हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत, कई घायल

 फ़िरोज़ाबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर  बस और डीसीएम की जबरदस्त टक्कर में छह यात्रियों की मौत हो गई है और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। 

ये सड़क हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह 4:30 हुई है।  सूचना पर पहुंची थाना नगला खंगर पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। 

 

पुलिस ने बताया कि यात्रियों से भरी एक बस लुधियाना से रायबरेली जा रही थी जिसमे कुल 45 यात्री सवार थे।  बस की डीसीएम से टक्कर हो गई और  खाई में गिर गई।   इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है और 21 लोग घायल हो गए हैं। 

 

 

और भी

पीयूष गोयल ने ब्रिटेन की विदेश मंत्री सुश्री केमी बडेनोच से मुलाकात की

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और ब्रिटेन की अंतरराष्ट्रीय व्यापार विदेश मंत्री सुश्री केमी बडेनोच, एमपी ने भारत-ब्रिटेन एफटीए वार्ताओं पर चर्चा करने के लिए नई दिल्ली में मुलाकात की। भारत-ब्रिटेन एफटीए वार्ताओं और द्विपक्षीय व्यापार एवं आर्थिक संबंधों के दायरे पर चर्चा की गई। दोनों मंत्रियों ने वर्तमान में जारी भारत-ब्रिटेन एफटीए वार्ताओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की जो दोनों देशों के बीच रोजगारों, निवेशों और निर्यात को बढ़ावा देने की पूरी क्षमता को प्रकट करेगी। यह दर्ज किया गया कि भारत-ब्रिटेन एफटीए वार्ताओं का छठा दौर वर्तमान में नई दिल्ली में जारी है।

बातचीतों की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए इस पर सहमति जताई गई कि वार्ता को अति शीघ्र संपन्न करने के उद्वेश्य से इसे आगे भी जारी रखा जाएगा। दोनों मंत्रियों ने वार्ताकारी टीम से पारस्परिकता और एक दूसरे की संवेदनशीलताओं के सम्मान के लिए तथा एक संतुलित, आपसी रूप से लाभदायक, निष्पक्ष और न्यायसंगत परिणाम के सिद्धांत पर आधारित परस्पर समायोजन की भावना से मतभेदों को दूर करने के लक्ष्य के साथ एकजुट होकर काम करने का आग्रह किया।

 

 

और भी

छात्रा पर लड़के ने फेंका एसिड

 दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दिल्ली के द्वारका इलाके में एक लड़के ने स्कूली छात्रा पर बुधवार को एसिड फेंक दिया है।  ये  घटना आज सुबह करीब 9 बजे की है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पीड़ित लड़की को सफदरगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीँ अस्पताल में मामले की जांच के पुलिस की टीम भी पहुंच गई है। 

 
और भी

जहरीली शराब पीने से अब तक 14 लोगों की मौत

 दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बिहार में शराबबंदी के बावजूद जहरीली शराब पीने से अब तक 14  लोगों की मौत हो गई है वहीं कई गंभीर रूप से बीमार हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मसरख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी कई बीमार लोगों का इलाज जारी है।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही। साथ ही नकली शराब बनाने वालों की धरपकड़ भी शुरू कर दी गई है। 

बिहार में जहरीली शराब पीने से मौत का ये कोई पहला मामला नहीं है। 5 अगस्त 2022 को बिहार के सारण जिले में जहरीली शराब से 9 लोगों की मौत हुई थी और 17 लोगों ने अपनी आंख की रोशनी को खो दी थी। 

वहीं 21 मार्च 2022 को बिहार के तीन जिलों में जहरीली शराब पीने से 37 लोगों की मौत हो गई थी। उस समय जहरीली शराब से सबसे ज्यादा मौतें भागलपुर जिले में हुईं, जहां 22 लोगों की मौत हुई थीं। 

इसके अलावा बांका जिले में 12 और मधेपुरा में 3 लोगों की जान चली गई। 5 नवंबर 2021 में मुजफ्फरपुर के बेतिया में 8 और गोपालगंज में 16 लोगों की मौत हो गई। 

और भी

संसद सत्र : तवांग मामले पर सदन में हंगामा, विपक्षी दलों ने राज्यसभा से किया वॉकआउट

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। संसद के शीतकालीन सत्र में अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारतीय और चीनी सेना के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा पर 9 दिसंबर को हुई झड़प को लेकर सरकार पर चर्चा नहीं करने का आरोप लगाते हुए 17 विपक्षी दलों ने बुधवार को राज्यसभा से वॉकआउट किया। कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, आम आदमी पार्टी, एमडीएमके, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भाकपा, जनता दल-यूनाइटेड, डीएमके, तृणमूल कांग्रेस और तेलुगु देशम पार्टी उन 17 पार्टियों में शामिल थीं, जो शून्य काल के दौरान सदन से बाहर चली गईं।


संसद के शीतकालीन सत्र में सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी दलों की बैठक बुलाई। बैठक में डीएमके, एसपी, नेशनल कॉन्फ्रेंस, शिवसेना, कांग्रेस, सीपीएम, सीपीआई, जेडीयू समेत करीब 15 दलों के नेता मौजूद रहे। बैठक में भारत-चीन विवाद और अन्य मुद्दों पर संयुक्त रणनीति बनाने के लिए खड़गे के कक्ष में विपक्षी नेताओं की ये अहम बैठक हुई।

मंगलवार को संसद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूरे मामले की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा थी कि, चीनी सेना ने तवांग सेक्टर में घुसपैठ के जरिए यथास्थिति बदलने की कोशिश की, इसका भारतीय जवानों ने करारा जवाब देते हुए उन्हें वापस खदेड़ दिया। उन्होंने कहा था कि इस झड़प में दोनों तरफ के सैनिक घायल हुए हैं, लेकिन किसी भी भारतीय जवान को कोई गंभीर चोट नहीं लगी और ना ही किसी की शहादत हुई है।

मंगलवार को ही सदन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चीन के आक्रमक रवैये को लेकर सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि सरकार कि सरकार मूकदर्शक बनकर रह गई है। उसकी तरफ से लगातार जमीनी हकीकत की अनदेखी की जा रही है। खड़गे ने अपने बयान में इस बात पर भी जोर दिया था कि चीन ने डेपसांग वाले इलाके में भी घुसपैठ करने की कोशिश की थी।

 

 

और भी

संसद में ऊर्जा संरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2022 पारित

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। संसद ने ऊर्जा संरक्षण (संशोधन) विधेयक 2022 पारित कर दिया है। कल राज्‍यसभा ने इस विधेयक का अनुमोदन कर दिया। लोकसभा में यह पहले ही पारित हो चुका है। इस विधेयक के माध्‍यम से ऊर्जा संरक्षण अधिनियम 2001 में संशोधन किया गया है। इसका उद्देश्‍य ऊर्जा की क्षमता और इसके संरक्षण को बढ़ावा देना है। विधेयक के जरिए केंद्र सरकार को कार्बन क्रेडिट ट्रेडिंग प्रणाली निर्धारित करने का भी अधिकार दिया गया है। इसमें यह भी व्‍यवस्‍था की गई है कि कुछ विशेष उपभोक्‍ता अपनी ऊर्जा आवश्‍यकता के कुछ भाग की पूर्ति गैर जीवाश्‍म स्रोतों से कर सकते हैं। भवनों के लिए ऊर्जा संरक्षण संहिता उन कार्यालयों और आवासीय मकानों पर लागू होगी, जहां एक सौ किलोवाट या अधिक ऊर्जा का उपयोग होता है।

विधेयक पर चर्चा का उत्‍तर देते हुए केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह ने कहा कि यह हमारे लिये गर्व का विषय है कि भारत ने ऊर्जा स्रोतों में परिवर्तन किया है और नवीकरणीय ऊर्जा की क्षमता को बढ़ाया है। उन्‍होंने बताया कि भारत की यात्रा पर आए विभिन्‍न देशों के ऊर्जा मंत्री देश में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में हुई प्रगति से काफी प्रभावित हुए हैं। उन्‍होंने कहा कि किसी भी विकसित देश ने ऊर्जा परिवर्तन और जलवायु संबंधी मामले में भारत की तरह किसी ने प्रगति नहीं की है। उन्‍होंने सदन को यह जानकारी दी कि 2015 में जलवायु परिवर्तन सम्‍मेलन के दौरान भारत ने 2030 तक गैर जीवाश्‍म ऊर्जा स्रोतों से 40 प्रतिशत बिजली बनाने की उपलब्धि हासिल करने का लक्ष्‍य रखा था। उन्‍होंने बताया कि देश ने नवंबर 2021 में, तय समय से नौ वर्ष पहले ही यह लक्ष्‍य प्राप्‍त कर लिया है।   

और भी

रक्षा मंत्रालय ने तीन डेयर टू ड्रीम प्रतियोगिताओं के लिये 52 व्‍यक्तियों और 34 स्‍टार्ट अप का चयन किया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रक्षा मंत्रालय ने तीन डेयर टू ड्रीम प्रतियोगिताओं के लिये 52 व्‍यक्तियों और 34 स्‍टार्ट अप का चयन किया है। इनके लिये पिछले तीन साल में 5 हजार छह सौ 37 आवेदन मिले थे। प्रतियोगिता में विजेता स्‍टार्ट अप्‍स को सात परियोजनाओं की जिम्‍मेदारी दी गई है। इसका उद्देश्‍य रक्षा और वैमानिकी के क्षेत्र में नवाचार के लिए व्‍यक्तियों और स्‍टार्ट अप्‍स को बढ़ावा देना है। राज्‍य सभा में एक लिखित उत्‍तर में रक्षा राज्‍य मंत्री अजय भट्ट ने यह जानकारी दी।

रक्षा राज्‍य मंत्री ने बताया कि रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन 2019 से प्रत्‍येक वर्ष डेयर टू ड्रीम प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। इसका उद्देश्‍य रक्षा और वैमानिकी के क्षेत्र में नई खोज करने वालों, उद्यमियों और 18 वर्ष से अधिक व्‍यक्तियों तथा मान्‍यता प्राप्‍त स्‍टार्ट अप्‍स को एक साथ लाना है।

 

और भी

अब तीन कलर कैटेगरी कलर में मिलेगा ट्विटर का ब्लू टिक

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ट्विटर ने अपना अपडेटेड अकाउंट वेरिफिकेशन प्रोग्राम लॉन्च किया है। अब सभी वेरिफाइड अकाउंट्स को न सिर्फ ब्लू टिक मिलेगा बल्कि उनमें तीन कलर कैटेगरी को बांटा गया है। कंपनियों को सोने के चेक मिलेंगे, सरकारों को ग्रे चेक मिलेंगे और आम नागरिकों को ब्लू टिक मिलेंगे। इसके अलावा एक्टिवेट होने से पहले सभी चेक को मैनुअली चेक किया जाएगा।

इससे पहले माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर फेक अकाउंट्स की बढ़ती लिस्ट को देखते हुए ट्विटर ने ब्लू टिक सर्विस को बंद कर दिया था। ट्विटर की ब्लू टिक वेरिफिकेशन सर्विस अब कंपनी की पेड सर्विस बन गई है। हालांकि इस सर्विस को अमेरिका समेत कुछ ही देशों में लॉन्च किया गया है। जब यह सर्विस भारत में लॉन्च होगी तो इसके लिए हर महीने 700 रुपये देने पड़ सकते हैं।

 

 

और भी

ब्रिटेन की व्यापार मंत्री पहुंचीं नई दिल्ली , वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से करेंगी मुलाकात

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ब्रिटेन की व्यापार मंत्री केमी बदेनोच मंगलवार को नई दिल्ली पहुंच गई हैं और वह वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात करेंगी। भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते-एफ. टी ए के छठे चरण की वार्ता में वस्तुओं और यात्री वाहनों के व्यापार तथा अन्य मुद्दों के बारे में चर्चा होने की संभावना है। एफ. टी. ए का लक्ष्य 2030 तक भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार को दोगुना करना है।

एफ. टी. ए से चमड़ा, वस्त्र, आभूषण और प्रसंस्कृत कृषि उत्पाद क्षेत्र में भारत का निर्यात बढ़ेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, आयुष और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में सेवाओं का निर्यात बढ़ने की भी उम्मीद है

 

 

और भी

असम में 1,179 ब्रू उग्रवादियों ने किया आत्मसमर्पण

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।असम के हैलाकांडी जिले में सोमवार को दो संगठनों के 1,179 ब्रू आतंकवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (विशेष शाखा) हिरेन चंद्र नाथ ने कहा कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक लिबरेशन फ्रंट ऑफ बराक वैली (यूडीएलएफ-बीवी) और ब्रू रिवोल्यूशनरी आर्मी ऑफ यूनियन (बीआरएयू) से जुड़े उग्रवादियों ने 18 एके सीरीज के राइफल, एम16 राइफल सहित 350 हथियार और 400 से अधिक कारतूस भी सौंपे।

दोनों संगठन ज्यादातर असम-मिजोरम सीमा से सटे इलाकों में सक्रिय थे। आत्मसमर्पण करने वालों में राजेश चर्की के नेतृत्व वाले ब्रू के 634 सदस्य और धन्यराम रेंग के नेतृत्व वाले यूडीएलएफ-बीवी के 545 सदस्य हैं।अधिकारी ने कहा कि इन दोनों समूहों के साथ 2017 से शांति प्रक्रिया चल रही थी। कुछ मतभेद थे।

 

 

और भी

पीएम मोदी के खिलाफ विवादित बयान देने वाले राजा पटेरिया गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

 भोपाल (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की बात कहने वाले कांग्रेस सरकार के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया का वीडियो वायरल होने के बाद पन्ना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इस मामले में मंगलवार सुबह छह बजे पन्ना पुलिस ने हटा पहुंचकर उन्हें उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उन्हें पन्ना जिले की कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

इससे पहले मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पत्रकारों को बताया था कि सुबह छह बजे पूर्व मंत्री राजा पटेरिया को गिरफ्तार किया गया। उन्हें पवई कोर्ट में पेश किया जाएगा। जो पूर्व में उनपर धारा लगी थी, उसमें दो और धाराएं 115 व 117 बढ़ाई गई हैं। किसी अपराध को उकसाने के आरोप में धारा 115 लगाई जाती है। 

 

पन्ना जिले के पवई में आदिवासियों के बीच पूर्व मंत्री राजा पटेरिया का 'प्रधानमंत्री की हत्या करने के लिए तत्पर रहो' की बात कहने का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे देश में उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पन्ना एसपी को इस संबंध में मामला दर्ज करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पवई में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

 

दमोह में भी जगह-जगह राजा पटेरिया का पुतला जलाया गया। पटेरिया की गिरफ्तारी के समय पुलिस के कई बड़े आला अधिकारी मौजूद रहे। इनमें पन्ना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी पवई, टीआई पवई, अमानगंज, सिमरिया, सहित हटा एसडीओपी वीरेंद्र बहादुर सिंह एवं हटा का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस उन्हें लेकर सीधे पन्ना पहुंची है। पुलिस वाहन में बैठने के बाद पूर्व मंत्री हाथ हिलाकर अभिवादन भी करते दिखाई दिए। 

 

 

और भी

आतंकियों ने प्लांट किया था IED, सुरक्षाबलों ने किया निष्क्रिय...

 बारामूला (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आतंकियों ने नापाक इरादों पर पानी फेरते हुए सुरक्षाबलों ने उनके प्लांट किए गए आईईडी को बरामद कर निष्क्रिय कर दिया है। जानकारी के अनुसार, उत्तरी कश्मीर के तुलीबल बारामूला में आतंकियों ने एक आईईडी प्लांट किया था। इसकी जानकारी मिलते ही बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंच गई है और इसे निष्क्रिय कर दिया।

भारतीय सेना ने बताया कि जम्‍मू-कश्‍मीर के तुलीबल क्षेत्र में मंगलवार सुबह दो-तीन किलोग्राम के विस्फोटक उपकरण का पता चला था। संदिग्ध आईईडी को खुदाई वाले इलाके में छुपाया गया था। भारतीय सेना के अनुसार, आईईडी को बम डिस्पोजल टीम ने सुरक्षित तरीके से ब्लास्ट मेथड से डिफ्यूज किया है। करीब दो घंटे के भीतर राज्य राजमार्ग पर यातायात को फिर से बहाल कर दिया गया है।

उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर के तुलीबल इलाके में संदिग्ध IED की जानकारी सुरक्षा बलों को मिली थी, जिसके बाद मौके पर सोपोर पुलिस, 52RR और CRPF के जवान पहुंच गए। करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद IED को निष्क्रिय कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया था कि जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर इलाके में एक सड़क के किनारे लगाए गए विस्फोटक उपकरण (आईईडी) का मंगलवार को पता चला है। उन्होंने बताया कि सोपोर के तुलीबल में सुरक्षा बलों के एक दल ने सुबह आतंकवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी का पता लगाया। अधिकारियों ने बताया कि आईईडी को निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ता मौके पर बुलाया गया है।

और भी

भारतीय जवानों ने चीनी सैनिकों को अतिक्रमण से रोका : राजनाथ सिंह

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान मंगलवार को तवांग सेक्टर में चीनी सेना की घुसपैठ और भारतीय सेना के साथ हुई झड़प का मुदा गरमाया। विपक्ष ने जहां केंद्र पर आरोप लगाए, वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा और राज्यसभा में इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा कि नौ दिसंबर 2022 को PLA गुट (चीनी सेना) ने तवांग सेक्टर के यांग्त्से क्षेत्र में, LAC पर अतिक्रमण कर यथास्थिति को एकतरफा बदलने का प्रयास किया। चीन के इस प्रयास का हमारी सेना ने दृढ़ता के साथ सामना किया। इस झड़प में दोनों तरफ से हाथापाई भी हुई। भारतीय सेना ने बहादुरी दिखाते हुए चीन के सैनिकों को अतिक्रमण करने से रोका और वापस लौटने पर मजबूर किया। कुछ ही देर में हमारे सैनिकों ने चीनी सैनिकों को खदेड़ दिया। इस दौरान हमारे किसी भी सैनिक की न तो मृत्यु हुई है, न ही कोई गंभीर रूप से घायल हुआ है। अधिकारियों के दखल के बाद पीएलए सैनिक वापस लौट गए। 11 दिसंबर को भारत के स्थानीय सैन्य अधिकारी ने पीएलए के अधिकारी के साथ बैठक की और इस घटना पर चर्चा की। उन्हें सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए कहा गया है। मैं इस सदन को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमारी सेनाएं भारत की अखंडता के लिए प्रतिबद्ध हैं और इसके खिलाफ कोई भी प्रयास को रोकने के लिए तत्पर हैं। मुझे विश्वास है कि यह सदन भारत की सेना को समर्थन देगा और उसकी क्षमता और पराक्रम का अभिनंदन करेगा।


भारत की एक इंच जमीन पर भी कब्जा नहीं हुआ : अमित शाह

अमित शाह ने तवांग मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथ लिया है। शाह ने कहा कि मैंने प्रश्नकाल की सूची देखी और प्रश्न संख्या 5 देखने के बाद मुझे कांग्रेस की चिंता समझ में आई। सवाल राजीव गांधी फाउंडेशन (आरजीएफ) के विदेशी योगदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) लाइसेंस को रद्द करने के संबंध में था। शाह ने कहा कि भारत की एक इंच जमीन पर भी कब्जा नहीं हुआ है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, हम लगातार चीन के मुद्दे को सदन में उठाते रहे हैं। आज भी हम चर्चा करना चाहते थे लेकिन रक्षा मंत्री ने जवाब दिया और चले गए। जब सदन में हमने सवाल पूछना चाहा तो हमारी बात नहीं सुनी गई, इसल‍िए हमने वॉकआउट कर द‍िया। हम अपनी सेना के साथ खड़े हैं।

आर्मी के साथ खड़ा हर पार्टी का सदस्य : थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, इसमें कोई शक नहीं कि चीन की नजरें तवांग पर हैं। हमें काफी सतर्क रहना होगा। हमारी सेना ने जो कुछ भी किया, देश उसका समर्थन करता है। मैंने रक्षा मंत्री से कहा कि उन्हें पूरी दुनिया को ये दिखाना चाहिए कि भारत एक है और हर एक दल का सदस्य आर्मी के साथ है।

 

 

और भी

प्रधानमंत्री मोदी ने आयुर्वेद को प्रोत्‍साहन देने डाटा आधारित दस्‍तावेजीकरण पर बल दिया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोवा से तीन राष्ट्रीय आयुष संस्थानों का ऑनलाइन उद्घाटन किया। ये संस्थान उत्तरी गोवा को धारगल में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में राष्ट्रीय यूनानी औषधि संस्थान और दिल्ली के नरेला में राष्ट्रीय होम्योपैथी संस्थान हैं।

यह आयोजन नौवें विश्व आयुर्वेद सम्मेलन और आरोग्य प्रदर्शनी 2022 के अवसर पर किया गया। प्रधानमंत्री ने विश्व आयुर्वेद सम्मेलन में भाग लेने वाले सभी प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ये तीनों संस्थान आयुष स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली को और गति देंगे। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद केवल इलाज नहीं है बल्कि यह आरोग्य है, जो हमें जीना सिखाता है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद और योग भविष्य की नई उम्मीद है, जिसे पहले अनदेखा किया गया था। उन्होंने कहा कि आयुष उद्योग सात गुना बढ़ा है और यह लगभग डेढ़ लाख करोड़ रूपये का हो गया है। इससे कृषि क्षेत्र को लाभ होगा और रोज़गार के अवसर उपलब्ध होंगे। प्रधानमंत्री ने आयुर्वेद के प्रोत्साहन देने के लिए डाटा आधारित सबूतों के दस्तावेज़ीकरण पर बल दिया।

इस अवसर पर आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि विश्व आयुर्वेद सम्मेलन की सफलता से वैश्विक स्तर पर आयुर्वेद की उपस्थिति दिखाई दी है।  गोवा के मुख्यमंत्री डॉक्टर प्रमोद सावंत ने एक दिन में आयुष के तीन संस्थानों का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई और केन्द्रीय राज्यमंत्री श्रीपद नायर भी उपस्थित थे।

आयुर्वेद कांग्रेस में 50 देशों के 400 से ज्यादा प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इसमें अंतर्राष्ट्रीय विद्यार्थी और आयुर्वेद में जुडे कई अन्य लोग भी शामिल हैं। इस वर्ष की आयुर्वेद सम्मेलन का विषय  स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद है। बाद में श्री मोदी गोवा में 2,870 करोड़ रुपए की लागत से बने मोपा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। इस हवाई अड्डे की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवंबर 2016 में रखी थी। 

और भी

प्रधानमंत्री ने नागपुर और शिरडी को जोड़ने वाले समृद्धि महामार्ग के पहले चरण का किया शुभारंभ

 नागपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री ने नागपुर और शिरडी को जोड़ने वाले समृद्धि महामार्ग के पहले चरण का उद्घाटन किया। करीब 55 हजार करोड रूपए की लागत से बनाया जा रहा 701 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे देश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे में से एक है जो महाराष्ट्र के 10 जिलों से होकर गुजरेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि कहा कि इस एक्‍सप्रेसवे से नागपुर और शिरडी के बीच की दूरी ही कम नहीं होगी बल्कि इससे राज्‍य के 24 जिले भी आपस में जुड जाएंगे।

यह राजमार्ग क्षेत्र में कृषि, पर्यटन, तीर्थयात्राओं और उदद्योग के विकास में सहायक करेगा जिससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्‍होंने कहा कि 'अमृत काल' में राज्यों की प्रगति देश का विकास करेगी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, डॉक्टर भारती पवार, राव साहेब दानवे पाटिल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित थे।

और भी

प्रधानमंत्री ने नागपुर में आयुर्विज्ञान संस्‍थान भी राष्ट्र को समर्पित किया

 नागपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री ने नागपुर में एक आयुर्विज्ञान संस्‍थान भी राष्ट्र को समर्पित किया। इस पर एक हजार 575 करोड़ रुपये की लागत आई है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के जरिए देश में एक मजबूत सामाजिक ढांचा तैयार किया गया है, जिसके जरिए हर गरीब तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया गया है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने खापरी मेट्रो स्टेशन पर नागपुर मेट्रो के दूसरे चरण की आधारशिला रखी और नागपुर रेलवे स्‍टेशन से ही नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत रेलगाड़ी को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने नागपुर में नेशनल इंस्टिट्यूट फॉर वन हेल्थ की आधारशिला रखी और सेंटर फॉर रिसर्च मैनेजमेंट एंड कंट्रोल ऑफ हेमोग्लोबिनोपैथी का उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री ने चंद्रपुर में सेंट्रल पेट्रोकैमिकल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी इंस्टिट्यूट का उद्घाटन किया और नागपुर रेलवे स्टेशन और अंजनी रेलवे स्टेशन की पुनर्विकास योजना और नाग नदी संरक्षण परियोजना की आधारशिला रखी। श्री मोदी ने कहा कि शॉर्टकट की राजनीति देश के लिए एक खतरा है। उन्होंने कहा कि वे राजनीतिक दल और शासक देश के सबसे बड़े दुश्मन हैं, जो शॉर्टकट की राजनीति करते हैं और करदाताओं का पैसा लूटते हैं।

 

 

और भी

ट्विटर पर आज से बड़ा बदलाव, कंटेंट कर सकेंगे एडिट, प्रोफाइल फोटो बदलने पर गायब हो जाएगा ब्लू टिक

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ट्विटर सोमवार को अपनी सर्विस री-लॉन्च करने जा रहा है। इसके बाद यूजर्स पैसे देकर ब्लू टिक हासिल कर सकेंगे। ब्लू सब्सक्रिप्शन वाले यूजर्स को कंटेंट एडिट के अलावा कई सुविधाएं अलग से मिलेंगी। हालांकि यूजर्स 30 मिनट के भीतर ही कंटेंट को एडिट कर सकेंगे। इसके अलावा 1080p वीडियो भी अपलोड कर सकेंगे। साथ ही लंबे ट्वीट भी किए जा सकेंगे। सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स के ट्वीट को प्राथमिकता मिलेगा और उन्हें सामान यूजर्स की तुलना में 50 फीसदी कम विज्ञापन दिखेंगे।

एप्पल यूजर्स के लिए सर्विस महंगी

Apple IOS यूजर्स के लिए ये सर्विस महंगी रहेगी। कंपनी की तरफ से घोषणा करते हुए कहा गया है कि ट्विटर ब्लू सोमवार 12 दिसंबर को लॉन्च किया जाएगा। यह सर्विस वेब पर 8 डालर प्रति माह होगी, जबकि Apple IOS में साइन अप करने पर फीस 11 डालर प्रति माह रखी गई है।

ऐसा करने पर हट जाएगा ब्लू टिक

अगर यूजर्स अपनी प्रोफाइल पर फोटो या नाम बदलते हैं तो उनका ब्लू टिक हटा दिया जाएगा और फिर से वैरिफिकेशन के बाद फिर से ब्लू टिक दिया जाएगा। माना जा रहा है कि कंपनी ने ऐसे यूजर्स पर सख्ती करने के लिए इस फीचर को लॉन्च किया है, जो किसी भी विशेष कैंपेन या विरोध में प्रोफाइल फोटो और नाम बदल लेते हैं।

आधिकारिक ट्विटर अकाउंट ने जानकारी देते हुए बताया, सब्सक्राइबर अपने हैंडल, डिस्प्ले नाम या प्रोफाइल फोटो को बदल सकेंगे, लेकिन अगर वे ऐसा करते हैं तो उनका अस्थायी रूप से ब्लू टिक हटा दिया जाएगा और उनके अकाउंट का दोबारा वैरिफिकेशन किया जाएगा।

 

 

और भी

भारत जोड़ो यात्रा में प्रियंका गांधी की बेटी हुईं शामिल

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में है। यहां यात्रा के 11वें दिन सोमवार को प्रियंका गांधी के साथ उनकी बेटी मिराया शामिल हुईं हैं। रविवार की यात्रा में भी मिराया अपने पिता रॉबर्ट वाड्रा और मां प्रियंका के साथ यात्रा में शामिल हुई थीं। 

गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में सोमवार का दिन महिलाओं के लिए रखा गया था। इस वजह से बड़ी संख्या में महिलाएं यात्रा में शामिल हुईं। यात्रा झालावाड़, कोटा होते हुए बूंदी पहुंची। आज यात्रा सवाई माधोपुर जिले की सीमा में प्रवेश करेगी।

बता दें कि सोमवार शाम सवाई माधोपुर में राहुल गांधी एक सभा को संबोधित करेंगे और यात्रा का रात भर का ठिकाना यहीं रहेगा। आगे बढ़ते हुए 14 दिसंबर को यात्रा दौसा जिले में प्रवेश करेगी।

इससे पहले 9 दिसंबर को सवाई माधोपुर ज़िले के रणथंभोर में सोनिया गांधी अपना जन्मदिन मनाने पहुंची थीं। 9 दिसंबर को यात्रा का विश्राम रखा गया था, सोनिया गांधी के जन्मदिन पर प्रियंका गांधी और राहुल गांधी भी रणथंभोर पहुंचे। उम्मीद जताई जा रहगी थी कि इसके बाद सोनिया गांधी भी यात्रा में शामिल होंगी। लेकिन, वह 11 दिसंबर को रणथंभोर से ही चली गईं।

और भी