खेल - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

खेल

T20 Rankings: 1155 दिन बाद बाबर आजम की छिनी बादशाहत, दुनिया को मिला नया No-1 बल्लेबाज

 

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने टी20 की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। लंबे समय से दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज की कुर्सी पर बैठे पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम से अब उनकी बादशाहत छीन गई है। बाबर की कुर्सी और किसी ने नहीं बल्कि उन्हीं के साथी खिलाड़ी विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने छिनी है। रिजवान अब दुनिया के नए नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बन गए हैं। उनके 815 रेटिंग प्वॉइंट्स है, जबकि बाबर पहले स्थान से खिसककर (794 प्वॉइंट्स) के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

रिजवान को मिला मेहनत का फल
टी20 क्रिकेट में मो. रिजवान का बल्ला लगातार रनों की बारिश कर रहा है। पिछले साल भी वो इस फॉर्मेेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे और इस साल भी 4 मैचों में 71.67 की शानदार औसत से कुल 215 रन बना चुके हैं। मौजूदा एशिया कप टी20 टूर्नामेंट में भी रिजवान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी है। 3 मैचों में वह 96 की बेहतरीन औसत से कुल 192 रन बना चुके हैं। हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ उन्होंने 57 गेंदों पर नाबाद 78 और भारत के खिलाफ 51 गेंदों पर 71 रन बनाए थे।

लंबे समय तक रहा बाबर का जलवा
बाबर आजम पूरे 1155 दिन दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज रहे। उनसे पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के ही पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक के नाम पर दर्ज था। मिस्बाह 20 अप्रैल 2008 से 27 फरवरी 2009 तक 313 दिनों के लिए टॉप पर थे। बाबर का बल्ला एशिया कप में पूरी तरह से खामोश नजर आया है। अभी तक खेले 3 मैचों में पाक कैप्टन ने 11 की साधारण औसत से कुल 33 रन बनाए हैं। भारत के खिलाफ पहले मैच में वो (10) और दूसरे मैच में 14 रन बनाकर आउट हुए थे, जबकि हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ भी उनके बल्ले से 9 रन ही देखने को मिले थे।

सूर्या को हुआ नुकसान
रैंकिंग में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को एक स्थान का नुकसान हुआ है। अब वह (775 प्वॉइंट्स) के साथ तीसरे से चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। तीसरे नंबर पर अब साउथ अफ्रीकी एडेन मार्करम (792 प्वॉइंट्स) का नाम आता है। श्रीलंका के खिलाफ 72 रन बनाने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी तीन स्थान के फायदे के साथ 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली फिलहाल 29वें पायदान पर है।
और भी

'खिलाड़ियों के पोजिशन पर भारी कंफ्यूजन, दीपक हुडा फिनिशर नहीं', भारतीय दिग्गज ने गिनाई टीम की कमियां


नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। एशिया कप में भारतीय टीम को मिली करारी हार का दर्द फैंस भुला नहीं पा रहे हैं। एशिया कप जीतने की सबसे बड़ी दावेदार मानी जा रही भारत को पहले पाकिस्तान और फिर श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद भारत के साथ-साथ दुनियाभर के क्रिकेट एक्सपर्ट टीम की कमियां गिनाने में जुट गए हैं। इस लिस्ट में अब रॉबिन उथप्पा का नाम भी शामिल हो गया है।

हार के बाद रॉबिन उथप्पा ने गिनाई कमी
पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने टीम की हार के लिए बल्लेबाजी क्रम में लगातार होने वाले बदलाव को जिम्मेदार ठहराया है। क्रिकइंफो पर बातचीत के दौरान उथप्पा ने बताया कि टीम को खिलाड़ियों को उनकी पोजिशन बतानी होगी और लगातार उन्हें वहां खेलने का मौका देना होगा। भारत ने पिछले मुकाबलों में खिलाड़ियों के पोजिशन के साथ छेड़छाड़ किया और रिजल्ट टीम के पक्ष में नहीं रहा।

दीपक हुड्डा कोई फिनिशर नहीं है
रॉबिन उथप्पा के मुताबिक पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ दीपक हुड्डा को जो रोल टीम में दिया गया, वो सही नहीं था। दीपक हुड्डा कोई फिनिशर नहीं है जो अंत के ओवरों में आकर तेजी से रन बनाने का काम कर सकें। आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए उन्होंने लंबे समय तक नंर तीन पर रहते हुए स्कोर किया था। भारत के लिए आयरलैंड के खिलाफ टॉप ऑर्डर में आकर शतक लगाया था।

ग्रुप स्टेज में रहा था शानदार प्रदर्शन
भारत ने ग्रुप स्टेज में दोनों मुकाबले जीते थे, लेकिन सुपर -4 में वह पूरी तरह फेल रही है। पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ हार झेलने के बाद वह अब एशिया कप से बाहर होने के कगार पर आ पहुंची है। टीम को बस अपना अंतिम मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ 8 सितंबर गुरुवार को खेलना है। लेकिन बुधवार को अगर पाकिस्तान की टीम अफगानिस्तान को हरा देती है तो भारत के लिए यह मैच महज औपचारिकता भर रह जाएगी।

इस तरह फाइनल में पहुंच सकता है भारत
भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए अफगानिस्तान को बड़े अंतर से हराना होगा। इसके साथ ही यह दुआ करनी होगी कि श्रीलंका और अफगानिस्तान भी पाकिस्तान को हरा दें। ऐसे में श्रीलंका सुपर-4 में अपने तीनों मैच जीतकर फाइनल में पहुंचेगी और भारत बेहतर नेट रन रेट के साथ फाइनल की टिकट पा सकेगी। लेकिन इतने सारे संयोग एक साथ होना लगभग नामुमकिन सा लग रहा है।
और भी

राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मंत्री भेंडिया 8 सितम्बर को करेंगी शुभारंभ

 बालोद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महिला व बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया 8 सितम्बर को 22वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2022-23 का शुभारंभ करेंगी। जिला प्रशासन व स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय बालोद स्थित सरदार पटेल मैदान में कल 08 सितम्बर को 11 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजारी-बालोद विधायक  संगीता सिन्हा, विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत की अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरा, नगर पालिका परिषद बालोद के अध्यक्ष विकास चोपड़ा, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मिथिलेश निरोटी और जनपद पंचायत बालोद की अध्यक्ष  प्रेमलता साहू उपस्थित रहेंगे।

इसी प्रकार कार्यक्रम का समापन 11 सितम्बर को सुबह 10 बजे संसदीय सचिव व गुण्डरदेही विधायक  कुंवर सिंह निषाद करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा, विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत की अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरा, नगर पालिका परिषद बालोद के अध्यक्ष विकास चोपड़ा, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मिथिलेश निरोटी और जनपद पंचायत बालोद की अध्यक्ष प्रेमलता साहू उपस्थित रहेंगे।

 
और भी

IND vs SL: कार्तिक की जगह हुड्डा को मिला मौका तो फैंस ने पकड़ लिया माथा, कहा- बेइज्जती पक्की है...

 

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। एशिया कप में भारतीय टीम अपनी इज्जत बचाने के लिए श्रीलंका के खिलाफ मैच जीतने की कोशिश करेगी। लेकिन टीम के चयन ने एक बार फिर फैंस के दिलों में हजारों सवाल खड़े कर दिए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का मौजूदा फॉर्म देखते हुए टीम से उन्हें बाहर किए जाने से फैंस बेहज नाराज है। वह लगातार कप्तान और टीम मैनजमेट के इस फैसले की आलोचना कर रहे हैं।

फ्लॉप रहे दीपक हुड्डा
पाकिस्तान के बाद श्रीलंका के खिलाफ भी भारतीय टीम ने दीपक हुड्डा को प्लेइंग इलेवन में बनाए ऱखा। पाकिस्तान के खिलाफ बल्ले से नाकाम रहे हुड्डा श्रीलंका के खिलाफ भी बेदम नजर आए। दीपक हुड्डा ने महज 3 रन बनाए। दिनेश कार्तिक की जगह दीपक हुड्डा को टीम में देखकर फैंस काफी गुस्से में दिखाई पड़ रहे हैं। वह लगातार कप्तान के इस फैसले पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

शानदार फॉर्म में चल रहे हैं कार्तिक
पिछले कुछ समय से दिनेश कार्तिक लगातार टीम के लिए फिनिशर का काम कर रहे हैं। आईपीएल में आरसीबी के लिए दमदार प्रदर्शन के बाद उन्हें टीम इंडिया में मौका दिया गया। कार्तिक को टीम में फिनिशर के रोल के लिए ही लाया गया था, लेकिन एशिया कप के शुरुआती दो मुकाबलों के बाद उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। दिनेश कार्तिक का समर्थन कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ी भी कर चुके हैं।

हुड्डा सहित इन खिलाड़ियों को मिला मौका

भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, हार्दिक पांड्या, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।

श्रीलंका: पथुम निसानका, कुसल मेंडिस, चरित असलंका, दनुष्का गुणथिलका, दासुन शनाका (कप्तान), भानुका राजपक्षे, वनिन्दु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, महेश तीक्षाना, असिथा फर्नांडो, दिलशान मधुशंका।
और भी

रैना ने किया क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का एलान कर दिया है। अब रैना आईपीएल और घरेलू क्रिकेट खेलते हुए भी नहीं दिखेंगे। रैना ने 15 अगस्त 2020 को महेंद्र सिंह धोनी के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था। इसके बाद आईपीएल में उनका प्रदर्शन बहुत ही निराशाजनक रहा था। इसी वजह से आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। अब रैना ने आईपीएल और घरेलू क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है। सुरेश रैना आईपीएल के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक हैं और उन्हें मिस्टर आईपीएल भी कहा जाता था। हालांकि, बाद में उनका फॉर्म खराब हुआ और इस टूर्नामेंट में भी रैना संघर्ष करते नजर आए।


सुरेश रैना ने सोशल मीडिया पर अपने संन्यास की जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा "मेरे देश और मेरे राज्य उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात रही। मैं क्रिकेट के सभी प्रारूपों से अपने संन्यास का एलान करना चाहूंगा। मैं बीसीसीआई, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन चेन्नई सुपर किंग्स, राजीव शुक्ला सर और अपने सभी फैंस को धन्यवाद कहना चाहूंगा।"
 


सुरेश रैना ने अपने पसंदीदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था। इसके पीछे रैना ने कई कारण बताए थे। उन्होंने एक मीडिया संस्थान से बात करते हुए कहा था- हमने पहले ही 15 अगस्त के दिन रिटायर होने का प्लान बनाया था। धोनी की जर्सी का नंबर 7 है और मेरी 3 है। इसे मिलाकर 73 बनाते हैं। 15 अगस्त, 2020 को भारत ने आजादी के 73 साल पूरे किए। इसलिए इससे बेहतर दिन नहीं हो सकता था।

रैना ने कहा था- धोनी ने अपने करियर की शुरुआत 23 दिसंबर (2004) को बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव में की थी, जबकि मैंने अपना डेब्यू 30 जुलाई (2005) को श्रीलंका के खिलाफ किया था। हम दोनों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगभग एक साथ शुरुआत की, सीएसके में साथ रहे और इसलिए अब हम एक साथ रिटायर हुए।

भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज

रैना ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 18 टेस्ट, 226 वनडे और 78 टी-20 मुकाबले खेले। टेस्ट में रैना के नाम एक शतक के साथ 768 रन हैं। 226 वनडे मैचों में रैना ने पांच शतक की मदद से 5615 रन बनाए। वहीं, 78 टी-20 मुकाबलों में रैना ने भारत के लिए 1604 रन बनाए। इसमें एक शतक भी शामिल है। रैना तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए शतक लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों में से हैं।

आईपीएल में रैना के नाम दर्ज हैं कई रिकॉर्ड

सुरेश रैना के नाम आईपीएल में कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। उन्होंने प्लेऑफ में सबसे ज्यादा रन (714) प्लेऑफ और फाइनल मैच को मिलाकर सबसे ज्यादा छक्के (40) सबसे ज्यादा चौके (51) सबसे ज्यादा अर्धशतक (7) सबसे तेज अर्धशतक (16 गेंद) और पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर  (87 रन) भी बनाया है। वे एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने आईपीएल के फाइनल, क्वालीफायर और एलिमिनेटर मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता है।
और भी

पाकिस्तानी खिलाड़ी ने TV चैनल पर बनाया अश्विन का मजाक, कहा- अफरीदी के दो छक्कों का आज तक है खौफ

 

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में 10 विकेट से शिकस्त देने के बाद पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत को पटखनी दी है। एशिया कप 2022 के सुपरफोर मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को पांच विकेट से हरा दिया। इस जीत के बाद पाकिस्तानी मीडिया लगातार भारतीय खिलाड़ियों पर निशाने साध रहा है। भारत के सबसे अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को अब तक एशिया कप में खेलने का मौका नहीं मिला।

हफीज से पूछा गया अश्विन को लेकर सवाल
पाकिस्तानी चैनल पर बात करते हुए पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज ने आर अश्विन को लेकर पुरानी बातों का जिक्र किया। जब उनसे पूछा गया कि आखिर क्या कारण हो सकता है कि भारत ने अश्विन जैसे अनुभवी स्पिनर को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया। इस पर हफीज ने कुछ ऐसा कहा जिसे शायद ही कोई भारतीय फैंस सुनना पसंद करेगा।

शाहिद अफरीदी की वजह से नहीं खेलते हफीज
इस सवाल का जवाब देते हुए मोहम्मद हफीज ने कहा कि इसका कारण साफ है, अश्विन को पुराने परफॉर्मेंस की वजह से खेलने का मौका नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि मैं धन्यवाद देता हूं शाहिद अफरीदी को। बहुत-बहुत शुक्रिया शाहिद भाई। वो 2014 में एशिया कप में आपने जो दो छक्के लगाकर मैच फिनिश किया ये उसका असर है। इस वजह से अश्विन को पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का चांस नहीं दिया जाता।

श्रीलंका से होगा भारत का अगला मुकाबला
भारतीय टीम एशिया कप में अब अपना अगला मैच श्रीलंका के खिलाफ मंगलवार 6 सितंबर को खेलेगी। एशिया कप के फाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत को हर हाल में इस मुकाबले को जीतना होगा। श्रीलंका के बाद टीम को अपना अगला मैच गुरुवार को अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना है। अगर भारत ये दोनों मुकाबले जीतने में सफल हो जाती है तो फिर वह फाइनल में अपनी जगह बना सकती है।
और भी

ICC महिला प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए जेमिमा रोड्रिग्स नॉमिनेट, छह क्रिकेटर में हैं इकलौती भारतीय

 

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स सोमवार यानी कि आज 22 साल की हो गईं हैं। वह आज सुबह से ही ट्विटर पर टॉप ट्रेंड में थीं। कई पूर्व क्रिकेटरों और कुछ आईपीएल फ्रेंचाइजी ने ट्विटर पर उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। आज ही के दिन अब उन्हें आईसीसी की तरफ से एक खास तोहफा दिया गया है। 

आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए हुईं शॉर्टलिस्ट
भारत की बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए शॉर्टलिस्ट हुई है। अगस्त महीने में उनकी परफॉर्मेंस को देखते हुए आईसीसी ने उन्हें इस अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया है। हाल ही में बर्मिघम के एजबेस्टन में कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के महिला टी20 इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने के लिए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था।

कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार रहा था प्रदर्शन
जेमिमा का सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 44 रन का योगदान काफी अहम था। जेमिमा की पारी की बदौलत ही इंग्लैंड को हराकर भारतीय टीम फाइनल में पहुंचने में सफल रही थी। सेमीफाइनल के अलावा फाइनल में भी उन्होंने बल्ले से दमदार प्रदर्शन कर 33 रन बनाए। हालांकि, भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतने में सफल नहीं हो सकी और टीम को हार का सामना करना पड़ा।

जेमिमा ने मुंबई इंडियंस से की ये खास गुजारिश
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ताहलिया मैकग्राथ और बल्लेबाज बेथ मूनी का नाम भी आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए शॉर्टलिस्ट के लिए किया गया है। जेमिमा इकलौती भारतीय खिलाड़ी हैं जिनका नाम इस अवॉर्ड के लिए चयन किया गया है। जेमिमा ने बर्थडे विश करने वाली मुंबई इंडियंस की टीम से महिला आईपीएल के लिए अपनी टीम में चुनने का आग्रह किया, जिसे बीसीसीआई अगले साल से शुरू करने की योजना बना रहा है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि आप लोग मुझे महिला आईपीएल के लिए बेहतर तरीके से चुनें।
और भी

एशिया कप : पाकिस्तान ने लिया हार का बदला, रिजवान-नवाब की जोड़ी ने दिलाई जीत

 दुबई/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज विराट कोहली ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत लक्ष्य तक पहुंचाया लेकिन गेंदबाजों के लचर प्रदर्शन के कारण भारत को दुबई में रविवार को एशिया कप टी-20 में सुपर-4 के रोमांचक मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट में भारत से ग्रुप-ए के मैच में मिली हार का बदला भी ले लिया।


स्टार बल्लेबाज कोहली ने 44 गेंदों में 60 रनों की पारी खेली और भारत ने पाकिस्तान को 182 रनों का लक्ष्य दिया। विराट ने अपनी पारी के दौरान चार चौके और एक छक्का जड़ा। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 181 रनों का स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक विकेट शादाब खान ने लिए। उन्होंने 31 रन खर्च करके दो विकेट चटकाए।

जवाब में पाकिस्तान ने 19.5 ओवर में पांच विकेट पर 182 का स्कोर करके मैच अपने नाम कर लिया। मोहम्मद रिजवान ने पाकिस्तान के लिए शानदार पारी खेली। उन्होंने 51 गेंदों में 71 रनों की पारी के दौरान छह चौके और दो छक्के जड़े। उनका अच्छा साथ मोहम्मद नवाब ने दिया जिन्होंने 20 गेंदों में 42 रनों की आक्रामक पारी खेली। एक समय भारत ने पाकिस्तान के 63 रन पर दो विकेट गिराकर मैच में अपनी पकड़ बना रखी थी, लेकिन रिजवान और नवाब ने भारत की पकड़ से मैच छीन लिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 73 रनों की साझेदारी करके टीम को मैच में बनाए रखा। इस बीच, नवाज और फिर 17वें ओवर में रिजवान पवेलियन लौट गए थे और भारत के पास फिर से मैच अपनी पकड़ बनाने का मौका मिल गया। लेकिन अब खराब क्षेत्ररक्षण और गेंदबाजी से टीम को मुंह की खानी पड़ी।

अर्शदीप का कैच छोड़ना पड़ा भारी :
17.3 ओवर में अर्शदीप ने बिश्नोई की गेंद पर आसिफ अली का कैच छोड़ दिया। उसके बाद भुवनेश्वर ने 19वें ओवर में 19 रन दिए। आसिफ ने इस ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाया। फिर आखिरी ओवर में पाक को मैच जीतने के लिए सात रन चाहिए थे। भारत को धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगा और पेनाल्टी के तौर पर इस ओवर में भारत को 30 यार्ड सर्कल के बाहर एक खिलाड़ी को कम रखना पड़ा। अर्शदीप ने पहली गेंद पर एक रन दिया तो आसिफ ने दूसरी गेंद पर चौका लगा दिया, लेकिन अगली गेंद पर कोई रन नहीं बना पाए। आखिरी तीन गेंदों में पाक को दो रन चाहिए थे, लेकिन अर्शदीप ने चौथी गेंद पर आसिफ को एलबीडब्ल्यू कर दिया। अब दो गेंदों में दो रन की दरकार थी, लेकिन पांचवीं गेंद पर इफ्तार ने दो रन लेकर पाक को जीत दिला दी।

दो लेग स्पिनर अंतिम एकादश में :
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम प्रबंधन ने इस मैच के लिए दो लेग स्पिनरों को अंतिम एकादश में जगह दी। युजवेंद्रा सिंह चहल के साथ रवि बिश्नोई को भी शामिल किया गया। इसके अलावा पाक के विरुद्ध ही अंतिम एकादश से बाहर होने वाले रिषभ पंत को भी जगह दी गई जबकि दिनेश कार्तिक को बाहर बैठा दिया गया। इसके साथ ही बल्लेबाज दीपक हुड्डा को भी शामिल किया गया जो आफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं।

तेज शुरुआत :
टास हारने के बाद भारत को पाकिस्तानी टीम को बड़ा लक्ष्य देना था और इसी को देखते हुए टीम ने पावरप्ले के शुरुआती छह ओवर में आक्रामक रणनीति अपनाई। रोहित ने पारी के पहले ओवर की चौथी गेंद पर चौका लगाकर अपना खाता खोला तो छठी गेंद पर छक्का जड़कर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए। यह ओवर नसीम शाह कर रहे थे। रोहित को देखकर राहुल ने भी अपना रंग बदला और नसीम को अपने निशाने पर लिया। उन्होंने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर आफ ड्राइव से छक्का जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने छठी गेंद पर भी छक्का जड़ा। दोनों बल्लेबाजों ने 26 गेंदों में भारत के 50 रन पूरे किए। इस बीच, हैरिस राउफ ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर रोहित को पवेलियन भेज दिया। रोहित छक्का मारने के चक्कर में खुशदिल शाह को कैच दे बैठे। रोहित ने 16 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाए। इसके बाद राहुल (28) भी अगले ओवर में शादाब का शिकार बन गए। दोनों बल्लेबाजों टीम को ठोस शुरुआत दिलाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन इन छोटी पारियों को बड़ी नहीं बदल पाए।

अच्छी गेंदबाजी के आगे नहीं चले सूर्यकुमार :
पाकिस्तानी टीम की ताकत उसकी गेंदबाजी कही जाती है और भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव इस चिर प्रतिद्वंद्वी के विरुद्ध चल नहीं पा रहे हैं। सूर्य ने पिछले मैच में हांगकांग की कमजोर गेंदबाजी की जमकर धुनाई करते हुए 26 गेंदों में नाबाद 68 रनों की पारी खेली थी। लेकिन पाकिस्तान के विरुद्ध पिछले मैच में वह 18 गेंदों में 18 रन बना पाए थे। और अब इस मैच में भी वह 10 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इससे पहले सूर्यकुमार ने पहली बार पाकिस्तानी गेंदबाजी का सामना इस प्रारूप में पिछले साल टी-20 विश्व कप में किया था और उस मैच में भी आठ गेंदों में वह 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। भारत का मध्य क्रम अब सूर्यकुमार पर निर्भर है और अच्छी गेंदबाजी के आगे उनका बल्ला नहीं चलता है तो टीम को आगामी टी-20 विश्व कप में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उनके आउट होने के बाद पाकिस्तान के विरुद्ध पिछले मैच में आलराउंड प्रदर्शन करने वाले हार्दिक पांड्या अपना खाता भी नहीं खोल पाए और उन्हें हसनैन ने चलता किया। इस बीच, रिषभ पंत (14) भी टीम की अपेक्षाओं पर नहीं उतर सके।

अकेले विराट :
विराट पर टीम को मजबूत स्कोर तक लेने जाने की जिम्मेदारी थी। सलामी बल्लेबाजों के पवेलियन जाने के बाद एक छोर से विकेट गिरते रहे, लेकिन विराट ने अपनी पारी को संवारा और टीम को मजबूत स्कोर तक भी पहुंचाया। वह एक छोर से एंकर की भूमिका निभाते रहे और जब आखिरी बल्लेबाजी जोड़ी बची थी तब दीपक का हौसला बढ़ाते दिखे। उन्होंने भले ही धीमी पारी खेली लेकिन एक छोर से गिरते विकेटों के बीच उनकी यह पारी काफी उपयोगी बन गई।

एक समय वह 31 गेंदों में 44 रन पर खेल रहे थे तो 36 गेंदों में छक्के के साथ अपना 32वां पचासा पूरा किया। इस बीच, दीपक हुड्डा (16) ने कुछ साहसिक शाट खेले, लेकिन वह कोहली को अकेला छोड़कर चले गए। पारी का आखिरी ओवर कर रहे राउफ की शुरुआती तीन गेंदों में कोहली कोई रन नहीं बना पाए। फिर चौथी गेंद पर वह दो रन चुराने के चक्कर में रन आउट हो गए। आखिरी दो गेंदों में पाकिस्तान ने भारत को मुफ्त में चौके दे दिए। पांचवीं गेंद पर बिश्नोई ने शाट खेला और गेंद को फखर अच्छे से पकड़ नहीं पाए और गेंद चौके लिए चली गई। फिर अगली गेंद पर उन्होंने बिश्नोई का कैच छोड़ दिया और गेंद सीमा रेखा को पार कर गई।

हार के कारण

मध्य क्रम का खराब प्रदर्शन रहा जिसके कारण 15-20 रन कम बने।
हार्दिक पांड्या का आलराउंड प्रदर्शन खराब रहा। साथ में चहल ने भी खराब गेंदबाजी की।
अर्शदीप का कैच छोड़ना।
रिजवान और नवाब की शानदार बल्लेबाजी।
भारत को छठे गेंदबाज की कमी खली।

और भी

मुशफिकुर रहीम ने वनडे और टेस्ट पर ध्यान देने के लिए टी20 से संन्यास लिया

 ढाका (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बांग्लादेश के विकेटकीपर मुशफिकुर रहीम ने क्रिकेट के लंबे प्रारूपों पर ध्यान देने के लिए रविवार को टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास की घोषणा की। बांग्लादेश के 35 वर्षीय पूर्व कप्तान हालांकि फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलना जारी रखना चाहते हैं। मुशफिकुर ने अपने ट्विटर पर लिखा,  मैं खेल के टेस्ट और वनडे प्रारूपों पर ध्यान देने के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास की घोषणा करता हूं।

उन्होंने कहा, मौका आने पर मैं फ्रेंचाइजी लीग खेलने के लिए उपलब्ध रहूंगा। दो प्रारूपों में गर्व से अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्सुक हूं। मुशफिकुर के संन्यास की घोषणा एशिया कप में टीम के निराशाजनक अभियान के बाद की। इस टूर्नामेंट में टीम एक भी मैच जीतने में नाकाम रही। खराब लय में चल रहे मुशफिकुर ने पिछले 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय में में केवल तीन बार दोहरे अंकों में रन बनाये है। वह एशिया कप में दो मैचों में केवल पांच रन ही बना सके।

 
 
 
 
 
 
 

दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 102 टी20 अंतरराष्ट्रीय में में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने इस दौरान 115.03 की स्ट्राइक रेट से 1500 रन बनाए है।

 
और भी

आज होगा महासंग्राम : दूसरी बार भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान...

 दुबई/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत और पाकिस्तान के बीच आज महासंग्राम होने वाला है। एशिया कप-2022 के सुपर-4 मुकाबले में दोनों टीमों के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है। दोनों टीमें इससे पहले एशिया कप के ग्रुप स्टेज में भिड़ी थीं। तब भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया था। अब क्रिकेट फैन्स को यह 'मार्की' मुकाबला देखने का एक और मौका मिला है। पाकिस्तान की टीम इस मैच में पिछली हार का बदला लेने उतरेगी। वहीं, भारत यह मैच जीतकर फाइनल के लिए अपना दावा मजबूत करने उतरेगा।


8 दिनों के भीतर पाक और इंडिया की ये दूसरी भिड़ंत होगी। 4 साल बाद ये पहला मौका होगा जब दोनों टीम 8 दिन के भीतर एक दूसरे के खिलाफ दूसरा मुकाबला खेलेगी। इन दोनों टीमों के मैच को दुनियाभर में सबसे ज्यादा देखे जाते है। टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म की टीआरपी इंडिया पाकिस्तान के नाम से ही टॉप पे चली जाती है।

ग्रुप स्टेज में टीम इंडिया ने दोनों मैचों में जीत हासिल की थी। भारत ने पाकिस्तान के अलावा हॉन्गकॉन्ग को 40 रन से हराया था। वहीं, भारतीय टीम के खिलाफ हार के बाद पाकिस्तान ने हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ ग्रुप मुकाबले में जबरदस्त वापसी की थी। उन्होंने हॉन्गकॉन्ग को 155 रन के विशाल अंतर से हराकर सुपर-4 के लिए क्वालिफाई किया था। दोनों टीमें एकबार फिर दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। वहीं, टॉस शाम सात बजे होगा।

ग्रुप स्टेज के मुकाबले में भारत ने हर एक डिपार्टमेंट में अपने कट्टर प्रतिद्वंदी को पीछे छोड़ दिया था और पांच विकेट से जीत दर्ज की थी। पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी की, लेकिन भुवनेश्वर कुमार और हार्दिक पांड्या के असाधारण बॉलिंग स्पेल की बदौलत 147 रन ही बना सकी। इसके बाद हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया ने जीत हासिल की थी। भारतीय टीम इस मैच में भी अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखना चाहेगी।

पाक कप्तान बाबर आजम अब तक दोनों मैचों में फ्लॉप रहे हैं। वहीं, मोहम्मद रिजवान ने भारत के खिलाफ 43 रन जरूर बनाए थे, लेकिन उनकी पारी धीमी रही थी। भारत के खिलाफ पिछले मैच में पाकिस्तान का मिडिल ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा था। हालांकि, हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ पाकिस्तान ने वापसी की। रिजवान, फखर जमान और खुशदिल ने आक्रामक बल्लेबाजी की। वहीं, गेंदबाजी में शादाब खान, नसीम शाह और मोहम्मद नवाज ने हॉन्गकॉन्ग की बैटिंग को ध्वस्त कर दिया था।

पाकिस्तान के खिलाफ हॉन्गकॉन्ग की टीम महज 38 रन पर सिमट गई थी। यह पाकिस्तान का आत्मविश्वास बढ़ा सकता है। हालांकि, तेज गेंदबाज शहनवाज दहानी चोटिल होने की वजह से एशिया कप से बाहर हो गए हैं। इससे टीम को झटका लगा। दहानी ने भारत और हॉन्गकॉन्ग दोनों के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की थी। उनकी जगह हसन अली या मोहम्मद हसैनन में से किसी एक को मौका मिल सकता है।

दूसरी तरफ भारत शानदार फॉर्म में है। टीम के हर एक सदस्य में जरूरत पड़ने पर मैच पलटने की क्षमता है। हालांकि, सभी की निगाहें एकबार फिर हार्दिक पांड्या पर होंगी। हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ पिछले मैच में उन्हें आराम दिया गया था। हालांकि, अब वह प्लेइंग-11 में वापसी करेंगे। रवींद्र जडेजा के चोटिल होने से टीम इंडिया को झटका जरूर लगा है।

ऐसे में देखने वाली बात होगी कि उनकी जगह अक्षर पटेल को प्लेइंग-11 में मौका मिलता है या नहीं। मैच से पहले हेड कोच राहुल द्रविड़ ने तेज गेंदबाज आवेश खान को अनफिट बताया। साथ ही दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को खिलाने के संकेत भी दिए। यह देखने वाली बात होगी कि भारत तीन फास्ट बॉलर्स और तीन स्पिनर्स के साथ मैदान में उतरता है या एक गेंदबाज को बाहर कर ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक दोनों को प्लेइंग-11 में शामिल करता है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11


पहली संभावना
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत/दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, आर अश्विन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल/रवि बिश्नोई।

दूसरी संभावना
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल/आर अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल/रवि बिश्नोई।

पाकिस्तान:
बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, शादाब खान, आसिफ अली, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, हारिस रऊफ, हसन अली/मोहम्मद हसनैन।

 

 

और भी

कल्याण चौबे ने भूटिया को हराया, एआईएफएफ के पहले खिलाड़ी अध्यक्ष बने

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) को अपने 85 साल के इतिहास में शुक्रवार को पहली बार कल्याण चौबे के रूप में पहला ऐसा अध्यक्ष मिला जो पूर्व में खिलाड़ी रह चुके हैं। चौबे ने अध्यक्ष पद के चुनाव में पूर्व दिग्गज फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया को हराया। मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के पूर्व गोलकीपर 45 वर्षीय चौबे ने 33-1 से जीत दर्ज की। उनकी जीत पहले ही तय लग रही थी क्योंकि पूर्व कप्तान भूटिया को राज्य संघों के प्रतिनिधियों के 34 सदस्यीय निर्वाचक मंडल में बहुत अधिक समर्थन हासिल नहीं था।

 
सिक्किम के रहने वाले 45 वर्षीय भूटिया का नामांकन पत्र भरते समय उनके राज्य संघ का प्रतिनिधि भी प्रस्तावक या अनुमोदक नहीं बना था। पिछले लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल के कृष्णनगर सीट से हारने वाले भाजपा के राजनीतिज्ञ चौबे कभी भारतीय सीनियर टीम से नहीं खेले हालांकि वह कुछ अवसरों पर टीम का हिस्सा रहे थे। उन्होंने हालांकि आयु वर्ग के टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वह मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के लिए गोलकीपर के रूप में खेले हैं। भूटिया और चौबे एक समय ईस्ट बंगाल में साथी खिलाड़ी थे।
 
कर्नाटक फुटबॉल संघ के अध्यक्ष और कांग्रेस के विधायक एनए हारिस ने उपाध्यक्ष के एकमात्र पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने राजस्थान फुटबॉल संघ के मानवेंद्र सिंह को हराया। अरुणाचल प्रदेश के किपा अजय ने आंध्र प्रदेश के गोपालकृष्णा कोसाराजू को हराकर कोषाध्यक्ष पद हासिल किया। कोसाराजू ने अध्यक्ष पद के लिए भूटिया के नाम का प्रस्ताव रखा था जबकि मानवेंद्र ने उसका समर्थन किया था। कार्यकारिणी के 14 सदस्यों के लिए इतने ही उम्मीदवारों ने नामांकन भरा था और उन्हें निर्विरोध चुना गया।
और भी

बालोद की किरण का साउथ एशियन फुटबाल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन

मुख्यमंत्री ने दी बधाई व शुभकामनाएं

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बालोद जिले की रहने वाली किरण पिस्दा को नेपाल में होने वाले साउथ एशियन फुटबाल चैंपियनशिप 2022 के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। किरण पिस्दा स्वामी विवेकानन्द स्टेडियम रायपुर में खेल विभाग द्वारा संचालित बालिका फुटबॉल अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थी। किरण पिस्दा भारतीय टीम की ओर से फॉरवर्ड पोजिशन में खेलेगी। भारत ग्रुप ए में है, जिसका पहला मैच पाकिस्तान के साथ होगा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किरण पिस्दा को नेपाल में होने वाले साउथ एशियन फुटबाल चैंपियनशिप 2022 के लिए भारतीय टीम में चयनित होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में फुटबॉल अकादमी की शुरूआत वर्ष 2020 में की गई है। किरण पिस्दा राष्ट्रीय फुटबॉल सीनियर टीम में चयनित होने वाली छत्तीसगढ़ की पहली खिलाड़ी है।

खेल संचालनालय द्वारा अकादमी स्थापना के पूर्व भी विभागीय प्रशिक्षकों के माध्यम से लगातार खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है, जिसमें बालोद की रहने वाली फुटबॉल खिलाड़ी किरण पिस्दा विगत 3 वर्षों से प्रशिक्षण ले रही थीं। विभागीय फुटबॉल प्रशिक्षक श्रीमती सरिता कुजूर टोप्पो के द्वारा किरण पिस्दा को नियमित प्रशिक्षण दिया गया है। खेल संचालनालय द्वारा विभिन्न खेलों की आवासीय और गैर आवासीय खेल अकादमियों की स्थापना की जा रही है, जिसमें छत्तीसगढ़ के स्थानीय खिलाड़ियों के खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्तमान में बिलासपुर में खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हॉकी बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां खिलाड़ियों को शासन द्वारा आवास, भोजन और पढ़ाई की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। जल्द ही बिलासपुर में एथलेटिक और तीरंदाजी की आवासीय अकादमी में खिलाड़ियों का प्रशिक्षण प्रारंभ करने जा रही है। शिवतराई बिलासपुर में भी खेल विभाग तीरंदाजी प्रशिक्षण उपकेंद्र का संचालन किया जा रहा है। साथ ही बिलासपुर में आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी और रायपुर में आवासीय तीरंदाजी अकादमी भी प्रारंभ किया जा रहा है, जिसके लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल लिया जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में लगातार खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर में गैर आवासीय हॉकी, तीरंदाजी, एथलेटिक एवं बालिका फुटबॉल अकादमी संचालित की जा रही है। इन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ साथ डाइट मनी एवं स्पोर्ट्स किट आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य के सात जिलों में खेलो इंडिया लघु केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। बिलासपुर और बीजापुर में तीरंदाजी, राजनांदगांव और जशपुर में हॉकी, सरगुजा में फुटबॉल, नारायणपुर में मलखंभ और गरियाबंद में व्हॉलीबाल की खेलो इंडिया लघु केंद्र प्रारंभ की जा रही है, जिसमें ग्रास रूट लेवल से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध होगी।

 

और भी

हॉकी के जादूगर ध्यानचंद के स्मृति में बच्चों के लिए रोचक खेलों का आयोजन

 अंबिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महान खिलाड़ी "हॉकी के जादूगर" मेजर ध्यानचंद कि स्मृति में 1 सितंबर को विवेकानंद वॉर्ड क्रमांक. 34 में राजीव मितान क्लब के अध्यक्ष साथ ही सरगुजा सोशलमीडिया के संभागीय अध्यक्ष निखिल विश्वकर्मा द्वारा मोहल्ले के बच्चों के लिए जलेबी दौड़ ,कुर्सी दौड़ ,चम्मच दौड़ , खो खो का आयोजन किया गया। खेल में भाग लेनें वाले सभी नन्हें खिलाड़ियों ने अपनें  परिवार जनों के समक्ष बहुत उम्दा प्रदर्शन किया। सभी वर्गों के विजेता प्रतिभागियों को मुख्यातिथि के तौर पर आए प्रदेश उपाध्यक्ष महिला कांग्रेस मधु दीक्षित एवं जिला काँग्रेस उपाध्यक्ष मो इस्लाम खान, वार्ड के वरिष्ठ नागरिक अरुण विश्वकर्मा एवं जोन प्रभारी संजय विश्वकर्मा , विधायक प्रतिनिधि मदन जायसवाल , खेल अधिकारी देवेंद्र सिन्हा व सहायक संचालक खेल विभाग रामकुमार सिंह द्वारा नन्हें विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इसके उपरांत छोटे छोटे बच्चों के खेल के प्रति उत्साह को देखकर समस्त अतिथियों नें सहृदय प्रसंशा की तथा आने वाले समय में इस प्रकार की गतिविधियां निरन्तर करने की बात कही। समस्त खिलाड़ियों को क्रम से पुरस्कार वितरण किया गया, भाग लेने वाले समस्त प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। पुरस्कार वितरण व कार्यक्रम का संचालन "राजीव मितान क्लब की उपाध्यक्ष" श्रीमती नयनतारा विश्वकर्मा ने माँ सरस्वती की प्रतिमा में दीप प्रज्वलित कर शुरुआत की एवं समस्त अतिथियों का अभिनंदन किया | नौनिहालों के खेल कराने का जिम्मेदारी ब्लाक काँग्रेस कमेटी के प्रवक्ता दिनेश शर्मा (अधिवक्ता) , विधायक प्रतिनिधि खेल विभाग विकास शर्मा , कादिर खान , व ब्लाक काँग्रेस मीडिया प्रभारी अली सोहेल , सिकंदर खान व अब्दुल सिकंदर द्वारा सुरक्षित व सफलता पूर्वक सम्पन्न कराया | पूरे चंबोथि तालाब के आसपास लोगों द्वारा उत्साहवर्धन में तालियों गड़गड़ाहट और बच्चों की चहचहाहट गूंज रही थी।

 

 

और भी

विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना मुश्किल लेकिन असंभव नहीं: भूटिया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए चुनौती पेश कर रहे पूर्व भारतीय कप्तान बाईचुंग भूटिया ने कहा कि भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम के विश्व कप में क्वालीफाई करने की राह काफी मुश्किल है लेकिन यह असंभव नहीं है।भूटिया ने कहा कि मौजूदा स्तर को देखते हुए भारतीय टीम के लिए विश्व कप में जगह बनाना आसान नहीं है लेकिन यह असंभव भी नहीं है।

निकट भविष्य में भारतीय टीम के विश्व कप में क्वालीफाई करने से जुड़े सवाल के जवाब में भूटिया ने कहा, ईमानदारी से कहूं तो भारतीय टीम के मौजूदा स्तर को देखते हुए यह बिलकुल भी आसान नहीं होने वाला लेकिन यह असंभव भी नहीं है। हमें अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा और इसके लिए जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार करने की जरूरत है।

 
 
 

उन्होंने यहां एक कार्यक्रम के दौरान कहा, हमें जमीनी स्तर पर अधिक टूर्नामेंट आयोजित करने और अधिक कोच तैयार करने की जरूरत है। राज्य संघों को वित्तीय रूप से मजबूत करना होगा जबकि संन्यास ले चुके पूर्व खिलाड़ियों को कोचिंग से जोड़ने की जरूरत है जिससे कि उनके अनुभव का फायदा उठाया जा सके। भूटिया ने साथ ही एक बार फिर दोहराया कि अगर वह एआईएफएफ चुनाव में जीत दर्ज करते हैं तो वह संस्थान को सफलतापूर्वक संचालित करने की काबिलियत रखते हैं।

 
 
 

भूटिया और पूर्व गोलकीपर कल्याण चौबे अध्यक्ष पद की दौड़ में आमने-सामने हैं। मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के पूर्व गोलकीपर चौबे बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं और उन्हें गुजरात तथा अरुणाचल प्रदेश जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्यों से समर्थन मिलने के कारण प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

भूटिया ने कहा, मैं अध्यक्ष पद के लिए सक्षम दावेदार हूं। मैं विभिन्न स्तर पर फुटबॉल से जुड़ा रहा हूं और मेरा अनुभव एआईएफएफ के काफी काम आ सकता है। मैं एआईएफएफ से पहले भी जुड़ा रहा हूं इसलिए मुझे अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने में कोई समस्या नहीं होगी।

और भी

विश्व सीनियर कुश्ती चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम की हुई घोषणा

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सर्बिया में 10 सितंबर से होने वाली विश्व सीनियर कुश्ती चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। 10 सदस्यीय पुरुष फ्री स्टाइल टीम का नेतृत्व राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता बजरंग पुनिया करेंगे जबकि नौ सदस्यीय महिला टीम की अगुवाई राष्ट्रमंडल खेलों में तीन बार की स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगाट करेंगी।

पुरुष टीम

रवि दहिया, पंकज मलिक, बजरंग पुनिया, नवीन मलिक, सागर जगलान, दीपक मिरका, दीपक पुनिया, विक्की हुड्डा, विक्की चाहर और दिनेश धनखड़।

महिला टीम

अंकुश, विनेश फोगाट, सुषमा शौकीन, सरिता मोर, मानसी अहलावत, सोनम मलिक, शैफाली, निशा दहिया, ऋतिका और प्रियंका। इन पहलवानों का चयन लखनऊ और सोनीपत में भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशिक्षण केंद्रों में हुए ट्रायल में किया गया। बजरंग पुनिया, रवि दहिया और दीपक पुनिया को ट्रायल से छूट दी गई थी।

 

 

और भी

SL vs BAN: डेब्यू मैच में बांग्लादेशी गेंदबाज का कहर, पहले ही ओवर में झटके दो विकेट, मैदान पर किया सैल्यूट

 

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। एशिया कप 2022 के पांचवें लीग मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में सात विकेट खोकर 183 रन बनाने में सफलता हासिल की। 184 रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत शानदार रही। पथुम निसानका और कुसल मेंडिस ने पहले विकेट के लिए 5.2 ओवर में 45 रन जोड़े।

निसानका और मेंडिस की धमाकेदार शुरुआत
श्रीलंका के लिए दोनों ही सलामी बल्लेबाज पथुम निसानका और कुसल मेंडिस ने जोरदार शुरुआत दिलाई। पथुम निसानका ने 20 रन बनाए, जबकि कुशल मेंडिस ने भी ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की। बांग्लादेश और श्रीलंका दोनों ही अपना पहला मुकाबला अफगानिस्तान के हाथों हार चुकी है। ऐसे में इस करो या मरो के मुकाबले में इन दोनों टीमों के खिलाड़ी अपना शत प्रतिशत देने का प्रयास कर रहे हैं।

बांग्लादेश टीम ने 21 मैचों में वो किया जो कोई अन्य टीम कभी नहीं करेगी

इबादत हुसैन ने एक ओवर में झटके दो विकेट
अपना पहला मुकाबला खेल रहे इबादत हुसैन ने पहले ही ओवर में दो श्रीलंकाई खिलाड़ियों को आउट किया। पथुम निसानका और चरित असलंका को आउट कर इबादत हुसैन ने बांग्लादेश की मैच में वापसी कराई। इबादत हुसैन ने अपने स्पैल के दूसरे ओवर में दनुष्का गुणाथिलका को 11 रन पर कैच आउट कर तीसरी सफलता हासिल की। श्रीलंका के बल्लेबाज इबादत हुसैन की गेंदों को खेलते समय संघर्ष करते नजर आए।इबादत हुसैन ने विकेट हासिल करने के बाद मैदान पर सैल्यूट भी किया।

बांग्लादेश ने बनाए 183 रन
इससे पहले शाकिब अल हसन की अगुआई वाली बांग्लादेश की टीम ने श्रीलंका के खिलाफ 183 रन बनाए। इस करो या मरो मुकाबले को जीतने के लिए श्रीलंका को 184 रन बनाने होंगे। मेहदी हसन मिराज ने 26 गेंदों में 38 रन बनाए। वहीं अफिफ हुसैन ने भी अंत के ओवरों में तेज तर्रार पारी खेली। उन्होंने 22 गेंदों में 39 रन बनाए। जिसकी मदद से बांग्लादेश रन बनाने में सफल रही।

यहां जानें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
बांग्लादेश की टीम- सब्बीर रहमान, मुशफिकुर रहीम (विकेटकीपर), शाकिब अल हसन (कप्तान)), अफिफ हुसैन, महमूदुल्लाह, मोसादेक हुसैन, महेदी हसन, तस्कीन अहमद, मेहदी हसन मिराज, मुस्तफिजुर रहमान, इबादत हुसैन।

श्रीलंका की टीम-पथुम निसानका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), चरित असलंका, दनुष्का गुणाथिलका, भानुका राजपक्षे, वनिन्दु हसरंगा, दासुन शनाका (कप्तान), चमिका करुणारत्ने, महेश थीक्षाना, दिलशान मदुशंका, असिथा फर्नांडो।
और भी

राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 3 से 6 सितम्बर तक

 दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर एवं जिला आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री पुष्पेन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन, उद्घाटन एवं समापन भिलाई विद्यालय सेक्टर 02 के प्रांगण में 03 से 06 सितम्बर तक किया जायेगा।

प्रतियोगिता के दौरान बॉक्सिंग बालक 17, 19 वर्ष, सायकल पोलो बालक/ बालिका 19 वर्ष, जुडो बालक/बालिका 14, 17, 19 वर्ष, फेसिंग बालक-बालिका 19 वर्ष, नेटबाल बालक बालिका 17, 19 वर्ष, बैडमिंटन बालक बालिका 14, 17 19 वर्ष, लॉन टेनिस बालक-बालिका 14, 17, 19 वर्ष एवं डाजबाल बालक-बालिका 19 वर्ष का आयोजन किया जायेगा। कुल 08 प्रतियोगिताओं में 05 खेल क्षेत्र मुख्यालय के संख्यानुरूप बालक 655, बालिका 535 कुल 1190 खिलाड़ी व 150 महिला/पुरूष ऑफिसियल्स सम्मिलित होंगे।

और भी

ड्यूस बॉल क्रिकेट के लिए प्रतिभागियों का किया गया चयन

 कांकेर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। शालेय क्रीड़ा ड्यूस बॉल क्रिकेट का आयोजन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाडिय़ों का चयन जिला शिक्षा अधिकारी भुवन जैन की उपस्थिति में किया गया। 

खेल अधिकारी आबिद खान ने बताया कि इस वर्ष अलग-अलग संभागों में होने वाले राज्य स्तरीय ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में बालक-बालिका 14 से 17 वर्ष एवं 19 वर्ष के प्रतिभागियों का चयन किया गया। बस्तर संभाग के सभी जिलों से लगभग 500 खिलाडिय़ों ने भाग लिया, बस्तर संभाग द्वारा आयोजन व चयन के लिए प्रभारी व्यायाम शिक्षक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आसना के जोगिंदर ठाकुर, प्राथमिक शाला धरमपुरा जगदलपुर के प्रधानाध्यापक राजकुमार महतो, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मर्दापाल के व्यायाम शिक्षक रविंद्र ठाकुर, शासकीय उमावि आवरी के शिक्षक राजेश ठाकुर, शासकीय उमावि मरोड़ा पखांजूर के संतोष साह, शासकीय उमावि अंतागढ़ के उपकार कुंजाम, शासकीय उमावि मूली के उमा पटेल की ओर से पंडित विष्णु प्रसाद शर्मा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर में प्रतिभागियों का चयन किया गया।

और भी