छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

वादा तोड़ने वाली भूपेश सरकार भरोसे के लायक नहीं : नारायण चंदेल

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कर्मचारियों को आगाह करते हुए कहा है कि वादा तोड़ने में माहिर भूपेश सरकार भरोसे के लायक नहीं है। भाजपा चाहती है कि कर्मचारियों को उनका हक मिले। उनकी जायज मांगें पूरी हों। भाजपा कर्मचारियों के साथ है। कर्मचारियों को यह समझना होगा कि इस सरकार को अपने वादे से मुकरना बखूबी आता है। इसके पूर्व पुलिस परिवार से किये वादे के बाद कमेटी कमेटी खेल रही है।

अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था, उस पर एक इंच भी आगे नहीं बढ़ी। बेरोजगारी भत्ता देने से मुकर गई। रोजगार का हाल यह है कि सौ से भी कम भृत्य पद के विरुद्ध सवा दो लाख आवेदन आते हैं। यह सरकार वादाखिलाफी में सारी दुनिया में पहले क्रम पर है। ऐसा कभी नहीं हुआ कि राज्य के कर्मचारियों को डीए और एचआरए के लिए इतना बड़ा आंदोलन करना पड़ा हो। सरकार के वादे और इरादे में विरोधाभास है। सरकार की नीति और नीयत में खोट है। यदि कर्मचारियों के हक में सरकार संवेदनशील होती तो आश्वासन का झुनझुना पकड़ाने की बजाय सीधे फैसला लेती।

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि मुख्य सचिव के साथ बैठक का दौर चले और इसके बाद भी फैसला नहीं, मांगों पर विचार करने केवल किसी मंत्री का आश्वासन सामने आए तो स्पष्ट है कि अब फिर कमेटी कमेटी होगा। आंदोलित कर्मचारियों को बहलाने का रास्ता निकाला गया है। स्वयं मुख्यमंत्री यह ऐलान करें कि तीन दिन में कर्मचारियों की मांग पर उचित फैसला ले लिया जायेगा। मुख्यमंत्री को चुनौती है कि वे स्पष्ट रूप से बतायें कि कर्मचारियों की मांगें कब पूरी कर देंगे?ऐसा कोई सगा नही जिसको भूपेश ने ठगा नही।

 

 

और भी

आरबीआई की परियोजना वित्तीय साक्षरता केंद्र ने किया बैंकिंग जन जागरूकता कार्यक्रम

 नारायणपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। विगत दिनों जिले के विकासखंड ओरछा के ग्रामीण अंचलों को हाट बाजार में बैंकिंग जन जागरूकता का कैंप का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत संभागीय अधिकारी रोहित पाल सीएफएल जिला सम्वयक झामेशवर कुमार नारायणपुर काउंसलर धुनेशवर पटेल ओरछा काउंसलर लछिनदर कर्मा की ओर से कैंप लगाया गया। 

जिसमें ग्रामीण अंचलों के लोगों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा प्रधानमंत्री ज्योति जीवन बीमा प्रधानमंत्री अटल पेंशन योजना सुकन्या योजना साइबर क्राइम के बारे में जानकारी के साथ बीमा कराया गया।  इसके अलावा इस बैंकिंग जन जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत बैंकों में खाता खोलने के लिए केवाईसी करने की लिए प्रोत्साहित करना और बैंकों में ही निवेश के लिए प्रोत्साहित करना रिजल्ट लोन लेने की जानकारी साथ ही में बैंकिंग से संबंधित फ्रॉड होने वाले मैसेज के माध्यम से फोन कॉल के माध्यम से या लोगों की ओर से बैंक के नाम पर ठगी और सरकारी नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी से बचने की जानकारी दी जाती हैं और लोगों की समस्याओं का सरलता पूर्वक सुलझाया जाता है, वहीं बीमा व बैंकिंग के विषय में लोगों को संपूर्ण जानकारी दी जाती है।

और भी

अवैध मुरुम खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 6 वाहन जब्त

 बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध मुरुम खनन व परिवहन के मामलों में तेजी से कार्रवाई की जा रही है। अवैध खनन और भंडारण के विरुद्ध प्रशासन की ओर से आज सख्त कार्रवाई की गई। खनिज विभाग की ओर से सिमगा तहसील अंतर्गत ग्राम करही चंडी में अवैध मुरुम परिवहन करते हुए कुल 6 वाहन पकड़े गए है। खनिज अधिकारी के के बंजारे के नेतृत्व में उक्त कार्रवाई किया गया है। 

खनिज अधिकारी ने बताया की वाहनों में सभी 6 हाईवा है। जिसे जब्त कर निकट थाना सुहेला के सुपुर्दगी में रखा गया है। उक्त कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 व एमएमडीआर एक्ट 1957 की धारा 21 से 23 के अंतर्गत किया गया है। इन वाहन मालिकों पर नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है की कलेक्टर रजत बंसल ने जिले में रेत सहित अन्य अवैध कारोबार के मामले में अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। बंजारे ने कहा है कि ऐसी कार्रवाईयां आगे भी जारी रहेंगी। अवैध रेत खनन एवं मरुम उत्खनन करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है और ऐसे अवैध धंधे एवं परिवहन करते पकड़े जाने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

और भी

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का आज मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

 राजनांदगांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राजनांदगांव जिले से अलग होकर बनाए जा रहे राज्य के 29वें जिले का आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विधिवत शुभारंभ करेंगे। 

मोहला में आयोजित कार्यक्रम का संसदीय सचिव इंद्रशाह मंडावी, दुर्ग संभाग आयुक्त महादेव कावरे, कलेक्टर डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के ओएसडी एस जयवर्धने सहित अधिकारियों ने कार्यक्रम आयोजन की तैयारी का जायजा लिया। संभाग आयुक्त महादेव कावरे ने यहां मुख्यमंत्री की आगमन को लेकर बनाए गए हेलीपैड, मुख्य मंच, कार्यक्रम स्थल सहित कलेक्ट्रेट कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संभागायुक्त ने कहा कि क्षेत्र की जनता की बहुप्रतीक्षित मांग मूर्त रूप लेने जा रहा है। यह क्षेत्र की जनता के लिए ऐतिहासिक और उल्लेखनीय क्षण साबित होगा। इसके लिए उन्होंने बड़ी संख्या में क्षेत्र की जनता की कार्यक्रम स्थल पर शामिल होने की संभावना को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थल, कार्यक्रम में आने वाले क्षेत्र की जनता के लिए बैठक व्यवस्था सहित अन्य सुविधा संसाधन की जानकारी लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। 

 
 

कलेक्टर डोमन सिंह व पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कार्यक्रम आयोजन के लिए की गई व्यवस्था की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान मोहला-मानपुर विधायक व संसदीय सचिव इंद्रशाह मंडावी ने कार्यक्रम आयोजन से जुड़ी सभी बारीकियों की जानकारी से अवगत होकर कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जरूरी मार्गदर्शन और निर्देश दिए।

 
और भी

गढत हे नवा छत्तीसगढ़ : प्रदेश की आंचलिक खबरें एक नजर में

 बलौदाबाजार : अवैध मुरुम खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 6 वाहन जब्त

कलेक्टर रजत बंसल के निर्देश पर जिले में अवैध मुरुम खनन व परिवहन के मामलों में तेजी से कार्रवाई की जा रही है। अवैध खनन और भंडारण के विरुद्ध प्रशासन की ओर से आज सख्त कार्रवाई की गई। खनिज विभाग की ओर से सिमगा तहसील अंतर्गत ग्राम करही चंडी में अवैध मुरुम परिवहन करते हुए कुल 6 वाहन पकड़े गए है। खनिज अधिकारी के के बंजारे के नेतृत्व में उक्त कार्रवाई किया गया है। 

कोरबा : जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को राशन, पेंशन आदि सुविधाओं से करें लाभान्वित : कलेक्टर 

कलेक्टर संजीव झा ने जिले में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को राशन, पेंशन आदि मूलभूत सुविधाओं से लगातार लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिकों से प्राप्त विभिन्न समस्याओं और सुझावों से संबंधित आवेदनों का संवेदनशीलता से समय सीमा में निराकरण करने के भी निर्देश दिए हैं।

कवर्धा : कृषि विज्ञान केन्द्र के गतिविधियों को गौठानों में संचालित करें : कलेक्टर

कलेक्टर जनमेजय महोबे ने आज ग्राम नेवारी स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र का औचक निरीक्षण कर वहां चल रहे गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्र में नए-नए प्रयोग किए जा रहे है। यहां पशुधन विकास, अच्छी नस्ल के गाय से दूध उत्पादन, मुर्गी पालन, बतख पालन, बटेर पालन, मछली पालन, विभिन्न प्रजातियों के फलों पौधों का शीड उत्पादन, हेचरी से चूचे सहित अनेक प्रकार के फसल उत्पादन पर प्रयोग किए जा रहे है।

बीजापुर : शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का व्यापक रूप से क्रियान्वयन कर अंतिम व्यक्ति को करें लाभान्वित : विधायक मंडावी

क्षेत्रीय विधायक व बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विक्रम शाह मंडावी ने जिले में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। विधायक मंडावी ने विभाग-वार कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले में संचालित स्कूलों व बंद पड़े स्कूलों को पुन: संचालित वाले स्कूलों की जानकारी लेते हुए स्कूलों को प्राप्त सुविधाएं, शिक्षादूतों का नियमित मादनदेय आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम व नवीन हिन्दी माध्यम स्कूलों सहित आश्रम पोटाकेबिन की व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की।

सूरजपुर : मोबाईल मेडिकल यूनिट बस से किया जा रहा नि:शुल्क चिकित्सा उपचार

मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मेडिकल मोबाइल यूनिट बस से नि:शुल्क चिकित्सा उपचार किया जा रहा है। आज प्रेमनगर व भटगांव क्षेत्र में मोबाइल मेडिकल यूनिट की बस पहुंच कर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। नगर पंचायत प्रेमनगर क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 12 रानी दुर्गावती वार्ड सरना चौक के पास कुल 72 मरीजों का, स्वास्थ्य चेकअप कर नि:शुल्क दवा का वितरण किया गया।

उत्तर बस्तर कांकेर : कलेक्टर ने किया राजपुर गौठान का निरीक्षण

जिले के कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने आज नरहरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मासुलपानी के आश्रित ग्राम राजपुर के आदर्श गौठान का निरीक्षण कर गौठान में संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए गौठान में गोबर की खरीद बढ़ाने के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि गावं के सभी पशुपालकों का पंजीयन किया जाय तथा प्रत्येक दिन कम से कम 02 क्विंटल गोबर की खरीदी सुनिश्चित की जाएं।

राजनांदगांव : मुख्यमंत्री से अंबागढ़ चौकी में कार्यालय खोलने की मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से अंबागढ़ चौकी में कार्यालय खोलने की मांग को लेकर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष नवाज खान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला आपका जिला है और आप लोगों की राय के आधार पर यहां कार्यालय बनेगा।

सुकमा : अब तक लग चुके हैं 3 लाख 75 हजार से अधिक कोरोना टीका

सुकमा जिले में अब तक कुल 3 लाख 75 हजार से अधिक कोरोना टीका के डोज लगाए गए है, तीनों विकासखंड में नियमित रूप से कोविड वैक्सीनेशन किया जा रहा है। जिले में कोई भी कोविड टीका से वंचित ना रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग दुर्गम अंदरुनी क्षेत्रों तक भी, नदी नाले पार कर पहुंच रही हैं।

अम्बिकापुर : गोठान में खीरे की खेती से महिलाओं ने कमाया 90 हजार मुनाफा

बतौली जनपद के आदर्श गोठान मंगारी में चम्पा स्व सहायता समूह की महिलाओं ने खीरा की खेती कर उसके बिक्री से 90 हजार 450 रुपए शुद्ध मुनाफा कमाया है। गोठान में मल्चिंग विधि से की गई की खेती से खीरा की बंपर पैदावार हुई। जिससे महिलाओं ने अब तक 38 क्विंटल खीरा करीब 1 लाख 2 हजार रुपए का बेचा है।

जशपुरनगर : दुलदुला के कोरना गौठान में समूह की महिलाओं को वेस्ट डीकंपोजर बनाने दिया गया प्रशिक्षण

कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन व सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव के दिशा निर्देश में आज दुलदुला विकासखंड के कोरना गौठान में स्व सहायता समूह की महिलाओं को कृषि विभाग की ओर से वेस्ट डीकंपोजर बनाने की विधि का प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर जनपद सीईओ दुलदुला बजरंग वर्मा, समूह की महिलाएं सहित कृषि विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

अम्बिकापुर : नवीन स्वीकृत स्वामी आत्मानंद स्कूल संचालन के लिए आवश्यक तैयारी शीघ्र शुरू करें : कलेक्टर

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जिले में 12 नए स्वीकृत स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट विद्यालय के संचालन के लिए भवन का चिन्हांकन, निर्माण कार्य के लिए एस्टीमेट आदि तैयार करने की कार्यवाही शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। 

महासमुंद : प्रभारी मंत्री ने की जि़ले के विकास कार्यों और कामकाज की समीक्षा

छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण, गृह व जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आज जि़ला पंचायत सभागार में विभागीय अधिकारियों के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यो और कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने कहा फ्लैगशिप योजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित करने विभागीय अधिकारी जिम्मेदारी के साथ काम करें।

महासमुंद : गृह मंत्री ने दिखाई पुलिस की अंजोर रथ को हरी झंडी

गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने समीक्षा बैठक के बाद जिले के दूर-दराज इलाकों में रहने वाले लोगों को पुलिस सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन की अंजोर रथ खाकी के रंग, स्कूल के संग नामक चलित पुलिस रथ को हरी झंडी दिखाई।

सूरजपुर : मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान अंतर्गत 13 हजार कुपोषित बच्चों को किया गया लाभान्वित 

मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान मुख्यमंत्री की महत्वकांक्षी योजना है। मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान का मुख्य उद्देश्य 6 माह से 3 वर्ष के बच्चों व 15 से 49 वर्ष की एनीमिक महिलाओं को लाभान्वित करना है। मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान 2 अक्टूबर 2019 से प्रारंभ किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य 06 वर्ष तक के बच्चों को कुपोषण से मुक्त करना है।

 

 

और भी

बिहान योजना से जुड़ कर ग्राम बिलाड़ी की मीरा ने पकड़ी आर्थिक सशक्तिकरण की राह

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायपुर जिले के विकासखंड तिल्दा के  ग्राम पंचायत बिलाड़ी की श्रीमति मीरा कन्नौजे बिहान योजना से जुड़कर उन्नत कृषि कर आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन रही है।  मीरा  द्वारा औषधिय गुणों से  भरपुर एवं स्वास्थ्य के लिए अति लाभकारी मुनगा के पत्तियों से मुनगा पाउडर का निर्माण कर स्थानीय  बाजार में विक्रय किया जा रहा है जिससे उनको अच्छी आमदनी हो रही है। साथ ही वे हल्दी की खेती भी कर रही है।

उन्होने बिहान योजना में ग्रामीण स्तर पर विभिन्न सहायिकाओं के रूप में भी कार्य किया है जिसमें वे ग्रामीण महिलाओं को उन्नत खेती की तकनीक सिखाती है। इनके इस उत्कृष्ठ कार्य को विभिन्न स्तर पर पुरस्कृत भी किया गया । उन्हें इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य संस्थानों द्वारा पुरस्कृत किया गया है ।

वर्तमान में मीरा दीदी द्वारा अन्य उत्पाद जैसे कि फलों से निर्मित  जैम जेली आदि का भी निर्माण किया जा रहा हैं। उसे पैकिंग कर  स्थानीय बाजार में बेचा जा रहा है। इन आर्थिक गतिविधियों से  अबतक मीरा दीदी 3 लाख रूपये से अधिक की आय अर्जित कर चुकी है।

मीरा दीदी का कहना है कि बिहान योजना में जुड़ने से पहले उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं  थी । आज "बिहान" योजना की सहायता से उन्हें पंजीकृत संस्थाओं से निःशुल्क उन्नत कृषि तकनीको एवं उत्पाद निर्माण का प्रशिक्षण प्राप्त हुआ जिससे कि उन्होने अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए सभी संसाधन उपलब्ध हुए जिसकी सहायता से अपनी आजीविका को तो बढ़ा ही रही है, साथ ही अपने जैसे कमजोर ग्रामीण महिलाओं को बिहान योजना से जुड़ने के फायदो से अवगत कराते हुए कृषि के क्षेत्र में प्रशिक्षित कर मुख्य धारा से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रयासरत है। जिससे कि उनको आजीविका के अवसर प्राप्त हो सके व उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आये ।

और भी

कलेक्टर ने किया भिलाई के वैशाली नगर का निरीक्षण

 दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने गुरुवार को भिलाई नगर निगम जोन 2  वैशाली  नगर का निरीक्षण किया। जिसमें उन्होंने वार्ड क्रमांक 21,22,24 और 25 में स्थानीय जनों से भी मुलाकात की। पूर्व में  कुछ स्थानों में जलभराव की स्थिति निर्मित हुई थी जिसके लिए कलेक्टर ने उस समय संबंधित अधिकारियों को नाली निर्माण  कार्य कराने के निर्देश दिए थे, इस संबंध में कलेक्टर ने वहां के स्थानीय लोगों से जानकारी ली की वर्तमान में जलभराव की क्या स्थिति है जिस पर वार्ड वासियों ने उन्हें बताया कि नाली निर्माण के पश्चात जलभराव की स्थिति में कमी आई है  और वर्तमान में जलभराव नहीं हो रहा है। उपस्थित अभियंताओं ने भी बताया कि नाली का निर्माण लेवलिंग को ध्यान में रखकर किया गया है जिससे जल निकासी बेहतर तरीके से हो रही है। इसके अलावा  कलेक्टर ने विभिन्न दुकानों का भी निरीक्षण किया ,जहां उन्होंने दुकान के सामने के परिसर में  कब्जे को हटाने के लिए दुकानदारों को समझाई थी, कुछ दुकानदारों पर बड़े स्तर पर कब्जा होने की स्थिति में आवेदन भी लगाया गए। कलेक्टर ने इस अवसर पर दुकानदारों और स्थानीय लोगों को बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी सहभागिता की बात भी कही। इसके अलावा कलेक्टर ने हाउसिंग बोर्ड के क्रिकेट स्टेडियम का  निरीक्षण भी किया ,जहां उन्होंने स्टेडियम  के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए ताकि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को और बेहतर तरीके से निकाल सकें। इस अवसर पर आयुक्त लोकेश चंद्राकर, जोन आयुक्त एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

और भी

मुख्यमंत्री ने रायगढ़ में विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों से की भेंट-मुलाकात

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल ने गुरुवार को रायगढ़ में विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों से मुलाकात के दौरान सोनार समाज को 10 लाख रुपए मंगल भवन बनाने के लिए घोषणा की। कोलता समाज को बड़ा हाल बनाने के लिए 20 लाख रुपए, यादव समाज को शहरी क्षेत्र में सामाजिक भवन बनाने के लिए 20 लाख और पुसौर में सामाजिक भवन बनाने के लिए 10 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने चन्द्रा समाज को सामाजिक भवन बनाने के लिए 20 लाख रुपए, सोढ़ी समाज को भवन बनाने के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कोस्टा समाज के बुनकर समिति को खादी ग्रामोद्योग से जोड़कर उनके व्यापार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

और भी

पूर्व मंत्री केदार कश्यप का सरकार पर बड़ा आरोप, कहा : सैनिकों की भर्ती में भी भ्रष्टाचार हावी

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्य सरकार द्वारा बस्तर फाइटर्स की भर्ती में पारदर्शिता नही बरती गई है जिसके कारण कई होनहार युवकों का भविष्य अंधकारमय हो गया है । बस्तर फाइटर्स की भर्ती में हुई धांधली की जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्यवाही हो । उक्त बातें भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कही है।

श्री कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित बस्तर के युवाओं को रोजगार देने के वादे के साथ सरकार में आई कांग्रेस सरकार ने बस्तर फाइटर्स भर्ती प्रक्रिया को भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया, भर्ती प्रक्रिया में अधिक अंक पाने वालों की जगह कम अंक पाने वालों का चयन किया है पूरी भर्ती प्रक्रिया को देखने से समझ में आता है, कि प्रक्रिया में नियमों का पालन पूरी पारदर्शिता के साथ नही किया गया।

श्री कश्यप ने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार को प्रश्रय देकर सुनियोजित तरीके से पूरी नियम प्रक्रिया को शिथिल कर , योग्य अभ्यर्थियों को भर्ती से वंचित कर दिया गया है कांग्रेस पार्टी ने युवाओं को रोजगार देने की बड़ी बड़ी घोषणाएं की थी पर अब सुरक्षा मामले में भी जमकर भ्रष्टाचार किया गया  है । जिन लोगो का चयन हुआ है वो स्थानीय नही है फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर चयन किया गया ,  फिजिकल मे अनफिट होने पर भी उन्हें अवसर दिया गया ,अभ्यर्थियों के कम अंक के बाद भी उन्हें  इन्टरव्यू में मौका दिया गया , स्थानीय बोली को अवसर देने के नाम पर ऐसे अभ्यार्थियों का चयन किया जिन्हे स्थानीय बोली का अ,ब,स तक नहीं आता , पूरी चयन प्रक्रिया मे पैसे का जोर चला जिससे युवाओं के सुनहरे भविष्य का सपना टूट गया है।

श्री कश्यप ने कहा कि बस्तर फाइटर्स भर्ती में बस्तर के सैनिकों की भर्ती की जा रही है, और सैनिक की भर्ती में भी काग्रेस सरकार ने साजिश के तहत षड्यंत्रकारी तत्वों के द्वारा भ्रष्टाचार किया, जिसे बस्तर की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। श्री कश्यप ने सरकार से मांग की है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र एजेंसी से जांच करवाई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की जाए।

और भी

प्रदेश के 40 लाख से ज्यादा किसानों का पंजीयन, 83 फीसदी का ई-केवाईसी पूर्ण

 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने की पहल

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। किसान परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिये ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना‘ दिसम्बर, 2018 से प्रारंभ की गई है। योजनांतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष छः हजार रूपये, दो-दो हजार की तीन किस्तों में प्रदाय किया जाता है। योजनांतर्गत सभी वर्ग एवं श्रेणी के किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। अब तक छत्तीसगढ़ के 40 लाख 65 हजार 778 किसानों का पंजीयन किया जा चुका है, जिसमें 2 लाख 39 हजार 315 वनाधिकार पट्टाधारी किसान भी सम्मिलित हैं। योजनान्तर्गत अब तक कुल 37 लाख 70 हजार 06 किसान लाभान्वित हुए हैं।

ई-केवाईसी के लिए छत्तीसगढ़ को 29 लाख 05 हजार 193 आधार सत्यापित किसानों का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके विरुद्ध 24 लाख 18 हजार 378 किसानों का ई-केवाईसी किया जा चुका है, जो लक्ष्य का लगभग 83 प्रतिशत है। प्रदेश के 4 लाख 86 हजार 815 किसानों का ई-केवाईसी शेष है, जिसके लिए विभाग का मैदानी अमला सतत् प्रयासरत है। इसके लिए ग्राम स्तर पर चौपाल लगाये जा रहे हैं तथा कॉमन सर्विस सेंटर के साथ मिलकर कैंप भी आयोजित किये जा रहे हैं। साथ ही, आवश्यक होने पर किसानों के घर तक पहुँच कर ई-केवाईसी कराया जा रहा हैं। इस प्रकार, शीघ्र ही लंबित किसानों का ई-केवाईसी पूर्ण कर लिए जाने की संभावना हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 4 लाख 86 हजार 815 किसानों का ई-केवाईसी लंबित है। अतः ई-केवाईसी का कार्य 31 अगस्त के उपरांत भी जारी रखने का अनुरोध है ताकि पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न हो सके। पोर्टल पर ई-केवाईसी हेतु लंबित किसानों की संख्या तथा उपलब्ध सूची में निरंतर भिन्नता देखी जा रही है। सूची में ई-केवाईसी करा चुके किसानों का भी नाम सम्मिलित हैं, जिस संबंध में प्रदेश के अधिकारियों के द्वारा पूर्व की बैठकों में अवगत कराया गया है। इसके निराकरण हेतु प्रदेश की ओर से दो सुझाव भी दिए गए है, जिसमें प्रथम सुझाव पोर्टल पर ई-केवाईसी लंबित किसानों की सूची के साथ ई-केवाईसी संपन्न करा चुके किसानों की सूची भी उपलब्ध कराने कहा गया है। वहीं पोर्टल पर प्रत्येक किसान के स्टेटस पर ई-केवाईसी की स्थिति भी प्रदर्शित करने का सुझाव दिया गया है। इससे लक्षित किसान का चिन्हांकन ज्यादा सरल एवं प्रभावकारी होगा। वर्तमान में योजना के पोर्टल से राज्यों के भू-अभिलेखों का एकीकरण किया जा रहा है। प्रदेश में राजस्व विभाग के द्वारा भूईयाँ पोर्टल पर भू-अभिलेख की जानकारी डिजिटल स्वरूप में संधारित है, जिसका एकीकरण प्रक्रियाधीन है।

प्रदेश के लगभग 4 लाख 45 हजार वन अधिकार पट्टाधारी किसानों में से लगभग 2 लाख 39 हजार 315 किसान योजना अंतर्गत लाभान्वित हो रहे हैं, जिनका विवरण डिजिटल स्वरूप में संधारित नहीं होने के कारण उक्त कार्य में समस्या आने की संभावना है। अतः इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लिए जाने का अनुरोध किया गया है।  


पीएम किसान पोर्टल के साथ भू-अभिलेख एकीकरण का कार्य किया जा रहा है। भू-अभिलेख एकीकरण के अंतर्गत पोर्टल पर लगभग 38 लाख 85 हजार डेटा अपलोड किया गया था, जिसमें से लगभग 13 लाख 60 हजार किसानों की प्रविष्टि को भारत सरकार द्वारा स्वीकृत किया गया तथा शेष को अस्वीकृत किया गया है। अस्वीकृत किए गए डेटा की जानकारी तकनीकी कारणों से डाउनलोड नहीं हो पा रही है। छत्तीसगढ़ के कुल पंजीकृत किसानों में से 8 लाख 83 हजार 506 किसान अपात्र पाए गए हैं, जिन्होंने योजना अंतर्गत लाभ प्राप्त किया है। इनमें से 32 हजार 645 किसान आयकर दाता होने के कारण तथा 8 लाख 50 हजार 861 किसान अन्य कारणों से (जैसे - वास्तविक भूमि धारक नहीं होना, परिवार के एक से अधिक सदस्यों का पंजीयन होना, सरकारी कर्मचारी होना आदि) अपात्र के रूप में चिन्हित किये गए हैं। ऐसे अपात्र किसानों से लगभग 637 करोड़ रुपए की राशि वसूल किया जाना है, जिसमें से अब तक मात्र दो करोड़ की राशि वसूल की जा सकी है।

 

 

 
और भी

दिल्ली दौरे पर चंदेल, नड्डा से मुलाकात कर की राजनीतिक चर्चा

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेताप्रतिपक्ष नारायण चंदेल इन दिनों दिल्ली प्रवास पर हैं। दिल्ली प्रवास पर नड्डा के निवास में सौजन्य भेंट कर नेता प्रतिपक्ष के दायित्व दिये जाने पर पार्टी के प्रति आभार माना। इस दौरान प्रदेश के राजनीतिक परिस्थतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

 

 

और भी

हिमाचल में झूठ का आंचल लहरा आए भूपेश : रंजना

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व विधायक रंजना साहू ने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की जनता से किये वादे पूरे करने की बजाय उनसे पल्ला झाड़ लिया है और हद तो यह है कि हिमाचल में झूठ का आँचल लहरा आये।

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की जनता के हर वर्ग को हसीन सपने दिखाए और सत्ता हासिल करने के बाद हर वर्ग को धोखा दिया। युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था। इसे पूरा करने की बजाय अब वादे से ही मुकर रहे हैं। शराबबंदी लागू करने का वादा किया था। छत्तीसगढ़ को शराब में डुबो दिया। किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था। किसानों से भी छल कपट किया।  हर जिले में फूड प्रोसेसिंग प्लांट लगाने वाले थे, पता नहीं कहां लगा दिए। अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था। क्या हुआ? ऐसा कोई वादा नहीं है, जिसे भूपेश बघेल ने पूरा किया हो।

 
 

भाजपा प्रवक्ता रंजना साहू ने कहा कि भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ की जनता को चेहरा दिखाने की स्थिति में नहीं हैं। उनके ही मंत्री उनका पर्दाफाश कर रहे हैं। हड़ताली कर्मचारियों को सरकार की औकात बता रहे हैं। ऐसे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जो अपनी जनता को ठग रहे हैं वे हिमाचल में किस नैतिकता से गारंटी दे रहे हैं?

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता रंजना साहू ने कहा कि घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, 18 से 60 साल की महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह, 5 लाख युवाओं को रोजगार, फलों के दाम तय करने का अधिकार बागवानों को देने का वादा करने वाले भूपेश बघेल पहले अपने राज्य की जनता से किये वादे पूरे करें। यूपी ने भूपेश बघेल को बैरंग वापस भेज दिया है। अब हिमाचल से भी खाली हाथ लौटकर बघेल घर को आएंगे और 16 लाख गरीबों का घर छीनने वाले अगले साल यहां भी बेघर हो जाएंगे।

और भी

डॉ. रमन का कांग्रेस सरकार पर आरोप, 'जनता के पैसों से खिलाया जा रहा दारू-मुर्गा'

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें एक गाड़ी शराब की पेटियों को ले जाते हुए दिख रही है। झारखंड सरकार ने टूट के डर से यूपीए के 32 विधायकों को रायपुर रे रिजॉर्ट में शिफ्ट करा दिया है। यूपीए विधायकों को चार्टेड प्लेन से रायपुर ले जाया गया और उन्हें रिजॉर्ट में रखा गया। रिजॉर्ट के बाहर बेहद टाइट सिक्योरिटी रखी गई है। किसी को भी अंदर आने की इजाजत नहीं है। जिस रिजॉर्ट में विधायकों को रखा गया है वो बेहद ही लग्जीरियस है। यहां से झील दिखाई पड़ती है।

छत्तीसगढ़ के जिस आलीशान फाइव स्टार रिजॉर्ट में झारखंड से आए विधायकों को ठहराया गया है, उसको लेकर विवाद शुरू हो गया है। खबर है कि इस होटल में सोरेन सरकार के विधायकों की हर सुख सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। 

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने रमन सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो भी शेयर किया है। इसमें एक गाड़ी शराब की पेटियों को ले जाते हुए दिख रही है। उन्होंने लिखा कि भूपेश जी कान खोलकर सुन लीजिए! छत्तीसगढ़ अय्याशी का अड्डा नहीं है, जो छत्तीसगढ़ियों के पैसे से झारखंड के विधायकों को दारू-मुर्गा खिला रहे हैं। असम, हरियाणा के बाद अब झारखंड के विधायको का डेरा, इन अनैतिक कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ महतारी आपको कभी माफ नहीं करेगी। 

सियासी संकट के बीच झारखंड के विधायकों को रायपुर स्थित रिसॉर्ट में रखा गया है। रिजॉर्ट में लग्जरी रूम्स हैं। यहां की सुख-सुविधाएं देखकर आपकी नजरें नहीं हटेंगी।

दावा किया जा रहा है कि होटल के अंदर डेढ़ लाख रुपये तक के कमरे हैं। मेक मॉय ट्रिप पर पर जो दिखाया गया है, उसके हिसाब से रिसॉर्ट में 6700 रुपये से लेकर 1.25 लाख रुपये तक का कमरा है। इस होटल के मालिक पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप राय हैं। आठ महीने पहले लेकव्यू रिसॉर्ट में ही छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल ने अपने बेटे की शादी की थी।

 

और भी

गोंड समाज का युवक -युवती परिचय सम्मेलन 16 अक्टूबर को वृंदावन हॉल रायपुर में

 धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गोंडवाना गोंड महासभा के तत्वाधान में गोंड समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन 16 अक्टूबर को सुबह 10 से 5 तक वृंदावन हॉल, आईडीबीआई बैंक के पास, सिविल लाइन रायपुर छत्तीसगढ़ में आहूत की गई है। कार्यक्रम में पंजीयन लेकर सम्मिलित होने वाले समाज के युवक.युवतियों से अपील किया गया कि अनिवार्य उपस्थिति प्रदान कर इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का लाभ लें। 

सामाजिक जनों से आह्वान करते हुए आर एन ध्रुव ने कहा की इस तरह के आयोजन से समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियां एक ही मंच पर मिलने से हमें वर-वधु खोजने में भारी-भरकम खर्च व समय की बचत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने बच्चों के लिए योग्य रिश्ता ढूंढने जाएंगे तो कई लोगों से संपर्क करेंगे। कई महीनों, वर्षों तक घूमकर समय खर्च करेंगे तब कहीं हमें योग्य वर वधु मिलते हैं। लेकिन ऐसे कार्यक्रमों में एक केवल ही दिन समय देने पर इस तरह के सशक्त मंच के माध्यम से बहुत सारे रिश्ते मिल सकते हैं।

 

 

और भी

सियासी ड्रामे के बीच रायपुर पहुंचे झारखंड के विधायक, सीएम सोरेन ने कहा...

 रायपुर/रांची (छत्तीसगढ़ दर्पण)। झारखंड में चल रहे सियासी ड्रामे के बीच सत्ताधारी पार्टी जेएमएम और राजद के 32 विधायक समेत 35 नेता इंडिगो के विमान से रायपुर पहुंचे हैं। सभी विधायक रायपुर एयरपोर्ट से तीन लक्जरी बसों में सवार होकर मेफेयर रिसोर्ट के लिए रवाना हो गए। बता दें इससे पहले कि सीएम आवास से दो बसों में सवार रांची एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए थे। हालांकि, इन विधायकों के साथ सीएम हेमंत सोरेन नहीं आने की सूचना हैं। साथ ही JMM के कई अन्य विधायक भी नहीं गये हैं।

इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायकों की एकता को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि कोई अनहोनी नहीं होगी। हर परिस्थिति का सामना करने के लिए सत्ता पक्ष तैयार है। रणनीति के तहत कार्य किए जा रहे हैं। उसी रणनीति की छोटी सी झलक पहले और आज सभी ने देखा, आगे भी कई चीजें देखने को मिलेंगी। राज्य में षड्यंत्रकारियों को जवाब सत्ता पक्ष तरीके से देगी। उन्होंने कहा, "हम हर चीज के लिए तैयार हैं, स्थिति हमारे नियंत्रण में है। इससे पहले सोरेन अपने सभी विधायकों को रांची से लगभग 30 किमी दूर खूंटी पहुंचे थे और लतरातू बांध के पास एक झील में नाव की सवारी के लिए जाते देखे गए थे।  

झामुमो के 19, कांग्रेस के 12 और राष्ट्रीय जनता दल के 1 विधायक शामिल हैं। इनके अलावा कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर और संतोष पांडेय भी मौजूद हैं।

सोरेन की झामुमो का मानना है कि भाजपा महाराष्ट्र की तरह सरकार गिराने के लिए अपने और कांग्रेस के विधायकों को हथियाने का गंभीर प्रयास कर सकती है और विधायकों को सुरक्षित पनाहगाह में रखने की जरूरत है।   
 
लाभ के पद के मामले में सोरेन को विधानसभा से अयोग्य ठहराने की भाजपा की याचिका के बाद चुनाव आयोग ने 25 अगस्त को राज्य के राज्यपाल रमेश बैस को अपना फैसला भेजा है।

हालांकि चुनाव आयोग के फैसले को अभी आधिकारिक नहीं बनाया गया है, लेकिन चर्चा थी कि चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री को विधायक के रूप में अयोग्य घोषित करने की शिफारिश की है। तब से राजभवन ने इस  मामेल पर कुछ भी घोषणा नहीं की है।

और भी

प्राकृतिक सौन्दर्य से परिपूर्ण देशदेखा को पर्यटन के रूप में किया जा रहा विकसीत

 बुकिंग और पूछताछ के लिए 8770410285 पर सम्पर्क किया जा सकता है

जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर अग्रवाल के दिशा-निर्देश में 27 अगस्त और 28 अगस्त को जशपुर विकासखंड के देशदेखा पहाड़ी शिविर में दो दिवसीय स्थानीय लोगों की बैठक हुई थी, जिला प्रशासन जशपुर, ट्रिपी हिल्स और देशदेखा पर्यटन समूह के स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से किया गया था।

दो दिवसीय कार्यक्रम में अलाव और संगीत सत्र के साथ कैम्पिंग, ट्रेकिंग, स्टारगेजिंग और कहानी सुनाने की गतिविधियां शामिल थीं। सारी चीजें देशदेखा पर्यटन समूह के सदस्यों ने तैयार की थीं। इसका उद्देश्य उत्तरी जशपुर में एक कैंपिंग डेस्टिनेशन के रूप में देशदेखा को बढ़ावा देना था। अतिथि जहां स्थानीय औषधीय चाय से स्वागत किया गया, जिसमें चरिगुड़ा और लेमन ग्रास शामिल थे। रात का खाना स्थानीय कटोरी पत्तियों में परोसा गया। रात के खाने में करील जैसे स्थानीय व्यंजन शामिल थे, जो बांस के अंकुर की ओर से बनाए गए थे। स्थानीय चटनी जैसे लवेत भाजी और अन्य व्यंजन जैसे दाल, मिक्स वेज और चावल भी परोसे गए। सुबह के नाश्ते में पोहा और औषधीय चाय के साथ परोसा गया। और फिर बगमारा जलप्रपात तक ट्रेकिंग की गई।

देशदेखा पर्यटन समूह के जिला प्रशासन जशपुर की ओर से प्रशिक्षित गाइड स्थानीय प्रभावितों को झरने तक ले गए, जो एक तरफ लगभग 2.5 किमी का ट्रेक था और बीच में जंगल के पेड़, उनके औषधीय लाभ, ट्रेकिंग के दौरान उनके द्वारा खाए जाने वाले जंगल के फलों के बारे में बहुत कुछ बताया। देशदेखा को पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने के लिए निम्नलिखित गतिविधियाँ की गईं और स्थानीय प्रभावशाली लोगों की बैठक आयोजित की गई। समूह की आजीविका पीढ़ी के लिए। देशदेखा में एक बैरियर भी लगाया गया है, जहां अब गंतव्य में प्रवेश करने के लिए टिकटों का शुल्क लिया जाता है और एक पार्किंग क्षेत्र बनाया गया है। प्रति व्यक्ति और प्रति वाहन सभी पर शुल्क लागू होते हैं। समूह सदस्य देशदेखा पर्यटन स्थल की सफाई, पर्यटकों की सुरक्षा और सुरक्षा के लिए जिम्मेदार हैं। अब कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन बुकिंग करके या समूह सदस्यों के माध्यम से देशदेखा पर्यटन स्थल पर सीधे बुकिंग करके देशदेखा में कैंपिंग बुक कर सकता है। या बुकिंग और पूछताछ के लिए आप इस नंबर- 8770410285 पर वाट्सएप पर संपर्क कर सकते हैं।

और भी

सरपंच सचिव की लापरवाही के चलते भर से सामुदायिक शौचालय अधूरा...

 बैकुन्ठपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ग्राम पंचायत बरदिया के सरपंच सचिव की लापरवाही के कारण सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य पिछले साल भर बंद पड़ा है।ग्रामिणो ने सरपंच सचिव को सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य के कई बार बोल चुके है लेकिन सरपंच आज कल शौचालय का निर्माण कार्य प्रारभ होगा यह बोल- बोल कर स्थानीय ग्रामिणो को दिलासा दे टाल मटोल कर रहे हैं। ग्रामवासियों का आरोप है कि सबंधित विभाग भी सामुदायिक शौचालय के निर्माण कार्य के प्रति कोई सुध नही ले रही है। इसके चलते सरपंच सचिव के हौसले और बुलंद होती जा रही है।ग्राम पंचायत बरदिया मे सामुदायिक शौचालय के निर्माण कार्य के लिए तीन मद से 4.40 लाख रूपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिली थी।सरपंच सचिव ने आनन फानन मे सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जैसे तैसे शौचालय का छत ढलाई का कार्य पुर्ण हुआ सरपंच ने निर्माण कार्य बंद करा दी।साल भर बित चुके है इसके बावजूद सरपंच सचिव ने सामुदायिक शौचालय का निर्माण शुरू नही किया।

अधुरा सामुदायिक शौचालय बना शराबियो का अड़्ड़ा
ग्राम पंचायत बरदिया मे सामुदायिक शौचालय के निर्माण कार्य के लिए तीन मद से 4.40 लाख रूपये की प्रशासनिक राशी मिली थी।जिसमे मररेगा योजना से 40 हजार स्वच्छ भारत से 3 लाख एवं 15 वां वित आयोग से 90 हजार रूपये मिला था।सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य अधुरा होने के कारण शामं होते ही कुछ शराबियो की महफिल सज जाती है जो देर रात तक महफिल सजी रहती है।सामुदायिक शौचालय के भितर दर्जनो बोतल ड़िस्पोजेबल गिलास पड़े हुए है। जिससे देख कर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

और भी

58 ट्रेनों को रद्ध करना हिन्दु त्यौहार विरोधी मानसिकता-अभय नारायण राय

 बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  स्थानीय सत्यम चौक पर 30 अगस्त को दोपहर 2.15 बजे प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय के संयोजन एवं ब्लाक क्र.1 अध्यक्ष जावेद मेमन के नेतृत्व में बिलासपुर के वरिष्ठ कांग्रेसजनों की उपस्थिति में रेल मंत्री का पुतला दहन किया गया, पुतला दहन रेलवे बोर्ड और छत्तीसगढ़ के रेलवे जोन के अधिकारियों के द्वारा तीज त्यौहार और गणेश चतुर्थी के पहले 58 ट्रेनों को मेन्टेनेंस के नाम पर रद्ध करने के विरोध में किया गया। रेलमंत्री, प्रधानमंत्री, स्थानीय सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई, फिर रेलमंत्री का पुतला दहन किया। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय ने कहा कि दिल्ली की केन्द्र सरकार जिसके मुखिया नरेन्द्र मोदी है, वर्ष 2014 से सरकार बनने के बाद से लगातार सार्वजनिक उपक्रमों को बेचने या बंद करने का काम किया जा रहा है, इसी के तहत लगातार रेलवे का निजीकरण किया जा रहा है, रेलवे को प्राईवेट हाथों में देने की तैयारी चल रही है, अभय नारायण राय ने रेलवे जोन के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुये कहा कि लगातार रेलवे जाने बिलासपुर में यात्री गाड़ियों को कैंसिल किया जा रहा है, कभी 68, कभी 65, कभी 58 ट्रेनें सप्ताह भर के लिए बंद कर दी जाती है, वर्तमान में 58 ट्रेनों को रद्ध करने से यह सिद्ध हो गया कि हिन्दुवादी संगठन को एक कर भगवान के नाम पर वोंट मांगने वाली सरकार हिन्दू के सबसे बड़े त्यौहार तीजा और गणेश चतुर्थी के पूर्व 58 ट्रेनों को रद्ध करना हिन्दू त्यौहार विरोधी मानसिकता को प्रदर्शित करता है, स्थानीय सांसद अरूण साव जो कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त हुए है, उनके क्षेत्र में 58 ट्रेनें रद्ध हुई, तो भी वे चुप्पी साधे बैठे हुए हैं।

कांग्रेस नेता महेश दुबे ने इस अवसर पर कहा कि पहले ट्रेनों का स्टापेज बंद करना, लगातार ट्रेनों को रद्ध करना यह सिद्ध करता है कि रेल प्रशासन केवल औद्योगिक और बड़े घरानों के लिए काम कर रहा है, एक भी कोयला और मालगाड़ी रद्ध नहीं की जाती, महेश दुबे ने बिलासपुर के सांसद और प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव को बधाई दी कि आप अध्यक्ष बनने के बाद संसदीय क्षेत्र के बहनों और माताओं को एक अच्छा तोहफा दिया है या तो ट्रेनों को चालू करवाये, या तो जनता के साथ आकर आंदोलन में शामिल हो। आक्रोशित जनता बहुत जल्द रद्ध ट्रेनों को पुनः व शीघ्र चालू करवाने हेतु आंदोलन करेगी।

ब्लाक अध्यक्ष जावेद मेमन ने कहा कि अभी तो यह अंगड़ाई है और आगे लड़ाई बाकी है, पुतला दहन के बाद भी ट्रेनें पुनः चालू नहीं होती है, तो कांग्रेस रेल प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी।

 

 

 

इस प्रदर्शन में प्रमुख रूप से शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष धर्मेश शर्मा, महामंत्री देवेन्द्र सिंह बाटू, समीर अहमद, दिलीप पाटिल, कोषाध्यक्ष नसीम खान, पार्षद अब्दुल, राजा व्यास, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के उपाध्यक्ष दुलारे भाई, शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्याशी असलम शेरू, विनय वैद्य, रिजवान खान, मोहम्मद अयाज, अंकित बिसेन, विनीत मेश्राम, रवि गेडाम, गुलाम खान, प्रवीण रजक, सुहैल अहमद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

और भी