हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

तस्करों को रोकने के दौरान सीमा पर भड़की हिंसा, गोलीबारी में 6 की मौत

 गुवाहाटी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। असम-मेघालय सीमा पर लकड़ी की तस्करी को रोके जाने के दौरान मंगलवार तड़के हिंसा भड़क गई। हिंसा में वन रक्षक समेत 6 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि असम-मेघालय सीमा पर पुलिस ने अवैध लकड़ी के ट्रक को रोका था, जिसके बाद हिंसा भड़क गई।


पश्चिम कार्बी आंगलोंग के पुलिस अधीक्षक इमदाद अली ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि असम वन विभाग ने मेघालय सीमा पर ट्रक को रोका था। ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की। उसे रोकने के लिए वन रक्षकों ने फायरिंग कर दी। अधिकारी ने आगे बताया कि फायरिंग में ट्रक का टायर पंचर हो गया। वन रक्षकों ने ट्रक चालक समेत तीन लोगों को पकड़ लिया, हालांकि अन्य भागने में कामयाब रहे।

 
 

अधिकारी ने बताया कि घटना के बारे में नजदीकी पुलिस थाना में जानकारी दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की। सुबह पांच बजे पुलिस के पहुंचते ही कुछ स्थानीय लोग हाथों में हथियार लिए वहां पहुंच गए। भीड़ ने तस्करों को छोड़े जाने की मांग को लेकर वन रक्षकों और पुलिस को घेर लिया। बचाव में भीड़ पर गोली चलानी पड़ी।

वन रक्षक समेत 6 लोगों की मौत
गोलीबारी में वन रक्षक की मौत हो गई। उसके अलावा मेघालय के पांच लोगों की भी मौत हुई है। हिंसा में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। वन रक्षक की मौत की वजह का पता नहीं चल सका है। इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

उधर, एहतियात के तौर पर मेघालय के सात जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। सीएम कोनराड संगमा ने बताया कि मामले में मेघालय पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

 

 

 
और भी

युवाओं को नौकरी देने मिशन मोड में काम कर रही है सरकार : नरेंद्र मोदी


पीएम मोदी ने 71 हजार नवनियुक्त कैंडिडेट्स को ऑनलाइन सौंपे नियुक्ति पत्र

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को रोजगार मेले के तहत युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये 71,000 नवनियुक्त कैंडिडेट्स को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर पीएम मोदी ने इन कैंडिडेट्स को संबोधित भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि आपको यह नई जिम्मेदारी एक खास दौर में मिल रही है। देश अमृत काल में प्रवेश कर गया है। हम नागरिकों ने इस अवधि में भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को प्राप्त करने के लिए आप देश के 'सारथी' बनने जा रहे हैं। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि आज का ये विशाल रोजगार मेला दिखाता है कि सरकार किस तरह गवर्नमेंट जॉब देने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है।


रोजगार मेले में पीएम मोदी ने कहा कि देश की बाकी जनता के सामने आप सभी जो इस नई जिम्मेदारी को उठाने जा रहे हैं, उन्हें एक तरह से केंद्र सरकार के प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया जा रहा है।

 
 
 
 
 
 
 

साथ ही कहा कि महामारी और युद्ध के बीच दुनियाभर के युवाओं के सामने नए अवसरों का संकट है। विकसित देशों में भी विशेषज्ञों को एक बड़े संकट की आशंका है। ऐसे समय में अर्थशास्त्री और विशेषज्ञ कहते हैं कि भारत के पास आर्थिक क्षमता प्रदर्शित करने और नए अवसरों को बढ़ावा देने का सुनहरा अवसर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्टार्ट-अप्स से लेकर स्वरोजगार तक, स्पेस से लेकर ड्रोन तक आज भारत में युवाओं के लिए चौतरफा नए अवसरों का निर्माण हो रहा है।

 
 
 
 
 


'कर्मयोगी भारत' प्लेटफॉर्म से युवाओं को करियर में मिलेगा लाभ
पीएम मोदी ने आज 'कर्मयोगी भारत' टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म को भी लॉन्च किया है। पीएम मोदी ने कहा कि इसमें कई तरह के ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध हैं। इन ऑनलाइन कोर्सेस का छात्रों को जरूरी फायदा मिलेगा। इससे आपकी स्किल भी अपग्रेड होगी और भविष्य में आपको अपने करियर में भी काफी लाभ होगा।

 

 

 
और भी

जनजातीय सप्ताह में हुआ भगवान बिरसा नाटक का मंचन

 वर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर सिदो कान्हू मुर्मू दलित एवं जनजातीय अध्ययन केंद्र द्वारा जनजातीय गौरव सप्ताह के संपूर्ति के उपलक्ष्य में सोमवार को भगवान बिरसा नाटक का मंचन किया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल, श्रीमती कुसुम शुक्ला, प्रति कुलपति प्रो. चंद्रकांत रागीट, प्रो. एल. कारुण्यकरा की प्रमुख उपस्थिति रही। नाटक का निर्देशन उत्कर्ष सहस्रबुद्धे ने तथा मार्गदर्शन दूर शिक्षा निदेशालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका मिश्रा ने किया।



विश्वविद्यालय के गालिब सभागार में नाट्य मंचन से पूर्व संमिश्र पद्धति ‘प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जिसमें शोधार्थी महेंद्र लोधी ने प्रथम, विजय कुमरे ने द्वितीय तथा अश्विनी राऊत और महेश दुर्गम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।विजेताओं और प्रतिभागियों को कुलपति प्रो. शुक्ल, श्रीमती कुसुम शुक्ला द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में डॉ. सुनील कुमार, डॉ. संदीप कुमार एवं डॉ. धीरज मसराम ने  परीक्षक के रूप में भूमिका निभायी। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रोफेसर डॉ. राकेश फकलियाल ने किया तथा आभार सहायक प्रोफेसर डॉ. किरण कुंभरे माना। इस अवसर अध्यापक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

 

 

और भी

छत्तीसगढ़ में स्थापित होगी ड्रोन उत्पादन इकाई, इथेनॉल के लिए होगा 140 करोड़ का निवेश

 रायपुर/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में छत्तीसगढ़ बिज़नेस समिट का आयोजन किया गया, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से आए उद्यमी, निर्यातक और व्यवसायियों ने भाग लिया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ शासन ने इथेनॉल व ड्रोन उत्पादन इकाई स्थापना के लिए दो एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।


बिज़नेस समिट में छत्तीसगढ़ के श्रम मंत्री शिव डहरिया ने छत्तीसगढ़ में औद्योगिक संभावनाओं की जानकारी देने के साथ ही उद्यमियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रगतिशील और संभावनाओं से भरा राज्य है। प्रदेश सरकार की नई औद्योगिक नीति के तहत उद्यमियों के लिए कई प्रकार की रियायत और सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने उद्यमियों व निवेशकों से आग्रह किया कि छत्तीसगढ़ आकर सुविधाओं का लाभ लें एवं प्रदेश की उन्नति और विकास में सहयोगी बनें।

 
बिज़नेस समिट में छत्तीसगढ़ से आई अधिकारियों की टीम ने इलेक्ट्रॉनिक्स, लघु वनोपज और हस्तशिल्प और हथकरघा आदि क्षेत्रों के व्यवसायियों, उद्यमियों और निर्यातकों को छत्तीसगढ़ में उद्योग, व्यापार की संभावनाओं की जानकारी देते हुये निवेश के लिए भी आमंत्रित किया।
 

उद्योग विभाग के विशेष सचिव हिमशिखर गुप्ता ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार के नई औद्यौगिक नीति 2019-2024 में उद्योगों की स्थापना से जुड़े नियमों को सरल बनाया है, जिसमें उद्योगों को विभिन्न स्वीकृतियां प्रदान करने के लिए एकल खिड़की प्रणाली लागू की गई है, कठिन प्रक्रिया का सरलीकरण किया गया है। कई प्रकार की रियायतें व सुविधाएं प्रदान की जा रही है। स्टार्ट-अप के लिए विशेष पैकेज प्रदान किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में कोर सैक्टर के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स, लघु वनोपज और हस्तशिल्प और हथकरघा आदि क्षेत्रों में भी फोकस किया जा रहा है।

 

समिट के अंत में दो एमओयू हुये। इथेनॉल उत्पादन इकाई स्थापित करने के लिए एनकेजे बायोफ्यूल, दुर्ग के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। यह कंपनी 140 करोड़ का निवेश करेगी। कंपनी की ओर से राजेश गौतम ने हस्ताक्षर किए। वहीं, दूसरा एमओयू ड्रोन व यूएवी मैनुफेक्चरिंग यूनिट के लिए डेबेस्ट रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड के साथ किया गया। कंपनी की ओर से मनीष वाजपेई ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया। यह कंपनी 5 करोड़ का निवेश करेगी व 4500 यूनिट स्थापित करेगी।

 

बिजनेस समिट में उद्योग विभाग, लघु वनोपज, हस्तशिल्प और हथकरघा, पर्यटन विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ में संभावनाओं को लेकर जानकारी दी गयी। इस मौके पर लघु वनोपज संघ के प्रबंध संचालक श्याम सुंदर बजाज, रुरल इंडस्ट्री के संचालक अरुण प्रसाद, सीएसआईडीसी के कार्यकारी संचालक अनिल श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

 

 

 
और भी

काशी तमिल संगमम् : तमिल शिष्टमंडल का दूसरा दल पहुंचा काशी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। एक माह तक चलने वाले ‘काशी तमिल संगमम्’ में सम्मिलित होने के लिये तमिल शिष्टमंडल का दूसरा दल मंगलवार को काशी की पावन नगरी पहुंच गया है। इस दल में तमिलनाडु के विभिन्न भागों में रहने वाले छात्र, सांस्कृतिक कलाकार, अकादमीशियन, साहित्यकार, इतिहासकार आदि शामिल हैं। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर दल का भव्य स्वागत किया गया। काशी उत्सव में सम्मिलित होने के बाद, दल प्रयागराज और अयोध्या भी जायेगा।

 
तमिलनाडु के विभिन्न भागों से शिष्टमंडल के और भी दल विभिन्न समूहों में काशी पहुंचकर महीने भर चलने वाले ‘काशी तमिल संगमम्’ में सम्मिलित होंगे। वाराणसी के अलावा, वे प्रयागराज और अयोध्या भी जायेंगे। लोगों के बीच इस आदान-प्रदान का उद्देश्य है कि ज्ञान की दोनों परंपराओं और संस्कृति को एक-दूसरे के निकट लाया जाये। साथ ही इन दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच साझा धरोहर के प्रति समझ विकसित करना तथा रिश्ते मजबूत बनाना भी उद्देश्य में शामिल है। तमिलनाडु का शिष्टमंडल काशी को प्राचीन नगरी के ऐतिहासिक महत्त्व को समझने में आसानी होगी। महीने भर चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान, तमिलनाडु के विभिन्न सांस्कृतिक समूह काशी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे।



उल्लेखनीय है कि ‘काशी तमिल संगमम्’ का उद्घाटन 19 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। तमिलनाडु के शिष्टमंडल के अतिरिक्त काशी के स्थानीय निवासी भी पूरे हर्षोल्लास के साथ महीने भर चलने वाले कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

और भी

इंडोनेशिया में भूकंप के कारण हुई लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुःख

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री मोदी ने इंडोनेशिया में भूकंप के कारण हुई लोगों की मौत पर गहरा दुःख और पीड़ा व्‍यक्‍त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि भारत दुःख की इस घड़ी में इंडोनेशिया के साथ खड़ा है।


प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया- “इंडोनेशिया में भूकंप के कारण हुई लोगों की मौत और संपत्ति के नुकसान से दुखी हूं। मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारत दुःख की इस घड़ी में इंडोनेशिया के साथ खड़ा है।”

 

 

और भी

छापेमारी के दौरान आयकर विभाग को मिली बेहिसाब नकदी, 5 करोड़ के आभूषण बरामद...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आयकर विभाग ने 17 नवंबर को पटना, भागलपुर, डेहरी, लखनऊ और दिल्ली में सोने और हीरे के आभूषण और रियल एस्टेट के कारोबार में लगे कुछ समूहों से संबंधित 30 से अधिक स्थानों पर तलाशी ली। तलाशी अभियान के दौरान, बेहिसाब नकदी और 5 करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण जब्त किए गए। इसके अलावा, आय की चोरी का सबूत भी बरामद किया गया है। वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

वित्त मंत्रालय ने बताया कि कुल 14 बैंक लॉकरों को सीज किया गया। अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक के बेहिसाब लेनदेन का पता चला है।

सोने और हीरे के आभूषणों के कारोबार में लगे एक समूह से जब्त किए गए साक्ष्यों के विश्लेषण से पता चला है कि इस समूह ने अपनी बेहिसाब आय का आभूषणों की नकद खरीद,  दुकानों के नवीनीकरण और अचल संपत्तियों में निवेश किया है। इस समूह को ग्राहकों से अग्रिम राशि की आड़ में अपनी लेखा बहियों में 12 करोड़ से अधिक की बेहिसाब धनराशि शामिल करने का भी पता चला है। इसके अलावा, तलाशी अभियान के दौरान  स्टॉक के भौतिक सत्यापन पर 12 करोड़ रुपए से अधिक का बेहिसाब स्टॉक भी मिला है।

रियल स्टेट व्यापार में लगे एक अन्य समूह के मामले में भूमि की खरीद, भवनों के निर्माण और अपार्टमेंट की बिक्री में बेहिसाब नकद लेन-देन करने के भी सबूत मिले हैं जिन्हें जब्त कर लिया गया है। एक जाने-माने भूमि दलाल के मामले में उपरोक्त बेहिसाब लेनदेन की पुष्टि हुई है। इस तरह के बेहिसाब नकद लेनदेन की मात्रा 80 करोड़ रुपये से अधिक है। समूह के प्रमुख व्यक्तियों द्वारा इस प्रकार अर्जित की गई अघोषित आय का बड़े भूमि खंडों सहित कई अचल संपत्तियों की खरीददारी में निवेश किया गया है।

तलाशी अभियान के दौरान 5 करोड़ रूपए से अधिक मूल्य की बेहिसाब नकदी और जेवरात भी जब्त किए गए हैं। कुल 14 बैंक लॉकरों को सीज किया गया है। अभी तक की गई तलाशी कार्रवाई में 100 करोड़ रुपये से अधिक के बेहिसाब लेनदेन का पता चला है।

आगे की जांच चल रही है।

और भी

डॉ निशंक को रूस के राष्ट्रीय शोध विश्वविद्यालय पीटस्र्बर्ग ने सम्मानित किया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत के पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक को नवाचारयुक्र, समावेशी एवम गुणवत्तापरक एनईपी 2020 के लिए रूस के राष्ट्रीय शोध विश्वविद्यालय पीटस्र्बर्ग द्वारा सम्मानित किया गया है।

इस अवसर पर सांसद पूर्व शिक्षा मंत्री निशंक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। नरेंद्र मोदी के दूरगामी सोच का परिणाम है कि भारत में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू की गई है। जिसमें भारत की शिक्षा नीति में व्यापक सुधार किए गए हैं, जो न सिर्फ शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ावा देता है बल्कि भारतीय शिक्षा व्यवस्था को विश्व के पटल पर गौरव का अहसास कराता है।

 

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री का सपना है कि भारत विश्व गुरु बने और शिक्षा के क्षेत्र में जो क्रांति हो उसका नेतृत्व भारत के हाथों में हो। इसी सोच के तहत प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में नई शिक्षा नीति 2020 को फलीभूत किया गया। जिसे भारत के उस समय के शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के नेतृत्व में लागू गिया गया। यह शिक्षा नीति विश्व के पटल पर भारत को अलग पहचान दिलाएगा।

निशंक के मुताबिक इस शिक्षा नीति का मकसद ही है कि शिक्षा कैसे सहज और सरल हो जिससे उसे ग्रहण करना किसी भी छात्र के लिए आनंददायक हो। साथ ही इसमें उन मूल्यों को ध्यान रखा गया है जिससे छात्रों का नैतिक जीवन उच्च हो सके।

सेंट पीटर्सबर्ग में राष्ट्रीय शोध विश्वविद्यालय परिसर की ओर से डॉ अन्ना टायशेत्सकाया ने रमेश पोखरियाल निशंक की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस सामयिक, सामरिक और वैश्विक प्रतिस्पर्धी नीति के लिए आपको बधाई देते हुए दुनिया के 100 से अधिक शीर्ष विश्वविद्यालयों की लीग ( के दल ) में शामिल होते हुए हमें अत्यंत खुशी हो रही है। हमारा मानना है कि एनईपी-2020 अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय उच्च शिक्षा प्रणाली की बेहतर समझ को विकसित करने में सक्षम करेगी।

 

और भी

भारत आर्थिक अनिश्चितता के बीच वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था में आशा की किरण : पीयूष गोयल

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत आर्थिक अनिश्चितता के बीच वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था में आशा की किरण है। श्री गोयल मुंबई में लेखाकारों के वैश्चिक सम्‍मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्‍होंने कहा कि आज पूरा विश्‍व आर्थिक बहाली और मार्ग दर्शन के लिए भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था की ओर देख रहा है। वाणिज्‍य मंत्री ने कहा कि जी-20 की अध्‍यक्षता के लिए हमारा मूल मंत्र होगा- वसुधैव कुटुम्‍बकम। उन्‍होंने कहा कि भारत पूरे विश्‍व को एक परिवार मानता है और इसीलिए जी-20 की अध्‍यक्षता के लिए थीम रखी गई है- एक पृथ्‍वी, एक परिवार, एक भविष्‍य। उन्‍होंने कहा कि जहां पूरे विश्‍व का ध्‍यान उपभोग आधारित विकास पर है वहीं भारत प्रकृति का सम्‍मान करते हुए निरंतरता पर ध्‍यान केन्द्रित करता है। हमारा विश्‍वास समानता में है और भावी पीढि़यों को बेहतर संसाधन सौंपना हमारा दायित्‍व है।

 

 

और भी

तेज रफ़्तार ट्रक ने लोगों को रौंदा, महिलाओं और बच्चो समेत 12 लोगो की मौत

 पटना (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश में हुए भीषण सड़क हादसे में महिलाओं और बच्चो समेत 12 लोगो की मौत हो गयी है। ये घटना  बिहार के वैशाली जिले सरी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव की है जहां एक अनियंत्रित तेज रफ़्तार ट्रक ने नेवतन पूजा के बाद हुए भोज खाकर लौट रहे लोगो को कुचल दिया। 

जानकारी के अनुसार, इस घटना में हताहत हुए लोग सड़क के किनारे पैडल वापस लौट रहे थे तभी पीछे से आ रही तेज रफ़्तार ट्रक ने सभी लोगो को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक आगे एक पेड़ से भी टकरा गयी।  इस दर्दनाक घटना के बाद के बाद घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गयी।  गाँव वालो ने घटना की जानकारी पुलिस को दी जिसकी बाद पुलिस और जिला प्रशासन सभी को अस्पताल पहुँचाया।  

 

इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल विधायक मुकेश रौशन भी मौके का दौरा किया और मीडिया को बताया की इस घटना में महिलाओं और बच्चो समेत 12 लोगो की मौत हुई है। 

इस घटना पर देश के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने दुःख व्यक्त करते हुए मृतक के परिवारों को 2 लाख रूपए और घायलों को 50000 रूपए की राहत राशि देने की बात कही है। 

 

वहीँ बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने घटना पर संवेदना जताते हुए मृतक के परिवारों को 5 लाख रूपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है वहीं घायलों कके उचित इलाज करने के निर्देश दिए है। 

 

 

और भी

सरकारी अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों का आतंक, लावारिस लाश की नोच ली आँखें...

 अयोध्या  (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से जुडी एक चौकाने वाली घटना में सरकारी जिला अस्पताल परिसर में पड़े लावारिस शव की आंखें निकाल लीं। लावारिस लाश अस्पताल के वार्ड में दीवार के पास पड़ी थी। 

बीते गुरूवार को सरकारी अस्पताल परिसर में पिछले कई महीनों से घूम रहे एक लावारिस अधेड़ की मौत हो गयी थी। आवारा कुत्ते रातभर मृतक के शव को नोचते रहे और अगली सुबह तक कुत्तो ने मृतक की दोनों आँखे नोच ली थी।  लोगों जब लावारिस लाश को इस बुरे हाल में देखा तब आवारा कुत्तों के झुण्ड को हटाया और पुलिस को तुरंत इस मामले की जानकारी दी। 

 
 
 

अयोध्या के सीएमएचओ अजय कुमार राजा ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है और उन्हें बताया गया था कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था। वो परिसर में घूमता रहता था और कुछ दिन पहले ही अस्पताल परिसर छोड़ दिया था।

 

 

और भी

बाहुबली के बाद तैयार है महाबाहुबली समोसा, खाने वाले को मिलेगा 71 हजार का इनाम...

 मेरठ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। समोसा किसे पसंद नहीं है। देशभर में सभी का प्रिय नाश्ता है समोसा। और अगर एक समोसा खाने के लिए इनाम मिले, और वो भी 71 हजार रुपय, तो हर कोई तैयार हो जाएगा। लेकिन जरा रुकिए... आपको पहले ये तो बता दें की जिस समोसे पर यह इनाम रखा गया है, वो कोई ऐसा-वैसा समोसा नहीं है। इस समोसे का नाम है महाबाहुबली समोसा। इस समोसे का वजह है 10 किलो, और इस बनाने में लगे है 6 घंटे। अब यह कढ़ाई में तलने के लिए तैयार है, लेकिन अब सवाल यह है कि इस समोसे को खायेगा कौन??


दरअसल यूपी में मेरठ के हलवाई ने इसे तैयार किया है। इससे पहले दिवाली के समय बाहुबली समोसा बनाया गया था, जो आठ किलो का था। यह समोसा डेढ़ सौ लोगों ने खाया था। उसके बाद अब शहर में 10 किलो का महाबाहुबली समोसा तैयार किया गया है। जिसे खाने वाले को 71 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। समोसे को बनाने में तकरीबन छह घंटे का वक्त लगा है और अब इसे कढ़ाई में  तला जाना बाकी है। वहीं महाबाहुबली समोसे को देखने के लिए दूर दराज से लोग यहां पहुंच रहे हैं। वहीं लोग यह भी सोच रहे हैं कि आखिर इस विशालकाय समोसे को आखिर कौन खा सकता है। वहीं दुकान संचालक के अनुसार समोसा बनाने के लिए तैयार की गई फिलिंग में काफी समय लगा है। जिसके लिए काफी कारीगरों को लगाया गया था।



लालकुर्ती स्थित कौशल स्वीट्स के संचालक उज्जवल ने बताया कि महाबाहुबली समोसे में चार किलो पनीर, मटर और आलू भरा गया है। साढ़े तीन किलो की मैदा लगाई गई। इससे पहले भी दुकान पर आठ किलो का समोसा तैयार किया गया था। जिसे खाने वाले को 51 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। समोसा छह घंटे में तैयार किया गया है। 

दस किलो के महाबाहुबली समोसे को बनाने के लिए सबसे मुश्किल काम इसकी फिलिंग बनाना था। उन्होंने बताया कि फिलिंग बनाने के लिए पहले आलुओं को धोकर उबाला गया और फिर उन्हें ठंडा कर छीला गया और फिर मैश किया गया। इसके बाद मैश किए गए आलुओं को रिफाइड डालकर सूखे मसाले जैसे हींग, धनिया, जीरा, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर के साथ फ्राई किया गया। इसमें उबले हुए मटर, कटी हरी मिर्च और कटा पनीर डाले गए। बाद में काजू भी एड किए गए। अच्छी तरह भूनने के बाद इस फिलिंग को एक ट्रे में निकाला गया और ठंडा होने के लिए रख दिया।

दो कारीगरों द्वारा तीन किलो मैदा से एक बड़ी रोटी टेबल पर रखकर बेली गई। इसे समोसे का तिकोना रूप देकर इस फिलिंग को भरा गया है।  समोसे को एक ट्रे में रखकर सेट किया गया, जिसके बाद इसे कढ़ाई रिफाइंड डालकर तला जाएगा। 10 किलो के इस समोसे को दो सौ लोग आराम से खा सकते हैं। उन्होंने बताया कि  अब वह पांच किलो की जलेबी बनाने की तैयारी कर रहे हैं।

मेरठ से आठ किलो का बाहुबली समोसा सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। वहीं कारीगर बताते हैं कि इसको तैयार करने में दो से तीन घंटे का समय लगता है। इसका ऑर्डर दो दिन पहले ही लोग देते हैं। इसकी कीमत 1100 रुपये है।

 

 

और भी

शिक्षक ने इतना मारा... कि टूट गई बच्चे की रीढ़ की हड्डी...

 टोंक (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राजस्थान में एक बार फिर शिक्षक की बेरहमी का मामला सामने आया है। इस बार एक शिक्षक ने छात्र को इतना मारा कि उसकी रीढ़ की हड्डी फ्रैक्चर हो गई।

टोंक में शिक्षक ने एक छात्र को इतना पीटा की बच्चे की रीढ़ की हड्डी फ्रैक्चर हो गई। पीड़ित छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। छात्र के पिता ने बनेठा थाने में शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। छात्र के पिता ने बताया कि 18 नवंबर को उनके 15 साल के बेटे को शिक्षक ने बुरी तरह से पीटा। इतना ही नहीं स्कूल प्रशासन और आरोपी शिक्षक ने अन्य बच्चों को धमकाया कि मारपीट की बात स्कूल से बाहर नहीं जानी चाहिए।

 
 

रिपोर्ट के अनुसार मनीष उर्फ मनेष सैनी पुत्र श्योपाल माली रोजाना की तरह राजकीय उच्च माध्यमिक विधालय में पढ़ने गया था। लंच के समय मनीष अपने दोस्तों के साथ बात करते हुए खाना खाने के लिए निकला। इसी दौरान शिक्षक नरेंद्र जैन पुत्र सूरजमल जैन वहां आया और चिल्लान लगा कि मेरा आज दिमाग खराब है। उसके बाद शिक्षक मनीष को लात-घूंसों से पीटने लगा। आरोपी टीचर तब तक मारता रहा, जब तक बच्चा बेहोश नहीं हो गया। होश आने पर मनीष अन्य साथियों के सहयोग से घर पहुंचा और परिजनों को सारी बात बताई।

 

परिजन मनीष को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने बताया कि मनीष की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लगने से फ्रैक्चर हो गया। पिता ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है और आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर शिक्षा अधिकारी ने कहा कि किसी बच्चे को इतना मारना कि वह अपाहित हो जाए, ये न्याय उचित नहीं है। शिक्षक को संस्पेंड कर दिया गया है।

 

इससे पहले जालोर में शिक्षक की पिटाई से एक दलित छात्र की मौत हो गई थी। आरोप था कि मटका से पानी पीने को लेकर शिक्षक ने छात्र को थप्पड़ मारे, जिससे उसकी कान की नस फट गई और उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस मामले को लेकर जमकर बवाल हुआ था। उसके बाद राजस्थान में शिक्षक के पिटाई के कई मामले सामने आए थे।

 

 

 
और भी

इस वजह से हाईकोर्ट ने 5 टीवी चैनलों को भेजा नोटिस

 नई दिल्ली  (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पांच टीवी समाचार चैनलों को दिल्ली उच्च न्यायालय ने 21 अक्टूबर को दिल्ली आबकारी नीति मामले में कथित तौर पर गलत रिपोर्टिंग के लिए नोटिस जारी किया। नोटिस के साथ ही समाचार प्रसारण और डिजिटल मानक प्राधिकरण को यह जांच करने का निर्देश भी दिया कि चैनल आवश्यक दिशानिर्देशों का पालन करते हैं या नहीं। 

न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा आप के पूर्व संचार प्रभारी और व्यवसायी विजय नायर के  दायर एक याचिका पर सुनवाई कर रहे थे, जिसमें आरोप लगाया  कि मामले के बारे में संवेदनशील जानकारी ईडी और सीबीआई ने  मीडिया में लीक की थी।

 

सुनवाई के दौरान, अदालत ने मामले के प्रसारण पर असंतोष व्यक्त किया, जिसमें इंडिया टुडे और रिपब्लिक टीवी सहित समाचार चैनलों ने आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को आरोपित किया था। कथित गलत रिपोर्टिग को लेकर जी न्यूज और टाइम्स नाउ को भी नोटिस जारी किए गए। इससे पहले, अदालत ने जांच एजेंसियों से उनके जारी मामले से संबंधित सभी प्रेस विज्ञप्ति रिकॉर्ड पर रखने को कहा था। अदालत के आदेश के जवाब में, ईडी ने प्रस्तुत किया कि उसने कोई प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की है, जबकि सीबीआई ने कहा कि उसने जांच के संबंध में तीन विज्ञप्ति जारी की हैं। कोर्ट ने कहा कि यह ऐसा मामला नहीं है, जहां कम से कम इस स्तर पर यह कहा जा सकता है कि जानकारी सामूहिक रूप से लीक हुई थी या जांच एजेंसियों से प्रदान की थी। मामले की अगली सुनवाई फरवरी में होगी।

 

 

और भी

महिला की मौत के बाद गुस्साई भीड़ ने फाड़े विधायक के कपड़े, पुलिस ने बचाया...

 चिक्कमगलूर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कर्नाटक में गुस्साई भीड़ ने कथित तौर पर विधायक के कपड़े फाड़ दिए, और उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने बीच-बचाव कर भीड़ को हटाया। मामला कर्नाटक के हुलमने गांव है है।


जानकारी के अनुसार कर्नाटक के हुलमने गांव के लोगों ने हाथी के हमले में एक महिला की मौत के बाद मुदिगेरे विधायक एमपी कुमारस्वामी के कपड़े कथित रूप से फाड़ दिए और उनके साथ मारपीट की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विधायक ने हाथी के हमले का ठीक से जवाब नहीं दिया। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

 
 
 

मुदिगेरे विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक से मारपीट के आरोप में सोमवार को 10 ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारियां मुदुगेरे तालुक के हुल्लेमाने कुंडुरु गांव से की गईं, जहां रविवार को यह घटना हुई थी।

 

सूत्रों के अनुसार हाथी के हमले में मृत महिला के शव को लेकर ग्रामीण विरोध कर रहे थे। भाजपा विधायक कुमारस्वामी ने देर शाम घटनास्थल का दौरा किया था। हाथियों के खतरे के संबंध में कुछ नहीं करने और देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने भाजपा विधायक पर अपना गुस्सा निकाला। हालांकि, वे सुबह से विरोध कर रहे थे। विधायक के पहुंचने पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने विधायक के साथ गाली-गलौज की, उनके कपड़े फाड़े और पिटाई करने लगे। बाद में उनका पीछा किया। पथराव के बीच, विधायक को बचा लिया गया और पुलिस उनको उनके वाहन तक ले गई। ग्रामीणों ने वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।

पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
विधायक कुमारस्वामी के आसपास की भीड़ को शांत करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। हाथी के हमले में मारी गई महिला शोभा का अंतिम संस्कार किया जाना बाकी है। पुलिस की कार्रवाई से गांव में और अधिक अस्थिर स्थिति पैदा हो सकती है। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

 

 

 

और भी

स्टेशन में बेपटरी हुई मालगाड़ी, 3 की मौत... कई घायल...

 भुवनेश्वर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ओडिशा के जाजपुर रेलवे स्टेशन में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां एक अनियंत्रित मालगाड़ी बेपटरी हो गई और प्लेटफॉर्म तथा प्रतीक्षालय से टकरा गई, जिससे वहां खड़े यात्री उसकी चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं।

प्राथमिक सूचना के मुताबिक इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि 3 से अधिक लोग घायल हुए हैं। राहत बचाव कार्य में आरपीएफ पुलिस एवं दमकल वाहिनी की टीम नियोजित की गई है। भुवनेश्वर से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन मौके पर भेजी गई है। खुर्दा डीआरएम दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

 
 
 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है और घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए 5 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की है। मंत्रालय ने गंभीर रूप से घायलों में से प्रत्येक को 2 लाख और मामूली रूप से घायल लोगों के लिए ₹25,000 देने की भी घोषणा की है।

 



ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कोरई मालगाड़ी दुर्घटना के पीड़ितों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने प्रशासन को बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को पर्याप्त उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।

दुर्घटना के बाद पूरा स्टेशन परिसर को पुलिस ने अपने घेरे में ले लिया है। राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। हादसे के बाद आठ ट्रेन रद कर दी गई है। 12 ट्रेन को डायवर्ट किया गया है। 5 ट्रेन की सेवा आंशिक रूप से रद्द की गई है।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विश्वजीत साहू ने कहा है कि 6:44 बजे यह दुखद हादसा हुआ है। किस वजह से यह दुर्घटना हुई है जांच के निर्देश दिए गए हैं। हादसे के बाद भद्रक-कपिलास रोड रूट पर ट्रेन की अप और डाउन दोनों सेवा को बंद कर दी गई है। सभी स्टेशन पर हेल्प डेस्क खोला गया है। हेल्प लाइन नंबर जारी कर दिया गया है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि मालगाड़ी खड़गपुर से छत्रपुर जा रही थी। ट्रेन में कुल 54 डिब्बे थे। सभी डिब्बे खाली थे। जाजपुर कोरई रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के 8 डिब्बे प्लेटफार्म के ऊपर आ गए, जिससे यह हादसा हुआ है। हादसे की भयावहता का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि बोगी के पटरी पर आ जाने से स्टेशन मौजूद विश्राम घर टूट गया है।

और भी

सुप्रीम कोर्ट : चीफ जस्टिस की पीठ करेगी नान घोटाले की सुनवाई

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली तीन-न्यायाधीशों की पीठ ‘नागरिक आपूर्ति निगम’ घोटाले से संबंधित भ्रष्टाचार के एक मामले को छत्तीसगढ़ से बाहर स्थानांतरित करने की मांग वाली प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की याचिका पर सुनवाई करेगी।

छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने प्रधान न्यायाधीश और न्यायमूर्ति हिमा कोहली की पीठ को अवगत कराया कि ईडी की याचिका को न्यायमूर्ति एम आर शाह की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष आज फिर सूचीबद्ध किया गया।

 
 
 

प्रधान न्यायाधीश ने उन परिस्थितियों के बारे में बताया जिनके तहत मामला सोमवार को फिर से उसी पीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया गया और कहा कि तीन-न्यायाधीशों की पीठ जिसमें वह, न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी और न्यायमूर्ति एस रवींद्र भट शामिल हैं, सुनवाई करेगी।

 

सीजेआई ने कहा, “मामले की सुनवाई क्योंकि सीजेआई ललित (अब सेवानिवृत्त) और दो सहयोगियों द्वारा की गई थी, मैं इसे अपने और दो सहयोगियों - न्यायमूर्ति भट और न्यायमूर्ति रस्तोगी द्वारा सुनवाई के लिए निर्देशित कर सकता हूं। मैं इसे किसी दिन रखूंगा।”

 

छत्तीसगढ़ सरकार ने हाल ही में न्यायमूर्ति शाह की अध्यक्षता वाली पीठ से कहा था कि वह मामले को आगे न बढ़ाए क्योंकि इसे तीन-न्यायाधीशों की पीठ द्वारा सुना जाना चाहिए और फिर सिब्बल द्वारा प्रधान न्यायाधीश की पीठ के समक्ष इसका उल्लेख किया गया।

 

इसके बाद सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने किसी राजनीतिक मामले में कोई आदेश मुकदमेबाजी करने वाले पक्ष को पसंद नहीं आने पर शीर्ष न्यायपालिका और न्यायाधीशों को बदनाम करने की बढ़ती प्रवृत्ति पर खेद व्यक्त किया।

ईडी की याचिका को पहले तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश यू. यू. ललित, (अब सेवानिवृत्त) के पास समय की कमी के चलते, सीजेआई, न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी और न्यायमूर्ति एस रवींद्र भट की पीठ द्वारा वाद सूची से हटा दिया गया था।

 

मामले को फिर न्यायमूर्ति शाह और न्यायमूर्ति कोहली की पीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया गया था।

कथित घोटाला फरवरी 2015 में सामने आया, जब रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार सत्ता में थी।

एसीबी ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के प्रभावी कामकाज का दायित्व संभालने वाले नागरिक अपूर्ति निगम (एनएएन) के कार्यालयों पर छापेमारी की और कुल 3.64 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी जब्त की गई थी।

 

प्राथमिकी में चावल और अन्य खाद्यान्नों की खरीद और परिवहन में व्यापक स्तर पर भ्रष्ट आचरण का आरोप लगाया गया, जिसमें राज्य नागरिक आपूर्ति निगम, रायपुर से संबंधित अधिकारी और अन्य शामिल थे।

 

 

 

 

और भी

मैं जनता का सेवक हूं, मेरी कोई औकात नहीं : नरेंद्र मोदी

 सुरेंद्रनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के सुरेंद्रनगर में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने जमकर कांग्रेस और खासकर के राहुल गांधी पर निशाना लगाया। मोदी ने जहां एक तरफ भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा, तो वहीं दूसरी तरफ उन्होंने विरोधी दलों को आड़े हाथ भी लिया।

पीएम मोदी ने भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी जमकर प्रहार किया। मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों को सत्ता से बाहर कर दिया गया है, वे सत्ता में वापस आने के लिए यात्रा निकाल रहे हैं। मोदी ने कहा कि कुछ लोग राज्य में बना नमक खाकर भी गुजरात को गाली देते हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात देश के 80 फीसदी नमक का उत्पादन करता है।

 
 
 

मोदी ने बिना नाम लिए मेधा पाटकर के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने पर भी कांग्रेस को निशाने पर लिया। मोदी ने कहा कि बहुत पहले सत्ता से बेदखल किए गए लोग सत्ता वापस पाने के लिए यात्रा निकाल रहे हैं। वे ऐसा कर सकते हैं, लेकिन वे उनके साथ चल रहे हैं जिन्होंने नर्मदा बांध परियोजना को 40 साल तक रोके रखा। उन्होंने कहा, 'गुजरात की जनता ने उन लोगों को सजा देने का फैसला कर लिया है, जिन्होंने नर्मदा बांध परियोजना के काम को 40 साल तक रोककर रखा।'

 


मेरी कोई औकात नहीं- मोदी
मोदी ने कहा कि चुनाव के दौरान विकास की बात करने के बजाय विपक्षी कांग्रेस कह रही है कि वह उन्हें उनकी औकात दिखाएगी। मोदी ने आगे कहा, 'पहले कांग्रेस ने मेरे लिए 'नीच आदमी', 'मौत का सौदागर' और 'नाली का कीड़ा' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। अब चुनाव के दौरान विकास की बात करने के बजाय कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि वे मोदी को उसकी औकात दिखाएंगे।' मोदी की कोई औकात नहीं है, वो जनता का सेवक है।

मधुसूदन मिस्त्री ने दिया था विवादित बयान
बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री ने विवादित बयान दिया था। मधुसूदन मिस्त्री ने पार्टी का घोषणापत्र लांच करने के बाद कहा कि वह गुजरात चुनाव में पीएम नरेन्द्र मोदी को उनकी 'औकात' दिखाएंगे। पीएम मोदी कितनी कोशिश कर लें, वे सरदार पटेल नहीं बन सकते।

 

 

और भी