हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

बिलासपुर-नागपुर के बीच 11 दिसंबर से दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश की 6वीं सेमी-हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस बिलासपुर (छत्तीसगढ़) से नागपुर (महाराष्ट्र) के बीच दौड़ेगी। प्रधानमंत्री मोदी 11 दिसंबर को नागपुर में इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

रेलवे के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी और यात्रा का एक चरण करीब साढ़े पांच घंटे में पूरा करेगी। अधिकारी ने कहा, बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन रविवार (11 दिसंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नागपुर में करेंगे।

अधिकारी ने कहा, यह ट्रेन बिलासपुर से सुबह करीब 6.45 बजे रवाना होगी और करीब 12.15 बजे नागपुर पहुंचेगी। इसी तरह ट्रेन दोपहर 2 बजे नागपुर से चलकर शाम 7.35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। वर्तमान में सुपरफास्ट ट्रेनों को नागपुर पहुंचने में लगभग सात घंटे लगते हैं, हालांकि यह ट्रेन लगभग साढ़े पांच घंटे में दूरी तय करेगी।

मामले से परिचित एक दूसरे अधिकारी के अनुसार, ट्रेन का संचालन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) द्वारा किया जाएगा और रायपुर, दुर्ग और गोंदिया में स्टॉप निर्धारित होंगे। अधिकारी ने यह भी कहा कि 2023 में सिकंदराबाद और विजयवाड़ा के बीच एक और वंदे भारत ट्रेन शुरू होने की संभावना है।

अधिकारी ने आगे कहा, यह दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) में स्वदेश निर्मित पहली सेमी हाई-स्पीड रेल और दक्षिण भारत में इस तरह की दूसरी ट्रेन होगी। बता दें कि नई पीढ़ी की वंदे भारत ट्रेन का पहली बार इस साल अक्टूबर में मुंबई-अहमदाबाद रूट पर उद्घाटन किया गया था। रेलवे का अगले साल अगस्त तक 75 वंदे भारत ट्रेनों का उद्घाटन करने का लक्ष्य है।

सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन के सभी कोच स्वचालित दरवाजों, जीपीएस-आधारित ऑडियो-विजुअल यात्री सूचना प्रणाली, मनोरंजन उद्देश्यों के लिए ऑनबोर्ड हॉटस्पॉट वाई-फाई और आरामदायक सीटों से लैस हैं।

हालांकि, पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को 15 फरवरी, 2019 को नई दिल्ली-कानपुर-इलाहाबाद-वाराणसी रूट पर हरी झंडी दिखाई गई थी।

और भी

फ्लाइंग किस देकर राहुल ने भाजपा कार्यकर्ताओं का किया अभिवादन...

झालावाड़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कन्याकुमारी से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में प्रवेश कर गई है। 7 सितंबर से शुरू हुई पदयात्रा में राहुल गांधी से जुड़े कई किस्से चर्चित हुए है, लेकिन आज, मंगलवार को राजस्थान के झालावाड़ का किस्सा कुछ ज्यादा ही चर्चा में आ गया है। यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने भाजपा कार्यालय के सामने से गुजरते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को फ्लाइंग किस देकर उनका अभिवादन किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं राहुल गांधी का भाजपा कार्यकर्ताओं को फ्लाइंग किस देना चर्चा का विषय बन गया है।



दरअसल, मंगलवर सुबह छह बजे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा झालावाड़ के खेल संकुल से शुरू हुई। यात्रा के रूट पर आगे भाजपा कार्यालय भी था, जिसकी छत पर राहुल गांधी और यात्रा को देखने के लिए लोग सुबह से ही जमा थे। यात्रा के साथ पैदल चल रहे राहुल गांधी भाजपा कार्यालय के सामने से गुजरे तो उन्होंने फ्लाइंग किस देकर भाजपा कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बता दें कि यात्रा में सीएम अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित प्रदेश के अन्य नेता सुबह से ही राहुल गांधी के साथ चल रहे हैं।

 


कल ये रहेगा यात्रा का रूट
सात दिसंबर को यात्रा कोटा के दर्रा स्टेशन गणेश मंदिर से शुरू होगी। अकलंग स्कूल मंडाना में लंच होगा जिसके बाद मांदल्या रोड मंडाना होते हुए लाडपुरा के रास्ते जगपुरा कोटा के मदनमोहन मालवीय फार्म हाउस पहुंचेगी। इसी फार्म हाउस में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा।

चौथे दिन यात्रा विश्राम: तीन दिन की यात्रा के बाद चौथे दिन आठ दिसंबर विश्राम दिवस घोषित किया गया है। यात्रा मदन मोहन मालवीय फार्म हाउस में ही रुकेगी। हालांकि, राहुल गांधी का कार्यक्रम क्या है इसे लेकर अब तक जानकारी सामने नहीं आई है।

 

और भी

डॉ. अंबेडकर के विचारों को अपनाने की है जरूरत : प्रो. संजय पासवान

 वर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बिहार विधान परिषद् के सदस्‍य एवं भारत सरकार के पूर्व मानव संसाधन विकास राज्‍य मंत्री प्रो. संजय पासवान ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की वाणी और उनके विचार-व्‍यवहार को जीवन में उतारने की आवश्‍यकता है। उनके विचार और जीवन - दर्शन से समस्‍याओं को सुलझाने के रास्‍ते तलाशे जा सकते हैं। प्रो. पासवान महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर 6 दिसंबर को 'स्वतंत्रता, समानता और न्याय : डॉ. अंबेडकर' विषय पर आयोजित व्याख्यान समारोह में बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे। भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद्, नई दिल्‍ली द्वारा प्रायोजित आजादी का अमृत महोत्‍सव विशिष्‍ट व्‍याख्यानमाला के अंतर्गत समिश्र पद्धति से महादेवी सभागार में कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल की अध्‍यक्षता में व्‍याख्‍यान समारोह का आयोजन किया गया। प्रो. पासवान ने डॉ. अंबेडकर के विचार-सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश और समाज की समस्‍याओं को सुलझाने के रास्‍ते दिखाये हैं। उन्‍होंने श्रमिकों की समस्‍याओं को लेकर अर्थ-नीति और कानून के क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण योगदान दिया है। हमें उनके विचारों को सकारात्‍मक आंदोलन के माध्‍यम से अपनाना चाहिए। डॉ. अंबेडकर ने जातिवाद के खिलाफ जाति प्रथा उन्‍मूलन का आंदोलन चलाया और जाति के नाम पर पूर्वाग्रह को खत्‍म करने की बात की थी। उनका चिंतन जीने की व्‍यवस्‍था है। प्रो. पासवान ने डॉ. अंबेडकर के सिद्धांतों को व्‍याख्‍यायित कर उनके जीवन-कार्य के सूत्रों को बताया।



अध्‍यक्षीय उदबोधन में कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्‍ल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान के बनने के बाद संविधान पर चलने वाला भारत खड़ा हुआ परंतु समाज का जो सपना डॉ. अंबेडकर ने देखा था वह पूरा नहीं हो पाया।  सन् 1935 में डॉ. अंबेडकर ने समाज प्राचीन मूल्‍यों पर खड़ा हो सकता है इसकी घोषणा की थी और इसे जानने - समझने के लिए उन्‍होंने लंबा समय लिया। प्रो. शुक्‍ल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सद्धम्‍म का रास्‍ता अपनाया और विलुप्‍त हुए बुद्ध धम्म को नई दिशा दी। बुद्ध के बाद डॉ. अंबेडकर ने सद्धम्म का स्‍वीकार कर बुद्ध के विचारों के व्‍यक्तित्‍व का परिचय दिया। उन्‍होंने कहा कि बुद्ध धम्‍म की दीक्षा ग्रहण करने के बाद डॉ. अंबेडकर को अधिक समय नहीं मिला इसके कारण देश और समाज को वे कहाँ ले जाते इसका आकलन नहीं हो पाया। उनके विचारों को ठीक से समझने की आवश्‍यकता है। व्‍यक्ति की स्‍वतंत्रता विश्‍वनागरिक के रूप में बनी रहे, सबको अवसर प्राप्‍त हों इसके लिए डॉ. अंबेडकर के विचार प्रासंगिक सिद्ध होते हैं। उन्‍होंने कहा कि बाबासाहेब पुराने भारत को नए भारत में गढ़ने का चिंतन कर रहे थे। ऐसा भारत जिसका वैभवशाली, यश एवं कीर्ति के साथ गौरवशाली इतिहास रहा है। बाबासाहेब ने अंग्रेजी माध्यम में किताबें लिखीं, लेकिन वे भारतीय भाषाओं के पक्षधर थे। वे मराठी भाषा में अपना अखबार निकाल रहे थे ।

डॉ. अंबेडकर ने संस्‍कृत को राष्‍ट्रभाषा बनाने के प्रस्‍ताव किया था। संस्‍कृत को लेकर वे कुछ तो सोच रहे होंगे। कुलपति प्रो. शुक्‍ल ने कहा कि आज़ादी के 75 वर्ष में क्‍या परिवर्तन आए हैं, इस पर विचार कर इस दिशा में हमें अहिंसक यत्‍न करने की आवश्‍यकता है। वैर के त्‍याग से ही समानता आ सकती है। उन्‍होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर आचरण, विनय के प्रतिपादक और नवयान के प्रतिष्‍ठापक थे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में कुलपति प्रो. शुक्‍ल ने डॉ. अंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्‍पांजलि अर्पित कर अभिवादन किया। स्‍वागत वक्‍तव्‍य संस्कृति विद्यापीठ के अधिष्ठाता प्रो. लेला कारूण्यकरा ने दिया।

कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन दर्शन एवं संस्‍कृति विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. सूर्य प्रकाश पाण्‍डेय ने किया तथा विभाग के अध्‍यक्ष डॉ. जयंत उपाध्‍याय ने आभार माना।  भारत वंदना शोधार्थी गोपाल साहू ने प्रस्‍तुत की।  इस अवसर पर प्रतिकुलपति द्वय प्रो.हनुमानप्रसाद शुक्‍ल, प्रो. चंद्रकांत रागीट, प्रो. अवधेश कुमार, प्रो. प्रीति सागर, प्रो. कृष्‍ण कुमार सिंह, डॉ. उमेश कुमार सिंह, डॉ. वरूण उपाध्‍याय, डॉ. हरीश हुनगुंद, डॉ. अमरेंद्र कुमार शर्मा, डॉ. प्रियंका मिश्रा, डॉ. प्रदीप, डॉ. संदीप सपकाले, डॉ. मुन्‍नालाल गुप्‍ता, डॉ. ऋषभ मिश्र, डॉ. श्रीनिकेत मिश्र, डॉ. प्रकाश नारायण त्रिपाठी, बी. एस. मिरगे, राजेश यादव, डॉ. अमित विश्वास सहित अध्‍यापक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्‍या में उपस्थित थे।

 

 

और भी

बोरवेल में गिरा बच्चा, बचाव के लिए जुटी प्रशासन की टीम...

बैतूल (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आठनेर विकासखंड में आने वाले ग्राम मांडवी में मंगलवार शाम करीब पांच बजे 5 साल का बच्चा खेत के बंद बोरवेल में गिर गया। आठनेर के कृष्णा गायकी ने बताया कि मांडवी के सुनील साहू का 5 साल का बालक खेत में खेल रहा था। इसी दौरान वह करीब 60 से 70 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। सूचना मिलने पर बैतूल और आठनेर से पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। कलेक्टर के निर्देश पर 2 जेसीबी और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए है। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। घटना आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम मांडवी की है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्‍चा 50 फीट गहराई में फंसा है। ग्रामीणों के अनुसार बच्‍चे की उम्र 5 वर्ष है और उसकी बोरवेल से आवाज बाहर सुनाई दे रही है। कुछ लोगों के अनुसार बच्‍चा 30 फीट की गहराई पर जाकर फंसा है। बताया गया है कि यह घटना आठनेर ब्‍लाक के मांडवी गांव की है। बच्‍चा बोरवेल में कैसे गिरा अभी इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।

कुछ लोगों से मिली जानकारी के अनुसार बोरवेल खुला होने से बच्‍चा उसमें जा गिरा। इसके बाद हड़कंप मच गया। उल्‍लेखनीय है कि मध्‍य प्रदेश में बोरवेल के संबंध में तमाम प्रशासनिक हिदायतों, सरकार के दिशा निर्देशों के बावजूद खेत पर बने बोरवेल अनेक कारणों से खुले छोड़ दिए जाते हैं। इससे अक्‍सर छोटे बच्‍चे हादसों का शिकार हो जाया करते हैं। कालांतर में ऐसी अनेक घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसा ही बैतूल जिले में हुआ।

 

 

और भी

गैंगस्टर राजू ठेहट हत्याकांड का हुआ पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

 जयपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सीकर में हुए गेंगस्टर राजू ठेहट हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया है। राजस्थान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या में शामिल सभी पांच आरोपियों को पकड़ लिया है। DGP उमेश मिश्रा ने बताया- '3 आरोपी हरियाणा निवासी और 2 राजस्थान के निवासी हैं। ADG क्राइम रवि मेहरड़ा सीकर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का खुलासा करेंगे। 

पुलिस ने सभी 5 आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। डीजीपी उमेश मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है। सीकर जिले के निवासी मनीष जाट के साथ विक्रम गुर्जर हरियाणा के भिवानी जिले के सतीश कुम्हार, जतिन मेघवाल व नवीन मेघवाल को गिरफ्तार किया गया है। हत्याकांड में प्रयुक्त सभी हथियार कारतूस सहित बरामद कर लिए गए हैं।

 

 

और भी

'भारत जोड़ो' के बाद अब 'हाथ जोड़ो अभियान' चलाएगी कांग्रेस...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा गठित कांग्रेस संचालन समिति की पहली बैठक आज रविवार को संपन्न हो गई। इस बैठक में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने प्रमुख संगठनात्मक मामलों पर चर्चा के अलावा अपने पूर्ण सत्र के कार्यक्रम और स्थान पर विचार-विमर्श किया। बैठक में शामिल होने वालों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व प्रमुख सोनिया गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उनके छत्तीसगढ़ समकक्ष भूपेश बघेल, वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, आनंद शर्मा, मीरा कुमार और अंबिका सोनी शामिल थे।

कांग्रेस का पूर्ण अधिवेशन फरवरी में आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होगा। इसके अलावा, 'भारत जोड़ो यात्रा' की सफलता को देखते हुए अब कांग्रेस एक नया अभियान शुरू करेगी। इसका मकसद लोगों को पार्टी की नीतियों से जोड़ने और सरकार की गलत नीतियों के बारे में बताना है। यह जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल ने दी।

केसी वेणुगोपाल ने रविवार को कहा, 'आज कांग्रेस संचालन समिति की बैठक में हमने दो बातों पर चर्चा की। पहला हमारी पार्टी का पूर्ण अधिवेशन होना है, जिसे हमने फरवरी के दूसरे पखवाड़े में आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह 3 दिवसीय सत्र होगा, जो रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित किया जाएगा।

'हाथ से हाथ जोड़ो अभियान'
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा, ''दूसरा, हमने भारत जोड़ो यात्रा के लिए भविष्य की कार्रवाई की समीक्षा की और चर्चा की। हमने 26 जनवरी से बड़े पैमाने पर 'हाथ से हाथ जोड़ो अभियान' चलाने का फैसला किया है। यह दो महीने तक चलने वाला लंबा अभियान होगा।''

2023 में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में 'महिला मार्च'
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने यह भी जानकारी दी कि प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में 2023 में दो महीने के लिए महिला मार्च शुरू किया जाएगा। यह मार्च देश के सभी राज्यों की राजधानी में 26 जनवरी 2023 से 26 मार्च 2023 तक आयोजित किया जाएगा। गौर करने वाली बात यह है कि यह यात्रा तब शुरू की जाएगी, जब राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' समाप्त होगी।

राहुल गांधी शीतकालीन सत्र में नहीं होंगे शामिल
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा चल रही है। इसलिए संसद के शीतकालीन सत्र में राहुल गांधी का शामिल होना व्यवहारिक नहीं है।

राहुल गांधी संचालन समिति की बैठक में शामिल नहीं हो पाए
रविवार शाम को राजस्थान में प्रवेश करने वाली भारत जोड़ो यात्रा के कारण राहुल गांधी संचालन समिति की बैठक में शामिल नहीं हो पाए। बता दें कि अक्तूबर में खरगे के कार्यभार संभालने के बाद पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के स्थान पर संचालन समिति का गठन किया गया था। एआईसीसी महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पूर्ण सत्र की तारीख तय करना है और इसे कहां आयोजित किया जाना चाहिए और इस मुद्दे पर चर्चा होगी।

और भी

तस्करी करते चार आरोपी चढ़े हत्थे, मिला लाखों का सोना

 ग्वालियर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कस्टम विभाग ने  मुम्बई से आने वाली एयरबस में चार यात्रियों से चैकिंग के दौरान 60 लाख रुपए का सोना बरामद किया है। विभाग ने आरोपियों से संयुक्त अरब अमीरात की करेंसी भी जप्त की है। 

विभाग ने मुंबई से भारी मात्रा में सोने की तस्करी की  सूचना पर कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को पकड़ा है।  तलाशी के दौरान एयरबस में बैठे चार आरोपियों से पेस्ट के पैकेट जप्त किये और जांच के दौरान जब अधिकारीयों ने उस पेस्ट को दबाया तो उसमे से सोने का पेस्ट निकला जो की जांच में सोना निकला।  

अधिकारियों ने आरोपियों से लकड़ी की पेन्सिल भी जप्त क़ी  जिसे घिसने पर पतो चला कि सोने से बनी पेन्सिल पर लकड़ी जैसी दिखने वाली रंग चढ़ाया गया था। 

और भी

लालू यादव का किडनी ट्रांसप्लांट 5 दिसंबर को, बेटी ने किया भावुक ट्वीट

 दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आरजेडी प्रमुख लालू यादव का सोमवार को सिंगापूर में किडनी ट्रांसप्लांट होना है।  यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने उन्हें अपनी किडनी दी है, जिसके बाद ये ट्रांसप्लांट संभव हो सका है। 

रोहिणी यादव ने ट्रांसप्लांट के पहले एक भावुक ट्वीट किया है।  उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि ईश्वर को उन्होंने नहीं देखा है, लेकिन ईश्वर के रूप में पापा को देखा है।

राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सिंगापुर के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। लालू को किडनी देने वाली उनकी बेटी रोहिणी आचार्य को रविवार 4 दिसम्बर को अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। और अगर सब कुछ ठीक रहा तो 5 दिसंबर को सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में लालू प्रसाद यादव की किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सर्जरी होगी। इसी अस्पताल में मशहूर अभिनेता रजनीकांत की किडनी भी बदली गई थीं। इस मौके पर बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, अपने पिता लालू यादव और बहन रोहिणी आचार्य का मनोबल बढ़ाने के लिए मौके पर उपलब्ध रहेंगे।

और भी

अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचला, 7 लोगों की दर्दनाक मौत, मची चीख पुकार

 रतलाम (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में दर्दनाक हादसा हो गया है। एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठे लोगों को  रौंद दिया। हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत होने की खबर है। हादसा टायर फटने से होना बताया जा रहा है। हादसा सातरूंडा के पास रतलाम इंदौर फोरलेन पर हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ट्रक की रफ्तार ज्यादा थी और अचानक उसका टायर फट गया। जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे लोगों की ओर चला गया और कई को रौंद दिया। मौके पर 7 लोगों की मौत हो गई। 10 घायल अस्पताल में भर्ती हैं।

हादसे के फुटेज देखकर और प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। मौके पर लोगों के क्षत-विक्षत शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज भिजवाए हैं।

 हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना भयावह है कि जहां-जहां से ट्रक गुजरा है, वहां-वहां लाशें पड़ी हैं। ट्रॉले के पहिये के नीचे भी कुछ लोग दबे थे। स्थानीय लोगों की मानें तो दस से ज्यादा लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। घटना रविवार शाम करीब 5 बजे के आसपास की है। सातरुंडा चौराहे पर कुछ लोग सड़क किनारे बैठकर बस का इंतजार कर रहे थे। तभी हाईवे से गुजर रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया और लोगों को रौंदते हुए निकल गया।

कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी अभिषेक तिवारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को अस्पताल भिजवाया जा रहा है। बिलपांक थाना पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अब तक 12 घायलों को रतलाम जिला अस्पताल लाया गया है। इनमें से कुछ ही हालात गंभीर बताई जा रही है। 

और भी

गुजरात में दूसरे चरण का मतदान शुरु, पीएम मोदी ने कतार में लगकर डाला वोट ...

 गुजरात (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  गुजरात के 14 जिलों की 93 सीटों पर आज दूसरे चरण का मतदान शुरू हो चुका है। पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अहमदाबाद में वोट डालेंगे। जिन जिलों में मतदान होना है, उनमें बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, साबरकांठा, अरावली, गांधीनगर, अहमदाबाद, आणंद, खेड़ा, महिसागर, पंच महल, दाहोद, वडोदरा और छोटा उदयपुर शामिल हैं। 

वहीँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आज सुबह कतार में लग कर अपने मत का प्रयोग किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 9.30 बजे रानिप में निशान पब्लिक स्कूल में बने मतदान केंद्र में पहुंचे। यहां उन्होंने लाइन में खड़े लोगों के साथ वोट डाला। पीएम ने इस दौरान खुद से आगे खड़े लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन भी किया।

 
 
 
 
 
 
 

गुजरात में दूसरे चरण के मतदान में सुबह नौ बजे तक 4.75 फीसदी वोटिंग हुई थी। लोगों की लंबी कतार लगी है। हालांकि, सुबह के हिसाब के देखा जाए तो मतदान थोड़ा धीमा हो रहा है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल दूसरे चरण में अहमदाबाद में वोट डालने पहुंचे। उन्होंने यहां शिलाज अनुपम स्कूल में बनाए गए बूथ में वोट डाला।

 
और भी

यूपी विस उपचुनाव : मैनपुरी में भाजपा-सपा के बीच कांटे की टक्कर, इतने फीसदी हुई वोटिंग...

 लखनऊ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। यूपी में मैनपुरी लोकसभा सीट और रामपुर व खतौली सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। मतदान शाम छह बजे तक होगा। उपचुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। मैनपुरी लोकसभा सीट पर दोपहर 3 बजे तक 43.93 प्रतिशत मतदान हुआ। मैनपुरी विधानसभा क्षेत्र में 40.1, भोगांव विधानसभा क्षेत्र में 42, किशनी विधानसभा क्षेत्र में 42.8, करहल विधानसभा क्षेत्र में 47.23 और जसवंत नगर विधानसभा क्षेत्र में 47.53 प्रतिशत मतदान हुआ है। खतौली में 40.20 और रामपुर में 26.32 फीसदी मतदान हुआ है।

मुलायम स‍िंंह यादव के न‍िधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर सबकी नजरें ट‍िकी हुई हैं। वैसे तो तीनों सीटों पर ही सपा और भाजपा की टक्‍कर है। पर इस सीट पर मुलायम सिंह यादव की बहू ड‍िंंपल यादव और भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य के बीच कांटे का मुकाबला होगा।  

यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट के साथ ही रामपुर और खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान आज सुबह सात बजे से जारी है। सुबह पारा 10 से 12 ड‍िग्री के बीच होने की वजह से मतदान केन्‍द्रों पर सन्‍नाटा पसरा रहा लेक‍िन जैसे ही धूप चढ़ी वोटोरों की भीड़ उमड़ पड़ी। मैनपुरी लोकसभा सीट पर ड‍िंपल यादव की भाजपा के रघुराज शाक्‍य से टक्‍कर है। रामपुर विधानसभा सीट पर 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां भी सपा और भाजपा के बीच कांटे का मुकाबला है। मैनपुरी और रामपुर सीट पर सपा की प्रत‍िष्‍ठा दांव पर लगी है। वहीं कांग्रेस और बसपा ने इस चुनाव में अपने प्रत्याशी नहीं उतार रहे हैं और न ही किसी को समर्थन की घोषणा की।

और भी

विधानसभा में पेश हुआ 33 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट...

 लखनऊ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। यूपी विधानसभा के शीतकालीन सत्र की सोमवार से शुरुआत हो गई है। पहले दिन सदन में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और तीन पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव तीन बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर रहे। उनके निधन से भारतीय राजनीति के एक संघर्षशील युग का अंत हो गया।

विधानसभा में योगी सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए 33769.54 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि अनुपूरक बजट में 14000 करोड़ की नई मांगें शामिल हैं। अनुपूरक बजट पेश किए जाने के बाद विधानसभा की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

बजट में नई योजनाओं के लिए 14000 करोड़ रुपये का प्रस्ताव किया गया है। विधान परिषद में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया।

- बजट में शहरों के समुचित व समग्र विकास के लिए 4000 करोड़,  निजी औद्योगिक पार्कों में अवस्थापना सुविधाएं विकसित करने को 300 करोड़ रुपए आवंटित किए गए।

- स्टार्ट अप व इन्क्यूबेटर के लिए 100 करोड़, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन के लिए 296 करोड़ रुपए दिए गए।

- सबसे ज्यादा 8000 करोड़ रुपए की राशि का आवंटन औद्योगिक विकास प्राधिकरणों को निजी इंडस्ट्रियल पार्क व हब विकसित करने के लिए दिए गए हैं।

- प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित किए गए।

इसके पहले, सपा नेता मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन को देश व प्रदेश की बड़ी क्षति बताया।

अनुपूरक बजट पेश करने को लेकर सोमवार सुबह मुख्यमंत्री आवास पर कैबिनेट बैठक हुई। जिसमें बजट को मंजूरी दे दी गई।

अनुपूरक बजट में फरवरी में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए धन का विशेष प्रबंध होगा। नगर विकास विभाग की स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी व प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए राज्यांश संबंधी मांगें भी इससे ही पूरी होंगी।

पीडब्ल्यूडी ने सड़कों के लिए मांगे गए दो हजार करोड़
पीडब्ल्यूडी ने सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 2000 करोड़ रुपये मांगे हैं। वहीं सिंचाई विभाग के कंप्यूटराइजेशन के लिए भी राशि मिलने की उम्मीद है। सरकार की घोषणा के तहत युवाओं के लिए निशुल्क टैबलेट व स्मार्ट फोन के लिए भी बजट प्रस्तावित होगा। इसके अलावा अयोध्या में अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट व अन्य सुविधाओं के लिए भी अनुपूरक बजट के माध्यम से धन की व्यवस्था की जाएगी।

वहीं कानपुर समेत सभी मेट्रो परियोजनाओं, ग्रेटर नोएडा फिल्म सिटी, जेवर एयरपोर्ट और अन्य बड़े प्रोजेक्ट के लिए भी अतिरिक्त बजट आवंटन किया जा सकता है। स्वास्थ्य और शिक्षा की पहले से चल रहीं योजनाओं को अंतिम रूप देने के लिए संबंधित विभागों को अतिरिक्त बजट का कुछ हिस्सा दिया जाएगा।

इसके अलावा पूर्व में पारित वित्त वर्ष 2022-23 का आम बजट 6,15,518.97 लाख करोड़ रुपये का था। अनुपूरक बजट मिलाकर यह लगभग 6 लाख 70 हजार करोड़ के आसपास का हो जाएगा, जोकि अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड होगा। आम बजट प्रस्तुत करते समय सदन में वित्त मंत्री ने कहा था कि कुल राजस्व प्राप्तियां 590951 करोड़ रुपये अनुमानित हैं। कुल प्राप्तियों में 499212 करोड़ रुपये राजस्व से आएंगे और 91739 करोड़ रुपये की पूंजीगत प्राप्तियां शामिल हैं।

 

 

और भी

भारत को अपनी संस्कृति और जनजातियों पर गर्व : उपराष्‍ट्रपति

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने औपचारिक रूप से नागालैंड के 23वें हॉर्नबिल फेस्टिवल 2022 का शुभारंभ किया । इस दौरान श्री धनखड़ ने कहा कि यह दिन देश के लिए एक ऐतिहासिक पल है क्योंकि भारत ने जी-20 की अध्यक्षता संभाली है। 

उन्होंने कहा कि हम हजारों वर्षों की सभ्यता हैं तथा देश को अपनी जनजातियों और अपनी आदिवासी संस्कृति पर गर्व है। श्री धनखड़ ने नागालैंड के लोगों को उनके स्थापना दिवस पर भी बधाई दी। इस महोत्‍सव की थीम है  'दिस इज नागालैंड' महोत्‍सव में नागालैंड की अनूठी संस्कृति और कला का प्रदर्शन किया जा रहा है।

 

 

और भी

संजय कुमार ने सचिव, स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग का कार्यभार संभाला

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। संजय कुमार ने शास्त्री भवन, नई दिल्ली में स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव के रूप में कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण करने के बाद श्री कुमार ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की जिस दौरान उन्होंने विभाग, एवं स्वायत्त निकायों के कामकाज और स्कूली शिक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की।

इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के कार्यान्वयन, शिक्षकों के क्षमता निर्माण, स्कूलों में बुनियादी ढांचागत सुविधाओं, और प्रधानमंत्री के आगामी संवाद कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ पर विचार-विमर्श किया गया। श्री कुमार ने कहा कि वह देश के प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और किफायती शिक्षा प्रदान करने में योगदान देने के लिए तत्पर हैं।   

 

और भी

इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम की स्थापना के लिए भारत और कोरिया ने किया एमओयू

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नागपुर-मुंबई सुपर कम्युनिकेशन एक्सप्रेसवे परियोजना पर इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम की स्थापना के लिए 245.081 अरब कोरियाई वॉन (लगभग 1,495.68 करोड़ रुपये) के आर्थिक विकास सहयोग कोष (ईडीसीएफ) ऋण के संबंध में भारत सरकार और कोरिया गणराज्य सरकार के बीच एक समझौते पर यहां हस्ताक्षर किए गए।

इस परियोजना का उद्देश्य इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) एवं यातायात केंद्र (ट्रैफिक सेंटर) की स्थापना के जरिए यातायात प्रबंधन में दक्षता बढ़ाना, टोल संग्रह प्रणाली (टीसीएस) की स्थापना के जरिए टोल प्रबंधन में दक्षता बढ़ाना, और कोरिया गणराज्य से प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण के जरिए आईटीएस एवं इसके ओएंडएम का एक टिकाऊ मॉडल स्थापित करना है।

कोरिया गणराज्य को अक्टूबर, 2016 में विकास सहयोग के लिए भारत के आधिकारिक विकास सहायता (ओडीए) साझेदार के रूप में नामित किया गया था। यह कोरिया गणराज्य की सरकार द्वारा ईडीसीएफ ऋण के जरिए वित्त पोषित पहली परियोजना है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को वर्ष 2015 में ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ के रूप में उन्नत (अपग्रेड) किया गया था। इससे भारत एवं कोरिया गणराज्य के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी और भी अधिक समेकित एवं मजबूत हुई है। 

और भी

भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए युवाओं को साथ आना होगा : रेड्डी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। संस्कृति मंत्रालय ने आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत आध्यात्मिक गुरुओं के एक सम्मेलन का आयोजन किया, जिसमें 26 आध्यात्मिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। आध्यात्मिक गुरुओं को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव में मार्गदर्शन करने और शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस सम्मेलन की अध्यक्षता संस्कृति, पर्यटन और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री, जी. किशन रेड्डी ने की। इस अवसर पर संस्कृति और संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, आध्यात्मिक संगठनों के शीर्ष गुरु, गोविंद मोहन, सचिव, संस्कृति मंत्रालय भी उपस्थित हुए। इस अवसर पर जी. किशन रेड्डी ने कहा कि एकेएम के अंतर्गत 28 राज्यों, 9 केंद्र शासित प्रदेशों और 150 से ज्यादा देशों में एक लाख से ज्यादा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।

स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भारत के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है। एकेएम सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है  बल्कि यह 130 करोड़ देशवासियों का कार्यक्रम है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में युवाओं की एक बहुत बड़ी आबादी है और उन सभी युवाओं को धर्म, क्षेत्र, भाषा से ऊपर उठकर भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए एक साथ आना चाहिए।

 

 

और भी

युवा पीढ़ी को कृषि क्षेत्र में प्रवेश के लिए प्रोत्साहित कर रही सरकार : तोमर

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि आज पढ़े-लिखे नौजवान कृषि क्षेत्र के प्रति आकर्षित हो रहे हैं और कृषि क्षेत्र में प्रवेश के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं-कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें लगातार प्रोत्साहित कर रही है। श्री तोमर ने यह बात दिल्ली में फिक्की द्वारा आयोजित दूसरे सस्टेनेबल एग्रीकल्चर समिट एंड अवार्ड्स समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही। श्री तोमर ने भारतीय कृषि क्षेत्र में एक समग्र दृष्टिकोण अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में संतुलित- संपूर्णता की दृष्टि रखने की आवश्यकता है, जिससे कृषि का और तेजी से विकास होगा।

श्री तोमर ने कहा कि कृषि क्षेत्र में हमें केवल कुछ फसलों पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय सभी फसलों के लिए विविध दृष्टि रखनी चाहिए, जिसमें उत्पादन व उत्पादकता बढ़ाना आदि शामिल हैं। श्री तोमर ने कहा कि कृषि, हमेशा से हमारे देश की प्रधानता रही है और हम भारतीयों की इसमें निपुणता रही है। खाद्य सुरक्षा के लिए तो कृषि जरूरी है ही, वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में पड़ोसी, मित्र व अभावग्रस्त देशों को भी हमसे मदद की जरूरत है, जिसके लिए भी हमारा कृषि क्षेत्र महत्वपूर्ण है। 

और भी

कोयला खदानों की नीलामी के संबंध में बेंगलुरु में होगा निवेशक सम्मेलन

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कोयला खदानों की वाणिज्यिक नीलामी में भागीदारी को और बढ़ाने के लिए कोयला मंत्रालय 03 दिसंबर, 2022 को बेंगलुरु में एक निवेशक सम्मेलन आयोजित कर रहा है। केन्द्रीय कोयला, खान तथा संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी इस समारोह की अध्यक्षता करेंगे और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज सोमप्पा बोम्मई मुख्य अतिथि होंगे। कोयला, खान तथा रेल राज्यमंत्री रावसाहेब पाटिल दानवे, खान एवं भूविज्ञान मंत्री हलप्पा बसप्पा अचार और कर्नाटक सरकार के ऊर्जा मंत्री वासुदेव सुनील कुमार सम्मानित अतिथि होंगे। कोयला मंत्रालय के सचिव अमृत लाल मीणा और खान मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज भी इस सम्मेलन में भाग लेंगे।

कोयला मंत्रालय देश भर में विभिन्न स्थानों पर निवेशकों के सम्मेलनों की एक श्रृंखला आयोजित करने की योजना बना रहा है। मंत्रालय इंदौर एवं मुंबई में इस तरह के सम्मेलनों का आयोजन पहले ही कर चुका है, जिसमें संभावित बोलीदाताओं की बहुत अच्छी भागीदारी देखी गई। बोलीदाताओं की यह भागीदारी वर्तमान में चल रही वाणिज्यिक कोयला खदानों की नीलामी के बारे में उनके उत्साह को दर्शाती है। मंत्रालय ने वाणिज्यिक नीलामी के छठे दौर के तहत 133 कोयला खदानों और वाणिज्यिक नीलामी के पांचवें चरण के दूसरे प्रयास के तहत आठ कोयला खदानों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की है।

ये 141 कोयला खदानें आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में स्थित हैं और इनका संचयी पीआरसी 305 एमटीपीए है। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद खदानों को अंतिम रूप दिया गया है और संरक्षित क्षेत्रों, वन्यजीव अभ्यारण्यों, महत्वपूर्ण आवासों, 40 प्रतिशत से अधिक वन आच्छादन, भारी निर्मित क्षेत्र आदि के अंतर्गत आने वाली खदानों को बाहर रखा गया है। कुछ कोयला खदानों की ब्लॉक सीमाएं जहां सघन आवास, उच्च हरित आवरण या महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा आदि की उपस्थिति थी, उन कोयला ब्लॉकों में बोलीदाताओं की रुचि और भागीदारी को बढ़ाने के लिए हितधारक परामर्श के दौरान प्राप्त टिप्पणियों के आधार पर संशोधित किया गया है।

 

इस नीलामी प्रक्रिया की मुख्य विशेषताओं में अग्रिम राशि और बोली की जमानत राशि में कमी, आंशिक रूप से खोजी गई कोयला खदानों के मामले में कोयला खदान के हिस्से को त्यागने की अनुमति, बाधारहित प्रवेश से भागीदारी में आसानी, कोयले के उपयोग में पूर्ण लचीलापन, अनुकूलित भुगतान संरचना, प्रारंभिक उत्पादन एवं स्वच्छ कोयला प्रौद्योगिकी के उपयोग के लिए प्रोत्साहन शामिल हैं।

 

निविदा दस्तावेज की बिक्री 03 नवंबर, 2022 को शुरू हुई। खानों, नीलामी की शर्तों, समय-सीमा आदि का विवरण एमएसटीसी के नीलामी प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकता है। नीलामी प्रतिशत राजस्व हिस्सेदारी के आधार पर एक पारदर्शी दो चरणीय प्रक्रिया के माध्यम से ऑनलाइन आयोजित की जाएगी।

 

एसबीआई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड, जोकि वाणिज्यिक कोयला खदान नीलामी के लिए कोयला मंत्रालय का एकमात्र लेन-देन सलाहकार है, इस नीलामी के संचालन में कोयला मंत्रालय की सहायता कर रहा है।

 

 

और भी