हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

राहुल के साथ कदम मिलाने तेज चलने की प्रैक्टिस में जुटे कांग्रेस के नेता...

 मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कन्याकुमारी से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ी यात्रा अब महाराष्ट्र में प्रवेश करने वाली है। यह यात्रा 7 नवंबर की शाम सात बजे के करीब पड़ोसी राज्य तेलंगाना से महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के देगलुर पहुंचने वाली है। इस यात्रा में शामिल होने से पहले प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता तेज चलने की प्रैक्टिस करने में जुट गए हैं।



राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि वह और अन्य नेता तेज चलने की प्रैक्टिस रहे हैं, ताकि यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर चला जा सके। राज्य कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि वह यात्रा के दौरान खुद को फिट रखने के लिए एक्सरसाइज कर रहे हैं। नांदेड़ के रहने वाले अशोक चव्हाण ने कहा कि नांदेड़ के नागरिक यात्रा में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जब भी हमें समय मिलता है हम प्रैक्टिस कर रहे हैं। चलना स्वास्थ्य के लिए अच्छा है।

नाना पटोले ने कहा कि पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख के रूप में राहुल गांधी के साथ राज्य में यात्रा के पूरे 382 किलोमीटर लंबे हिस्से की यात्रा करना उनका कर्तव्य है। कांग्रेस नेता और नांदेड़ से विधायक डीपी सावंत ने कहा कि राज्य के पार्टी नेता यात्रा के दौरान जितना हो सके, पैदल चलने की कोशिश करेंगे।

15 विधानसभा और छह संसदीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी यात्रा
डीपी सावंत ने कहा कि अशोक चव्हाण और अन्य नेता हर सुबह पांच किलोमीटर पैदल चल रहे हैं। महाराष्ट्र में भारत जोड़ो यात्रा अपने 14 दिनों के प्रवास के दौरान 15 विधानसभा और छह संसदीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। भारत जोड़ो यात्रा सोमवार शाम को देगलुर के मदनूर नाका पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 6.30 बजे पैदल मार्च डेगलुर बस स्टैंड से शुरू होगा। महाराष्ट्र कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। यहां राज्य का पूरा नेतृत्व मौजूद रहेगा।
 

 

और भी

गुजरात विस चुनाव के लिए केजरीवाल ने ईसुदान को बनाया सीएम उम्मीदवार...

 अहमदाबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 की घोषणा के अगले दिन ही आम आदमी पार्टी ने अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के सीएम उम्मीदवार के तौर पर ईसुदान गढ़वी का नाम घोषित किया है। गढ़वी महज डेढ़ साल पहले पार्टी से जुड़े थे।


ईसुदान गढ़वी का जन्म 10 जनवरी 1982 को जामखंभालिया तालुका के पिपलिया गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम खराजभाई गढ़वी है, जो पेशे से एक साधारण किसान थे। ईसुदान का परिवार हमेशा से एक सामान्य जीवन जीता रहा है। ईसुदान फिलहाल अहमदाबाद में मां, पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं।

पत्रकारिता में पहचान बनाने के बाद ईसुदान गढ़वी ने राजनीति का दामन थाम लिया। जून 2021 में वह आम आदमी पार्टी में बतौर कार्यकर्ता शामिल हुए। इसी वर्ष जून 2022 में पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय संयुक्त सचिव बना दिया। फिलहाल वह पार्टी में संयुक्त महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। महज डेढ़ वर्ष की इस राजनीतिक यात्रा के बाद अरविंज केजरीवाल ने उन्हें गुजरात मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।

ईसुदान के पिता एक सामान्य किसान थे। लिहाजा ईसुदान के पास शुरूआत से खेती-किसानी की जानकारी और इस क्षेत्र में रुचि भी रही है। वह किसानों की समस्या से भलीभांति वाकिफ थे। पत्रकारिता के दौरान भी उन्होंने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनका निस्तारण कराया। इस तरह किसानों के जरिए उन्होंने गुजरात के ग्रामीण इलाकों में अपनी पहचान बनाई। इसके अलावा पत्रकारिता के दौरान उन्होंने डांग और कपरादा जिले में पेड़ों की कटाई पर एक रिपोर्ट पर 150 करोड़ रुपये के घोटाले को उजागर किया था। उनकी खबर के बाद सरकार को भी कार्रवाई करनी पड़ी थी।

एक साक्षात्कार के दौरान गढ़वी ने खुद बताया था कि नौकरी छोड़ जब उन्होंने राजनीति में आने का निर्णय लिया, तब उन्होंने आम आदमी पार्टी के साथ ही भाजपा और कांग्रेस नेताओं से भी मुलाकात की थी। इसके बाद एक दिन अरविंद केजरीवाल ने उन्हें फोन कर मिलने के लिए बुलाया। इस मुलाकात के बाद ईसुदान ने आप की सदस्यता ले ली।

 

 

और भी

ईडी ने अवैध खनन मामले में झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन को पूछताछ के लिए बुलाया

 रांची (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रवर्तन निदेशालय ने अवैध खनन के मामले की जांच के सिलसिले में झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन को कल पूछताछ के लिए बुलाया है। सूत्रों के अनुसार केन्‍द्रीय जांच एजेंसी ने मुख्‍यमंत्री को साढ़े ग्‍यारह बजे रांची स्थित उसके कार्यालय में उपस्थित होने को कहा है। निदेशालय ने पुलिस  महानिदेशक और केन्‍द्रीय रिजर्व पुलिस बल से प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर की सुरक्षा बढ़ाने का भी आग्रह किया है।

 

और भी

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने निवेशक दीदी पहल शुरू की

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। चार मंत्रालय, भारत सरकार के डाक विभाग के तहत स्थापित इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) ने श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) में वित्तीय साक्षरता को बढ़ाने के लिए भारत का पहला पानी पर तैरता वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया। 'निवेशक दीदी' पहल के तहत 'महिलाओं के लिए, महिलाओं के द्वारा' की अवधारणा के साथ वित्तीय साक्षरता बढ़ाना लक्ष्य है।

विशाल और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था होने के नाते भारत की जनसांख्यिकी में वित्तीय साक्षरता का प्रसार चुनौतीपूर्ण है क्योंकि आबादी का एक बड़ा हिस्सा ग्रामीण क्षेत्रों में रहता है। दुनिया के सबसे बड़े डाक नेटवर्क की मदद से आखिरी छोर तक पहुंच बढ़ाने और वित्तीय समावेशन के अंतर को पाटने के लिए आईपीपीबी ने नई पहल की है।

भारत सरकार के निर्देश पर, आईपीपीबी ने ग्रामीण भारत को ध्यान में रखते हुए वित्तीय समावेशन की यह यात्रा शुरू की है, जहां तक पहुंच और संचार में हमेशा बाधा रही है। शुरुआत से ही, डाकिया/ग्रामीण डाक सेवक देश के कोने-कोने में आम जनता तक पहुंचते रहे हैं और उनके दरवाजे पर डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।

वित्तीय साक्षरता अभियान को आगे बढ़ाने के लिए, आईपीपीबी ने कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय (एमसीए) के तत्वावधान में निवेशक शिक्षा एवं संरक्षण कोष प्राधिकरण (आईईपीएफए) के सहयोग से 'निवेशक दीदी' नामक पहल शुरू की है। इसमें 'महिलाओं के द्वारा, महिलाओं के लिए' अवधारणा को आत्मसात किया गया है। निवेशक दीदी पहल महिलाओं के लिए महिलाएं की सोच पर आधारित है क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं अपने मन में उठे सवालों को किसी महिला के साथ साझा करने में अधिक सहज महसूस करती हैं।

कश्मीर घाटी की तीन निवेशक दीदी प्रतिनिधियों को श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर में हाल ही में आयोजित हुए आईईपीएफए सम्मेलन के दौरान केंद्रीय कॉरपोरेट कार्य राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और सांसद (श्रीनगर) डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर आईईपीएफए की सीईओ श्रीमती अनीता शाह अकेला, जेएस एमसीए और आईईपीएफए, डाक विभाग, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, सीएससी ई-गवर्नेंस, भारतीय कंपनी सचिव संस्थान, कश्मीर चैंबर ऑफ कॉमर्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

 

 

और भी

पूर्वोत्तर में पूरे देश का जैविक खाद्य भंडार बनने की क्षमता : द्रौपदी मुर्मु

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु नगालैंड सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित नागरिक स्वागत समारोह में शामिल हुईं और उन्होंने कोहिमा में शिक्षा, सड़क बुनियादी ढांचे और वित्तीय क्षेत्र से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि किसी राज्य के विकास के लिए बुनियादी ढांचे का विकास एक महत्वपूर्ण मानदंड है। भारत सरकार की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' पूर्वोत्तर क्षेत्र के समग्र विकास पर केंद्रित है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिन सड़कों और पुलों का आज उद्घाटन किया गया है, वे इस क्षेत्र में कनेक्टिविटी को और मजबूती देंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि नगालैंड के युवा बेहद प्रतिभाशाली और रचनात्मक हैं। 80 प्रतिशत से अधिक की साक्षरता दर वाले नगालैंड के कुशल युवक और युवतियां, जो अंग्रेजी भाषा के अच्छे जानकार हैं, पूरे भारत में आईटी, हॉस्पिटैलिटी और अन्य क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। युवाओं को एक समग्र शिक्षा प्रदान करना उनकी वास्तविक क्षमता को प्राप्त करने में मदद करने के लिए जरूरी कदम है। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि लड़कियों के लिए स्कूलों और छात्रावासों से संबंधित नई पहल, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और स्मार्ट क्लासरूम परियोजना राज्य में शिक्षा को और गति प्रदान करेगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि राज्य में महिलाओं की साक्षरता दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है और नगालैंड देश में महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित स्थान है। उन्होंने कहा कि यह नगा समाज में महिलाओं को दिए जाने वाले उच्च सम्मान को प्रदर्शित करता है। उन्होंने नगालैंड की महिलाओं से आगे आने और सार्वजनिक जीवन में अधिक शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं सशक्त होंगी तो समाज में और विकास होगा।

 

 

राष्ट्रपति ने कहा कि नगालैंड गांव और जनजातीय परिषद अधिनियम 1978 के माध्यम से स्थानीय स्वशासन के अपने पारंपरिक तरीके को संस्थागत रूप देने पर वास्तव में गर्व महसूस कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज ग्राम परिषद और ग्राम विकास बोर्ड पूरे नगालैंड में विकेंद्रीकृत शासन के स्थापित तरीके हैं। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि नगालैंड ने सेवा वितरण में सुधार के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों के प्रभावी प्रबंधन के लिए सरकार और समुदाय के बीच साझेदारी बनाने के उद्देश्य से संचार की अग्रणी अवधारणा पेश की है।

और भी

डीआरडीओ ने बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस इंटरसेप्टर के फेज़- II का पहला सफल उड़ान परीक्षण किया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने दिनांक 02 नवंबर, 2022 को ओडिशा के तट पर एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से लार्ज किल एल्टीट्यूड ब्रैकेट के साथ फेज़- II बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस (बीएमडी) इंटरसेप्टर एडी-1 मिसाइल का पहला सफल उड़ान परीक्षण किया । अलग-अलग स्थानों पर स्थित बीएमडी हथियार प्रणाली के सभी अंगों की भागीदारी के साथ यह उड़ान परीक्षण किया गया था । एडी-1 एक लंबी दूरी की इंटरसेप्टर मिसाइल है जिसे लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ-साथ विमानों के लो एक्सो-एटमॉस्फेरिक और एंडो-एटमॉस्फेरिक इंटरसेप्शन दोनों के लिए डिज़ाइन किया गया है। 

यह दो चरणों वाली सॉलिड मोटर द्वारा संचालित है और मिसाइल का लक्ष्य तक सटीक रूप से मार्गदर्शन करने के लिए स्वदेशी रूप से विकसित उन्नत नियंत्रण प्रणाली, नेविगेशन और गाइडेंस एल्गोरिदम से लैस है। इस उड़ान-परीक्षण के दौरान सभी उप-प्रणालियों ने अपेक्षाओं के अनुसार प्रदर्शन किया और उनका सत्यापन फ्लाइट डेटा को कैप्चर करने के लिए तैनात रडार, टेलीमेट्री और इलेक्ट्रो ऑप्टिकल ट्रैकिंग स्टेशनों सहित अनेक रेंज सेंसर द्वारा कैप्चर किए गए डेटा द्वारा किया गया ।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एडी-1 के सफल उड़ान परीक्षण से जुड़ी डीआरडीओ तथा अन्य टीमों को बधाई दी । उन्होंने इसे दुनिया के बहुत कम देशों के पास उपलब्ध उन्नत तकनीकों के साथ एक अनूठी तरह का इंटरसेप्टर करार दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह देश की बीएमडी क्षमता को और अधिक मजबूत करेगा। रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने इस सफल परीक्षण पर अपनी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह इंटरसेप्टर उपयोगकर्ताओं को बढ़िया अभियानगत लचीलापन मुहैया कराएगा और अलग-अलग प्रकार के कई लक्ष्यों पर निशाना साधने की क्षमता रखता है ।

 

 

और भी

छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान गुरुवार को निर्धारित समय पर शुरू हुए। बिहार में मोकामा और गोपालगंज, महाराष्ट्र में अंधेरी (पूर्व), हरियाणा में आदमपुर, तेलंगाना में मुनुगोडे, यूपी में गोला गोकर्णनाथ और ओडिशा में धामनगर में मतदान हो रहा है। हरियाणा में बीजेपी नेता कुलदीप बिश्नोई ने आदमपुर में मतदान किया। उन्होंने कहा,ये बहुत ही अच्छा चुनाव होने वाला है और मैं समझता हूं कि पुराने सारे रिकॉर्ड टूट जाए तो हैरानी की बात नहीं होगी। 

 

 

और भी

डिफेंस सेक्टर में घोटालों का स्कोप भी समाप्त : मोदी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। CVC की सतर्कता जागरूकता सप्ताह कार्यक्रम में PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हम डिफेंस सेक्टर में आत्मनिर्भरता के लिए जो जोर लगा रहे हैं उससे घोटालों का स्कोप भी समाप्त हो गया है। राइफल से लेकर फाइटर जेट्स और ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट तक आज भार खुद बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध काम करने वाले CVC और बाकी संगठनों को रक्षात्मक होने की ज़रूरत नहीं है।

मैं लंबे अरसे से इस व्यवस्था से निकला हूं, लंबे अरसे तक सरकार के प्रमुख के रूप में काम करने का मौका मिला, मैंने बहुत गालियां सुनी है, बहुत आरोप सुना है,मेरे लिए कुछ नहीं बचा है। छात्र यहां आए हैं लेकिन सिर्फ 20% पुरुष भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में इनाम ले गए और 80% इनाम बेटियां ले गई। इस 20 को 80 कैसे करें क्योंकि डोर तो उनके हाथ में है। इन पुरुष में भी भ्रष्टाचार के खिलाफ वही ताकत पैदा हो जो बेटियों के दिल-दिमाग में है। 

 

 

और भी

गुजरात चुनावों के लिए मतदान दिसंबर 1 और 5 को होंगे और 8 दिसंबर को मतगणना होगी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गुजरात चुनावों के लिए मतदान दिसंबर 1 और 5 को होंगे और 8 दिसंबर को मतगणना होगी। उन्होंने कहा कि मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि गुजरात विधानसभा चुनाव में 3,24,422 नए मतदाता इस बार पहली बार मतदान करेंगे। कुल मतदान केंद्र की संख्या 51,782 है। राज्य में स्थापित मतदान स्थलों में से कम से कम 50% मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी।

मतदान के बेहतर अनुभव के लिए, 1274 मतदान केंद्रों का प्रबंधन पूरी तरह से महिला और सुरक्षा कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा। 182 मतदान केंद्रो पर मतदाताओं का लोक निर्माण विभाग स्वागत करेगा। पहली बार 33 मतदान केंद्रों की स्थापना और प्रबंधन सबसे कम उम्र के मतदान कर्मचारी करेंगे। 

 

और भी

सीआरपीएफ में पहली बार दो महिला अधिकारी आईजी पद पर प्रमोट

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल सीआरपीएफ में पहली बार दो महिला अधिकारियों को आईजी के पद पर प्रमोट किया गया है। साथ ही, दो महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी दी गई है। इन अधिकारियों में एनी अब्राहम को रैपिड एक्शन फोर्स और सीमा धुंडिया को बिहार सेक्टर का आईजी नियुक्त किया गया है।

सीआरपीएफ 3.25 लाख कर्मियों वाला सबसे बड़ा अर्धसैनिक बल है। इसमें 35 साल बाद आईजी के पद पर महिला अधिकारियों की नियुक्ति हुई है।सीआरपीएफ में 1987 में पहली बार महिला अधिकारी शामिल हुई थीं। दोनों अधिकारी 1987 में महिला अधिकारियों के पहले बैच के रूप में अर्धसैनिक बल में शामिल हुईं थीं।

सीआरपीएफ मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में एनी अब्राहम और सीमा धुंडिया की नियुक्ति की गई है। यह पहली बार है, जब रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) का नेतृत्व कोई महिला आईजी करेगी। एक आईजी सीआरपीएफ में सेक्टर का प्रमुख होता है।

एनी अब्राहम के माता पिता भोपाल में रहते हैं। अब्राहम की मां चाहती थीं कि वह फोर्स ज्वाइन करे। पिता भी सपोर्ट में थे। इस तरह 1987 में उन्होंने सीआरपीएफ ज्वाइन किया। इसी तरह धुंडिया के पिता आर्मी में थे। अपने पिता से प्रभावित होकर वे सीआरपीएफ से जुड़ीं। धुंडिया ने फोर्स में दूसरी महिला बटालियन को ऊपर उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह लाइबेरिया में यूएन के मिशन की ऑल वीमन एफपीयू की दल कांडर भी रह चुकी हैं।

 

 

और भी

घुसपैठ की कोशिश कर रहे 3 पाकिस्तानी आतंकी ढेर...

 पुंछ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पुंछ जिले में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर दिगवार सेक्टर में सेना ने आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक इस ऑपरेशन में तीन आतंकी मारे गए हैं। इसमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है। पूरे दिगवार सेक्टर में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक सेना के सतर्क जवानों ने वीरवार को पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के साथ कुछ लोगों की संदिग्ध हरकत देखी। वह नियंत्रण रेखा पार कर घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। सर्तक जवानों ने उन्हें चेतावनी देते हुए आत्मसर्मपण करने को कहा।

लेकिन उन्होंने जवानों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में घुसपैठिए मारे गए। इनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है। उसके पास से दो एके सीरीज की राइफल, एक पिस्टल और विस्फोटक सामग्री मिली है। इलाके में ऑपरेशन अभी जारी है।

इससे पहले 31 अक्तूबर को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के जुमागुंड इलाके में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम बनाते हुए एक पाकिस्तानी आतंकवादी को ढेर किया था। मारे गए आतंकवादी के पास से हथियार और अन्य गोला बारूद भी बरामद हुआ था।

सेना के प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशिष्ट इनपुट के आधार पर सेना और पुलिस द्वारा जिले के जुमागुंड के सामान्य क्षेत्र में एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया था। सोमवार सुबह लगभग 10.25 बजे खराब मौसम और कम दृश्यता का लाभ उठाते हुए एक दहतशतर्ग को नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की कोशिश करते देखा गया। सतर्क जवानों ने आतंकी को कड़ी निगरानी में रखा। जब आतंकी घात लगाकर बैठे दल के करीब पहुंचा तो उसे चुनौती दी गई। 

प्रवक्ता ने बताया कि खतरे को भांपते हुए आतंकी ने पार्टी पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। हालांकि गोलीबारी में आतंकवादी को मार गिराया गया। प्रवक्ता ने बताया कि इलाके की तलाशी के दौरान एक एके सीरीज राइफल और अन्य हथियार, गोला बारूद बरामद किया गया।

 

 

और भी

अवैध खनन मामला : ईडी ने सीएम सोरेन को किया तलब, 3 को होगी पूछताछ...

 रांची (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अवैध खनन  मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को तलब किया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हेमंत सोरेन को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए कल यानि 3 नवंबर को रांची दफ्तर बुलाया है।

सूत्रों ने बताया कि अवैध खनन मामले में ईडी कल हेमंत सोरेन से पूछताछ करेगी। उन्हें पूछताछ के लिए गुरुवार सुबह 11 बजे बुलाया है। ईडी अधिकारियों ने कहा कि एजेंसी प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत मुख्यमंत्री से पूछताछ और बयान दर्ज करना चाहती है।

उधर, हेमंत सोरेन को ईडी के नोटिस पर उनकी पार्टी जेएमएम के नेता मनोज पांडे की प्रतिक्रिया सामने आई है। मनोज पांडे ने कहा कि नोटिस के खिलाफ कोर्ट का रुख करेंगे। क्या ईडी सीएम को बुला सकता है। अगर ऐसा है, तो सीएम कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेने के बाद जवाब देंगे। क्या उन आरोपों के लिए उन्हें सीएम को समन भेजना कानूनी है? कई मामलों में पीएम को भी तलब किया जाना चाहिए। यह बदले की राजनीति है।

ईडी इस मामले में हेमंत सोरेन के बरहेट विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को गिरफ्तार भी कर चुकी है। पंकज मिश्रा को पीएमएलए के तहत गिरफ्तार किया गया था। पंकज मिश्रा पर एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का मनी लांड्रिंग करने के संगीन आरोप हैं। पंकज मिश्रा के अलावा बच्चू यादव और प्रेम प्रकाश भी आरोपी हैं। प्रेम प्रकाश के ठिकानों पर छापेमारी कर ईडी ने दो एके-47 राइफल भी जब्त की थी। अवैध खनन मामले में ईडी राज्य में 19 जगहों पर छापेमारी कर चुकी है।

गौरतलब है कि ईडी ने बीते 6 महीने में कई कार्रवाई की है। ईडी की कार्रवाई में मनरेगा घोटाले से लेकर 1000 करोड़ के अवैध खनन तक में नेताओं व नौकरशाहों से जुड़े कई प्रभावी लोग सलाखों के पीछे पहुंचे। इनमें निलंबित आईएएस पूजा सिंघल, उनके सीए सुमन कुमार, मुख्यमंत्री के बरहेट विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, पंकज मिश्रा का सहयोगी बच्चू यादव, नेताओं व नौकरशाहों का करीबी प्रेम प्रकाश, कोलकाता का कारोबारी अमित अग्रवाल शामिल है।

अवैध खनन मामले में 36 करोड़ रुपये जब्त
अवैध खनन मामले में ईडी अभी तक 36 करोड़ से ज्यादा की राशि जब्त कर चुकी है। इडी ने इसके अलावा चार लग्जरी कार, जगुआर व टोयटा फार्च्यूनर भी जब्त की है। पूजा सिंघल का प्रकरण शुरू होने से पहले मनरेगा घोटाले में ईडी ने 2.28 करोड़ रुपये जब्त किया था।

और भी

डंपर-बोलेरो में भिंड़त : 5 की मौत, 3 घायल

 मुरैना (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मध्‍य प्रदेश के मुरैना में नूराबाद क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। गिट्टी भरे डंपर और बोलेरो के आमने-सामने से टकरा जाने पर पांच लोगों की मौत हो गयी। मृतक ग्वालियर से अपने ग्राम वित्तोली की ओर जा रहे थे।


ये हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की घटनास्‍थल पर ही मौत हो गई और जबकी एक की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। तीन अन्य घायल बताए गए हैं जिनका ग्वालियर में इलाज चल रहा है।

घटनाक्रम के अनुसार मंगलवार की देर रात कुछ लोग बोलेरो जीप में सवार होकर ग्वालियर से अपने गांव वित्तोली जा रहे थे। बोलेरो जैसे ही नूराबाद के पास पहुंची, सामने से गिट्टी से भरा डंपर आ गया। बोलेरो चालक जब तक कुछ समझ पाता तब तक बोलेरो और डंपर आपस में भिड़ गए।

इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही नूराबाद पुलिस मौके पर पहुंच गयी और चार घायलों को इलाज के लिए ग्वालियर भेज दिया। ग्वालियर में इलाज के दौरान एक घायल की मौत हो गई। तीन का इलाज ग्वालियर में चल रहा है।

मरने वालों के नाम भरत (40 वर्षीय) पुत्र केदार सिंह, देवेंद्र (45 वर्षीय) पुत्र निहाल सिंह, केशव (42 वर्षीय) पुत्र आशाराम सिंह, रामपत (55 वर्षीय ) पुत्र मुरली, विद्याराम (43 वर्षीय) पुत्र रघुवर सिंह हैं। ये सभी वित्तोली गांव के रहने वाले हैं। डंपर चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि डंपर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।

 

 

और भी

करोड़ों की मवेशी तस्करी घोटाला मामले में ईडी करेगी सुकन्या से पूछताछ

 नेता अनुब्रत मंडल की बेटी है सुकन्या मंडल

कोलकाता (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ईडी ने गत 27 अक्टूबर को दिल्लीतलब किया था लेकिन बंगाल से बाहर होने का हवाला देकर सुकन्या नहीं गई थीं। पश्चिम बंगाल पशु तस्करी मामले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस के बाहुबली नेता अनुब्रत मंडल की बेटी सुकन्या इस मामले में ईडी की पूछताछ के लिए दिल्ली गई है। ईडी उससे अपने मुख्यालय में बुधवार को पूछताछ करेगी।

इससे पहले सुकन्या को ईडी ने गत 27 अक्टूबर को दिल्लीतलब किया था लेकिन बंगाल से बाहर होने का हवाला देकर सुकन्या नहीं गई थीं। उसके बाद ईडी ने सुकन्या को दूसरी बार नोटिस भेजा, जिस पर सुकन्या राष्ट्रीय राजधानी गई है। गौरतलब है कि सीबीआई की ओर से इस मामले में अदालत में जो चार्जशीट जमा की गई है, उसमें सुकन्या की संपत्ति का भी ब्योरा दिया गया है।

 

वित्त वर्ष 2013-14 में सुकन्या की आय तीन लाख 10 हजार रुपए थी, जो वित्त वर्ष 2020-21 में बढ़कर एक करोड़ 48 लाख रुपए हो गई है। सीबीआइ को सुकन्या के नाम कम से कम तीन करोड़ रुपए की फिक्स्ड डिपाजिट होने का भी पता चला है।

और भी

प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी आग, 2 लोगों की मौत, कई झुलसे...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र की प्लास्टिक दाना बनाने वाली तीन मंजिला फैक्ट्री में मंगलवार सुबह आग लग गई। आग लगने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और कई लोग झुलस गए। दमकल विभाग की 15 गाड़ियों की मदद से आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


दमकल अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह 9.35 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। 15 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है। इसमें दो लोगों की मौत हो गई है। उनकी पहचान की जा रही है। घायलों की हालत स्थिर है।

करीब दो घंटे बाद भी आग नहीं बुझ सकी है। आग बुझने के बाद अंदर के हालात के बारे में जानकारी मिल पाएगी। ऐसे में मरने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

नरेला इंस्ट्रीयल एरिया के ई ब्लाक स्थित तीन सौ वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली यह फैक्ट्री तीन मंजिला है। दूसरी-तीसरी मंजिल पर आग लगी है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। दमकल को सुबह 9.35 बजे हादसे की सूचना मिली। मौके पर बचाव कार्य चलाया जा रहा है।

 

 

और भी

शंघाई सहयोग संगठन के शासनाध्‍यक्षों की वर्चुअल बैठक में भाग लेंगे जयशंकर

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। शंघाई सहयोग संगठन के सदस्‍य देशों के शासनाध्‍यक्षों की 21वीं बैठक आज वर्चुअल माध्‍यम से होगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर बैठक में भारत का प्रतिनि‍धित्‍व करेंगे। वार्षिक रूप से होने वाली इस बैठक में संगठन में व्‍यापार और आर्थिक एजेंडे पर विचार होता है और वार्षिक बजट का अनुमोदन किया जाता है।

बैठक में संगठन के सदस्‍य देश और पर्यवेक्षक देशों के अलावा संगठन के महासचिव और क्षेत्रीय आतंकरोधी इकाई के कार्यकारी निदेशक, तुर्कमेनिस्‍तान और अन्‍य आमंत्रित अतिथ‍ि शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत शंघाई सहयोग संगठन की विभिन्‍न गतिविधियों और इसके तहत बहुपक्षीय सहयोग-संवादों में सक्रियता से भाग लेता रहा है।

 

 

और भी

प्रधानमंत्री उच्‍चस्‍तरीय बैठक में गुजरात में पुल दुर्घटना के बाद मोरबी की स्थिति की समीक्षा की

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मोरबी की स्थिति पर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। मोरबी में रविवार शाम झूला पुल गिरने से हादसा हुआ था। प्रधानमंत्री को मोरबी में इस दुर्घटना के बाद चलाए जा रहे राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी गई। गांधीनगर में राजभवन में हुई बैठक में इस त्रासदी से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा हुई। श्री मोदी ने पीड़ित लोगों के लिये हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र भाई पटेल और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री आज मोरबी का दौरा करेंगे। राज्य सरकार ने दुर्घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक दिन का शोक घोषित किया है।

 

 

और भी

मोरबी हादस : सुप्रीम कोर्ट 14 नवंबर को करेगा मामले की सुनवाई...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गुजरात के मोरबी जिले में केबल ब्रिज गिरने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। शीर्ष अदालत में इसको लेकर एक याचिका दायर की गई है। याचिका में मामले की जांच शुरू करने के लिए सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की देखरेख में एक न्यायिक आयोग के गठन का तुरंत निर्देश देने की मांग की गई है। अब इस मामले में 14 नवंबर को सुनवाई करने के लिए सुप्रीम कोर्ट तैयार हो गया है।


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मोरबी में हुए पुल हादसे को लेकर सोमवार को गांधीनगर में अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक के दौरान उन्होंने हादसे के बारे में जानकारी ली और घायलों की पूरी मदद करने का निर्देश दिया। पीएम मोदी ने बैठक में दो नवंबर को प्रदेश में राजकीय शोक घोषित करने का भी निर्णय लिया। उन्होंने बचाव एवं राहत प्रयासों में कोई ढिलाई न बरतने का निर्देश दिया।

मच्छु नदी पर बने केबल पुल के गिरने से हुई लोगों की मौत मामले में पुलिस ने सोमवार को 9 लोगों को गिरफ्तार किया। अन्य लोगों की तलाश जारी है। इस हादसे में भाजपा सांसद मोहन कुंडारिया के 12 रिश्तेदारों की मौत हो गई। राजकोट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अशोक यादव ने कहा कि हादसे की जांच के लिए विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया है। उन्होंने बताया कि मामले में ओरेवा कंपनी के दो मैनेजर, दो टिकट क्लर्क, दो कान्ट्रैक्टर और तीन सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार किया गया है।

पीएम मोदी आज यानी मंगलवार को मोरबी आएंगे। यहां वे पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। इससे पहले, उन्होंने अपना रोड शो रद कर दिया था। कांग्रेस ने भी अपनी परिवर्तन यात्रा एक दिन के लिए स्थगित कर दी थी। कई नेता पीड़ितों से मिलने के लिए मोरबी पहुंचे।

 

 

और भी