हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

रेलवे स्टेशन में DRI ने पकड़ा ढाई किलो सोना, तीन तस्कर गिरफ्तार...

 जयपुर रेलवे स्टेशन में गुरुवार सुबह डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की एक कार्रवाई में दो किलो 400 ग्राम तस्करी का सोना बरामद किया गया। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से दो को जयपुर रेलवे स्टेशन से और एक को कोलकाता स्टेशन से पकड़ा गया। बरामद किए गए सोने की कीमत बाजार में लगभग 1.80 करोड़ रुपये आंकी गई है।


डीआरआई के अधिकारियों के अनुसार ये सोना बांग्लादेश के रास्ते भारत में तस्करी कर लाया गया था। तस्करी के इस संगठित गिरोह के सदस्य राजस्थान के नागौर जिले के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि गिरोह लंबे समय से सोने की तस्करी में लिप्त था और बांग्लादेश से सोने को भारत लाने के लिए जटिल नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहा था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहन सिंह, अनिल शर्मा, और रवि सिंह के रूप में हुई है। डीआरआई ने इन्हें गिरफ्तार करने के बाद तुरंत न्यायालय में पेश किया, जहां कोर्ट ने तीनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

स्थानीय बाजार में बेचा जा रहा था सोना
डीआरआई के सूत्रों के अनुसार इस तस्करी के नेटवर्क का विस्तार और अधिक व्यापक हो सकता है। इससे जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। बांग्लादेश से भारत में सोने की तस्करी के इस मार्ग का उपयोग करके बड़ी मात्रा में सोना लाया जा रहा था, जिसे स्थानीय बाजार में बेचा जा रहा था। इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं और तस्करी के नेटवर्क की और परतें खुल सकती हैं।

नागौर जिले के थे तस्कर
राजस्थान के नागौर जिले के इन तस्करों के खिलाफ की गई इस कार्रवाई से सोने की तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयासों को बल मिला है। डीआरआई के अधिकारी अब इस तस्करी के पीछे के मास्टरमाइंड की तलाश में जुटे हुए हैं और उनके संपर्कों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। इस कार्रवाई से सोने की तस्करी पर एक बड़ी चोट पहुंची है और इसके परिणामस्वरूप सोने की काला बाजारी पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।

आरोपियों को भेजा न्यायिक हिरासत में
डीआरआई की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई ने सोने की तस्करी के एक महत्वपूर्ण गिरोह को बेनकाब किया है। न्यायालय में आरोपियों को पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने से कानून के कठोर कदमों की पुष्टि होती है और तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति दर्शाती है।

 

 

और भी

आडवाणी को एम्स से मिली छुट्टी, फॉलोअप जांच कराने की सलाह

 भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को एम्स नई दिल्ली से छुट्टी मिल गई है। दिल्ली एम्स के प्राइवेट वार्ड से लालकृष्ण आडवाणी अपने सरकारी आवास के लिए रवाना हो गए हैं। डॉक्टर ने उन्हें फॉलोअप में आने के लिए सलाह दी है। बुधवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई। 96 वर्षीय आडवाणी को बुधवार देर रात दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया। उन्हें एम्स के जिरियाट्रिक डिपार्टमेंट के डॉक्टर्स की निगरानी में रखा गया था।


जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उन्हें भर्ती कराया गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को उम्र संबंधी परेशानियों के चलते अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वह 2014 के बाद से ही सक्रिय राजनीति से दूर हैं। हाल ही में उनकी तस्वीर सामने आई थी, जब एनडीए संसदीय दल के नेता चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे मिलने उनके घर गए थे और उनका आशीर्वाद लिया था।

पाकिस्तान के कराची में 8 नवंबर, 1927 को एक हिंदू सिंधी परिवार में जन्मे आडवाणी को भारत सरकार ने इसी साल देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा है। 2015 नें उन्हें भारत के दूसरे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।1998 से 2004 के बीच भाजपा के नेतृत्व वाले नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) में गृहमंत्री रह चुके हैं। लालकृष्ण आडवाणी 2002 से 2004 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में भारत के सातवें उप प्रधानमंत्री का पद संभाल चुके हैं। 10वीं और 14वीं लोकसभा के दौरान उन्होंने विपक्ष के नेता की भूमिका बखूबी निभाई है।

 

 

और भी

मोदी जुलाई में कर सकते है इन देशों का दौरा

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी मॉस्को दौरे की भारत और रूस योजना बना रहे हैं। सूत्रों से यह जानकारी आई है। पीएम मोदी जुलाई में रूस का दौरा करने वाले हैं। क्रेमलिन ने इससे पहले मार्च में घोषणा की थी कि मोदी को रूस आने का निमंत्रण मिला है। सूत्र ने इस बात की भी पुष्टि की  कि पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच एक बैठक होने वाली है। पुतिन ने राष्ट्रपति तो मोदी ने पीएम के रूप में ली शपथ

पुतिन ने इस साल मई में लगातार पांचवीं बार रूस के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। जबकि मोदी ने नौ जून को लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। इससे पहले रूसी राष्ट्रपति ने एक बयान में आम चुनाव में भाजपा की जीत पर पीएम मोदी को बधाई दी थी। 

और भी

इनकम टैक्स का व्यय स्वयं वहन करेंगे मंत्रीगण: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा निरंतर विद्युत आपूर्ति की सुचारू व्यवस्था के लिये कंपनी कार्यक्षेत्र के 16 जिलों के बिजली कार्मिकों को 24X7 दिवस अपने फोन चालू रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

गौरतलब है कि बारिश, आँधी, तूफान आदि के कारण विद्युत लाइनों में खराबी आने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने की संभावना होती है। इस दौरान आई खराबी एवं विद्युत लाइनों को दुरूस्त करने में काफी समय लग जाता है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को निरंतर विद्युत आपूर्ति किए जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।

इस दौरान उपभोक्ता शिकायतों की संख्या बढ़ने एवं उपभोक्ता असंतोष की स्थिति से निपटने के लिए मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा अपने कार्यक्षेत्र के 16 जिलों के मैदानी अमले के साथ विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था से जुड़े नियमित/संविदा/सेवाप्रदाता कार्मिकों को 24X7 दिवस एवं अवकाश के दौरान भी अपना मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश जारी किए गये हैं।

कंपनी ने बताया है कि किसी भी अधिकारी कर्मचारी का मोबाइल यदि विशेष कारणों से बंद भी होता है तो वे अन्य संपर्क सूत्र से अपने नियन्त्रणकर्ता अधिकारी को अवगत करायेंगे। नियन्त्रणकर्ता अधिकारी की अनुमति के बिना कोई भी कार्मिक मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। कंपनी ने कहा है कि यदि कोई भी कर्मचारी निर्देशों का पालन नहीं करता है तो उसके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।

 

 

और भी

डोडा में मुठभेड़ : दो आतंकी ढेर, घने जंगल में ऑपरेशन जारी

 जम्मू संभाग के जिला डोडा में बुधवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। जिले के गंडोह के लुडू इलाके में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी हो रही है। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया है। यहां कुछ और आतंकी घिरे हुए हैं। गोलीबारी के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। जवान को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। यह इलाका घने जंगल और पहाड़ से घिरा हुआ है। ऑपरेशन चल रहा है।

डोडा में पिछले कुछ दिनों से लगातार आतंकियों की तलाश में तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी बीच कई बार अलग-अलग जगहों पर संदिग्ध देखे जाने की भी सूचना मिल रही थी, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लग पा रही थी। आज मुठभेड़ स्थल क्षेत्र में फिर संदिग्ध देखे जाने के बाद घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। घेरा सख्त होता देख आतंकियों ने गोलीबारी की, जिसके जवाब में मुठभेड़ शुरू हो गई। सूत्रों की मानें तो दहशतगर्दों को मार गिराया गया है। अभी ऑपरेशन चल रहा है।

और भी

सीबीआई ने केजरीवाल को गिरफ्तार किया

 एक्साइज पॉलिसी मामले में सीबीआई ने बुधवार को दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है।


दिल्ली शराब घोटाले से संबंधित मामले में जांच एजेंसी को मंगलवार को अरविंद केजरीवाल को बुधवार को संबंधित ट्रायल कोर्ट में पेश करने की अनुमति मिल गई। आज सीएम केजरीवाल को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। जहां से सीबीआई ने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया।

 

 

और भी

भाजपा सांसद ओम बिरला 18वीं लोकसभा के अध्यक्ष चुने गए

 ओम बिरला को ध्वनिमत से लोकसभा का स्पीकर चुन लिया गया है। ओम बिरला को स्पीकर चुने जाने के बाद नेता सदन नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी स्पीकर के आसन तक लेकर गए।ओम बिरला के आसन तक पहुंचने पर प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब ने कहा कि आपकी चेयर है।

 स्पीकर के लिए ओम बिरला के नाम का गृह मंत्री अमित शाह, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी, जाधव प्रतापराव गणपत राव, चिराग पासवान, एचडी कुमारस्वामी, के राममोहन नायडू, आईके सुब्बा, अनुप्रिया पटेल ने स्पीकर पद के लिए ओम बिरला के नाम का प्रस्ताव किया. शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी, सुनील तटकरे, जयंत वासुमातारी, लघुकृष्णा देवराई, फणीभूषण चौधरी, श्री किशन पाल ने ओम बिरला के नाम का प्रस्ताव किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने दूसरी बार स्पीकर चुने जाने पर ओम बिरला को बधाई दी. पीएम मोदी ने कहा कि हम सबको विश्वास है कि आने वाले पांच साल आप हम सबका मार्गदर्शन करेंगे। हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि विनम्र और व्यवहार कुशल व्यक्ति सफल सदृश होता है।

आपको तो मुस्कान भी मिली है। आपकी ये मीठी-मीठी मुस्कान हम सबको प्रसन्न करती आई है।

 दूसरी बार स्पीकर का कार्यभार मिलना, नए-नए रिकॉर्ड बनते देख रहे हैं. बलराम जाखड़ जी को पांच साल का कार्यकाल पूर्ण करने के बाद स्पीकर का दायित्व फिर से मिला था।

इनके बाद आप हैं जिसे ये अवसर मिला है. आप जीतकर के आए हैं. नया इतिहास आपने गढ़ा है। हममें से ज्यादातर सांसद आपसे परिचित हैं. एक सांसद के रूप में आप जिस प्रकार से एक सांसद के नाते काम करते हैं, ये भी जानने और सीखने योग्य है। 

और भी

सीएम साय से गोवा विधानसभा के अध्यक्ष तावड़कर ने मुलाक़ात की

  नई दिल्ली के छत्तीसगढ़ सदन में मंगलवार शाम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गोवा विधानसभा के अध्यक्ष रमेश बी तावड़कर ने सौजन्य मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात के दौरान दोनों नेताओं ने विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री साय ने तावड़कर का स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ के विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी। तावड़कर ने भी गोवा के विकास और विधानसभा की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।

और भी

दिल्ली हाई कोर्ट ने केजरीवाल की जमानत पर लगाई रोक,जेल में ही रहेंगे

  मनी लॉन्ड्रिंग आबकारी घोटाला मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल की जमानत पर रोक लगा दी है। दिल्ली उच्च न्यायालय ने प्रवर्तन निदेशालय की उस याचिका को स्वीकार कर लिया है जिसमें कथित मनी लॉन्ड्रिंग आबकारी घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निचली अदालत के जमानत आदेश पर रोक लगाने की मांग की गई थी।

न्यायमूर्ति सुधीर कुमार जैन की पीठ ने 20 जून को निचली अदालत द्वारा दिए गए अरविंद केजरीवाल के जमानत आदेश पर रोक लगा दी। पीठ ने 21 जून को एजेंसी द्वारा निचली अदालत के फैसले को चुनौती दिए जाने के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया था, जिसे फैसले तक रोक दिया गया है। इस बीच न्यायालय ने मुख्य मामले की सुनवाई जुलाई के लिए तय कर दी है, जिसमें प्रवर्तन निदेशालय ने मामले में अरविंद केजरीवाल को नियमित जमानत देने के निचली अदालत के आदेश को चुनौती दी थी।

सीएम केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा चुनाव प्रचार के लिए 1 जून तक दी गई अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने के बाद 2 जून को तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया था। दिल्ली की नई आबकारी नीति 2021/22 को बनाने और उसके क्रियान्वयन में घोटाले के आरोपों के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने 20 जुलाई, 2022 को मामले में CBI जांच की सिफारिश की थी। जिसके बाद 17 अगस्त 2022 को CBI ने शिकायत दर्ज की थी। जिसमें तत्कालीन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आरोपी नंबर 1 बनाया था।

आरोप है कि आबकारी नीति के निर्माण के चरण के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री सिसोदिया और अन्य अज्ञात और अनाम निजी व्यक्तियों/संस्थाओं सहित AAP नेताओं द्वारा एक आपराधिक साजिश रची गई थी और साउथ लॉबी के शराब कारोबारियों को फायदा पहुंचाया गया। बदलें में करोड़ों की रिश्वत लेकर चुनाव में खर्च किया गया। आबकारी मामले में आम आदमी पार्टी के दो बड़े नेता संजय सिंह और मनीष सिसोदिया पहले से जेल में हैं। CBI ने 26 फरवरी 2023 को मनीष सिसोदिया और 4 अक्टूबर 2023 को ED ने संजय सिंह को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था।

 

 

और भी

लखनऊ में लगातार 5 दिन आंधी-बारिश की संभावना

 24 जून तक मॉनसून कई राज्यों में पूरी तरह पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, 23 जून को मॉनसून लगभग पूरे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। दिल्ली, लखनऊ, राजस्थान सहित कई जगहों पर अभी भी लोगों को मॉनसून की बारिश का इंतजार है। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि 2-3 दिनों में इन जगहों पर मॉनसून दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून को उत्तर प्रदेश पहुंचने में अभी 2-3 दिन लगेंगे। हालांकि, इस बीच मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना व्यक्त की है।

 

 

और भी

बाढ़ आपदा से बचाव हेतु एसडीआरएफ़ ने किया शिवनाथ नदी में मॉकड्रिल

 कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में बाढ़ आपदा से बचाव की आवश्यक तैयारियों का जायजा लेने के लिए शिवनाथ नदी में आज मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ़) द्वारा जिला स्तर पर उपलब्ध समस्त बाढ़ बचाव सामग्रियों का मॉकड्रिल किया गया। मॉकड्रिल में अतिवृष्टि के दौरान शिवनाथ नदी में ग्रामीण जन लकड़ी या छोटे-छोटे बोट के माध्यम से नदी पार करते समय बोट पल्टी हो जाने एवं गांव में पानी भर जाने की स्थिति में किस प्रकार से जिले में उपलब्ध मोटर बोट, स्क्यूबा डायविंग, अंडरवाटर कैमरा, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय आस्का लाइट, पेलिकन लाइट, सर्च लाइट विभिन्न प्रकार के वस्तुओं का प्रयोग कर बाढ़ बचाव कार्य का लाइव डेमो (मॉकड्रिल) का आयोजन किया गया।

मॉकड्रिल के दौरान, एसडीआरएफ़ की टीम ने कई महत्वपूर्ण बचाव अभियानों का अभ्यास किया। इनमें नदी में डूबने वाले व्यक्तियों का बचाव, तेज बहाव में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना और बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को निकालना शामिल था। इस अभ्यास में आधुनिक बचाव उपकरणों और तकनीकों का भी प्रदर्शन किया गया, जिससे टीम को वास्तविक आपदा के समय इन उपकरणों का सही और प्रभावी उपयोग करने का अनुभव प्राप्त हो सके। मॉकड्रिल के दौरान स्थानीय प्रशासन और नागरिकों को भी शामिल किया गया, ताकि उन्हें आपदा के समय सही कदम उठाने और एसडीआरएफ़ की सहायता करने की जानकारी मिल सके।  जिले में शिवनाथ नदी के आस-पास के बहुत से गांव प्रभावित होते है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों को घरों में उपलब्ध होने वाले सामग्रियों जैसे टीपा, भगोना, ड्रम, मटका, ट्यूव इत्यादि सामग्रियों का राप्ट बनाना एवं पीने वाले 1 लीटर वाटर बॉटल को ऐयर टाईट कर लाईफ जैकेट बनाकर डूबते हुये व्यक्ति को बचाया जा सकता है का डेमो एसडीआरएफ के जवान और जिले के बाढ़ बचाव दल के जवान द्वारा दिखाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला, एडीएम अरविंद एक्का, प्रशिक्षु कलेक्टर एम भार्गव, संयुक्त कलेक्टर उर्वशा, संयुक्त कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी, पुलिस, स्वास्थ्य, राज्य आपदा मोचन बल और नगर सेना के दल एवं ग्रामीणजन उपस्थिति थे।

 
और भी

दिल्ली में गर्मी से राहत नहीं, 8 राज्यों में होगी झमाझम बारिश

  दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के कई राज्य भीषण गर्मी से तप रहे हैं। भीषण गर्मी के कहर से लोग बीमार हो रहे हैं। कई राज्यों में तो गर्मी से लोगों के मरने तक की खबरें आ रही हैं। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों में अधिकतम तापमान 43-45°C के बीच है। हरियाणा-चंडीगढ़, उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा भी दर्ज किया जा रहा है।

राजस्थान में चलेगी तेज हवाएं
राजस्थान के जयपुर, कोटा, उदयपुर, बीकानेर संभाग में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है। आगामी 48 घंटे में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट के आसार हैं और इसके साथ ही बीकानेर, भरतपुर, जयपुर संभागों में रात के दौरान तापमान 42-44 डिग्री दर्ज होने की संभावना है। राज्य के कुछ भागों में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इन राज्यों में झमाझम बारिश के आसार
एक ओर जहां लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं वहीं, देश के कुछ राज्यों में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश से गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, कोंकण, गोवा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान  64.5- 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम
उत्तराखंड के अनेक स्थानों पर बुधवार को बारिश हुई जिससे लंबे समय से प्रचंड गर्मी का कहर झेल रहे लोगों को काफी राहत मिली। मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार बारिश के कारण मैदानी क्षेत्रों में दो से चार डिग्री और पहाड़ी क्षेत्रों में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरा है। इसके अनुसार, देहरादून में बृहस्पतिवार को भी तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है जबकि देहरादून, टिहरी और पिथौरागढ़ सहित गढ़वाल और कुमांउ दोनों क्षेत्रों में बारिश के जारी रहने के आसार हैं।

 
और भी

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में हार की पड़ताल शुरू की

  लोकसभा चुनाव में देश के कई राज्यों में कांग्रेस को जबरदस्त हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश आदि राज्य तो ऐसे हैं, जहां कांग्रेस का खाता तक नहीं खुल सका। यही कारण है कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक व तेलंगाना जैसे राज्यों में मिली हार का कारण ढूंढना शुरू कर दिया है। इन राज्यों में मिली हार के कारण ढूंढने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अलग-अलग फैक्ट फाइंडिंग कमेटियों का गठन किया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को कुल 6 फैक्ट फाइंडिंग कमेटियों के गठन को मंजूरी दी है। ये सभी कमेटियां इन राज्यों में हार के कारणों का पता लगाएंगी। इस प्रक्रिया में स्थानीय कांग्रेस नेताओं से भी उनकी राय ली जाएगी। सभी से बात करने के उपरांत हार के कारणों की रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपी जाएगी।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी यहां लोकसभा की सभी 29 सीटों पर चुनाव हार गई। यहां हार के कारण जानने के लिए तीन सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाई गई है। इस कमेटी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चौहान, सप्तगिरि उलका और जगदीश मेवानी शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ में मिली हार के कारणों का पता लगाने के लिए वीरप्पा मोइली और हरीश चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ओडिशा में भी कांग्रेस चुनाव बुरी तरह हार गई। यहां हार के कारणों का पता लगाने की जिम्मेदारी अजय माकन और तारिक अनवर को सौंपी गई है। तीन और राज्य ऐसे हैं, जहां कांग्रेस पार्टी का खाता भी नहीं खुल पाया। इनमें दिल्ली, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। इन तीनों राज्यों के लिए भी एक फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाई गई है। इस कमेटी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया और रजनी पाटिल शामिल हैं।

कांग्रेस के नेता इन राज्यों में हार के कारणों का पता लगाकर आलाकमान को रिपोर्ट सौंपेंगे। कर्नाटक में भी कांग्रेस पार्टी को उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिल पाए, यही कारण है कि यहां हुई हार के लिए भी तीन सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाई गई है। इस कमेटी में मधुसूदन मिस्त्री, गौरव गोगोई और हीबी ईडन शामिल हैं।

वहीं, तेलंगाना में पीजे कुरियन, रकिबुल हुसैन और प्रगट सिंह की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी उम्मीद के मुताबिक नतीजे न मिलने के कारणों का पता लगाएगी। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को केवल 99 सीटें ही मिल सकी थी। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के इंडिया गठबंधन को कुल 234 सीटें मिली हैं। चुनाव नतीजों से पहले कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन को 295 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए रोडमैप बनाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है। कांग्रेस अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारी में भी जुट जाना चाहती है। यही कारण है कि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रत्येक विधानसभावार प्रभारी नियुक्त करने का सुझाव दिया है।

 

 

और भी

राज्यपाल से एसईसीआर जोन की महाप्रबंधक ने सौजन्य मुलाकात की

 राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से बुधवार को राजभवन में एसईसीआर जोन बिलासपुर की नवनियुक्त महाप्रबंधक श्रीमती नीनू इत्तेराह ने सौजन्य मुलाकात की। उनके साथ संभागीय रेल्वे प्रबंधक एसईसीआर संजीव कुमार भी उपस्थित थे।

और भी

बृजमोहन ने छोड़ा कैबिनेट मंत्री का पद, सीएम साय को सौंपा इस्तीफा...

 विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद बृजमोहन अग्रवाल ने अब मंत्री पद से भी इस्तीफा दे दिया है। बुधवार को आयोजित कैबिनेट की बैठक के बाद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

इसके पहले बृजमोहन अग्रवाल ने सांसद बनने के बाद सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को अपना इस्तीफा सौंपा। इस दौरान विधायक अजय चंद्राकर, विधायक पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, पूर्व सांसद सुनील सोनी सहित कई नेता मौजूद थे।

बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद विष्णुदेव मंत्रिमंडल में दो मंत्रियों की जगह खाली हो जाएगी। एक मंत्री का पद पहले से खाली है और दूसरा बृजमोहन की विदाई के बाद रिक्त हो जाएगा। सूत्रों का कहना है कि फिलहाल नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल करने की कोई योजना नहीं है। लोकसभा चुनाव के बाद अभी केंद्रीय नेतृत्व भी नई सरकार में व्यस्त है। इसलिए, दो मंत्रियों की नियुक्ति में अभी वक्त लग सकता है। लिहाजा, वर्तमान मंत्रियों में से किसी को बृजमोहन अग्रवाल के विभागों को अतिरिक्त तौर पर दिया जा सकता है।

और भी

दुनिया के सभी घरों के डायनिंग टेबल पर हो कोई न कोई भारतीय खाद्यान्न: नरेन्द्र मोदी

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 23.59 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 483.85 करोड़ रूपए डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत के किसानों को विभिन्न कृषि उत्पादों का उत्पादन करना चाहिए। दुनिया के सभी घरों के डायनिंग टेबल पर भारतीय खाद्यान्न का कोई न कोई खाद्यान्न उत्पाद होना चाहिए, तभी इस देश के किसान को उन्नत किसान कहा जा सकेगा।

वर्चुअल कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कृषि निर्यात में और वृद्धि हो ऐसे कदम भविष्य में उठाये जाएंगे। किसानों को प्राकृतिक खेती हेतु आगे कदम बढ़ाना चाहिए। किसानों के सम्मान बढ़ाने और आय को दोगुनी करने के लिए सरकार निरंतर सकारात्मक प्रयास कर रही है। किसान, मजदूर, नारी-शक्ति और गरीब भारत के मजबूत आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि खेती को नई दिशा देने में महिलाओं की भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। कृषि सखी के रूप में खेती को एक नई ताकत देने के लिए पूरे देश के महिला समूहों को इससे जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश के 3 करोड़ से अधिक परिवारों को नए आवास स्वीकृत किए गए है। आने वाले दिनों में इन परिवारों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। इसी तरह ‘नमो ड्रोन दीदी योजना‘ के तहत देश के 3 करोड़ महिलाओं को करोड़पति दीदी बनाने की पहल शुरू हो गई है।

और भी

रद ट्रेनें 19 जून से 10 जुलाई तक नहीं चलेंगी

 रायपुर से गुजरने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के रद होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सेवाओं और सुविधाओं में विस्तार का हवाला देकर रेलवे ने छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 50 ट्रेनों को एक बार फिर से रद कर यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। रद ट्रेनें 19 जून से 10 जुलाई तक अलग-अलग दिनों में नहीं चलेंगी। इसकी वजह से कोलकाता, बिहार, दिल्ली, पंजाब,राजस्थान, मध्य प्रदेश आदि राज्यों में जाने वाले यात्रियों की एक बार फिर से मुसीबत बढ़ गई है। रेलवे के ब्लाक पर ब्लाक के चलते यात्रियों की परेशानी बढ़ रही है। दरअसल बिलासपुर और  भोपाल मंडल में नई पटरियों के दोहरीकरण और नई रेलवे लाइन को जोड़ना प्रस्तावित है। इसकी वजह से 50 से ज्यादा ट्रेनें अचानक से रेलवे ने रद कर दिया, जबकि कई ट्रेनों को देर से और कई ट्रेनों को बीच में समाप्त कर करने की घोषणा की है।

चिलचिलाती गर्मी में रेलवे के ब्लाक से यात्री परेशान

चिलचिलाती गर्मी में रेलवे के ब्लाक से हजारों यात्रियों को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है। ट्रेनें रद होने के बीच जो ट्रेने चल रही है, वह भी घंटों लेटलतीफी की शिकार है, इसके कारण यात्री जैसे-तैसे सफर करने को विवश हैं। आलम यह है कि  रायपुर रेलवे स्टेशन में प्लेटफार्म से लेकर वेटिंग हाल की फर्श भी यात्रियों के बैठने के लिए कम पड़ने लगी है। वातानुकूलित प्रतीक्षालय की भी यही हालत है। समय पर ट्रेनों के आने और जाने का ठिकाना न होने से पिछले कई महीने से यात्री परेशान है। ज्यादातर एक्सप्रेस ट्रेनें छह से सात घंटे देरी से स्टेशन पहुंच रही है।

दो से तीन महीने पहले टिकट बुक फिर भी राहत नहीं

अधिकारियों के मुताबिक कटनी रेलवे लाइन के ब्लाक की वजह से गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस का मार्ग बदला है। इस ट्रेन को रेलवे बालाघाट, जबलपुर, कटनी के रास्ते चला रहा है, जबकि ब्लाक लगने से पहले यह ट्रेन दुर्ग,  रायपुर, बिलासपुर होकर चलती रही है। ऐसे में जिन यात्रियों ने दो से तीन महीने पहले से रिजर्वेशन करा रखे हैं, उन्हें इस ट्रेन को पकड़ने के लिए गोंदिया स्टेशन तक अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है।

और भी

ट्रैक पर आराम फरमा रहे थे 10 शेर, लोको पायलट ने तुरंत रोकी मालगाड़ी...

 गुजरात के अमरेली जिले में पीपावाव बंदरगाह के पास एक मालगाड़ी के चालक ने सोमवार तड़के पटरियों पर दस शेरों को देखकर आपातकालीन ब्रेक लगा उनकी जान बचाई। एक रेलवे अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर) के भावनगर खंड की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह घटना तब हुई जब मुकेश कुमार मीणा पीपावाव बंदरगाह स्टेशन से साइडिंग (मुख्य गलियारे के बगल में एक छोटा ट्रैक) तक मालगाड़ी का संचालन कर रहे थे।

मीणा ने जैसे ही दस शेरों को पटरी पर आराम करते देखा उन्होंने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। उन्होंने तब तक इंतजार किया जब तक शेर उठकर पटरी से दूर नहीं चले गए। इसके बाद उन्होंने ट्रेन को उसके गंतव्य तक पहुंचाया। अधिकारियों ने चालक के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।''

डब्ल्यूआर की विज्ञप्ति में कहा गया है, "शेरों सहित वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए भावनगर मंडल द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। निर्देश के अनुसार, इस मार्ग पर ट्रेन चालक सतर्क रहते हैं और निर्धारित गति सीमा के अनुरूप ट्रेन चलाते हैं।"

गौरतलब है कि पीपावाव बंदरगाह को उत्तरी गुजरात से जोड़ने वाली इस रेल पटरी पर पिछले कुछ वर्षों में कई शेरों की मौत हो चुकी है। राज्य वन विभाग शेरों को रेलगाड़ियों की चपेट में आने से बचाने के लिए नियमित अंतराल पर पटरी के किनारे बाड़बंदी करता है।

और भी