हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

भारत जलवायु परिवर्तन से निपटने की दिशा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शीर्ष पांच देशों में शामिल

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत जलवायु परिवर्तन से निपटने की दिशा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शीर्ष पांच देशों में शामिल है। सीओपी 27 में जारी जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक - 2023 की नई रिपोर्ट में केवल चार छोटे देशों डेनमार्क, स्वीडन, चिली और मोरक्को को भारत से ऊपर स्थान दिया गया है।

ऊर्जा मंत्रालय ने कहा है कि भारत दो स्थान ऊपर चढ़ गया है और अब जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक में आठवें स्थान पर है। पहले तीन स्थानों पर किसी भी देश को नहीं रखा गया है। मंत्रालय ने बताया है कि भारत ने वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन और ऊर्जा उपयोग श्रेणियों में उच्च रेटिंग अर्जित की है। जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक उनसठ देशों और यूरोपीय संघ पर नज़र रखने वाला एक स्वतंत्र निगरानी तंत्र है।

 

और भी

गीतकार का सबसे महत्त्वपूर्ण गुण उसकी प्रामाणिकता : प्रसून जोशी

 गोवा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। शब्दों के उस्ताद खिलाड़ी प्रसून जोशी ने कहा है कि महान संगीत की रचना के लिये कवि के पद्य और संगीतकार की लय के बीच विवाह सरीखे मधुर सम्बंध होने चाहिये। श्री जोशी 53वें भारत अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान गोवा में आयोजित एक संवाद-सत्र में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, गीतकार और संगीतकार के बीच का रिश्ता दो विपरीत प्राणियों का एक साथ रहने जैसा होता है, लेकिन दोनों को हमेशा एक-दूसरे का पूरक होना चाहिये। आर्ट एंड क्राफ्ट ऑफ लिरिक राइटिंग विषयक संवाद-सत्र को सम्बोधित करते हुये जाने-माने कवि और गीतकार ने कहा कि ‘प्रामाणिकता’ एक गीतकार का सबसे महत्त्वपूर्ण गुण होता है। उन्होंने कहा, आप जैसा कोई नहीं है। आप अनोखे और बेमिसाल हैं। एक गीतकार को हमेशा अपनी शैली में लिखने की, अपने शब्दों को पिरोने की कोशिश करनी चाहिये।

अपने लेखन के सार के बारे में प्रसून ने कहा कि उनके ज्यादातर शब्द उनकी अपनी मिट्टी और संस्कृति से आते हैं। उन्होंने कहा, हमारे पालन-पोषण और संस्कृति का बड़ा गहरा असर हमारे लेखन पर पड़ता है। मैं अपने ज्यादातर शब्द और रूपक अपनी क्षेत्रीय भाषा और संस्कृति से लेता हूं। कोशिश होनी चाहिये कि हमारी क्षेत्रीय भाषा के शब्द कभी विलुप्त न हों। लेखन पर कृत्रिम बौद्धिकता के प्रभाव के बारे में प्रसिद्ध गीतकार ने कहा कि कृत्रिम बौद्धिकता चाहे जितनी उन्नति कर ले, वह कभी भी मानवजाति की रचनात्मकता और बौद्धिकता का स्थान नहीं ले सकती।

 

 

आज के भद्दे गीतों पर प्रसून ने कहा कि बाजार का दर्शन है कि अगर कोई चीज नहीं बिकेगी, तो वह नहीं बनाई जायेगी। उन्होंने कहा, रचनाकारों की तरह ही पाठक और दर्शक भी बराबर के जिम्मेदार होते हैं। संवाद-सत्र का संचालन वरिष्ठ पत्रकार और लेखक अनंत विजय ने किया।

 

 

और भी

भारत ऑस्ट्रेलिया ईसीटीए से रत्न एवं आभूषण सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा: पीयूष गोयल

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि ऐतिहासिक भारत ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते ( भारत ऑस्ट्रेलिया ईसीटीए ) के तहत ऑस्ट्रेलिया द्वारा 100 प्रतिशत टैरिफ लाइनों पर शुल्क समाप्त किए जाएंगे। वह ऑस्ट्रेलिया की संसद द्वारा समझौते के अनुमोदन के बाद ईसीटीए पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। श्री गोयल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की तथा कहा कि ईसीटीए उस संबंध के कारण ही संभव हो पाया जो उन्होंने सभी पार्टी लाइनों से परे ऑस्ट्रेलिया में नेतृत्व के साथ स्थापित किया था।

श्री गोयल ने कहा कि ईसीटीए अर्थव्यवस्था के कई सेक्टरों को, विशेष रूप से कपड़ा, रत्न एवं आभूषण तथा फार्मास्यूटिकल्स को अत्यधिक बढ़ावा देगा। उल्लेखनीय है कि ईसीटीए के परिणामस्वरूप 10 लाख से अधिक रोजगारों के सृजन की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से भारत में सेवा क्षेत्र के लिए भी नए अवसर खुलने की उम्मीद है और इससे छात्रों को प्रचुर लाभ मिलेगा जिन्हें ऑस्ट्रेलिया में काम करने का अवसर प्राप्त होगा। भारत के योग गुरुओं तथा शेफ के लिए 1800 का वार्षिक वीजा कोटा स्थापित किया जाना है। 

 

श्री गोयल ने रेखांकित किया कि ईसीटीए को बहुत व्यापक तथा संपूर्ण हितधारक परामर्शों के बाद अंतिम रूप दिया गया और उन्होंने यह भी बताया कि इस समझौते को सर्वसहमति से स्वीकार किया गया तथा सभी तरफ से इसे सराहना मिली। श्री गोयल ने बताया कि यह समझौता दोनों देशों के बीच विश्वास और भरोसे को और विश्व में भारत के बढ़ते कद को परिलक्षित करता है। उन्होंने कहा कि ईसीटीए एक जीवंत लोकतंत्र वाले देश ऑस्ट्रेलिया, जिसने भारत के कई हितों को साझा किया था, के साथ भारत के संबंधों में और गहराई लाएगा।

 

 

और भी

केंद्रीय मंत्री के भतीजे ने फांसी लगाकर दी जान

 लखनऊ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश की राजधानी लखनऊ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के भतीजे नंदकिशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

खबरे और  भी :- युवती ने फांसी लगाकर की खुदकुशी , क्षेत्र में मची हडक़ंप

 

केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के भतीजे नंदकिशोर हैं, जो दुबग्गा के बेगरिया इलाके स्थित अपने आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

खबरे और  भी :-युवती ने पंखे में फांसी लगाकर दी जान ,क्षेत्र में सनसनी

 

वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई है. जहां पूरे मामले की जांच में पुलिस जुटी है. आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

 

 

और भी

फाइबर फैक्ट्री में लगी आग : एक कर्मचारी की मौत, 2 झुलसे...

अग्निशमन दल ने 22 को बचाया 

काशीपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में एक फाइबर फैक्ट्री में लगी भीषण आग लग गई। आग की  चपेट में आने से एक कर्मी की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से झुलस गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार उधम सिंह नगर जिले के जसपुर में नादेही रोड पर सिडकुल की श्री शानदार फाइबर इंडस्ट्रीजमें आधी रात को एक फैक्ट्री में आग लग गई। कुछ ही देर में आग भयानक हो गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने में जुट गईं। लेकिन आग इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही जनकर मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से झुलस गए। जिनको हायर सेंटर बरेली में भर्ती कराया गया है। घटना का कारण एलपीजी प्लांट से गैस रिसाव बताया जा रहा है।



फैक्ट्री में रात करीब एक से दो बजे के बीच एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव हुआ और आग लग गई। जिस समय आग लगी उस समय फैक्ट्री में दो दर्जन से अधिक कर्मचारी मौजूद थे। आग लगने से उनमें अफरा तफरी मच गई। जैसे तैसे फैक्ट्री से 22 कर्मचारियों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया।

हादसे में अभय राजपुर निवासी 29 वर्षीय अर्जुन त्यागी की मौके पर मौत हो गई, जबकि जसपुर के पास ग्राम मडुआखेड़ा निवासी संजय कुमार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती गांव अभयराजपुर निवासी राहुल कुंअर गंभीर रूप से झ़लस गए। जिन्हें उपचार के लिए काशीपुर भेजा गया। जहां से दोनों को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत देखते हुए वहां से बरेली रेफर कर दिया गया।

देर रात लगी आग बुझाने में पहले फैक्ट्री कर्मचारी ने ही काफी मशक्कत की। इसके साथ ही जसपुर, काशीपुर और बाजपुर से दमकल विभाग की छह गाड़ियां और तीन गाड़िया निजी फैक्ट्री से मंगा ली गयीं। फैक्ट्री में आग लगने से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। लगातार फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा 8 से 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा लिया।

 

 

और भी

पहले डुगडुगी पिटवाई, फिर अतीक अहमद की संपत्ति पर लगा दिया कुर्की का बोर्ड...


कुख्यात माफिया की अरबों की बेनामी संपत्ति कुर्क..

 प्रयागराज (छत्तीसगढ़ दर्पण)। यूपी पुलिस ने माफिया अतीक अहमद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्रयागराज के झूंसी स्थित हवेलिया में 1 अरब 28 करोड़ की अतीक अहमद और उसके रिश्तेदारों की बेनामी संपत्तियों को कुर्क कर दिया गया। माफिया के खिलाफ दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि अतीक अहमद ने अपराध से अर्जित धन से इन संपत्तियों को खरीदा था। खुद के साथ ही कुछ रिश्तेदारों के नाम इसे करवाया था।


बुधवार की दोपहर प्रयागराज शहर में धूमनगंज पुलिस कई थानों की फोर्स और पीएसी के जवानों के साथ हवेलिया पहुंची। डुगडुगी पिटवा कर कुर्की की मुनादी करवाई की। इसके बाद जमीन कुर्क करते हुए कुर्की संबंधित बोर्ड लगवाया गया।

 
 
 



धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश मौर्या ने बताया कि कुर्क की गई जमीन की कीमत एक अरब 28 करोड़ रुपये है। इस जमीन पर कुछ लोगों द्वारा चोरी-छिपे प्लाटिंग भी किया जा रहा था। बता दें कि इसके पहले माफिया अतीक अहमद की 500 करोड़ से अधिक बेनामी संपत्तियों को कुर्क किया जा चुका है। यह सभी कार्रवाई गैंगस्टर के तहत दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई थी।

अतीक अहमद पर 96 संगीन मामले दर्ज
माफिया अतीक अहमद के खिलाफ 96 संगीन मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। धूमनगंज पुलिस ने उस पर गैंगस्टर के तहत भी कार्रवाई की है। काफी समय से माफिया अतीक की बेनामी संपत्तियों को कुर्क किया जा रहा है। कुछ दिन पहले धूमनगंज पुलिस को जानकारी मिली कि अतीक अहमद की झूंसी स्थित हवेलिया में भी कई एकड़ जमीन है। इस जमीन को उसने खुद और अपने कुछ रिश्तेदार के नाम करवाया है। राजस्व टीम के साथ पुलिस ने इसकी जानकारी जुटाई तो सूचना सही निकली। उसकी रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेजा गया। जमीन कुर्क करने की अनुमति मांगी गई। दो दिन पहले डीएम ने जमीन को कुर्क करने का आदेश दे दिया।

 

 

 
और भी

अस्पताल में मरीज की मौत : ...और अब इस इंजेक्शन के इस्तेमाल पर रोक के आदेश

 नईदिल्ली/नईदिल्ली/ पुणे (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने देश के सभी औषधि नियंत्रक अधिकारियों से इंजेक्शन ‘ओरोफर एफसीएम (Orofer FCM)’ के एक खास बैच का इस्तेमाल रोकने को कहा है।  एफडीए ने यह कदम मुंबई के एक अस्पताल में इस दवा के कथित रूप से दुष्प्रभाव की वजह से एक मरीज़ की मौत होने के बाद उठाया है। 


एफडीए के पुणे मंडल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा कि दवाई के कथित दुष्प्रभाव की वजह से मुंबई के सैफी अस्पताल में एक मरीज़ की मौत हुई है।  ‘ओरोफर एफसीएम’ इंजेक्शन का इस्तेमाल लौह अल्पताजन्य आरक्तता (आयरन डेफिशिएन्सी एनीमिया) का इलाज करने के लिए किया जाता है। 

 
 


एफडीए (औषधि) के संयुक्त आयुक्त एसबी पाटिल ने कहा कि दवा बनाने वाली एमक्योर फार्मास्युटिकल्स से दवाई का खास बैच वापस मंगाने के लिए कहा गया है।  उन्होंने कहा कि कंपनी के मुताबिक, हो सकता है कि बाजार में इंजेक्शन ओरोफर के नाम से नकली दवाई उपलब्ध हो और उसका दुष्प्रभाव पड़ा हो। 

 
 


पाटिल ने कहा कि कंपनी ने एफडीए से कहा है कि इसकी एक अन्य दवा का नकली संस्करण पहले से ही बाजार में है।  उन्होंने कहा, मुंबई एफडीए की टीम मौत के मामले की जांच कर रही है।  अधिकारी के मुताबिक, वितरकों से दवा के खास बैच के नमूने ले लिए गए हैं और उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। 

 

 

और भी

भारत ने उत्‍तर कोरिया के मिसाइल प्रक्षेपणों की निंदा की

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अपने वक्तव्य में उत्तर कोरिया के हाल के मिसाइल प्रक्षेपणो की निंदा की है और इसे शांति और सुरक्षा के लिए खतरा बताया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थाई प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कहा कि उत्तर कोरिया के मिसाइल प्रक्षेपणों से सुरक्षा परिषद के प्रावधानों का उल्लंघन हुआ है तथा क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न हुआ है।

दक्षिण कोरिय़ा की सेना ने बताया कि उत्तर कोरिया ने पिछले शुक्रवार को अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का प्रक्षेपण किया था और उत्तर कोरिया के नेता जिम जोंग उन अपने परिवार के साथ प्रक्षेपण स्थल पर उपस्थित थे। येरुशलम पोस्ट ने किम जोंग उन के हवाले से लिखा है कि अमरीका और उसके सहयोगी देशों की धमकियों ने उत्तर कोरिया को अपना परमाणु प्रतिरोध बढ़ाने के लिए उकसाया है।

 

 

और भी

बिग ब्रेकिंग : जज के सामने आफताब ने कबूला अपना जुर्म, कहा - गुस्से में की श्रद्धा की हत्या ...

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। श्रद्धा मर्डर केस में पुलिस लगातार आफताब के खिलाफ सबूत जुटाने में लगी हुई है। इसी बीच आज मंगलवार को आफताब को दिल्ली की साकेत कोर्ट में पेश किया गया था जहां आज आफताब ने जज के सामने बड़ा कबूलनामा किया है। इसी सुनवाई के दौरान आफताब ने हत्या करना कबूल लिया है। आफताब के मुताबिक, घटना आवेश में हुई। वह जांच में सहयोग कर रहा है।   रिमांड 4 दिन और बढ़ा दी है। अब पुलिस को जांच के लिए और समय मिल गया है। 

सुरक्षा कारणों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई। पुलिस ने और रिमांड की मांग की थी। वहीं इसी सुनवाई के दौरान आफताब के पॉलीग्राफ टेस्ट पर भी बात हुई। कोर्ट से पहले ही पॉलीग्राफ टेस्ट की अनुमति मिल चुकी है। नियमानुसार पॉलीग्राफ टेस्ट या नार्को टेस्ट के लिए आरोपी की अनुमति भी जरूरी होती है। नार्को टेस्ट के लिए आफताब पहले ही अपनी रजामंदी दे चुका है।

 

वहीं आज ही दिल्ली हाई कोर्ट उस याचिका पर सुनवाई करेगा जिसमें मामले की जांच सीबीआई (CBI) से कराने की मांग की गई है। सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका सोमवार को दायर की गई थी।

 

 

और भी

अब कंपनी में छंटनी नहीं, बल्कि नई नियुक्ति होगी : एलन मस्क

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर के 7,500 कर्मचारियों में से दो-तिहाई की छंटनी के बाद कंपनी के सीईओ एलन मस्क ने कहा कि अब कंपनी में छंटनी नहीं, बल्कि नई नियुक्ति होगी। रिपोर्ट के अनुसार कर्मचारियों के साथ एक बैठक में मस्क ने यह भी दावा किया कि ट्विटर अब इंजीनियरिंग और बिक्री में भर्ती कर रहा है। उन्होंने कर्मचारियों को संभावित उम्मीदवारों की सिफारिश करने के लिए भी कहा।

रिपोर्ट में मस्क के हवाले से कहा गया है कि नई नियुक्तियों में सॉफ्टवेयर बनाने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। सीईओ के अनुसार टेक्सास में कंपनी का मुख्यालय रखने की कोई योजना नहीं है, जैसा कि उन्होंने टेस्ला के साथ किया था। यह टेक्सास के साथ कैलिफोर्निया में भी हो सकता है। मस्क ने कर्मचारियों से कहा, अगर हम मुख्यालय को टेक्सास ले जाना चाहते हैं तो मुझे लगता है कि इससे यह संदेश जाएगा कि ट्विटर वामपंथी से दक्षिणपंथी हो गया है, जो मामला नहीं है। उन्होंने कहा, यह ट्विटर का दक्षिणपंथी अधिग्रहण नहीं है। यह ट्विटर का एक उदारवादी अधिग्रहण है।

 

 

और भी

संघ का मतलब पीएम मोदी या विहिप नहीं, वे इसका हिस्सा हैं : भागवत

 जबलपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि संघ केवल शाखा लगाने का ही काम नहीं करता है, यह लोगों को देश के लिए काम करने को प्रोत्साहित करता है। संघ का काम है आदत डालना। भागवत ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक स्वयंसेवक और प्रचारक हैं और आज भी वह एक प्रचारक के रूप में काम कर रहे हैं।

भागवत ने जबलपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, जब भी संघ का नाम आता है, आप मोदीजी का नाम लेते हैं। हां, मोदीजी संघ के स्वयंसेवक भी रहे हैं और प्रचारक भी रहे हैं। विहिप भी हमारे स्वयंसेवकों द्वारा चलाई जाती है लेकिन संघ किसी को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से नियंत्रित नहीं करता, वे स्वतंत्र रूप से काम करते हैं।बुद्धिजीवियों और प्रमुख लोगों की एक सभा को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा, भारत भाषा, व्यापारिक हित, राजनीतिक शक्ति और विचार के आधार पर एक राष्ट्र नहीं बना।

और भी

तस्करों को रोकने के दौरान सीमा पर भड़की हिंसा, गोलीबारी में 6 की मौत

 गुवाहाटी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। असम-मेघालय सीमा पर लकड़ी की तस्करी को रोके जाने के दौरान मंगलवार तड़के हिंसा भड़क गई। हिंसा में वन रक्षक समेत 6 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि असम-मेघालय सीमा पर पुलिस ने अवैध लकड़ी के ट्रक को रोका था, जिसके बाद हिंसा भड़क गई।


पश्चिम कार्बी आंगलोंग के पुलिस अधीक्षक इमदाद अली ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि असम वन विभाग ने मेघालय सीमा पर ट्रक को रोका था। ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की। उसे रोकने के लिए वन रक्षकों ने फायरिंग कर दी। अधिकारी ने आगे बताया कि फायरिंग में ट्रक का टायर पंचर हो गया। वन रक्षकों ने ट्रक चालक समेत तीन लोगों को पकड़ लिया, हालांकि अन्य भागने में कामयाब रहे।

 
 

अधिकारी ने बताया कि घटना के बारे में नजदीकी पुलिस थाना में जानकारी दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की। सुबह पांच बजे पुलिस के पहुंचते ही कुछ स्थानीय लोग हाथों में हथियार लिए वहां पहुंच गए। भीड़ ने तस्करों को छोड़े जाने की मांग को लेकर वन रक्षकों और पुलिस को घेर लिया। बचाव में भीड़ पर गोली चलानी पड़ी।

वन रक्षक समेत 6 लोगों की मौत
गोलीबारी में वन रक्षक की मौत हो गई। उसके अलावा मेघालय के पांच लोगों की भी मौत हुई है। हिंसा में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। वन रक्षक की मौत की वजह का पता नहीं चल सका है। इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

उधर, एहतियात के तौर पर मेघालय के सात जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। सीएम कोनराड संगमा ने बताया कि मामले में मेघालय पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

 

 

 
और भी

युवाओं को नौकरी देने मिशन मोड में काम कर रही है सरकार : नरेंद्र मोदी


पीएम मोदी ने 71 हजार नवनियुक्त कैंडिडेट्स को ऑनलाइन सौंपे नियुक्ति पत्र

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को रोजगार मेले के तहत युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये 71,000 नवनियुक्त कैंडिडेट्स को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर पीएम मोदी ने इन कैंडिडेट्स को संबोधित भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि आपको यह नई जिम्मेदारी एक खास दौर में मिल रही है। देश अमृत काल में प्रवेश कर गया है। हम नागरिकों ने इस अवधि में भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को प्राप्त करने के लिए आप देश के 'सारथी' बनने जा रहे हैं। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि आज का ये विशाल रोजगार मेला दिखाता है कि सरकार किस तरह गवर्नमेंट जॉब देने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है।


रोजगार मेले में पीएम मोदी ने कहा कि देश की बाकी जनता के सामने आप सभी जो इस नई जिम्मेदारी को उठाने जा रहे हैं, उन्हें एक तरह से केंद्र सरकार के प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया जा रहा है।

 
 
 
 
 
 
 

साथ ही कहा कि महामारी और युद्ध के बीच दुनियाभर के युवाओं के सामने नए अवसरों का संकट है। विकसित देशों में भी विशेषज्ञों को एक बड़े संकट की आशंका है। ऐसे समय में अर्थशास्त्री और विशेषज्ञ कहते हैं कि भारत के पास आर्थिक क्षमता प्रदर्शित करने और नए अवसरों को बढ़ावा देने का सुनहरा अवसर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्टार्ट-अप्स से लेकर स्वरोजगार तक, स्पेस से लेकर ड्रोन तक आज भारत में युवाओं के लिए चौतरफा नए अवसरों का निर्माण हो रहा है।

 
 
 
 
 


'कर्मयोगी भारत' प्लेटफॉर्म से युवाओं को करियर में मिलेगा लाभ
पीएम मोदी ने आज 'कर्मयोगी भारत' टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म को भी लॉन्च किया है। पीएम मोदी ने कहा कि इसमें कई तरह के ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध हैं। इन ऑनलाइन कोर्सेस का छात्रों को जरूरी फायदा मिलेगा। इससे आपकी स्किल भी अपग्रेड होगी और भविष्य में आपको अपने करियर में भी काफी लाभ होगा।

 

 

 
और भी

जनजातीय सप्ताह में हुआ भगवान बिरसा नाटक का मंचन

 वर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर सिदो कान्हू मुर्मू दलित एवं जनजातीय अध्ययन केंद्र द्वारा जनजातीय गौरव सप्ताह के संपूर्ति के उपलक्ष्य में सोमवार को भगवान बिरसा नाटक का मंचन किया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल, श्रीमती कुसुम शुक्ला, प्रति कुलपति प्रो. चंद्रकांत रागीट, प्रो. एल. कारुण्यकरा की प्रमुख उपस्थिति रही। नाटक का निर्देशन उत्कर्ष सहस्रबुद्धे ने तथा मार्गदर्शन दूर शिक्षा निदेशालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका मिश्रा ने किया।



विश्वविद्यालय के गालिब सभागार में नाट्य मंचन से पूर्व संमिश्र पद्धति ‘प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जिसमें शोधार्थी महेंद्र लोधी ने प्रथम, विजय कुमरे ने द्वितीय तथा अश्विनी राऊत और महेश दुर्गम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।विजेताओं और प्रतिभागियों को कुलपति प्रो. शुक्ल, श्रीमती कुसुम शुक्ला द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में डॉ. सुनील कुमार, डॉ. संदीप कुमार एवं डॉ. धीरज मसराम ने  परीक्षक के रूप में भूमिका निभायी। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रोफेसर डॉ. राकेश फकलियाल ने किया तथा आभार सहायक प्रोफेसर डॉ. किरण कुंभरे माना। इस अवसर अध्यापक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

 

 

और भी

छत्तीसगढ़ में स्थापित होगी ड्रोन उत्पादन इकाई, इथेनॉल के लिए होगा 140 करोड़ का निवेश

 रायपुर/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में छत्तीसगढ़ बिज़नेस समिट का आयोजन किया गया, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से आए उद्यमी, निर्यातक और व्यवसायियों ने भाग लिया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ शासन ने इथेनॉल व ड्रोन उत्पादन इकाई स्थापना के लिए दो एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।


बिज़नेस समिट में छत्तीसगढ़ के श्रम मंत्री शिव डहरिया ने छत्तीसगढ़ में औद्योगिक संभावनाओं की जानकारी देने के साथ ही उद्यमियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रगतिशील और संभावनाओं से भरा राज्य है। प्रदेश सरकार की नई औद्योगिक नीति के तहत उद्यमियों के लिए कई प्रकार की रियायत और सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने उद्यमियों व निवेशकों से आग्रह किया कि छत्तीसगढ़ आकर सुविधाओं का लाभ लें एवं प्रदेश की उन्नति और विकास में सहयोगी बनें।

 
बिज़नेस समिट में छत्तीसगढ़ से आई अधिकारियों की टीम ने इलेक्ट्रॉनिक्स, लघु वनोपज और हस्तशिल्प और हथकरघा आदि क्षेत्रों के व्यवसायियों, उद्यमियों और निर्यातकों को छत्तीसगढ़ में उद्योग, व्यापार की संभावनाओं की जानकारी देते हुये निवेश के लिए भी आमंत्रित किया।
 

उद्योग विभाग के विशेष सचिव हिमशिखर गुप्ता ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार के नई औद्यौगिक नीति 2019-2024 में उद्योगों की स्थापना से जुड़े नियमों को सरल बनाया है, जिसमें उद्योगों को विभिन्न स्वीकृतियां प्रदान करने के लिए एकल खिड़की प्रणाली लागू की गई है, कठिन प्रक्रिया का सरलीकरण किया गया है। कई प्रकार की रियायतें व सुविधाएं प्रदान की जा रही है। स्टार्ट-अप के लिए विशेष पैकेज प्रदान किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में कोर सैक्टर के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स, लघु वनोपज और हस्तशिल्प और हथकरघा आदि क्षेत्रों में भी फोकस किया जा रहा है।

 

समिट के अंत में दो एमओयू हुये। इथेनॉल उत्पादन इकाई स्थापित करने के लिए एनकेजे बायोफ्यूल, दुर्ग के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। यह कंपनी 140 करोड़ का निवेश करेगी। कंपनी की ओर से राजेश गौतम ने हस्ताक्षर किए। वहीं, दूसरा एमओयू ड्रोन व यूएवी मैनुफेक्चरिंग यूनिट के लिए डेबेस्ट रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड के साथ किया गया। कंपनी की ओर से मनीष वाजपेई ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया। यह कंपनी 5 करोड़ का निवेश करेगी व 4500 यूनिट स्थापित करेगी।

 

बिजनेस समिट में उद्योग विभाग, लघु वनोपज, हस्तशिल्प और हथकरघा, पर्यटन विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ में संभावनाओं को लेकर जानकारी दी गयी। इस मौके पर लघु वनोपज संघ के प्रबंध संचालक श्याम सुंदर बजाज, रुरल इंडस्ट्री के संचालक अरुण प्रसाद, सीएसआईडीसी के कार्यकारी संचालक अनिल श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

 

 

 
और भी

काशी तमिल संगमम् : तमिल शिष्टमंडल का दूसरा दल पहुंचा काशी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। एक माह तक चलने वाले ‘काशी तमिल संगमम्’ में सम्मिलित होने के लिये तमिल शिष्टमंडल का दूसरा दल मंगलवार को काशी की पावन नगरी पहुंच गया है। इस दल में तमिलनाडु के विभिन्न भागों में रहने वाले छात्र, सांस्कृतिक कलाकार, अकादमीशियन, साहित्यकार, इतिहासकार आदि शामिल हैं। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर दल का भव्य स्वागत किया गया। काशी उत्सव में सम्मिलित होने के बाद, दल प्रयागराज और अयोध्या भी जायेगा।

 
तमिलनाडु के विभिन्न भागों से शिष्टमंडल के और भी दल विभिन्न समूहों में काशी पहुंचकर महीने भर चलने वाले ‘काशी तमिल संगमम्’ में सम्मिलित होंगे। वाराणसी के अलावा, वे प्रयागराज और अयोध्या भी जायेंगे। लोगों के बीच इस आदान-प्रदान का उद्देश्य है कि ज्ञान की दोनों परंपराओं और संस्कृति को एक-दूसरे के निकट लाया जाये। साथ ही इन दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच साझा धरोहर के प्रति समझ विकसित करना तथा रिश्ते मजबूत बनाना भी उद्देश्य में शामिल है। तमिलनाडु का शिष्टमंडल काशी को प्राचीन नगरी के ऐतिहासिक महत्त्व को समझने में आसानी होगी। महीने भर चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान, तमिलनाडु के विभिन्न सांस्कृतिक समूह काशी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे।



उल्लेखनीय है कि ‘काशी तमिल संगमम्’ का उद्घाटन 19 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। तमिलनाडु के शिष्टमंडल के अतिरिक्त काशी के स्थानीय निवासी भी पूरे हर्षोल्लास के साथ महीने भर चलने वाले कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

और भी

इंडोनेशिया में भूकंप के कारण हुई लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुःख

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री मोदी ने इंडोनेशिया में भूकंप के कारण हुई लोगों की मौत पर गहरा दुःख और पीड़ा व्‍यक्‍त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि भारत दुःख की इस घड़ी में इंडोनेशिया के साथ खड़ा है।


प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया- “इंडोनेशिया में भूकंप के कारण हुई लोगों की मौत और संपत्ति के नुकसान से दुखी हूं। मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारत दुःख की इस घड़ी में इंडोनेशिया के साथ खड़ा है।”

 

 

और भी

छापेमारी के दौरान आयकर विभाग को मिली बेहिसाब नकदी, 5 करोड़ के आभूषण बरामद...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आयकर विभाग ने 17 नवंबर को पटना, भागलपुर, डेहरी, लखनऊ और दिल्ली में सोने और हीरे के आभूषण और रियल एस्टेट के कारोबार में लगे कुछ समूहों से संबंधित 30 से अधिक स्थानों पर तलाशी ली। तलाशी अभियान के दौरान, बेहिसाब नकदी और 5 करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण जब्त किए गए। इसके अलावा, आय की चोरी का सबूत भी बरामद किया गया है। वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

वित्त मंत्रालय ने बताया कि कुल 14 बैंक लॉकरों को सीज किया गया। अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक के बेहिसाब लेनदेन का पता चला है।

सोने और हीरे के आभूषणों के कारोबार में लगे एक समूह से जब्त किए गए साक्ष्यों के विश्लेषण से पता चला है कि इस समूह ने अपनी बेहिसाब आय का आभूषणों की नकद खरीद,  दुकानों के नवीनीकरण और अचल संपत्तियों में निवेश किया है। इस समूह को ग्राहकों से अग्रिम राशि की आड़ में अपनी लेखा बहियों में 12 करोड़ से अधिक की बेहिसाब धनराशि शामिल करने का भी पता चला है। इसके अलावा, तलाशी अभियान के दौरान  स्टॉक के भौतिक सत्यापन पर 12 करोड़ रुपए से अधिक का बेहिसाब स्टॉक भी मिला है।

रियल स्टेट व्यापार में लगे एक अन्य समूह के मामले में भूमि की खरीद, भवनों के निर्माण और अपार्टमेंट की बिक्री में बेहिसाब नकद लेन-देन करने के भी सबूत मिले हैं जिन्हें जब्त कर लिया गया है। एक जाने-माने भूमि दलाल के मामले में उपरोक्त बेहिसाब लेनदेन की पुष्टि हुई है। इस तरह के बेहिसाब नकद लेनदेन की मात्रा 80 करोड़ रुपये से अधिक है। समूह के प्रमुख व्यक्तियों द्वारा इस प्रकार अर्जित की गई अघोषित आय का बड़े भूमि खंडों सहित कई अचल संपत्तियों की खरीददारी में निवेश किया गया है।

तलाशी अभियान के दौरान 5 करोड़ रूपए से अधिक मूल्य की बेहिसाब नकदी और जेवरात भी जब्त किए गए हैं। कुल 14 बैंक लॉकरों को सीज किया गया है। अभी तक की गई तलाशी कार्रवाई में 100 करोड़ रुपये से अधिक के बेहिसाब लेनदेन का पता चला है।

आगे की जांच चल रही है।

और भी