इमरान खान को इस्लामाबाद हाईकोर्ट से झटका, EC के फैसले के खिलाफ याचिका की खारिज
बीजिंग/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी कांग्रेस के 20वें अधिवेशन के समापन के ठीक बाद शी जिनपिंग को एक बार फिर राष्ट्रपति चुन लिया गया है। उम्मीद के मुताबिक, उन्हें लगातार तीसरी बार पार्टी का महासचिव चुना गया है। चीन में इस पद पर चुने जाने वाला नेता ही देश का राष्ट्रपति और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) का कमांडर भी रहता है।
जिनपिंग के तीसरी बार चीन के राष्ट्रपति बनने के साथ ही पार्टी का तीन दशक पुराना नियम भी टूट गया है। दरअसल, चीन में 1980 के बाद सर्वोच्च पद पर 10 साल के कार्यकाल का नियम बनाया गया था। हालांकि, जिनपिंग को पांच और वर्षों तक सत्ता में रखने के लिए इस नियम को किनारे कर दिया गया।
मेलबर्न/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2022 का पहला मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। टीम इंडिया ने इस मैच में पाकिस्तान को 4 विकेट से हराकर पूरे देश को दिवाली का तोहफा दिया। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने इफ्तिखार अहम के अर्धशतक व शान मसूद के नाबाद अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 8 विकेट पर 159 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 160 रन का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में टीम इंडिया ने इस स्कोर को चेज करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 160 रन बनाकर मैच को 4 विकेट से जीत लिया। भारत की जीत के हीरो कोहली रहे जिन्होंने टीम के लिए नाबाद 82 रन की पारी खेली और उन्हें प्लेयर आफ द मैच चुना गया।
भारत की पारी , विराट कोहली का अर्धशतक
भारतीय ओपनर बल्लेबाज केएल राहुल को पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह ने 4 रन के स्कोर पर बोल्ड आउट कर दिया। भारत का दूसरा विकेट कप्तान रोहित शर्मा के रूप में गिरा और उन्हें हैरिस राउफ ने 4 रन के स्कोर पर कैच आउट करवा दिया। हैरिस राउफ ने सूर्यकुमार यादव को 15 रन पर आउट कर दिया। अक्षर पटेल सिर्फ 2 रन बनाकर दूर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। विराट कोहली ने 43 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। हार्दिक पांड्या 40 रन बनाकर मो. नवाज की गेंद पर आउट हो गए। दिनेश कार्तिक एक रन बनाकर स्टंप आउट हो गए, लेकिन विराट कोहली 53 गेंदों पर 4 छक्के व 6 चौकों के साथ नाबाद 82 रन बनाए। इसके बाद आर अश्विन ने चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी।
पाकिस्तान की पारी, इफ्तिखार व शान मसूद के अर्धशतक
भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपने डेब्यू टी20 वर्ल्ड कप मैच की पहली ही गेंद पर बाबर आजम को डक पर आउट करके भारत को बड़ी सफलता दिला दी। अर्शदीप सिंह ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई और उन्होंने मो. रिजवान को 4 रन पर कैच आउट करवा दिया। रिजवान का कैच भुवनेश्वर कुमार ने पकड़ा। इफ्तिखार अहमद भारत के लिए खतरनाक साबित हो रहे थे और उन्होंने 34 गेंदों पर 4 छक्केव 2 चौकों की मदद से 51 रन बना लिए थे, लेकिन शमी ने उन्हें पगबाधा आउट करके उनकी पारी का अंत किया और भारत को राहत दिलाई।
हार्दिक पांड्या ने भारत को चौथी सफलता दिलाई और शाबाद खान को 5 रन के स्कोर पर सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट करवा दिया। हार्दिक पांड्या ने हैदर अली के रूप में अपना दूसरा विकेट लिया और उन्हें 2 रन पर सूर्यकुमार के हाथों कैच करवा दिया। हार्दिक ने मो. नवाज के रूप में इस मैच का तीसरा विकेट लिया और उन्हें 9 रन पर कैच आउट करवा दिया। अर्शदीप सिंह ने आसिफ अली को 2 रन पर कैच आउट करवा दिया। शाहीन अफरीदी को 16 रन पर भुली ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर दिया। शान मसूद ने 42 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 52 रन बनाए और नाबाद रहे। भारत की तरफ से पहली पारी में अर्शदीप सिंह व हार्दिक पांड्या ने 3-3 जबकि भुवी और शमी ने एक-एक विकेट लिए।
मो. शमी व आर अश्विन टीम में, पंत हुए ड्राप
भारतीय प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाज मो. शमी को शामिल किया गया तो वहीं इस मैच में सीनियर स्पिनर आर अश्विन को भी अंतिम ग्यारह में जगह दी गई जो गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबपाजी भी कर लेते हैं। रिषभ पंत को इस मैच के लिए ड्राप किया गया तो वहीं चहल को भी टीम में जगह नहीं मिली। दिनेश कार्तिक को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया।
भारत की प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन
बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), शान मसूद, हैदर अली, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, इफ्तिखार अहमद, आसिफ अली, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, नसीम शाह।
ब्रिटेन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ब्रिटेन की कंजरवेटिव पार्टी के ऋषि सुनक एक सौ सांसदों का समर्थन मिलने के बाद पार्टी के अगले नेता और देश के प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में शामिल हो गए हैं। कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस बीच, पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन भी अपनी छुट्टियां खत्म कर प्रधानमंत्री चुनाव के लिए लंदन वापस आ गये हैं।
इस चुनाव में यदि ऋषि सुनक के प्रतिद्वंद्वी को टोरी के सौ सदस्यों का समर्थन नहीं मिलता है तो वे पार्टी के अगले नेता और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बन जाएंगे। नामांकन ब्रिटिश समय के अनुसार सोमवार को दोपहर दो बजे तक ही किये जा सकते हैं। परिणाम की घोषणा 28 अक्तूबर शुक्रवार को होगी।
नईदिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. पद संभालने के महज 45 दिनों बाद ही लिज ट्रस ने इस्तीफा दिया है. इस्तीफे के ऐलान के बाद उन्होंने कहा कि मैंने संकट के समय में कमान संभाली, लेकिन मैं जनादेश पर अमल नहीं कर सकी. उन्होंने कहा कि नया प्रधानमंत्री बनने तक मैं पद पर बनी रहूंगी. मालूम हो कि एक दिन पहले ही भारतवंशी सुएला ब्रेवरमैन ने ब्रिटेन की गृह मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था. रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटेन में अब नये प्रधानंत्री पद का चुनाव अगले हफ्ते होगा.
लंदन/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ब्रिटेन में भारतीय मूल की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन (42) ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने निजी इमेल से सरकारी तंत्र को संदेश भेज दिया था। नियमों के अनुसार यह गंभीर गलती थी। इसी के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया। सुएला ने कहा, मैं ने एक गलती की, उसे मैं स्वीकार करती हूं और गृह मंत्री पद से इस्तीफा दे रही हूं। कंजरवेटिव पार्टी के नेता ग्रांट शैप्स ब्रिटेन के नए गृह मंत्री होंगे। शैप्स ने पार्टी में हुए प्रधानमंत्री पद के चुनाव में ऋषि सुनक का खुलकर समर्थन किया था। उन्हें प्रधानमंत्री लिज ट्रस का आलोचक माना जाता है।
ट्रस सरकार से वित्त मंत्री क्वासी क्वार्टेंग की बर्खास्तगी के महज पांच दिन बाद वरिष्ठ मंत्री सुएला के इस्तीफे ने ब्रिटिश सरकार को और ज्यादा अस्थिर कर दिया है। बुधवार को संसद में प्रधानमंत्री ट्रस से भी इस्तीफे की मांग की गई। उससे पहले सत्तापक्ष और विपक्ष, दोनों के ही सांसद ट्रस से इस्तीफा मांग चुके हैं। विदित हो कि प्रधानमंत्री बोरिस जानसन के इस्तीफे के बाद सितंबर में ट्रस की सरकार बनी थी। इसके बाद सरकार का मिनी बजट आने के बाद देश में आर्थिक अस्थिरता का दौर शुरू हो गया और चंद रोज बाद सरकार पर सवाल उठने लगे।
सुएला ने कहा, उन्होंने एक सरकारी दस्तावेज अपने निजी ईमेल से एक विश्वस्त संसदीय सहयोगी को भेजा था। यह दस्तावेज सरकार की आव्रजन नीति से संबंधित मंत्री का बयान था। जैसे ही मुझे अपनी गलती का पता चला, वैसे ही इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। कैबिनेट सचिव को उसके बारे में बताया। इस्तीफा देने से पहले सुएला ने प्रधानमंत्री ट्रस से मुलाकात की और उनके साथ कुछ देर बात की। प्रधानमंत्री ने कहा, मंत्री पद से जुड़े आचरण और गोपनीयता का सम्मान होना चाहिए। ट्रस ने सुएला की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के मौके से जुड़ी व्यापक व्यवस्थाओं को कुशलता से संभालने के लिए प्रशंसा की है।
सुएला गोवा में जन्मे पिता और तमिल मूल की मां की संतान हैं। उन्होंने ब्रिटेन की गृह मंत्री के रूप में केवल 43 दिन कार्य किया। इस दौरान भारतीय वीजा को लेकर उनका बयान खासा विवाद में आया। लेकिन उन्होंने भारत के साथ मुक्त व्यापार संधि किए जाने के लिए ब्रेसब्री जताकर उस बयान से हुए नुकसान की भरपाई की कोशिश भी की। जबकि नए गृह मंत्री शैप्स वही नेता हैं जिन्होंने चार अक्टूबर को कहा था कि ट्रस केवल दस दिन तक ही प्रधानमंत्री बनी रह सकती हैं।
मास्को (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अभ्यास पर निकला रूसी बमवर्षक विमान सोमवार को अजोव सागर के तटीय शहर के ऊपर दुर्घटना का शिकार हो गया। इंजन फेल होने के कारण विमान हवा में अनियंत्रित हो गया और उसमें आग लग गई, इसके बाद वह रिहायशी इलाके में जा गिरा। इससे एक नौमंजिला भवन में आग लग गई। अग्निकांड में 6 लोगों के मारे जाने, छह लोगों के लापता होने के साथ एक दर्जन से अधिक लोगों के झुलसने की खबर है। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। विमान के दोनों पायलट सुरक्षित हैं। रूसी बमवर्षक विमान एसयू-34 जब बंदरगाह शहर येयस्क के ऊपर था तभी उसके एक इंजन में आग लग गई। स्थिति अनियंत्रित होती देख विमान के दोनों पायलट पैराशूट के जरिये विमान से कूद गए। लेकिन विमान नजदीक के आवासीय क्षेत्र में जा गिरा।
विमान में भरे हजारों लीटर ईंधन से एक नौमंजिला भवन में भीषण आग लग गई। बताया गया है कि यह भवन जलकर खाक हो गया है। आसपास के 17 अन्य बहुमंजिला भवनों को दुर्घटना से नुकसान हुआ है। रीजनल गवर्नर वेन्यामिन कोंड्रात्येव ने कहा है कि आग को बुझाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने स्वास्थ्य और आपात मामलों के मंत्रियों को तत्काल घटनास्थल पर जाने का निर्देश दिया है। 90 हजार की आबादी वाले येयस्क शहर में रूसी वायुसेना का बड़ा अड्डा है। एसयू-34 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें फिट मिसाइलों को लेकर चिंता फैल गई है, क्योंकि इस अत्याधुनिक रूसी विमान में अति संवेदनशील हथियारों की तैनाती होती है।
रूसी बमवर्षक विमान एसयू-34 दो इंजनों वाला सुपरसोनिक बमवर्षक विमान है। इस विमान से परमाणु हथियार का हमला भी किया जा सकता है। यह तेज गति से लंबी दूरी तय कर हमला करने में सक्षम है। इसीलिए इस विमान में सामान्य लड़ाकू विमानों से काफी ज्यादा ईंधन भरा जाता है। इसे रूसी वायुसेना के सर्वोत्कृष्ट विमानों में से एक माना जाता है। यूक्रेन युद्ध के दौरान युद्ध मैदान से दूर रूसी लड़ाकू विमानों की दुर्घटना की यह दसवीं घटना है।
ब्रिटेन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ब्रिटेन के नए वित्त मंत्री जेरेमी हंट ने कुछ सप्ताह पहले घोषित आयकर में योजनाबद्ध कटौती सहित अधिकांश आर्थिक पैकेज को पलट दिया है। टेलीविज़न संबोधन में श्री हंट ने कहा कि वह प्रमुख ऊर्जा नीति और सार्वजनिक व्यय में कटौती नहीं करने के वादे के साथ नई प्रधानमंत्री लिज़ ट्रस द्वारा शुरू की गई कर कटौतियों को निरस्त कर रहे हैं।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री ट्रस ने छह सप्ताह से भी कम समय तक वित्त मंत्री रहे क्वासी क्वार्टेंग को बर्खास्त कर दिया था और इस पद पर पूर्व विदेश और स्वास्थ्य मंत्री जेरेमी हंट को नियुक्त किया था। घरों और व्यवसाय के लिए दो वर्ष के ऊर्जा सहयोग योजना पर सौ अरब पॉउंड से अधिक खर्च की यह योजना अब अगले साल अप्रैल में समाप्त कर दी जायेगी। इसके स्थान पर दूसरी योजना लायी जायेगी।
23 सितंबर को घोषित कर कटौती योजना से ब्रिटेन की मुद्रा पाउंड में रिकॉर्ड गिरावट आई थी। इससे बैंक ऑफ इंग्लैंड को आपात कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ा था। श्री हंट ने इस संकट को लेकर सुश्री ट्रस के साथ इस सप्ताहांत बातचीत की। उन्होंने बैंक ऑफ इंग्लैंड के गवर्नर एंड्रयू बैले और सरकार के ऋण प्रबंधन कार्यालय प्रमुख के साथ भी बैठक की।
श्री हंट का यह कदम मजबूत राजकोषीय नीति के लिये सरकार की विश्वसनीयता बहाल करने पर केन्द्रित है। वित्त मंत्री ने हाऊस ऑफ कॉमन्स को संबोधित किया और आर्थिक मुद्दों पर सांसदों के प्रश्नों को सुना।
ढाका/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारतीय महिला टीम ने रिकॉर्ड 7वीं बार एशिया कप कप का खिताब जीत लिया है। यह टूर्नामेंट का 8वां सीजन है। टीम सिर्फ 2018 में खिताब नहीं जीत सकी थी। तब उसे टी20 टूर्नामेंट के फाइनल में बांग्लादेश से हार मिली थी। शनिवार को खेले गए टी20 एशिया कप के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 8 विकेट से हराया। श्रीलंका की टीम फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर सिर्फ 65 रन ही बना सकी थी। जवाब में भारतीय महिला टीम ने लक्ष्य को 8।3 ओवर में 2 विकेट पर हासिल कर लिया। तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने 5 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं स्मृति मंधाना ने नाबाद 51 रन बनाए। उन्होंने छक्का लगाकर जीत दिलाई। इसी के साथ हरमनप्रीत कौर ने खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वे पूर्व महिला कप्तान मिताली राज के बराबर पहुंच गई हैं और एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है।
महिला एशिया कप की बात करें, तो भारत ने कुल 7 बार खिताब जीता है। इसमें 4 वनडे के खिताब शामिल हैं जबकि 3 टी20 के। टीम ने पहली बार 2004 में खिताब जीता था। तब फाइनल नहीं हुआ था और सिर्फ 2 ही टीमें टूर्नामेंट में उतरी थीं। भारत ने श्रीलंका को 5 मैच में 5-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। तब कप्तान ममता माबेन थीं। फिर 2005 में हुए वनडे टूर्नामेंट के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 97 रन से हराया था। कप्तान मिताली राज थीं।
मिताली ने 2 और खिताब दिलाया
2006 के वनडे एशिया कप के फाइनल में महिला टीम ने एक बार फिर मिताली राज की कप्तानी में श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया। 2008 के फाइनल में बतौर कप्तान मिताली राज ने श्रीलंका को हराकर खिताबी हैट्रिक पूरी की। इसके बाद हरमनप्रीत कौर का समय आया। उन्होंने बतौर कप्तान 2012 में पहली बार हुए टी20 एशिया कप खिताब भारत को दिलाया।
Chhattisgarh Darpan Media Group is a hindi language news platform. Founded in 2020, it’s mission is to connect people in their own local language. Chattisgarh Darpan is one of the fastest growing online news channel in Chhattisgarh, which aim is to providing local news in real time and very easy manner with truthfulness of information.
Khom Chand Sahu
Chief Editor
Cell : +91 9617946170
Email id : chhattisgarhdarpanmediagroup@gmail.com
Address : Plot No. 05, Street No.-12, Ekta Nagar, Temri, P.O. Mana Camp Raipur (Chhattisgarh) Pin Code – 492015
Contact No. :0771-4342764 +91 9752426170
Email id : chhattisgarhdarpanmediagroup@gmail.com
Website : www.chhattisgarhdarpan.com
Copyright © 2021-2026. Chhattisgarh Darpan | All Rights Reserved. Powered By : Softbit Solution
