाल में व्यापक विरोध प्रदर्शन

इंफाल: मणिपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति और उसके बेटे सहित कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 61 वर्षीय ओइनम बमोलजाओ और उनके 35 वर्षीय बेटे ओइनम मैनिटोम्बा को गुरुवार को बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने मार डाला।

गांव के 54 वर्षीय स्वयंसेवक थियाम सोमेन को भी गुरुवार को उसी जिले में प्रतिद्वंद्वी समुदाय के सशस्त्र कैडरों ने गोली मार दी थी।पुलिस ने कहा कि बुधवार रात कांगपोकपी जिले की सीमा से लगे इंफाल पश्चिम जिले के कांगचुप में दो युद्धरत समुदायों के बीच गोलीबारी में एक अन्य गांव के स्वयंसेवक ताखेललंबम मनोरंजन (26) की मौत हो गई और एक अन्य स्वयंसेवक, मंगशताबम वांगलेन गोली लगने से घायल हो गए।हिंसा की ताजा घटनाएं बुधवार देर रात मणिपुर के थौबल जिले में अज्ञात सशस्त्र हमलावरों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलीबारी के बाद हुईं, जिसमें बीएसएफ के तीन जवान गोली लगने से घायल हो गए।

और भी

आखिरकार महुआ मोइत्रा ने खाली किया सरकारी आवास

नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस की नेता और पूर्व सांसद महुआ मोइत्रा ने लोकसभा सदस्य के तौर पर मिले अपने सरकारी बंगले को शुक्रवार को खाली कर दिया। इससे पहले संपदा निदेशालय की एक टीम यह देखने के लिए भेजी गई थी कि मोइत्रा ने सरकारी आवास छोड़ा है या नहीं।  

मोइत्रा के वकील ने बताया कि टेलीग्राफ लेन पर महुआ मोइत्रा के बंगले 9बी को प्राधिकारियों के पहुंचने से पहले आज सुबह 10 बजे खाली कर दिया गया। बेदखल की कोई कार्रवाई नहीं हुई।’ फरासत ने कहा कि मकान का कब्जा संपदा निदेशालय के अधिकारियों को सौंप दिया गया है।

और भी

कृषि अनुसंधान का लाभ देश में छोटे-मझौले किसानों तक पहुंचे : मुंडा

दिल्ली: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने दिल्ली में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर की विभिन्न सुविधाओं तथा भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (पूसा) के कृषि प्रक्षेत्र का आज अवलोकन किया। इस दौरान मुंडा ने कृषि एवं बागवानी की आधुनिक पद्धतियों की बारीकी से जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कहा कि यहां हो रहे अनुसंधान कार्यों का लाभ देश के छोटे व मझौले किसानों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि इनके माध्यम से वे लाभान्वित होकर आमदनी बढ़ा सकें एवं उनका जीवन स्तर ऊंचा उठ सकें।

केंद्रीय मंत्री श्री मुंडा के पूसा पहुंचने पर आईसीएआर के महानिदेशक डा. हिमांशु पाठक सहित अन्य अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों ने अगवानी की। सबसे पहले मुंडा ने राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर की विभिन्न सुविधाओं जैसे कि ऑडिटोरियम, प्रदर्शनी हॉल तथा विभिन्न सभा कक्षों का दौरा किया तथा उनके उपयोग के बारे में जानकारी ली।

 

 

और भी

पीएम का तीन राज्यों का दौरा, इन कार्यक्रमों में होंगे शामिल

दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 19 जनवरी को महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह लगभग 10:45 बजे महाराष्ट्र के सोलापुर में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 2:45 बजे कर्नाटक के बेंगलुरु में बोइंग इंडिया इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी सेंटर का उद्घाटन करेंगे और बोइंग सुकन्या कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद  प्रधानमंत्री शाम लगभग 6 बजे तमिलनाडु के चेन्नई में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2023 के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री सोलापुर का दौरा करेंगे

सोलापुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री महाराष्‍ट्र में लगभग 2,000 करोड़ रुपये की 8 अमृत (कायाकल्प और शहरी परिवर्तन के लिए अटल मिशन) परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री महाराष्ट्र में पीएमएवाई-शहरी के तहत पूर्ण किए गए 90,000 से अधिक घर सौंपेगे। इसके अलावा, वह सोलापुर में रायनगर हाउसिंग सोसाइटी के 15,000 घर भी सौंपेगे, जिनके लाभार्थियों में हजारों हथकरघा श्रमिक, विक्रेता, पावरलूम श्रमिक, कचरा बीनने वाले, बीड़ी श्रमिक, ड्राइवर और अन्य शामिल हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र में पीएम-स्वनिधि के 10,000 लाभार्थियों को पहली और दूसरी किस्त के वितरण की शुरुआत करेंगे।

प्रधानमंत्री बेंगलुरु का दौरा करेंगे

प्रधानमंत्री बेंगलुरु में नए अत्याधुनिक बोइंग इंडिया इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी सेंटर (बीआईईटीसी) परिसर का उद्घाटन करेंगे। 1,600 करोड़ रुपये के निवेश से निर्मित, 43 एकड़ का यह परिसर अमेरिका के बाहर बोइंग का सबसे बड़ा निवेश है। भारत में बोइंग का नया परिसर भारत में जीवंत स्टार्टअप, निजी और सरकारी इकोसिस्‍टम के साथ साझेदारी का आधार बन जाएगा, और वैश्विक एयरोस्पेस व रक्षा उद्योग के लिए अगली पीढ़ी के उत्पादों और सेवाओं को विकसित करने में मदद करेगा। प्रधानमंत्री बोइंग सुकन्या कार्यक्रम की भी शुरूआत करेंगे जिसका उद्देश्य देश भर से कुछ और लड़कियों को देश के बढ़ते विमानन क्षेत्र में प्रवेश का समर्थन करना है। यह कार्यक्रम पूरे भारत की लड़कियों और महिलाओं के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कौशल सीखने और विमानन क्षेत्र में नौकरियों के प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करेगा। युवा लड़कियों के लिए, यह कार्यक्रम एसटीईएम करियर में रुचि जगाने में मदद करने के लिए 150 नियोजित स्थानों पर एसटीईएम प्रयोगशाला बनाएगा। यह कार्यक्रम उन महिलाओं को छात्रवृत्ति भी प्रदान करेगा जो पायलट बनने के लिए प्रशिक्षण ले रही हैं।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2023 में प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री की जमीनी स्तर पर खेलों के विकास को बढ़ावा देने और उभरती खेल प्रतिभाओं को पोषित करने की अटूट प्रतिबद्धता के नतीजतन खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री छठे खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2023 के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। यह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। ऐसा पहली बार है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स दक्षिण भारत में आयोजित किए जा रहे हैं। ये खेल स्पर्धाएं 19 से 31 जनवरी, 2024 तक तमिलनाडु के चार शहरों चेन्नई, मदुरै, त्रिची और कोयंबटूर में होंगी। इन खेलों की शुभंकर वीरा मंगई है। रानी वेलु नचियार, जिन्हें प्यार से वीरा मंगई कहा जाता है, वे एक भारतीय रानी थीं जिन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के खिलाफ युद्ध छेड़ा था। ये शुभंकर भारतीय महिलाओं की वीरता और जज़्बे का प्रतीक है, जो नारी शक्ति की ताकत दिखलाता है। इन खेलों के लोगो में कवि तिरुवल्लुवर की आकृति भी शामिल है।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के इस संस्करण में 5600 से ज्यादा एथलीट भाग लेंगे। ये 15 स्थलों पर 13 दिनों तक चलेगा। इसमें 26 खेल विधाएं, 275 से अधिक स्पर्धाएं और एक डेमो खेल शामिल होगा। ये 26 खेल विधाएं फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन जैसे पारंपरिक खेलों और कलरिपयट्टू, गटका, थांग ता, कबड्डी और योगासन जैसे पारंपरिक खेलों का मिश्रण हैं। तमिलनाडु के पारंपरिक खेल सिलंबम को खेलो इंडिया यूथ गेम्स के इतिहास में पहली बार डेमो खेल के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री, प्रसारण क्षेत्र से जुड़ी करीब 250 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास भी करेंगे। इसमें डीडी पोधिगई को डीडी तमिल के रूप में दोबारा लॉन्च किया जाएगा। साथ ही 8 राज्यों में 12 आकाशवाणी एफएम प्रोजेक्ट और जम्मू एवं कश्मीर में 4 डीडी ट्रांसमीटर भी शुरू होंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री 12 राज्यों में 26 नई एफएम ट्रांसमीटर परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

 

 

और भी

शाह-नड्डा ने ने क्लस्टर प्रभारियों को दिए जीत के टिप्स

लोकसभा के लिए भाजपा क्लस्टर प्रभारियो का दिल्ली में प्रशिक्षण

रायपुर: विगत दिवस पूर्व नई दिल्ली में हुई भाजपा के क्लस्टर प्रभारियो की बैठक में छत्तीसगढ़ की तरफ से कलस्टर प्रभारी अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर और राजेश मूणत  शामिल हुए। दिल्ली प्रवास से वापस लौटे अमर अग्रवाल ने बताया राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में लोकसभा के कलस्टर प्रभारियों की बैठक में कई फैसले लिए गए हैं।



बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय महासचिव बी एल संतोष एवं अन्य पदाधिकारियो का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ ।अमर अग्रवाल ने बताया क्लस्टर प्रशिक्षण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में  इस बार 400 पार का लक्ष्य रखा गया है। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना भारतीय जनता पार्टी के हर कार्यकर्ता की नैतिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश दिनोदिन तरक्की कर रहा है, नरेंद्र मोदी ने सामाजिक न्याय हो या आर्थिक क्षेत्र या लोक कल्याणकारी कार्यक्रम आम जनता की सुविधाओं के हितों के अनुकूल सुशासन के मायनो में खरा उतरने का सजग एवम जागरूक  प्रयास किया है।उन्होंने बताया क्लस्टर प्रभारी के प्रशिक्षण  में माननीय गृह मंत्री अमित शाह एवं राष्ट्रीय महासचिव बी एल संतोष का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैठक में प्राप्त प्रदेश के अनुसार समस्त अनुषांगिक संगठनों का सहयोग लेते हुए अतिशीघ्र छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक रणनीति बनाकर भूमिकाएं बूथ स्तर तक तय कर दी जाएगी। संगठन के विस्तार की दृष्टि से दूसरे राजनीतिक दलों से आने वालों को भी पार्टी में पूरा महत्व दिया जाएगा। लोकसभा के चुनावी समर में राजीनीतिक के अलावा समाज के विभिन्न वर्गों में सक्रिय लोगों का भी सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा सभी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के लिए  मिशन मोड़ में कमरबद्ध  प्रयास करने होंगे ताकि छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटो पर जीत की सौगात बीजेपी मिल सके। मालूम हो छत्तीसगढ़ में महासमुंद, कांकेर और बस्तर लोकसभा के लिए अजय चंद्राकर  रायपुर ,दुर्ग राजनांदगांव, जांजगीर- चाम्पा के लिए राजेश मूणत को क्लस्टर प्रभारी बनाया गया है। अमर अग्रवाल  बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़,सरगुजा  लोकसभा के लिए क्लस्टर प्रभारी बनाए गये है।

 

 

और भी

कोलकाता से अयोध्या के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट शुरू

लखनऊ: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कोलकाता से अयोध्या के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट का शुभारंभ किया। लखनऊ में अपने सरकारी आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े सीएम योगी ने हरी झंडी दिखाकर इस सेवा का शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि अयोध्या आने वाले समय में देश और दुनिया में टूरिस्ट डेस्टिनेशन के लिए सबसे प्रमुख शहर होने जा रहा है। अयोध्या में वैसे भी स्थानीय श्रद्धालुओं की बहुत बड़ी संख्या है, लेकिन पूरे देश में जिस तरह की आतुरता है, उसे देखते हुए श्रद्धालुओं के यहां आवागमन को सुलभ बनाने का दायित्व हमने निभाया है। इसके लिए नागर विमानन मंत्रालय ने जो काम किया है वो सराहनीय है।

 

योगी ने कहा कि नागरिक विमान मंत्री ज्योतिरादित्य और जनरल वीके सिंह को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी पर विशेष फोकस करते हुए उसे हर संभव सहयोग प्रदान किया है। प्रधानमंत्री मोदी जी की प्रेरणा से उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने इस दिशा में बेहतरीन परिणाम सामने दिए हैं और विगत साढ़े 9 वर्ष के अंदर उत्तर प्रदेश में न केवल नए एयरपोर्ट्स आए हैं, बल्कि 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ उत्तर प्रदेश एयर कनेक्टिविटी की दृष्टि से एक अहम राज्य हो गया है।

 

सीएम योगी ने कहा कि 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री ने अयोध्या के महर्षि बाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण कार्यक्रम को संपन्न किया और प्रसन्नता हो रही है कि एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद के साथ वायु सेवा के उपरांत अब कोलकाता और बेंगलुरू के लिए भी एयर इंडिया एक्सप्रेस की वायुसेवा प्रारंभ होने जा रही है।

उन्होंने कहा, अयोध्या रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य से जुड़ेगा। अयोध्या की पवित्र सरयू नदी में क्रूज सेवा प्रारंभ होगी और अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा। आज यह एक हकीकत है कि अयोध्या में यह सभी सेवाएं लोगों को प्राप्त हो रही हैं। ये सब कुछ यदि वहां करने में सफल हुए हैं तो इसमें प्रधानमत्री जी का मार्गदर्शन और नेतृत्व, डबल इंजन सरकार द्वारा समय पर और तेजी के साथ निर्णय लेने की सामर्थ्य और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की अहम भूमिका रही है।

 
और भी

भारत के पास दुनिया की चौथी सबसे मजबूत सेना

नई दिल्ली: ग्लोबल फायरपावर की हाल ही में जारी 2024 की सैन्य शक्ति रैंकिंग के अनुसार, भारत के पास वैश्विक स्तर पर चौथी सबसे मजबूत सेना है, पहले तीन स्थान पर क्रमशः अमेरिका, रूस और चीन हैं। रैंकिंग में पाकिस्तान को नौवें नंबर पर रखा गया है जबकि भूटान के पास दुनिया की सबसे कम शक्तिशाली सेना है।

ग्लोबल फायरपावर 145 विभिन्न देशों की रक्षा संबंधी जानकारी पर नज़र रखता है। इन देशों की सैन्य शक्तियों की रैंकिंग करते समय, यह लगभग 60 कारकों को ध्यान में रखता है, जिसमें सैनिकों की संख्या, सैन्य उपकरण, वित्तीय स्थिरता, भौगोलिक स्थिति और उपलब्ध संसाधन शामिल हैं। ये कारक मिलकर पॉवरइंडेक्स स्कोर निर्धारित करते हैं, जहां कम स्कोर मजबूत सैन्य क्षमताओं का संकेत देते हैं।

ग्लोबल फायरपावर सैन्य ताकत रिपोर्ट यह भी जांच करती है कि प्रत्येक देश की रैंकिंग एक वर्ष से अगले वर्ष तक कैसे बदल गई है। रैंकिंग में दक्षिण कोरिया पांचवें नंबर पर, ब्रिटेन छठे नंबर पर और जापान सातवें नंबर पर है। तुर्की, पाकिस्तान और इटली क्रमशः आठवें, नौवें और 10वें स्थान पर रहे।

और भी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की लखनऊ हनुमान सेतु मंदिर में सफाई

लखनऊ: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में हनुमान सेतु मंदिर में जाकर मंदिर की सफाई व स्वच्छता का कार्य किया। उन्होंने स्वच्छ तीर्थ अभियान के अन्तर्गत श्रमदान किया। इस अवसर पर राजनाथ सिंह का कहना था कि उन्होने प्रभु श्रीराम के अनन्य सेवक, हनुमानजी की सेवा करने का सौभाग्य मिला।

राजनाथ सिंह ने एक चौपाई साझा करते हुए कहा, हनुमान तेहि परसा कर पुनि कीन्ह प्रनाम, राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहां बिश्राम।दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्त देशवासियों से आह्वान किया है कि सभी लोग अपने आस पास के मंदिरों में स्वच्छता के लिए श्रमदान करें। इसी के अंतर्गत भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को राजधानी दिल्ली के गुरू संत रविदास के ऐतिहासिक मंदिर में झाड़ू लगाकर और सफाई कर पार्टी के 'स्वच्छ तीर्थ स्वच्छता अभियान' में शामिल हुए थे।

'स्वच्छ तीर्थ स्वच्छता अभियान' के तहत मंदिर में सफाई करने के बाद नड्डा ने कहा था कि पीएम मोदी के आह्वान पर पार्टी ने तय किया है कि मकर संक्रांति के दिन 14 जनवरी से शुरू कर 22 जनवरी तक पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता हरेक तीर्थस्थल और मंदिर के सफाई अभियान में शामिल होंगे और वहां भजन-कीर्तन भी करेंगे।

अयोध्या में 22 जनवरी को होने जा रहे राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के मुताबिक भाजपा ने देशभर में 14 जनवरी से 22 जनवरी तक स्वच्छता अभियान चलाने की योजना बनाई है।

और भी

रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह में नृत्य नाटिका पेश करेंगी हेमा मालिनी

मुंबई: अयोध्या में भव्य मंदिर के उद्घाटन की तैयारियां जोरों-शोरों पर हैं। राम मंदिर का उद्घाटन 22 जनवरी को होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक पल के लिए हर कोई पलके बिछाकर बैठा है। वहीं राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए सिने उद्योग से लेकर राजनीतिक जगत से कई बड़ी हस्तियों को न्यौता भेजा गया है।

हिन्दी सिनेमा में ड्रीम गर्ल के नाम से ख्यात रही अभिनेत्री हेमा मालिनी, जो भाजपा की लोकसभा सदस्या भी हैं, को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वयं हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी शेयर की है।

22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होगा, जिसमें तमाम फिल्मी हस्तियां भी शामिल होंगी। इसके साथ ही हेमा मालिनी अपनी जबरदस्त परफॉर्मेंस भी देंगी। उन्होंने वीडियो जारी करके इसकी जानकारी दी है। इस वीडियो में एक्ट्रेस ने बताया की वो रामायण पर बेस्ड एक डांस ड्रामा पेश करेंगी। इसके लिए वो और उनकी टीम पूरी तरह से तैयार है।

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए अमिताभ बच्चन, कंगना रनौत, टाइगर श्रॉफ, माधुरी दीक्षित, आलिया भट्ट, रणबीर कपूर, अजय देवगन, रजनीकांत, धनुष, यश, प्रभास, राम चरण के अलावा टीवी स्टार्स अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया सहित तमाम सितारों को इन्विटेशन भेजा गया है।

 

 

और भी

जम्मू-कश्मीर ऑपरेशन ऑल आउट शुरू होगा: मनोज सिन्हा

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कहा कि केन्द्र शासित प्रदेश की सरकार पाकिस्तान की शह में आतंकवाद को फिर से खड़ा करने की कोशिशों के विरुद्ध सेना के साथ मिल कर ऑपरेशन ऑल आउट शुरू करने जा रही है और छह माह में इसका परिणाम सामने आ जाएगा।

श्री सिन्हा ने यहां पांचजन्य के 77वें स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर एवं ऑर्गनाइज़र के संपादक प्रफुल्ल केतकर से साक्षात्कार में श्री सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 एवं 35 ए हटने के बाद वहां की वादियों की गोलियाें की आवाज़ की जगह तरक्की का कोलाहल सुनायी दे रहा है।

नौजवानों के हाथों में पत्थर की जगह लैपटॉप आ गया है। राज्य में वर्ष 2022 में एक करोड़ 83 लाख सैलानी आये वहीं 2023 में सैलानियों की संख्या दो करोड़ 11 लाख से अधिक रही। जी-20 की बैठकाें के बाद पर्यटकों की संख्या साढ़े तीन गुना हो गयी है। राज्य में शैक्षणिक सत्र समय से चलने लगा है।

और भी

मुख्यमंत्री ने "श्री रामोत्सव सबके राम" कार्यक्रम का किया शुभारंभ

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में लागू नई शिक्षा नीति से युवा पीढ़ी के लिए ज्ञान विज्ञान की बातें जानने के साथ-साथ सनातन के गुण रहस्य को समझने का भी मार्ग प्रशस्त हुआ है प्रभु श्री राम संस्कारों का ज्ञान करने के साथ-साथ पिता पुत्र और पति के कर्तव्यों का भान कराने के प्रभावी माध्यम हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव मीडिया समूह द्वारा समन्वय भवन में आयोजित" श्री रामोत्सव सबके राम" कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव "श्री रामोत्सव -सबके राम" कार्यक्रम में शामिल हुए। समन्वय भवन में आयोजित कार्यक्रम का मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शंख ध्वनि- मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव को तुलसी का पौधा और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य के शासन व्यवस्था के सिद्धांत और उनके विचार रामराज्य की आवधारणा के अनुरूप थे। सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का क्रियान्वयन कार्यपालिका का दायित्व है, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के समसामयिक वातावरण के अनुरूप रामलला का प्राण प्रतिष्ठा समारोह सनातन के प्रति आस्था को दृढ़ करेगा और जन-जन के लिए यह प्रेरणा का पाथेय सिद्ध होगा। कार्यक्रम में पार्श्व गायिका दीपाली दुबे ने सुमधुर भजन की प्रस्तुति भी दी। 

 

 

और भी

जेपी नड्डा ने शुरू किया भाजपा का चुनाव के लिए दीवार लेखन अभियान

नई दिल्ली: भाजपा ने सोमवार से लोकसभा चुनाव के लिए दीवार लेखन अभियान की शुरुआत कर दी है। प्रचार अभियान के तहत भाजपा देशभर में दीवारों पर पार्टी के नारे लिखवाएगी और चुनाव चिन्ह कमल का निशान बनवाएगी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस अभियान की शुरुआत की। इस दौरान जेपी नड्डा ने खुद दिल्ली में एक दीवार पर कमल का निशान उकेरा।

जेपी नड्डा ने कहा कि आज से, हमारा देशभर में दीवार लेखन अभियान शुरू हो रहा है। हमने एक बार फिर मोदी सरकार के नारे को दीवार पर लिखकर इस अभियान की शुरुआत की है। हमारी देश को लोगों से अपील है कि वह एक बार फिर से देश में मोदी सरकार बनाएं। देश को आगे ले जाने के लिए स्थायी सरकार की जरूरत है। दीवार लेखन अभियान के जरिए हमने देश के लोगों से अपील की है कि 'एक बार फिर मोदी सरकार'।

 

 

और भी

मकर संक्रांति पर पवित्र स्नान के साथ प्रयागराज में शुरू हुआ माघ मेला

प्रयागराज: सर्द हवाओं और ठंडे तापमान का सामना करते हुए, लाखों श्रद्धालुओं ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नदियों में पवित्र डुबकी लगाई, जो माघ मेले की शुरुआत का प्रतीक है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक माघ मेला राजीव नारायण मिश्रा ने कहा, अर्धसैनिक बलों की कंपनियों सहित लगभग 5,000 कर्मियों की तैनाती के बाद पूरा मेला परिसर एक किले में तब्दील हो गया है और श्रद्धालुओं ने आधी रात से ही पवित्र स्नान करना शुरू कर दिया है।

मेला पुलिस ने 15 जनवरी के स्नान के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की है और इस अवसर पर लगभग 70 लाख श्रद्धालुओं के पवित्र स्नान करने की संभावना है। मकर संक्रांति 53 दिवसीय माघ मेले का पहला प्रमुख स्नान दिवस है।

पहले प्रमुख स्नान के लिए गंगा तट पर 22 स्नान घाट और दो नाव घाट समेत कुल 24 घाट तैयार किये गये हैं। श्रद्धालुओं को फिसलने से बचाने के लिए पूरे घाटों और पहुंच क्षेत्रों पर युद्धस्तर पर ऊबड़-खाबड़ जमीन को समतल करने के साथ-साथ पुआल बिछाने का काम भी किया गया।

और भी

प्रधानमंत्री ने मकर संक्रांति पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं

दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मकर संक्रांति के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। “साधना-ध्यान और दान-पुण्य की पवित्र परंपरा से जुड़े पावन पर्व मकर संक्रांति की ढेरों शुभकामनाएं। प्रकृति के इस उत्सव पर उत्तरायण सूर्यदेव से कामना है कि वे देश के मेरे सभी परिवारजनों को सुख-समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।”

 

 

और भी

राज्य भर में 22 को आयोजित होंगे भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम : मुख्य सचिव

मुख्य सचिव ने वर्चुअल बैठक में आयोजन के संबंध में कलेक्टरों दी जानकारी

रायपुर: अयोध्या में आयोजित किये जा रहे ‘रामलला प्राण प्रतिष्ठा रामोत्सव‘ पर पूरे छत्तीसगढ़ में 22 जनवरी को भव्य रूप से भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। प्रत्येक जिला मुख्यालय और विकासखण्ड के कम से कम एक प्रतिष्ठित मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे, इसके साथ ही राम वनगमन पथ के स्थलों पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने शनिवार को चिप्स के सभाकक्ष में आयोजित वर्चुअल बैठक में सभी कलेक्टरों को आयोजन की रूप रेखा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
 
संस्कृति विभाग के सचिव अन्बलगन पी.ने बैठक में बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन जनमानस तथा मानस मंडलियों, स्थानीय नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, निजी संस्थानों, धार्मिक ट्रस्ट और मंदिर समितियों की भागीदारी से किए जाएं। इन संस्थानों के साथ समन्वय और सहयोग से भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
 
प्रत्येक विकासखण्ड स्तर में कम से कम एक प्रतिष्ठित मंदिर में 22 जनवरी को दीप प्रज्जवलन, दीपदान एवं लाईटिंग की व्यवस्था की जाए। मंदिर प्रांगण में क्षेत्र की 5 मानस मंडलियों के मानस गायन का कार्यक्रम आयोजित किया जाए। ऐसे कार्यक्रम प्रत्येक जिला मुख्यालय में कम से कम एक प्रतिष्ठित मंदिर में आयोजित किये जाएं। बैठक में राज्यभर के संभागायुक्त और कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।

 

 

और भी

ED ने अरविन्द केजरीवाल चौथा समन भेजा

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शराब नीति मामले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को चौथा समन जारी किया है। उन्हें 18 जनवरी को ईडी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। आपको बता दे की दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 3 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश नहीं हुए थे। सीएम ने इस मामले में ईडी को अपना जवाब भेजा था।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जांच एजेंसी ईडी द्वारा चौथा समन भेजे जाने जाने के बाद उन पर बड़ा हमला बोलते हुए भाजपा ने आरोप लगाया है कि वह हर बार जांच से भागने के लिए बहाना बनाते हैं।भाजपा ने यह भी कहा है कि हर बार जांच से भाग कर केजरीवाल ईडी को कानूनी कार्रवाई करने का न्योता दे रहे हैं ताकि जांच एजेंसी उनके दरवाजे तक पहुंचे और वो विक्टिम कार्ड खेल सकें।

भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल हर बार जांच से भागने के लिए बहाना ढूंढते है, जांच से बचने का रास्ता ढूंढते हैं और अब ईडी का चौथा समन आने के बाद उन्होंने कहा है कि वे गोवा के दौरे पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल राजनीतिक पर्यटन करेंगे लेकिन जांच से भागेंगे, यह अफसोसजनक है।

सचदेवा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल जांच एजेंसी से इसलिए भाग रहे हैं क्योंकि उन्हें मालूम है कि उन्होंने शराब घोटाला किया है, चोरी की है और इसलिए उन्हें जांच एजेंसी के सवालों का जवाब देने से डर लगता है। लेकिन वह कब तक भागेंगे और अगर चौथे समन के बाद भी केजरीवाल जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं होते तो वे स्वयं ईडी को आगे की कानूनी कार्रवाई करने का न्योता दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री को ईडी ने कथित शराब नीति मामले में 21 दिसंबर को अपने मुख्यालय में पेश होने के लिए बुलाया था।इससे पहले, केजरीवाल 2 नवंबर को ईडी के समन में शामिल नहीं हुए थे।इस मामले में ईडी पहले ही पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है।

और भी