हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

कोरोना अपडेट : 24 घंटे में मिले 16 हजार से ज्यादा नए मामले

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश में कोरोना के मामलों में अब कमी देखने को मिल रही है। बीते 24 घंटे में कोरोना के नए केस में गिरावट दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के 16,167 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, इस दौरान 15,549 लोग ठीक भी हुए हैं। हालांकि, देश में कोरोना के एक्टिव केस में बढ़ोतरी हुई है। कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर अब 1,35,510 हो गए हैं। रविवार को सक्रिय मामले 1,34,933 थे।

देश में कोरोना के अब तक कुल 4 करोड़ 41 लाख 61 हजार 899 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, कुल 4 करोड़ 34 लाख 99 हजार 659 लोग ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा अब तक कोरोना से 5 लाख 26 हजार 730 लोगों की जान भी जा चुकी है। एक्टिव केस अभी 0.31 फीसद है। रिकवरी दर 98.50 फीसद है। डेली पाजिटिविटी दर 6.14 फीसद, साप्ताहिक पाजिटिविटी दर 4.64 फीसद है।

102 करोड़ से ज्यादा लोगों को लगी पहली डोज
देश में कोरोना वैक्सीन की अब तक 206 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी है। 102 करोड़ से ज्यादा लोगों को पहली डोज लगाई जा चुकी है। वहीं, 93.59 करोड़ से ज्यादा दूसरी खुराक दी जा चुकी है। इसके अलावा 10.73 करोड़ से ज्यादा प्रीकाशन डोज लगाई जा चुकी है।

और भी

आत्मनिर्भर भारत की बड़ी उपलब्धि : मरम्मत के लिए चेन्नई पहुंचा अमेरिकी नौसेना का जहाज

 चेन्नई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के साथ मेक इन इंडिया की दिशा में एक बड़ी छलांग लगाते हुए भारत अब अमेरिकी नौसेना के जंगी जहाज चा‌र्ल्स ड्रिव की मरम्मत समेत अन्य सर्विस करेगा। अमेरिकी नौसेना का यह जहाज मरम्मत के लिए रविवार को चेन्नई के कट्टुपल्ली में एलएंडटी के शिपयार्ड में पहुंचा। यह दोनों देशों के रक्षा संबंधों में नया आयाम जोड़ेगा।

अमेरिकी नौसेनिक जहाज के मरम्मत के लिए भारत आने की अहमियत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि रक्षा सचिव डा. अजय कुमार, नौसेना के उप प्रमुख वाइस एडमिरल एसएन घोरमडे, तमिलनाडु व पुडुचेरी नौसेना क्षेत्र के फ्लैग आफिसर कमांडिंग रियर एडमिरल एस वेंकटरमन और रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी चा‌र्ल्स ड्रिव का स्वागत करने के लिए एलएंडटी शिपयार्ड में मौजूद थे।

इस मौके पर अमेरिका के चेन्नई स्थिति महावाणिज्य दूत जुडिथ रेविन और रक्षा अटैची रियर एडमिरल माइकल बेकर भी उपस्थित रहे। भारत में किसी अमेरिकी नौसेना के जहाज की पहली बार मरम्मत होगी। अमेरिकी नौसेना ने जहाज के रखरखाव के लिए एलएंडटी के शिपयार्ड से अनुबंध किया था। अमेरिकी नौसैनिक पोत का यहां आना वैश्विक जहाज मरम्मत बाजार में भारत की शिपयार्ड की क्षमताओं को दर्शाता है।

इस मौके पर रक्षा सचिव ने चा‌र्ल्स ड्रिव का स्वागत करते हुए कहा कि मरम्मत व सर्विस के लिए अमेरिकी जहाज का आना भारतीय जहाज निर्माण उद्योग ही नहीं, भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों के लिए भी एक रेड लेटर डे है। यह भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और हमारे गहरे जुड़ाव के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है।

रक्षा सचिव ने कहा कि भारतीय जहाज निर्माण उद्योग के पास आज लगभग दो अरब डालर के कारोबार के साथ छह प्रमुख शिपयार्ड हैं। हमारा अपना डिजाइन हाउस है और यह सभी प्रकार के अत्याधुनिक जहाज बनाने में सक्षम है। डा. अजय ने कहा कि देश का पहला स्वदेशी विमान वाहक विक्रांत भारतीय जहाज निर्माण उद्योग के विकास का एक चमकदार उदाहरण है।

रक्षा सचिव ने भारत अमेरिका के रक्षा संबंधों में प्रगति को लेकर कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच रक्षा उद्योग सहयोग में जबरदस्त वृद्धि हुई है। अमेरिकी दूतावास की महावाणिज्य दूत जूडिथ रविन ने इस मौके पर इसे भारत-अमेरिका रणनीतिक संबंधों में एक नया अध्याय करार देते हुए इसे गहरे संबंधों का प्रमाण बताया। अमेरिकी नौसैनिक जहाज का कट्टुपल्ली शिपयार्ड में मरम्मत कार्य और अन्य सर्विस 11 दिनों तक चलेगा।

और भी

जलवायु परिवर्तन ने बिगाड़ा मौसम का गणित, मुश्किल हो रहा पूर्वानुमान लगाना...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा है कि जलवायु परिवर्तन ने मौसम संबंधी गंभीर घटनाओं की सटीक भविष्यवाणी करने की विश्वभर की पूर्वानुमान एजेंसियों की क्षमता को प्रभावित किया है। लिहाजा, आइएमडी इस चुनौती से निपटने के लिए और अधिक रडार स्थापित कर रहा है और अपनी उच्च प्रदर्शन वाली गणना प्रणाली (हाई परफार्मेस कंप्यूटिंग सिस्टम) को अपडेट कर रहा है।


जलवायु परिवर्तन के प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर महापात्र ने कहा, हमारे पास 1901 से लेकर अब तक का मानसूनी वर्षा का डिजिटल डाटा उपलब्ध है। इसके तहत उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में वर्षा में कमी, जबकि पश्चिम राजस्थान जैसे पश्चिम के कुछ क्षेत्रों में वर्षा में वृद्धि हुई है। महापात्र ने कहा, पूरे देश पर गौर करें तो मानसूनी वर्षा का कोई स्पष्ट रुझान नजर नहीं आता। मानसून अनियमित है और इसमें व्यापक स्तर पर उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं।

केंद्र सरकार ने 27 जुलाई को संसद को बताया था कि उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल, मेघालय और नगालैंड में बीते 30 वषरें (1989 से 2018 तक) में दक्षिण-पश्चिम मानसून से होने वाली वर्षा में उल्लेखनीय कमी देखी गई है। इन पांच राज्यों और अरुणाचल प्रदेश व हिमाचल प्रदेश में वार्षिक औसत वर्षा में भी उल्लेखनीय कमी आई है।

महापात्र ने कहा कि हालांकि 1970 से लेकर अब तक के वर्षा के दैनिक डाटा के विश्लेषण से पता चलता है कि देश में भारी वर्षा के दिनों में वृद्धि हुई है, जबकि हल्की या मध्यम स्तर की वर्षा के दिनों में कमी आई है। इसका मतलब है कि अगर वर्षा नहीं हो रही है तो एकदम नहीं हो रही है और अगर हो रही है तो बहुत ज्यादा पानी बरस रहा है।

अध्ययनों ने साबित किया है कि भारी वर्षा की घटनाओं में वृद्धि और हल्की वर्षा के दिनों में कमी जलवायु परिवर्तन का नतीजा है। जलवायु परिवर्तन से वातावरण में अस्थिरता बढ़ गई है जिससे गरज-चमक, बिजली और भारी वर्षा की गतिविधियां बढ़ गई हैं। अरब सागर में चक्रवातों की तीव्रता भी बढ़ती जा रही है।

महापात्र ने बताया कि प्रभाव आधारित पूर्वानुमान में सुधार होगा और यह 2025 तक अधिक सटीक बन जाएगा। आगामी वर्षों में विभाग पंचायत स्तर और शहरों के किसी खास क्षेत्र के पूर्वानुमान भी उपलब्ध करा पाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग पूर्वानुमान में सुधार के लिए अपने रडार, स्वचालित मौसम केंद्रों, वर्षामापियों और सेटेलाइट की संख्या बढ़ाकर अपने अवलोकन तंत्र को मजबूत कर रहा है।

उन्होंने बताया, 'हमने उत्तर-पश्चिम हिमालय में छह रडार स्थापित किए हैं और इस साल चार और रडार स्थापित किए जाएंगे। पूर्वोत्तर हिमालय क्षेत्र के लिए आठ रडार की खरीद प्रक्रिया जारी है। देश के शेष हिस्सों में कुछ खाली इलाके हैं जिन्हें 11 रडार से भरा जाएगा। 2025 तक रडार की संख्या वर्तमान 34 से बढ़कर 67 हो जाएगी।'

महापात्र ने बताया कि वर्तमान में विभाग के वेदर माडलिंग सिस्टम का रेजोल्यूशन 12 किलोमीटर है और इसे छह किलोमीटर करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्ष में अवलोकन तंत्र में सुधार से गंभीर मौसम की घटनाओं के पूर्वानुमान की सटीकता में लगभग 30-40 प्रतिशत का सुधार हुआ है।
और भी

संजय राउत 22 अगस्त तक जेल भेजे गए

 मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पात्रा चॉल घोटाले में गिरफ्तार शिवसेना सांसद संजय राउत को सोमवार को बड़ा झटका लगा है। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब राउत 22 अगस्त तक जेल मे रहेंगे। बता दें संजय राउत अभी तक ईडी की हिरासत में थे। पिछले गुरुवार को राउत को कोर्ट में पेश किया गया था। इसके बाद विशेष अदालत ने ईडी की हिरासत आठ अगस्त तक बढ़ा दी थी। पिछले दिनों ईडी ने संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत को भी पूछताछ के लिए तलब किया था।

शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के करीबी सहयोगी 60 वर्षीय राउत को 31 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। ईडी ने राउत के घर पर सुबह-सुबह छापा मारा था। करीब आठ घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया था, इसके बाद देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। अदालत ने उन्हें चार अगस्त तक ईडी की हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद उनकी रिमांड आठ अगस्त तक बढ़ाई गई थी।

1039.79 करोड़ का है पात्रा चॉल घोटाला
मुंबई पश्चिमी उपगनर के गोरेगांव स्थित सिद्धार्थ नगर के पात्रा चॉल के 47 एकड़ जमीन पर 672 परिवारों के घरों के पुनर्विकास के लिए साल 2007 में सोसायटी द्वारा महाराष्ट्र हाउसिंग डेवलपमेंड अथॉरिटी (म्हाडा) और गुरू कंस्ट्रक्शन कंपनी के बीच करार हुआ था। इस करार के तहत कंपनी को साढ़े तीन हजार से ज्यादा फ्लैट बनाकर म्हाडा को देने थे। उसके बाद बची हुई जमीन प्राइवेट डेवलपर्स को बेचनी थी। डीएचआईएल के राकेश वधावन, सारंग वधावन, प्रवीण राउत और गुरू आशीष इस कंपनी के निदेशक थे। आरोप है कि कंपनी ने म्हाडा को गुमराह कर पात्रा चॉल की एफएसआई 9 अलग-अलग बिल्डरों को बेच कर 901 करोड़ रुपये जमा किए। उसके बाद मिडोज नामक एक नया प्रोजेक्ट शुरू कर फ्लैट बुकिंग के नाम पर 138 करोड़ रुपये वसूले गए। लेकिन 672 लोगों को उनका मकान नहीं दिया गया। इस तरह पात्रा चॉल घोटाले में 1039.79 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। उसके बाद 2018 में म्हाडा ने गुरू कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया।

पात्रा चॉल का संजय राउत कनेक्शन
गुरु कंस्ट्रक्शन कंपनी के निदेशक रहे प्रवीण राउत, संजय राउत के करीबी हैं। ईडी ने प्रवीण को फरवरी 2022 में गिरफ्तार कर लिया था। बताते हैं कि पात्रा चॉल घोटाले से प्रवीण ने 95 करोड़ रुपये कमाए और वह पैसा अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को बांटा था। इसमें से 55 लाख रुपये संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत के खाते में आए थे। इस रकम से राउत ने दादर में फ्लैट खरीदा था। ईडी वर्षा राउत से पूछताछ कर चुकी है। वर्षा ने बताया था कि ये पैसे उन्होंने फ्लैट खरीदने के लिए प्रवीण राउत की पत्नी माधुरी से लिए थे। ईडी की पूछताछ के बाद वर्षा ने पैसे माधुरी के खाते में ट्रांसफर कर दिए।

और भी

हिमाचल में सरकार बनी तो लागू करेंगे पुरानी पेंशन योजना : भूपेश बघेल

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी। सीएम भूपेश बघेल ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने के लिए संघर्ष कर रहे कर्मचारियों से शिमला में मुलाकात के दौरान आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान की तरह हिमाचल प्रदेश में भी पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री बघेल सोमवार को शिमला स्थित राजीव भवन में मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। इससे पहले उन्होंने हिमाचल कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात की और चुनाव की रणनीति पर बात की।

इससे पहले मीडिया से चर्चा में कांग्रेस नेता पुरानी पेंशन बहाली के साथ साथ 18 से 60 साल की महिलाओं को हर माह 1500 रुपए देने समेत अन्य कई घोषणाएं कर चुके हैं। अब कांग्रेस ने ऐलान किया कि सरकार बनने के बाद किसान-बागवान आयोग का गठन किया जाएगा। कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राजधानी शिमला में मीडिया से चर्चा में यह ऐलान किया। उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए स्थायी नीति बनाने, पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले की भी नए सिरे से एसआईटी गठित कर जांच करवाने की बात कही है। मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक में इन विषयों पर बात होगी।

 

 

और भी

एनआईए की बड़ी कार्रवाई : ISIS से संबंध रखने वाला मोहसिन अहमद बाटला हाउस से गिरफ्तार

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दिल्ली के बाटला हाउस में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने ताबड़तोड़ छापेमारी में एक ISIS के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। इस आतंकी का नाम मोहसिन अहमद बताया जा रहा है। यह क्रिप्टोकरेंसी की मदद से आतंकी फंडिंग करता था। एनआईए ने रविवार को 6 जगहों पर छापेमारी मारी की जिसके बाद उसे यह सफलता मिली है।

स्वतंत्रता दिवस से पहले, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली में एक तलाशी अभियान शुरू किया और आईएसआईएस मॉड्यूल की गतिविधियों में कथित रूप से शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नई दिल्ली के बाटला हाउस निवासी मोहसिन अहमद के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि मोहसिन अहमद आसपास के लोगों पर नजर रखता था। मौका पड़ने पर लोगों को भड़काने की कोशिश करता था। अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिली है लेकिन गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी पता लगाने की कोशिश करेगी कि आखिर मोहसिन अहमद का आगे का क्या प्लान था।

और भी

ब्रेकिंग : नीति आयोग की बैठक में भूपेश बघेल ने उठाया जीएसटी, रॉयल्टी, नक्सल उन्मूलन पर खर्च राशि प्रतिपूर्ति का मुद्दा...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में शामिल हुए। नीति आयोग की बैठक में भूपेश बघेल ने कोयला सहित मुख्य खनिजों की रॉयल्टी दर में संशोधन का आग्रह किया। उन्होंने कर्मचारियों के हित में नवीन पेंशन योजना में जमा राशि की वापसी की मांग की।

बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की शहरों के निकट स्थित ग्रामीण क्षेत्रों एवं 20 हजार से कम आबादी के शहरों में मनरेगा लागू करने की मांग की। उन्होंने जीएसटी क्षतिपूर्ति का मुद्दा उठाया। भूपेश बघेल ने कहा, जीएसटी कर प्रणाली से राज्यों को राजस्व की हानि हुई है। सीएम ने जीएसटी क्षतिपूर्ति अनुदान जून 2022 के बाद भी आगामी 05 वर्षों के लिए जारी रखने का अनुरोध किया। नक्सल उन्मूलन के लिए तैनात केन्द्रीय सुरक्षा बलों पर किये 12 हजार करोड़ के व्यय की प्रतिपूर्ति की मांग भूपेश बघेल ने की। भूपेश बघेल ने कहा, राज्यों के संसाधनों पर दबाव बढ़ा है। केंद्रीय कर में राज्यों का हिस्सा बढ़ाई जाए।

 

 

और भी

प्रधानमंत्री ने आजादी के अमृत महोत्‍सव के बारे में राष्‍ट्रीय समिति की तीसरी बैठक को संबोधित किया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि आजादी के अमृत महोत्सव की सफलता का श्रेय देश के प्रत्येक नागरिक को है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर समितियों ने दिन-रात काम करके आजादी के अमृत महोत्सव को जन-जन तक पहुंचाया है। नई दिल्ली में इस कार्यक्रम से संबंधित राष्ट्रीय समिति की तीसरी बैठक को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में निहित भावना इस अभियान का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अभूतपूर्व राष्ट्रीय भावना प्रदर्शित की गई थी और वर्तमान पीढ़ी में हमें वही भाव भरने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में मोड़ने की आवश्यकता है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी में जिम्मेदारी और कर्तव्य भावना पैदा करने की आवश्यकता है ताकि वे भारत की आजादी के सौ वर्ष का सपना साकार कर सकें। श्री मोदी ने कहा कि तकनीकि क्रांति ने परिवर्तन की गति को तेज किया है।  उन्होंने कहा कि युवाओं में क्षमता पैदा करना और उन्हें आवश्यक कौशल प्रदान करना महत्वपूर्ण है ताकि वे आने वाले समय की प्रौद्योगिकी संबंधी जरूरतें पूरी कर सकें।

जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें स्थानीय जनजातीय संग्रहालय बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि सीमावर्ती गांव कार्यक्रम में युवाओं को शामिल किया जाना चाहिए और उन्हें देश की सीमाओं पर रहने वाले लोगों के जीवन से परिचित कराया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें राष्ट्रीय एकता के महत्व को समझते हुए एक भारत श्रेष्ठ भारत को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि एकजुट राष्ट्र ही प्रगतिशील हो सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हम संकल्प और सिद्धि की भावना के साथ अमृत काल से गुजर रहे हैं, जो भारत को अगले 25 वर्षों में सफलता के शिखर पर ले जाएगा।

समिति के सदस्यों ने आजादी का अमृत महोत्सव के आयोजन के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। गृहमंत्री अमित शाह ने आजादी का अमृत महोत्सव की राष्ट्रीय समिति की तीसरी बैठक में सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव के अंतर्गत देश भर में 60 हजार से अधिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए हैं। अपने समापन भाषण में उन्होंने महत्वपूर्ण सुझाव देने के लिए प्रधानमंत्री और समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

समिति के सचिव गोविंद मोहन ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के अंगर्तग जन भागीदारी महत्वपूर्ण रही है और समग्र सामाजिक दृष्टिकोण की बदौलत यह कार्यक्रम देश के कोने-कोने तक पहुंचा है।

राष्ट्रीय समिति के विभिन्न सदस्यों ने बैठक में भाग लिया, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष, राज्यों के राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, राजनीतिक नेता, अधिकारी, मीडियाकर्मी, धर्म गुरु, कलाकार, फिल्मी हस्तियां और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़़े व्यक्ति शामिल थे।

 

और भी

जगदीप धनखड़ बृहस्‍पतिवार को देश के 14वें उपराष्‍ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एनडीए के प्रत्याशी जगदीप धनखड़ देश के 14वें उपराष्ट्रपति चुने गए हैं। श्री धनखड़ को 528 वोट मिले जबकि उनकी प्रतिद्वंदी विपक्षी उम्मीदवार मार्ग्रेट अल्वा ने 182 वोट प्राप्त किये। श्री धनखड़ ने कल हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में कुल पड़े वैध मतों में से 72 दशमलव आठ प्रतिशत वोटों के साथ शानदार जीत हासिल की।  उपराष्ट्रपति पद के लिए पिछले छह चुनावों में श्री धनखड़ का जीत का अंतर सबसे अधिक रहा।

श्री धनखड़ बृहस्पतिवार को पद की शपथ लेंगे। मौजूदा उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडु का कार्यकाल बुधवार को समाप्त होगा। श्री धनखड़ को राज्यसभा का पदेन सभापति नियुक्त किया जायेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा अनेक केन्द्रीय मंत्रियों और अन्य नेताओँ ने उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत पर श्री धनखड़ को बधाई दी है।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने कहा कि श्री धनखड़ के सार्वजनिक जीवन के लंबे और समृद्ध अनुभव का देश को लाभ मिलेगा। उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडु ने कहा कि देश को श्री जगदीप धनखड़ के लंबे अनुभव और कानूनी विशेषज्ञता का बहुत लाभ होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उपराष्ट्रपति चुनाव के तुरन्त बाद निर्वाचित उपराष्ट्रपति से दिल्ली में उनके निवास पर भेंट की और शुभकामनाएं दी।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह समूचे देश के लिए खुशी की बात है कि एक किसान का बेटा देश का उपराष्ट्रपति चुना गया है। उन्होंने श्री धनखड़ को समर्थन देने के लिए एन.डी.ए. के सहयोगी दलों और अन्य पार्टियों के सांसदों के प्रति आभार व्यक्त किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी श्री धनखड़ को बधाई दी और कहा कि उनके लंबे अनुभव और जनसाधारण से जुड़े मुद्दों की गहरी समझ से देश को लाभ होगा।

 

और भी

बड़ी खबर : शिमला में विधानसभा चुनाव की रणनीति पर सीएम बघेल ने की चर्चा...

 शिमला (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल आज दिल्ली प्रवास से सीधे हिमाचल प्रदेश के लिए हेलीकाप्टर से रवाना हुए। बता दें सीएम भूपेश बघेल को एआईसीसी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीनियर ऑब्ज़र्वर नियुक्त किया है।  बतौर सीनियर ऑब्ज़र्वर सीएम भूपेश बघेल ने शिमला में हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

 

 

और भी

बिहार में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत

 पटना (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  बिहार के सारण जिले में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई है। 30 अन्‍य लोग बीमारी हैं और 17 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। सारण के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान लोगों ने इसका सेवन किया था।

मकेर के थानाध्यक्ष और एक चौकीदार को ड्यूटी पर लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दो हजार लीटर से अधिक मात्रा में जहरीली शराब बरामद की गई है। जिला प्रशासन ने शराब माफियाओं को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया है। 

 

 

और भी

यूकेएसएसएससी के चेयरमैन राजू ने दिया इस्तीफा

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।   यूकेएसएसएससी के चेयरमैन व पूर्व आईएएस अधिकारी एस राजू ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया है। अभी यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले की एसटीएफ जांच कर रही है। इस मामले में अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

 


और भी

संसद सदस्यों को सत्र के दौरान आपराधिक मामलों में कोई विशेष छूट नहीं

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  राज्यसभा में कांग्रेस सदस्यों ने कहा कि विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किया गया है, क्योंकि उन्हें गुरुवार को सदन के कामकाज के दौरान पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय द्वारा बुलाया गया। इस पर जवाब देते हुए राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू ने स्पष्ट किया कि संसद सदस्यों को सत्र के दौरान आपराधिक मामलों में कोई विशेष छूट नहीं है। नायडू ने यह भी कहा कि सदस्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा जारी समन से बच नहीं सकते।

और भी

150 स्मारकों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएगा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में "हर घर तिरंगा" के देशभक्ति अभियान के तहत देश भर के 150 स्मारकों/स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएगा। ध्वजारोहण करने के साथ ही इन स्मारकों को तिरंगे के रंग में प्रकाशमान किया जाएगा।

इसके अलावा पूरे देश के 750 स्मारकों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं, 5 अगस्त से 15 अगस्त, 2022 तक सभी केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में नि:शुल्क प्रवेश की घोषणा की गई है। एएसआई के 37 सर्किल जनभागीदारी की भावना से स्थानीय लोगों के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जो आजादी का अमृत महोत्सव का मूर्त रूप होगा। इन आयोजनों में वृक्षारोपण अभियान, विद्यालय संवाद, व्याख्यान, चिकित्सा शिविर और बाल जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं।

और भी

मुख्यमंत्री बघेल ने की राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री से मुलाकात

 रायपुर/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल अभी दिल्ली प्रवास पर है। इस दौरान उन्होंने नव निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की।

ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री बघेल 4 दिवसीय दिल्ली पर हैं। मुख्यमंत्री बघेल शुक्रवार को दिल्ली दौरे के लिए रायपुर से रवाना हो गए थे। आज, शनिवार शाम 4.30 बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले अमृत महोत्सव की बैठक में शामिल होना है। मुख्यमंत्री बघेल नीति आयोग समिति की बैठक में भी आज ही शामिल होंगे। बैठक से पहले उन्होंने कांग्रेस के शिर्ष नेताओं से भी मुलाकात की है। सीएम दिल्ली में बैठक खत्म कर आज ही शिमला रवाना हो जाएंगे। गौरतलब है कि साल के अंत में हिमाचल प्रदेश में विधानसभा के चुनाव हैं जिसका उन्हें चुनाव पर्यवेक्षक बनाया गया है।

और भी

देश के नए उपराष्ट्रपति होंगे जगदीप धनखड़, मिले इतने वोट...

 नई दिल्‍ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ देश के नए उपराष्‍ट्रपति होंगे। जगदीप धनखड़ को कुल 725 मतों में से 528 मत मिले। उन्‍होंने 346 मतों से विपक्ष की उम्‍मीदवार मार्गरेट अल्‍वा को शिकस्‍त दी। लोकसभा महासचिव उत्पल के. सिंह ने चुनाव नतीजों की जानकारी देते हुए कहा कि मार्गरेट अल्वा को चुनाव में 182 वोट मिले। 15 मतों को अवैध करार दिया गया।

लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह ने बताया कि राज्यसभा के निर्वाचित और मनोनीत सदस्यों और लोकसभा के निर्वाचित सदस्यों वाले 780 मतदाताओं में से 725 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चुनाव में 92.94 फीसद मतदान दर्ज किया गया।

देश के उपराष्ट्रपति पद (Vice President Election 2022) के लिए शनिवार को मतदान संपन्‍न हो गया। प्रधानमंत्री मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न दलों के सांसदों ने मतदान किया। मतदान पूर्वाह्न 10 बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चला।  

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सबसे पहले वोट डालने वाले सांसदों में शामिल रहे जबकि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व्हीलचेयर पर संसद भवन पहुंचे और मतदान किया। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने दोपहर में मतदान किया। कोविड-19 से जूझ रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी पीपीई किट पहनकर संसद भवन पहुंचे और मतदान किया।

लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश समेत मुख्य विपक्षी दल के तमाम सांसदों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए ने पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ (71) को प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतारा था जबकि विपक्ष की ओर से मार्गरेट अल्वा (80) को संयुक्त उम्मीदवार घोषित किया गया था।

भाजपा के पास लोकसभा में पूर्ण बहुमत है और राज्यसभा में भी उसके 91 सदस्य हैं : इस वजह से पहले ही धनखड़ का पलड़ा भारी नजर आ रहा था। मौजूदा उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को खत्‍म हो रहा है। लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसद उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने के लिए पात्र होते हैं। इसमें मनोनीत सदस्य भी शामिल हैं। संसद के दोनों सदनों में कुल 788 सांसद मतदान के पात्र हैं। चूंकि राज्‍य सभा की आठ सीटें रिक्त हैं। इसके चलते इस चुनाव में 780 सांसद वोटिंग के पात्र थे।

और भी

भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने के लिए विश्वसनीय भूमि प्रबंधन अनिवार्यः रक्षामंत्री

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने केंद्र और राज्य सरकारों के विभागों का आह्वान किया कि वे भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने के लिए भूमि के विश्वसनीय प्रबंधन को सुनिश्चित करें। वे आज 4 अगस्त, 2022 को आयोजित एक वेबिनार के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। वेबिनार का आयोजन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर सेटेलाइट एंड अन्मेंड रीमोट व्हीकल इनिशिएटिव (सीओई-एसयूआरवीईआई) द्वारा विकसित जीओग्राफिक इफॉर्मेशन सिस्टम (जीआईएस) आधारित एप्लीकेशंस का केंद्र और राज्य सरकारों के सभी विभागों, नगर निकायों और विकास प्राधिकरणों तक प्रसार करने और इसके व्यापक इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया।

सीओई-एसयूआरवीईआई की स्थापना रक्षा मंत्रालय के रक्षा संपत्ति महानिदेशालय (डीजीडीई) द्वारा भूमि सर्वेक्षणों, आंकड़ों के विश्लेषण और भूमि प्रबंधन के काम में नई उभरती प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने के लिए की गई थी। पिछले कुछ महीनों में केंद्र ने भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र विशाखापट्टनम, भास्कराचार्य नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्पेस एप्लीकेशंस एंड जीयो इन्फॉरमेटिक्स गांधीनगर, नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर आईआईटी दिल्ली और अन्य केंद्र सरकार के संगठनों के साथ मिलकर बहुत से सॉफ्टवेयर्स का विकास किया है ताकि प्रभावी भूमि प्रबंधन किया जा सके।

रक्षामंत्री ने कहा, निजी क्षेत्र के साथ सहयोग कर सीओई-एसयूआरवीईआई तेजी से भूमि सर्वेक्षण, विश्लेषण एवं प्रबंधन संबंधी देश की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए एक वन स्टॉप सेंटर बनने की ओर अग्रसर है। सीओई-एसयूआरवीईआई द्वारा विकसित एप्लीकेशंस में भूमि उपयोग विश्लेषण, भूमि उपयोग सर्वेक्षण, थ्रीडी इमेजरी विश्लेषण और चेंज डिटेक्शन एप्लीकेशंस शामिल हैं।

और भी

उपराष्ट्रपति ने प्रशासन में स्थानीय भाषाओं के प्रयोग की आवश्यकता पर बल दिया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडु ने आज इस बात पर जोर दिया कि शासन का अंतिम उद्देश्य लोगों को सशक्त बनाना और न्यूनतम सरकार की ओर बढ़ना होना चाहिए, जो उनके अनुसार तभी होगा जब अंतिम लक्ष्‍य प्राप्‍त कर लिया गया हो और निचले पायदान पर खड़े लोग वहां पहुंच चुके हों। उन्होंने यह भी कहा कि सुशासन की सफलता मेहनतकश जनता को विकास की प्रक्रिया में शामिल करने और समान हितधारक बनाने में निहित है।

भारतीय लोक प्रशासन संस्थान द्वारा आज नई दिल्ली में आयोजित 48वें एडवांस्ड प्रोफेशनल प्रोग्राम इन पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि सुशासन की कुंजी समावेशिता, प्रौद्योगिकी का उपयोग और उच्च नैतिक मानकों को बनाए रखने में निहित है। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी पारदर्शिता को बढ़ावा देती है और इस तरह जवाबदेही तय होती है जो सुशासन की मूल विशेषता है, जबकि नैतिक मानक वैधता प्रदान करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये दोनों मिलकर परिवर्तनकारी सुधार लाने के लिए जमीन तैयार करने वाली एक नई राजनीतिक संस्कृति की शुरुआत करेंगे।

राम-राज्य की अवधारणा का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति श्री नायडु ने कहा कि भारतीय परंपरा में यह परिभाषित करने के लिए राम-राज्य एक रूपक है कि एक अच्छी तरह से शासित कल्याणकारी राज्य कैसा दिखना चाहिए। उन्होंने प्रशासकों को गरीबी, भेदभाव और असमानता से मुक्त समाज का निर्माण करने के लिए इन उदात्त आदर्शों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति के सचिव आई वी सुब्बाराव, आईआईपीए के महानिदेशक सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी, कार्यक्रम निदेशक (एपीपीपीए) डॉ. वी. एन. आलोक, रजिस्ट्रार अमिताभ रंजन, संकाय सदस्य, पाठ्यक्रम प्रतिभागी और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।

और भी