दुनिया-जगत - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

दुनिया-जगत

नौमंजिला इमारत पर जा गिरा एसयू-34, भीषण आग से 6 की मौत

 मास्को (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अभ्यास पर निकला रूसी बमवर्षक विमान सोमवार को अजोव सागर के तटीय शहर के ऊपर दुर्घटना का शिकार हो गया। इंजन फेल होने के कारण विमान हवा में अनियंत्रित हो गया और उसमें आग लग गई, इसके बाद वह रिहायशी इलाके में जा गिरा। इससे एक नौमंजिला भवन में आग लग गई। अग्निकांड में 6 लोगों के मारे जाने, छह लोगों के लापता होने के साथ एक दर्जन से अधिक लोगों के झुलसने की खबर है। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। विमान के दोनों पायलट सुरक्षित हैं। रूसी बमवर्षक विमान एसयू-34 जब बंदरगाह शहर येयस्क के ऊपर था तभी उसके एक इंजन में आग लग गई। स्थिति अनियंत्रित होती देख विमान के दोनों पायलट पैराशूट के जरिये विमान से कूद गए। लेकिन विमान नजदीक के आवासीय क्षेत्र में जा गिरा।



विमान में भरे हजारों लीटर ईंधन से एक नौमंजिला भवन में भीषण आग लग गई। बताया गया है कि यह भवन जलकर खाक हो गया है। आसपास के 17 अन्य बहुमंजिला भवनों को दुर्घटना से नुकसान हुआ है। रीजनल गवर्नर वेन्यामिन कोंड्रात्येव ने कहा है कि आग को बुझाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने स्वास्थ्य और आपात मामलों के मंत्रियों को तत्काल घटनास्थल पर जाने का निर्देश दिया है। 90 हजार की आबादी वाले येयस्क शहर में रूसी वायुसेना का बड़ा अड्डा है। एसयू-34 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें फिट मिसाइलों को लेकर चिंता फैल गई है, क्योंकि इस अत्याधुनिक रूसी विमान में अति संवेदनशील हथियारों की तैनाती होती है।

रूसी बमवर्षक विमान एसयू-34 दो इंजनों वाला सुपरसोनिक बमवर्षक विमान है। इस विमान से परमाणु हथियार का हमला भी किया जा सकता है। यह तेज गति से लंबी दूरी तय कर हमला करने में सक्षम है। इसीलिए इस विमान में सामान्य लड़ाकू विमानों से काफी ज्यादा ईंधन भरा जाता है। इसे रूसी वायुसेना के सर्वोत्कृष्ट विमानों में से एक माना जाता है। यूक्रेन युद्ध के दौरान युद्ध मैदान से दूर रूसी लड़ाकू विमानों की दुर्घटना की यह दसवीं घटना है।

और भी

ब्रिटेन के नए वित्त मंत्री ने आयकर में योजनाबद्ध कटौती सहित अधिकांश आर्थिक पैकेज को पलटा

 ब्रिटेन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ब्रिटेन के नए वित्त मंत्री जेरेमी हंट ने कुछ सप्ताह पहले घोषित आयकर में योजनाबद्ध कटौती सहित अधिकांश आर्थिक पैकेज को पलट दिया है। टेलीविज़न संबोधन में श्री हंट ने कहा कि वह प्रमुख ऊर्जा नीति और सार्वजनिक व्यय में कटौती नहीं करने के वादे के साथ नई प्रधानमंत्री लिज़ ट्रस द्वारा शुरू की गई कर कटौतियों को निरस्त कर रहे हैं।

शुक्रवार को प्रधानमंत्री ट्रस ने छह सप्ताह से भी कम समय तक वित्त मंत्री रहे क्वासी क्वार्टेंग को बर्खास्त कर दिया था और इस पद पर पूर्व विदेश और स्वास्थ्य मंत्री जेरेमी हंट को नियुक्त किया था। घरों और व्यवसाय के लिए दो वर्ष के ऊर्जा सहयोग योजना पर सौ अरब पॉउंड से अधिक खर्च की यह योजना अब अगले साल अप्रैल में समाप्त कर दी जायेगी। इसके स्थान पर दूसरी योजना लायी जायेगी।

 
 
 
 
 
 

23 सितंबर को घोषित कर कटौती योजना से ब्रिटेन की मुद्रा पाउंड में रिकॉर्ड गिरावट आई थी। इससे बैंक ऑफ इंग्लैंड को आपात कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ा था। श्री हंट ने इस संकट को लेकर सुश्री ट्रस के साथ इस सप्ताहांत बातचीत की। उन्होंने बैंक ऑफ इंग्लैंड के गवर्नर एंड्रयू बैले और सरकार के ऋण प्रबंधन कार्यालय प्रमुख के साथ भी बैठक की।

श्री हंट का यह कदम मजबूत राजकोषीय नीति के लिये सरकार की विश्वसनीयता बहाल करने पर केन्द्रित है। वित्त मंत्री ने हाऊस ऑफ कॉमन्स को संबोधित किया और आर्थिक मुद्दों पर सांसदों के प्रश्नों को सुना।

 

 

और भी

स्वीडन के नए प्रधानमंत्री बने उल्फ क्रिस्टर्सन, पहली बार बनी देश में दक्षिणपंथी पार्टी की सरकार

 

स्वीडन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। स्वीडन की संसद ने सोमवार को कंजर्वेटिव मॉडरेट पार्टी के 59 वर्षीय नेता उल्फ क्रिस्टर्सन (Ulf Kristersson) को नया प्रधानमंत्री चुना है। उल्फ क्रिस्टर्सन चार दलों के दक्षिणपंथी गुट के नेता हैं। क्रिस्टर्सन 173 के मुकाबले 176 मतों से निर्वाचित हुए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार को क्रिस्टर्सन की सरकार कार्यभार ग्रहण करेगी। हालांकि क्रिस्टर्सन को बहुमत हासिल नहीं हुआ है, लेकिन फिर भी वे प्रधानमंत्री बने रहेंगे। स्वीडन में प्रधानमंत्री पद से हटाने के लिए बहुमत साबित करना होता है।

मैग्लेना एंडरस की हुई थी हार
बीते महीने स्वीडन में हुए चुनाव में सोशल डेमोक्रेट नेता मैग्लेना एंडरसन की हार हुई थी। उनके लेफ्ट-सेंटर गठबंधन को बहुमत नहीं मिल पाया था। सबसे बड़ी पार्टी और करीब 30 फीसदी मत हासिल करने के बाद भी सोशल डेमोक्रेट की पार्टी सरकार नहीं बना पाई। मेग्लेना एंडरसन की पार्टी सोशल डेमोक्रेट को 107 सीटें हासिल हुईं। वहीं उनकी विपक्षी पार्टी स्वीडन डेमोक्रेट्स को 73 सीटें मिली। तीसरे नंबर पर मॉडरेट पार्टी है जिसे 68 सीटें आईं हैं। स्वीडन के नवनिर्वाचित पीएम इसी पार्टी के नेता हैं।

तीसरी सबसे बड़ी पार्टी को मिली सत्ता
स्वीडन में सबसे बड़ी दक्षिणपंथी पार्टी स्वीडन डेमोक्रेट्स है। मॉडरेट पार्टी को इससे 5 सीटें कम हासिल हुई हैं, लेकिन इस स्वीडन डेमोक्रेट्स के नेता जिमी एक्सन को बाकी अन्य दक्षिणपंथी सहयोगी दलों का समर्थन नहीं मिल पाया। ऐसे में तीसरे नंबर की पार्टी के नेता उल्फ किर्स्टन को सरकार बनाने की जिम्मेदारी मिली है। स्वीडन डेमोक्रेट्स ने नयी सरकार को बाहर से समर्थन देने का फैसला किया है।

स्वीडन डेमोक्रेट्स देगी बाहर से समर्थन
स्वीडन में सबसे बड़ी दक्षिणपंथी पार्टी स्वीडन डेमोक्रेट्स है। मॉडरेट पार्टी को इससे 5 सीटें कम हासिल हुई हैं, लेकिन इस स्वीडन डेमोक्रेट्स के नेता जिमी एक्सन को बाकी अन्य दक्षिणपंथी सहयोगी दलों का समर्थन नहीं मिल पाया। ऐसे में तीसरे नंबर की पार्टी के नेता उल्फ किर्स्टन को सरकार बनाने की जिम्मेदारी मिली है। स्वीडन डेमोक्रेट्स ने नयी सरकार को बाहर से समर्थन देने का फैसला किया है।

स्वीडन चौथा यूरोपीय देश जहां दक्षिणपंथी पार्टी का शासन
इन चारों पार्टियों ने 62 पृष्ठों का एक रोडमैप तैयार किया है, जिसके सहारे ये सत्ता चलाने वाले हैं। इसमें बिजली की कीमतें कम करना, अपराध और आव्रजन पर कड़ी कार्रवाई करना आदि मुद्दे शामिल हैं। बतादें कि हंगरी, पोलैंड और इटली के बाद स्वीडन ऐसा चौथा यूरोपीय देश है जहां दक्षिणपंथी पार्टी की सरकार बनी है।

स्वीडन में हलचल हुई तेज
बता दें कि स्वीडन में दक्षिणपंथी सरकार बनने से देश में हलचल तेज हो गयी है। दक्षिपंथी पार्टी मुस्लिम विरोधी मानी जाती हैं और उनका लक्ष्य गैर-यूरोपीय देशों से अप्रवासन को रोकना है। बीते चुनाव में यह पार्टी की राजनीति का एक केंद्रीय मुद्दा रहा था और इस गठबंधन के जीतने की वजह भी इसी नीति को बताया जा रहा है।
और भी

श्रीलंका को हराकर 7वीं बार एशिया कप चैंपियन बनी भारतीय महिला क्रिकेट टीम

 ढाका/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारतीय महिला टीम ने रिकॉर्ड 7वीं बार एशिया कप कप का खिताब जीत लिया है। यह टूर्नामेंट का 8वां सीजन है। टीम सिर्फ 2018 में खिताब नहीं जीत सकी थी। तब उसे टी20 टूर्नामेंट के फाइनल में बांग्लादेश से हार मिली थी। शनिवार को खेले गए टी20 एशिया कप के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 8 विकेट से हराया। श्रीलंका की टीम फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर सिर्फ 65 रन ही बना सकी थी। जवाब में भारतीय महिला टीम ने लक्ष्य को 8।3 ओवर में 2 विकेट पर हासिल कर लिया। तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने 5 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं स्मृति मंधाना ने नाबाद 51 रन बनाए। उन्होंने छक्का लगाकर जीत दिलाई। इसी के साथ हरमनप्रीत कौर ने खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वे पूर्व महिला कप्तान मिताली राज के बराबर पहुंच गई हैं और एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है।

महिला एशिया कप की बात करें, तो भारत ने कुल 7 बार खिताब जीता है। इसमें 4 वनडे के खिताब शामिल हैं जबकि 3 टी20 के। टीम ने पहली बार 2004 में खिताब जीता था। तब फाइनल नहीं हुआ था और सिर्फ 2 ही टीमें टूर्नामेंट में उतरी थीं। भारत ने श्रीलंका को 5 मैच में 5-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। तब कप्तान ममता माबेन थीं। फिर 2005 में हुए वनडे टूर्नामेंट के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 97 रन से हराया था। कप्तान मिताली राज थीं।

मिताली ने 2 और खिताब दिलाया
2006 के वनडे एशिया कप के फाइनल में महिला टीम ने एक बार फिर मिताली राज की कप्तानी में श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया। 2008 के फाइनल में बतौर कप्तान मिताली राज ने श्रीलंका को हराकर खिताबी हैट्रिक पूरी की। इसके बाद हरमनप्रीत कौर का समय आया। उन्होंने बतौर कप्तान 2012 में पहली बार हुए टी20 एशिया कप खिताब भारत को दिलाया।

और भी

पूर्व मुख्य न्यायाधीश की गोली मारकर हत्या, हमले में दो अन्य लोग गंभीर

 कराची/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पाकिस्तान में बलूचिस्तान हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम मस्जिद से वापस आते वक्त उनपर हमला कर गोली मारी गई है। यह हादसा पाक के अशांत इलाके बलूचिस्तान प्रांत के खारान में हुआ है।

हादसे के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक पूर्व न्यायाधीश हमले में बुरी तरह से घायल हो गए थे। उनके शरीर पर कई गोलियों के घाव मिले हैं। साथ ही बताया जा रहा है कि गोलीबारी की इस वारदात में दो अन्य लोग भी गंभीर तौर पर घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

न्यायाधीश को टारगेट कर किए गए इस हमले के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।खारन को बलूचिस्तान प्रांत के सबसे खतरनाक इलाकों में से एक माना जाता है। यह इलाका सरकार के खिलाफ काम कर रहे विद्रोहियों और उग्रवादियों द्वारा चल रहे आतंकी अभियान की चपेट में है।

यहां पिछले एक साल में सुरक्षा अधिकारियों, प्रतिष्ठानों, विदेशी नागरिकों और अन्य प्रांतों के स्थानीय लोगों पर घातक हमलों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले दिन में, मस्तुंग में एक रिमोट नियंत्रित बम विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए, जिसका लक्ष्य स्पष्ट रूप से एक हाई प्रोफाइल आदिवासी नेता और राजनेता था, जो बाल-बाल बच गए थे।

और भी

ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने वित्‍तमंत्री क्‍वासी क्‍वार्तेंग को बर्खास्‍त किया

 वाशिंगटन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने आर्थिक उथल-पुथल के बीच वित्‍तमंत्री क्‍वासी क्‍वार्तेंग को बर्खास्‍त कर दिया है। उनकी जगह जेरेमी हंट को नया वित्‍तमंत्री बनाया गया है।

इसका उद्देश्य पिछले महीने क्‍वार्तेंग के मिनी-बजट से  आई आर्थिक उथल-पुथल को रोकना है। बाजारों में उथल-पुथल के बाद ट्रस अपनी आर्थिक योजनाओं को वापस ले सकती हैं।  क्‍वार्तेंग ने ट्विटर पर पद से हटाए जाने की पुष्टि की है। 

संसद में क्‍वार्तेंग के कर कटौती पर फैसला वापस लेने के परिणामस्वरूप डॉलर के मुकाबले पाउंड में गिरावट आई थी। अनुमानित 45 बिलियन पाउंड की कर कटौती को बिना किसी विस्तृत वित्त पोषण योजना के समर्थन के लिए ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था के लिए विनाशकारी कदम के रूप में देखा गया था।

और भी

राष्‍ट्रपति पुतिन की धमकियों से नहीं डरेगा अमरीका : जो बाइडन

 वाशिंगटन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अमरीकी राष्‍ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि यूक्रेन के चार इलाकों को रूस में मिलाने के बाद राष्‍ट्रपति ब्‍लादिमिर पुतिन की धमकियों से अमरीका  नहीं डरेगा। श्री बाइडन ने कहा कि अमरीका अपने नाटो सहयोगियों के साथ नाटो के सदस्‍य देश के एक-एक इंच की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।

इस बीच, अमरीका के उच्‍च सुरक्षा अधिकारी ने कहा है कि रूस परमाणु हथियारों का उपयोग कर सकता है हालांकि इससे तत्‍काल किसी खतरे की संभावना नहीं है।

 

 

और भी

एक बार फिर हुई देश के मंत्री की फजीहत, वाशिंगटन एयरपोर्ट में लगे 'चोर-चोर' के नारे...

 इस्लामाबाद/नई दिल्‍ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पाकिस्तान के मंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक को अपने विदेशों दौरों में बेहद बुरे हालतों से गुजरना पड़ता है। इस बार देश के वित्तमंत्री की फजीहत हो गई। दरअसल आईएमएफ से ऋण के सिलसिले में अधिकारियों से बैठक के लिए पाकिस्‍तान के वित्‍तमंत्री इशाक डार वाशिंगटन पहुंचे। एयरपोर्ट पर उन्‍हें लेने के लिए पाकिस्‍तान के अमेरिका में तैनात राजदूत मसूद खान समेत अन्‍य अधिकारी वहां पर मौजूद थे। जैसे ही डार गलियारे में आए और अधिकारियों ने उनका स्‍वागत किया, तभी पीछे से उनके खिलाफ नारेबाजी होने लगी। उनके खिलाफ एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों ने चोर-चोर के नारे लगाने शुरू कर दिए।

इस दौरान डार को एयरपोर्ट पर लेने आए पीएमएल-एन के वर्जीनिया चैप्‍टर के अध्‍यक्ष मनी बट की नारेबाजी कर रहे लोगों से काफी तीखी नौकझोंक भी हुई। इस दौरान बट ने अभद्र भाषा का इस्‍तेमाल किया। डार का ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में इस दौरान एक व्‍यक्ति को डार को संबोधित करते हुए सुना जा सकता है कि आप झूठे हैं, आप चोर हैं। इसके जवाब में डार ने भी उस व्‍यक्ति को झूठा कहा और अधिकारी उन्‍हें बचाते हुए अलग ले गए।

ये पहली बार नहीं है कि पाकिस्‍तान के किसी मंत्री को इस तरह की परिस्थिति का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले लंदन में पीएम शहबाज शरीफ के साथ पहुंची केंद्रीय मंत्री मरियम औरंगजेब को भी इसी तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा था। मरियम उस वक्‍त एक काफी शॉप में थीं, तभी वहां पर कुछ पाकिस्‍तानियों ने जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, ने चोर-चोर के नारे लगाए थे।

मरियम का ये वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। उस वक्‍त कुछ महिलाओं ने मरियम औरंगजेब की ये कहते हुए आलोचना की थी कि पाकिस्‍तान में हिजाब और इस्‍लाम को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करने वाली औरंगजेब लंदन में सिर पर दुपट्टा तक डालना पसंद नहीं करती है। पाकिस्‍तान मीडिया ने इन दोनों ही घटनाओं में नारेबाजी करने वालों को पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी पीटीआई का समर्थक बताया था। इससे भी पहले योजना मंत्री अहसान इकबाल को भी लंदन में एक रेस्‍तरां में इसी तरह के हालातों से जूझना पड़ा था। उस वक्‍त पीटीआई समर्थकों ने उन्‍हें घेर लिया था और उनके खिलाफ नारेबाजी की थी।

पीएम शहबाज को भी झेलनी पड़ी थी शर्मिंदगी
अप्रैल में पीएम शहबाज शरीफ जब सत्‍ता संभालने के बाद सऊदी अरब की पवित्र मस्जिद मदीना की मस्जिद ए नवाबी पहुंचे थे तब भी इसी तरह की नारेबाजी उनके खिलाफ हुई थी। हालांकि उस वक्‍त मस्जिद में इस तरह की नारेबाजी को हर किसी ने गलत करार दिया था। पीएमएल-एन ने इसके लिए सीधेतौर पर इमरान खान की पार्टी पीटीआई को जिम्‍मेदार ठहराया था। अपने एक इंटरव्‍यू में पीटीआई अध्‍यक्ष इमरान खान ने भी कहा था कि सरकार के मंत्रियों की आज एक ऐसी छवि है जिसमें वो जहां जाते हैं उनके खिलाफ नारेबाजी की जाती है और उन्‍हें चोर बताया जाता है।

और भी

धमाके से उड़ी यात्री बस : 11 की मौत, दर्जनों घायल...

 बामको/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पश्चिमी अफ्रीका के माली में एक बड़ा हादसा हुआ है।  एक बस में विस्फोट होने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। विस्फोट गुरुवार दोपहर मोप्ती क्षेत्र के बांदियागरा और गौंडका के बीच सड़क पर हुआ। घटना में दर्जनों घायल बताए जा रहे हैं। बता दें कि यह इलाका जिहादी हिंसा के गढ़ के रूप में जाना जाता है।

इससे पहले, पुलिस और स्थानीय सूत्रों ने 10 मृतकों और कई गंभीर रूप से घायलों की सूचना दी थी। स्थानीय बांदियागरा यूथ एसोसिएशन के मौसा हाउससेनी ने कहा कि हमने अभी नौ शवों को क्लिनिक में स्थानांतरित किया है। और यह अभी खत्म नहीं हुआ है। वे सभी नागरिक थे। माली लंबे समय से एक चरमपंथी विद्रोह से जूझ रहा है जिसने हजारों लोगों की जान ले ली है और सैकड़ों हजारों को अपने घरों से बेदखल कर दिया है। लैंड माइन और आईईडी चरमपंथियों के पसंदीदा हथियारों में से हैं। वे संपर्क में आने पर विस्फोट कर सकते हैं या दूर से विस्फोट कर सकते हैं।

और भी

अन्‍तर्राष्‍ट्रीय मुद्रा कोष ने नरेन्‍द्र मोदी सरकार की प्रत्‍यक्ष लाभ अन्‍तरण योजना की सराहना की

 वाशिंगटन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अन्‍तर्राष्‍ट्रीय मुद्रा कोष ने नरेन्‍द्र मोदी सरकार की प्रत्‍यक्ष लाभ अन्‍तरण योजना की सराहना की है और देश के विशाल आकार को देखते हुए इसे चमत्‍कार बताया है। मुद्राकोष के वित्‍त मामलों के विभाग के उपनिदेशक पावलो मॉरो ने कहा है कि दुनियाभर में अनेक देशों से सीखने के लिए बहुत कुछ है और भारत की प्रत्‍यक्ष लाभ अंतरण योजना बेहद प्रभावशाली है। उन्‍होंने कहा कि कम आमदनी वाले लोगों की मदद के लिए यह योजना जिस तरह से लाखों लोगों तक पहुंची है वह एक चमत्‍कार ही है।

मुद्राकोष के प्रमुख अर्थशास्‍त्री पिएरे-ओलिवियर गॉरिन्‍चास ने कहा कि जब विश्‍व आसन्‍न मंदी की आशंका से जूझ रहा है, भारत आशा की नई किरण बनकर उभरा है। उन्‍होंने कहा कि दस खरब डॉलर की अर्थव्‍यवस्‍था बनने के महत्‍वकांक्षी लक्ष्‍य को हासिल करने के लिए भारत को कुछ आवश्‍यक संगठनात्‍मक सुधार करने होंगे।

 

श्री गॉरिन्‍चास ने डिजिटीकरण के भारत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इसने पूरे आर्थिक परिदृश्‍य को बदल दिया है। उन्‍होंने कहा कि वित्‍तीय समावेशन को बढावा देने सहित डिजिटीकरण अनेक तरीकों से लोगों की मदद कर रहा है।

 

 

और भी

अमरीका ने हिंसा के जिम्‍मेदार तालिबान सदस्‍यों पर वीजा प्रतिबंध लागू किए

 वाशिंगटन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अमरीका ने अफगानिस्‍तान में सरकारी नीतियों और हिंसा से महिलाओं तथा बालिकाओं के उत्‍पीडन के जिम्‍मेदार तालिबान सदस्‍यों और अन्‍य व्‍यक्तियों पर वीजा प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। मंगलवार को अमरीका के विदेश मंत्री अंटनी बिलिंकन ने कहा है यह प्रतिबंध तालिबान के पूर्व और मौजूदा सदस्‍यों, गैर सरकारी सुरक्षा समूहों और अन्‍य व्‍यक्तियों पर भी लागू होगा। उन्‍होंने कहा कि इस तरह के लोगों और समूहों के परिवारों के सदस्‍यों पर भी वीजा प्रतिबंध लागू होंगे। 

बयान में कहा गया है कि लोगों को इस आश्‍वासन के बावजूद कि तालिबान सरकार अफगान नागरिकों के मानव अधिकारों का सम्‍मान करती है, उसने ऐसी कई नीतियां लागू की है या फतवें दिए हैं जिनमें माध्‍यमिक शिक्षा प्राप्‍त करने और अधिकतर उद्योगों सहित सभी जगहों पर महिलाओं और बालिकाओं के हिस्‍सा लेने पर रोक लगा दी गई है।

 

 

और भी

अमेरिका में भी दिवाली की धूम : 24 को व्हाइट हाउस में होगा कार्यक्रम का आयोजन...

 पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प 21 को मनाएंगे त्यौहार

वॉशिंगटन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत के अलावा विदेशों में भी दिवाली की धूम मची है। और अमेरिका भी इस त्यौहार से अछूता नहीं है। राष्ट्रपति जो बाइडन और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी दिवाली की तैयारियां शुरू कर दी हैं। 24 अक्टूबर को राष्ट्रपति बाइडन अपने आधिकारिक घर व्हाइट हाउस में दिवाली का जश्न मनाएंगे। कार्यक्रम में उनके साथ भारतीय-अमेरिकी समुदाय के प्रशासनिक अफसर भी शामिल रहेंगे। व्हाइट हाउस में कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जारी हैं। इसके अलावा कई और अमेरिकी राज्यों में भी डेमोक्रेट और रिपब्लिकन नेता अपने-अपने स्तर पर भारतवंशियों के साथ दिवाली के जश्न में शामिल होंगे।



दूसरी तरफ पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो रिसॉर्ट में 21 अक्तूबर को दिवाली मनाएंगे। इसकी जानकारी देते हुए रिपब्लिकन पार्टी के हिंदू विंग- रिपब्लिकन हिंदू कोलिशन (RHC) ने कहा कि ट्रंप के साथ भारतीय-अमेरिकी समुदाय के नेता मार-ए-लागो रिजॉर्ट में मौजूद रहेंगे। आरएचसी के शलभ कुमार ने कहा कि ट्रंप का कार्यक्रम करीब चार घंटे लंबा होगा। इस दौरान उनके रिजॉर्ट पर पटाखे छुड़ाने की संभावनाओं को भी तलाशा जा रहा है।

गौरतलब है कि अमेरिका के साथ-साथ दिवाली का पर्व दुनिया के हर बड़े देश में काफी धूमधाम से मनाया जाता है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने पिछले साल ही दिवाली पर व्हाइट हाउस में दीप जलाकर लोगों को त्योहार की शुभकामनाएं दी थीं। बाइडन ने अपने शुभकामना संदेश में कहा था, 'दिवाली का प्रकाश हमें अंधकार से ज्ञान, बुद्धिमत्ता और सच्चाई की ओर बढ़ने की याद दिलाता है। यह हमें विभाजन से एकता और निराशा से आशा की ओर ले जाता है। अमेरिका व दुनियाभर के हिंदुओं, सिखों, जैनियों और बौद्ध लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं।

इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने भी राष्ट्रपति रहते हुए व्हाइट हाउस में भारतवंशियों के साथ दिवाली मनाई थी। राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद व्हाइट हाउस में आखिरी दिवाली के दौरान ट्रंप ने कहा था कि रोशनी के इस त्योहार में दोस्त, पड़ोसी और आपके प्रियजन मिलकर बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मनाते हैं। जब अमेरिका में दिवाली पर दीये जलाए जाते हैं तो हमारा देश धार्मिक रूप से आजाद देश के रूप में चमकता है। 

 

 

और भी

नेताओं-अधिकारियों ने राहत फंड को भी नहीं बख्शा, जमकर किया भ्रष्टाचार...

 अमेरिका के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने लगाई पाकिस्तान की क्लास

इस्लामाबाद/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पाकिस्तान द्वारा भ्रष्टाचार की एक ऐसी करतूत सामने आई है जिसे सुनने के बाद अमेरिका आगबबूला हो गया है। पाकिस्तान में आए भीषण बाढ़ से बचाव के लिए अमेरिका ने राहत फंड भेजा था लेकिन पाकिस्तानी नेताओं और अधिकारियों ने इसमें भी लूट-खसोट मचा दी। जांच में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का पता चला है। इसकी जानकारी जब अमेरिका को लगी तो अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने पाकिस्तान की क्लास लगा दी। प्राइस ने कहा कि इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में ही नहीं बल्कि दुनिया के किसी भी देश में हम भ्रष्टाचार तो स्वीकार नहीं करेंगे। प्राइस ने कहा कि हम दुनिया में त्रासदी झेल रहे देशों की मदद करते हैं, हम उनकी सुरक्षा के लिए वित्तीय सहायता भेजते हैं लेकिन इस तरह से भ्रष्टाचार करना बहुत गंभीर मामला है। हम इसका आंकलन करेंगे और आगे कार्रवाई पर विचार करेंगे।

हमने अपने कार्यक्रमों की निगरानी के लिए टीम बनाई है: नेड प्राइस

भ्रष्टाचार को गंभीर मानते हुए नेड प्राइस ने कहा कि हमने पर्याप्त ट्रैकिंग तंत्र की निगरानी स्थापित किया है। प्राइस ने कहा कि टीम के सदस्य क्षेत्र में हमारे कार्यक्रमों की निगरानी के लिए नियमित यात्राएं करते हैं। हमारे पास एक आपदा सहायता प्रतिक्रिया टीम भी है जिसे डार्ट कहा जाता है और उनके सदस्य सिंध प्रांत के बलूचिस्तान में 10 से अधिक बाढ़ प्रभावित जिलों की यात्रा  कर रहे हैं।

अमेरिका ने बाढ़ राहत के नाम पर दिए थे 460 करोड़ रुपए

अमेरिका ने  पाकिस्तान को बाढ़ राहत प्रदान करते हुए 460 करोड़ रुपये की खाद्य सुरक्षा सहायता के अतिरिक्त 75 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी।  साथ ही अमेरिका ने विनाशकारी बाढ़ के कारण पूरे पाकिस्तान में हुई तबाही और जानमाल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया था। लेकिन इस तरह से पाकिस्तान में भ्रष्टाचार ने अमेरिका को बड़ा झटका दिया है।

 

 

और भी

चीन में कोविड संक्रमण के बढते मामलों को देखते हुए फिर से लॉकडाउन

 शोगुआन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। चीन में कोविड संक्रमण के बढते मामलों को देखते हुए फिर से लॉकडाउन लगा दिया है और यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिये हैं। ओमिक्रॉन के दो नये स्‍वरूपों का पता चला है, ये दोनों वैरियंट अधिक संक्रामक और तेजी से फैलने वाले हैं।

बीएफ-7 का चार अक्तूबर को शोगुआन शहर और यन्ताई में पता चला था। कोविड का दूसरा वेरियंट बी.ए.-5.1.7 पहली बार चीन में मिला। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अत्यधिक संक्रामक बीएफ-7 के प्रति अधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है। 

और भी

नासा ने दोहरे क्षुद्रग्रह पुनर्निर्देशन परीक्षण- डार्ट मिशन के परिणामों की घोषणा की

 वाशिंगटन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी- नासा ने दोहरे क्षुद्रग्रह पुनर्निर्देशन परीक्षण- डार्ट मिशन के परिणामों की घोषणा की है। नासा ने परीक्षण को सफल बताते हुए  कहा कि पिछले महीने डार्ट अंतरिक्ष यान की टक्‍कर एक क्षुद्रग्रह से करायी गयी और यह यान क्षुद्रग्रह की गति बदलने में सफल रहा।

डार्ट एक ऐसा अंतरिक्ष यान है जिसे पृथ्वी के लिए खतरा माने जाने वाले क्षुद्रग्रहों की गति बदलने के लिए डिजाइन किया गया है। नासा के प्रमुख बिल नेल्सन ने एक बयान में कहा कि यह पहली बार है जब मानव ने किसी खगोलीय पिंड की गति में बदलाव किया है।

और भी

न्यूजीलैंड में फंसी लगभग 500 व्हेल मछलियों की मौत, खतरनाक शार्क की वजह से कोई नहीं कर पाया मदद

 

पिट द्वीप (छत्तीसगढ़ दर्पण)। न्यूजीलैंड (New Zealand) के दो द्वीप पर लगभग 500 पायलट व्हेल (whales) मारी गई हैं। व्हेल की मौत का ताजा मामला पिट द्वीप का है। सरकार ने इन पायलट व्हेलों की मौत का कारण भी बताया है। दरअसल पिट द्वीप पर शार्क के हमले का खतरा रहता है। इस कारण से इन पायलट व्हेल के रेस्क्यू के लिए कोई ऑपरेशन भी नहीं चलाया जा सका। अधिकारियों का कहना था कि इन पायलट व्हेल को बचाने के चक्कर में कई लोगों की जान भी जा सकती थी।

द्वीप पर शार्क मछली का है खतरा
संरक्षण विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार को चैथम द्वीप पर 250 पायलट व्हेल पाए गए थे। इसके ठीक तीन दिन बाद पिट द्वीप पर 240 पायलट व्हेल के आने की सूचना मिली। विपरीत परिस्थितियों के कारण व्हेल्स को वापस समुद्र में भेजना संभव नहीं था। इसके साथ ही यहां पर शार्क मछली का बड़ा खतरा है, इस कारण से यहां पर रेस्क्यू नहीं किया जा सकता। इनमें से कई ऐसी थीं जो पहले ही मर चुकी थीं और बाकी बची मछलियों को बचाने के लिए उन्हें मारना ही एक विकल्प था।

पीड़ा न झेलनी पड़े इसलिए दिया गया मृत्युदान
अधिकारियों का कहना था कि दोनों द्वीप न्यूजीलैंड के मुख्य द्वीप से दूर हैं इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन बहुत मुश्किल था। टेक्निकल मरीन एडवाइजर डेव लुंडक्विस्ट ने एएफपी को बताया, कि उनकी प्रशिक्षित टीम ने पायलट व्हेल को मृत्युदान दिया ताकि उन्हें पीड़ा ना झेलनी पड़े। डेव ने बताया कि ये फैसला लेना बिल्कुल भी आसान नहीं था, लेकिन उनके पास कोई और चारा भी नहीं था। चैरिटी प्रोजेक्ट जोनाह के जनरल मैनेजर डैरेन ग्रोवर ने कहा कि क्षेत्र में पर्याप्त लोग भी नहीं थे जो व्हेल को बचाने में मदद कर सके।

पहले भी फंसती रही हैं व्हेल मछलियां
चैथम द्वीप समूह पर बड़ी संख्या में पायलट व्हेल का फंसना कोई नई बात नहीं है। 1918 में लगभग 1,000 व्हेलों के समुद्री तट फंसने का रिकॉर्ड मिलता है। हाल के समय में देखा जाए तो साल 2017 में लगभग 700 पायलट व्हेल इस तट पर फंस चुकी हैं। बता दें कि पिट और चैथम द्वीप चैथम न्यूजीलैंड के दक्षिण द्वीप के पूर्वी तट से लगभग 840 किलोमीटर दूर स्थित है। चैथम द्वीप पर लगभग 800 लोग रहते हैं, जिसमें 40 लोग पिट द्वीप पर रहते हैं, वहीं बाकी लोग चैथम द्वीप पर रहते हैं।

बार-बार समुद्र तटों पर क्यों फंस जाती हैं व्हेल?
इतने बड़े समूह में व्हेल मछलियों के बीच पर आ जाने का कारण अभी भी पूरी तरह से समझा नहीं जा सका है। हालांकि वैज्ञानिकों का अनुमान है कि ऐसा रास्ता भटकने और तट के बेहद नजदीक आने के कारण हो सकता है। पायलट व्हेल बड़े पैमाने पर फंसने के लिए कुख्यात हैं। चूंकि पायलेट व्हेल बहुत ही सामाजिक होती हैं। ऐसे में खुद की परवाह किए बिना खतरे में पड़े समूह के साथियों के पीछे-पीछे आ जाती हैं। और इस कारण कई बार खुद भी खतरे में पड़ जाती हैं।
और भी

इमरान खान और पीटीआई के अन्य नेताओं पर मामला दर्ज, कभी भी हो सकती है पूर्व प्रधानमंत्री की गिरफ्तारी

 
इस्लामाबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। इमरान खान (Imran khan) की मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर संघीय जांच एजेंसी (FIA) ने मंगलवार को कथित रूप से विदेशों से प्रतिबंधित धन हासिल करने के संबंध में मामला दर्ज किया है। इस मामले में इमरान की पार्टी पीटीआई की वित्तीय टीम, एक निजी बैंक प्रबंधक सहित पार्टी से जुड़े कई नेताओं को भी आरोपी बताया गया है। FIR में कहा गया है कि वूटन क्रिकेट लिमिटेड के मालिक आरिफ मसूद नकवी ने पंजीकृत यूनाइटेड बैंक लिमिटेड (UBL) खाते में "गलत तरीके से" पीटीआई के नाम पर धन हस्तांतरित किया था।

फर्जी साबित हुआ हलफनामा
 
FIR में पीटीआई खाते के लाभार्थी के रूप में सरदार अजहर तारिक खान, सैफुल्ला खान न्याजी, सैयद यूनुस अली रजा, आमेर महमूद कियानी, तारिक रहीम शेख, तारिक शफी, फैसल मकबूल शेख, हामिद जमान और मंजूर अहमद चौधरी को नामित किया गया है। पीटीआई ने पाकिस्तान के चुनाव आयोग के समक्ष आरिफ मसूद नकवी का एक हलफनामा प्रस्तुत किया है जिसमें कहा गया था कि डब्ल्यूसीएल के खातों में एकत्र की गई सभी राशि पाकिस्तान में पीटीआई के खाते में जमा की गई थी। यह हलफनामा फर्जी साबित हुआ है क्योंकि मई 2013 में डब्ल्यूसीएल से पाकिस्तान में दो अलग-अलग खातों में दो और लेनदेन भी किए गए थे।

कभी भी इमरान खान की हो सकती है गिरफ्तारी

ऐसा माना जा रहा है कि शहबाज शरीफ सरकार जल्द ही पीटीआई चीफ को गिरफ्तार करने या उन्हें नजरबंद करने के विकल्पों पर विचार कर रही है। ससे पहले पाकिस्तान संघीय जांच एजेंसी (FIA) सीनेटर सैफुल्ला नियाजी, तारिक शफी और हामिद जमाद को गिरफ्तार कर चुकी है। गौरतलब है कि पाकिस्तान इलेक्शन कमिशन बेंच ने अपने सुरक्षित फैसले में कहा कि पीटीआई के खिलाफ प्रतिबंधित फंडिंग साबित हो गई है। ईसीपी ने अपने सर्वसम्मत फैसले में फैसला सुनाया कि पार्टी को बिजनेस टाइकून आरिफ नकवी और 34 विदेशी नागरिकों से धन प्राप्त हुआ है।
और भी

भारी बारिश बनी आफत : भूस्खलन में 22 की मौत, 50 से ज्याद लापता...

 कैरेकस/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। लगातार हो रही भारी बारिश ने वेनेजुएला में आफत मचा दी है। इसी बीच बारिश के चलते देश के मध्य हिस्से में भूस्खलन की खबर सामने आई है। भूस्खलन के कारण लगभग 22 लोगों ने अपनी जान गंवई है, वहीं 50 से ज्यादा लापता हैं। इसकी जानकारी वेनेजुएला की उप राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने दी और कहा कि राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं।



वेनेजुएला के उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने रविवार को कहा कि भारी बारिश के कारण मध्य वेनेजुएला में पांच छोटी नदियों में बाढ़ आ गई है। रोड्रिगेज ने टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में कहा कि शनिवार की रात बारिश ने पहाड़ों से पेड़ों के बड़े तने और मलबे को बहा दिया, जिससे व्यवसायों और खेत को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि समुदाय की पेयजल व्यवस्था को संचालित करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पंप बाढ़ के पानी में बह गए।

रोड्रिगेज ने कहा कि पूरे शहर में अभी भी कीचड़ और चट्टानों के नीचे फंसे लोगों का पता लगाने की कोशिश हो रही है। जबकि सेना और बचाव कर्मियों ने भी बचे लोगों के लिए नदी के किनारों की तलाशी ली। उपराष्ट्रपति ने कहा कि तेजेरियास शहर में जो हुआ वह एक त्रासदी है।



तीन अन्य राज्यों में भी भूस्खलन हुआ

देश की नागरिक सुरक्षा प्रणाली के उप मंत्री कार्लोस पेरेज़ ने रविवार को एक ट्वीट में कहा कि एक हजार बचाव दल क्षेत्र में पीड़ितों की तलाश कर रहे थे। रोड्रिगेज ने कहा कि बारिश के कारण रविवार की सुबह तीन अन्य केंद्रीय राज्यों में भी भूस्खलन हुआ, लेकिन किसी के हताहत होने का दावा नहीं किया। हाल के हफ्तों में ला नीना मौसम पैटर्न के कारण हुई भारी बारिश के कारण मरने वालों की कुल संख्या कम से कम 40 हो गई है। वेनेजुएला को बाढ़ और भूस्खलन का सामना करना पड़ा है।

 

 

और भी