हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता मुकुल देव का निधन

 फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता मुकुल देव का शुक्रवार रात 54 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके अचानक निधन की खबर से हिंदी सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

'सन ऑफ सरदार', 'आर... राजकुमार' और 'जय हो' जैसी सुपरहिट फिल्मों से पहचान बनाने वाले मुकुल देव ने अपने करियर में विलेन से लेकर पुलिस अफसर तक के किरदार निभाकर दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई थी। उनकी बहुमुखी प्रतिभा और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें हर पीढ़ी के दर्शकों का पसंदीदा बनाया।

परिवार की ओर से अब तक नहीं आया आधिकारिक बयान

उनकी मौत की वजहों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। करीबी मित्र और अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल ने उनके निधन की जानकारी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दी। उन्होंने मुकुल देव की थ्रोबैक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “RIP।” शनिवार को खबर फैलते ही कई दोस्त और सहकर्मी उनके घर पहुंचे।

फिल्मों के साथ टीवी में भी दमदार पहचान
मुकुल देव ने 1996 में टीवी धारावाहिक 'मुमकिन' से अभिनय की शुरुआत की थी और ‘फियर फैक्टर इंडिया’ के पहले सीज़न को होस्ट कर लोकप्रियता हासिल की। उन्होंने ‘दस्तक’ फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू किया था, जिसमें सुष्मिता सेन के साथ नजर आए थे।

पायलट से अभिनेता बनने तक का सफर
दिल्ली में जन्मे मुकुल देव ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी से ट्रेनिंग ली थी और पायलट बनने की पढ़ाई की थी, लेकिन बाद में अभिनय को करियर बना लिया। कक्षा 8 में दूरदर्शन के एक डांस शो में माइकल जैक्सन की नकल कर पहली बार उन्होंने स्टेज पर परफॉर्म किया था।

राहुल देव के छोटे भाई थे मुकुल
वे अभिनेता राहुल देव के छोटे भाई थे। उनके पिता हरी देव दिल्ली पुलिस में असिस्टेंट कमिश्नर थे और पश्तो व फारसी भाषा के जानकार थे। मुकुल का जीवन हमेशा कला, अनुशासन और विविधता से भरा रहा।

मुकुल देव की अंतिम फिल्म ‘एंथ द एंड’ थी, और वे लंबे समय से फिल्मों से दूरी बनाए हुए थे। उनके असमय निधन से इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है और फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

बॉलीवुड एक और संजीदा कलाकार को खो चुका है।

और भी

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अम्बिकापुर सहित देशभर के 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों किया लोकार्पण

 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आज देशभर के 103 स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इनमें छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर सहित 5 रेल्वे स्टेशन शामिल हैं। इन रेल्वे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया गया है। यह भारतीय रेलवे के विकास की नई संस्कृति है, जिसमें चुनिंदा रेल्वे स्टेशनों को पुनर्विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय इस वर्चुअल कार्यक्रम में अम्बिकापुर रेल्वे स्टेशन से जुड़े। 


गौरतलब है कि भारतीय रेल और देश के प्रधानमंत्री श्री मोदी की दूरदृष्टि का परिणाम रहा है कि इन विकास कार्यों से स्थानीय यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। भारतीय रेलवे द्वारा 1337 स्टेशनों के कायाकल्प की शुरुआत की है, इनमें 103 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य पूर्ण हो चुका है। उनमें छत्तीसगढ़ राज्य के पांच स्टेशन बिलासपुर मंडल का अम्बिकापुर, रायपुर मंडल का उरकुरा, भिलाई, भानुप्रतापपुर तथा नागपुर मंडल का डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन शामिल हैं।  

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि सम्माननीय लरंग साय जी के प्रयासों के कारण ही अम्बिकापुर में रेलवे स्टेशन की स्थापना हुई है। देश के प्रधानमंत्री श्री मोदी 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानते हुए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाना है। अमृत काल के तहत रेलवे स्टेशन का लगातार विकास किया जा रहा है। आज प्रदेश के जिन पांच स्थानों का लोकार्पण हुआ है, वह विकसित हो रहे भारत की झलक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जशपुर जिले को भी रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 

कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, वित्तमंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद श्री चिंतामणि महाराज, विधायक श्री राजेश अग्रवाल, श्रीमती शकुंतला पोर्ते, श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा, श्री राम कुमार टोप्पो, श्री प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, महापौर श्री मंजूषा भगत मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में सरगुजा अंचल के नागरिक शामिल हुए।



अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन 

छत्तीसगढ़ की आदिवासी सांस्कृतिक विरासत का केंद्र रहा अम्बिकापुर का रेलवे स्टेशन देश की जीवनरेखा भारतीय रेल का एक अभिन्न अंग है। इस रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यात्रियों को पूरी तरह से सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से इस नए स्टेशन भवन में कई नए प्रावधान भी किए गए हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में 6 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से उन्नयन तथा आधुनिकीकरण के कार्य किए गये हैं, जिसमें सर्कुलेटिंग क्षेत्र को बेहतर बनाते हुए रोड का चौड़ीकरण, यात्रियों के स्वागत के लिए सुसज्जित प्रवेशद्वार, 3900 वर्गमीटर सड़क, 3677 वर्गमीटर पर  दोपहिया, तिपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था भी की गई है।

 अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में उन्नत व आधुनिक सुविधाओं से युक्त द्वितीय श्रेणी, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय एवं वीआईपी कक्ष, 6 नए आधुनिक छायादार प्लेटफार्म शेड, महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगजनों हेतु आधुनिक शौचालय, वॉटर फाउंटेन, ट्रेन/कोच डिस्प्ले बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे, रैम्प एवं टैक्टाइल टाइल्स, 300 मीटर स्टेनलेस स्टील रेलिंग, 58 स्ट्रीट लाइट्स, बेहतर प्रकाश व्यवस्था हेतु हाई मास्ट लाइट, नवीनतम पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम का लाभ यहाँ के यात्रियों को मिलेगा।

रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर एक बड़ा तिरंगा झंडा लगाया गया है साथ ही स्टेशन में यात्रियों के लिए सरगुजा की प्रसिद्ध सीताबेंगरा गुफा की तर्ज पर सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया है। अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन पर भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक फसाड, हाई मास्ट लाइटिंग, आधुनिक प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, मॉर्डन टॉयलेट और दिव्यांगजन के लिए सुगम रैंप जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। प्लेटफॉर्म पर शेल्टर, कोच इंडिकेशन सिस्टम और सूचना के लिए डिजिटल डिस्प्ले लगाए गए हैं। सभी सुविधाओं को दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है। वहीं, हर स्टेशन पर स्थानीय लोक कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी।
और भी

2026 तक नक्सलमुक्त भारत हमारा संकल्प है: सफल नक्सल ऑपरेशन पर केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने की सुरक्षा बलों के साहस की सराहना

लाल आतंक के विरुद्ध निर्णायक विजय: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सुरक्षाबलों के साहस और समर्पण को किया नमन


नक्सल उन्मूलन अभियान को निर्णायक मोड़ पर ले जाते हुए छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर  नक्सल विरोधी ऑपरेशन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस ऐतिहासिक सफलता पर सुरक्षा बलों को बधाई दी है और इस निर्णायक उपलब्धि को नक्सलमुक्त भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने के लिए हम दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सुरक्षा बलों  विशेषकर सीआरपीएफ, एसटीएफ और डीआरजी के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि लाल आतंक के विरुद्ध चल रही इस निर्णायक लड़ाई में हमारे वीर जवानों ने विषम परिस्थितियों में पूरी बहादुरी से नक्सलियों का सामना किया है। उनके अदम्य साहस, धैर्य और पराक्रम को मैं नमन करता हूं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि अब वह दिन दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ पूरी तरह नक्सलमुक्त होगा, और बस्तर के गांव-गांव में शांति, समृद्धि और विकास की नई रोशनी फैलेगी।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने ट्वीट करके बताया है कि छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा के दुर्गम क्षेत्र पर हाल ही में हुए अब तक के सबसे बड़े नक्सल विरोधी ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 31 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराकर नक्सल उन्मूलन अभियान में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। उन्होंने इलाके किया है कि  यह क्षेत्र रणनीतिक योजना, नक्सल प्रशिक्षण और हथियार निर्माण का गढ़ रहा है। आज उसी पहाड़ पर शान से तिरंगा लहरा रहा है – यह भारत की आंतरिक सुरक्षा और संप्रभुता की विजय का प्रतीक है।

 केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने अपने आधिकारिक वक्तव्य में कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हम नक्सलवाद को जड़ से मिटाने के लिए संकल्पित हैं। मैं देशवासियों को पुनः विश्वास दिलाता हूँ कि 31 मार्च 2026 तक भारत का नक्सलमुक्त होना तय है। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन महज 21 दिनों में पूरा हुआ, और इसमें सुरक्षा बलों का एक भी जवान शहीद नहीं हुआ, जो हमारी रणनीति, समन्वय और शौर्य का प्रमाण है। उन्होंने सीआरपीएफ, एसटीएफ और डीआरजी के जवानों को खराब मौसम और कठिन भूगोल के बावजूद दिखाए गए अदम्य साहस और अनुशासन के लिए बधाई दी।

श्री शाह ने यह भी कहा कि यह सफलता केवल एक सैन्य विजय नहीं, बल्कि एक मनोवैज्ञानिक और वैचारिक विजय भी है, जिसने नक्सल नेटवर्क की रीढ़ को हिला दिया है। देश और विशेषकर छत्तीसगढ़ की जनता को यह विश्वास दिलाता है कि नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर कभी लाल आतंक की सत्ता थी, वहाँ आज राष्ट्रध्वज की छाया में शांति, विकास और संविधान का शासन स्थापित हो चुका है।यह अभियान आने वाले समय में सुरक्षा बलों के लिए मॉडल ऑपरेशन के रूप में उदाहरण प्रस्तुत करेगा। 

केंद्रीय गृह मंत्री ने राज्य और केंद्र के बीच समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि यह साझा प्रयासों का ही परिणाम है कि इतने बड़े अभियान में ज़ीरो कैज़ुअल्टी के साथ इतनी बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। भारत सरकार और सुरक्षा एजेंसियाँ 2026 तक देश को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाने के लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा और सामर्थ्य के साथ कार्य कर रही हैं। श्री अमित शाह ने कहा कि यह लक्ष्य अब केवल रणनीति नहीं, राष्ट्रीय संकल्प है।
और भी

जमीनी प्रयासों और विधिक सुधारों से ही संभव है असली सशक्तिकरण : नवेश कुमार

कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता पर एक सेमिनार में बोलते हुए अधिवक्ता नवेश कुमार ने कहा कि जमीनी प्रयासों और विधिक सुधारों से ही संभव है असली महिला सशक्तिकरण महिला सशक्तिकरण । 


सेमिनार में प्रशासनिक और कानूनी क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित लोगों के साथ मंच साझा करते हुए, उन्होंने बताया कि अमरेंद्र फाउंडेशन ने कानूनी जागरूकता अभियानों और सैनिटरी पैड वितरण कार्यक्रमों के ज़रिए समाज में बदलाव लाने का काम किया है।

उन्होंने कहा, "सच्चा सशक्तिकरण तभी संभव है जब हम घरों, समुदायों और समाज से बदलाव की शुरुआत करें और साथ ही सरकार भी नीतियों और कानूनों के ज़रिए इसे समर्थन दे।"

उन्होंने पोश एक्ट, ट्रिपल तलाक की समाप्ति और बेटियों को संपत्ति में समान अधिकार जैसे सुधारों का ज़िक्र करते हुए कहा कि ये सिर्फ कानून नहीं, बल्कि महिलाओं को सम्मान और बराबरी दिलाने की दिशा में बड़े कदम हैं।

इस सेमिनार में विभिन्न क्षेत्रों के बुद्धिजीवियों ने अपने अनुभव और विचार साझा किए कि कानून और समाज मिलकर महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते है ।
और भी

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर देश में गुस्से की लहर, जुमे की नमाज के बाद मुसलमानों ने किया प्रदर्शन

  जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा  26 पर्यटकों की हत्या से पूरे देश में गुस्से की लहर है। आज जुमे के दिन श्रीनगर से लेकर दिल्ली, मुंबई से लेकर कोलकाता और अहमदाबाद से लेकर हैदराबाद तक की मस्जिदों में नमाज के बाद मुसलमानों ने पहलगाम हमले के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के नेस्तनाबूद करने की मांग की। श्रीनगर की जामा मस्जिद में आज जुमे की नमाज़ के बाद हुई तकरीर में पहलगाम के आतंकवादी हमले का शिकार हुए लोगों को श्रद्धांजलि देते वक्त हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के चेयरमैन मीरवाइज़ उमर फारुख फूट फूट कर रोने लगे। उन्होंने कहा कि इस्लाम के नाम पर किया गया गुनाह है। इस तरह की दारिंदगी करने वाले राक्षसों को खोज खोज कर मारा जाना चाहिए।

उधर यूपी के कन्नौज में जुमे की नमाज़ के बाद जामा मस्जिद के बाहर सैकड़ों मुसलमानों ने प्रदर्शन किया और  पाकिस्तान मुर्दाबाद और हिन्दुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए। इन लोगों ने मस्जिद के बाहर पाकिस्तान का पुतला फूंका। इसके बाद कन्नौज की जामा मस्जिद के इमाम सैयद फुरकान ने कहा कि जिन लोगों ने धर्म पूछकर हिन्दुओं को मारा वो मुसलमान नहीं हो सकते ऐसे दरिंदों को शरिया के मुताबिक सजा दी जानी चाहिए ताकि कोई भी मज़हब का नाम लेकर इस तरह की हैवानियत करने की सोच भी न सके।

 

यूपी के एटा में भी मुस्लिम समाज के लोगों ने आज हाथों पर काली पट्टी बांधकर नमाज़ पढ़ी। नमाज़ के बाद इन लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। मस्जिद के बाहर जमा हुए नमाजियों ने कहा कि वैसे तो हिन्दुस्तान का मुसलमान अमन चाहता है लेकिन पाकिस्तान ने जो किया है उसके बाद अमन की बात बेमानी है।

 

 

और भी

दो अलग-अलग किश्तों में 5 हजार करोड़ का कर्ज लेगी राज्य सरकार...

  मध्यप्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अपने पहले कर्ज के तौर पर ₹5000 करोड़ की उधारी लेने का फैसला किया है। यह कर्ज दो अलग-अलग किश्तों में लिया जाएगा, दोनों ही किश्त ₹2500 करोड़ की होगी।

राज्य सरकार यह ऋण 12 वर्ष और 14 वर्ष की अवधि (टेन्योर) के लिए बाजार से उठाएगी। 7 मई को यह राशि राज्य सरकार के खजाने में आ जाएगी।

वित्तीय वर्ष की पहली उधारी

वित्तीय वर्ष 2024-25 की समाप्ति पर (31 मार्च 2025 तक) राज्य सरकार पर कुल कर्ज ₹4.21 लाख करोड़ का हो चुका है। ऐसे में यह नई उधारी राज्य की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए की जा रही है। वित्त विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस ऋण का उपयोग अधोसंरचना परियोजनाओं, सामाजिक योजनाओं और अन्य वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए किया जाएगा।

और भी

मुर्मु दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर लिस्बन पहुंची

 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर रविवार रात पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन पहुंचीं, जहां वह पुर्तगाली नेतृत्व के साथ वार्ता करेंगी।  किसी भी भारतीय राष्ट्रपति की पुर्तगाल यात्रा 27 वर्षों के अंतराल के बाद हो रही है, तथा ऐसे समय हो रही है जब भारत और पुर्तगाल अपने राजनयिक संबंधों की पुनः स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।

भारत की ओर से पुर्तगाल की अंतिम राजकीय यात्रा 1998 में राष्ट्रपति के.आर. नारायणन ने की थी। श्रीमती मुर्मु की पुर्तगाल यात्रा राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा के निमंत्रण पर हो रही है। श्रीमती मुर्मु अपने समकक्ष राष्ट्रपति डी सूसा से मुलाकात करेंगी और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। वह प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो और नेशनल असेंबली (संसद) के अध्यक्ष जोस पेड्रो अगुइर-ब्रैंको से भी मुलाकात करेंगी।

 
 

भारत और पुर्तगाल के बीच ऐतिहासिक और मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंध हैं, जो वर्षों से विकसित होकर एक आधुनिक, बहुआयामी और गतिशील साझेदारी में बदल चुके हैं, जिसकी विशेषता सहयोग के कई क्षेत्रों में मजबूत विकास एवं विस्तार है। एक बयान में कहा गया कि यह यात्रा पुर्तगाल के साथ भारत के बढ़ते संबंधों को और ज्याद प्रोत्साहन तथा नई गति प्रदान करेगी। श्रीमती मुर्मु इसके बाद नौ से 20 अप्रैल तक स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगी।

 
और भी

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के साथ राज्य में तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन पर समीक्षा बैठक की

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के साथ राज्य में तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन पर समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस, जेल, कोर्ट, अभियोजन और फॉरेन्सिक से संबंधित विभिन्न नए प्रावधानों के कार्यान्वयन और वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री, केन्द्रीय गृह सचिव, मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़, महानिदेशक, BPR&D, पुलिस महानिदेशक, छत्तीसगढ़ और निदेशक, NCRB सहित गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में लाए गए तीन नए आपराधिक कानूनों के छत्तीसगढ़ में पूर्ण क्रियान्वयन के लिए टॉप  प्रायरिटी एजेंडा बनाकर इस दिशा में काम करने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि तीन नए आपराधिक कानूनों का लक्ष्य भारतीय न्यायिक प्रक्रिया को बेहतर बनाना है और छत्तीसगढ़ जैसे राज्य को इसकी और ज़्यादा ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ तीन नए आपराधिक कानूनों के संपूर्ण क्रियान्वयन को एक चुनौती के रूप में लेकर इन्हे जल्द लागू कर एक आदर्श राज्य बने।

श्री अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार को 60 और 90 दिनों के भीतर आरोपपत्र दाखिल करने के लिए पुलिस उप अधीक्षक (DSP)स्तर के अधिकारियों की जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नए कानूनों में साक्ष्य की रिकॉर्डिंग से लेकर पूरे ट्रायल तक की प्रक्रिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संभव है जिससे मैनपावर की काफी बचत होगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हर पुलिस थाने और डीएसपी स्तर के अधिकारियों को गंभीरअपराध के मामलों में NATGRID के उपयोग की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक सप्ताह में एक बार, राज्य के गृह मंत्री हर 15 दिन और मुख्यमंत्री महीने में एक बार राज्य में नए आपराधिक कानूनों के अमल की प्रगति की समीक्षा करें।
और भी

देश की विशिष्ट हस्तियों को "भारत विभूति सम्मान" से नवाजा गया

 शिक्षा, चिकित्सा, कला, समाजसेवा एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए कई विशिष्ट हस्तियों को कल "भारत विभूति सम्मान" दिया गया। 


राजधानी दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित एक भव्य समारोह में "अमरेंद्र फॉउंडेशन" की ओर से यह सम्मान प्रदान किया गया।राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्या श्रीमती ममता कुमारी, पटना उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति वीरेन्द्र वर्मा, सुप्रसिद्ध वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ.अनूप कुमार, भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमती विनीता हरिहरन, कुलाधिपति प्रो.बी.एन मिश्रा, एनसीपी के राष्ट्रीय महासचिव बृजमोहन श्रीवास्तव एवं संस्था के निदेशक अमरेंद्र पाठक ने यह सम्मान प्रदान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संयोजन फाउंडेशन के संस्थापक नवेश कुमार ने की ।कार्यक्रम में चुनिंदे कलाकारों द्वारा संगीत और नित्य भी प्रस्तुत किए गए। इस मौके पर "महिला सशक्तिकरण, एवं लैंगिक समानता" विषय आयोजित गोष्ठी में सार्क जर्नलिस्ट फोरम के कार्यकारी चेयरमैन डॉ.समरेंद पाठक,श्रीमती दीप्ति उन्नत, समाजसेवी हीरा लाल प्रधान, प्रो.अमरेंद्र झा एवं कवि विमल मिश्र सहित अनेक व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त किए।

जिन हस्तियों को" भारत विभूति सम्मान" दिया गया उनमें एम्स के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ रहे डॉ. जे. एस तितलियाल,वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ.अनूप कुमार, शिक्षाविद श्री अमिताभ सुकुल,श्रीमती सुमन लता शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार सुश्री शोभना जैन, शिक्षाविद डॉ राजेश कुमार सिंह, डॉ.शैलेश चंद्र सहाय, डॉ मनीष देव एवं डॉ कल्पना अग्रवाल शामिल है । इसी प्रकार प्रो.( डॉ) लवी श्रीवास्तव, श्रीमती पूजा अग्रवाल, एवं श्रीमती प्रणामी देवी को "नारी शक्ति विभूति सम्मान" दिया गया ।
 
श्री धरणीकांत झा एवं श्री बृजमोहन श्रीवास्तव को "समाज विभूति सम्मान ",श्रीमती मधुलता मिश्रा, बबिता ए.सिंह एवं पंडित पुष्कर मिश्रा को "कला विभूति सम्मान "श्री शंखनील बसक, श्री गुलशन गर्ग, श्री मिथिलेश गुप्ता एवं श्री शिशिर वर्मा को "युवा विभूति सम्मान" प्रदान किया गया । ताइक्वांडो में मेडल जीतने के लिए आरव जोशी, हिम्सकसी सैनी, पूर्विका लोटन, यश लोटन, माही शर्मा, कायना यादव, जीयश चौधरी एवं आरव जाखड़ को भी सम्मानित किया गया ।
और भी

बेंगलुरु की टेक कंपनियों को भाया छत्तीसगढ़, 3700 करोड़ से अधिक के हुए करार

 देश की सिलिकॉन वैली के रूप में प्रसिद्ध बेंगलुरु की कई बड़ी टेक कंपनियों ने छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर रूचि दिखाई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बेंगलुरु में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट मीट में देश के शीर्ष उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स से संवाद कर राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान इंजीनियरिंग, टेक्सटाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी/आईटीईएस, खाद्य प्रसंस्करण और ग्रीन फ्यूल जैसे क्षेत्रों के कई बड़ी कम्पनियों ने 3700 करोड़ के निवेश प्रस्ताव सौंपें हैं।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार ने आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नैसकॉम, इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स एंड सेमीकंडक्टर एसोसिएशन (IESA) और द इंडस एंटरप्रेन्योर्स (TiE) बैंगलोर के साथ महत्वपूर्ण एमओयू भी साइन किया है।


सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ निवेश और उद्योगों के लिए देश के सबसे उभरते हुए राज्यों में से एक है। देश के सबसे समृद्ध खनिज संसाधन, सेंट्रल इंडिया की शानदार लोकेशन और कनेक्टिविटी के लाभ के साथ ही छत्तीसगढ़ में भरपूर बिजली-पानी, मानव संसाधन जैसी बुनियादी सुविधाएं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा डिजिटल टेक्नोलॉजी से छत्तीसगढ़ सुशासन का मॉडल स्टेट बन रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार ने अब निवेश के लिए कागजी झंझट खत्म कर दिया गया है। बस एक क्लिक में एनओसी मिलेगी और फैसला भी डिजिटल तरीके से होगा। नई औद्योगिक नीति से निवेश प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाया गया है।

उन्होंने बताया नई उद्योग नीति में निवेश एवं रोजगार के अवसरों में वृद्धि के लिए 1 हजार करोड़ रुपए अथवा एक हजार लोगों को रोजगार देने वाले उद्योगों को बी-स्पोक नीति का अवसर प्रदान किया गया है। इस नीति में 30 से 50 प्रतिशत तक एवं 200 से 450 करोड़ रुपए तक स्थायी पूंजी निवेश की प्रतिपूर्ति का प्रावधान किया गया है। 5 से 12 वर्ष तक नेट एसजीएसटी प्रतिपूर्ति, रोजगार एवं ईपीएफ प्रतिपूर्ति तथा प्रशिक्षण व्यय की प्रतिपूर्ति के लिए आकर्षक प्रावधान किये गये हैं।

उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति में हमने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, रोबोटिक्स, कंप्यूटिंग, ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आकर्षक प्रावधान रखे गये हैं। इसके साथ ही इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रानिक्स, फार्मा, टैक्सटाइल, फूड एंड एग्रो प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में भी विशेष रियायत दी गई है। हम नवा रायपुर में फार्मास्यूटिकल पार्क भी स्थापित कर रहे हैं जो सेंट्रल इंडिया का सबसे बड़ा फार्मास्यूटिकल पार्क होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि रायपुर को हम मध्य भारत के सबसे बड़े आईटी हब के रूप में विकसित कर रहे हैं। यहाँ 1.6 बिलियन डालर का निवेश किया गया है जिससे यहां की अधोसंरचना देश के सबसे शानदार शहरों जैसी है। नवा रायपुर ग्रीनफील्ड शहर भी हैं जिससे आईटी इंडस्ट्री के विकास के लिए यहां भरपूर संभावनाएं हैं। 

इस मीट में उद्योग विभाग के मंत्री श्री लखन लाल देवांगन,  मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, सचिव श्री राहुल भगत, उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ की इन्वेस्टमेंट कमिश्नर सुश्री ऋतु सैन, सचिव एस भारतीदासन, उद्योग और वाणिज्य विभाग के सचिव सौरभ कुमार, संचालक श्री प्रभात मलिक और सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक श्री विश्वेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बस्तर में निवेशकों के लिए अपार संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर और सरगुजा को हमने सर्वाधिक औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन क्षेत्र के रूप में रखा है। यहां कोर सेक्टर प्रोत्साहन,  आयरन और कोल रायल्टी में 50 से 100 प्रतिशत तक छूट है। सेस की प्रतिपूर्ति 150 प्रतिशत तक किये जाने का प्रावधान है। बस्तर में नगरनार स्टील प्लांट के पास ग्राम नियानार में हम 118 एकड़ में नये औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना करने जा रहे हैं इससे यहां बड़े पैमाने पर लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यमों को स्थापना के अवसर मिलेंगे।


देश की अग्रणी कंपनियां करेंगी छत्तीसगढ़ में निवेश

सम्मेलन में बीईएमएल, क्लेन पैक्स, कीन्स टेक्नोलॉजी, नैसकॉम, गोकुलदास एक्सपोर्ट्स, ब्रिटानिया, टाई बैंगलोर और कर्नाटक चैंबर ऑफ कॉमर्स जैसी प्रमुख कंपनियों व औद्योगिक समूहों ने भाग लिया। इन कंपनियों ने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति, अनुकूल नीतिगत वातावरण और मजबूत आधारभूत ढांचे की सराहना की।

छत्तीसगढ़ को मिले निवेश प्रस्तावों की झलक

- GPSR आर्या प्राइवेट लिमिटेड (CBG ग्रीन फ्यूल सेक्टर) – ₹1350 करोड़ का निवेश कर यह कंपनी बायोगैस और हरित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देगी, जिससे राज्य में स्वच्छ ऊर्जा क्रांति आएगी।

- क्लेन पैक्स (टेक्सटाइल सेक्टर) – ₹500 करोड़ के निवेश से यह कंपनी कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर बढ़ाएगी।

- ब्रिटानिया (फूड प्रोसेसिंग सेक्टर) – ₹200 करोड़ का निवेश कर यह कंपनी खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को मजबूत करेगी, जिससे स्थानीय किसानों और छोटे उद्यमियों को लाभ होगा।

- कीन्स टेक्नोलॉजी (आईटी/आईटीईएस सेक्टर) – ₹1000 करोड़ के निवेश से छत्तीसगढ़ के आईटी सेक्टर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे युवाओं को बड़े पैमाने पर रोज़गार मिलेगा।

- गोकुलदास एक्सपोर्ट्स और SRV निट टेक प्राइवेट लिमिटेड – दोनों कंपनियां ₹200 करोड़ का निवेश कर टेक्सटाइल सेक्टर को मजबूती देंगी, जिससे राज्य के कपड़ा उद्योग को नई पहचान मिलेगी।

- BEML (भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड) ने छत्तीसगढ़ में 200 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। यह निवेश राज्य में इंजीनियरिंग और निर्माण क्षेत्र को मजबूती देगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

- पुनीत क्रिएशन, श्याम टेक्सटाइल एवं वूल रिसर्च एसोसिशन ने भी छत्तीसगढ़ में रूचि दिखाते हुए निवेश प्रस्ताव सौंपे हैं।
और भी

कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है छत्तीसगढ़ सरकार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

छत्तीसगढ़ जल्द ही आईटी और टेक्नोलॉजी हब के रूप में उभरेगा। छत्तीसगढ़ सरकार और नैसकॉम के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) संपन्न हुआ है, जिससे छत्तीसगढ़ में कौशल विकास में निवेश बढ़ेगा।


मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने इन्वेस्टर्स कनेक्ट मीट में नैसकॉम के उपाध्यक्ष श्निवासन व अन्य प्रतिनिधियों से मुलाकात की और राज्य की कौशल विकास के क्षेत्र में अपार संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि रायपुर देश का ऐसा प्रमुख शहर है, जहां आईआईटी, एनआईटी, एम्स और ट्रिपल आईटी जैसे प्रमुख शैक्षणिक संस्थान हैं, जो उद्योगों की जरूरत के अनुसार कुशल युवा तैयार कर रहे हैं।  

नया रायपुर को आईटी हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां कई आईटी कंपनियों ने अपना कार्य प्रारंभ कर दिया है। सरकार बेंगलुरु और हैदराबाद की तर्ज पर नया रायपुर को एक प्रमुख टेक हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।  

सरकार की नई औद्योगिक नीति के तहत आईटी और स्टार्टअप्स को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। स्किलिंग प्रोग्राम के माध्यम से कॉलेज के विद्यार्थियों को उद्योगों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे रोजगार के लिए तैयार हो सकें।  

मुख्यमंत्री  साय ने जानकारी दी कि अभी तक 4 लाख 40 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जो राज्य की औद्योगिक नीति की सफलता को दर्शाता है। इस बैठक के दौरान दिल्ली, मुंबई और रायपुर में आयोजित इन्वेस्टर्स मीट में मिले सकारात्मक प्रतिक्रिया पर भी चर्चा हुई।
और भी

एग्रो बायोडायवर्सिटी राउंडटेबल में कोदो,कुटकी,बाजरा संरक्षण पर की गई चर्चा

 नेटवर्क फॉर कंजर्विंग सेंट्रल इंडिया (NCCI) ने अपने चौथे एग्रोबायोडायवर्सिटी राउंडटेबल का आयोजन एम पी टी जंगल रिज़ॉर्ट, सरही गेट, कान्हा टाइगर रिज़र्व में किया। इस कार्यक्रम में विभिन्न नागरिक समाज संगठनों (CSOs), किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), स्व-सहायता समूहों (SHGs), अनुसंधान संस्थानों और गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


इस राउंडटेबल का मुख्य उद्देश्य कान्हा परिदृश्य में कोदो-कुटकी जैसे सूखा-प्रतिरोधी बाजरा के संरक्षण, उनके ब्रांड विकास, खाद्य सुरक्षा उपायों में सुधार और पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक कृषि विज्ञान में एकीकृत करने पर चर्चा करना था। यह आयोजन अगस्त 2023, जनवरी 2024 और अगस्त 2024 में हुए पूर्व सत्रों के निष्कर्षों पर आधारित था।

प्रमुख विषय एवं चर्चाएँ
मिलेट्स के पोषण और पारिस्थितिक महत्व को बढ़ावा देने के लिए विपणन रणनीतियों पर चर्चा हुई।

फंगल संदूषण और खाद्य सुरक्षा चुनौतियाँ – इस विषय पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के डॉ. मनोज चौधरी और एम एस एस आर एफ (MSSRF) के डॉ. जेगन शेखर ने अपने विचार साझा किए।

 
 



ब्रांड विकास रणनीति – MSSRF के डॉ. ओलिवर किंग ने परिदृश्य-आधारित ब्रांड निर्माण पर एक सत्र का नेतृत्व किया, जिसमें स्थानीय समुदायों की भागीदारी पर जोर दिया गया।

 



महिला नेतृत्व की भूमिका – इस संदर्भ में मंडला जिले के बिछिया तहसील स्थित कोको राइट बेकरी का दौरा किया गया, जो मिलेट-आधारित उत्पाद बनाती है। इस पहल का नेतृत्व जमीला बेगम कर रही हैं।

फील्ड विज़िट और अनुभव साझा करना
प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ के बोडला तहसील स्थित धवईपानी प्रसंस्करण मिल और बीज बैंक का दौरा किया। इस दौरे का नेतृत्व ग्रामोदय ग्राम विकास समिति, छत्तीसगढ़ के कार्यकारी निदेशक चंद्रकांत यादव ने किया। यहाँ महिलाओं द्वारा संचालित बीज संरक्षण और प्रसंस्करण गतिविधियों को देखा गया।

विपणन और ब्रांडिंग पर जोर
कीस्टोन फाउंडेशन की निदेशक डॉ. अनीता वर्गीस ने नीलगिरी बायोस्फीयर रिज़र्व के अंतर्गत लास्टफॉरेस्ट एंटरप्राइजेज और आधिमालाई ब्रांड्स की सफलता की कहानी साझा की।

प्रतिभागियों ने दोहरी ब्रांडिंग रणनीतियों पर चर्चा की, जो स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कोदो-कुटकी उत्पादों को बढ़ावा दे सकती हैं।

आगे की राह
परिदृश्य ब्रांड के विकास के लिए क्षेत्रीय प्राथमिकताओं को समझने हेतु मानचित्रण अभ्यास।
स्थानीय समुदायों के अनुभवों से सीखने के लिए स्थापित उद्यमों का दौरा।

 


खाद्य सुरक्षा और पारंपरिक ज्ञान को वैज्ञानिक मान्यता प्रदान करने हेतु अनुसंधान एवं प्रयोगशाला परीक्षण।

 



अगला राउंडटेबल सितंबर 2025 में आयोजित किया जाएगा, जिसमें ब्रांड विकास पहलों की प्रगति और खाद्य सुरक्षा प्रबंधन में पारंपरिक व वैज्ञानिक दृष्टिकोणों के समन्वय पर चर्चा की जाएगी।

NCCI परिचय: नेटवर्क फॉर कंजर्विंग सेंट्रल इंडिया (NCCI) केंद्रीय भारतीय परिदृश्य में लोगों और प्रकृति के सह-अस्तित्व को बनाए रखने के लिए ज्ञान और कार्रवाई को जोड़ने का कार्य करता है।

 

 

 
और भी

नाराज ड्राइवर ने मिनी बस में लगाई आग, चार कर्मचारियों की मौत

 महाराष्ट्र के पुणे में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक निजी कंपनी के ड्राइवर ने वेतन कटौती से नाराज होकर मिनी बस में आग लगा दी। इस हादसे में चार कर्मचारियों की जलकर मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।


यह हादसा 19 मार्च को पुणे के हिंजवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ। सुबह 7:30 बजे एक ग्राफिक्स कंपनी की मिनी बस में अचानक आग लग गई। बस में कुल 14 कर्मचारी सवार थे, जिनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य कर्मचारी बस से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

 
 
 



मृतकों की पहचान शंकर शिंदे (63), राजन चव्हाण (42), गुरुदास लोकरे (45) और सुभाष भोसले (44) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी का आईसीयू में इलाज जारी है।

ड्राइवर की साजिश का खुलासा
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा था, लेकिन बाद में जांच में नया खुलासा हुआ। पुलिस को मिनी बस के ड्राइवर जनार्दन हंबर्डीकर पर संदेह हुआ क्योंकि वह बार-बार बेहोश होने का नाटक कर रहा था और उसके शरीर पर मामूली चोटें थीं।

जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो ड्राइवर ने अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि कंपनी के कर्मचारियों के दुर्व्यवहार, वेतन कटौती और बोनस न मिलने से वह नाराज था। इससे बदला लेने के लिए उसने मिनी बस में आग लगाने की साजिश रची।

आग कैसे लगाई गई?
आरोपी ड्राइवर ने पहले से ही बेंजीन (ज्वलनशील रसायन) खरीदा था और बस में पोंछा लगाने वाले कपड़े भी रखे थे। जैसे ही मिनी बस हिंजवाड़ी फेज वन इलाके में पहुंची, उसने कपड़े में आग लगाई, जिससे पूरी बस आग की चपेट में आ गई।

पुलिस कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कन्हैया थोराट ने बताया कि यह हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर की गई साजिश थी। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 103 और 109 के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, फिलहाल वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

 

 

 
और भी

केंद्र सरकार ने चंद्रयान-5 मिशन को मंजूरी दी

 केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने चांद पर रिसर्च करने के लिए भारत के महत्वाकांक्षी मिशन चंद्रयान-5 को मंजूरी दे दी है। सरकार ने हाल ही में ये बड़ा फैसला किया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी.नारायणन ने इस बात की जानकारी दी है। इसके साथ ही इस बात की जानकारी भी सामने आई है कि भारत का चंद्रयान-4 मिशन कब तक लॉन्च किया जाएगा।

इसरो के अध्यक्ष वी नारायणन ने रविवार को बताया- ‘‘बस तीन दिन पहले ही हमें चंद्रयान-5 मिशन के लिए मंजूरी मिली है। हम इसे जापान के सहयोग से करेंगे।’’ उन्होंने बताया कि भारत के चंद्रयान-5 मिशन के तहत, चंद्रमा की सतह का अध्ययन करने के लिए 250 किलोग्राम का रोवर भेजा जाएगा।

 

कब लॉन्च होगा चंद्रयान-4?

इसरो के अध्यक्ष वी.नारायणन ने रविवार को इस बात की जानकारी दे दी है कि चंद्रयान-4 मिशन कब लॉन्च होगा। इसरो अध्यक्ष ने बताया कि संभावना है कि चंद्रयान-4 को साल 2027 में प्रक्षेपित किया जाएगा। इसरो अध्यक्ष ने बताया है कि चंद्रयान-4 मिशन का मकसद चंद्रमा से इकट्ठा किए गए नमूनों को वापस लाना है।

 

आपको बता दें कि भारत के चंद्रयान मिशन का उद्देश्य चंद्रमा की सतह का अध्ययन करना है। इससे पहले इसरो ने चंद्रयान-3 मिशन को सफलतापूर्वक लॉन्च किया था। चंद्रयान-3 मिशन में 25 किलोग्राम का रोवर ‘प्रज्ञान’ ले जाया गया था। 23 अगस्त 2023 को चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ की थी।

और भी

शराबी ने स्कूल में मचाया उत्पात, शिक्षिकाओं से की बदसलूकी...

 उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दबंगों के हौसले बुलंद हैं। प्रशासन की सख्ती के बावजूद कई स्थानों पर असामाजिक तत्वों के कारनामे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला मेरठ से सामने आया है, जहां एक शराबी ने प्राइमरी स्कूल में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। उसने क्लास में पढ़ रही छात्राओं को जबरन बाहर निकाल दिया और शिक्षिकाओं के साथ बदसलूकी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने शिक्षिका की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

रोहटा थाना क्षेत्र का मामला
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र के जिटौला प्राइमरी स्कूल की है। शनिवार को गांव का शिवकुमार उर्फ बबला गुर्जर शराब के नशे में अर्धनग्न हालत में स्कूल पहुंचा। वह कमर में शराब की बोतल लगाए हुए था। उसने बच्चों को क्लास से बाहर भगा दिया और शिक्षिकाओं से बदसलूकी करने लगा।

शराबी बबला स्कूल में घुसकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा और शिक्षिकाओं को धमकाने लगा। शिक्षिकाओं ने जब उसे बाहर जाने के लिए कहा तो उसने मोबाइल छीनने की कोशिश की और गाली-गलौज करने लगा।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना के बाद स्कूल की एक शिक्षिका ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवकुमार उर्फ बबला गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

और भी

रायसीना डायलॉग का आज उद्घाटन करेंगे PM मोदी

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तीन दिवसीय ‘रायसीना डायलॉग’ का उद्घाटन करेंगे। यह भू-राजनीति और भू-अर्थशास्त्र पर भारत का प्रमुख सम्मेलन है। इस सम्मेलन में 125 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस सम्मेलन का आयोजन 17 से 19 मार्च तक होगा।

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन, अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड और यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा भी इस सम्मेलन के 10वें संस्करण में भाग लेने वालों में शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि पहली बार ताइवान के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी सहित एक प्रतिनिधिमंडल के इस सम्मेलन में भाग लेने की उम्मीद है। यह पिछले कुछ वर्षों में दोनों पक्षों के बीच बढ़ते सहयोग को दर्शाता है।

 
 

सम्मेलन का आयोजन विचारक संस्था ‘ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन’ द्वारा विदेश मंत्रालय के साथ साझेदारी में किया जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया कि इस सम्मेलन में लगभग 125 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसमें मंत्री, पूर्व राष्ट्राध्यक्ष, सैन्य कमांडर, उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां, प्रौद्योगिकी क्षेत्र के दिग्गज, शिक्षाविद, पत्रकार, सामरिक मामलों के विद्वान और प्रमुख विचारक संस्थाओं के विशेषज्ञ शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि 20 देशों के विदेश मंत्री इस विचार-विमर्श में भाग लेंगे। 


न्यूजीलैंड के पीएम देंगे मुख्य भाषण

यूक्रेन के विदेश मंत्री सिबिहा की भारत यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिका, यूक्रेन और रूस के बीच संघर्ष को समाप्त कराने के लिए एक अस्थायी युद्धविराम की दिशा में प्रयास कर रहा है। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री लक्सन सोमवार को रायसीना डायलॉग के उद्घाटन सत्र में मुख्य भाषण देंगे। इस सम्मेलन में स्लोवानिया, लक्जमबर्ग, लातविया, मोल्दोवा, जॉर्जिया, स्वीडन, स्लोवाक गणराज्य, भूटान, मालदीव, नॉर्वे, थाईलैंड, एंटीगुआ और बारबुडा, पेरू, घाना, हंगरी और मॉरीशस के विदेश मंत्री भी सम्मेलन में भाग लेंगे। क्यूबा के उप प्रधानमंत्री मार्टिनेज डियाज और फिलीपीन के विदेश मंत्री एनरिक ए. मनालो भी रायसीना डायलॉग में भाग लेंगे। 

 

 

और भी

होली तक जारी रहेगी ठंड! दिल्ली, बिहार, यूपी में बारिश का अलर्ट जारी

  पिछले दिनों से दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए जिससे पर्वतीय इलाकों में हिमपात के बाद मौसम के तेवर बदल गए हैं। आईएमडी ने कहा है कि होली के आसपास तक मौसम का यही दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक गर्मी बढ़ने का सिलसिला 20 मार्च के बाद शुरू होगा, क्योंकि पिछले 10 वर्षों का ट्रेंड भी यही बता रहा है। आईएमडी के मुताबिक चार दिन बाद उत्तर भारत में मौसम अचानक करवट लेगा। नौ मार्च से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होगा और इसकी वजह से 11 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

 

मौसम विभाग के मुताबिक असम के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके प्रभाव में अरुणाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। असम और मेघायल में भी इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश हो सकती है।

 

इन राज्यों में आंधी तूफान के साथ बारिश के आसार

 

विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बिगड़ेगा। पांच और छह मार्च को केरल और माहे में मौसम गर्म और आर्द्र बना रहेगा। सात और आठ मार्च को पश्चिम बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों और सिक्किम में बारिश होगी। गुजरात में मछुआरों को समुद्र किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है। वहीं, सात मार्च को सिक्किम में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है और आठ मार्च को बिहार के कई जिलों में तूफान के के साथ बारिश होने के आसार हैं।

 

इन राज्यों में बढ़ रही है गर्मी

 

महाराष्ट्र, तेलंगाना, केरल, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण छत्तीसगढ़, ओडिशा, सुदूर दक्षिण गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तर आंतरिक तमिलनाडु के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 35-39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। कर्नाटक और तमिलनाडु के बाकी हिस्सों, आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मिजोरम और त्रिपुरा के अधिकांश स्थानों पर 30-35 डिग्री सेल्सियस के बीच है। वहीं, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ, विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, पूर्वी तेलंगाना, दक्षिणी तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक के कई स्थानों पर तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस का वृद्धि देखी जा रही है।

 

देश का सबसे गर्म जिला रहा सोलापुर

 

मंगलवार को सोलापुर में देश में सबसे अधिक तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम भारत और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

 

 

और भी

औरंगजेब को आदर्श मानने वाले विधायक को भेजिए, इलाज कर देंगे : योगी

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद को संबोधित करते हुए सपा पर जमकर हमले किए और कहा कि हमारे के लिए महाकुंभ गर्व का विषय है जबकि सपा के लोग औरंगजेब को नायक मानते हैं। महाकुंभ के आयोजन को पूरी दुनिया याद रखेगी।


यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी के बजट सत्र में विधान परिषद को संबोधित करते हुए महाकुंभ के आयोजन का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि यह ऐसा आयोजन था जिसे लंबे समय तक दुनिया याद रखेगी। उन्होंने कहा कि कुछ पार्टियां इससे सहमत नहीं थीं और महाकुंभ को लेकर दुष्प्रचार किया फिर भी लोगों की आस्था नहीं डिगी।

उन्होंने कहा कि महाकुंभ के आयोजन की दुनिया भर में प्रशंसा हो रही है। जो लोग संघ की विचारधारा से नहीं जुड़े हैं वो भी महाकुंभ के आयोजन की प्रशंसा कर रहे हैं। 45 दिन तक चले आयोजन में कोई लूट की घटना नहीं हुई। कोई अपहरण की घटना नहीं हुई। यह सनातन के सामाजिक अनुशासन का प्रभाव है। जो कि कहता है कि पूरा देश एक है और यहां जातिवाद और क्षेत्रवाद की कोई जगह नहीं है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ये उन लोगों को जवाब है जो कि जल के प्रदूषण और अन्य तमाम छोटी खबरों को लेकर आयोजन पर सवाल उठा रहे थे और दुष्प्रचार कर रहे थे। देश की जनता के लिए गंगा सबसे पवित्र है और विज्ञान कहता है कि बहता हुआ जल खुद को पवित्र करता रहता है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि महाकुंभ में जैसी जिसकी दृष्टि थी वैसा ही उसने वहां देखा। सनातन के मानने वालों के लिए महाकुंभ एक गर्व का विषय है जो कि पूरी दुनिया को एकता का संदेश देता है।

महाकुंभ के आयोजन के दौरान काशी और अयोध्या में भी पर्यटकों की संख्या काफी बढ़ गई। इस दौरान इन नगरों के स्थानीय लोगों ने अभूतपूर्व धैर्य का परिचय दिया साथ ही उनका आतिथ्य सत्कार भी किया।

एक नाविक परिवार ने 30 करोड़ रुपये की कमाई की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आस्था को आजीविका से जोड़ा है। यही कारण है कि प्रयागराज का एक नाविक परिवार जिसके पास 130 नावें थीं। उन्होंने पूरे आयोजन के दौरान 30 करोड़ रुपये की कमाई की। महाकुंभ का वृहद आर्थिक पक्ष है। हमारा अनुमान है कि इस आयोजन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को साढ़े तीन लाख करोड़ का लाभ हुआ है।

औरंगजेब सपा के लोगों का नायक
मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर हमला करते हुए कहा कि सपा के लोगों के लिए औरंगजेब गर्व का विषय है जिसने अपने पिता को कैद कर उन्हें पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसा दिया था। उन्होंने कहा कि सपा का अपने विधायकों पर नियंत्रण नहीं है। उन्होंने अबू आजमी का नाम लिए बिना कहा कि सपा को उसे पार्टी से निकाल देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा को उस नेता के बयान का खंडन करना चाहिए और पार्टी से निकाल देना चाहिए। नहीं तो उसे यहां बुलाइये। हम उसका इलाज कर देंगे। यूपी ऐसे लोगों का उपचार अच्छे से करता है। ये लोग महाकुंभ को कोसते हैं और औरंगजेब पर गर्व करते हैं। उसे यूपी भेज दीजिए हम इलाज कर देंगे। बता दें कि अबू आजमी ने बयान दिया था कि वह औरंगजेब पर गर्व करते हैं।

 

 

और भी