दुनिया-जगत - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

दुनिया-जगत

ब्रिटेन के राजा चार्ल्स ने प्रिंस विलियम को सैन्य अधिकारी की भूमिका सौंपी

लंदन: ब्रिटेन के राजा चार्ल्स ने अपने हैम्पशायर हवाई क्षेत्र की यात्रा के दौरान प्रिंस विलियम को आधिकारिक तौर पर आर्मी एयर कोर के कर्नल-इन-चीफ की भूमिका सौंपी। चार्ल्स 32 साल पहले आर्मी एयर कोर के कर्नल-इन-चीफ बने थे। उन्‍होंने अपनी यह भूमिका सोमवार दोपहर को मिडिल वॉलॉप बेस पर आयोजित एक दुर्लभ संयुक्त आधिकारिक कार्यक्रम में अपने बड़े बेटे विलियम को सौंप दी।

आर्मी एयर कॉर्प्स ड्यूक ऑफ ससेक्स की पुरानी इकाई है, जिसमें उन्होंने 2012 में अफगानिस्तान के अपने दूसरे दौरे के दौरान अपाचे हेलीकॉप्टर कमांडर और सह-पायलट गनर के रूप में कार्य किया था। पिछले साल विलियम को सैन्‍य भूमिका सौंपने के राजा के फैसले को हैरी के लिए एक झटके के रूप में देखा गया था।

राजा ने कहा कि आर्मी फ्लाइंग म्यूजियम में सैनिकों, उनके परिवारों और दिग्गजों से मिलना बहुत खुशी का मौका था। उन्होंने कहा कि मुझे आशा है कि वेल्स के राजकुमार को अपना नया कर्नल-इन-चीफ बनाकर आप भविष्य में और अधिक सशक्त होंगे।

बड़ी बात यह है कि वह वास्तव में एक बहुत अच्छा पायलट है - इसलिए यह उत्साहजनक है। उन्होंने प्रदर्शित होने जा रहे विमान अपाचे एएच एमके.1 की स्मृति में एक पट्टिका का अनावरण किया, जो ब्रिटेन के किसी संग्रहालय में स्थापित होने वाली अपनी तरह की पहली पट्टिका है।

यह विमान 2007 में जुगरूम किले की लड़ाई के दौरान बचाव अभियान में शामिल चार में से एक था। राजा ने कहा कि मुझे बस इतना कहना है कि इस अवसर पर आपके साथ थोड़ी देर के लिए रहना कितना बड़ा आनंददायक है। मुझे 32 वर्षों तक आप सभी को जानने, आपकी गतिविधियों और उपलब्धियों की प्रशंसा करने का सौभाग्य मिला।

 

 

और भी

पुतिन ने मिशुस्टिन को प्रधानमंत्री नियुक्त करने का रखा प्रस्ताव

मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मिखाइल मिशुस्टिन को देश का प्रधानमंत्री नियुक्त करने के लिए निचले सदन ‘स्टेट ड्यूमा’ को एक प्रस्ताव सौंपा है। स्टेट ड्यूमा के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोडिन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। श्री वोलोडिन ने टेलीग्राम पर कहा, राष्ट्रपति व्लादिमीर व्लादिमीरोविच पुतिन ने प्रधान मंत्री पद के लिए मिखाइल व्लादिमीरोविच मिशुस्टिन की उम्मीदवारी पर राज्य ड्यूमा को एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया है।

रूसी अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री पद के लिए उम्मीदवारी पर चर्चा करते समय जनसांख्यिकी, तकनीकी संप्रभुता, आर्थिक विकास और रक्षा क्षमता के बारे में सवालों के जवाब हासिल करना महत्वपूर्ण है। श्री वोलोडिन ने कहा कि प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी की चर्चा संसद के सभी गुटों में होगी और स्टेट ड्यूमा का सत्र स्थानीय समयानुसार दोपहर 14.00 बजे शुरू होगा।

उन्होंने कहा कि मिशुस्टिन पहले निचले सदन को रिपोर्ट करेंगे और सांसदों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देंगे और उसके बाद उम्मीदवारी पर मतदान होगा। श्री पुतिन ने मंगलवार को क्रेमलिन में रूसी राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। रूसी राष्ट्रपति 2030 तक अगले छह वर्षों के लिए पद संभालेंगे। उद्घाटन के बाद, मिशुस्टिन की अध्यक्षता वाली रूसी कैबिनेट ने कानून के अनुसार इस्तीफा दे दिया। प्रधानमंत्री पद के लिए उम्मीदवारी को शुक्रवार को बाद में राज्य ड्यूमा के सत्र में मंजूरी दी जाएगी।

 

 

और भी

रूसी सीमावर्ती क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमले में छह लोगों की मौत

मॉस्को: रूसी सीमा क्षेत्र बेलगोरोड में यूक्रेनी ड्रोन हमले में छह लोग मारे गए। बेलगोरोड के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैडकोव ने सोमवार को अपने टेलीग्राम चैनल पर लिखा, यूक्रेनी बलों ने बेरियोजोव्का गांव के पास तीन वाहनों को निशाना बनाया, जिससे 35 लोग घायल हो गए।

जिन तीन वाहनों को निशाना बनाया गया, उसमें कथित तौर पर दो वाहन मजदूरों को ले जाने वाली बसें थी, हालांकि, उनके नियोक्ताओं के बारे में कोई और विवरण उपलब्ध नहीं है।

ग्लैडकोव ने एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें एक बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है। यूक्रेन ने संघर्ष के दौरान रूसी सीमा क्षेत्रों में हथियार डिपो और परिवहन बुनियादी ढांचे पर छिटपुट हमले किए हैं।

और भी

सुनीता विलियम्स की तीसरी अंतरिक्ष यात्रा टली

वॉशिंगटन: भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की तीसरी अंतरिक्ष यात्रा टल गई है। दरअसल तकनीकी खराबी के चलते उड़ान भरने से 90 मिनट पहले मिशन को रोकने का फैसला किया गया। अभी लॉन्च की नई तारीख का एलान नहीं किया गया है। सुनीता विलियम्स मंगलवार को तीसरी बार अंतरिक्ष यात्रा पर जाने वाली थीं। सुनीता बोइंग के स्टारलाइनर अंतरिक्षयान से फ्लोरिडा के कैप कॉर्निवाल स्थित केनेडी स्पेस सेंटर से भारतीय समय के अनुसार, सुबह 8.04 बजे उड़ान भरने वाली थीं।

हालांकि उड़ान भरने से 90 मिनट पहले वैज्ञानिकों को अंतरिक्ष यान के ऑक्सीजन वाल्व में तकनीकी खामी का पता चला, जिसके चलते उड़ान को रोक दिया गया। सुनीता विलियम्स के साथ नासा के वैज्ञानिक बैरी विल्मोर भी बोइंग के अंतरिक्षयान से अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन जाने वाले थे। सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष में रिकॉर्ड 322 दिन बिता चुकी हैं और उनके पास सबसे ज्यादा घंटे तक स्पेसवॉक करने वाली महिला वैज्ञानिक होने का रिकॉर्ड है।

विलियम्स पहली बार 9 दिसंबर 2006 को अंतरिक्ष में गईं थी और 22 जून 2007 तक अंतरिक्ष में रहीं थी। सुनिता विलियम्स ने चार बार रिकॉर्ड 29 घंटे और 17 मिनट तक स्पेसवॉक किया था। इसके बाद सुनीता विलियम्स 14 जुलाई 2012 को दूसरी बार अंतरिक्षयात्रा पर गईं और 18 नवंबर 2012 तक अंतरिक्ष में रहीं थी। 59 वर्षीय सुनीता विलियम्स ने बताया कि उड़ान से पहले वह थोड़ी नर्वस थीं, लेकिन साथ ही नए अंतरिक्षयान में उड़ान को लेकर वह उत्साहित भी थीं। विलियम्स ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन उनके लिए दूसरे घर जैसा है।

और भी

मूसलाधार बारिश ने ब्राजील से लेकर अमेरिका तक मचाई तबाही

अमेरिका के प्रमुख देश ब्राजील के रियो ग्रांडे डो सुल प्रांत में लगातार हो रही तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई है. मड स्‍लाइडिंग (कीचड़ की बाढ़) की वजह से सैकड़ों की संख्‍या में वाहनों के साथ घरों को भी नुकसान पहुंचा है. केंद्र सरकार के साथ ही प्रांत की सरकार भी लोगों को बचाने में जुटी है. इसे ब्राजील के इतिहास का सबसे खौफनाक और गंभीर प्राकृतिक आपदा बताया जा रहा है. 

ब्राजील में मूसलाधार बारिश से सामान्‍य जनजीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त हो चुका है. रियो ग्रांडे डो सुल प्रांत के साओ सेबेस्टियाओ डो साई में इतनी बारिश हुई कि पूरा इलाका ही डूब गया. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों की समस्‍याएं बढ़ा दी हैं. हजारों की तादाद में लोगों को सुरक्षित स्‍थानों पर पहुंचाना पड़ा है.

ब्राजील के रियो ग्रांडे डो सुल प्रांत में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है. इस वजह से हर तरह की गतिविधियां ठप हो गई हैं. स्‍कूल कॉलेज से लेकर व्‍यावसायिक प्रतिष्‍ठान तक बंद हैं. दूसरी तरफ, सरकार अभी तक हजारों की तादाद में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्‍थानों तक पहुंचा चुकी है. राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है.

 

 

और भी

मानेले सोलोमन द्वीप के नये प्रधानमंत्री चुने गए

होनियारा: जेरेमिया मानेले गुरुवार को सोलोमन द्वीप के नए प्रधानमंत्री चुने गए। सोलोमन द्वीप के गवर्नर जनरल डेविड वुनागी ने यह घोषणा की है। श्री वुनागी ने गुरुवार की सुबह एक गुप्त मतदान के बाद कहा कि श्री मानेले ने नवनिर्वाचित 50 सीटों वाली संसद में विपक्षी नेता मैथ्यू वाले को 31 के मुकाबले 18 वोटों से हराया। संसद के एक सदस्य ने मतदान में भाग नहीं लिया।

 

 

और भी

यूनिवर्सिटीज में बढ़ते फलस्तीन समर्थक प्रदर्शनों से घबराई सरकार

न्यूयॉर्क/नई दिल्ली: अमेरिका के कई विश्वविद्यालय इन दिनों विरोध प्रदर्शनों का केंद्र बने हुए हैं। दरअसल अमेरिकी यूनिवर्सिटीज में फलस्तीन के समर्थन में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। यह विरोध प्रदर्शन इतने बढ़ गए हैं कि अमेरिकी सरकार भी घबरा गई है। यही वजह है कि सरकार ने कई यूनिवर्सिटीज को बंद करने और ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का आदेश दिया है। विरोध प्रदर्शनों के चलते सैंकड़ों छात्रों को हिरासत में लिया गया है और 100 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

अमेरिका की 21 यूनिवर्सिटीज में जारी विरोध प्रदर्शन
कैलिफोर्निया से लेकर न्यूयॉर्क तक अमेरिका की 21 यूनिवर्सिटीज में बीते कुछ दिनों से फलस्तीन समर्थक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज परिसर में ही तंबू लगाकर रह रहे हैं। न्यूयॉर्क पुलिस ने तो सोमवार को यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूयॉर्क और येले यूनिवर्सिटी प्रशासन को समन जारी कर फलस्तीन समर्थक प्रदर्शनों को सुलझाने को कहा है। बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के चलते 21 यूनिवर्सिटीज में कक्षाएं ऑनलाइन संचालित की जा रही हैं। वहीं कुछ कॉलेज बंद ही कर दिए गए हैं।

अमेरिकी पुलिस ने सैंकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। जिन यूनिवर्सिटीज से छात्रों को हिरासत में लिया गया है, उनमें यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास और यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया आदि शामिल हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास से ही 34 लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया से 93 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने इस हफ्ते की शुरुआत में 100 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

अमेरिकी स्पीकर के दौरे से बढ़ा विरोध
अमेरिका की संसद के स्पीकर माइक जॉनसन ने हाल ही में कोलंबिया यूनिवर्सिटी के कैंपस का दौरा किया, जहां उन्हें फलस्तीन समर्थकों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जॉनसन ने इसकी तीखी आलोचना की और इसे भीड़तंत्र की मानसिकता बताया। साथ ही उन्होंने इसे यहूदी विरोध का वायरस भी बताया। प्रदर्शनकारी छात्र कॉलेज कैंपस में इस्राइल विरोधी नारे लगा रहे हैं। 

और भी

संसद भवन के भीतर मस्जिद से जूते गायब, नंगे पैर लौटे कई सांसद...

इस्लामाबाद/नई दिल्ली: पाकिस्तान के संसद भवन (नेशनल असेंबली) के अंदर मस्जिद से जूते चोरी होने की एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, मस्जिद के बाहर से 20 जोड़ी जूते रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। इसे देखकर सुरक्षाकर्मी भी हैरान रह गए। बताया गया कि मस्जिद से जूते गायब होने के बाद संसद के स्पीकर सरदार अयाज सादिक ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए सुरक्षा विभाग से रिपोर्ट मांगी है।


यह घटना शुक्रवार की नमाज के बाद की है। नमाज के दौरान नेशनल असेंबली के सदस्य, पत्रकार, संसदीय कर्मचारी समेत कई अन्य श्रद्धालु मस्जिद में मौजूद थे। जब तक वे नमाज पढ़कर बाहर निकलते उनमें से कई लोगों के जूते गायब हो चुके थे। सूत्रों के अनुसार जब मस्जिद में लोग नमाज अदा कर रहे थे, उसी दौरान चोर ने मौका पाकर 20 से अधिक जोड़ी जूते गायब कर दिए।

नमाज पढ़कर जब सांसद और पत्रकार बाहर निकले तब उन्होंने जो नजारा देखा, उसे देखकर वे चौंक गए। उनमे से अधिकांश के जूते गायब थे। जूते गायब होने पर कई लोगों ने हंगामा भी किया। इस दौरान उन्हें यह समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या किया जाए। ऐसे में उन्हें नंगे पैर ही वापस लौटना पड़ा। हालांकि, कुछ लोग नंगे पैर जाने के लिए तैयार नहीं थे, वे अन्य विकल्प की तलाश कर रहे थे।

नेशनल असेंबली के स्पीकर ने सुरक्षा चूक पर जताई चिंता
इस घटना पर नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज सादिक ने सुरक्षा चूक पर गंभीर चिंता जताई है। सूत्रों के अनुसार, जब चोरी हुई, उस समय सुरक्षाकर्मी मौके पर मौजूद नहीं थे। इस घटना को लेकर अब कार्रवाई करने की मांग की जा रही है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोर को ढूंढने की कोशिश की जा रही है। 

 

 

और भी

उत्तर कोरिया ने सुपर-लार्ज वॉरहेड का परीक्षण किया

प्योंगयांग: उत्तर कोरिया ने एक रणनीतिक क्रूज मिसाइल के लिए सुपर-लार्ज वॉरहेड का शक्ति परीक्षण किया है। यह जानकारी दक्षिण कोरिया की योनहाप समाचार एजेंसी ने उत्तर कोरिया के केसीएनए के हवाले से दी।

रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर कोरिया ने इसी सप्ताह पीले सागर में एक नई विमानभेदी मिसाइल का परीक्षण भी किया।रिपोर्ट में कहा गया है कि इस परीक्षण के माध्यम से एक निश्चित लक्ष्य प्राप्त किया गया। इसमें कहा गया कि वारहेड को ह्वासल-1 रा-3 रणनीतिक क्रूज मिसाइल के लिए डिजाइन किया गया है और नई विमान भेदी मिसाइल प्योलजी-1-2 है।

दोनों परीक्षण कथित रूप से उत्तर कोरियाई मिसाइल प्रशासन की नियमित गतिविधियों का हिस्सा थे।

और भी

ईरान के हमले के बाद जी7 ने इजरायल के प्रति पूर्ण समर्थन जताया

वाशिंगटन: जी7 देशों के नेताओं ने रविवार को वर्चुअल मुलाकात की और इजरायल और उसके लोगों के प्रति पूर्ण एकजुटता और समर्थन जताया और इसकी सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक बयान में उन्होंने कहा, हम जी7 के नेता इजरायल के खिलाफ ईरान के सीधे और अभूतपूर्व हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। ईरान ने इजरायल की ओर सैकड़ों ड्रोन और मिसाइलें दागीं। मगर इजरायल ने अपने सहयोगियों की मदद से ईरान को हरा दिया।

जी7 देशों में संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा, इटली, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और जापान के साथ-साथ यूरोपीय संघ भी शामिल हैं। उन्होंने बयान में कहा, हम इजरायल और उसके लोगों के प्रति अपनी पूरी एकजुटता और समर्थन व्यक्त करते हैं और इसकी सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं। उन्होंने कहा कि इजरायल पर हमला शुरू करके ईरान ने क्षेत्र को अस्थिर करने की दिशा में कदम बढ़ाया है और एक बेकाबू क्षेत्रीय तनाव को भड़काने का जोखिम उठाया है।

इससे बचा जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि वे गाजा में संकट को खत्‍म करने के लिए हमारे सहयोग को मजबूत करेंगे, जिसमें तत्काल और स्थायी युद्धविराम व हमास द्वारा बंधकों की रिहाई की दिशा में काम करना और जरूरतमंद फिलिस्तीनियों को बढ़ी हुई मानवीय सहायता प्रदान करना शामिल है। राष्ट्रपति बाइडेन ने इजरायल की सुरक्षा के लिए अमेरिका की दृढ़ प्रतिबद्धता की पुष्टि करने के लिए पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से अलग से बात की।

बाइडेन ने एक बयान में कहा, मैंने उनसे कहा कि इजरायल ने अभूतपूर्व हमलों से भी बचाव करने और उन्हें हराने की उल्लेखनीय क्षमता का प्रदर्शन किया है - अपने दुश्मनों को एक स्पष्ट संदेश भेजा है कि वे प्रभावी रूप से इजरायल की सुरक्षा को खतरे में नहीं डाल सकते।

और भी

सिडनी मॉल में हुई चाकूबाजी-गोलीबारी में पांच की मौत, हमलावर भी मारा गया

 सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में स्थित वेस्टफील्ड बॉन्डी जंक्शन मॉल में चाकूबाजी और गोलीबारी के कारण हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस का अभियान जारी है। घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल है। हालांकि वेस्टफील्ड बॉन्डी जंक्शन मॉल परिसर से जुड़ी घटना पर न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने एक पोस्ट साझा किया। जिसमें कहा गया कि बॉन्डी जंक्शन पर एक व्यक्ति द्वारा चाकू से हमला किया गया।

शनिवार शाम 4 बजे से ठीक पहले कई लोगों को चाकू मारने की रिपोर्ट के बाद आपातकालीन सेवाओं को बुलाया गया और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने का आग्रह किया जाता है। घटना के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस ने कहा कि सिडनी में चाकू से हमला करने वाले व्यक्ति को हमला गिराया गया है।

वहां मौजूद लोगों ने बताया कि मॉल के भीतर से गोलीबारी की आवाज आ रही थी। लोगों पर चाकू से हमला किया गया। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। घटना को बाद भीड़ को इधर-उधर भागते हुए देखा गया था। घटना की जानकारी मिलते ही कई पुलिस गाड़ी और एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंच गई। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ी कई वीडियो वायरल हो रही है। 

और भी

यूरोपीय संघ ने यूक्रेन को लेकर स्विट्जरलैंड की पहल का किया स्वागत

ब्रुसेल्स: यूरोपीय संघ ने यूक्रेन शांति शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने के लिए स्विट्जरलैंड की पहल का स्वागत किया है और इसमें भाग लेने की योजना बना रहा है। यूरोपीय आयोग की विदेश मामलों की प्रवक्ता नबीला मासराली ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

सुश्री मासराली ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, हम यूक्रेन में शांति बहाली के लिए उच्च स्तरीय सम्मेलन कराने के लिए स्विट्जरलैंड की ओर से तारीख की घोषणा किये जाने का स्वागत करते हैं... जहां तक ​​यूरोपीय संघ की भागीदारी की बात है, मैं अभी तक पुष्टि नहीं कर सकता कि इस आयोजन में यूरोपीय संघ का प्रतिनिधित्व कौन करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ भाग लेने में खुश होगा।

 

और भी

ब्राजील के न्यायाधीश ने मस्क के खिलाफ जांच शुरू की

ब्रासीलिया: ब्राजील के शीर्ष न्यायालय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ के मालिक एलन मस्क के खिलाफ कुछ खातों को ब्लॉक करने के अदालत के आदेश को चुनौती देने तथा न्याय में बाधा डालने और कई पूर्व खातों पर असंवैधानिक प्रतिबंध हटाने की घोषणा के बाद जांच शुरू कर दी है।

एक अदालती दस्तावेज़ के हवाले से कई मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि ब्राज़ीलियाई शीर्ष न्यायालय के न्यायाधीश अलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने रविवार को अपनी सोशल मीडिया कंपनी एक्स से जुड़े न्याय में बाधा डालने के लिए श्री मस्क के खिलाफ जांच शुरू की।

श्री मस्क ने पिछले साल आठ जनवरी के दंगों के अपराधियों से संबंधित कुछ खातों को ब्लॉक करने के न्यायाधीश मोरेस के फैसले को चुनौती दी। इन दंगों में ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के दूर-दक्षिणपंथी हजारों समर्थकों ने देश की कांग्रेस, शीर्ष न्यायालय और राष्ट्रपति भवन पर धावा बोल दिया था।

इससे पहले रविवार को श्री मस्क ने पोस्ट किया था कि एक्स प्रतिबंध हटा देगा, क्योंकि वे असंवैधानिक थे। उन्होंने न्यायाधीश मोरेस से इस्तीफा देने या महाभियोग चलाने का भी आह्वान किया। न्यायाधीश मोरेस ने अपने आदेश में लिखा कि श्री मस्क ने शीर्ष अदालत के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चलाया है।

बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार यदि एक्स आदेश का पालन करने में विफल रहता है, तो उस पर प्रति दिन 100,000 रियास (19,774 अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना लगाया जाएगा।

और भी

कंबोडिया के हुन सेन सीनेट अध्यक्ष के रूप निर्वाचित

नोम पेन्ह: कंबोडिया के पूर्व प्रधानमंत्री समदेच टेको हुन सेन को बुधवार को पांचवें जनादेश में सीनेट अध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से चुना गया। कंबोडिया के द स्टेट-रन नेशनल टेलीविजन ने बताया कि श्री हुन सेन को 62 सांसदों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से अपर हाउस के अध्यक्ष के रूप में चुना गया है।

सांसदों ने सत्तारुढ़ कंबोडियन पीपुल्स पार्टी (सीपीपी) के सांसद प्राक सोखोन, पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं पूर्व विदेश मंत्री और पूर्व वरिष्ठ मंत्री आउच बोरिथ को क्रमशः पहला अध्यक्ष और दूसरा अध्यक्ष बनने के लिए वोट दिया।

और भी

दियोमाये फेय चुने गए सेनेगल के राष्ट्रपति

डैकर: सेनेगल विपक्षी गठबंधन डायोमाये प्रेसिडेंट के उम्मीदवार बस्सिरौ डायोमाये फे ने राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है। सेनेगल के राष्ट्रीय मतगणना आयोग के अध्यक्ष अमाडी डियॉफ़ ने बुधवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा,  श्री फेय ने कुल 2,434,751 वोट हासिल किए, जो कुल वोटों का 54.28 प्रतिशत है। मतदान प्रतिशत 61.30 प्रतिशत रहा।

सत्तारूढ़ गठबंधन का प्रतिनिधित्व करने वाले उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अमादौ बा 35.79 प्रतिशत वोटों के साथ पीछे रहे। श्री फेय (44) का जन्म डैकर से 115 किमी पूर्व में स्थित नदिआगनियाओ में हुआ था। उन्होंने डैकर में शेख अंता डिओप विश्वविद्यालय से कानून में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने 2004 में नेशनल स्कूल ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की और स्नातक स्तर की पढ़ाई के बाद कर निरीक्षक बन गए।

उन्होंने सेनेगल फॉर वर्क, एथिक्स एंड फ्रेटरनिटी (पीएएसटीईएफ) पार्टी के अफ्रीकी पैट्रियट्स के महासचिव के रूप में कार्य किया, जिसे जुलाई 2023 में राष्ट्रपति के आदेश द्वारा भंग कर दिया गया था। श्री फेय को अप्रैल 2023 में कैद किया गया था और निवर्तमान राष्ट्रपति मैकी सॉल द्वारा माफी कानून लागू करने के बाद 14 मार्च को रिहा कर दिया गया था।

 
और भी

इजरायल ने पूर्वी लेबनान में किया हवाई हमला, दो की मौत, तीन घायल

बेरूत: लेबनान के पूर्वोत्तर शहर ज़बौद और पूर्वी बालबेक-हरमेल गवर्नरेट के औआदी फ़रा के पास हिजबुल्लाह के ठिकानों पर इजरायल की ओर से किए गए हवाई हमलों में मंगलवार को हिजबुल्लाह के लड़ाके मारे गए और तीन नागरिक घायल हो गए।

नाम उजागर नहीं करने वाले सूत्रों ने कहा कि इज़रायल ने पहली बार इन दो स्थानों को निशाना बनाया है, जो लेबनानी क्षेत्र के अंदर हैं और इज़रायल के साथ लगने वाली लेबनान की सीमा से लगभग 140 किमी दूर हैं। उन्होंने कहा कि इजरायली युद्धक विमानों ने बालबेक-हर्मेल गवर्नरेट के तीन कस्बों और गांवों और दक्षिणी लेबनान के सीमावर्ती क्षेत्र के सात कस्बों और गांवों पर कई हवाई हमले किए।

इस बीच, हिजबुल्लाह ने कहा कि उसके लड़ाकों ने गाइडेड मिसाइलों से इजरायल के मेरोन हवाई अड्डे को निशाना बनाया, जिससे लोग हताहत हुए। उल्लेखनीय है कि लेबनानी सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह ने पिछले दिन इज़रायल में हमास की ओर से किए गए हमलों का समर्थन करने के बाद से लेबनान-इज़रायल सीमा पर तनाव बढ़ गया है।

और भी

मॉस्को में आतंकी हमला, 70 लोगों की मौत

क्रोकस सिटी हॉल (कॉन्सर्ट हॉल) हमलावरों ने की गोलीबारी

मॉस्को। रूस के मॉस्को क्षेत्र के क्रास्नोगोसर्क स्थित क्रोकस सिटी हॉल (कॉन्सर्ट हॉल) में शुक्रवार यानी 22 मार्च की शाम अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस आतंकी हमले में कई लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक इस गोलीबारी में 70 लोगों की मौत हुई है, जबकि 115 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। बता दें कि हमले को 5 आतंकियों ने अंजाम दिया है। हमले के बाद से पुलिस व अन्य एजेंसियां घटनास्थल के पास मौजूद हैं। साथ ही हेलीकॉप्टर के जरिए भी नजर बनाए हुए हैं। साथ ही रूसी सेना की विशेष बल की टीम भी क्रोकस सिटी हॉल पहुंच चुकी है और गोलीबारी लगातार जारी है। बता दें कि इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट यानी आईएसआईएस ने ली है।

स्थानीय मीडिया की मानें तो गोलीबारी शुरू होने के कुछ ही देर बाद क्रोकस सिटी हॉल में एक धमाका भी हुआ। कॉन्सर्ट हॉल में आग लगने की घटना के वीडियो और तस्वीरे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। बता दें कि इस हमले के बाद रूस की सुरक्षा एजेंसी एफएसबी ने कहा कि मॉस्को क्रोकस सिटी हॉल में गोलीबारी के बीच कानून प्रवर्तन एजेंसिया जरूरी कदम उठा रही हैं। साथ ही वहां फंसे लोगों को रेस्क्यू करने का काम भी जारी है। 

और भी

अमेरिका ने अरुणाचल प्रदेश को माना भारत का ही हिस्सा,चीन का दावा खारिज

वाशिंगटन: अरुणाचल प्रदेश को भारत का हिस्सा के रूप में मान्यता देते हुए अमेरिका ने चीन द्वारा वास्तविक नियंत्रण रेखा की सीमा को बढ़ाने की दिशा में उठाए गए हर कदमों की आलोचना की है। यह टिप्पणी तब आई, जब बीजिंग ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य की हालिया यात्रा के बाद भारत द्वारा अवैध रूप से स्थापित तथाकथित अरुणाचल प्रदेश को स्वीकार नहीं करता है।

विदेश विभाग के प्रधान उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा, अमेरिका अरुणाचल प्रदेश को भारतीय क्षेत्र के रूप में मान्यता देता है और हम एलएसी पर नागरिक घुसपैठ या अतिक्रमण के किसी भी एकतरफा प्रयास का दृढ़ता से विरोध करते हैं। बीते दिनों भारतीय नेताओं की यात्राओं पर आपत्ति जताने के बाद चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा कि वह पीएम मोदी की यात्रा की कड़ी निंदा करते हैं।

भारत ने वेनबिन की टिप्पणियों को खारिज करते हुए कहा कि भारत ने कई मौकों पर "अरुणाचल पर स्थिति" से चीन को अवगत कराया है।नई दिल्ली ने अरुणाचल प्रदेश के क्षेत्र पर बेतुके दावों को आगे बढ़ाने के लिए बीजिंग पर हमला बोला और दोहराया कि पूर्वोत्तर राज्य हमेशा भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा बना रहेगा।

 
और भी