हिंदुस्तान

दिवाली का अर्थ है कि आतंक के अंत के साथ उत्सव : नरेंद्र मोदी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सैनिकों के साथ दिवाली का त्योहार मनाने के लिए सोमवार को कारगिल पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर कहा कि दिवाली का मतलब 'आतंक के अंत का त्योहार' है और करगिल ने इसे संभव बनाया है।


दिवाली के अवसर पर सेना के जवानों को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करगिल में कहा, 'मेरे लिए तो वर्षों-वर्ष से मेरा परिवार आप ही सब हैं। मेरी दीपावली की मिठास आप के बीच बढ़ जाती है, मेरी दीपावली का प्रकाश आपके बीच है और अगली दिवाली तक मेरा पथ प्रशस्त करता है।' उन्होंने आगे कहा कि मेरे लिए तो वर्षों-वर्ष से मेरा परिवार आप ही सब हैं। मेरी दीपावली की मिठास आप के बीच बढ़ जाती है, मेरी दीपावली का प्रकाश आपके बीच है और अगली दिवाली तक मेरा पथ प्रशस्त करता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेना को संबोधित करते हुए कहा, 'पाकिस्तान के साथ एक भी लड़ाई ऐसी नहीं हुई है जहां कारगिल ने विजय ध्वज न फहराया हो। दिवाली का अर्थ है कि आतंक के अंत के साथ उत्सव। यही कारगिल ने भी किया था।' पीएम ने आगे कह, 'एक राष्ट्र तब अमर होता है जब उसकी संतानों को, उसके वीर बेटों और बेटियों को अपने सामर्थ्य पर परम विश्वास होता है।'



इससे पहले रविवार को पीएम मोदी ने अयोध्या के दीपोत्सव कार्यक्रम में शिरकत की थी। इस दौरान उन्होंने राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा अर्चना की। साथ ही पीएम मोदी ने दीपोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया।

इससे पहले पीएम मोदी ने देशवासियों को दिवाली की बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि प्रकाश का यह पर्व हर किसी के जीवन में खुशियां और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।

पिछले साल पीएम मोदी ने जम्मू के नौशेरा में जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। उन्होंने भारतीय सीमाओं पर सेवा करने के लिए सैनिकों की सराहना की थी और बताया था कि सुरक्षाकर्मी राष्ट्र के "सुरक्षा कवच" हैं। प्रधानमंत्री ने  कहा था कि सैनिकों की वजह से ही लोग चैन की नींद सो पाते हैं।

2020 में, राजस्थान के जैसलमेर के लोंगेवाला में सैनिकों के साथ दिवाली मनाते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि जब तक भारतीय सैनिक मौजूद हैं, इस देश का दीवाली समारोह पूरे जोरों पर और रोशनी से भरा रहेगा।

2019 में, प्रधानमंत्री ने जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के साथ राजौरी जिले में सैनिकों के साथ दिवाली मनाई। उन्होंने सैनिकों को अपने परिवार के रूप में बुलाया था और त्योहारों के दौरान भी सीमाओं की रक्षा के लिए उनकी सराहना की थी।

2018 में, प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के हरसिल में भारतीय सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। इसके बाद उन्होंने केदारनाथ धाम में पूजा-अर्चना की। 2017 में, प्रधान मंत्री ने जम्मू और कश्मीर के बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी में सेना के जवानों और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों के साथ प्रकाश का त्योहार मनाया।

2016 में, प्रधानमंत्री एक चौकी पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस कर्मियों के साथ त्योहार मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश गए थे।

वह 2015 में सैनिकों के साथ दिवाली मनाने के लिए पंजाब सीमा पर गए थे। 2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने सैनिकों के साथ सियाचिन में दिवाली मनाई थी।

और भी

भारत अपने उद्देश्यों और सिद्धांतों के लिए प्रतिबद्ध है : एस जयशंकर

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण) संयुक्त राष्ट्र के संस्थापक सदस्य के रूप में, भारत अपने उद्देश्यों और सिद्धांतों के लिए प्रतिबद्ध है। संयुक्त राष्ट्र दिवस पर विदेश मंत्री डा एस जयशंकर ने ट्वीट किया, के सदस्य के रूप में भारत के मौजूदा कार्यकाल ने समकालीन चुनौतियों का सामना करने के लिए संवाद और कूटनीति को बढ़ावा देने के हमारे सैद्धांतिक दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित किया है।' उन्होंने कहा कि भारत हमेशा ग्लोबल साउथ के साथ खड़ा रहेगा और संयुक्त राष्ट्र की प्रभावशीलता को मजबूत करने की कोशिश करेगा।

विदेश मंत्री ने ट्वीट किया, 'संयुक्त राष्ट्र के संस्थापक सदस्य के रूप में, भारत अपने उद्देश्यों और सिद्धांतों के लिए प्रतिबद्ध है। चार्टर के लक्ष्यों को लागू करने में हमारा योगदान इस प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है।' उन्होंने आगे कहा, 'सुधारित बहुपक्षवाद, कानून के शासन और एक निष्पक्ष और न्यायसंगत अंतरराष्ट्रीय प्रणाली पर हमारा ध्यान संयुक्त राष्ट्र की निरंतर प्रासंगिकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से है।'

हर साल 24 अक्टूबर को मनाया जाता है संयुक्त राष्ट्र दिवस
हर साल 24 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र दिवस मनाया जाता है। यह दिन संयुक्त राष्ट्र के उद्देश्यों और उपलब्धियों की जानकारी के लिए मनाया जाता है। साल 1948 में संयुक्त राष्ट्र की महासभा में यह निर्णय लिया गया कि 24 अक्टूबर यानी संयुक्त राष्ट्र के चार्टर की वर्षगांठ को संयुक्त राष्ट्र के उद्देश्यों और उपलब्धियों के बारे में लोगों को बताने के लिए इन दिन को मनाया जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र के 6 महत्वपूर्ण अंग
बता दें, संयुक्त राष्ट्र संघ के 6 महत्वपूर्ण अंग हैं। इनमें महासभा, सुरक्षा परिषद, आर्थिक और सामाजिक परिषद, न्यास परिषद, सचिवालय और अंतरराष्ट्रीय न्यायालय है। संयुक्त राष्ट्र की स्थापना 1945 में की गई थी। भारत संस्थापक सदस्यों में से एक है।

और भी

4 हजार दीयों और 5 टन रेत से सुदर्शन ने बनाई मां काली की मूर्ति...

 भुवनेश्वर (छत्तीसगढ़ दर्पण) देशभर में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। दिवाली के मौके पर पद्मश्री विजेता सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने अपने अंदाज में दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं। सुदर्शन पटनायक ने ओडिशा के पुरी बीच पर मां काली की रेत से खूबसूरत मूर्ति बनाई है। रेत की मूर्ति बनाने में उन्होंने हजारों दीयों का इस्तेमाल किया है।

सुदर्शन पटनायक ने रेत से बनाई मां काली की मुर्ति ट्वीट भी की है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट से मां काली की तस्वीर ट्वीट की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'हैप्पी दिवाली... ओडिशा के पुरी बीच पर 4045 दीयों से मां काली की रेत से मूर्ति बनाई है।'

और भी

ब्रेकिंग : पटाखा स्टाल में लगी आग, 2 की मौत...

 विजयवाड़ा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा के गांधी नगर स्थित जिमखाना मैदान में लगे पटाखा स्टाल में रविवार सुबह आग लग गई। इससे दो लोगों की मौत हो गई। आग लगने से चारों तरफ हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान होनी अभी बाकी है। आग लगने से चारों तरफ हड़कंप मच गया। आग बुझाने की कोशिश की जा रही है।

 

 

और भी

कर्नाटक विधानसभा उपाध्यक्ष आनंद ममानी का निधन

 बेंगलुरु (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भाजपा विधायक और कर्नाटक विधानसभा के उपाध्यक्ष आनंद ममानी का गंभीर बीमारी के बाद एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। वह 56 वर्ष के थे। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने अस्पताल का दौरा किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।


बोम्मई ने ट्वीट किया, 'हमारी पार्टी के विधायक और राज्य विधानसभा के उपाध्यक्ष आनंद चंद्रशेखर ममानी के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें और भगवान उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें। ओम शांति।'

आनंद ममानी के पिता चंद्रशेखर एम ममानी ने भी 1990 के दशक में डिप्टी स्पीकर के रूप में काम किया था।

 


 
और भी

जब राज्यपाल ने कानून मंत्री को पढ़ाया संविधान का पाठ... जानें मंत्री ने ऐसा क्या कह दिया...

 

तिरुवनंतपुरम (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केरल में राज्य सरकार और राज्यपाल के बीच जुबानी जंग लगातार जारी है। ताजा मामला है कानून मंत्री पी राजीव का जिन्होंने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को चेतावनी देते हुए उनकी कार्रवाई की समीक्षा करने की धमकी दे दी है। वहीं अब कानून मंत्री के इस बयान पर राज्यपाल भी भड़क गए हैं। राज्यपाल ने कहा कि कानून मंत्री कहते हैं, वह मेरी कार्रवाई की समीक्षा करने जा रहे हैं। राज्यपाल के रूप में, मैं यहां उनके कार्यों की समीक्षा करने के लिए हूं। वे मेरे द्वारा नियुक्त हैं। इसका मतलब है कि वह संविधान के प्रावधानों से परिचित नहीं है। उन्होंने कहा कि केरल में मेधावी लोग बाहर चले गए हैं और इस तरह से अज्ञानी शासन कर रहे हैं।

एक किताब के अनावरण के मौके पर आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि केरल भी ड्रग कैपिटल बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब केरल, पंजाब की जगह पर ड्रग कैपिटल बन रहा है क्योंकि राज्य सरकार शराब की बिक्री को बढ़ावा दे रही है। राज्य सरकार ने  तय कर लिया है कि लॉटरी और शराब ही हमारे विकास के लिए काफी है। यह उस राज्य के लिए कितना शर्मनाक है जहां साक्षरता दर 100 प्रतिशत है। मुझे शर्म आती है कि हमारे राज्य की आय का स्रोत शराब और लॉटरी है।

केरल के कानून मंत्री ने दी थी धमकी
केरल के कानून और उद्योग मंत्री पी राजीव ने गुरुवार को राज्य के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के केरल विश्वविद्यालय के 15 सदस्यों को बर्खास्त करने के आदेश पर प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि वह जांच करेंगे कि पारित आदेश प्रक्रियात्मक था या नहीं। केरल के कानून मंत्री पी राजीव ने कहा यहां सब कुछ कानूनी होना चाहिए, मैं जांच करूंगा कि आदेश किसी प्रक्रिया पर आधारित था या नहीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय एक स्वायत्त संस्थान है। यहां सब कुछ कानूनी होना चाहिए।
और भी

भूपेश-गहलोत समेत इन 40 नेताओं को मिली हिमाचल विस चुनाव की जिम्मेदारी...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट शनिवार को जारी कर दी है। इस लिस्ट के जारी होने के बाद जल्द ही निवर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल गांधी, पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा समेत 40 नेता हिमाचल में चुनावी सभाएं करते नजर आएंगे।


हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, आनंद शर्मा, मुकुल वासनिक, राजीव शुक्ला, भूपिंद्र सिंह हुड्डा, हरीश रावत, प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंदर सिंह सुक्खु, रणदीप सिंह सुरजेवाला, विप्लव ठाकुर, सचिन पायलट, राज बब्बर, दीपेंद्र हुड्डा, पवन खेड़ा, धनी राम शांडिल, प्रताप सिंह बाजवा, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सुप्रिया श्रीनेत, आशा कुमारी, संजय दत्त, तजिंद्र पाल सिंह बिट्टु, गुरकीरत सिंह कोहली, कौल सिंह ठाकुर, रामलाल ठाकुर, राजेंद्र राणा, विक्रमादित्य सिंह, चंद्र कुमार, श्रीनिवास बीवी, विनय कुमार, डीवीएस राणा, अमरिंदर सिंह बराड़, अलका लांबा, राजेश लीलोथिया और आचार्य प्रमोद कृष्णम सहित 40 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया है।

 

 

और भी

खेत में प्रेमी-प्रेमिका का शव मिला, इलाके में हड़कंप

 मध्यप्रदेश (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अनूपपुर जिले में शनिवार की सुबह एक खेत में प्रेमी-प्रेमिका का शव मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। युवक-युवती दूर के रिश्ते में चाचा भतीजे लगते थे। दोनों 17 सोमवार  से लापता थे, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम वेंकटनगर का है। जहां 15 वर्षीय किशोरी और पड़ोस में फूफा के घर रहने आया युवक के बीच प्रेम प्रसंग हो गया।

दोनों 17 सोमवार की रात घर से निकल गए थे। परिजनों ने वेंकटनगर चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर कराई थी। जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई थी। वहीं 5 दिन बाद गांव के ही राकेश सोनी के खेत मे संदिग्ध अवस्था में दोनों का शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने आत्महत्या की है या फिर इनकी हत्या कर दी गई है। फिलहाल पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा।

 

 

और भी

बिग-बी के पैर की नस कटी, आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बॉलीवुड के बिग-बी अमिताभ बच्चन के साथ बीते रविवार एक अनहोनी हो गई है। बताया जा रहा है कि 'कौन बनेगा करोड़पति 'की शूटिंग के दौरान उनके पैर की नस कट गई। अमिताभ को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। जहां उनके पैर से बहते खून को रोकने के लिए टांके लगाए गए हैं। 

खून का बहाव तेज था, जिसे रोकने के लिए डॉक्टर्स को उनके पैर में टांके लगाने पड़े. डॉक्टर्स ने उन्हें फिलहाल आराम करने की सलाह दी है। अमिताभ को पैरों पर जोर देने या चलने से भी मना किया गया है। यहां तक कि उन्हें ट्रेडमिल पर भी वॉक करने की इजाजत नहीं है। इस बात की जानकारी अमिताभ ने खुद अपने ऑफिशियल ब्लॉग पर दी है। हाल ही में अमिताभ ने अपना 80वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया था। उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा- भगवान मेरी मदद करो, मैं बाहर नहीं निकल सकता।

 

 

और भी

अयोध्या के दीपोत्सव में आठ देशों के कलाकार करेंगे रामलीला का मंचन

 अयोध्‍या (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दीपोत्सव से श्रीराम के लंका विजय की स्मृति के साथ रामनगरी और रामकथा की वैश्विकता भी परिभाषित होगी। इसकी शुरुआत दीपोत्सव के प्रथम संस्करण 2017 से ही हो गई थी, जब रामकथा पार्क में राम राज्याभिषेक का मंचन किए जाने के बाद इंडोनेशिया एवं श्रीलंका के कलाकारों ने रामकथा के विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया। इसके बाद से दीपोत्सव के प्रत्येक संस्करण में लीला की प्रस्तुति के माध्यम से रामकथा की वैश्विक व्याप्ति परिलक्षित होने का चलन चल पड़ा।


दूसरे दीपोत्सव में ट्रिनिडाड एंड टोबैगो, रूस, श्रीलंका, लाओस, इंडोनेशिया एवं कंबोडिया के रूप में छह देशों की मंडली ने, तीसरे दीपोत्सव में नेपाल, श्रीलंका, इंडोनेशिया एवं फिलीपींस, चौथे दीपोत्सव में ट्रिनिडाड एंड टोबैगो, थाईलैंड, श्रीलंका, फिजी एवं नेपाल की मंडली ने तथा पांचवें दीपोत्सव में श्रीलंका एवं नेपाल की मंडली ने रामलीला की प्रस्तुति दी।

 
 



प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति से चरम का स्पर्श करने को आतुर दीपोत्सव का छठवां संस्करण आठ देशों की रामलीला के मंचन का साक्षी बनेगा। ये देश हैं, इंडोनेशिया, श्रीलंका, मलेशिया, थाईलैंड, रूस, फिजी, ट्रिनिडाड एंड टोबैगो तथा नेपाल। प्रत्येक देश की रामलीला मंडली में 12 से 18 कलाकार शामिल होंगे। रामलीला के साथ रामनगरी की वैश्विक विरासत रानी हो के स्मारक से भी प्रशस्त होगी।

 

 

 
और भी

पीएम मोदी के निमंत्रण पर अगले महीने भारत आएंगे सऊदी पीएम मोहम्मद बिन सलमान

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सऊदी अरब के प्रधानमंत्री और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के अगले महीने भारत आने की उम्मीद है। सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि सऊदी क्राउन प्रिंस के 14 नवंबर को बाली (इंडोनेशिया) में जी20 शिखर सम्मेलन के लिए जाने के दौरान भारत का दौरा करने की संभावना है।


मोहम्म बिन सलमान ने कहा है कि वह मोदी के निमंत्रण पर भारत आ रहे हैं। यह एक दिन का दौरा होगा। इससे पहले, सऊदी ऊर्जा मंत्री अब्दुल अजीज बिन सलमान ने पिछले सप्ताह भारत का दौरा किया था, जो ओपेक + द्वारा तेल उत्पादन में कटौती का निर्णय लेने के साथ मेल खाता था।

 
 



बता दें, सऊदी शासक किंग सलमान बिन अब्दुल अजीज ने पिछले महीने 27 सितंबर को एक शाही फरमान जारी करते हुए क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान को प्रधानमंत्री पद पर नियुक्त किया है। वहीं, उन्होंने अपने दूसरे बेटे प्रिंस खालिद को रक्षा मंत्री और तीसरे बेटे प्रिंस अब्दुल अजीज बिन सलमान को ऊर्जा मंत्री बनाया है।

 



विदेश मंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद, वित्त मंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे मोहम्मद अल-जादान और निवेश मंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे खालिद अल-फलीह का पद बरकरार रखा गया है। वह पूर्व की भांति अपना दायित्व निभाते रहेंगे।

 



बता दें, मोहम्मद बिन सलमान को ही सऊदी अरब का वास्तविक शासक माना जाता है। वे अभी तक रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके छोटे भाई प्रिंस खालिद बिन सलमान उप रक्षा मंत्री के रूप में काम कर रहे थे।

 

 

 
और भी

बेपटरी हुई मालगाड़ी, वंदे भारत एक्सप्रेस समेत 12 ट्रेनें लेट...

 फतेहपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)।उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हसवा थाना क्षेत्र में प्रयागराज की तरफ जा रही मालगाड़ी सुबह 10:27 मिनट पर दुर्घटना का शिकार हो गई। इसमें 25 डिब्बे पूरी तरह क्षति ग्रस्त हो गए। मौके पर थरियांव और असोथर के थानाध्यक्ष मौके पर पंहुचे।

मिली जानकारी के अनुसार, रमवां स्टेशन पर 936/4ए पर मालगाडी के डिब्बे एक दूसरे पर चढ़ गए। मौके पर एक भी कोच के पहिए सही सलामत नहीं रहे। सभी कोचों के पहिया अलग होकर इधर-उधर पडे़ रहे। लोगों ने बताया कि छठवीं बोगी के पहिए हिल रहे थे। अभी रेलवेकर्मी उसी को वजह मान रहे है, क्योंकि मौके पर रेलवे पटरी पूरी तरह ठीक पाई गई। मौके पर रेलवे से जीआरपी के एएसआई शिवराम ने बताया कि अभी अधिकारी रास्ते में है। फिलहाल रेलवे की तरफ अभी कोई भी कदम नहीं उठाए गए हैं।

और भी

प्रभु राम के आशीर्वाद से आज हम अयोध्या की अलौकिकता के साक्षी बन रहे हैं : नरेंद्र मोदी

 अयोध्या (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। साकेत महाविद्यालय के ग्राउंड पर बने हेलिपैड पर उनका स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन, सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ अयोध्या के सांसद लल्लू सिंह व अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता सहित अन्य भाजपा नेताओं व अधिकारियों ने किया।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहाँ से राम जन्म भूमि गए। वहां हो रहे कार्यों का अवलोकन लिया। यहाँ राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, चंपत राय भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीरामलला विराजमान में दर्शन पूजन के बाद सीधा निर्माणाधीन श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का रुख किया। उन्होंने राम मंदिर निर्माण स्थल का अवलोकन किया। उनके साथ राममंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र के साथ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय भी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामलला का दर्शन पूजन किया।आरती उतारी। दीप जलाए। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी रामलला की पूजा अर्चना की। पीएम मोदी ने रामलला की परिक्रमा की। जेब से निकालकर दानपात्र में दान डाला। प्रधानमंत्री ने सबसे पहले मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के चरणों में हाजिरी लगाई। रामलला की परिक्रमा कर प्रधानमंत्री ने सुखी व सशक्त राष्ट्र की कामना की।


दीपोत्‍सव के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में भगवान श्रीराम का अभिषेक किया और जय स‍ियाराम जय जय श्रीराम के नारे के साथ भाषण का शुभारंंभ क‍िया। पीएम मोदी ने कहा क‍ि श्रीरामलला के दर्शन और उसके बाद राजा राम का अभिषेक, ये सौभाग्य रामजी की कृपा से ही मिलता है। मुझे खुशी है कि आज देश-विदेश में अयोध्या के इस भव्य आयोजन का प्रसारण हो रहा है। मैं आप सबको बधाई देता हूं।

पीएम मोदी ने कहा क‍ि भगवान श्रीराम का जीवन बताता है कि हमारे अधिकार हमारे कर्तव्य से स्वयं सिद्ध हो जाते हैं। श्रीराम ने अपने जीवन में कर्तव्यों को सर्वाधिक जोर दिया। उन्होंने वन में रहकर साधुओं की संगत की।

पीएम मोदी ने कहा कि एक समय वो भी था जब हमारे ही देश में श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए जाते थे। इसका नतीजा यह हुआ कि हमारे देश के धार्मिक स्थलों का विकास पीछे छूट गया। पिछले आठ साल में हमने धार्मिक स्थानों के विकास के काम को आगे रखा है। हमने भारत के तीर्थों के विकास की एक समग्र सोच को सामने रखा है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या नगरी भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण के स्वर्णिम अध्याय का प्रतिबिंब है। हमने त्रेता की उस अयोध्या के दर्शन नहीं किए लेकिन प्रभु राम के आशीर्वाद से आज अमृत काल में अमर अयोध्या की अलोकिकता के साक्षी बन रहे हैं।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राम नगरी अयोध्या के दौरे पर जाने के लिए लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमौसी पर उतरे। यहां से हेलीकाप्टर के बेड़े के साथ रामनगरी अयोध्या के लिए प्रस्थान किया। एयरपोर्ट पर लखनऊ की मेयर संयुक्ता भाटिया तथा विधायक जया देवी कौशल ने उनका स्वागत किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगवानी के लिए भगवान राम की नगरी अयोध्या तैयार है। यहां पर आज दीपोत्सव पर करीब 15 लाख दीपक जलाए जाएंगे। पीएम नरेन्द्र मोदी इस बार दीपोत्सव को यादगार बनाएंगे। महापौर संयुक्ता भाटिया ने लखनऊ में उनका स्वागत किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रामनगरी अयोध्या में भगवान श्रीराम विराजमान का दर्शन करने करीब 14 महीने बाद पहुंचे हैं। भगवान श्रीराम 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे तो वहां पर उत्सव का माहौल था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रामनगरी में पांच अगस्त 2021 को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिलान्यास के बाद करीब 14 महीने के अंतराल पर रविवार को अयोध्या आ रहे तो भी महान उत्सव जैसा माहोल है।

दुल्हन की तरह सजी अयोध्या
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार यानी आज दीपावाली की पूर्व संध्या पर रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर पहुंचेंगे। राजा राम की नगरी अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है। इसकी खूबसूरती देखते ही बन रही है।

बड़े उत्सव जैसा माहौल
अयोध्या में पीएम नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर बड़े उत्सव जैसा माहौल है। यहां पर जगह-जगह मंगल गीत गाए जा रहे हैं। रामनगरी में पवित्र मोक्षदायिनी सरयू नदी के तट को दीयों से सजा दिया है। आज यहां पर करीब 15 लाख दीपक जलेंगे, इनमें 51 हजार दीपक तो गाय के गोबर से बनाए गए हैं। इनको गाय के घी से ही जलाया जाएगा। इनमें 11 हजार दीपक श्रीराम के निर्माणाधीन मंदिर और 11 हजार दीपक श्रीराम लला विराजमान के मंदिर में जलाए जाएंगे।
और भी

हिमाचल विस चुनाव : भाजपा ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, मोदी-योगी समेत ये हैं शामिल...

 देहरादून (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हिमाचल प्रदेश में चुनाव तारीखों का ऐलान होने के साथ ही प्रचार भी जोर पकड़ चुका है। 'मिशन रिपीट' की तैयारियों में जुटी बीजेपी ने उम्मीदवारों के ऐलान के बाद स्टार कैंपेनर की लिस्ट भी जारी कर दी। चुनाव के लिए भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, स्मृति इरानी,ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित 40 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया है। इसमे मनोज तिवारी, संबित पात्रा और दुष्यंत कुमार गौतम भी शामिल हैं। भाजपा हाईकमान ने शुक्रवार के पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है।


इस सूची के अनुसार केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, बीएल संतोष, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, पूर्व मुख्यमंत्री  प्रेम कुमार धूमल, पूर्व मुख्य मंत्री शांता कुमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, बीके सिंह, हरदीप पुरी, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, पुष्कर सिंह धामी, सौदान सिंह, अविनाश राय खन्ना, मंगल पांडेय, तेजस्वी सूर्या, वनीत श्रीनिवासन, देवेंद्र सिंह राणा, संजय टंडन, किश्न कपूर, इंदु गोस्वामी, सिकंदर कुमार, पवन राणा, महेंद्र सिंह ठाकुर, राजीव बिंदल, रश्मिधर सूद, हर्ष महाजन, पवन काजल और सरदार संदीप सिंह को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है।  

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा के चुनाव होंगे जबकि नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे।

 

 

और भी

भारत जोड़ो यात्रा दिन 45 : राहुल ने रायचूर के येरागेरा गांव से शुरू की पदयात्रा

 रायचूर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत जोड़ो यात्रा का आज 45वां दिन है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कर्नाटक के रायचूर जिले के रायचुर के येरागेरा गांव से पदयात्रा की शुरुआत की। इस दौरान पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद हैं। भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत 7 सितंबर को कन्याकुमारी से हुई। यह यात्रा कुल 3570 किमी लंबी दूरी तय करेगी। अभी यात्रा में 2355 किमी की और दूरी तय करनी है।


भारत जोड़ो यात्रा में दीवाली के मौके पर 24 से 26 अक्टूबर तक विश्राम रहेगा। यात्रा की शुरुआत 27 अक्टूबर को तेलंगाना से होगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। जयराम रमेश ने बताया कि दीवाली को देखते हुए यात्रा 24 और 25 अक्टूबर को नहीं होगी, जबकि 26 अक्टूबर को कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अपना कार्यभार संभालेंगे। इस मौके पर पार्टी मुख्यालय पर खास समारोह का आयोजन किया गया है। माना जा रहा है कि इसमें राहुल गांधी भी शामिल हो सकते हैं।

राहुल गांधी ने कर्नाटक सरकार पर साधा निशाना
इससे पहले, राहुल गांधी ने कर्नाटक सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 'खाने नहीं दूंगा' सिर्फ़ भुखमरी से त्रस्त जनता के लिए है। कर्नाटक की भाजपा सरकार को तो ‘40% कमीशन’ खाने की पूरी छूट है। प्रधानमंत्री अब कहीं ये न कह दें- भ्रष्टाचार नहीं बढ़ रहा, डबल इंजन को ईंधन कम पड़ रहा!

 

 

और भी

ट्रेलर से टकराई यात्री बस : 15 की मौत, 40 घायल, मुख्यमंत्री ने जताया शोक...

 रीवा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मध्य प्रदेश के रीवा में बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार रात एक यात्री बस ट्रेलर से टकरा गई। इस दुर्घटना में बस सवार 15 लोगों की मौत हो गई, वहीं 40 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। बस हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी। बस में सभी श्रमिक सवार थे, जो दीपावली की छुट्टी मनाने अपने घर जा रहे थे। इस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री चौहान ने शोक व्यक्त किया है।

यह हादसा मध्य प्रदेश के रीवा के पास नेशनल हाईवे-30 पर। इसमें 15 लोगों की मौत हुई है। 40 लोग घायल हुए हैं। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को यूपी पासिंग बस हैदाराबाद से गोरखपुर जा रही थी। तभी रात करीब 11.30 बजे  बस ट्रॉले से टकरा गई। प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि आगे चल रहे ट्रेलर ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रही सीधे ट्रॉले में जा घुसी। बस में सभी श्रमिक सवार थे, जो दीपावली मनाने अपने घर जा रहे थे। हादस में 40 के करीब लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, 15 लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद कुछ लोग कैबिन में फंस गए थे, जिनको काफी मशक्कत के बाद निकाला गया।

रीवा पुलिस अक्षीक्षक नवनीत भसीन ने कहा है कि 15 लोगों की मौत हुई है। सभी लोग उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं। बस हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी। रीवा के सुहागी पहाड़ी के पास हादसा हुआ है। 40 घायलों में से 20 को प्रयागराज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बस में सवार थे 80 से अधिक यात्री
बताया जा रहा है कि बस में 80 से अधिक यात्री सवार थे। दरअसल बस जैसे ही सोहागी पहाड़ के समीप पहुंची तभी बस के आगे जा रहे ट्रक की किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। इस दौरान अनियंत्रित होकर बस भी ट्रक के पीछे से भिड़ गई और पलट गई। जिस वाहन की ट्रक से भिड़ंत हुई थी, उसका ड्राइवर गाड़ी लेकर मौके से लापता है। घटना के बाद से पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

रीवा कलेक्टर मनोज पुष्म ने कहा है कि ऐसा लगता है कि सामने वाले ट्रक से ट्रॉली ट्रक का एक्सीडेंट हो गया था और जब चालक ने ब्रेक लगाया तो पीछे से बस ने टक्कर मार दी। पुलिस-प्रशासन और स्थानीय लोग यहां हैं। बचाव कार्य किए गए। घायलों को अस्पताल भेजा गया। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने रीवा बस-ट्रॉली ट्रक की टक्कर में मारे गए लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर रात रीवा जिले  में हुए सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रातः उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर चर्चा की और उन्हें इस हादसे से अवगत कराया। मुख्यमंत्री चौहान ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताया कि देर रात यह सड़क हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही रीवा जिले के कलेक्टर एसपी सहित बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जिला प्रशासन ने पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन किया। हादसे में जिन यात्रियों की मृत्यु हुई है उनके पार्थिव शरीर अभी त्योथर में रखे हुए हैं। मध्यप्रदेश शासन द्वारा उन्हें ससम्मान प्रयागराज पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही जो व्यक्ति जो सुरक्षित हैं या कम घायल है उन्हें फर्स्ट एड दे करके रात को ही दो बसों के माध्यम से प्रयागराज पहुंचाया गया है। ऐसे यात्री जो गंभीर रूप से घायल हैं उनका इलाज रीवा मेडिकल कॉलेज में निशुल्क किया जा रहा है। रीवा जिला प्रशासन इलाज सहित घायलों एवं मृतकों के परिवाजनों के लिए समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कर रहा है।

और भी

प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे रोजगार मेला का शुभारंभ

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नियुक्ति अभियान को लांच करने के साथ ही देश भर में 50 केंद्रीय मंत्री करीब 20 हजार लोगों को नियुक्ति पत्र देंगे। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि रोजगार मेला के तहत विभिन्न प्रकार के लोगों को सरकारी नौकरियां मिलेंगीं। विभिन्न सरकारी नौकरियों के लिए चयनित लोगों में से कुछ को शनिवार को ही नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे। जो लोग आयोजन स्थल पर उपस्थित नहीं होंगें, उन्हें डाक या ई-मेल के जरिये भी नियुक्ति पत्र भेजे जाने की व्यवस्था की गई है।

बता दें कि 50 केंद्रीय मंत्री केंद्र सरकार में नौकरी के लिए चयनित 19,692 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। शनिवार के लिए जारी सूची के अनुसार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नियुक्ति पत्र देने के लिए जयपुर में होंगे। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधियां भोपाल में, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर चंडीगढ़ में होंगे। सामाजिक न्याय और सशक्तीकरण मंत्री वीरेंद्र कुमार इंदौर, वाणिज्य मंत्री पियूष गोयल मुंबई, जहाजरानी व जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल गुवाहाटी, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भुवनेश्वर, पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी पटियाला और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण चेन्नई में होंगी।

इसके अलावा, दिल्ली में केंद्रीय कार्मिक मंत्री जितेंद्र सिंह दिल्ली में नियुक्ति पत्रों का वितरण कर रहे होंगे। मालूम हो कि प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को रोजगार मेला लांच कर रहे हैं। इसके तहत दस लाख लोगों को रोजगार दिया जाना है। पीएम मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये एक समारोह में 75 हजार उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। बता दें कि पीएम ने इस अभियान के तहत दिसंबर 2023 तक 10 लाख नौकरी देने का ऐलान किया था।

विभिन्न मंत्रालयों में होगी नियुक्ति
जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी शनिवार को जिन चयनित 75 हजार पुरुष एवं महिला उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र देंगे, वह अलग-अलग मंत्रालय और विभागों में कार्यरत होंगे। इनमें रक्षा मंत्रालय, रेल मंत्रालय, श्रम व रोजगार मंत्रालय, डाक विभाग, गृह मंत्रालय, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI), कस्टम, बैंकिंग आदि में रोजगार शामिल होगा।

एमपी में चार लाख से ज्यादा लोगों को मिलेंगे घर
आज धनतेरस के अवसर पर, पीएम नरेन्द्र मोदी मध्य प्रदेश में PMAY-G के तहत 4.5 लाख से अधिक लाभार्थियों के 'गृह प्रवेश' में भाग लेंगे। मप्र में इस योजना के तहत 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 29 लाख घरों का निर्माण किया जा चुका है।

और भी

30 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों को उभरती प्रौद्योगिकी में प्रशिक्षित किया जाएगा : जितेन्द्र सिंह

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देशभर के तीस लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों को अत्याधुनिक प्रौद्यौगिकी का इस्तेमाल करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्यमंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने नई दिल्ली में भारतीय लोक प्रशासन संस्थान में इसकी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि प्रभावी प्रशासन और सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमता, मशीन लर्निंग और ब्लॉकचेन का इस्तेमाल किया जाएगा। सरकारी कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंट्स और मशीन लर्निंग का उल्लेख करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि ये प्रौद्योगिकी वस्तु और सेवाकर तथा आयकर के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

उऩ्होंने कहा कि ब्लॉकचेन तकनीकी दस्तावेज और रिकार्ड सुरक्षित रखने में काफी सहायक है।

 

 

और भी